Bollywood Controversy. कभी बौलीवुड की मदमस्त हीरोइन रही ममता कुलकर्णी पिछले करीब 15 सालों से गायब थीं. अब उन का नाम केन्या में रह कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ड्रग्स की तस्करी करने वाले विक्की गोस्वामी से जुड़ा है तो वह फिर चर्चाओं में हैं.
एक दशक पहले बौलीवुड की हौट हीरोइन रही ममता कुलकर्णी इन दिनों रहस्यमय पहेली बनी हुई हैं. ममता अपने बारे में कहती हैं कि वह ईश्वर को समर्पित साध्वी हैं. जबकि मुंबई से सटे ठाणे की पुलिस ममता कुलकर्णी को ड्रग तस्कर विक्की गोस्वामी की गर्लफ्रैंड और पत्नी बताती है. आखिर सच क्या है?
अपने जमाने की जानीमानी अभिनेत्री ममता कुलकर्णी कई सालों से मुंबइया फिल्म इंडस्ट्री से गायब हैं. ज्यादातर लोग उन्हें भूल भी चुके थे लेकिन कुछ दिन पहले आई एक तसवीर ने ममता कुलकर्णी को फिर से चरचा में ला दिया. इस तसवीर में वह माथे पर तिलक लगाए दिख रही थीं. इस तसवीर के साथ ही खबरें आईं कि ममता अब जोगन बन गई हैं. ममता ने एक चैनल को दिए इंटरव्यू में कहा कि मैं ने बौलीवुड छोड़ने के बाद ईश्वर में ध्यान लगा लिया है. अब ग्लैमर की दुनिया में लौटने का मेरा जरा भी मन नहीं है.
अपने इंटरव्यू में बौलीवुड को टाटा कहने की वजह के बारे में ममता ने कहा, ‘‘कुछ लोग दुनिया के कामों के लिए पैदा होते हैं, जबकि कुछ ईश्वर के लिए जन्म लेते हैं. मैं भी ईश्वर के लिए पैदा हुई हूं.’’ बौलीवुड में वापसी के बारे में ममता ने इस साक्षात्कार में कहा था, ‘‘क्या घी को फिर से दूध बनाना मुमकिन है?’’ उन्होंने और भी बड़ीबड़ी बातें हांकते हुए कहा, ‘‘क्या ऋषि वाल्मीकि फिर से वाल्या बन सकते हैं? अब मेरे असली हीरो शाहरुख, सलमान या आमिर नहीं, बल्कि परमपिता परमात्मा और सभी धर्मों के भगवान हैं.’’
ममता कुलकर्णी की यह राय अपने बारे में है, लेकिन हकीकत यह है कि ठाणे पुलिस ममता की तलाश में है. कुछ लोगों का कहना है कि ममता के साध्वी होने की बातें और कुछ नहीं, अपने जुर्म पर परदा डालने की कोशिश हैं. नब्बे के दशक में हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में सैक्स सिंबल के तौर पर मशहूर रही अभिनेत्री ममता कुलकर्णी पिछले एक दशक से लाइमलाइट से गायब थीं. अब उन्होंने आध्यात्म पर एक किताब लिखी है, जिस का नाम है, ‘ओटोबायोग्राफी औफ एन योगिनी’.
ममता ने एक औनलाइन इंटरव्यू में कहा, ‘‘इन 12-13 सालों में मेरे परिवार वालों तक को नहीं पता था कि मैं कहां हूं और क्या कर रही हूं. क्योंकि आध्यात्म की दुनिया की यही मांग है. 24 घंटे में से 18 घंटे भगवान की सेवा में लग जाते हैं. ऐसे में किसी और से मिलने या उस की बात सुनने का वक्त ही कहां मिलता है. मैं ने पिछले 12 सालों से मेकअप तक नहीं लगाया, और न ही मैं ब्यूटी पार्लर गई. यहां तक कि शीशा तक नहीं देखा. मैं ने इन 12 सालों में कोई फिल्म भी नहीं देखी.’’
ममता कुलकर्णी ने ड्रग तस्कर विक्की गोस्वामी से शादी की खबरों पर भी सफाई दी. उन्होंने कहा, ‘‘मैं ने कभी किसी से शादी नहीं की. अब भी ऐसा कोई इरादा नहीं है. यह सही है कि मैं विक्की से प्यार करती हूं, लेकिन उसे भी पता होगा कि अब मेरा पहला प्यार ईश्वर है.
दरअसल, पिछले कई वर्षों से ममता का नाम अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्कर विक्की गोस्वामी की पत्नी या गर्लफ्रैंड के रूप में आ रहा है, इसलिए कुछ लोग कहते हैं कि असल में वह जुर्म की जोगन है.
