Hindi Love Story. जो मोहब्बत दोतरफा होती है, वही अच्छी होती है. एकतरफा मोहब्बत दुख ही देती है. मोहब्बत को दौलत के तराजू में तौलना भी मोहब्बत की तौहीन है.

दिसंबर की ठिठुरती सर्दी के दिन थे. उतनी रात को हर आदमी बिस्तर में दुबका हुआ था, लेकिन शहरीना इस सर्दी से बेखबर खिड़की खोले दीवार से टेक लगाए लगातार बाहर की तरफ देख रही थी. इंतजार के पल कितने दर्दनाक होते हैं, यह वही जानती थी. यही इंतजार उस का नसीब बन गया था. पहले दिन से ही अमीर उसे इंतजार कराने लगा था. हमेशा की तरह आज भी सुबह जाते समय उस ने शाम को तैयार रहने के लिए कहा था, क्योंकि आज उन की शादी की पहली सालगिरह थी, जिस की याद शहरीना ने अमीर को उठते ही दिला दी थी. शहरीना इस अवसर को यादगार बनाना चाहती थी.

शहरीना शाम 7 बजे से तैयार बैठी थी, लेकिन 7 से 8 बजे और 8 से 9, मगर अमीर अभी तक नहीं आया था. किन्हीं अंदेशों के तहत शहरीना ने उस के औफिस में फोन किया तो वहां से जवाब मिला कि साहब मीटिंग में हैं. यह सुन कर वह झुंझला उठी थी. लेकिन वह जानती थी कि अमीर के लिए बिजनेस ही सब कुछ है, इसलिए अकसर वह शहरीना को भूल भी जाता था. लेकिन शहरीना के दिल में मोहब्बत की बेमिसाल महक थी, जो उसे सब्र करने को उकसाती रहती थी.

इस तरह की और वीडियो देखने के लिए मनोहर कहानियां का चैनल सब्सक्राइब करें

एक बजने वाला था, तब अमीर की गाड़ी का हौर्न सुनाई दिया. तब तक शहरीना क्षुब्ध हो कर लेट गई थी. अमीर जब कमरे में दाखिल हुआ तो वह कंबल ओढ़े आंख बंद किए लेटी रही. कुछ देर वह उसे देखता रहा, उस के बाद डे्रसिंग रूम की ओर चला गया.

अगली सुबह हमेशा की तरह शहरीना 5 बजे उठ गई और नमाज पढ़ने के बाद 8 साल के सनी को तैयार करने लगी. उसे स्कूल भेजने के बाद वह कमरे में आई ताकि अमीर को उठा सके. रात की नाराजगी या दुख की कोई भी झलक उस के चेहरे पर नहीं थी. उस ने गुस्से का तमाम गुबार सुबह के उजाले में उड़ा दिया था. जब वह कमरे में पहुंची तो अमीर न केवल उठ चुका था, बल्कि नहाधो कर फ्रेश भी हो गया था.

‘‘आई एम सौरी. रात को मैं कुछ लेट हो गया था. एक्चुअली मीटिंग में… खैर, मैं तुम्हारा गिफ्ट लेना नहीं भूला. यह लो अपना गिफ्ट.’’ अमीर औसाफ ने ब्रीफकेस खोल कर मखमली डिब्बा आगे करते हुए माफी मांगने के अंदाज में कहा. लेकिन उस के लहजे में शर्मिंदगी जरा भी नहीं थी.

‘‘कोई बात नहीं.’’ शहरीना ने लापरवाही से कहा. ‘‘मुझे मालूम था कि तुम ने बुरा नहीं माना होगा. अच्छा लो अपना गिफ्ट और देखो कि मैं तुम्हारे लिए कितना कीमती गिफ्ट लाया हूं.’’

‘‘अगर आप यह गिफ्ट कीमत का अंदाजा लगाने के लिए मुझे दे रहे हैं तो यह बिलकुल बेमोल हैं. हां, अगर सिर्फ मोहब्बत के जज्बे से दिया जा रहा है तो दुनिया की हर कीमती चीज से बढ़ कर मेरे लिए कीमती है.’’ शहरीना ने क्षुब्ध हो कर कहा.

