Indore Land Dispute. सूरज रजक ने पहले फिल्म अभिनेत्री रेमन कक्कड़ की जमीन किराए पर लेनी चाही, ताकि वहां पर शराब की दुकान खोली जा सके, लेकिन अभिनेत्री के फेमिली वालों ने जमीन किराए पर देने से मना कर दिया तो उस ने पुलिस की मिलीभगत से करोड़ों की उस जमीन पर जबरन कब्जा कर लिया. यह कब्जा हटवाने के लिए रेमन को ऐसे पापड़ बेलने पड़े कि…
सूरज रजक मध्य प्रदेश के इंदौर शहर का बड़ा शराब कारोबारी है. निपानिया इलाके में खाली पड़ी करीब 2 हेक्टेयर जमीन पर उस की पैनी निगाह बनी हुई थी. वह किसी भी तरह से यह जमीन हथियाने में लगा हुआ था. उस का प्लान था कि इस जमीन को किसी भी तरह किराए पर ले कर पहले शराब ठेका खोलना, उस के बाद इसे हथिया कर शौपिंग कौंप्लेक्स या मौल बनाने का था. चूंकि यह जमीन टीवी चैनलों की मशहूर अभिनेत्री रेमन कक्कड़ की थी, लिहाजा इसे हासिल करना टेढ़ी खीर था.
सूरज रजक द्वारा पिछले कुछ महीनों से सलूजा और कक्कड़ परिवार पर इस बात का दबाव बनाया जा रहा था कि वे अपनी जमीन उसे किराए पर दे दें, मगर वह उसे यह जमीन किराए पर नहीं दे रहे थे. दरअसल, इंदौर की मुख्य सड़क पर स्थित यह बेशकीमती जमीन अभिनेत्री रेमन कक्कड़ के परिवार की थी.
इसी साल मार्च महीने के आखिरी हफ्ते में सूरज एक दिन रेमन के पति ऋषि कक्कड़ से मिला और उस ने अपनी मंशा जाहिर करते हुए कहा, ”कक्कड़ साहब, मैं ने इंदौर में 150 करोड़ का शराब का ठेका लिया है और मेरे पास में रोड पर जगह नहीं है. निपानिया इलाके में आप की जो जमीन है, उसे मैं किराए पर लेना चाहता हूं.’’
”सूरज भाई, यह जमीन मेरी पत्नी रेमन और उस के फेमिली वालों के नाम पर है, इसलिए बिना उन की राय जाने मैं अभी कुछ नहीं कह सकता.’’ ऋषि ने साफगोई से जवाब दिया.
”मुझे तो केवल 6 हजार वर्गफुट जगह चाहिए. शराब ठेके के लिए मेन रोड पर जगह मिलने से बिजनैस बढिय़ा चलता है. किराया आप के मनमाफिक देने के लिए तैयार हूं.’’ सूरज बोला.
”देखो भाई, उस जमीन को हमारी फेमिली यदि शराब ठेके के लिए दे देगी तो हमारे तो किसी काम की नहीं रहेगी. आप तो जानते हैं कि शराब ठेके के आसपास कोई भी बिजनैस करो, उस पर इफेक्ट तो पड़ता है.’’ ऋषि ने दोटूक जबाब दे दिया.
जब ऋषि कक्कड़ ने जमीन देने से मना किया था तो रजक ने रेमन के बड़े भाई रणधीर सलूजा से भी बात की थी, लेकिन उन्होंने भी जमीन किराए पर देने से साफ इनकार कर दिया. इस के बाद रजक खुद उन की मम्मी नरेंद्र कौर सलूजा से मिलने उन के घर पहुंचे थे, लेकिन वहां भी उन्हें जमीन किराए पर देने से साफतौर पर मना कर दिया गया .
जबरन किया कब्जा
इस के बाद सूरज रजक ने जमीन पर लोहे के खंभे लगा कर टीन शेड लगाने का काम शुरू कर दिया. जिस समय यह काम किया जा रहा था, उस समय रेमन के दोनों भाई इंदौर में नहीं थे, जबकि रेमन अपनी मम्मी से मिलने के लिए इंदौर आई ही थी.
रेमन कक्कड़ को 3 अप्रैल, 2026 को फोन पर एक शुभचिंतक ने बताया, ”रेमनजी, अपनी जमीन आप ने बेच दी है क्या?’’
”नहीं तो, आप क्यों ऐसा पूछ रहे हैं क्या आप जमीन खरीदना चाहते हैं?’’ रेमन ने पूछा.
”नहीं रेमनजी, आज मैं उस तरफ किसी काम से जा रहा था तो मैं ने देखा कि कुछ लोग उस जमीन पर लोहे के खंभे गाड़ रहे थे. सोचा कि आप से पूछ लूं.’’ शुभचिंतक ने कहा.
”इस का मतलब यह है कि उस जमीन पर जबरन कब्जा हो रहा है, आप ने अच्छा किया जो मुझे खबर कर दी.’’
रेमन ने कहते हुए कौल डिसकनेक्ट कर दी.
