Twin Brothers Murder Case. जहां मां को इस दुनिया में ममता की प्रतिमूर्ति माना जाता है, वहीं राजस्थान के डीग जिले से एक ऐसी रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है, जिस ने इंसानियत की नींव हिला कर रख दी है. एक कलयुगी मां ने अपने अनैतिक संबंधों को छिपाने के लिए, अपने ही कोख से जन्मे 13 साल के मासूम जुड़वां बेटों को मौत के घाट उतार दिया. इस खौफनाक और जघन्य साजिश में मां का साथ उस के प्रेमी और उस के अपने बड़े बेटे ने दिया. आइए जानते हैं, इस दिल दहला देने वाले दोहरे हत्याकांड की विस्तृत दास्तान.

घटना 20 अक्तूबर, 2026 की है. उस दिन देश भर में विजयदशमी यानी दशहरा का पावन पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा था, स्कूलों में छुट्टी थी और चारों तरफ उत्सव का माहौल था, लेकिन राजस्थान के डीग जिले के जनूथर थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले बड़ेसरा गांव में इस दिन खुशियों की जगह मातम और खौफ का घना साया पसर गया था.

सुबह के लगभग 6 बज रहे थे. गांव की गलियों में रोजमर्रा की जिंदगी धीरेधीरे जाग रही थी. कहीं लोग अपने पशुओं को चारा डाल रहे थे तो कहीं खेतों की ओर निकलने की तैयारी कर रहे थे. इसी शांत सुबह, 13 साल के जुड़वां भाई विनय और विष्णु अपनी मां प्रीति से यह कह कर घर से बाहर निकले कि वे फ्रेश होने और टहलने जा रहे हैं. वापस लौट कर स्नान करेंगे. मां प्रीति को लगा कि हमेशा की तरह दोनों बच्चे थोड़ी देर में लौट आएंगे.

लेकिन वक्त गुजरता गया और दोनों भाई वापस नहीं लौटे. जब काफी देर हो गई तो प्रीति के मन में हलकी सी चिंता हुई. अपने दोनों बच्चों को तलाशने के लिए उस ने आसपड़ोस के घरों में जा कर पूछताछ की.

उस ने विष्णु और विनय के दोस्तों से उन के बारे में पूछा तो बच्चों ने हैरान हो कर बताया कि आज तो विनय और विष्णु उन के साथ खेलने आए ही नहीं हैं. देखते ही देखते दोनों भाइयों के लापता होने की यह बात पूरे गांव में आग की तरह फैल गई.

मिले रक्तरंजित शव

परिजनों और ग्रामीणों की बेचैनी हर गुजरते पल के साथ बढ़ती जा रही थी. हर कोई अलगअलग दिशाओं में बच्चों को तलाशने निकल पड़ा.

गांव से लगभग 250 मीटर की दूरी पर देशराज का एक खाली प्लौट था. इस खाली प्लौट में वह ज्वार और बाजरे की पुंज (करब) काट कर रखता था. जब तलाश करते हुए कुछ ग्रामीणों की नजर उस पुंज के पास पड़ी तो उन के कदम वहीं ठिठक गए और मुंह से चीख निकल गई. वहां 13 वर्षीय विनय और विष्णु चौधरी के खून से लथपथ शव पड़े थे.

कुछ पलों के लिए तो आसपास खड़े लोग अवाक रह गए, जैसे उन की आवाज ही छिन गई हो. फिर किसी ने जोर से शोर मचाया. थोड़ी देर में ही यह खबर जंगल की आग की तरह पूरे गांव में फैल गई. लोग बदहवास हो कर घटनास्थल की ओर दौड़े, लेकिन वहां पहुंच कर जो दृश्य सब ने देखा, उस ने मजबूत से मजबूत कलेजे वाले को भी झकझोर कर रख दिया.

दोनों मासूमों की गरदन और सिर पर धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ और बेरहम प्रहार किए गए थे. हंसतेखेलते बच्चों के इस तरह दुनिया से चले जाने पर फेमिली वालों का रोरो कर बुरा हाल हो गया.