‘‘मेरा यह मकसद नहीं था. बहरहाल अगर तुम्हें पसंद आए तो पहन लेना.’’ अमीर ने मखमली डिब्बा बेड के एक कोने में रखते हुए सामान्य स्वर में कहा. अमीर की इन बातों से साफ जाहिर था कि शहरीना की बात उसे अच्छी नहीं लगी.

‘‘सनी बेटे, क्या बात है? आज तुम उदास क्यों हो?’’ अगली सुबह तीनों टीवी लाउंज में बैठे थे तो अमीर ने पूछा. ‘‘अंकल, काफी दिनों से पापा का फोन नहीं आया.’’

‘‘तो क्या हुआ, मैं अपने बेटे की पापा से बात करवा देता हूं. लेकिन मेरी एक शर्त है कि तुम्हें खूब पढ़ाई करनी होगी और हमेशा फर्स्ट आना होगा.’’

‘‘अंकल, वह तो मैं करता ही हूं. आप आंटी से पूछ लें. क्यों आंटी?’’ सनी ने गवाही के लिए शहरीना की तरफ देखते हुए कहा.

‘‘बिलकुल. सनी रोजाना न सिर्फ होमवर्क करता है, बल्कि रेगुलर स्कूल भी जाता है. इसलिए सनी की फर्स्ट पोजीशन पक्की है.’’ शहरीना ने मुसकराते हुए कहा. ‘‘वाकई, अच्छा तुम बड़े हो कर क्या बनोगे?’’

सनी से कुछ बोलते न बना तो अमीर ने ही कहा, ‘‘मेरा बेटा बड़ा हो कर बिजनेसमैन बनेगा, ताकि इस के पास दौलत की कमी न रहे.’’

शहरीना ने कुछ कहना चाहा तो अमीर ने कहा, ‘‘अगर दौलत की रेलपेल नहीं होगी तो कोई भी औरत तुझे नहीं पूछेगी.’’ यह कहते हुए अमीर एक झटके से उठा और अंदर की तरफ बढ़ गया. शहरीना के चेहरे पर कई रंग आए और चले गए.

अमीर के जाते ही शहरीना की सहेली नाहीद का फोन आ गया. फोन पर शहरीना अपनी सब से प्यारी सहेली की आवाज सुन कर खिल उठी थी. उस ने पूछा, ‘‘कैसी हो नाहीद?’’

‘‘मैं बिलकुल ठीक हूं. तुम अपनी सुनाओ. शादी के बाद तो तुम ने फोन करना ही छोड़ दिया.’’ नाहीद ने शिकायत की.

‘‘बस यार, क्या बताऊं. तुम तो जानती ही हो कि नई जिंदगी में कदम रखते ही सौ झमेले गले लग जाते हैं.’’

‘‘छोड़ो यार, मुझे मालूम है कि तुम्हारी न तो सास है और न ही कोई ननद. अमीर भाई के एकलौते भाई तुम्हारी शादी से बहुत पहले ही कनाडा चले गए हैं. लेदे कर उन का एक छोटा सा बच्चा है, जो तुम्हें क्या कहता होगा. तुम तो अपने घर में ऐश कर रही हो. दौलत की रेलपेल से खुशियों में डूबी होगी.’’ नाहीद नानस्टाप बोलती जा रही थी.

‘‘दौलत खुशियों की जमानत तो नहीं होती.’’ अचानक शहरीना के मुंह से निकल गया. ‘‘क्या बात है शेरी, लगता है तुम अपनी जिंदगी में खुश नहीं हो?’’

आज ही सब्सक्राइब करें सरिता 
 आपके लिए स्पेशल छूट

Sarita

‘‘नहीं नाहीद, मेरे कहने का मतलब यह था कि अमीर सुबह ही निकल जाते हैं और देर रात को लौटते हैं. मैं सारा दिन बोर होती रहती हूं. वैसे अमीर मेरा बहुत खयाल रखते हैं.’’ शहरीना ने बातें बनाईं.

‘‘खैर, तुम्हारी बात भी ठीक है, लेकिन तुम्हारी शादी को एक साल हो गया है. हमें खुशखबरी कब दे रही हो?’’ ताहीद के लहजे में हमदर्दी थी.

