मकड़जाल में फंसी जुलेखा

जुलेखा लखनऊ के आलमबाग स्थित अमित इंफ्रा हाइट्स प्रा.लि. नाम की रियल एस्टेट कंपनी में नौकरी करती थी. वह रोजाना की तरह 3 अगस्त, 2019 को भी हंसखेड़ा स्थित अपने घर से ड्यूटी के लिए निकली, लेकिन शाम को निर्धारित समय पर घर नहीं पहुंची तो मां शरबती को चिंता हुई.

भाई नफीस ने जुलेखा के मोबाइल नंबर पर फोन किया, लेकिन उस का फोन स्विच्ड औफ मिला. कई बार कोशिश करने के बाद भी जब जुलेखा से फोन पर संपर्क नहीं हो सका तो उस ने मां शरबती को समझाते हुए कहा, ‘‘अम्मी, हो सकता है कंपनी के काम में ज्यादा व्यस्त होने की वजह से जुलेखा ने अपना फोन बंद कर लिया हो. आप परेशान न हों, देर रात तक घर लौट आएगी.’’

कभीकभी औफिस में ज्यादा काम होने पर जुलेखा को घर लौटने में देर हो जाती थी. तब वह घर पर फोन कर के सूचना दे दिया करती थी. लेकिन उस दिन उस ने देर से लौटने की कोई सूचना घर वालों को नहीं दी थी, इसलिए सब को चिंता हो रही थी.

जुलेखा का एक दोस्त था श्रेयांश त्रिपाठी. नफीस ने सोचा कि कहीं वह उस के साथ तो नहीं है, इसलिए उस ने बहन के बारे में जानकारी लेने के लिए श्रेयांश को फोन किया. लेकिन उस का फोन भी बंद मिला.

देर रात तक नफीस, उस की मां शरबती और पिता शरीफ अहमद जुलेखा के लौटने का इंतजार करते रहे लेकिन वह नहीं लौटी. सुबह होने पर नफीस ने पिता से कहा कि हमें यह सूचना जल्द से जल्द पुलिस को दे देनी चाहिए.

लेकिन मां शरबती ने कहा, ‘‘इस मामले में जल्दबाजी करना ठीक नहीं है. थाने जाने से पहले उस के औफिस जा कर कंपनी के मालिक संजय यादव से पूछताछ कर ली जाए कि उन्होंने उसे कंपनी के किसी काम से बाहर तो नहीं भेजा है.’’

नफीस के दिमाग में बात आ गई. उस ने बहन के औफिस जा कर कंपनी मालिक संजय यादव से संपर्क किया तो उस ने बताया कि जुलेखा कल वृंदावन कालोनी स्थित किसी दूसरी कंस्ट्रक्शन कंपनी में इंटरव्यू देने गई थी. वह तेलीबाग के चौराहे तक उसे अपनी कार में ले गया था और वहां पास ही स्थित वृंदावन कालोनी के गेट पर कार से उतर गई थी. उस के बाद वह कहां गई, उसे पता नहीं है. वह वृंदावन सोसायटी में रहने वाली बड़ी बहन रूबी के पास जाने को भी कह रही थी.

‘‘वह रूबी के यहां नहीं पहुंची.’’ नफीस बोला.  ‘‘हो सकता है वह कहीं और चली गई हो. उस के आने का इंजजार करो. हो सकता है 2-4 दिन में लौट आए.’’

संजय से भरोसा मिलने के बाद नफीस घर लौट आया. लेकिन उस का मन कई प्रकार की आशंकाओं से भर उठा. नफीस और उस के मातापिता 3 दिन तक जुलेखा के घर आने का इंतजार करते रहे. जब वह नहीं आई तो 5 अगस्त, 2019 को नफीस थाना पारा पहुंचा और थानाप्रभारी त्रिलोकी सिंह से मिल कर जुलेखा के बारे में उन्हें विस्तार से बताया.

थानाप्रभारी की टालमटोल अमित इंफ्रा हाइट्स कंपनी का नाम सुन कर थानाप्रभारी टालमटोल करते हुए बोले कि 2 दिन और देख लो. 2 दिन बाद भी वह न आए तो थाने आ जाना.

थानाप्रभारी के आश्वासन पर नफीस घर चला गया. 2 दिन बाद भी जुलेखा नहीं आई तो 7 अगस्त, 2019 को नफीस फिर से थानाप्रभारी त्रिलोकी सिंह से मिला और रिपोर्ट दर्ज कर बहन को तलाश करने की मांग की. लेकिन उन्होंने उसे समझाबुझा कर अगले दिन आने को कह दिया. उन्होंने रिपोर्ट दर्ज नहीं की.

इस के बाद नफीस 9 अगस्त, 2019 को एसएसपी कलानिधि नैथानी से मिला और जुलेखा के गायब होने की बात बताते हुए कहा कि जुलेखा आलमबाग स्थित अमित इंफ्रा हाइट्स प्रा.लि. कंपनी में काम करने वाले संजय यादव, अवधेश यादव, गुड्डू यादव और अजय यादव के संपर्क में रहती थी.

इन दिनों पैसों के लेनदेन को ले कर जुलेखा का कंपनी मालिक संजय यादव से मनमुटाव चल रहा था. उसे शक है कि इन लोगों ने उस की बहन को कहीं गायब कर दिया है.

नफीस का दुखड़ा सुनने के बाद एसएसपी ने पारा के थानाप्रभारी त्रिलोकी सिंह को आदेश दिया कि जुलेखा वाले मामले में जांच कर दोषियों के खिलाफ काररवाई करें. कप्तान साहब का आदेश पाते ही थानाप्रभारी हरकत में आ गए. उन्होंने सब से पहले नफीस और उस के मातापिता से बात की. इस के बाद जुलेखा का मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगा दिया.

काल डिटेल्स से पता चला कि जुलेखा ने अंतिम बार श्रेयांश त्रिपाठी को फोन किया था. त्रिपाठी ने उसे कंपनी में काम करने के बारे में बुला कर बात की थी. चौकी हंसखेड़ा के प्रभारी सुभाष सिंह ने श्रेयांश त्रिपाठी को बुला कर जुलेखा के बारे में उस से पूछताछ की.

इस के बाद थानाप्रभारी त्रिलोकी सिंह एसआई रामकेश सिंह, सुभाष सिंह, धर्मेंद्र कुमार, सिपाही मयंक मलिक, आशीष मलिक और राजेश गुप्ता को साथ ले कर आलमबाग स्थित अमित इंफ्रा हाइट्स प्रा.लि. कंपनी के औफिस पहुंचे. वहां कंपनी मालिक संजय यादव का साला गुड्डू यादव निवासी बिजनौर तथा आलमबाग आजादनगर के रहने वाले एक दरोगा का बेटा अजय यादव मिला.

पुलिस सभी को थाने ले आई. सीओ आलमबाग लालप्रताप सिंह की मौजूदगी में उन सभी से पूछताछ की गई तो उन्होंने स्वीकार कर लिया कि उन्होंने जुलेखा की हत्या कर के उस की लाश हरचंद्रपुर में साई नदी के किनारे फेंक दी थी.

यह सुनने के बाद थानाप्रभारी के नेतृत्व में गठित टीम आरोपियों को साथ ले कर हरचंद्रपुर में साई नदी के पास उस जगह पहुंच गई, जहां जुलेखा के शव को ठिकाने लगाया था.

पुलिस को नदी किनारे कीचड़ में एक शव मिला. शव एक युवती का था और पूरा गल गया था. हड्डियों के अलावा वहां लेडीज कपड़े मिले. जुलेखा के भाई नफीस और मां शरबती ने कपड़ों से उस की शिनाख्त जुलेखा के रूप में की. पिता शरीफ अहमद ने बताया कि जुलेखा के ये कपड़े उन्होंने ईद पर खरीद कर दिए थे.

पुलिस ने जरूरी काररवाई कर जुलेखा के कंकाल को पोस्टमार्टम व डीएनए जांच के लिए भिजवा दिया. जुलेखा की हत्या और अपहरण में मुख्य आरोपी संजय यादव के साले गुड्डू यादव व अजय यादव से जुलेखा के संबंध में पूछताछ की तो उन्होंने जुलेखा का अपहरण कर उस की हत्या करने की जो कहानी बताई, वह बड़ी सनसनीखेज थी—

शरीफ अहमद अपने परिवार के साथ लखनऊ के थाना पारा के अंतर्गत आने वाली कांशीराम कालोनी नई बस्ती में रहता था. बुद्धेश्वर चौराहे पर उस की आटो पार्ट्स की दुकान थी. परिवार में उस की पत्नी शरबती के अलावा 2 बेटियां रूबी व जुलेखा और एक बेटा नफीस था. बड़ी बेटी रूबी का पास के ही वृंदावन में विवाह हो चुका था.

नफीस पिता के काम में हाथ बंटाता था. सन 2013 में उस ने छोटी बेटी जुलेखा की शादी मुंबई के रहने वाले एक युवक से कर दी थी. जुलेखा महत्त्वाकांक्षी थी. वह आत्मनिर्भर रह कर जीना चाहती थी. शादी के 2 साल बाद जुलेखा ने एक बेटे को जन्म दिया.

जुलेखा ने भरी उड़ान बेटे के जन्म के बाद जुलेखा अपने मन की कमजोरी को छिपा कर न रख सकी क्योंकि वह स्वच्छंद जीवन जीने की आदी थी, जबकि उस का शौहर उस की आदतों के खिलाफ था. अंतत: एक दिन पति से लड़झगड़ कर वह अपने मायके आ गई. सन 2019 में पति ने भी जुलेखा को तलाक दे दिया. तलाक के बाद वह एकदम आजाद हो गई थी.

जुलेखा चारदीवारी में बैठने के बजाए नौकरी कर के आत्मनिर्भर होना चाहती थी, जिस से अपने बेटे की ढंग से परवरिश कर सके. पढ़ीलिखी होने के साथसाथ उसे कंप्यूटर की जानकारी थी. लिहाजा उस ने प्राइवेट कंपनियों में नौकरी ढूंढनी शुरू कर दी.

थोड़ी कोशिश के बाद उसे आलमबाग स्थित अमित इंफ्रा हाइट्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में 15 हजार रुपए प्रतिमाह की तनख्वाह पर कंप्यूटर औपरेटर की नौकरी मिल गई.

यह कंपनी राजधानी के बारह विरवा में काकोरी निवासी संजय यादव की थी. कुछ दिनों तक वह कंपनी में डाटा एंट्री का काम करती रही. इस दौरान वह संजय यादव के साले सरोजनीनगर निवासी गुड्डू यादव और आलमबाग आजादनगर के रहने वाले दरोगा के बेटे अजय यादव और अवधेश यादव के संपर्क में आई.

उस का संपर्क रियल एस्टेट कंपनी में प्लौट की बुकिंग कराने वाले कमीशन एजेंटों से भी होता था. कंपनी में ज्यादा काम होने की वजह से जुलेखा को आए दिन देर रात तक रुकना पड़ता था, जो जुलेखा को पसंद नहीं था.

मनमाफिक माहौल न पा कर वहां से जुलेखा का मन ऊबने लगा. देर रात तक कंपनी के औफिस के काम को निपटाना और रोजाना देर से घर पहुंचना उस की आदत सी हो गई थी. इस दिनचर्या से वह तंग आ चुकी थी.

जुलेखा की परेशानी अवधेश यादव से छिपी न रह सकी. एक दिन अवधेश ने संजय यादव के साले गुड्डू से जुलेखा को एकांत में बुलवा कर समझाया, ‘‘जुलेखा, तुम यहां कंप्यूटर टाइपिंग का जो काम करती हो, इस से तुम्हारा कैरियर नहीं बन पाएगा. तुम्हें बंधीबंधाई जो सैलरी मिलती है, उस से तुम क्याक्या कर सकती हो. यह बात तो तुम जानती ही हो कि रियल एस्टेट के काम में अच्छा पैसा है. तुम यहां कंपनी के प्लौट बुक कराने शुरू कर दोगी तो अच्छा कमीशन मिलेगा. साथ ही देर रात तक चलने वाले कंप्यूटर के काम से निजात मिल जाएगी.’’

इस के बाद कंपनी के मालिक संजय यादव ने भी जुलेखा को प्लौट बुकिंग से मिलने वाले कमीशन के बारे में बताया. संजय यादव की बात जुलेखा की समझ में आ गई. उस ने कंपनी के कई प्लौट बुक कराए. जब एक महीने में पहले की अपेक्षा ज्यादा कमाई हुई तो जुलेखा और ज्यादा मेहनत करने लगी.

जुलेखा ने काफी मेहनत से काम किया. वह हर महीने 2-3 प्लौट बिकवा देती थी, जिस से उस का अच्छा कमीशन बन जाता था.

जुलेखा को संजय यादव की रियल एस्टेट कंपनी में काम करते हुए लगभग एक साल हो चुका था. इसी बीच अगस्त, 2019 में फेसबुक के माध्यम से उस की श्रेयांश त्रिपाठी से दोस्ती हुई. बाद में उन की दोस्ती बढ़ी तो मिलनाजुलना भी शुरू हो गया. इस के बाद श्रेयांश भी जुलेखा के काम में हाथ बंटाने लगा.

वह भी प्लौट खरीदने वाले जरूरतमंदों को जुलेखा के पास लाता था. इस काम में संजय यादव उस की काफी मदद करता था. धीरेधीरे संजय यादव से जुलेखा के घनिष्ठ संबंध हो गए, जो अवैध संबंधों तक पहुंचे.

संजय यादव पर जुलेखा के करीब 25 लाख रुपए हो गए. यह रकम प्लौट की कमीशन की थी. जुलेखा जब भी उस से पैसे मांगती, वह टाल देता था. आशनाई की आड़ में वह जुलेखा की कमीशन की रकम हड़पना चाहता था.

संजय यादव के इरादे भांप कर जुलेखा अपने 25 लाख रुपए जल्द देने की जिद पर अड़ गई तो संजय परेशान हो गया. उस ने साफ कह दिया कि अभी उस के पास पैसे नहीं हैं. जबकि जुलेखा उस पर एक पाई भी नहीं छोड़ना चाहती थी. इस बात को ले कर उस का संजय यादव से काफी विवाद हुआ.

पैसे का विवाद बना बड़ा कारण उसी समय अवधेश यादव वहां आ गया. उस के कहने पर संजय यादव ने 3 लाख रुपए का चैक बना कर जुलेखा को दे दिया. उस के 22 लाख रुपए बाकी रह गए थे. विरोध जताते हुए जुलेखा ने वह चैक लौटा दिया और उस से पूरी रकम देने को कहा.

झगड़ा बढ़ने पर संजय यादव ने उसे धमकी दी कि जो पैसे मिल रहे हैं, उन्हें रख लो नहीं तो मुझे केवल 3-4 लाख रुपए खर्च करने पड़ेंगे. फिर तुम्हारा पता भी नहीं चलेगा कि कहां गई.

संजय यादव से हुए इस विवाद के बाद जुलेखा ने दूसरी कंपनी जौइन करने का मन बना लिया. उस ने संजय को धमकी दी कि वह कोर्ट के माध्यम से अपने पैसे ले कर रहेगी.

जुलेखा की इस धमकी से संजय यादव परेशान हो गया. उस ने अवधेश यादव, अजय यादव और अपने साले गुड्डू यादव के साथ मिल कर इस समस्या पर विचारविमर्श किया. इन लोगों ने फैसला लिया कि जुलेखा को हमेशा के लिए ही निपटाना सही रहेगा, वरना यह आगे चल कर परेशानी खड़ी करती रहेगी.

योजना के अनुसार 3 अगस्त, 2019 को अवधेश यादव ने जुलेखा से कहा, ‘‘संजय पर तुम्हारे जो 25 लाख रुपए बकाया हैं, वह मैं तुम्हें दिलवा दूंगा. लेकिन तुम यहां से नौकरी छोड़ कर मत जाओ.’’

अवधेश यादव के बुलाने पर जुलेखा घर से कंपनी औफिस जाने को निकली. उस ने रास्ते में अपने दोस्त श्रेयांश त्रिपाठी को फोन कर के बाइक से बारह विरवा बुला लिया. उस की बाइक पर बैठ कर जुलेखा अमित इंफ्रा हाइट्स प्रा.लि. कंपनी के औफिस जाने के लिए नहर से नीचे मुड़ी ही थी, तभी सामने से अजय यादव कार से आता दिखाई दिया. कार अजय यादव चला रहा था और पीछे की सीट पर अवधेश यादव बैठा था.

उसे देखते ही संजय ने कार रोक दी. अवधेश ने बाइक पर बैठी जुलेखा से कहा कि वह कार में बैठ जाए, जिस से वह संजय से उस का हिसाब करा सके.

लालच में जुलेखा कार में पीछे वाली सीट पर बैठ गई. उस ने अपने दोस्त श्रेयांश से कह दिया कि इन लोगों से बात करने के बाद वह बड़ी बहन रूबी के पास चली जाएगी. कुछ दूर तक श्रेयांश बाइक से कार के पीछेपीछे गया, तभी कार में बैठी जुलेखा ने उसे जाने का इशारा किया तो श्रेयांश अपने घर लौट गया.

कार में बैठी जुलेखा अवधेश से बात कर रही थी. उसी समय रास्ते में अचानक बंगला बाजार पकरी के पास संजय यादव का साला गुड्डू यादव मिल गया. कार रुकते ही वह भी कार में बैठ गया. उसे देख कर वह भड़क गई. वह कार से उतर रही थी, तभी अवधेश ने उसे समझा कर रोक लिया. फिर गुड्डू भी जुलेखा के बगल में बैठ गया. वह अवधेश से अपने पैसों के बारे में बातें कर रही थी.

लाश लगा दी ठिकाने उन की बातों में गुड्डू भी कूद पड़ा. बातों के दौरान गुड्डू और जुलेखा का वाकयुद्ध शुरू हो गया. अजय ने कार रोक दी, फिर अजय और गुड्डू ने जुलेखा के बाल पकड़ कर सीट पर झुका दिया और जुलेखा के ही दुपट्टे से उस का गला घोंट दिया, जिस से उस की मृत्यु हो गई.

