Wife Murder in America. इंडिया में रह रही प्रेमिका की खातिर अमेरिका में रह रहे 30 वर्षीय भारतीय इंजीनियर अविनाश नार्ने ने न सिर्फ अपनी 27 वर्षीय पत्नी राजिता सबिनेनी की हत्या कर दी, बल्कि सबूत के तौर पर उस ने लाश की फोटो इंडिया में रह रही प्रेमिका को भेजी. पत्नी की हत्या के आरोप में जेल में बंद अविनाश को जमानत के लिए अब देने होंगे 47 करोड़ रुपए. क्या अविनाश इतनी बड़ी रकम जुटा पाएगा या पड़ा रहेगा अमेरिका की जेल में?
सौफ्टवेयर इंजीनियर अविनाश नार्ने की हैदराबाद में राजिता सबिनेनी के साथ 5 जून, 2025 को शादी हुई थी. शादी के कुछ दिनों बाद ही वह अपनी नईनवेली दुलहन राजिता को ले कर अमेरिका में वाशिंगटन चला गया था. उस की वहीं एक टेक कंपनी में नौकरी थी. अविनाश ने अपनी पत्नी के साथ बेलेव्यू इलाके के एक अपार्टमेंट में वैवाहिक जीवन की शुरुआत तो कर ली थी, लेकिन उस का दिल हैदराबाद में रह रही प्रेमिका नयना के साथ ही जुड़ा था.
हर दिन उस के पास प्रेमिका का मैसेज या कौल आ जाता था. दोनों के दिलों की धड़कनें डिजिटल प्रेमालाप में बदल गई थीं. अविनाश प्रेमिका के मैसेज पा कर सुकून महसूस करता था. यही कारण था कि वह अपनी ब्याहता पत्नी से दिल से नहीं जुड़ पाया था.
इस तरह की और वीडियो देखने के लिए मनोहर कहानियां का चैनल सब्सक्राइब करें
कई बार उसे महसूस होता था कि उस ने गलत शादी कर ली है, लेकिन क्या करता. वह पेरेंट्स की पसंद और उन की खुशियों के आगे नतमस्तक था. उन की पसंद के खिलाफ आपत्ति की रत्ती भर भी हिम्मत नहीं जुटा पाया था. शादी के मौके पर प्रेमिका नयना आई थी. जातेजाते वह उस से वादा ले कर गई थी कि तुम अमेरिका जा जरूर रहे हो, लेकिन संपर्क बना रहना चाहिए.
यही वादा अविनाश के दिलोदिमाग को कुरेदता रहता था. कई बार इस कारण वह बेचैन तक हो जाता था.
अविनाश नार्ने की उम्र 30 साल और पत्नी राजिता सबिनेनी की 27 साल थी. अविनाश की जिंदगी में सब कुछ सामान्य और सहजसरल नहीं चल रहा था. कुछ ठीक तो कुछ उलझी हुई दिनचर्या थी उस की.
बात 27 अक्तूबर, 2025 की है. उस दिन सुबह से ही अविनाश की बेचैनी बढ़ी हुई थी. हालांकि वह शांति से अपनी दिनचर्या में व्यस्त था. उस रोज उस की अपनी प्रेमिका नयना से कई बार फोन पर बात व चैटिंग हुई. उस के कुछ मैसेज का जवाब भी उस ने दिया. दिमाग में एक खलबली थी.
वह डिजिटली टेंशन में था. सुबह ब्रेकफास्ट कर के औफिस चला गया. किसी तरह काम में मन को लगाने की कोशिश की.
देर रात फ्लैट में लौटा. मेन गेट की चाबी उस के पास ही थी. हौल में सोफे पर बैठ गया. डाइनिंग टेबल से पानी पीने के लिए गिलास उठाया. फ्रिज से पानी की बोतल निकाली. इधरउधर नजर घुमाई… पत्नी कहीं नजर नहीं आ रही थी. वह समझ कि गया बाथरूम गई होगी.