‘‘अभी तो ऐसी कोई बात नहीं है, फिर सनी तो है ना…’’ नाहीद की बात सुन कर शहरीना गुलजार हो गई थी. जिस बात को वह आज तक महसूस करती आई थी और जुबान तक न ला सकी थी, वही बात आज नाहीद उस से कह रही थी, ‘‘नहीं यार, अपने बच्चे की बात कुछ और ही होती है. तुम किसी लेडी डाक्टर से मिलो. समझी मेरी बात…’’

यह कह कर नाहीद ने फोन काट दिया, ‘‘मैं तुम्हें फिर फोन करूंगी, उजमा के अब्बू आ गए हैं.’’

बहुत देर तक नाहीद की बात शहरीना के कानों में गूंजती रही. वह ख्वाबों की दुनिया में खो गई, ‘मेरा भी एक बच्चा होगा प्यारा, गोलमटोल सा. जो मुझे अम्मी कहेगा और अमीर को…’

जिस वक्त अमीर कमरे में दाखिल हुआ, शहरीना सोफे से पीठ टिकाए खुद में मुसकरा रही थी. वह अपने खयालों में इतनी खोई थी कि अमीर के आने का पता भी नहीं चला. जब अमीर उस के सामने आ कर खड़ा हो गया तो वह हड़बड़ा कर बोली, ‘‘अमीर… आप… आप कब आए?’’

शहरीना के चेहरे पर शर्म की एक लहर आ कर गुजर गई.

‘‘उस वक्त जब तुम किसी खूबसूरत ख्याल में खोई हुई थीं.’’ अमीर ने कोट उतार कर तीखे अंदाज में कहा, ‘‘क्या मैं पूछ सकता हूं कि तुम किस ख्याल में डूबी हुई थीं कि तुम्हें न तो अपनी खबर थी और न मेरे आने की.’’

‘‘वह अमीर, मैं सोच रही थी कि हमारी शादी हुए एक साल हो गया है और मैं चाहती हूं कि…’’ शहरीना झिझक कर रुक गई, फिर कड़ी हिम्मत कर के बोली, ‘‘मेरा मतलब है कि मैं आप से मोहब्बत करती हूं और …और चाहती हूं कि… कि… हमें अपनी फेमिली पूरी कर लेनी चाहिए.’’ शर्मिंदगी ओढ़ कर आखिर शहरीना ने अपनी बात कह ही दी.

पहले तो अमीर की कुछ समझ में ही नहीं आया, लेकिन दूसरे ही पल वह उस की बात का मतलब समझ गया. उस के माथे पर लकीरें उभर आईं. वह तीखे लहजे में बोला, ‘‘हमारी फेमिली आफ्टर आल पूरी है.’’

‘‘नहीं अमीर, मेरा मतलब है कि हमारा अपना बच्चा…’’ ‘‘आई एम सौरी शेरी. मैं इस बारे में सोच भी नहीं सकता.’’ अमीर उस के चेहरे पर नजरें जमा कर बोला. ‘‘लेकिन अमीर, क्यों… मैं…’’ शहरीना के स्वर में हल्का सा दर्द था.

‘‘वह इसलिए कि मुझ से सनी का दुख बरदाश्त नहीं होगा.’’ अपने सीने पर रखे शहरीना के हाथों को झटक कर अमीर उठ खड़ा हुआ. ‘‘जी… मैं…’’ शहरीना उस की बात को ले कर सोच में पड़ गई.

‘‘शटअप… और आगे इस मसले पर मुझ से बात मत करना.’’ कहते हुए अमीर गुस्से से उबलता बाहर निकल गया.

शहरीना अंदर ही अंदर कुढ़ती बेड पर गिर पड़ी. पिछले कुछ महीने से वह अपनी इस इच्छा को दबाती चली आ रही थी. आज दिल के हाथों मजबूर हो कर कहा भी तो क्या मिला, सिवाय तड़प के.

अमीर के इस व्यवहार ने उसे बुरी तरह तोड़ दिया. और फिर इसी वजह से छोटेमोटे झगड़े रोज की बात बन गए. दोनों के बीच दूरी बढ़ने लगी. उस दिन तो हद ही हो गई. बात बहुत मामूली थी, मगर अमीर ने उसे इतना तूल दिया कि वह लड़ाईझगड़े तक जा पहुंची. शहरीना ने धीरे से कहा, ‘‘अमीर, प्लीज बात को इतना मत बढ़ाएं कि…’’

‘‘कि… क्या कर लोगी तुम? यह घर छोड़ कर चली जाओगी तो चली जाओ. मगर नहीं, तुम जैसी ऐशोआराम पर मरने वाली औरतें इतनी आसानी से ऐसी जिंदगी छोड़ कर कहां जा सकती हैं? तुम भी मुझे छोड़ कर भला कहां जा सकती हो? तुम ने तो इस ऐशोइशरत और दौलत के लिए ही मुझ से शादी की थी.’’ अमीर ने व्यंग्य से कहा.

