Agra Crime: बहन को बीवी बनाने की जिद

Agra Crime: प्रदीप और शिवानी भले ही एकदूसरे को प्यार करते थे, लेकिन उन के रिश्ते ऐसे थे कि शादी नहीं हो सकती थी. शिवानी ने तो घर वालों के दबाव में पैर पीछे खींच लिए, लेकिन प्रदीप जिद पर अड़ गया. नतीजा क्या निकला…

आगरा की ऐतिहासिक इमारतों में ताज के बाद सिकंदरा स्थित अकबर के मकबरे का नाम आता है. इस शानदार और गौरवमयी इमारत का निर्माण बादशाह अकबर ने करवाया था. हर साल देशविदेश के हजारों पर्यटक इस इमारत को देखने आते हैं. इसी ऐतिहासिक इमारत में 6 अप्रैल, 2015 को एक अनहोनी हो गई. किसी पर्यटक ने वहां एक लड़की की खून सनी लाश देखी तो उस ने शोर मचा दिया, जिस से उधर घूम रहे पर्यटक वहां इकट्ठा हो गए. लड़की की लाश देख कर लोग हैरान थे कि पता नहीं किस ने इस की हत्या कर दी. सूचना पा कर वहां मौजूद सिक्योरिटी गार्ड भी पहुंच गए. उन्होंने इस की सूचना थाना सिकंदरा पुलिस को फोन कर के दे दी.

सिकंदरा के गेट से थाना करीब 2 सौ मीटर की दूरी पर था. इसलिए खबर मिलते ही थानाप्रभारी ज्ञानेंद्र सिरोही थोड़ी ही देर में पुलिस टीम के साथ उस जगह पहुंच गए, जहां लड़की की लाश पड़ी थी. उन्होंने लाश का निरीक्षण शुरू किया. मरने वाली लड़की की उम्र 19-20 साल थी. हत्यारे ने किसी धारदार हथियार से उस की गरदन के अलावा पेट पर भी वार किए थे. लाश खून में तरबतर थी. लाश के पास ही एक मोबाइल फोन और एक चाकू पड़ा था. इन पर भी खून लगा था. थानाप्रभारी ने अनुमान लगाया कि हत्यारे ने इसी चाकू से इसे मौत के घाट उतारा है.

थानाप्रभारी ने उच्चाधिकारियों को भी घटना की सूचना दे दी. कोई पर्यटक घटना को अपने कैमरे में कैद न कर ले, इसलिए पुलिस ने बिना फोरेंसिक सुबूत जुटाए ही फटाफट लाश को सील कर के पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. थोड़ी देर बाद ही एसएसपी राजेश डी. मोदक के साथ खोजी कुत्ते और फोरेंसिक टीम भी मौके पर आ गई. फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट को भी बुलाया गया. सभी टीमों द्वारा काम निपटाने के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया. मृतका के पास से कोई ऐसी चीज नहीं मिली थी, जिस से उस की पहचान हो सकती. इसलिए पुलिस के लिए पहला काम मृतका की शिनाख्त कराना था. लाश के पास जो मोबाइल फोन मिला था, पुलिस ने उस की मैमोरी में सेव फोन नंबरों पर बात करनी शुरू कर दी.

उसी क्रम में एक नंबर मृतका के किसी रिश्तेदार का मिल गया. उस रिश्तेदार से बात करने पर पता चला कि वह फोन नंबर शिवानी नाम की लड़की का है. उस रिश्तेदार से पुलिस को जानकारी मिली कि शिवानी जगदीशपुरा थानाक्षेत्र की आवास विकास कालोनी के सैक्टर-7 में रहने वाले अन्नू नागर की बेटी है.

शाम साढ़े 5 बजे के करीब पुलिस अन्नू नागर के घर पहुंची. घर में अन्नू की पत्नी रेखा मिली. पुलिस को देख कर वह परेशान हो गई. पुलिस ने उस से पूछा, ‘‘आप शिवानी को जानती हैं?’’

‘‘जी, शिवानी मेरी बेटी है. मगर आप उस के बारे में क्यों पूछ रहे हैं?’’ रेखा परेशान हो कर बोली.

‘‘वह सब भी बता देंगे, लेकिन पहले यह बताओ कि शिवानी कहां है?’’ पुलिस ने पूछा.

‘‘सर, वह तो अपना फोन रिचार्ज कराने घर से निकली थी, लेकिन अभी तक लौटी नहीं. मैं उसी का इंतजार कर रही हूं. उस का फोन भी नहीं लग रहा है.’’

‘‘आप का कोई और रिश्तेदार रहता है?’’ पुलिस ने पूछा.

‘‘जी, मेरे जेठजी रहते हैं, वह डीएम औफिस में नौकरी करते हैं.’’ रेखा ने कहा.

पुलिस रेखा को ले कर मुन्नालाल के घर गई. रेखा घबरा रही थी कि पता नहीं क्या बात है, जो पुलिस उसे कुछ बता नहीं रही है. मुन्नालाल उसी समय ड्यूटी से लौटा था. अपनी भाई की पत्नी के साथ पुलिस को देख कर वह भी चौंका. पुलिस ने मुन्नालाल से बात कर के सिकंदरा में मिली लाश का फोटो दिखाया. मुन्नालाल ने उस फोटो को देख कर कहा, ‘‘अरे, यह तो मेरी भतीजी शिवानी है. इसे किस ने मार दिया?’’

‘‘अभी कुछ नहीं पता, सिकंदरा में इस की लाश मिली है. लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.’’ पुलिस ने बताया.

बेटी की हत्या की बात सुन कर रेखा दहाड़े मार कर रोने लगी. रेखा का पति अन्नू नागर एक प्रकाशन कंपनी में सुरक्षागार्ड की नौकरी करता था. मुन्नालाल ने उसे फोन कर के घर बुला लिया. इस के बाद पुलिस दोनों भाइयों को साथ ले कर थाने आ गई. थाने में लाश के पास से बरामद फोन जब दोनों भाइयों को दिखाया गया तो उन्होंने बताया कि वह मोबाइल शिवानी का ही है. इन बातों से साफ हो गया कि सिकंदरा में पुलिस ने जो लाश बरामद की थी, वह अन्नू नागर की बेटी शिवानी की थी. लाश की शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने हत्यारों तक पहुंचने के लिए जांच की शुरुआत शिवानी के घर से ही शुरू की. थानाप्रभारी ने अन्नू नागर से पूछा, ‘‘शिवानी का हत्यारा कौन हो सकता है, मेरा मतलब क्या तुम्हें किसी पर कोई शक है?’’

‘‘सर, मुझे तो एक ही आदमी पर शक है, और वह है मेरे साढ़ू का लड़का प्रदीप. यह काम उसी का हो सकता है.’’ अन्नू नागर ने अपनी शंका प्रकट की.

‘‘वह क्यों?’’ थानाप्रभारी ने पूछा.

‘‘सर, वह शादी के लिए मेरी बेटी के पीछे हाथ धो कर पड़ा था.’’ अन्नू ने कहा.

इतना सुनते ही थानाप्रभारी को यह मामला प्रेमप्रसंग का लगा. अन्नू से प्रदीप का पता मालूम करने के बाद वह अगले दिन जिला एटा के गांव निघौली कला स्थित प्रदीप के घर जा पहुंचे. प्रदीप के घर के बाहरी दरवाजे पर कुंडी लगी थी. पड़ोसियों की मौजूदगी में कुंडी खोल कर पुलिस घर में घुसी तो अंदर कोई नहीं मिला. घर की लाइट जल रही थी और सारा सामान पैक था. ऐसा लग रहा था, जैसे घर के लोग सामान सहित कहीं भागने की तैयारी में थे. लेकिन उन्हें पुलिस के आने की भनक लग गई, जिस से वे घर छोड़ कर भाग गए. लोगों ने बताया कि प्रदीप 6 अप्रैल, 2015 की सुबह 7 बजे अपने 2 दोस्तों के साथ बाइक से घर से निकला था. उस के बाद किसी ने उसे नहीं देखा.

प्रदीप का पूरा परिवार भी गायब था, जिस से पुलिस का शक पुख्ता हो गया कि वारदात प्रदीप ने ही की है. काफी देर तक जब कोई वहां नहीं आया तो एक कांस्टेबल को वहां छोड़ कर थानाप्रभारी लौट आए. अब तक शिवानी के मोबाइल फोन की काल डिटेल्स पुलिस को मिल चुकी थी. उस पर जो आखिरी काल आई थी, जांच में पता चला, वह काल प्रदीप के फोन से की गई थी. सर्विलांस टीम ने उस नंबर को सर्विलांस पर लगा दिया. अगले दिन उक्त नंबर की लोकेशन दिल्ली में मिली. थानाप्रभारी ने एक पुलिस टीम दिल्ली रवाना कर दी. दिल्ली पहुंचने पर पता चला कि उस की लोकेशन जलेसर में है. पुलिस टीम जलेसर पहुंची. इस के बाद उस फोन की लोकेशन आगरा की हो गई.

जैसेजैसे उस फोन की लोकेशन बदल रही थी, सर्विलांस टीम उस की जानकारी पुलिस टीम को दे रही थी. जब पुलिस टीम को पता चला कि उस फोन की लोकेशन आगरा में है तो पुलिस टीम उस का पीछा करते हुए आगरा पहुंच गई. आखिर 9 अप्रैल, 2015 को कारगिल पैट्रोल पंप के पास से पुलिस ने प्रदीप को हिरासत में ले लिया. पुलिस के शिकंजे में आते ही प्रदीप हक्काबक्का रह गया. थाने ला कर प्रदीप से पूछताछ शुरू हुई. शुरू में उस ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की सख्ती के सामने उस की एक नहीं चली. उस ने अपना गुनाह कबूल कर लिया और कहा कि उसी ने शिवानी की हत्या की थी.

शिवानी प्रदीप की मौसेरी बहन थी. अपनी मौसेरी बहन की हत्या की उस ने जो कहानी बताई, वह इस प्रकार थी—

उत्तर प्रदेश के जिला एटा का एक गांव है निघौली कला. रामनिवास इसी गांव के रहने वाले थे. वह पेशे से हलवाई थे. उन के परिवार में पत्नी सरोज के अलावा 6 बच्चे थे. उन में से 2 बेटियों और एक बेटे की वह शादी कर चुके हैं. अपनी बेटी सुमन और बेटे कुलदीप की शादी उन्होंने इसी साल फरवरी में 6 दिन के अंतराल पर की थी. दोनों ही शादियों में अन्नू नागर भी पत्नी रेखा और बेटी शिवानी के साथ आए थे. प्रदीप इन्हीं रामनिवास का बेटा है. शादी में आई अपनी सगी मौसेरी बहन शिवानी प्रदीप को भा गई. शिवानी की नजरों का जादू प्रदीप पर कुछ इस तरह चला कि वह उस के आगेपीछे घूमने लगा. प्रदीप अपनी कोशिशों से शिवानी को आकर्षित कर रहा था.

उसे मौके की तलाश थी. आखिर उसे वह मौका मिल गया. शिवानी किसी काम से छत पर गई तो प्रदीप भी उस के पीछेपीछे वहां पहुंच गया. वहां शिवानी को अकेली देख कर वह खुद को रोक नहीं सका. उस ने कहा, ‘‘शिवानी आज तुम कितनी सुंदर लग रही हो. तुम्हारे सामने सब फीके हैं.’’

शिवानी ने शरमा कर कहा, ‘‘भैया, तुम मजाक बहुत अच्छा कर लेते हो.’’

प्रदीप पास आ कर बोला, ‘‘देखो शिवानी, मेरी तुम्हारी उम्र में ज्यादा फर्क नहीं है, इसलिए तुम मुझे भैया कहने के बजाय नाम से बुलाया करो.’’

‘‘अगर तुम कह रहे हो तो मैं नाम से ही बुलाऊंगी. तुम भी कभी आगरा आना. वहां बहुत सी देखने लायक जगहें हैं.’’

‘‘तुम कह रही हो, इसलिए जरूर आऊंगा. हां, एक बात कहना चाहता हूं कि यह ड्रेस तुम पर बहुत अच्छी लग रही है.’’

प्रदीप की बात सुन कर शिवानी हंसने लगी.

6 दिनों में शिवानी और प्रदीप की कई बार लंबीलंबी बातें हुईं. प्रदीप के मन में अजीब से भाव उमड़ रहे थे, जबकि शिवानी के लिए वह सिर्फ मौसेरा भाई था. शादी के बाद सारे मेहमान जाने लगे थे. प्रदीप के मन में अजीब सी हलचल थी, क्योंकि वह अभी तक अपने दिल की बात शिवानी से कह नहीं पाया था. शिवानी के जाने से पहले वह उस से मन की बात कह देना चाहता था. मौके के इंतजार में वह शिवानी के इर्दगिर्द मंडराने लगा. जैसे ही उसे मौका मिला, वह शिवानी का हाथ पकड़ कर एकांत में ले गया. इस से पहले कि शिवानी कुछ समझ पाती, उस ने कहा, ‘‘शिवानी, मैं तुम से प्यार करने लगा हूं और अब मैं तुम्हारे बिना नहीं रह सकता. तुम तो यहां से चली जाओगी, लेकिन तुम्हारे बिना मेरा दिल नहीं लगेगा.’’

प्रदीप की बात शिवानी को कुछ अजीब सी लगी, क्योंकि प्रदीप उस का मौसेरा भाई था. वह उसे कोई जवाब दिए बगैर वहां से चली गई. अगले दिन शिवानी अपने मांबाप के साथ आगरा आ गई. आगरा आने के बाद शिवानी की मनोस्थिति कुछ अजीब सी थी. शिवानी के जाने के बाद वास्तव में प्रदीप बेचैन हो गया. वह जबतब शिवानी को फोन कर के मीठीमीठी बातों से उसे लुभाने की कोशिश करने लगा. शिवानी भी उम्र की उस दहलीज पर खड़ी थी, जहां भावनाओं और उमंगों का सैलाब दूर तक बहा कर ले जाने की कोशिश करता रहता है अर्थात शिवानी का झुकाव भी प्रदीप की तरफ होने लगा. उसे प्रदीप अच्छा लगने लगा.

एक दिन प्रदीप ने शिवानी को फोन किया कि वह आगरा आ रहा है. उस के आने की बात पर शिवानी खुश हो गई. उस का मन भी प्रदीप से मिलने के लिए उमड़ने लगा. प्रदीप आगरा पहुंचा तो शिवानी घर में बिना बताए तय जगह पर प्रदीप से मिलने पहुंच गई. वहां से प्रदीप शिवानी को ताजमहल ले गया. वहीं पर शिवानी ने प्रदीप की मोहब्बत कबूल कर ली. शिवानी और प्रदीप भले ही रिश्ते में भाईबहन थे, लेकिन उन की सोच नए जमाने की थी. इसलिए प्यार के नशे में वे अपने बहनभाई के रिश्ते को भूल गए. प्रदीप ने तय किया कि वह शिवानी से ही शादी करेगा. लेकिन उस के सामने समस्या यह थी कि वह अपने घर वालों से मन की बात कहे कैसे कि वह मौसेरी बहन शिवानी के साथ शादी कर के अपनी दुनिया बसाना चाहता है.

हालांकि वह जानता था कि दिल की बात जुबां तक आते ही परिवार और समाज में तूफान आ जाएगा. पर वह अपने उस दिल का क्या करता, जो केवल शिवानी के लिए ही धड़क रहा था. अपनी दुनिया बसाने की गरज से वह दिल्ली जा कर शादीब्याह में हलवाईगिरी का काम करने लगा. बीचबीच में वह शिवानी से मिलने आगरा आता रहता था. एक दिन जब वह आगरा आया तो उस ने शिवानी से कहा, ‘‘शिवानी, मैं चाहता हूं कि हमारा यह प्यार एक नए रिश्ते में बदल जाए. मैं तुम से शादी करना चाहता हूं, इसलिए तुम अपनी मम्मीपापा से बात कर लो. तुम उन की अकेली संतान हो, इसलिए वे तुम्हारी बात मान भी लेंगे.’’