बाथरूम के दरवाजे के पास गया. आवाज दी. कोई जवाब नहीं मिला. कुछ समय इंतजार किया, पत्नी बाथरूम से बाहर नहीं निकली तो उसे कुछ आशंका हुई. दरवाजे पर जा कर जोर से थपकी दी. भीतर से कोई आवाज नहीं आई.
तब उस ने इमरजेंसी नंबर 911 पर कौल कर दी. इस के कुछ देर बाद ही पुलिस उस के नार्थईस्ट 10वीं स्ट्रीट के 13700 ब्लौक स्थित अपार्टमेंट में पहुंची तो अविनाश ने बताया कि उस की पत्नी राजिता काफी समय से बाथरूम में बंद है.
पुलिस को बाथरूम का दरवाजा तोडऩा पड़ा, जहां 27 साल की राजिता सबिनेनी फर्श पर पड़ी थी. उस की सांसें बंद थीं. पुलिस टीम ने प्रारंभिक जांच में ही उसे मृत घोषित कर दिया.
उसे अचानक हुई मौत मान लिया गया, लेकिन शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटने और दम घुटने से मौत की बात सामने आई. उस के बाद यह मामला हत्या में बदल गया.
आज ही सब्सक्राइब करें सरिता
आपके लिए स्पेशल छूट

मामले की जांच शुरू हुई. अमेरिका के वाशिंगटन स्टेट पुलिस की जांच प्रक्रिया में भारत का तेलंगाना स्टेट भी जुड़ा हुआ था. जांच अविनाश और उस की पत्नी के कई स्तर पर की जा रही थी.
जांच में पाया गया कि अविनाश ने घटना वाले दिन इंडिया में नयना नाम की एक युवती को 4 कौल किए थे. जांच में पता चला कि अविनाश के साथ नयना का अफेयर चल रहा था.
उस के साथ कौल और मैसेज के बारे में भी पूछताछ की जाने लगी थी. कुछ मैसेज अविनाश के द्वारा डिलीट कर दिए गए थे. पुलिस उस बारे में छानबीन कर रही थी. इसी सिलसिले में एक इमोजी पर वाशिंगटन पुलिस की नजर गई. साथ में लिखा था, ‘आंखें उसे घूर रही हैं.’
इन्हीं के साथ मैसेज में राजिता को पिलाई गई ‘कड़वे स्वाद वाली स्मूदी’ का जिक्र था. यह मैसेज राजिता की मौत से कुछ समय पहले का था. उस में लिखा था, ‘स्मूदी खांसी की दवा (कफ सिरप) जैसी थी.’
इन मैसेज के सहारे वाशिंगटन पुलिस की जांच का सिलसिला चलता रहा. राजिता के अंतिम संस्कार की गतिविधियां भी जांच का हिस्सा बन गईं, जिस की व्यवस्था में मदद करने वाले तेलुगु समुदाय के लोग थे. उन के द्वारा किए गए इंतजाम से पुलिस को पता चला कि अविनाश ने करीबी रिश्तेदार के तौर पर खुद ही सारी औपचारिकताएं पूरी की थीं और अनुष्ठान की सारी प्रक्रियाएं सहज तरह से संपन्न हुई थीं.
जांच की प्रक्रिया चलती रही, जबकि अविनाश नार्ने सामान्य जीवन गुजारने लगा. पुलिस की पूछताछ में वह मदद भी करता रहा. जैसेजैसे जांच का सिलसिला आगे बढ़ा, वैसेवैसे हत्या का संदेह अविनाश पर गहराने लगा.
इस आरोप के आधार पर ही जांचकर्ताओं ने स्मार्ट लौक डाटा की जांच की और पाया कि अविनाश वास्तव में बाहर गया था, लेकिन जब वह बाहर था, तब घर के अंदर कोई और नहीं था.
जांचकर्ताओं ने बताया कि भारत में अविनाश का नयना नाम की एक युवती के साथ लव अफेयर था, जो उस की राजिता से हुई शादी से पहले ही शुरू हो गया था.