शहरीना मुंह पर हाथ रखे फटी आंखों से अमीर को ताकते हुए उस की बातें सुनती रही. गुस्से से सुर्ख चेहरा लिए कुछ दूरी पर खड़ा अमीर उसे बदला हुआ लग रहा था. जिसे वह जानती थी, आज वह अमीर नहीं था. एक साल का मोहब्बत भरा साथ देने वाला अमीर उसे ही खुदगर्ज और दौलत का भूखा होने का ताना दे रहा था. जिस के लिए उस का पोरपोर मोहब्बत में डूबा था, वही उस की मोहब्बत की तौहीन कर के चला गया था.

शाम को अमीर जब घर में दाखिल हुआ तो पोर्च से लाउंज और लाउंज से बेडरूम तक पूरा घर खामोशी में डूबा था. अमीर को जहां आश्चर्य हुआ, वहीं उसे सुबह की घटना याद आ गई. कशमकश में डूबा वह अपने बेडरूम में दाखिल हुआ. शहरीना वहां भी नहीं थी. पर हां, उस का लिखा एक खत मेज पर जरूर रखा था. उस ने खत उठा लिया और जल्दीजल्दी पढ़ने लगा, उस में लिखा था—

‘‘अमीर औसाफ,

मैं आप का घर छोड़ कर जा रही हूं. कहां, यह फिलहाल मैं भी नहीं जानती. अपने भाइयों के दरवाजे पर जाना मुझे मंजूर नहीं, क्योंकि उन की नजरों में आप का एक मुकाम है. आप का मुकाम तो मेरे में दिल में भी था, लेकिन आप की बातों ने आप का वह मुकाम मेरी नजरों में गिरा दिया. आप ने यहां तक कह दिया कि तुम भला मुझे छोड़ कर कैसे जा सकती हो और यह कि मैं ने तुम से दौलत की वजह से शादी की थी. मैं पिछले एक साल से आप का तीखा रवैया इसलिए बरदाश्त करती आ रही थी कि मैं आप से मोहब्बत करती हूं. लेकिन अब बरदाश्त नहीं हुआ तो आप का घर छोड़ने पर मजबूर हो गई.

‘‘कहते हैं कि जब मोहब्बत दोतरफा होती है, तभी अच्छी होती है. एकतरफा मोहब्बत दुख ही देती है. आप अब तक मेरे मोहब्बत भरे रवैये और जज्बे को दौलत की तराजू में तौलते रहे हैं. इस से ज्यादा मेरी मोहब्बत की तौहीन और क्या होगी. मुझे आप की दौलत और ऐशोइशरत से कोई सरोकार नहीं है. इसलिए आप के द्वारा दिए गए सभी तोहफे और जेवर ‘लौकर’ में छोड़ कर जा रही हूं.                फकत-शहरीना’’

खत पढ़ कर अमीर के चेहरे पर मुसकराहट फैल गई. वह व्यंग्य भरे लहजे में कहने लगा, ‘वक्ती जज्बात में बह कर तुम ऐशोइशरत और आराम छोड़ कर चली तो गईं, मगर देखना, तुम्हें बहुत जल्द वापस लौटना पड़ेगा.’

कुछ देर बाद वह डाइनिंग टेबल पर बैठा सनी से पूछ रहा था, ‘‘सनी बेटा. तुम ने खाना खा लिया?’’

‘‘नहीं अंकल.’’ ‘‘क्यों बेटा, अब तो काफी समय हो गया है? तुम ने अब तक खाना क्यों नहीं खाया?’’ अमीर ने मोहब्बत से उस के सिर पर हाथ फेरते हुए पूछा.

‘‘आंटी आज घर पर नहीं हैं ना. मुझे तो खाना वही खिलाती थीं.’’ ‘‘अच्छा ठीक है. चलो, आज आप के अंकल आप को खाना खिलाएंगे.’’

