Delhi Crime Story: प्यार में भटका पुजारी

Delhi Crime Story: मंदिर का पुजारी बन कर गजानन ने न जाने कितनी औरतों को पथभ्रष्ट किया, लेकिन जब उन में से एक सुनीता ने उस से अपनी देह की कीमत 10 लाख रुपए वसूल ली तो ऐसा क्या हुआ कि पुजारी को जान गंवानी पड़ी…

दिल्ली के निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के नजदीक नांगली राजपुर स्थित यश गैस्टहाऊस में 27 अक्तूबर, 2015 को एक ऐसी घटना घटी कि गैस्टहाऊस के मैनेजर और कर्मचारी सिहर  उठे. शाम के करीब 4 बजे गैस्टहाऊस के कमरा नंबर 24 से अचानक चीखने की आवाजें आने लगीं. चीखें सुन कर मैनेजर सुमित कटियार 2 कर्मचारियों के साथ उस कमरे की ओर भागे. वहां पहुंच कर उन्होंने देखा कि कमरे से धुआं भी निकल रहा है.

उस कमरे में सुबह ही एक आदमी अपनी पत्नी के साथ आया था. कमरे से चीखने की जो आवाज आ रही थी, वह उसी आदमी की थी. मैनेजर की समझ में नहीं आ रहा था कि आखिर उस आदमी के साथ ऐसा क्या हो गया, जो वह इस तरह चीख रहा है. चीखों और धुआं निकलने से उस ने यही अंदाजा लगाया कि शायद वह आदमी जल रहा है. यह सोच कर सुमित कटियार घबरा गए. कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था. उन्होंने दरवाजा थपथपाया, लेकिन वह नहीं खुला. वह परेशान हो उठे. जब उन्हें कोई उपाय नहीं सूझा तो उन्होंने अन्य कर्मचारियों के साथ मिल कर कमरे का दरवाजा तोड़ दिया. कमरे के अंदर का खौफनाक दृश्य देख कर सब की घिग्घी बंध गई.

कमरे में पड़े बैड के नीचे एक आदमी आग में जलते हुए तड़प रहा था. उस के शरीर पर एक भी कपड़ा नहीं था. बैड के पास खड़ी उस की पत्नी हैरत से उसे जलता देख रही थी. वह भी उसी हालत में थी. सुमित कटियार ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर के इस घटना की सूचना दे दी. थोड़ी ही देर में पुलिस कंट्रोल रूम की गाड़ी वहां पहुंच गई, जिस में 4 पुलिसकर्मी थे. यह क्षेत्र दक्षिणीपूर्वी दिल्ली के थाना सनलाइट कालोनी के अंतर्गत आता है, इसलिए पुलिस कंट्रोल रूम से इस घटना की सूचना थाना सनलाइट कालोनी को भी दे दी गई थी.

खबर मिलते ही थानाप्रभारी ओमप्रकाश लेखवाल 2 हैडकांस्टेबलों को ले कर घटनास्थल पर पहुंच गए. निरीक्षण में उन्हें कमरे में एक अधेड़ आदमी फर्श पर झुलसा पड़ा मिला. वह बेहोशी की हालत में लगभग 90 प्रतिशत जला था. उस के कपड़े बैड के पास रखी मेज पर रखे थे. मेज के नीचे एक कोल्डड्रिंक्स की 2 लीटर की खाली बोतल रखी थी, जिस में थोड़ा पैट्रोल था. थानाप्रभारी ने एक हैडकांस्टेबल के साथ उस जले हुए आदमी को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया.

जिस व्यक्ति के साथ यह घटना घटी थी, वह कौन था, कहां का रहने वाला था और यह घटना कैसे घटी थी, इस बारे में थानाप्रभारी ओमप्रकाश लेखवाल ने गैस्टहाऊस के मैनेजर सुमित कटियार से पूछा तो उन्होंने बताया कि जो आदमी आग से झुलसा है, उस का नाम गजानन है. वह सुबह साढ़े 10 बजे अपनी पत्नी सुनीता के साथ आया था. उस ने आईडी के रूप में अपने वोटर कार्ड की फोटोकौपी जमा कराई थी.

तब उसे कमरा नंबर 24 दे दिया गया था. इस के बाद अभी थोड़ी देर पहले कमरे से चीखने की आवाज सुनाई दी तो वह कुछ कर्मचारियों के साथ वहां पहुंचा. तब उस ने कमरे से धुआं निकलते देखा. उस ने दरवाजा खुलवाने की कोशिश की. जब दरवाजा नहीं खुला तो उस ने दरवाजा तोड़ दिया. इस के आगे मैनेजर ने बताया कि जब उस ने गजानन की पत्नी सुनीता से आग लगने के बारे में पूछा तो उस ने कहा कि उस की शादी को 15 साल हो गए हैं, लेकिन अभी तक उन्हें संतान नहीं हुई. बड़ेबड़े डाक्टरों को दिखाया, तांत्रिकों के पास भी गए, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ.

संतान न होने की वजह से दोनों काफी परेशान थे. एक दिन पहले उस के पति ने उस से कहा कि कल उन्हें महाराष्ट्र के नागपुर शहर चलना है. वहां एक बहुत पहुंचे हुए फकीर हैं, जो दुआ पढ़ा हुआ पानी देते हैं. वह पानी पीने के बाद संतान सुख का लाभ मिलता है. चूंकि जिस ट्रेन से उन्हें नागपुर जाना था, वह रात 9 बजे की थी. इतना टाइम वे सड़क पर नहीं बिता सकते थे, इसलिए आराम करने के लिए इस गैस्टहाऊस में आ गए. शारीरिक संबंध बनाने के बाद पति पर न जाने क्या फितूर सवार हुआ कि उन्होंने साथ लाए कपड़े के बैग से 2 लीटर वाली प्लास्टिक की बोतल निकाली और उस में भरा पैट्रोल खुद पर उड़ेल लिया. वह कुछ समझ पाती पति ने माचिस की तीली जला कर खुद को आग लगा ली.

‘‘कहां है गजानन की पत्नी सुनीता?’’ ओमप्रकाश लेखवाल ने पूछा तो मैनेजर इधरउधर देखने लगा. उस ने पूरा गैस्टहाऊस छान मारा, लेकिन सुनीता कहीं नहीं मिली.

‘‘तुम्हारी लापरवाही की वजह से वह भाग गई,’’ ओमप्रकाश लेखवाल ने कहा, ‘‘तुम ने गजानन की उस पत्नी की कोई आईडी ली थी?’’

‘‘सर, पति की आईडी मिल गई तो मैं ने उस की आईडी लेना जरूरी नहीं समझा.’’ कह कर मैनेजर ने सिर झुका लिया.

‘‘वह गजानन की पत्नी ही थी, मुझे नहीं लगता. वह मौजमस्ती के लिए उस के साथ यहां आई थी. मुझे पूरा यकीन है कि वह पैट्रोल गजानन नहीं वही लाई थी. अपना काम कर के वह रफूचक्कर हो गई. उस ने तुम्हें झूठी कहानी सुना कर विश्वास में ले लिया और कपड़े पहन कर चली गई. लापरवाही तुम लोग करते हो और भुगतना पुलिस को पड़ता है.’’ ओमप्रकाश लेखवाल ने  नाराजगी प्रकट करते हुए कहा.

थानाप्रभारी ने गैस्टहाऊस का रजिस्टर चैक किया तो उस में गजानन का पता चांदनी चौक, पुरानी दिल्ली का लिखा था. जबकि उस ने अपने वोटर आईडी कार्ड की जो छायाप्रति जमा कराई थी, उस में उस का पता गांव कामनवास, सवाई माधोपुर, राजस्थान लिखा था. पुलिस ने गैस्टहाऊस के मैनेजर को वादी बना कर भादंवि की धारा 307 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली. गजानन का हाल जानने के लिए ओमप्रकाश लेखवाल अस्पताल पहुंचे तो उन्हें पता चला कि गजानन की मौत हो चुकी है. मरने से पहले उस ने डाक्टरों को बताया था कि उसे सुनीता उर्फ रिंकू ने जलाया था.

गजानन की मौत की खबर उस के घर वालों को देना जरूरी था, इसलिए उस ने गैस्टहाऊस में दिल्ली का जो पता लिखाया था, पुलिस चांदनी चौक स्थित उस पते पर गौरीशंकर मंदिर पहुंची तो वहां से पता चला कि गजानन पहले इसी मंदिर में महंत था. लेकिन कुछ दिनों पहले उसे वहां से हटा दिया गया था. अब वह सवाई माधोपुर स्थित अपने गांव में रहता था. दिल्ली वह 10-15 दिनों में आताजाता रहता था. इस के बाद दिल्ली पुलिस ने राजस्थान पुलिस को गजानन की हत्या की खबर भिजवा कर संबंधित थाने द्वारा उस के घर वालों को उस की हत्या की खबर भिजवा दी. खबर सुन कर गजानन के घर वाले थाना सनलाइट कालोनी पहुंच गए.

डीसीपी संजीव रंधावा ने सुनीता की तलाश के लिए पुलिस की एक टीम बनाई, जिस में एसआई ललित कुमार, हैडकांस्टेबल मान सिंह, कांस्टेबल सूबे सिंह, महिला कांस्टेबल संगीता सिंह को शामिल किया गया. टीम का नेतृत्व ओमप्रकाश लेखवाल को सौंपा गया. गजानन चांदनी चौक के जिस गौरीशंकर मंदिर में महंत था, पुलिस टीम ने वहीं से जांच शुरू की. वहां से पुलिस को कई चौंकाने वाली जानकारियां मिलीं. पता चला कि गजानन 10 साल पहले दिल्ली आया था और गौरीशंकर मंदिर का महंत बन गया था. मंदिर में पूजापाठ कराने के साथसाथ वह ज्योतिषी एवं तंत्रमंत्र का भी काम करता था. उस के पास अपनी समस्याओं के समाधान के लिए पुरुषों के साथसाथ महिलाएं भी आती थीं.

इन में कुछ महिलाओं से उस की अच्छी जानपहचान हो गई थी. वह शराब भी पीने लगा था. इन में से कुछ महिलाओं से उस के अनैतिक संबंध भी बन गए थे. बाद में जब यह बात गौरीशंकर मंदिर की प्रबंधक कमेटी को पता चली तो कमेटी ने सन 2008 में गजानन को मंदिर से निकाल दिया था. इस के बाद गजानन ने मंदिर के बाहर फूल एवं पूजा सामग्री बेचने की दुकान खोल ली. उस की यह दुकान बढि़या चलने लगी थी. उस ने दुकान पर काम करने के लिए 2 नौकर रख दिए और खुद राजस्थान स्थित अपने घर चला गया. यह 2-3 साल पहले की बात है. वह हफ्तादस दिन में दुकान पर आता और नौकरों से हिसाब कर के चला जाता था. यह जानकारी हासिल कर के पुलिस टीम थाने लौट आई.

उधर पोस्टमार्टम के बाद 20 अक्तूबर, 2015 को लाश गजानन के परिजनों को सौंप दी गई. घर वालों ने निगमबोध घाट पर ही उस की अंत्येष्टि कर दी. एसआई ललित कुमार ने घर वालों से पूछताछ की तो उन्होंने किसी पर शक नहीं जताया. पुलिस ने गैस्टहाऊस में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी. फुटेज में सुनीता उर्फ रिंकू का चेहरा तो नजर आ रहा था, लेकिन पुलिस के लिए मुश्किल यह थी कि इतनी बड़ी दिल्ली में उसे कहां ढूंढ़ा जाए. पुलिस के पास सुनीता का कोई मोबाइल नंबर भी नहीं था, जिस से उस के द्वारा उसे ढूंढने में आसानी हो.

गैस्टहाऊस में गजानन के कपड़ों से एक मोबाइल फोन मिला था. घर वालों ने बताया था कि वह मोबाइल गजानन का ही है. ललित कुमार ने सुनीता का फोन नंबर जानने के लिए गजानन के मोबाइल की काल लौग देखी तो एक नंबर पर उन की नजर टिक गई. क्योंकि वह नंबर ‘माई लव’ के नाम से सेव था. ललित कुमार जानना चाहते थे कि यह नंबर किस का है. उन्होंने अपने सैल फोन से वह नंबर मिलाया. कुछ देर बाद एक महिला ने फोन रिसीव कर के ‘हैलो’ कहा तो ललित कुमार बोले, ‘‘कार में चलने का शौक है तो इस के लोन की किस्तें भी समय से जमा करा दिया करो. 3 महीने हो गए, आप ने अभी तक किश्तें नहीं जमा कीं.’’

‘‘अरे भाई, आप कौन बोल रहे हैं? मैं ने कार के लिए कब लोन लिया?’’ दूसरी ओर से महिला ने कर्कश स्वर में कहा.

‘‘आप रुखसार बोल रही हैं न?’’ ललित कुमार ने पूछा.

‘‘नहीं बाबा, मैं रुखसार नहीं, सुनीता हूं. रौंग नंबर.’’

‘‘सौरी मैडम, गलत नंबर लग गया.’’ ललित कुमार ने कहा. इस के बाद उन्होंने फोन काट दिया. इस बातचीत के बाद उन की आंखों में चमक आ गई. क्योंकि सुनीता के फोन नंबर की पुष्टि हो गई थी.

ललित कुमार ने सुनीता का फोन नंबर सर्विलांस पर लगवाया तो उस की लोकेशन लाल किला, रेलवे कालोनी की मिली. वह टीम के साथ रेलवे कालोनी पहुंचे तो वहां के लोगों से सुनीता के बारे में पूछने पर पता चला कि सुनीता का पति रेलवे में नौकरी करता है. वह पहले इसी कालोनी में पति के साथ रहती थी, पर 4 सालों से वह परिवार के साथ नोएडा में कहीं रहने चली गई है. पता चला कि रेलवे कालोनी का वह क्वार्टर उस ने किसी को किराए पर दे रखा था. किराएदार से वह उस दिन मिलने आई थी. उस से मिल कर वह नोएडा चली गई थी. नोएडा में सुनीता कहां रह रही है, यह बात रेलवे कालोनी में रहने वाला कोई नहीं बता सका.

अलबत्ता सुनीता ने जिस परिवार को अपना क्वार्टर किराए पर दिया था, उस ने पुलिस को बताया कि उस का कुछ जरूरी सामान एक कमरे में रहता है, जिस की चाबी सुनीता के पास रहती है. आज जब वह मिलने आई थी तो वहां से कुछ सामान अपने बैग में भर कर ले गई थी. इतनी जानकारी मिलने के बाद ललित कुमार ने सर्विलांस द्वारा सुनीता के फोन की लोकेशन पता की तो इस बार लोकेशन नोएडा सैक्टर-29 की निकली. 28 अक्तूबर, 2015 की सुबह ललित कुमार ने टीम में शामिल महिला कांस्टेबल के साथ नोएडा के सैक्टर- 29 स्थित एक मकान पर दबिश दी तो वहां सुनीता मिल गई.

थाने ला कर जब उस से पूछताछ की गई तो उस ने कहा, ‘‘मेरा गजानन से रिश्ता जरूर था, मगर मैं ने उन्हें जला कर नहीं मारा. उन्होंने खुद ही पैट्रोल डाल कर आग लगाई थी.’’

‘‘तो फिर तुम वहां से भागी क्यों?’’ थानाप्रभारी ओमप्रकाश लेखवाल ने पूछा.

‘‘स…सर, मैं डर गई थी.’’ वह बोली.

‘‘गजानन भला खुद को आग क्यों लगाएगा?’’ ओमप्रकाश लेखवाल ने पूछा.

‘‘सर, बात यह है कि गजानन की पत्नी बीमार रहती है. जब मुझ से उन का रिश्ता बना तो वह मुझ पर शादी करने का दबाव बनाने लगे. मैं 2 बच्चों की मां हूं. बच्चों को छोड़ कर मैं ऐसा कैसे कर सकती थी?’’ कह कर सुनीता सिसकने लगी.

पलभर बाद वह हिचकियां लेते हुए बोली, ‘‘26 अक्तूबर की शाम गजानन ने  फोन कर के कहा कि मुझ से मिलने की उस की काफी इच्छा है. अगले दिन उन्होंने सुबह 10 बजे मुझे हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के बाहर बुलाया. अगले दिन तयशुदा समय पर मैं स्टेशन के बाहर पहुंची तो उन्हें मैं ने इंतजार करते पाया. उन के कंधे पर कपड़े का एक बैग था.

‘‘गजानन मुझे यश गैस्टहाऊस ले गए. उन्होंने वहां मुझे अपनी पत्नी बताया था. कमरे में जा कर हम ने शारीरिक संबंध बनाए. उस के बाद गजानन ने साथ लाए बैग से प्लास्टिक की 2 लीटर की बोतल निकाली और उस का ढक्कन खोला. उस में पैट्रोल भरा था.

‘‘गजानन ने मुझ से कहा कि वह आखिरी बार पूछ रहा है कि मैं उस से शादी करूंगी या नहीं? मैं ने साफ इनकार कर दिया. तब उन्होंने कहा कि जब तुम नहीं मान रही तो मैं खुदकुशी कर लूंगा, लेकिन पुलिस यही समझेगी कि उसे तुम ने जलाया है. इस के बाद गजानन ने पूरा पैट्रोल अपने शरीर पर छिड़क कर आग लगा ली.’’

