Mamta Kafle murder case. यह कहानी है अमेरिका के वर्जीनिया राज्य के मनासास पार्क की, जहां जुलाई 2024 में एक ऐसा खौफनाक कांड हुआ, जिस ने पूरे नेपाली और भारतीय अमेरिकी कम्युनिटी को झकझोर कर रख दिया. ममता काफले भट्ट (जो वहां एक रजिस्टर्ड नर्स थी) एक दिन अचानक लापता हो गई.

जुलाई 2024 के अंतिम दिन थे. मनासास पार्क के एक शांत मोहल्ले में स्थित घर से ममता काफले का अचानक गायब होना किसी को सामान्य नहीं लगा. जब वह कई दिनों तक अस्पताल की अपनी ड्यूटी पर नहीं पहुंची और उस के सहकर्मियों के फोन का कोई जवाब नहीं मिला तो ममता के साथियों ने पुलिस को इस की सूचना दी.

जब पुलिस उस के घर पहुंची तो ममता के पति नरेश भट्ट ने बेपरवाही से दावा किया कि ममता शायद अपने किसी रिश्तेदार के पास न्यूयार्क या टेक्सास चली गई है. उस ने ममता पर ही मानसिक स्वास्थ्य (मेंटल हेल्थ) से जुड़ी समस्याएं होने का झूठा इल्जाम मढ़ दिया और यहां तक कहा कि उसे किसी साइकेट्रिस्ट के पास होना चाहिए. नरेश ने पुलिस को यह भी विश्वास दिलाने की कोशिश की कि ममता पहले भी कई बार इस तरह घर छोड़ कर जा चुकी है.

लेकिन ममता के भाई और करीबी जानते थे कि सच कुछ और है. ममता ने पहले ही घरेलू हिंसा के बारे में अपने भाई को बताया था. यहां तक कि फरवरी 2024 में ममता ने 911 पर कौल भी किया था, क्योंकि नरेश ने उस के बेहद जरूरी दस्तावेज छिपा दिए थे ताकि वह अमेरिकी नागरिकता के लिए आवेदन न कर सके. नरेश को डर था कि नागरिकता मिलने के बाद ममता उसे छोड़ कर चली जाएगी और उस की निर्भरता खत्म हो जाएगी.

पुलिस का शक गहरा चुका था. जब मामले की तकनीकी और फोरैंसिक जांच शुरू हुई तो एक के बाद एक चौंकाने वाले सुराग हाथ लगे.

पुलिस के हाथ एक ऐसा सीसीटीवी फुटेज लगा, जिस में नरेश भट्ट चाकू, भारीभरकम गार्बेज बैग, रबर के दस्ताने और भारी मात्रा में सफाई का सामान खरीदता हुआ साफ दिखाई दे रहा था.

जब पुलिस ने सर्च वारंट के साथ घर की तलाशी ली तो बैडरूम और बाथरूम में खून के निशान मिले, जिन्हें मिटाने की कोशिश की गई थी.

नरेश के फोन और लैपटाप की इंटरनेट सर्च हिस्ट्री ने उस की रूह कंपा देने वाली साजिश का परदाफाश कर दिया. वह इंटरनेट पर यह सर्च कर रहा था कि ‘जीवनसाथी की मौत के बाद दूसरा विवाह कब किया जा सकता है?’

लगभग 2 साल की लंबी जांच और कानूनी प्रक्रिया के बाद जब मामला कोर्ट में पहुंचा तो मुकदमे के दौरान नरेश ने खुद एक ऐसा भयावह सच स्वीकार किया, जिस ने सब को सन्न कर दिया.

नरेश ने अदालत में माना कि उस ने चेन सॉ (इलैक्ट्रिक आरी) की मदद से ममता के शरीर के टुकड़ेटुकड़े किए और उन्हें कचरे के थैलों में भर कर ठिकाने लगा दिया. ममता का शरीर कभी पूरा बरामद नहीं हो सका, लेकिन नरेश की बेशर्मी की इंतहा यह थी कि वह खुद को बचाने के लिए अंत तक यही कहता रहा कि ममता ने आत्महत्या की थी.

हालांकि, जूरी ने उस की इस बेतुकी दलील को सिरे से खारिज कर दिया. अदालत ने नरेश भट्ट को फस्र्ट डिग्री मर्डर और शव को छिपाने तथा उसे क्षतविक्षत करने के गंभीर आरोपों में दोषी करार दिया.

फस्र्ट डिग्री मर्डर के दोषी नरेश भट्ट को अब 20 साल से ले कर उम्रकैद तक की सजा और शव को छिपाने व क्षतविक्षत करने के जुर्म में अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी. मार्च में अदालत उस की सजा का ऐलान करेगी.

इस पूरे खौफनाक मामले का सब से दर्दनाक पहलू यह है कि ममता और नरेश की एक छोटी सी प्यारी बच्ची है, जिस ने अपनी ममतामयी मां को हमेशा के लिए खो दिया.

2 साल के लंबे संघर्ष के बाद आखिरकार ममता और उस के परिवार को न्याय मिल गया है, लेकिन जो उन्होंने खोया है उस की भरपाई शायद दुनिया की कोई अदालत या कोई फैसला नहीं कर सकता.  Mamta Kafle murder case

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...