Haryana Crime News. पति को तलाक दे चुकी पूजा सालों से ईरिक्शा चालक गौरव की लिवइन प्रेमिका बनी हुई थी. दोनों की सहमति के संबंधों में खटास तब आ गई, जब पूजा ने अपनी कमाई से खरीदे प्लौट का उत्तराधिकारी पहले पति से पैदा नाबालिग बेटे को बना दिया. इस के बाद तो इन की जिंदगी में ऐसा तूफान खड़ा हुआ कि…
हरियाणा में हिसार एक बहुत ही चर्चित शहर है. यहां कई प्रदेशों के लोग बेहद सुखद माहौल में रहते हैं. इन में बिहार और उत्तर प्रदेश के लोग भी हैं. यहीं वार्ड 10 स्थित शिव कालोनी में गौरव और पूजा अपनी जिंदगी गुजार रहे थे.
गौरव उत्तर प्रदेश के शामली का रहने वाला था, जबकि पूजा बिहार के बेतिया जिले की बगहा गांव की रहने वाली थी. दोनों बीते 5 सालों से किराए के मकान में रह रहे थे. पूजा अपने पति को छोड़ कर उस से पैदा 2 बेटों और एक बेटी को साथ ले आई थी.
गौरव ईरिक्शा चलाकर अपने परिवार की जिम्मेदारी उठाए हुए था. वह पार्टी में वेटर का भी काम करता था, जबकि पूजा होटल में काम करती हुई ठीकठाक कमाई कर लेती थी. वह अपनी कमाई से बच्चों की खातिर पैसे जोड़ती रहती थी.
गौरव और पूजा के बीच पिछले कुछ महीने से खटपट हो रही थी. दोनों के मधुर संबंधों में खटास आ गई थी. वे बातबात पर झगड़ पड़ते थे. तूतूमैंमैं से झगड़ा शुरू होता था, जो कई बार काफी आक्रामक हो जाता था. छोटे से एक कमरे वाले घर में ऐसा माहौल बन जाता था, मानो वे एकदूसरे के दुश्मन हों. दोनों गालीगलौज पर उतर आते थे. पुरानी बातों से ताने देते थे. दोनों के बीच लड़ाई होने पर बच्चे सहमे रहते थे. बच्चे झगड़े से सहम जाते थे या फिर बिस्तर में दुबक जाते थे.
बात पहली जुलाई, 2026 के आधी रात की है. गौरव अपने मोबाइल स्क्रीन को स्क्रोल कर रहा था. अचानक उस ने पास लेटी पूजा का मोबाइल उठा लिया. उसे औन किया और उसे स्क्रोल करने लगा. कुछ सेकेंड बाद कमरे में दूसरे बैड पर सो रहा उन का 6 साल का बेटा जाग गया. आंखे मलते हुए बोला, ”मम्मी, सोने दो न, मोबाइल की लाइट मेरी आंखों में लग रही है.’’
”दीवार की तरफ करवट बदल कर सो जा.’’ गौरव बोला.
”पापा, आप रात में क्यों मोबाइल देख रहे हो?’’
”चुपचाप सोता है या लगाऊं तेरे कान पर?’’ गौरव तेज आवाज में बोला. उस की आवाज सुन कर पूजा की आंखें खुल गईं.
”ठीक ही तो कह रहा है वह, रात सोने के लिए है या मोबाइल देखने के लिए? कितना वक्त हुआ है?’’ बोलती हुई वह तकिए के किनारे अपना मोबाइल ढूंढने लगी.
‘कहां गया मेरा मोबाइल…टाइम देखनी है!’ खीझती हुई पूजा बोली और अंधेरे में तकिए के आसपास अपना हाथ फिराने लगी. उसे मोबाइल मिल गई थी. औन करने लगी. अहसास हुआ कि हाथ में उस का मोबाइल नहीं है.
गौरव के हाथ की ओर नजर गई. उस की हाथ से मोबाइल छीनती हुई बोली, ”तुम मेरे मोबाइल में क्या कर रहे हो?…इस का लौक कैसे खोल लिया…बड़े कमीने हो…मैं ने तुम्हारा मोबाइल कभी छुआ, नहीं न! तो फिर मेरे मोबाइल को छेडऩे की तुम ने हिम्मत कैसे की?’’ देखते ही देखते पूजा की आवाज तेज और तल्ख होती चली गई.
उसे इस तरह आक्रामक होता देख गौरव भी आपे में नहीं रहा. उस ने भी मांबहन की गालियों के साथ दनादन जवाब दे डाले.
यही नहीं, उस पर बदलचनी का आरोप भी मढ़ दिया. सीधेसीधे कह दिया कि वह किसी और के साथ अवैध संबंध बना चुकी है और उस की आंखों में धूल झोंक रही है. वह ऐसा तब से महसूस कर रहा है, जब से उस ने हिसार में एक प्लौट खरीदा है.
पूजा भी गौरव की गालियों और सुन कर गुस्से से तिलमिला उठी. ऐसा लगा उस की गालियां दिल में गोली की तरह चुभ गईं. वह एकदम से बौखला गई. उन के बीच हाथापाई की नौबत आ गई.
गुस्से में पूजा ने हाथ में लिए मोबाइल से गौरव के सिर पर हमला कर दिया. सिर पर चोट लगते ही वह भन्ना गया. हाथ से चोट लगे जगह को सहलाता हुआ गालियां बकने लगा. वहां से सीधा रसोई में गया. चाकू उठा लाया. बच्चे डर कर बैड के नीचे दुबक गए.