‘‘तुम यह क्या कह रहे हो प्रदीप. बेशक तुम मुझे बहुत अच्छे लगते हो, पर मेरे मांबाप इस रिश्ते के लिए हरगिज तैयार नहीं होंगे.’’

‘वह सब बाद में देखेंगे. अभी तो हमें यह देखना है कि उन की क्या राय है? मैं फिलहाल दिल्ली जा रहा हूं. तुम फोन कर के बताना कि वे क्या कह रहे हैं?’

‘‘ठीक है, मैं कोशिश कर के देखती हूं.’’ शिवानी ने जवाब दिया.

प्रदीप तो चला गया, लेकिन शिवानी को कशमकश में डाल गया. उस के मन में यही बात घूम रही थी कि शादी की बात मां से कैसे कहे. फिर हिम्मत कर के उस ने एक दिन अपनी मां से कहा, ‘‘मम्मी, प्रदीप मुझ से शादी करना चाहता है.’’

बेटी की बात सुन कर रेखा की आंखें फटी की फटी रह गईं. वह हैरान हो कर बोली, ‘‘यह क्या कह रही है? वह तेरा भाई है और भाईबहन के बीच शादी कभी नहीं हो सकती.’’

मां के सख्त तेवर देख कर शिवानी सहम गई. दूसरी ओर रेखा चिंता में पड़ गई. उस ने कहा, ‘‘आज के बाद तू प्रदीप से कभी भी नहीं मिलेगी.’’

मां का गुस्सा देख कर शिवानी कोई जवाब नहीं दे सकी. फोन कर के उस ने प्रदीप से कह दिया कि मम्मीपापा इस रिश्ते के लिए कभी तैयार नहीं होंगे.

‘‘देखो शिवानी, कोई माने या न माने, शादी तो मैं तुम्हीं से करूंगा और जल्दी ही यह बात मैं अपने घर में बता दूंगा. उस के बाद मेरी मम्मी तुम्हारी मम्मी को मना लेंगी.’’ प्रदीप ने कहा. जब रेखा ने बेटी की बात पति अन्नू को बताई तो अन्नू ने शिवानी को डांटने के बजाय प्यार से समझाया कि बेटा समाज ऐसे रिश्तों को कभी कबूल नहीं करता, इसलिए बेहतर यही होगा कि तुम उस का फोन रिसीव ही मत करो. पिता की बात को शिवानी समझ रही थी. वह कशमकश में फंस गई कि अब क्या करे. एक ओर उस के मांबाप थे तो दूसरी ओर उस का प्यार प्रदीप. आखिर उस ने तय किया कि मांबाप की इज्जत को ध्यान में रख कर वह प्रदीप से न तो मिलेगी और न ही उस का फोन रिसीव करेगी.

दूसरी ओर एक दिन हिम्मत कर के प्रदीप ने अपने मांबाप से कह दिया कि वह शिवानी से शादी करना चाहता है. उस की बात सुन कर पिता रामनिवास हक्केबक्के रह गए. उन्होंने उसे डांटते हुए कहा, ‘‘तेरा दिमाग तो खराब नहीं हो गया है? तू जानता है कि वह तेरी बहन लगती है. उस से तेरी शादी हरगिज नहीं हो सकती.’’

लेकिन प्रदीप के सिर पर तो मोहब्बत का जादू चढ़ कर बोल रहा था. उस पर पिता के समझाने का कोई असर नहीं हुआ. अपने प्यार की खातिर उस ने अपने घर वालों से बगावत कर ली. उस ने कह दिया कि वह हर हालत में शिवानी से शादी करेगा. अपने मांबाप से बगावत करने की बात शिवानी से बता कर प्रदीप ने शिवानी को फोन किया. लेकिन शिवानी ने उस का फोन रिसीव नहीं किया. कई बार फोन करने के बाद भी जब शिवानी ने फोन रिसीव नहीं किया तो वह परेशान हो गया. उस के बारबार फोन करने की बात शिवानी ने अपनी मां रेखा को बता दी.

रेखा ने एक दिन परिवार वालों को बुला कर पंचायत की. सब ने प्रदीप को फटकारा और कहा कि उस की जिद गलत है. बहन के साथ कभी शादी नहीं हो सकती. प्रदीप को लगा कि वह अकेला पड़ता जा रहा है. उस का बागी मन यह सोच कर परेशान था कि उस की खुशी में समाज का क्या लेनादेना. सभी ने बहुत समझाया, पर उस ने अपना फैसला नहीं बदला. प्यार जब हद से गुजर जाता है तो जुनून बन जाता है. उस ने रात में ही शिवानी को फोन किया. इस बार शिवानी ने उस की काल रिसीव कर के साफ कह दिया कि वह घर वालों की मरजी के बिना कुछ नहीं कर सकती. इसलिए वह उस से शादी करने की बात भूल जाए.

‘‘शिवानी, मना तो मेरे घर वाले भी कर रहे हैं, लेकिन मैं ने उन की बात ठुकरा दी. मैं तुम्हारे लिए उन्हें भी छोड़ने को तैयार हूं. अब तुम अपने कदम पीछे मत खींचो.’’

‘‘प्रदीप, मैं एक लड़की हूं, इसलिए मैं घर वालों के खिलाफ नहीं जा सकती.’’ यह कह कर उस ने फोन काट दिया.

उसी बीच अन्नू को पता चल गया कि शिवानी और प्रदीप के बीच फोन पर बातें हुई हैं तो उस ने शिवानी के मोबाइल का सिम तोड़ दिया. अब प्रदीप का शिवानी से संपर्क पूरी तरह से टूट गया. वह बहुत आहत था. उस की हालत जख्मी शेर सी हो गई. एक दिन उस ने शिवानी के पिता अन्नू को फोन पर धमकाया कि अगर उस ने शिवानी की शादी मेरे अलावा किसी और से कर दी तो वह शिवानी को मार डालेगा. अन्नू प्रदीप की हरकतों से परेशान था. उस ने तय किया कि वह जल्दी ही बेटी की शादी कर के प्रदीप से अपना पीछा छुड़ा लेगा. पिता को परेशान देख कर शिवानी ने उन से वादा किया, ‘‘पापा, आप परेशान न हों. अब मैं प्रदीप से कभी बात नहीं करूंगी.’’

बेटी पर विश्वास करते हुए अन्नू ने उसे नया सिम कार्ड ला कर दे दिया. प्रदीप को पता नहीं कहां से शिवानी का नया नंबर मिल गया तो वह फिर उसे फोन करने लगा. शिवानी ने उस से साफ कह दिया कि उस के पापा उस के लिए रिश्ता देख रहे हैं. वह उस से न शादी कर सकती और न ही कोई संबंध रखना चाहती है. शिवानी के रिश्ते की बात सुन कर प्रदीप एक तरह से पागल हो उठा. उस का किसी काम में मन नहीं लग रहा था. वह गुस्से में उबलने लगा. इस के बाद उस ने कई बार कोशिश की कि वह शिवानी से मिल कर अपने दिल का हाल बताए, लेकिन शिवानी उस से मिलना नहीं चाहती थी. प्रदीप समझ गया कि शिवानी उसे दगा दे गई. उस ने तय किया कि वह शिवानी को किसी और की नहीं होने देगा. अगर वह नहीं मानी तो वह उसे छोड़ेगा नहीं.

प्रदीप के दिमाग पर शैतान बैठ गया. खून उस के सिर पर सवार हो गया. उस ने 5 अप्रैल को एक तेज धार वाला चाकू खरीद कर रख लिया. इस के बाद उस ने शिवानी को फोन कर के कहा, ‘‘शिवानी चलो मैं ही तुम्हारी बात मान कर अपना रास्ता बदल लेता हूं, पर एक बार तुम मुझ से जरूर मिल लो. बस आखिरी बार हमारे प्यार की खातिर.’’

शिवानी मौत की दस्तक से अनभिज्ञ थी. इसलिए उस ने कहा, ‘‘ठीक है, जब तुम इतनी जिद कर रहे हो तो मिल लूंगी.’’

प्रदीप ने उसे मिलने के लिए सिकंदरा बुलाया. शिवानी मां से मोबाइल रिचार्ज कराने की बात कह कर अपने घर से निकली. वह सीधे सिकंदरा पहुंची, जहां प्रदीप उस का इंतजार कर रहा था. शिवानी प्रदीप को देख कर मुसकराई, मगर प्रदीप ने नजर फेर ली. शिवानी ने पूछा, ‘‘कहो, क्या कहना है?’’

‘‘क्या सारी बातें यहीं कर लोगी, अंदर चलते हैं.’’

‘‘प्रदीप मुझे जल्दी घर जाना होगा.’’ शिवानी बोली.

‘‘ठीक है, चली जाना.’’ प्रदीप ने लापरवाही से कहा, ‘‘कुछ देर बैठ कर बातें कर लेते हैं.’’

इस के बाद सिकंदरा के अंदर जाने के लिए उस ने 10-10 रुपए के टिकट खरीदे. टिकट लेने के बाद उस ने इधरउधर देखा. गेट के पास पार्क बिलकुल सुनसान था. वह शिवानी को ले कर उधर आ गया और एक पेड़ की आड़ में बैठ गया. वहां से मेन गेट करीब सौ मीटर दूर था. शिवानी सामान्य थी, पर प्रदीप के शैतानी दिमाग में कुछ और ही चल रहा था.

प्रदीप ने कहा, ‘‘शिवानी अब बताओ कि शादी के बारे में तुम्हारा क्या खयाल है?’’

‘‘प्रदीप, मैं पहले ही कह चुकी हूं कि मम्मीपापा नहीं मान रहे हैं. फिर जरा सोचो, रिश्तेदार और मोहल्ले वाले क्या कहेंगे.’’

शिवानी के इतना कहते ही प्रदीप ने इधरउधर देखा. कोई दिखाई नहीं दिया तो उस ने जेब से चाकू निकाला और शिवानी का मुंह दबा कर चाकू का एक वार उस की गरदन पर कर दिया. मुंह बंद होने से शिवानी चीख भी नहीं पाई. उस की आंखें फटी की फटी रह गईं. प्रदीप ने 5-6 वार उस के पेट में किए. कुछ ही देर में उस की मौत हो गई. उस ने चाकू वहीं फेंका और तेजी से मेन गेट से बाहर निकल गया. इस के बाद एक पर्यटक की नजर शिवानी की लाश पर पड़ी तो उस ने वहां घूमने वाले अन्य लोगों को वह लाश दिखाई. इस के बाद वहां तैनात सुरक्षा गार्डों को लड़की की लाश पार्क में पड़ी होने की जानकारी मिली तो वे घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी.

प्रदीप से पूछताछ कर के पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया. रिश्तों की मर्यादा को न समझने वाले युवक ने अपने जुनून में अपनी ही रिश्ते की बहन की जिंदगी छीन ली, पर उस के चेहरे पर शिकन तक नहीं थी. Agra Crime

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित.

 

Crime Story Hindi: जहरीली दोस्ती का दांव

Crime Story Hindi: शफीक ने प्रेमिका को पाने के लिए जो दांव खेला, वह सचमुच चौंकाने वाला था. लेकिन इस के लिए उस ने जिस दोस्त फहद को दांव पर लगाया था, उसी की हत्या की वजह से उस की कलई खुल गई. उन दिनों मेरी पोस्टिंग थाना मरीद में थी जो लाहौर और गुजरांवाला के बीच में था. उस दिन सुबह जब मैं थाने पहुंचा तो पता चला कि एक जोड़ा हवालात में बंद है. मैं एसआई हारुन से उस के बारे में पूछा. उसे उस ने बताया कि यह जोड़ा रात 2 बजे घर के बाहर चबूतरे पर बैठा गलत हरकतें कर रहा था.

मैं ने पूछा, ‘‘ये लोग हैं कौन?’’

‘‘सर, ये दोनों कस्बा रत्तावली के रहने वाले हैं, 2 दिन पहले यहां आए हैं और नेमत बीबी नाम की एक बेवा के घर किराए पर रह रहे हैं.’’ एसआई हारुन ने बताया. कस्बा रत्तावाली मरीद से करीब 10 किलोमीटर के फासले पर था. मैं ने दोनों को अपने औफिस में बुलवा कर पूछताछ की तो 25-26 साल के उस युवक ने अपना नाम फहद और लड़की ने नरगिस बताया. उन्हें देखते ही मेरे दिल में खयाल आया कि यह लड़का जरूर लड़की को भगा कर लाया है. दोनों सिर झुकाए मेरे सामने खड़े थे. मैं ने सख्त लहजे में पूछा, ‘‘कहां रहते हो और तुम्हारा आपस में क्या रिश्ता है?’’

‘‘सर, हम रत्तावाली के रहने वाले हैं और आपस में पतिपत्नी हैं. हमारी शादी करीब एक साल पहले हुई थी. मैं गांव की खेतीबाड़ी नहीं करना चाहता था, इसलिए नौकरी के लिए यहां चला आया. यहां नईम नाम के एक आदमी की बदौलत मुझे मुंशी की नौकरी मिल गई.’’ फहद ने रुकरुक कर बताया.

मैं ने उन से अगला सवाल किया, ‘‘एक साल पहले तुम्हारा निकाह किस ने पढ़ाया था?’’

यह सुन कर फहद कुछ उलझन में पड़ गया. लेकिन नरगिस झट से बोली, ‘‘मौलवी शराफत अली ने पढ़ाया था निकाह.’’

‘‘तुम्हें मौलवी का पता नहीं था?’’ मैं ने फहद को घूरते हुए कहा.

‘‘पता था साहब, लेकिन ध्यान नहीं आ रहा था. रत्तावली में एक ही तो मौलवी हैं, जो मसजिद में नमाज भी पढ़ाते हैं.’’

इस पूछताछ के बाद मैं ने दोनों को जाने की इजाजत दे दी, साथ ही यह भी कहा कि जांच पूरी होने तक वे कस्बा छोड़ कर कहीं नहीं जाएं. उन दोनों के जाने के बाद मैं भी अने कामों में व्यस्त हो गया. रात को अच्छी बारिश हुई. मौसम भी ठीक हो गया था. सुबह जब मैं थाने पहुंचा तो एक सनसनी खेज खबर मिली कि रात को किसी ने फहद परदेसी का कत्ल कर दिया. यह सुन कर मैं हैरान रह गया. एसआई हारुन और एक कांस्टेबल के साथ मैं नेमत बीबी के घर पहुंच गया. वहां अच्छेखासे लोग जमा थे. मैं ने मकतूल फहद की लाश को गौर से देखा. वह चारपाई पर चित हालत में थी और दस्ते तक एक खंजर उस के सीने में घुसा हुआ था. चारपाई के नीचे खून फैला हुआ था.

2 बातें मुझे चौंका रही थीं. एक तो लाश की पोजीशन और दूसरे नरगिस का वहां से गायब होना. क्योंकि आदमी के सीने में अगर खंजर घोंपा जाता है तो वह तुरंत नहीं मरता, बल्कि बुरी तरह तड़पता है, पर चारपाई पर पड़ी लाश से ऐसा नहीं लग रहा था. मौके पर खोजी कुत्ता भी मंगवाया गया, लेकिन उस कुत्ते से भी कोई मदद नहीं मिल सकी. घटनास्थल की जरूरी काररवाई निपटा कर मैं ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. प्राथमिक काररवाई के बाद मैं ने पूछताछ शुरू की. नेमत बीबी करीब 60 साल की समझदार औरत थी. मैं ने उस से पूछा, ‘‘आप इस हादसे के बारे में क्या जानती हैं?’’

