Jaipur Murder Case. किरण को उम्मीद थी कि प्रेमी प्रवेश के साथ वह अपनी नई जिंदगी मजे से गुजारेगी. लेकिन उसे क्या पता था कि जिस शख्स के लिए उस ने पति और 3 बच्चों को पीछे छोड़ दिया था, वही उस की जिंदगी का अंत कर देगा…

किरण रावत और प्रवेश रावत उर्फ हम्मू घर से भाग कर जयपुर में आ कर खुद को पतिपत्नी बता कर किराए के मकान में लिवइन रिलेशनशिप में रहने लगे थे. कुछ महीने तो सब कुछ ठीक रहा, लेकिन किरण के मोबाइल पर किसी से बात करने के शक के चलते दोनों के बीच अविश्वास और तनाव बढ़ता जा रहा था. प्रवेश पूछता, ‘किस से बातें करती हो?’

किरण के इंकार करने पर कि वह किसी से बात नहीं करती, बस शक की सुई वहीं अटक गई. प्रवेश के दिमाग में एक बात बैठ गई कि जो औरत अपने पति को धोखा दे सकती है, वह मुझे भी दे सकती है.

प्रवेश ने सोचा, ‘जब किरण अपने पति की नहीं हुई तो मेरी क्या होगी?’

शक का कीड़ा उस के दिमाग में पनपने लगा. शाम के समय दोनों के बीच इसी बात को ले कर फिर झगड़ा हुआ. झगड़ा इतना बढ़ गया कि प्रवेश अपने गुस्से पर काबू नहीं रख सका. प्रवेश ने कपड़े से किरण का गला घोंट कर व मुंह दबा कर उस की हत्या कर दी.

हत्या के बाद प्रवेश कमरे में लाश के पास काफी देर तक बैठा पुलिस से बचने के लिए शव ठिकाने लगाने की जुगत के बारे में सोचता रहा. फिल्मों में देखे क्राइम सीन के आधार पर उस ने घर के आगे लौन में कच्ची जगह में गड्ढा खोद कर शव दफनाने का प्लान बनाया. इस के बाद कमरे को लौक कर बाजार से 2 किलो नमक खरीद कर लाया.

हत्या के बाद अब प्रवेश को किरण की लाश ठिकाने लगाने की जल्दी थी, ताकि वह पकड़ा न जाए. रात घिर चुकी थी. प्रवेश ने रात में ही बाउंड्री के लौन की कच्ची जमीन में गड्ढा खोदा और किरण के शव को उस में दबा दिया. बौडी जल्दी से जल्दी डीकंपोज हो जाए और स्मैल न आए, इस के लिए उस ने नमक भी बौडी के ऊपर छिड़क दिया. इस के बाद मिट्टी डाल कर गड्ढे को ढंक दिया.

शव को दफनाने के बाद उस ने चैन की सांस ली. हत्या करने के बाद आरोपी दरवाजे पर ताला लगा कर 24 सितंबर की सुबह सामोद हनुमान की पदयात्रा में शामिल होने मंदिर चला गया, ताकि किसी को उस पर शक न हो.

यह घटना 23 सितंबर, 2026 को जयपुर की बिंदायका थाना क्षेत्र इलाके के सिंवारमोड़ स्थित प्रेस्टीज गार्डन कालोनी में घटित हुई थी. हत्या के 4 दिन बाद कालोनी में रहने वालों को अजीब सी दुर्गंध का अहसास हुआ. हालत यह हो गई कि लोगों का घर में रहना दूभर हो गया. उन्होंने मकान मालिक कृष्ण कुमार मीणा को उन के मकान से बदबू आने और मकान बंद होने की जानकारी दी.

इस पर कृष्ण कुमार मीणा 27 सितंबर को सुबह साढ़े 10 बजे अपने मकान पर पहुंच गए. मकान के अंदर से तेज दुर्गंध आ रही थी. मुख्य गेट खोल कर जैसे ही वह लौन में पहुंचे, वहां खड़ा होना भी दुश्वार हो गया.

लौन में एक स्थान की मिट्टी ताजी खुदी हुई थी. उस के पास जाते ही वह चौंक गए. उन्हें दाल में काला नजर आने लगा. कमरे का ताला भी लगा हुआ था और घर में कोई नहीं था. इस पर कृष्ण कुमार मीणा ने तत्काल पुुुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर घटना की जानकारी दी.

पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना देने पर बिंदायका थाने के एसएचओ अनिल कुमार जैमिनी पुलिस टीम के साथ बताए पते पर सुबह 11 बजे पहुंच गए. उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही फोरैंसिक टीम को भी मौके पर बुला लिया. मिट्टी हटाते ही एक इंसानी हाथ बाहर दिखाई दिया. अब खुदाई कर लाश को बाहर निकाला गया.

शव को बाहर निकालने पर मकान मालिक ने उस की पहचान किरण के रूप में की. बौडी कई दिन तक दबे रहने से सड़ चुकी थी और पेट से भ्रूण बाहर आ गया था. यानी महिला गर्भवती थी. पुलिस ने लगभग 4 घंटे की मशक्कत के बाद एफएसएल टीम की मदद से सबूत जुटाए.

पुलिस के सामने अब कई बड़े सवाल थे— महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई? क्या उस की हत्या की गई? शव को जमीन में किस ने दफनाया? शव को छिपाने के लिए नमक क्यों डाला गया? सब से अहम सवाल घटना के बाद पति प्रवेश रावत आखिर कहां है? पुलिस उस की तलाश में जुट गई और पूरे मामले की कडिय़ां जोडऩे की कोशिश करने लगी.

घटना की सूचना उच्चाधिकारियों को दी गई. इस पर डीसीपी (वेस्ट) प्रशांत किरण, एसीपी (बगरू) धर्मेंद्र कुमार शर्मा भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. मृतका के गर्भवती होने की बात भी सामने आ रही थी. पंचनामा भर कर शव को पोस्टमार्टम के लिए कांवटिया हौस्पिटल भिजवाया गया. महिला की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. इस दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई.

डीसीपी (वेस्ट) प्रशांत किरण ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शव 2-3 दिन पुराना लग रहा है. मृतका के शरीर पर किसी प्रकार के गंभीर चोट के निशान भी नहीं मिले हैं. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद यह पता चलेगा कि हत्या कैसे की गई?

उन्होंने आगे बताया, आरोपी पति की तलाश की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. मौत का राज अभी जांच के घेरे में है. पुलिस ने जब पति प्रवेश रावत को फोन मिलाया तो उस का मोबाइल स्विच्ड औफ जा रहा था. पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया गया.

झोटवाड़ा के बृजमंडल कालोनी निवासी मकान मालिक कृष्ण कुमार मीणा ने पुलिस को बताया कि 2 महीने पहले ही उन के परिचित मंगल सिंह ने यह मकान किराए पर अपने साले प्रवेश रावत को दिलाया था. मकान में प्रवेश अपनी पत्नी किरण रावत के साथ रहता था. वह रबर रिंग बनाने वाली एक फैक्ट्री में काम करता है. कृष्ण कुमार मीणा की ओर से हत्या की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई.

पुलिस ने प्रवेश के जीजा मंगल कुमार को हिरासत में ले लिया और उस से पूछताछ की. पूछताछ में उस से जो जानकारी मिली, उसे सुन कर पुलिस भी दंग रह गई. मंंगल सिंह ने बताया कि प्रवेश और किरण आपस में चाची भतीजा थे. वह चाची को बाराबंकी से भगा कर लाया था और दोनों पतिपत्नी के रूप में रह रहे थे. प्रवेश ने किरण की हत्या क्यों की? इस बारे में उसे कोई जानकारी नहीं है.

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि हत्या के बाद प्रवेश ने पुलिस से बचने के लिए राज्य से बाहर भागने का प्लान बनाया था. जयपुर से भागते समय 27 सितंबर की सुबह ही प्रवेश मकान को लौक कर, मोबाइल फोन स्विच औफ कर फैक्ट्री गया. फैक्ट्री में ठेकेदार से 500 रुपए उधार लिए और वहां से निकल गया.

पैसे खत्म होने पर उस ने मदद के लिए अपना मोबाइल औन किया. बस, यहीं से पुलिस को उस की लोकेशन यूपी बौर्डर के पास की आने पर आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें रवाना कर दी गईं. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस टीमें उस का पीछा करने लगीं और अंतत: उसे यूपी बौर्डर के पास से गिरफ्तार कर लिया गया.

पुलिस ने प्रवेश रावत को गिरफ्तार कर लिया. प्रवेश को थाने ला कर उस से पूछताछ की गई तो उस ने खुद को बचाने के प्रयास में गढ़ी हुई कहानी सुनाई—

खुद को बताया निर्दोष

जब मैं 26 सितंबर को फैक्ट्री से वापस आया तो किरण फंदे पर लटकी मिली थी. मैं ने शव को फंदे से नीचे उतार तो लिया, लेकिन डर गया था कि पुलिस पकड़ लेगी. किरण के सुसाइड करने के बाद उस की लाश को ठिकाने लगाने के लिए मकान के लौन में दफना दिया.

