मंदिर में बाहुबल-भाग 4 : पाठक परिवार की दबंगई

इस घटना के बाद मुलायम सिंह नाराज हो गए, लेकिन दबंग नेता की छवि बना चुके कमलेश पाठक के आगे उन की नाराजगी ज्यादा दिन टिक न सकी. सन 2007 में नेताजी ने उन्हें पुन: टिकट दे दिया, लेकिन कमलेश दिबियापुर विधानसभा सीट से हार गए.

साल 2009 में कमलेश पाठक ने जेल में रहते सपा के टिकट पर अकबरपुर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा पर हार गए. इस के बाद उन्होंने साल 2012 में सिकंदरा विधानसभा से चुनाव लड़ा, पर इस बार भी हार गए.

हारने के बावजूद वर्ष 2013 में कमलेश पाठक को राज्यमंत्री का दरजा दे कर उन्हें रेशम विभाग का अध्यक्ष बना दिया गया. इस के बाद 10 जून 2016 को समाजवादी पार्टी से उन्हें विधान परिषद का सदस्य बना कर भेजा. वर्तमान में वह सपा से एमएलसी थे. सपा सरकार के रहते कमलेश पाठक ने अपनी दबंगई से अवैध साम्राज्य कायम किया.

उन्होंने ग्राम समाज के तालाबों तथा सरकारी जमीनों पर कब्जे किए. उन्होंने पक्का तालाब के पास नगरपालिका की जमीन पर कब्जा कर गेस्टहाउस बनवाया. साथ ही औरैया शहर में 2 आलीशान मकान बनवाए. अन्य जिलों व कस्बों में भी उन्होंने भूमि हथियाई. जिले का कोई अधिकारी उन के खिलाफ जांच करने की हिम्मत नहीं जुटा पाता था. कमलेश की राजनीतिक पहुंच से उन के भाई संतोष व रामू भी दबंग बन गए थे. दबंगई के बल पर संतोष पाठक ब्लौक प्रमुख का चुनाव भी जीत चुका था. दोनों भाइयों का भी क्षेत्र में खूब दबदबा था. सभी के पास लाइसैंसी हथियार थे.

कमलेश पाठक की दबंगई का फायदा उन के भाई ही नहीं बल्कि शुभम, कुलदीप तथा विकल्प अवस्थी जैसे रिश्तेदार भी उठा रहे थे. ये लोग कमलेश का भय दिखा कर शराब के ठेके, सड़क निर्माण के ठेके तथा तालाबों आदि के ठेके हासिल करते और खूब पैसा कमाते. ये लोग कदम दर कदम कमलेश का साथ देते थे और उन के कहने पर कुछ भी कर गुजरने को तत्पर रहते थे. कमलेश पाठक ने अपनी दबंगई के चलते धार्मिक स्थलों को ही नहीं छोड़ा और उन पर भी अपना आधिपत्य जमा लिया. औरैया शहर के नारायणपुर मोहल्ले में स्थित प्राचीन पंचमुखी हनुमान मंदिर पर भी कमलेश पाठक ने अपना कब्जा जमा लिया था. साथ ही वहां अपने रिश्तेदार वीरेंद्र स्वरूप पाठक को पुजारी नियुक्त कर दिया था. कमलेश की नजर इस मंदिर की एक एकड़ बेशकीमती भूमि पर थी.

इसी नारायणपुरवा मोहल्ले में पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास शिवकुमार उर्फ मुनुवां चौबे का मकान था. इस मकान में वह परिवार के साथ रहते थे. उन के परिवार में पत्नी के अलावा 2 बेटे संजय, मंजुल और 3 बेटियां रश्मि, रुचि तथा रागिनी थीं. तीनों बेटियों तथा संजय की शादी हो चुकी थी.

मुनुवां चौबे मोहल्ले के सम्मानित व्यक्ति थे. धर्मकर्म में भी उन की रुचि थी. वह हर रोज पंचमुखी हनुमान मंदिर में पूजा करने जाते थे. पुजारी वीरेंद्र स्वरूप से उन की खूब पटती थी. पुजारी मंदिर बंद कर चाबी उन्हीं को सौंप देता था.

मुनुवां चौबे का छोटा बेटा मंजुल पढ़ाई के साथसाथ राजनीति में भी रुचि रखता था. उन दिनों कमलेश पाठक का राजनीति में दबदबा था. मंजुल ने कमलेश पाठक का दामन थामा और राजनीति का ककहरा पढ़ना शुरू किया. वह समाजवादी पार्टी के हर कार्यक्रम में जाने लगा और कई कद्दावर नेताओं से संपर्क बना लिए. कमलेश पाठक का भी वह चहेता बन गया.

मंजुल औरैया के तिलक महाविद्यालय का छात्र था. वर्ष 2003 में उस ने कमलेश पाठक की मदद से छात्र संघ का चुनाव लड़ा और जीत हासिल की. इस के बाद मंजुल ने अपनी ताकत बढ़ानी शुरू कर दी. उस ने अपने दर्जनों समर्थक बना लिए. अब उस की भी गिनती दबंगों में होने लगी. इसी महाविद्यालय से उस ने एलएलबी की डिग्री हासिल की और औरैया में ही वकालत करने लगा.

मंजुल के घर के पास ही उस के चाचा अरविंद चौबे रहते थे. उन के बेटे का नाम आशीष तथा बेटी का नाम सुधा था. मंजुल की अपने चचेरे भाईबहन से खूब पटती थी. सुधा पढ़ीलिखी व शिक्षिका थी. पर उसे देश प्रदेश की राजनीति में भी दिलचस्पी थी.

मंजुल की ताकत बढ़ी तो कमलेश पाठक से दूरियां भी बढ़ने लगीं. ये दूरियां तब और बढ़ गईं, जब मंजुल को अपने पिता से पता चला कि कमलेश पाठक मंदिर की बेशकीमती भूमि पर कब्जा करना चाहता है. चूंकि मंदिर मंजुल के घर के पास और उस के मोहल्ले में था, इसलिए मंजुल व उस का परिवार चाहता कि मंदिर किसी बाहरी व्यक्ति के कब्जे में न रहे. वह स्वयं मंदिर पर आधिपत्य जमाने की सोचने लगा. पर दबंग कमलेश के रहते, यह आसान न था.

16 मार्च, 2020 को थाना कोतवाली पुलिस ने अभियुक्त कमलेश पाठक, रामू पाठक, संतोष पाठक, अवनीश प्रताप, लवकुश उर्फ छोटू तथा राजेश शुक्ला को औरैया कोर्ट में सीजेएम अर्चना तिवारी की अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें इटावा जेल भेज दिया गया.

दूसरे रोज बाहुबली कमलेश पाठक को आगरा सेंट्रल जेल भेजा गया. रामू पाठक को उरई तथा संतोष पाठक को फिरोजाबाद जेल भेजा गया. लवकुश, अवनीश प्रताप तथा राजेश शुक्ला को इटावा जेल में ही रखा गया. 18 मार्च को पुलिस ने अभियुक्त कुलदीप अवस्थी, विकल्प अवस्थी तथा शुभम को भी गिरफ्तार कर लिया. उन्हें औरैया कोर्ट में अर्चना तिवारी की अदालत मे पेश कर जेल भेज दिया गया.

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

मंदिर में बाहुबल-भाग 3 : पाठक परिवार की दबंगई

गठित पुलिस टीमों ने आधी रात को भड़ारीपुर गांव, बनारसीदास मोहल्ला तथा विधिचंद्र मोहल्ला में छापा मारा और 6 नामजद अभियुक्तों को मय असलहों के धर दबोचा.

सभी को औरैया कोतवाली लाया गया. पकड़े गए हत्यारोपियों में एमएलसी कमलेश पाठक, उन के भाई संतोष, रामू, गनर अवनीश प्रताप सिंह, ड्राइवर लवकुश उर्फ छोटू तथा कथावाचक राजेश शुक्ला थे. 3 हत्यारोपी शुभम अवस्थी, विकल्प अवस्थी तथा कुलदीप अवस्थी विधिचंद्र मोहल्ले में रहते थे. वे अपनेअपने घरों से फरार थे, इसलिए पुलिस के हाथ नहीं आए.

पुलिस ने पकड़े गए अभियुक्तों के पास से एक लाइसेंसी रिवौल्वर, 13 कारतूस, 4 तमंचे 315 बोर व 8 कारतूस, सेमी राइफल व 23 कारतूस, गनर अवनीश प्रताप सिंह की सरकारी कार्बाइन व उस के कारतूस बरामद किए.

16 मार्च की सुबह मंजुल चौबे व सुधा चौबे का शव पोस्टमार्टम के बाद भारी पुलिस सुरक्षा के बीच उन के नारायणपुर स्थित घर लाया गया. शव पहुंचते ही दोनों घरों में कोहराम मच गया. पति का शव देख कर आरती दहाड़ें मार कर रो पड़ी. आरती की शादी को अभी 2 साल भी नहीं हुए थे कि उस का सुहाग उजड़ गया था. उस की गोद में 3 माह की बच्ची थी. मंजुल चौबे की बहनें रश्मि, रागिनी व रुचि भी शव के पास बिलख रही थीं.

सुबह 10 बजे मंजुल व सुधा की शवयात्रा कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई. सुरक्षा की जिम्मेदारी सीओ (सिटी) सुरेंद्रनाथ यादव को सौंपी गई थी. अंतिम यात्रा में लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा था, जिसे संभालना पुलिस के लिए मुश्किल हो रहा था. कुछ देर बाद शवयात्रा यमुना नदी के शेरगढ़ घाट पहुंची, वहीं पर दोनों का अंतिम संस्कार हुआ.

एसपी सुनीति ने गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों से पूछताछ की. इस पूछताछ के आधार पर इस खूनी संघर्ष की जो कहानी प्रकाश में आई, उस का विवरण कुछ इस प्रकार है—

गांव भड़ारीपुर औरैया जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में आता है. ब्राह्मण बहुल इस गांव में राम अवतार पाठक अपने परिवार के साथ रहते थे. सालों पहले भड़ारीपुर इटावा जिले का गांव था. जब विधूना तथा औरैया तहसील को जोड़ कर औरैया को नया जिला बनाया गया, तब से यह भड़ारीपुर गांव औरैया जिले में आ गया.

राम अवतार पाठक इसी गांव के संपन्न किसान थे. उन के 3 बेटे रामू, संतोष व कमलेश पाठक थे. चूंकि वह स्वयं पढ़ेलिखे थे, इसलिए उन्होंने अपने बच्चों को भी पढ़ायालिखाया. तीनों भाइयों में कमलेश ज्यादा ही प्रखर था. उस की भाषा शैली भी अच्छी थी, जिस से लोग जल्दी ही प्रभावित हो जाते थे. कमलेश पाठक पढ़ेलिखे योग्य व्यक्ति जरूर थे, लेकिन वह जिद्दी स्वभाव के थे. अपने मन में जो निश्चय कर लेते, उसे पूरा कर के ही मानते थे. यही कारण था कि 20 वर्ष की कम आयु में ही औरैया कोतवाली में उन पर हत्या का मुकदमा दर्ज हो गया था.

कुछ साल बाद कमलेश और उन के भाई संतोष और रामू की दबंगई का डंका बजने लगा. लोग उन से भय खाने लगे. अपनी फरियाद ले कर भी लोग उन के पास आने लगे थे. जो काम पुलिस डंडे के बल पर न करवा पाती, वह काम कमलेश का नाम सुनते ही हो जाता.