‘‘थानेदार जी, दोनों रात को बैठक में ठीकठाक सोए थे. उन्होंने थाने में पड़ी डांट के बारे में मुझे बता दिया था. वे परेशान से नजर आ रहे थे. पता नहीं कैसे सवेरे यह हादसा हो गया, जिस का मुझे आज सुबह ही पता चला.’’

‘‘तुम्हें कैसे पता चला, तुम बैठक के अंदर गई थीं?’’

‘‘हां, मैं अंदर गई थी. मैं सुबह जल्दी उठती हूं. नरगिस भी जल्दी उठ जाती थी. उठते ही वह सीधे बाहर आती थी उस के आदमी को भी मंडी जाना होता था. वह बरतन और किचन मेरा ही इस्तेमाल करती थी, क्योंकि उन के पास सामान नहीं था. फहद के नाश्ते का वक्त हो गया था. नरगिस बाहर नहीं आई तो मुझे अचंभा हुआ. मैं ने सोचा जा कर देखूं. बैठक का एक दरवाजा बाहर गली में खुलता है. पर मैं ने अंदर वाले दरवाजे पर दस्तक दी. कोई जवाब नहीं आया. जरा सा दबाव पड़ते ही दरवाजा खुल गया. मुझे अच्छे से याद है, रोजाना की तरह रात को अंदर से उन्होंने दरवाजे की कुंडी लगा ली थी.

‘‘फहद चारपाई पर मुर्दा पड़ा था और नरगिस गायब थी. उसे इस हालत में देख कर मैं घबरा गई, फिर बाहर जा कर लोगों को बताया. कुछ लोग यहां आ गए, उन्हीं में से कोई थाने जा कर खबर दे आया.’’

‘‘नरगिस के बारे में तुम्हें क्या पता है?’’

‘‘मैं उस के बारे में कुछ नहीं जानती.’’

नरगिस के गायब होने से मेरा ध्यान 2 बातों की तरफ जा रहा था. पहला यह कि कहीं वह फहद को कत्ल कर के तो नहीं भाग गई? दूसरा फहद को कत्ल करने वाला उसे अपने साथ ले गया था या वह अपनी मरजी से उस के साथ गई थी.

मैं ने नेमत बीबी से पूछा, ‘‘नरगिस कैसी थी? क्या वह कातिल से मिली हुई लगती थी?’’

‘‘साहब, उस की शादी को एक साल हुआ था. मेरे यहां वो 2-3 दिन पहले ही आई थी. इतने दिनों में इस से ज्यादा मैं क्या जान सकती हूं?’’

‘‘क्या इन 3-4 दिनों में कोई उन से मिलने आया था?’’

‘‘नहीं, उन से मिलने कोई भी नहीं आया था. इसी वजह से दोनों देर रात तक घर के बाहर चबूतरे पर बैठ कर बतियाते रहते थे.’’

मैं ने बाहर निकलते हुए नेमत बीबी को समझा दिया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने तक बैठक की किसी चीज को हाथ न लगाए, न ही सफाई वगैरह करे. जब मैं थाने पहुंचा तो आढ़ती नईम मेरे इंतजार में बैठा था. उस ने इस बात की तसदीक की कि फहद उस की दुकान पर लिखतपढ़त का काम करता था. वह उस की मौत पर बहुत अफसोस जता रहा था. उस से मैं ने कई सवाल पूछे पर उस ने भी वही बताया जो मुझे पहले से मालूम था. मैं ने उसे यह कह कर जाने दिया कि फहद या नरगिस के बारे में कुछ भी पता चले तो मुझे खबर करे. इन सब से पूछताछ के बाद मुझे इस बात पर यकीन नहीं हो रहा था कि वे दोनों मियांबीवी थे. मुझे लग रहा था कि ये दोनों भाग कर यहां आए थे.

मुझे पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार था. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चल सकता था कि फहद की मौत कैसे हुई? एसआई हनीफ को मैं ने फहद और नरगिस के घर रत्तावाली भेजा था, अब उन के वहां से लौटने का इंतजार था. उन से ही दोनों के बारे में और ज्यादा जानकारी मिलने की संभावना थी. दोपहर के वक्त हनीफ भी रत्तावली से वापस आ गए. उस वक्त भी बारिश हो रही थी. उन्होंने रतावली से लौट कर बताया, ‘‘साहब, फहद और नरगिस ने हम से झूठ बोला था. बस इतना सही था कि दोनों रतावली के रहने वाले थे और उन के मांबाप के नाम सही थे. लेकिन वे दोनों मियांबीवी नहीं थे. उन की शादी हुई ही नहीं थी. वहां के मौलवी शराफत अली ने भी बताया कि उन्होंने उन दोनों का निकाह नहीं पढ़ा.’’

‘‘गांव वालों से पता चला कि फहद पहली अगस्त को रत्तावाली से रवाना हुआ था. उस ने अपने घर वालों को कहा था कि वह 10-12 दिनों के लिए काम के सिलसिले में अपने दोस्त शफीक के पास जा रहा है.’’

‘‘और नरगिस का क्या किस्सा है?’’ मैं ने पूछा

‘‘नरगिस की रत्तावाली के एक लड़के जावेद से मंगनी हो चुकी थी. जल्दी ही उस की शादी होने वाली थी कि 4 अगस्त को वह भी अचानक गांव से गायब हो गई और अब तक गांव वापस नहीं पहुंची. रत्तावाली एक छोटा सा गांव है, इसलिए नरगिस के गायब होने की खबर मिनटों में ही फैल गई. उस समय फहद ही गांव से बाहर था, इसलिए गांव वाले यही शक करने लगे थे कि वह उसी के साथ भागी है. जबकि फहद का बाप करीम अली इस बात का विरोध कर रहा था. उस का कहना था कि फहद 2 दिन पहले अपने दोस्त से मिलने लाहौर चला गया था.’’

‘‘रत्तावाली तो हमारे थाने में ही आता है. मुंशी से यह पूछो कि नरगिस के बाप ने उस की गुमशुदगी की कोई रिपोर्ट तो दर्ज नहीं कराई थी?’’

‘‘अभी तक तो नहीं कराई. वैसे सुना यह है कि फहद का बाप करम अली लाहौर जा कर अपने बेटे का पता लगाएगा कि वह शफीक के पास है या कहीं और चला गया है.’’

‘‘नरगिस की जावेद नाम के जिस लड़के के साथ शादी हो रही थी, उस का क्या रिएक्शन है?’’

‘‘जनाब वह तो एकदम शांत बैठा है. असल में जावेद ने अपने बाप के जोर देने पर शादी की हामी भरी थी. वह इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं था. दरअसल जावेद के बाप और नरगिस के बाप में बहुत गहरी दोस्ती है, दोनों दोस्ती को रिश्ते में बदलना चाहते थे, पर जावेद की मां को नरगिस पसंद नहीं थी. वह उस की जगह अपनी भांजी को बहू बना कर लाना चाहती थी.’’

‘‘करम अली लाहौर जाने को कह रहा था. बेहतर यही है कि फहद की मौत की खबर तुम उन तक पहुंचा दो, एक बार फिर तुम्हें रत्तावाली जाना पड़ेगा.’’ कह कर मैं ने हनीफ को तांगे से रवाना कर दिया.

अगली सुबह मौसम साफ था. मैं थाने पहुंचा ही था कि हनीफ भी आ गए. उन के साथ फहद का बाप करम अली और नरगिस की मां आइशा भी आई थी. करम अली करीब 60 साल का दुबलापतला आदमी था, दाढ़ी सफेद हो चुकी थी. वह बहुत दुखी और टूटा हुआ दिखाई दे रहा था. आइशा करीब 50 साल की थी और तेजतर्रार दिखती थी. जैसे ही फहद का जिक्र निकला. करम अली फट पड़ा, ‘‘साहब यह क्या जुल्म हुआ?’’

मैं ने उसे तसल्ली दी और समझाते हुए कहा, ‘‘अगर तुम हमारी मदद करोगे तो हम जल्द ही कातिल को ढूंढ़ निकालेंगे.’’

‘‘हम क्या मदद कर सकते हैं, साहब?’’

‘‘जो भी पूछा जाए, उस का सचसच जवाब दो. कुछ भी नहीं छिपाना.’’

‘‘ठीक है, साहब.’’

‘‘ये बताओ कि पहली अगस्त को तुम्हारा बेटा अपने दोस्त से मिलने लाहौर गया था?’’

‘‘जी साहब, वह यही कह कर घर से गया था.’’

‘‘जिस के पास वह गया था, उस का क्या नाम है और काम कहां करता है?’’

‘‘उस का नाम शफीक है साहब. उन दोनों की बहुत पुरानी दोस्ती है. शफीक भी रत्तावाली का रहने वाला है. वह रोजगार के सिलसिले में लाहौर चला गया था. 2 साल हो गए, उसे गए हुए. महीने में दोएक बार गांव आता है. वह लाहौर में फिरोजपुर रोड पर स्थित डबलरोटी बनाने वाली किसी फैक्ट्री में काम करता है.’’

‘‘यह आखिरी सवाल है, इस का जवाब बहुत सोचसमझ कर देना. क्या तुम्हारे बेटे फहद और आइशा की बेटी नरगिस में इश्कमोहब्बत का कोई चक्कर चल रहा था?’’

‘‘सवाल ही नहीं उठता, थानेदार साहब.’’ उस से पहले नरगिस की मां आइशा बोल पड़ी.

‘‘मैं ने तुम से नहीं पूछा.’’ मैं ने उसे घूर कर देखते हुए कहा.

‘‘जनाब चंद महीने बाद मेरी बेटी की शादी होने वाली है. उस पर ऐसे इलजाम न लगाएं.’’ वह फिर उखड़ते हुए बोली.

‘‘देखो आइशा, मुझे मेरा काम करने दो, बीच में मत बोलो. हां, करम अली तुम ने मेरे सवाल का जवाब नहीं दिया?’’

वह झिझकते हुए बोला, ‘‘जी… मेरा खयाल है फहद नरगिस को पसंद करता था.’’

‘‘क्या उस ने खुद तुम्हें अपनी पसंद के बारे में बताया था?’’

‘‘मुझे तो नहीं बताया था, पर इस सिलसिले में अपनी मां से जरूर जिक्र किया था, मेरी बीवी ने मुझे बताया था.’’

‘‘क्या नरगिस भी उसे पसंद करती थी?’’

‘‘मुझे इस बारे में कुछ नहीं पता.’’ उस ने कहा.

उस से पूछताछ करने के बाद मैं ने करम अली को बाहर भेजा, फिर आइशा से कहा, ‘‘देखो आइशा, इस हकीकत को कोई नहीं झुठला सकता कि तुम्हारी बेटी नरगिस पिछले 3-4 दिनों से फहद के साथ बीवी की हैसियत से रह रही थी. बाहर बैठ कर अश्लील हरकत के इलजाम में जब उन्हें थाने लाया गया था तो उस ने मुझ से खुद को फहद की बीवी बताया था. उस का कहना था कि उन दोनों का एक साल पहले निकाह हुआ था. हादसे की रात दोनों कमरा बंद कर के सोए थे, अगली सुबह फहद की लाश मिली और नरगिस गायब थी. तुमहारी अकल इस बारे में क्या कहती है?’’

‘‘मेरी अकल तो बिलकुल काम नहीं कर रही है. एक बार नरगिस मिल जाए तो उस से ही पूछूं कि यह क्या चक्कर है?’’ वह रुआंसी आवाज में बोली.

‘‘नरगिस का बाप क्यों नहीं आया?’’  ‘‘साहब, वह गहरे सदमें में है. वह जावेद के बाप से भी बहुत शर्मिंदा

है कि उस से अब क्या कहे?’’

‘‘आइशा, तुम जावेद के रिश्ते के विरोध में क्यों थी?’’

‘‘साहब, जावेद सुस्त व बोंगा लड़का है, इसलिए वह मुझे पसंद नहीं था.’’

पूछताछ के बाद मैं ने उन दोनों को भी घर भेज दिया. अगले रोज 12 बजे फहद की लाश अस्पताल से वापस आ गई. बाद में उस की पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी आ गई. रिपोर्ट के अनुसार, फहद की मौत 7 अगस्त की रात 1 से 2 बजे के बीच हुई थी. रिपोर्ट में बताया गया था कि मौत के वक्त वह गहरी बेहोशी में था. उस के पेट से मिले नमूने में बेहोशी की दवा के आसार मिले. इस का मतलब यह हुआ कि रात के खाने में उसे बेहोशी की दवा दी गई होगी. नींद में चले जाने के बाद उस की हत्या की गई होगी. बेहोश होने की वजह से वह न तो अपना बचाव कर सका था और न ही शोरशराबा कर पाया था.

अब सवाल यह उठ रहा था कि नरगिस उसे पसंद करती थी, उस के साथ भाग कर आई थी, फिर उसे मार कर क्यों गायब हो गई? जरूर इस खतरनाक खेल में कोई तीसरा शामिल था, जिस ने नरगिस की मदद की या नरगिस ने उस की मदद की. वह तीसरा कौन था? इसी पर हमारी जांच केंद्रित हो गई. मैं ने यह सोच कर लाहौर जाने का फैसला कर लिया कि शायद वहां इस बंद गली का कोई रास्ता निकल आए. क्योंकि पहली अगस्त को फहद लाहौर में अपने दोस्त शफीक के पास जाने को कह कर निकला था. संभव था कि बीच के 2 दिन वह शफीक के पास गया हो? यही सब जानने के लिए शफीक से मुलाकात बहुत जरूरी हो गई थी.

शफीक डबलरोटी, बन, शीरमाल बनाने वाली बेकरी में काम करता था. मैं करीब 11 बजे वहां पहुंच गया. मैं सादे कपड़ों में था. मैं बेकरी के मैनेजर सुलेमान बुखारी से मिला और उसे अपने आने की वजह बता दी. मैनेजर सुलेमान बुखारी ने बताया, ‘‘साहब, आज वह जल्दी छुट्टी ले कर घर चला गया. उस का एक साथी कदीर बता रहा था कि गांव से उस का कोई दोस्त मिलने आया है, इसलिए वह छुट्टी ले कर चला गया.’’

‘‘गांव से कोई दोस्त.’’ मैं ने चौंक कर कहा, ‘‘बुखारी साहब, मैं अभी शफीक के घर जाना चाहता हूं. आप किसी ऐसे बंदे को मेरे साथ भेज दें, जिस ने शफीक का घर देखा हो.’’

कुछ देर बाद हम तीनों बुखारी की कार से शफीक के घर जा रहे थे. साथ में शफीक को पहचानने वाला कदी भी था. एक कालोनी के पीछे कच्ची आबादी थी. जब सुलेमान बुखारी ने मेन फिरोजपुर रोड से गाड़ी कच्ची आबादी की तरफ मोड़ी तो कदीर ने चौंक कर कहा, ‘‘साहब, एक मिनट…’’

‘‘क्या बात है, क्या हुआ?’’ बुखारी ने उलझन भरे लहजे में पूछा.

‘‘आप गाड़ी रोक दें. मुझे लगता है शफीक वह जा रहा है.’’ उस ने एक तरफ इशारा करते हुए कहा.

मैं ने गरदन घुमा कर देखा, सड़क के किनारे एक जोड़ा जा रहा था. उन की पीठ हमारी तरफ थी. मैं ने कदीर से पूछा, ‘‘क्या तुम इस जोड़े की बात कर रहे हो?’’

‘‘जी, जब साहब ने कार मोड़ी थी तो मैं ने शफीक की एक झलक देख ली थी. पर उस के साथ यह औरत कौन है?’’ उस ने उलझन भरे लहजे में कहा.

