जानलेवा शर्त ने ली एक बेगुनाह की जान

शहर के आउटस्कर्ट पर लगा यह पुलिस थाना है. यहां पर हलचल शहर के और थानों की अपेक्षा कम ही रहती है. कारण स्पष्ट है कि आसपास ग्रामीण इलाका है, कुछ इलाका घना जंगली भी है. इस शांत जंगली इलाके में अकसर शराबी लोग पार्टियां करने के लिए आया करते हैं.

जनवरी की शुरुआत है और मौसम की ठंडक अपने शबाब पर. थाने के पूरे स्टाफ की नए वर्ष के सेलिब्रेशन की खुमारी अभी तक टूटी नहीं थी. शाम के लगभग 4 बजे थे.

”साहब पास के जंगल में एक लाश पड़ी है,’’ थाने के अंदर घुसता हुआ 20-21 साल का एक युवक बोला.

”तो मैं क्या करूं?’’ स्वागत डेस्क पर बैठा जवान, जो रिपोर्ट लिखने का भी काम करता था, अधखुली आंखों से बोला.

”साहब, आप मेरा यकीन कीजिए. चाहे तो आप उस जगह पर चल कर देख लो,’’ वह युवक बोला.

”तू कौन है? तुझे पता चला कि वह लाश ही है? हो सकता है कोई आदमी दारू पी कर बेसुध पड़ा हो.’’ जवान उसी अवस्था में बोला.

”साहब, मेरा नाम राधेश्याम है और मैं मवेशी चराता हूं. मवेशियों को वापस गांव में लाते समय मुझे वह लाश दिखाई दी थी. वह कोई शराबी या कोई सोया हुआ आदमी नहीं था. उस के शरीर पर कुछ अजीब तरह से जलने के निशान थे,’’ उस युवक ने बताया.

”जा… जा कर जंगल के चौकीदार को यह बात बता. नियमों के अनुसार चौकीदार की रिपोर्ट पर ही पुलिस तस्दीक करने जाएगी.’’ वह पुलिस वाला उस युवक को टरकाने के मकसद से बोला.

”साहब, मुझे मवेशियों को उन के मालिकों को सौंपना है. इसी वजह से मैं ने चौकीदार को नहीं खोजा.’’ युवक ने साफसाफ बता दिया.

”तो जा, जा कर मवेशियों को उन के मालिकों को वापस कर दे. जब चौकीदार की तरफ से सूचना आएगी, तब काररवाई हो जाएगी.’’ पुलिसकर्मी उस युवक को टालते हुए बोला.

”क्या कर रहे हो रामसिंह? एक मर्डर की इन्फर्मेशन को इतने हलके में ले रहे हो.’’ अंदर की तरफ के औफिस से निकलते हुए इंसपेक्टर आलोक कुमार बोले, ”मैं ने अपने औफिस में बैठे हुए पूरी बात सुन ली है.’’

”अरे साहब, इस जंगल में लोग नए साल की पार्टी करने के लिए आते हैं और जब कोई नशे में धुत हो जाता है तो उस के साथी उसे ऐसे ही छोड़ कर निकल जाते हैं. यह भी कोई इसी तरह का आदमी होगा, जो होश में आने पर उठ कर चला जायगा. और अगर लाश होगी तो चौकीदार हमें सूचित करेगा ही.’’ रामसिंह ने जवाब दिया.

”नहीं नहीं साहब, वह लाश ही है.’’ राधेश्याम बीच में ही बोल पड़ा.

”तुझे कैसे पता कि वह लाश ही है.’’ इंसपेक्टर ने पूछा.

”क्योंकि साहब उस के हाथ और पैर बंधे हुए हैं. शरीर पर कपड़े भी नहीं हैं और बदन पर कुछ अजीब तरह के निशान हैं.’’ राधेश्याम ने बताया.

”किस तरह के अजीब निशान हैं?’’ इंसपेक्टर ने पूछा.

”जैसे चमड़ी के जलने के बाद आते हैं, उस तरह के.’’ राधेश्याम ने बताया.

”रामसिंह फोटोग्राफर और बाकी स्टाफ को तैयार करो, मामला गंभीर लग रहा है. हम इस लड़के की बताई हुई जगह पर चलेंगे.’’ इंसपेक्टर ने कहा.

कुछ ही देर में इंसपेक्टर पुलिस टीम और  राधेश्याम को साथ ले कर जंगल में पहुंच गए.

किस की थी जंगल में मिली लाश

वहां 50-55 साल के किसी आदमी की लाश थी. उस के हाथ पैर बंधे हुए थे. कपड़े कुछ दूरी पर पड़े हुए थे. ऐसा लग रहा था कि हाथ पैर बांधने के बाद उस के कपड़े फाड़ कर उतार दिए गए हों.

जिस तरह चीता या जेब्रा के शरीर पर धारियां होती हैं, कुछ उसी तरह की पतली पतली धारियां सी उस के शरीर पर दिखाई दे रही थीं. ऐसा लग रहा था जैसे निशान वाले स्थान पर किसी चीज से जलाया गया हो. पास ही शराब की एक तीन चौथाई खाली बोतल व प्लास्टिक का एक खाली गिलास भी रखा था.

”देखिए साहब, मैं कह रहा था न कि लोग इस जंगल में शराब पार्टी करने के लिए ही आते हैं. यह शराब पार्टी के लिए ही यहां आया था.’’ रामसिंह बोला.

”अगर पार्टी के मकसद से यहां आए होते तो कुछ और गिलास भी होने चाहिए थे, पर यहां सिर्फ एक ही गिलास है. दूसरा इस के पहनावे और चेहरे मोहरे से भी यह उस स्तर का व्यक्ति नहीं लग रहा कि पार्टी कर सके. बल्कि मुझे तो यह खुद एक भिखारी जैसा लग रहा है.’’ इंसपेक्टर ने कहा.

”सर, हो सकता है कि पार्टी करने के लिए ही आए हों और कुछ विवाद हुआ हो और वह सब इस का मर्डर कर के भाग गए हों. हमें फिंगरप्रिंट न मिल पाएं, यही सोच कर खाली गिलास अपने साथ ले गए हों. शरीर पर कपड़े नहीं हैं इस से ऐसा भी लगता है कि कहीं अवैध संबंधों का मामला न हो.’’ एसआई शफीक अहमद ने कहा.

”पार्टी जैसा कोई माहौल तो लग नहीं रहा है. ऊपर से शरीर पर यह धारीनुमा निशान इस बात की तरफ इशारा कर रहे हैं कि इन स्थानों पर इसे जलाया गया है.’’ इंसपेक्टर आलोक ने अपना शक जाहिर किया.

”मगर इतनी बारीकी से कौन जला सकता है. अगर ऐसा हुआ है तो यह एक बड़ी शानदार कलाकारी है.’’ एसआई शफीक ने कहा.

”ऐसे निशान तो सिर्फ करंट के जलने से आते हैं. यहां पर आसपास दूर तक कोई बिजली की लाइन नहीं है. ऐसे में यहां करंट दे कर जलना कुछ तर्कसंगत नहीं लगता,’’ इंसपेक्टर ने बताया.

”यह भी तो हो सकता है कि इसे कहीं और करंट दे कर मारा गया हो और जांच की दिशा भटकाने के लिए यह बोतल और गिलास यहां रख दिए हों.’’ रामसिंह बोला.

”मेरे विचार से ऐसा नहीं हुआ होगा. क्योंकि उस के कपड़े किसी ब्लेड या चाकू की मदद से काट कर अलग किए गए हैं. मतलब करंट उसे कपड़े उतारने के बाद लगाया गया है. वरना कपड़ों पर जले हुए मांस के कुछ अंश कपड़ों पर जरूर चिपकते.’’ इंसपेक्टर आलोक ने अपने विचार जाहिर किए.

”फिर?’’ एसआई ने पूछा.

”फोटोग्राफर को बोल कर सभी एंगल से फोटो ले लो और डेड बौडी को पोस्टमार्टम के लिए भेज दो.’’ इंसपेक्टर ने निर्देश दिए, ‘ï’पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मुझे दिखलाना.’’

”यस सर,’’ कह कर सब अपने कामों में लग गए.

”सर, उस अंधे कत्ल की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई है.’’ लगभग 2 दिनों के बाद एसआई ने सूचित किया.

”मौत का कारण लो इंटेंसिटी करंट का बौडी से प्रवाहित होना लिखा गया है.’’ इंसपेक्टर आलोक रिपोर्ट पढ़ते हुए बोले.

”वहां पर बिजली कैसे पहुंची होगी?’’ एसआई शफीक ने पूछा.

”यही तो देखने वाली बात है. ऐसा करो इस आदमी का फोटो ले जा कर सभी भिखारियों को दिखाओ. शायद कोई क्लू मिल जाए.’’ इंसपेक्टर ने कहा.

”जी, अभी टीमें भिजवाता हूं.’’ एसआई शफीक कहते हुए औफिस से निकल गए.

किस ने किया भिखारी मोहन का मर्डर

2 दिन बाद एसआई ने सूचना दी, ”सर, हम लोगों का अनुमान सही निकला. वह लाश एक भिखारी की ही है जो यहां से करीब 7 किलोमीटर दूर शंकर मंदिर के पास बैठ कर भीख मांगा करता था.’’

”और क्या इन्फर्मेशन है उस भिखारी के बारे में?’’ इंसपेक्टर आलोक ने पूछा.

”सर, उस का नाम मोहन है और वह उसी इलाके में मंदिर से कुछ दूर एक ब्रिज के नीचे झोपड़ी बना कर रहता है. उस के परिवार के बारे में कुछ अतापता नहीं है. अकेले ही रहता था. बहुत ही शांत प्रवृत्ति का इंसान था, लेकिन शराब पीने का बहुत शौकीन था. लेकिन पीने के बाद कोई हंगामा नहीं करता था.’’ एसआई ने मृतक मोहन के बारे में बताया.

”उस की झोपड़ी की तलाशी ली क्या?’’ इंसपेक्टर ने पूछा.

”जी सर, झोपड़ी की तलाशी के दौरान करीब एक हजार रुपए नकद मिले. कोई भी ऐसी चीज नहीं मिली, जिसे देख कर कोई संदेह पैदा होता हो.’’ एसआई शफीक ने बताया.

”आसपास के शराबी, अफीमचियों और नशे का धंधा करने वालों पर नजर रखो. शायद उस ने किसी को देख लिया हो और अपने पकड़े जाने के डर से उसे मार डाला गया हो.’’ इंसपेक्टर ने शक जाहिर किया.

”सर, हम ने नजर रखी हुई है और मुखबिर भी अलर्ट कर दिए है, लेकिन अभी तक ऐसा कोई सुराग नहीं मिला.’’ एसआई ने सूचना दी.

”ठीक है, आप लोग उस की झोपड़ी पर फिर से पहुंचो और सभी पास पड़ोसियों को इकट्ठा कर लो. मैं खुद पूछताछ करूंगा.’’ इंसपेक्टर आलोक कुमार ने कहा.