‘‘मगर अंकल, वह आंटी…’’ 8 वर्षीय सनी ने कुछ कहना चाहा. ‘‘आंटी को छोड़ो और तुम खाना खाओ.’’

शहरीना के चले जाने से जहां सनी की देखरेख नहीं हो पा रही थी, वहीं पूरा घर अस्तव्यस्त हो गया था. ठीक से साफसफाई भी नहीं हो रही थी. नौकरनौकरानी टाइम पास करते रहते थे. बेडरूम, बाथरूम, लाउंज आदि अस्तव्यस्त और धूलगर्द से अटे रहते थे. यह सब देख कर अमीर चिल्लाने लगता. सनी की ड्रेस भी मैली रहती थी. कभीकभी वह उसी स्थिति में स्कूल चला जाता था तो उसे डांट खानी पड़ती थी.

यह सब बातें जब अमीर को मालूम पड़तीं तो वह नौकरों को डांटने लगता. लेकिन उन पर कोई भी असर नहीं होता था. एक दिन सनी ने अमीर से कहा, ‘‘अंकल मेरी शर्ट नहीं मिल रही है. पता नहीं कहां चली गई. आंटी सारी चीजें संभाल कर रखती थीं. मैं होमवर्क भी नहीं कर पाता हूं और रोज स्कूल भी देर से पहुंचता हूं. अब आप जल्दी से खुद जा कर आंटी को ले आएं, तब मैडम मुझे फिर से अच्छा बच्चा कहने लगेंगी.’’

‘‘हां, अमीर बेटा. सनी ठीक कह रहा है. आप शेरी बेटी को वापस ले आओ. वह बहुत अच्छी बच्ची है.’’ फखरू ने कहा. वह उस वक्त से उस के साथ रह रहे थे, जब अमीर के पिता औसाफ अहमद जिंदा थे. फखरू चाचा नौकर कम, बल्कि घर के सदस्य की तरह थे. औसाफ अहमद की मृत्यु के बाद उन्होंने और उन की बाजी ने अमीर और समीर का हर तरह से खयाल रखा था. यही नहीं, सनी की पैदाइश के बाद जब समीर की बीवी सनी को समीर की गोद में डाल कर खुद चलती बनी थी तो भी फखरू चाचा और उन की बीवी ने उस नन्हे बच्चे की देखभाल की थी.

‘‘लेकिन चाचा…’’ अमीर ने तड़प कर कुछ कहना चाहा.

‘‘नहीं बेटा. गलती तुम्हारी है. हर औरत तुम्हारी भाभी अशमल की तरह नहीं होती. शेरी जैसी नेक लड़की का अशमल से मिलान करना उस की तौहीन है. शेरी आप से बहुत मोहब्बत करती थी. सनी का बहुत खयाल रखती थी. घर में नौकरचाकर होने के बावजूद वह आप का एकएक काम खुद करती थी. बेटा, शेरी बेटी की फितरत मैं अच्छी तरह जानता हूं. उसे दौलत का कोई लालच नहीं है. वह तो बस आप की मोहब्बत के सहारे जीती थी. मगर आप ने उस पर शक कर के अच्छा नहीं किया.’’ फखरू चाचा ने जो कुछ अनुभव किया और देखा था, सचसच कह दिया.

फखरू चाचा की बातें सुन कर अमीर का दिल तड़प उठा. वह थके कदमों से अपने बेडरूम मे चला गया. वैसे तो शहरीना को घर छोड़े हुए एक महीने से ज्यादा हो गया था, मगर अमीर को लगता था कि उस का वजूद यहीं है. उस की चूडि़यों की खनक उसे अकसर सोते से जगा देती थी. मगर शहरीना वहां कहां होती थी. वह तड़प कर फिर सोने की कोशिश करने लगता था.

फखरू चाचा की बातों ने जब से उस की सोचों में दरार डाल दी थी, तब से वह शहरीना की याद में खोया रहने लगा था. अब वह औफिस आतेजाते खोजती नजरों से भीड़ में उसे तलाशता हुआ उस की एक झलक देखने को बेकरार रहता था.