पुलिस को गुमराह करने के लिए प्रवेश बारबार यही बात कहता रहा कि मुझ से यही गलती हो गई कि मैं ने लाश को दफना दिया.

जांच के दौरान पुलिस को कमरे में किरण द्वारा खुदकुशी करने के कोई सबूत नहीं मिले. बल्कि जांच में किरण और प्रवेश के बीच हुए संघर्ष के निशान तथा जिस कपड़े से किरण का गला घोंटा गया था, वह कपड़ा भी बरामद हुआ.

हत्या करने के बाद आरोपी प्रवेश पुलिस व लोगों की नजर में अपने को बेकुसूर साबित करने के लिए सामोद हनुमान यात्रा में शामिल हो कर मंदिर दर्शन करने चला गया. वहां से वह दूसरे दिन 25 सितंबर को वापस आ गया और 25-26 सितंबर 2 दिन फैक्ट्री में जा कर आराम से काम करता रहा. किसी को भी अपने ऊपर शक नहीं होनेे दिया.

26 सितंबर की रात अपने रिश्तेदारों को कौल कर किरण के आत्महत्या करने की बात प्रवेश ने बताई थी. उस ने यह भी बताया कि किरण का अंतिम संस्कार जयपुर में ही कर दिया है. पुलिस के समक्ष प्रवेश ने किरण की हत्या करने की बात स्वीकार करते हुए बताया कि उस का सोचना था कि किरण की लाश जब गल जाएगी, तब वह थाने में उस की गुमशुदगी दर्ज करा देगा.

लाश को जल्दी गलाने के लिए वह बाजार से 2 किलो नमक भी खरीद कर लाया था. पुुलिस के यह पूछने पर कि किरण किस से बात करती थी? प्रवेश यह नहीं बता पाया. केवल किसी से बात करने के शक के चलते उस ने किरण की हत्या कर दी.

शव करीब 4 दिन पुराना होने के कारण सडऩे लगा तो लौन से बदबू उठने लगी. प्रवेश के पास रुपए भी नहीं बचे थे. पुलिस से बचने के लिए उस ने जयपुर से बाहर भागने का प्लान बनाया. 27 सितंबर, 2026 रविवार को वह ठेकेदार से 500 रुपए एडवांस ले कर जयपुर से बाहर निकल गया. उस ने अपना मोबाइल फोन स्विच्ड औफ कर लिया.

डीसीपी (वेस्ट) प्रशांत किरण ने प्रैसवार्ता में बताया, पुलिस ने इस हत्याकांड का परदाफाश 48 घंटे के अंदर कर हत्या के आरोपी प्रवेश रावत को 29 सितंबर को गिरफ्तार कर लिया. किरण की हत्या के बाद आरोपी प्रवेश सामोद यात्रा में शामिल हो कर हनुमानजी के दर्शन करने चला गया था.

दर्शन से ज्यादा वह अपने को बचाना चाहता था. फोन बंद होने पर शक गहराया. उस ने पहले किरण के सुसाइड करने की बात कही, लेकिन जब उस से मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की गई तो उस ने किरण की हत्या की बात कुबूल की. हत्या की वजह प्रवेश  का किरण पर शक होना था. उसे शक था कि उस का किसी और के साथ चक्कर है.

पुलिस ने सर्विलांस व अन्य टेक्निकल तरीके से लिवइन पार्टनर प्रवेश को यूपी बौर्डर आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के पास से गिरफ्तार कर लिया. प्रवेश के फरार होने के हर पहलू की जांच की जा रही है.

पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कपड़ा, जिस से किरण का गला घोंटा गया, मोबाइल व अन्य चीजें बरामद की हैं. इस के अलावा डिजिटल साक्ष्य भी जुटाए हैं. आरोपी को कोर्ट के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया है.

पूछताछ में जो कहानी निकल कर आई, वह इस प्रकार थी—

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के सहादतगंज में 33 वर्षीय किरण रावत अपने पति और 3 बच्चों के साथ रहती थी. उम्र में वह प्रवेश रावत से लगभग 10 साल बड़ी थी. प्रवेश रावत उस का रिश्ते का भतीजा था. डेढ़ साल पहले यह प्रेम कहानी शुरू हुई थी.

पारिवारिक संबंधों के चलते दोनों का एकदूसरे के संपर्क में आना असामान्य नहीं था, लेकिन धीरेधीरे उन के बीच भावनात्मक नजदीकियां बढ़ गईं और यह संबंध प्रेम में बदल गया. अब दोनों एकदूसरे के बिना रहने की कल्पना नहीं कर पा रहे थे.