फिर सुनीता जोरजोर से रोते हुए बोली, ‘‘सर, मैं ने उन्हें नहीं मारा. मुझे फंसाने के लिए उन्होंने खुदकुशी की थी.’’

ओमप्रकाश लेखवाल को लगा कि सुनीता की आंखों के आंसू घडि़याली हैं, यह जरूर कुछ छिपा रही है. उन्होंने महिला कांस्टेबलों को इशारा किया. महिला कांस्टेबल ने सुनीता को एक अलग कमरे में ले जा कर थोड़ी सख्ती की तो उस ने सहजता से अपना जुर्म कबूल कर लिया. सुनीता उर्फ रिंकू मूलरूप से पटना, बिहार की रहने वाली थी. 13 साल पहले उस की शादी विजय कुमार के साथ हुई थी. विजय कुमार दिल्ली में रहता था और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर बतौर टैक्नीशियन नौकरी करता था. वह पति के साथ खुश थी. वह 2 बच्चों की मां बनी.

विजय कुमार को रेलवे की ओर से जामामस्जिद के पास बनी रेलवे कालोनी में क्वार्टर मिला था. उस में वह पत्नी सुनीता और बच्चों के साथ रहता था. सुनीता आजादखयालों की थी, जबकि विजय कुमार पंरपरावादी. सुनीता को घूमने एवं सिनेमाहौल में फिल्में देखने का शौक था. अपने शौक पूरे करने के लिए वह पति से अनापशनाप खर्च लेती रहती थी. सुनीता अकसर गौरीशंकर मंदिर भी जाया करती थी. वहीं 8 साल पहले उस की मुलाकात मंदिर के महंत गजानन से हुई. गजानन पुजारी होने के साथसाथ ज्योतिषी भी था. यही वजह थी कि उस के पास महिलाओं की भीड़ लगी रहती थी. सुनीता गजानन से मिली तो वह उस का दीवाना हो गया. इस के बाद दोनों के बीच संबंध बन गए.

कुछ दिनों बाद गजानन और सुनीता के संबंधों की बात मंदिर की प्रबंधक कमेटी को पता चली तो उसे मंदिर से निकाल दिया गया. तब वह मंदिर के बाहर फूल व पूजा सामग्री बेचने लगा. सुनीता और गजानन के संबंध पहले की ही तरह जारी रहे. गजानन ने चांदनी चौक में किराए का मकान ले रखा था. जब भी उस की इच्छा होती, वह सुनीता को अपने कमरे पर बुला लेता. वह सुनीता को शौक पूरे करने के लिए अच्छेखासे पैसे भी देता था. सन 2014 के अगस्त महीने में गजानन ने सवाई माधोपुर में अपना एक प्लौट 25 लाख रुपए में बेचा तो सुनीता के मांगने पर उस ने उसे 10 लाख रुपए उधार दे दिए. सितंबर, 2015 के अंतिम दिनों में गजानन ने उस से अपने रुपए मांगे तो सुनीता बहाने बनाने लगी.

दरअसल, अब तक गजानन का मन सुनीता से भर चुका था. वह अपने 10 लाख रुपए ले कर उस से हमेशा के लिए पीछा छुड़ाना चाहता था. लेकिन सुनीता की नीयत में खोट आ गई थी. वह गजानन के 10 लाख रुपए किसी भी सूरत में लौटाना नहीं चाहती थी. वह टालमटोल करने लगी तो गजानन धमकी देने लगा कि उस ने उस के अंतरंग क्षणों की वीडियो बना रखी है. अगर उस ने उस के पैसे नहीं लौटाए तो वह वीडियो उस के पति को दिखा देगा.

सुनीता डर गई. उस ने गजानन की हत्या करने की योजना बना डाली. सुनीता ने 26 अक्तूबर, 2015 की रात गजानन को फोन किया. उस समय गजानन सवाई माधोपुर स्थित अपने घर में था. सुनीता ने कहा, ‘‘कल सुबह तुम हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के बाहर 11 बजे मिलना. मैं तुम्हारे 10 लाख रुपए लौटा दूंगी.’’

पैसों के लालच में गजानन रात में ही ट्रेन द्वारा राजस्थान से चल पड़ा और 27 अक्तूबर की सुबह 9 बजे हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पहुंच गया. वह स्टेशन के बाहर खड़ा हो कर सुनीता का इंतजार करने लगा. 10 बजे के करीब सुनीता वहां पहुंची. वह गजानन को नांगली राजपुर स्थित यश गैस्टहाऊस ले गई. वहां गजानन ने एक कमरा बुक कराया. जैसे ही वे दोनों कमरे में पहुंचे, तभी सुनीता ने दरवाजा अंदर से बंद कर लिया. मौके का फायदा उठाने के लिए गजानन ने उसे आगोश में ले लिया.

इस के बाद दोनों ने कपड़े उतार कर शारीरिक संबंध बनाए. हसरतें पूरी करने के बाद दोनों बिस्तर पर निर्वस्त्र लेटे थे, तभी गजानन ने उस से अपने 10 लाख रुपए मांगे. तब सुनीता ने कहा, ‘‘पंडितजी, 8-10 सालों से मैं तुम्हारी सेवा करती आ रही हूं. अब तो आप उन पैसों को भूल जाइए.’’

‘‘नहीं सुनीता, घर वालों को इस की जानकारी हो गई है. वे सब मुझ से झगड़ा करते हैं. इसलिए मैं  पैसे मांग रहा हूं.’’ गजानन ने कहा.

सुनीता उठी और साथ लाए बैग से पैट्रोल से भरी बोतल निकाल कर उस के ऊपर उड़ेल दी. इस से पहले कि गजानन कुछ समझ पाता, सुनीता ने उस पर आग लगा दी. जलता हुआ गजानन चीखने लगा. उस की चीख सुन कर गैस्टहाऊस का मैनेजर वहां आ पहुंचा. इस के बाद क्या हुआ, आप ऊपर पढ़ ही चुके हैं. सुनीता से पूछताछ कर के पुलिस ने 29 अक्तूबर, 2015 को उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया. Delhi Crime Story

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

 

Best Crime Story: मजबूरी में बनी कोठे की जीनत

Best Crime Story: मैनब नेपाल के जिला लुंबिनी की रहने वाली थी. उस की शादी पटना के मोहल्ला धोबीघाट  निवासी आरिफ से हुई थी. आरिफ और उस के 2 बच्चे थे. लगभग 4 साल पहले की बात है, मैनब अपने मायके जाने के लिए ससुराल से निकली. उस के साथ उस के दोनों बच्चे भी थे. जनसेवा जननायक एक्सप्रेस से वह बस्ती रेलवे स्टेशन पर उतर गई, क्योंकि वहां से उसे बस पकड़ कर लुंबिनी जाना था.

जब तक मैनब की ट्रेन बस्ती पहुंची, तब तक रात हो चुकी थी. मैनब ने बच्चों के साथ नाश्ता वगैरह किया और अपना सामान प्लेटफार्म के एक कोने में रख कर बच्चों को वहीं सुला दिया. वह खुद इधरउधर टहल कर रात गुजारने की कोशिश करने लगी.

24 साल की मैनब को देख कर यह अंदाजा लगाना मुश्किल था कि वह 2 बच्चों की मां होगी. उस का छरहरा बदन, गोरा रंग किसी को भी अपनी ओर आकर्षित कर सकता था. रेलवे स्टेशन पर मौजूद जावेद की नजर मैनब पर पड़ी तो उस की आंखों में चमक आ गई. वह मैनब से बात करने का कोई बहाना तलाशने लगा. जावेद चालू किस्म का आदमी था.

वह किसी ऐसे ही शिकार की तलाश में था. इसलिए अकेली महिलाओं से बात करने का हुनर अच्छी तरह जानता था. उस ने बिना किसी परिचय, बिना किसी भूमिका के मैनब के पास जा कर पूछा, ‘‘इतनी रात में स्टेशन पर परेशान सी घूम रही हो, कहीं जाना है क्या?’’

जावेद का हमदर्दी भरा लहजा देख कर मैनब ने कह दिया, ‘‘मुझे नेपाल जाना है, लेकिन समझ में नहीं आ रहा है, कैसे जाऊं?’’

जावेद पहले ही समझ चुका था कि वह अकेली और इस जगह से अनजान है. इसलिए उस ने इस मौके का फायदा उठाने की सोच ली थी. जावेद बस्ती रेलवे स्टेशन के पास ही पुरानी बस्ती थाने के मोहल्ला रसूलपुर का रहने वाला था. बस्ती रेलवे स्टेशन के पास स्थित देह की मंडी में उस का आनाजाना लगा रहता था. मैनब की नासमझी का लाभ उठाने के लिए उस ने उसे देहव्यापार की मंडी में पहुंचाने का फैसला कर लिया. इस के लिए उस ने मन ही मन योजना भी बना ली.

अपनी उसी योजना के मद्देनजर उस ने मैनब से कहा,  ‘‘देखो, नेपाल जाने के लिए तुम्हें बस पकड़नी पड़ेगी. बसअड्डा यहां से थोड़ी दूर है. तुम मेरे साथ चलो, मैं तुम्हें वहां छोड़ दूंगा. रात भर स्टेशन पर पड़े रहने का कोई फायदा नहीं है. तुम्हें अकेली देख कर पुलिस वाले अलग तंग करेंगे. बेहतर होगा, अभी निकल जाओ. नेपाल के लिए बसें जाती रहती हैं. सुबह तक अपने मायके पहुंच जाओगी.’’

अकेलेपन की वजह से मैनब पहले ही घबराई हुई थी. जावेद की हमदर्दी से वह पिघल गई. बिना सहीगलत का अंदाजा लगाए वह परेशान से स्वर में बोली, ‘‘ठीक है, मैं बच्चों को ले लेती हूं. आप हमें बसअड्डे पहुंचा दीजिए, बड़ी मेहरबानी होगी.’’

बच्चों का नाम सुन कर जावेद ने आश्चर्य से उस की ओर देखा. वह उसे अकेला समझ रहा था. उस ने मैनब से पूछा, ‘‘तुम्हारे बच्चे भी हैं? तुम्हें देख कर तो ऐसा लगता जैसे तुम्हारी शादी हालफिलहाल ही हुई होगी?’’

अपनी तारीफ हर इंसान को अच्छी लगती है. जावेद का कमेंट सुन कर मैनब को भी अच्छा लगा. बातचीत हुई तो परिचय के नाम पर दोनों ने अपनेअपने नाम एकदूसरे को बता दिए. मैनब को यह जान कर अच्छा लगा कि उस की मदद करने वाला भी मुसलमान है. वह न तो भेड़ की खाल में छिपे भेडि़ए को समझ पाई और न यह कि गलत और गंदे लोगों का कोई ईमान धर्म नहीं होता.

मैनब अपने बच्चों को साथ ले कर उस के साथ जाने को तैयार हो गई. जावेद उसे मोटरसाइकिल पर बैठा कर बसअड्डे ले गया. वहां जा कर पता चला कि सिद्धार्थनगर होते हुए ककहरा बौर्डर के लिए बस सुबह 7 बजे जाएगी.

जावेद इस बात को अच्छी तरह जानता था कि बस सुबह जाती है. वह मैनब को जानबूझ कर बसअड्डे ले गया था. बस नहीं मिली तो उस ने मैनब से कहा, ‘‘तुम मेरे साथ चलो, रात को आराम कर के सुबह चली जाना. मैं तुम्हें बस में बैठा दूंगा.’’

मैनब उस पर भरोसा कर के उस के घर आ गई. घर पर जावेद ने उसे चाय पिलाई, जिस में नशीली दवा मिली हुई थी. चाय पी कर उसे नींद आ गई. तब तक उस के बच्चे भी सो चुके थे. नींद के आगोश में डूबी मैनब और भी सुंदर दिख रही थी. जावेद उस के यौवन का स्वाद लेने के लिए बेचैन हो उठा. नशे की हालत में मैनब कुछ समझ नहीं पाई. वह जावेद का साथ देती गई. वह 2 बच्चों की मां जरूर थी, पर उस के बदन की गरमी किसी को भी पिघला सकती थी.

सुबह को जब मैनब का नशा टूटा और वह नींद से जागी तो उसे सब कुछ समझ में आ गया. लेकिन अब वह कुछ नहीं कर सकती थी. वह जावेद से बस अड्डे पहुंचाने की जिद करने लगी. इस पर जावेद ने समझाया, ‘‘तुम कुछ दिन हमारे साथ रह कर पैसा कमा लो, फिर मायके चली जाना. तुम खूबसूरत हो, जवान भी. तुम पर पैसे लुटाने वाले मैं ढूंढ लाऊंगा. यहां रहोगी तो पटना और नेपाल की गरीबी से भी पीछा छूट जाएगा. हम तुम्हारे बच्चों का यहीं के स्कूल में दाखिला करा देंगे.’’

मैनब इस के लिए तैयार नहीं थी. उस ने घरेलू मारपीट से तंग आ कर पति का साथ और घर छोड़ कर मायके में रहने का फैसला किया था. वहीं वह जा भी रही थी. लेकिन बीच रास्ते में यह मुसीबत आ गई थी. मैनब चूंकि घरेलू युवती थी, इसलिए वह जावेद की बात मानने के लिए तैयार नहीं हुई. जबकि वह उसे सोने की अंडा देने वाली मुर्गी मान चुका था. उस ने मैनब को बस्ती की देहव्यापार मंडी में उतारने की योजना बना ली थी.

इसी योजना के तहत उस ने उसे अपने जाल में फंसाया. इस के लिए उस ने मोहरा बनाया उस के बच्चों को. जब मैनब समझाने से नहीं मानी तो जावेद ने उस पर जुल्म ढाने शुरू कर दिए. वह उस के साथ मनमानी करता, नशे की गोलियां खिला कर ज्यादा से ज्यादा नशे में रखने की कोशिश करता. इस से भी बात नहीं बनती तो उस के बच्चों को मार डालने की धमकी देता.

एक हफ्ते तक किए गए अत्याचारों से मैनब टूट गई. अपने बच्चों की खातिर अंतत: वह अपनी देह बेचने को राजी हो गई. इस के बाद जावेद ने उसे पूरी तरह तैयार कर के देहव्यापार की मंडी में उतार दिया. बाजारू लड़कियों के बीच रह कर वह भी जल्दी ही उन की तरह ग्राहक फंसाने के लटकेझटके सीख गई.

वह शाम ढलते ही मेकअप कर के सड़क किनारे खड़ी हो जाती. जावेद उस के लिए ग्राहक ले आता. मैनब कमाने लगी तो जावेद ने उसे एक कमरा अलग से किराए पर दिलवा दिया. वह उसी कमरे में रहने लगी. जावेद ने उस के दोनों बच्चों को स्कूल में दाखिल करवा दिया. उन्हें वह अपने साथ अपने घर में रखता था, ताकि उस की डोर उस के हाथ में रहे.

उधर जब नेपाल के रहने वाले मैनब के पिता हबीब को यह चला कि उस की बेटी अपनी ससुराल से नाराज हो कर मायके के लिए निकली थी तो उसे आश्चर्य हुआ. क्योंकि वह मायके नहीं पहुंची थी. मैनब के पिता हबीब ने आरिफ से बात की तो उस ने किसी भी तरह की जानकारी नहीं दी. उस ने दो टूक कह दिया कि मैनब उस के लिए मर चुकी है.

पति भले ही कितना भी निष्ठुर क्यों न हो जाए, पिता अपनी बेटी को कभी नहीं भूल सकता. हबीब का मैनब के साथ बहुत लगाव था. हबीब ने उसे तलाश करने की बहुत कोशिश की, पर वह कहीं नहीं मिली. उधर जावेद के जाल में फंसी मैनब दिनरात वहां से भागने के मंसूबे बनाती रहती थी. लेकिन जावेद ने उस के बच्चों को उस से अलग अपने कब्जे में रख कर उस के पर काट दिए थे.

वेश्या बाजार में काम करने वाली औरतें 3-4 माह में एक बार सरकारी अस्पताल में यौन रोगों की जांच कराने के लिए जाती थीं. एक बार मैनब भी उन के साथ अस्पताल जाने लगी तो उस ने बच्चों की बीमारी का वास्ता दे कर उन्हें भी साथ ले लिया था. उस का इरादा चुपचाप भाग जाने का था. लेकिन पता नहीं कैसे जावेद को उस के मंसूबे का पता चल गया. उस ने मैनब को अस्पताल से बाहर निकलते ही पकड़ लिया. इस के बाद उस ने मैनब को बुरी तरह मारापीटा.

कुछ दिनों के बाद मैनब ने फिर से भागने की योजना बनाई, लेकिन  इस बार भी वह पकड़ी गई. इस के बाद भी वह वहां से भागने की कोशिश करती रही, पर कामयाब नहीं हो सकी. देखतेदेखते करीब साढ़े 4 साल गुजर गए. मैनब जब नरक भोग रही थी, तभी एक दिन उस के साथ रात गुजारने के लिए लुंबिनी का रहने वाले श्यामप्रसाद आया. श्यामप्रसाद की बहन बस्ती में ब्याही थी.

