Domestic Dispute Murder. करवा चौथ से ठीक पहले, जब हर घर में सुहाग की सलामती की दुआ हो रही थी, उसी दौरान यूपी के शाहजहांपुर में एक आंगन में रिश्ता लहूलुहान हो गया. अपने 3 बच्चों के सामने अवनीश ने कुल्हाड़ी से पत्नी सुशीला को काट डाला. घर में चीखें थमी भी नहीं थीं कि अवनीश अपने 6 साल के बेटे को ले कर भाग गया. मेहंदी लगे जो हाथ पति की लंबी उम्र के लिए करवा चौथ की थाली को सजाते, आखिर अवनीश ने उन्हें क्यों काट डाला?

एक घर, रोजगार की तलाश, पतिपत्नी के बीच मतभेद और 3 मासूम बच्चों की ऐसी त्रासदी, जिस का दर्द शब्दों में समेटना आसान नहीं है. उत्तर प्रदेश के जिला शाहजहांपुर के अल्हागंज क्षेत्र के चौरसिया गांव में अवनीश अपने 6 साल के बड़े बेटे सोहन, 4 साल की बेटी मेनका और महज डेढ़ साल के बेटे रोहन और अपनी पत्नी सुशीला के साथ रहता था.

करवा चौथ आने वाला था. सिर्फ 2 दिन बाकी थे. सुशीला सोच रही थी कि करवा चौथ पर वह पूरे दिन निर्जल व्रत रखेगी. शाम को छलनी से चांद देखेगी, फिर पति को देखेगी और फिर चांद को अघ्र्य दे कर सिंदूर लगाएगी. उसी सिंदूर को जो वह पिछले 8 सालों से अपनी मांग में सजाती आ रही थी. उसी सिंदूर के लिए वह हर साल व्रत रखती थी, पति की लंबी उम्र, बच्चों की खुशहाली और घर की शांति के लिए. दोनों पतिपत्नी सोशल मीडिया पर रील बनाते थे. कभी भीमराम अंबेडकर का झंडा ले कर, कभी घर के आंगन में मुसकराते हुए. लोग कमेंट करते ‘कितनी खुशहाल जोड़ी है.’

सुशीला भी उन रीलों में मुसकराती थी, लेकिन अंदर ही अंदर वह जानती थी कि घर की दीवारें कई बार चुपचाप चीखती रहती हैं.

उस दिन वह बच्चों को नहला रही थी. 6 साल का बेटा उस की आंचल में छिप कर हंस रहा था. छोटी बेटी गोद में थी. सुशीला ने दोनों को चूमते हुए कहा, ”तुम्हारी मम्मी करवा चौथ का व्रत रखेगी. तुम दोनों अच्छे से रहना. चांद निकलेगा तो पापा मम्मी को पानी पिलाएंगे. फिर सब साथ खाएंगे.’’

बच्चे उत्साह में थे. घर में थोड़ीथोड़ी सजावट की तैयारी भी थी. सुशीला ने सोचा था कि कल सुबह बाजार से थोड़ा सामान ले आएगी. नई चुनरी, थोड़ा सिंदूर, कुछ मिठाई. बस इतना ही. पति से पैसे मांगने की बात भी मन में थी.

आर्थिक तंगी और घर की पुरानी कलह के चलते अवनीश के दिमाग में आया कि अब काम पर निकल जाना चाहिए. उस ने शाम को ही प्रोग्राम बना दिया कि कल अपने काम के लिए घर से निकल जाएगा.

उस दिन दोपहर भी किसी आम दिन की तरह ही थी. घर में खाने की तैयारी चल रही थी. एक थाली में रोटीसब्जी रखी थी. तीनों बच्चे घर में मौजूद थे. शायद उन्हें भी भूख लगी होगी. वे इंतजार कर रहे थे कि मम्मी खाना परोसेगी, लेकिन किसी को क्या पता था कि कुछ ही देर में उसी घर में ऐसा मंजर सामने आएगा, जो 3 मासूम बच्चों की जिंदगी से मां का साया छीन लेगा.

करवा चौथ से एक दिन पहले शाहजहांपुर जिले के अल्हागंज क्षेत्र के चौरसिया गांव में घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया. नौकरी के लिए दूसरे शहर जाने को ले कर हुए विवाद में अवनीश ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर पत्नी की हत्या कर दी.

