Delhi Crime Case. डांस एकेडमी चलाने वाले सचिन को अपनी ही शिष्या योगिता से प्यार हो गया. पर योगिता की सगाई कहीं और हो जाने पर सचिन को ऐसा झटका लगा कि...
योगिता पर डांस सीखने का जुनून सवार था. टीवी पर आने वाले शो इंडियाज गौट टैलेंट में उस ने दिल्ली के सचिन की परफौरमेंस देखी तो वह दंग रह गई. सचिन को उस ने 1-2 बार देखा था. वह दक्षिणी दिल्ली के छतरपुर की पहाड़ी पर रहती थी जबकि सचिन पास में ही स्थित नेबसराय में डांस एकेडमी चलाता था. कई बार वह उस की एकेडमी के पास से गुजरी भी थी. उस समय उस ने यही सोचा था कि यह कोई छोटीमोटी एकेडमी होगी, जिस में छोटे बच्चों को डांस सिखाया जाता होगा. पर जब उस ने कलर्स टीवी चैनल पर इंडियाज गौट टैलेंट में सचिन का डांस देखा तो वह दंग रह गई.
भोलाभाला सा दिखने वाला लड़का इतना अच्छा कोरियोग्राफर है, यह उसे टीवी पर उस का डांस देखने के बाद ही पता चला. योगिता को भी डांस का शौक था. वह भी डांस के बूते अपनी ऐसी पहचान स्थापित करनी चाहती थी जिस से वह भी टीवी शो में आ सके. उस ने तय कर लिया कि वह अपनी डांस की प्रतिभा को निखारने के लिए सचिन की डांस एकेडमी को जौइन करेगी.
एक दिन वह नेबसराय की गली नंबर 5 स्थित सचिन की एबीसी चांस फोर डांस एकेडमी पहुंच गई और सचिन से बात करने के बाद उस की एकेडमी में दाखिला ले लिया. यह करीब 3 महीने पहले की बात है.