जब तक कमलेश गांव में रहे, तब तक गांव में उन की चलती रही. गांव छोड़ कर औरैया में रहने लगे तो यहां भी अपना साम्राज्य कायम करने में जुट गए. उन दिनों औरैया में स्वामीचरण की तूती बोलती थी. वह हिस्ट्रीशीटर था.

गांव से आए युवा कमलेश ने एक रोज शहर के प्रमुख चौराहे सुभाष चौक पर हिस्ट्रीशीटर स्वामीचरण को घेर लिया और भरे बाजार में उसे गिरागिरा कर मारा.

इस घटना के बाद कमलेश की औरैया में भी धाक जम गई. अब तक वह स्थायी रूप से औरैया में बस गए थे. बनारसीदास मोहल्ले में उन्होंने अपना निजी मकान बनवा लिया.

दबंग व्यक्ति पर हर राजनीतिक पार्टी डोरे डालती है. यही कमलेश के साथ भी हुआ. बसपा, सपा जैसी पार्टियां उन पर डोरे डालने लगीं. कमलेश को पहले से ही राजनीति में रुचि थी, सो वह पार्टियों के प्रमुख नेताओं से मिलने लगे और उन के कार्यक्रमों में शिरकत भी करने लगे. वैसे उन्हें सिर्फ एक ही नेता ज्यादा प्रिय थे सपा अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव.

सन 1985 के विधानसभा चुनाव में कमलेश पाठक को औरैया सदर से लोकदल से टिकट मिला.

इस चुनाव में उन्होंने जीत हासिल की और 28 वर्ष की उम्र में विधायक बन गए. लेकिन विधायक रहते सन 1989 में उन्होंने लोकदल के विधायकों को तोड़ कर मुलायम सिंह की सरकार बनवा दी.

इस के बाद से वह मुलायम सिंह के अति करीबी बन गए. लोग उन्हें मिनी मुख्यमंत्री कहने लगे थे. वर्ष 1990 में सपा ने उन्हें एमएलसी बनाया और 1991 में कमलेश दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री बने.

सन 2002 के विधानसभा चुनाव में सपा अध्यक्ष मुलायम सिंह ने कमलेश पाठक को कानपुर देहात की डेरापुर सीट से मैदान में उतारा. इस चुनाव में उन के सामने थे भाजपा से भोले सिंह. यह चुनाव बेहद संघर्षपूर्ण रहा.

दोनों के बीच राजनीतिक प्रतिद्वंदिता में जम कर गोलियां चलीं. इस के बाद ब्राह्मणों ने एक मत से कमलेश पाठक को जीत दिलाई. तब से उन्हें ब्राह्मणों का कद्दावर नेता माना जाने लगा.

चुनाव के बाद मुलायम सिंह मुख्यमंत्री बने. मुख्यमंत्री बनने के बाद मुलायम सिंह ने औरैया को जिला बनाने के नियम को रद्द कर दिया. इस पर कमलेश ने अपनी ही पार्टी के खिलाफ बिगुल फूंक दिया. उन्होंने जिला बचाओ आंदोलन छेड़ कर जगहजगह धरनाप्रदर्शन शुरू कर दिया.

मुख्यमंत्री मुलायम सिंह औरैया में सभा करने आए तो उन्होंने गोलियां बरसा कर उन के हैलीकाप्टर को सभास्थल पर नहीं उतरने दिया. एक घंटा हेलीकाप्टर हवा में उड़ता रहा, तब कहीं जा कर मानमनौव्वल के बाद उतर सका.

कुंवारी लड़कियों का कामुक कथावाचक

मध्य प्रदेश के जिला सतना में एक थाना है नादन. 10 दिसंबर, 2019 को एक व्यक्ति 3 बालिकाओं को साथ ले कर थाना नादन के टीआई भूपेंद्र के पास पहुंचा. उस के साथ जो बालिकाएं थीं, उन की उम्र 14, 16 और 17 साल थी.

टीआई ने सोचा कि आगंतुक इतनी सर्दी में 3 लड़कियों को ले कर आया है तो कुछ न कुछ खास बात ही होगी. उन्होंने उसे कुरसी पर बैठने का इशारा किया. वह आदमी और लड़कियां कुरसियों पर बैठ गईं. टीआई भूपेंद्र पांडेय ने उस व्यक्ति से थाने आने का कारण पूछा.

कुछ देर वह चुप रहा. फिर टीकाराम नाम के उस व्यक्ति ने अपनी पीड़ा थानाप्रभारी को बताई. उस ने बताया कि उस की तीनों बेटियों के साथ कथावाचक पं. नारायण स्वरूप त्रिपाठी ने बलात्कार किया था.

क्षेत्र भर में पं. नारायण स्वरूप त्रिपाठी का खासा नाम था. टीआई भूपेंद्र पांडेय भी उसे अच्छी तरह जानते थे. लेकिन जब उस ने  अपराध किया था तो उस के खिलाफ काररवाई करनी जरूरी थी. मामला गंभीर था इसलिए टीआई ने सतना के एसपी रियाज इकबाल और डीएसपी हेमंत शर्मा को इस मामले की सूचना दे दी.

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी रियाज इकबाल खुद थाना नादन पहुंच गए. एसपी साहब ने टीकाराम से बात की तो उस ने उन्हें बेटियों के साथ कथावाचक पं. नारायण स्वरूप त्रिपाठी द्वारा बलात्कार करने की बात बता दी. एसपी साहब ने उसी समय एक पुलिस टीम आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए भेज दी.

पुलिस टीम ने रात में एक बजे पं. नारायण स्वरूप त्रिपाठी को उस के घर से हिरासत में ले लिया. सुबह होने पर जब क्षेत्र के लोगों को पता चला कि पंडितजी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है तो बड़ी संख्या में भीड़ थाने के बाहर जमा हो गई.

लेकिन पुलिस ने जब लोगों को पंडितजी के कुकर्मों की जानकारी दी तो सभी अपनेअपने घर लौट गए. पुलिस ने पं. नारायण स्वरूप त्रिपाठी से सख्ती से पूछताछ की तो उस ने स्वीकार कर लिया कि टीकाराम की तीनों बेटियों को हवस का शिकार बनाया था.

विस्तार से पूछताछ करने के बाद कथावाचक की पापलीला की जो कहानी सामने आई, इस प्रकार थी—

नादन निवासी पं. नारायण स्वरूप त्रिपाठी की सतना और आसपास के जिलों में धार्मिक संत, भजन गायक और कथावाचक के रूप में अच्छी पहचान थी. बड़ेबड़े धार्मिक आयोजनों में उस की कथा सुनने के लिए हजारों भक्तों की भीड़ उमड़ती थी. इस के अलावा लोग घरों में होने वाली पूजा के लिए भी उसे बुला लेते थे, जिस के चलते 7 दिसंबर को क्षेत्र के रहने वाले टीकाराम ने भी उसे नरसिंहजी का मायरा के लिए अपने घर बुलाया था.

पं. नारायण स्वरूप त्रिपाठी नियत समय पर उस के यहां पहुंच गया. कथा संपन्न होने के बाद पंडितजी यजमानों से बात कर रहे थे, तभी टीकाराम ने कहा, ‘‘क्या कहूं पंडितजी, बाकी तो सब कुशल है लेकिन मैं अपनी बेटियों को ले कर परेशान हूं. तीनों बेटियां आपस में लड़तीझगड़ती रहती हैं. मुझे चिंता है कि इन की यही आदत बनी रही तो ये ससुराल में कैसे निभाएंगी. आप ही कोई ऐसा उपाय करिए कि तीनों प्यार से हिलमिल कर साथ रहने लगें.’’

पंडित नारायण स्वरूप के लिए यह बिल्ली के भाग्य से छींका टूटने जैसा था. क्योंकि यजमान टीकाराम के घर में आने के बाद से ही पंडितजी की नजर उस की तीनों बेटियों पर खराब हो चुकी थी. पूजा के दौरान भी वह लोगों से नजर बचा कर तीनों बहनों को बुरी नजर से घूरता रहा. जब यजमान ने बेटियों से परेशान रहने की समस्या सामने रखी, तो उस की बाछें खिल गईं.

वह समझ गया कि वक्त ने उसे मौका दिया है, जिस से वह यजमान की तीनों नादान बेटियों को अपना शिकार बना सकता है. इसलिए उस ने टीकाराम से कहा, ‘‘चिंता मत करो, मैं देखता हूं समस्या की जड़ कहां है. केवल समस्या का पता ही नहीं लगाऊंगा, बल्कि उसे जड़ से खत्म भी कर दूंगा. लाओ, तीनों की जन्मपत्रिकाएं दिखाओ, देखता हूं आखिर इन की आपस में बनती क्यों नहीं है.’’

पंडित नारायण स्वरूप ने कहा तो टीकाराम ने घर में रखे पुराने संदूक में संभाल कर रखी अपनी बेटियों की जन्म पत्रिकाएं निकाल कर उस के सामने रख दीं.

पंडित नारायण स्वरूप ने एकएक कर तीनों की कुंडलियों को गौर से देखा फिर अचानक गंभीर हो गया.

‘‘क्या हुआ पंडितजी?’’ त्रिपाठीजी को अचानक गंभीर देख कर टीकाराम ने चिंतित स्वर में पूछा.

‘‘यजमान, समस्या तो बड़ी है. दरअसल, तुम्हारी तीनों बेटियों की कुंडली में कालसर्प दोष है, जिस के चलते इन की आपस में बननी तो दूर किसी गैर के साथ भी नहीं बन सकती. लेकिन चिंता की कोई बात नहीं है. तुम ने बहुत सही समय पर अपनी समस्या मेरे सामने रखी है.

‘‘2 दिन बाद ही 9 दिसंबर को बड़ा शुभ मुहूर्त है. उस दिन मैं पूजा कर इन तीनों के दोष का निवारण का दूंगा.’’ कहते हुए पंडितजी ने पूजा के सामान की लिस्ट बना कर उसे दे दी. 9 दिसंबर को पूजा के लिए आने की बात कह कर नारायण स्वरूप तीनों बहनों को आशीर्वाद दे कर चला गया.

पंडित के जाने के बाद टीकाराम पूजा की तैयारी में जुट गया. जबकि दूसरी तरफ पं. नारायण स्वरूप को रात भर नींद नहीं आई. पूजा के बहाने वह तीनों बहनों का यौनशोषण करने की ठान चुका था. इसलिए पूरी रात जाग कर वह योजना बनाता रहा कि कैसे काम को अंजाम दे कि सांप भी मर जाए और लाठी भी न टूटे.

2 रात जाग कर पंडित ने पूरी योजना बनाई और 9 दिसंबर की सुबह टीकाराम के बुलावे का इंतजार किए बिना ही उस के घर पहुंच गया. योजनानुसार, पंडित ने पूजा के लिए बरामदे के बजाए अंदर वाला कमरा चुना और फिर कुछ देर तक तीनों बहनों और परिवार के साथ पूजा का ढोंग करता रहा. फिर उस ने सब को कमरे से बाहर निकाल दिया.

उस ने घर के सभी लोगों को हिदायत दी कि वह एकएक कर तीनों बहनों को कमरे में पूजा के लिए बुलाएगा. इस दौरान कोई भी न तो कमरे में दाखिल होगा और न ही ताकझांक करने की कोशिश करेगा.

टीकाराम का परिवार पंडितजी को अपना सब कुछ मानता था, इसलिए उस की बात मानने से इनकार करने का सवाल ही नहीं था.