वारदात के दौरान घर में मौजूद 3 मासूम बच्चे मम्मी को बचाने की गुहार भी नहीं लगा सके. पत्नी के लहूलुहान हो कर गिरते ही आरोपी अपने 6 साल के बेटे को ले कर फरार हो गया, जबकि 2 छोटे बच्चे मम्मी के पास ही बिलखते रहे.

अवनीश के 3 भाई केशवपाल, जगतपाल और रामरहीश थे. ये सभी अलगअलग रहते थे. वहीं, सुशीला के पेरेंट्स नहीं थे. दंपति के 6 साल, 4 साल और डेढ़ साल के 3 बच्चे थे. फेमिली वालों के अनुसार, जून 2018 में फर्रुखाबाद के गंधिया गांव की सुशीला की शादी अल्हागंज के मोहल्ला चौरसिया निवासी अवनीश से हुई थी.

बुधवार की दोपहर थी. शाहजहांपुर के अल्हागंज क्षेत्र के चौरसिया गांव में अवनीश के घर में एक अलग ही हलचल थी. घर का सामान समेटा जा रहा था. कपड़े रात में ही बैगों में रखे जा चुके थे. जरूरी सामान एक तरफ जमा था. परिवार को ले कर दूसरे शहर जाने की तैयारी लगभग पूरी हो चुकी थी. बस खाना खाना था और फिर पत्नीबच्चों को साथ ले कर सफर पर निकलना था.

हालांकि अभी यह तय नहीं हुआ था कि परिवार लुधियाना जाएगा या दिल्ली, लेकिन इतना तय था कि अब घर से निकलना है. रोजगार की तलाश में एक बार फिर अपना ठिकाना बदलना था, ताकि जिंदगी की गाड़ी किसी तरह आगे बढ़ सके.

लुधियाना में करता था काम

अवनीश की जानकारी लुधियाना में थी. पहले से ही वह वहां नौकरी कर रहा था. सब कुछ ठीकठाक चल रहा था, लेकिन उस की पत्नी लुधियाना में कुछ अकेलापन महसूस करती थी.

बच्चों की पढ़ाई को ले कर भी चिंतित थी. वहां दूरदूर तक कोई स्कूल भी नहीं था, जो स्कूल थे भी, वे बहुत महंगे थे. इन छोटीछोटी बातों को ले कर पतिपत्नी में आए दिन बहस होती रहती थी.

करीब 3 महीने पहले एक दिन बात इतनी बढ़ी कि अपमान और तंगहाली से आजिज आ कर सुशीला ने अपना पुराना सूटकेस उठाया, तीनों बच्चों को साथ लिया और सीधे अपने मायके की ओर निकल पड़ी.

लुधियाना की उस अनजान धरती पर अवनीश के लिए जिंदगी का एक नया अध्याय शुरू हुआ था. घर से निकलते समय उस के मन में कितनी उम्मीदें थीं, कितने सपने थे और कितनी सारी योजनाएं थीं. उसे लगता था कि कुछ ही दिनों की बात है, सब कुछ व्यवस्थित हो जाएगा, लेकिन उसे क्या मालूम था कि आने वाले 2 महीने उस के जीवन के ऐसे दिन बन जाएंगे, जिन्हें वह शायद कभी भुला नहीं पाएगा.

लुधियाना की भीड़भाड़ वाली सड़कें, दिन भर भागतेदौड़ते लोग, मशीनों की आवाजें और काम की तलाश में भटकते चेहरे, सब कुछ उस के लिए नया था. शहर में हजारों लोग थे, लेकिन अवनीश के लिए जैसे कोई अपना नहीं था.

भीड़ के बीच चलते हुए भी उसे एक अजीब सा अकेलापन महसूस होता था. यहां किसी को उस के आनेजाने से कोई फर्क नहीं पड़ता था. न कोई पूछने वाला कि खाना खाया या नहीं, न कोई यह जानने वाला कि दिन कैसा गुजरा.

शुरुआत के कुछ दिन तो उस ने खुद को समझाने में गुजार दिए. वह सोचता, चलो, कुछ दिन की बात है. धीरेधीरे सब ठीक हो जाएगा. सुबह उठ कर अपने काम में लग जाना और शाम को लौट कर कमरे में बंद हो जाना, उस की दिनचर्या बन गई. दिनभर लोगों के बीच रहने के बाद जब वह अपने कमरे में पहुंचता तो वहां पसरा सन्नाटा उसे भीतर तक छू जाता.