ममता कुलकर्णी जैसी सैक्सी साध्वी की इन भोली बातों पर कोई भी सदके जाना चाहेगा. हो सकता है, कुछ लोग उन की बातों पर यकीन भी कर लें. लेकिन ठाणे पुलिस उन के साध्वी होने की बात को गंभीरता से नहीं ले रही. पुलिस उन की तथाकथित साधना में विघ्न डालने के मूड में है. ठाणे पुलिस ममता कुलकर्णी को तलाश कर के उन से पूछताछ करना चाहती है.
वजह यह कि ममता के तथाकथित पति विक्की गोस्वामी का नाम 2 हजार करोड़ की ड्रग्स तस्करी में सामने आया है. तभी से ठाणे क्राइम ब्रांच ड्रग्स तस्करों से उन के रिश्तों के बारे में पूछताछ करना चाहती है. पुलिस को उम्मीद है कि ममता से पूछताछ के बाद उन के पति विक्की गोस्वामी की हजारों करोड़ की ड्रग तस्करी और ड्रग के कारोबार का खुलासा हो सकता है.
अपने जमाने में जवां दिलों की धड़कन रही ममता कुलकर्णी अब बौलीवुड की चमकदमक से दूर जा चुकी हैं. लेकिन नशे की दुनिया में उस का नाम कई बार सुर्खियों में आया है. मुंबई से सटे ठाणे में पकड़ी गई हजारों करोड़ रुपए की नशे की खेप का लिंक सोलापुर और गुजरात होते हुए अफ्रीकी देश केन्या से जुड़ा तो ममता कुलकर्णी का नाम भी लिया जाने लगा. पुलिस को जांच में पता चला कि पकड़े गए ड्रग्स के कारोबारी कई बार केन्या में रह रहे अंतरराष्ट्रीय ड्रग माफिया विक्की गोस्वामी से भी मिले थे.
विक्की गोस्वामी को ममता कुलकर्णी का पति बताया जाता है, लेकिन जब पत्रकारों ने ममता से बात कर के इन आरोपों का जवाब मांगा तो उन्होंने चौंकाने वाला जवाब दिया. ममता का कहना है कि विक्की उन का पति नहीं, सिर्फ दोस्त है. लेकिन कुछ विश्वस्त सूत्रों का कहना है कि ममता कुलकर्णी ने विक्की गोस्वामी से दुबई में उस वक्त शादी की थी, जब वह जेल में बंद था. शादी के बाद ही विक्की दुबई की जेल से रिहा हो पाया था.
बहरहाल, आप को बता दें, 12 अप्रैल को मुंबई से सटे ठाणे में एक नाइजीरियन की गिरफ्तारी से शुरू हुई जांच सोलापुर की एवोन लाइफसाइंस कंपनी तक पहुंच गई थी. इस मामले में पुलिस ने कंपनी के डायरेक्टर मनोज जैन के साथसाथ कंपनी के प्रोडक्शन इंचार्ज पुनीत श्रृंगी और एक ट्रांसपोर्टर हरप्रीत सिंह गिल को भी गिरफ्त में लिया था.
पुलिस का दावा है कि अब तक कुल 20.5 टन इफेड्रीन और 2.5 टन एसीटिक एनहाईड्राईड बरामद हुई है. कंपनी के दूसरे डायरेक्टर भी शक के दायरे में हैं. जबकि ममता कुलकर्णी जब्त की गई ड्रग्स को ड्रग्स मानने को ही तैयार नहीं हैं.
ज्ञातव्य हो कि कुछ दिन पहले अहमदाबाद पुलिस ने नशे की एक बहुत बड़ी खेप पकड़ी थी. इस खेप की कीमत 270 करोड़ रुपए के लगभग बताई गई थी. उस वक्त पुलिस ने शक जताया था कि इस ड्रग्स रैकेट के तार अंतर्राष्ट्रीय गिरोह से जुड़े हैं. पुलिस ने बताया था कि निस्संदेह इतनी बड़ी रकम का लेनदेन हवाला के जरिए किया जा रहा होगा. पुलिस ने सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई तो इस ड्रग तसकरी के तार केन्या तक जा पहुंचे.
ठाणे पुलिस की मानें तो सोलापुर की कंपनी से अब तक 10 से 20 टन ड्रग केन्या भेजे जा चुके हैं. पुलिस जैसेजैसे जांच को आगे बढ़ा रही है, चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं. पता लगा है कि गिरफ्तार किए गए नशे के सौदागर सन 2013 से अब तक कई बार दक्षिण अफ्रीका जा चुके हैं. यही नहीं ये आरोपी केन्या में अंतरराष्ट्रीय ड्रग माफिया विक्की गोस्वामी से भी कई बार मीटिंग कर चुके थे और मुंबासा में एक फैक्ट्री खोलने की फिराक में थे.
अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करों का खुलासा होने के बाद कई देशों की जांच एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं. यही वजह है कि अमेरिकी ड्रग एनफोर्समेंट डिपार्टमेंट के अफसरों ने भी ठाणे पुलिस से मुलाकात कर जानकारी साझा की है. ठाणे पुलिस इस मामले में ममता कुलकर्णी के पति को अहम कड़ी मान कर चल रही है. इस मामले में गुजरात के पूर्व विधायक का बेटा किशोर राठौड़ भी फरार आरोपियों में से एक है. विक्की गोस्वामी का बचपन और जवानी अहमदाबाद में ही बीता है.
विजय आनंदगिरी गोस्वामी उर्फ विक्की गोस्वामी का बचपन गुजरात के शहर अहमदाबाद के पुराने इलाके में बीता था. उस का पैतृक निवास अहमदाबाद के पालड़ी इलाके की लक्ष्मीकुंज सोसायटी में है. विक्की का परिवार आज भी यहीं रहता है. परिवार कहता तो यही है कि उन्होंने विक्की से रिश्ते खत्म कर लिए हैं, लेकिन यह बात मानने के लिए न पुलिस तैयार है, न स्थानीय पत्रकार, न खुफिया एजेंसियां और न ही मुखबिर.
विक्की बचपन से ही बेहद अमीर होने और शानदार जीवन जीने के सपने देखता था. उस ने हमेशा यही कोशिश की कि चाहे जैसे भी संभव हो, पैसों को अंबार लगा ले. उस ने कई तरह के काम किए लेकिन अच्छी कमाई नहीं हुई तो आखिरकार वह गैंगस्टर बन बैठा.
जब विक्की के संबंध दाऊद गिरोह से बने और उसे नशा तस्करी में कमाई की असीम संभावनाएं दिखीं, तो उस ने पैसों की खातिर यह जहर युवा पीढ़ी के लिए मुहैया करवाने का काला खेल खेलना शुरू कर दिया. इकबाल मिर्ची की मौत के बाद वह देश का नंबर वन नशा तस्कर बन गया था.
सूत्रों के अनुसार विक्की गोस्वामी 2014 के दिसंबर महीने में भारत आया था. लेकिन कुछ समय बाद वह केन्या लौट गया. भारत में उस के खिलाफ ऐसे आपराधिक मामले दर्ज नहीं थे, जो उसे केन्या जाने से रोका जा सकता. गोस्वामी ने अपने ड्रग्स बिजनैस का मुख्य अड्डा केन्या में ही बनवाया हुआ है. माना जाता है कि यहीं से वह पूरी दुनिया में ड्रग्स सप्लाई करता है. ममता कुलकर्णी भी गोस्वामी के साथ केन्या में ही रहती है.
दोनों की जोड़ी बड़ी अनूठी है. विक्की जुर्म और नशे की दुनिया का बादशाह है तो ममता ग्लैमर की दुनिया की रानी रह चुकी है. ममता का जन्म 20 अप्रैल 1972 को एक मराठी परिवार में हुआ था. आज उन के घर वाले उन के बारे में कोई बात करने को तैयार नहीं होते. उन्होंने 1992 में आई फिल्म ‘तिरंगा’ से बौलीवुड में कदम रखा था. इस के बाद उन्होंने ‘आशिक आवारा’, ‘बाजी’, ‘घातक’ तथा ‘चाइना गेट’ सरीखी फिल्मों में काम कर के नाम कमाया.
2002 में आई ‘कभी तुम कभी हम’ के बाद उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री को टाटा बायबाय कह दिया. 1993 में स्टारडस्ट मैगजीन में टौपलेस फोटोशूट करा कर ममता कुलकर्णी काफी चर्चा में आ गई थीं. इस के लिए उन पर जुर्माना भी हुआ था. यही नहीं ‘चाइना गेट’ में काम करने को ले कर खबरें उड़ी थीं कि यह फिल्म उन्हें छोटा राजन के कहने पर मिली थी. हालांकि यह फिल्म फ्लौप रही और इस का सुपरहिट गाना ‘छम्माछम्मा’ भी उर्मिला मातोंडकर के खाते में चला गया. इस फिल्म के जरिए ममता की सीरियस इमेज दिखाने की कोशिश भी नाकाम रही.
ममता के कई गाने आज भी लोगों की जुबान पर हैं. जब भी ये गाने कहीं सुनने को मिलते हैं तो अचानक ममता कुलकर्णी की याद ताजा हो जाती है.