कहा जाता है कि वह प्रेमिका उस की शादी में भी शामिल हुई थी और अविनाश की शादी के बाद भी उन के बीच बातचीत जारी रही.
राजिता सबिनेनी की मौत वाले दिन अविनाश ने इंडिया में अपनी प्रेमिका नयना को 4 बार फोन किया था, इस में वह समय भी शामिल था, जब उस ने दावा किया था कि वह बाथरूम में घुसने की कोशिश कर रहा था.
जब वाशिंगटन पुलिस ने अविनाश से इंडिया में नयना को भेजे गए और बाद में डिलीट किए गए मैसेज के बारे में पूछा तो उस ने बताया कि उस ने उसे पत्नी राजिता की लाश की एक फोटो भेजी थी.
कोर्ट के दस्तावेजों में उन मैसेज का भी जिक्र किया गया, जिन में राजिता ने अपनी मौत से पहले कई बार शिकायत की थी कि उस के ड्रिंक्स, जो जाहिर तौर पर उस के पति ने बनाए थे, उस का स्वाद कड़वा था. उस ने मैसेज में लिखा था कि पति की बनाई स्मूदी का स्वाद ‘दवा’ और ‘खांसी की सिरप’ जैसा था.
इस के अलावा कोर्ट के दस्तावेजों में बताया गया कि अविनाश ने उन्हें बताया था कि वह अमेजन के साथ काम कर रहा था. जबकि वह पिछले 8 महीनों से आजाद घूम रहा था.
इस तरह कड़वी स्मूदी, डिलीट की गई चैट और प्रेमिका को की गई कौल से ही अविनाश संदेह के दायरे में आ गया था.
शुरुआत में जो मामला 27 साल की राजिता की अचानक मौत का लग रहा था, वह एक चौंकाने वाली जांच में बदल गया. आखिरकार वाशिंगटन पुलिस उसे पहली जुलाई, 2026 को गिरफ्तार करने में सफल हो गई.
जांचकर्ताओं के अनुसार, अविनाश नार्ने ने शुरू में पुलिस कंट्रोल रूम के 911 नंबर पर कौल कर के दावा किया था कि जब वह घर लौटा तो उस ने अपनी पत्नी को बेसुध पाया. उस ने बताया कि जब वह बाहर कुछ काम से गया था तो पत्नी गलती से बाथरूम के अंदर बंद हो गई थी.
पुलिस और इमरजेंसी टीम ने बाथरूम का दरवाजा जबरदस्ती खोला और प्राथमिक उपचार देने की कोशिश की, लेकिन बाद में उसे मृत घोषित कर दिया गया.
एक और अहम सबूत के रूप में राजिता और उस की एक सहेली के बीच मौत से कुछ दिन पहले हुए कुछ परेशान करने वाले मैसेज भी थे. जिस में उस ने पति द्वारा पिलाई गई कड़वे स्वाद वाली स्मूदी के बारे में बताया था. असल में जिस दिन उस की मौत हुई थी, उस दिन राजिता ने अविनाश को भी ऐसा ही एक मैसेज भेजा था कि उस ने जो स्मूदी बनाई थी, उस का स्वाद कड़वा था.
सरकारी वकीलों ने कोर्ट में आरोप लगाया कि पत्नी का गला घोंट कर हत्या करने के आरोपी सौफ्टवेयर इंजीनियर अविनाश नार्ने ने अपनी प्रेमिका नयना को उस की लाश की तसवीर भेजी थी.
इन सबूतों के आधार पर ही अविनाश नार्ने पर 27 साल की राजिता सबिनेनी को अक्तूबर 2025 में हुई मौत के मामले में फस्र्ट डिग्री मर्डर का आरोपी बनाया गया.
सरकारी वकीलों ने यह भी बताया कि अविनाश ने पत्नी का गला घोंटा और ऐसा सीन बनाया, जिस से लगे कि वह बाहर से काम निपटा कर लौटा तो पत्नी उस सोफे पर नहीं थी, जहां उस ने उसे आखिरी बार देखा था.