कमरे का दरवाजा बंद होते ही जैसे शहर की सारी आवाजें पीछे छूट जातीं. सामने चारदीवारी, एक बिस्तर, कुछ कपड़े और रोजमर्रा की जरूरतों का छोटा सा सामान. यही उस की दुनिया थी. कभी वह बिस्तर पर लेट कर छत को निहारता रहता तो कभी बिना किसी खास वजह के अपना मोबाइल उठा कर देखने लगता.

मोबाइल की स्क्रीन पर फेमिली वालों के पुराने मैसेज, बच्चों की तसवीरें और परिचित चेहरों को देख कर उस के चेहरे पर थोड़ी देर के लिए मुसकान आ जाती. फिर वही मुसकान धीरेधीरे उदासी में बदल जाती.

यादें अकसर रात के समय ज्यादा सताती थीं. दिन भर की व्यस्तता में आदमी किसी तरह अपने मन को बहला लेता है, मगर रात की खामोशी में यादों का शोर बहुत तेज हो जाता है. उसे परिवार का वह परिचित माहौल याद आता, जहां छोटीछोटी बातों पर हंसीमजाक होता था. खाने के समय सब का एक साथ बैठना, किसी का कुछ मांग लेना, किसी का कोई शिकायत कर देना, घर में जो बातें कभी सामान्य लगती थीं, अब वही सब से अनमोल महसूस होने लगी थीं.

घर की याद में बेचैन

कई बार उसे घर के खाने की याद आती. बाहर का खाना पेट तो भर देता था, लेकिन मन को तृप्त नहीं कर पाता था. घर में बना साधारण सा भोजन भी अपनेपन का स्वाद लिए होता है.

यहां हर चीज के लिए खुद सोचना पड़ता था. क्या खाना है, कहां से लाना है, कितने पैसे खर्च करने हैं और अगले दिन की जरूरतों का इंतजाम कैसे करना है. छोटीछोटी जिम्मेदारियां भी धीरेधीरे बोझिल लगने लगती थीं. कभी वह बाजार की ओर निकल जाता. दुकानों पर सजे सामान, सड़क किनारे चाय पीते लोग और शाम को अपनेअपने घरों की तरफ लौटती भीड़ को देखता रहता. किसी दुकान पर कुछ लोग हंसते हुए बातें कर रहे होते, कहीं कोई अपने परिवार के साथ खरीदारी कर रहा होता. ऐसे दृश्यों को देख कर उसे अपना परिवार याद आ जाता.

वह सोचता कि इस समय उस के घर पर क्या हो रहा होगा? बच्चे क्या कर रहे होंगे? घर में खाना बन गया होगा या नहीं? सब लोग ठीक तो होंगे? पत्नी सुशीला के फोन का इंतजार रहता.

रोज उम्मीद होती कि आज सुशीला का फोन आएगा, लेकिन उम्मीद रोज ही टूट जाती. वह अपनी आन की खातिर सुशीला को फोन करने से अपनी बेइज्जती महसूस करता. जब भी घर पर बात होती, वह अपनी परेशानी छिपाने की कोशिश करता. आवाज सामान्य बनाए रखता.

कोई पूछता कि सब ठीक है न, तो वह कह देता, ”हां, सब ठीक है.’’

लेकिन इस छोटे से जवाब के पीछे कितनी बातें छिपी होती थीं, इस का अंदाजा शायद वही लगा सकता था, जो अपनों से दूर किसी अनजान शहर में अकेले रह रहा हो.

कभीकभी किसी परिचित से फोन पर बातचीत खत्म होने के बाद भी वह काफी देर तक मोबाइल हाथ में लिए बैठा रहता. जैसे अभी कोई और भी फोन करेगा, कोई नई बात बताएगा या कोई ऐसा संदेश आएगा, जिस से मन का खालीपन कुछ कम हो जाएगा. मगर फोन की स्क्रीन बुझते ही कमरे की खामोशी फिर लौट आती.

समय बीतता गया. एक सप्ताह, फिर दूसरा सप्ताह और फिर देखतेदेखते एक महीना गुजर गया. शुरू में जो दिन लंबे लगते थे, अब वे एक नियमित दिनचर्या में बदलने लगे थे. अवनीश ने अपने काम, खानेपीने और रहने का तरीका कुछ हद तक व्यवस्थित कर लिया था. वह जानने लगा था कि किस समय कहां जाना है, किस दुकान पर जरूरत का सामान मिलता है और किस तरह कम खर्च में दिन गुजारा जा सकता है, लेकिन जिंदगी का व्यवस्थित हो जाना और मन का व्यवस्थित हो जाना, दोनों अलगअलग बातें हैं.