लगभग 2 घंटे बाद इंसपेक्टर आलोक कुमार उस बस्ती में थे, जिस में मोहन रहता था.

”साहब, मोहन एक सीधासादा इंसान था, जो सिर्फ अपने पीने और खाने से मतलब रखता था. वह एक नियम का पक्का था कि चाहे कितना भी बड़ा त्यौहार हो, मंदिर में कितनी भी भीड़ हो, लेकिन शाम को 8 बजे के बाद कभी भीख नहीं मांगता था. उस के बाद उस का पीने का ही काम रहता था. कभी हम लोगों में से किसी के साथ भी उस का कभी कोई विवाद नहीं हुआ.’’ भीड़ में मौजूद एक बुजुर्ग भिखारी ने बताया.

”उस का कोई दोस्त? कोई दुश्मन?’’ इंसपेक्टर आलोक ने पूछा.

”नहीं साहब, वह किसी से ज्यादा बात नहीं करता था. हां, पिछले 15-20 दिनों से वह सामने के चौराहे पर आटो मैकेनिक नदीम की दुकान पर जरूर 5-7 मिनट रुका करता था. शायद वह कुछ बता सके.’’ वहां मौजूद लोगों में से एक ने बताया.

”नदीम? कैसा आदमी है? मेरा मतलब वह शराब, अफीम या कोई और नशा करता है क्या?’’ इंसपेक्टर ने पूछा.

”यह तो पता नहीं. हम तो जाते नहीं उस की दुकान पर क्योंकि हमारे पास तो कोई गाड़ी है नहीं.’’ वह व्यक्ति बोला.

”तो मोहन से क्यों बातें करता था वह.’’ इंसपेक्टर आलोक ने पूछा.

”पता नहीं. शायद मोहन के मंदिर जाने का रास्ता भी वही था इसी कारण दुआ सलाम हो जाती हो.’’ वह व्यक्ति बोला.

”साहब, नदीम को यहां बुलवाऊं क्या?’’ एसआई शफीक ने पूछा.

”नहीं, तुम ऐसा करो नदीम को उठा कर थाने में ही ले आओ. शायद उस से अच्छी तरह से पूछताछ करनी पड़े.’’ इंसपेक्टर आलोक कुमार ने निर्देश दिया.

”ठीक है सर.’’ एसआई ने कहा.

कौन सी शर्त ने ली मोहन की जान

कुछ ही देर में एसआई शफीक अहमद नदीम को उस की दुकान से थाने ले आए. थाने में आते ही इंसपेक्टर ने नदीम से पूछा, ”तुम मोहन को कैसे पहचानते हो नदीम?’’

”सर, उसे बीड़ी पीने का शौक था और मैं उसे बीड़ी दिया करता था. बस इतनी पहचान थी उस से,’’ नदीम ने जवाब दिया.

”तुम ने उसे क्यों मारा?’’ इंसपेक्टर आलोक ने तुरंत मुद्दे पर आते हुए पूछा.

”नहीं साहब, मैं ने उसे नहीं मारा.’’ नदीम सहमते हुए बोला.

”लेकिन मेरा अनुभव कहता है कि तुम ने ही उसे मारा है और मेरे पास इस के गवाह और सबूत मौजूद हैं.’’ इंसपेक्टर आलोक अंधेरे में तीर चलाते हुए बोले.

”साहब, मेरी उस से कोई दुश्मनी नहीं थी तो भला मैं उसे क्यों मारूंगा?’’ नदीम ने इंसपेक्टर से उल्टा प्रश्न किया.

”यही तो मैं जानना चाहता हूं. हमें तुम सीधे सीधे बताते हो या फिर मैं अपनी तरह से उगलवाऊं?’’ इंसपेक्टर ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा.

”नहीं साहब, मुझे कुछ नहीं मालूम. मां कसम.’’ नदीम ने फिर कहा.

”हवलदार, इस की बत्तीसी निकाल कर मेरे हाथों में रख दो और याद रहे एक भी दांत बचा तो तुम्हारी बत्तीसी मैं निकाल लूंगा.’’ इंसपेक्टर आलोक कुमार ने पास खड़े एक सिपाही से कहा.

”साहब, मत मारिए मैं सब कुछ बताता हूं.’’ 2-3 करारे थप्पड़ों के बाद ही नदीम टूट गया.

”हां, तो बताओ क्यों मारा मोहन को? सुन, झूठ बोलने की और पुलिस को बहकाने की गलती कतई मत करना वरना शरीर की 208 हड्डयों का चूरमा बनवा दूंगा.’’ इंसपेक्टर ने धमकाते हुए कहा.

”सर, एक शर्त की वजह से मोहन को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा.’’ नदीम ने बताया

”शर्त? कैसी शर्त?’’ इंसपेक्टर ने हैरान होते हुए पूछा.

नदीम ने कैसे पूरी की शर्त

नदीम ने बताया, ”सर, मैं एक साइंस का स्टूडेंट रहा हूं और मैं ने ट्वेल्थ तक साइंस सब्जेक्ट ही लिया है. फिजिक्स मेरा प्रिय विषय था. मगर मैं ट्वेल्थ पास नहीं हो पाया. इसी कारण मैं ने आटो मैकेनिक की ट्रेनिंग ले कर यह दुकान खोल ली.

”कुछ दिनों पहले अखबार में मैं ने एक खबर पढ़ी कि एक स्कूल की फिजिक्स लैब में एक प्रयोगशाला सहायक 12 वोल्ट की बैटरी पर गिर गया और उस के भीगे हुए होने के कारण इलेक्ट्रिक का सर्किट पूरा हो गया और करंट लगने से उस की मौत हो गई.’’

”यह तो एक खबर हो गई. इस में शर्त कहां से आ गई?’’ इंसपेक्टर आलोक उतावलेपन से बोले.

”मेरा एक दोस्त है जुनैद. वह इलेक्ट्रीशियन है. उसे मैं ने जब यह खबर बताई तो वह मानने को तैयार नहीं हुआ. उस के अनुसार 12 वोल्ट का करंट बहुत कम होता है और उस से कोई बड़ा आदमी नहीं मर सकता. बस इसी बात को ले कर हम दोनों में 5-5 हजार रुपए की शर्त लग गई.

”अब समस्या यह थी कि यह प्रयोग किस पर किया जाए और कैसे किया जाए. हम ने आसपास देखा तो हमें मोहन इस प्रयोग के लिए सही लगा. बिना परिवार का आदमी था, गायब हो जाने पर कोई शिकायत करेगा, इस की संभावनाएं बहुत कम थीं.’’ नदीम ने बताया.

”फिर तुम ने अपनी योजना को अंजाम किस तरह दिया?’’ इंसपेक्टर आलोक ने उत्सुकता से पूछा.

”हमें यह तो पता था कि मोहन शराब का बहुत शौकीन है. बस, उस की यह कमजोरी ही उस की मौत का कारण बनी. रोज दुकान के सामने से गुजरते समय हम ने उस से आगे बढ़ कर दुआसलाम करना चालू कर दिया. धीरे धीरे जाते समय हम ने योजना के अनुसार उसे बीड़ी पिलानी चालू कर दी. इस से उस का विश्वास हम पर और बढ़ गया.

”एक दिन हम ने उसे हमारे साथ शराब पीने का औफर दिया तो उस ने यह कह कर मना कर दिया कि इस बस्ती के सभी लोग उसे पहचानते हैं, इसी कारण वह बाहर शराब न पी कर सिर्फ अपनी झोपड़ी में ही पीता है. और वह भी सिर्फ रात को.

”तब हम ने उसे नए साल की खुशी में पास के जंगल में दारू व मुरगे की पार्टी रखने की बात कही तो वह लालच में आ गया और पार्टी की बात मान गया. मेरे पास 2002 मौडल का एक पुराना स्कूटर था. हम तीनों उसी पर बैठ कर जंगल में गए.’’

shart-fiction-crime-story

साइंस के प्रयोग से कैसे पहुंचे जेल

इंसपेक्टर ने पूछा, ”लेकिन तुम ने उसे मारा कैसे? करंट का इंतजाम कैसे किया?’’

”वही तो बता रहा हंू साहब. मैं और जुनैद दोनों शराब नहीं पीते. मगर अपने प्रयोग का परिणाम देखने के लिए हम ने मोहन की पसंद की पूरी बोतल ली.’’

”अरे मुरगे का क्या हुआ. पार्टी तो दारू और मुरगे दोनों की थी न?’’ मोहन शराब पीते हुए बोला, ”आज बहुत दिनों के बाद जी भर कर पीऊंगा.’’

”पास ढाबे वाले को बोल दिया है, कुछ ही देर में मुरगा ले कर आता होगा,’’ जुनैद ने जवाब दिया.

”लगभग आधी बोतल पीने के बाद मोहन बेसुध होने लगा. मैं ने उस के कपड़े उतारना चाहा लेकिन यह संभव नहीं था. इसलिए आननफानन में एक ब्लेड से उस के कपड़े काट कर उतार दिए.’’ नदीम बोला.

”मारने के लिए करंट का इंतजाम कहां से किया? क्योंकि मुझे मालूम है स्कूटर के उस मौडल या उस समय के किसी भी स्कूटर के मौडल में बैटरी लगती ही नहीं थी और साथ में तुम ने कोई बैटरी रखी नहीं थी.’’ इंसपेक्टर ने पूछा.

”यहां पर मेरा मैकेनिक और फिजिक्स का स्टूडेंट होना काम आया. स्कूटर के टेक्निकल स्पेसिफिकेशन के अनुसार जब उसे साढ़े 5 हजार आरपीएम पर चलाते हैं तो डायनमो के द्वारा 12 वोल्ट का करंट जेनरेट करता है.

”मोहन के कपड़े उतारने के बाद हम ने उस के पैर और हाथ ऊपर कर के बांध दिए. यह सब करने से यह स्पष्ट हो गया था कि मोहन कोई विरोध नहीं कर सकता.

”अब मैं ने अपनी शौप से लाए 5 क्लच वायर से मोहन के शरीर पर एक कांपैक्ट क्वाइल की रचना बना दी. इस क्वाइल को मैं ने स्पार्क प्लग से जोड़ कर पावर सर्किट को पूरा कर दिया.

”अब स्कूटर को न्यूट्रल गियर में डाल कर फुल एक्सीलेटर दे कर चालू कर दिया. बेसुध मोहन विरोध करने की स्थिति में तो था नहीं. कुछ समय करंट से जूझने के बाद मोहन शांत हो गया. और मैं शर्त जीत गया.’’ नदीम ने बताया.

”तो यह बात है, एक शर्त जीतने के लिए एक गरीब की मुफ्त में जान ले ली. वैसे कुल मिला कर करंट कितनी देर देना पड़ा?’’ इंसपेक्टर आलोक कुमार ने नदीम से पूछा.

