Gujarat Crime: यह कहानी सिर्फ एक हत्या की नहीं है, बल्कि यह उस रिश्ते की कहानी है, जहां प्यार ने भरोसा खो दिया और शक ने इंसानियत. नींद में मंगेतर सचिन की हत्या करने वाली रेखा राठवा अब जिंदगी भर जागती रहेगी. सच यही है कि जिस पर सब से ज्यादा भरोसा किया जाता है, वही अगर अविश्वास से भर जाए तो मौत चुपचाप पास आ बैठती है.
सचिन को रेखा राठवा की लापरवाही पसंद नहीं आई. शक की आग में तो वह पहले ही सुलग रहा था, उस दिन रेखा की वह हालत देख कर शक की आग और भड़क उठी. रेखा के क्वार्टर में घुसते ही वह उस से सवाल पर सवाल करने लगा. सचिन के सवालों से आजिज आ कर रेखा ने भी गुस्से में कह दिया, ''जब तुम्हें मुझ पर विश्वास नहीं रहा तो फिर तुम मुझे मेरी हालत पर छोड़ क्यों नहीं देते?’’
सचिन तो गुस्से में था ही. उस ने कहा, ''ठीक है, मैं अब तुम से विवाह नहीं करूंगा.’’
सचिन की इस बात से रेखा सन्न रह गई. उस ने सचिन से इस तरह की उम्मीद नहीं थी. उस ने सचिन से यह जरूर कहा था कि वह उसे उस की हालत पर छोड़ दे, पर उस ने यह नहीं कहा था कि उस से विवाह नहीं करूंगी. इसीलिए सचिन की विवाह नहीं करने की बात सुन कर वह सन्न रह गई.
क्योंकि सचिन के साथ उस की सगाई ही नहीं हो चुकी थी, बल्कि करीब 9 महीने से वह उस के साथ पति की तरह रह रहा था. यह बात लगभग सभी को पता चल चुकी थी. इसलिए अगर सचिन उस से विवाह नहीं करेगा तो दूसरा उस से कौन विवाह करेगा? यही सोच कर वह परेशान हो उठी थी और सचिन को मनाने की कोशिश करने लगी थी. दूसरी ओर सचिन ने रेखा से ही विवाह न करने की बात नहीं कही, बल्कि अपने पापा गणपतभाई राठवा को भी फोन कर दिया था. उस ने जब उन्हें फोन किया तो उस की आवाज कांप रही थी.