जुलेखा की लाश को ले कर वे तीनों रायबरेली के निकट हरचंद्रपुर में साई नदी के पास पहुंचे. उस समय रात के करीब 8 बज चुके थे. गुड्डू यादव और अजय यादव ने अवधेश के सहयोग से जुलेखा की लाश नदी में फेंक दी. उस के बाद टोल प्लाजा होते हुए वह लखनऊ लौट आए.

जुलेखा की हत्या के बाद गुड्डू यादव, अवधेश यादव व अजय यादव पूरी तरह से निश्चिंत थे कि पुलिस उन तक नहीं पहुंचेगी. लेकिन वे पुलिस की गिरफ्त में आ ही गए. गुड्डू यादव का कहना था कि जुलेखा ने उस के बहनोई संजय यादव से अवैध संबंध बना लिए थे, जिस की वजह से उस की बहन का घरपरिवार उजड़ रहा था.

दिनरात घर में कलह होती थी. इसी वजह से वह उस के दिमाग में खटक रही थी. इस बात को ले कर वह जुलेखा से रंजिश रखने लगा था. 3 अगस्त, 2019 को कार में हुए विवाद में जुलेखा की गला दबा कर हत्या कर दी गई.

अभियुक्त गुड्डू यादव और अजय यादव से पूछताछ के बाद उन्हें भादंवि की धारा 147, 364, 302, 201, 376, 34 के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया. इस के बाद पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुट गई.

थानाप्रभारी त्रिलोकी सिंह को सिपाही कृष्ण बंसल एवं हलका एसआई सुभाष सिंह के द्वारा सूचना मिली कि मुख्य आरोपी संजय यादव न्यायालय में आत्मसमर्पण करने के लिए पहुंचा है, तो थानाप्रभारी के नेतृत्व में गठित टीम ने 13 अगस्त, 2019 को संजय यादव को न्यायालय परिसर से गिरफ्तार कर लिया.

पूछताछ में संजय ने भी अपना जुर्म स्वीकार कर लिया. उसे भी पुलिस ने कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया. अब एक अभियुक्त अवधेश यादव शेष बचा है. उस के ठिकानों पर भी पुलिस ने दबिश दी. जब वह 28 अगस्त को कोर्ट में आत्मसमर्पण करने जा रहा था, पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया. उस ने भी पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया. उसे भी जेल भेज दिया गया.

फेसबुक से निकली मौत

22जून, 2019 की सुबह पुणे शहर के पौश इलाके में स्थित मुढ़वा की रहने वाली 40 वर्षीय राधा अग्रवाल घर से अपनी स्कूटी ले कर निकली थी. उस ने घर पर बताया था कि वह अपनी सहेलियों के साथ साईंबाबा के दर्शन करने शिरडी जा रही है. 2 दिन में घर लौट आएगी. घर से निकलते समय वह अपने सारे गहने पहने हुई थी. जब वह 25 जून तक नहीं लौटी तो पति किशोरचंद्र अग्रवाल ने उस का फोन मिलाया. लेकिन राधा का फोन स्विच्ड औफ मिला.

राधा के 16 वर्षीय बेटे मानव अग्रवाल ने इस बारे में अपनी मां की सहेलियों से बात की तो उन्होंने बताया कि वह तो शिरडी गई ही नहीं थी, न ही उन्हें राधा के शिरडी जाने की कोई जानकारी है.

राधा की सहेलियों से यह जानकारी मिलने पर परिवार के लोग परेशान हो गए. चूंकि उस दिन राधा अग्रवाल गहने पहन कर गई थी, इसलिए उन की चिंता और भी बढ़ गई. 25 जून की शाम को ही मानव अग्रवाल अपने 3-4 सगेसंबंधियों के साथ थाना मुढ़वा पहुंच गया. उस ने वहां मौजूद थानाप्रभारी संपतराव भोसले को अपनी मां के लापता होने की विस्तार से जानकारी दे दी.

राधा अग्रवाल शहर के करोड़पति रियल एस्टेट कारोबारी किशोरचंद्र अग्रवाल की पत्नी थी. मानव अग्रवाल की बात सुन कर थानाप्रभारी भी आश्चर्य में पड़ गए कि आशा अग्रवाल आखिर अपनी मरजी से कहां चली गई.

बहरहाल, उन्होंने राधा अग्रवाल की डिटेल्स लेने के बाद मानव को भरोसा दिया कि पुलिस उन्हें अपने स्तर से ढूंढने की कोशिश करेगी.

चूंकि मामला एक प्रतिष्ठित परिवार की महिला से जुड़ा था, इसलिए थानाप्रभारी ने इस की सूचना अपने वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी. इस के बाद उन्होंने राधा अग्रवाल की गुमशुदगी की काररवाई शुरू कर दी. उन्होंने फोटो सहित उस का हुलिया पुणे शहर के सभी पुलिस थानों को भिजवा दिया. इस के अलावा उन्होंने मुखबिरों को भी लगा दिया.

थानाप्रभारी ने मामले की जांच के लिए एसआई अमोल गवली, स्वप्निल पाटील, हैडकांस्टेबल कैलाश चह्वाण, निलेश जगताप, श्रीनाथ जाधव, अमोल चह्वाण और एस.ए. काकड़े को शामिल कर एक टीम बनाई. पुलिस टीम अपने स्तर से राधा अग्रवाल को तलाशने लगी.

जांच में पता चला कि राधा अग्रवाल शादी के पहले से ही खुले विचारों वाली थी. वह किसी प्रकार के बंधनों को नहीं मानती थी. शादी के बाद उसे परिवार भी वैसा ही मिला था. घर में उसे किसी प्रकार की कोई कमी नहीं थी. अभाव केवल एक यह था कि पति का ज्यादा संग नहीं मिल पाता था, क्योंकि पति किशोरचंद्र अग्रवाल अपने रियल एस्टेट कारोबार में ज्यादा व्यस्त रहते थे. एक बेटा था जो पढ़ाई कर रहा था.

सोशल मीडिया पर रहने का शौक  राधा के पास भले ही रुपएपैसों की कमी नहीं थी, लेकिन वह पति का साथ चाहती थी जो उसे नहीं मिल पाता था. वह कसे हुए बदन की सुंदर महिला थी. एक युवक की मां होने के बाद भी उस का शारीरिक आकर्षण बरकरार था. यही वजह थी कि राधा ने अपना मन बहलाने के लिए जब सोशल मीडिया का सहारा लिया तो कुछ ही दिनों में उस के हजारों फालोअर्स और सैकड़ों दोस्त बन गए थे.

राधा ने घूमने के लिए एक स्कूटी ले रखी थी, जिस से वह अपने दोस्तों और सहेलियों से मिलने जाया करती थी. वह तरहतरह के पोज में खींचे गए अपने फोटो फेसबुक पर डाल दिया करती थी, जिस से उसे काफी प्रशंसा मिलती थी. सोशल मीडिया से जुड़ने के बाद राधा अग्रवाल के चेहरे पर अकसर चमक दिखाई देती थी. वह अपनी इस जिंदगी से काफी खुश रहने लगी थी.

यह जानकारी मिलने के बाद जांच अधिकारी को इस बात का पूरा भरोसा हो गया कि राधा अग्रवाल की गुमशुदगी के पीछे कोई गहरा रहस्य है, जिस का परदा उठाना जरूरी है. पुलिस ने राधा अग्रवाल का मोबाइल नंबर ले कर उस की काल डिटेल्स निकलवाई तो अंतिम लोकेशन पुणे के ही भोसले नगर, रेंज हिल इलाके की मिली.

पुलिस वहां पहुंच गई और इधरउधर खोजबीन करने लगी. वहां पर एक स्कूटी मिली, जो राधा अग्रवाल की ही थी. पुलिस ने स्कूटी की डिक्की खोल कर देखी तो उस में राधा का मोबाइल फोन मिला. फोन डिस्चार्ज हो चुका था.

जब मोबाइल को चार्ज कर औन किया किया तो वाट्सऐप और फेसबुक पर महिला और युवक दोस्तों की लंबी फेहरिस्त देख पुलिस टीम हैरान रह गई. राधा अग्रवाल के फोन पर जिस नंबर से आखिरी बार बातचीत हुई थी, पुलिस ने उस नंबर की जांच की तो वह नंबर आनंद निगम का निकला, जो कर्नाटक का रहने वाला था. पुलिस टीम उस के घर पहुंच गई लेकिन वह घर से फरार मिला. परिवार वालों से पूछताछ कर के आखिरकार पुलिस उस के पास पहुंच ही गई. आनंद निगम को हिरासत में ले कर पुलिस पुणे लौट आई.

आनंद निगम से थाने में पूछताछ की जानी थी, इसलिए सूचना पा कर डीसीपी सुहास बाबचे और एसीपी सुनील देशमुख भी थाना मुढ़वा पहुंच गए. पुलिस अधिकारियों के सामने थानाप्रभारी संपतराव भोसले ने आनंद निगम से राधा अग्रवाल के बारे में पूछताछ की तो पहले तो वह यही कहता रहा कि राधा अग्रवाल नाम की किसी महिला को नहीं जानता.

लेकिन पुलिस ने जब वाट्सऐप और फेसबुक पर उस की और राधा की चैटिंग दिखाई तो वह सहम गया. वह चाह कर भी अपना झूठ नहीं छिपा सका. सख्ती से की गई पूछताछ में उस ने स्वीकार कर लिया कि वह राधा अग्रवाल की हत्या कर चुका है.

हत्या की बात सुनते ही पुलिस चौंक गई. आनंद से उस की लाश के बारे में पूछा गया तो उस ने बता दिया कि लाश ताम्हिणी के वर्षाघाट के जंगलों में है. हत्या करने के बाद वह उस के सभी गहने और नकदी ले भागा था.

पुलिस को किसी भी तरह राधा अग्रवाल की बौडी बरामद करनी थी. उसे संशय था कि कहीं जंगली जानवरों ने शव को नष्ट न कर दिया हो. इसलिए पुलिस आनंद निगम को ले कर 12 जुलाई, 2019 को ताम्हिणी वर्षा घाट के जंगल में जा पहुंची.

लेकिन जंगल में राधा अग्रवाल के केवल अस्थिपंजर और कपड़े मिले. उस का मांस जंगली जानवर नोंचनोंच कर खा चुके थे. पुणे पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से कंकाल बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. इस के बाद पुलिस आनंद निगम को ले कर पुणे लौट आई.

पूछताछ करने पर आनंद निगम ने राधा अग्रवाल की हत्या की जो कहानी बताई, वह इस तरह थी.

आनंद की अपनी कहानी  31 वर्षीय आनंद निगम मूलरूप से कर्नाटक का रहने वाला था. उस के पिता का नाम शिवाजी निगम था. परिवार में उस के मातापिता के अलावा एक छोटी बहन थी. परिवार की माली स्थिति साधारण थी.

जब उस के पिता का निधन हो गया तो घर की जिम्मेदारी आनंद पर आ गई. वह रोजीरोटी की तलाश में परिवार के साथ पुणे आ गया और वहां की वृंदावन कालोनी के तापकीर नगर में रहने लगा. पुणे में रहते हुए उस की मां ने एक दूसरे आदमी का हाथ पकड़ लिया था. बहन जवान हुई तो उस ने भी लवमैरिज कर ली. इस के बाद आनंद ने भी अंतरजातीय विवाह कर अपना घर बसा लिया. समय गुजरता गया और वह 2 बच्चों का बाप बन गया.

अपनी रोजीरोटी के लिए उस ने एक पुरानी कार ले ली और लोगों को कार चलाना सिखाने लगा. उस के पास ड्राइविंग सीखने के लिए ज्यादातर महिलाएं आती थीं. व्यवहारकुशल होने के नाते अधिकतर महिलाएं उस के प्रभाव में आ जाती थीं, जो उस की दोस्त बन जाती थीं. वह उन से फेसबुक, वाट्सऐप के माध्यम से चैटिंग किया करता था, जिस का असर उस के व्यवसाय पर पड़ने लगा था.

यह बात जब उस की पत्नी को मालूम हुई तो उस ने उसे आड़ेहाथों लिया. विवाद इतना बढ़ा कि उसे अपना कार ड्राइविंग का धंधा बंद करना पड़ा. इस के बाद उसे परिवार चलाने के लिए कोई काम तो करना ही था. उस ने अपने जानपहचान वालों और दोस्तों से ब्याज पर पैसे ले कर भोसले नगर के रेंज हिल इलाके में एक टी-स्टाल शुरू कर दिया. स्टाल पर वह बीड़ीसिगरेट भी बेचता था.

इस काम में उस की मां भी मदद किया करती थी. पूरा दिन खपाने के बाद भी इस काम में कोई खास आमदनी नहीं हो पाती थी. घर का खर्च भी बमुश्किल चलता था. ऐसे में उसे कर्ज उतारना भी मुश्किल हो गया था. नतीजा यह हुआ कि उस का कर्ज बढ़तेबढ़ते 2 लाख के करीब पहुंच गया. वह इसी चिंता में रहता कि कर्ज कैसे उतारे.

आनंद सोशल साइट्स पर एक्टिव रहता था. एक दिन उस ने फेसबुक पर राधा अग्रवाल का प्रोफाइल देखा तो उस पर मोहित हो गया. उस ने बिना देर किए फ्रैंड रिक्वेस्ट भेज दी. राधा अग्रवाल ने भी आनंद निगम का फोटो देखते ही उस की फ्रैंड रिक्वेस्ट स्वीकार कर ली.

हालांकि राधा अग्रवाल और आनंद निगम की उम्र में काफी अंतर था. राधा अग्रवाल आनंद निगम से करीब 10 साल बड़ी थी. लेकिन दोनों को इस से कोई फर्क नहीं पड़ा. कुछ दिनों की चैटिंग के दौरान दोनों में गहरी दोस्ती हो गई और धीरेधीरे वे एकदूसरे के करीब आने लगे.

राधा अग्रवाल के पास पैसों की कमी नहीं थी. खर्च करने के लिए उस के पास पैसा ही पैसा था. जबकि कहीं आनेजाने के लिए स्कूटी थी. वह आनंद निगम के संपर्क में आ कर कुछ इस प्रकार फिसली कि अपनी मर्यादा की लक्ष्मण रेखाओं को भी लांघ गई. जब भी मौका मिलता, दोनों पुणे शहर के किसी भी होटल में जा कर मौजमजे कर लेते थे.

समय अपनी गति से चल रहा था. राधा अग्रवाल अब पूरी तरह से आनंद निगम पर आंख मूंद कर भरोसा करने लगी थी. आनंद निगम उस से जो भी कहता, उसे वह तहेदिल से स्वीकार करती थी. आनंद निगम को जब इस बात का पूरा यकीन हो गया कि राधा पूरी तरह उस की दीवानी है, तो उस ने अपने ऊपर चढ़े कर्जे को उतारने की एक खतरनाक योजना तैयार कर ली. वैसे तो राधा अग्रवाल लाख दो लाख रुपए उसे ऐसे ही दे सकती थी. लेकिन आनंद अपने ऊपर किसी प्रकार का बोझ नहीं रखना चाहता था. इस से रिश्ता खराब होने पर राधा अग्रवाल भी उस से अपना पैसा मांग सकती थी. यही सब सोच कर वह सिर्फ अपनी योजना पर ध्यान देने लगा.

योजना को अंजाम देने के लिए एक दिन उस ने राधा से कहा, ‘‘राधा, तुम इतनी खूबसूरत हो कि अगर किसी मैगजीन में तुम्हारे फोटो भेजे जाएं तो वे कवर पेज पर छप सकते हैं.’’

यह सुन कर खुश होते हुए राधा बोली, ‘‘सच!’’  ‘‘हां, क्या तुम ने अपने फोटोजेनिक चेहरे को कभी गौर से नहीं देखा?’’ आनंद बोला,  ‘‘देखो, मैं चाहता हूं कि किसी नैचुरल जगह पर तुम्हारा फोटोशूट कर के फोटो मैगजीन वगैरह में भेजे जाएं.’’

‘‘ठीक है, मैं इस के लिए तैयार हूं.’’ राधा बोली.  ‘‘तो ठीक है, तुम कल अपने सारे गहने पहन कर आ जाओ. हम पुणे से कहीं दूर चलेंगे.’’

राधा उस पर आंखें मूंद कर भरोसा करती ही थी. इसलिए 22 जून की सुबह अपने सारे गहने पहन कर घर से निकली. घर वालों से उस ने कह दिया कि वह अपनी सहेलियों के साथ स्कूटी से साईंबाबा के दर्शन करने शिरडी जा रही है. 2 दिन में लौट आएगी.

इस के बाद वह स्कूटी ले कर आनंद द्वारा बताई गई जगह पर पहुंच गई. आनंद वहां पहले ही खड़ा था. वहां से आनंद ने राधा की स्कूटी संभाली और राधा उस के पीछे चिपक कर बैठ गई.

राधा छली गई ग्लैमर के चक्कर में दोनों आपस में हंसीमजाक करते हुए कब पुणे से 80 किलोमीटर दूर निकल गए, पता ही नहीं चला. और जब पता चला तो वह ताम्हिणी के वर्षाघाट के जंगलों में पहुंच गए थे. आनंद निगम को अपनी योजना के अनुसार वह जगह उपयुक्त लगी. उस ने स्कूटी एक तरफ खड़ी कर दी. इस के बाद उस ने राधा से फोटो सेशन के लिए तैयार होने को कहा.

राधा अग्रवाल खुशीखुशी अपना फोटो सेशन कराने के लिए तैयार हो गई. सड़क से कुछ दूर जंगल में जा कर आनंद अलगअलग ऐंगल से उस के फोटो खींचने लगा. फिर आनंद ने राधा से एकदो हौरर फोटो खींचने के लिए अनुरोध किया. हौरर फोटो सेशन करने के लिए आनंद ने राधा की सहमति से पहले उस की आंखों पर पट्टी बांधी. फिर उस के हाथपैर बांध कर फोटो खिंचवाने को कहा.

