Family Crime. दिल्ली से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक कारोबारी को धमकी दे कर 50 लाख रुपए की रंगदारी मांगने के पीछे उस की ही पत्नी की साजिश का खुलासा हुआ है. आरोप है कि पत्नी ने पहले पति से पैसे वसूलने और बाद में अपनी सास की हत्या कराने के साथ पति पर जानलेवा हमला करवाने की योजना बनाई थी.
आइए जानते हैं इस चौंकाने वाली साजिश की पूरी कहानी.
यह मामला पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर इलाके का है. यहां थोक व्यापार करने वाले एक कारोबारी को 14 जून, 2024 को एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से कौल और मैसेज आए. कौल करने वाले ने खुद को कुख्यात गोगी ` गैंग का सदस्य बताते हुए 50 लाख रुपए की रंगदारी मांगी और पैसे नहीं देने पर कारोबारी और उस के परिवार को जान से मारने की धमकी दी. आरोपी ने कारोबारी के घर और दुकान की तस्वीरें व लोकेशन भी भेजीं, जिस से परिवार डर गया.
मामले की शिकायत के बाद लक्ष्मी नगर थाने में केस दर्ज किया गया और जांच दिल्ली पुलिस की स्पैशल सेल को सौंपी गई. जांच में पुलिस ने सोनीपत निवासी रजत नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया, जिस के तार गोगी गैंग और अन्य अपराधियों से जुड़े मिले.
पूछताछ में रजत ने बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि इस पूरी साजिश के पीछे कारोबारी की पत्नी सपना जैन थी. आरोप है कि सपना ने ही पति से रंगदारी वसूलने के लिए रजत से संपर्क किया था.
योजना थी कि पहले पति को धमकाकर पैसे लिए जाएं और बाद में उस की मां की हत्या कर पति पर हमला कराया जाए.