श्याम जब भी बस्ती आता था, वहां की धंधा करने वाली औरतों के पास जरूर जाता था. उस दिन इत्तेफाक से वह मैनब के पास पहुंच गया था. श्याम के बातचीत करने के तौर तरीके से मैनब समझ गई कि वह उस के ही इलाके का रहने वाला है. उस ने उसे अपनी पूरी कहानी बताई.

मैनब की कहानी सुन कर श्याम को बहुत दुख हुआ. उस ने मैनब से वादा किया कि वह उस के पिता को तलाश कर रहेगा. श्याम मैनब से उस के पिता का नामपता ले कर लुंबिनी आया और उस के पिता हबीब से मिला. उस ने उन्हें मैनब के बारे में कुछ न बता कर उन का फोन नंबर ले लिया. उस ने सोचा था कि इस बार जब वह बस्ती जाएगा तो उन की मैनब से सीधी बात करा देगा.

मौका निकाल कर श्याम बस्ती आया. इस बार उस ने फोन कर के सीधे मैनब से ही मिलने का वक्त तय किया. मिलने पर उस ने उसे सारी बात बताई. साथ ही कहा भी कि वह उसे उस के पिता से मिला कर रहेगा. उस ने मैनब से शारीरिक संबंध बनाने से भी मना कर दिया. बातोंबातों में श्याम ने मैनब के पिता को फोन लगा दिया.

पिता की आवाज सुन कर मैनब खुद पर काबू नहीं रख सकी. वह फोन पर ही फफक कर रोने लगी. कुछ देर तो हबीब को समझ ही नहीं आया कि वह क्या करे? फिर उस ने खुद को संभाल कर बेटी को दिलासा दी. हबीब बूढ़ा जरूर हो चुका था, पर बेटी से मिलने की इच्छा ने उसे अलग तरह की ताकत दे दी थी. वह बोला, ‘‘बेटी, तू परेशान मत हो, मैं जल्दी ही बस्ती आऊंगा तुम्हें लेने. अब तुम्हें वहां कोई नहीं रोक पाएगा.’’

पिता की बातों से मैनब को भरोसा होने लगा कि अब वह उस नरक से निकल जाएगी. हां उसे शातिर दिमाग जावेद से जरूर डर लग रहा था. साथ ही वह यह सोच कर भी डर रही थी कि कहीं उस की वजह से उस का बूढ़ा बाप किसी मुश्किल में न पड़ जाए. एक बार तो उस ने सोचा भी कि पिता को मना कर दे और अपनी बाकी की जिंदगी उसी दलदल में निकाल दे. लेकिन अपने बच्चों के बारे में सोच कर वह हर तरह का खतरा उठाने को तैयार हो गई.

जनवरी, 2014 के पहले सप्ताह में हबीब मैनब को तलाश करने के लिए बस्ती की देहव्यापार मंडी में आ पहुंचा. बस्ती रेलवे स्टेशन के पास ही बसा वेश्या बाजार पुरानी पतली गलियों में बने छेटेछोटे बदबूदार कमरों से भरा हुआ था. दोपहर के समय हबीब इस बस्ती में गया. वह मैनब को तलाशने के लिए जानबूझ कर श्याम का सहारा नहीं लेना चाहता था. उसे डर था कि कहीं उस की मौजूदगी से जावेद को शक न हो जाए.

हबीब जब वेश्या बाजार की तरफ जाने लगा तो उस का जमीर साथ नहीं दे रहा था. बुढापे में उसे वेश्या बाजार में जाना ठीक नहीं लग रहा था. लेकिन इस के अलावा उस के पास कोई रास्ता भी नहीं था. कई लोगों ने उसे व्यंग्य भरी नजरों से देखा भी, लेकिन उस ने उन की परवाह नहीं की.

वेश्या बाजार में आदमी की उम्र नहीं, पैसा देखा जाता है. हबीब ने भी पैसे दिखाने शुरू किए तो देहजीवा उस के करीब आने लगीं. हबीब उन से बात करता और आगे बढ़ जाता. इस तरह उस ने कई दिन मंडी में इधरउधर घूमते निकाल दिए. वेश्या बाजार में बेटी की तलाश में भटकते एक पिता को ग्राहक बन कर घूमना पड़ रहा था.

बस्ती के वेश्या बाजार में हर उम्र की औरतें देह व्यापार करती हैं. ये सभी औरतें खुद को एकदूसरी से ज्यादा जवान और कमउम्र की समझती हैं. कई बार वह उम्रदराज पुरुषों का मजाक उड़ाने से भी नहीं चूकतीं. कई जगह हबीब का भी मजाक उड़ाया गया. लेकिन उस ने परवाह नहीं की.

2 दिन इसी तरह निकाल गए. तीसरे दिन हबीब को मैनब दिख गई. बाजार की बात थी, इसलिए हबीब ने उसे इशारा कर के अपने पास बुलाया और ग्राहक की तरह बात की. मैनब ने भी पिता से उसी अंदाज में बात की और उन्हें ले कर अपने कमरे में आ गई. अकेले में वह पिता से लिपट कर फूटफूट कर रोई. बेटी का हालत देख हबीब ने सोचा कि क्यों न वह अपने बल पर ही मैनब को बाहर ले जाए.

उस ने अपनी यह इच्छा मैनब को भी बताई तो उस ने समझाया, ‘‘आप नहीं जानते, यहां गुंडों का राज है. किसी को जरा सा भी शक हो गया तो मुझे कहीं ऐसी जगह छिपा देंगे कि पता भी नहीं चल पाएगा.’’

‘‘बेटी, तुम चिंता मत करो, मैं तुम्हें कल यहां से बाहर निकाल ले जाऊंगा.’’ कह कर हबीब वहां से बाहर आ गया. बाहर आ कर वह सीधे पुरानी बस्ती थाने गया. बस्ती का वेश्या बाजार इसी थानाक्षेत्र में आता है. लोगों ने हबीब को बताया था कि पुरानी बस्ती थाने के थानाप्रभारी प्रदीप सिंह तुम्हारी बेटी को वेश्या बाजार से बाहर निकालने का काम कर सकते हैं.

हबीब थानाप्रभारी प्रदीप सिंह के पास गया और उन के पैर पकड़ कर पूरी दास्तान बताई. प्रदीप सिंह ने हबीब की बात सुन कर बस्ती के एसपी वी.पी. श्रीवास्तव से संपर्क किया. उन्होंने आदेश दिया कि तुरंत काररवाई करें. इस के बाद प्रदीप सिंह ने पुलिस फोर्स के साथ 11 जनवरी, 2014 को बस्ती के वेश्या बाजार पर छापा मारा.

नतीजतन मैनब और उस के बच्चों को देहव्यापार कराने वालों के चंगुल से बाहर निकाल लिया गया. पुलिस ने मैनब से पूछ कर देहव्यापार कराने वाले रसूलनगर मोहल्ले के जावेद को भी पकड़ लिया. उस के खिलाफ अनैतिक देहव्यापार अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर के उसे जेल भेज दिया गया.

वेश्या बाजार से आजाद होने के बाद मैनब ने बताया कि उस ने वहां 4 साल से ज्यादा समय तक नरक जैसी जिंदगी गुजारी थी. हर रोज उस के शरीर को 5-10 ग्राहकों द्वारा रौंदा और नोचाखसोटा जाता था. वह तो जिल्लतभरी जिंदगी से बाहर निकल आई, पर अभी भी वहां उस की जैसी कई और लड़कियां हैं. मैनब ने बताया कि वहां जो लड़की आती है, वह पूरी तरह से दलालों के चंगुल में फंस कर रह जाती है.

शुरू में उसे नशे की गोलियां खिला कर मारपीट कर इस धंधे में उतरने के लिए तैयार किया जाता है. बाद में मजबूर हो कर उसे उन की बात माननी पड़ती है. यहां नेपाल और बिहार की गरीब और लाचार लड़कियों को लाया जाता है. उस की किस्मत अच्छी थी कि देर से ही सही, पर बच गई. उस के पिता बहुत अच्छे हैं, जिन्होंने यहां रहने के बाद भी मुझे अपना लिया.

मैनब के पिता हबीब ने बताया कि उस ने तो अपनी बेटी को मरा समझ कर भुला दिया था. उस की बेटी इस स्थिति में मिलेगी, उस ने कभी सोचा भी नहीं था.

मैनब के बरामद होने के बाद बस्ती के एसपी वी.पी. श्रीवास्तव ने इस वेश्या बाजार को जबरन देहव्यापार का अड्डा नहीं बनने देने का संकल्प लिया और एक मुहिम चला कर दलालों को वहां से खदेड़ने की शुरुआत कर दी. देखने वाली बात यह है कि वह कब तक अपना संकल्प पूरा कर पाते हैं. मैनब अपने पिता के साथ अपने घर नेपाल चली गई है, जहां वह मेहनतमजदूरी कर के अपनी जिंदगी का बोझ खुद उठाएगी और अपने बच्चों को पालेगी. Best Crime Story

—कथा पुलिस सूत्रों और मैनब की बातचीत पर आधारित. कहानी में कुछ नाम बदल दिए गए हैं.

Crime Story Hindi: खुल गया महंत की हत्या का राज

Crime Story Hindi: 20 जून, 2014 को सुबह से ही भीषण गरमी थी. सुबह के 11 बजे के आसपास उत्तराखंड के जिला हरिद्वार के कुंभ मेला  नियंत्रण कक्ष के बाहर काफी भीड़ जमा थी. क्योंकि थोड़ी देर बाद वहां हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा. सदानंद दाते 2 साल पहले महानिर्वाणी अखाड़े के श्रीमहंत सुधीर गिरि हत्याकांड का खुलासा करने वाले थे. इसलिए वहां के साधुसंत, राजनेता, पत्रकार और अन्य लोग तरहतरह की चर्चाएं कर रहे थे.

श्रीमहंत की हत्या 14 अप्रैल, 2012 की रात को उस समय हुई थी, जब वह कार से हरिद्वार से गांव बेलड़ा स्थित अपने महानिर्वाणी अखाड़े जा रहे थे.  38 वर्षीय युवा श्रीमहंत सुधीर गिरि की हत्या हुए 2 साल से भी ज्यादा का समय बीत चुका था, मगर उन के हत्यारों का पुलिस को पता नहीं चल सका था. इसलिए संत समाज में पुलिस के प्रति काफी रोष था. हत्या के वक्त रुड़की के थानाप्रभारी कुलदीप सिंह असवाल थे, जो काफी तेजतर्रार थे. उन्होंने भी इस मामले में दरजनों संदिग्धों से पूछताछ की थी. सर्विलांस के माध्यम से भी उन्होंने हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने की कोशिश की थी, मगर उन्हें सफलता नहीं मिली थी.

इस के बाद इस केस को सुलझाने के लिए थाना ज्वालापुर, पथरी, कनखल के थानाप्रभारियों और देहरादून की एसटीएफ टीम को लगाया गया था, लेकिन वे भी पता नहीं लगा सके थे कि श्रीमहंत का हत्यारा कौन है. मीडिया ने भी इस मामले को काफी उछाला था, फिर भी यह केस नहीं खुल सका था. इस मामले के खुलने की किसी को कोई उम्मीद भी नहीं थी.

अब 2 साल बाद जैसे ही लोगों को श्रीमहंत सुधीर गिरि के हत्यारों के गिरफ्तार होने की जानकारी मिली साधुसंतों, पत्रकारों के अलावा आम लोग भी कुंभ मेला नियंत्रण कक्ष के बाहर जमा हो गए थे. सभी के मन में हत्यारों के बारे में जानने की उत्सुकता थी. एसएसपी ने जब मौजूद लोगों के सामने महंत के हत्यारे की घोषणा की तो सभी दंग रह गए. क्योंकि पुलिस ने जिस आदमी का नाम बताया था, वह एक कंस्ट्रक्शन कंपनी का मालिक था और वह श्रीमहंत सुधीर गिरि के अखाड़े में मुंशी भी रह चुका था. उस का नाम था आशीष शर्मा.

आशीष शर्मा ने श्रीमहंत सुधीर गिरि की हत्या जो कहानी पुलिस को बताई थी, वह इस प्रकार थी. सुधीर गिरि का जन्म पुरानी रुड़की रोड स्थित दौलतपुर गांव के रहने वाले दर्शन गिरि के यहां हुआ था. दर्शन गिरि गांव में खेतीबाड़ी करते थे. उन के 2 बेटे और 2 बेटियां थीं. बच्चों को उस ने खेतीकिसानी से दूर रख कर उन्हें उच्च शिक्षा हासिल कराई.

पढ़लिख कर बड़े बेटे प्रदीप की रेल कोच फैक्ट्री कपूरथला (पंजाब) में नौकरी लग गई. दोनों बेटियों की वह शादी कर चुके थे. कहते हैं कि पूत के पैर पालने में ही दिख जाते हैं. सुधीर गिरि का साधुसंतों के प्रति लगाव बचपन से ही था. वर्ष 1981 में इन के पिता दर्शन गिरि ने उन्हें पढ़ने के लिए कनखल, हरिद्वार के एक स्कूल में भेजा तो सुधीर स्कूल से लौटने के बाद शाम को महानिर्वाणी अखाड़े के मंदिर में जरूर जाते थे.

उस समय वह बाबा हनुमान के सान्निध्य में रह कर मंदिर की देखरेख करते थे. हनुमान बाबा के सान्निध्य में रहने की वजह से सुधीर गिरि पर धीरेधीरे संन्यास का रंग चढ़ने लगा. उन का संसार, समाज और रिश्तेनाते से मोह भंग होने लगा.

सुधीर गिरि ने एक दिन अपने पिता से स्पष्ट कह भी दिया कि वह जल्द ही संन्यास ले लेंगे. यह सुन कर पिता हैरान रह गए. उन्होंने बेटे को समझाया. बाद में मां भी बेटे के सामने गिड़गिड़ाई, लेकिन सुधीर गिरि ने जिद नहीं छोड़ी. सुधीर गिरि के इस फैसले से घर में कोहराम मच गया. भाईबहनों और रिश्तेदारों ने भी सुधीर गिरि को समझाया और संन्यास न लेने की सलाह दी.

सुधीर गिरि ने सब की बात अनसुनी कर दी. बात सितंबर, 1988 की है. उस समय सुधीर गिरि की उम्र मात्र 13 साल थी और वह उस समय कक्षा 8 में पढ़ रहे थे. उसी दौरान वह अचानक घर से गायब हो गए. सुधीर गिरि के अचानक गायब होने से घर वाले परेशान हो गए. उन्होंने आसपास के क्षेत्रों व हरिद्वार के अखाड़ों में उन की काफी तलाश की. लेकिन सुधीर गिरि का कहीं भी पता नहीं चला. पिता दर्शन गिरि ने जब हनुमान बाबा से पूछा तो उन्होंने कहा कि सुधीर गिरि ने उन से दीक्षा तो ली थी, मगर इस समय वह कहां है, उन्हें मालूम नहीं.

घर वालों के जेहन में एक सवाल यह भी उठ रहा था कि कहीं उस की किसी ने हत्या तो नहीं कर दी. बहरहाल काफी खोजबीन के बाद भी जब सुधीर गिरि का कोई सुराग नहीं मिला तो घर वाले थकहार कर बैठ गए. 10 साल बाद दर्शन गिरि को कहीं से पता चला कि सुधीर गिरि कुरुक्षेत्र (हरियाणा) के एक आश्रम में है और उस ने संन्यास ले लिया है. दर्शन गिरि परिवार सहित बेटे से मिलने कुरुक्षेत्र के आश्रम पहुंचे तो पहले सुधीर गिरि ने अपने परिजनों से मिलने से ही मना कर दिया.

किसी तरह जब मां व बहनें उस से मिलीं तो उन्होंने उन से साफ कह दिया कि अब उन्होंने संन्यास ले लिया है, इसलिए उन का इस समाज व संसार से कोई नाता नहीं है. यह सुनते ही मां और बहनों की आंखों में आंसू आ गए. वह उस से वापस घर चलने के लिए गिड़गिड़ाने लगीं. लेकिन सुधीर गिरि पर उन के गिड़गिड़ाने का कोई असर नहीं पड़ा.

सुधीर गिरि ने अंत में यही कहा, ‘‘संन्यास ले कर मैं ने कुछ ऐसा नहीं किया, जिस से परिवार की प्रतिष्ठा को धब्बा लगे. इसलिए मेरी आप लोगों से विनती है कि आप अब मेरा पीछा करना और मुझे खोजना बंद कर दें.’’

इतना कह कर सुधीर गिरि आश्रम के अंदर चले गए. परिजन रोतेबिलखते घर लौट गए.