राधा उस के कहने के अनुसार करती रही. हाथपैर बांधने के बाद आनंद ने उस के सारे गहने उतार कर अपने पास रख लिए. इस के बाद उस ने साथ छिपा कर लाए गए तेज धारदार चाकू से राधा अग्रवाल का गला रेत दिया. राधा अग्रवाल की एक मार्मिक चीख निकल कर निर्जन जंगल में खो गई.

राधा अग्रवाल की हत्या करने के बाद आनंद निगम ने उस का मोबाइल फोन स्कूटी की डिक्की में रख दिया. उस के हैंडबैग से नोटों से भरा पर्स निकाल लिया और स्कूटी ले कर पुणे की तरफ लौट पड़ा था. ताम्हिणी वर्षा घाट से कुछ दूर आनंद ने पर्स से सारे पैसे निकालने के बाद उसे भी फेंक दिया.

इस के बाद वह घोरपेड़ फाटक पर आ कर एक पान की दुकान पर रुका. वहां पर उस ने एक सिगरेट पी.

वहां से आनंद निगम अपने घर न जा कर सीधे अपने टी-स्टाल पर पहुंचा. उस समय रात का एक बजा था. चारों तरफ सन्नाटा था. उस ने राधा की स्कूटी अपने टी-स्टाल के पीछे खड़ी कर चाकू टी-स्टाल के अंदर छिपा दिया. फिर वह निश्चिंत हो कर अपने घर चला गया.

2 दिन निकल जाने के बाद राधा अग्रवाल के लूटे गए गहनों में से 7 तोले सोने के गहनों को वह अपने एक रिश्तेदार के यहां छिपा कर रख आया. बाकी बचे गहनों को ज्वैलर्स के यहां बेच कर अपना कर्ज उतार दिया. इतना करने के बाद वह पुणे शहर को छोड़ कर कर्नाटक में अपने गांव निकल गया.

आनंद निगम से विस्तार से पूछताछ करने के बाद पुलिस ने उस की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू और राधा अग्रवाल के गहने बरामद कर लिए. उसे भादंवि की धारा 302, 201, 363, 364(ए) के तहत गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे पुणे की यरवडा जेल भेज दिया गया.

—कथा में किशोरचंद्र और मानक नाम परिवर्तित हैं.

दगाबाज दोस्त, बेवफा पत्नी

रघुनाथ सिंह लोधी

दौलत व शोहरत की दौड़ में दबंगता के साथ आगे बढ़ते रहे मिक्की बख्शी को अपने अतीत पर ज्यादा रंज नहीं था. यह जरूर था कि वह ऐसा कोई काम नहीं करना चाहता था जिस से उसे फिर से जेल जाना पड़े. अपराध के क्षेत्र के जानेमाने चेहरे अब भी उस के नाम से खौफ खाते थे.

वह रसूखदार लोगों की महफिलों में शिरकत करने लगा था. उस ने साफसुथरी जिंदगी का नया सफर शुरू करने का संकल्प ले लिया था. अब वह पढ़ीलिखी बीवी व एकलौते बेटे को कामयाबी के शिखर पर देखना चाहता था.

उस ने बीवी के नाम न केवल घर कारोबार कर दिया था, बल्कि नई चमचमाती कार की चाबी भी सौंप दी थी. जिस बीवी के लिए उस ने इतना सब कुछ किया, वही उस के जिगरी दोस्त ऋषि खोसला के साथ मिल कर उस के सीने में छुरा घोंपेगी, उस ने कभी सोचा भी नहीं था.

नागपुर ही नहीं मध्यभारत में कूलर कारोबार में खोसला कूलर्स एक बड़ा नाम है. जानेमाने कूलर ब्रांड के संचालक ऋषि खोसला का भी अपना अलग ठाठ रहा है. हैंडसम, स्टाइलिश पर्सनैलिटी के तौर पर वह यारदोस्तों की महफिलों की शान हुआ करता था. कई छोटीमोटी फिल्मों में भी वह दांव आजमा चुका था. इन दिनों जमीन कारोबार में मंदी का दौर सा चल रहा है, लेकिन ऋषि मंदी के दौर में भी जमीन कारोबार में अच्छा कमा रहा था. लोग उसे बातों का धनी भी कहते थे. वह अपना कारोबार बढ़ाने की कला अच्छी तरह जानता था.

47 वर्षीय ऋषि नागपुर के जिस बैरामजी टाऊन परिसर में रहता था, उसे करोड़पतियों की बस्ती भी कहा जाता है. उस बस्ती में लग्जीरियस लाइफ स्टाइल के शख्स रहते थे. ऋषि का छोटा सा परिवार था. परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटा व एक बेटी थे. 18 वर्षीय बेटा विदेश में रह कर पढ़ाई कर रहा था, जो छुट्टी मनाने घर आया हुआ था.   20 अगस्त, 2019 की रात करीब 9 बजे की बात है. ऋषि का भाई मनीष और बेटा शिरडी में साईं बाबा के दर्शन कर घर लौट रहे थे. ऋषि अपने कारोबार के जरूरी काम निपटा कर समय से पहले ही घर पहुंच गया था. घर पर उस ने बेटे व भाई से मुलाकात की. भूख लगी थी सो पत्नी को खाना लगाने को कहा. इसी बीच ऋषि खोसला के पास मधु का फोन आया.

मधु उस की खास महिला मित्र थी. वह उस के अजीज दोस्त विक्की बख्शी की पत्नी थी. कारोबार में भी मधु ऋषि की मदद लिया करती थी. मधु ने उस से कहा कि कड़बी चौक के नजदीक उस की गाड़ी पंक्चर हो गई है. आप तुरंत आ जाइए.

‘‘तुम वहीं रहो, मैं 5 मिनट में पहुंचता हूं.’’ कह कर ऋषि बिना खाना खाए ही घर से निकल गया. मधु का घर कड़बी चौक के पास कश्मीरी गली में था. कश्मीरी गली को नागपुर की सब से प्रमुख पंजाबियों की बस्ती भी कहा जाता है. यहां बड़े कारोबारियों के बंगले हैं. कुछ देर में ऋषि मधु के पास पहुंच गया और मधु को घर पहुंचा आया. मधु को घर छोड़ने के बाद ऋषि अपनी कार नंबर पीबी08ए एक्स0909 से घर लौटने लगा.

ऋषि खोसला ने चुकाई भारी कीमत  रात के करीब 11 बजे होंगे. ऋषि किसी काम से कड़बी चौक पर खड़ा था, तभी वहां खड़ी उस की कार में एक आटोरिक्शा चालक ने टक्कर मार दी. ऋषि ने आटो चालक को फटकार लगाई तो आटो से उतर कर आए 3 युवक ऋषि से झगड़ा करने लगे. चौक पर वाहनों का आनाजाना चल रहा था. झगड़ा होता देख वहां लोग जमा होने लगे.

ऋषि की नजर आटोरिक्शा में बैठे एक शख्स पर गई. उसे देख कर ऋषि को यह समझने में देर नहीं लगी कि आटो में आए लोग संदिग्ध हैं और वे उस के साथ कुछ भी कर सकते हैं.

कई दिनों से उसे हमला होने का अंदेशा था. ऋषि ने चतुराई से काम लिया. वह उन लोगों से झगड़ने के बजाए कार ले कर सीधे घर की ओर चल पड़ा. वह काफी घबराया हुआ था. बैरामजी टाउन में ऋषि के घर से कुछ देरी पर गोंडवाना चौक है. ऋषि ने अचानक कार रोकी. उसे लग रहा था कि आटो वाले लोग उसे खोजते हुए उस के घर भी पहुंच सकते हैं.

वह अपने बचाव के लिए कहीं भाग जाना चाहता था. ऋषि कार से उतरा. भागने की फिराक में उस ने मोबाइल निकाल कर अपनी दोस्त मधु को जानकारी देने के लिए फोन किया. उस ने मधु को बताया कि उस के घर से लौटते समय कड़बी चौक में उस पर हमला होने वाला था.

वह इस के आगे कुछ कहता, इस से पहले ही आटो और बाइक पर आए लोगों ने ऋषि पर हमला कर दिया. फरसे के पहले ही वार में ऋषि की चीख निकल गई. मोबाइल उस के हाथ से छूट कर 10 फीट दूर जा कर गिरा.

इस के बाद भी उन लोगों ने ऋषि पर कई वार किए. अपना काम कर के हमलावर आटोरिक्शा से फरार हो गए. एक हमलावर वहां से ऋषि की कार ले गया ताकि कोई कार से उसे इलाज के लिए अस्पताल न ले जा सके. उस ने ऋषि की कार सदर क्षेत्र के एलबी होटल के पास ले जा कर खड़ी कर दी. हथियार भी उन्होंने वहीं आसपास डाल दिए थे.

ऋषि की फोन पर मधु से बात चल रही थी लेकिन जब अचानक बातचीत बंद हो गई तो वह घबरा गई. वह उसी समय गोंडवाना चौक पहुंच गई. उस समय वहां काफी लोग जमा थे. वहां पड़ी ऋषि की लाश को देख कर वह चीख पड़ी. इसी बीच किसी ने फोन से पुलिस को सूचना दे दी थी.

सूचना पा कर सदर पुलिस थाने की पुलिस वहां पहुंच गई. पुलिस उपायुक्त विनीता साहू भी वहां पहुंच गईं. मधु ने पुलिस को बताया कि ऋषि उस का प्रेमी था और उस की हत्या उस के पति मिक्की बख्शी व भाई सुनील भाटिया ने की है.

ऋषि को मेयो अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इधर पुलिस लोगों से पूछताछ कर ही रही थी कि तभी मधु आत्महत्या के लिए निकल पड़ी.

वह फुटाला तालाब की ओर जा रही थी. पुलिस उपायुक्त विनीता साहू समझ गईं कि वह कोई आत्मघाती कदम उठाने जा रही है, इसलिए उन्होंने उसे रोक कर समझाया. विनीता ने मधु को आश्वस्त किया कि मिक्की व सुनील को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा.

तब तक पुलिस आयुक्त डा. भूषण कुमार उपाध्याय भी वहां पहुंच गए थे. डीसीपी विनीता साहू ने उन्हें पूरी जानकारी से अवगत कराया. पुलिस कमिश्नर डा. उपाध्याय मिक्की की प्रवृत्ति से भलीभांति अवगत थे. क्योंकि वह आपराधिक प्रवृत्ति का था. उन्होंने उसी समय थाना सदर के प्रभारी को आदेश दिया कि मिक्की को इसी समय उठवा लो.

मिक्की बख्शी राजनगर में रहता था. थानाप्रभारी ने एक पुलिस टीम मिक्की के घर भेज दी. घटनास्थल की जरूरी काररवाई निपटाने के बाद थाना सदर पुलिस मधु को ले कर थाने लौट आई. मधु से कुछ जरूरी पूछताछ के बाद उसे घर भेज दिया.

उधर पुलिस टीम मिक्की बख्शी के घर पहुंची तो वह घर पर ही मिल गया. उसे हिरासत में ले कर पुलिस थाने ले आई. पुलिस ने मिक्की से ऋषि खोसला की हत्या के बारे में पूछताछ की तो वह कहता रहा कि ऋषि तो उस का दोस्त था, भला वह अपने दोस्त को क्यों मारेगा. उस की बात पर पुलिस को यकीन नहीं हो रहा था.

पुलिस जानती थी कि वह ढीठ किस्म का अपराधी है, इसलिए पुलिस ने उस से सख्ती से पूछताछ की तो उस ने सच उगल दिया. उस ने स्वीकार किया कि ऋषि खोसला की हत्या उस ने अपने जानकार लोगों से कराई थी. उस की हत्या कराने की उस ने जो कहानी बताई, वह काफी दिलचस्प थी—

मिक्की कैसे बना दबंग  रूपिंदर सिंह उर्फ मिक्की बख्शी नागपुर शहर का काफी चर्चित व्यक्ति था. करीब 2 दशक पहले शहर में प्रौपर्टी के कारोबार में उस का सिक्का चलता था. विवादित जमीनों से कब्जा खाली कराने के लिए उस के पास अच्छेबुरे हर किस्म के लोग आतेजाते थे.

शुरुआत में मिक्की ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में कांस्टेबल की नौकरी की थी. उस की तैनाती नक्सल प्रभावित क्षेत्र गढ़चिरौली के भामरागढ़ में थी. उसी दौरान निर्माण ठेकेदारों और सरकार के लोगों की फिक्सिंग का विरोध करते हुए उस ने नौकरी छोड़ दी थी. बाद में नागपुर में उस ने बीयरिंग बेचने का व्यवसाय किया.

मिक्की दबंग स्वभाव का तो था ही, जल्द ही उस के पास दबंग युवाओं की टीम तैयार हो गई. शहर ही नहीं, शहर के आसपास भी उस का नाम चर्चाओं में आ गया. वह कारोबारियों का मददगार होने का दावा करता था, लेकिन उस की पहचान वसूलीबाज अपराधी की भी बनने लगी थी.

बाद में मिक्की ने यूथ फोर्स नाम का संगठन तैयार किया. यूथ फोर्स के माध्यम से उस ने युवाओं की टीम का विस्तार किया गया. उस के संगठन में बाउंसर युवाओं की संख्या बढ़ने लगी. यही नहीं यूथ फोर्स के नाम पर मिक्की ने युवाओं के लिए प्रशिक्षण केंद्र भी शुरू कर दिया. बाद में उस ने यूथ फोर्स नाम की सिक्युरिटी एजेंसी खोल ली.

शहर में सब से महंगी व अच्छी सिक्युरिटी एजेंसी के तौर पर यूथ फोर्स की अलग पहचान बन गई. इस एजेंसी में अब भी करीब 3000 सिक्युरिटी गार्ड हैं. 2 दशक पहले शहर में ट्रक व्यवसाय को ले कर बड़ा विवाद हुआ था. कई ट्रक कारोबारी बातबात पर पुलिस व आरटीओ से उलझ पड़ते थे.  आरोप था कि ट्रक कारोबारियों को जानबूझ कर परेशान किया जा रहा है. उन से अंधाधुंध वसूली हो रही है. उस स्थिति में मिक्की ने उत्तर नागपुर के महेंद्रनगर में यूथ फोर्स संगठन का कार्यालय खोला. उस के कार्यालय में ट्रक कारोबारी फरियाद ले कर जाते थे. मिक्की ने अपने स्तर से कई मामले सुलझा दिए. दरअसल, पुलिस विभाग में मिक्की के कई दुश्मन थे तो कई दोस्त भी थे.

नाम चला तो पैसा भी आने लगा. मिक्की कारों के काफिले में घूमने लगा. 20-25 युवक उस की निजी सुरक्षा में रहते थे. सार्वजनिक जीवन में अपना नाम बढ़ाने का प्रयास करते हुए मिक्की ने एक साप्ताहिक समाचार पत्र का प्रकाशन भी किया.

राजनीति के क्षेत्र में भी उस ने पैर जमाने की कोशिश की. लगभग सभी प्रमुख पार्टियों के बड़े नेताओं से उस के करीबी संबंध बन गए थे. उन पर वह खुले हाथों से पैसे खर्च करता था. मिक्की ने भाजपा के वरिष्ठ नेता व केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के समर्थक के तौर पर पहचान बना रखी थी. वह गडकरी के जन्मदिन पर एक भंडारे का आयोजन करता था.

दोस्त ने ही जोड़ा था रिश्ता  सन 2002 की बात है. तब तक मिक्की की पहचान सेटलमेंट कराने के एवज में बड़ी वसूली करने वाले अपराधी के तौर पर हो गई थी. एक मामले में तत्कालीन पुलिस कमिश्नर एस.पी.एस. यादव ने मिक्की को गिरफ्तार करा कर सड़क पर घुमाया था. उस की आपराधिक छवि के कारण उस की शादी भी नहीं हो पा रही थी. शादी की उम्र निकलने लगी थी. उस के दोस्तों ने उस के लिए इधरउधर रिश्ते की बात छेड़ी. उस के दोस्तों में ऋषि खोसला व सुनील भाटिया प्रमुख थे.

तीनों ने शहर के हिस्लाप कालेज में साथसाथ पढ़ाई की थी. ऋषि खोसला मिक्की का दोस्त ही नहीं, बतौर कार्यकर्ता भी काम करता था. कई मामलों में वह मिक्की के लिए प्लानर की भूमिका निभाता था. हरदम साए की तरह उस के साथ लगा रहता था.

ऋषि को अभिनय का भी शौक था. उस ने कुछ फिल्मों में अभिनय भी किया. हिंदी फिल्म ‘आशा: द होप’ में उस ने मुख्य विलेन का किरदार निभाया था. उस फिल्म में अभिनेता शक्ति कपूर थे. शक्ति कपूर से ऋषि खोसला के पारिवारिक संबंध भी बन गए थे.

सुनील भाटिया मिक्की व ऋषि के साथ ज्यादा नहीं रहता था, लेकिन कम समय में उस ने सट्टा कारोबार में बड़ी पहचान बना ली थी. यह वही सुनील भाटिया था जो आईपीएल मैच स्पौट फिक्सिंग के मामले में दिल्ली में पकड़ा गया था. तब सुनील के गिरफ्तार होने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम के कुछ क्रिकेटर भी जांच की चपेट में आए थे.

बताते हैं कि सुनील भाटिया ने क्रिकेट सट्टा की बदौलत अंतरराष्ट्रीय स्तर पर करोड़ों की दौलत एकत्र की थी. वह आए दिन विदेश में रहता था. पिछले कुछ समय से वह स्वयं को साईंबाबा के भक्त के तौर पर स्थापित कर रहा था. उस ने नागपुर में कड़बी चौक परिसर में  साईं मंदिर भी बनवाया था. वहां हर गुरुवार को वह बड़ा भंडारा कराता था.