अपनी योजना सफल होती देख पंडित नारायण स्वरूप मन ही मन खुश हुआ और कुछ देर तक जोरजोर से मंत्र जाप करने का नाटक करता रहा. सब से पहले उस ने 17 वर्षीय बड़ी बेटी को पूजा के लिए कमरे में बुलाया.

इस के बाद उस ने उसे बाहर भेज दिया, फिर मंझली बेटी को बुलाया. अंत में उस ने सब से छोटी बेटी को अंदर बुलाया. इस दौरान हर बहन के साथ वह लगभग एकएक घंटे तक बंद कमरे में पूजा करता रहा और बाद में टीकाराम से मोटी दक्षिणा ले कर चला गया.

पंडित के जाने के बाद तीनों बहनें काफी उदास थीं. एकदूसरे से लड़ना तो दूर वे आपस में बात भी नहीं कर रही थीं. यह देख कर टीकाराम को लगा कि शायद पंडितजी की पूजा के प्रभाव से उन की बेटियों का स्वभाव एकदम शांत हो गया है.

लेकिन सचमुच क्या हुआ था, इस का खुलासा रात में तब हुआ, जब सब से छोटी बेटी बिस्तर पर लेटेलेटे रोने लगी. मां ने उस से रोने का कारण पूछा तो पहले तो वह कुछ भी बताने से डरती रही. बाद में उस ने अपने अंग विशेष में तेज दर्द होने की बात बता दी.

बेटी की बात सुन कर मां को बहुत गुस्सा आया. इस के बाद दोनों बहनों ने भी पंडित द्वारा उन के साथ दुराचार करने की बात बताई. उन्होंने कहा कि पूजा के लिए पंडित ने कमरे में बुला कर उन के सारे कपड़े उतरवा दिए थे.

इस के बाद वह मंत्र पढ़ते समय उन के पूरे शरीर पर हाथ फेरता रहा और उन के अंगों से छेड़छाड़ करता रहा. इतना ही नहीं, इस के बाद उस ने उन के साथ गंदा काम भी किया.

तीनों बहनों ने अपनी आपबीती सुनाई तो मातापिता ने अपना सिर पीट लिया. आरोपी पंडित की इलाके में अच्छी धाक थी, इसलिए उन्हें डर था कि उन की बात पर पुलिस भरोसा नहीं करेगी. परिवार की आर्थिक हैसियत भी ऐसी नहीं थी कि कथा सुनाने के बदले में लाखों रुपए फीस के रूप में लेने वाले नारायण स्वरूप से वे टक्कर ले सकें. इस के अलावा सब से बड़ा डर उन्हें लोकलाज का भी था, इसलिए परिवार वालों ने चुप रहने में ही भलाई समझी.

दूसरे दिन 10 दिसंबर की सुबह दोनों बहनों की अर्द्धवार्षिक परीक्षा का पेपर था, सो वे स्कूल चली गईं. परीक्षा दे कर वापस आने के बाद सब से छोटी बहन अपने अंगों में दर्द होने के कारण रोने लगी तो बेटी के आंसू देख कर पिता का हृदय रो पड़ा, जिस के बाद वे तीनों बेटियों को साथ ले कर सीधे नादन थाने के टीआई भूपेंद्र पांडे के पास पहुंचा.

पं. नारायण स्वरूप त्रिपाठी से पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे व तीनों बहनों को मैडिकल परीक्षण के लिए भेजा.

इस के बाद कामुक पंडित के खिलाफ बलात्कार, पोक्सो एक्ट व एससी/एसटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेजा दिया. कामुक कथावाचक  की हकीकत जान कर क्षेत्र के लोग आश्चर्यचकित हैं.

—कथा में टीकाराम परिवर्तित नाम है

षड्यंत्र का कमजोर मोहरा

इस केस की कहानी किसी फिल्म की पटकथा से कम नहीं थी. यह अलग बात है कि ऐसे विषयों पर अब तक कई फिल्में और धारावाहिक बन चुके हैं, जो काफी लोकप्रिय भी रहे. इस केस की स्क्रिप्ट चालाक अपराधियों ने इतनी सफाई से लिखी थी कि किसी को उन पर तनिक भी शक न हो. कहानी में दुर्घटना से ले कर मौत और मौत के बाद अंतिम संस्कार से ले कर भोग तक के हर दृश्य को बड़ी होशियारी और सफाई से लिखा गया था.

हिमाचल प्रदेश स्थित सिरमौर के काला अंब-पांवटा साहब हाइवे पर एक गांव है जुड्दा का जोहड़. वहां से 5 किलोमीटर दूर नवोदय स्कूल है. घटना 19-20 नवंबर, 2018 की रात की है. नवोदय स्कूल के पास एक कार, जिस का नंबर था पीबी65-3372, संतुलन खो कर पहले साइनबोर्ड से टकराई, फिर एक चट्टान से टकराने के बाद धूधू कर जलने लगी.

हादसे के वक्त कार की ड्राइविंग सीट पर एक व्यक्ति बैठा था. किसी ने फोन कर के इस की सूचना सिरमौर नाहन पुलिस को दी. फोन करने वाले ने एंबुलैंस को भी इस घटना की जानकारी दे कर तुरंत घटनास्थल पर पहुंचने का अनुरोध किया था.

जिस समय एंबुलैंस घटनास्थल पर पहुंची, तभी उन के फोन के वाट्सऐप पर किसी ने घटना से संबंधित एक वीडियो क्लिप भेजा, जिस में कार धूधू कर जलती नजर आ रही थी. सिरमौर पुलिस को भी ऐसा ही वीडियो भेजा गया था. इस के बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था.

बहरहाल, सूचना मिलते ही एसएचओ नाहन इंसपेक्टर विजय कुमार, एडीशनल एसएचओ योगिंदर सिंह और हवलदार जीरक व अमरिंदर के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए. कार में सवार व्यक्ति पूरी तरह जल चुका था.  आग इतनी भयानक लगी थी कि ड्राइवर को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल पाया था. हालत देख कर ऐसा लग रहा था जैसे आग लगते ही कार का औटोमैटिक लौक लग गया हो.

कार में सवार व्यक्ति ऐसी स्थिति में नहीं था कि उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया जाता. संभवत: जिंदा जलने से उस की मौत हो गई थी. कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के लिए मृत व्यक्ति के कंकाल का पंचनामा बना कर पोस्टमार्टम के लिए नाहन मैडिकल कालेज अस्पताल भेजा गया.

घटना की जानकारी मिलते ही एसपी रोहित मालपानी, एडीशनल एसपी वीरेंदर ठाकुर, डीएसपी नाहन बबीता राणा सहित क्राइम टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई. कार को फोरैंसिक और मकैनिकल जांच के लिए पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया.

कार लगभग पूरी तरह से जल कर राख हो चुकी थी. तलाशी लेने पर कार के डैशबोर्ड की दराज से कार की जो आरसी मिली वो खरड़ निवासी नरिंदर कुमार पुत्र प्रताप सिंह के नाम थी. पुलिस ने कार दुर्घटना का मामला धारा 304, 279 के तहत दर्ज कर इस की सूचना पंजाब पुलिस को दे दी.

पंजाब पुलिस ने खरड़ जा कर जांच की, तो पता चला कार नरिंदर की ही थी, जो उस ने कुछ समय पहले डेराबस्सी निवासी आकाश को बेच दी थी. उस ने कार के पेपर अभी ट्रांसफर नहीं करवाए थे. आकाश डेराबस्सी का नामी बिल्डर था. दुर्घटना की सूचना जब उस के घर वालों को दी गई, तो उन्होंने मृतक की शिनाख्त आकाश के रूप में कर दी.

रहस्य बनी रही बर्निंग कार

पोस्टमार्टम के बाद मृतक की कंकालनुमा लाश उस के परिजनों के हवाले कर दी गई, जिस का उन्होंने अंतिम संस्कार भी कर दिया. पुलिस ने इसे दुर्घटना मान कर फाइल बंद कर दी. देखने को तो दुर्घटना के इस मामले का पटाक्षेप यहीं हो गया था, पर पिक्चर अभी बाकी थी.

इस कहानी का एक पहलू यह भी था कि दुर्घटना के 2 दिन बाद 22 नवंबर को ढोलपुर राजस्थान निवासी बबलू नामक एक युवक और उसकी मां ने थाना डेराबस्सी में अपने भाई राजू के गुमशुदा होने की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी. बबलू के अनुसार उस का भाई आकाश नामक बिल्डर के पास काम करता था और हर समय उस के साथ ही रहता था.

बबलू ने अपने बयान में यह भी बताया कि आकाश के घर वालों के अनुसार आकाश की मृत्यु हो चुकी है. राजू को आखिरी बार आकाश के साथ ही देखा गया था. डेराबसी पुलिस ने राजू की गुमशुदगी दर्ज कर उस की तलाश शुरू कर दी. इसी सिलसिले में डेराबस्सी पुलिस ने सिरमौर पुलिस से भी संपर्क किया. सिरमौर पुलिस ने पंजाब पुलिस को बताया कि कार एक्सीडेंट के समय कार में केवल एक ही व्यक्ति था.

इस जानकारी के बाद पुलिस को यह सोचने पर मजबूर होना पड़ा कि कार में जब अकेला आकाश था तो फिर हर वक्त उस के साथ रहने वाला राजू कहां गया? कहीं ऐसा तो नहीं कि कार में आकाश नहीं बल्कि राजू रहा हो. लेकिन राजू के भाई बबलू के अनुसार, राजू को कार चलाना नहीं आता था.

इस जानकारी के बाद सिरमौर और पंजाब पुलिस को यह मामला संदिग्ध लगने लगा. सिरमौर पुलिस ने मामले की तह तक जाने के लिए गुपचुप तरीके से जांच शुरू कर दी. मामले के संदिग्ध होने की एक वजह यह भी थी कि जलती कार का वीडियो बना कर सोशल मीडिया पर भेजा गया था. उस वीडियो को भेजने वाला व्यक्ति कौन था?

साधारण मामला नहीं था

पुलिस अधिकारियों ने जब उस वीडियो को ध्यान से देखा तो पता चला कि एक कार चट्टान से टकराती है और फिर उस में आग लग जाती है. इस के बावजूद कार में सवार व्यक्ति बिना हिलेडुले चुपचाप बैठा रहता है. आग लगने पर ना तो वह तड़पता है और न ही कार से बाहर निकलने की कोशिश करता है. भला ऐसा कैसे हो सकता है कि कोई आदमी अपना बचाव किए बिना खामोशी से जल कर मौत को गले लगा ले. यह बात पुलिस के गले से नहीं उतरी.

इस बीच मृतक आकाश के घर वालों ने थाने आ कर आकाश के मृत्यु प्रमाण पत्र की मांग करनी शुरू कर दी. मृत्यु प्रमाणपत्र प्राप्त करने के मामले में उन्होंने इतनी जल्दी मचाई कि पुलिस को सोचना पड़ा. आखिर ऐसा क्या कारण है कि आकाश के घर वाले इतनी जल्दी कर रहे हैं. इस मामले में किसी षडयंत्र की बू आती दिखाई दे रही थी.