मैं सुलेमान बुखारी को सारा किस्सा सुना चुका था. इसलिए उस ने मुझ से पूछा, ‘‘अब क्या करना है साहब?’’

‘‘बुखारी साहब, आप कार को उस तरफ ले कर चलें, जिस तरफ वे दोनों जा रहे हैं. मैं इस लड़की का चेहरा देखना चाहता हूं.’’ मैं ने कहा.

‘‘यह रांग साइड ड्राइविंग होगी, पर हुक्म करें तो चलता हूं.’’

‘‘आप कानून न तोड़ें, मुझे यहीं उतार दें और अगले कट से गाड़ी घुमा कर ले आएं. तब तक मैं पैदल उन का पीछा करता हूं.’’

बुखारी ने बिना कोई सवाल किए मुझे वहीं ड्रौप कर दिया और गाड़ी को फिरोजपुर रोड की दूसरी तरफ ले गया. मैं तेज कदमों से उस जोड़े के पीछे चल पड़ा. मैं ने शफीक को नहीं देखा था, लेकिन नरगिस से मेरी मुलाकात हो चुकी थी. मैं उस का चेहरा देखते ही पहचान सकता था. चलतेचलते मैं सोचने लगा कि अगर यह महिला नरगिस निकल आई तो केस जल्दी खुल सकता है. मैं बड़ी होशियारी से कदम दबा कर उन का पीछा कर रहा था. जब हमारे बीच करीब 10 फुट का फासला रह गया तो मैं ने देखा, वे दोनों दाईं तरफ एक सिनेमा हाल की ओर मुड़ गए. यानी दोनों सिनेमा देखने के लिए घर से निकले थे. उसी समय मैं उस महिला की झलक देखने में कामयाब हो गया. उसे देख कर मेरी नसें तन गईं, क्योंकि वह कोई और नहीं, नरगिस ही थी.

वही नरगिस, जिस की तलाश ने मुझे बुरी तरह बेचैन और परेशान कर रखा था. मैं उन की तरफ लपका और जोर से पुकारा, ‘‘नरगिस.’’

आवाज सुनते ही दोनों ठिठक कर रुक गए, फिर उन्होंने पलट कर मेरी तरफ देखा. शफीक के चेहरे पर हैरानी और उलझन थी. नरगिस का चेहरा डर और खौफ से पीला पड़ गया था. नरगिस ने एक तरफ भागने की कोशिश की तो मैं ने दौड़ कर उसे काबू कर लिया. अचानक हुई इस पकड़धकड़ को देख कर शफीक ने दूसरी तरफ दौड़ लगा दी. मैं ने फौरन अपना सर्विस रिवाल्वर निकाला. इस से पहले कि मैं उसे धमकाने के लिए हवाई फायर करता, सुलेमान बुखारी मौके पर पहुंच गया. उस ने बड़ी तेजी से कार हमारी तरफ बढ़ा दी. इत्तेफाक से शफीक उसी तरफ भागने की कोशिश कर रहा था. वह बुखारी की कार के बोनट से टकराया और वहीं सिनेमा के गेट के करीब जमीन पर गिर कर कराहने लगा. उस के घुटने पर चोट लगी थी. सुलेमान बुखारी और कदीर कार से उतर आए. उन दोनों ने उसे पकड़ लिया.

जब कोई मुजरिम किसी ठोस सबूत के साथ पुलिस के हत्थे चढ़ जाता है तो फिर उस की जुबान खुलवाना मुश्किल नहीं होता. उसी शाम मैं सुलेमान बुखारी की कार में बिठा कर नरगिस और शफीक को थाना मरीद ले आया. बुखारी और कदीर के जाने के बाद मैं ने नरगिस और शफीक से कहा, ‘‘तुम दोनों सीधी तरह सच बोलोगे या फिर…’’

पहले तो वे अपने बचाव के लिए इधरउधर की बातें करने लगे, लेकिन उन से थोड़ी सख्ती की गई तो फहद की हत्या की जो कहानी निकल कर सामने आई, वह बड़ी सनसनीखेज और हैरतअंगेज थी. दरअसल नरगिस और शफीक में बड़ी खुफिया सेटिंग चल रही थी. उन्होंने अपनी इश्कमोहब्बत को बेहद छिपा कर रखा था. गांव में किसी को भी उन के इश्क की खबर तक नहीं लगी. उन का चक्कर चल ही रहा था कि फहद भी नरगिस में दिलचस्पी लेने लगा. फहद और शफीक अच्छे दोस्त थे, पर इतने गहरे नहीं थे कि शफीक अपनी और नरगिस की मोहब्बत के बारे में उसे बताता.

जब नरगिस की जुबानी शफीक को पता चला कि फहद बड़ी तेजी से उस के साथ नजदीकियां बढ़ाने की कोशिश कर रहा है तो उसे परेशानी होने लगी. वह खुल्लमखुल्ला फहद को नरगिस से प्यार करने को मना नहीं कर सकता था, क्योंकि उस स्थिति में फहद उस से वजह पूछता. जबकि शफीक नरगिस से रिश्ता तय हो जाने से पहले अपने प्यार को उजागर नहीं करना चाहता था. इस बारे में उसे पहले अपनी मां से बात करनी थी. अभी ये उलझन चल ही रही थी कि नरगिस के बाप याकूब ने अपने दोस्त के बेटे जावेद से उस का रिश्ता तय कर दिया और उस की मंगनी भी कर दी. नरगिस इस शादी के लिए बिलकुल राजी नहीं थी. नरगिस की मंगनी किसी और के साथ तय हो जाने पर शफीक भी बहुत परेशान था.

नरगिस उस के हाथ से न निकले, इस के लिए शफीक कोई तरकीब सोचने लगा. अचानक उस के शैतानी दिमाग में एक खतरनाक प्लान आ गया. उस ने नरगिस को विश्वास में ले कर अपने मंसूबे के बारे में बताया. नरगिस उस से बहुत प्यार करती थी. वह भी शफीक से ही शादी करना चाहती थी. इसलिए उस ने शफीक के बताए मंसूबे पर बिना सोचेसमझे यकीन कर लिया. शफीक ने उसे समझाया कि कुछ दिन वह फहद के साथ उस की बीवी की हैसियत से रहे. 8-10 दिनों बाद वह उसे अपने साथ ले जाएगा.

शफीक ने नरगिस को कुछ इस तरह समझाया था कि वह उस की बात मान कर फहद के साथ रहने को तैयार हो गई. उसे यकीन था कि शफीक जल्दी ही उस से शादी कर के उसे लाहौर ले जाएगा. शफीक ने उस से कहा कि इन सब बातों की भनक फहद के कानों में नहीं पड़नी चाहिए. यह एक खुफिया प्लान है. नरगिस ने वही किया, जो फहद ने किया. दूसरी तरफ उस ने फहद को दूसरी पट्टी पढ़ाते हुए कहा कि अगर वह उस की बात मानेगा तो नरगिस उस की हो सकती है. शफीक के ही कहने पर फहद घर से 2  दिन पहले निकला, ताकि नरगिस के गायब होने पर कोई उस पर शक न करे. शफीक ने फहद से यह भी कहा था कि वह उन दोनों की शादी करा देगा और वे दोनों आराम से मरीद में रह सकते हैं.

फहद और नरगिस ने ऐसा ही किया. दोनों मरीद में किराए का एक कमरा ले कर रहने लगे. सब कुछ शफीक की प्लानिंग के अनुसार हो रहा था. फहद को इस प्लान का कुछ पता नहीं था. वह नरगिस को पा कर बेहद खुश था. वह शफीक का बहुत अहसानमंद था, क्योंकि उस की वजह से उस की जिंदगी में ये खूबसूरत दिन आए थे. उसे खबर ही नहीं थी कि उस का दोस्त उस के साथ क्या चाल चल रहा है. फहद नरगिस के बहुत करीब रह रहा था. वह उसे जिस्मानी तौर पर पाना चाहता था, पर नरगिस उसे यह कह कर टाल रही थी कि निकाह से पहले यह सब नहीं होगा. निकाह अभी हुआ नहीं था, पर दोनों के बीच हल्कीफुल्की छेड़छाड़ हो जाती थी.

कई बार फहद नरगिस के अंगों को स्पर्श कर लेता था. एक रात वह घर के बाहर वाले चबूतरे पर बैठा नरगिस को गले लगा कर प्यार कर रहा था. तभी रात की गश्त पर निकले एक एएसआई ने उन दोनों को अश्लील हरकतें करते देखा तो वह उन्हें थाने ले आया था. योजना के मुताबिक दूसरे दिन नरगिस ने फहद के रात के खाने में बेहोश होने की दवा डाल दी. उसे नींद की गोलियां भी शफीक ने ही ला कर दी थीं. तय प्रोग्राम के मुताबिक शरीफ आधी रात को नेमत बीबी के घर पहुंच गया. उस ने बाहर के दरवाजे पर एक खास तरह से दस्तक दी तो नरगिस ने दरवाजा खोल दिया और खुद बाहर गली में निकल आई.

शफीक ने उसे गली में रुकने को कहा और खुद बैठक में चला गया. अंदर आ कर उस ने दरवाजे की कुंडी चढ़ाई और बेसुध पड़े फहद के सीने में दस्ते तक खंजर घोंप दिया. इस के बाद वह दरवाजा खोल कर अंदर सेहन में पहुंचा. फिर घर का दाखिली दरवाजा खोल कर बाहर गली में निकल आया, जहां नरगिस उस की राह देख रही थी. इस के बाद दोनों तय कार्यक्रम के मुताबिक लाहौर के लिए रवाना हो गए. इस मौके पर नरगिस ने शफीक से कोई सवाल नहीं किया था. उसे यह बात पता नहीं थी कि शफीक ने फहद की हत्या कर दी थी. शफीक बाहर निकलते वक्त बैठक का दरवाजा भिड़ा आया था. फहद की हत्या के बाद दोनों लाहौर पहुंचे और कच्ची आबादी वाले घर में मजे से रहने लगे.

शफीक ने अपनी प्लानिंग को कामयाब बनाने के लिए कुछ दिनों पहले ही लाहौर में अपने मोहल्ले में यह खबर उड़ा दी थी कि उस की शादी हो गई है और जल्दी ही वह अपनी बीवी को यहां ले आएगा. इसलिए जब नरगिस कच्ची आबादी के घर में पहुंची तो किसी को उस पर शक नहीं हुआ. लेकिन इस से पहले कि वे साथ रह कर अपनी आगे की जिंदगी आराम से काटते, कानून के शिकंजे में फंस गए. शफीक ने बताया कि उस दिन वह फैक्ट्री से जल्दी छुट्टी कर के नरगिस को फिल्म दिखाने सिनेमाहाल ले जा रहा था.

शफीक के इकबालिया बयान के बाद यह केस पूरी तरह से हल हो गया था. फिर भी एक सवाल कांटे की तरह दिमाग में चुभ रहा था. आखिर मैं ने उस से पूछ लिया, ‘‘जब तुम्हारा सोचा हुआ मंसूबा पूरी तरह कामयाब हो गया था तो तुम ने फहद की जान क्यों ली?’’

‘‘इस कत्ल की 2 वजहें थीं?’’

‘‘कौन सी 2 वजहें?’’ मैं ने डपट कर पूछा.

‘‘पहली तो यह थी कि मुझे इस बात का डर था कि जब सुबह फहद उठेगा तो नरगिस को गायब पाएगा उस के बाद सीधे मेरे पास लाहौर आ जाएगा. जबकि मैं ऐसा नहीं चाहता था. इसलिए मैं ने उस का किस्सा ही खत्म कर दिया. दूसरी वजह यह थी कि मैं ऐसा कर के पुलिस की तफ्तीश का रुख बदलना चाहता था.’’

‘‘दूसरी तरफ तुम ने नेमत बीबी के घर का बाहरी दरवाजा खुला छोड़ कर यह जताने की कोशिश की कि जैसे नरगिस फहद को कत्ल कर के फरार हो गई हो?’’ मैं ने पूछा.

‘‘जी, मैं यह चाहता था कि किसी का भी ध्यान मेरी तरफ न जाए. मैं इस मामले को इतना उलझा देना चाहता था कि कोई सुराग न मिल सके और कहीं भी मेरा नाम न आए.’’

शफीक की बातें सुन कर नरगिस उसे नफरत व गुस्से से देखते हुए गुर्रा कर बोली, ‘‘अगर मुझे पता होता कि तुम अंदर से इतने बोदे और कमीने हो तो मैं तुम्हारी बातों में कभी न आती. तुम ने अपनी मासूमियत का खूब फायदा उठाया. अब मैं तुम्हारे साथ एक पल भी नहीं रहूंगी. थूकती हूं तुम पर मैं.’’

‘‘साथ रहने की नौबत आएगी, तब न तुम इस के साथ रहोगी. थोड़ी देर में तुम्हारा यह आशिक यहां से सीधे जेल जाएगा. तुम ने एक कमजोर और बीमार घोड़े पर दांव लगा कर अपनी जिंदगी की सब से बड़ी भूल की है.’’ मैं ने कड़वा सच कहा तो नरगिस फटीफटी आंखों से मुझे देखती रह गई.

मोहब्बत में मात खाई नरगिस की स्थिति यह हो गई थी कि अब उस ने सारी उम्र मोहब्बत से नफरत करने का फैसला कर लिया था, क्योंकि इसी इश्क ने उसे बदनाम कर दिया था. Crime Story Hindi

Suspense Crime Story: 4 करोड़ की चोरी का रहस्य

Suspense Crime Story: हरियाणा और पंजाब की राजधानी चंडीगढ़ के सेक्टर 34 में एक्सिस बैंक का करेंसी चेस्ट है. इस में हर समय करोड़ों रुपए रहते हैं. इस चेस्ट से बैंक की ट्राइसिटी के अलावा हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पंजाब व जम्मूकश्मीर की शाखाओं को पैसा भेजा जाता है और वहां से आता भी है. हर समय करोड़ों रुपए रखे होने के कारण यहां सुरक्षा के भी काफी बंदोबस्त हैं. बैंक ने अपने सिक्योरिटी गार्ड तो लगा ही रखे हैं. साथ ही पंजाब पुलिस के जवान भी वहां हर समय तैनात रहते हैं.

इसी 11 अप्रैल की बात है. सुबह हो गई थी. कोई साढ़े 5-6 बजे के बीच का समय रहा होगा. सूरज निकल आया था, लेकिन अभी चहलपहल शुरू नहीं हुई थी. चेस्ट पर तैनात पंजाब पुलिस के जवानों को वहां रात में उन के साथ तैनात रहने वाला बैंक का सिक्योरिटी गार्ड सुनील नजर नहीं आ रहा था.

पुलिसकर्मियों ने एकदूसरे से पूछा, लेकिन किसी को भी सुनील के बारे में पता नहीं था. उन्हें बस इतना ध्यान था कि वह रात को ड्यूटी पर था. रात के 3-4 बजे के बाद से वह दिखाई नहीं दिया था. पुलिस के उन जवानों को चिंता हुई कि कहीं सुनील की तबीयत तो खराब नहीं हो गई? तबीयत खराब होने पर वह बैंक की चेस्ट में ही कहीं इधरउधर सो नहीं गया हो? यह बात सोच कर उन्होंने चेस्ट में चारों तरफ घूमफिर कर सुनील को तलाश किया, लेकिन न तो वह कहीं पर सोता मिला और न ही उस का कुछ पता चला.

सुनील की ड्यूटी रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक थी, लेकिन वह 2-3 घंटे से गायब था. वह किसी को कुछ बता कर भी नहीं गया था. एक पुलिस वाले ने उस के मोबाइल नंबर पर फोन किया, लेकिन उस का मोबाइल स्विच्ड औफ था. पुलिस वालों को पता था कि सुनील रोजाना अपनी पलसर बाइक से आता था. वह बैंक की चेस्ट के पीछे अपनी बाइक खड़ी करता था. उन्होंने उस जगह जा कर बाइक देखी, लेकिन वहां उस की बाइक भी नहीं थी.