”साहब, कुल 20 मिनट के करंट के बाद मोहन शांत हो चुका था. मुझे उम्मीद थी कि इस सूने जंगल में लाश 2-3 दिन तो पड़ी ही रहेगी और उस की खाल जल जाने की वजह से कीड़े मकोड़े और जानवर जल्दी ही मांस नोच लेंगे फिर मोहन को पहचानना मुश्किल हो जायगा.’’ नदीम बोला.

”क्या खूब कहानी रची तुम ने, मगर एक चरवाहे के समय पर पहुंचने के कारण सारा प्लान फेल हो गया.’’ इंसपेक्टर ने बात पूरी की.

”हां सर, हम से यह बड़ी गलती हुई है. हमें ऐसा नहीं करना चाहिए था. यह मुझे अब अहसास हुआ है.’’ नदीम ने हाथ जोड़ते हुए कहा. तभी जुनैद भी इंसपेक्टर आलोक कुमार के सामने हाथ जोड़ कर माफ करने के लिए गिड़गिड़ाने लगा.

”तुम लोगों ने एक बेगुनाह का मर्डर किया है, इसलिए तुम्हें इस की सजा तो मिलनी ही चाहिए. वो तो भला हो उस चरवाहे का, जिस ने लाश की जानकारी पुलिस को दी, वरना लाश डैमेज हो जाने के बाद केस भी आसानी से नहीं खुल पाता.’’ इंसपेक्टर आलोक कुमार ने कहा.

इस के बाद उन्होंने एसआई शफीक अहमद से कहा कि इन दोनों को मोहन की हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजने की काररवाई करें. एक मामूली शर्त की वजह से नदीम और जुनैद को जेल जाना पड़ा.

लौकेट का रहस्य

लौकेट का रहस्य – भाग 5

इस बीच मैं हवालात जा कर जीते से लौकेट उतरवा लाया था. वह लौकेट मैं ने वली खां के सामने रख कर पूछा, ‘‘ध्यान से देख कर बताओ, ये लौकेट किस का है?’’

वली खां ने जब उस लौकेट को गौर से देखा तो उस के चेहरे का रंग बदल गया. वह हकला कर बोला, ‘‘जनाब, यह तो मेरी बीवी रजिया का लौकेट है.’’

‘‘बीवी को इसे तुम ने ही दिया होगा. कहां से आया यह तुम्हारे पास?’’

‘‘जी, मेरी वालिदा ने बनवाया था. इस के अलावा और भी गहने थे?’’

मैं ने कहा, ‘‘तुम्हारी वालिदा ने बनवाया था या तुम ने डाके में छीना था?’’

‘‘डाका…कैसा डाका…यह आप क्या कह रहे हैं जनाब?’’ उस का मुंह हैरत से खुला रह गया.

‘‘वही डाका जो तुम ने 5 साल पहले अमृतसर में मेहता सेठ के घर डाला था और तुम्हारी गोली लगने से मेहता की मौत हो गई थी.’’

थानेदार बख्शी हैरानी से देख रहा था. उस की नजर में वली खां एक शरीफ इंसान था. पर मैं पूरे दावे के साथ कह सकता था कि वह एक नामीगिरामी डाकू था. मैं ने करीब खड़े हवलदार नादिर से कहा, ‘‘वली खां को हथकड़ी लगा कर इस के सही ठिकाने पर पहुंचाओ.’’

वली खां को हवालात में बंद कर दिया गया. पूछताछ के दौरान पता चला कि उस का नाम वली खां नहीं, बल्कि अब्दुल सत्तार था. चोरीडकैती और अपहरण उस का मुख्य धंधा था. जामनगर में वह नाम बदल कर रह रहा था.

मैं और थानेदार बख्शी अभी वली खां से पूछताछ कर ही रहे थे कि एक सिपाही घबराया हुआ आया. उस ने हमें अलग ले जा कर बताया कि हवालाती जीते की जान खतरे में है. वली खां ने सिपाही कीमतीलाल को रिश्वत दे कर एक खत अपने दोस्त शेरू तक पहुंचाने के लिए भेजा है. वली खां ने खत में लिखा है कि वह उस की बीवी का काम तमाम कर दे और फरार हो जाए.

बख्शी ने सिपाही से पूछा, ‘‘शेरू कहां है?’’

सिपाही ने बताया, ‘‘मुझे नहीं पता, लेकिन कीमतीलाल को पता होगा. वह खत ले कर उसी के पास गया है.’’

थानेदार बख्शी ने गुस्से में पूछा, ‘‘तुम्हें यह सब कैसे मालूम हुआ?’’

सिपाही ने डरते हुए कहा, ‘‘पहले वली खां ने यह पेशकश मेरे सामने रखी थी. उस ने अपनी जांघों के बीच कुछ रुपए छिपा कर रखे थे. वह मुझे 2 सौ रुपयों का लालच देता रहा. मैं नहीं माना तो उस ने कीमतीलाल को फंसा लिया.’’

थानेदार बख्शी ने पूछा, ‘‘उस हरामी को हवालात में कागज कलम किस ने दिया?’’

‘‘जी, यह कीमतीलाल का ही काम है.’’

सिपाही का चेहरा बता रहा था कि वह सच बोल रहा था. मैं ने थानेदार से कहा, ‘‘बख्शी, हमें फौरन कुछ करना होगा. तुम थाने में रहो, मैं जा कर देखता हूं.’’

बख्शी के रोकने के बावजूद मैं थाने से निकल गया. 2 सिपाही मेरे साथ थे. उन में से एक के पास बंदूक थी. हम लगभग भागतेभागते नीम वाली गली तक पहुंचे. गली के मोड़ पर मैं ने रुक कर देखा. वली खां का तिमंजिला मकान मेरी नजरों के सामने था.

मकान के आसपास कोई हलचल नहीं थी. सिपाहियों के साथ मैं एक करीबी दुकान में जा घुसा. दुकानदार ने हमारे लिए कुर्सियां लगवा कर चाय मंगवा दी. वहीं बैठ कर हम वली खां के मकान पर नजर रखे हुए थे. लगभग आधेपौने घंटे बाद जब हम मायूस हो कर लौटने की सोच रहे थे, तभी अचानक एक टमटम गली में दाखिल हुई और सीधे वली खां के मकान के सामने जा रुकी. टमटम से शेरू उतरा. उस ने अपने शरीर को काले रंग की एक चादर से ढक रखा था. वह तेजी से दरवाजे की ओर बढ़ा तो मैं ने दौड़ कर उसे पीछे से जा दबोचा.

शेरू को गिरफ्तार कर लिया गया. तलाशी के दौरान उस के पास से एक भरे हुए रिवाल्वर के अलावा वह खत भी बरामद हुआ, जो वली खां ने हवालात से भेजा था.

उस खत में लिखा था, ‘‘शेरे, मैं पकड़ा गया हूं. पुलिस तुझे ढूंढ़ रही है. बेहतर है तू यहां से भाग जा. लेकिन भागने से पहले मेरा एक काम कर देना. मैं नहीं चाहता कि मेरे बाद रजिया जिंदा रहे. उसे खत्म कर देना. वह इस वक्त घर में अकेली है. तख्तपोश के नीचे मेरा रिवाल्वर पड़ा है. वह ले जाना, लेकिन कोशिश करना कि गोली न चलानी पड़े. अगर खुद न जा सको तो जुमे या दीनू को भेज कर ये काम करवा देना. खुदा हाफिज, तुम्हारा सरदार यार.’’

शेरू के अलावा जुमा और दीनू भी गिरफ्तार कर लिए गए. इस के बाद तफ्तीश और अदालती काररवाई का लंबा सिलसिला शुरू हुआ. जीते को मैं ने रिहा कर दिया. उस पर कोई इलजाम नहीं था. वह अपहरण व मारपीट के मामले में मुद्दई था.

रजिया एक ऐसी औरत थी, जो एक ही वक्त में 2 अलगअलग दिशाओं में सफर कर रही थी. उस के मांबाप ने उस का हाथ ऐसे शख्स को सौंप दिया था, जो बाहर से कुछ और, अंदर से कुछ और था. रजिया काफी हद तक अपने शौहर की हकीकत समझ गई थी. वह जान गई थी कि उस का शौहर अपराध की अंधेरी दुनिया से ताल्लुक रखता था. वह भीतर ही भीतर कुढ़ती रहती थी. लेकिन शौहर की हकीकत कभी उस के होंठों तक नहीं आई थी.

जिस तरह पानी अपना रास्ता खुद तलाश लेता है, उसी तरह जज्बात भी अपने इजहार का कोई न कोई तरीका ढूंढ़ लेते हैं. रजिया के भी दबे हुए जज्बात ने अपने इजहार का रास्ता तलाश कर लिया था. लोग उस पर अंगुलियां उठाते थे, मगर वह सब कुछ जानतेसमझते हुए अनजान और ढीठ बनी हुई थी.

वह जीते से बेपनाह मोहब्बत करती थी और उस मोहब्बत को चाह कर भी कोई मुनासिब नाम नहीं दे पाती थी. वह उसे धक्के दे कर घर से भी निकालती थी और फिर उस की एक झलक पाने के लिए बेचैन भी रहती थी. वह एक मजबूर औरत थी.

यह तय था कि वली खां और उस के साथियों को उम्रकैद होगी. रजिया द्वारा अदालत में दी गई दरख्वास्त पर उस के और वली खां के बीच तलाक अमल लाया गया. रजिया और जीते की प्रेमकहानी का यह बड़ा ही सुखद अंजाम था. दोनों ने शादी कर के वह कस्बा हमेशा के लिए छोड़ दिया.

यह बात अपनी जगह सच है कि कई बार छोटी सी घटना से इंसान की जिंदगी का रुख और दिशाएं बदल जाती हैं. इसी तरह कडि़यों से कडि़यां जुड़ कर कभीकभी बड़े खुलासे हो जाते हैं. अगर अखबार बेचने वाला जीता रईसजादी पम्मी के इशारों को नजरअंदाज न करता और उस पर चोरी का इलजाम न लगता तो शायद वली खां जैसे डाकू और उस के साथियों के चेहरे बेनकाब न होते.

लौकेट का रहस्य – भाग 4

जीते को साथ ले कर हम उसी वक्त उस मकान पर गए, जहां उसे कैद रखा गया था. वह मकान वली खां के दोस्त शेरू का था. वहां वाकई एक कमरे की जाली टूटी हुई थी. वहां ऐसे सुबूत भी थे, जिस से साबित होता था कि उसे उसी जगह कैद कर के रखा गया था. वली खां और शेरू दोनों गायब थे.

मेरी हिदायत पर थानेदार बख्शी ने अपने स्टाफ से उन्हें तलाश करने को कहा. लेकिन कुछ किया जाता, इस से पहले ही शाम करीब 7 बजे वे दोनों खुद ही थाने आ गए. उन के साथ एक सरकारी अफसर भी था. उस ने बताया कि इन दोनों का भागने का कोई इरादा नहीं था. वे केवल डर की वजह से थाने नहीं आए थे.