सिरमौर पुलिस ने इस केस में डेराबस्सी पुलिस से सहयोग मांगा और केस को महज दुर्घटना का साधारण मामला न समझ इस की तह तक जाने का निश्चय किया. एडीशनल एसपी वीरेंदर ठाकुर की देखरेख में एसएचओ इंसपेक्टर विजय कुमार ने इस केस की पुन: तफ्तीश शुरू करते हुए शहर में लगे उन तमाम सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकलवाई जो दुर्घटना वाली रात काम कर रहे थे. उस रात की फुटेज देखी गईं, तो कई चौंकाने वाली बातें सामने आईं.

दुर्घटना वाली रात सैंट्रो एचआर03-3504 और मारुति पीबी65-डब्ल्यू 3372 नंबर की 2 कारें शहर में आगेपीछे चलती नजर आईं. ये कारें शहर में 2 बार देखी गईं. इन दोनों कारों ने पहले शहर का एक चक्कर काटा और फिर दूसरा चक्कर काटते हुए मौकाएवारदात की ओर निकल गईं. दोनों कारों में एकदो मिनट का अंतर था.

शक यकीन में तब बदला जब मारुति कार के पीछे सैंट्रो कार भी घटनास्थल पर गई. अब संदेह की कोई गुंजाइश नहीं रही थी. जलते वक्त आदमी छटपपटाता है, जान बचाने की लाख कोशिश करता है. लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ था. आकाश के घर वालों द्वारा मृत्यु प्रमाण पत्र मांगने की जल्दी करना, स्वयं घटनास्थल का वीडियो बना कर वायरल करना, एक सोचीसमझी साजिश का हिस्सा लग रहा था.

इंसपेक्टर विजय कुमार ने इस मामले के तमाम पुख्ता सबूत इकट्ठा कर के 3 दिसंबर को डेराबस्सी से आकाश के भतीजे रवि को हिरासत में ले लिया. रवि की गिरफ्तारी के बाद इस मामले की परतें खुदबखुद खुलती चली गईं.

इस षडयंत्र का मुख्य आरोपी विदेश भागने की फिराक में था, इसलिए उस की गिरफ्तारी से पहले रवि की गिरफ्तारी को भी परदे में रखा गया. पूछताछ के दौरान रवि ने पुलिस को बताया कि कार में जलने वाला आकाश नहीं था. आकाश नेपाल के रास्ते विदेश जाने वाला था.

50 लाख का बीमा लेने के लिए

रचा षडयंत्र

खास मुखबिरों से इंसपेक्टर विजय को खबर मिली कि आकाश रेल मार्ग से नेपाल जाने वाला है. इस मामले में नाहन पुलिस ने रेलवे पुलिस की मदद से अपना जाल बिछा दिया और आकाश को ट्रेन में सफर करते हुए हरियाणा के पलवल से गिरफ्तार कर लिया गया.  पुलिस ने आकाश और रवि को अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड पर ले लिया. पूछताछ के दौरान इस बर्निंग कार मामले की पूरी कहानी सामने आ गई. आकाश अपने भतीजे के साथ मिल कर खुद को मरा हुआ साबित करना चाहता था ताकि 50 लाख की बीमा राशि उस के घर वालों को मिल जाए.

योजना को कार दुर्घटना का जामा पहना कर आकाश ने अपने नौकर राजू को जिंदा जला दिया था. जबकि उस की मां और भाई राजू की तलाश में दरदर की ठोकरें खाते भटक रहे थे.

पैसों के लालच में मानवीय संवेदनाएं भुला कर पेशे से ठेकेदार आकाश इतने वहशीपन पर उतर आया था कि उस ने अपने ही मजदूर राजू को जिंदा जला कर ऐसी दर्दनाक मौत दी, जिसे देखना तो दूर सुनने वाले की भी रूह कांप जाए.

बड़ेबड़े ठेकेदारों के साथ ठेकेदारी करने वाले आकाश ने अपनी मौत की ही नहीं, बल्कि अपने क्रियाकर्म तक की स्क्रिप्ट खुद लिखी थी. इस स्क्रिप्ट के अनुसार उस के घर वालों ने बाकायदा उस के अंतिम संस्कार से ले कर उस की तेरहवीं पर क्रियाकर्म का खाना खिलाने तक बखूबी भूमिका निभाई थी. पुलिस अब इस बात की भी जांच करेगी कि इस मामले में उस के घर वालों का भी हाथ था या नहीं?

बीमा राशि डकारने के लिए आकाश ने पहले अपने नौकर राजू को जम कर शराब पिलाई थी. इस के बाद जब वह नशे में बेसुध हो गया तो रवि और आकाश ने मिल कर आकाश के कपड़े राजू को पहना दिए. साथ ही अपनी अंगूठी और ब्रैसलेट भी राजू के हाथ में पहना दिया, ताकि पुलिस उसे आकाश समझे.

इस के बाद आकाश कार में काला अंब-पांवटा सड़क पर जुड्दा का जोहड़ के पास पहुंचा और तारपीन का तेल छिड़क कर कार को आग लगा दी. शातिरों ने हत्या की वारदात को दुर्घटना का रूप देने के लिए बाकायदा जलती कार का वीडियो बना कर खुद ही वायरल कर दिया था.

बेचारा गरीब मजदूर मारा गया

राजस्थान का राजू आकाश के पास बतौर मजदूर काम करता था. लेकिन मेहनतमजदूरी कर अपना और अपने परिवार का भरणपोषण करने आए राजू को शायद इस बात का तनिक भी इल्म नहीं था कि जिस के पास वह काम करता है वही उसे ऐसी दर्दनाक मौत देगा.

उधर रोरो कर बुरा हाल करती राजू की मां का कहना था कि उस ने जिगर के टुकड़े को  पालपोस कर बड़ा किया. पढ़ायालिखाया. वह पैसा कमाने के लिए पंजाब चला आया था. लेकिन बुढ़ापे में सहारा बनने वाला बेटा मिलना तो दूर मां को उस के अंतिम दर्शन भी नहीं हो सके. अपने दिल के टुकड़े के खोने से वह भीतर तक टूट चुकी थी.

सिरमौर पुलिस की सूचना के बाद मृतक राजू की मां और भाई बबलू नाहन पुलिस के बुलावे पर नाहन गए. पुलिस ने दोनों से राजू के बारे में जानकारी ली और जली हुई कार से बरामद मृतक राजू के शरीर के कुछ अंशों का डीएनए करवाने के लिए उस की मां और भाई के ब्लड सैंपल लिए. डीएनए मैच होने के बाद वैज्ञानिक तौर पर यह पुष्टि हो पाएगी कि मृतक राजू ही था.

इस मामले में हैरान करने वाली बात यह भी थी कि बर्निंग कार हत्याकांड की स्क्रिप्ट पहले ही लिखी जा चुकी थी. पर सवाल यह था कि वारदात को अंजाम देने के लिए सिरमौर ही क्यों चुना गया था.

दरअसल स्क्रिप्ट के लेखकों को ऐसा स्थान चाहिए था, जहां कार को न्यूट्रल करने के बाद आग लगाई जा सके. यह सुनसान स्थान नाहन से 5 किलोमीटर की दूरी पर था.

इस बर्निंग कार हत्याकांड के मामले से लगभग एक दशक पूर्व हुए सूटकेस कांड की भी यादें जुड़ी हुई है. 10 वर्ष पहले इसी इलाके में सूटकेस कांड हुआ था. पुलिस को यहीं पर एक महिला और एक बच्ची की लाशें 2 अलगअलग सूटकेसों में बंद मिली थीं. यह मामला अभी तक अनसुलझा है.

इस मामले में पुलिस काररवाई पूरी करने के बाद 12 दिसंबर को दोनों दोषियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया गया.

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

सौजन्य- मनोहर कहानियां, अप्रैल 2019

 

रहस्य में लिपटी विधायक की मौत: आखिर किसने की सत्यजीत बिस्वास की हत्या

37 वर्षीय विधायक सत्यजीत बिस्वास पश्चिम बंगाल के नदिया शहर स्थित कृष्णानगर मोहल्ले में अपने परिवार के साथ रहते थे. उन के परिवार में मांबहन के अलावा पत्नी रूपाली और 7 माह का बच्चा था. विधायक सत्यजीत बिस्वास काफी मिलनसार, मृदुभाषी और आकर्षक व्यक्तित्व के धनी थे, जिस की वजह से वह अपने विधानसभा क्षेत्र कृष्णागंज में काफी लोकप्रिय थे.

उन की लोकप्रियता का एक कारण यह भी था कि वह दिनरात क्षेत्र के विकास के लिए तत्पर रहते थे. क्षेत्र के लोगों की मदद के लिए वह हर समय तैयार रहते थे. इसी के चलते क्षेत्र के लोग उन से खुश रहते थे.

वह 9 फरवरी, 2019 की खुशनुमा शाम थी. तृणमूल कांग्रेस के विधायक सत्यजीत बिस्वास अपनी पत्नी रूपाली बिस्वास के साथ डाइनिंग रूम में बैठे बातचीत करते हुए चाय की चुस्की ले रहे थे. उस वक्त उन का चेहरा खुशी से चमक रहा था.

पति के चेहरे पर खुशी की ऐसी चमक रूपाली ने पहले कभी नहीं देखी थी. वह भी  पति की खुशी से खुश हो कर उन्हें निहार रही थीं. चाय की चुस्की के दौरान बीचबीच में विधायक की नजरें कलाई पर बंधी घड़ी पर चली जाती थीं.

‘‘क्या बात है जो आज इतने मुसकरा रहे हैं जनाब?’’ रूपाली ने पति को गुदगुदाने की कोशिश की.

‘‘अपने घर में बैठा हूं. खूबसूरत बीवी की छत्रछाया में. खुश होना मना है क्या?’’

यह सुन कर रूपाली शरमाने के बजाए संजीदा हो गईं. फिर पति को कुछ याद दिलाते हुए बोलीं, ‘‘नेताजी, यहां बैठेबैठे यूं ही बातें करते रहेंगे या जिस के लिए तैयार हो कर बैठे हैं, वहां भी जाएंगे.’’

‘‘अच्छा किया, तुम ने याद दिला दिया मैडम. ऐसा करो तुम भी तैयार हो जाओ. इसी बहाने तुम्हारा भी मूड बदल जाएगा और हमारा साथ भी बना रहेगा.’’ कलाई पर नजर डालते हुए सत्यजीत आगे बोले, ‘‘जल्दी करो, मेरे पास ज्यादा टाइम नहीं बचा है. तुम तैयार हो जाओ. तब तक मैं एक काल कर लेता हूं.’’

इस के बाद रूपाली तैयार होने के लिए चली गई. 10 मिनट में वह तैयार हो कर पति के पास आ गईं. उन्होंने 7 महीने के बेटे को भी तैयार कर दिया था.

दरअसल, विधायक सत्यजीत बिस्वास को फुलबारी इलाके में सरस्वती पूजन के उद्घाटन कार्यक्रम में शरीक होना था, जिस में उन्हें मुख्य अतिथि बनाया गया था. इन के अलावा उस कार्यक्रम में तृणमूल कांग्रेस नेता गौरीशंकर, लघु उद्योग मंत्री रत्ना घोष सहित शहर के तमाम सम्मानित लोगों को भी आमंत्रित किया गया था.

सत्यजीत बिस्वास का वहां पहुंचना जरूरी था. इस के बाद वह अपनी पत्नी और बेटे के साथ अपनी कार से कार्यक्रम स्थल फुलबारी पहुंच गए. कार्यक्रम स्थल उन के आवास से बमुश्किल 300 मीटर दूर स्थित था. वहां पहुंचने में उन्हें 3-4 मिनट का समय लगा होगा.

