Love Crime. मिस्ड काल से उपजे प्यार ने अंशु को माया के साथ शादी के बंधन में बांध दिया. लेकिन माया की हसरतें इस तरह बेलगाम हो चुकी थीं, जिन पर किसी का नियंत्रण नहीं रहा. इस का नतीजा यह हुआ कि...
उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के गांव चंदुआ के रहने वाले रामऔतार के परिवार में चंदा देवी के अलावा एक बेटा और 2 बेटियां थीं. वह उत्तर प्रदेश पुलिस में होमगार्ड थे. इस के अलावा उन की गांव में थोड़ी सी पुश्तैनी जमीन थी, जिस पर खेतीबाड़ी कर के उन की घरगृहस्थी आराम से चल रही थी. रामऔतार अपनी बड़ी बेटी सुषमा के हाथ पीले कर चुके थे. मंझली बेटी माया भी शादी लायक हो गई थी. इसलिए अब उन्हें उस की शादी की चिंता होने लगी थी.
उन्होंने सोच रखा था कि एकदो साल में जैसे ही कोई सही लड़का मिलेगा, वह उस के हाथ भी पीले कर देंगे. माया अपनी बड़ी बहन से खूबसूरत तो थी ही, साथ ही वह स्वभाव से भी चंचल थी. उसे मोबाइल पर बातें करने का बड़ा शौक था.
3 साल पहले की बात है. एक दिन माया अपने मोबाइल पर वीडियो गेम खेल रही थी. तभी एक अनजान नंबर से मिस्डकाल आई. माया उस फोन नंबर को गौर से देखने लगी. जब वह नंबर उस की पहचान में नहीं आया तो उस ने यह जानने के लिए उस नंबर पर पलट कर फोन कर दिया कि कहीं वह नंबर इस के किसी परिचित का तो नहीं है?
बात करने पर पता चला कि वह नंबर बरेली के ही भौजीपुरा थाना के गांव सरौरा के महावीर उर्फ अंशु का था. अंशु ने माया को बताया कि वह अपने एक दोस्त का नंबर मिला रहा था लेकिन गलती से उस का नंबर लग गया था. इस के लिए अंशु ने उस से सौरी भी कहा. इस के बाद माया ने फोन काट दिया.