सूचना मिलते ही जनूथर थाने के एसएचओ रामभरोसी मीणा तुरंत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल को सुरक्षित कर दिया. डीग के एसपी शरण गोपीनाथ कांबले और एडिशनल एसपी अखिलेश शर्मा भी फौरन घटनास्थल पर पहुंचे.

फोरैंसिक टीम (एफएसएल) के प्रभारी राज अवतार वैष्णव और ग्रामीणों की मांग पर बुलाई गई डौग स्क्वायड ने बारीकी से साक्ष्य जुटाने शुरू किए.

पुलिस ने जब घटनास्थल का निरीक्षण किया तो एक बहुत बड़ा राज सामने आया. जमीन पर खून का एक कतरा भी नहीं था. इस से पुलिस अधिकारियों ने यह निष्कर्ष निकाला कि बच्चों की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई है और बाद में उन के शवों को यहां ला कर फेंका गया है.

दोनोंं बच्चों की हत्या धारदार हथियार से गरदन व सिर पर प्रहार कर की गई थी. बच्चों के परिवार वालों के लिए यह विश्वास करना मुश्किल हो रहा था कि जिन हंसते- खिलखिलाते बच्चों को वे कुछ घंटे पहले तक घर में देख रहे थे, वे अब इस दुनिया में नहीं रहे.

दुखी गांव वाले एकदूसरे से कह रहे थे, ‘इतने छोटे बच्चों से भला किसी की क्या दुश्मनी हो सकती है?’

एक ग्रामीण ने कहा, ‘यह काम बच्चों के किसी जानकार का भी हो सकता है, जो दोनों को बहलाफुसला कर घर से दूर यहां तक ले आया. फिर दोनों की हत्या कर दी.’ जितनी मुंह उतनी बातें हो रही थीं.

मां प्रीति पर हुआ संदेह

डौग स्क्वायड के आते ही डौग को दोनों बच्चों की लाश के पास ले जाया गया. डौग ने वहां जा कर इधरउधर सूंघा. इस के बाद डौग बच्चों के घर की ओर गया. डौग बच्चों के सोने के कमरे में पहुंचा.

डौग की इस हरकत पर पुलिस ने घर की तलाशी लेनी शुरू की. तलाशी के दौरान घर में एक कुल्हाड़ी मिली, जिस पर साफ किए जाने के बावजूद खून के निशान मिले. बच्चों की मां के एक सूट पर भी खून लगा मिला. एफएसएल टीम ने कपड़े सहित अन्य वस्तुओं से नमूने एकत्र किए.

इन सभी वस्तुओं को एफएसएल टीम ने अपने कब्जे में ले लिया. इन की जांच के बाद ही पता चलेगा कि खून किस का है और  इन वस्तुओं का वारदात से कोई संबंध है या नहीं.

पुलिस को घर में पानी से फर्श की सफाई किए जाने के भी निशान मिले. इस पर पुलिस ने घर की छत पर रखी पानी की टंकी को जा कर देखा. पानी की टंकी पूरी तरह खाली मिली. पानी की टंकी खाली होने के पहलू की भी पुलिस पड़ताल कर रही है. पुलिस ने बच्चों की मां प्रीति से उस का मोबाइल अपने कब्जे में ले कर उस की जांच शुरू की.

इस के बाद डौग घर के पास स्थित कुएं पर जा पहुंचा. सूखे कुएं में झांकने पर पुलिस को वहां से खून से सनी चादर, दरी, बोरी, प्लास्टिक का कट्टा, टब और बिस्तर से जुड़ी अन्य सामग्री मिली. पुलिस ने उन्हें भी अपने कब्जे में ले लिया. इन सभी वस्तुओं को जांच के लिए सुरक्षित कर लिया गया.

मायके में रह रही थी प्रीति

हाथरस जिले की तहसील सादाबाद के गांव मंस्या निवासी निरजंन सिंह चौधरी के साथ 35 वर्षीय प्रीति चौधरी की शादी लगभग 20 साल पहले हुई थी. प्रीति अपने चारों बच्चों के साथ अपने मायके बड़ेसरा में ही रहती थी, क्योंकि उस के कोई भाई नहीं है. उस की बड़ी बेटी 18 साल की, बेटा 16 साल का व जुड़वां बेटे 13 साल के हैं.

