Insurance Money. एक सड़क हादसे में कविता चौधरी की स्कूटी को पिकअप वाहन ने टक्कर मारी, जिस से उस की मौत हो गई. पहली नजर में सब कुछ एक आम हादसा लग रहा था, लेकिन पुलिस की जांच जैसेजैसे आगे बढ़ी, वैसेवैसे इस मौत के पीछे छिपी कहानी सामने आती गई. पुलिस की जांच इस बात पर टिकी थी कि आखिर कविता की मौत से किसे फायदा होने वाला था? जब एक करोड़ रुपए के एक्सीडेंटल बीमे की कड़ी जुड़ी तो शक की सूई उसी शख्स पर जा टिकी, जिस के साथ महिला ने लव मैरिज की थी…

उस दिन पत्नी कविता घर पर नहीं थी तो प्रयास पांडे ने अपने सब से करीबी दोस्त मान सिंह लोधी को घर पर बुलाया और अपने मन की बात कह दी, ”देख यार, अब मैं इस कविता के लिए कब तक अपने घरपरिवार से दूर रहूंगा.’’

”आज तू कैसी बहकीबहकी सी बातें कर रहा है, आखिर तूने कविता से लव मैरिज की है.’’ मानसिंह ने कहा.

”हां, मैं ने लव मैरिज की थी, मगर अब मेरी आंखें खुल गई हैं. मुझ से बड़ी गलती हो गई, जो ब्राह्मïण होते हुए मैं ने निचली जाति की लड़की से शादी कर ली. मैं इस से छुटकारा चाहता हूं दोस्त.’’ प्रयास ने निर्णय लेते हुए कहा.

”क्या कविता से तलाक लेगा तू, उस का क्या होगा, उस ने भी तो घरपरिवार की मरजी के खिलाफ जा कर तुझ से शादी की थी.’’ मानसिंह उसे समझाते हुए बोला.

”तलाक नहीं, उसे हमेशा के लिए अपनी जिंदगी से दूर करना चाहता हूं, तू मेरी मदद कर दोस्त.’’ प्रयास ने विनती करते हुए कहा.

”लेकिन, मैं इस मामले में क्या कर सकता हूं?’’ मानसिंह ने कहा.

”तू किसी ऐसे व्यक्ति की तलाश कर जो रुपए ले कर कविता को निपटा दे.’’

”बहुत रुपए लगेंगे और पकड़े गए तो अंजाम तू खुद जानता है.’’

”रुपयों की चिंता मत कर. कविता का 70 लाख का इंश्योरेंस है, काम हो गया तो तुझे भी लाखों रुपए दूंगा.’’

लाखों रुपए मिलने के लालच में मानसिंह प्रयास की बातों में आ गया और इस के बाद दोनों ने मिल कर कविता की हत्या की प्लानिंग की.

मानसिंह ने पाटन के चौधरी मोहल्ला में रहने वाले रामजी चौधरी, धनीराम चौधरी और विक्रम चौधरी को 5 लाख रुपए में कविता की हत्या की सुपारी दे कर राजी कर लिया. प्लानिंग के तहत तीनों आरोपियों ने पहले एक लोडिंग वाहन 11 महीने के लिए एग्रीमेंट पर ले लिया.

4 सितंबर, 2026 को जब कविता अपनी एक्टिवा ले कर घर से निकली तो रास्ते में प्रयास और मानसिंह ने तीनों को लोकेशन बता कर वारदात को अंजाम देने के लिए कहा.

रामजी चौधरी, धनीराम चौधरी और विक्रम चौधरी लोडिंग वाहन ले कर कविता का पीछा करने निकल पड़े. पिकअप वाहन विक्रम चला रहा था. रात के करीब 9 बज रहे थे. कविता की स्कूटी जैसे ही जबलपुर के रानीताल की पुलिया से गुजर रही थी, उसी समय विक्रम ने एक्टिवा को पीछे से जोरदार टक्कर मारी.