बुला रही थी मौत

बहुत बड़े मैदान में लगे पंडाल में कतार से कुर्सियां बिछी हुई थीं. आगे की कतार में बिछी स्पैशल कुर्सियों पर तमाम वीआईपी और नेता बैठे थे. आयोजकों की आंखें बारबार मुख्यद्वार पर जा कर टिक रही थीं. उन की परेशान आंखों से यही पता चल रहा था कि वह बड़ी बेसब्री से किसी के आने का इंतजार कर रहे थे.

जैसे ही विधायक सत्यजीत बिस्वास ने पंडाल में प्रवेश किया, वहां का माहौल खुशनुमा हो गया. सरस्वती पूजन के उद्घाटन की सारी तैयारियां पहले से कर ली गई थीं. दीप प्रज्जवलन का कार्यक्रम मंच पर ही होना था. विधायक बिस्वास के पहुंचते ही आयोजक उन्हें, उन की पत्नी रूपाली बिस्वास और कुछ अन्य गणमान्य लोगों को मंच पर ले गए और दीप प्रज्जवलन का कार्यक्रम संपन्न कराया गया.

दीप प्रज्जवलित करने के बाद विधायक सहित तमाम अतिथि कुर्सियों पर जा बैठे. उस के थोड़ी देर बाद अतिथियों के स्वागत में रंगारंग कार्यक्रम शुरू हुए. कार्यक्रम ने अतिथियों का मन मोह लिया. वे उस में तन्मयता से लीन हो कर लुत्फ उठा रहे थे. उस समय रात के करीब 9 बजे थे.

रंगारंग कार्यक्रम शुरू हुए अभी 5 मिनट भी नहीं हुए थे कि 2 नकाबपोश फुरती से पंडाल में पहुंचे. इस से पहले कि लोग कुछ समझ पाते, उन्होंने पीछे से विधायक सत्यजीत बिस्वास पर निशाना साध कर गोलियां चलानी शुरू कर दीं. गोलियां बरसा कर वे दोनों वहां से फरार हो गए. भागते हुए उन्होंने असलहे को वहीं पर फेंक दिया.

विधायक को 3 गोलियां लगी थीं. गोलियां लगते ही वह कुरसी पर गिर कर तड़पने लगे. गोली चलने से हाल में भगदड़ मच गई. जरा सी देर में वहां अफरातफरी का माहौल बन गया. तृणमूल कांग्रेस के नेता गौरीशंकर, रत्ना घोष सहित अन्य लोग आननफानन में गंभीर रूप से घायल विधायक बिस्वास को कार से जिला अस्पताल ले गए. लेकिन डाक्टरों ने उन्हें देखते ही मृत घोषित कर दिया.

टीएमसी विधायक सत्यजीत बिस्वास की हत्या की सूचना मिलते ही सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के खून में उबाल आ गया. कार्यकर्ता चारों ओर तोड़फोड़ करने लगे. तमाम लोग अपने लोकप्रिय युवा नेता को देखने अस्पताल भी पहुंचे.

उधर मौके पर मौजूद रही विधायक की पत्नी रूपाली बिस्वास को अभी भी अपनी आंखों पर विश्वास नहीं हो रहा था कि उन्होंने जो देखा, वो सच है. सत्यजीत बिस्वास उन को हमेशा के लिए अकेला छोड़ कर दुनिया से चले गए थे. रोरो कर उन का बुरा हाल हो गया था. किसी तरह रूपाली और उन के 7 माह के दुधमुंहे बेटे को घर पहुंचाया गया. विधायक बेटे की हत्या की खबर जैसे ही बूढ़ी मां को मिली, उन की तो आंखें पथरा गईं. घर में कोहराम मच गया था.

पार्टी महासचिव पार्थ चटर्जी ने विधायक बिस्वास की हत्या पर गहरा दुख प्रकट करते हुए कहा कि कातिल चाहे जितना भी कद्दावर क्यों हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा.

विधायक सत्यजीत की हत्या की सूचना मिलते ही एसपी रूपेश कुमार, एएसपी अमनदीप, डीएसपी सुब्रत सरकार, हंसखली के थानाप्रभारी अनिंदय बसु, कृष्णानगर के थानाप्रभारी राजशेखर पौल सहित जिले के तमाम पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए थे. पुलिस ने घटनास्थल को चारों ओर से घेर लिया था.

संदेह से भरे सवाल

एसपी रूपेश कुमार ने घटना के लिए हंसखली थाने के थानाप्रभारी अनिंदय बसु को जिम्मेदार मानते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया. विधायक सत्यजीत बिस्वास की सुरक्षा में एक सुरक्षागार्ड लगाया गया था. घटना के समय वह मौके पर नहीं था.

जांचपड़ताल में पता चला कि सुरक्षागार्ड दिनेश कुमार उसी दिन छुट्टी ले कर घर चला गया था. यह बात किसी भी अधिकारी के गले नहीं उतर रही थी कि दिनेश आज ही छुट्टी पर घर क्यों गया? जिस तरह से विधायक बिस्वास की हत्या की गई थी, वह सुनियोजित थी. सुरक्षा गार्ड दिनेश कुमार को जिम्मेदार मानते हुए उसे भी निलंबित कर दिया.

बात यहीं पर खत्म नहीं हुई थी. टीएमसी कार्यकर्ता अपने लोकप्रिय विधायक की हत्या के लिए भाजपा के सांसद मुकुल राय को जिम्मेदार मान कर उन्हें हत्या का आरोपी बनाने के लिए पुलिस पर दबाव बना रहे थे. टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच से फैलता हुआ यह आरोप फिजाओं में घुल रहा था. लोग कह रहे थे कि सांसद मुकुल राय के इशारे पर शूटर अभिजीत पुंडरी, सूरज मंडल और कार्तिक मंडल ने विधायक की हत्या को अंजाम दिया.

विधायक की पत्नी रूपाली बिस्वास भी पति की हत्या के लिए सांसद और कद्दावर नेता मुकुल राय को जिम्मेदार मान रही थीं. रूपाली की तहरीर पर हंसखली थाने में 4 आरोपियों मुकुल राय, अभिजीत पुंडरी, सूरज मंडल और कार्तिक मंडल के खिलाफ हत्या का नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया.

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आदेश पर मुकदमा दर्ज होने के कुछ देर बाद जांच थाना पुलिस से सीबीसीआईडी को सौंप दी गई. जांच की जिम्मेदारी मिलते ही सीबीसीआईडी की टीम भवानी भवन से मौके पर जा पहुंची और जांच शुरू कर दी.

सूरज मंडल और कार्तिक मंडल फुलबारी माठ के आसपास रहते थे. पुलिस जानती थी कि जांच में जितना विलंब होगा, उतना ही आरोपी पकड़ से दूर होते जाएंगे. बगैर वक्त गंवाए सीबीसीआईडी ने रात में ही सूरज मंडल के घर दबिश दी. सूरज मंडल गिरफ्तार कर लिया गया. सूरज की निशानदेही पर ही कार्तिक मंडल को उस के घर से गिरफ्तार किया गया. अभिजीत पुंडरी को नहीं पकड़ा जा सका. वह फरार हो गया था.

गिरफ्तार दोनों आरोपियों सूरज मंडल और कार्तिक मंडल को सीआईडी गिरफ्तार कर के पूछताछ के लिए हंसखली थाने ले आई उन से पूरी रात पूछताछ की गई. पर वे दोनों खुद को बेकसूर बताते रहे.

अगले दिन अधिकारियों की मौजूदगी में उन से फिर पूछताछ की गई. सूरज मंडल ने पुलिस के सामने घुटने टेक दिए. उस ने विधायक बिस्वास की हत्या में खुद और कार्तिक मंडल के शामिल होने की बात स्वीकार कर ली. पूछताछ के दौरान सूरज ने बताया कि उस ने अपने घर के पास एक कटार, बातचीत में इस्तेमाल किए गए सिमकार्ड और कुछ अन्य दस्तावेज छिपा रखे हैं.

अगली सुबह सीआईडी की टीम उसे ले कर उस के घर पहुंची. उस के घर के बाहर पुलिस टीम ने जमीन की खुदाई की तो धारदार हथियार और बड़ी संख्या में सिमकार्ड बरामद किए, जो बंगाल के अलावा दूसरे राज्यों के भी थे. इस के अलावा उस के घर की तलाशी लेने पर वहां से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तसवीरें भी मिलीं. इस बरामदगी के बाद नाराज स्थानीय लोगों ने सूरज मंडल के घर के पास एकत्र हो कर विरोध प्रदर्शन किए.

इस मामले में एक नया मोड़ तब आया जब सांसद मुकुल राय को पता चला कि विधायक की हत्या में उन्हें भी नामजद आरोपी बनाया गया है.

मुकुल राय की सफाई

अपना नाम घसीटे जाने को ले कर सांसद मुकुल राय ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मैं कोलकाता में बैठा हूं और हत्या यहां से 120 किलोमीटर दूर नदिया जिले में विधायक के घर के पास हुई है. यह पूरी तरह से तृणमूल कांग्रेस की आपसी गुटबाजी और पश्चिम बंगाल सरकार की विफलता है.

उन्होंने कहा कि घटना की जांच सीबीआई से कराई जानी चाहिए, ताकि पूरे रहस्य से परदा उठ सके. आरोपों का खंडन करते हुए सांसद मुकुल राय ने कहा कि अभी ऐसी स्थिति है कि जो कुछ भी होगा, उस के लिए मेरा नाम घसीटा जाएगा. अगर दम है तो इस की निष्पक्ष एजेंसी से जांच करा लें. दूध का दूध पानी का पानी हो जाएगा.

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने सांसद मुकुल राय का समर्थन करते हुए घटना की सीबीआई जांच की मांग कर दी. उन्होंने भी यही कहा कि विधायक बिस्वास की हत्या आपसी गुटबाजी में की गई है. यही नहीं, जब भी तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ कुछ होता है तो वह उस का आरोप भाजपा पर मढ़ देती है.

कई बार तृणमूल खुद ऐसे काम कर के राजनैतिक विरोधियों को फंसाने की पूरी कोशिश करती है. सालों से टीएमसी में आपसी गुटबाजी चरम पर है, यह बात किसी से छिपी नहीं है.

खैर, सांसद मुकुल राय गिरफ्तारी से बचने के लिए कोलकाता उच्च न्यायालय की शरण में पहुंच गए. 12 फरवरी, 2019 को उन्हें बड़ी राहत मिल गई. कोलकाता हाईकोर्ट ने उन्हें अग्रिम जमानत दे दी. हाईकोर्ट ने वरिष्ठ भाजपा नेता मुकुल राय की गिरफ्तारी पर 7 मार्च, 2019 तक रोक लगा दी. टीएमसी पार्टी ने आखिर सांसद मुकुल राय पर हत्या जैसा गंभीर आरोप क्यों लगाया, यह तो जांच का विषय है और पुलिस अपनी काररवाई कर रही है. आइए जानें कि यह मुकुल राय हैं कौन?

65 वर्षीय मुकुल राय मूलरूप से पश्चिम बंगाल के उत्तरी 24 परगना के कंचरपाड़ा के रहने वाले हैं. इन के परिवार में पत्नी कृष्णा राय के अलावा एक बेटा है. भाजपा के सांसद मुकुल राय का राजनीतिक सफर युवा कांग्रेस के लीडर के रूप में शुरू हुआ था. कांग्रेस के साथ लंबी पारी खेलने के दौरान पिछली मनमोहन सिंह की सरकार में वह केंद्रीय रेल मंत्री थे.