इस के बाद सुधीर गिरि लगभग 6 सालों तक कुरुक्षेत्र में रहे. फिर वह हरिद्वार स्थित अखाड़े में रहने लगे. वह महंत हो गए तो उन के नाम के साथ श्रीमहंत जुड़ गया. श्रीमहंत सुधीर गिरि ज्यादातर अखाड़े की प्रौपर्टी की देखरेख में व्यस्त रहते थे. वह अकसर अखाड़े के संतों द्वारा जमीन बेचने का विरोध करते थे. अखाड़े में प्रौपर्टी डीलरों के आने पर उन्हें ऐतराज रहता था, इसलिए वह अपने अखाड़े में किसी प्रौपर्टी डीलर को घुसने नहीं देते थे.

इसी अखाड़े में आशीष शर्मा उर्फ टुल्ली काम करता था. वह कनखल के रहने वाले सुभाष शर्मा का बेटा था. अखाड़े की काफी जमीनजायदाद थी. आशीष का काम अखाड़े की आयव्यय का ब्यौरा रखना था. सालों पहले आशीष ने अखाड़े के संतों से कुछ जमीन सस्ते में खरीद कर महंगे दामों में बेच दी थी. इस के बाद वह कुछ प्रौपर्टी डीलरों व बिल्डरों से भी जुड़ गया था. सन 2004 में जब श्रीमहंत सुधीर गिरि गुरु हनुमान बाबा इस अखाड़े से जुड़े तो उन्होंने अखाड़े की जमीन बेचने का विरोध किया. इसी बात को ले कर एक बार आशीष और हनुमान बाबा की बहस हुई तो आशीष को अखाड़े से निकाल दिया गया.

सन 2006 में आशीष दोबारा अखाड़े में आया, तो उसे अखाड़े का मुंशी बना दिया गया. कुछ दिनों बाद आशीष ने अखाड़े की एक प्रौपर्टी को बेचने की बात चलाई तो हनुमान बाबा ने इस का विरोध किया. सन 2010 के कुंभ मेले के दौरान गुरु हनुमान के शिष्य श्रीमहंत सुधीर गिरि को अखाड़े का सचिव बनाया गया तो उन्होंने भी अखाड़े की जमीन बेचने का विरोध करना शुरू कर दिया. इस के एक साल बाद आशीष ने अपनी मरजी से अखाड़े की नौकरी छोड़ दी. प्रौपर्टी के धंधे में आशीष करोड़ों के वारेन्यारे कर चुका था.

आशीष पहले से ही श्रीमहंत से रंजिश रखता था, क्योंकि उन के विरोध की वजह से वह अखाड़े की जमीन नहीं बेच पाया था. इस के अलावा उसे इस बात का भी डर था कि कहीं श्रीमहंत उस के कारनामों की पुलिस प्रशासन के सामने पोलपट्टी न खोल दे, इसलिए आशीष उर्फ टुल्ली ने श्रीमहंत की हत्या कराने की ठान ली.

श्रीमहंत की हत्या करवाने के लिए आशीष ने मुजफ्फरनगर की सरकुलर रोड निवासी प्रौपर्टी डीलर हाजी नौशाद से संपर्क किया. हाजी नौशाद ने आशीष की मुलाकात इम्तियाज और महताब से कराई, जो शूटर थे. दोनों ही शूटर मुजफ्फरनगर में रहते थे. वे दोनों मुजफ्फरनगर के बदमाश थे. 9 लाख रुपए में श्रीमहंत सुधीर गिरि की हत्या की बात तय हो गई.

उस वक्त श्रीमहंत कभी कनखल तो कभी बेलड़ा स्थित महानिर्वाणी अखाड़े में रहते थे. दोनों शूटर कई महीने तक आशीष के साथ बतौर ड्राइवर रहे और श्रीमहंत की रेकी करते रहे. 14 अप्रैल, 2012 को रात 8 बजे श्रीमहंत सुधीर गिरि हरिद्वार से गांव बेलड़ा स्थित महानिर्वाणी अखाड़े जा रहे थे. दोनों शूटर उन का पीछा कर रहे थे. जैसे ही श्रीमहंत की कार रुड़की के निकट बेलड़ा गांव के बाहर पहुंची, दोनों शूटरों ने उन पर फायरिंग कर के उन की हत्या कर दी.

हत्या करने के बाद दोनों शूटर वापस मुजफ्फरनगर चले गए. फिर कुछ महीने बाद ये शूटर हरिद्वार आ कर आशीष के साथ प्रौपर्टी के धंधे में लग गए. आशीष का प्रौपर्टी का धंधा अच्छा चल रहा था. उस ने एक कंस्ट्रक्शन कंपनी भी बना ली थी. इम्तियाज और महताब को आशीष 25-25 हजार रुपए प्रतिमाह वेतन देता था. इन दोनों शूटरों को उस ने अपने पास इसलिए रख रखा था कि विवाद वाली प्रौपर्टी का सौदा करने में उन का उपयोग कर सके.

मामला एक महंत की हत्या का था, इसलिए पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया. तेजतर्रार पुलिस अधिकारियों के अलावा एसटीएफ ने भी श्रीमहंत सुधीर गिरि की हत्या के मामले को सुलझाने की भरसक कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली. जांच अधिकारियों को आशीष उर्फ टुल्ली पर शक तो हुआ था. लेकिन अपनी ऊंची पहुंच की वजह से बच गया था. पुलिस जब भी उस से सख्ती से पूछताछ करती, वह अपनी ऊंची पहुंच के बल पर विवेचना अधिकारी को ही बदलवा देता था.

श्रीमहंत की हत्या को तकरीबन 2 साल बीत चुके थे, इसलिए आशीष और दोनों शूटर निश्चिंत हो गए थे. आशीष इन शूटरों के जरिए देहरादून की एक प्रौपर्टी को हथियाने की योजना बना रहा था. श्रीमहंत की हत्या के बाद तत्कालीन क्षेत्रीय सांसद हरीश रावत अफसोस जताने कनखल स्थित महानिर्वाणी अखाड़े गए थे. उस वक्त हरीश रावत ने इस हत्याकांड की सीबीआई जांच कराने की मांग तत्कालीन बहुगुणा सरकार से की थी. उत्तराखंड में राजनैतिक बयार बदलने पर हरीश रावत प्रदेश के मुख्यमंत्री बने तो संत समाज में श्रीमहंत सुधीर गिरि हत्याकांड खुलने की आस जागी.

अखिल भारतीय दशनाम गोस्वामी समाज के मीडिया प्रभारी प्रमोद गिरि ने 14 जून, 2014 को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री हरीश रावत को पत्र लिख कर श्रीमहंत की हत्या की सीबीआई जांच कराने की मांग की. प्रमोद गिरि के इस पत्र का जादू की तरह असर हुआ. पत्र पढ़ते ही मुख्यमंत्री हरीश रावत को अपने वे शब्द याद आ गए जो उन्होंने महानिर्वाणी आश्रम में कहे थे. इसलिए उन्होंने श्रीमहंत सुधीर गिरि की हत्या का राज खोलने के लिए प्रदेश पुलिस मुख्यालय को सख्त निर्देश दिए, साथ ही उन्होंने यह हिदायत भी दी कि इस केस की तफतीश करने वाले पुलिस अधिकारियों पर कोई दबाव न बनाया जाए.

एसएसपी डा. सदानंद दाते ने इस हत्याकांड की जांच के लिए एक पुलिस टीम बनाई, जिस में एसपी (सिटी) एस.एस. पंवार, रुड़की के थानाप्रभारी योगेंद्र चौधरी, हरिद्वार के एसओजी प्रभारी नरेंद्र बिष्ट व रुड़की के एसओजी प्रभारी मोहम्मद यासीन को शामिल किया. टीम का निर्देशन एसपी (देहात) अजय सिंह कर रहे थे. केस की फाइल का विस्तृत अध्ययन करने के बाद टीम को आशीष शर्मा उर्फ टुल्ली पर शक हुआ.

तब एसपी (सिटी) एस.एस. पंवार ने आशीष शर्मा को अपने कार्यालय में बुला कर सख्ती से पूछताछ की तो इस हत्या पर पड़ा परदा हट गया. उस ने स्वीकार कर लिया कि श्रीमहंत की हत्या उसी ने कराई थी. इस के बाद उस ने हत्या की पूरी कहानी पुलिस को बता दी. आशीष से पूछताछ के बाद पुलिस ने 20 जून, 2014 को मुजफ्फरनगर से हाजी नौशाद, इम्तियाज और मेहताब को भी गिरफ्तार कर लिया.

तीनों आरोपियों को हरिद्वार ला कर गहन पूछताछ की गई. पूछताछ में इम्तियाज और महताब ने पुलिस को बताया कि उन की मुलाकात हाजी नौशाद ने ही आशीष शर्मा से कराई थी. उसी के कहने पर उन्होंने श्रीमहंत सुधीर गिरि की हत्या की थी. थानाप्रभारी योगेंद्र चौधरी ने चारों आरोपियों के बयान दर्ज कर लिए. उन की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पिस्टल, एक देशी तमंचा और भारी मात्रा में कारतूस भी बरामद किया गया.

इंसपेक्टर योगेंद्र सिंह चौधरी ने बताया कि इस प्रकरण में आशीष से जुड़े कुछ नेताओं, पत्रकारों  और पुलिस वालों के नाम भी सामने आ रहे हैं. केस में अगर उन की संलिप्तता पाई जाती है तो सुबूत जुटा कर उन के खिलाफ भी काररवाई की जाएगी. पूछताछ और सुबूत जुटा कर सभी अभियुक्तों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. Crime Story Hindi

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

अच्छा नहीं होता दिल लगाना

दिल भी क्या अजीब चीज है, किसी पर आने से पहले यह भी नहीं सोचता कि जिस पर आ रहा है, उस पर आना भी चाहिए या नहीं? उसे तो जो भा गया, उसी पर आ गया. तब वह न तो यह देखता है कि उस से उस का रिश्ता क्या है और न ही यह देखता है कि बाद में परेशानी कितनी होगी.

ऐसा ही कुछ मथुरा के थाना वृंदावन के गांव कौथर के रहने वाले वीरेंद्र सिंह के बेटे सुभाष के साथ हुआ था. पढ़लिख कर वह मगोरा के स्कूल में पढ़ाने लगा था. उसी दौरान उस का दिल उसी स्कूल में पढ़ने वाली हेमलता पर आ गया था. हेमलता मगौरा के ही रहने वाले राधेश्याम की बेटी थी.

हेमलता उस की शिष्या थी. शिष्या और गुरु का संबंध बापबेटी की तरह होता है. लेकिन दिल ही तो है. अगर किसी पर आ गया तो न रिश्ता देखता है न अच्छाबुरा. हेमलता दिल को भायी तो सुभाष का दिल भी इस पवित्र रिश्ते से बगावत कर बैठा और शिष्या को चाहतभरी नजरों से देखने लगा. लेकिन दिल की बात हेमलता तक पहुंचाना सुभाष के लिए आसान नहीं था. इस के बावजूद दिल के हाथों मजबूर हो कर वह चाहतभरी नजरों से उस की ओर ताकने लगा. उस की इन्हीं हरकतों की वजह से जल्दी ही हेमलता उस के दिल की बात जान गई.

सुभाष ठीकठाक घर का तो था ही, देखने में भी सुंदर था ही कुंवारा भी था. इस के अलावा नौकरी भी कर रहा था. इसलिए सुभाष के दिल में उस के लिए जो है, यह जान कर हेमलता को अच्छा ही लगा. सुभाष को जैसे ही आभास हुआ कि हेमलता उस के दिल की बात का बुरा नहीं मान रही है, इस के बाद वह अपने दिल की बात को अपने दिल में नहीं रख सका.

एक दिन हेमलता अकेली ही घर जा रही थी तो सुभाष ने उसे रास्ते में रोक लिया. उस समय हेमलता भले ही अकेली थी, लेकिन रास्ता सुनसान नहीं था. इसलिए वहां दिल की बात नहीं कही जा सकती थी. मिनट, 2 मिनट बात करने पर भले ही कोई संदेह न करता, लेकिन दिल की बात कहने में समय जरूर लगता.

फिर एक बात यह भी थी कि जब दिल का गुबार निकलता है तो चेहरे के हावभाव से ही देखने वालों को पता चल जाता है कि क्या बातें हो रही हैं. यही वजह थी कि उस समय दिल की बात कहने के बजाय सुभाष ने सिर्फ इतना कहा, ‘‘हेमलता, क्या आज शाम 7 बजे तुम मुझ से मिलने स्कूल के पास आ सकती हो?’’

हेमलता कुछ कहती, उस के पहले ही सुभाष ने एक बार फिर कहा, ‘‘मैं तुम्हारा इंतजार करूंगा.’’

इस के बाद हेमलता का जवाब सुने बगैर सुभाष चला गया. हेमलता हैरानी से उसे जाते तब तक देखती रही, जब तक वह उस की आंखों से ओझल नहीं हो गया. वह जानती थी कि सुभाष ने उसे क्यों बुलाया है? अब सवाल यह था कि वह उस से मिलने आए या न आए, यही सोचते हुए वह घर पहुंच गई.

घर पहुंच कर भी हेमलता का मन बेचैन रहा. उस की समझ में नहीं आ रहा था कि वह क्या करे. वह कितना भी बेचैन रही, लेकिन शाम को सुभाष से मिलने जाने से खुद को रोक नहीं सकी. सहेली के घर जाने का बहाना बना कर वह स्कूल के पास पहुंची तो सुभाष मोटरसाइकिल पर बैठा उस का इंतजार कर रहा था.

उसे देख कर सुभाष ने मुसकराते हुए कहा, ‘‘मुझे पूरा विश्वास था कि तुम जरूर आओगी.’’

‘‘सर, यह अच्छी बात है कि आप का विश्वास नहीं टूटा. अब यह बताइए कि मुझे क्यों बुलाया है?’’

‘‘पहली बात तो यह कि अब तुम मुझे ‘सर’ नहीं कहोगी, दूसरी बात मैं ने तुम्हें यह बताने के लिए बुलाया है कि मैं तुम से प्यार करता हूं.’’

सुभाष की इस बात पर हेमलता को कोई हैरानी नहीं हुई, क्योंकि उसे पहले से ही पता था कि सुभाष ने यही कहने के लिए एकांत में बुलाया है. फिर भी बनावटी हैरानी व्यक्त करते हुए उस ने कहा, ‘‘आप यह क्या कह रहे हैं सर?’’

‘‘हेमा, मेरे दिल में जो था, वह मैं ने कह दिया, बाकी तुम जानो. यह बात सच है कि मैं तुम्हें दिल से चाहता हूं.’’

सुभाष की इन बातों से हेमलता के दिल की धड़कन एकदम से बढ़ गई. सुभाष उसे अच्छा लगता ही था. वह उसे चाहने भी लगी थी, इसलिए उस ने सुभाष को चाहतभरी नजरों से देखते हुए बड़ी ही धीमी आवाज में कहा, ‘‘प्यार तो मैं भी आप से करती हूं, लेकिन डर लगता है.’’

सुभाष ने हेमलता का हाथ पकड़ कर कहा, ‘‘डर किस बात का हेमा, मैं हूं न तुम्हारे साथ.’’

‘‘फिर तो मैं तुम्हारा साथ आखिरी सांस तक निभाऊंगी.’’ अपना दूसरा हाथ सुभाष के हाथ पर रखते हुए हेमलता ने कहा.

इस तरह इजहार हो गया तो हेमलता और सुभाष की दुनिया ही बदल गई थी. अब अकसर दोनों क्लास में तो मिलते ही थे, चोरीछिपे बाहर भी मिलने लगे थे. एकांत में बैठ कर दोनों भविष्य के सपने बुनते. जबकि उन्हें पता था कि वे जो सोच रहे हैं, वह उतना आसान नहीं है.

जिला मथुरा के थाना वृंदावन के गांव मगोरा के रहने वाले राधेश्याम की 3 संतानों में हेमलता उस की सब से बड़ी बेटी थी. बच्चों में सब से बड़ी होने की वजह से राधेश्याम उसे पढ़ालिखा कर किसी काबिल बनाना चाहता था. लेकिन पढ़ाई के दौरान ही पड़ोसी गांव कौथरा के रहने वाले वीरेंद्र सिंह के बेटे सुभाष से उसे प्यार हो गया.

कौथरा निवासी वीरेंद्र सिंह के 2 बेटे थे, बड़ा अरविंद और छोटा सुभाष. अरविंद उस के साथ खेती कराता था, जबकि सुभाष इंटर कालेज में जूनियर कक्षाओं में पढ़ाने वाला अध्यापक था.

मुलाकातों का सिलसिला शुरू हुआ तो साथसाथ जीनेमरने की कसमें खाई जाने लगीं. हालांकि दोनों की जाति अलगअलग थी, इसलिए यह इतना आसान नहीं था. फिर भी दोनों ने तय कर लिया था कि कुछ भी हो, वे अपनी दुनिया बसा कर ही रहेंगे.

प्यारमोहब्बत ज्यादा दिनों तक छिपने वाली चीज तो है नहीं, इसलिए कुछ दिनों बाद राधेश्याम को भी शुभचिंतकों से पता चल गया कि बेटी गलत राह पर चल पड़ी है. पतिपत्नी ने बेटी को डांटाफटकारा भी और प्यार से समझाया भी. इस के बावजूद भी उन्हें बेटी पर विश्वास नहीं हुआ. उन्हें लगा कि जवानी की दहलीज पर खड़ी हेमलता गलत कदम उठा सकती है, इसलिए उन्होंने उस की शादी करने का विचार बना लिया.