मैं ने वली खां से कहा कि वह अपनी सफाई में कुछ कहना चाहता है तो कह दे. इस पर उस ने जेब से कुछ खत निकाल कर हमारे सामने रख दिए. वे खत क्या थे, गालियों का पुलिंदा था. उन में ऐसी ऐसी गालियां लिखी थीं जो मैं ने कभी नहीं सुनी थीं. खत लिखने वाले ने कोशिश की थी कि वली खां और उस की बीवी को जितना ज्यादा हो सके, जलील किया जाए.

वली खां ने रुआंसे हो कर कहा, ‘‘जनाब, कुछ खत तो बरदाश्त से बाहर थे, इसलिए मैं ने फाड़ कर फेंक दिए थे.’’

उन खतों को पढ़ कर किसी भी शरीफ आदमी का दिमाग घूम सकता था. वली खां ने बताया कि ये गंदगी उस के घर में 3 महीने से फेंकी जा रही है. उस का मानना था कि ये काम जीते के अलावा और कोई नहीं कर सकता.

वली खां ने यह भी बताया कि मजबूर हो कर वह अमृतसर गया और जीते से मिल कर उसे समझाने की कोशिश की. लेकिन वह उल्टे उसे ही डरानेधमकाने लगा. इस पर उस का दिमाग घूम गया. वह उसे टैक्सी में डाल कर यहां ले आया. वली खां ने माना कि उस ने जीते को 4-5 दिन शेरू के घर में रखा था. वह सिर्फ यह चाहता था कि वह उन मियांबीवी की जिंदगी से निकल जाए.

locket-ka-rehsay

वली खां के साथ आए सरकारी अफसर ने भी कहा कि वली खां शरीफ आदमी है. अगर जीता उस की इज्जत को न ललकारता तो यह वाकया कभी न होता. मैं ने वली खां और शेरू को गिरफ्तार न कर के उन्हें तफ्तीश के दायरे में रखा. जीते को हवालात में रखना जरूरी था, क्योंकि अगर उसे छोड़ा जाता तो वह फिर से वली खां के घर जा कर हंगामा कर सकता था. हम ने डाक्टर बुला कर उस की मरहमपट्टी करा दी थी.

जीते को हवालात में छोड़ कर मैं उस के घर पहुंचा और उस के पिता सुरजीत से मुलाकात की. मैं काफी देर तक सुरजीत से जीते के बारे में बातें करता रहा. जब मैं उस के पास से उठने लगा तो दरवाजे के पीछे से चूडि़यों की खनक सुनाई दी. एक औरत जल्दी से अंदर आई थी और मुझे देख कर ठिठक गई थी. वह जवान औरत थी. उस के हाथ में एक छोटा सा लिफाफा था. वह असमंजस में थी कि आगे जाए या वापस लौट जाए.

लेकिन लौटने के बजाए वह हिम्मत कर बोली, ‘‘सुरजीत चचा, ये दवा खा लो. बस 2 दिन और खानी है.’’

सुरजीत ने उसे घूर कर देखते हुए कहा, ‘‘रजिया तुझे कितनी बार कहा है, यहां मत आया कर. रही दवा की बात तो मुझे एक बार ही ला कर दे दे. मैं खुद ही खा लिया करूंगा. बिना वजह रिश्तेदारी मत बना हम से. हम पहले ही बहुत दुखी हैं.’’

रजिया ने दवा वाला लिफाफा सुरजीत के सामने रखते हुए कहा, ‘‘आज तो खा लो, कल बाकी दवा भिजवा दूंगी.’’

सुरजीत ने दवा ले कर मजबूरी में कहा, ‘‘जा, पानी ले कर आ.’’

वह मुझे उलझन भरी नजरों से देख कर बाहर चली गई. मैं समझ गया कि यह वही रजिया है, जो इस फसाद की जड़ है. उस के बाहर जाते ही सुरजीत बोला, ‘‘पागल है यह लड़की, हम सब को भी पागल बना रखा है. यह सोच कर बहाने से दवा देने आई है कि शायद जीता घर पर हो. एक तरफ उसे धक्के दे कर घर से निकालती है, दूसरी तरफ उस की दीवानी हुई फिरती है. पता नहीं क्या चाहती है यह नादान लड़की.’’

रजिया पानी ले आई. जब वह सुरजीत को दवा खिला कर जाने लगी तो मैं ने उसे आवाज दे कर रोक लिया. वह ठिठक गई. सुरजीत ने उस से मेरा परिचय करवाते हुए बताया कि इन इंसपेक्टर साहब ने जीते की बहुत मदद की है.

मेरा परिचय सुन कर वह डर गई. फिर संभल कर बोली, ‘‘जी फरमाइए.’’

मैं ने कहा, ‘‘मैं तुम से कुछ जरूरी बातें करना चाहता हूं. तुम्हारा शौहर घर में ही है?’’

‘‘जी नहीं,’’ वह बोली, ‘‘वह शेरू के साथ थाने गए हैं.’’

‘‘चलो ठीक है, यहीं बात कर लेते हैं.’’ मैं ने सुरजीत की ओर देख कर कहा, ‘‘आप हमें चंद मिनट दीजिए.’’

मेरी बात समझ कर वह उठ खड़ा हुआ और जातेजाते बोला, ‘‘इंसपेक्टर साहब, वाहेगुरु के वास्ते इसे समझाएं. इस के दिमाग से यह जुनून निकाल दें. इसे समझाएं कि न अपना घर उजाड़े और न हमें बरबाद करे.’’

सुरजीत बाहर चला गया तो मैं ने रजिया को सामने पड़ी कुरसी पर बैठने को कहा. वह वाकई खूबसूरत औरत थी. मैं ने उस से पूछा, ‘‘बीबी, तुम जानती हो कि तुम्हारी वजह से कितना हंगामा हो रहा है? आखिर तुम चाहती क्या हो?’’

उस ने सिर झुका लिया. उस के होंठ कांपने लगे. वह कुछ कहना चाहती थी, पर कह नहीं पा रही थी. मैं ने कहा, ‘‘तुम्हारा शौहर शरीफ आदमी है. तुम से बेपनाह मोहब्बत भी करता है. फिर तुम यह खेल क्यों खेल रही हो?’’

मेरी बात सुन कर उस की आंखों से आंसू निकल आए. मैं ने बहुत कोशिश की कि वह अपने दिल की बात बताए. लेकिन वह अपने होंठों को सी कर बैठ गई. आखिर मैं ने कहा, ‘‘खामोश रहने से काम नहीं चलेगा. यह मत भूलो कि तुम्हारा व्यवहार तुम्हें अदालत तक भी ले जा सकता है और जेल भी.’’

उस ने रोतेरोते सिर्फ इतना कहा, ‘‘मैं बेबस हूं.’’

वह टस से मस नहीं हुई. बस खामोश बैठी आंसू बहाती रही. निस्संदेह वह कोई अहम बात छिपा रही थी. अपनी आंखें पोंछने के बाद उस ने कानों पर गिरे अपने बालों को पीछे किया तो मेरी निगाह उस के कान के झुमके पर पड़ी. मैं ने उस झुमके को गौर से देखा तो चौंका. इतनी देर में रजिया ने अपने कानों पर ओढ़नी डाल दी थी. मैं ने कहा, ‘‘बीबी, जरा कानों से ओढ़नी हटाओ.’’

वह मेरी बात नहीं समझी. जब मैं ने दूसरी बार गुस्से से कहा तो उस ने ओढ़नी हटाई. मैं ने आगे हो कर उस के झुमके का मुआयना किया. शक की कोई गुंजाइश नहीं थी. यह उस लौकेट के साथ का उसी डिजाइन का झुमका था जो जीते के गले में था. मैं ने पूछा, ‘‘बीबी, यह झुमका तुम्हें कहां से मिला?’’

‘‘मेरी शादी का है.’’ उस ने बताया.

‘‘मांबाप ने दिया था?’’

‘‘नहीं, ससुराल की तरफ से मिला था.’’

‘‘इस के साथ का और कोई जेवर भी है तुम्हारे पास?’’

‘‘जी नहीं, बस झुमके ही हैं.’’

‘‘देखो बीबी, मैं जो भी पूछूं, सचसच बताना वरना तुम सब बहुत बड़ी मुसीबत में फंस जाओगे.’’

रजिया मेरी बातों से पहले ही परेशान नजर आ रही थी. जब मैं ने मुसीबत की बात कही तो वह घबरा गई. कहने लगी, ‘‘पता नहीं, आप क्या पूछना चाहते हैं. बेहतर होगा आप मेरे शौहर से बात कर लें.’’

‘‘घबराने की कोई बात नहीं है. सच बोलोगी तो मैं हर तरह से मदद करूंगा. लेकिन झूठ बोला तो मैं तुम्हें नहीं बचा पाऊंगा.’’

उस के चेहरे का रंग पीला पड़ गया. वह ऐसे सिमट कर बैठ गई जैसे खुद में ही छिपने की कोशिश कर रही हो. मैं ने कहा, ‘‘इस झुमके के साथ का एक लौकेट मैं ने जीते के गले में देखा है. वह कहां से आया?’’

उस ने सिर झुका कर जवाब दिया, ‘‘वह लौकेट उसे मैं ने दिया था.’’

‘‘तुम्हारे शौहर को मालूम है?’’

‘‘जी नहीं.’’

‘‘क्या तुम यह जानती हो कि तुम्हारे शौहर के पास ये जेवर कहां से आए?’’

वह सादगी से बोली, ‘‘ये जेवर शादी से पहले के हैं.’’

मैं ने रजिया से कुछ सवाल और पूछे फिर उसे घर जाने की इजाजत देते हुए कहा कि न तो वह घर से बाहर कहीं जाएगी और न इस बात का जिक्र किसी से करेगी. वहां से फारिग हो कर मैं थाने पहुंचा. मैं ने थानेदार से कहा कि वह एक सिपाही भेज कर शेरू को बुलाए. साथ ही मैं ने एक एएसआई को यह कह कर भेज दिया कि वली खां जहां भी मिले उसे फौरन मेरे पास ले आए. लगभग आधे घंटे बाद एएसआई वली खां को ले आया. वह थोड़ी देर पहले ही थाने से गया था.

लौकेट का रहस्य – भाग 3

जीते के बारे में यह जानकारी मिलने के बाद मैं ने फैसला किया कि मुझे खुद ही जामनगर जा कर हकीकत मालूम करनी चाहिए. थाने का चार्ज मैं ने सबइंसपेक्टर नदीम को सौंपा और अगले दिन जामनगर के लिए रवाना हो गया.

जामनगर एक छोटा सा कस्बा था. मैं सीधा कस्बे के थाने में पहुंचा. वहां का थानेदार बख्शी मेरा पुराना दोस्त था. मैं ने उस से जीते के बाप सुरजीत के बारे में पूछा.