बाहर से देखने पर अवनीश सामान्य दिखाई देता. वह अपने काम पर जाता, लोगों से बात करता और जरूरत के मुताबिक हंस भी लेता, मगर उस के भीतर घर लौटने की एक इच्छा लगातार बनी रहती थी. उसे महसूस होने लगा था कि इंसान केवल रोटी कमाने और अपनी जरूरतें पूरी करने के लिए नहीं जीता. उसे अपनेपन की भी जरूरत होती है. कोई ऐसा चाहिए होता है जिस के सामने वह बिना कुछ छिपाए अपने मन की बात कह सके.

दूसरा महीना शुरू हुआ तो अकेलेपन का अहसास कुछ और गहरा हो गया. पहले जो नया शहर उसे उत्सुकता से भर देता था, अब वही शहर रोजमर्रा की थकान का हिस्सा बन गया था. वही सड़कें, वही दुकानें, वही कमरा और वही रातें. हर दिन लगभग एक जैसा दिखाई देता था. फर्क केवल इतना होता कि कैलेंडर की तारीख बदल जाती और घर से दूर रहने का समय थोड़ा और बढ़ जाता.

कभी वह हिसाब लगाता कि कितने दिन बीत गए और कितने दिन बाकी हैं. मन ही मन ससुराल जाने की तारीख के बारे में सोचता. कभी लगता कि समय बहुत धीरे चल रहा है तो कभी काम में व्यस्त रहने के कारण शाम अचानक आ जाती, मगर रात होते ही उस के विचार फिर उसी जगह लौट जाते. अपने घर, अपने परिवार और उस जीवन की ओर, जिन के कारण अपना गांव छोड़ कर वह यहां आया था.

इन 2 महीनों ने उसे एक बात जरूर सिखा दी थी कि पत्नी की अहमियत अकसर दूर होने पर ही समझ में आती है. घर की दीवारें केवल ईंटपत्थरों से नहीं बनतीं. उन में लोगों की आवाजें, छोटीछोटी आदतें, आपसी शिकायतें, हंसी और अनगिनत यादें बसी होती हैं. इन्हीं सब के बीच इंसान को वह सुकून मिलता है, जिसे किसी अनजान शहर में पैसे खर्च कर के भी खरीदा नहीं जा सकता.

लुधियाना में बिताए वे 60 दिन अवनीश के लिए केवल कैलेंडर के पन्ने नहीं थे, बल्कि वे आत्मनिर्भर बनने, परिस्थितियों से समझौता करने और अपने परिवार की कीमत समझने के दिन थे. उस ने अकेले रह कर रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना सीख लिया था, लेकिन अपनों के बिना जीने की आदत शायद अब भी नहीं डाल पाया था.

सुशीला और बच्चों की जब याद आती तो अकसर यही सोचता कि क्या मेरी ही सब गलतियां हैं. कुछ दूरियां इंसान को कमजोर नहीं बनातीं, बल्कि यह अहसास कराती हैं कि उस के जीवन में कौनकौन लोग कितनी अहमियत रखते हैं.

अब हर दीवार उसे सुशीला की खामोशी और बच्चों की किलकारियों की याद दिलाती थी. अब उस का वह ‘अहं’, वह ‘शर्म’ भी काफूर हो चुकी थी, जो शाहजहांपुर में उसे काम करने से रोकती थी. उसे समझ आ गया था कि इज्जत पेट भरने से नहीं, बल्कि अपनों के साथ होने से बनती है.

आखिरकार, दिल पर पत्थर रख कर और अपनी जिद को छोड़ कर, अवनीश अपनी पत्नी को मनाने ससुराल पहुंच गया.

ससुराल के आंगन में एक अजीब सा सन्नाटा पसरा था. बैठक में खाट पर सुशीला के बड़े भाई गंभीर मुद्रा में बैठे थे. सामने अवनीश हाथ जोड़े खड़ा था.

मनाने पहुंचा ससुराल

घर के कोने में रखी एक पुरानी चारपाई पर तीनों बच्चे सहमे हुए बैठे थे. उन की मासूम आंखें कभी अपनी मम्मी सुशीला के गुस्से और मायूसी से भरे चेहरे को देखतीं तो कभी अपने पापा अवनीश की झुकी हुई और लाचार गरदन पर ठहर जातीं. उन के दिलों में एक अनजाना सा डर था. क्या पापा आज फिर हमें छोड़ कर चले जाएंगे? क्या मम्मी हमारे साथ नहीं लौटेंगी?

