IIT Baba. वह कोई अनपढ़ अपराधी नहीं, बल्कि आईआईटी से पढ़ा मैकेनिकल इंजीनियर है. साधु के चोले में उस का पाखंड सामने आते ही कुकर्म के किस्से भी उजागर हो गए. औनलाइन ग्रुप के जरिए पढ़ीलिखी महिलाएं और युवतियां उस के निशाने पर रहती थीं. मानसिक द्वंद्व में फंसी युवतियों का ब्रेनवाश कर वह उन्हें वृंदावन बुलाता था. इस के बाद बाबा उन के साथ 'गंधर्व विवाह’ के नाम पर यौन संबंध बनाता था.
पश्चिम बंगाल की सुप्रिया (बदला नाम) एक प्रोफेशनल उच्चशिक्षा प्राप्त युवती थी. वह अपने करिअर को ले कर बहुत चिंतित रहती थी. हालांकि पढ़ाई के बल पर कई अच्छी पैकेज वाली नौकरियां वह कर चुकी थी, लेकिन मन में हमेशा हलचल मची रहती थी. कुछ नया करने की महत्त्वाकांक्षा थी. दूसरी तरफ वह परिवार की कुछ उलझनों से घिरी हुई थी. इसी बीच एक रोज इंस्टाग्राम के जरिए उसे एक मैसेज मिला.
मैसेज औनलाइन भगवत गीता के प्रवचन के बारे में था. उस में जूम के जरिए जुडऩे का औफर था. कहा गया था— इस दौरान अपनी समस्याओं के समाधान के लिए प्रवचन करने वाले बाबा से सवाल पूछ सकती हैं.
मानसिक संतुष्टि की तलाश में सुप्रिया मैसेज में दिए गए समय पर जूप ऐप के लिंक के जरिए औनलाइन प्रवचन में शामिल हो गई. बाबा का आध्यात्मिक प्रवचन प्रेम, संबंध, संस्कार, समाज और धर्मअधर्म को ले कर था. बाबा की एकएक बात सुप्रिया के दिल में उतरती चली गई. उसे महसूस हुआ कि जैसे किसी ने उस के चंचल मन को शांत कर दिया हो.
फिर तो प्रवचन सुनने का सिलसिला चल पड़ा. बाबा ने कहा था, 'राधारानी सपने में आती हैं. उन से कैसी भी मानसिक पीड़ा की समस्या का समाधान कर सकते हैं.’