चाकू देख कर पूजा सुलगती चिंगारी की तरह भड़क उठी, ”मारेगा तू मुझे, मारेगा…मैं अभी जा रही हूं थाने, रेप का मुकदमा कर दूंगी. फिर जिंदगी भर सडऩा जेल में, जमानत भी नहीं होने दूंगी.’’
रेप और थाने की बात सुनते ही गौरव गुस्से से भर गया. आव देखा न ताव, उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमले कर दिए. देखते ही देखते पूजा धराशायी हो गई.
उस वक्त रात के 3 बज चुके थे. सुबह होने पर 2 जुलाई, 2026 को गौरव सूर्य नगर पुलिस चौकी में गया. वहां मौजूद पुलिसकर्मी से कहा, ”मैं ने पूजा की हत्या की है.’’
इस सूचना पर पुलिस उस के साथ शिव नगर स्थित उस किराए के मकान में गई, जहां उन्हें एक कमरे में पूजा का शव मिला. शव को कब्जे में ले कर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया. इस की जांच शुरू की गई.
पूछताछ में गौरव ने पुलिस को बताया कि वह लगभग 2 महीने पहले शिव नगर में किराए के मकान में रहने आया था और पूजा पिछले 5 महीनों से किसी अन्य व्यक्ति के संपर्क में थी, जिस के कारण उन के बीच अकसर झगड़े होते थे. पूजा गौरव की प्रेमिका थी और बीते 5 सालों से वह उस के साथ रह रही थी. पूजा जहां 32 साल की थी, जबकि गौरव उस से छोटा 28 साल का था.
पूजा के बारे में जांच करने पर पुलिस को पता चला कि उस की 2 बार शादी हुई थी. उस के पहले पति की मृत्यु हो गई, जिस के बाद उस ने अपने देवर से शादी कर ली. पहली शादी से उस के 2 बेटे और दूसरी शादी से एक बेटी थी. दूसरी शादी भी असफल होने के बाद वह गौरव के साथ रहने लगी.
पूजा के बारे में उस की मम्मी संगीता से भी पूछताछ हुई. उन्होंने गौरव पर गंभीर आरोप लगाया कि उन की बेटी को उस ने अवैध गतिविधियों में धकेल दिया था. संगीता ने इन आरोपों के साथ दावा किया कि उस ने पूजा के जीवन में आने के तुरंत बाद संपत्ति हासिल कर ली थी.
संगीता ने अपने बारे में बताया कि वह पति और बेटे के साथ हिसार में उमेद विहार कालोनी में रह रही है. उस के 2 बेटियां और एक लड़का है. पूजा तीनों में सब से बड़ी थी. उस की शादी बिहार में ही बगहा के राजू के साथ हुई थी. उस से 2 बच्चे हुए. इस के बाद वह पति और बच्चों के साथ हिसार आ गई. साथ में राजू का भाई भोला भी आया.
हिसार में पूजा और राजू के बीच अनबन रहने लगी. इस से पूजा और पहले से शादीशुदा भोला के बीच नजदीकियां बढ़ गईं. यह देख राजू अपने गांव चला गया. पूजा ने भोला का तलाक करवाया और उस के साथ सहमति से रहने लगी.
करीब 5 साल पहले पूजा गौरव के संपर्क में आई और दोनों में बातचीत होने लगी. उस ने पूजा को चेतावनी दी थी कि भोला नाम का यह युवक ठीक नहीं है. गौरव पूजा को हासिल करने के लिए भोला को धमकाने लगा और उसे छोडऩे का दबाव बनाने लगा.
उस के डर से भोला पूजा को छोड़ कर चला गया. संगीता ने पुलिस में यह भी आरोप लगाया कि गौरव आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है और पहले हथियार सप्लाई का धंधा करता था. वह बेटी से गंदे काम भी करवाता था.
गौरव द्वारा अपराध कबूलने के बाद पुलिस ने मौके से हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया. पुलिस और फोरैंसिक टीम द्वारा घटनास्थल से महत्तवपूर्ण साक्ष्य जुटा लिए गए. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार महिला के गले, पेट और पीठ पर कई वार किए गए थे. गंभीर चोटों के कारण उस की मौके पर ही मौत हो गई थी.
पूजा की मौत का कारण उस के द्वारा खरीदा गया 132 वर्गगज का प्लौट बना. पूजा के बच्चे झज्जर में एक स्कूल में पढ़ते हैं और हौस्टल में रहते हैं. वारदात के दिन स्कूलों में छुटिट्यां होने पर पूजा के पास आए हुए थे. पूजा के बेटे से भी पुलिस ने पूछताछ की.
उस ने बताया कि रात करीब 9 बजे मम्मीपापा के बीच झगड़ा हुआ था. मम्मी फोन मांग रही थी. दोनों के बीच अकसर झगड़ा होता था. घर के बाहर भीड़ जुटने के बावजूद सुबह तक बच्चों को पता नहीं था कि उन की मम्मी अब इस दुनिया में नहीं रही. उन्हें नानी संगीता दोनों को अपने साथ घर ले गईं.
संगीता ने रिपोर्ट में बताया कि पूजा ने अपनी कमाई से 132 गज का एक प्लौट खरीदा था. वह इस में घर बनवा रही थी. पूजा ने इस प्लौट के दस्तावेज में उत्तराधिकारी के तौर पर पहले गौरव का नाम लिखवाया था. बाद में पहले पति राजू से हुए बच्चों को उत्तराधिकारी बना दिया. इस बात से गौरव खफा था. Haryana Crime News