‘उफ, कहां चली गई हो शेरी, तुम क्यों मुझे तनहा छोड़ गई?’ अमीर ने कार की स्टीयरिंग पर हाथ मारते हुए बेबसी से सोचा. तभी अचानक उस की नजर सड़क किनारे खड़ी शहरीना पर पड़ी. वह गुलाबी कमीज, दुपट्टा और बाटल ग्रीन सलवार में किसी सवारी का इंतजार कर रही थी. कंधे पर लटका बैग और हाथ में पकड़ी फाइल उस के नौकरीपेशा होने की गवाह थी. अमीर तेजी से कार से उतर कर उस के पास जा पहुंचा, ‘‘शेरी…शेरी.’’

‘‘आप…आप यहां?’’ शहरीना उसे अपने सामने देख कर हैरत से सिर्फ इतना ही कह सकी.

‘‘हां मैं. चलो शेरी, मैं तुम्हें लेने आया हूं.’’ अमीर ने हाथ बढ़ाते हुए कहा.

‘‘लेकिन मुझे आप के साथ नहीं जाना. मुझे आप…’’ शहरीना उस का हाथ झटक कर आगे बढ़ गई.

‘‘मोहतरमा, मैं तुम्हारा शौहर हूं और जबरदस्ती तुम्हें अपने साथ ले जा सकता हूं.’’ कह कर अमीर ने उस की कलाई पकड़ कर कार का दरवाजा खोला और उसे अंदर धकेल दिया. इस के बाद खुद दूसरी तरफ से कार में बैठ कर गाड़ी स्टार्ट कर दी.

थोड़ी ही देर में अमीर अपने घर पहुंच गया और शहरीना का हाथ पकड़ कर घसीटते हुए बेडरूम में ले आया.

शहरीना ने तड़प कर कहा, ‘‘छोड़ो मेरा हाथ, मुझे आप की कोई बात नहीं सुननी.’’ ‘‘मगर मुझे अपनी बात तुम्हें सुनानी है. देखो, आई एम वेरी सौरी.’’ अमीर ने कहना शुरू किया, ‘‘मैं अपने उस दिन के रवैये से बहुत दुखी हूं.’’

‘‘क्या आप के इस तरह सौरी कह देने से सब कुछ ठीक हो जाएगा. आप ने तो मुझे अपनी ही नजरों में गिरा दिया है. आप ने मेरी मोहब्बत की तौहीन की है.’’ शहरीना बुरी तरह सिसक उठी.

‘‘मैं मानता हूं कि मुझ से गलती हुई है. लेकिन मेरे इस रवैये के पीछे जो वजह थी, तुम्हें उस का पता नहीं. मैं कभी औरत जात की बहुत इज्जत करता था. मैं ने एक सफेदपोश घराने में आंख खोली थी, जहां खुशहाली नहीं थी. हमारी छोटी सी उम्र में ही पहले अम्मी का, फिर अब्बू का इंतकाल हो गया. तब मेरे बाबा जान ने हम लोगों की परवरिश की. हमें किसी चीज की कमी नहीं होने दी.

‘‘जब उन की मौत हुई तो मैं 19 का और समीर भाई 21 साल के थे. हम लोगों का न तो कोई ददियाल था और न ही ननिहाल. अत: पेट भरने के लिए समीर भाई ने एक प्राइवेट फर्म में नौकरी कर ली. तब तक वे गे्रजुएशन कर चुके थे. वे नौकरी के साथसाथ पढ़ाई भी कर रहे थे, ताकि अच्छी नौकरी मिल सके.

‘‘जल्दी ही उन्होंने एमबीए कर लिया और उसी कंपनी में जूनियर एग्जीक्यूटिव के पद पर जा पहुंचे. अब तक हम लोग सैटल हो चुके थे. तब पड़ोस की आंटी रहमान के कहने पर समीर भाई शादी के लिए तैयार हो गए. मैं ने सोचा था कि समीर भाई की शादी के बाद घर में जो एक औरत की कमी है, वह दूर हो जाएगी. लेकिन अशमल भाभी शादी के बाद कुछ ही दिनों तक सामान्य रहीं. फिर तो आए दिन समीर भाई और अशमल भाभी में चखचख होने लगी.

‘‘भाभी दौलत को ज्यादा अहमियत देती थीं. भाई को उन की गरीबी के ताने देती थीं. जब वह अपनी सहेलियों की दौलत के किस्से व्यंग्य के साथ सुनाती थीं तो समीर भाई की गैरत पर सीधे तीर की तरह लगता था. वह भाई को रिश्वत लेने के लिए भी उकसाती थीं, मगर उन्होंने ऐसा कभी नहीं किया. जल्दी ही वह गर्भवती हो गई. फिर भाभी ने सनी की पैदाइश के बाद भाई से तलाक देने को कहा, क्योंकि उन्होंने एक दौलतमंद आसामी को पसंद कर लिया था.