शिरडी साईंबाबा के दर्शन के लिए उस ने नागपुर से वातानुकूलित बस की नि:शुल्क सेवा उपलब्ध करा रखी थी. क्रिकेट और राजनीति के अलावा भाटिया के आपराधिक क्षेत्र में भी देशदुनिया के कई बड़े लोगों से सीधे संबंध थे.  मिक्की के लिए रिश्ते की बात चल रही थी. लेकिन सामान्य संभ्रांत परिवार से कोई रिश्ता नहीं आ रहा था. अपराधी के हाथ में कोई अपनी बेटी का हाथ देने को तैयार नहीं था. ऐसे में ऋषि खोसला को न जाने क्या सूझी, एक दिन उस ने दोस्तों की पार्टी में कह दिया कि मिक्की भाई के लिए चिंता करने की जरूरत नहीं है.

कहीं बात नहीं बन रही है तो हम कब काम आएंगे. शादी के लिए सुनील भाई की बहन मधु भी तो है. सुनील भाटिया की बहन मधु ने एमबीए कर रखा था. कहा गया कि वह मिक्की ही नहीं, उस के कारोबार को भी अच्छे से संभाल लेगी. बात व प्रस्ताव पर विचार हुआ.

उस समय सुनील भाटिया हत्या के एक मामले में जेल में था. मधु मिक्की से उम्र में 10 साल छोटी थी. इस के बावजूद वह मिक्की से शादी के लिए राजी हो गई. लिहाजा बड़ी धूमधाम से दोनों की शादी हुई. कई जानीमानी हस्तियां शादी समारोह में शरीक हुई थीं. मधु का मिजाज भी दबंग किस्म का था. शादी के कुछ दिनों बाद ही उस ने मिक्की के संगठन यूथ फोर्स के कारोबार में दखल देना शुरू कर दिया. वह सुरक्षा प्रशिक्षण अकादमी की संचालक बन गई.

मिक्की कारोबार की जिम्मेदारी से मुक्त हो कर अपनी नई दुनिया को संवारने लगा. राजनीति में भी उस का दबदबा कायम होने लगा. सन 2007 व 2012 के महानगर पालिका के चुनाव में मिक्की ने यूथ फोर्स का पैनल लड़ाया. पैनल के उम्मीदवार तो नहीं जीते लेकिन मिक्की की पहचान उभरते नेता के तौर पर बनने लगी थी.

हत्याकांड ने बदल दी जिंदगी  इस बीच एक ऐसा कांड हुआ, जिस ने मिक्की की जिंदगी के सुनहरे रंगों को ही छीन लिया. सन 2012 की बात है. कोराड़ी रोड पर जमीन विवाद के एक मामले में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता गणेश मते का अपहरण कर लिया गया. बाद में उन की हत्या कर लाश कलमना में रेलवे लाइन पर डाल दी गई. इस हत्या का सूत्रधार मिक्की ही था. मामला 2 करोड़ की वसूली का था. तब राज्य में कांग्रेस व राष्ट्रवादी कांग्रेस के नेतृत्व की सरकार थी. गृहमंत्री राष्ट्रवादी कांग्रेस के ही थे.

सत्ताधारी पार्टी के नेता की हत्या के मामले को स्थानीय से ले कर प्रदेश स्तर के नेताओं ने चुनौती के तौर पर लिया. मिक्की बचाव का प्रयास करता रह गया. उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था.

वह करीब 3 साल तक जेल में रहा. जेल से छूटा तो मिक्की के लिए सारा नजारा बदल सा गया था. उस की पत्नी मधु ने यूथ फोर्स सिक्युरिटी एजेंसी का कारोबार न केवल संभाल लिया था बल्कि अधिकृत तौर पर उसे अपने नाम कर लिया था. मिक्की के साथ साए की तरह रहने वाले ऋषि खोसला के व्यवहार में भी बदलाव आ गया था. ऋषि उस के बजाए उस की पत्नी मधु से ज्यादा लगाव दिखाने लगा था.

जेल में रहते मिक्की की सेहत में भी काफी बदलाव आ गया था. वह सेहत सुधारने के लिए सुबहशाम सदर स्थित जिम में जाया करता था. मधु अकसर ऋषि के साथ घर से गायब रहती थी. कभी किसी पार्टी में तो कभी क्लबों में वह ऋषि के साथ दिखती.

पहले तो मिक्की को लग रहा था कि पारिवारिक संबंध होने के कारण मधु ऋषि से अधिक घुलीमिली है. वैसे भी दोनों की शादी से पहले की पहचान थी, लेकिन संदेह हुआ तो एक दिन मिक्की ने मधु पर पाबंदी लगाने का प्रयास किया. मजाक में उस ने कह दिया कि ऋषि से ज्यादा चिपकना ठीक नहीं है. यहां कौन किस का सगा है, सब ने सब को ठगा है.

मिक्की की नसीहत का मधु पर कोई फर्क नहीं पड़ा. एक दिन जब मिक्की और मधु के बीच किसी बात को ले कर विवाद हुआ तो सब कुछ खुल कर सामने आ गया. मधु ने साफ कह दिया कि ऋषि से उस के प्रेम संबंध हैं. ऋषि से उसे वह सारी खुशी मिलती है, जिन की हर औरत को जरूरत होती है.

घूम गया मिक्की का दिमाग  यह सुनते ही मिक्की का दिमाग घूम गया. मधु ने यह भी बता दिया कि जब तुम जेल में थे, तब ऋषि कैसे काम आता था. कोर्टकचहरी के चक्कर लगाने से ले कर कई मामलों में ऋषि ने अपने घरपरिवार की जिम्मेदारी की परवाह तक नहीं की. उस समय ऋषि ही उस का एकमात्र सहारा था. अब वह किसी भी हालत में ऋषि को खोना नहीं चाहती.

मिक्की ने पत्नी को बहुत समझाया लेकिन वह नहीं मानी. तब मिक्की ने मधु के भाई सुनील भाटिया को सारी बात बता दी  सुनील की समाज में काफी इज्जत ही नहीं बल्कि रुतबा भी था, इसलिए उस ने भी बहन मधु को समझाने की कोशिश की पर मधु तो ऋषि खोसला की दीवानी हो चुकी थी, इसलिए उस ने अपने प्रेमी की खातिर पति और भाई की इज्जत को धूमिल करने में हिचक महसूस नहीं की. वह बराबर ऋषि से मिलती रही.

अपनी बहन मधु पर जब सुनील का कोई वश नहीं चला तो वह तैश में आ गया. उस ने न केवल ऋषि को धमकाया बल्कि उस की पत्नी को भी चेतावनी दी कि वह पति को समझा दे या फिर अपनी मांग का सिंदूर पोंछ ले. मधु और मिक्की के बीच विवाद बढ़ता गया तो मधु ने कश्मीरी गली वाला मिक्की का फ्लैट हड़प कर उस में रहना शुरू कर दिया. वह उसी फ्लैट में रह कर कारोबार संभालती रही.

समय का चक्र नया मोड़ ले आया. एक ऐसा मोड़ जहां शेर की तरह जीवन जीने वाले व्यक्ति को भी भीगी बिल्ली की तरह रहना पड़ रहा था. मिक्की बख्शी नाम के जिस शख्स का नाम सुन कर अच्छेअच्छे तुर्रम खां डर के मारे पानी मांगने लगते थे, वह खुद को एकदम लाचार, असहाय समझने लगा.

मिक्की ने बीवी को क्या कुछ नहीं दिया था. उस ने अपनी आधी से अधिक दौलत उस के नाम कर दी थी. अपने सैकड़ों समर्थकों व चेलों को उस के निर्देशों का गुलाम बना दिया था. वही बीवी अब निरंकुश हो गई थी.

मिक्की ने दोहरी पहचान के साथ इज्जत का महल खड़ा किया था. एक तरफ अपराध क्षेत्र के भाई लोग उस की चरण वंदना करते थे तो वहीं नामचीन व रुतबेदार लोगों के बीच भी उस का उठनाबैठना था.

बन गई योजना जब मधु ने ऋषि खोसला का साथ नहीं छोड़ा तो अंत में मिक्की और सुनील ने फैसला कर लिया कि ऋषि को ठिकाने लगाना ठीक रहेगा. मिक्की जब जेल में बंद था तो उस की जानपहचान गिरीश दासरवार नाम के 32 वर्षीय बदमाश से हो गई थी. मिक्की ने ऋषि खोसला को निपटाने के लिए गिरीश से बात की. इस के बदले में मिक्की ने उसे अपने एक धंधे में पार्टनर बनाने का औफर दिया. गिरीश इस के लिए तैयार हो गया.

सौदा पक्का हो जाने के बाद गिरीश ने ऋषि खोसला की हत्या करने के संबंध में अपने शागिर्दों राहुल उर्फ बबन राजू कलमकर, निवासी जीजामातानगर, कुणाल उर्फ चायना सुरेश हेमणे, निवासी बीड़गांव, आरिफ इनायत खान निवासी खरबी नंदनवन और अजीज अहमद उर्फ पांग्या अनीस अहमद निवासी हसनबाग से बात की.

ये सभी गिरीश का साथ देने को तैयार हो गए. इस के बाद ये सभी ऋषि खोसला की रेकी करने लगे. 20 अगस्त, 2019 को उन्हें यह मौका मिल गया, तब उन्होंने गोंडवाना चौक पर उस की फरसे से प्रहार कर हत्या कर दी.

मिक्की बख्शी से पूछताछ करने के बाद पुलिस ने गिरीश दासरवार को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ करने पर उस ने भी अपना जुर्म स्वीकार कर लिया. चूंकि इन दोनों से और पूछताछ करनी थी, इसलिए मिक्की व गिरीश को प्रथम श्रेणी न्याय दंडाधिकारी एस.डी. मेहता की अदालत में पेश कर 31 अगस्त तक पुलिस रिमांड मांगा. बचाव पक्ष के वकील प्रकाश नायडू ने पुलिस रिमांड का विरोध किया.

दोनों पक्षों की दलील सुनने के बाद अदालत ने दोनों को 25 अगस्त तक का पुलिस रिमांड दे दिया. घटना के 3 दिन बाद अन्य आरोपियों राहुल उर्फ बबन राजू कलमकर, कुणाल उर्फ चायना सुरेश हेमणे, आरिफ इनायत खान और अजीज अहमद उर्फ पांग्या अनीस अहमद को भी बाड़ी क्षेत्र के एक धार्मिक स्थल की इमारत की छत से गिरफ्तार कर लिया. इन आरोपियों पर हत्या, डकैती, सेंधमारी, अपहरण व मारपीट सहित अन्य मामले दर्ज थे.

हत्याकांड को अंजाम देने वाले गिरीश दासरवार पर हत्या के 4 मामले दर्ज थे. सन 2011 में गिरीश दासरवार ने अपने दोस्त जगदीश के साथ मिल कर दिनेश बुक्कावार नामक चर्चित प्रौपर्टी डीलर की हत्या कर दी थी. हत्या के बाद दिनेश के शव को उस ने अपने घर में ड्रम के अंदर छिपा कर रखा था.

आरोपियों में कुछ ओला कैब चलाते हैं. डीसीपी विनीता साहू के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम में एसीपी, पीआई महेश बंसोडे, अमोल देशमुख के अलावा विनोद तिवारी, सुशांत सालुंखे, सुधीर मडावी, संदीप पांडे, बालवीर मानमोडे शामिल थे. पुलिस ने सभी अभियुक्तों से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया.

डोसा किंग: तीसरी शादी पर बर्बादी

चेन्नई के वेल्लाचीरी के बहुचर्चित प्रिंस शांता कुमार हत्याकांड की गवाही पूरी हो चुकी थी. 29 मार्च, 2019 को सुप्रीम कोर्ट का फैसला भी आ गया. सुप्रीम कोर्ट ने चेन्नई हाईकोर्ट का फैसला बरकरार रखा. साथ ही आदेश दिया कि प्रिंस शांताकुमार के हत्यारे पी. राजगोपाल, डेनियल, कार्मेगन, हुसैन, काशी विश्वनाथन और पट्टू रंगन को 7 जुलाई, 2019 तक कोर्ट में सरेंडर करना होगा.दरअसल, 19 मार्च, 2009 को चेन्नई हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति बानुमति और जस्टिस पी.के. मिश्रा की बेंच ने प्रिंस शांताकुमार की हत्या और हत्या की साजिश करार देते हुए इस केस के सभी दोषियों को उम्रकैद में तब्दील कर दिया था. साथ ही हत्याकांड के मुख्य आरोपी और डोसा किंग के नाम से मशहूर पी. राजगोपाल पर 55 लाख रुपए का जुरमाना भी लगाया था, जिस में से 50 लाख रुपए मृतक की पत्नी जीवज्योति को दिए जाने थे. शेष रकम कोर्ट में जमा करानी थी.

हाईकोर्ट ने जब पी. राजगोपाल और उस के साथियों को उम्रकैद की सजा सुनाई तो पी. राजगोपाल ने इस के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अपील की. लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने उस की याचिका सिरे से खारिज कर दी और हाईकोर्ट की सजा को बरकरार रखते हुए 7 जुलाई, 2019 तक हाईकोर्ट, चेन्नई में सरेंडर करने का आदेश दिया था.

पी. राजगोपाल ने घाटघाट का पानी पी रखा था. उस ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश को ठेंगा दिखाते हुए एक चाल चली. सरेंडर करने की आखिरी तारीख से 3 दिन पहले यानी 4 जुलाई, 2019 को पी. राजगोपाल नाटकीय ढंग से तमिलनाडु के वाडापलानी स्थित विजया अस्पताल में जा कर भरती हो गया.

अस्पताल में उसे औक्सीजन मास्क लगा दी गई. समाचार पत्रों और इलैक्ट्रौनिक मीडिया को इस बात का पता तब चला जब उस की औक्सीजन मास्क लगी फोटो सामने आई. खबर थी कि प्रिंस शांताकुमार का हत्यारा डोसा किंग पी. राजगोपाल गंभीर रूप से बीमार होने की वजह से विजया अस्पताल में भरती है.

पी. राजगोपाल ने ये चाल जेल जाने से बचने के लिए चली थी ताकि कोर्ट को उस पर दया आ जाए और उसे जेल जाने से बचा ले. अस्पताल में भरती होने के 4 दिन बाद यानी 9 जुलाई, 2019 को वह मास्क लगाए एंबुलेंस से चेन्नई हाईकोर्ट में सरेंडर करने जा पहुंचा.

कोर्ट ने उसे 7 जुलाई तक की मोहलत दे रखी थी, लेकिन दिमाग का शातिर राजगोपाल कोर्ट के आदेशों की अवहेलना करते हुए जानबूझ कर 2 दिन बाद कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचा था, जबकि उस के पांचों साथियों डेनियल, कार्मेगन, हुसैन, काशी विश्वनाथन और पट्टू रंगन ने पहले ही सरेंडर कर दिया था.

पी. राजगोपाल के वकील ने उसे बचाने के लिए कोर्ट के सामने उस के गंभीर रूप से बीमार होने के दस्तावेज पेश किए. लेकिन हाईकोर्ट ने उस की एक नहीं सुनी. न्यायालय ने कहा कि सुनवाई के दौरान कोर्ट को उस के बीमार होने की कोई सूचना नहीं दी गई थी, इसलिए उसे जेल जाना होगा.

जेल से अस्पताल पहुंचा राजगोपाल  कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने पी. राजगोपाल को हिरासत में ले कर पुजहाल जेल भिजवा दिया. ऐसा करना कोर्ट की विवशता थी, क्योंकि सुप्रीम कोर्ट का आदेश था. जेल जाने के 10 दिनों बाद पी. राजगोपाल की तबीयत सचमुच बिगड़ गई.

18 जुलाई को उसे जेल से निकाल कर सरकारी अस्पताल स्टेनली मैडिकल कालेज, चेन्नई में भरती कराया गया. तबीयत में कोई सुधार न होता देख राजगोपाल के बेटे ने अधिकारियों से इजाजत ले कर उसे इलाज के लिए उसे एक निजी अस्पताल में भरती कराया. अगले दिन इलाज के दौरान सुबह करीब 10 बजे पी. राजगोपाल ने दम तोड़ दिया. राजगोपाल की मौत के साथ शांताकुमार के एक हत्यारे की कहानी का अंत हो गया.

प्रिंस शांताकुमार कौन था? पी. राजगोपाल ने उस की हत्या क्यों की या करवाई, वह हत्यारा कैसे बना? इन सवालों से साइड बाई साइड निकली कहानी रोचक और रोमांचक है. प्याज उगाने वाले एक मामूली किसान का बेटा पी. राजगोपाल पिता की कर्मस्थली से भाग कर कैसे फर्श से अर्श तक पहुंचा, इस कहानी को जानने के लिए हमें पी. राजगोपाल के शुरुआती जीवन के पन्नों को पलटना होगा.

राजगोपाल मूलरूप से तमिलनाडु के तूतीकोरिन के पुन्नाइयादी का रहने वाला था. वह अपने मांबाप की एकलौती संतान था. उस के पिता प्याज की खेती करते थे. इस कहानी की शुरुआत होती है 1973 से. पिता की ख्वाहिश थी कि राजगोपाल खेती में उन का हाथ बंटाए ताकि प्याज का पुश्तैनी कारोबार चलता रहे. प्याज की पैदावार ही उन के परिवार के भरणपोषण का एकमात्र साधन थी.

राजगोपाल मांबाप का एकलौता बेटा था. उसे पिता के साथ खेती करना मंजूर नहीं था. वह गांव छोड़ कर चेन्नई (तब मद्रास) चला आया. चेन्नई के के.के. नगर में उस ने किराने की एक छोटी सी दुकान खोल ली.

करीब 8 साल तक उस ने किराने की दुकान चलाई. इसी दौरान उस की दुकान पर एक ज्योतिषी आया. ज्योतिषी ने बताया कि अगर वह किराने की दुकान के बजाए रेस्टोरेंट खोले तो ज्यादा मुनाफा होगा.

