Abu Dujana. 15 लाख का इनामी अबु दुजाना खूंखार आतंकवादी था, साथ ही अय्याश भी. उस के मरने से जहां कुछ कश्मीरियों ने सुकून की सांस ली है, वहीं सुरक्षाबलों का भी हौसला बढ़ा.
कश्मीर के हालात बहुत गंभीर हैं, देश के लिए भी और उन कश्मीरी नागरिकों के लिए भी, जो मेहनत से रोजीरोटी कमा कर अपने परिवार का पेट पालते हैं. वजह हैं, आतंकवादी और आतंकवादियों को पनाह देने वाले लोग या फिर वे लोग जो हुर्रियत से पैसे ले कर आतंकवादियों को बचाने के लिए उन सुरक्षाबलों पर पत्थर बरसाते हैं, जो उन की सुरक्षा के लिए तैनात हैं.
सुरक्षाबलों की बेबसी देखनी है तो कश्मीर में देखिए, जहां हथियारबंद जवान हथियारों के होते हुए भी पत्थरबाजों के फेंके पत्थर खाने को मजबूर हैं, क्योंकि अगर उन की गोली किसी पत्थरबाज पर चल गई तो मानवाधिकार संगठन शोर मचाना शुरू कर देंगे. स्थानीय सरकार भले ही वह भाजपा के सहयोग से चल रही हो, पत्थरबाजों के हक में खड़ी हो जाएगी.
इस के बावजूद सुरक्षाबल और स्थानीय पुलिस पाकिस्तानी या पाकिस्तानपरस्त आतंकवादियों को समाप्त करने के प्रयास में लगी है. सुरक्षाबलों ने जुलाई, 2016 में जब बुरहान वानी को मार गिराया था तो बौखलाहट पाकिस्तान में भी दिखाई दी और कश्मीर में भी. वजह यह कि वह आतंकी सरगनाओं का पोस्टर बौय था. पाकिस्तान तो उसे अपना हीरो मान कर उस की मौत के मामले को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक ले गया, नतीजा कुछ नहीं निकला यह अलग बात है. बुरहान की मौत पर कश्मीर में खूब स्यापा हुआ.
कश्मीर का रहने वाला बुरहान वानी हिजबुल मुजाहिदीन का खूंखार चेहरा था, जो अक्तूबर, 2015 में मारे गए आतंकी अबू कासिम के मारे जाने के बाद सुर्खियों में आया था. उस की जगह अबु दुजाना को कश्मीर का चीफ बनाया गया था. जब बुरहान वानी मारा गया तो अबु दुजाना सुर्खियों में आ गया. मूलरूप से पाकिस्तान के इस आतंकी ने कश्मीर में सुरक्षाबलों पर हमले कर के ऐसी दहशत फैलाई कि कश्मीर की आजादी के नाम पर दहशतगर्दी को पसंद करने वाले कश्मीरी उसे शह देने लगे.
इसी के चलते उस ने पुलवामा जिले के हकड़ीपोरा गांव की एक लड़की से तथाकथित निकाह कर लिया. वैसे बताते चलें, अबु दुजाना छटा हुआ अय्याश था और अपने आतंक के चलते किसी भी घर में घुस जाता था और लड़कियों या महिलाओं की इज्जत से खुल कर खेलता था. उस परिवार के लोग डर के मारे उसे कह तो कुछ नहीं पाते थे, लेकिन उस के प्रति उन के मन में रोष जरूर उभर आता था. यही वजह थी कि कश्मीर के तमाम लोग अबु दुजाना को हेयदृष्टि से देखने लगे थे. ऐसे लोगों की भी कमी नहीं थी, जो उसे दुश्मन मानते थे, पर चाह कर भी कर कुछ कह नहीं पाते थे.
बहरहाल, जुलाई 2016 में बुरहान वानी के मारे जाने के बाद उस के ग्रुप के 11 आतंकवादियों में से 8 आतंकवादी सुरक्षाबलों के हाथों मारे गए. उस की जगह लेने वाले सबजार अहमद को भी इस साल मई में मार गिराया गया. यहां स्पष्ट कर दें कि सुरक्षाबलों के लिए इन आतंकियों को मारना आसान नहीं था, क्योंकि जब भी मुठभेड़ होती थी, किराए के पत्थरबाज मुकाबले में खड़े हो जाते थे, ताकि उन की आड़ ले कर आतंकी भाग सकें.
बहरहाल, सबजार के मारे जाने के बाद मई, 2017 में सेना ने 12 मोस्टवांटेड आतंकवादियों की लिस्ट बनाई. इस लिस्ट में शामिल जुनैद मट्टू को 16 जून को और बशीर लश्करी को 1 जुलाई को मार गिराया गया और इस के ठीक महीने बाद 1 अगस्त को नंबर आया अबु दुजाना का.
इस लिस्ट के 9 आतंकवादी अभी शेष हैं. इन में से जाकिर मूसा और रियाज नाइकू को सुरक्षाबल बड़ी बेसब्री से ढूंढ रहे हैं.
अबु दुजाना की बात करें तो उसे मारने की सुरक्षाबलों की योजना हौलीवुड फिल्म ‘जीरो डार्क थर्टी’ से प्रेरित थी.