बच्चों की इन हसरत भरी निगाहों में एक अनकही पुकार थी, एक ऐसी लाचारी थी, जो बड़ेबड़े शब्दों और बहसों से परे थी. वे छोटेछोटे बच्चे उस अदालत की तरह थे, जो खामोश रह कर भी अपने भविष्य का फैसला अपनी आंखों से लिख रहे थे.

मायके वालों की शिकायतें जायज थीं. उन्होंने अवनीश के सामने शर्तें रख दीं, ”अवनीश, अब वो शाहजहांपुर वाला नखरा छोडऩा होगा. इज्जत अपनी जगह है, लेकिन बच्चों का पेट उस से बड़ा है. तुम्हें लुधियाना में ओवरटाइम करना पड़े या कोई दूसरा काम, तुम्हें हर हालत में सुशीला को पैसे देने होंगे.’’

उन्होंने सुशीला को भी समझाया कि छोटीछोटी बातों पर इस तरह घर छोड़ कर जाने की नौबत नहीं आनी चाहिए.

शर्तें थोड़ी चुभने वाली थीं, लेकिन अवनीश की नजरें जब अपने उन तीनों मासूम बच्चों पर पड़ीं, जो सांसें रोके इस फैसले का इंतजार कर रहे थे तो उस का सारा अहंकार पिघल गया. उस ने देखा कि कैसे छोटी सी गुडिय़ा ने अपनी मम्मी का पल्ला कस कर पकड़ रखा था और बेटा अपने आंसुओं को रोकने की कोशिश कर रहा था.

अवनीश की आंखें नम हो गईं. उस का गला रुंध गया. उस ने बिना एक पल गंवाए, कांपते हुए स्वर में कहा, ”सब मंजूर है, भाई साहबजी, आप की हर शर्त सिरआंखों पर. बस, इन बच्चों को और इन की मां को मेरे साथ भेज दीजिए. इन के बिना मेरा वजूद ही क्या है?’’

इस के बाद कमरे में कुछ पलों के लिए गहरी खामोशी छा गई. सुशीला ने अपनी नजरें उठा कर पहले अवनीश की उन नम आंखों को देखा, जिन में अहंकार की एक बूंद भी नहीं बची थी और फिर अपने तीनों बच्चों के चेहरों पर दौड़ती हुई उस उम्मीद की चमक को महसूस किया, जो पापा के हामी भरने पर लौट आई थी.

बच्चों की लाचारी और टूटते परिवार को बचाने की जिद ने सुशीला के भीतर का सारा गुस्सा बहा दिया. उस ने अपनी भाभी का हाथ थपथपाया और भारी मन से ही सही, पर पति के साथ जाने के लिए हामी भर दी.

समझौता होने पर अवनीश अपनी पत्नी सुशीला और बच्चों को ले कर शाहजहांपुर अपने घर के लिए निकल पड़ा.

सुशीला लौट आई घर

शाम ढल चुकी थी. रेलवे स्टेशन की उस भीड़भाड़ में अवनीश आगेआगे चल रहा था, कंधे पर एक पुराना झोला लटकाए और एक हाथ से बेटी की अंगुली थामे हुए. पीछेपीछे सुशीला आ रही थी, जिस के साथ दोनों बेटों में से एक साड़ी का पल्लू पकड़ कर चल रहा था और दूसरा गोदी में सवार था.

बच्चे अब शांत थे, लेकिन उन के चेहरों पर एक सुकून था. वे समझ चुके थे कि परिवार बिखरने से बच गया है. तंगहाली की चुनौतियां शायद कल फिर सामने होंगी, लुधियाना की वह छोटी सी कोठरी भी नहीं बदलेगी, लेकिन आज उस बिखरे आशियाने को जोडऩे की जो ईंट रखी गई थी, उस में सिर्फ समझौते की सीमेंट नहीं, बल्कि एकदूसरे के लिए असीम प्यार और बच्चों की लाचारी की वह दुआ शामिल थी, जिस ने 2 जिद्दियों को एक बार फिर परिवार बना दिया था.

सुशीला ने मायके में 2 महीने किस तरह गुजारे, इस की कल्पना भी हृदयविदारक है.

उस दिन जब वह 3 छोटे बच्चों को ले कर भाई के घर पहुंची तो उस की आंखों में आंसू थे और दिल में गुस्सा. पति से झगड़ा हो गया था. छोटीछोटी बातें इतनी बड़ी हो गईं कि उसे घर छोड़ कर जाना ही एक रास्ता लग रहा था. 3 बच्चों के छोटेछोटे हाथ उस के हाथ में थे और उस के कंधे पर उन का पूरा बोझ.

