Bihar  Murder Case. इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली, दिल दहला देने वाली एक घटना सामने आई है, जहां खेत में घास काटने गई एक महिला का धारदार हथियार से गला रेत दिया गया, जिस से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. आखिर कौन थी यह महिला और किस ने इतनी बेरहमी से उस की जान ले ली? आइए जानते हैं इस खौफनाक वारदात की पूरी कहानी, जो आप को सोचने पर मजबूर कर देगी और सावधान भी करेगी.

यह घटना बिहार के भागलपुर जिले के मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के नवटोलिया भतुआचक गांव की है. यहां रहने वाली रुक्मिणी देवी खेत में घास काटने गई थी, लेकिन काफी देर तक घर वापस नहीं लौटी. इस के बाद उस का बेटा अमित कुमार उसे तलाशने निकला. मोबाइल की रोशनी में खोजबीन के दौरान खेत में रुक्मिणी देवी की खून से लथपथ लाश मिली. शव के पास घास का बोझा पड़ा हुआ था. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी गई.

जांच के दौरान मृतका के बेटे अमित कुमार ने पड़ोस के कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया. उस का कहना है कि कुछ दिन पहले पड़ोसियों से विवाद हुआ था. ट्रैक्टर की बैटरी चोरी होने के मामले में उस के भतीजे पर आरोप लगाया गया था, जिस के बाद कहासुनी हुई और जान से मारने की धमकी भी दी गई थी. वहीं मृतका की बेटी ने भी आरोप लगाया कि गांव का एक व्यक्ति उस की मां का पीछा करता था और खेत जाते समय परेशान करता था.

परिजनों के मुताबिक हमलावरों ने पहले रुक्मिणी देवी के पैर पर हमला किया, जिस से वह जमीन पर गिर गई. इस के बाद आरोपियों ने उसे दबोच लिया और धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी. शव पर गले और पैर में गहरे जख्म मिले हैं, जिस से वारदात की बेरहमी साफ दिखाई देती है.

पुलिस ने मौके पर एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की.
अमित कुमार ने बताया कि वह अलीगंज बिजली कार्यालय में मानव बल के तौर पर काम करता है. शाम को घर लौटने पर उसे पता चला कि उस की मां अभी तक खेत से वापस नहीं आई है. इस के बाद वह मां को ढूंढने निकला और खेत में मां की लाश देखकर उस के होश उड़ गए. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में डर का माहौल बन गया.

परिजनों ने यह भी बताया कि करीब 7 साल पहले मृतका के पति की भी हत्या कर दी गई थी. अब एक बार फिर परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है.Bihar Murder Case

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...