उस ने बताया कि वह सुरजीत को बहुत अच्छी तरह जानता है. वह निहायत ही शरीफ आदमी है और नीम वाली गली में रहता है. उस ने एक आदमी भेज कर नीम वाली गली से शेखू नाम के एक मुखबिर को बुलवा लिया. वह काफी होशियार आदमी था. इलाके के हर आदमी के बारे में उसे पूरी जानकारी थी. वह मुझे सुरजीत व उस के परिवार के बारे में बताने लगा.

उस की बातों से पता चला कि सुरजीत को नशे की लत है. उस ने शराबखोरी में अपनी पूरी जमीनजायदाद गंवा दी थी. इसी वजह से घर में क्लेश रहता था. सुरजीत अपने बेटे जीते से बहुत प्यार करता था. प्यार तो वह अपनी बीवी व छोटे बेटे से भी बहुत करता था, पर उस का जीते के साथ कुछ अधिक ही लगाव था.

लेकिन पिता की शराब की लत की वजह से जीता घर छोड़ कर अमृतसर आ गया था, ताकि पढ़लिख कर किसी काबिल बन जाए तो अपनी मां और छोटे भाई को भी अपने पास बुला ले.

शेखू ने जो कुछ बताया, उस के अनुसार नीम वाली गली में ही वली खां का घर था. वली खां का चौबारा सुरजीत के चौबारे से मिला हुआ था. दोनों परिवारों का एकदूसरे के घर काफी आनाजाना था. जब वली खां की शादी हुई, तब जीते की उम्र बमुश्किल 16 साल थी. उसे वली खां की बीवी रजिया से बहुत लगाव हो गया था. वली खां से भी उस की गहरी छनती थी. वह हर वक्त वली खां के घर में घुसा रहता था.

वक्त धीरेधीरे गुजरता रहा. हालांकि रजिया और वली खां की उम्र में खासा अंतर था. फिर भी कस्बे की बड़ी बूढि़यां उन पर अंगुली उठाने लगीं. उन्हें जीते का इस तरह रजिया से चिपके रहना पसंद नहीं था. सुरजीत ने बेटे को समझाया, पर वह बाज नहीं आया. मजबूरी में उसे उस के मामा के घर भेज दिया गया. साथ ही वली खां को भी समझा दिया गया कि वह अपनी जवान बीवी को इतनी आजादी न दे.

जीते के जाने के बाद यह मामला शांत हो गया. लेकिन थोड़े दिनों बाद जीते की मां बीमार पड़ गई. उस की देखभाल के लिए जीते को घर लौटना पड़ा. कुछ महीने बीमार रहने के बाद उस की मां चल बसी. मां की बीमारी और मौत के कारण जीते की पढ़ाई छूट गई. अब वह फिर से रजिया के घर में घुसा रहने लगा. उन्हीं दिनों वली खां रोजगार के सिलसिले में पेशावर चला गया. उस के जाने के बाद रजिया और भी आजाद हो गई.

फिर एक दिन पता चला कि रजिया ने जीते को धक्के दे कर घर से बाहर निकाल दिया और जीते ने गुस्से में नीला थोथा खा लिया. हकीम ने बड़ी मुश्किल से उस की जान बचाई थी. इस घटना से सभी हैरान थे. बाद में जो हकीकत सामने आई, वह यह थी कि जीते ने रजिया के साथ छेड़छाड़ की थी.

यह बात किसी तरह वली खां को भी पता चल गई थी. वह पहले ही लोगों की बातें सुनसुन कर भरा बैठा था. पेशावर से वापस आ कर वह जीते की जान के पीछे पड़ गया. फिर अचानक एक दिन जीता चुपचाप कहीं चला गया. काफी दिनों तक उस का कोई पता नहीं चला. बाद में किसी ने बताया कि वह अमृतसर में है.

जीते की पूरी कहानी सुनने के बाद मैं ने मुखबिर से पहला सवाल यह किया कि वली खां और उस की बीवी अब कहां है? उस ने बताया, ‘‘यहीं कस्बे में ही रहते हैं. वली खां अभी हफ्ता भर पहले ही पेशावर से आया है.’’

मैं ने पूछा, ‘‘मियांबीवी में इन दिनों कोई ताजा झगड़ा तो नहीं हुआ?’’

वह इनकार में सिर हिलाने लगा. फिर कुछ सोच कर बोला, ‘‘झगड़े से आप का क्या मतलब?’’

मैं ने कहा, ‘‘तुम मेरे मतलब की छोड़ो. जो कुछ तुम्हें पता है वह बताओ.’’

वह गहरी सांस ले कर बोला, ‘‘पिछले दिनों मुझे दीनू डाकिया मिला था. उस ने बताया कि वली खां के नाम कहीं से कुछ खत आते हैं. उन में वली खां और रजिया के नाम बड़ी गंदीगंदी गालियां लिखी होती हैं. वली खां इस बात से बहुत परेशान है.’’

मेरे दिमाग में बिजली सी कौंधी. मैं ने सोचा, खत कोई भी लिखता हो, लेकिन वली खां का ध्यान सब से पहले अपनी बीवी के आशिक जीते की तरफ ही गया होगा. उसे जीते का अमृतसर का पता भी मालूम था. संभव था उसी ने भाड़े के गुंडों से जीते को उठवा लिया हो. अगर वाकई ऐसा था तो जीते की जान को खतरा था.

मैं ने शेखू से पूछा, ‘‘क्या वली खां पेशावर से आने के बाद कस्बे से बाहर गया था?’’

वह कुछ देर सोचता रहा, फिर बोला, ‘‘मैं ठीक से नहीं बता सकता. पर इतना जानता हूं कि वह ज्यादातर अपने घर में ही रहता है. हां, कभीकभी अपने दोस्त शेरू के पास जरूर चला जाता है.’’

हम अभी बातें कर ही रहे थे कि एक सिपाही दौड़ता हुआ थाने आया और उस ने थानेदार को बताया, ‘‘जनाब, उधर नीम वाली गली में बड़ा हंगामा हो रहा है. जीता जख्मी हालत में पड़ा चीखपुकार कर रहा है.’’

मैं ने चौंक कर थानेदार बख्शी की ओर देखा. मेरा आशय समझ कर वह बोला, ‘‘आइए, चल कर देखते हैं.’’

हम थाने से निकल कर नीम वाली गली में पहुंचे. गली में लोगों का हुजूम लगा था. वे लोग किसी को संभालने की कोशिश कर रहे थे. मैं ने गौर से देखा, वह जीता ही था.  उस के होंठ सूजे हुए थे. चेहरे पर कई जगह नील निशान थे और खून रिस रहा था. उस की कमीज भी फटी हुई थी.

पुलिस को देख कर लोग हटने लगे. मुझे देख जीता गुहार लगाने लगा, ‘‘ये देखो थानेदारजी, क्या हाल किया है इन्होंने मेरा. मैं ने क्या बिगाड़ा है किसी का? क्यों लोग मुझे जीने नहीं देते?’’

थानेदार बख्शी ने पूछा, ‘‘तुम्हारी यह हालत किस ने की है?’’

जीते ने रोते हुए बताया, ‘‘मुझे वली खां और उस के गुंडों ने उठा लिया था. 5 दिन भूखाप्यासा बांध कर रखा.’’

उस ने अपना दायां हाथ दिखाया. उस की 3 अंगुलियां टूट गई थीं. पिंडलियों पर डंडों की मार के निशान थे, जहां से खून रिस रहा था.

मैं ने जीते को सांत्वना दे कर चुप करवाया और उसे भीड़ से निकाल कर थाने ले आया. वह बारबार एक ही बात कहे जा रहा था, ‘‘थानेदार साहब, मैं ने किसी को बदनाम नहीं किया. इन लोगों ने खुद ही बदनामी का इंतजाम किया है, मुझे अमृतसर से उठा लाए. 5 दिन बांध कर मेरी हड्डियां तोड़ते रहे. अब मैं भी वही करूंगा जो मेरा मन चाहेगा. मैं रजिया के बिना नहीं रह सकता. मैं उस से शादी करूंगा. अगर वह मुझे न मिली तो मैं उसी के दरवाजे पर खुदकुशी कर लूंगा.’’

थानेदार बख्शी ने उसे गुस्से से डांटा, ‘‘ओए मजनूं की औलाद, होश की दवा कर. अभी सारा भूत उतार दूंगा.’’

मैं ने थानेदार को इशारा कर के मना किया. क्योंकि जितना मैं इस मामले को जानता था, थानेदार बख्शी को पता नहीं था. वैसे भी जीता इस वक्त मुद्दई की हैसियत रखता था. उसे अगवा किया गया था. कैद में रख कर उसे यातनाएं दी गई थीं. मैं ने उस से घटना के बारे में पूछा तो उस ने बताया कि उसे टैक्सी में डाल कर पहले जालंधर ले जाया गया.

वहां रात भर रखने के बाद उसे जामनगर ला कर एक अंधेरे मकान में बंद कर दिया गया. फिर रस्सियों से बांध कर भूखाप्यासा रखा गया. वली खां और उस के दोस्त शेरू ने उसे बहुत मारा था. शायद वे लोग उसे जान से ही मार डालते, लेकिन आज सुबह वे कमरे की एक खिड़की बंद करना भूल गए. जीते ने किसी तरह लोहे की जाली तोड़ी और वहां से निकल भागा.

लौकेट का रहस्य – भाग 2

जगजीत उर्फ जीते की कहानी मैं ने गौर से सुनी. उस से कुछ सवाल पूछने के बाद मैं इस नतीजे पर पहुंचा कि उस की बातों में जरा भी झूठ की मिलावट नहीं है. कुसूर यकीनन उस लड़की का था. अब सवाल यह था कि खातेपीते रईस घर की लड़की ने आखिर हौकर से ही नजरें क्यों लड़ाईं?

मैं ने सोचा कि जब किसी लड़की का दिल किसी पर आता है तो वह ऊंचनीच नहीं देखती. हो सकता है बग्गा की बेटी के साथ भी यही रहा हो. जीते ने उस के प्रति जो बेरुखी दिखाई थी, वह उस से बेचैन हो गई होगी. संभव है उस ने अपने भाई की मोटरसाइकिल अपने किसी चाहने वाले से चोरी करवा दी हो. अगर ऐसा नहीं भी हुआ होगा तो उस ने मौके का फायदा उठाया होगा और मोटरसाइकिल चोरी होने पर जानबूझ कर शक की सुई जीते की ओर मोड़ दी होगी.

घटनास्थल देखने के बहाने मैं उसी दिन बग्गा की कोठी पर पहुंचा. मैं ने नौकरों और घर वालों से पूछताछ की. पम्मी भी वहीं मौजूद थी. वह खूबसूरत थी. साथ ही चालाक भी नजर आ रही थी. उस ने भी अपने बयान में वही बताया, जो उस के पिता और भाई ने बताया था.

