Indore Loot Case. दिनदहाड़े रेडीमेड कारोबारी के घर 50 लाख की लूट कर के बदमाशों ने इंदौर पुलिस को जो खुली चुनौती दी थी, उसे स्वीकार कर पुलिस ने महज 48 घंटे में रेडीमेड कारोबारी की नाबालिग नौकरानी और उस के आशिक सहित सभी दरजन पर बदमाशों को गिरफ्तार भी कर लिया और लूटा गया अधिकांश माल भी बरामद कर लिया.
साल के पांचवें महीने की पांचवी तारीख थी. इंदौर के थाना एरोड्रम के थानाप्रभारी बलजीत सिंह बिसेन दोपहर में लंच के बाद थाने आए ही थे कि व्यंकटेश नगर के रहने वाले नितिन बोथरा थाने आए. उन्होंने बलजीत सिंह को अपनी जो आपबीती सुनाई, उसे सुन कर वह हैरान रह गए.
47 वर्षीय नितिन का व्यंकटेश नगर में आलीशान बंगला था. वह रेडीमेड कपड़ों के व्यापारी थे. उन्होंने बताया कि सुबह वह पिता के साथ फैक्ट्री चले गए तो घर में केवल 2 ही लोग रह गए. एक उन की बूढ़ी मां कुसुम बोथरा और दूसरी 17 साल की नौकरानी रेनू. घर का गार्ड मान सिंह पवार दोपहर में खाना खाने अपने घर चला गया था.
उसी बीच दोपहर 1 बजे 4 लुटेरे उन के घर में घुसे और मां एवं नौकरानी के साथ मारपीट कर के कुछ नकदी और लूट ले गए. इस का पता उन्हें तब चला, जब वह लंच करने घर गए.
दिनदहाड़े हुई लूट की इस वारदात के बारे में सुन कर टीआई बलजीत सिंह बिसेन ने यह खबर अपने सीएसपी आर.एस. घुरैया एवं एसपी पश्चिम डी. कल्याण चक्रवर्ती को दी और खुद एसआई रामकेश शर्मा तथा पुलिस टीम को ले कर नितिन बोथरा के घर जा पहुंचे.






