Mobile Tower Scam: मोबाइल फोन टावर लगाने के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपए की ठगी करने वाले रामअवतार गुप्ता और दिनेश गुप्ता ने ठगी की ऐसी फूलप्रूफ योजना बना रखी थी कि क्राइम ब्रांच की टीम को भी उन तक पहुंचने में खासी मशक्कत करनी पड़ी.
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में पिछले कुछ महीनों से मोबाइल टावर लगाने के नाम पर ठगे जाने की घटनाओं में इजाफा हो रहा था. ठग लोगों से करोड़ों रुपए की ठगी कर चुके थे. जितने भी लोगों को ठगा गया सभी से बात करने पर पुलिस को यही जानकारी मिली कि उन सभी को ठगने का तरीका एक ही था. सभी लोग अखबारों में छपे एयरसेल ग्रुप लिमिटेड के विज्ञापन को पढ़ कर ठगों के झांसे में आए. विज्ञापन में लिखा होता कि अपने घर, प्लौट, खेत आदि जगहों पर मोबाइल फोन कंपनी का टावर लगवा कर 70 हजार से एक लाख रुपए हर महीना घर बैठे पाएं.
विज्ञापन पढ़ कर जब कुछ लोग उस में दिए फोन नंबर पर संपर्क करते तो वे लोग सब से पहले फाइलिंग चार्ज के नाम पर उन से ढाई हजार से 3 हजार रुपए एकाउंट में जमा कराते थे. इस के बाद वे उस जगह के कागज मांगते, जहां पर टावर लगाना है. कागज औनलाइन ही सबमिट करने को कहा जाता था. फिर फिक्सेशन चार्ज के नाम पर इतनी ही रकम जमा कराने को कहा जाता. बाद में 25 हजार रुपए सिक्योरिटी के नाम पर और इतनी ही रकम सर्विस चार्ज के रूप में जमा कराने को कहते थे. इस तरह ये लोग लाखों रुपए ऐंठ लेते थे.






