Punjab Serial Rapist. पंजाब के चंडीगढ़ का सतपाल उर्फ सत्तू एक ऐसा सीरियल रेपिस्ट था, जो पहले लड़कियों का अपहरण करता था, फिर उन के साथ रेप करता था. फरवरी 2026 से जून 2026 तक यह वहशी दरिंदा 6 लड़कियों को अपना शिकार बना चुका था.
हाल ही में 19 जून, 2026 को सत्तू ने एक लड़की को नौकरी दिलाने का झांसा दे कर किडनैप किया और उस से रेप किया. यूपी की मुजफ्फरनगर पुलिस ने सत्तू पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया. शहर के सिविल लाइंस एरिया में 19 जून को एक नाबालिग लड़की के अपहरण का मुकदमा दर्ज हुआ तो पुलिस ने 10 स्पैशल टीमों का गठन किया.
रेपिस्ट की तलाश में करीब एक हजार सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई. सर्विलांस की मदद से लोकेशन ट्रेस की गई. जांच में सामने आया कि आरोपी लड़की को नौकरी का झांसा दे कर किडनैप कर के पंजाब ले गया. पंजाब में लड़की को बंधक बना कर दुष्कर्म किया. बाद में उसे यमुनानगर में बस में बैठा कर फरार हो गया.
एसपी (सिटी) अमृत जैन के नेतृत्व में 29 जून को देर रात 11:25 बजे सिविल लाइंस पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम बामनहेड़ी रुड़की रोड पर चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान पंजाब नंबर की एक संदिग्ध कार पुलिस टीम को दिखाई दी.
पुलिस ने वाहन रोकने का इशारा किया तो चालक कार ले कर भागने लगा. पुलिस द्वारा घेराबंदी होने पर चालक कार छोड़ कर भागते हुए पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगा.
गोली लगने से 2 पुलिसकर्मी घायल हो गए. पुलिस ने सेल्फ डिफेंस में जवाबी काररवाई की, जिस में सतपाल उर्फ सत्तू नाम का व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. मुठभेड़ में उसे 2 गोलियां लगीं, एक पैर में और दूसरी कमर के ऊपर. पुलिस ने उसे अस्पताल में भरती कराया था. दूसरे दिन दोपहर 1 बजे उस की मौत हो गई.






