इस के बाद अर्चना अपनेआप ही ससुराल आ गई. आने पर जब उसे पता चला कि उस के जाने के बाद से सुमिक्षा संध्या के यहां रह रही है तो उस ने बुद्धिविलास से कहा कि अपनी बेटी को दूसरे के घर भेजने की क्या जरूरत थी. वह उसे तुरंत घर ले आए.
बुद्धिविलास सुमिक्षा को लेने संध्या के घर गया तो वह अपने घर आने को तैयार नहीं थी. संध्या पिता की मरजी के बगैर बच्ची को कैसे रोक सकती थीं, इसलिए उन्होंने सुमिक्षा को समझाबुझा कर उस के साथ भेज दिया.
उसी बीच बुद्धिविलास ने सुमिक्षा के नाम 50 हजार की एक एफडी कराई तो अर्चना को लगा कि बुद्धिविलास अपना सब कुछ सुमिक्षा को ही दे देगा. अगर ऐसा हुआ तो उस के बेटे का क्या होगा.
इस के बाद अर्चना ने बुद्धिविलास से कहसुन कर अपने छोटे भाई शिवपूजन को पढ़ने के लिए अपने पास बुला लिया. अर्चना ने उस का दाखिला आगरा में गौतम ऋषि इंटर कालेज में छठीं कक्षा में करवा दिया. शिवपूजन के आने से सुमिक्षा की परेशानी और बढ़ गई. अब भाईबहन, दोनों सुमिक्षा को परेशान करने लगे. भाई के आने से अर्चना के इरादे को और मजबूती मिली. मन ही मन वह सुमिक्षा से छुटकारा पाने की योजना बनाने लगी.
जब उस की योजना बन गई तो वह बुद्धिविलास के बाहर जाने का इंतजार करने लगी. योजनानुसार उस ने सुमिक्षा के प्रति अपना व्यवहार पूरी तरह बदल लिया था. वह सुमिक्षा से इस तरह प्यार का नाटक करने लगी, जैसे एक मां करती है. बुद्धिविलास को इस से हैरानी तो हुई, लेकिन सोचा शायद मायके वालों ने समझाया हो, इसलिए उसे सद्बुद्धि आ गई है.
एक दिन सुमिक्षा ने कोई शरारत की तो अर्चना ने कहा, ‘‘अब तुम बहुत शरारती हो गई हो. अगर तुम्हारा यही हाल रहा तो मैं तुम्हें गांव भेज दूंगी.’’
ऐसा अर्चना ने योजनानुसार कहा था. लेकिन सुमिक्षा डर गई. क्योंकि वह गांव नहीं जाना चाहती थी. अर्चना भी उसे गांव नहीं भेजना चाहती थी. यह तो उस की योजना का एक हिस्सा था. वह चाहती थी कि सुमिक्षा सब से बताए कि मम्मी उसे गांव भेज रही हैं. अपनी इस साजिश में अर्चना सफल भी रही. सुमिक्षा ने यह बात सांध्या कौशिक को बताई. उन्हें लगा कि अर्चना ने उसे डराने के लिए ऐसा कहा होगा. इसलिए उन्होंने उसे आश्वस्त किया कि वह डरे न, उसे कोई गांव नहीं भेजेगा.
एक दिन बुद्धिविलास ने कहा कि उन्हें मूर्तियों के लिए मुकुट खरीदने मथुरा जाना है तो अर्चना की आंखों में चमक आ गई. वह अपनी योजना को अंजाम देने की तैयारी करने लगी. पहला काम तो उस ने यह किया कि अपने आवास के पास खाली पड़ी जमीन में कई गड्ढे खोद डाले. दोपहर में बुद्धिविलास खाना खाने आया तो उन गड्ढों को देख कर पूछा, ‘‘अरे इतने गड्ढे क्यों खोद डाले हैं?’’
‘‘पेड़ लगाने हैं, इसीलिए खोदे हैं.’’ अर्चना ने कहा.
अर्चना की इस बात पर बुद्धिविलास को हैरानी हुई कि अचानक इस के मन में पेड़ लगाने की बात कहां से आ गई. यही सोच कर उस ने कहा, ‘‘तुम्हारे मन में अचानक पेड़ लगाने की बात कहां से आ गई?’’
‘‘टीवी में देखा था. उसी में देख कर सोचा कि मैं भी अपने घर के आसपास पेड़ लगा दूं तो हराभरा रहेगा.’’