अभी मैं कोठी में पूछताछ कर ही रहा था कि मोटरसाइकिल की पहेली हल हो गई. थाने से हवलदार बिलाल शाह चोरी की उसी मोटरसाइकिल पर सवार हो कर वहां आ गया. उस ने बताया कि मोटरसाइकिल नहर के पास से बरामद हुई है. चोर भी पकड़ा गया था. जीते ने ठीक ही कहा था. उसे सबक सिखाने के लिए पम्मी ने ही यह चोरी करवाई थी. कहने को तो यह केस यहीं खत्म हो गया था, पर हकीकत में खत्म नहीं हुआ था, बल्कि इस के बहाने एक नया मामला सामने आ गया था.

थाने आ कर जब मैं जीते को रिहा करने के लिए कागजी काररवाई कर रहा था, तभी जामातलाशी की एक चीज देख कर मैं बुरी तरह चौंका. मैं ने जीते को एक कागज पर दस्तखत करने के लिए कहा. वह दस्तखत करने के लिए मेज पर झुका तो उस के गले का लौकेट लटक कर मेरी आंखों के सामने लहराने लगा. हालांकि यह लौकेट जीते के गले में मैं पहले भी देख चुका था.

सोने के उस तिकोने लौकेट के बीचोबीच ‘ॐ’ बना हुआ था. उस के ऊपर वाले कोने पर एक लाल रंग का नग व नीचे के 2 कोनों पर सफेद नग जड़े थे. मुझे लगा कि उस लौकेट को मैं पहले भी कहीं देख चुका हूं. लेकिन याद नहीं आ रहा था कि कहां देखा है. मैं ने दिमाग पर जोर डाला तो सब कुछ याद आ गया.

करीब 5 साल पहले मेहता सेठ के घर डकैती पड़ी थी. इस डकैती में मेहता सेठ की गोली लगने से मौत हो गई थी. इस वारदात में कीमती जेवरात बच गए थे, क्योंकि वे तिजोरी के एक भीतरी खाने में पड़े थे. डकैतों ने केवल वही जेवर लूटे थे, जो मेहता की बीवी ने उस वक्त पहन रखे थे.

लूटे गए जेवरों में सोने की चूडि़यां, झुमके, लौकेट व एक अंगूठी थी. जो लौकेट लूटा गया था, उसी डिजाइन का एक लौकेट तिजोरी में रखा हुआ था. मेहता की बीवी ने वह लौकेट तिजोरी से निकाल कर मुझे दिखाते हुए बताया था कि जो लौकेट डाकू ले गए हैं, वह हूबहू ऐसा ही था.

तफ्तीश के लिए मैं उस लौकेट को मेहता की बीवी से ले आया था. बाद में वह लौकेट महीनों तक मेरी दराज में पड़ा रहा था. मैं ने उसे सैकड़ों बार देखा था. बाद में कोई सुराग न मिलने की वजह से इस केस की फाइल बंद कर दी थी और मैं ने लौकेट वापस लौटा दिया था.

गौर से देखने के बाद मैं ने जीते से पूछा, ‘‘जीते, बड़ा खूबसूरत लौकेट पहने हो. तुम्हारा ही है या किसी ने दिया है?’’

‘‘जी…हां, जी…नहीं…’’ उस ने घबरा कर हां और ना दोनों कहा तो मैं ने पूछा, ‘‘क्या मतलब, तुम्हारा नहीं है?’’

‘‘जी नहीं, यह मुझे राह चलते बाजार में पड़ा मिला था. यह कीचड़ से सना हुआ था. मैं ने धो कर काले धागे में डाल कर पहन लिया.’’

‘‘इस का मतलब यह तुम्हारे पास गैरकानूनी है?’’ मैं ने उस की आंखों में आंखें डाल कर कहा तो वह घबरा गया. अचानक उस का हाथ गले की तरफ बढ़ा. वह लौकेट उतारना चाहता था. मैं ने उसे रोकते हुए कहा, ‘‘अब रहने दो. लेकिन आइंदा ध्यान रखना कि गुमशुदा चीज मिलने का मतलब यह नहीं होता कि उसे अपने पास रख लिया जाए. तुम्हें पता है, गुमशुदा चीजों से कभीकभी काम के कई सुराग मिल जाते हैं.’’

बहरहाल, मैं ने उसे समझा कर वापस भेज दिया. चूंकि उस लौकेट को मैं ने पहचान लिया था, इसलिए यह जरूरी हो गया था कि मैं जीते की निगरानी करवाऊं. क्योंकि उस लौकेट से 5 साल पुरानी डकैती और हत्या का रहस्य खुल सकता था. मैं ने उस की निगरानी का काम बिलाल शाह को सौंप दिया. बिलाल शाह ने 4 रोज बाद मुझे बताया कि जीते और बग्गा की लड़की पम्मी का मामला अभी खत्म नहीं हुआ, बल्कि और भी ज्यादा भड़क गया है.

‘‘कैसे?’’ मैं ने पूछा तो बिलाल शाह ने बताया, ‘‘सच्ची बात छिपी नहीं रहती है जी. जीते ने तो उसी दिन से बग्गा के घर अखबार डालना बंद कर दिया था. अब तो वह उस इलाके में भी नहीं जाता. लेकिन बग्गा की लड़की बड़ी तेज निकली. परसों शाम वह उस के बुकस्टाल पर जा धमकी. बुकस्टाल पर जीते का कोई बुजुर्ग रिश्तेदार बैठता है. उस के सामने वह जीते को खींच कर अपने साथ ले गई. एक होटल में उस ने चाय वगैरह मंगवाई और जीते के सामने रो कर कहने लगी कि उस से बहुत बड़ी गलती हो गई है और वह माफी चाहती है.

वह किसी भी तरह से जीते का पीछा नहीं छोड़ना चाहती थी. आखिर जीते ने अपना पीछा छुड़ाने के लिए हाथ जोड़ कर कहा, ‘‘बीबी, मैं ने तुझे माफ किया. मेरे वाहेगुरु ने भी तुझे माफ किया.’’

लेकिन यह बात छिपी नहीं रह सकी. बग्गा के बेटे के एक दोस्त ने दोनों को देख लिया था. उस ने जा कर यह बात पम्मी के भाई को बता दी. उस का भाई अपने दोस्तों के साथ बुकस्टाल पर पहुंचा और जीते को उठा कर एक पार्क में ले गया. उस ने धमकी दी कि वह अपनी खैरियत चाहता है तो शहर छोड़ कर चला जाए. लेकिन बात यहीं खत्म नहीं हुई. आज सवेरे कुछ लोगों ने जीते को अगवा कर लिया है.’’

जीते का गायब होना मामूली बात नहीं थी. उस से बड़ी बात यह थी कि उस के गले में वह लौकेट था, जो देरसवेर मुझे 5 साल पुरानी डकैती की वारदात का सुराग दे सकता था. मैं ने पम्मी और उस के भाई को बुला कर पूछताछ की. पम्मी के भाई ने स्वीकार किया कि उस ने जीते को धमकी जरूर दी थी, पर उस के अपहरण के बारे में उसे कोई जानकारी नहीं है.

मैं ने जीते के रिश्तेदार से भी इस के बारे में जानकारी एकत्र करने की नीयत से कुरेद कुरेद कर सवाल पूछे. उस ने बताया कि जीते ने किसी वजह से नाराज हो कर अपना घर छोड़ा था और उस का वापस जाने का कोई इरादा नहीं था. साथ ही यह भी कि वह यहीं अपनी पढ़ाई पूरी कर के सरकारी नौकरी करना चाहता था. वैसे वह अच्छे खातेपीते घर का है, पर इन दिनों उस का परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहा है. उस के पिता जामनगर में ही क्लर्क की नौकरी करते हैं.

लौकेट का रहस्य – भाग 1

उस दिन सुबह जब मैं थाने पहुंचा तो थाने के अहाते में काले रंग की एक कार खड़ी हुई थी. कार के पास 4 लोग खड़े थे, जिन में एक ड्राइवर था. सलामदुआ के बाद अधेड़ व्यक्ति ने अपना  नाम महेश बग्गा बताया. महेश बिजनैसमैन थे और शहर के बाहर अजनाला रोड पर उन की सरिया मिल थी.

अमृतसर के पौश इलाके सिविल लाइंस में उन की आलीशान कोठी थी. उन्होंने बताया कि आज सुबह कोठी से उन के बेटे की नई मोटरसाइकिल चोरी हो गई है. उन का 22-23 साल का वह खूबसूरत जवान बेटा भी साथ था, जिस की मोटरसाइकिल चोरी हुई थी.

उस ने कहा, ‘‘मैं सैर पर जाने के लिए सुबह 5 बजे उठ जाता हूं. आज उठ कर जाने के लिए तैयार हुआ तो गैराज में मोटरसाइकिल नहीं थी. मैं ने घर वालों से पूछा, पर किसी को कुछ पता नहीं था. पड़ोसी ने बताया कि उस ने सुबह करीब पौने 5 बजे मोटरसाइकिल स्टार्ट होने की आवाज सुनी थी.’’

उस ने आगे बताया, ‘‘हमारे यहां हौकर सुबह 5 बजे अखबार डालता है. वह ज्यादातर बाहर से ही अखबार फेंकता था. पिछले कई दिनों से बारिश हो रही थी, इसलिए मैं ने दादीजी से कहा था कि वह सुबह पूजापाठ के लिए उठती हैं तो अंदर से दरवाजा खोल दिया करें, ताकि हौकर अखबार अंदर आ कर बरामदे में डाल सके. वह ऐसा ही करने लगा था.

आज का अखबार बरामदे में पड़ा हुआ था. इस का मतलब करीब 5 बजे हौकर जीता अंदर आया था. मेरी बहन पम्मी का कहना है कि चंद रोज पहले वह मोटरसाइकिल पर झुका हुआ कुछ कर रहा था. उसे देख कर वह ठिठक गया था.

झेंप कर कहने लगा, ‘पैट्रोल गिर रहा था, मैं ने बंद कर दिया है.’ लेकिन जब पम्मी ने देखा तो वहां पैट्रोल गिरने का कोई निशान नहीं था. पम्मी ने उसी दिन मुझ से कहा भी था, ‘भैया, मोटरसाइकिल नई है, अंदर रखा करें.’ मगर मैं ने ही ध्यान नहीं दिया था.’’

मामला कोई खास नहीं था. मैं ने बग्गा और उस के बेटे की तहरीर पर कच्ची रिपोर्ट लिखा दी और 2 सिपाहियों को इस निर्देश के साथ भेज दिया कि न्यूज एजेंसी जा कर हौकर जीते का पता करें. आधे घंटे बाद दोनों सिपाही जीते को थाने ले आए.