शादी के बारे में हेमलता को पता चला तो वह घबरा गई. क्योंकि उस ने तो पहले से ही तय कर रखा था कि कुछ भी हो, वह शादी सुभाष से ही करेगी. अगले दिन उस ने यह बात सुभाष को बताई तो उस ने उसे आश्वस्त करते हुए कहा, ‘‘तुम इतना परेशान क्यों हो? मैं हर हाल में तुम्हारे साथ हूं. तुम्हें कोई भी किसी भी हालत में मुझ से अलग नहीं कर सकता.’’

मांबाप की सख्ती के बावजूद हेमलता छिपछिप कर सुभाष से मिलती रही. जब किसी ने यह बात राधेश्याम को बताई तो बेटी के इस दुस्साहस से वह हैरान रह गया. उस ने सारी बात पत्नी निर्मला को बताई तो उस ने उसी समय हेमलता को बुला कर डांटा, ‘‘तुझे तो अपनी इज्जत की परवाह है नहीं, कम से कम हम लोगों की इज्जत का खयाल किया होता. मना करने के बावजूद तू उस से मिलती है. अब आज से तेरा स्कूल जाना बंद.’’

‘‘अगर मैं सुभाष से मिलती हूं तो इस से तुम लोगों की इज्जत कैसे बरबाद हो रही है.’’ हेमलता ने हिम्मत कर के कहा, ‘‘वह पढ़ालिखा और समझदार है. ठीकठाक घर का होने के साथ नौकरी भी करता है. फिर मैं उस से प्यार करती हूं. एक लड़की को जैसा लड़का चाहिए, उस में वे सारे गुण हैं. जीवनसाथी के रूप में उसे पा कर मैं खुश रहूंगी. इसलिए मैं उस से शादी करना चाहती हूं.’’

‘‘तेरा यह सपना कभी पूरा नहीं होगा,’’ निर्मला गुस्से से बोली, ‘‘उस से फिर कभी शादी की बात की तो काट के रख देंगे.’’

‘‘सुभाष के बिना तो मैं वैसे भी नहीं जी सकती. कहीं और शादी करने के बजाय आप लोग मुझे मार दें, मेरे लिए यही अच्छा रहेगा.’’ हेमलता ने कहा.

हेमलता ने देखा कि घर वाले नहीं मान रहे हैं तो उस ने सुभाष को फोन कर के कहा, ‘‘सुभाष जल्दी कुछ करो, वरना मेरी शादी कहीं और कर दी जाएगी. जबकि तुम जानते हो कि मैं तुम्हारे बिना जी नहीं सकती.’’

सुभाष हेमलता को सच्चा प्यार करता था, इसलिए उस ने उसे साथ भाग चलने के लिए कहा ही नहीं, बल्कि 22 जनवरी, 2014 की रात को सचमुच भगा ले गया. निर्मला और राधेश्याम को जब हेमलता के भाग जाने का पता चला तो वे सन्न रह गए. सुभाष भी घर से गायब था, इसलिए साफ हो गया कि हेमलता उसी के साथ भागी है. राधेश्याम ने जब यह बात वीरेंद्र सिंह को बताई तो वह भी परेशान हो गया. उस ने राधेश्याम को आश्वासन दिया कि वह किसी भी हालत में दोनों को ढूंढ़ कर उस की बेटी को उस के हवाले कर देगा.

लेकिन राधेश्याम को अब किसी पर भरोसा नहीं रहा था, इसलिए उस ने थाने में बेटी के भगा ले जाने की रिपोर्ट दर्ज करा दी. थानाप्रभारी अरविंद सिंह ने हेमलता को बरामद करने की कोशिश शुरू कर दी. इस के लिए उन्होंने वीरेंद्र सिंह पर दबाव बनाना शुरू किया. लेकिन उसे खुद ही बेटे के बारे में कुछ पता नहीं था, इसलिए वह मजबूर था. जबकि पुलिस उस पर लगातार दबाव बनाए हुए थी.

उसी बीच 28 जनवरी को वृंदावन के एक नाले की सफाई के दौरान एक लाश मिली. लाश का एक हाथ कटा हुआ था और उस का चेहरा बुरी तरह जलाया गया था. शायद ऐसा शिनाख्त मिटाने के लिए किया गया था. घटनास्थल पर उस की शिनाख्त नहीं हो सकी. इस के बाद पुलिस ने घटनास्थल की सारी काररवाई निपटा कर लाश को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया और थाने लौट कर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करवा दिया.

इस बात की जानकारी वीरेंद्र सिंह को हुई तो वह थाना वृंदावन जा पहुंचा. उस ने लाश देखने की इच्छा व्यक्त की तो उसे मोर्चरी भेजा गया, जहां लाश देख कर उस ने कहा कि यह उस के बेटे सुभाष की लाश है. इस का हाथ इसलिए काट दिया गया है, क्योंकि उस हाथ पर उस का नाम गुदा हुआ था.

इस के बाद वीरेंद्र सिंह ने राधेश्याम और उस के रिश्तेदारों पर सुभाष की हत्या का आरोप लगाते हुए थाना वृंदावन में कुल 5 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी.

थाना वृंदावन पुलिस ने वीरेंद्र सिंह की ओर से रिपोर्ट भले ही दर्ज कर ली थी, लेकिन पुलिस को विश्वास नहीं हो रहा था कि नाले से मिली लाश सुभाष की है. इसलिए पुलिस ने उस का डीएनए टेस्ट कराने के लिए नमूना ले कर विधि अनुसंधान प्रयोगशाला, लखनऊ भेज दिया. क्योंकि अगर लाश सुभाष की थी तो हेमलता कहां गई? मुखबिरों ने भी पुलिस को बताया था कि वह लाश सुभाष की नहीं थी.

पुलिस को भले ही वीरेंद्र सिंह के दावे पर संदेह था, फिर भी पोस्टमार्टम के बाद लाश उसे सौंप दी गई थी. इस के बाद पूरे विधिविधान से उस का अंतिम संस्कार कर दिया था.

राधेश्याम को तो पता ही था कि वह लाश सुभाष की नहीं थी. वह जिंदा है. वीरेंद्र सिंह ने सभी को बेवकूफ बनाने के लिए उस अंजान की लाश को सुभाष की लाश बता कर उस का अंतिम संस्कार कर दिया था. यही वजह थी कि राधेश्याम ने गांव वालों की पंचायत इकट्ठा की और वीरेंद्र सिंह, उस के भाई राजेंद्र सिंह तथा बेटे अरविंद को भी उस पंचायत में बुलाया.

पहले तो वीरेंद्र सिंह नानुकुर करता रहा, लेकिन जब राधेश्याम ने सुभाष के जीवित होने के सुबूत पेश किए तो वीरेंद्र को मानना पड़ा कि वह जीवित है. दरअसल सब से बड़ा सुबूत तो यही था कि हेमलता का कुछ पता नहीं था. तब राधेश्याम ने पंचायत की मदद से वीरेंद्र सिंह और उस के भाई राजेंद्र सिंह को बंधक बना कर अरविंद से कहा कि वह हेमलता को ले कर आए, तभी उस के पिता और चाचा को छोड़ा जाएगा.

आखिर काफी मिन्नतों और इस वादे के बाद उन दोनों को छोड़ दिया गया कि वे जल्दी ही हेमलता को ढूंढ़ कर उस के हवाले कर देंगे.

वीरेंद्र सिंह ने पंचायत के सामने भले ही वादा कर लिया था कि वह हेमलता को ढूंढ़ कर राधेश्याम के हवाले कर देगा, लेकिन घर के आने के बाद वह अपने उस वादे को भूल गए.

इस मामले ने तब तूल पकड़ा, जब मई में डीएनए रिपोर्ट आई. डीएनए रिपोर्ट से पता चला कि नाले में मिला शव सुभाष का नहीं था. इस बीच पुलिस को पता चल गया था कि सुभाष जीवित है और दिल्ली में कहीं रह रहा है. लेकिन ठोस सुबूत न होने की वजह से पुलिस उस के घर वालों पर दबाव नहीं बना पा रही थी. लेकिन डीएनए रिपोर्ट आते ही पुलिस के हाथ ठोस सुबूत लग गया तो पुलिस ने उस के घर वालों पर दबाव बनाना शुरू किया.

पुलिस ने वीरेंद्र सिंह के मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगा कर पता कर लिया था कि उस के फोन से दिल्ली से फोन आता है. इस तरह पुलिस को सुभाष का नंबर ही नहीं मिल गया था, बल्कि उस के लोकेशन का भी पता चल गया था. इस के बाद पुलिस ने वीरेंद्र सिंह पर दबाव बनाया तो वह परेशान हो उठा. वीरेंद्र सिंह कुछ करता, उस के पहले ही पुलिस ने मोबाइल की मदद से जून के पहले सप्ताह में सुभाष और हेमलता को वृंदावन के बसअड्डे से गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस सुभाष और हेमलता को थाने ले आई. पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश किया, जहां मजिस्ट्रेट के सामने दोनों ने स्वीकार किया कि वे एकदूसरे से प्यार करते हैं और उन्होंने दिल्ली में शादी भी कर ली है. वे बालिग हैं, इसलिए उन्हें उन की मर्जी से साथ रहने दिया जाए.

मजिस्ट्रेट के आदेश पर जहां सुभाष को जेल भेज दिया गया, वहीं हेमलता को इस आदेश के साथ नारी निकेतन भेज दिया गया कि अगली तारीख पर उस की मैडिकल जांच करा कर रिपोर्ट के साथ अदालत में पेश किया जाए.

अगली पेशी पर पुलिस ने मैडिकल रिपोर्ट के साथ हेमलता और सुभाष को अदालत में पेश किया तो मैडिकल रिपोर्ट के अनुसार हेमलता बालिग थी. वह 3 माह की गर्भवती भी थी.

हेमलता ने अपने बयान में साफ कहा था कि वह अपनी मर्जी से सुभाष के साथ गई थी और शादी भी की थी. अब वह उसी के साथ रहना भी चाहती है.

जबकि राधेश्याम हेमलता को अपनी अभिरक्षा में लेना चाहता था. वह अदालत से गुहार लगाता रहा, लेकिन अदालत ने उस की एक नहीं सुनी और हेमलता को उस की मर्जी के अनुसार सुभाष के साथ भेज दिया. सुभाष हेमा को ले कर अपने घर आ गया.

अब सवाल यह था कि नाले में मिली लाश सुभाष की नहीं थी तो फिर किस की थी. सुभाष के घर वालों को पता था कि वह लाश सुभाष की नहीं है, फिर भी उन्होंने उस की शिनाख्त ही नहीं की, बल्कि उस का अंतिम संस्कार भी किया. उन्होंने ऐसा क्यों किया?

यह जानने के लिए पुलिस ने वीरेंद्र सिंह से पूछताछ की तो उस ने कहा, ‘‘साहब, हेमलता दूसरी जाति की तो थी ही, उस के घर वाले भी काफी दबंग थे. हेमलता के घर वाले तो दबाव डाल ही रहे थे, पंचायत का भी उस पर काफी दबाव था. इस के अलावा पुलिस भी परेशान कर रही थी. जबकि उस समय सुभाष के बारे में मुझे कुछ पता नहीं था.

‘‘उसी बीच जब मुझे नाले में लाश मिलने की सूचना मिली तो मुझे लगा कि अगर मैं उस लाश की शिनाख्त सुभाष की लाश के रूप में कर देता हूं तो एक तो पुलिस के झंझट से मुक्ति मिल जाएगी, दूसरे सुभाष की हत्या का आरोप लड़की के घर वालों पर लगा दूंगा तो वे दबाव बनाने के बजाय खुद दबाव में आ जाएंगे.’’

लेकिन वीरेंद्र सिंह ने अपने बचाव के लिए जो चाल चली थी,्र इस का राधेश्याम को पता चल गया था. उसी ने पुलिस को बताया था कि नाले में मिली लाश वीरेंद्र सिंह के बेटे सुभाष की नहीं थी. क्योंकि अगर सुभाष मारा गया था तो फिर हेमलता कहां थी. उसी की बात पर पुलिस ने लाश का डीएनए टेस्ट कराया था. क्योंकि स्थितियों से पुलिस को भी आभाष हो गया था कि वीरेंद्र सिंह झूठ बोल रहा है.

दूसरी ओर दिल्ली में हेमलता के साथ रह रहे सुभाष को जब पता चला कि घर वालों ने उसे मृत घोषित कर दिया है तो वह घबरा गया. उसे लगा कि अगर उसे मृत मान लिया गया तो वह खुद को कभी जीवित साबित नहीं कर पाएगा. उस अवस्था में कहीं का नहीं रहेगा. नौकरी तो जाएगी ही, घर की प्रौपर्टी में भी वह हिस्सा नहीं ले पाएगा. यही सब सोच कर वह हेमलता को ले कर वापस आ गया था. पुलिस उस की ताक में थी ही, आते ही उसे पकड़ लिया था.

पुलिस ने वीरेंद्र सिंह के खिलाफ पुलिस को गुमराह करने का मुकदमा दर्ज कर के अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया. कथा लिखे जाने तक हेमलता ससुराल में रह रही थी. वीरेंद्र सिंह की जमानत हो गई थी.

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

मसानी बाबा निकला बलात्कारी

मंगलवार का दिन था. द्वारका के एक घर में दोपहर बाद दरबार लग चुका था. दोमंजिला मकान के एक बड़े कमरे में लाल रंग के सिंगल भव्य सोफे पर आध्यात्मिक गुरु आ कर बैठ चुका था. उसे लोग मसानी बाबा या फिर दुल्हनिया बाबा के नाम से जानते थे.

उस का दरबार शनिवार और मंगलवार को 5 से 6 घंटे के लिए आयोजित किया जाता था. बीते शनिवार को लगे दरबार की तुलना में उस रोज कुछ ज्यादा ही अनुयाई जमीन पर बैठे थे. उन में अधिकतर औरतें थीं. वे फुसफुसाती हुईं आपस में बातें कर रही थीं.

कमरे में उन की बातचीत का मिलाजुला और मद्धिम शोर गूंज रहा था. कोने में एक कैमरामैन बाबा के अलावा अनुयायियों की ओर भी कैमरे को घुमा कर वीडियो शूट कर रहा था. वैसे दरबार में मोबाइल से किसी भी तरह की फोटो या वीडियो बनाने की सख्त मनाही थी.

दरबार में अंदर जाने के लिए प्रवेश द्वार पर एक व्यक्ति मुस्तैदी से तैनात था. उस की अनुमति के बगैर कोई भी कमरे में नहीं जा सकता था. जबकि एक अन्य व्यक्ति दरबार में प्रसाद बांट रहा था. थोड़ी देर पहले ही वहीं बने छोटे से मंदिर में आरती खत्म हुई थी. शोरगुल प्रसाद को ले कर भी था.

बाबा ठीक अपने आगे बैठी एक महिला को कुछ समझा रहा था. महिला का एक हाथ बाबा के सजेसंवरे चरण पर था, जबकि दूसरे हाथ से वह अपने साथ लाई मिठाई का डिब्बा खोल रही थी. बाबा बोले, “कोई बात नहीं, दोनों हाथों से डिब्बा खोल लो. चुन्नी सिर पर रख लो. अगली बार लाल चुन्नी में आना, तभी पूरा आशीर्वाद मिल पाएगा.”

सिर झुकाए महिला ने कुछ बोले बगैर मिठाई का डिब्बा खोल लिया. मिठाई के अलावा महिला ने साथ लाए सेब और केले रख दिए. दोनों हाथों से डिब्बे को बाबा के सामने कर दिया. बाबा उस पर अपना हाथ फिराते हुए बोला, “इसे मंदिर में रख दो.”

“गुरुजी, मेरी समस्या का समाधान हो जाएगा न?” जिज्ञासा के साथ महिला ने पूछा.

“यह भी पूछने की बात है. मुझ पर प्रभु की कृपा है, मैं तुम्हारे सारे दुखदर्द दूर कर दूंगा, लेकिन!”

“लेकिन क्या गुरुजी?” महिला ने आश्चर्य से पूछा.

“तुम्हें मैं ने जो उपाय बताए हैं, वह कल ही करने होंगे.” बाबा बोला.

“कल तो बुधवार है?” महिला बोली.

“तो क्या हुआ तुम्हें गुरुधारण करनी होगी. यह गुरु सेवा का पहला चरण होगा. उस पर आने वाला खर्च आज ही जमा करवाना होगा,” बाबा बोला.

“गुरुजी, मैं तो पहले ही आप को बहुत रुपया दे चुकी हूं.” महिला बोली.

“यह मसानी चौकी का दरबार है, यहां मोलतोल नहीं होता. माता रानी रूठ जाएंगी. शुद्ध घी के दिए कैसे जलेंगे? 7 दिनों के दुग्ध स्नान पर भी खर्च आएगा. कई पकवानों का भंडारा कैसे होगा? 2-ढाई सौ लोग तो आएंगे ही…” बाबा ने खर्च गिनवाने शुरू कर दिए थे.

