हाईप्रोफाइल वाली कमाऊ महिलाओं को फांसने में है माहिर
66 साल का रमेशचंद्र स्वैन दिखने में बेहद ही साधारण शख्स की तरह है. छोटेछोटे बाल, चार्ली चैपलिन स्टाइल की मूंछें, छोटी कदकाठी (5 फीट 2 इंच). फिर भी अपने प्रोफेशनल चार्म के चलते उस ने कई इंडिपेंडेंट महिलाओं को अपने जाल में फांस लिया था.
उस की चिकनीचुपड़ी बातों में आने वाली महिलाओं में सुप्रीम कोर्ट की वकील, केरल प्रशासनिक सेवा की एक अधिकारी, एक चार्टर्ड एकाउंटेंट, आईटीबीपी की एक अधिकारी, एक बीमा कंपनी की वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी और डाक्टर शामिल थी. उस से पूछताछ में जो कहानी सामने आई, वह बेहद चौंकाने वाली थी.
रमेश की गिरफ्तारी पूरे 38 सालों बाद हुई थी. पुलिस में दर्ज रिकौर्ड के अनुसार उस ने 10 राज्यों की अकेले जीवनयापन करने वाली महिलाओं (विधवा, तलाकशुदा या फिर विवाह की उम्र गुजर चुकी 40 पार की महिलाओं) को अपना शिकार बनाया था. उन को सच्चे लाइफ पार्टनर के नाम पर बेवकूफ बनाया था और उन से लाखों रुपए की ठगी की थी.
इस धोखाधड़ी के अलावा वह और भी दूसरी तरह की ठगी में शामिल रह चुका था. भुवनेश्वर के डीसीपी उमा शंकर दास के मुताबिक स्वैन 2006 में एक बैंक फ्रौड के सिलसिले में भी गिरफ्तार किया गया था. इस के बाद 2010 में मैडिकल कालेजों में दाखिले के नाम पर उसे स्टूडेंट्स से 2 करोड़ रुपए की ठगी करने पर हैदराबाद पुलिस ने गिरफ्तार किया था.
रमेश की पहली शादी साल 1979 में हुई थी. उस से उस के 2 बेटे और एक बेटी है. बाद में पत्नी उस से अलग रहने लगी थी. बताते हैं कि उस ने दूसरी शादी झारखंड की एक डाक्टर से की थी. उसे जब स्वैन के पकड़े जाने की सूचना मिली तब उन्होंने इस पर किसी भी तरह की टिप्पणी नहीं की.
2018 के बाद उसने कई मैट्रिमोनियल साइट्स पर अपने अकाउंट बनाए. वह अधिकतर 40 साल से अधिक उम्र वाली ऐसी महिलाओं को निशाना बनाता था, जिन पर शादी का दबाव रहता है. उस ने अलगअलग प्रोफाइल में खुद को डाक्टर और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय में कार्यरत अधिकारी के रूप में बताया है.
बदनामी के डर से पीडि़त महिलाएं नहीं आईं सामने
जिन से शादी की, उन में अधिकांश अविवाहित या विधवा थीं. उन की नजर में वह केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय में स्वास्थ्य शिक्षा और प्रशिक्षण के उपमहानिदेशक था. ऐसा बताने पर अधिकतर महिलाएं बिना किसी संदेह के उस के साथ शादी के बंधन में बंध गई थीं. इस सिलसिले में पुलिस ने स्वैन द्वारा बरगलाई गई करीब 90 महिलाओं से संपर्क किया, लेकिन उन में से कोई भी समाज में बदनामी के डर से जांच का हिस्सा बनने को तैयार नहीं हुईं.
मात्र दसवीं तक पढ़ा हुआ रमेश चंद्र स्वैन ओडिशा और झारखंड की कई क्षेत्रीय भाषाओं के अलावा हिंदी और अंग्रेजी धाराप्रवाह बोलता था. उस की इस धोखाधड़ी के बारे में जानकारी उस के परिवार के दूसरे सदस्यों को टीवी की खबरों से मिली.