जगजीत उर्फ जीता 17-18 साल का खूबसूरत लड़का था. वह नजरें झुका कर मेरे सामने खड़ा हो गया. वह बेहद डरा हुआ था. मैं ने उस से नामपता पूछा तो उस ने बताया कि वह कस्बा जामपुर का रहने वाला है और यहां अमृतसर में अपने एक दूर के रिश्तेदार के पास रहता है. सुबह कालेज जाता है, शाम को बच्चों को ट्यूशन पढ़ाता है और तड़के अखबार बांटता है.

मैं ने आवाज को थोड़ी सख्त कर के उस से पूछा, ‘‘जीते, तुम ने आज सुबह बग्गा साहब की कोठी से जो मोटरसाइकिल उठाई है, वह कहां है?’’

वह हकला कर बोला, ‘‘इंसपेक्टर साहब, यह आप क्या कह रहे हैं? यह मुझ पर सरासर झूठा इलजाम है. मैं मेहनतमजदूरी कर के चार पैसे कमाता हूं और अपनी पढ़ाई करता हूं.’’

मैं अभी जीते से बात कर ही रहा था कि न्यूज एजेंसी का मालिक और उस का वह रिश्तेदार भी आ गया, जिस के पास वह रहता था. मैं ने उन से कहा, ‘‘इस की खैरियत चाहते हो तो चोरी का माल बरामद करवा दो, वरना सब को रगड़ा लगेगा.’’

लेकिन मेरे डरानेधमकाने के बावजूद भी कोई नतीजा नहीं निकला. जीते ने स्वीकार किया कि वह 5 बजे के करीब कोठी में अखबार डालने के लिए दाखिल जरूर हुआ था, लेकिन उस ने मोटरसाइकिल को छुआ तक नहीं था. उस ने यह भी बताया कि उस वक्त मोटरसाइकिल अपनी जगह मौजूद थी.

पूछताछ में यह बात सामने आई कि जीता पिछले 4-5 दिनों से पैदल घूम कर अखबार डाल रहा था. यह बात शक पैदा करने वाली थी. मैं ने इस की वजह पूछी तो जीते की जगह उस का रिश्तेदार बोला, ‘‘इस की साइकिल कई दिनों से खराब पड़ी है जी, इसलिए इसे पैदल घूमना पड़ता है.’’

मैं ने एक हवलदार से कहा कि वह जीते को ले जा कर थोड़ा शक दूर कर ले. हवलदार ने हवालात में ले जा कर जीते के कसबल निकाल दिए. हवलदार जब उसे मेरे सामने लाया तो वह बुरी तरह कांप रहा था. उस ने हाथ जोड़ कर मुझ से कहा, ‘‘साहब, मैं आप से अकेले में बात करना चाहता हूं.’’

मैं समझ गया कि वह बग्गा और उस के बेटे से कुछ छिपाना चाहता है. इसलिए मैं ने उसे हवालात में भेज दिया, ताकि उस से वहीं बात कर सकूं.

करीब एक घंटा बाद मैं ने जीते से पूछताछ की. उस की आंखों में मर्दाना कशिश थी. डीलडौल भी अच्छा था. अगर उस का संबंध किसी रईस घर से होता, जिस्म पर अच्छा लिबास होता तो राह चलती औरतें उसे मुड़ कर जरूर देखतीं.

वह कहने लगा, ‘‘साहब, मैं गरीब इंसान हूं. सच भी बोलूंगा तो लोग झूठ समझेंगे. लेकिन मेरी जो बेइज्जती हुई है, उस से मेरा मन खून के आंसू रो रहा है. इसलिए अब मैं कुछ नहीं छिपाऊंगा. पिछले 2-3 महीनों से बग्गा साहब की लड़की पम्मी मेरे साथ अश्लील हरकतें कर रही थी. जब मैं सुबह लगभग 5 बजे अखबार फेंकने जाता था, तब वह पायजामा बनियान पहने अपने घर के पार्क में एक्सरसाइज करती मिलती थी.

उस वक्त मुझे दूसरे घरों में अखबार डालने की जल्दी होती थी, लेकिन वह बेवजह की कोई न कोई बात छेड़ कर मुझे रोक लेती थी. बाद में उस ने मुझे फूल देने शुरू कर दिए. वह शरारत करती और फिर बेवजह हंसती रहती. मैं उस से जितना बचने की कोशिश करता था, वह उतना ही सिर चढ़ती जा रही थी. मैं डरता था कि कहीं किसी दिन कोई मुसीबत खड़ी न हो जाए. आखिर वही हुआ, जिस का मुझे डर था.’’

मैं ने कहा, ‘‘मैं समझा नहीं, क्या तुम यह कहना चाहते हो कि तुम्हें फंसाया जा रहा है?’’

‘‘हां साहब, यही कहना चाहता हूं. मुझे नहीं मालूम कि मोटरसाइकिल चोरी हुई है या नहीं. लेकिन पम्मी ने मुझ पर यह जो इलजाम लगाया है कि कुछ रोज पहले मैं मोटरसाइकिल से छेड़छाड़ कर रहा था, बिलकुल गलत है. ऐसा लगता है, मुझे दोषी ठहराने में पम्मी का ही हाथ है. हो सकता है, उस ने अपने किसी चाहने वाले से मोटरसाइकिल गायब करवा दी हो.’’

‘‘तुम यकीन के साथ ऐसा कैसे कह सकते हो?’’

उस ने इधरउधर देखा, फिर संभल कर बोला, ‘‘साहब, कहना नहीं चाहिए पर वह लड़की बहुत तेज है. पिछले इतवार को उस का भाई सैर के लिए नहीं निकला था. इसलिए वह बड़ी निडर दिख रही थी.

मैं अंदर अखबार डालने गया तो वह पिछले लौन की तरफ से आ गई. कहने लगी, ‘सिर्फ अखबार ही बेचते हो या वहां कुछ जानपहचान भी है?’

मैं ने जवाब में कहा, ‘हां, थोड़ीबहुत जानपहचान है.’ इस पर वह मुझे एक फोटो दिखाते हुए बोली, ‘मेरी सहेली की है, इसे अखबार में छपवा दो.’

वह एक औरत की अर्धनग्न तसवीर थी. शायद उस ने किसी मैगजीन से काटी थी. मैं ने उस की तरफ देखा तो वह शरारत से मुसकरा रही थी. मैं ने उस से कहा, ‘‘आप पढ़ीलिखी अच्छे घर की लड़की हैं. ऐसी हरकत करते हुए आप को शरम आनी चाहिए.’’

इस पर वह छूटते ही बोली, ‘‘सारी शरम तो तुम जैसे लड़के ले गए. लड़कियों के लिए कुछ बचा ही नहीं.’’

मैं वापस जाने लगा तो वह पीछे से मेरी कमीज पकड़ कर बोली, ‘‘बड़े नखरे हैं तुम्हारे. बातें तो बड़ीबड़ी करते हो, एक छोटी सी तसवीर नहीं छपवा सकते.’’

मैं ने उस से कहा, ‘‘अपने पिताजी को दे देना, वह बड़े आदमी हैं, छपवा देंगे.’’

मेरी बात सुन वह गुस्से से लाल हो कर मुझे घूरने लगी. फिर बदतमीज कह कर पांव पटकती हुई वहां से चली गई. मैं ने सोचा था कि महीना पूरा होते ही वहां अखबार डालना छोड़ दूंगा, लेकिन इस से पहले ही यह मामला हो गया.

कागज के टुकड़े की चोरी – भाग 7

निक ने अर्थपूर्ण अंदाज में सिर हिलाया और मेज से पेपर कटर उठा कर सेल को खोलने की कोशिश करने लगा. उसे ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ी. सेल के ऊपर वाला हिस्सा किसी ढक्कन की तरह खुल गया. उस के अंदर मखमल के एक टुकड़े में लिपटे हुए हीरे थे. अंधेरे के बावजूद उन के अंदर से रंग बिरंगी किरणें निकल रही थीं.

इस का मतलब माइकल हीरे स्मगल करता था और गिलबर्ट उस के काम में उस की मदद करता था. निक ने कीमती पत्थर कपडे़ के टुकड़े में लपेट कर सेल में बंद कर दिए और सेल डिब्बे में बंद कर के पिछले दरवाजे से बाहर निकल गया.

गली में पहुंच कर उस ने घड़ी पर नजर डाली तो 10 बज कर 22 मिनट हुए थे. वह वापस जा कर अपनी कार में बैठ कर इंतजार करने लगा. 11 बजने में 5 मिनट पर वह कार से निकल कर पास के फोन बूथ में घुस गया. उस ने सीधे पुलिस हेडक्वार्टर का नंबर मिलाया.

फोन रिसीव होते ही उस ने कहा, ‘‘मैं एक स्मगलिंग केस की मुखबिरी करना चाहता हूं. 15 कोस्ट रोड पर कमोडोर रेस्टोरेंट के ऊपर एक छोटे से औफिस में स्मगल किए हुए हीरे मौजूद हैं.’’

‘‘हैलो, कौन बोल रहे हैं?’’ दूसरी ओर से पूछा गया तो वह बात खत्म करते हुए बोला, ‘‘15 कोस्ट रोड, कमोडोर रेस्टोरेंट के ऊपर. मेरे नाम की चिंता मत करो.’’

उस ने फोन बंद किया और दोबारा गली में दाखिल हो गया. इस बार गिलबर्ट सीढि़यों पर खड़ा उस का इंतजार कर रहा था.

‘‘हैलो, मिस्टर वेलवेट,’’ उस ने मुस्कराते हुए कहा, ‘‘तुम बिलकुल ठीक समय पर पहुंचे हो, आओ ऊपर औफिस में बैठ कर बात करते हैं.’’

निक ने जेब से कागज निकाल कर उस की ओर बढ़ाया, ‘‘यह रहा तुम्हारा कागज जो तुम्हें चाहिए था.’’ उस ने कहा, ‘‘मैं जरा जल्दी में हूं, मुझे यहीं से फ्री कर दो. समय मिला तो फिर मुलाकात होगी, बाकी के पैसे कहां हैं?’’

गिलबर्ट ने कागज उस के हाथ से झपट लिया और जेब से पिस्तौल निकालते हुए बोला, ‘‘तुम इतनी आसानी के साथ मुझे उल्लू नहीं बना सकते मिस्टर वेलवेट, तुम भी जानते हो और मैं भी जानता हूं कि यह कागज किसी बदमाश ने तुम से नहीं छीना था. लिहाजा डबल फीस का कोई सवाल ही पैदा नहीं होता.’’

‘‘तो इस में इतना उग्र होने की क्या जरूरत है? तुम पिस्तौल दिखाए बिना भी यह बात कर सकते थे, मिस्टर पाल गिलबर्ट.’’

अपना असल नाम सुन कर वह चौंकते हुए बोला, ‘‘यह… यह नाम तुम्हें कैसे मालूम हुआ?’’