11 जुलाई, 2011 को असम में एक रेल दुर्घटना हुई थी. मुकुल राय रेलमंत्री होने के बावजूद मौके पर नहीं पहुंचे तो प्रधानमंत्री ने उन्हें पद से हटा दिया था और उन की जगह दिनेश त्रिवेदी को यह भार सौंप दिया था.

इस से पहले ममता बनर्जी के साथ मुकुल राय की खूब निभती थी. 1998 में जब ममता बनर्जी कांग्रेस से अलग हुईं तो उन्होंने एक नई पार्टी तृणमूल कांग्रेस का गठन किया. तब उन्होंने मुकुल राय को पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया था.

पहली बार सन 2001 में मुकुल राय को टीएमसी से एमएलए का टिकट मिला. वह जगतदला विधानसभा से चुनाव लड़े लेकिन चुनाव हार गए थे. इस चुनाव में वह दूसरे स्थान पर रहे थे. इस के बाद वह निरंतर पार्टी की सेवा करते रहे.

बाद में तृणमूल कांग्रेस ने उन्हें राज्यसभा का सदस्य बना दिया. वह 28 मई, 2009 से 20 मार्च, 2012 तक राज्यसभा के सदस्य रहे. सन 2012 में मुकुल राय सांसद चुन लिए गए. फिर 3 अप्रैल, 2012 से 11 अक्तूबर, 2017 तक वह राज्यसभा के सदस्य रहे.

राजनीति के मंझे खिलाड़ी हैं मुकुल राय

सारदा स्कीम घोटाले में सन 2015 में मुकुल राय और ममता बनर्जी का नाम आया. घोटाले में नाम आने के बाद ममता बनर्जी और मुकुल राय के बीच दूरी बन गई. फिर वे कभी एक नहीं हो सके.

तृणमूल कांग्रेस से मुकुल राय का मन भंग होने लगा था. ममता बनर्जी को उन पर संदेह होने लगा था कि वह पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त हैं. फिर क्या था, ममता बनर्जी ने उन्हें पार्टी से 6 साल के लिए निकाल दिया.

पार्टी से निकाले जाने के बाद मुकुल राय ने 25 सितंबर, 2017 को पार्टी से इस्तीफा दे दिया. इस के बाद 11 अक्तूबर, 2017 को उन्होंने राज्यसभा की सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया और 3 नवंबर, 2017 को भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली. तब से वह भाजपा में हैं.

भाजपा का दामन थामने के बाद से मुकुल राय पश्चिम बंगाल में भाजपा की जमीन बनाने में लग गए. उन्होंने टीएमसी के कार्यकर्ताओं को तोड़ कर भाजपा में शामिल करना शुरू कर दिया. वैसे भी वह पुराने सियासी खिलाड़ी थे. उन्हें जोड़तोड़ की राजनीति अच्छी तरह आती थी. इस से टीएमसी पार्टी घबरा गई. इस बीच नदिया जिले में उन का कई बार दौरा हो चुका था.

विधायक सत्यजीत बिस्वास मतुआ समुदाय से आते थे, जिस का बंगाल में अच्छाखासा आधार है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनवरी 2019 के अंतिम सप्ताह में मतुआ समुदाय को लुभाने के लिए ठाकुरनगर आए थे.

ठाकुरनगर के साथसाथ यह संप्रदाय नदिया और उत्तरी 24 परगना जिले में करीब 30 लाख की संख्या में मौजूद है और राज्य भर की कम से कम 10 से अधिक लोकसभा सीटों पर निर्णायक भूमिका में काम करता है. मतुआ समुदाय पर सत्यजीत बिस्वास की अच्छीखासी पकड़ बनी हुई थी. उन की हत्या का एक कारण यह भी माना जा रहा है.

बहरहाल, आरोपी सूरज मंडल और कार्तिक मंडल ने पूछताछ में पुलिस को बताया था कि विधायक की हत्या की योजना में निर्मल घोष और कालीपद मंडल भी शामिल थे. जांच में यह बात सच पाई गई.

इस के बाद पुलिस ने आरोपी निर्मल घोष और कालीपद मंडल को भी गिरफ्तार कर लिया. पुलिस को पूछताछ में निर्मल और कालीपद मंडल ने बताया कि हत्या की साजिश अभिजीत पुंडरी ने रची थी और गोली मैं ने और कालीपद ने मारी थी. यह हत्या उन्होंने क्यों की, इस बारे में वे कुछ नहीं बता सके.

आरोपी निर्मल घोष और कालीपद मंडल की निशानदेही पर पुलिस ने उसी दिन अभिजीत पुंडरी को पश्चिम मिदनापुर जिले के राधामोहनपुर इलाके से गिरफ्तार कर लिया. जामातलाशी में उस से एक पिस्टल बरामद की गई.

पूछताछ में अभिजीत पुंडरी ने हत्या की साजिश रचने की बात कबूल ली थी. उसे हत्या की सुपारी किस ने दी थी, यह बात उस ने पुलिस को नहीं बताई. विधायक की हत्या में सांसद मुकुल राय की क्या भूमिका थी, इस की जांच पुलिस कथा लिखने तक कर रही थी.

विधायक सत्यजीत बिस्वास की हत्या क्यों की गई, यह राज कहीं राज न रह जाए. आपसी गुटबाजी कह कर हत्या पर जो परदा डाला जा रहा है, क्या वह पर्याप्त वजह है? यह एक जलता हुआ सवाल है. इस सवाल का जवाब पुलिस को ही ढूंढना होगा.

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

आसमान में दस्तक : सिरीशा के अंतरिक्ष सफर की कहानी

सिरिशा बांदला

वर्जिन गैलेक्टेटिक स्पेसशिप ने 11 जुलाई, रविवार की शाम अंतरिक्ष की दुनिया में कदम रख दिया. इसी के साथ वर्जिन गैलेक्टेटिक के मालिक निजी स्पेसशिप से अंतरिक्ष की यात्रा करने वाले पहले उद्योगपति बन गए हैं.

इस स्पेसशिप में उन के साथ जाने वाले 5 लोगों में भारतीय मूल की सिरिशा बांदला भी थीं. सिरिशा ने अंतरिक्ष की यह यात्रा कर के अपने परिवार का ही नहीं, एक तरह से देश का भी नाम रोशन किया है.

एक कहावत है, ‘‘मेरे अंदर हौसला अभी जिंदा है, हम वो हैं जहां मुश्किलें भी शर्मिंदा हैं.’’ कल्पना चावला और सुनीता विलियम्स के बाद अब इस कहावत को चरितार्थ किया है सिरिशा बांदला ने. पूरी दुनिया में भारत का लोहा मनवाने वाली और एक नया इतिहास रचने वाली सिरिशा आंध्र प्रदेश के गुंटूर की रहने वाली हैं.

सिरिशा बांदला भारत की ओर से अंतरिक्ष में गई हैं. भारत की ओर से अंतरिक्ष में जाने वाली कल्पना चावला के बाद वह दूसरी महिला हैं और भारतीय मूल की चौथी. इन से पहले राकेश शर्मा, कल्पना चावला और सुनीता विलियम्स अंतरिक्ष की यात्रा कर चुकी हैं.

अंतरिक्ष में जाने वाली सिरिशा बांदला का जन्म 1987 में आंध्र प्रदेश के जिला गुंटूर शहर में डा. मुरलीधर बांदला और अनुराधा बांदला के घर हुआ था. उन का एक भाई भी है गणेश बांदला. फिलहाल उन का परिवार अमेरिका में ह्यूस्टन, टेक्सास में रहता है.

उन का पालनपोषण और पढ़ाईलिखाई ह्यूस्टन टेक्सास में ही हुई थी. उन के पिता डा. मुरलीधर बांदला एक वैज्ञानिक हैं. वह अमेरिकी सरकार में सीनियर एग्जीक्यूटिव सर्विसेज के सदस्य भी हैं.

पिता अमेरिका में रहते थे, इसलिए सिरिशा का बचपन अमेरिका में ही बीता. वैज्ञानिक बाप की बेटी होने की वजह से उन्होंने राकेट और स्पेसक्राफ्ट बहुत नजदीक से देखे थे.

आसमान में राकेट को उड़ता देख कर उन के मन में स्पेस के बारे में जिज्ञासा होती थी. पर उस समय तो उन्हें यह सपना लगता था. उन्होंने तब नहीं सोचा था कि आगे चल कर उन का यह सपना पूरा भी होगा. सिरिशा ने पर्ड्यू यूनिवर्सिटी से एयरोनौटिकल इंजीनियरिंग में स्नातक किया और उस के बाद जार्जटाउन यूनिवर्सिटी से मास्टर औफ बिजनैस एडमिनिस्ट्रेशन (एमबीए) किया.

पढ़ाई पूरी होने के बाद वह एयरफोर्स में भरती हो कर पायलट बनना चाहती थीं. लेकिन आंख में कोई समस्या होने की वजह से उन का यह सपना अधूरा ही रह गया.

तब किसी और की छोड़ो, उन्होंने भी नहीं सोचा था कि आगे चल कर वह मांबाप का ही नहीं, देश का भी नाम रोशन करेंगीं.

वह एयरफोर्स में नहीं जा सकीं तो 2015 में टेक्सास की एक एयरस्पेस कंपनी वर्जिन गैलेक्टेटिक में इंजीनियर की नौकरी कर ली. उन्होंने कमर्शियल स्पेस फ्लाइट फेडरेशन में काम किया.

बहुत ही कम समय में वह वर्जिन गैलेक्टेटिक कंपनी में सरकारी कामों की वाइस प्रेसिडेंट हो गईं. जल्दी ही उन्होंने 747 विमान का उपयोग कर के अंतरिक्ष में एक उपग्रह भी पहुंचाया.

अपनी प्रतिभा की ही बदौलत मात्र 6 साल की नौकरी में सीनियर पद हासिल कर आज उद्योगपति रिचर्ड ब्रैनसन की स्पेस कंपनी वर्जिन गैलेक्टेटिक के अंतरिक्ष यान वर्जिन और्बिट से 11 जुलाई को वह अंतरिक्ष की यात्रा कर आईं.

रिचर्ड ब्रैनसन सहित 6 अंतरिक्ष यात्रियों में एक सिरिशा बांदला भी थीं. इस घोषणा के बाद सिरिशा बांदला ने ट्वीट किया था, ‘मुझे यूनिटी-22 क्रू और उस कंपनी का हिस्सा होने पर गर्व महसूस हो रहा है.’

फिलहाल वह वर्जिन और्बिट के वाशिंगटन औपरेशंस के पद को संभाल रही हैं. रिचर्ड ब्रैनसन ने पहली जुलाई को घोषणा की थी कि उन की अगली अंतरिक्ष यात्रा 11 जुलाई को होगी. तभी उन्होंने कहा था कि इस अंतरिक्ष यात्रा में उन्हें मिला कर कुल 6 लोग होंगे.

उन का कहना था कि अंतरिक्ष में किसी बाहरी को भेजने के बजाय पहले वह अपनी कंपनी के कर्मचारियों को मौका देंगे. इस से उन की कंपनी द्वारा तैयार किए गए अंतरिक्ष यान की अच्छी तरह जांचपरख हो जाएगी.

वर्जिन गैलेक्टेटिक कंपनी आम लोगों के लिए अंतरिक्ष यात्रा आसान बनाना चाहती है. वर्जिन और्बिट अंतरिक्ष यान को कैरियर प्लेन कास्मिक गर्ल द्वारा पृथ्वी से लगभग 35 हजार फुट की ऊंचाई पर ले जाया गया.