‘कोई जाए तो ले आए, मेरी लाख दुआएं पाए, मैं तो पिया की गली…’ घातक
‘मुझ को राणा जी माफ करना गलती म्हारे से हो गई…’ करण अर्जुन
‘भंगड़ा पा ले… आजा आजा…’ करण अर्जुन
‘भोलीभाली लड़की…’ करण अर्जुन
‘एक मुंडा मेरी उम्र दा…’ करण अर्जुन
कहते तो यह भी हैं कि जब ममता की फिल्मों से विदाई हो गई तो वह एक एनआरआई से विवाह कर अमेरिका जा बसी थीं. लेकिन कुछ ही दिन बाद यह शादी टूट गई. इस का कारण यह भी बताया जाता है कि ममता के विक्की से रिश्तों की जानकारी होने के बाद ममता के पति ने उन से संबंध विच्छेद करने में ही भलाई समझी थी.
इस के बाद विक्की और ममता ने शादी कर ली और दोनों दुबई में ही रहने लगे थे. जब ममता फिल्मों में थीं, मादकता का दूसरा नाम बन चुकी थीं. उन की मादक अदाओं पर देश के तमाम पुरुष फिदा थे. उन में विक्की भी शामिल था.
ममता कुलकर्णी का नाम एक बार फिर सुर्खियों में तब आया जब ममता ने अपना धर्म बदल कर इस्लाम कबूल कर लिया. उन्होंने अपना धर्म परिवर्तन ड्रग तस्कर विक्की गोस्वामी से शादी करने के लिए किया था. पिछले 15 साल से गायब ममता दुबई में रह कर अपने बौयफ्रैंड विक्की की रिहाई का इंतजार कर रही थीं, जो दुबई की जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था.
विक्की की रिहाई के लिए ममता लंबे समय से कोशिश कर रही थीं और आखिर में उन्होंने शादी करने का रास्ता निकाला. इस के लिए ममता को इस्लाम कबूल कर के इस्लामिक रीतिरिवाजों से विक्की से निकाह करना पड़ा. इस निकाह से खुश हो कर दुबई के शेख ने विक्की की सजा माफ कर दी. अगर ममता ऐसा न करतीं तो विक्की 25 साल तक दुबई की जेल में सड़ता रहता.
शुरुआत में ममता के अंडरवर्ल्ड डौन छोटा राजन से संबंधों की खबरें थीं, लेकिन कुछ समय बाद ही उन का नाम ड्रग तस्करी करने वाले विजय गोस्वामी (विक्की) के साथ जुड़ गया. उस के साथ वह दुबई में भी रहीं और अब केन्या में भी उसी के साथ हैं. उन्होंने एक न्यूज चैनल पर कबूला था कि उन्होंने विक्की से शादी नहीं की. हां, वह विक्की से जेल में मिलने जरूर गईं थीं.
ममता ने इसी इंटरव्यू में बताया कि उन्होंने सोचा था कि जैसे भी संभव होगा, वह विक्की को जेल से बाहर निकाल कर रहेंगी. विक्की जेल से बाहर आया भी, लेकिन ममता भारत नहीं लौट पाईं. जिस दौरान विक्की जेल में था, ममता ने अपनेआप को ईश्वर भक्ति में डुबो लिया था.
विक्की को दुबई पुलिस ने 8 महीने चले लंबे अभियान के बाद 1997 में दुबई में मैंड्रेक्स बनाने का कारखाना चलाने और तस्करी करने के आरोप में रंगे हाथों गिरफ्तार किया था. उस पर 11.5 टन मैंड्रेक्स तस्करी का आरोप था. खाड़ी देशों के कड़े कानूनों के कारण उसे होनी तो फांसी थी, लेकिन इसलाम कबूलने के कारण उसे उम्र कैद हुई.
विक्की के जेल में रहते हुए ममता ने उस का अच्छा साथ दिया था. उसे न केवल कानूनी लड़ाई में पूरी मदद दी, बल्कि दुबई में उस की कई जगह फैली संपत्ति और कारोबार का भी पूरी तरह से खयाल रखा था. विक्की का दुबई में होटल कारोबार है, जिस की देखरेख ममता ही करती रही हैं.
अहमदाबाद में विक्की के परिवार के लोग रहते हैं. उस के कुछ करीबियों का कहना है कि विक्की की शादी हो चुकी है और उस के दो बच्चे भी हैं. सूत्रों के अनुसार, विक्की गोस्वामी 2014 के दिसंबर महीने में भारत आया था. लेकिन कुछ ही समय बाद वह केन्या चला गया था.
विक्की गोस्वामी ने अपना ड्रग्स बिजनैस का मुख्य अड्डा केन्या में ही बनाया था. यहीं से वह पूरी दुनिया में ड्रग्स सप्लाई करता है. गोस्वामी के साथ ममता कुलकर्णी भी केन्या शिफ्ट हो गई थीं. दोनों केन्या में ही रह रहे हैं और वहीं से ड्रग्स का बिजनैस चलाते हैं. Bollywood Controversy
लेखक: सतीश पेडणेकर