भाई ने दरवाजा खोला. उस का चेहरा देख कर लगा जैसे किसी ने उसे राहत दी हो. ”बहना आ गई!’’ उस ने कहा और बच्चों को गोद में उठा लिया. भाभी भी आई. पहले दिन तो पूरा सम्मान था.

चाय बनी, बच्चों के लिए मिठाई निकाली गई, सुशीला के लिए अलग बिस्तर बिछाया गया. भाभी ने कहा, ”दीदी, आप आराम करो. बच्चे हमारे हैं. इन्हें मैं संभालती हूं.’’

उस दिन उसे महसूस हुआ कि मायके में आ कर उस ने सही फैसला लिया है, लेकिन दिन बीतते गए. सुबह 4 बजे सुशीला की आंखें खुल जातीं. सब से छोटा बेटा रोता था. वह उठती, उसे दूध पिलाती, फिर रसोई में चली जाती. भाभी उस समय सो रही होती. सुशीला आटा गूंथती, सब्जी काटती, चूल्हा जलाती. बच्चे जाग जाते तो उन के नहानेधोने से ले कर कपड़े पहनाने तक सब उसे ही करना पड़ता.

भाई औफिस जाता तो घर का सारा काम सुशीला के कंधों पर आ जाता. झाड़ू, पोछा, कपड़े धोना, बरतन मांजना. भाभी धीरेधीरे रसोई में कम आने लगी. पहले तो ‘दीदी, आप बैठो, मैं कर लेती हूं’ कहती, बाद में उस ने काम में हाथ लगाना भी बंद कर दिया.

एक महीने बाद तो हालत ये हो गई कि जब सुशीला थक कर बैठ जाती तो भाभी की आंखों में कुछ और ही भाव आ जाता. जैसे ननद मेहमान नहीं, बोझ हो. बच्चे जब शोर करते तो वह कमरे में से आवाज लगाती, ”बच्चों को थोड़ा शांत रखो दीदी, मेरे सिर में दर्द हो रहा है.’’

सुशीला चुपचाप बच्चों को आंगन में ले जाती. रात को खाना बनाते समय अगर कोई सब्जी कम पड़ जाती तो भाभी कहती, ”दीदी, आप तो जानती हैं कि घर का बजट…’’ बात अधूरी छोड़ देती, लेकिन उस का मतलब साफ होता.

भाई कोशिश करता. वह घर आ कर बच्चों को गोद में बैठाता, मुझ से पूछता, ”बहना, सब ठीक है न?’’

तब सुशीला सिर हिला देती. सच कैसे बताती कि भाभी अब मुझ से बात करते समय भी अपनी आंखें बचाती है. घर का सारा काम कर लेने के बाद उसे लगता कि वह इस घर की नहीं है. रात को जब बच्चे सो जाते तो वह अकेले अंधेरे में बैठ कर सोचती थी कि क्या यही मायका है, जहां वह काम कर के भी पराई लगती है?

2 महीने में हर दिन एक जैसा. सुबह काम, दोपहर बच्चों की देखभाल, शाम को फिर रसोई, रात को थकान. भाभी का सम्मान धीरेधीरे सिर्फ औपचारिकता बन गया. कभीकभी तो लगता कि वह चाहती है मैं जल्दी चली जाऊं. भाई सब समझता था, लेकिन कह नहीं पाता था. उस की मजबूरी भी थी. अपना घर, अपनी पत्नी.

एक शाम जब सब से छोटा बेटा बुखार में तड़प रहा था और सुशीला उसे गोद में ले कर आंगन में टहल रही थी तो भाभी ने दरवाजे से कहा, ”दीदी, डौक्टर को दिखा लो न… पैसे तो…’’ बाकी बात अधूरी रह गई.

सुशीला ने सिर झुका लिया. उस पल उसे सब से ज्यादा अकेलापन महसूस हुआ. न अपना घर, न पूरा मायका. सिर्फ 3 छोटे बच्चे और एक थकाहारा दिल. मन मार कर 2 महीनों में बहुत कुछ सहा. घर का सारा काम किया, बच्चों को संभाला, भाभी के मूड के हिसाब से अपनी बातें दबाईं, लेकिन वह अपनापन… वह कभी वापस नहीं आया, जो पहले दिनों में था. वह धीरेधीरे घुटता चला गया, क्योंकि पराए घर में सम्मान खो कर जीना, अपने घर के झगड़े से भी ज्यादा हृदयविदारक होता है.

