Meerut Murder Case. ऊंची हसरतों वाली आजाद खयाल नेहा का पति से अलगाव हुआ तो वह आधुनिकता की चकाचौंध में जिंदगी को अपने अंदाज में जीने लगी. इसी बीच वह आपराधिक प्रवृत्ति के वसीम के प्रेम जाल में फंस गई. जब वसीम की तरह उस की जिंदगी में करीम आया तो यह बात वसीम को बरदाश्त न हुई और उस ने...
रात के 12 बजे मेरठ के पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि जिमखाना मैदान के पास किसी ने एक युवती को गोली मार दी है.
वह इलाका कोतवाली क्षेत्र में आता था. कंट्रोल रूम ने यह सूचना थाना कोतवाली पुलिस को दे दी. सूचना पा कर थानाप्रभारी सुभाषचंद राणा सीनियर सबइंसपेक्टर प्रभाकर केंतुरा और कुछ सिपाहियों के साथ मौके पर पहुंच गए.
सूचना सही थी. 26-27 वर्षीय एक खूबसूरत युवती सुनसान सड़क के किनारे खून से लहूलुहान पड़ी थी. उस के सीने में बाईं तरफ गोली मारी गई थी. उस के बाल बिखरे हुए थे और कान में ईयरफोन की लीड लगी हुई थी. युवती ने नीले रंग की जींस और छींटदार गुलाबी टौप पहन रखा था. मौके पर काफी खून भी बिखरा हुआ था. पहनावे और शक्लसूरत से वह किसी संपन्न घर की लग रही थी. क्या पता किसी तरह युवती की जान बच जाए, यह सोच कर पुलिस उसे जीप में डाल कर जिला अस्पताल ले गई. लेकिन डाक्टरों ने उसे देख कर मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने युवती की लाश का मुआयना किया तो उस की बाईं कलाई पर ब्लेड जैसी किसी चीज से काटने के 20 से ज्यादा निशान मिले. लेकिन ये सभी निशान पुराने थे. आशंका थी कि उस ने कुछ दिन पहले आत्महत्या का प्रयास किया होगा. युवती के पास मोबाइल की ईयरफोन लीड तो थी, लेकिन उस का मोबाइल गायब था.






