Bulldozer Action. उत्तर प्रदेश सरकार की बुलडोजर काररवाई के आगे बड़ेबड़े अपराधी की बोलती बंद हो चुकी है. यूपी सरकार का कहना है कि कोई भी बख्शा नहीं जाएगा, जो यूपी में गलत काम करेगा. चाहे वह भ्रष्टाचार हो, अवैध कारोबार हो या फिर माफियागिरी से जुड़ा मामला हो.

वैसे यूपी में सपा नेता आजम खान का जलवा किस तरह का रहा है, लोग इसे भी भलीभांति जानते हैं. इसी के साथ उन के कुछ कारनामे भी कम नहीं रहे हैं, जो उन की जनहित वाली छवि को धूमिल करते हैं.

सपा के शासन काल में उन्होंने जो काम किए, वह किस तरह से गैरकानूनी थे, इस का एक उदाहरण उन की जौहर यूनिर्सिटी के तौर पर सामने आया है. उसे मौजूदा यूपी सरकार ने अवैध निर्माण करार दिया है. यही कारण है कि रामपुर विकास प्राधिकरण ने जौहर यूनिवर्सिटी के 38 भवनों को अवैध बताते हुए 15 दिन के भीतर गिराने का आदेश दिया है.

हालांकि इस काररवाई पर यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव समेत हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने योगी सरकार पर राजनीतिक और सांप्रदायिक दुर्भावना का आरोप लगाया है.

उल्लेखनीय है कि सपा के कद्ïदावर नेता और पूर्वमंत्री आजम खान इन दिनों जेल में बंद हैं. जौहर यूनिवर्सिटी उन का एक ड्रीम प्रोजेक्ट है. उस के ढहने का मतलब है कि उस में पढ़ाई कर रहे हजारों विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करना.

रामपुर डेवलपमेंट अथारिटी के अनुसार यूनिवर्सिटी के 40 में से 38 भवन गैरकानूनी ढंग से बनाए गए हैं, जो अवैध कब्जे के तहत आता है. आरोप है कि 40 में से सिर्फ 2 भवनों के लिए नक्शा पास कराया गया था. बाकी अवैध तरीके से बिना नक्शा पास कराए बनाए गए हैं.

आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी यूपी के रामपुर में सिगंखेड़ा इलाके में बनी है. साल 2024 से पहले यह इलाका रामपुर विकास प्राधिकरण के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता था, लेकिन अब ये आरडीए के अधीन आता है. 15 जुलाई को रामपुर विकास प्राधिकरण ने यूनिवर्सिटी के 40 में से 38 भवनों को बिना नक्शा पास कराए बनवाने के चलते अवैध करार दे दिया.

जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के अनुसार जांच में पता चला है बिल्डिंग बिना इजाजत के बनी है. इस संबंध में विश्वविद्यालय को नोटिस दिया गया था. इस का लिखित जवाब भी आया. सारी काररवाई के बाद पता चला कि जौहर यूनिवर्सिटी के 40 भवनों में सिर्फ 2 ही भवन ऐसे हैं, जिन का नक्शा स्वीकार किया गया है.

दूसरी तरफ आजम खान और उन के बेटे अब्दुल्ला आजम फिलहाल जेल में बंद हैं. उन्हें फरजी दस्तावेजों के मामले में कोर्ट ने 10 साल की सजा सुनाई है. Bulldozer Action

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...