अब पुलिस वालों की चिंता बढ़ गई. चिंता का कारण वहां रखी करोड़ों रुपए की रकम थी. उन्होंने बैंक के अफसरों को फोन कर सारी बात बताई. कुछ देर में बैंक के अफसर आ गए. उन्होंने चेस्ट में रखे रुपयों से भरे लोहे के बक्सों की जांचपड़ताल की. पहली नजर में नोटों के इन बक्सों में कोई हेराफेरी नजर नहीं आई. नोटों से भरे सभी बक्सों पर ताले लगे हुए थे. सरसरी तौर पर कोई गड़बड़ी नजर नहीं आ रही थी. दूसरी तरफ सुनील का पता नहीं चल रहा था. उस का मोबाइल बंद होना और बाइक बैंक के बाहर नहीं होने से संदेह पैदा हो रहा था कि कोई न कोई बात जरूर है. वरना सुनील ऐसे बिना बताए कैसे चला गया?

काफी सोचविचार के बाद अफसरों के कहने पर नोटों से भरे बक्सों को हटा कर जांच की गई. एक बक्से को हटा कर चारों तरफ से देखा तो उस का ताला लगा हुआ था, लेकिन वह बक्सा पीछे से कटा हुआ था. बक्से को काट कर नोट निकाले गए थे. सवाल यह था कि कितने नोट निकाले गए हैं? क्या ये नोट सुनील ने ही निकाले हैं? इस की जांचपड़ताल जरूरी थी. इसलिए बैंक अफसरों ने सेक्टर-34 थाना पुलिस को इस की सूचना दी.

hindi-manohar-social-crime-story

पुलिस ने आ कर जांचपड़ताल शुरू की. यह तो साफ हो गया कि बैंक की चेस्ट से बक्से को पीछे से काट कर नोट निकाले गए हैं. कितनी रकम निकाली गई है, इस सवाल पर बैंक वालों ने पुलिस के अफसरों से कहा कि सारे नोटों की गिनती करने के बाद ही इस का पता लग सकेगा.

पुलिस ने बैंक वालों से सुनील के बारे में पूछताछ की. बैंक के रिकौर्ड में सुनील के 2 पते लिखे थे. एक पता पंचकूला में मोरनी के गांव बाबड़वाली भोज कुदाना का था और दूसरा पता मोहाली के पास सोहाना गांव का. वह 3 साल से बैंक में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी कर रहा था. पुलिस अफसरों ने 2 टीमें सुनील के दोनों पतों पर भेज दीं.

सुरक्षा के लिहाज से बैंक की चेस्ट में भीतरबाहर कैमरे लगे हुए थे. पुलिस ने कैमरों की फुटेज देखी. इन फुटेज में सामने आया कि सुनील रात को बारबार बैंक के अंदर और बाहर आजा रहा था.

उस की चालढाल और हाथों के ऐक्शन से अंदाजा लग गया कि वह बैंक के अंदर से अपने कपड़ों के नीचे कोई चीज छिपा कर बारबार बाहर आ रहा था. कपड़ों के नीचे छिपे शायद नोटों के बंडल होंगे. बाहर वह इन नोटों के बंडलों को कहां रख रहा था, इस का पता नहीं चला. यह भी पता नहीं चला कि बैंक के बाहर उस का कोई साथी खड़ा था या नहीं. एक फुटेज में वह हाथ में एक बैग ले कर बाहर निकलता नजर आया.

सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद यह बात साफ हो गई थी कि सुनील ने योजनाबद्ध तरीके से बैंक की चेस्ट से रुपए चोरी किए थे. फुटेज में 10-11 अप्रैल की दरम्यानी रात 3 बजे के बाद वह नजर नहीं आया. इस का मतलब था कि रात करीब 3 बजे वह बैंक से रकम चोरी कर फरार हो गया था. बैंक वालों ने 5-6 घंटे तक सारी रकम की गिनती करने के बाद पुलिस अफसरों को बताया कि 4 करोड़ 4 लाख रुपए गायब हैं. यह सारी रकम 2-2 हजार रुपए के नोटों के रूप में थी. 4 पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में बैंक से 4 करोड़ रुपए से ज्यादा चोरी होने का पता चलने पर पुलिस भी हैरान रह गई.

शुरुआती जांच में यह अनुमान लगाया गया कि सुनील ने अपने किसी साथी के सहयोग से यह वारदात की है. अनुमान यह भी लगाया गया कि इतनी बड़ी रकम ले कर वह किसी चारपहिया वाहन से भागा होगा. फिर सवाल आया कि सुनील अगर चारपहिया वाहन से भागा था तो उस की बाइक बैंक के पीछे मिलनी चाहिए थी, लेकिन उस की बाइक वहां नहीं मिली थी. इस से यह बात स्पष्ट हो गई कि बाइक या तो वह खुद या उस का कोई साथी चला कर ले गया.

पुलिस ने बैंक की चेस्ट में उस रात ड्यूटी पर मौजूद पंजाब पुलिस के चारों जवानों के बयान लिए. बैंक वालों के भी बयान लिए. बैंक वालों से सुनील के यारदोस्तों और उस के आनेजाने के ठिकानों के बारे में पूछताछ की गई. तमाम कवायद के बाद भी पुलिस को ऐसी कोई बात पता नहीं चली, जिस से उस के बारे में कोई सुराग मिलता.

सुनील की बाइक का पता लगाने के लिए पुलिस ने खोजी कुत्ते की मदद ली. पुलिस का स्निफर डौग उस के बाइक खड़ी करने की जगह पर चक्कर लगाने के बाद कुछ दूर गया. इस के बाद लौट आया. इस से पुलिस को कुछ भी पता नहीं लग सका. पुलिस ने सुनील की बाइक का पता लगाने के लिए बसस्टैंड के आसपास और दूसरी जगहों की पार्किंग पर तलाश कराई, लेकिन पता नहीं चला. उस के मोबाइल की आखिरी लोकेशन भी बैंक की आई.

सुनील के गांव भेजी गई पुलिस की टीमें शाम को चंडीगढ़ लौट आईं. मोरनी के पास स्थित गांव बाबड़वाली भोज कुदाना में पता चला कि सुनील को गंदी आदतों के कारण उस के मांबाप ने कई साल पहले ही घर से बेदखल कर दिया था. इस के बाद सुनील ने भी गांव आनाजाना कम कर दिया था.

पिता राममूर्ति ने पुलिस को बताया कि सुनील 2011-12 में पढ़ने के लिए कालेज जाता था. उसी दौरान वह एक लड़की को भगा ले गया था और बाद में उस से शादी कर ली थी. सुनील की इस हरकत के बाद ही मांबाप ने उसे घर से निकाल दिया था. बाद में पता चला कि सुनील ने पत्नी को तलाक दे दिया था. बैंक में चोरी की वारदात से करीब 3 महीने पहले वह किसी काम से गांव जरूर आया था.

पुलिस जांचपड़ताल में जुट गई. सुनील के दोस्तों और जानपहचान वालों की सूची बनाई गई. उन से पूछताछ की गई. पता चला कि वह मोहाली में एक दोस्त के साथ पेइंगगेस्ट के तौर पर पीजी में रहता था. पीजी पर जांच में सामने आया कि वह रात को बैंक में ड्यूटी करने के बाद कई बार सुबह पीजी पर नहीं आता था. वारदात के बाद भी वह कमरे पर नहीं आया था. सुनील का सुराग हासिल करने के लिए पुलिस ने वारदात वाली रात बैंक के आसपास चालू रहे मोबाइल नंबरों का डेटा जुटाया. इन नंबरों की जांच की गई, लेकिन इन में से किसी भी नंबर से सुनील के मोबाइल पर बात नहीं हुई थी.

इस से पहले पुलिस यह मान रही थी कि वारदात में अगर सुनील के साथ दूसरे लोग भी शामिल हैं तो उन की मोबाइल पर आपस में कोई न कोई बात जरूर हुई होगी. इसी का पता लगाने के लिए बैंक के आसपास के मोबाइल टावरों से उस रात जुड़े रहे मोबाइल नंबरों की जांच की गई थी, लेकिन पुलिस का यह तीर भी खाली निकल गया. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से ही क्लू हासिल करने के मकसद से कई बार फुटेज देखी, लेकिन इस से भी ऐसी कोई बात सामने नहीं आई, जिस से सुनील का पता लगता या जांच का नया सिरा मिलता. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रख कर जांच में जुटी रही.

अधिकारी यह मान रहे थे कि सुनील ने इतनी बड़ी वारदात करने के लिए पूरी योजना जरूर बनाई होगी. ऐसा नहीं हो सकता कि अचानक ही उस रात उस ने चोरी की हो. इस नजरिए से पुलिस को यह संदेह भी हुआ कि अगर उस ने योजनाबद्ध तरीके से इतनी बड़ी वारदात की है, तो वह भारत से बाहर भी जा सकता है. इस शक की बुनियाद पर पुलिस ने सुनील का लुकआउट नोटिस जारी करवा कर एयरपोर्ट और बंदरगाहों को सतर्क कर दिया.

इस के साथ ही पुलिस इस बात की जांचपड़ताल में भी जुट गई कि क्या सुनील ने कोई पासपोर्ट बनवाया है या उस के पास पहले से पासपोर्ट तो नहीं है. 2 दिन तक जांच में प्रारंभिक तौर पर यही पता चला कि सुनील के नाम का कोई पासपोर्ट नहीं है. जांचपड़ताल में जुटी पुलिस को 14 अप्रैल को पता चला कि सुनील को 2-3 दिन के दौरान पंचकूला के पास रायपुररानी में देखा गया है. पुलिस ने रायपुररानी पहुंच कर सूचनाएं जुटाईं. इस के बाद उसी दिन चंडीगढ़ पुलिस की क्राइम ब्रांच ने चंडीगढ़ आते समय मनीमाजरा शास्त्रीनगर ब्रिज के पास सुनील को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल कर ली.

बाद में पुलिस ने उस की निशानदेही पर 4 करोड़ 3 लाख 14 हजार रुपए बरामद कर लिए. पुलिस के लिए यह बड़ी सफलता थी. चोरी हुए 4 करोड़ 4 लाख रुपए में केवल 86 हजार रुपए ही कम थे. पुलिस ने सुनील से पूछताछ की. पूछताछ में बैंक से इतनी बड़ी चोरी करने और उस के पकड़े जाने की जो कहानी उभर कर सामने आई, वह इस प्रकार है—

मोरनी इलाके के गांव बाबड़वाली भोज कुदाना का रहने वाला 32 साल का सुनील एक्सिस बैंक में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था. इस नौकरी से उस के शौक पूरे नहीं होते थे. घर वालों से उस के ज्यादा अच्छे संबंध नहीं थे. पत्नी से भी तलाक हो चुका था. वह शराब पीता था और महिलाओं से दोस्ती रखने के साथ दूसरे शौक भी करता था. उस के पास दूसरा कोई कामधंधा था नहीं, इसलिए पैसों के लिए हमेशा उस का हाथ तंग ही रहता था.

उसे पता था कि एक्सिस बैंक की जिस चेस्ट में वह नौकरी करता है, वहां हर समय करोड़ों रुपए बक्सों में भरे रहते हैं. वह सोचता था कि इन बक्सों से 20-30 लाख रुपए निकाल ले, तो उस की लाइफ बदल जाएगी. लेकिन बक्सों से नोट निकालना कोई आसान काम नहीं था. बैंक की चेस्ट में कड़ी सुरक्षा में नोटों के बक्से रहते थे. बक्सों पर ताले लगे होते थे. हर समय पुलिस का पहरा रहता था. चारों तरफ कैमरे लगे थे. वह यही सोचता रहता कि बक्सों से रुपए कैसे निकाले जाएं?

सुरक्षा के इतने तामझाम देख कर वह अपना मन मसोस कर रह जाता था. उसे लगता था कि सारे सपने अधूरे ही रह जाएंगे. तरहतरह की बातें सोच कर भले ही वह डर जाता था, लेकिन उस ने उम्मीदें नहीं छोड़ी थीं. वह मौके की तलाश में लगा रहता था. वह रात को कई बार शराब पी कर ड्यूटी देता था. 10 अप्रैल की रात भी वह शराब पी कर बैंक में ड्यूटी करने पहुंचा. रोजाना की तरह पंजाब पुलिस के जवान भी ड्यूटी पर आ गए. इन जवानों की ड्यूटी चेस्ट के बाहर रहती थी जबकि सुनील की ड्यूटी चेस्ट के अंदर तक रहती थी.

सुनील ने उस रात बैंक की चेस्ट में आनेजाने के दौरान देखा कि एक बक्सा पीछे से कुछ टूटा हुआ था. उस में से नोटों के पैकेट दिख रहे थे. यह देख कर सुनील को अपना सपना साकार होता नजर आया. उस ने तैनात पुलिसकर्मियों की नजर बचा कर उस बक्से का टूटा हुआ हिस्सा इतना तोड़ दिया कि उस में से नोटों के पैकेट आसानी से निकल सकें.

इस के बाद वह 2-3 बार बाहर तक आया और पुलिस वालों पर नजर डाली. उसे यह भरोसा हो गया कि ये पुलिस वाले उस पर किसी तरह का शक नहीं करेंगे. पूरी तरह यकीन हो जाने के बाद सुनील ने बक्से से नोटों के पैकेट निकाले और उन्हें अपने कपड़ों में छिपा कर बाहर आ गया. बाहर आ कर उस ने अपनी बाइक के पास वह नोटों के बंडल रख दिए.

करीब 20-30 मिनट के अंतराल में वह 5-6 चक्कर लगा कर 10-12 नोटों के बंडल बाहर ले आया. इस के बाद वह अपने पास रखे बैग में नोटों के बंडल रख कर बाहर ले आया. एक बंडल में 2-2 हजार के नोटों की 10 गड्डियां थीं. मतलब एक बंडल में 20 लाख रुपए थे. बैग में रख कर और कपड़ों में छिपा कर वह नोटों के 20 बंडल और 2 गड्डियां बाहर ला चुका था. ये सारे रुपए उस ने चेस्ट के बाहर छिपा दिए थे. तब तक रात के 3 बज चुके थे. अब वह जल्द से जल्द वहां से भाग जाना चाहता था.

उस ने मौका देखा. चेस्ट के बाहर पंजाब पुलिस के जवान सुस्ताते हुए बैठे थे. वह उन्हें बिना कुछ बताए चेस्ट के पीछे गया और छिपाए नोटों के बंडल बैग में रख कर अपनी बाइक ले कर चल दिया. कुछ दूर चलने के बाद उसने अपना मोबाइल तोड़ कर फेंक दिया ताकि पुलिस उस तक नहीं पहुंच सके. बाइक से वह हल्लोमाजरा गया. वहां जंगल में एक गड्ढा खोद कर उस ने एक प्लास्टिक की थैली में रख कर 4 करोड़ रुपए दबा दिए. बाकी के 4 लाख रुपए ले कर वह बाइक से पंचकूला के पास रायपुररानी पहुंचा. वहां एक होटल में जा कर रुक गया.

होटल के कमरे में नरम बिस्तरों पर भी उसे नींद नहीं आई. वह बेचैनी से करवटें बदलता रहा. उसे 2 चिंताएं सता रही थीं. पहली अपने पकड़े जाने की और दूसरी जंगल में छिपाए 4 करोड़ रुपए की. बेचैनी में वह होटल से निकल कर रायपुररानी के बसस्टैंड पर आ गया. उस ने पहले अपनी मनपसंद का नाश्ता किया. फिर 24 हजार रुपए का नया मोबाइल फोन खरीदा. उसे सब से ज्यादा चिंता 4 करोड़ रुपए की थी. इसलिए वह बाइक से वापस हल्लोमाजरा गया. वहां जंगल में जा कर उस ने वह जगह देखी, जहां रुपए छिपाए थे. रुपए सुरक्षित थे. वह बाइक से वापस रायपुररानी आ गया. बाजार में घूमफिर कर उस ने नए कपड़े खरीदे और नशा किया.