राजगोपाल ने ज्योतिषी की बात मान ली. उस ने किराने की दुकान बंद कर के उसी जगह पर छोटा सा रेस्टोरेंट खोल लिया. उस ने रेस्टोरेंट को नाम दिया— सर्वना भवन. अपने रेस्टोरेंट में उस ने डोसा, इडली, पूड़ी और वड़ा बेचना शुरू किया.

वह दौर ऐसा था, जब अधिकांश भारतीय बाहर खाने के बारे में सोचते तक नहीं थे, लेकिन राजगोपाल ने रिस्क लिया. उस ने डोसा, पूड़ी, वड़ा और इडली बनाने के लिए नारियल तेल का इस्तेमाल करना शुरू किया. साथ ही मसाले भी अच्छी क्वालिटी के लगाए.

कीमत रखी प्रति थाली सिर्फ 1 रुपया. नतीजा यह हुआ कि उसे एक महीने में 10 हजार रुपए का घाटा हो गया. लेकिन वह न तो कारोबार में हुए घाटे से पीछे हटा और न ही गुणवत्ता के मामले में कोई समझौता किया.

पी. राजगोपाल की मेहनत रंग लाई. बीतते वक्त के साथ कुछ ऐसा हुआ कि चेन्नई में अगर किसी का बाहर खाने का मन होता तो उस की पहली पसंद सर्वना भवन ही होती थी. उस के स्टाफ में जितने भी कर्मचारी थे, सब को अच्छी सैलरी देनी शुरू कर दी.

निचले स्तर के कर्मचारियों को उस ने मैडिकल की सुविधा भी देनी शुरू कर दी. नतीजा यह निकला कि उस का स्टाफ उसे अन्नाची (बड़ा भाई) कहने लगा. पी. राजगोपाल के अच्छे व्यवहार से उस के कर्मचारी उसे दिल से चाहते थे. अगर उसे छींक भी आ जाती तो वे तड़प उठते थे.

अरबपति बनने की राह पर  राजगोपाल की मेहनत और निष्ठा से उस का कारोबार चल निकला. नतीजा यह निकला कि राजगोपाल का ज्योतिषी पर भरोसा बढ़ गया. बहरहाल, जो भी हो वक्त के साथ कारोबार इतना बढ़ा कि राजगोपाल ने रेस्टोरेंट की चेन शुरू कर दी. धीरेधीरे लोग राजगोपाल का नाम भूल गए और उसे डोसा किंग के नाम से जानने लगे.

ज्योतिषी की सलाह पर राजगोपाल ने रंगीन कपड़े पहनने छोड़ दिए थे. वह झक सफेद पैंट और शर्ट पहनने लगा. साथ ही माथे पर चंदन का बड़ा टीका भी लगाता.

इतना ही नहीं, उस ने अपने रेस्टोरेंट में अपने ज्योतिषी की तसवीर भी लगवा दी. जीवन में आए इस बदलाव की वजह से उस ने ज्योतिषी को भगवान का दरजा दे दिया. ज्योतिषी जो कहता, राजगोपाल वही करता था.

20 साल के अंदर राजगोपाल का सर्वना भवन देश में ही नहीं, विदेशों में भी मशहूर हो गया. सिंगापुर, मलेशिया, थाइलैंड, हौंगकौंग, सऊदी अरब, ओमान, कतर, बहरीन, कुवैत, दक्षिण अफ्रीका, फ्रांस, जर्मनी, नीदरलैंड्स, बेल्जियम, स्वीडन, कनाडा, आयरलैंड, ब्रिटेन, अमेरिका, आस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, इटली और रोम में भी राजगोपाल के आउटलेट्स खुल गए.

डोसा किंग पी. राजगोपाल की किस्मत आसमान में तारे की तरह चमक रही थी. कारोबार में नोट बरस रहे थे. डोसे की कमाई से उस के पास इतने पैसे आ गए कि वह नोटों के बिस्तर पर सोने लगा. उसी दौरान पी. राजगोपाल ने एक नहीं, 2-2 शादियां कीं. लेकिन दोनों पत्नियां उस के साथ नहीं टिकीं और हमेशाहमेशा के लिए उस का साथ छोड़ कर चली गईं.

यह वह समय था जब अर्श तक पहुंचे राजगोपाल की बरबादी की कहानी लिखी जानी शुरू हो गई थी. राजगोपाल के पास अकूत संपत्ति तो थी, लेकिन वह घरगृहस्थी के सुख के लिए तरस रहा था.

हर काम ज्योतिषी से पूछ कर करने वाले राजगोपाल ने उसी ज्योतिषी से सलाह ली.

ज्योतिषी ने उसे तीसरी शादी का सुझाव दिया. राजगोपाल ने उस का सुझाव मान लिया. अब सवाल यह था कि तीसरी शादी किस से की जाए, क्योंकि तब तक राजगोपाल की आयु 50-55 बरस हो चुकी थी. इस उम्र में कोई उसे अपनी बेटी क्यों देता.

राजगोपाल की तीसरी शादी की बात बरबादी के रूप में आई. शादी के चक्कर में उस का टकराव जीवज्योति से हुआ. बात सन 2000 के शुरुआत की है. जीवज्योति पी. राजगोपाल से कुछ पैसे उधार लेने के लिए आई. वह उन्हीं की कंपनी में काम करने वाले असिस्टेंट मैनेजर रामास्वामी की बेटी थी.

जीवज्योति का पति शांता कुमार ट्रैवल एजेंसी शुरू करना चाहता था, जिस के लिए उसे मोटी रकम की जरूरत थी. इसीलिए पति के कहने पर वह राजगोपाल के पास गई. उस के पिता रामास्वामी बेटी को अकेला छोड़ कर थाइलैंड चले गए थे. वह होते तो यह रकम वह अपने पिता से ले सकती थी.

राजगोपाल ने जब बला की खूबसूरत जीवज्योति को पहली बार देखा तो वह देखता ही रह गया. उस की खूबसूरती आंखों के रास्ते दिल में उतर जाने वाली थी. उस समय जीवज्योति की उम्र 27-28 साल रही होगी. वह राजगोपाल के दिल में उतर गई. उस ने जीवज्योति को तीसरी पत्नी बनाने की ठान ली.

लेकिन यहां राजगोपाल गलत था, क्योंकि वह प्रिंस शांताकुमार की पत्नी थी. जीवज्योति ने शांताकुमार से बहुत पहले ही लव मैरिज कर ली थी. यह बात राजगोपाल को पता भी चल गई थी. फिर भी वह जीवज्योति की खूबसूरती पर मर मिटा.

दरअसल शांताकुमार प्रोफेसर था. वह रामास्वामी की बेटी जीवज्योति को मैथ्स पढ़ाने के लिए उस के घर आता था. वह स्मार्ट और गबरू जवान था, चेन्नई के वेल्लाचीरी का रहने वाला. पढ़ातेपढ़ाते शांताकुमार का दिल जीवज्योति के लिए धड़कने लगा. जीवज्योति का भी हाल कुछ ऐसा ही था.

दोनों को इस बात का अहसास तब होता था, जब ट्यूशन के बाद दोनों अलग होते थे. जीवज्योति ने अपने गुरु की आंखों में अपने प्रति पलते प्यार को देख लिया था. जीवज्योति का दिल भी शांताकुमार के लिए बेकरार था. अंतत: दोनों ने अपने प्यार का इजहार कर दिया. फिर दोनों ने चुपचाप मंदिर में जा कर शादी भी कर ली.

यह बात सन 1999 की है. जीवज्योति ने भले ही अपने प्यार और शादी के राज को दबाए रखा, लेकिन उस का यह राज उस के पिता रामास्वामी के सामने आ ही गया. रामास्वामी को जब यह राज पता चला तो उन्हें धक्का लगा. उन्हें यह शादी मंजूर नहीं थी, क्योंकि शांताकुमार क्रिश्चियन था और जीवज्योति ब्राह्मण.

तमाम विरोधों के बावजूद जीवज्योति और शांताकुमार ने अपनी राह चुन ली थी घर वालों ने इस शादी का घोर विरोध किया. परिवार वालों के विरोध के चलते जीवज्योति अपने मांबाप का घर छोड़ कर प्रेमी से पति बने शांताकुमार के घर चली गई. बेटी के इस कदम से आहत हो कर रामास्वामी थाइलैंड चले गए और वहीं बस गए.

शादी के कुछ समय बाद शांताकुमार की नौकरी छूट गई और वह बेरोजगार हो गया. उस ने अपना व्यवसाय करने के बारे में सोचा. जीवज्योति पी. राजगोपाल को जानती थी, क्योंकि उस के पिता की वजह से राजगोपाल उसे बेटी कहता था और मानता भी खूब था.

पति शांताकुमार ने ही जीवज्योति को सुझाया था कि वह राजगोपाल के पास जा कर कुछ रकम उधार मांगे. जब बिजनैस से पैसा आएगा, तो उस की रकम लौटा देंगे. पति के सुझाव पर जीवज्योति राजगोपाल के पास पैसा मांगने गई. पी. राजगोपाल ने जीवज्योति को उतनी रकम दे दी, जितनी उसे जरूरत थी. इस रकम से शांता कुमार ने ट्रैवलिंग एजेंसी शुरू भी कर दी.

लेकिन दूसरी ओर जीवज्योति को देख कर राजगोपाल की नीयत खराब हो गई थी. उसे जीवज्योति इतनी पसंद आई कि वह उस से तीसरी शादी करने की योजना बनाने लगा. इतना ही नहीं, उस ने जीवज्योति को महंगेमहंगे गिफ्ट भेजने भी शुरू कर दिए.

राजगोपाल की इस मेहरबानी को न तो जीवज्योति समझ पाई थी और न ही उस का पति शांताकुमार. लेकिन जल्द ही दोनों उस की नीयत को समझ गए कि उस के दिमाग में कितनी गंदगी भरी हुई है. तभी तो बेटी कहने वाला राजगोपाल उस पर नजर गड़ाए हुए था.

दरअसल, राजगोपाल ने एक दिन जीवज्योति को अपने औफिस बुलाया. औफिस में उस की खूब आवभगत की और उस के सामने अपने दिल की बात रख दी कि वह अपने पति शांताकुमार को छोड़ कर उस से शादी कर ले.

उस की बात सुन कर जीवज्योति बुरी तरह भड़क गई और उसे खूब खरीखोटी सुना कर घर लौट आई. इस के बाद राजगोपाल ने पतिपत्नी के बीच दूरी पैदा करने की कोशिश शुरू कर दी.

पी. राजगोपाल अपने बुरे इरादों में कामयाब नहीं हो पाया. फिर भी उस ने जीवज्योति को फोन करना और महंगे तोहफे भेजना बंद नहीं किया. जब से राजगोपाल ने जीवज्योति से शादी की बात की थी, तभी से वह राजगोपाल पर भड़की हुई थी. ऊपर से उस का रोज फोन आना और महंगे तोहफे भेजना, इस सब से वह परेशान हो गई थी. जब उस ने देखा कि पानी सिर से ऊपर बह रहा है तो वह उस के प्रति और सख्त हो गई.

पी. राजगोपाल के फोन करने और महंगे तोहफों से परेशान हो कर जीवज्योति ने उस की शिकायत पुलिस में करने की धमकी दी. लेकिन इस धमकी का उस पर कोई असर नहीं हुआ. इस के बावजूद वह जीवज्योति को रोज फोन करता और महंगे तोहफे भेजता.

जीवज्योति का पति शांताकुमार काफी समझदार था. वह जानता था कि पी. राजगोपाल रसूखदार इंसान है. उस की ऊपर तक पहुंच है. उस से पंगा लेना आसान नहीं होगा. काफी सोचविचार करने के बाद वह इस नतीजे पर पहुंचा कि इस शहर को ही छोड़ दिया जाए.

प्रिंस शांताराम और उस की पत्नी चेन्नई छोड़ पाते, उस से पहले ही 28 सितंबर, 2001 को पी. राजगोपाल अपने 5 साथियों के साथ उन के घर जा पहुंचा. उस ने जीवज्योति से धमकी भरे लहजे में कहा कि 2 दिन के अंदर वह अपने पति से रिश्ता तोड़ दे और उस से शादी कर ले नहीं तो इस का बहुत बुरा अंजाम होगा. जीवज्योति डरी नहीं, उस ने उस के मुंह पर ही कह दिया कि वह अपने पति से किसी भी तरह अलग नहीं हो सकती, चाहे वह जो भी कर ले.

जीवज्योति के मुंह से न सुनते ही पी. राजगोपाल आगबबूला हो उठा. वह न सुनने का आदी नहीं था. वह ऐसा शख्स था, जिस चीज पर उस का दिल आ जाता था, उसे साम, दाम, दंड, भेद चारों नीति अपना कर उसे हासिल कर लेता था, चाहे इस के लिए उसे भारी कीमत क्यों न चुकानी पड़े.

राजगोपाल को जीवज्योति पसंद आ गई थी. लेकिन उस ने उस के मुंह पर ही मना कर दिया था. उसे यह बात बहुत बुरी लगी, इसलिए उसे गुस्सा आ गया. वह उसे हासिल किए बिना इतनी आसानी से कैसे जाने देता.

जीवज्योति के मना करने के बाद राजगोपाल का इशारा पा कर उस के 5 साथियों डेनियल, कार्मेगन, हुसैन, काशी विश्वनाथन और पट्टू रंगन ने शांताकुमार को जबरन एक कार में बिठाया और राजगोपाल के के.के. नगर स्थित पुराने गोदाम में ले गए.

जीवज्योति की आंखों के सामने उस के पति का अपहरण हुआ था. वह इसे कैसे सहन कर सकती थी. उस ने के.के. नगर थाने में राजगोपाल और उस के 5 साथियों के खिलाफ शांताकुमार के अपहरण की नामजद तहरीर दी. लेकिन पुलिस ने उस का मुकदमा दर्ज नहीं किया.

जीवज्योति कई दिनों तक थाने के चक्कर काटती रही, लेकिन उस का मुकदमा दर्ज नहीं हुआ. इस बीच वह अपने स्तर पर पति का पता लगाती रही लेकिन उस का कहीं पता नहीं चला.

पति को ले कर जीवज्योति निराश हो गई थी. वह सोचती थी कि पता नहीं राजगोपाल के आदमियों ने शांताकुमार के साथ कैसा सुलूक किया होगा. उस ने पति के जीवित होने की आशा छोड़ दी थी. बस वह यही प्रार्थना करती थी कि वह जहां भी हो, सहीसलामत रहे.

अपहरण के 14वें दिन यानी 12 अक्तूबर, 2001 को शांताकुमार अपहर्ताओं के चंगुल से बच निकला और सीधे पुलिस कमिश्नर के औफिस पहुंच गया. उस ने अपनी आपबीती कमिश्नर को सुना दी.

पुलिस ने बात तो सुनी पर नहीं की ठोस काररवाई  शांताकुमार की पूरी बात सुन कर पुलिस कमिश्नर हतप्रभ रह गए. उन्होंने के.के. नगर थाने के थानेदार को जम कर फटकार लगाई और पीडि़त शांताकुमार का मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया. इस के बाद पुलिस को राजगोपाल के खिलाफ मुकदमा लिखना ही पड़ा.

पी. राजगोपाल और उस के 5 साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद शांताकुमार और जीवज्योति को यकीन हो गया था कि पुलिस दोषियों के खिलाफ कड़ी काररवाई करेगी. इस के बाद वे दोनों अपनी तरफ से यह सोच कर थोड़ा लापरवाह हो गए थे कि मुकदमा दर्ज हो जाने के बाद राजगोपाल की हेकड़ी कम हो जाएगी, वह दोबारा कोई ओछी हरकत नहीं करेगा.

लेकिन मुकदमा दर्ज होने के बाद पी. राजगोपाल और भी आक्रामक हो गया था. एक अदना सी औरत उस से टकराने की जुर्रत कर रही थी, यह उसे यह बरदाश्त नहीं था. उस ने सोच लिया कि जीवज्योति को इस की सजा मिलनी चाहिए.

2-4 दिन तक जब राजगोपाल की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई तो शांताकुमार और जीवज्योति को लगा कि अब मामला सुलझ जाएगा.

लेकिन यह उन का भ्रम था. 6 दिन बाद 18 अक्तूबर, 2001 को एक बार फिर से शांताकुमार का अपहरण हो गया. अपहरण राजगोपाल ने ही करवाया था.

शांताकुमार का अपहरण करवाने के बाद पी. राजगोपाल फिर से जीवज्योति पर शादी के लिए दबाव डालने लगा. उस ने फिर से फोन करना शुरू कर दिया. जीवज्योति ने भी साफ कह दिया कि वह मर जाएगी लेकिन शादी के लिए तैयार नहीं होगी.

14 दिनों बाद 31 अक्तूबर, 2001 को कोडैकनाल के टाइगर चोला जंगल में शांताकुमार की डेडबौडी मिली. पति की लाश बरामद होने के बाद जीवज्योति ने थाने जाने के बजाय अदालत की शरण लेना बेहतर समझा. उस का पुलिस से भरोसा उठ चुका था, इसलिए उस ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया. कोर्ट का फैसला जीवज्योति के पक्ष में आया और अदालत ने केस दर्ज करने का आदेश दे दिया.

कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने पी. राजगोपाल और उस के 5 साथियों डेनियल, कार्मेगन, हुसैन, काशी विश्वनाथन और पट्टू रंगन के खिलाफ अपहरण, हत्या की साजिश और हत्या का केस दर्ज कर लिया. मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस राजगोपाल की तलाश में जुट गई.

आखिर झुकना पड़ा कानून के सामन  अंतत 23 नवंबर, 2001 को राजगोपाल ने चेन्नई पुलिस के समने सरेंडर कर दिया. उस के सरेंडर करने से पहले पुलिस पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी. करीब डेढ़ साल तक जेल में रहने के बाद 15 जुलाई, 2003 को पी. राजगोपाल को जमानत मिल गई.

पी. राजगोपाल के जमानत पर बाहर आते ही जीवज्योति फिर से कोर्ट पहुंच गई. उस समय शांताकुमार का केस बहुचर्चित केस था, सो मामला स्पैशल कोर्ट में ट्रांसफर कर दिया गया.

