Parking Dispute Murder. दिल्ली में पार्किंग को ले कर आए दिन झगड़े होते रहते हैं. खास कर दरजनों फ्लैट वाली बिल्डिंग में गाडिय़ां पार्क करने के लिए वहां रहने वाले लोगों के बीच तूतूमैंमैं होना कोई नई बात नहीं है, लेकिन यहां के द्वारका में साधारण बहस से शुरू हुए झगड़े ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया. एक नाबालिग को उस के पिता ने इस कदर उकसा दिया कि उस ने झगड़ रही महिला को चाकुओं से गोद डाला.

इस खौफनाक वारदात से पूरे इलाके के लोग सदमे में आ गए. जिस ने भी सुना, घटना की घोर निंदा की और कहा कि मामले को शांति से सुलझाया जा सकता था.

इस घटना के बारे में बताते हैं कि मुख्य जिम्मेदार नाबालिग ही था, जिस ने 26 वर्षीय महिला की बेरहमी से चाकू मार कर हत्या कर दी और उस के पति को भी घायल कर दिया. जबकि वहां उस का पिता भी मौजूद था. उस ने झगड़े को शांत करने के बजाय बेटे को उकसा कर उसे हिंसक रूप अपनाने के लिए उत्तेजित कर दिया.

नाबालिग को इस बात से आपत्ति थी कि एक बाइक उस जगह खड़ी की गई थी, जहां उस का पिता खानेपीने की रेहड़ी लगाता था. इस बात पर बहस की शुरुआत पिता और बाइक वाले के बीच हुई. इस बहस में उस का नाबालिग बेटा भी कूद पड़ा और चिल्लाते हुए बाइक पर हाथ मारने लगा. बाइक को उसी वक्त वहां से हटाने की जिद करने लगा.

घरों में घरेलू नौकरानी का काम करने वाली महिला उस लड़के से बात करने के लिए आई. इस के बाद बहस और बढ़ गई. इस दौरान ही नाबालिग ने उस महिला के पेट में चाकू मार दिया. उस वक्त नाबालिग का पिता उसे मारने के लिए उकसा रहा था. महिला का पति, जो सिक्योरिटी गार्ड का काम करता है, वह बीचबचाव करने लगा. नाबालिग ने उस पर भी चाकू से हमला कर दिया, जिस से वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया.

दरअसल, रविवार का दिन था और पीडि़त की साप्ताहिक छुट्टी थी. उस ने अपनी बाइक की धुलाई की थी और उसे सड़क पर खड़ा कर घर के अंदर परिवार के पास चला गया था. उस की पत्नी काम के बाद दोपहर करीब डेढ़ बजे लंच के लिए घर लौटी थी. पुलिस को मृतक की भाभी ने इस वारदात की पूरी कहानी बताई.

आरोपी नाबालिग लड़का घायल पति का दूर का रिश्तेदार है. परिवार वालों ने बताया कि पतिपत्नी को बचाने की कोशिश में उस आदमी के बड़े भाई को भी चोटें आईं. पीडि़त की 28 साल की भाभी ने बताया कि पड़ोसी के बेटे ने उन्हें बाइक हटाने के लिए कहा, ताकि उस का पिता वहां अपनी रेहड़ी लगा सके.

महिला मामले को सुलझाने निकली थी, लेकिन बहस बढ़ गई. शोरशराबा सुन कर उस के पति बाहर दौड़े और उन का बेटा भी बाहर निकल आया. आरोप है कि लड़के ने महिला के पति के शरीर के ऊपरी हिस्से पर 5-6 बार चाकू से वार किया. रिश्तेदार ने आरोप लगाया कि हमले के दौरान लड़के का बाप भी वहां मौजूद था और उसे उकसा रहा था. मेरे बड़े जीजाजी ने बीचबचाव करने की कोशिश की, लेकिन लड़के ने भागने से पहले उन पर भी हमला किया.

पुलिस को चाकू मारने की घटना के बारे में दोपहर करीब 2:50 बजे पीसीआर कौल से सूचना मिली. पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और पीडि़त परिवार के साथ घायल पतिपत्नी को पास के अस्पताल ले गए. वहां डौक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया, जबकि उस के पति को इलाज के लिए भरती कर लिया.

इस मामले में मृतक महिला की जेठानी को भी धमकी मिली थी, जो खुद खानेपीने का ठेला लगाती है. उस ने बताया कि नाबालिग लड़के ने पहले उसे भी उस जगह से अपना ठेला हटाने की धमकी दी थी. जब उस ने ठेला हटा लिया और उस के देवर ने अपनी बाइक वहां खड़ी की तो उन की गाड़ी रहस्यमय तरीके से खराब होने लगी.

मृतक महिला की बहन ने पुलिस को बताया कि अपने नन्हें से बच्चे की अच्छी परवरिश और घर का खर्च चलाने के लिए दोनों पतिपत्नी बहुत मेहनत करते थे. अब जब पिता का काम छूट जाएगा तो उस की देखभाल कौन करेगा? पिछले 2 सालों में परिवार में यह चौथी मौत है. हाल ही में बच्चे के दादादादी और चाचा की भी मौत हो गई थी.

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...