Gwalior Cyber Crime. डिजिटल प्लेटफार्म पर अजनबी व्यक्ति से हुई दोस्ती के बाद उस के प्रेमजाल में फंस कर ग्वालियर के नामचीन डौक्टर की पत्नी काजल इस कदर अंधी हो गई कि उस के कहने पर उस ने अपना न्यूड वीडियो तक बना कर उसे भेज दिया. इस के बाद उस के साथ औनलाइन ठगी का ऐसा सिलसिला शुरू हो गया कि…
मध्य प्रदेश के ऐतिहासिक शहर ग्वालियर का हजीरा क्षेत्र जिसे विश्व भर में सुर सम्राट तानसेन की समाधि बनी होने की वजह से जाना जाता है. सितंबर माह की बात है. साइबर क्राइम थाने के एसएचओ धर्मेंद्र कुशवाहा अपने औफिस में बैठ कर प्रतिदिन का काम निपटा रहे थे. इसी दौरान 34-35 साल की युवती हमउम्र नवयुवक के साथ उन के पास आई. उस ने अपना परिचय देते हुए कहा, ”सर, विपिन नाम के एक साइबर ठग ने पहले सोशल मीडिया पर मुझ से दोस्ती की, फिर बड़े ही शातिराना ढंग से मुझे बेवकूफ बना कर अपने प्रेम जाल में फंसाया और मुझ से ही मेरा न्यूड वीडियो बनवाया और वह मुझ से अपने वाट्सऐप नंबर पर मंगवा लिया.
”इस के बाद विदेश से कीमती उपहार और मुद्रा भेजने के बहाने कस्टम ड्यूटी, जीएसटी से ले कर अन्य टैक्स और कागजी काररवाई की खानापूर्ति के नाम पर 5 बार में 3 लाख 76 हजार रुपए अलगअलग पे वालेट पर मेरे से औनलाइन ट्रांसफर करा लिए. मैं साइबर ठग की हर बात पर आंख मूंद कर भरोसा करती रही.
”वह मुझे बड़े ही शातिराना अंदाज में बेवकूफ बनाता रहा, लेकिन उस की बात पर मुझे किसी तरह का संदेह तब तक नहीं हुआ, जब तक उस ने मेरे न्यूड फोटो वायरल करने की धमकी दे कर मुझे अलगअलग नंबरों से कौल कर ब्लैकमेल करना शुरू नहीं कर दिया. वक्त अपनी रफ्तार से गुजर रहा था, तभी अचानक एक दिन मेरे मोबाइल पर मेरे साथ साइबर ठगी करने वाले शख्स का फोन आया.
”उस ने मुझ से 2 लाख 85 हजार रुपए औनलाइन उस के अकाउंट में ट्रांसफर करने को कहा तो मैं ने उस से कहा कि तुम यह क्या बकवास कर रहे हो? लगता है, तुम्हारा दिमाग खराब हो गया है, अब तुम कान खोल कर अच्छी तरह से सुन लो, मैं तुम्हारे कहने पर औनलाइन एक भी पैसा ट्रांसफर नहीं करने वाली.
”मेरे द्वारा दोटूक शब्दों में इतनी बड़ी रकम औनलाइन उस के अकाउंट में ट्रांसफर करने से इनकार करने से बुरी तरह तिलमिलाए साइबर ठग ने मेरे इंकार करते ही मुझे धमकी दी कि यदि तत्काल औनलाइन पैसा नहीं डाला तो वह उस का न्यूड वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा. सिर्फ इतना ही नहीं, उस ने मुझ पर दबाव बनाने के मेरे रिश्तेदारों को मेरा न्यूड वीडियो तक उन के वाट्सऐप नंबर पर भेज दिया.
”सर, मुझे अपने प्रेमजाल में फांस कर मुझ से औनलाइन 3.76 लाख रुपए अपने अकाउंट में ट्रांसफर करने वाले साइबर ठग का धमकी भरा फोन आने के बाद में सन्न रह गई और बुरी तरह डर गई.
”इस घटनाक्रम के बाद मैं शर्म के मारे अपने पति और परिवार के अन्य सदस्यों से भी नजरें चुराने लगी थी. साइबर ठग के प्रेम जाल में फंसा कर मोटी रकम गंवा बैठने के बाद मुझे इस बात का अहसास हुआ कि मैं ने विदेशी उपहार और मुद्रा के लालच में अजनबी शख्स के वाट्सऐप पर अपने न्यूड तसवीरें और आधार कार्ड का स्क्रीनशौट भेज कर बहुत बड़ी गलती की है.
”सर, मेरे साथ घटी इस घटना की मैं ने अभी तक अपने पति और फेमिली वालों को कानोंकान भनक नहीं लगने दी है. लेकिन जब शातिर ठग ने मुझे धमकी देना बंद नहीं किया तो मैं अंदर ही अंदर घुटने लगी, मुझे समझ नहीं आ रहा था कि मैं अपनी इस समस्या का समाधान कैसे करूं.