प्रीति के पति निरजंन खेतीकिसानी करते थे. 5-6 साल पहले उन की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी. प्रीति कभीकभी ससुराल चली जाती थी. बड़ी बहन अनीता डीग में रहती है. घटना के समय प्रीति के मांबाप अनीता के पास डीग गए हुए थे.

बच्चों के पापा के गांव मंस्या में परिवार ने कुछ भी कहने से मना कर दिया. विनय और विष्णु की ननिहाल में हुई हत्या की जानकारी पर मंस्या गांव में परिवार के लोग शोक में डूब गए. मांं की हरकत से पूरा परिवार सदमे में था. निरंजन के भतीजे संदीप ने कहा कि वे इस घटना के बारे में कुछ नहीं कहना चाहते.

पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद दोनों बच्चों के शवों को पोस्टमाटम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया. बच्चों के नाना घनश्याम चौधरी ने अपने दोनों नातियों की हत्या और आपराधिक साजिश रचने की संबंधित धाराओं के तहत मामला थाना जनूथर में दर्ज कराया.

मैडिकल बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम किया गया. शाम तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई, जिस में कहा गया था कि तेज धारदार हथियार से दोनों बच्चों की हत्या की गई है.

एसएसपी कांबले और एसएचओ रामभरोसी मीणा ने जब तकनीकी, वैज्ञानिक और मनोवैज्ञानिक तरीकों से मां प्रीति, उस के बड़े बेटे और अन्य संदिग्धों से कड़ाई से पूछताछ शुरू की तो महज 6 घंटे के भीतर ही इस ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री की परतें खुलने लगीं.

जांच में खुलासा हुआ कि मृत बच्चों की मां प्रीति चौधरी के गांव बड़ेसरा के ही रहने वाले राजेश जाट के साथ लंबे समय से अवैध प्रेम संबंध चल रहे थे. खास बात यह थी कि राजेश की पत्नी की भी संदिग्ध परिस्थितियों में इस घटना से ठीक 10 दिन पहले मौत हो चुकी थी.

जुड़वां होने के कारण विनय और विष्णु ज्यादातर समय एक साथ रहते और साथ ही सोते थे. घटना से कुछ दिन पहले दोनों मासूमों ने अपनी मां प्रीति और राजेश को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था.

बच्चे इस बात से अंदर तक टूट चुके थे और उन्होंने साफ कह दिया था कि अगर यह सब बंद नहीं हुआ तो वे नानानानी के घर आते ही सारी सच्चाई उन्हें बता देंगे.

जब पुलिस ने प्रीति और राजेश के मोबाइल फोन जब्त कर उन की वाट्सऐप चैट और इंटरनेट सर्च हिस्ट्री खंगाली तो उन के होश उड़ गए. चैट से पता चला कि बच्चों के विरोध से घबराई प्रीति ने अपने प्रेमी के साथ मिल कर इन्हें रास्ते से हटाने की साजिश रची थी.

आरोपियों ने हत्या से पहले इंटरनेट पर नींद की दवा और उस के असर के बारे में जानकारियां खोजी थीं. इस के बाद प्रीति ने बाजार से नींद की गोलियां मंगवाईं.

बड़े बेटे को बनाया मोहरा

इस हत्याकांड का सब से खौफनाक पहलू यह था कि मां प्रीति ने अपने प्रेम के आड़े आ रहे जुड़वां बेटों को मारने के लिए अपने 16 साल के बड़े बेटे को भी इस साजिश में शामिघ्ल कर लिया था.

प्रीति ने अपने बड़े बेटे को सौ का नोट दे कर बहलाया और पूछा कि अगर इस के 3 हिस्से किए जाएं तो एक के हिस्से में कितने आएंगे?

जब बेटे ने जवाब दिया, तब उस ने लालच दिया कि अगर ये दोनों जुड़वां भाई हमेशा के लिए रास्ते से हट जाएं तो यह पूरा पैसा और घरजमीन सिर्फ उसी की होगी.

मां के इस लालच और झांसे में आ कर नासमझ बड़ा बेटा भी अपनी ही मां और उस के प्रेमी की इस खूनी साजिश का हिस्सा बन गया.