सन 2004 में सेशन कोर्ट का फैसला आ गया. कोर्ट ने अपहरण, हत्या की कोशिश और हत्या के मामले में पी. राजगोपाल और 5 दूसरे लोगों डेनियल, कार्मेगन, हुसैन, काशी विश्वनाथन और पट्टू रंगन को 10-10 साल कैद की सजा सुनाई.

जीवज्योति इस सजा से खुश नहीं थी. उस ने हाईकोर्ट में अपील कर दी. करीब 5 साल तक मामला हाईकोर्ट में चलता रहा और फिर मार्च, 2009 में हाईकोर्ट का फैसला भी आ गया.

19 मार्च, 2009 को हाईकोर्ट के जस्टिस बानुमति और जस्टिस पी.के. मिश्रा की बेंच ने इसे हत्या और हत्या की साजिश का मामला करार देते हुए सभी दोषियों को मिली 10-10 साल की सजा को उम्रकैद में तब्दील कर दिया. साथ ही पी. राजगोपाल पर 55 लाख रुपए का जुरमाना भी लगाया, जिस में से 50 लाख रुपए जीवज्योति को दिए जाने थे.

जब पी. राजगोपाल और उस के साथियों को हाईकोर्ट ने उम्रकैद की सजा सुना दी तो पी. राजगोपाल ने इस के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अपील दायर की.  29 मार्च, 2019 को सुप्रीम कोर्ट ने भी अपना फैसला सुना दिया. सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट के फैसले को बरकरार रखते हुए आदेश दिया कि राजगोपाल को 7 जुलाई, 2019 तक सरेंडर करना होगा.

पी. राजगोपाल का पासा पलट गया था. अब उस का साथ न तो वक्त दे रहा था और न ही ज्योतिषी. सुप्रीम कोर्ट का आदेश आने के बाद राजगोपाल की आंखों के आगे अंधेरा सा छा गया. लेकिन वह इतनी आसानी से हार मानने वाला नहीं था.

उस ने नया पैंतरा चला. पी. राजगोपाल 4 जुलाई को अस्पताल में दाखिल हो गया. 7 जुलाई को सरेंडर करने की तारीख बीत गई तो उस ने 8 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट में अपील की. उस ने कहा कि वह गंभीर रूप से बीमार है. उसे थोड़ी और मोहलत दी जाए, लेकिन सुप्रीम कोर्ट पर उस की दलीलों का कोई असर नहीं हुआ.

जस्टिस एन.वी. रमन्ना की खंडपीठ ने कहा कि उसे हर हाल में कोर्ट में सरेंडर करना ही होगा. क्योंकि उस ने केस की सुनवाई के दौरान अपनी बीमारी का जिक्र नहीं किया था. इस के बाद 9 जुलाई, 2019 को वह मद्रास हाईकोर्ट पहुंचा. एक एंबुलेंस उसे कोर्ट ले कर गई थी. नाक में औक्सीजन मास्क लगा हुआ था. कोर्ट के आदेश पर पी. राजगोपाल को जेल भेज दिया गया. 10 दिन जेल में रह कर उस की हालत सचमुच बिगड़ गई. उसे सरकारी अस्पताल में भरती कराया गया, जहां 19 जुलाई, 2019 को पी. राजगोपाल का निधन हो गया. राजगोपाल के निधन के बाद केस की काररवाई बंद कर दी गई. बाकी पांचों आरोपी जेल में सजा काट रहे हैं.    —कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

अंधविश्वास की पराकाष्ठा

साइंस ने भले ही कितनी भी तरक्की क्यों न कर ली हो, भले ही हम डिजिटल युग में आ गए हों, जहां

ज्यादातर जरूरी काम बैठेबैठे हो जाते हैं. लेकिन इस के बावजूद अंधविश्वास ने हमारा पीछा नहीं छोड़ा है. आश्चर्य तब होता है जब पढ़ेलिखे लोगों को अंधविश्वास के आगे सिर झुकाते देखा जाता है.

हमारे समाज के कितने ही लोग अपनी गलीसड़ी मानसिकता के साथ अभी तक अंधविश्वास की खाइयों में पड़े हैं. यह पिछले दिनों कौशांबी जिले के गांव बेरूई में देखने को मिला. खबर फैली कि 6 साल का बच्चा बीमार लोगों को छू कर इलाज कर रहा है. बीमारी कोई भी हो 6 वर्षीय गोलू बाबा के छूने भर से दूर हो जाती है.

इसी के चलते बेरुई में उस के घर के सामने लंबीलंबी कतारें लग रही हैं. आश्चर्य की बात यह कि उस के पास गांव कस्बों के लोग भी नहीं महानगरों के पढ़ेलिखे लोग भी आ रहे हैं. जिन के चलते गांव में मेला सा लग जाता है.

6 वर्षीय गोलू बाबा का मकान गांव के बाहर खेत पर बना था. उस के पिता का नाम है- राजू पासवान, गोलू उस का एकलौता बेटा था. बेरूई गांव में रोजाना हजारों की भीड़ जुट रही थी. राजू के मकान से कुछ दूर साइकिल स्टैड, मोटरसाइकिल स्टैंड बना दिए गए थे. वहां सैकड़ों की संख्या में साइकिलें, मोटरसाइकिलें खड़ी होने लगी थीं. थोड़ी दूर आगे टैंपो स्टैंड बनाया गया था. कुछ कारें भी वहां आने लगी थीं. प्रशासन की ओर से वहां 2 सिपाहियों और 2 होम गार्डों की ड्यूटी भी लगाई गई थी.

गोलू बाबा के दरबार में 2 लाइनें लगती थीं. एक पुरुषों की दूसरी औरतों की. भीड़ बढ़ी तो गांव के 4-5 युवकों ने 10 रुपए फीस ले कर टोकन बांटने शुरू कर दिए. मतलब यह कि गोलू बाबा उसी का स्पर्श करता था, जिस के पास टोकन होता था. टोकन नंबर से उस के पास जाया जाता था.

बेरूई गांव उतर प्रदेश के नवनिर्मित जिले कौशांबी में है. कौशांबी पहले इलाहाबाद जिले का कस्बा था. बाद में इलाहाबाद की 2 तहसीलों को सम्मिलित कर कौशांबी को नया जिला बना दिया गया. कौशांबी के थाना अंकिल सराय क्षेत्र का गांव बेरुई दलित बाहुल्य है. इस गांव में रहने वाले राजू पासवान के परिवार में पत्नी गोमती देवी के अलावा एक बेटी सरोजनी और एक बेटा गोलू था.

राजू के पास नाममात्र की जमीन थी. वह मेहनत मजदूरी कर के परिवार का भरणपोषण करता था. गांव में उस का मिट्टी का घर था, जो बरसात में गिर गया था. इस की जगह उस ने अपने खेत के किनारे पक्का मकान बनवा लिया था और उसी में परिवार के साथ रहने लगा था.

राजू पासवान का बेटा गोलू एकलौता बेटा था, इसलिए घरपरिवार के लोग उसे बहुत प्यार करते थे. चाचा मनोज का तो वह आंख का तारा था. घर आंगन में खेलकूद कर जब गोलू ने 4 वर्ष की उम्र पार की तो उसे बेरुई गांव के प्राथमिक स्कूल में दाखिल करा दिया गया. गोलू गांव के हमउम्र बच्चों के मुकाबले पढ़ने में कमजोर था. एक वर्ष बाद गोलू दूसरी कक्षा में आ गया.

अभी तक सब कुछ सामान्य था. राजू का परिवार गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन कर रहा था. उस का बेटा गोलू सामान्य बालक की तरह हंसखेल कर बचपन व्यतीत कर रहा था. लेकिन अचानक एक ऐसी घटना घटी जिस ने सभी को आश्चर्य में डाल दिया. अफवाह और अंधविश्वास ने रातोंरात राजू के बेटे गोलू को चमत्कारिक बना दिया. गोलू सोशल मीडिया, प्रिंट मीडिया और इलेक्ट्रौनिक मीडिया की सुर्खियों में आ गया.

गोलू बन गया चमत्कारी   6 वर्षीय बालक गोलू व उस की मां गोमती देवी के अनुसार 10 अगस्त, 2019 को गोलू अपनी नानी के घर से चाचा मनोज के साथ घर वापस लौट रहा था. अचानक वह यमुना नदी के पुल पर रुक गया. उस ने मनोज से कहा, ‘‘चाचा तुम थोड़ी देर रुको, मुझे मछलियां देखनी हैं.’’

मनोज थका हुआ था. वह यमुना किनारे पेड़ की छांव में लेट कर आराम करने लगा. जबकि गोलू यमुना के पानी में मछलियां देखने लगा. अचानक पानी में उसे एक बड़ी मछली दिखाई दी, जो नथुनी पहने थी. बड़ी मछली देख कर राजू डर कर मूर्छित हो गया. उस की मूर्छा तब टूटी, जब मछली ने उछल कर उस के मुंह पर पानी उड़ेला. मूर्छा टूटी तो मछली बोली, ‘‘तुम डरो नहीं, मैं ने तुम्हें दैवीय शक्ति दे दी है. आज के बाद तुम जिस व्यक्ति को अपने हाथों से छू दोगे, वह निरोगी हो जाएगा.’’

घर वापस आने पर गोलू ने मछली वाली कहानी अपने मातापिता व अन्य परिजनों को बताई तो उन्होंने सहजता से उस की बात पर विश्वास कर लिया. दूसरे दिन गोलू स्कूल गया तो उस ने साथ पढ़ने वाले बच्चों को मछली वाली कहानी बताई. बाल बुद्धि बच्चों ने कौतूहलवश गोलू की कहानी को सच मान लिया.

बच्चों ने गोलू से अपने शरीर को छूने को कहा. गोलू ने उन्हें छुआ तो वह चिल्लाने लगे कि मेरे शरीर का दर्द चला गया. बच्चों की बात स्कूल में पढ़ाने वाले मास्टर कृपाशंकर तक पहुंची तो उन्होंने बच्चों को डांटा और अफवाह न फैलाने की बात कही.

मास्टरजी ने बच्चों को तो डांट दिया. लेकिन अपने बारे में सोचने लगे, क्योंकि वह खुद कमर दर्द से पीडित थे. उन्हें लगा कि कहीं बच्चे सच तो नहीं कह रहे. उन्होंने गोलू को एकांत में बुला कर कमर छूने को कहा. गोलू ने जैसे ही कमर पर हाथ रखा तो उन्हें चट्ट की आवाज सुनाई दी और दर्द से राहत मिल गई.

स्कूल कर्मचारी सपना सिर दर्द से परेशान थी. गोलू के स्पर्श से उसे सिर दर्द में आराम मिल गया. इन दोनों को अपनेअपने दर्द में कोई राहत मिली थी या नहीं, यह तो वही जानें, लेकिन इस सब से स्कूल में गोलू की इज्जत बढ़ गई.

बेरूई गांव के आसपास के गांवों में अफवाह फैली तो लोग राजू के घर आ कर बालक गोलू से इलाज कराने लगे. गोलू जब स्कूल में होता तो लोग वहां भी पहुंच जाते और गोलू को जबरन स्कूल से बाहर ले आते. लोगों का स्कूल में आनाजाना शुरू हुआ तो हेडमास्टर ने राजू पासवान को बुलवा कर गोलू को स्कूल न भेजने का फरमान जारी कर दिया.

गोलू का स्कूल जाना बंद हुआ तो लोग उस के घर पर आने लगे. गोलू के मातापिता उसे सुबहसुबह नहलाधुला कर घर के बाहर तख्त पर बिठा देते. इस के बाद गोलू आने वाले लोगों को स्पर्श कर उन का रोग दूर करता. कहते हैं, अफवाह की चाल हवा से भी तेज होती है. शुरू में तो सौपचास लोग ही इलाज के लिए आते थे, लेकिन जब अफवाह एक गांव से दूसरे गांव में फैली तो राजू पासवान के घर पर भीड़ जुटने लगी.

अफवाह, अंधविश्वास और भीड़ जुटने की जानकारी जब थाना सराय अंकिल के थानाप्रभारी मनीष कुमार पांडेय को लगी तो वह पुलिस टीम के साथ बेरूई गांव पहुंचे. उन्होंने वहां मौजूद लोगों को समझाया कि विज्ञान के इस युग में आप लोग अंधविश्वास के चक्कर में न पड़ें. इस बालक में ऐसी कोई शक्ति नहीं है कि किसी के मर्ज ठीक कर सके. यह सब आप का वहम है.

उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि वे कई ऐसे बाबाओं को जानते हैं, जो चमत्कार दिखा कर लोगों को बेवकूफ बनाते थे. मैं उन का नाम नहीं लेना चाहता, लेकिन आज वे जेल में हैं और अदालत से जमानत की भीख मांग रहे हैं. इसलिए सभी से गुजारिश है कि आप अफवाह न फैलाएं और अंधविश्वास से दूर रहें.

लेकिन अंधविश्वास की जड़ें इतनी गहरी होती हैं कि उन्हें उखाड़ फेंकना आसान नहीं होता. यहां भी ठीक ऐसा ही हुआ. अंधविश्वासी लोगों को इंसपेक्टर मनीष कुमार पांडेय की नसीहत नागवार लगी. इंसपेक्टर की नसीहत के बावजूद दूसरे रोज और ज्यादा भीड़ उमड़ पड़ी.

यह जान कर मनीष पांडेय खीझ गए. वह बेरूई गांव पहुंचे और बालक गोलू, उस की मां गोमती तथा पिता राजू पासवान को अज्ञात स्थान पर ले गए और तीनों को नजरबंद कर दिया.  होने लगी नेतागिरी पुलिस द्वारा गोलू तथा उस के मातापिता को नजरबंद करने की जानकारी लोक जनशक्ति पार्टी के दलित नेता राजीव पासवान को मिली तो वह अपने समर्थकों के साथ बेरूई गांव आए. गांव में उन्होंने पुलिस काररवाई को गलत बताते हुए भड़काऊ बयान दिया.

उन्होंने कहा कि 6 वर्षीय बालक गोलू गरीब दलित का बेटा है इसलिए पुलिस ने उसे व उस के मातापिता को नजरबंद कर दिया है. यही गोलू अगर किसी ब्राह्मण का बेटा होता तो पुलिस किसी पीपल या बरगद के पेड़ के नीचे तख्त डाल कर बिठा देती और उस की सुरक्षा करती.

राजीव पासवान ने कहा कि वह गोलू व उस के मातापिता को रिहा कराने के लिए डीएम व एसपी से बात करेंगे. फिर भी बात न बनी तो लोक जनशक्ति पार्टी के नेता तथा केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान से मिलेंगे और तीनों को हर हाल में रिहा कराएंगे.

गोलू को नजरबंद हुए अभी 2 ही दिन बीते थे कि क्षेत्रीय विधायक संजय कुमार गुप्ता अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ बेरूई गांव आए. उन्होंने डीएम मनीष कुमार वर्मा तथा एसपी प्रदीप गुप्ता से मोबाइल फोन पर बात की और नजरबंद बालक गोलू तथा उस के मातापिता को बेरूई गांव बुलवा लिया.

बालक गोलू से मिलने और बातचीत करने के बाद विधायक संजय गुप्ता ने अंधविश्वास को बढ़ावा देने वाला बयान दिया, जबकि उन्हें लोगों को अंधविश्वास से दूर रहने की नसीहत देनी चाहिए  थी.

विधायक संजय गुप्ता ने कहा कि बालक गोलू से बात कर के और उस के हाथों के स्पर्श से उन्हें भी बच्चे के अंदर दैवीय शक्ति की अनुभूति हुई है. गोलू नाम के इस बच्चे के ऊपर वाकई दैवीय कृपा है, जिस के छूने मात्र से असाध्य रोग ठीक हो जाता है.

उन्होंने आगे कहा कि यह बच्चा किसी को छूता है तो अंदर से चट्ट सी आवाज आती है. यह आवाज हमने भी सुनी है. निश्चित तौर पर जन कल्याण के लिए पैदा हुए इस बच्चे के माध्यम से लोगों को लाभ होगा, ऐसा मुझे विश्वास है.

विधायक के इस बयान के बाद अंधविश्वास को बढ़ावा मिला तो लोगों की भीड़ और भी ज्यादा जुटने लगी. इलाहाबाद, फतेहपुर, कानपुर, इटावा, उन्नाव और लखनऊ आदि जिलों से पीडि़त लोग आने लगे. भीड़ का रिकौर्ड तब टूटने लगा जब चमत्कारी बालक की खबरें सोशल मीडिया पर वायरल होने लगीं, प्रिंट मीडिया में छपने लगीं और इलेक्ट्रौनिक मीडिया पर दिखाई जाने लगीं. अभी तक लोग जिलों से ही आते थे. अब अन्य प्रदेशों से भी आने लगे.

अगस्त माह बीततेबीतते 15 दिनों में बेरूई गांव में 4-5 हजार लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई. जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन अंधाबहरा हो गया. हां, इतना जरूर हुआ कि कुछ बेरोजगारों को रोजगार मिल गया. गोलू बाबा के दरबार के बाहर कई दरजन चाय, पान और खानेपीने की दुकानें सज गईं.

आटो टैंपो वालों की आमदनी 10 से 20 गुना बढ़ गई. आसपास के जिलों के होटल मालिकों की भी आमदनी बढ़ गई. यही नहीं गोलू बाबा के परिजनों को भी अच्छी आमदनी होने लगी.

दरअसल, जब भीड़ बढ़ी तो गांव के कुछ दबंग युवकों ने गोलू के परिजनों के साथ मिल कर एक कमेटी बना ली और कमेटी मेंबरों को पहचान पत्र दे दिया गया. इस कमेटी के सदस्यों ने 10 रुपए में टोकन नंबर देने शुरू कर दिए, जो कमाई का बड़ा जरिया बना. गोलू बाबा से मिलने के लिए दिन रात टोकन दिए जाने लगे.