21 सितंबर को बुद्धिविलास को मथुरा जाना था. उस से एक दिन पहले यानी 20 सितंबर को अर्चना ने सुमिक्षा से कहा कि वह संध्या से कह देगी कि अगले दिन वह उन के घर नहीं आ पाएगी. जब यह बात सुमिक्षा ने संध्या से कही तो उस ने पूछ लिया कि क्यों नहीं आएगी तो सुमिक्षा ने कहा कि उसे नहीं मालूम, मम्मी ने ऐसा कहने को कहा है.
अगले दिन 21 सितंबर को बुद्धिविलास 10 बजे के आसपास मथुरा के लिए निकल गया. पति के जाते ही अर्चना ने मंदिर परिसर का बाहरी गेट बंद कर के अंदर से ताला लगा दिया. इस के बाद रसोई में जा कर मैगी बनाई और सुमिक्षा को खाने के लिए दे कर खुद गड्ढा खोदने लगी.
भाई ने पूछा कि वह गड्ढा क्यों खोद रही है तो उस ने कहा, ‘‘तू अंदर जा कर सो जा, मैं क्या कर रही हूं, इस बात पर ध्यान न दे.’’
शिवपूजन जा कर सो गया. अर्चना ने साढ़े 3 फुट गहरा गड्ढा खोद डाला. गड्ढा खोद कर अर्चना अंदर पहुंची तो देखा सुमिक्षा बेहोश पड़ी थी. दरअसल उस ने मैगी में नशीली दवा मिला दी थी, इसलिए मैगी खा कर सुमिक्षा बेहोश हो गई थी.
अर्चना ने बेहोश पड़ी सुमिक्षा के दोनों हाथ पीछे बांध कर मुंह और नाक में कपड़ा ठूंस दिया. इस के बाद ऊपर से पौलीथिन लपेट कर उसे उठाया और गड्ढे में लेटा कर ऊपर से 2 थैली नमक डाल कर गड्ढे को ढक दिया. नमक उस ने इसलिए डाला था, ताकि लाश जल्दी गल जाए.
किसी को संदेह न हो, अर्चना ने गड्ढे के ऊपर पत्थर रख कर हवन कुंड बना दिया और उस के पास तुलसी का एक पेड़ लगा दिया. बुद्धिविलास के आने से पहले उस ने वहां दिया जला कर तमाम अगरबत्तियां भी सुलगा दीं.
शाम 7 बजे के आसपास बुद्धिविलास ने आते ही सुमिक्षा को आवाज दी. सुमिक्षा कहां से बोलती. उसे तो अर्चना ने ऐसी जगह भेज दिया था, जहां से कोई लौट कर नहीं आता. अर्चना ने कहा, ‘‘वह तो सुबह से ही गायब है.’’
‘‘क्या… सुबह से गायब है? तुम ने उसे ढूंढ़ा भी नहीं?’’ बुद्धिविलास थोड़ा गुस्से में बोला.
‘‘मुझे पता था, तुम यही कहोगे. तुम ने कैसे सोच लिया कि मैं ने उसे ढूंढ़ा नहीं. मैं ने सब जगह जा कर उसे ढूंढ़ा है, लेकिन किसी से पूछा नहीं. क्योंकि सब यही कहते कि सौतेली मां हूं, इसलिए मैं ने ही गायब कर दिया है. जब तुम इस तरह कह रहे हो तो दूसरे क्यों नहीं कहेंगे?’’ अर्चना ने रोते हुए कहा.
बुद्धिविलास उठा और पैर पटकते हुए घर से निकल गया. सीधे वह संध्या कौशिक के घर पहुंचा. जब उस ने उन से सुमिक्षा के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा, ‘‘सुमिक्षा तो मुझ से कह गई थी कि आज वह मेरे घर नहीं आ पाएगी.’’
सुमिक्षा और कहीं नहीं जा सकती थी. साफ हो गया कि वह गायब हो गई है. थोड़ी ही देर में यह बात पूरी कालोनी में फैल गई. सभी एकदूसरे से पूछने लगे. इस से यह बात साबित हो गई कि सभी को सुमिक्षा से सहानुभूति थी. सभी उस की तलाश में लग गए. बुद्धिविलास पागलों की तरह अपना सिर पीट रहा था.