टक्कर लगते ही कविता स्कूटी के साथ औंधे मुंह सड़क पर गिर गई. उसी समय रामजी और धनीराम ने लोडिंग वाहन से नीचे उतर कर देखा. कविता की सांसें अभी चल रही थीं. उन्होंने स्कूटी को कविता से अलग किया और विक्रम से कहा, ”इस के ऊपर गाड़ी चढ़ा दो, जिस से यह जिंदा न बच सके.’’

और फिर विक्रम ने जानबूझ कर कविता के सिर के ऊपर पिकअप वाहन चढ़ा दिया.

4 सितंबर की रात 9 बजे जबलपुर के पाटन थाना क्षेत्र के नुनसर पुलिस चौकी के प्रभारी राजेश धुर्वे को डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि हटेपुर रानीताल गांव के पास एक अज्ञात महिला का शव पड़ा है.

सूचना मिलते ही एसआई राजेश धुर्वे पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए. घटनास्थल पर सड़क किनारे खून से लथपथ एक महिला पड़ी हुई थी. पास में ही लाल रंग की एक स्कूटी पड़ी हुई थी. वहां के दृश्य को देख कर प्रथमदृष्टया यही लग रहा था कि किसी वाहन की टक्कर से महिला की मौत हुई है.

घटनास्थल पर उस समय काफी भीड़ हो चुकी थी. मौके पर पहुंचा एक युवक शव को देख कर फफक कर रो पड़ा. एसआई राजेश धुर्वे ने उस की हालत देख कर पूछा, ”भाई, तुम कौन हो? क्या तुम इस महिला को जानते हो, जो दुर्घटना का शिकार हुई है.’’

”सर, मेरा नाम प्रयास पांडे है और यह मेरी पत्नी कविता है.’’ इतना कहते हुए वह दहाड़ मारमार कर रोने लगा.

ऐसे हुई थी पहली मुलाकात

एसआई राजेश धुर्वे ने उस के कंधे पर हाथ रखते हुए उसे ढांढस बंधाया और दुर्घटनाग्रस्त महिला को अस्पताल भिजवाया. अस्पताल में डौक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. देर रात तक अस्पताल में पंचनामे की काररवाई चलती रही. दूसरे दिन 31 वर्षीय कविता चौधरी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया.

घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए नुनसर पुलिस चौकी में एक्सीडेंट का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई.

प्रयास की कविता से मुलाकात 2022 में मध्य प्रदेश के पर्यटन स्थल अमरकंटक में हुई थी. नर्मदा नदी के उद्गम स्थल पर घूमते हुए एक स्पौट पर कविता ने अपनी फोटो लेने के लिए सामने खड़े प्रयास को मोबाइल फोन देते हुए कहा, ”प्लीज, मेरी फोटो ले लीजिए.’’

”हांहां, क्यों नहीं, इतने ख़ूबसूरत चेहरे को देखने का मौका जो मिल रहा है.’’ मुसकराते हुए प्रयास ने कहा.

इसी दरम्यान दोनों की जानपहचान हुई और उन्होंने एकदूसरे के मोबाइल नंबर ले लिए. फोन पर बातचीत के बाद मुलाकात का सिलसिला शुरू हो गया और दोस्ती प्यार में बदल गई.

प्रयास पांडे पाटन तहसील में नोटरी का काम करता था और कविता इंश्योरेंस कंपनी में एजेंट थी. बाद में कविता भी प्रयास की दुकान पर ही काम करने लगी. कविता प्रयास से शादी करना चाहती थी, मगर प्रयास के परिवार के लोग इस के लिए राजी नहीं थे.

कविता के पिता मुलायम सिंह चौधरी नरसिंहपुर के बरगी कालोनी के पास नकटुआ गांव के रहने वाले थे. कविता की शादी के लिए वह तैयार थे, मगर प्रयास के घर वालों के राजी न होने की स्थिति में 18 नवंबर, 2024 को दोनों ने जबलपुर में कोर्ट मैरिज कर ली और खुशीखुशी भेड़ाघाट के पास ऐश्वर्य नगर में रहने लगे. कुछ ही समय में उन्होंने एक मकान भी खरीद लिया.