शादी के लिए झांसा देने के सिलसिले में वह अपनी उम्र 1971 की जन्म तिथि के अनुसार बताता था. जबकि वह वास्तव में 1958 में पैदा हुआ था. इस के लिए पहले वह वैवाहिक वेबसाइट पर अपनी प्रोफाइल अपलोड करता था. उस के बाद संपर्क करने वाली महिलाओं से संपर्क कर सीधा उसी से या फिर उस के परिवार से मिलता था. उन्हें विश्वास में ले कर बताता था कि वह केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय में एक बड़ा अधिकारी है. प्रमाण के लिए वह कुछ फरजी दस्तावेज दिखा देता था.
इस के अलावा खुद को प्रभावशाली व्यक्ति बताने के लिए अपने कार्यालय से मिलने वाला पत्र भी दिखाता था, जिस में ‘छुट्टी का अस्वीकार प्रार्थनापत्र’ होता था. यह कहते हुए बताता था कि वह औफिस के लिए काफी महत्त्वपूर्ण है, इसलिए उस की छुट्टी जल्दी मंजूर नहीं होती है. इस तर्क के सहारे वह अपनी पत्नी से लंबे समय तक दूर रहता था.
पुलिस ने दिल्ली की टीचर वाइफ से स्वैन पर भरोसा करने के संबंध में भी पूछताछ की. इस पर उस ने बताया, ‘‘जब मैं पहली बार स्वैन से मिली थी, तब बातचीत में बेहद ही सज्जन पुरुष जैसा लगा. चूंकि मेरा कोई अभिभावक नहीं था और मैं अकेली रह रही थी. खुद के बारे में मुझे ही निर्णय लेने थे. इसलिए मैं उस की पिछली जिंदगी के बारे में जांच नहीं कर सकी. हां, उस के ईमेल आईडी सरकारी अधिकारियों की तरह असली लगा और मैं ने हामी भर दी. मेरा बचपन ओडिशा में बीता था, और मेरा मानना था कि ओडिशा के पुरुष कभी धोखा नहीं देंगे.’’
इस घटना के बाद उस ने उन अन्य महिलाओं से संपर्क किया, जिन से स्वैन ने अपने फोन का उपयोग कर शादी की थी, और उन के साथ संपर्क में रही थी. ऐसा कर उस ने अन्य महिलाओं को भी सतर्क कर दिया, जो वैवाहिक वेबसाइटों पर उस की प्रोफाइल के प्रभाव में आ कर उस से संपर्क करेंगी.
पुलिस ने पाया कि उस ने 2018 में दिल्ली की शिक्षका से शादी के बाद करीब 25 महिलाओं से संपर्क किया. उन में एक गुवाहाटी की डाक्टर भी थी, जिस ने स्वैन द्वारा आश्वस्त होने के बाद शादी के पंजीकरण के लिए अपने परिवार के साथ सड़क मार्ग से गुवाहाटी की यात्रा की. वह वहां शादी के बाद कुछ महीनों तक उस के साथ रही. ऐसी ओडिशा में 5 महिलाएं थीं, जिन में से 3 शिक्षिकाएं थीं. शिक्षिकाओं में एक विधवा थी, जिस की बड़ी बेटी थी.
इन के अलावा एक अन्य सुप्रीम कोर्ट की वकील हैं, जिस ने अब अपनी शादी को रद््द करने के लिए निचली अदालत में एक याचिका दायर कर दी है. मामले की जांच कर रहे एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सामाजिक बदनामी के कारण कई महिलाएं औपचारिक शिकायत दर्ज कराने के लिए आगे नहीं आ रही हैं. पुलिस ने यह भी कहा कि स्वैन ने स्पष्ट रूप से महिलाओं को उन के अंतरंग वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी दी थी.
बहरहाल, कथा लिखे जाने तक स्वैन न्यायिक हिरासत में था.
—कथा में अवंतिका परिवर्तित नाम है


