Lover Crime Story: आवारा प्रवृत्ति के हिमांशु के प्रेमिल संबंध ममता से हुए तो उस की ख्वाहिश पूरी करने के लिए उस ने तीन महीने के असद का अपहरण तो कर लिया, लेकिन इस के बाद उस ने जो किया खुद तो जेल गया ही प्रेमिका और उस का पति भी सलाखों के पीछे जा पहुंचा.
उत्तर प्रदेश के जिला सहारनपुर के पुलिस कंट्रोल रूम को 2 मार्च, 2016 की शाम जो सूचना मिली थी, उस से विभाग अफरातफरी मच गई थी. इस की वजह यह थी कि महज 3 महीने के बच्चे का सरेआम अपहरण कर लिया गया था. वारदात में न मारपीट हुई थी, न खूनखराबा और न ही किसी हथियार का इस्तेमाल किया गया था. जिस तरह बच्चे का अपहरण हुआ था, वह हैरान करने वाला था.
सूचना पा कर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो वहां लोगों की भीड़ लगी थी. घटना को ले कर लोग काफी नाराज थे. जिस परिवार के बच्चे का अपहरण हुआ था, उस में कोहराम मचा हुआ था. अपहृत बच्चे का नाम असद था. वह थाना जनकपुरी के मोहल्ला खानआलपुरा के रहने वाले असलम का बेटा था. उस के परिवार में पत्नी शाहीन के अलावा अन्य सदस्य भी थे. शाहीन का रोरो कर बुरा हाल था. वह बारबार बेटे को ढूंढ़ कर लाने की गुहार लगा रही थी. थोड़ीथोड़ी देर में वह बेहोश भी हो जा रही थी. आसपड़ोस की महिलाएं किसी तरह उसे संभाल रही थीं. सूचना पा कर पहुंचे सीओ (द्वितीय) अमित नागर और थानाप्रभारी यशपाल सिंह ने घटना के बारे में पूछताछ की.