”सर, इस तनाव से मेरी भूख और नींद उड़ी हुई है. तनाव का असर मेरे स्वास्थ्य पर भी बुरी तरह से पड़ रहा है. जब मुझे लगा कि इस तनाव से घर में चुपचाप हाथ पर हाथ रख कर बैठने से छुटकारा नहीं पाया जा सकता, तब मैं ने अपने भाई को सारे घटनाक्रम से अवगत कराने के बाद उस की सलाह पर आप से शिकायत करने चली आई.’’ इतना कहते हुए काजल एक बार फिर से फफकफफक कर रोने लगी.
एसएचओ ने काजल को ढांढस बंधाते हुए कहा, ”अब आप किसी तरह की फिक्र न करें, पुलिस आप की हरसंभव मदद करेगी. आप पुलिस पर भरोसा रखें, हम जल्द से जल्द आप से ठगी करने वाले को खोज निकाल लेंगे.’’
काजल की बात सुन कर साइबर क्राइम एसएचओ धर्मेंद्र कुशवाहा अचंभित रह गए. उन की समझ में नहीं आ रहा था कि इतने धनाढ्य और नामीगिरामी डौक्टर की सुशिक्षित पत्नी होने के बावजूद आखिरकार वह शातिर साइबर ठग के चंगुल में कैसे फंस गई.
शहर के नामीगिरामी डौक्टर की पत्नी के साथ हुई ठगी की घटना को एडिशनल एसपी सुमन गुर्जर सहित सीएसपी रोबिन जैन ने काफी गंभीरता से लिया.
काजल की शिकायत पर साइबर क्राइम थाने में अज्ञात साइबर ठग के खिलाफ भादंवि की धारा 318 (4), 319(2), 308(2) के तहत रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की पहचान के प्रयास तेज कर दिए.
पुलिस टीम ने सब से पहले औनलाइन ठगी का शिकार हुई डौक्टर की पत्नी से मुलाकात कर उन से हुई ठगी की कहानी को विस्तार से सुनने के साथ ही जिन मोबाइल नंबरों से उन के पास मोबाइल पर कौल आते थे. उन नंबरों को नोट किया. काजल ने जिन खाता नंबरों में औनलाइन पैसा भेजा था, उन की डिटेल्स भी उस से ले ली. इस के बाद पुलिस टीम ने इस केस की पड़ताल शुरू कर दी है.
एसएचओ धर्मेंद्र कुशवाहा ने अज्ञात आरोपी के मोबाइल नंबरों की कौल डिटेल्स निकलवाई. काजल ने जो खाता नंबर दिए थे, उन की जांच करने पर पुलिस के हाथ कुछ तकनीकी सुराग हाथ लगे हैं.
पढि़ए, पूरी कहानी नामचीन डौक्टर की पत्नी कैसे साइबर ठग के झांसे में फंसती चली गई.
34 वर्षीय काजल ग्वालियर के गदाईपुर इलाके में अपने पति और बच्चों के साथ रहती थी. एक महीने पहले उस के वाट्सऐप नंबर पर अनजान नंबर 923750**** से ‘हाय!’ आया तो उस ने जिज्ञासावश उस से पूछा कि आप कौन हैं? और आप को मेरा नंबर कहां से मिला?
तब अनजान शख्स ने कहा कि आप का नंबर मुझे इंस्टाग्राम से मिला है, मैं आप से दोस्ती करना चाहता हूं. उस ने अपना नाम विपिन बताया और कहा कि वह लंदन में रहता है और वहां पर सौफ्टवेयर इंजीनियर है.
इस के बाद काजल की उस से बातचीत होने लगी. शुरू में विपिन की अपनत्त्व भरी बातें सुन कर काजल के मन में भी विपिन के प्रति चाहत उत्पन्न हो गई.
इस के बाद विपिन अकसर काजल को फोन कर प्यारमोहब्बत की बातें करने लगा. यह सिलसिला चलता रहा और उन के बीच प्यारमोहब्बत की बातें होने लगीं.
एक दिन विपिन ने काजल को कौल कर पूछा कि क्या तुम मुझ से मिलने लंदन आ सकती हो? मैं तुम्हारे लिए हवाई जहाज का टिकट भेज देता हूं.
लेकिन काजल ने पति के भय से लंदन आने से इनकार कर दिया और कहा कि मेरे पति को यदि हम दोनों के इश्क के बारे में पता चल गया तो वह मुझे तत्काल घर से बाहर का रास्ता दिखा देंगे. मैं किसी भी सूरत में अपने पति और साधनसंपन्न ससुराल को छोडऩा नहीं चाहती.