20 अक्तूबर की आधी रात गुजर चुकी थी. बाहर तेज हवाओं के बीच सूनापन था और बड़ेसरा गांव गहरी नींद में डूबा हुआ था. प्रीति के घर के अंदर सन्नाटा पसरा था, लेकिन उस सन्नाटे के भीतर एक खौफनाक साजिश आकार ले रही थी.

योजना के मुताबिक, प्रीति ने मुख्य दरवाजे की कुंडी पहले से ही खोल रखी थी. रात को दूध या खाने में मिलाई गई नींद की गोलियों का असर अब अपना रंग दिखा चुका था. विनय और विष्णु अपनी चारपाई पर गहरी नींद में सोए हुए थे, उन्हें जरा भी आभास नहीं था कि जिस मां की आंचल में वे सुरक्षित महसूस करते थे, वही मां उन के जीवन की डोर काटने जा रही है.

दबे पांव परछाई की तरह राजेश घर के अंदर दाखिल हुआ. प्रीति ने इशारों से बच्चों के कमरे की तरफ का रास्ता दिखाया. इस के बाद जो हुआ, वह किसी भी सभ्य समाज की कल्पना से परे था.

सोते हुए मासूमों के कोमल शरीर पर बेरहमी से कुल्हाड़ी से प्रहार किए गए. एक हलकी सी आह निकली और दोनों भाइयों की सांसें हमेशा के लिए थम गईं.

हत्या को अंजाम देने के बाद, क्रूरता की हदें पार करते हुए बड़े बेटे ने मां की मदद से दोनों भाइयों के शवों को प्लास्टिक के टब में डाला, बोरी से ढंका और एकएक कर के उस सुनसान प्लौट में फेंक आया.

इस के बाद खून से सने बिस्तर, चादर और अन्य सबूतों को गांव के ही एक सूखे कुएं में फेंक दिया गया. खून से सनी कुल्हाड़ी को घर के भीतर ही पानी से धो कर छिपा दिया गया, ताकि किसी को शक न हो.

मगरमच्छ के आंसू

सुबह जब लाशें मिलीं तो नाटक शुरू हुआ. मां प्रीति ने खुद को बेकुसूर दिखाने के लिए ऐसे विलाप किया, मानो उस पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा हो. उस ने पुलिस और गांव वालों को भ्रमित करने की पूरी कोशिश की, लेकिन कहते हैं कि जुर्म की दीवारें कितनी भी मजबूत क्यों न हों, सच का एक सूरज उन्हें गिरा ही देता है.

पुलिस की पैनी नजर, एफएसएल की तकनीकी जांच, घर की खाली टंकी और मोबाइल की वाट्सऐप चैट ने प्रीति के इस पाखंड के परखच्चे उड़ा दिए. पुलिस ने महज 6 घंटे के भीतर ही इस सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर का परदाफाश कर दिया.

‘औपरेशन संकल्प’ के तहत पुलिस ने 21 अक्तूबर, 2026 को मां प्रीति चौधरी, उस के प्रेमी राजेश जाट और गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है. हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, खून से सने कपड़े और अन्य साक्ष्य बरामद कर लिए गए हैं.

पुलिस ने 23 अक्तूबर, 2026 को बड़े भाई को भी गिरफ्तार कर बाल न्यायालय में पेश कर बाल सुधार गृह भेज दिया.

इस जघन्य दोहरे हत्याकांड ने न सिर्फ राजस्थान, बल्कि पूरे देश की अंतरात्मा को झकझोर कर रख दिया है. 9 महीने तक कोख में पालने वाली, अंगुली पकड़ कर चलना सिखाने वाली मां जब खुद अपने बच्चों की कातिल बन जाए तो विश्वास शब्द का अर्थ ही मिट जाता है.

बड़ेसरा गांव और आसपास के इलाकों के लोगों में इस घटना के बाद से भारी आक्रोश है और हर कोई यही मांग कर रहा है कि इन दरिंदों को ऐसी मिसाल कायम करने वाली सजा मिले, जो आने वाली पीढिय़ों के लिए सबक बने. Twin Brothers Murder Case

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...