दोनों थे चाची भतीजा

प्रवेश की उम्र लगभग 22 साल थी, वह अपनी जिंदगी के ऐसे दौर में था, जब भविष्य को ले कर अनेक सपने देखे जाते हैं. दूसरी ओर किरण पहले से विवाहित थी और 3 बच्चों की मां थी. दोनों के सामने अपनेअपने जीवन की अलगअलग जिम्मेदारियां थीं, लेकिन उन के संबंधों में भावनाएं उन जिम्मेदारियों पर भारी पडऩे लगीं.

एक दिन मौका देख कर प्रवेश ने किरण से कहा, ”किरण, तुम्हारे बिना मन नहीं लगता. दिनभर तुम्हारे बारे में ही सोचता हूं.’’

किरण ने कहा, ”प्रवेश, जो तुम कह रहे हो, वह इतना आसान नहीं है. मेरे बच्चे हैं, मेरा परिवार है. हमारे रिश्ते के बारे में लोगों को पता चला तो क्या होगा?’’

”…तो क्या हम जिंदगी भर इसी डर में रहेंगे?’’ प्रवेश ने किरण से पूछा.

”डर की बात नहीं है. हमें यह भी तो सोचना चाहिए कि हमारे फैसले से कितने लोगों की जिंदगी प्रभावित होगी.’’

”ऐसे छिपछिप कर हम लोग कब तक मिलेंगे? ऐसे तो मेरी तड़प और बढ़ती जा रही है.’’ प्रवेश शायद अपने मन की बात मनवाने पर अड़ा हुआ था. उस के सिर पर इश्क का जुनून सवार था.

”मैं तुम्हारे साथ रहना चाहता हंू. बस इतना जानता हंू.’’ प्रवेश ने किरण से दोटूक कह दिया.

किरण के मन में भी भावनाएंं थीं. वह भी प्रवेश से बेहद प्यार करने लगी थी. इस के साथ ही प्रवेश के साथ भविष्य के नए सपने देखने लगी थी.

दोनों में बातचीत शुरू होती है और यही बातचीत समाज की मर्यादाओं को लांघते हुए एक अवैध संबंध में तब्दील हो जाती है. हालांकि शुरू में दोनों के इस रिश्ते के बारे में किसी को पता नहीं चलता.

धीरेधीरे प्रवेश का नियमित रूप से किरण के पास आना, उस के बैडरूम तक जाना परिजनों की नजर में आने लगा. फिर एक दिन दोनों को आपत्तिजनक अवस्था में किरण के पति ने देख लिया. इस पर घर में जम कर हंगामा हुआ.

किरण के परिवार को जब दोनों के रिश्ते का पता चला तो विरोध शुरू हो गया. प्रवेश के घर आनेजाने पर रोक लगाई जाने लगी. इस के साथ ही किरण को भी प्रवेश से दूरी बनाने के लिए समझाया गया. किरण पर नजर रखी जाने लगी. मगर 2 प्यार करने वालों को कोई रोक नहीं सका. दोनों ने एकदूसरे को विश्वास में ले कर परिवार और समाज की परवाह किए बिना साथ रहने का फैसला कर लिया.

जनवरी, 2026 में एक दिन किरण अपने पति और 3 बच्चों को सोता छोड़ कर प्रवेश के साथ सुबह 5-6 बजे के बीच घर से निकल कर जयपुर चली गई. किरण के अचानक इस तरह प्रवेश के साथ चले जाने पर किरण के पति और ससुराल वाले परेशान हो गए. किरण  अपने तीनों बच्चों को रोताबिलखता छोड़ गई थी. किरण के पति ने दोनों को बहुत खोजा, लेकिन दोनों का कोई पता नहीं चला.

बाराबंकी से भाग कर किरण और प्रवेश जयपुर आ गए. शुरू में वे दूसरी जगह किराए के मकान में रह रहे थे. इस के बाद जयपुर में ही रहने वाले जीजा मंगल कुमार ने अपने साले प्रवेश को कृष्ण कुमार मीणा का मकान किराए पर दिला दिया. दोनों इस नए मकान में पिछले 2 महीने से रह रहे थे.

जयपुर आने के बाद प्रवेश आजीविका चलाने के लिए एक रबर फैक्ट्री में काम करने लगा. यहां उसे पगार के रूप में 18 हजार रुपए हर महीने मिलते थे. जिंदगी पटरी पर चलने लगी. दोनों ने एक साथ रह कर नई जिंदगी शुरू की. दोनों एकदूसरे का बहुत खयाल रखते थे.

सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन कुछ ही महीने बाद इस रिश्ते का ऐसा अंत हुआ, जिस के बारे में शायद किसी ने सोचा भी नहीं होगा.

किरण रावत और प्रवेश रावत के पास एक ही मोबाइल था. पुराने मोबाइल तोड़ कर फेंक दिए थे. जब प्रवेश फैक्ट्री जाता तो फोन किरण के पास ही छोड़ जाता था. नई जिंदगी शुरू करने के दौरान किरण गर्भवती हो गई.

जुलाई में दोनों घूमने गए. डौक्टर से चैकअप भी कराया. डौक्टर ने चैकअप करने के बाद बताया कि बच्चा ठीक है. डौक्टर ने कुछ दवाएं भी लिख कर दीं. दोनों बहुत खुश थे.

किरण रावत और प्रवेश रावत जो आपस में चाची और भतीजे थे, लेकिन जयपुर में वे पतिपत्नी के रूप में किराए के मकान में रह रहे थे. धीरेधीरे उन के रिश्ते में दरार पडऩे लगी.

प्रवेश को किरण के मोबाइल पर किसी दूसरे से बात करने को ले कर शक होने लगा. उस ने किरण से कई बार पूछा, ”तुम किस से बात करती हो?’’

किरण ने उसे बताया कि वह किसी से बात नहीं करती है. लेकिन प्रवेश उस के जवाब से संतुष्ट नहीं हुआ.

इसी बीच एक दिन किरण ने डिलीवरी बौय से खानेपीने का सामान मंगवाया. डिलीवरी बौय जैसे ही डिलीवरी देने के बाद गेट से निकल रहा था, अचानक प्रवेश आ गया. प्रवेश ने इस सामान्य घटना को भी संदेह की नजर से देखना शुरू कर दिया. उसे शक हुआ कि किरण का इसी युवक के साथ रिलेशन चल रहा है.

मोबाइल पर बातचीत और डिलीवरी बौय को ले कर दोनों के बीच अकसर झगड़े होने लगे. दोनों के बीच धीरेधीरे खटास बढऩे लगी.

प्रवेश के मन में शक का कीड़ा कुलबुलाने लगा. उस ने किरण पर पाबंदियां लगा दीं. वह अब किरण को फोन नहीं देता था. घर से बाहर तक नहीं निकलने देता था. चरित्र पर प्रेमी प्रवेश के शक करने से किरण अंदर तक टूट गई.

”प्रवेश, हम एक ही छत के नीचे रहते हैं, फिर भी हमारे बीच फासले बढ़ रहे हैं. जब हम एकदूसरे को इतना प्यार करते हैं तो साथ बैठ कर एकदूसरे को सुनना भी जरूरी है. तुम्हारी नाराजगी मेरी जान निकाल देती है,’’ किरण ने प्रवेश को समझाते हुए कहा.

किरण उसे समझाती है कि उस ने उस के लिए अपना घर और बच्चों तक को छोड़ दिया है. फिर भी प्रवेश का शक कम नहीं हुआ. जिस रिश्ते की शुरुआत साथ रहने और भविष्य संवारने के सपनों से हुई थी, उस में अब अविश्वास और तनाव बढ़ता जा रहा था.

23 सितंबर की रात को दोनों के बीच फिर विवाद हुआ, जो झगड़े में बदल गया. लेकिन प्रवेश का गुस्सा सुलग रहा था. वह आग बुझी नहीं थी. वही सवाल, ”किस से बात करती हो?’’

किरन भड़क उठी, ”तुम ने मेरी जिंदगी नरक बना दी है.’’

बहस बढ़ी और प्रवेश ने किरण का गला कपड़े से घोंट दिया और उस के मुंह को दबा दिया, जिस से उस की मौत हो गई. साथ में वह नन्हीं सी जान भी चली गई, जो अभी दुनिया में आई भी नहीं थी.

इस घटना का सब से दुखद पहलू यह है कि किरण ने प्रेम के लिए अपना बसाबसाया परिवार छोड़ दिया था, लेकिन उसी संबंध में उस की जिंदगी समाप्त हो गई. किरण के 3 बच्चे मां से वंचित हो गए.

यह स्टोरी बताती है कि संदेह और अधिकार जताने की प्रवृत्ति किस तरह रिश्तों को विनाशकारी बना सकती है. किसी भी परिस्थिति में शक या विवाद हत्या का औचित्य नहीं बन सकता. Jaipur Murder Case

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...