विपिन बीचबीच में काजल को कौल कर उस से मेरा सैक्सी फोटो मांगता रहता था. विपिन के आग्रह पर उस ने कुछ सादा फोटो वाट्सऐप पर उसे भेज दिए, लेकिन कुछ दिन बाद विपिन ने मुझ से कपड़े उतार कर वीडियो बनाने और न्यूड फोटो भेजने को कहा.
उस ने कहा कि यदि तुम मुझे अपने न्यूड फोटो की वीडियो बना कर वाट्सऐप पर भेज दोगी तो मैं तुम्हें बहुत सारे कीमती विदेशी उपहार और लंदन की मुद्रा भेज दूंगा.
विदेशी उपहार और मुद्रा के लालच में काजल ने अपना न्यूड वीडियो बना कर विपिन के नंबर पर वाट्सऐप कर दिया.
इस के बाद विपिन ने विदेशी गिफ्ट का पार्सल भेजने के नाम पर आधार कार्ड का भी स्क्रीनशौट वाट्सऐप पर मंगा लिया. इस के अगले दिन काजल के मोबाइल नंबर पर 945931**** नंबर से कौल आया. कौल करने वाले ने कहा कि हम ग्वालियर हवाई अड्ïडे से बोल रहे हैं, आप के लिए विपिन नाम के शख्स ने लंदन से कुछ सामान हवाई जहाज से पार्सल किया है, लेकिन पार्सल लेने से पहले आप को जीएसटी औनलाइन अदा करना पड़ेगा.
इस की पुष्टि करने के लिए काजल ने उसी समय विपिन को कौल कर पूछा तो उस ने कहा कि बिना हिचकिचाहट के औनलाइन जीएसटी अदा कर दो और पार्सल ले लो.
तब काजल ने इस के बाद औनलाइन 15 हजार रुपए अदा कर दिए. तब एक फिर कौल कर शातिर ठग ने डालर चेंज करवाने के नाम पर 46 हजार रुपए औनलाइन मांगे, जो काजल ने उस के बताए नंबर पर भेज दिए.
फिर कागजात बनवाने के नाम पर ठग के कहने पर काजल ने एक लाख 20 हजार रुपए भी बताए गए नंबर पर भेज दिए. इस के बाद परमिट कार्ड के नाम पर एक लाख 20 हजार मांगे गए. ठग के द्वारा पैसे मांगने का सिलसिला यहीं नहीं थमा. कस्टम की रसीद बनाने के बहाने भी 80 हजार रुपए की मांग कर औनलाइन खाते में जमा करवाए गए.
काजल से शातिराना तरीके से मोटी रकम औनलाइन जमा करवाने वाले ठग ने हर बार अलअलग अकाउंट और मोबाइल नंबर पर पैसे ट्रांसफर करवाए. इस तरह साइबर ठग ने कुल 3 लाख 76 हजार रुपए काजल से ठग लिए. इस के बाद फिर से 2 लाख 85 हजार रुपए की साइबर ठग द्वारा मांग की गई. जब काजल ने कहा कि अब मेरे पास एक भी धेला तुम्हें देने के लिए नहीं है तो काजल के पास एक अन्य नंबर से फोन आया.
फोन करने वाले ने कहा कि उस के पास मेरा न्यूड वीडियो है, जोकि उसे विपिन से मिला है. उस ने हड़काते हुए कहा कि अगर तुम ने तत्काल उस के बताए नंबर पर औनलाइन पैसे नहीं भेजे तो वह न्यूड वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा और मेरे पति वह रिश्तेदारों को भी भेज देगा.
थोड़ी देर बाद उस ने काजल का न्यूड वीडियो उसे ही वाट्सऐप पर भेज दिया. इस से वह बुरी तरह से डर गई. डर के मारे वह पति को इस घटनाक्रम के बारे में कुछ नहीं बता पाई.
हिम्मत कर के अपने भाई को विदेशी उपहार और मुद्रा के लालच में लगी चपत के बारे में सारी हकीकत बताई और फिर भाई की सलाह पर उस के साथ साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाने चली आई.
डौक्टर की पत्नी को अपने प्रेम जाल में फंस कर न्यूड वीडियो बनवा कर ब्लैकमेल करने वाले साइबर ठगी के इस बहुचर्चित मामले की जांच स्वयं सीएसपी रोबिन जैन कर रहे हैं. वहीं एसपी धर्मवीर सिंह का कहना है कि साइबर पुलिस आरोपियों को ट्रेस करने में लगी हुई है.
उन्होंने लोगों से अपील भी की है कि वे अजनबी व्यक्ति से बातचीत न करें. यदि बातचीत करें तो बैंक डिटेल्स, पर्सनल फोटो, वीडियो या अन्य जानकारी साझा न करें. जरा सी भी लापरवाही भारी नुकसान का कारण बन सकती है. Gwalior Cyber Crime