इस बीच शोरगुल कुछ अधिक होने लगा था. बाबा ने अचानक भक्त महिलाओं की ओर नजर उठाई. डपटते हुए बोला, “क्या तुम लोगों ने इसे मछली बाजार बना रखा है. चलो, शांत हो जाओ…आगे आओ, अब किस की बारी है?”

दरबार में महिलाओं की लगती थी भीड़

कुछ देर में बाबा के चरणों के पास दूसरी महिला आ कर बैठ गई थी. वह लाल चुन्नी ओढ़े थी. बाबा ने उस की चुन्नी ले कर खुद ओढ़ ली. बोला, “मैं दुल्हन से कम सुंदर नहीं हूं…मसानी बाबा हुआ तो क्या हुआ…मेरी जीभ पर सत्य का वास है. मैं जो बोलता हूं वही होता है. मेरे आशीर्वाद से भक्तों की इच्छाएं पूरी होती हैं…”

कैमरापरसन बाबा और भक्त के बीच चल रही गतिविधियों को काफी अच्छी तरह से कैमरे में कैद कर रहा था. कैमरे का फोकस कभी बाबा के चमकते क्रीम कलर के कुरते और चूड़ीदार पाजामे पर होता था तो कभी चौड़ी पट्टियों के मोतियों की माला और उस के साथ चमकते लौकेट को जूम कर दिया जाता था.

ऐसा करते हुए उस ने कुछ सेकेंड के लिए बाबा के पैरों को भी फोकस कर दिया था. पैरों में नवविवाहिता की तरह आलता लगाया था और पायल भी. नीचे से कैमरा जब सीधा चेहरे पर फोकस हुआ, तब उन की आंखों में लगा काजल भी कुछ सेकेंड के लिए रिकौर्ड हो गया.

वीडियो बनाते वक्त कैमरापरसन इस बात का खास ध्यान रखे हुए था कि साथ वाली महिला का चेहरा स्पष्ट नहीं दिखने पाए. दरअसल, वह बाबा के यूट्यूब चैनल के लिए वीडियो बना रहा था. बाबा एक यूट्यूबर भी था, जिस पर 900 के करीब वीडियो थे. उन के फालोअर्स की संख्या भी हजारों में थी. वीडियो देख कर ही हजारों की संख्या में उस के भक्त बन गए थे.

यह सब इसी साल के अगस्त माह के अंतिम सप्ताह की बात है. बाबा के मसानी ‘दरबार’ में मंगलवार और शनिवार को छोड़ कर दूसरे दिन भी भक्त आते थे. उन दिनों में खासखास भक्तों की समस्याओं के समाधान के लिए अनुष्ठान आदि के कार्य होते थे. भक्त महिलाएं परिवार समेत या फिर अकेले अनुष्ठान में भाग लेती थीं. यह सिलसिला बीते कई सालों से चल रहा था.

बाबा के दरबार में अधिकतर भक्त अपने मन की पीड़ा को दूर करने के लिए आते थे. कुछ अपने स्वास्थ्य की समस्याएं भी बताते थे, जिन का इलाज अस्पतालों में चल रहा होता था. बाबा उन्हें स्वस्थ रहने के कुछ घरेलू उपाय बता देता था, फिर समस्या को समूल नष्ट करने के लिए उन से अनुष्ठान करवाने को कहता था. वे उपाय खर्चीले होते थे. खर्च भक्त को वहन करना हाता था. बाबा का कहना था कि संकटग्रस्त काफी लोगों को उस के आशीर्वाद से लाभ मिला है.

पुलिस ने दबोचा ढोंगी बाबा को

अक्तूबर की 10 तारीख को भी मंगलवार ही था. बाबा के दरबार की तैयारी सफाई के साथ शुरू हो चुकी थी. सुबहसुबह एक सफाईकर्मी आ गया था. वह मकान के बाहरी हिस्से में झाड़ू लगा रहा था. इसी बीच द्वारका (नार्थ) थाने की एसआई रश्मि धारीवाल और एसआई धर्मेश एसएचओ संजीव पाहवा के साथ ककरोला गांव में बाबा के मकान पर आ धमके थे. इतनी सुबह 3-3 पुलिस अधिकारियों को देख कर वह हड़बड़ा गया.

घबराहट के साथ बोला, “जी…जी…किस से मिलना है? अभी दरबार नहीं लगा है.”

एसआई रश्मि तीखेपन के साथ सामने सीढिय़ों की तरफ इशारा करते हुए बोली, “ऊपर कौन है? दरवाजा खोलो.”

“जी…जी…मैडम!”

इसी बीच 2 पुलिसकर्मी दरवाजा खोल कर धड़धड़ाते हुए ऊपरी मंजिल पर जा पहुंचे. देखते ही देखते एक कमरे से बाबा को घरेलू कपड़े में ही थाने चलने को कहा. जब बाबा और वहां मौजूद उन के सहयोगी ने ऐसा करने का कारण पूछा, तब एसआई रश्मि गुस्से में बोली, “इस के खिलाफ रेप की शिकायत है.”

“यह क्या कह रही हो तुम? जानती नहीं मैं कौन हूं?” बाबा बोला.

“तू कुछ भी ना है, तेरे खिलाफ गिरफ्तारी का वारंट है, तुझे जो कुछ कहना है कोर्ट में कहियो…” एसआई डपटते हुए बोले.

दिल्ली में द्वारका (नार्थ) के एक थाने में चर्चित स्वयंभू बाबा बने विनोद कश्यप के खिलाफ 2 महिलाओं ने सितंबर में ही यौन शोषण और ठगी का आरोप लगाया था. उन के द्वारा दर्ज एफआईआर में दोनों महिलाओं में से एक की शिकायत थी, “मैं अपने पति और 2 बच्चों के साथ रहती हूं. अपने परिवार के लिए शांति और अच्छा स्वास्थ्य सुनिश्चित करने के लिए बाबा विनोद कश्यप के दरबार में गई थी, जहां मुझे बताया गया कि अगर मैं बाबा द्वारा बताए गए कुछ समाधानों का पालन नहीं करूंगी तो मेरे घर में कई समस्याएं होंगी.”

बाबा पर रेप का लगा आरोप

एक अन्य महिला ने आरोप लगाया था, “मैं ने और मेरे पति ने सब कुछ किया, तब कश्यप ने हमें बताया कि हमें ‘गुरुधारणा’ करनी है, जिस के लिए उन्होंने मुझ से 5 लाख रुपए की मांग करनी शुरू कर दी. मैं ने मना कर दिया. फिर उस ने मुझे 2 सितंबर को सेवा करने के लिए बुलाया. कश्यप अपने कमरे में बैठा था और उस ने मुझे अंदर बुलाया. वह मुझे गलत तरीके से छूने लगा, जिस का मैं ने विरोध किया. फिर उस ने मुझे प्रसाद दिया जिस से मैं बेहोश हो गई, उस के बाद उस ने मेरे साथ बलात्कार किया.”

पुलिस उस तथाकथित मसानी बाबा को थाने ले आई

थाने में हुई पूछताछ से पता चला कि बाबा का असली नाम विनोद कश्यप है. वह एक समय में दिल्ली के एक हौस्पिटल में नर्स की नौकरी करता था. वेतन 25 हजार रुपए था. अचानक उस ने यूट्यूबर बनने की सोची.

मन में नए तरह का वीडियो बनाने का विचार आया. इस के लिए उस ने पहले सैंकड़ों तरह के यूट्यूब देखे. उस ने यह मालूम किया कि लोगों को किस तरह के वीडियो देखने में अधिक दिलचस्पी है और किस में अधिक सब्सक्राइबर बन जाते हैं. इस तरह यूट्यूब की छानबीन करने के सिलसिले में पता चला कि लोग आध्यात्मिक वीडियो खूब देखते हैं और उस से अच्छी कमाई भी होती है. फिर या था उस ने भी आध्यात्मिक गुरु का नकली चोला पहन कर वीडियो बनाने शुरू कर दिए.

कुछ नया करने के लिए बाबा का एक चमत्कारी रूप धारण किया. अद्र्धनारीश्वर बन कर महिलाओं की निजी समस्याएं खत्म करने के दावे के वीडियो बना कर अपलोड करने लगा. वीडियो को अपने अजीबोगरीब हरकतों से नाटकीय रूप दिया. कभी भक्तिभाव का प्रवचन तो कभी विभिन्न तरह की समस्याओं में लाइलाज रोगों का बखान कर उन के शर्तिया समाधान की भी बात कही.

मसानी बाबा के नाम से हो गया मशहूर

जल्द ही 33 वर्षीय विनोद कश्यप मसानी बाबा के नाम से एक चर्चित यूट्यूबर बन गया. जल्द ही उस के 34.5 हजार फालोअर्स हो गए. उन में हजारों की संख्या में सब्सक्राइबर थे. वे बाबा के नए वीडियो का इंतजार करते रहते थे. अपनी इस सफलता से उस ने अस्पताल की नौकरी छोड़ दी. स्वयंभू बाबा की आध्यात्मिकता अपनाने के बाद द्वारका क्षेत्र के ककरोला गांव में अपने दोमंजिला घर में ‘दरबार’ लगाना शुरू कर दिया.

उस ने दावा किया कि लोगों की व्यक्तिगत और स्वास्थ्य समस्याओं को हल करने के लिए उसे ‘प्रभु का आशीर्वाद’ प्राप्त है. जल्द ही वह लोकप्रिय हो गया. उस के अनुयाई लगातार बढऩे लगे. सप्ताह भर में लगभग 400 ‘संकटग्रस्त’ लोग आशीर्वाद लेने के लिए उस के घर आने लगे. उसी बाबा पर यौन शोषण और ठगी का आरोप लगा था.

डीसीपी (द्वारका) हर्षवर्धन के अनुसार, विनोद कश्यप को उस के दरबार में 2 महिला भक्तों की शिकायतों के आधार पर यौन उत्पीडऩ के 2 मामलों में गिरफ्तार किया गया. दोनों आरोपियों के मामलों में विनोद कश्यप पर यह आरोप लगाया गया कि उस ने महिला भक्तों को समस्याओं में मदद करने के बहाने बुलाया और उन से कहा कि उन्हें ‘गुरु सेवा’ की जानी चाहिए. फिर उस ने महिलाओं का यौन उत्पीडऩ किया और उन्हें घटना का खुलासा न करने की धमकी दी.

महिलाएं जब इस के पास अपनी समस्याएं ले कर आती थीं, तब वह और धीरेधीरे उन का हमदर्द बन कर दोस्ती कर लेता था और फिर इस की आड़ में गंदा खेल खेलता था. उन्हें शिकार बनाने के लिए मिठाई आदि में नशीली दवा मिला कर खिला देता था. फिर रेप करता और ब्लैकमेल करता था. महिलाएं डर जाती थीं.

पुलिस ने भादंवि की धाराओं 326 और 506 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर पाखंडी बाबा विनोद कश्यप को कोर्ट में पेश कर 3 दिन की कस्टडी रिमांड पर ले लिया. उस पर आरोप लगाने वाली महिलाओं में से एक ने मजिस्ट्रेट के सामने अपना बयान दिया. जिस में विनोद के खिलाफ आरोप दोहराए गए. पुलिस की जांच में पाया गया कि वह शादीशुदा है और शादी 2015 में हुई थी. उस के 3 बच्चे भी हैं.

दुश्मन प्यार के

राजू को पड़ोस में रहने वाली सर्वेश से प्यार हुआ तो हर वक्त वह उस की एक झलक पाने की फिराक में रहने लगा. पूरा पूरा दिन वह उसे देखने के लिए दरवाजे पर चारपाई डाले पड़ा रहता. वह उस से मिल कर अपने दिल की बात कहना चाहता था. मौके तो उसे तमाम मिले, लेकिन उन मौकों पर वह उस से दिल की बात कहने की हिम्मत नहीं कर सका.

राजू जिला कांशी रामनगर की कोतवाली खोरो के गांव दतलाना के रहने वाले रामवीर के 2 बेटों में छोटा बेटा था. बड़े बेटे अमर की शादी हो गई थी. शादी के बाद वह खेती के कामों में पिता की मदद करने लगा था. राजू ने हाईस्कूल कर के भले पढ़ाई छोड़ दी थी, लेकिन घर का लाडला होने की वजह से घर का कोई काम नहीं करता था. घर का कोई आदमी उस से किसी काम के लिए कहता भी नहीं था.

मांबाप के लिए वह अभी भी बच्चा था, इसलिए वे नहीं चाहते थे कि उन का लाडला उन की आंखों से ओझल हो, इसलिए राजू ने दिल्ली जा कर नौकरी करने की इच्छा जताई तो उन्होंने उसे वहां भी नहीं जाने दिया. क्योंकि वे नहीं चाहते थे कि उन का लाडला बेटा अभी से किसी की गुलामी करे. इसलिए कोई कामधाम न होने की वजह से राजू दिनभर इधरउधर भटकता रहता था.

चारपाई पर पड़ेपड़े ही उस की नजर सर्वेश पर पड़ी थी तो कोई कामधाम न होने की वजह से उस की ओर आकर्षित हो गया था. कोई कामधाम न होने की ही वजह से हुआ था. जबकि सर्वेश को वह बचपन से ही देखता आया था. पहले ऐसा कुछ नहीं हुआ था.

सर्वेश राजू के पड़ोस में ही रहने वाले सुरेश की बेटी थी. वह कासगंज में किसी मशीनरी स्टोर पर नौकरी करता था, इसलिए सुबह टे्रन से कासगंज चला जाता था तो रात को ही लौटता था. उस के परिवार में पत्नी के अलावा बेटी सर्वेश तथा एक बेटा नीरज था. अपने इस छोटे से परिवार को सुखी रखने के लिए वह रातदिन मेहनत करता था.

पड़ोसी होने के नाते सर्वेश और राजू का आमनासामना होता ही रहता था. लेकिन जब से उस के लिए राजू के मन में आकर्षण पैदा हुआ, तब से सर्वेश के सामने पड़ने पर उस का दिल तेजी से धड़कने लगता. राजू अब सर्वेश के लिए बेचैन रहने लगा था. बेचैनी बरदाश्त से बाहर होने लगी तो एक दिन सर्वेश जब अपने दरवाजे पर खड़ी थी तो उस के पास जा कर राजू ने कहा, ‘‘सर्वेश, मैं तुम से एक बात कहना चाहता हूं. अगर आज शाम को तुम प्राइमरी स्कूल में आ जाओ तो मैं वह बात कह कर अपने दिल का बोझ हलका कर लूं.’’

‘‘जो बात कहनी है, यहीं कह दो. अंधेरे में वहां जाने की क्या जरूरत है?’’ सर्वेश ने बोली.

‘‘नहीं, वह बात यहां नहीं कही जा सकती. शाम को स्कूल में मिलना.’’ कह कर राजू चला गया.

सर्वेश इतनी भी बेवकूफ नहीं थी कि वह स्कूल में बुलाने का मकसद न समझती. वह सोच में पड़ गई कि उस का वहां जाना ठीक रहेगा या नहीं? वह भी जवानी की दहलीज पर कदम रख चुकी थी. उस के मन में भी लालसा उठ रही थी कि वह स्कूल जा कर देखे तो राजू उस से क्या कहता है? वहां जाने में हर्ज ही क्या है? शाम होतेहोते उस ने स्कूल जा कर राजू से मिलने जाने का निर्णय कर लिया.

शाम को वह प्राइमरी स्कूल पहुंची तो राजू उसे वहां इंतजार करता मिल गया. राजू ने उस के पास आ कर कहा, ‘‘मुझे पूरा विश्वास था कि तुम जरूर आओगी.’’

‘‘लेकिन अब बताओ तो सही कि तुम ने मुझे यहां बुलाया क्यों है?’’

राजू ने उस का हाथ पकड़ कह कहा, ‘‘सर्वेश, मुझे तुम से प्यार हो गया है.’’

सर्वेश को पता था कि राजू कुछ ऐसी ही बात कहेगा. लेकिन अभी वह इस के लिए तैयार नहीं थी. इसलिए अपना हाथ छुड़ा कर बोली, ‘‘यह अच्छी बात नहीं है. अगर यह बात मेरे पापा को पता चल गई तो वह दोनों को ही मार डालेंगे.’’

‘‘अब प्यार हो गया है तो मरने से कौन डरता है. तुम भले ही मुझ से प्यार न करो, लेकिन मैं तुम से प्यार करता रहूंगा.’’ राजू ने कहा.

राजू की इस दीवानगी पर सर्वेश ने हैरानी जताते हुए कहा, ‘‘तुम पागल तो नहीं हो गए हो? मुझे मरवाना चाहते हो क्या?’’

‘‘प्यार में आदमी पागल ही हो जाता है. सर्वेश सचमुच मैं पागल हो गया हूं. अगर तुम ने मना किया तो मैं मर जाऊंगा.’’ राजू रुआंसा सा हो कर बोला.