पुलिस के साथ शुरुआती पूछताछ में अविनाश ने बताया था कि मौत वाले दिन वह उस के लिए सीवीएस से दवा लेने अपार्टमेंट से निकला था और घर लौटने से पहले उस के लिए आइसक्रीम खरीदने ‘कोल्ड स्टोन क्रीमरी’ गया था. इसी के साथ उस ने अपनी पत्नी की हत्या करने से इनकार किया था.
बाद में जांच टीम ने इलैक्ट्रौनिक डोर लौक रिकौर्ड की जांच की और पाया कि अविनाश के बाहर रहने के दौरान कोई भी घर के अंदर नहीं गया था.
हलफनामे में कहा गया कि उन्होंने यह भी बताया कि बाथरूम का दरवाजा बाहर से लौक किया जा सकता था, जिस से संकेत मिलता है कि राजिता पर वहां हमला किया गया होगा या बाद में उसे वहां ले जा कर अंदर लौक कर दिया गया होगा.
जांच अधिकारियों ने पिछले महीने अविनाश नार्ने के फोन रिकौर्ड को हासिल करने के बाद उस से दोबारा पूछताछ की.
हलफनामे के अनुसार, जब जांचकर्ताओं ने जब नयना को उस के द्वारा भेजे गए रोमांटिक टेक्स्ट मैसेज दिखाए, जिसे उस ने ‘एक कौमन फ्रैंड की दोस्त’ बताया था तो उस ने अफेयर होने से फिर इनकार किया था.
जांचकर्ताओं ने उस के बारे में पता लगाया कि अविनाश और नयना की 2024 में सगाई हुई थी, लेकिन नयना के पेरेंट्स की आपत्ति के बाद शादी नहीं हो पाई थी. हलफनामे के मुताबिक, अधिकारियों का यह भी आरोप है कि अविनाश ने उस नयना को राजिता के साथ अपनी शादी में बुलाया था, जहां वह एक मेहमान के तौर पर शामिल हुई थी.
इसी तरह जांचकर्ताओं को पता चला कि शादी के बाद भी अविनाश नार्ने उस नयना के संपर्क में था और कथित तौर पर अकसर उस से अपने प्यार का इजहार करता था और साथ रहने की इच्छा जताता था.
साथ ही पत्नी की कथित हत्या के बाद अविनाश ने नयना को भेजा गया एक मैसेज डिलीट कर दिया था. जब उस से इस बारे में पुलिस ने पूछा तो अविनाश ने कहा, ‘शायद मैं ने कोई तसवीर डिलीट की थी,’ और साथ ही कहा, ‘मुझे तो राजिता की तसवीर लेने की भी याद नहीं है.’
जांच अधिकारियों का मानना है कि इस बातचीत से संकेत मिला कि अविनाश ने राजिता सबिनेनी के शव की तसवीर ली और प्रेमिका नयना को भेजी. तब नयना ने कथित तौर पर ‘घूरती हुई आंखों’ या ‘बाहर निकली आंखों’ वाले इमोजी से उस का जवाब दिया था.
इस बारे में जांच अधिकारियों का कहना है कि अविनाश इस का कोई कारण नहीं बता सका, फिर भी उन्हें लगता है कि डिलीट किए गए मैसेज में राजिता की लाश की फोटो का जिक्र था.
कथा लिखे जाने तक करीब 9 महीने तक चली जांच के बाद आरोपी अविनाश नार्ने अमेरिका की जेल में है. उसे जमानत के लिए 50 लाख डालर यानी करीब 47 करोड़ रुपए चुकाने होंगे. दोषी साबित होने पर उसे उम्रकैद की सजा हो सकती है.
किंग काउंटी प्रासिक्यूटिंग अटार्नी के औफिस के अनुसार 23 जुलाई, 2026 को उस के कोर्ट में दोबारा पेश होने की उम्मीद है. Wife Murder in America
(कथा में नयना परिवर्तित नाम है)






