Newborn Baby Murder. कर्नाटक से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पिता पर अपनी महज 13 दिन की नवजात बेटी की हत्या करने का आरोप लगा है. बताया जा रहा है कि बच्ची की हत्या के बाद उस के शव को घर की पानी की टंकी में डाल दिया गया. इस घटना ने हर किसी को हैरान कर दिया है.
यह घटना कर्नाटक के चिकबल्लापुर जिले के शांतिनगर इलाके की बताई जा रही है. पुलिस के मुताबिक, मामले में इमरान नाम के शख्स को आरोपी बनाया गया है. उस पर अपनी नवजात बेटी को मौत के घाट उतारने का आरोप है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आरोपी की पत्नी मुसकान ने करीब 13 दिन पहले एक बच्ची को जन्म दिया था. दंपति की पहले से 4 साल की एक बेटी भी है.
इस तरह की और वीडियो देखने के लिए मनोहर कहानियां का चैनल सब्सक्राइब करें
आरोप है कि दूसरी बेटी के जन्म से इमरान खुश नहीं था. बुधवार रात परिवार के अन्य सदस्य जब सो रहे थे, तभी उस ने कथित तौर पर नवजात को पानी की टंकी में फेंक दिया. कुछ समय बाद बच्ची के लापता होने का पता चला तो फेमिली वालों ने उस की तलाश शुरू की.
मुसकान की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले में केस दर्ज किया. पुलिस के अनुसार, परिवार को बच्ची पानी की टंकी में मिली, जिस के बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया तो डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस को अस्पताल से घटना की जानकारी मिली तो वह तुरंत अस्पताल पहुंच गई. पुलिस ने मृतक बच्ची के परिजनों से पूछताछ की.
शुरुआती तौर पर उन्होंने इसे पानी में डूबने की दुर्घटना बताया था. लेकिन जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को शक हुआ और पूछताछ में इमरान ने कथित तौर पर अपना अपराध कुबूल कर लिया. इस के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और मामले की जांच शुरू कर दी. Newborn Baby Murder