इन दबंगों ने विरोध करने वालों से निपटने के लिए लठैत युवकों को तैनात कर दिया गया, जिन्हें भीड़ को संभालने का जिम्मा सौंपा गया. टोकन नंबर धारी ही गोलू बाबा के पास पहुंचता और उस के तथाकथित स्पर्श पा कर रोग से राहत पाता.

आस्था और अंधविश्वास के मेले में ऐसे तमाम स्त्रीपुरुष थे, जिन का रोग गोलू बाबा के स्पर्श मात्र से ठीक हो गया था, लेकिन ऐसे लोगों की कमी नहीं थी जो गोलू बाबा के स्पर्श से ठीक नहीं हुए थे. उन का कहना था कि यह सब अंधविश्वास है, लेकिन गोलू बाबा के समर्थक और कमेटी के लोग बाबा के विरुद्ध कुछ सुनना या बोलना पसंद नहीं करते थे.

बेहोश हो कर गिरा चमत्कारी बालक  कौशलपुरी (कानपुर नगर) निवासी रवींद्र मोहन ठक्कर सामाजिक कार्यकर्ता हैं. ठक्कर पेट रोग से पीडि़त थे, उन्हें एक टीवी चैनल के माध्यम से गोलू के बारे में पता चला तो वह बेरूई गांव आए. गोलू बाबा ने उन्हें स्पर्श किया, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ.

वह समझ गए कि यह सब अफवाह और अंधविश्वास है. उन्होंने कौशांबी पहुंच कर डीएम और एसपी से मिल कर अपना विरोध जताया और इस अंधविश्वास को जल्दी खत्म कराने की अपील की.

8 सितंबर, 2019 को गोलू बाबा के दरबार में लगभग 5-6 हजार लोगों की भीड़ जुटी थी. मरीजों के स्पर्श करने के दौरान गोलू बाबा की तबीयत बिगड़ गई. पुलिस प्रशासन को खबर लगी तो एसपी प्रदीप गुप्ता ने तत्काल मासूम बालक को अस्पताल में भरती करने का आदेश दिया.

आदेश पाते ही मझनपुर, कौशांबी कोतवाल उदयवीर सिंह, बेरूई गांव पहुंचे और गोलू को जीप में बिठा कर कौशांबी लाए. उसे जिला अस्पताल में भरती करा दिया गया. कौतूहलवश कई नर्स व कर्मचारी चमत्कारी बालक को देखने के लिए आए.

जिला चिकित्सालय के सीएमओ दीपक सेठ की देखरेख में बालरोग विशेषज्ञ डा. आर.के. निर्मल ने गोलू का शारीरिक परीक्षण किया और एमआरआई कराई.

शारीरिक परीक्षण के बाद डा. निर्मल कुमार ने बताया कि बालक शारीरिक रूप से स्वस्थ है उसे कोई बीमारी नहीं है. थकान के चलते वह मूर्छित हो गया था. उन्होंने यह भी बताया कि उस के शरीर में कोई दैवीय या चमत्कारिक शक्ति नहीं है. दूसरे बच्चों की तरह वह भी बालक है.

जिला अस्पताल में ही कोतवाल उदयवीर सिंह ने बालक गोलू से स्पर्श करा कर इलाज कराया. वह कमर दर्द से परेशान थे. नर्स रमा ने भी स्पर्श करा कर इलाज कराया. वह पीठ दर्द से पीडि़त थी. दोनों ने कहा कि उन का दर्द चला गया है.

कोतवाल उदयवीर सिंह द्वारा बालक के स्पर्श वाला इलाज कराने का वीडियो सोशल मीडया पर वायरल हुआ तो एडीजी इलाहाबाद ने नाराजगी जताई. यही नहीं उन्होंने त्वरित काररवाई करते हुए अंधविश्वास को बढ़ावा देने वाले इंसपेक्टर उदयवीर सिंह को लाइन हाजिर कर दिया.

आस्था और अंधविश्वास के बीच गोलू बाबा जब मीडिया की सुर्खियां बना तो चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के सदस्य भी गोलू की जांच करने पहुंचे. जांच के बाद कमेटी के सदस्य मोहम्मद रेहान ने इसे मात्र एक अफवाह और अंधविश्वास मानते हुए बच्चे के मौलिक अधिकारों का हनन बताया. साथ ही एसपी प्रदीप गुप्ता से जेजे एक्ट के प्रावधानों के तहत काररवाई करने की मांग की.

चाइल्ड वेयफेयर कमेटी की रिपोर्ट के बाद जिला पुलिस प्रशासन की नींद टूटी. एसपी प्रदीप गुप्ता ने 11 सितंबर, 2019 को बेरूई गांव में भारी पुलिस तैनात कर दिया, जिस ने भीड़ को वहीं से खदेड़ दिया. यही नहीं उन्होंने गोलू बाबा तथा उस के परिवार वालों को नजरबंद करा दिया. ताकि अंधविश्वासी उस से न मिल सके.

एसपी प्रदीप गुप्ता ने अंधविश्वास का मेला बंद तो करा दिया है, लेकिन अब सूबे के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, सांसद विनोद सोनकर, डीएम मनीष कुमार वर्मा तथा बाल विकास मंत्री, स्वाति सिंह की जिम्मेदारी है कि वह पुन: इस अंधविश्वास को न पनपने दें. साथ ही विधायक संजय गुप्ता तथा राजीव पासवान जैसे लोगों पर भी नजर रखें जिन्होंने सरे आम अंधविश्वास को बढ़ावा देने वाले बयान दिए.

बहरहाल यह तो समय ही बताएगा कि गोलू बाबा का दरबार पुन: चालू होगा या फिर बंद हो जाएगा. कथा संकलन तक गोलू बाबा उस के मातापिता थाना सराय अंकिल पुलिस थाने में नजरबंद थे. कुछ शरारती तत्वों, जिन की कमाई की दुकानें बंद हो गई थीं, ने पुलिस थाने पर धरनाप्रदर्शन भी किया.

प्यार पर प्रहार : प्रेमी ही बना प्रेमिका का कातिल

प्रियंका और कृष्णा प्यार की पींगें भर रहे थे. दोनों का प्यार दोस्तों के बीच चर्चा का विषय बन गया था. कृष्णा तिवारी की उम्र जहां 25 वर्ष थी, वहीं प्रियंका श्रीवास 21 साल की थी. दोनों अकसर छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर की सड़कों पर एकदूसरे का हाथ थामे घूमते हुए दिख जाते.  कृष्णा उसे अपनी बुलेट मोटरसाइकिल पर भी घुमाता था. दोनों का प्रेम परवान चढ़ रहा था.

कृष्णा तिवारी उर्फ डब्बू मूलत: कोनी, बिलासपुर का रहने वाला था और प्रियंका पास के ही बिल्हा शहर के मुढ़ीपार गांव की थी. वह बिलासपुर में अपने मौसा जोगीराम के यहां रह कर बीए फाइनल की पढ़ाई कर रही थी.

एक दिन कृष्णा ने शहर के विवेकानंद गार्डन में घूमतेघूमते प्रियंका से कहा, ‘‘प्रियंका, आज मैं तुम से एक बहुत खास बात कहने जा रहा हूं,जिस का शायद तुम्हें बहुत समय से इंतजार होगा.’’

‘‘क्या?’’ प्रियंका ने स्वाभाविक रूप से कहा.   ‘‘मैं तुम से शादी करना चाहता हूं,’’ कृष्णा बोला, ‘‘मैं चाहता हूं कि हम दोनों शादी कर लें या फिर घरपरिवार से कहीं दूर भाग चलें.’’

‘‘नहींनहीं, मैं भाग कर शादी नहीं कर सकती, वैसे भी अभी मैं पढ़ रही हूं. शादी होगी तो मेरे मातापिता की सहमति से ही होगी.’’

‘‘तब तो प्यार भी तुम्हें मम्मीपापा की आज्ञा ले कर करना चाहिए था.’’ कृष्णा ने उस की खिल्ली उड़ाते हुए मीठे स्वर में कहा.

‘‘देखो, प्यार और शादी में बहुत बड़ा फर्क है. तुम मुझे अच्छे लगे तो तुम से दोस्ती हो गई और फिर प्यार हो गया.’’ प्रियंका ने सफाई दी.

‘‘अच्छा, यह तो बड़ी कृपा की आप ने हुजूर.’’ कृष्णा ने विनम्र भाव से कहा, ‘‘अब कुछ और कृपा बरसाओ, मेरी यह इच्छा भी पूरी करो.’’

‘‘देखो डब्बू, तुम मेरे पापा को नहीं जानते. वह बड़े ही गुस्से वाले हैं. मैं मां को तो मना लूंगी मगर पापा के सामने तो बोल तक नहीं सकती. वो तो अरे बाप रे…’’ कहतेकहते प्रियंका की आंखें फैल गईं और चेहरा सुर्ख हो उठा.

‘‘प्रियंका, तुम कहो तो मैं पापा से बात करूं या फिर उन के पास अपने पापा को भेज दूं. मुझे यकीन है कि हमारे खानदान, रुतबे को देख कर तुम्हारे पापा जरूर हां कह देंगे. बस, तुम अड़ जाना.’’ कृष्णा ने समझाया.

‘‘देखो कृष्णा, हमारे घर के हालात, माहौल बिलकुल अलग हैं. मैं किसी भी हाल में पापा से बहस या सामना नहीं कर सकती. तुम अपने पापा को भेज दो, हो सकता है बात बन जाए.’’ प्रियंका बोली.

‘‘और अगर नहीं बनी तो?’’ कृष्णा ने गंभीर होते हुए कहा.

‘‘नहीं बनी तो हमारे रास्ते अलग हो जाएंगे. इस में मैं क्या कर सकती हूं.’’ प्रियंका ने जवाब दिया.

एक दिन कृष्णा तिवारी के पिता लक्ष्मी प्रसाद तिवारी प्रियंका श्रीवास के पिता नारद श्रीवास से मिलने उन के घर पहुंच गए. नारद श्रीवास का एक बेटा और 2 बेटियां थीं. वह किराने की एक दुकान चलाते थे.

लक्ष्मी प्रसाद ने विनम्रतापूर्वक अपना परिचय देते हुए कहा, ‘‘भाईसाहब, मैं आप से मिलने बिलासपुर से आया हूं. आप से कुछ महत्त्वपूर्ण बातचीत करना चाहता हूं.’’

कृष्णा के पिता ने की कोशिश  नारद श्रीवास ने उन्हें ससम्मान घर में बिठाया और खुद सामने बैठ गए. लक्ष्मी प्रसाद तिवारी हाथ जोड़ कर बोले, ‘‘मैं आप के यहां आप की बड़ी बेटी प्रियंका का अपने बेटे कृष्णा के लिए हाथ मांगने आया हूं.’’

यह सुन कर नारद श्रीवास आश्चर्यचकित हो कर लक्ष्मी प्रसाद की ओर ताकते रह गए. उन के मुंह से बोल नहीं फूट रहे थे. तब लक्ष्मी प्रसाद बोले, ‘‘भाईसाहब, मेरे बेटे कृष्णा को आप की बिटिया पसंद है. हालांकि हम लोग जाति से ब्राह्मण हैं, मगर बेटे की इच्छा को ध्यान में रखते हुए आप के पास चले आए. आशा है आप इनकार नहीं करेंगे.’’

यह सुन कर नारद श्रीवास के चेहरे का रंग बदलने लगा. उन्होंने लक्ष्मी प्रसाद से कहा, ‘‘देखो तिवारीजी, आप मेरे घर आए हैं, ठीक है. मगर मैं अपनी बिटिया का हाथ किसी गैरजातीय लड़के को नहीं दे सकता.’’

‘‘मगर भाईसाहब, अब समय बदल गया है. मेरा आग्रह है कि आप घर में चर्चा कर लें. बच्चों की खुशी को देखते हुए अगर आप हां कर देंगे तो यह बड़ी अच्छी बात होगी.’’ लक्ष्मी प्रसाद ने सलाह दी.

‘‘देखिए पंडितजी, मैं समाज के बाहर बिलकुल नहीं जा सकता. फिर प्रियंका के लिए मेरे पास एक रिश्ता आ चुका है. वे लोग प्रियंका को पसंद कर चुके हैं. मैं हाथ जोड़ता हूं, आप जा सकते हैं.’’ नारद श्रीवास ने विनम्रता से कहा तो लक्ष्मी प्रसाद तिवारी अपने घर लौट गए.

घर लौट कर उन्होंने जब बात न बनने की जानकारी दी तो कृष्णा को गहरा धक्का लगा. अगले दिन कृष्णा ने अपनी बुलेट निकाली और नारद श्रीवास की दुकान पर पहुंच गया. उस समय नारद ग्राहकों को सामान दे रहे थे. दुकान के बाहर खड़ा कृष्णा नारद श्रीवास को घूरघूर कर देख रहा था. जब वह ग्राहकों से फारिग हुए तो उन्होंने कृष्णा की ओर मुखातिब होते हुए कहा, ‘‘हां, क्या चाहिए?’’

कृष्णा ने उन से बिना किसी डर के अपना परिचय देते हुए कहा, ‘‘कल मेरे पापा आप के पास आए थे.’’

यह सुनते ही नारद श्रीवास के दिलोदिमाग में बीते कल का सारा वाकया साकार हो उठा, जिसे लगभग वह भुला चुके थे. उन्होंने कहा, ‘‘हां, तो?’’

कृष्णा तिवारी ने कहा, ‘‘आप ने मना कर दिया. मैं इसलिए आया हूं कि एक बार आप से मिल कर अपनी बात कहूं.’’

‘‘देखो, तुम चले जाओ. मैं ने तुम्हारे पिताजी को सब कुछ बता दिया है और इस बारे में अब मैं कोई बात नहीं करूंगा.’’

कृष्णा ने अपनी आंखें घुमाते हुए अधिकारपूर्वक कहा, ‘‘आप से कह रहा हूं, आप मान जाइए नहीं तो एक दिन आप खून के आंसू रोएंगे.’’

‘‘तो क्या तुम मुझे धमकाने आए हो?’’ नारद श्रीवास का पारा चढ़ गया.

‘‘धमकाने भी और चेतावनी देने भी. आप नहीं मानोगे तो अंजाम बुरा होगा.’’ कहने के बाद कृष्णा तिवारी बुलेट से घर वापस लौट गया.

नारद श्रीवास कृष्णा के तेवर देख कर अवाक रह गए. उन्होंने सोचा कि यह लड़का एक नंबर का बदमाश जान पड़ता है. मैं ने अच्छा किया कि इस के पिता की बात नहीं मानी.

उन्होंने उसी दिन अपने साढ़ू भाई जोगीराम श्रीवास को फोन कर के सारी बात बता दी. उन्होंने उन से प्रियंका पर विशेष नजर रखने की बात कही, क्योंकि प्रियंका उन्हीं के घर रह कर पढ़ रही थी.

नारद की बातें सुन कर जोगीराम ने उन से कहा, ‘‘आप बिलकुल चिंता मत करो. मैं खुद प्रियंका से बात कर के देखता हूं और आप लोग भी बात करो. इस के अलावा आप धमकी देने वाले कृष्णा के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करा दो.’’

‘‘नहींनहीं, पुलिस में जाने से हमारी ही बदनामी होगी. मैं अब जल्द ही प्रियंका की सगाई, शादी की बात फाइनल करता हूं.’’ नारद बोले.

21 अगस्त, 2019 डब्बू उर्फ कृष्णा ने प्रियंका को सुबहसुबह लवली मौर्निंग का वाट्सऐप मैसेज भेजा और लिखा, ‘‘प्रियंका हो सके तो मुझ से मिलो, कुछ जरूरी बातें करनी हैं. जाने क्यों रात भर तुम्हारी याद आती रही, इस वजह से मुझे नींद भी नहीं आ सकी.’’

प्रियंका ने मैसेज का प्रत्युत्तर हमेशा की तरह दिया, ‘‘ठीक है, ओके.’’  मौसी ने समझाया था प्रियंका को

प्रियंका रोजाना की तरह उस दिन भी तैयार हो कर कालेज के लिए निकलने लगी तो मौसा और मौसी ने उसे बताया कि वह घरपरिवार की मर्यादा को ध्यान में रखे. कृष्णा से मेलमुलाकात उस के पापा को पसंद नहीं है. तुम्हें शायद यह पता नहीं कि कृष्णा ने मुढ़ीपार पहुंच कर धमकी तक दे डाली है. यह अच्छी बात नहीं है. अगर इस में तुम्हारी शह न होती तो क्या उस की इतनी हिम्मत हो पाती?

मौसी की बातें सुन कर प्रियंका मुसकराई. वह जल्दजल्द चाय पीते हुए बोली, ‘‘मौसी, आप जरा भी चिंता मत करना. मैं घरपरिवार की नाक नहीं कटने दूंगी. जब पापा मुझ पर भरोसा करते हैं, उन्होंने मुझे पढ़ने भेजा है, मेरी हर बात मानते हैं तो मैं भला उन की इच्छा के बगैर कोई कदम कैसे उठाऊंगी. आप एकदम निश्चिंत रहिए.’’

मौसी सीमा ने उसे बताया कि जल्द ही उस की सगाई एक इंजीनियर लड़के से होने वाली है, इसलिए वह कृष्णा से दूर ही रहे.

हंसतीबतियाती प्रियंका रोज की तरह सीपत रोड स्थित शबरी माता नवीन महाविद्यालय की ओर चली गई. वह बीए अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रही थी.

कालेज में पढ़ाई के बाद प्रियंका क्लास से बाहर आई तो कृष्णा का फोन आ गया. दोनों में बातचीत हुई तो प्रियंका ने कहा, ‘‘मैं कालेज से निकल रही हूं और थोड़ी देर में तुम्हारे पास पहुंच जाऊंगी.’’

प्रियंका राजस्व कालोनी स्थित कृष्णा के किराए के मकान में जाती रहती थी. वह मकान बौयज हौस्टल जैसा था. कृष्णा और प्रियंका वहां बैठ कर अपने दुखदर्द बांटा करते थे. प्रियंका ने उस से वहां पहुंचने की बात कही तो कृष्णा खुश हो गया.