सुनील अपनी पत्नी से तलाक ले चुका था. वह महिलाओं से दोस्ती रखता था और शादी की एक औनलाइन साइट पर ऐक्टिव रहता था. वह लगातार तलाकशुदा महिलाओं से बातचीत करता रहता था. जांचपड़ताल के दौरान पुलिस को जब इन बातों का पता चला तो पुलिस ने उस के सोशल मीडिया अकाउंट को खंगाला. सोशल मीडिया अकाउंट से ही पुलिस को उस की लोकेशन का सुराग मिला और पता चला कि वह रायपुररानी में है. पुलिस ने उसे 14 अप्रैल, 2021 को गिरफ्तार कर उस के पास से 3 लाख 14 हजार रुपए बरामद किए. इस के बाद उस की निशानदेही पर हल्लोमाजरा के जंगल में गड्ढा खोद कर छिपाए गए 4 करोड़ रुपए बरामद कर लिए. पुलिस ने उसे अदालत से एक दिन के रिमांड पर लेने के बाद 16 अप्रैल को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया.

पूछताछ में सामने आया कि सुनील ने अकेले ही चोरी की वारदात की. पहले इस तरह के बड़े अपराध नहीं करने के कारण वारदात के बाद वह काफी डर गया. डर की वजह से वह न तो सो सका और न ही कहीं भाग सका. वह 4 करोड़ रुपयों की सुरक्षा की चिंता में चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला के आसपास ही घूमता रहा. प्रोफेशनल अपराधी नहीं होने के कारण वह न तो चोरी के रुपयों को ठिकाने लगा पाया और न ही अपने बचाव के बारे में सोच सका. दरअसल, चोरी की वारदात में उसे अपनी उम्मीद से बहुत ज्यादा एक साथ 4 करोड़ रुपए मिलने पर वह इतना बेचैन हो गया कि अपने शौक भी पूरे नहीं कर सका. Suspense Crime Story

Mumbai News: मुन्ना भाई के चेले

Mumbai News: मुंबई में बैग छीनने और जेब काटने की ट्रेनिंग देने वाले मुन्नाभाई ने अपने चेलों के साथ जयपुर के जौहरी बाजार से 2 बार में लाखों का माल लूट तो लिया लेकिन उस ने ऐसी कौन सी गलती की कि पकड़ा गया. नवंबर का आधा महीना बीत चुका था. गुलाबी सर्दी ने दस्तक दे दी थी. देवउठनी एकादशी के बाद सावे शुरू हो चुके थे, इसलिए राजस्थान के गुलाबी नगर जयपुर की बाजारों में काफी भीड़भाड़ थी. यहां का जौहरी बाजार दुनिया भर में मशहूर है. इस बाजार को हीरेजवाहरातों और रत्नों की मंडी भी कहा जाता है. यहां रोजाना करोड़ों रुपए का कारोबार होता है.

राजाओंमहाराजाओं के जमाने में बसे जौहरी बाजार में छोटीछोटी तमाम गलियां हैं, अलगअलग नामों से रास्ते हैं, जिन में सैकड़ों दुकानें हैं. जवाहरात व्यवसाय से हजारों लोग जुड़े हैं. खरड़ बेचने वालों से ले कर उन्हें तराशने और बेचने वाले हजारों लोगों की रोजीरोटी जवाहरातों की इस मंडी से जुड़ी है. यहां से पूरी दुनिया में हीरेजवाहरात निर्यात होते हैं, इसलिए तमाम लोग यहां दलाली भी करते हैं. राकेश पारिख भी जवाहरातों की दलाली करते थे. जयपुर की तख्तेशाही रोड पर स्थित कानोता बाग में देवी पथ पर रहने वाले राकेश पारिख छोटे से बैग में लाखों रुपए के हीरेजवाहरात ले कर घूमा करते थे. 15 नवंबर की शाम 7 बजे वह बदहवास हालत में थाना माणक चौक पहुंचे.

वह काफी घबराए हुए थे. गेट पर राइफल ले कर खड़े संतरी से उन्होंने थानाप्रभारी के बारे में पूछा तो संतरी ने एक कमरे की ओर इशारा कर के कहा, ‘‘साहब अंदर बैठे हैं, चले जाइए.’’

राकेश तेज कदमों से चलते हुए सीधे थानाप्रभारी के कमरे में पहुंचे. थानाप्रभारी राम सिंह अपने 2-3 मातहतों के साथ किसी मसले पर चर्चा कर रहे थे. अनजान आदमी को कमरे में देख कर उन्होंने पूछा, ‘‘कहिए, क्या काम है?’’

घबराए राकेश ने कहा, ‘‘साहब, मैं लुट गया. मुझे इंचार्ज साहब से बात करनी है.’’

थानाप्रभारी राम सिंह ने राकेश पारिख को कुर्सी पर बैठने का इशारा करते हुए कहा, ‘‘मैं ही थानाप्रभारी हूं, आप आराम से बैठ कर पूरी बात बताइए. आप के साथ क्या हुआ?’’

थानाप्रभारी के कहने पर राकेश पारिख कुर्सी पर बैठ गए. लेकिन उन के मुंह से आवाज नहीं निकल रही थी. उन की जुबान सूख गई थी. उन की हालत देख कर थानाप्रभारी ने उन्हें पानी पिलवाया तो उन्होंने कहा, ‘‘साहब, मेरा नाम राकेश पारिख है. मैं जवाहरातों की दलाली करता हूं. आज बाजार में लुटेरों ने मुझे लूट लिया.’’

राकेश को सांत्वना देते हुए थानाप्रभारी ने कहा, ‘‘आप के साथ क्या और कैसे हुआ, विस्तार से बताइए? मैं यकीन दिलाता हूं कि पुलिस आप की हरसंभव मदद करेगी.’’

थानाप्रभारी के सांत्वना देने पर राकेश के अंदर थोड़ा साहस आया. उन्होंने कहा, ‘‘शाम साढ़े पांच बजे के करीब मैं मोती सिंह भौमियो के रास्ते बैग ले कर एक व्यापारी के पास जा रहा था. बैग में कीमती हीरेजवाहरात और नकद रुपए थे. चंद्रमहल कौंप्लैक्स के बाहर 7-8 लोगों ने मुझे घेर लिया. मैं कुछ समझ पाता, तभी किसी ने पीछे से मेरे हाथ से बैग छीन लिया. उन लोगों ने मुझे इस तरह गुमराह कर दिया कि मैं कुछ नहीं कर सका. जब वे लोग निकल गए तो मैं चिल्लाया ‘पकड़ो-पकड़ो’, लेकिन तब तक वे सभी अपना काम कर के निकल चुके थे.’’

इतना कहतेकहते राकेश रुआंसे हो गए. उन्होंने भर्राई आवाज में कहा, ‘‘उन लोगों ने मुझे बरबाद कर दिया साहब.’’

ध्यानपूर्वक राकेश पारिख की बातें सुन रहे थानाप्रभारी ने पूछा, ‘‘आप बरबाद कैसे हो गए?’’

‘‘साहब, मेरे उस बैग में 50 लाख रुपए के हीरेजवाहरात और 20 लाख रुपए नकद थे.’’ राकेश ने सिर पकड़ कर कहा.

राकेश पारिख की बात सुन कर थानाप्रभारी राम सिंह सन्न रह गए. जौहरी बाजार में दिनदहाड़े 70 लाख रुपए की इस तरह की लूट होना हैरानी की बात थी. दिन भर जगहजगह पुलिस की गश्त होने की वजह से जौहरी बाजार में आमतौर पर इस तरह की वारदातें नहीं होतीं. इसलिए थानाप्रभारी सहित वहां मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों को राकेश पारिख की बात पर एकबारगी विश्वास नहीं हुआ. लेकिन एकदम से अविश्वास भी नहीं किया जा सकता था. थानाप्रभारी ने अपने उच्चाधिकारियों एडीशनल डीसीपी (उत्तर) ज्ञानचंद यादव एवं माणक चौक सर्किल के एसीपी आलोक शर्मा को घटना की सूचना देने के साथ इस घटना की असलियत का पता लगाने के लिए सबइंसपेक्टर राजेश कुमार और तेजतर्रार हैडकांस्टेबल हरिओम सिंह को राकेश पारिख के साथ घटनास्थल पर भेज दिया.

सबइंसपेक्टर राजेश कुमार ने राकेश पारिख के साथ घटनास्थल पर पहुंच कर चंद्रमहल कौंप्लैक्स के आसपास के व्यापारियों से पूछताछ की तो वहां इस तरह की कोई लूट होने की किसी ने पुष्टि नहीं की. हां राकेश पारिख की ‘पकड़ो-पकड़ो’ की आवाज सुनने की बातें 2-4 व्यापारियों ने जरूर स्वीकार की. इस के बाद सबइंसपेक्टर राजेश कुमार और हैडकांस्टेबल हरिओम सिंह ने थाने वापस आ कर थानाप्रभारी राम सिंह को सारी बातें बताईं. सबइंसपेक्टर की बातें सुन कर थानाप्रभारी के सामने पसोपेश की स्थिति पैदा हो गई. राकेश पारिख 70 लाख रुपए की लूट की बात कह रहे थे. जबकि घटनास्थल पर घटना की पुष्टि नहीं हो रही थी. उन्होंने मामले की तह तक पहुंचने के लिए राकेश पारिख से विस्तार से सारी बातें बताने को कहा.

राकेश पारिख ने उस दिन की अपनी दिनचर्या के बारे में बताते हुए कहा, ‘‘साहब, घर से भोजन करने के बाद मैं स्कूटर से पहले गणेशजी के मंदिर गया. इस के बाद मोतीडूंगरी के जैन मंदिर दर्शन कर के अन्य काम करता हुआ दोपहर करीब 3 बजे पीतलिया का चौक पहुंचा. वहां हीरावतजी से 6 लाख रुपए लिए. इस के बाद शाम करीब साढ़े 4 बजे पैदल ही नेशनल हैंडलूम के सामने से होते हुए मोती सिंह भौमियों का रास्ता पहुंचा.

‘‘वहां से रत्ना सागर होते हुए राजीव सौगानी के औफिस गया. निखिलजी को एक दिन पहले दिए हीरे के 10 सेट उन से वापस लिए. उन के यहां चाय पी और करीब आधा घंटे तक गपशप करने के बाद दूसरे व्यापारी के पास जा रहा था कि तभी चंद्रमहल के पास यह घटना घट गई.’’

राकेश ने थोड़ा रुक कर आगे कहा, ‘‘लुटेरे मेरा जो बैग छीन कर ले गए हैं, वह हरे रंग का था. उस बैग में हीरे के 10 सेट, कुंदन के 3 पेंडेंट सेट, 20 लाख रुपए नकद के अलावा चैकबुक, पिता गंगाराम पारिख के नाम का यूटीआई का एक चैक और मेरे परिचय पत्र की फोटोकौपी आदि रखी थी.’’

राकेश पारिख से मिली जानकारी के आधार पर थानाप्रभारी राम सिंह ने हीरावतजी और निखिलजी को फोन कर के इस बात की पुष्टि की कि उन्होंने राकेश को 6 लाख रुपए नकद एवं हीरे के 10 सेट दिए थे या नहीं? दोनों से राकेश पारिख के बयान की पुष्टि होने पर थानाप्रभारी को विश्वास हो गया कि राकेश सच बोल रहे हैं. थानाप्रभारी राम सिंह गंभीर हो गए और तुरंत एक्शन लेते हुए जयपुर से बाहर जाने वाले रास्तों पर नाकेबंदी का आदेश दे दिया. इसी के साथ अलगअलग पुलिस टीमें गठित कर रेलवे स्टेशन. बसस्टैंडों के अलावा होटलों में पता लगाने के लिए भेज दिया. राकेश पारिख की रिपेर्ट थाना माणक चौक में अपराध संख्या 404/2014 पर भादंवि की धारा 392 के तहत दर्ज कर ली गई थी.

शुरुआती जांच से तय हो गया था कि राकेश पारिख के साथ हुई लूट की घटना झूठी नहीं थी. थानाप्रभारी ने उच्चाधिकारियों के निर्देशन में अलगअलग पुलिस टीमें गठित कर उन्हें अलगअलग जिम्मेदारियां सौंप दी थीं. जांच दल में सबइंसपेक्टर राजेश कुमार, एएसआई कृष्ण कुमार, हैडकांस्टेबल हरिओम सिंह, कांस्टेबल विनीत कुमार, महावीर सिंह, संजय डांगी व रामनिवास को शामिल किया गया था. पुलिस टीमों ने घटनास्थल के आसपास की सीसीटीवी फुटेज व मोबाइल फोनों की लोकेशन के अलावा बड़े शहरों में इस तरह की लूट को अंजाम देने वाले गिरोहों के बारे में जानकारियां जुटाईं. पुलिस इस मामले की जांच में जुटी ही थी कि उसी बीच 15 जनवरी, 2015 को वैसी ही एक और घटना घट गई.

जयपुर के थाना कानोता के मीणा पालड़ी के रहने वाले अशोक पटवा ने थाना माणक चौक में रिपोर्ट दर्ज कराई कि पटवागिरी का काम करने वाले ह ज्वैलरी के शोरूम से माल ले कर उन की धागा पुआई कर के लौटा देते थे. 15 जनवरी को उन्होंने एमआई रोड स्थित चमेली मार्केट से राहुल जैन से 50 चांदी के पेंडेंट पुआई हेतु लिए. शाम करीब सवा 5 बजे वह राहुल की दुकान से माल ले कर पैदल ही चले जा रहे थे. सवा छह बजे के करीब वह जौहरी बाजार स्थित बौंबे बूट हाउस के पास बरामदे में पहुंचे तो पीछे से 7-8 लोगों ने उन्हें घेर लिया और उन के हाथ से बैग छीन कर भाग गए. उन्होंने शोर मचाया, लेकिन तब तक लुटेरे भाग चुके थे.

जौहरी बाजार में 2 महीने में एक जैसी लूट की 2 घटनाएं घट जाने से पुलिस अधिकारी चिंतित हो उठे. हीराजवाहरात व्यवसायियों में भी असुरक्षा की बात उठने लगी. क्योंकि लुटेरों ने भीड़ाभाड़ वाले स्थानों पर शाम के समय जिस तरह से लूट की थी, वह जिगरा वालों का ही काम हो सकता था. दोनों वारदातों में ज्वैलरी व जवाहरात के व्यवसाय से जुड़े लोगों को निशाना बनाया गया था और दोनों ही बार लुटेरों की संख्या 7-8 होने की बात सामने आई थी, जिन्होंने व्यापारी को घेर कर बैग छीन लिया था. इस घटना के बाद पुलिस ने नए सिरे से रणनीति बनाई. दोनों मामलों की नए सिरे से जांच शुरू हुई. राकेश पारिख से लूट के मामले में सीसीटीवी फुटेज एक बार फिर से खंगाली गई. जांच टीम में शामिल हैडकांस्टेबल हरिओम सिंह को एक फुटेज में राकेश पारिख के आसपास 4-5 युवकों का घेरा नजर आया. इन में एक युवक मोबाइल फोन पर बातें करता दिखाई दिया.