उस के बाद रेमन ने भाई रणधीर को फोन लगाया तो पता चला वह दिल्ली में है. रेमन के लिए जमीन पर कब्जे की खबर चौंकाने वाली थी. रेमन ने तुरंत अपनी गाड़ी निकाली और बिना देर किए निपानिया इलाके में अपनी जगह पर पहुंच गई.
रेमन ने वहां देखा कि चारों तरफ कुछ लोग लोहे के खंभे लगाने का काम कर रहे थे. रेमन ने वहां काम कर रहे लोगों से पूछताछ की तो पता चला कि शराब कारोबारी सूरज रजक के कहने पर यह काम किया जा रहा है.
रेमन ने वहीं से पुलिस कंट्रोल रूम के 112 नंबर डायल किया तो कुछ ही देर में पुलिस टीम वहां आई और उन्होंने रेमन को थाने में एफआईआर दर्ज कराने के लिए कहा.
जब रेमन इंदौर के लसूडिय़ा पुलिस थाने पहुंची तो पुलिस इंसपेक्टर ने रिपोर्ट दर्ज करने में आनाकानी की. दरअसल, पुलिस सूरज के राजनैतिक संबंधों की वजह से उस के खिलाफ रिपोर्ट नहीं लिखना चाहती थी.
रेमन भी चुप रहने वाली नहीं थी, उस ने मुख्यमंत्री कार्यालय को एक ईमेल भेज कर इस की सूचना दी तो मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन ने इंदौर पुलिस को तुरंत एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए.
सूरज रजक पर जमीन पर जबरन कब्जा करने की कोशिश पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 329(3) के तहत मामला दर्ज कर लिया, जिस में अधिकतम 3 महीने की सजा या 5 हजार रुपए तक का जुरमाना हो सकता है.
प्रसिद्ध टीवी एक्ट्रैस रेमन कक्कड़ का यशवंत निवास रोड पर पुश्तैनी मकान है, जबकि देवास नेक चौराहे पर उन की सवा 4 हेक्टेयर पुश्तैनी जमीन है. इस जमीन में से लगभग 70 करोड़ रुपए कीमत की डेढ़ एकड़ जमीन उन के परिवार ने इंदौर विकास प्राधिकरण को रिंग रोड विस्तार के लिए दी थी.
रेमन के फादर ने 1964 में तकरीबन 6.84 एकड़ जमीन खरीदी थी. जमीन का कुछ हिस्सा सन 2010 में सड़क चौड़ीकरण के लिए इंदौर विकास प्राधिकरण को दिया गया था. रेमन के भाई रणधीर 3 अप्रैल, 2026 को उस समय दिल्ली में थे, जब उन्हें बहन रेमन के माध्यम से कब्जे की सूचना मिली.
सूरज रजक लगातार जमीन के लिए दबाव बना रहे थे और मना करने पर उन्होंने बाहुबल का प्रयोग कर कब्जा करने का प्रयास किया.
शुरुआत में पुलिस उन की शिकायत पर संज्ञान नहीं ले रही थी. इस के बाद मामला प्रदेश के मुख्य सचिव तक पहुंचा, जिन के निर्देश के बाद 3 अप्रैल को देर रात लसूडिय़ा थाने में एफआईआर दर्ज की.
शिकायत के अनुसार, निपानिया क्षेत्र के सर्वे नंबर 414 की लगभग 2 हेक्टेयर जमीन रेमन की माता नरेंद्र कौर सलूजा और उन के भाइयों पुष्पेंद्र और रणधीर सलूजा के नाम पर दर्ज है.
मुख्य सड़क पर स्थित होने के कारण इस जमीन की अनुमानित बाजार दर लगभग 300 करोड़ रुपए है. सूरज रजक ने हाल ही में करीब 150 करोड़ रुपए में शराब का ठेका लिया था, जो बेस प्राइस से काफी ज्यादा है.
उस की मौजूदा शराब की दुकान पीछे की ओर है, जबकि रेमन कक्कड़ के परिवार की जमीन मुख्य सड़क पर है. मुख्य सड़क पर दुकान खुलने से बिक्री बढऩे की संभावना थी.
कई फिल्मों में किया काम
रेमन सिंह का जन्म मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में हुआ था. उन की मम्मी का नाम नरिंदर सलूजा है. उन के 2 भाई हैं. रेमन सिंह का विवाह ऋषि कक्कड़ से हुआ था. उन की एक बेटी है जिस का नाम ऋष्मा है.
रेमन सिंह एक ऐसी अभिनेत्री है, जिस ने भारतीय फिल्मों और टेलीविजन धारावाहिकों में काम किया है. उस की पहली हिंदी फिल्म ‘डांस पार्टी’ 1995 में रिलीज हुई थी. उस के बाद उस ने फिल्म ‘आर्मी’, ‘मिलिट्री राज’ और ‘घायल वन्स अगेन’ में अभिनय किया. रेमन ने 2 पंजाबी फिल्म ‘खेल तकदीरन दे’ और ‘खालसा मेरो रूप है खास’ में भी काम किया है.