कविता और प्रयास की कमाई से अच्छाखासा रुपया उन्हें मिल जाता था. कविता इन पैसों को अपने मायके के लोगों को भेजने लगी तो प्रयास को यह नागवार गुजरा. इसी को ले कर दोनों में तकरार होने लगी. जल्द ही प्रयास का मन कविता से ऊब गया तो वह कविता को खरीखोटी सुनाने लगा. कविता प्रयास को एससी/एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी देने लगी.

बनाने लगा मारने का प्लान

प्यार का बुखार जल्द ही उतर गया तो प्रयास अब कविता को ठिकाने लगाने की योजना बनाने लगा. मानसिंह प्रयास का सब से भरोसेमंद साथी था, उसे कविता और प्रयास के दरकते रिश्ते की जानकारी थी. जब प्रयास ने मानसिंह को अपनी समस्या बताई तो मानसिंह ने सब से पहले उसे पाटन की शराब दुकान के पास रहने वाले 2 युवकों से मिलवाया, लेकिन उन्होंने इस काम को करने से साफ इंकार कर दिया. उस के बाद ही मानसिंह ने विक्रम और उस के साथियों से मिलवाया. विक्रम और उस के दोनों साथी रुपयों के लालच में आ गए और कविता की हत्या की सुपारी ले ली.

एसडीओपी (पाटन) आशुतोष द्विवेदी ने मामले की जांच के निर्देश नुनसर पुलिस चौकी के प्रभारी एसआई राजेश धुर्वे को दिए. जांच के दौरान पुलिस को कुछ ऐसे तकनीकी साक्ष्य मिले, जिन से घटना सामान्य सड़क दुर्घटना नहीं लग रही थी.

पुलिस ने घटनास्थल और आसपास की गतिविधियों की जांच शुरू की. इसी तकनीकी जांच के आधार पर कुछ संदिग्ध मोबाइल नंबर सामने आए. पुलिस ने इन नंबरों से जुड़े 3 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया. सघन पूछताछ में तीनों ने कविता की हत्या की साजिश और वारदात में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली.

कविता चौधरी के पति प्रयास पांडे ने ला की पढ़ाई की थी और वह पाटन में नोटरी का काम करता था. वहीं कविता एक इंश्योरेंस कंपनी में काम करती थी.

पुलिस जांच में सामने आया है कि प्रयास पांडे ने नोटरी की दुकान में साथ में काम करने वाले अपने साथी मानसिंह लोधी के साथ बैठ कर पूरी घटना की स्क्रिप्ट तैयार की. इस के बाद साथी मानसिंह ने इस पूरी वारदात में पाटन के रहने वाले 3 युवकों विक्रम अहिरवार, धनीराम उर्फ करिया और रामजी चौधरी को शामिल किया. स्क्रिप्ट के अनुसार कविता की हत्या के लिए उन्हें तैयार किया.

प्रयास पांडे कानून का जानकार था, इसलिए उस ने हर कदम फूंकफूंक कर रखा था. वह कुछ समय से इसी फिराक में था कि सांप भी मर जाए और लाठी भी न टूटे. प्रयास कविता को रास्ते से हटा कर बीमा क्लेम की लाखों की रकम हासिल करना चाहता था, इसलिए उस ने साजिश को इस तरह अंजाम दिया कि हत्या पर किसी को शक न हो और वह एक सामान्य सड़क हादसा दिखाई दे.

इसी वजह से प्रयास ने वारदात में इस्तेमाल पिकअप वाहन को घटना के करीब एक महीने पहले विक्रम अहिरवार के नाम से किराए पर लिया था. मकसद यह था कि घटना से ठीक पहले वाहन लेने पर किसी को शक न हो और यह सामान्य तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा वाहन लगे.

3 सितंबर को प्रयास पांडे ने हत्या के लिए हायर किए गए तीनों आरोपियों को पाटन कचहरी के सामने अपनी नोटरी की दुकान पर बुलाया था और वहां पर मानसिंह और प्रयास ने अपनी कविता की पहचान से जुड़ी पूरी जानकारी दी. उस ने पत्नी की लाल रंग की स्कूटी एमपी 20जेडआर 4113 का नंबर दिखाया और मोबाइल में उस की फोटो भी दिखाई. इस के बाद वारदात के लिए जगह और समय तय किया गया.