भाभी के इस रवैये से हम दोनों भाई बहुत हर्ट हुए. लेकिन उन की धमकियों और बदनामी के डर से भाई ने उन्हें तलाक दे दिया. वह मासूम सनी को हमारी गोद में डाल कर चली गईं. समीर भाई पत्थर की तरह हो गए. सनी की देखभाल पहले भी फखरू चाचा की बाजी करती थीं, बाद में भी वही करने लगीं. फिर समीर भाई का मन यहां नहीं लगा. वह सनी को हम लोगों के पास छोड़ कर कनाडा चले गए. ये तमाम हालात मेरे अंदर के मर्द को औरत से नफरत करने को मजबूर करते चले गए.’’

अमीर लगातार बोलता जा रहा था. उस की बातें सुन कर शहरीना भी बिखर गई थी. अमीर ने आगे कहा, ‘‘बस शेरी. फिर मैं ने तय कर लिया कि मुझे खूब दौलत कमानी है. मैं ने अपनी पढ़ाई पूरी कर के एक कंपनी में नौकरी कर ली और उस कंपनी के कुछ शेयर भी खरीद लिए. मैं ने अपना मकान बेच कर एक फ्लैट खरीदा और बाकी पैसे से शेयर खरीदे. फिर एक दिन ऐसा आया कि मैं उस कंपनी के शेयर होल्डरों में सब से ऊपर पहुंच गया और कंपनी मेरे हाथ में आ गई. वक्त गुजरता रहा. फखरू चाचा की बीवी की मौत के बाद सनी को परवरिश का मसला सामने आया तो मैं ने तुम से शादी कर ली. लेकिन अशमल भाभी जैसी औरत को मैं देख चुका था, इसलिए…’’

‘‘इसलिए आप मेरा भी खुदगर्ज और लालची औरतों में शुमार करते रहे.’’ शहरीना की रुआंसी आवाज ने अमीर को तड़पा दिया.

‘‘आई एम सौरी. मैं कह रहा हूं ना कि मैं गलती पर था. लेकिन अगर तुम मेरी जगह होतीं तो तुम भी यही करतीं.’’ अमीर ने उस का हाथ पकड़ कर कहा, ‘‘शेरी, फखरू चाचा कह रहे थे कि तुम मुझ से बहुत मोहब्बत करती हो. प्लीज, उस मोहब्बत की खातिर ही मुझे माफ कर दो. मेरा वादा है कि तुम जो भी मांगोगी, वह दूंगा.’’

शहरीना ने तड़प कर कहा, ‘‘मुझे आप से पहले भी कुछ नहीं चाहिए था. सिर्फ एक मुहब्बत की खातिर ही तो…’’ शहरीना की आवाज भर्रा गई.

‘‘सिर्फ एक मोहब्बत?’’ अमीर ने उस की तरफ देखा और पूछा. मगर फिर शहरीना की हैरान, मासूम, हिरनी जैसी आंखों और खामोश लबों को देखते हुए शरारती अंदाज में बोला, ‘‘मैं तुम्हें इतनी मोहब्बत दूंगा कि तुम्हारा दामन तंग पड़ जाएगा.’’ फिर वह उस के करीब जा कर उस पर झुकते हुए बोला, ‘‘लेकिन बदले में तुम्हें एक काम करना होगा.’’

‘‘क्या?’’ इस मोहब्बत पर शहरीना ने धड़कते लहजे में पूछा.

‘‘तुम्हें हमारी फेमिली को पूरा करना होगा. बोलो, मंजूर है.’’ अमीर उस के कान के करीब फुसफुसाते हुए बोला.

यह सुन कर शर्म से सुर्ख चेहरा लिए शहरीना ने अमीर के सीने में अपना मुंह छिपा लिया. गलतफहमी के बादल छंट गए थे और रास्ते रोशन हो गए थे. अब सब कुछ साफसाफ नजर आ रहा था बहुत दूर तक.

— साजिदा ताज    प्रस्तुति : कलीम आनंद

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...