रेमन का पहला टेलीविजन धारावाहिक ‘कुसुम’ 2001 में रिलीज हुआ था. उस के बाद रेमन सिंह ने ‘रब से दुआ’, ‘ये तेरी गलियां’, ‘अपना टाइम आएगा’, ‘एक दीवाना था’, ‘सीआईडी’, ‘दिल दोस्ती डांस’ जैसे कई टीवी सीरियलों में काम किया है. इस के अलावा उस ने विज्ञापनों और प्रिंट विज्ञापनों में भी काम किया है.
सूरज रजक का नाम इंदौर के बड़े शराब कारोबारियों में गिना जाता है. वह मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग की टीम मालवा स्टैलियंस का मालिक भी है. यह टीम साल 2026 में पहली बार इस लीग में खेलते हुए दिखाई देगी. अभी हाल ही में हुए औक्शन में मालवा की टीम ने आशुतोष शर्मा को मोटी रकम दे कर खरीदा है.
सूरज रजक पहले प्रौपर्टी डीलिंग का काम करता था, फिर शराब के कारोबार में उतरा. उस की इंदौर के विजयनगर और हीरा नगर में बड़ी शराब दुकानें हैं.
सूरज रजक की शराब दुकान के पीछे अवैध अहाता फिर से संचालित हो रहा है, जिसे कुछ दिन पहले आबकारी विभाग ने सील किया था.
यह शराब दुकान विजय नगर थाना क्षेत्र के आर्बिट मौल के पास है. सील के बावजूद, ‘बाहुबली विधायक’ की पैरवी के चलते अहाता दोबारा खुल गया.
रसूखदार है सूरज
सूरज रजक की कहानी पूरी तरह किसी फिल्म से कम नहीं है. 2017 में वह डीबी सिटी के एक 2 बीएचके फ्लैट में किराए पर रहता था, लेकिन आज उस के पास दुबई में करोड़ों रुपए का फ्लैट, लग्जरी कारों का काफिला, प्रौपर्टियों का जाल बिछा हुआ है.
सूरज का दुबई का फ्लैट मरिना क्षेत्र में स्थित है, जिस की कीमत करीब 8 से 10 करोड़ रुपए बताई जा रही है. वहीं हाल ही में सूरज ने एक 4 सीटर प्राइवेट जेट खरीदा है, जिस की कीमत लगभग 22 करोड़ रुपए बताई जा रही है.
इंदौर के एक डिब्बा कारोबारी की पत्नी के साथ सूरज के व्यापारिक संबंध है और उस डिब्बा कारोबारी का पूरा पैसा सूरज के पास है, जिसे अब वह शराब के ठेके लेने और अपनी लग्जरी लाइफ जीने में लग रहा है.
इंदौर के एक डिब्बा कारोबारी, जिन की विजयनगर क्षेत्र में हत्या हुई थी, उन की पत्नी के साथ सूरज रजक के गहरे संबंध थे.
कारोबारी की मौत के बाद सूरज ने उसी महिला के पैसों का इस्तेमाल अपने व्यवसाय और प्रौपर्टी में किया. इसी रकम से सूरज ने दुबई में फ्लैट और लग्जरी गाडिय़ों का जखीरा खड़ा किया है.
शराब कारोबारी सूरज इंदौर के कद्ïदावर नेता कैलाश विजयवर्गीय और रमेश मेंदोला के काफी करीबी माना जाता है. सूरज रजक इंदौर में प्लेबौय नाम का पब भी संचालित करता है, जो नियमों को दरकिनार कर रात भर खुला रहता है. इस पब में युवकयुवतियां शराब के नशे में चूर हो कर रात बिताते हैं. सूरज का रुतबा इस कदर कायम है कि पुलिस के अधिकारी भी इस पब के खिलाफ काररवाई करने से कतराते हैं.
सूरज रजक का विवादों से पुराना नाता रहा है. 16 अक्तूबर, 2025 की रात करीब एक बजे सूरज और अर्पित बिचौली मर्दाना अंडर ब्रिज के पास से गुजर रहे थे, तभी उन के वाहन टकरा गए. टक्कर को ले कर विवाद हुआ. कार में से उतरे 2 लोगों ने अर्पित व उस के दोस्त की डंडों से पिटाई कर दी.
रजक अपने सुरक्षागार्ड के साथ कार में सवार था. सूरज ने उतर कर दोनों से विवाद किया. इस दौरान हवाई फायर भी हुआ. मामला थाने तक पहुंचा.
इस बीच सूरज के समर्थकों ने यह खबर उड़ाई कि सूरज पर हमला हुआ है तो उस के समर्थक कनाडिय़ा थाने के घेराव की तैयारी करने लगे थे. इस बीच कनाडिय़ा पुलिस ने जांच के बाद सूरज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली.
सूरज के खिलाफ अर्पित गुर्जर ने शिकायत की थी. अर्पित ने आरोप लगाया कि कार से उतर कर सूरज ने पिस्टल से फायर भी किया था. Indore Land Dispute