इस से हरिओम सिंह को एक क्लू मिल गया. उन्होंने अपने संपर्क सूत्रों से सूचनाएं जुटा कर जांच आगे बढ़ाई. हरिओम सिंह ने उच्चाधिकारियों को सूचनाएं दे कर उन के निर्देशन में अपराध और अपराधियों की कडि़यां जोड़ीं. इन कडि़यों के आधार पर थाना माणक चौक पुलिस ने मुंबई में डेरा डाल दिया. जयपुर पुलिस की मेहनत रंग लाई और देश की आर्थिक राजधानी मुंबई की अंधी गलियों में चलने वाले लूट के एक ट्रेनिंग स्कूल का खुलासा हो गया. इसी के साथ मुंबई के ऐसे लुटेरे गिरोह का पता चला, जिस की कई राज्यों की पुलिस को तलाश थी. मुंबई में बदमाशों को लूट की ट्रेनिंग देने वाले कुख्यात सरगना मुन्नाभाई को भी गिरफ्तार करने में जयपुर पुलिस को सफलता मिली. मुन्नाभाई के अलावा 6 अन्य कुख्यात अपराधी भी पकड़े गए. ये अपराधी लूट की रकम को नशा और अय्याशी में उड़ाते थे.

रोजाना डांस बार में जाना और रुपए लुटाना इन के शौक थे. इन अपराधियों की बार डांसरों के अलावा कई अन्य लड़कियों से दोस्ती थी. उन्हीं लड़कियों पर ये लूट का पैसा खर्च करते थे. एकएक बदमाश का रोजाना का खर्च 10 से 15 हजार रुपए तक था. मुन्नाभाई के ये शागिर्द आपस में एकदूसरे के बारे में कुछ नहीं जानते थे. उन्हें एकदूसरे का न तो असली नाम पता था और न ही पता ठिकाना. इस के बावजूद ये लोग गिरोह के रूप में वारदात करते थे. लूट की वारदात ये कोडवर्ड में करते थे. इन का कोडवर्ड होता था, जादू की मशीन. बैग छीनने को ये लोग कोडवर्ड में जादू करना कहते थे. शिकार को बाबू एवं धुर कहते थे. ये सिर्फ महानगरों में ही वारदातें करते थे. ये जिस शहर में वारदात करते थे, उस के बजाय आसपास के शहर में ठहरते थे. वहीं से वारदात करने वाले शहर में बस, ट्रेन या टैक्सी से जाते थे.

पहले ये ज्वैलरी, कीमती सामान और नकदी ले जाने वाले लोगों की रैकी करते थे. शिकार मिल जाने पर ये गिरोह बना कर उसे घेर लेते थे. इसी बीच एक बदमाश बैग छीन कर भाग जाता था तो उस के बाद बाकी के साथी पीडि़त को अपनी बातों में लगा लेते थे. जब उन का साथी निकल जाता था तो उसे तलाशने के बहाने वे भी रफूचक्कर हो जाते थे. काम हो जाने के बाद वे उस शहर को छोड़ कर सीधे मुंबई के लिए रवाना हो जाते थे. इस गिरोह की मुंबई के अलावा दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों की पुलिस को तलाश थी. इस गिरोह में मुंबई के छोटेबड़े सैकड़ों अपराधी हैं.

जयपुर पुलिस ने हीरेजवाहरातों की लूट के मामले में मुंबई के कापड़ बाजार माहिम के रहने वाले मुन्नाभाई उर्फ यूसुफ खान उर्फ मुन्ना सरकार के अलावा मुंबई में नाला सोपारा, ठाणे के रहने वाले नुमान अजीम शेख उर्फ इब्बू उर्फ बाबू उर्फ गब्बू, मुंबई में सुंदरनगर कालोनी शाही दर्शन बिल्डिंग अंधेरी ईस्ट के रहने वाले साजिद रियासत खान उर्फ इमरान उर्फ चिकना. मुंबई की बिस्मिल्ला चाल कमेटी साइन धारावी डिपो के रहने वाले राजू बाबू तांबे उर्फ रज्जाक, मूलरूप से उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद और आजकल मुंबई के माहिम दरगाह रेती बंदर के रहने वाले मोहम्मद नासिर, मूलरूप से कोलकाता और आजकल मुंबई ईस्ट में अंधेरी बस स्टौप मां महाकाली गुफा के पास रहने वाले सरफराज आलम उर्फ मोहन, मुंबई में जोगेश्वरी ईस्ट अंधेरी के रहने वाले अलताफ खान उर्फ सुजात को गिरफ्तार किया था.

पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में पता चला कि मुन्नाभाई मुंबई में लूट गिरोह से जुड़े बदमाशों को लूट के लिए हत्थी मार कर बैग छीनने और बचने के तरीके बताने की ट्रेनिंग देता था. वह अपने स्कूल में टे्रनिंग देने के साथ संगठित गिरोह भी चलाता था. इस के अलावा वह अन्य गिरोह के बदमाशों के साथ भी वारदात करता था. वह वारदात के समय अन्य बदमाशों के साथ ठहरता तो था, लेकिन वारदात में खुद शामिल नहीं होता.

59 वर्षीय मुन्नाभाई ने देश के विभिन्न शहरों में सैकड़ों वारदातें की थीं. वह 14 नवंबर को गिरोह के संचालक इब्बू उर्फ गब्बू और साजिद रियासत उर्फ चिकना समेत करीब 10 बदमाशों के साथ जयपुर आया था. ये सभी जयपुर में सिंधी कैंप, विधायकपुरी व हसनपुरा इलाके के 4 अलगअलग होटलों में ठहरे थे. होटलों में ठहरने के लिए मुन्नाभाई ने खुद का पहचान पत्र दिया था. इस से पहले 13 नवंबर को ये अजमेर गए थे, जहां एक रात रुक कर दरगाह में जियारत की थी. उस के बाद अगले दिन जयपुर आए थे.

नुमान अजीम शेख उर्फ इब्बू उर्फ बाबू उर्फ गब्बू का पिता अजीम शेख फिल्म यूनिट में स्पौट ब्वौय का काम करता था. इब्बू दसवीं फेल है. उस ने मुंबई के नेशनल उर्दू हाईस्कूल जोगेश्वरी से 2008 में पढ़ाई छोड़ दी थी. इस के बाद उस ने एयर कंडीशनर रिपेयरिंग का डिप्लोमा किया था, लेकिन मेहनत का काम उस से हो नहीं सका और वह अपराध की दुनिया में उतर गया. इब्बू के खिलाफ मुंबई के विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं. वह कई बार जेल जा चुका है. वह चरस, गांजा, स्मैक, कोकीन से ले कर तमाम नशे करता था. सन् 2010 में नशे के अपने साथियों से इब्बू को पता चला कि मुन्नाभाई मुंबई का सब से बड़ा बैग लिफ्टर है और अपना गिरोह चलाता है. इस के बाद वह माहिम की दरगाह पर मुन्नाभाई से मिला. इस के बाद मुन्नाभाई के साथ वारदात करने लगा.

सन 2010 में इब्बू ने अपने गिरोह के साथ दिल्ली के चांदनी चौक से करोड़ों रुपए का माल लूटा था. मुन्नाभाई को इब्बू चाचू कहता है, जबकि मुन्नाभाई की बीवी जरीना उसे भाई कहती थी. पत्नी नीलोफर इब्बू पर जान छिड़कती थी, लेकिन इब्बू के मोबाइल में कई लड़कियों के नंबर मिले हैं. साजिद रियासत खान उर्फ इमरान उर्फ चिकना दसवीं तक पढ़ा है. पिता रियासत खान कारपेंटरी का काम करते थे. साजिद ने शुरू में आइस क्यूब फैक्ट्री में काम किया, उस के बाद कैटरिंग, बैंक की रिकवरी, मोबाइल की दुकान से ले कर ज्वैलरी की दुकान तक पर काम किया. सन 2008 में वह अपराध के दलदल में आ धंसा.

उस के खिलाफ मुंबई के कई थानों में लूट के मुकदमे दर्ज हैं. 4 बार पकड़ा जा चुका है. कई बार जेल जा चुका है. उस की मुन्नाभाई से जब से जानपहचान हुई है, तब से गिरफ्तार होने पर वही उस की और उस के साथियों की जमानत कराता था. राजू बाबू तांबे उर्फ रज्जाक 18 साल से जेब काटने व बैग छीनने का काम कर रहा था. अपराध करतेकरते वह इतना शाहिर हो चुका था कि उसे अपनी छठी इंद्रिय से पता चल जाता था कि किस के बैग में कितना माल हो सकता है. बैग में रकम है या कोई कीमती चीज, वह बैग देख कर ही जान लेता था.

इन्हीं बदमाशों ने 15 नवंबर को जयपुर के जौहरी बाजार में राकेश पारिख का हीरे जवाहरातों व नकदी से भरा बैग लूटा था. इस के बाद ये तुरंत अजमेर चले गए थे और वहां से मुंबई. वहीं उन्होंने माल का बंटवारा किया. जनवरी में ये फिर जयपुर आए और इस बार अशोक पटवा को अपना शिकार बनाया. इब्बू और चिकना इतने शातिर हैं कि इन्होंने अपने गुरु मुन्नाभाई को भी चूना लगा दिया था. राकेश पारिख का बैग लूटने के बाद दोनों ने औटो से होटल जाने तक अपने साथियों की नजर बचा कर बैग से डायमंड के 6 नैकलेस एवं एक बगड़ी निकाल ली थी. इन में एक नैकलेस इब्बू ने अपने पास रख लिया था और एक नैकलेस चिकना को दे दिया था. बाकी के 4 नैकलेस और एक बगड़ी मुंबई पहुंच कर मकसूद उर्फ इमाम की मार्फत एक मारवाड़ी को बेच दिए थे.

नैकलेस और बगड़ी बेच कर मिले साढ़े 6 लाख रुपए दोनों ने आपस में बांट लिए थे. दूसरी ओर मुंबई पहुंच कर मुन्नाभाई ने राकेश पारिख के बैग से मिले माल का बंटवारा किया. उस में से 12 लोगों को उन के काम के हिसाब से रुपयों का बंटवारा किया गया. जयपुर पुलिस ने भले ही इस गिरोह के सरगना समेत 7 सदस्यों को पकड़ लिया है, लेकिन जब तक मुन्नाभाई जैसे लोग अपराधों की ट्रेनिंग देते रहेंगे, तब तक अपराध की विषबेल फलतीफूलती रहेगी. Mumbai News

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

Crime Stories : आस्था की चोरी

Crime Stories : उदय कोलते को आस्था से इसलिए नफरत हो गई थी क्योंकि उस की पत्नी उसे छोड़ कर चली गई थी और जेल जाने की वजह से घर वाले उस से नफरत करने लगे थे. इसलिए उस ने बदला लेने के लिए मंदिरों में चोरियां शुरू कर दीं. एक बड़ी चोरी में उस के हाथ मोटा माल लगा भी, लेकिन…

बोरीवली थाने के एपीआई जी.एस. घार्गे डिटेक्शन रूम में अपने सहकर्मियों के साथ एक शातिर बदमाश से पूछताछ कर रहे थे, तभी उन के मोबाइल फोन की घंटी बज उठी. असमय आई इस काल को वह रिसीव नहीं करना चाहते थे. काल डिस्कनेक्ट करने के लिए उन्होंने जेब से फोन निकाला तो उन की नजर फोन की स्क्रीन पर आ रहे नंबर पर पड़ी. उस नंबर को देख कर घार्गे की आंखों में चमक बढ़ गई क्योंकि वह नंबर उन के एक खास मुखबिर का था.

एपीआई घार्गे तुरंत डिटेक्शन रूम से बाहर लौबी में आ गए और काल रिसीव करते हुए कहा, ‘‘यस थर्टी फोर, बहुत दिनों से गायब हो. कोई काम की खबर भी नहीं दे रहे?’’

तभी मुखबिर बोला, ‘‘सर, कोई आप के काम की खबर होती तो जरूर फोन करता. अब जो खबर देने जा रहा हूं उसे सुन कर आप उछल पड़ेंगे.’’

‘‘बताओ क्या खबर है?’’ घार्गे ने उतावलेपन से पूछा.

‘‘सर, रत्नागिरी का कुख्यात सेंधमार और सजायाफ्ता चोर उदय मुंबई में देखा गया है. पता चला है कि वह आज करीब 3 बजे बोरीवली के गोखले कालेज के पास स्थित वामन हरी पेठे ज्वैलर्स के पास वाली गली में किसी को चोरी का मोटा माल देने या बेचने आने वाला है.’’

एपीआई घार्गे ने यह सुना तो उन की आंखों में चमक बढ़ गई. उन्होंने कलाई घड़ी में देखा. उस समय दोपहर के 12 बज रहे थे. उन्होंने मुखबिर से कहा, ‘‘तुम 2 बजे गोखले कालेज के पास पहुंच जाना, मैं स्टाफ के साथ वहीं मिलूंगा. मैं देखता हूं, आज उदय पुलिस के हाथों से कैसे बच कर जाएगा?’’

मुखबिर से बात कर के घार्गे फिर से डिटेक्शन रूम में पहुंच गए. वे मन ही मन संकल्प कर चुके थे कि आज हर हालत में उदय को दबोचना है. उदय नाम के उस सेंधमार ने महाराष्ट्र पुलिस की नींद उड़ा रखी थी. करीब डेढ़ बजे एपीआई घार्गे अपने सहयोगी औफिसर एपीआई जी.डी. पिसाल, हवलदार नेहरू पाटिल, बबन बबाटे, अशोक खोत, शकील शेख, रंजीत शिंदे, निलेश सांबरेकर, सचिन केलजी और सचिन खताते के साथ सादा वेश में प्राइवेट कारों से बोरीवली पश्चिम स्थित शिंपोली रोड पर गोखले कालेज के पास पहुंच गए. मुखबिर वहां पहले से मौजूद था.

वहां पहुंचते ही सभी पुलिसकर्मियों ने 2-2, 3-3 के ग्रुपों में विभाजित हो कर शिंपोली रोड पर अपना जाल फैला लिया. पुलिस को वहां इंतजार करतेकरते साढ़े 4 बज गए लेकिन उदय कहीं नजर नहीं आया. घार्गे को लगने लगा था कि खबर शायद गलत मिली है. वह दूर खड़े मुखबिर से इस सिलसिले में फोन पर बातें कर ही रहे थे कि तभी मुखबिर ने कहा, ‘‘शिकार जाल में फंसने आ चुका है साहब. हाथों में ट्रौली वाली बैग थामे हरे रंग की शर्ट वाला जो शख्स आप की ओर आ रहा है, वही उदय है. आप उसे संभालिए, मैं यहां से जा रहा हूं.’’

घार्गे ने चौंकते हुए सड़क के दूसरे किनारे की तरफ देखा तो सचमुच एक शख्स हाथ में एक ट्रौली बैग उठाए चला आ रहा था. घार्गे ने अपने स्टाफ को इशारा किया और वह खुद भी तेजी से उदय की ओर बढ़ गए. 2 मिनट के अंदर पुलिस दल ने सेंधमार उदय को दबोच कर उस का बैग अपने कब्जे में ले लिया. पूछताछ में उस ने अपना नाम उदय बताया. पुलिस ने जब बैग की तलाशी ली तो उस में देवीदेवताओं की अनेक मूर्तियां व सोनेचांदी के आभूषण निकले. इतना बहुमूल्य सामान देख कर एपीआई घार्गे दंग रह गए थे. पुलिस ने जब पूछा कि ये सोनेचांदी के आभूषण किस के हैं और सारी मूर्तियां वह कहां से लाया है तो वह इस का कोई जवाब नहीं दे पाया.