यह फिल्म अमेरिकी नेवी सील के कमांडो द्वारा पाकिस्तान के एबटाबाद में छिप कर रह रहे अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी ओसामा बिन लादेन को मारने पर आधारित थी. ज्ञातव्य हो अमेरिकी नेवी सील के कमांडो ने अपने इस औपरेशन को पूरी तरह गुप्त रख कर रात में अंजाम दिया था और ओसामा की लाश को साथ ले जा कर समुद्र में फेंक दिया था.
बताते चलें कि अबु दुजाना 5 बार सुरक्षाबलों के घेरे से भाग निकला था, जिस की वजह थे पाकिस्तानपरस्त पत्थरबाज, जो किसी भी आतंकवादी के घिर जाने पर सुरक्षाबलों पर पत्थर बरसाने लगते हैं. इसी के मद्देनजर सुरक्षाबल दुजाना के मामले में कोई कोताही नहीं बरतना चाहते थे.
दरअसल, एक औपरेशन में जब अबु दुजाना भाग निकला था तो उस का स्मार्टफोन गिर गया था,जो सुरक्षाबलों के हाथ लग गया था. उसी से उस के संपर्कों का पता चला और कुछ नंबरों को ट्रैकिंग पर लगा दिया गया. इस के साथ ही सुरक्षाबलों ने उस के कुछ संपर्कों को भी अपने साथ मिलाया. कुछ स्थानीय लोग जो दुजाना के कुकर्मों से दुखी थे, सुरक्षाबलों को सूचना देते रहते थे.
15 लाख का इनामी दुजाना ए++ श्रेणी का आतंकी था. वह कभीकभी पुलवामा के हकड़ीपोरा गांव स्थित अपनी तथाकथित ससुराल में आता रहता था. सुरक्षाबलों को उस के आने की सूचना 1-2 बार पहले भी मिली थी, लेकिन पक्की खबर न होने की वजह से सुरक्षाबलों ने उस पर हाथ नहीं डाला था. वैसे भी कश्मीर के पत्थरबाजों का डर रहता था, क्योंकि उन के पत्थर बरसाने से आतंकवादी भाग जाता था और सुरक्षाबल पत्थरों की चोट झेलते रहते थे.
31 जुलाई की रात को जब अबु दुजाना के हकड़ीपोरा पहुंचने की सूचना पक्की हो गई तो सुरक्षाबलों ने राज्य पुलिस के साथ मिल कर उसे घेरने की रणनीति तैयार की. इसी योजना के तहत राज्य पुलिस के विशेष अभियान दल की क्रैक टीम को चुपचाप हकड़ीपोरा भेजा गया. सेना और सीआरपीएफ के जवान भी साथ थे. सुरक्षाबलों के वाहनों को गांव के बाहर ही छोड़ दिया गया.
सीआरपीएफ ने गांव के बाहर घेराबंदी की, दूसरा घेरा गांव के अंदर बनाया गया, ताकि आतंकियों के समर्थकों यानी पत्थरबाजों को दूर रखा जा सके. आधी रात को दुजाना जब अपने एक साथी के साथ अपनी कथित ससुराल में निश्चिंत हो कर सो गया तो उस मकान की घेराबंदी की गई. ऐहतियात इतनी बरती गई कि गांव वालों को यह तक भनक नहीं लगी कि उन के घर के बाहर क्या हो रहा है.
अबु दुजाना और उस के साथी आतंकी आरिफ के अलावा उस घर में दुजाना की तथाकथित पत्नी और उस के परिवार के कुछ सदस्य मौजूद थे. उन लोगों की वजह से ही तय किया गया कि औपरेशन को दिन निकलने के बाद अंजाम दिया जाए.
दुजाना को यह पता चल चुका था कि वह घिर गया है, फिर भी उस ने गोली नहीं चलाई तो यह सोच कर कि अगर 8-9 बजे मुठभेड़ होगी तो पत्थरबाज एकत्र हो जाएंगे और वह बच निकलेगा. लेकिन ऐसा नहीं हो सका तो सुरक्षाबलों और राज्य पुलिस की योजना की वजह से. अंतत: सुबह साढ़े 7 बजे दुजाना को सरेंडर करने की चेतावनी दी गई. लेकिन जवाब में उस के साथी आरिफ नबी डार ने फायरिंग शुरू कर दी. सुरक्षाबलों ने भी फायरिंग से जवाब दिया.
इसी बीच राज्य पुलिस ने मकान के अंदर घुस कर उस परिवार के सदस्यों को बाहर निकाला. दूसरी ओर सूरज ऊपर चढ़ आया था और भीड़ जमा हो रही थी. करीब 100 लोगों की उस भीड़ ने पत्थरबाजी भी शुरू कर दी. उन्हें भगाने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े. गोली भी चलानी पड़ी, जिस में एक आदमी की मौत हो गई.
दोनों ओर से गोलियां चलने लगी थीं. चूंकि सुरक्षाबलों ने दुजाना को मारने का फैसला कर लिया था, इसलिए उस मकान को तहसनहस कर दिया गया, जिस में दुजाना और उस का आतंकी साथी छिपे थे. मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबल दुजाना के शव को भी ओसामा बिन लादेन की तरह अज्ञात जगह पर ले गए और दफना दिया.
सुरक्षाबलों ने इस साल अब तक 115 आतंकवादियों को ढेर किया है, जिन में महज 31 कश्मीर के थे और बाकी सब पाकिस्तानी. अब यह क्रम रुकेगा नहीं, क्योंकि सरकार ने सेना को छूट दे दी है. Abu Dujana
— 2017 में प्रकाशित