उस दिन परिवार के लोगों ने सोचा होगा कि अब सब ठीक हो जाएगा. सुशीला ने भी उम्मीद की होगी कि बीती कड़वाहट पीछे छूट जाएगी और बच्चों को फिर से एक साथ मम्मीपापा का सहारा मिलेगा, लेकिन किसी समझौते का अर्थ हमेशा यह नहीं होता कि पुरानी समस्याएं खत्म हो गई हैं. सुलह तभी टिकती है, जब व्यवहार बदलता है, हिंसा रुकती है और दोनों पक्षों को सुरक्षित तथा सम्मानजनक जीवन मिलता है.

मायके से शाहजहांपुर ससुराल आए करीब 15 दिन होने वाले थे. अवनीश जो पैसा 2 महीने में लुधियाना से कमा कर लाया था, उस से गुजरबसर चल रही थी. पैसा खत्म होने के कगार पर था. ऊपर से त्यौहार आ रहा था करवा चौथ. अवनीश ने सोचा कि क्यों न लुधियाना जा कर ड्यूटी जौइन कर ली जाए, वरना बच्चों का गुजारा कैसे होगा.

पत्नी को किया हलाक

करवा चौथ त्यौहार से एक दिन पहले का वह बुधवार 28 अक्तूबर, 2026. दोपहर करीब 2 बजे घर में खाने की तैयारी चल रही थी. रोटीसब्जी की थाली रखी थी. बच्चों की मौजूदगी में पतिपत्नी के बीच रोजगार के लिए शहर जाने को ले कर कहासुनी शुरू हुई. सुशीला कह रही थी कि मैं लुधियाना नहीं जाऊंगी. दिल्ली चलो, वहां मेरे मायके वाले भी हैं. उन से भी कुछ मदद मिल जाया करेगी.

दिल्ली या लुधियाना. फैसला कहां जाने का होना था, लेकिन विवाद ने ऐसा रूप ले लिया कि परिवार का भविष्य ही छिन गया.

परिजनों के आरोप के मुताबिक, गुस्से में अवनीश ने कमरे के कोने में रखी कुल्हाड़ी उठाई और सुशीला पर हमला कर दिया. उस की गरदन और सीने पर वार किए गए. गंभीर चोटों के कारण सुशीला की मौके पर ही मौत हो गई.

एक पल पहले जिस घर में भोजन की तैयारी हो रही थी, वहां अब एक ऐसी त्रासदी घट चुकी थी, जिसे कोई बच्चा अपनी समझ से पूरी तरह समझ भी नहीं सकता.

पिछले 7-8 सालों से जो पत्नी अपने पति की लंबी उम्र के लिए करवा चौथ का व्रत रखती आई थी, आज उसी सुशीला की अकाल मौत हो चुकी थी.

घर के अंदर का दृश्य अत्यंत हृदयविदारक था. छोटा बेटा और बेटी दोनों अपनी मम्मी की लाश से लिपट कर फूटफूट कर रो रहे थे और उन के रोने से उन के शरीर भी खून से सन गए थे. मासूम बच्चों को यह तक नहीं पता था कि उन की मम्मी को आखिर हुआ क्या है? वे बारबार ‘मम्मीमम्मी’ कह कर चीख रहे थे, लेकिन मम्मी कैसे उठती, उस के प्राण तो निकल चुके थे.

लगातार बच्चों के रोने की आवाज सुन कर जब पड़ोसी घर के अंदर पहुंचे तो इस भयानक दृश्य को देख कर उन की भी चीख निकल गई. उन्होंने तुरंत इस की सूचना सुशीला के मायके वालों और पुलिस को दी.

सूचना मिलते ही पुलिस और मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए. पुलिस ने जब शव को कब्जे में ले कर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की काररवाई शुरू की तो मायके वाले अड़ गए. उन का कहना था कि जब तक उन की बेटी के हत्यारे पति को पकड़ा नहीं जाता और उन के 6 साल के नाती को बरामद नहीं किया जाता, वे शव को उठाने नहीं देंगे.

पुलिस अधिकारी परिजनों को समझाने में जुटे रहे कि इतनी बड़ी घटना में पोस्टमार्टम कराना बेहद जरूरी है, जिस से यह साफ हो सके कि हत्या सिर्फ कुल्हाड़ी से की गई है या उस से पहले कोई नशीला पदार्थ भी दिया गया था, लेकिन परिजन कुछ भी सुनने को तैयार नहीं थे. स्थिति यहां तक बिगड़ गई कि धक्कामुक्की के हालात पैदा हो गए.