इस बीच वहां तमाम लोग इकट्ठे हो गए थे. वहां मौजूद लोगों के सामने बैग के सामान की गिनती की गई तो उस में बहुमूल्य धातु की 8 मूर्तियां, चांदी के 8 मुखौटे, सोने की 61 अनुकृतियां, 2 सोने व 2 चांदी की चेन, एक सोने का गंडा (बे्रसलेटनुमा), एक चांदी का पालना, चांदी के 6 पत्ते, चांदी के 15 सिक्के आदि चीजें मिलीं. इस सामान की कीमत अनुमानत: 15-20 लाख रुपए थी. पुलिस को अनुमान नहीं था कि उस के पास से चोरी का इतना सामान मिल जाएगा.

पुलिस उदय को गिरफ्तार कर के बोरीवली थाने ले आई. शातिर चोर के गिरफ्तार होने की बात पता चलते ही डीसीपी बालसिंह राजपूत एवं सीनियर पीआई नारायण खैरे भी बोरीवली थाने पहुंच गए. इस उपलब्धि पर पुलिस अधिकारियों ने एपीआई घार्गे की सराहना की. उदय ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि उस ने सारा सामान मंदिरों से चुराया है. चूंकि उस से विस्तार से पूछताछ करनी थी, इसलिए पुलिस ने उदय को बोरीवली मैट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश कर के 29 नवंबर, 2014 तक के लिए उस का पुलिस रिमांड ले लिया.

रिमांड अवधि में पुलिस ने जब उदय से पूछताछ की तो पता चला कि उस का चोरी का तरीका बिलकुल फिल्मी था. चोरियां करतेकरते यह आस्तिक चोर देवीदेवताओं से अचानक नफरत क्यों करने लगा, इस की एक दिलचस्प कहानी सामने आई. महाराष्ट्र के रत्नागिरी जिले की तहसील लांजा में एक छोटा सा गांव है शिपुशी. इसी गांव के रहने वाले सुधाकर कोलते का बेटा था उदय. उदय बचपन से ही कामचोर और उद्दंड प्रवृत्ति का था. मांबाप के लाड़प्यार में वह बिगड़ गया था.

वह दिन भर गांव के आवारा युवकों के साथ घूमता. उन के साथ रह कर उस ने शराब भी पीनी शुरू कर दी थी. बातबात पर गांव वालों से झगड़ा व मारपीट करने की वजह से गांव में वह दबंग के रूप में जाना जाने लगा था. उस की करतूतों से उस के घरवाले परेशान रहने लगे थे. उन्होंने उसे बहुत समझाया लेकिन उदय ने मांबाप की एक नहीं सुनी. जब उदय के परिजनों को लगा कि उदय उन के समझाने से सुधरने वाला नहीं है तब उन्होंने तय किया कि उस की शादी करा दी जाए. हो सकता है, पत्नी के समझाने पर वह अपनी जिम्मेदारियों को समझे और अपनी बुरी आदतें छोड़ दे. उन्होंने अपने रिश्तेदारों आदि से उदय के लिए कोई लड़की देखने को कहा. पर आवारा, बेरोजगार व शराबी उदय को भला कौन शरीफ बाप अपनी बेटी का हाथ देता.

काफी कोशिशों के बाद भी उदय की शादी नहीं हो सकी तो वह बाजारू औरतों के पास जाने लगा. रोजरोज उन के पास जाने के लिए उसे पैसों की जरूरत पड़ने लगी. शराब व अय्याशी के लिए पैसे जुटाने के लिए उस के कदम जरायम की तरफ बढ़ गए. ज्यादा पैसे कमाने के लिए उस ने दोस्तों के साथ सेंधमारी शुरू कर दी. शुरुआत उस ने पड़ोस के गांव के एक मकान से की थी. मकान मालिक पूरे परिवार के साथ अपने एक रिश्तेदार की शादी में गया हुआ था, तभी उस ने रात करीब 2 बजे खाली पड़े मकान का ताला तोड़ा और घर में रखी नकदी, ज्वैलरी आदि सामान चुरा लिया. मकान मालिक जब घर लौटा तो उस ने घर का कीमती सामान गायब पाया.

इस की रिपोर्ट उस ने थाना लांजा में दर्ज कराई. पुलिस ने इस मामले को लाख खोलने की कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिली. पहली वारदात की कामयाबी से उदय की हिम्मत और बढ़ गई. इस के बाद वह धड़ाधड़ वारदातें करता चला गया. एक साल के अंदरअंदर सेंधमारी के करीब 8 मामले लांजा व आसपास के पुलिस स्टेशनों में दर्ज तो हुए परंतु पुलिस उदय तक नहीं पहुंच पाई. दूसरी ओर वारदात की रकम से उदय व उस के साथी ऐश करते रहे. उदय अब बनठन कर रहने लगा. कोई पूछता तो वह कह देता कि वह शहर में बिजनैस करता है.

जब उस के बिजनैस करने की बात फैली तो रंजना नाम की एक लड़की से उस की शादी हो गई. रंजना अत्यंत सुंदर व संस्कारी थी. वह तो यही समझती थी कि उस का पति कोई बिजनैस करता है. इसलिए वह भी ठाठबाट से रहती. लेकिन उसे क्या पता था कि पति का असली बिजनैस चोरी है. कई साल बीत गए लेकिन शातिर उदय ने पत्नी को सच्चाई पता नहीं चलने दी. इस बीच वह 2 बच्चों की मां भी बन चुकी थी. शातिरदिमाग उदय अपने खास दोस्त के साथ ही वारदात करता था. इसलिए उस के कारनामों का किसी को पता नहीं चला. लोग यह तो जानते थे कि उदय दबंग है और लड़नेमरने को तैयार रहता है. लेकिन वह शातिर चोर है, इस हकीकत से कोई वाकिफ नहीं था. इसी के चलते वह एक के बाद एक वारदात करता चला गया.

इस दौरान रत्नागिरी के विभिन्न पुलिस थानों में 24 वारदातें दर्ज की गईं. लेकिन पुलिस यह तक पता नहीं लगा पाई कि इन वारदातों को अंजाम किस ने दिया. उधर अखबारों में पुलिस की नाकामी की खबरें छपने से पुलिस की किरकिरी हो रही थी. इस से संबंधित थानाप्रभारियों पर जिले के पुलिस अधिकारियों का दबाव बढ़ रहा था. इस के बाद पुलिस ने रातदिन एक कर के जैसेतैसे चोर का पता लगा ही लिया. जब उन्हें पता चला कि वह शातिर चोर उदय है तो एक दिन लांजा पुलिस ने उसे उस के घर से गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ करने के बाद पुलिस ने चोरी के कई मामलों का खुलासा किया और उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.

रंजना को जब पति की सच्चाई पता चली तो उसे बड़ा दुख हुआ. गुस्से में वह बच्चों को साथ ले कर वहां से चली गई. उस के खिलाफ न्यायालय में कई साल केस चला और उसे 4 साल की सजा सुनाई गई. जेल में रहते हुए उदय को जब पत्नी के चले जाने की जानकारी मिली तो उसे गहरा सदमा पहुंचा. वह इस कुदरत का खेल समझने लगा, इसलिए उसे भगवान के नाम से ही नफरत हो गई. उस ने तय कर लिया कि उस ने अब तक इंसानों के घरों की तिजोरियां साफ की हैं, लेकिन जेल से रिहा होने के बाद अब मंदिरों की दानपेटियों आदि सामान पर हाथ साफ करेगा. उदय ने जेल में रहने के दौरान ही साथी कैदियों से सुना था कि पंचधातु व अष्टधातु की मूर्तियां करोड़ों में बिकती हैं.

रत्नागिरी से उदय का मन पूरी तरह से उचट गया था, इसलिए उस ने तय कर लिया कि वहां से किसी दूसरे शहर चला जाएगा. 4 साल की सजा पूरी करने के बाद उदय जेल से छूट कर घर पहुंचा तो उस ने महसूस किया कि गांव के लोग ही नहीं बल्कि उस के घर वाले भी उसे नफरत की निगाह से देखते हैं. मांबाप की निगाहों में नफरत थी और पत्नी उसे छोड़ कर चली ही गई थी. पुराने यारदोस्त भी उस से कन्नी काटने लगे थे. इन सब के लिए भी वह भगवान को ही दोषी मान रहा था. अब वह ऐसे मंदिरों की तलाश में था जहां से उसे मोटा माल मिल सके. चोरी कर के वह भगवान से प्रतिशोध ले सके. तभी उसे लांजा तहसील से 18 किलोमीटर दूर रुण गांव में स्थित अथलेश्वर काल भैरव मंदिर के बारे में जानकारी मिली.

उसे पता चला कि वहां रोजाना सैकड़ों लोग आते हैं. मुराद पूरी होने पर तमाम लोग वहां नकदी के अलावा कीमती ज्वैलरी आदि भी दान देते हैं. किस तरह काम को अंजाम दिया जाए इस की रेकी करने के लिए वह श्रद्धालु बन कर कई बार उस मंदिर में गया. उसे पता चला कि मंदिर में सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं है. वहां सीसीटीवी कैमरे भी नहीं लगे थे. उसे यह भी जानकारी मिली कि सुबह 7 बजे मंदिर का पुजारी गणपत लिंगायत गुरव ही मंदिर के मुख्य गेट का ताला खोलता है. फिर रात 8 बजे की आरती के बाद मुख्य गेट पर ताला लगा कर वह अपने घर चला जाता है. उस का घर पास के ही गांव में था. यानी रात 8 बजे से सुबह 7 बजे तक मंदिर में कोई नहीं होता था. वह समझ गया कि एक ताले के भीतर लाखों की संपत्ति बंद रहती है.

उदय ने तय कर लिया कि इसी मंदिर की संपत्ति व मूर्तियों पर हाथ साफ कर के वह मुंबई भाग जाएगा और वहां अलग नाम व अलग पहचान के साथ शान की जिंदगी जीएगा. इस के बाद वह फिर कभी चोरी नहीं करेगा. रेकी करने के बाद उदय को लगा कि मंदिर से इतने सामान की वह अकेले चोरी नहीं कर पाएगा. इसलिए वह एक ऐसे साथी की तलाश में लग गया जो विश्वसनीय हो. उस ने दिमाग दौड़ाया तो उसे अपना एक पुराना बेराजगार मित्र सचिनधनाजी बुवड याद आया. उदय को भरोसा था कि पैसों के लालच में सचिन उस का साथ देने के लिए तैयार हो जाएगा.

उदय ने सचिन से संपर्क किया और उसे रत्नागिरी के एक बीयर बार में ले गया. बातचीत के दौरान ही उदय जान गया था कि सचिन अब भी बेरोजगार है और वह भुखमरी के दौर से गुजर रहा है. मौके का फायदा उठाते हुए उदय ने उसे अपनी योजना बताई. लालच में आ कर सचिन उस का साथ देने को तैयार हो गया. इस के बाद योजना को किस तरह अंजाम देना है, दोनों ने इस की रूपरेखा तैयार कर ली. 23 सितंबर, 2014 की रात 9 बजे उदय व सचिन ने लांजा में शराब पी और ताला आदि तोड़ने के कुछ औजार ले कर रात करीब 11 बजे बस द्वारा रुण गांव जा पहुंचे. रात 2 बजे तक वे एक खेत में छिपे रहे. सुनसान होने के बाद वे अथलेश्वर काल भैरव मंदिर के मुख्य गेट पर पहुंचे. उदय ने अपने साथ लाए औजार से मुख्य गेट का ताला काट दिया.

ताला काट कर वे दोनों मंदिर के भीतर पहुंच गए. सब से पहले इन लोगों ने दानपेटी का ताला तोड़ कर उस की सारी रकम प्लास्टिक की एक बोरी में भर ली. इस के बाद इन्होंने दूसरी बोरी में मंदिर की सभी 8 मूर्तियां, 6 अनुकृतियां, सोने व चांदी के आभूषण आदि भर लिए. अपना काम करने के बाद वे वहां से निकल लिए. सुबह 7 बजे मंदिर का पुजारी मंदिर पहुंचा तो मंदिर के मुख्य द्वार का ताला कटा देख उस के होश उड़ गए. वह भागाभागा मंदिर के भीतर गया तो वहां न मूर्तियां थीं और न मूर्तियों के आभूषण. दानपेटी भी पूरी तरह खाली थी. मंदिर खुलते ही श्रद्धालु भी आने लगे थे. मंदिर में चोरी की बात सुन कर सभी आश्चर्यचकित रह गए. पुजारी गणपत लिंगायत गुरव ने लांजा थाने में फोन कर के चोरी की सूचना दे दी.

मंदिर में चोरी होने की बात सुन कर थानाप्रभारी भी हैरान रह गए. वह पुलिस टीम के साथ तुरंत मंदिर की तरफ रवाना हो गए. तब तक वहां आसपास के गांवों के सैकड़ों लोग जमा हो चुके थे. थानाप्रभारी की सूचना पर एसपी, डीएसपी, डीएम भी वहां पहुंच गए. मंदिर में इतनी बड़ी चोरी होने पर वहां मौजूद लोगों में आक्रोश था. वे पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मंदिर के गेट पर ही धरनाप्रदर्शन करने लगे. मीडियाकर्मी भी वहां पहुंच चुके थे. पुलिस प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश में लगी थी.

पुलिस अधिकारियों ने उन्हें आश्वासन दिया कि पुलिस चोरों को जल्द ही गिरफ्तार कर के चोरी गया सामान बरामद करने की कोशिश करेगी. इस आश्वासन के बाद लोग शांत हुए और उन्होंने प्रदर्शन बंद किया. इस के बाद लांजा पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर के अभियुक्तों की तलाश शुरू कर दी. पुलिस ने इलाके के तमाम मुखबिरों और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों से पूछताछ की परंतु लाख कोशिशों के बावजूद वह चोरों तक नहीं पहुंच सकी. इस से लांजा पुलिस की किरकिरी हो रही थी. मीडिया वाले पुलिस की जम कर खिंचाई कर रहे थे. स्थानीय राजनीतिज्ञ भी पुलिस पर दबाव बना रहे थे.

उधर उदय ने सचिन को कुछ आभूषण व नकदी दे कर जिले से बाहर भगा दिया. जबकि वह खुद नहीं भागा. शातिरदिमाग उदय को पता था कि अगर वह घर से गायब हुआ तो पुलिस को उस पर शक हो जाएगा. सारा माल घर के कबाड़ में छिपा कर उदय मामला शांत होने का इंतजार करता रहा. सितंबर से नवंबर तक जब पुलिस उस तक नहीं पहुंच सकी, तब उसे भरोसा हो गया कि अब उस पर कोई भी शक नहीं करेगा. इस के बाद एक ट्राली बैग खरीद कर उस ने सारा माल उस में भरा व चुपचाप मुंबई चला गया.

उस ने सोचा था कि वह चोरी का माल धीरेधीरे बेचेगा. मूर्तियां बेचने के लिए वह किसी ऐसे एजेंट की तलाश करेगा जो सारी मूर्तियां अंतरराष्ट्रीय बाजार में बिकवा कर ज्यादा पैसे दिलवा सके. अपने मकसद में वह कामयाब होता इस से पहले ही एक मुखबिर की सूचना पर एपीआई घार्गे, एपीआई पिसाल की टीम ने उदय को सारे माल के साथ धर दबोच लिया.

बोरीवली पुलिस की सूचना पर रत्नागिरी के लांजा थाने की पुलिस भी मुंबई पहुंच गई और कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर के वह उदय को अपनी हिरासत में लांजा ले गई. लांजा थाना पुलिस के उदय से विस्तार से पूछताछ करने के बाद उसे न्यायालय में पेश कर के जेल भेज दिया. चोरी में शामिल दूसरे अभियुक्त सचिन की तलाश में कई जगहों पर दबिशें डाली गईं, लेकिन कथा संकलन तक वह गिरफ्तार नहीं हो सका. Crime Stories

—कथा पुलिस सूत्रों व जनचर्चा पर आधारित. कथा में कु