प्यार सचमुच दीवाना होता है. इस का नशा दिल और दिमाग में चढ़ने में देर कहां लगती है. राजू ने सर्वेश की जवान उमंगों को हवा दी तो उस पर भी प्यार का सुरूर चढ़ने लगा. उसे राजू की बात भा गई. प्रेमी के रूप में वह उसे अच्छा लगने लगा. लेकिन उसे मांबाप का भी डर लग रहा था. इस के बावजूद उस ने अपना हाथ राजू की ओर बढ़ा दिया.

उसी दिन के बाद यह प्रेमी युगल जिंदगी के रंगीन सपने देखने लगा. जब भी मौका मिलता, दोनों एकांत में मिल लेते. इन मुलाकातों में दोनों साथसाथ जीनेमरने की कसमें खाने लगे थे. लेकिन एक बात का डर तो था ही कि वे कसमें चाहे जितनी खाते, यह इतना आसान नहीं था. मुलाकातों में दोनों इतने करीब आ गए कि उन के शारीरिक संबंध भी बन गए.

सर्वेश जानती थी कि उस के मांबाप उस की शादी किसी अच्छे परिवार के कमाने वाले लड़के से करना चाहते हैं. जबकि राजू कोई कामधाम नहीं करता था. वह ज्यादा पढ़ालिखा भी नहीं था. इसलिए किसी दिन एकांत में मिलने पर उस ने राजू से कहा, ‘‘राजू, अगर तुम मुझे पाना चाहते हो तो अपने पिता की खेती संभालो या फिर कोई नौकरी कर लो. तभी हमारे घर वाले मेरा हाथ तुम्हें दे सकते हैं.’’

गांव में कोई नौकरी तो थी नहीं, खेती वह कर नहीं सकता था. इसलिए उस ने कहा, ‘‘सर्वेश, मैं तुम से दूर जाने की सोच भी नहीं सकता. खेती मुझ से हो नहीं सकती. लेकिन तुम कह रही हो तो कुछ न कुछ तो करना ही होगा.’’

राजू और सर्वेश अपने प्यार को मंजिल तक पहुंचा पाते, उस के पहले ही लोगों की नजर उन पर पड़ गई. गांव के किसी आदमी ने दोनों को एकांत में मिलते देख लिया. उस ने यह बात सुरेश को बताई तो घर आ कर उस ने हंगामा खड़ा कर दिया. उस ने पत्नी को भी डांटा और सर्वेश को भी.

उस ने सर्वेश को चेतावनी भी दे दी, ‘‘अब तुम अकेली कहीं नहीं जाओगी.’’

सुरेश जानता था कि बेटी इतनी आसानी से नहीं मानेगी. इसलिए खाना खा कर वह पत्नी मोहिनी के पास लेटा तो चिंतित स्वर में बोला, ‘‘मुझे लगता है, अब हमें सर्वेश की शादी कर देनी चाहिए. क्योंकि अगर कोई ऊंचनीच हो गई तो हम गांव में मुंह दिखाने लायक नहीं रह पाएंगे.’’

‘‘मैं भी यही सोच रही हूं. आप लड़का देख कर उस की शादी कर दीजिए. सारा झंझट अपने आप खत्म हो जाएगा.’’ मोहिनी ने कहा.

सुरेश ने रामवीर से भी कहा था कि वह राजू को सर्वेश से मिलने से रोके. गांव का मामला था, इसलिए रामवीर को राजू को डांटाफटकारा ही नहीं, गांव के लड़कों के साथ दिल्ली भेज दिया. वे लड़के पहले से ही दिल्ली में रहते थे. उन्होंने राजू को भी दिल्ली में नौकरी दिलवा दी.

राजू दिल्ली चला गया तो सुरेश को थोड़ी राहत महसूस हुई. उस ने सोचा कि राजू के वापस आने से पहले वह अगर सर्वेश की शादी कर दे तो ठीक रहेगा. किसी रिश्तेदार की मदद से उस ने अलीगढ़ के थाना दादों के गांव बरतोलिया के रहने वाले डोरीलाल के बेटे भूरा से सर्वेश की शादी तय कर दी.

डोरीलाल का खातापीता परिवार था. बेटा भूरा गुजरात में रहता था. सुरेश का सोचना था कि शादी के बाद भूरा सर्वेश को ले कर गुजरात चला जाएगा तो वह पूरी तरह से निश्चिंत हो जाएगा. यही सब सोच कर सुरेश ने सर्वेश की शादी भूरा से कर दी.

सर्वेश की शादी की जानकारी राजू को हुई तो पहले उसे विश्वास ही नहीं हुआ. सर्वेश ने कसम तो उस के साथ जीनेमरने की खाई थी, फिर उस ने दूसरे से शादी क्यों कर ली. प्रेमिका की बेवफाई पर उसे बहुत गुस्सा आया. इस के बाद उस का मन नौकरी में नहीं लगा और वह नौकरी छोड़ कर गांव आ गया.

राजू का आना मांबाप को बहुत अच्छा लगा. अब उन्हें चिंता भी नहीं थी, क्योंकि सर्वेश की शादी हो गई थी. लेकिन राजू काफी तनाव में था. वह सर्वेश से मिलना चाहता था, लेकिन वह ससुराल में थी. इसलिए तनाव कम करने के लिए उस ने शराब का सहारा लिया.

कुछ दिनों बाद भूरा अपनी नौकरी पर गुजरात चला गया तो सुरेश सर्वेश को लिवा लाया. राजू को सर्वेश के आने का पता चला तो वह उस से मिलने की कोशिश करने लगा. चाह को राह मिल ही जाती है, राजू को भी सर्वेश मिल गई. सुरेश अपनी नौकरी पर कासगंज चला गया था तो मोहिनी दवा लेने डाक्टर के पास गई थी. उसी बीच सर्वेश ने राजू को गली में जाते देखा तो घर के अंदर बुला लिया. अंदर आते ही राजू ने कहा, ‘‘तुम बेवफा कैसे हो गई सर्वेश?’’

‘‘मैं बेवफा कहां हुई. बेवफा होती तो तुम्हें क्यों बुलाती. मेरी मजबूरी थी. किस के भरोसे मैं विरोध करती. तुम दिल्ली में थे और तुम्हें संदेश देने का मेरे पास कोई उपाय नहीं था. भूरा से शादी कर के मैं बिलकुल खुश नहीं हूं. तुम कुछ करो वरना मैं मर जाऊंगी.’’

‘‘अभी तुम्हें थोड़ा इंतजार करना होगा. पहले मैं कामधाम की व्यवस्था कर लूं. उस के बाद तुम्हें अपने साथ दिल्ली ले चलूंगा.’’ राजू ने कहा.

सर्वेश को राजू पर पूरा भरोसा था. इसलिए उस ने उस की यह बात भी मान ली और मौका निकाल कर उस से मिलने लगी. उन के इस तरह एकांत में मिलने की जानकारी सुरेश को हुई तो वह परेशान हो उठा. शादीशुदा बेटी पर वह हाथ भी नहीं उठा सकता था. क्योंकि बात खुल जाती तो उसी की बदनामी होती. दामाद गुजरात में था. वह चाहता था कि दामाद सर्वेश को अपने साथ ले जाए.

उस ने यह बात भूरा से कही भी. तब भूरा ने कहा, ‘‘बाबूजी, मेरी इतनी कमाई नहीं है कि मैं पत्नी को अपने साथ रख सकूं. इसलिए सर्वेश को अभी वहीं रहने दो.’’

सुरेश दामाद को असली बात बता भी नहीं सकता था. बहरहाल इज्जत बचाने के लिए वह सर्वेश को उस की ससुराल पहुंचा आया. लेकिन इस से भी उस की परेशानी दूर नहीं हुई, क्योंकि राजू सर्वेश से मिलने उस की ससुराल भी जाने लगा.

ससुराल में पति नहीं था, इसलिए सर्वेश का जब मन होता, मायके आ जाती. मायके आने पर सुरेश सर्वेश पर नजर तो रखता था, लेकिन वह राजू से मिल ही लेती थी. इसी का नतीजा था कि एक रात सुरेश ने छत पर सर्वेश को राजू के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया.

सुरेश को देख कर राजू तो भाग गया, लेकिन सर्वेश पकड़ी गई. वह उसे खींचता हुआ नीचे लाया और फिर उस की जम कर पिटाई की. सुरेश की समझ में नहीं आ रहा था कि वह कैसे अपनी बेटी को राजू से मिलने से रोके. उस ने उस की शादी भी कर दी थी. इस के बावजूद सर्वेश ने उस से मिलना बंद नहीं किया था.

काफी सोचविचार कर सुरेश भूरा के आने का इंतजार करने लगा. वह जानता था कि एक न एक दिन दामाद को बेटी की करतूतों का पता चल ही जाएगा. तब वह सर्वेश को छोड़ भी सकता था. ऐसे में सर्वेश की जिंदगी तो बरबाद होती ही, बदनामी भी होती. इसलिए उस ने सोचा कि वह खुद ही दामाद को सब कुछ बता कर कोई उचित राय मांगे. इस के बाद भूरा गांव आया तो उस ने कहा, ‘‘बेटा भूरा, गांव का ही राजू सर्वेश के पीछे पड़ा है. मैं ने कई बार उसे समझाया, लेकिन वह मानता ही नहीं है.’’

‘‘ठीक है, मैं उस से बात करता हूं.’’ भूरा ने कहा.

‘‘इस तरह बात करने से काम नहीं चलेगा. इस से हमारी ही बदनामी होगी. मैं इस कांटे को जड़ से ही खत्म कर देना चाहता हूं, जिस से सर्वेश और तुम चैन से जिंदगी जी सको.’’ सुरेश ने कहा.

भूरा को भी ससुर की बात उचित लगी. फिर दोनों ने राजू को मौत के घाट उतारने की योजना बना डाली. उसी योजना के तहत भूरा सर्वेश को लिवा कर अपने यहां चला गया.

इस के सप्ताह भर बाद ही थाना खोरों के थानाप्रभारी रामअवतार कर्णवाल को उठेर बांध के पास एक कंकाल के पड़े होने की सूचना मिली. सूचना मिलने के थोड़ी देर बाद थानाप्रभारी घटनास्थल पर पहुंच गए. नरकंकाल सिरविहीन था. कंकाल के पास एक बनियान और पैंट पड़ी थी.

उन्हें याद आया कि 7 दिनों पहले दतलाना के रहने वाले रामवीर के भाई फूल सिंह ने भतीजे राजू की गुमशुदगी दर्ज कराई थी. उन्होंने सूचना दे कर फूल सिंह को वहीं बुला लिया. कंकाल से तो कुछ पता चल नहीं सकता था, उस के पास पड़े पैंट को देख कर फूल सिंह ने बताया कि यह पैंट उस के भतीजे राजू की है.

फूल सिंह ने राजू की हत्या का संदेह सुरेश पर व्यक्त किया था. उस ने पुलिस को वजह भी बता दी थी कि राजू के संबंध उस की बेटी सर्वेश से थे. थानाप्रभारी ने सुरेश को बुलाने के लिए सिपाही भेजा तो पता चला कि वह घर पर नहीं है. वह दामाद के साथ गुजरात चला गया था. इस से पुलिस को विश्वास हो गया कि राजू की हत्या कर के सुरेश गुजरात भाग गया था.

कपड़ों के अनुसार कंकाल राजू का ही हो सकता था, लेकिन पक्के सुबूत के लिए उस की डीएनए जांच जरूरी थी. डीएनए जांच के लिए हड्डियां विधि विज्ञान प्रयोगशाला लखनऊ भेज दी गईं. रिपोर्ट आने से पहले रामअवतार कर्णवाल का तबादला हो गया. उन की जगह पर आए सुरेश कुमार.

जनवरी महीने में डीएनए रिपोर्ट आई तो पता चला कि वह कंकाल रामवीर के बेटे राजू का ही था. पुलिस को सुरेश पर ही नहीं, उस के दामाद भूरा, गंगा सिंह और रूप सिंह पर भी संदेह था. क्योंकि ये सभी उसी समय से गायब थे. संयोग से उसी बीच गंगा सिंह गांव आया तो पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. थाने ला कर उस से पूछताछ की गई तो उस ने राजू की हत्या का सारा राज उगल दिया.

गंगाराम ने बताया था कि 1 अक्तूबर की शाम को भूरा ने राजू को शराब और मुर्गे की दावत के लिए बुलाया. उस दावत में राजू को इतनी शराब पिला दी गई कि उसे होश ही नहीं रहा. इस के बाद उस की गला दबा कर हत्या कर दी गई.

उस की लाश को ठिकाने लगाने के लिए उठेर बांध पर ले जाया गया, जहां उस के सिर को धड़ से अलग कर दिया गया. सिर को नहर में फेंक दिया गया, जबकि धड़ को बांध के पास ही छोड़ दिया गया. पूछताछ के बाद पुलिस ने गंगा सिंह को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.

पुलिस ने मोहिनी से फोन करा कर सुरेश को बहाने से गांव बुलवाया और उसे भी गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में उस ने भी राजू की हत्या का अपना अपराध स्वीकार कर लिया. उस का कहना था कि इज्जत और बेटी की जिंदगी बचाने की खातिर उस ने यह कदम उठाया था. पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे भी अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.

कथा लिखे जाने तक भूरा और रूप सिंह पकड़े नहीं जा सके थे. शायद उन्हें गंगा सिंह और सुरेश के पकड़े जाने की जानकारी हो गई थी, इसलिए पुलिस के बहाने से लाख बुलाने पर भी वे गांव नहीं आए. दोनों गुजरात में कहीं छिपे हैं.

सुरेश ने जिस इज्जत को बचाने के लिए यह कू्रर कदम उठाया, राज खुलने पर इज्जत तो गई ही, सब के सब जेल भी पहुंच गए. बेटी की भी जिंदगी बरबाद हुई. एक तरह इसे नासमझी ही कहा जाएगा. अगर वह चाहता तो किसी और तरीके से इस मामले को सुलझा सकता था.

— कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

महिला कांस्टेबल से ट्रेन में दरिंदगी

रेप में फंसा दिल्ली सरकार का अधिकारी

जहां मां बाप ही करते हैं बेटियों का सौदा

छिप कर की जाने वाली जिस्मफरोशी भले ही अंधेरे में होती हो, लेकिन इस धंधे में उतारी गई लड़कियों की सौदेबाजी खुलेआम होती है. हैरानी तो इस बात की है कि मासूम बच्चियों की बोलियां लगाने वाले उस के परिवार के अपने ही लोग होते हैं. कहीं मां तो कहीं भाई या फिर कहीं दूसरे करीबी चाचा मामा, यहां तक कि बाप भी उस की कीमत तय कर बेटी को सैक्स के बाजार में ढकेल देते हैं. ऐसा मध्य प्रदेश और राजस्थान के जिन इलाके में होता है, उस का चौंकाने वाला खुलासा एक स्टिंग आपरेशन के जरिए हुआ…

दिल्ली के एक बड़े मीडिया हाउस का एक रिपोर्टर खास रिपोर्टिंग के लिए खाक छानता हुआ राजस्थान के एक गांव के बौर्डर पर जा पहुंचा था. धुंधलका गहराने में अभी कुछ वक्त था. उस की एक व्यक्ति से मुलाकात हुई. उस ने अपना नाम लाखन बताया. रिपोर्टर से उस के बारे में पूछा.

गांव आने का कारण पूछा, हालांकि रिपोर्टर ने अपनी असली पहचान और आने का सही कारण बताने के बजाए कुछ और ही बताया. जब वह व्यक्ति उस की बातों से संतुष्ट हुआ, तब उस ने खुद को पास के गांव का निवासी बताया और यह भी आश्वासन दिया कि उस के मकसद को वही पूरा कर सकता है.

फिर दोनों के बीच औपचारिक बातचीत का सिलसिला शुरू हो गया, “आप को लड़कियां चाहिए? हां, भेज देंगे. बहुत सारी लड़कियां हैं गांव में. कम से कम 50 से 60 लड़किया हैं.”

बातूनी लाखन बोला.

“अरे उतनी का क्या करना है, सिर्फ 2-4. उन की कितनी उम्र होगी?” रिपोर्टर ने झिझकते हुए पूछा.

“कम से कम 14 साल या 15 साल,” लाखन बोला.

रिपोर्टर हामी भरता हुआ बोला, “ठीक है.”

“अभी चल सकते हैं, लड़कियां दिखा दूंगा… जो पसंद आए बता देना. लडक़ी के मांबाप से बात कर लेंगे.”

“ठीक है, चलो मिलवाओ उन से. लेकिन यह बताओ कि आप लोग जब लड़कियों को भेजते हो तो लिखापढ़ी में क्या लिखते हो?” रिपोर्टर ने पूछा.

“जी, लिखापढ़ी पूरी सही करते हैं. हम यहां लिखते हैं कि लड़कियों को नाचनेगाने के लिए होटल में भेजा जा रहा है,” लाखन बोला.

“लेकिन ऐसा क्यों?” रिपोर्टर ने पूछा.

“अरे साहब जी, आप नहीं समझते. यही तो हमारी कलाकारी है. ऐसा बताना तो अपना बहाना है. अगर कोई पुलिस वाला देख ले या उसे शक हो जाए तो ऐसा बोलते हैं.” लाखन ने समझाया.

“अच्छा! बड़े समझदार हो और होशियार भी.” रिपोर्टर ने आश्चर्य जताया.