प्रयास इतना शातिर था कि उस ने कभी इन आरोपियों से फोन पर बातचीत नहीं की, जिस से पुलिस उस की कौल डिटेल्स के आधार पर शक न कर सके.

प्रयास पांडे ने तीनों युवकों को समझाते हुए कहा कहा, ”मैं कविता को किसी काम से रात करीब 8 से 9 बजे के बीच उसी रास्ते से भेजूंगा. तुम लोग पहले से हटेपुर रानीताल गांव के पास जा कर घात लगा कर बैठे रहना.’’

योजना के मुताबिक, तीनों आरोपी पहले से लोडिंग वाहन ले कर मौके पर मौजूद थे. जैसे ही कविता अपनी लाल रंग की स्कूटी से वहां पहुंची, आरोपियों ने पिकअप वाहन से उसे टक्कर मारी और वाहन सिर पर चढ़ा कर उस की हत्या कर दी. इस के बाद वे अपना लोडिंग वाहन ले कर मौके से फरार हो गए.

हत्या के लिए हायर किए गए तीनों आरोपियों को रकम एक साथ नहीं दी गई थी. अलगअलग समय पर उन्हें पैसे दिए गए. अब तक की पुलिस जांच में करीब 70 से 80 हजार रुपए की रकम दिए जाने की जानकारी सामने आई है. सुपारी की रकम तीनों युवकों के रिश्तेदार के खाते में करीब 40 हजार औनलाइन भेजे गए और दूसरी बार 15 हजार, तीसरी बार 22 हजार और एक बार 5 हजार रुपए नकद दिए.

पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों को 2 अक्तूबर, 2026 को गिरफ्तार कर लिया. इन में 31 वर्षीय विक्रम अहिरवार, 22 वर्षीय धनीराम उर्फ करिया और 21 वर्षीय रामजी चौधरी शामिल हैं, जो पाटन क्षेत्र के चौधरी मोहल्ला के रहने वाले बताए गए हैं. पुलिस ने तीनों को न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है. वारदात में इस्तेमाल पिकअप वाहन भी जब्त कर लिया गया है.

पोस्टमार्टम के बाद कविता की डैडबौडी ले कर प्रयास वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पहुंचा और उस का अंतिम संस्कार कर दिया.

पुलिस जांच के दौरान इस मामले का मुख्य आरोपी और मृतिका का पति प्रयास पांडे और उस के साथ काम करने वाला मानसिंह लोधी पाटन से फरार हो गए. दोनों की तलाश के लिए पाटन एसडीओपी के नेतृत्व में अलगअलग टीमें लगाई गई हैं.

एक टीम नुनसर पुलिस चौकी के एसआई राजेश धुर्वे के नेतृत्व में जांच कर रही थी. इसी दौरान उन की टीम को इनपुट मिला कि प्रयास और मानसिंह पाटन में ही छिपे हुए हैं. एसआई राजेश धुर्वे की टीम ने उन्हें दबोच लिया. प्रयास और मानसिंह से जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो कविता की हत्या की कहानी का सच बाहर आ गया.

गिरफ्तार तीनों आरोपी इस समय जबलपुर सेंट्रल जेल में हैं. पुलिस की प्राथमिक जांच में हत्या के पीछे इंश्योरेंस की रकम एक अहम संभावित वजह के तौर पर सामने आई है.

पुलिस की जांचपड़ताल में पता चला है कि कविता के नाम टाटा एआई का 25 लाख रुपए का टर्म इंश्योरेंस और एलआईसी में करीब 70 लाख रुपए की एक पौलिसी थी. इस के अलावा मृतका के नाम हेल्थ इंश्योरेंस और 1-2 अन्य बीमा पौलिसियां होने की जानकारी भी पुलिस को मिली है.

इस तरह करीब एक करोड़ रुपए की रकम का बीमा कविता चौधरी के नाम पर था. गिरफ्तार आरोपी इस समय जबलपुर सेंट्रल जेल में हैं. Insurance Money

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...