Mumbai Drum Murder Case. आज के दौर में प्यार कई लोगों के लिए मजाक बनता जा रहा है, क्योंकि रिश्तों में भरोसे और अपनापन कम, जबकि नफरत और हिंसा ज्यादा देखने को मिल रही है. अब आए दिन प्रेम संबंधों में हत्या जैसी खौफनाक घटनाएं जैसे आम हो गई हैं. ऐसा ही एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जिस में एक प्रेमिका ने अपने परिवार के साथ मिलकर प्रेमी की बेरहमी से हत्या कर दी.

इतना ही नहीं, हत्या के बाद शव को हरे रंग के ड्रम में बंद कर नाले में फेंक दिया गया, ताकि किसी को इस वारदात का पता न चल सके. आखिर एक प्रेमिका कातिल क्यों बनी और इस खौफनाक साजिश को इतनी बेरहमी से क्यों अंजाम दिया गया? आइए जानते हैं, इस पूरे मामले की कहानी विस्तार से.

यह वारदात महाराष्ट्र के मुंबई से जुड़े मुंब्रा इलाके की है. 3 अप्रैल, 2026 को अरबाज मकसूद अली खान रोज की तरह काम पर जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा. परिवार ने पहले अपने स्तर पर उस की तलाश की, मगर जब कोई जानकारी नहीं मिली तो उस के पिता ने मुंब्रा पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी दर्ज कराई. शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और अरबाज के मोबाइल फोन की लोकेशन खंगालनी शुरू की..

जांच के दौरान उस की आखिरी लोकेशन वर्सोवा इलाके में मिली. इसी बीच पुलिस को उस की प्रेमिका मेहजबीन शेख की लोकेशन भी उसी इलाके में मिली, जिस के बाद मामला और संदिग्ध हो गया.पुलिस ने मेहजबीन शेख को हिरासत में ले कर पूछताछ शुरू की. शुरुआत में वह पुलिस को लगातार उलझाने की कोशिश करती रही, लेकिन जब पुलिस ने सख्ती दिखाई और सबूत सामने रखे तो उस ने पूरी सच्चाई उगल दी.

पूछताछ में उसने बताया कि उस ने अपने पति हसन, भाई तारिक शेख और उस के एक दोस्त के साथ मिलकर अरबाज को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी. जांच में सामने आया कि आरोपियों ने अरबाज को पैसों का लालच दे कर वर्सोवा बुलाया था. वहां पहुंचने के बाद उस से फिरौती मांगी गई. जब बात बिगड़ गई तो आरोपियों ने उस के हाथ बांध दिए और प्लास्टिक के पाइप से उस की बेरहमी से पिटाई की. मारपीट इतनी ज्यादा की गई कि उस की जान चली गई.

हत्या के बाद आरोपियों ने शव को हरे रंग के ड्रम में बंद किया और उसे मुंब्रा के एक सुनसान नाले में फेंक दिया, ताकि किसी को इस वारदात की भनक न लगे और सबूत भी खत्म हो जाएं. फिलहाल पुलिस ने मेहजबीन शेख और उस के भाई तारिक शेख को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं महिला का पति हसन और आरोपी मुजम्मल पठान अभी फरार बताए जा रहे हैं. पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच जारी है.

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक तकनीकी जांच और तेजी से की गई काररवाई की वजह से इस ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा हो सका. अभी फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है. Mumbai Drum Murder Case

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...