“लड़कियों को जबरदस्ती थोड़े ही भेज रहे हैं. उन के मांबाप से राय लेंगे. उन के मांबाप को पैसे देंगे. कोई ऐसे ही लड़कियों को उठा के थोड़े ही भेज देंगे कहीं भी.”

“तो लड़कियों को भेजने के लिए एग्रीमेंट क्या लडक़ी के मांबाप करेंगे?” रिपोर्टर पूछा.

“हां, लडक़ी के मांबाप ही करेंगे,” लाखन बोला.

बिचौलिए करा देते हैं लड़कियों का सौदा

इस तरह से बिचौलिया लाखन और ग्राहक बने रिपोर्टर के बीच लड़कियों की सौदेबाजी की बुनियादी शुरुआत हो गई. लाखन ने कथित ग्राहक को आश्वासन दिया कि वह सब कुछ बहुत आसानी से करवा देगा. कहीं कोई मुश्किल नहीं आएगी. कौन्ट्रैक्ट के नाम पर खानापूर्ति भी पूरी करवा देगा. सब से बड़ी बात कि लड़कियां अपनी मरजी से साथ जाएंगी या फिर उस के बताई जगह पर पहुंचा दी जाएंगी.

यह सब राजस्थान के बूंदी जिले के एक गांव रामनगर में हुआ था, जहां हर तरफ गरीबी का आलम साफ नजर आ रहा था. रिपोर्टर को इतना तो अहसास हो ही गया था कि गांव के लोग चंद रुपयों की खातिर अपनी बेटियों को बेचने को तैयार हो जाते हैं. उस के साथ सौदेबाजी की पहल करने वाला गांव में लाखन गरीब परिवारों का बिचौलिया है.

बिचौलिया लाखन ने बताया कि वह लड़कियों की सौदेबाजी तय होने के बाद कैसे लड़कियों को काफी आसानी से ठिकाने पर पहुंचा देगा. सारा काम बहुत आसानी से चुटकी बजाते हुए ऐसे करवा देगा कि किसी को कानोकान खबर तक नहीं होगी, पुलिस को भनक लगनी तो दूर की बात है.

ग्राहक और खुद के बचाव के कौन्ट्रैक्ट की खानापूर्ति भी हो जाएगी. उन्हें यह बताया जाएगा कि लड़कियों को होटल में नाचगाने के लिए भेजा गया है. यह सब जान कर रिपोर्टर को बेहद हैरानी हुई. उसे मालूम हुआ कि बिचौलिए लड़कियों से वेश्यावृत्ति कराने के लिए कैसे आंखों में धूल झोंकते हैं. यही नहीं, बाकायदा बेटियों को बेचने के लिए मांबाप कौन्ट्रैक्ट करते हैं.

दरअसल, एक राष्ट्रीय न्यूज चैनल ने पिछले दिनों मानव तसकरी की जमीनी हकीकत जानने के लिए इनवैस्टिगेशन टीम बनाई थी. टीम पहले राजस्थान के 3 गांवों में गई थी. उन्होंने स्टिंग औपरेशन किया. उन्होंने जिस्मफरोशी के लिए बेटियों से की जाने वाली सौदेबाजी को अपने कैमरे में रिकौर्ड किया था. उस से पता चला कि राजस्थान के उन गांवों में बेटियों की बोलियां लगाई जा रही हैं.

इन की जम कर सौदेबाजी हो रही है और वहां एक तरह से बेटियों का बाजार बन चुका है, जिन में बिचौलियों की भी भरमार हो चुकी है. टीम द्वारा नाबालिग लड़कियों की तसकरी और वेश्यावृत्ति का सच उजागर होने के क्रम में कई तरह के खुलासे हुए. इस में रिश्ते नाते और समाज का एक बदसूरत चेहरा भी उजागर हो गया.

मालूम हुआ कि बेटियों की बोली लगाने वालों में कहीं मां, कहीं चाचा, कहीं भाई तो कहीं दूसरे करीबी रिश्तेदार हैं. बिचौलिए राजस्थान के बूंदी जिले के अंतर्गत एक गांव रामनगर के बारे में बताया कि वहां 50-60 लड़कियां बेचे जाने को तैयार हैं.

परिवार के लोग भी तैयार हुए नाबालिग का सौदा करने को

मीडिया की जांच टीम को बिचौलिए ने नाबालिग लड़कियों के रिश्तेदारों से भी बातचीत करवाई. उन में लडक़े की मां, चाचा, बुआ और भाई तक थे. इन्हीं में भतीजी को बेचने के लिए सौदेबाजी कर रहे चाचा ने अपना नाम जितेंद्र बताया. साथ ही उस ने रिपोर्टर को 2 नाबालिग लड़कियां दिखाईं. उस ने बताया कि एक नाबालिग लडक़ी की कीमत 6 से 7 लाख रुपए है और इसी के साथ उस ने एक साल के कौन्ट्रैक्ट की बात की.

“लडक़ी की उम्र क्या होगी?” ग्राहक बन रिपोर्टर ने जितेंद्र से पहला सवाल पूछा.

“15-16 साल,” जितेंद्र की जगह लाखन तुरंत बोला.

“उम्र कम नहीं है? कानूनी बाधा आई तो…” रिपोर्टर ने फिर सवाल किया.

इस बार जवाब जितेंद्र ने दिया, “कोई दिक्कत की बात नहीं है, अदालत से नोटरी करवा लेना. एक साल के लिए रख लो… लेकिन हां, पैसे 6 से 7 लाख देने होंगे.”

“ऐं! 6 से 7 लाख रुपए. लडक़ी एक साल बाद वापस भी आ जाएगी.” रिपोर्टर बोला.

“हांहां! और नहीं तो क्या? जैसे ही टाइम पूरा होगा, लडक़ी अपने घर आ गई. एक साल के बाद दूसरी लडक़ी खरीद देंगे, फिर हम पर विश्वास हो जाएगा, तब आप जितना बोलोगे, उतनी भिजवा देंगे.” जितेंद्र ने समझाते हुए रिपोर्टर को अपने विश्वास में ले लिया. इस तरह से उन के बीच बात पक्की हो गई. रिपोर्टर मिलने का समय तय कर चला गया और अपनी टीम से जा मिला.

3 लाख में बहन का सौदा करने को तैयार हुआ भाई

उस के बाद जांच टीम का अगला पड़ाव राजस्थान का ही सवाई माधोपुर था. वहां के अदलवाड़ा गांव में रिपोर्टर की मुलाकात किसी बिचौलिए या रिश्तेदार से नहीं, बल्कि लडक़ी के मांबाप से ही हो गई. वे अपनी एक नहीं, बल्कि दोनों बेटियों की बोली लगाने को तैयार बैठे थे. लडक़ी की मां तन्नो ने एक बेटी की कीमत 3 लाख रुपए लगाई, जो उन के पास में थी, जबकि दूसरी मुंबई में थी.

रिपोर्टर ने तन्नो से जब पूछा कि वह बेटियों के बदले में मिले पैसे का क्या करेगी, तब इस के जवाब में उस ने बताया कि बेटी को बेचना उस की मजबूरी है. उसे मकान बनवाना है. उस का मकान नहीं है, इसलिए बेच रही है.

मीडिया इनवैस्टीगेशन का सिलसिला यहीं नहीं रुका. वह राजस्थान के टोंक जिले के जयसिंह गांव भी गई. वहां उन्हें लडक़ी की बोली लगाने वाला उस का मामा मिला. लडक़ी नाबालिग थी, जबकि बाप की उम्र के मामा ने उस की बोली एक लाख 70 हजार रुपए लगा दी. उस ने भी एग्रीमेंट बनवा कर देने की बात कही.

जांच टीम को न केवल राजस्थान, बल्कि मध्य प्रदेश में भी कई परिवार अपनी बेटियों की सौदेबाजी करने वाले मिले. मध्य प्रदेश के ऐसे ही एक गांव बोरखेड़ी में रिपोर्टर को विजय नाम का युवक मिला, जो अपनी ही बहन की सौदेबाजी कर रहा था. उस की बहन मात्र 16 साल की थी. उस के बदले में उस ने 3 लाख रुपए मांगे.

इतना ज्यादा पैसा मांगे जाने को ले कर विजय ने बताया कि उस की बहन कोई नखरे नहीं करेगी, इसे चाहो तो एक दिन में 4 ग्राहकों के पास भेज दो या फिर किसी के पास ही पूरी रात के लिए भेज सकते हो. रिपोर्टर के लिए अपनी ही बहन के बारे में विजय द्वारा किया गया दावा बेहद हैरान करने वाला लगा, फिर भी उन्होंने पूछ लिया, “इस का एग्रीमेंट कैसे होगा?”

जवाब में विजय बोला, “स्टांप पेपर पर.”

“एग्रीमेंट पर साइन कौन करेगा?”

यह पूछे जाने पर विजय बोला, “एग्रीमेंट लडक़ी के नाम पर बनेगा, उस पर मैं साइन करूंगा. दूसरा साइन तुम्हारे नाम के साथ होगा.”

“एग्रीमेंट में क्या लिखा जाएगा?”

“उस में पैसा उधार लेने के बारे में लिखा जाएगा. पैसे चुकाने की शर्त लिखी होगी, लेकिन हां, याद रखना लडक़ी का चार्ज एक दिन के हिसाब से 10 हजार होगा.” विजय ने समझाया.

मध्य प्रदेश के बरदिया गांव में भी बेटियों को बेचने वाले लोग मिल गए. वहां के एक बिचौलिए ने तो अपने परिवार और रिश्तेदारों की कई लड़कियों की सौदेबाजी की बात कही. बबलू नाम के बिचौलिए ने रिपोर्टर को बताया कि उस के पास मौजूद लड़कियों की उम्र 15 के आसपास है. उन की संख्या भी 15 है, लेकिन उन में सिर्फ 5 ही सौदे के लिए तैयार हैं.

मध्य प्रदेश के ही रतलाम जिले में पिपलिया जोधा गांव की एक औरत किरण अपनी भतीजी की सौदेबाजी के लिए सामने आई. उस ने बताया कि उसे अपनी बहन की बेटी के लिए 2 लाख रुपए चाहिए. पूरा पेमेंट वही लेगी. उस के लिए कोई विरोध नहीं करेगा. न मांबाप और न ही कोई दूसरा करीबी रिश्तेदार. किरण ने बताया कि लडक़ी का एग्रीमेंट स्टांप पेपर पर होगा.

इस तरह की वेश्यावृति को बढ़ाने वाले मानव तस्करी को ले कर खबर आने के बाद संसद तक में सवाल उठे. राज्यसभा सांसद किरोड़ी लाल मीणा ने सवाल उठाए. इस तरह के मामले को ले कर पहले भी कलेक्टर के पास जा चुके हैं, लेकिन पिछले 4 साल में मामले और भी बढ़ गए हैं.

—संवाददाता

मानव तस्करी पर चिंता

सालोंसाल से चली आ रही मानव तस्करी में कमी आने के बजाय बढ़ती ही जा रही है, जबकि इसे रोकने के लिए कानून बने हैं. वैश्विक प्रयास किए जा रहे हैं और इस में शामिल यौन अपराधों की रोकथाम के लिए भी कई कानून हैं.

सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश मदन बी. लोकुर ने इसे ले कर चिंता जताई और कहा कि देश में मानव तस्करी के मामलों में ज्यादातर आरोपी बरी हो जाते हैं. जैसे 2020-2021 में 89 प्रतिशत का बरी हो जाना बेहद ही चिंता का विषय है. उन्होंने केरल न्यायिक अकादमी द्वारा मानव तस्करी विरोधी विषय पर आयोजित एकदिवसीय न्यायिक संगोष्ठी में कहा कि पिछले साल केरल में दर्ज किए गए 201 मामलों में से केवल एक को दोषी ठहराया गया.

पुलिस अकसर बड़ी संख्या में मानव तस्करी के मामलों को अपहरण और लापता व्यक्तियों के मामलों के रूप में गलत तरीके से रिपोर्ट कर देती है. कोई भी यह मानने को तैयार नहीं होता कि मानव तस्करी के मामले भी होते हैं. साइबर जगत में तो और भी प्रचलित हो गया है. इस से जबरन विवाह, बाल विवाह, बंधुआ मजदूरी और आर्थिक कारणों को बल मिला है.

इस बारे में आई 2022 की रिपोर्ट का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि मानव तस्करी के 2,189 मामले में 6,533 पीडि़त शामिल थे. उन में 4,062 महिलाएं और 2,877 नाबालिग थे.

मानव तस्करी में यौन शोषण, जबरन श्रम, घरेलू दासता, जबरन भीख मांगना, ऋण बंधन और बच्चों या किशोरों को उन की इच्छा के विरुद्ध सेवा करने के लिए मजबूर करना शामिल हैं. इस के व्यापक रूप के मूल कारणों को समझना महत्त्वपूर्ण है. वैसे इस का मुख्य कारण गरीबी, शिक्षा तक सीमित पहुंच, लैंगिक असमानता और बेरोजगारी है.

रोकने के कानून

मानव तस्करी के कई पहलू हैं. जैसे जालसाजी, जोरजबरदस्ती, धमकी, अवैध यात्राएं, अनैतिक भर्तियां, स्थानांतरण, आश्रय, घरेलू नौकरी, निजी सेवा, स्वागत आदि. इन का मुख्य उद्देश्य ही व्यक्तियों का शोषण करना होता है. यह शोषण वेश्यावृत्ति, अंग तस्करी , यौन शोषण, जबरन श्रम, गुलामी और दासता सहित विभिन्न रूपों में होता है.

कहने को तो यह मामला विश्व स्तर पर मौजूद है. जिस में अफ्रीका, मध्य एशिया और दक्षिण एशिया जैसे कुछ क्षेत्र विशेष रूप से प्रभावित हैं. भारत की स्थिति भी चिंताजनक है.

यूनिसेफ का अनुमान है कि हर साल दुनिया भर में लगभग 1.2 मिलियन बच्चों की तस्करी की जाती है और भारत इस का बड़ा स्रोत है. भारत में बाल तस्करी से सब से अधिक प्रभावित राज्यों में पश्चिम बंगाल, बिहार, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र शामिल हैं.

इस मुद्दे के समाधान के लिए कई अंतरराष्ट्रीय पहल की गई हैं. संयुक्त राष्ट्र वैश्विक पहल (यूएन जीआईएफटी: यूनाइटेड नेशंस ग्लोबल इनिशिएटिव टू फाइट ह्यूमन ट्रैफिकिंग) मानव तस्करी को रोकने के लिए बनाया गया है.

इसी तरह से बाल अधिकारों पर संयुक्त राष्ट्र कनवेंशन (सीआरसी) की स्थापना 1989 में की गई थी. साल 2000 में भारत ने पलेर्मो प्रोटोकाल पर हस्ताक्षर किए थे, जिस में इस से निपटने में सहायता के लिए तसकरी की स्पष्ट परिभाषा बताई गई है.

भारत सरकार ने बाल तसकरी को संबोधित करने और बच्चों को कानूनी सुरक्षा प्रदान करने के लिए कई कानून और नियम बनाए हैं. वे हैं—

—अनैतिक तस्करी (रोकथाम) अधिनियम, 1956 (आईटीपीए): यह कानून व्यावसायिक यौन शोषण के उद्ïदेश्य से तस्करी  को अपराध मानता है और पीडि़तों के बचाव, पुनर्वास और स्वदेश वापसी का प्रावधान करता है.

—यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पोक्सो) अधिनियम, 2012: यह अधिनियम विशेष रूप से बच्चों के खिलाफ यौन अपराधों से संबंधित है और जांच और परीक्षण के दौरान उन की सुरक्षा प्रदान करता है.

—यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पोक्सो) अधिनियम 2012: 18 वर्ष से कम उम्र के व्यक्तियों के खिलाफ किए गए यौन अपराधों को संबोधित करता है, जिन्हें कानूनी तौर पर बच्चा माना जाता है.

—बंधुआ मजदूरी प्रणाली (उन्मूलन) अधिनियम, 1976: यह अधिनियम बंधुआ मजदूरी पर रोक लगाता है, जिसे अकसर बाल तस्करी से जोड़ा जाता है.

—किशोर न्याय (बच्चों की देखभाल और संरक्षण) अधिनियम, 2015: यह अधिनियम बच्चों की देखभाल, सुरक्षा और पुनर्वास पर केंद्रित है, जिस में तस्करी की रोकथाम और नियंत्रण के प्रावधान भी शामिल हैं.

मानव तस्करी की शिकायत को गंभीरता से ले कर स्थानीय पुलिस थाने, प्रशासनिक अधिकारी जैसे कि स्थानीय सबडिवीजनल मजिस्ट्रैट (एसडीएम) या उपनिरीक्षक जनरल (स्क्कत्र) को की जा सकती है. अगर शिकायत गंभीर है और संबंधित राज्य की स्थिति में है तो शिकायत को राज्य सरकार के गृह (आंतरिक मामले) विभाग में भी दर्ज किया जा सकता है. ऐसी शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा और उचित जांच की जाएगी.

मैं चीज बड़ी हूं मस्त मस्त