सुमन भी बच्ची नहीं थी, जो वह अवधेश की नजरों को न पहचानती. धीरेधीरे उसे अवधेश का इस तरह ताकना अच्छा लगने लगा था. अब तक सुमन 23 साल की हो चुकी थी. आकर्षक कदकाठी की सुमन बहुत अच्छी लगती थी. अवधेश तो पहली ही मुलाकात में उसे दिल दे चुका था. लेकिन सुमन को इस बात की जानकारी देर से हुई थी.
एक दिन सुमन अवधेश के पास किसी काम से गई तो वह उसे टकटकी लगाए देखता रहा. तब सुमन ने उसे टोका, ‘‘सर, आप मुझे इस तरह क्यों ताक रहे हैं?’’
अवधेश चाह कर भी दिल की बात नहीं छिपा सका. सुमन ने जब दोबारा अपना सवाल दोहराया तो उस ने सुमन का हाथ थाम कर दिल की बात कह दी, ‘‘सुमन, मैं तुम से प्यार करने लगा हूं. अगर तुम जैसी सुंदर लड़की मेरे जीवन में आई होती तो शायद मैं दुनिया का सब से खुशकिस्मत इंसान होता. लेकिन अभी भी कुछ नहीं बिगड़ा है. अगर तुम चाहो तो मेरी यह जिंदगी अभी संवर सकती है.’’
‘‘सर, आप यह कैसी बातें कर रहे हैं. कहां आप और कहां मैं. फिर आप शादीशुदा ही नहीं, बालबच्चेदार हैं. अगर आप की पत्नी और बच्चों को इस बारे में पता चल गया तो वे मेरे और आप के बारे में क्या सोचेंगे.’’ सुमन ने कहा.
‘‘तुम्हें इस की चिंता करने की जरूरत नहीं है. उन्हें कभी पता ही नहीं चल पाएगा. तुम सिर्फ यह बताओ कि तुम मुझ से प्यार करती हो या नहीं?’’ अवधेश ने कहा.
सुमन ने हामी में सिर हिला दिया तो अवधेश ने उस का हाथ अपनी दोनों हथेलियों के बीच ले कर सहलाते हुए कहा, ‘‘सुमन, तुम कितनी अच्छी हो. अब देखना मैं तुम्हारे लिए क्याक्या करता हूं. तुम्हें मैं वह हर खुशी दूंगा, जो अब तब तुम्हें नहीं मिली.’’
सुमन के कपोल लाल हो गए. उस ने आंखें झुका लीं तो अवधेश ने एक हाथ की अंगुलियों से उस की ठुड्डी ऊपर उठा कर कहा, ‘‘इस तरह शरमाने से तो तुम्हारी सुंदरता और बढ़ गई.’’
इस के बाद सुमन अकसर एकांत में अवधेश से मिलने लगी तो अवधेश ने इस का लाभ भी उठा लिया. अवधेश तो इस मामले का खिलाड़ी था. कुंवारी सुमन को भी जब एक बार शारीरिक सुख मिला तो वह इसे बारबार पाने के लिए बेचैन रहने लगी. यही वजह थी कि जब भी उसे मौका मिलता, वह अवधेश के पास पहुंच जाती.
सुमन अवधेश को खुश करने लगी तो अवधेश भी उस का हर तरह से खयाल रखने लगा. वह उसे अपनी कार में बैठा कर घुमाताफिराता, महंगे रेस्टौरेंटों में खाना खिलाता, उपहार खरीद कर देता. इस सब से सुमन को लगने लगा कि उस के जीवन में बहार आ गई है. अवधेश उसे इसी तरह जीवन का हर सुख देता रहेगा.
धीरेधीरे पूरा एक साल बीत गया. सुमन का अवधेश से तो प्रेमसंबंध चल ही रहा था, उसी बीच उस की दिल्ली के ही मंडावली के रहने वाले सुहैल खान से जानपहचान हुई तो वह उस से भी प्यार करने लगी. फिर उस ने घर वालों की मर्जी के खिलाफ जा कर उस से शादी कर ली.
सुहैल अकेला ही रहता था और गुजरबसर के लिए छोटामोटा काम करता था. सुमन ने भले ही सुहैल से शादी कर ली थी, लेकिन वह अवधेश को भूल नहीं पाई थी. उसे जब भी मौका मिलता था, वह अवधेश से मिलने पहुंच जाती थी. बड़े सपने देखने वाली सुमन की हर जरूरत अवधेश पूरी कर रहा था. घर पर पति नहीं होता था, सुमन उसे घर भी बुला लेती थी.
सुमन के पड़ोस में ही शालिनी रहती थी. 36 वर्षीया शालिनी के पति विजय सिंह की काफी पहले मौत हो चुकी थी. पति की मौत के बाद अपने गुजरबसर के लिए वह एक पत्रिका के औफिस में नौकरी करने लगी थी. पड़ोस में रहने की वजह से शालिनी और सुमन में जल्दी ही गहरी दोस्ती हो गई थी. दोस्त होने की वजह से दोनों एकदूसरे से अपने दिल की बात बता दिया करती थीं.
किसी दिन जब शालिनी ने अवधेश को सुमन के घर से निकलते देखा तो उत्सुकतावश उस के बारे में पूछ लिया. तब सुमन ने शालिनी से अपने और अवधेश के संबंधों के बारे में बता कर कहा कि यह आदमी बहुत पैसे वाला है. यह सुन कर शालिनी के दिमाग में तुरंत एक ऐसी योजना आई, जिस से अवधेश से मोटा माल मिल सकता था. उस ने तुरंत कहा, ‘‘यार सुमन, यह आदमी पैसे वाला है तो इस से तुझे क्या मिलता है. आता है, मुफ्त में मजा ले कर चला जाता है. यह तेरे पास तभी तक आएगा, जब तक इस का मन नहीं भरता. जिस दिन इस का मन भर जाएगा, दूध की मक्खी की तरह निकाल कर फेंक देगा. यही नहीं, तुझे पहचानने से भी इंकार कर देगा.’’
‘‘क्या कह रही हो शालिनी? अवधेश ऐसा नहीं है.’’ सुमन ने कहा.
‘‘अभी तेरे पास आ रहा है न, इसलिए तुझे ऐसा लग रहा है.’’
‘‘तो फिर क्या किया जा सकता है? मैं उसे मना भी नहीं कर सकती, क्योंकि वह मेरी बहुत सी जरूरतें पूरी करता है.’’
‘‘ऐसा कर, तू ने उसे जो सुख दिया है, उस की कीमत वसूल कर ले.’’ शालिनी ने कहा, ‘‘अच्छा एक बात बता, तू उस से एक लाख रुपए मांगेगी तो क्या दे देगा?’’
‘‘नहीं देगा.’’ सुमन ने पूरे विश्वास के साथ कहा.
‘‘अब तू खुद ही सोच, किसी होटल में 4 रोटियां खिला दीं, 2-4 उपहार दे दिए और बदले में तेरे साथ मजे लेता रहा. उस मजे की यही कीमत है?’’ शालिनी ने समझाया.
शालिनी की इन बातों ने सुमन को सोचने पर मजबूर कर दिया. उसे सोच में डूबी देख कर शालिनी ने कहा, ‘‘सुमन तू मेरी बात मान तो मेरे पास ऐसे ठरकी लोगों को सबक सिखाने का एक रास्ता है.’’
‘‘वह क्या?’’ सुमन ने पूछा.
‘‘उस से मोटी रकम ऐंठ कर मस्ती से जी.’’ शालिनी ने कहा.