‘‘मुझे इस के अलावा भी बहुत कुछ मालूम है.’’ निक ने कहा, ‘‘उदाहरण के तौर पर इस समय तुम्हारे औफिस में एक कार्ड बोर्ड का डिब्बा रखा हुआ है जिस में टार्च सेल हैं. लेकिन कुछ सेल खोखले हैं और उन के अंदर हीरे भरे हुए हैं. इस के अलावा मुझे यह भी मालूम है कि यह हीरे मिस्टर माइकल के लिए स्मगल किए गए हैं.

रद्दी सा दिखाई देने वाला यह कागज लाखों डौलर के कीमती हीरों की रसीद है. कल जब माइकल तुम से डिब्बे के बारे में पूछेगा तो तुम उसे यह रसीद दिखा कर कहोगे कि उस का आदमी रसीद दे कर डिब्बा ले गया है. यह सुन कर वह बेचारा सिर पीट लेगा और इस तरह तुम उन कीमती हीरों के मालिक बन जाओगे.’’

‘‘तुम जरूरत से ज्यादा जान गए हो मिस्टर वेलवेट.’’ गिलबर्ट फुंफकारा, ‘‘तुम मेरे लिए खतरनाक साबित हो सकते हो, चलो ऊपर.’’

तभी रात के सन्नाटे में पुलिस सायरन की आवाज सुनाई दी.

‘‘मेरा खयाल है, पुलिस इसी तरफ आ रही है.’’ निक ने कहा.

गिलबर्ट के चेहरे पर बौखलाहट उतर आई. वह बोला, ‘‘क्…क्… क्या पुलिस को तुम ने फोन किया है?’’

‘‘यह बात तो पुलिस वाले ही बता सकते हैं कि उन्हें किस ने फोन किया है.’’ निक ने लापरवाही से कहा, ‘‘क्यों न उन्हीं से पूछ लिया जाए?’’

सायरन की आवाज से पता लग रहा था कि पुलिस की गाडि़यां रेस्टोरेंट के सामने पहुंच कर रुक चुकी हैं. गिलबर्ट ने बौखलाहट के साथ इधरउधर देखा. इस मौके का फायदा उठाते हुए निक ने उस की कलाई पर कराटे का एक भरपूर हाथ मारा और उस की पिस्तौल छीन ली. फिर उस ने गोलियों निकाल कर जेब में डाल लीं और पिस्तौल वापस उस के हाथ में दे दी.

‘‘भागने का कोई फायदा नहीं होगा मिस्टर गिलबर्ट, पुलिस ज्यादा से ज्यादा चौबीस घंटे के अंदर तुम्हें ढूंढ निकालेगी. तुम्हें ही नहीं माइकल को भी. मैं उस के बारे में भी जानता हूं. जहां तक मेरा सवाल है, मैं 20 हजार डौलर का नुकसान बर्दाश्त कर लूंगा.’’ फिर वह गिलबर्ट को सीढि़यों पर हैरान खड़ा छोड़ कर वापस चल दिया.

कागज के टुकड़े की चोरी – भाग 6

निक अब दिन भर खाली था. वह गिलोरिया को एक बेहतरीन होटल में खाना खिलाने ले गया. शाम को दोनों एक संगीत के प्रोग्राम में चले गए. जो रात के 9 बजे तक चलता रहा. अपार्टमेंट पहुंच कर उस ने कमोडोर रेस्टोरेंट में फोन किया. इत्तफाक से दूसरी ओर मिसेज गिलबर्ट ने ही फोन उठाया.

‘‘मैं निकोलस बोल रहा हूं.’’ निक ने कहा, ‘‘मैं ने मिस्टर माइकल से बात की थी. उस ने मुआवजे की रकम दोगुनी कर दी है. यानि 2 हजार.’’

‘‘लेकिन मैं ने 3 हजार की मांग की थी.’’

‘‘तुम 3 के बजाय 30 हजार की मांग भी कर सकती थीं. लेकिन माइकल का कहना है कि वह 2 हजार से ज्यादा नहीं दे सकता. अगर तुम्हें मंजूर हो तो बोलो वरना आइंदा के लिए हम कहीं और इंतजाम कर लेंगे.’’

‘‘ठीक है.’’ मिसेज गिलबर्ट ने दुखी मन से कहा, ‘‘फिलहाल 2 हजार ही ठीक हैं.’’

‘‘जहाज के बारे में क्या रिपोर्ट है?’’

निक ने महसूस किया कि मिसेज गिलबर्ट ने जवाब देने में कुछ हिचकिचाहट दिखाई. वह गंभीर हो कर बोली, ‘‘जहाज शेड्यूल से पहले पहुंच गया है. पैकेज थोड़ी देर पहले ही मिला है, लेकिन डिलिवरी के लिए तुम्हें कल तक इंतजार करना पड़ेगा.’’

‘‘कल तक क्यों?’’

‘‘मुझे नहीं मालूम. सच पूछो तो पाल ने मुझे पैकेज के बारे में बताने से भी मना किया था.’’

‘‘हमें भी कोई खास जल्दी नहीं है.’’ निक ने कहा, ‘‘कल किसी समय सही.’’

‘‘सुनो, पाल से इस बात का जिक्र मत करना.’’

‘‘नहीं करूंगा, वैसे गिलबर्ट इस वक्त कहां है?’’

‘‘ऊपर औफिस में बैठा है.’’

‘‘क्या इसी फोन पर संपर्क किया जा सकता है?’’

‘‘नहीं, उस के कमरे में दूसरा फोन है?’’

पूछने पर मिसेज गिलवर्ट ने अपने पति के फोन का जो नंबर बताया उसे सुन कर निक का यह शक यकीन में बदल गया कि पाल गिलबर्ट और नारमन वास्तव में एक ही व्यक्ति के 2 नाम हैं. नारमन ने भी उसे वही फोन नंबर दिया था. उस ने फोन बंद कर दिया और नारमन यानी पाल गिलबर्ट को फोन करने के बारे में सोचने लगा. उसे मालूम था कि वह बेचैनी से उस के फोन का इंतजार कर रहा होगा.

वादे के अनुसार उसे रात के 12 बजे से पहले पहले कागज उस तक पहुंचाना था. वह अभी सोच ही रहा था कि फोन की घंटी बजी. उस ने फोन उठा कर अपना नाम बताया.

‘‘मिस्टर वेलवेट, मैं नारमन बोल रहा हूं.’’

‘‘हैलो नारमन, मैं तुम्हें फोन करने के बारे में ही सोच रहा था.’’

‘‘आज 15 तारीख है, तुम्हारा क्या इरादा है?’’

‘‘इरादा बिलकुल नेक है. काम हो गया है, बाकी रकम के साथ ठीक 11 बजे पार्क एवेन्यू स्थित बरकले होटल में पहुंच जाओ.’’

‘‘नहीं मिस्टर वेलवेट, इस बार मैं कोई खतरा मोल नहीं लेना चाहता. तुम ऐसा करो कि मेरे औफिस आ जाओ. मेरा औफिस 15 कोस्ट रोड पर स्थित कमोडोर रेस्टोरेंट के बिल्कुल ठीक ऊपर, सीढि़यों के पीछे गली में है. ठीक 11 बजे मैं सीढि़यों पर तुम्हारा इंतजार करूंगा. और देखो अपनी गाड़ी गली के कोने पर खड़ी करना.’’

‘‘ठीक है मिस्टर नारमन,’’ निक ने कहा, ‘‘उम्मीद है, इस बार कोई गड़बड़ नहीं होगी.’’

फोन बंद करने के बाद निक ने घड़ी पर नजर डाली. 10 बजने में 5 मिनट थे. उस ने दराज से रिवाल्वर निकाल कर जेब में रखा और फौरन रवाना हो गया. वह गिलबर्ट को तैयारी का मौका नहीं देना चाहता था.

10 बज कर 10 मिनट पर वह पाल गिलबर्ट के औफिस की सीढि़यां चढ़ रहा था. वहां मद्धिम रोशनी का बल्ब जल रहा था. निक को मालूम था कि औफिस का असल रास्ता रेस्टोरेंट के अंदर से है. जाहिर था कि गिलबर्ट इस मामले को अपनी बीवी से छुपा कर रखना चाहता था. इसीलिए उस ने निक को पिछले रास्ते से बुलाया था. सीढि़यों के अंत में एक गैलरी थी जिस के समाने केवल एक दरवाजा था. निक दरवाजा खटखटा कर इंतजार करने लगा. उस का दायां हाथ कोट की जेब में रिवाल्वर के दस्ते पर था.

कुछ पलों के बाद उस ने दोबारा दरवाजा खटखटाया और चाभी के छेद से अंदर झांका. कमरे में अंधेरा था. इस का मतलब गिलबर्ट या तो रेस्टोरेंट में था या कोई खास इंतजाम करने गया था. निक ने जेब से चाभियों का एक बड़ा गुच्छा निकाला और ताले पर जोर आजमाइश करने लगा.

3 मिनट की कोशिश के बाद वह ताला खोलने में कामयाब हो गया. वह सावधानीपूर्वक दरवाजा खोल कर अंदर दाखिल हुआ और अंदर से दरवाजा बंद कर दिया. खिड़की के रास्ते आने वाली रोशनी के कारण कमरे में हल्का सा प्रकाश फैला हुआ था. निक कुछ पलों तक सांस रोके दरवाजे के साथ खड़ा रहा. फिर सावधानी के साथ आगे बढ़ा.

कमरा ज्यादा बड़ा नहीं था. अंदर एक औफिस टेबल, एक अलमारी, एक रैक, कुछ कुर्सियां और कुछ छोटीमोटी चीजों के साए नजर आ रहे थे. मेज के पीछे कोने में कार्ड बोर्ड का एक डिब्बा रखा था. निक ने डिब्बा खोल कर देखा, उस के अंदर छोटेछोटे डिब्बे थे. उस ने एक डिब्बा उठा कर खोला तो उस के अंदर टार्च में इस्तेमाल होने वाली बैटरी सेल थे. हर डिब्बे में एक दर्जन सेल. निक ने ऊपर के चंद डिब्बे हटा कर नीचे देखा, लेकिन कोई और चीज नजर नहीं आई. उस ने कंधे उचकाए और डिब्बे वापस रखने लगा.

तभी अचानक उसे महसूस हुआ कि नीचे वाले एक डिब्बे का वजन काफी कम है. उसे इस बात का अहसास अंधेरे की वजह से हुआ था. उसे लगा कि या तो उस डिब्बे में कोई और चीज है या सेल पूरे नहीं हैं. उस ने डिब्बा खोल कर देखा तो उस में सेल ही थे और वह भी पूरे बारह. लेकिन उस डिब्बे का वजन दूसरे डिब्बों से कम था. उस ने एक सेल नीचे वाले डिब्बे से निकाला और एक ऊपर वाले से. फिर दोनों को हाथों में ले कर जांचा, तो नीचे वाले डिब्बे के सेल का वजन कम था.

क्या सच में पाल और नारमन एक ही व्यक्ति थे? क्या छिपा रहा था पाल अपनी पत्नी से? जानने के लिए पढ़ें हिंदी क्राइम स्टोरी का अगला भाग…