सिरिशा तेलुगू एसोसिएशन आफ नौर्थ अमेरिका (टीएएनए) की सदस्य भी हैं. यह उत्तरी अमेरिका का सब से बड़ा और पुराना इंडो अमेरिकन संगठन है. कुछ साल पहले ही इस संगठन ने सिरिशा को यूथ स्टार अवार्ड से नवाजा था.

इस के अलावा सिरिशा अमेरिका एस्ट्रोनौटिकल सोसायटी एंड फ्यूचर स्पेस लीडर्स फाउंडेशन के बोर्ड औफ डायरेक्टर्स में भी शामिल हैं. इस के अलावा वह पर्ड्यू यूनिवर्सिटी के यंग प्रोफेशनल एडवाइजरी काउंसिल की भी सदस्य हैं.

सिरिशा बांदला मैक्सिको से विंग्ड राकेट शिप द्वारा अंतरिक्ष की यात्रा के लिए उड़ान भरेंगी. वह ह्यूमन टेंडेड रिसर्च एक्सपीरियंस की इंचार्ज भी थीं, जिस की वजह से उन्होंने अंतरिक्ष यात्रा के दौरान एस्ट्रोनौट पर होने वाले असर का अध्ययन भी किया.

यह यात्रा पूरी करने के बाद सिरिशा बांदला की कंपनी के मालिक 71 साल के रिचर्ड ब्रैनसन ने अपना अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन की कंपनी वर्जिन गैलेक्टेटिक की टीम की यह 17 साल की मेहनत का परिणाम है.

अंतरिक्ष में जाने वाले स्पेसशिप के उड़ान भरने से ले कर वापस आने में कुल एक घंटे का समय लगा. इस यात्रा पर जाने वाले सभी लोगों ने अंतरिक्ष में करीब 5 मिनट तक रुक कर भारहीनता का अनुभव किया.

अंतरिक्ष की यात्रा पर जाने वाला अंतरिक्ष यान साढ़े 8 मील यानी 13 किलोमीटर की ऊंचाई पर जा कर मूल विमान से अलग हो गया और करीब 88 किलोमीटर की ऊंचाई पर जा कर अंतरिक्ष के छोर पर पहुंच गया, जहां इस यात्रा पर सभी लोगों ने भारहीनता का अनुभव किया.

अंधविश्वास की पराकाष्ठा

साइंस ने भले ही कितनी भी तरक्की क्यों न कर ली हो, भले ही हम डिजिटल युग में आ गए हों, जहां

ज्यादातर जरूरी काम बैठेबैठे हो जाते हैं. लेकिन इस के बावजूद अंधविश्वास ने हमारा पीछा नहीं छोड़ा है. आश्चर्य तब होता है जब पढ़ेलिखे लोगों को अंधविश्वास के आगे सिर झुकाते देखा जाता है.

हमारे समाज के कितने ही लोग अपनी गलीसड़ी मानसिकता के साथ अभी तक अंधविश्वास की खाइयों में पड़े हैं. यह पिछले दिनों कौशांबी जिले के गांव बेरूई में देखने को मिला. खबर फैली कि 6 साल का बच्चा बीमार लोगों को छू कर इलाज कर रहा है. बीमारी कोई भी हो 6 वर्षीय गोलू बाबा के छूने भर से दूर हो जाती है.

इसी के चलते बेरुई में उस के घर के सामने लंबीलंबी कतारें लग रही हैं. आश्चर्य की बात यह कि उस के पास गांव कस्बों के लोग भी नहीं महानगरों के पढ़ेलिखे लोग भी आ रहे हैं. जिन के चलते गांव में मेला सा लग जाता है.

6 वर्षीय गोलू बाबा का मकान गांव के बाहर खेत पर बना था. उस के पिता का नाम है- राजू पासवान, गोलू उस का एकलौता बेटा था. बेरूई गांव में रोजाना हजारों की भीड़ जुट रही थी. राजू के मकान से कुछ दूर साइकिल स्टैड, मोटरसाइकिल स्टैंड बना दिए गए थे. वहां सैकड़ों की संख्या में साइकिलें, मोटरसाइकिलें खड़ी होने लगी थीं. थोड़ी दूर आगे टैंपो स्टैंड बनाया गया था. कुछ कारें भी वहां आने लगी थीं. प्रशासन की ओर से वहां 2 सिपाहियों और 2 होम गार्डों की ड्यूटी भी लगाई गई थी.

गोलू बाबा के दरबार में 2 लाइनें लगती थीं. एक पुरुषों की दूसरी औरतों की. भीड़ बढ़ी तो गांव के 4-5 युवकों ने 10 रुपए फीस ले कर टोकन बांटने शुरू कर दिए. मतलब यह कि गोलू बाबा उसी का स्पर्श करता था, जिस के पास टोकन होता था. टोकन नंबर से उस के पास जाया जाता था.

बेरूई गांव उतर प्रदेश के नवनिर्मित जिले कौशांबी में है. कौशांबी पहले इलाहाबाद जिले का कस्बा था. बाद में इलाहाबाद की 2 तहसीलों को सम्मिलित कर कौशांबी को नया जिला बना दिया गया. कौशांबी के थाना अंकिल सराय क्षेत्र का गांव बेरुई दलित बाहुल्य है. इस गांव में रहने वाले राजू पासवान के परिवार में पत्नी गोमती देवी के अलावा एक बेटी सरोजनी और एक बेटा गोलू था.

राजू के पास नाममात्र की जमीन थी. वह मेहनत मजदूरी कर के परिवार का भरणपोषण करता था. गांव में उस का मिट्टी का घर था, जो बरसात में गिर गया था. इस की जगह उस ने अपने खेत के किनारे पक्का मकान बनवा लिया था और उसी में परिवार के साथ रहने लगा था.

राजू पासवान का बेटा गोलू एकलौता बेटा था, इसलिए घरपरिवार के लोग उसे बहुत प्यार करते थे. चाचा मनोज का तो वह आंख का तारा था. घर आंगन में खेलकूद कर जब गोलू ने 4 वर्ष की उम्र पार की तो उसे बेरुई गांव के प्राथमिक स्कूल में दाखिल करा दिया गया. गोलू गांव के हमउम्र बच्चों के मुकाबले पढ़ने में कमजोर था. एक वर्ष बाद गोलू दूसरी कक्षा में आ गया.

अभी तक सब कुछ सामान्य था. राजू का परिवार गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन कर रहा था. उस का बेटा गोलू सामान्य बालक की तरह हंसखेल कर बचपन व्यतीत कर रहा था. लेकिन अचानक एक ऐसी घटना घटी जिस ने सभी को आश्चर्य में डाल दिया. अफवाह और अंधविश्वास ने रातोंरात राजू के बेटे गोलू को चमत्कारिक बना दिया. गोलू सोशल मीडिया, प्रिंट मीडिया और इलेक्ट्रौनिक मीडिया की सुर्खियों में आ गया.

गोलू बन गया चमत्कारी   6 वर्षीय बालक गोलू व उस की मां गोमती देवी के अनुसार 10 अगस्त, 2019 को गोलू अपनी नानी के घर से चाचा मनोज के साथ घर वापस लौट रहा था. अचानक वह यमुना नदी के पुल पर रुक गया. उस ने मनोज से कहा, ‘‘चाचा तुम थोड़ी देर रुको, मुझे मछलियां देखनी हैं.’’

मनोज थका हुआ था. वह यमुना किनारे पेड़ की छांव में लेट कर आराम करने लगा. जबकि गोलू यमुना के पानी में मछलियां देखने लगा. अचानक पानी में उसे एक बड़ी मछली दिखाई दी, जो नथुनी पहने थी. बड़ी मछली देख कर राजू डर कर मूर्छित हो गया. उस की मूर्छा तब टूटी, जब मछली ने उछल कर उस के मुंह पर पानी उड़ेला. मूर्छा टूटी तो मछली बोली, ‘‘तुम डरो नहीं, मैं ने तुम्हें दैवीय शक्ति दे दी है. आज के बाद तुम जिस व्यक्ति को अपने हाथों से छू दोगे, वह निरोगी हो जाएगा.’’

घर वापस आने पर गोलू ने मछली वाली कहानी अपने मातापिता व अन्य परिजनों को बताई तो उन्होंने सहजता से उस की बात पर विश्वास कर लिया. दूसरे दिन गोलू स्कूल गया तो उस ने साथ पढ़ने वाले बच्चों को मछली वाली कहानी बताई. बाल बुद्धि बच्चों ने कौतूहलवश गोलू की कहानी को सच मान लिया.

बच्चों ने गोलू से अपने शरीर को छूने को कहा. गोलू ने उन्हें छुआ तो वह चिल्लाने लगे कि मेरे शरीर का दर्द चला गया. बच्चों की बात स्कूल में पढ़ाने वाले मास्टर कृपाशंकर तक पहुंची तो उन्होंने बच्चों को डांटा और अफवाह न फैलाने की बात कही.

मास्टरजी ने बच्चों को तो डांट दिया. लेकिन अपने बारे में सोचने लगे, क्योंकि वह खुद कमर दर्द से पीडित थे. उन्हें लगा कि कहीं बच्चे सच तो नहीं कह रहे. उन्होंने गोलू को एकांत में बुला कर कमर छूने को कहा. गोलू ने जैसे ही कमर पर हाथ रखा तो उन्हें चट्ट की आवाज सुनाई दी और दर्द से राहत मिल गई.

स्कूल कर्मचारी सपना सिर दर्द से परेशान थी. गोलू के स्पर्श से उसे सिर दर्द में आराम मिल गया. इन दोनों को अपनेअपने दर्द में कोई राहत मिली थी या नहीं, यह तो वही जानें, लेकिन इस सब से स्कूल में गोलू की इज्जत बढ़ गई.

बेरूई गांव के आसपास के गांवों में अफवाह फैली तो लोग राजू के घर आ कर बालक गोलू से इलाज कराने लगे. गोलू जब स्कूल में होता तो लोग वहां भी पहुंच जाते और गोलू को जबरन स्कूल से बाहर ले आते. लोगों का स्कूल में आनाजाना शुरू हुआ तो हेडमास्टर ने राजू पासवान को बुलवा कर गोलू को स्कूल न भेजने का फरमान जारी कर दिया.

गोलू का स्कूल जाना बंद हुआ तो लोग उस के घर पर आने लगे. गोलू के मातापिता उसे सुबहसुबह नहलाधुला कर घर के बाहर तख्त पर बिठा देते. इस के बाद गोलू आने वाले लोगों को स्पर्श कर उन का रोग दूर करता. कहते हैं, अफवाह की चाल हवा से भी तेज होती है. शुरू में तो सौपचास लोग ही इलाज के लिए आते थे, लेकिन जब अफवाह एक गांव से दूसरे गांव में फैली तो राजू पासवान के घर पर भीड़ जुटने लगी.

अफवाह, अंधविश्वास और भीड़ जुटने की जानकारी जब थाना सराय अंकिल के थानाप्रभारी मनीष कुमार पांडेय को लगी तो वह पुलिस टीम के साथ बेरूई गांव पहुंचे. उन्होंने वहां मौजूद लोगों को समझाया कि विज्ञान के इस युग में आप लोग अंधविश्वास के चक्कर में न पड़ें. इस बालक में ऐसी कोई शक्ति नहीं है कि किसी के मर्ज ठीक कर सके. यह सब आप का वहम है.

उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि वे कई ऐसे बाबाओं को जानते हैं, जो चमत्कार दिखा कर लोगों को बेवकूफ बनाते थे. मैं उन का नाम नहीं लेना चाहता, लेकिन आज वे जेल में हैं और अदालत से जमानत की भीख मांग रहे हैं. इसलिए सभी से गुजारिश है कि आप अफवाह न फैलाएं और अंधविश्वास से दूर रहें.

लेकिन अंधविश्वास की जड़ें इतनी गहरी होती हैं कि उन्हें उखाड़ फेंकना आसान नहीं होता. यहां भी ठीक ऐसा ही हुआ. अंधविश्वासी लोगों को इंसपेक्टर मनीष कुमार पांडेय की नसीहत नागवार लगी. इंसपेक्टर की नसीहत के बावजूद दूसरे रोज और ज्यादा भीड़ उमड़ पड़ी.

यह जान कर मनीष पांडेय खीझ गए. वह बेरूई गांव पहुंचे और बालक गोलू, उस की मां गोमती तथा पिता राजू पासवान को अज्ञात स्थान पर ले गए और तीनों को नजरबंद कर दिया.  होने लगी नेतागिरी पुलिस द्वारा गोलू तथा उस के मातापिता को नजरबंद करने की जानकारी लोक जनशक्ति पार्टी के दलित नेता राजीव पासवान को मिली तो वह अपने समर्थकों के साथ बेरूई गांव आए. गांव में उन्होंने पुलिस काररवाई को गलत बताते हुए भड़काऊ बयान दिया.

उन्होंने कहा कि 6 वर्षीय बालक गोलू गरीब दलित का बेटा है इसलिए पुलिस ने उसे व उस के मातापिता को नजरबंद कर दिया है. यही गोलू अगर किसी ब्राह्मण का बेटा होता तो पुलिस किसी पीपल या बरगद के पेड़ के नीचे तख्त डाल कर बिठा देती और उस की सुरक्षा करती.

राजीव पासवान ने कहा कि वह गोलू व उस के मातापिता को रिहा कराने के लिए डीएम व एसपी से बात करेंगे. फिर भी बात न बनी तो लोक जनशक्ति पार्टी के नेता तथा केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान से मिलेंगे और तीनों को हर हाल में रिहा कराएंगे.

गोलू को नजरबंद हुए अभी 2 ही दिन बीते थे कि क्षेत्रीय विधायक संजय कुमार गुप्ता अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ बेरूई गांव आए. उन्होंने डीएम मनीष कुमार वर्मा तथा एसपी प्रदीप गुप्ता से मोबाइल फोन पर बात की और नजरबंद बालक गोलू तथा उस के मातापिता को बेरूई गांव बुलवा लिया.

बालक गोलू से मिलने और बातचीत करने के बाद विधायक संजय गुप्ता ने अंधविश्वास को बढ़ावा देने वाला बयान दिया, जबकि उन्हें लोगों को अंधविश्वास से दूर रहने की नसीहत देनी चाहिए  थी.

विधायक संजय गुप्ता ने कहा कि बालक गोलू से बात कर के और उस के हाथों के स्पर्श से उन्हें भी बच्चे के अंदर दैवीय शक्ति की अनुभूति हुई है. गोलू नाम के इस बच्चे के ऊपर वाकई दैवीय कृपा है, जिस के छूने मात्र से असाध्य रोग ठीक हो जाता है.

उन्होंने आगे कहा कि यह बच्चा किसी को छूता है तो अंदर से चट्ट सी आवाज आती है. यह आवाज हमने भी सुनी है. निश्चित तौर पर जन कल्याण के लिए पैदा हुए इस बच्चे के माध्यम से लोगों को लाभ होगा, ऐसा मुझे विश्वास है.

विधायक के इस बयान के बाद अंधविश्वास को बढ़ावा मिला तो लोगों की भीड़ और भी ज्यादा जुटने लगी. इलाहाबाद, फतेहपुर, कानपुर, इटावा, उन्नाव और लखनऊ आदि जिलों से पीडि़त लोग आने लगे. भीड़ का रिकौर्ड तब टूटने लगा जब चमत्कारी बालक की खबरें सोशल मीडिया पर वायरल होने लगीं, प्रिंट मीडिया में छपने लगीं और इलेक्ट्रौनिक मीडिया पर दिखाई जाने लगीं. अभी तक लोग जिलों से ही आते थे. अब अन्य प्रदेशों से भी आने लगे.

अगस्त माह बीततेबीतते 15 दिनों में बेरूई गांव में 4-5 हजार लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई. जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन अंधाबहरा हो गया. हां, इतना जरूर हुआ कि कुछ बेरोजगारों को रोजगार मिल गया. गोलू बाबा के दरबार के बाहर कई दरजन चाय, पान और खानेपीने की दुकानें सज गईं.

आटो टैंपो वालों की आमदनी 10 से 20 गुना बढ़ गई. आसपास के जिलों के होटल मालिकों की भी आमदनी बढ़ गई. यही नहीं गोलू बाबा के परिजनों को भी अच्छी आमदनी होने लगी.

दरअसल, जब भीड़ बढ़ी तो गांव के कुछ दबंग युवकों ने गोलू के परिजनों के साथ मिल कर एक कमेटी बना ली और कमेटी मेंबरों को पहचान पत्र दे दिया गया. इस कमेटी के सदस्यों ने 10 रुपए में टोकन नंबर देने शुरू कर दिए, जो कमाई का बड़ा जरिया बना. गोलू बाबा से मिलने के लिए दिन रात टोकन दिए जाने लगे.

इन दबंगों ने विरोध करने वालों से निपटने के लिए लठैत युवकों को तैनात कर दिया गया, जिन्हें भीड़ को संभालने का जिम्मा सौंपा गया. टोकन नंबर धारी ही गोलू बाबा के पास पहुंचता और उस के तथाकथित स्पर्श पा कर रोग से राहत पाता.

आस्था और अंधविश्वास के मेले में ऐसे तमाम स्त्रीपुरुष थे, जिन का रोग गोलू बाबा के स्पर्श मात्र से ठीक हो गया था, लेकिन ऐसे लोगों की कमी नहीं थी जो गोलू बाबा के स्पर्श से ठीक नहीं हुए थे. उन का कहना था कि यह सब अंधविश्वास है, लेकिन गोलू बाबा के समर्थक और कमेटी के लोग बाबा के विरुद्ध कुछ सुनना या बोलना पसंद नहीं करते थे.

बेहोश हो कर गिरा चमत्कारी बालक  कौशलपुरी (कानपुर नगर) निवासी रवींद्र मोहन ठक्कर सामाजिक कार्यकर्ता हैं. ठक्कर पेट रोग से पीडि़त थे, उन्हें एक टीवी चैनल के माध्यम से गोलू के बारे में पता चला तो वह बेरूई गांव आए. गोलू बाबा ने उन्हें स्पर्श किया, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ.

वह समझ गए कि यह सब अफवाह और अंधविश्वास है. उन्होंने कौशांबी पहुंच कर डीएम और एसपी से मिल कर अपना विरोध जताया और इस अंधविश्वास को जल्दी खत्म कराने की अपील की.

8 सितंबर, 2019 को गोलू बाबा के दरबार में लगभग 5-6 हजार लोगों की भीड़ जुटी थी. मरीजों के स्पर्श करने के दौरान गोलू बाबा की तबीयत बिगड़ गई. पुलिस प्रशासन को खबर लगी तो एसपी प्रदीप गुप्ता ने तत्काल मासूम बालक को अस्पताल में भरती करने का आदेश दिया.

आदेश पाते ही मझनपुर, कौशांबी कोतवाल उदयवीर सिंह, बेरूई गांव पहुंचे और गोलू को जीप में बिठा कर कौशांबी लाए. उसे जिला अस्पताल में भरती करा दिया गया. कौतूहलवश कई नर्स व कर्मचारी चमत्कारी बालक को देखने के लिए आए.

जिला चिकित्सालय के सीएमओ दीपक सेठ की देखरेख में बालरोग विशेषज्ञ डा. आर.के. निर्मल ने गोलू का शारीरिक परीक्षण किया और एमआरआई कराई.

शारीरिक परीक्षण के बाद डा. निर्मल कुमार ने बताया कि बालक शारीरिक रूप से स्वस्थ है उसे कोई बीमारी नहीं है. थकान के चलते वह मूर्छित हो गया था. उन्होंने यह भी बताया कि उस के शरीर में कोई दैवीय या चमत्कारिक शक्ति नहीं है. दूसरे बच्चों की तरह वह भी बालक है.

जिला अस्पताल में ही कोतवाल उदयवीर सिंह ने बालक गोलू से स्पर्श करा कर इलाज कराया. वह कमर दर्द से परेशान थे. नर्स रमा ने भी स्पर्श करा कर इलाज कराया. वह पीठ दर्द से पीडि़त थी. दोनों ने कहा कि उन का दर्द चला गया है.

कोतवाल उदयवीर सिंह द्वारा बालक के स्पर्श वाला इलाज कराने का वीडियो सोशल मीडया पर वायरल हुआ तो एडीजी इलाहाबाद ने नाराजगी जताई. यही नहीं उन्होंने त्वरित काररवाई करते हुए अंधविश्वास को बढ़ावा देने वाले इंसपेक्टर उदयवीर सिंह को लाइन हाजिर कर दिया.

आस्था और अंधविश्वास के बीच गोलू बाबा जब मीडिया की सुर्खियां बना तो चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के सदस्य भी गोलू की जांच करने पहुंचे. जांच के बाद कमेटी के सदस्य मोहम्मद रेहान ने इसे मात्र एक अफवाह और अंधविश्वास मानते हुए बच्चे के मौलिक अधिकारों का हनन बताया. साथ ही एसपी प्रदीप गुप्ता से जेजे एक्ट के प्रावधानों के तहत काररवाई करने की मांग की.

चाइल्ड वेयफेयर कमेटी की रिपोर्ट के बाद जिला पुलिस प्रशासन की नींद टूटी. एसपी प्रदीप गुप्ता ने 11 सितंबर, 2019 को बेरूई गांव में भारी पुलिस तैनात कर दिया, जिस ने भीड़ को वहीं से खदेड़ दिया. यही नहीं उन्होंने गोलू बाबा तथा उस के परिवार वालों को नजरबंद करा दिया. ताकि अंधविश्वासी उस से न मिल सके.

एसपी प्रदीप गुप्ता ने अंधविश्वास का मेला बंद तो करा दिया है, लेकिन अब सूबे के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, सांसद विनोद सोनकर, डीएम मनीष कुमार वर्मा तथा बाल विकास मंत्री, स्वाति सिंह की जिम्मेदारी है कि वह पुन: इस अंधविश्वास को न पनपने दें. साथ ही विधायक संजय गुप्ता तथा राजीव पासवान जैसे लोगों पर भी नजर रखें जिन्होंने सरे आम अंधविश्वास को बढ़ावा देने वाले बयान दिए.

बहरहाल यह तो समय ही बताएगा कि गोलू बाबा का दरबार पुन: चालू होगा या फिर बंद हो जाएगा. कथा संकलन तक गोलू बाबा उस के मातापिता थाना सराय अंकिल पुलिस थाने में नजरबंद थे. कुछ शरारती तत्वों, जिन की कमाई की दुकानें बंद हो गई थीं, ने पुलिस थाने पर धरनाप्रदर्शन भी किया.