मायके की महिलाएं पुलिस की जीप के आगे खड़ी हो गईं और जिद करने लगीं कि चाहे कुछ भी हो जाए, हम शव को नहीं ले जाने देंगे. पहले हत्यारे को पकड़ो या उस का एनकाउंटर करो.

अधिकारियों के पसीने छूट गए. घटनास्थल पर पहुंचे सीओ दीपक कुमार सिंह ने समझानेबुझाने की बहुत कोशिश की, लेकिन महिलाओं ने उन की भी एक न सुनी और शोरशराबा करती रहीं. तब पुलिस सीओ ने स्थिति को संभालने के लिए महिला पुलिस बल को बुलाया, जिन्होंने हल्का बल प्रयोग करते हुए धक्कामुक्की कर रही महिलाओं को हटाया. तब जा कर पुलिस शव को पोस्टमार्टम हाउस के लिए रवाना कर सकी.

इस बीच वहां पहुंची फोरैंसिक टीम ने घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कर साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने अवनीश के साले की ओर से हत्या की एफआईआर दर्ज कर ली. एसपी सौरभ दीक्षित ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है. आरोपी की तलाश में 2 टीमें लगाई गई हैं. हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी मौके से बरामद कर ली है. आरोपी को जल्दी ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

पुलिस की सब से बड़ी चिंता यह थी कि अवनीश 6 साल के बच्चे को अपने साथ ले गया था. पुलिस को डर था कि कहीं अवनीश उस बच्चे को कुछ नुकसान न पहुंचाए.

आखिरकार, अवनीश उस 6 साल के बच्चे को अपने साथ क्यों ले गया है? कई लोगों को लग रहा था कि अवनीश उस बच्चे को अपनी ढाल बनाने के लिए ले गया होगा. वहीं, कुछ लोगों को यह भी आशंका थी कि कहीं अवनीश उस बच्चे को किसी को बेच न दे, ताकि वह पैसे हासिल कर वहां से भाग सके, क्योंकि उस के पास पैसे नहीं थे.

पुलिस को भी इस बात की सब से ज्यादा चिंता थी कि उस 6 साल के बच्चे के साथ अवनीश कुछ गलत न कर दे. लिहाजा, पुलिस की 2-3 टीमें बना दी गईं और सर्विलांस की मदद ली जाने लगी.

चूंकि अवनीश अभीअभी भागा था और उस के पास ज्यादा पैसे नहीं थे और बिना पैसों के कहीं जाना मुश्किल होता है, इसलिए पुलिस को अंदेशा था कि वह मदद या पैसों के लिए अपने किसी रिश्तेदार के पास जा सकता है. इसी को ध्यान में रखते हुए उस के तमाम रिश्तेदारों और जानपहचान के लोगों के घरों पर छापेमारी की जाती रही.

आखिरकार शाहजहांपुर के अल्हागंज थाना क्षेत्र के चौरसिया गांव में करवा चौथ से ठीक पहले हुई सुशीला हत्याकांड का मुख्य आरोपी पति अवनीश पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया.

पुलिस ने त्वरित काररवाई करते हुए वारदात के 24 घंटे के भीतर आरोपी पति को धर दबोचा. घटना के बाद फरार हुए अवनीश को पुलिस ने अहिवरन की मड़ैया जाने वाले रास्ते पर सचिवालय तिराहे के पास से गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस ने खून से लथपथ कपड़े व उस के बेटे को भी सकुशल बरामद कर लिया. पुलिस की पकड़ में आने के बाद अवनीश फूटफूट कर रोने लगा. अपने बेटे से लिपट कर भी खूब रो रहा था. कह रहा था कि मुझ से गुस्से में बहुत बड़ी गलती हो गई.

उधर पुलिस को अवनीश के तीनों बच्चों को ले कर भी एक बड़ी समस्या सामने आई. सुशीला के मायके वालों ने तीनों बच्चों को लेने से इनकार कर दिया. अवनीश के रिश्तेदार भी बच्चों को लेने से कतरा रहे थे. उन का कहना था कि उन्हें अपने बच्चे ही पालना मुश्किल पड़ रहे हैं, इन 3 बच्चों की परवरिश कैसे करेंगे? पुलिस इस का कानूनी रास्ता ढूंढने में जुटी हुई थी.

अवनीश से पूछताछ करने के बाद उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया. कहानी लिखे जाने तक वह जेल में ही था. Domestic Dispute Murder

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...