Delhi Rape Case. राजधानी दिल्ली में एक दरिंदे ने पिछले दिनों दरिंदगी की सारी हदें पर कर दीं. उस ने एक बाप के सामने से उस की 11 साल की बेटी को किडनैप कर लिया. मासूम किशोरी के साथ पहले तो दुष्कर्म किया, फिर उस की हत्या कर डाली और लाश को जंगल में फेंक दिया.
उधर उस के पिता का रोरो कर बुरा हाल था. किडनैप बेटी की तलाश में वह भटकता रहा. अपने 4 बच्चों के साथ वह फुटपाथ पर अपनी 2 बेटियों के पास सोया था. जबकि उस की पत्नी भी थोड़ी अलग 2 बच्चों के साथ सो रही थी.
सुबह करीब 4 बजे एक कैब ड्राइवर ने उस की बेटी को जबरन उठा लिया था. उस के चिल्लाने पर पिता की आंख खुल गई. बेटी चिल्लाती रही, ”पापा… मुझे बचा लो. बचा लो.’’
आवाज सुनते ही वह घबरा कर उठा और पास रखा डंडा उठा लिया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. गाड़ी उस की आंखों के सामने से फुर्र हो गई थी. कैब ड्राइवर बच्ची को गाड़ी में बैठा कर जा चुका था. पिता ने शोर मचाया, गाड़ी के पीछे दौड़ा, लेकिन तब तक ड्राइवर तेजी से गाड़ी भगा कर फरार हो गया. पिता का कहना है कि अगर मैं कुछ सेकेंड पहले जाग जाता तो शायद मेरी बेटी आज जिंदा होती.
परिवार के अनुसार मृतक बच्ची 4 भाईबहनों में सब से बड़ी थी. छोटी उम्र में ही वह अपने भाईबहनों का खयाल रखती थी. वह स्कूल जाना चाहती थी और पढ़लिख कर अपने परिवार की जिंदगी बदलना चाहती थी.
आसपास रहने वाले लोगों का कहना है कि रात में यहां नशेडिय़ों और असामाजिक तत्त्वों की काफी आवाजाही रहती है. आसपास कई मजदूर परिवार फुटपाथ पर सोते हैं. इलाके में एक पुलिस बूथ तो बना हुआ है, लेकिन रात के समय अकसर पुलिसकर्मी नजर नहीं आते.
इस मामले में कैब ड्राइवर वारदात के अगले रोज ही गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस उसे हिरासत ले कर वारदात का रिक्रिएशन कराने घटनास्थल पर ले कर जाने लगी. रास्ते में ही आरोपी ने जांच अधिकारी इंसपेक्टर केदार की सरकारी पिस्टल छीन ली और पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की. जवाबी काररवाई में पुलिस की गोली उस के पैर में लग गई, जिस के बाद उसे काबू कर लिया गया.
इस पूरे मामले के बारे में डीसीपी अनंत मित्तल ने गहनता से पता लगाया. पाया गया कि सरकारी वाहन में ले जाते समय आरोपी ने अचानक जांच अधिकारी इंसपेक्टर केदार की सरकारी पिस्टल छीन ली थी. इस के बाद उस ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और मौके से भागने का प्रयास किया.
अचानक हुए हमले के बाद पुलिसकर्मियों ने जवाबी काररवाई करते हुए 2 राउंड फायर किए. इन में से एक गोली आरोपी के पैर में जा लगी. घायल होने के कारण वह ज्यादा दूर नहीं भाग सका और पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया. घायल आरोपी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. पुलिस अधिकारी के अनुसार जांच में पता चला है कि आरोपी के ऊपर बिहार में 5 मामले पहले से दर्ज थे. इन में 2 मुकदमे हत्या के प्रयास के हैं.
पूछताछ में कैब ड्राइवर ने स्वीकार कर लिया कि 22 जून की सुबह तकरीबन साढ़े 4 बजे बच्ची अपने परिवार के साथ फुटपाथ पर सो रही थी, तभी वह उसे उठा ले गया था. सूचना मिलने पर दिल्ली पुलिस ने तुरंत बच्ची को खोजने के लिए कई टीमें बनाईं और कैब ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया था. उस ने रेप के बाद हत्या कर बच्ची की लाश फरीदाबाद-गुरुग्राम रोड के किनारे फेंक दी थी. पुलिस ने लाश बरामद कर ड्राइवर पर अपहरण, रेप और हत्या का मामला दर्ज कर लिया है. Delhi Rape Case