कृष्णा घर का बिगड़ैल लड़का था. आवारागर्दी और घरपरिवार से बेहतर संबंध नहीं होने के कारण पिता ने एक तरह से उसे घर से निकाल दिया था. कृष्णा किराए का मकान ले कर रहता था. उस मकान में पढ़ाई करने वाले और भी लड़के रहते थे. उस के पास एक बुलेट थी. अपने खर्चे पूरे करने के लिए वह पार्टटाइम कार वाशिंग का काम करता था.

काफी समय बाद भी प्रियंका कृष्णा के कमरे पर नहीं पहुंची तो वह परेशान हो गया. वह झल्ला कर कमरे से निकला और प्रियंका को फोन किया. प्रियंका ने उसे बताया कि वह अपनी फ्रैंड के साथ है और उस के पास पहुंचने में कुछ समय लगेगा.

कृष्णा उस से मिलने के लिए उतावला था. काफी देर बाद भी जब वह नहीं पहुंची तो उस ने प्रियंका को फिर फोन किया. प्रियंका बोली, ‘‘आ रही हूं यार. मैं अशोक नगर पहुंच चुकी हूं.’’

इस पर कृष्णा ने झल्ला कर कहा, ‘‘मैं वहीं आ रहा हूं. तुम रुको, मैं पास में ही हूं’’  कृष्णा थोड़ी ही देर में अशोक नगर जा पहुंचा. प्रियंका वहां 2 सहेलियों के साथ खड़ी थी.

प्रियंका की बातों से कृष्णा को लगा कि आज उस का रंग कुछ बदलाबदला सा है. मगर उस ने धैर्य से काम लिया. प्रियंका को देख वह स्वाभाविक रूप से मुसकराते हुए बोला, ‘‘प्रियंका, तुम मुझे मार डालोगी क्या? तुम से मिलने के लिए सुबह से बेताब हूं और तुम कह रही हो कि आ रही हूं…आ रही हूं.’’

‘‘तो क्या कालेज भी न जाऊं? पढ़ाई छोड़ दूं, जिस के लिए मैं गांव से यहां आई हूं?’’ प्रियंका ने तल्ख स्वर में कहा.

‘‘मैं ऐसा कहां कह रहा हूं, मगर कालेज से सीधे आना था. 2 घंटे हो गए तुम्हारा इंतजार करते हुए. कम से कम मेरी हालत पर तो तरस खाना चाहिए तुम्हें.’’

‘‘और तुम्हें मेरे घर जा कर हंगामा करना चाहिए. पापा से क्या कहा है तुम ने, तुम ऐसा कैसे कह सकते हो?’’ प्रियंका ने रोष भरे स्वर में कहा.

प्रियंका को गुस्से में देख कर कृष्णा को भी गुस्सा आ गया. दोनों की अशोक नगर चौक पर ही नोकझोंक होने लगी, जिस से वहां लोगों का हुजूम जमा हो गया. तभी एक स्थानीय नेता प्रशांत तिवारी जो कृष्णा और प्रियंका से वाकिफ थे, वहां पहुंचे और उन्होंने दोनों को समझाबुझा कर शांत कराया.

कृष्णा प्रियंका को ले आया अपने कमरे पर  दोनों शांत हो गए. कृष्णा ने प्रियंका को बुलेट पर बिठाया और अपने कमरे की ओर चल दिया. रास्ते में दोनों ही सामान्य रहे. अपने कमरे पर पहुंच कर कृष्णा ने कहा, ‘‘प्रियंका, अब दिमाग शांत करो. मैं तुम्हारे लिए बढि़या चाय बनाता हूं.’’

यह सुन कर प्रियंका मुसकराई, ‘‘यार, मुझे भूख लग रही है और तुम बस चाय बना रहे हो.’’ इस के बाद कृष्णा पास के एक होटल से नाश्ता ले आया. दोनों प्रेम भाव से बातचीत करतेकरते कब फिर से तनाव में आ गए, पता ही नहीं चला. कृष्णा ने कहा, ‘‘तुम मुझ से शादी करोगी कि नहीं, आज मुझे साफसाफ बता दो.’’

प्रियंका ने स्पष्ट शब्दों में कहा, ‘‘नहीं, मैं शादी घर वालों की मरजी से ही करूंगी.’’ हत्या कर कृष्णा हो गया फरार  दोनों में बहस होने लगी. उसी दौरान बात बढ़ने पर कृष्णा ने चाकू निकाला और प्रियंका पर कई वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया. खून से लथपथ प्रियंका को मरणासन्न छोड़ कर वह वहां से भाग खड़ा हुआ. घायल प्रियंका कराहती रही और वहीं बेहोश हो गई.

हौस्टल के राकेश वर्मा नाम के एक लड़के ने प्रियंका के कराहने की आवाज सुनी तो वह कमरे में आ गया. उस ने गंभीर रूप से घायल प्रियंका को बिस्तर पर पड़े देखा तो तुरंत स्थानीय सरकंडा थाने में फोन कर के यह जानकारी थानाप्रभारी जयप्रकाश गुप्ता को दे दी.

जानकारी मिलते ही थानाप्रभारी जयप्रकाश गुप्ता कुछ पुलिसकर्मियों को साथ ले कर राजस्व कालोनी के हौस्टल पहुंच गए. उन्होंने कमरे के बिस्तर पर खून से लथपथ एक युवती देखी, जिस की मौत हो चुकी थी.

थानाप्रभारी ने यह जानकारी अपने उच्चाधिकारियों को भी दे दी. एडीशनल एसपी ओ.पी. शर्मा एवं एसपी (सिटी) विश्वदीपक त्रिपाठी भी मौके पर पहुंच गए. दोनों पुलिस अधिकारियों ने मौकामुआयना करने के बाद उस की लाश पोस्टमार्टम के लिए भेजने के आदेश दिए.

अधिकारियों के जाने के बाद थानाप्रभारी ने प्रियंका की लाश पोस्टमार्टम के लिए भेज दी. हौस्टल के लड़कों से पता चला कि जिस कमरे में प्रियंका की हत्या हुई थी, वह कृष्णा का है. प्रियंका के फोन से पुलिस को उस की मौसी व पिता के फोन नंबर मिल गए थे, लिहाजा पुलिस ने फोन कर के उन्हें अस्पताल में बुला लिया.

प्रियंका के मौसामौसी और मातापिता ने अस्पताल पहुंच कर लाश की शिनाख्त प्रियंका के रूप में कर दी. उन्होंने हत्या का आरोप बिलासपुर निवासी कृष्णा उर्फ डब्बू पर लगाया. पुलिस ने कृष्णा के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर उस की खोजबीन शुरू कर दी. उस का मोबाइल फोन स्विच्ड औफ था. पुलिस को पता चला कि वह रायपुर से नागपुर भाग गया है.

पकड़ा गया कृष्णा  थानाप्रभारी जयप्रकाश गुप्ता व महिला एसआई गायत्री सिंह की टीम आरोपी को संभावित स्थानों पर तलाशने लगी. पुलिस ने कृष्णा के फोटो नजदीकी जिलों के सभी थानों में भी भेज दिए थे.

सरकंडा से करीब 25 किलोमीटर दूर स्थित मुंगेली जिले के थाना सरगांव के एक सिपाही को 23 अगस्त, 2019 को कृष्णा तिवारी सरगांव चौक पर दिख गया. उस सिपाही का गांव आरोपी कृष्णा तिवारी के गांव के नजदीक ही था. इसलिए सिपाही को यह जानकारी थी कि कृष्णा मर्डर का आरोपी है और पुलिस से छिपा घूम रहा है.

लिहाजा वह सिपाही कृष्णा तिवारी को हिरासत में ले कर थाना सरगांव ले आया. सरगांव पुलिस ने कृष्णा तिवारी को गिरफ्तार करने की जानकारी सरकंडा के थानाप्रभारी जयप्रकाश गुप्ता को दे दी.

उसी शाम सरकंडा थानाप्रभारी कृष्णा तिवारी को सरगांव से सरकंडा ले आए. उस से पूछताछ की गई तो उस ने प्रियंका की हत्या करने का अपराध स्वीकार कर लिया. उस की निशानदेही पर पुलिस ने घटनास्थल से एक चाकू भी बरामद किया, जो 3 टुकड़ों में था.

कृष्णा ने बताया कि हत्या करने के बाद वह बुलेट से सीधा रेलवे स्टेशन की तरफ गया. उस समय उस के कपड़ों पर खून के धब्बे लगे थे. उस के पास पैसे भी नहीं थे. स्टेशन के पास अनुराग मानिकपुरी नाम के दोस्त से उस ने 500 रुपए उधार लिए और रायपुर की तरफ निकल गया.

कृष्णा तिवारी उर्फ दब्बू से पूछताछ कर पुलिस ने उसे 24 अगस्त, 2019 को मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, बिलासपुर के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

शक्की पति की मजबूर पत्नी

देहरादून के ट्रांसपोर्टर अशोक रोहिल्ला का घर माता मंदिर रोड पर था, जो थाना नेहरू कालोनी क्षेत्र में आता था. रोहिल्ला परिवार में 3 ही सदस्य थे, खुद अशोक रोहिल्ला, उस की पत्नी कामना रोहिल्ला और 3 साल की बेटी जाह्नवी. कामना ने कालोनी में ही बुटीक खोल रखा था. जाह्नवी छोटी थी, इसलिए उसे वह दिन भर साथ रखती थी.

29 अगस्त, 2019 की बात है. रात गहराते ही अशोक और कामना खाना  खा कर सोने चले गए थे. जाह्नवी पहले ही सो चुकी थी. रात के 11 और 12 बजे के बीच अशोक के घर से 2 गोलियां चलने की आवाज आई. गोलियों की आवाज सुन कर पड़ोसी घबराए, उन्हें लगा कि लूटपाट के लिए अशोक के घर में बदमाश घुस आए हैं. अशोक या उस की पत्नी ने विरोध किया होगा, जिस की वजह से बदमाशों ने गोलियां चला दी होंगी.

हकीकत जानने के लिए एक पड़ोसी घर के बाहर निकला तो उस ने स्ट्रीट लाइट की रोशनी में देखा कि अशोक अपनी कार ड्राइव करते हुए कहीं जा रहा है. वह घबराया सा लग रहा था.

पासपड़ोस के लोग अशोक के घर के सामने एकत्र हो गए. उन की समझ में नहीं आ रहा था कि माजरा क्या है. हकीकत जानने की उत्सुकता सभी के मन में थी, इसलिए हिम्मत कर के कुछ अशोक के घर के अंदर घुस गए. अंदर सभी लाइटें जल रही थीं.

घर का सारा सामान यथावत था. ऐसा बिलकुल नहीं लग रहा था कि वहां कुछ हुआ है. उन लोगों ने अशोक के बैडरूम में झांका तो सन्न रह गए. बैड पर कामना की खून से लथपथ लाश पड़ी थी.

उस के सिर से बहता खून फर्श पर फैलता जा रहा था. कामना के पास ही उस की बेटी जाह्नवी सोई थी. उस वक्त सभी को लगा कि कामना की हत्या अशोक ने ही की होगी, इसीलिए वह भाग गया.

लाश देखते ही अंदर गए लोग कमरे से बाहर आ गए. उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम के 100 नंबर पर घटना की सूचना दे दी. थोड़ी देर बाद नेहरू कालोनी थाने के थानेदार दिलबर नेगी पुलिस टीम के साथ मौकाएवारदात पर आ गए. उस वक्त रात का डेढ़ बजा था.

थानेदार दिलबर नेगी ने मौकाएवारदात का निरीक्षण किया. कमरे की एकएक चीज अपनी जगह मौजूद थी. खास बात यह थी कि इस हादसे से अनभिज्ञ कामना की बेटी जाह्नवी मां की लाश के पास सोई थी. देखने से ऐसा कतई नहीं लग रहा था कि वारदात को लूट, चोरी या डकैती के लिए अंजाम दिया गया था. क्योंकि ऐसा होता तो घर की सभी चीजें यथास्थिति में नहीं होतीं.

पुलिस को पड़ोसियों से पूछने पर पता चला कि कामना का पति अशोक गोली चलने के बाद तेजी से कार ले कर कहीं भाग गया था, जिसे एक पड़ोसी ने देखा था.

चकरा गई पुलिस  एसओ दिलबर नेगी ने घटना की सूचना सीओ (डालनवाला) जया बलूनी, एसपी (सिटी) श्वेता चौबे और एसएसपी अरुण मोहन जोशी को दे दी. घटना की सूचना मिलने के आधे घंटे के भीतर सीओ जया बलूनी और एसपी सिटी श्वेता चौबे मौके पर पहुंच गईं. जिस कमरे में बैड पर कामना की लाश पड़ी थी, उस से करीब 5 मीटर दूर बड़ी मात्रा में ताजा खून पड़ा था.

पुलिस ने इस से अनुमान लगाया कि संभव है गोली अशोक को भी लगी हो या फिर उस ने पत्नी की हत्या कर के खुद को गोली मार ली हो. यह भी सोचा गया कि लूटपाट की नीयत से कमरे में घुसे बदमाशों से हाथापाई के बीच गोली चली हो, जिस से गोली लगने से कामना की मौत हो गई हो और अशोक को गोली लगी हो.

क्राइम सीन देख कर पुलिस का दिमाग चकरा गया था. स्पष्ट तौर पर यह बात समझ में नहीं आ रही थी कि मामला है क्या. अशोक के सामने आने पर ही असलियत सामने आ सकती थी. पुलिस अशोक का पता लगाने में जुटी थी.

पड़ोसियों से अशोक का मोबाइल नंबर मिल गया तो उसे फोन कर के उस की सही लोकेशन पूछी गई, उस ने बताया कि वह श्रीमंत इंदिरेश अस्पताल में भरती है. उस ने पुलिस को यह भी बताया कि लूट की नीयत से घर में घुसे बदमाशों ने पत्नी की हत्या कर के उसे भी पीठ में गोली मार दी थी.

अशोक रोहिल्ला की बातें पुलिस को हजम नहीं हुईं. पुलिस यह सोच कर परेशान थी कि बदमाशों ने गोली दोनों को मारी थी तो अशोक पत्नी को अस्पताल ले जाने के बजाए उसे घर पर ही छोड़ कर इलाज के लिए खुद अस्पताल क्यों चला गया?

मामला जरूर कुछ और था. जांचपड़ताल के बाद ही सच्चाई सामने आ सकती थी. रात में ही इस घटना की सूचना कामना के मायके वालों को दे कर उन्हें बुला लिया गया.

पुलिस अशोक की सच्चाई का पता लगाने के लिए श्रीमंत इंदिरेश अस्पताल पहुंची, जहां वह आईसीयू में भरती था. गोली लगने से उस के शरीर से काफी खून बह चुका था और उस की हालत गंभीर बनी हुई थी. अशोक ही एक ऐसा चश्मदीद था, जिस ने सब कुछ अपनी आंखों से देखा था.

मतलब उस ने हत्यारे को अपनी आंखों से देखा था. संभव था कि हत्यारे ने अपनी पहचान छिपाने के लिए अशोक पर भी यह सोच कर गोली चलाई हो कि उस की मौत के बाद पुलिस उस तक कभी नहीं पहुंच पाएगी.

अशोक रोहिल्ला जिंदा है, यह सोच कर पुलिस ने थोड़ी राहत की सांस ली. बहरहाल, मौके पर जांच में जुटी पुलिस ने एक बार फिर से कामना की लाश की पड़ताल की.

जांच के दौरान पता चला कि हत्यारे ने कामना को सिर के पीछे से गोली मारी थी. कमरे में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए थे, लेकिन डीवीआर मौके से नदारद थी. इस का मतलब था कि हत्यारा अपनी पहचान छिपाने के लिए डीवीआर भी साथ ले गया था ताकि पुलिस उस तक पहुंच न सके.

क्राइम सीन की पड़ताल से एक बात तो तय थी कि हत्यारा जो भी रहा हो, पेशेवर नहीं था. अगर वह पेशेवर होता तो अपना काम कर के भाग जाता, न कि डीवीआर साथ ले जाता. यानी हत्यारा जो भी था, रोहिल्ला परिवार को जानने वाला था.

दूसरे अगर वह कामना को गोली मारता तो सीधे उस के माथे पर जा कर लगती, लेकिन ऐसा नहीं हुआ था. इस का मतलब कामना, उस के पति और बच्चे के अलावा कोई और भी वहां था, जिस ने इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया था.

कामना की बेटी उसी की बगल में सोई हुई थी. हत्यारे ने उस नन्ही सी जान को छुआ तक नहीं था. उस का जो भी मकसद रहा हो, उस का निशाना कामना और अशोक ही थे. एक की उस ने जान ले ली थी और दूसरा अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा था.

बहरहाल, पुलिस ने कानूनी काररवाई पूरी की. मृतका का भाई रमेश आ चुका था. पुलिस ने 3 साल की जाह्नवी को उसे सौंप दिया. कामना की लाश पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दी गई.

कागजी काररवाई पूरी करतेकरते सुबह के करीब साढ़े 4 बज गए थे. यह घटनाक्रम 29/30 अगस्त, 2019 की रात का था. 31 अगस्त को कामना की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कामना को काफी नजदीक से गोली मारे जाने का उल्लेख था, लेकिन गोली उस के सिर में नहीं मिली थी. गोली दाईं आंख को चीरते हुए निकल गई थी, जबकि पुलिस को घटनास्थल से कोई गोली बरामद नहीं हुई थी.

अशोक का बयान जरूरी था  पुलिस अशोक के स्वास्थ्य की पलपल की जानकारी ले रही थी. उस के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा था. पुलिस को अशोक के आईसीयू से जनरल वार्ड में पहुंचने की प्रतीक्षा थी. पुलिस को आशंका थी कि हो सकता है हत्यारा उस पर दोबारा हमला करने की कोशिश करे. इसीलिए उस की सुरक्षा के लिए 24 घंटे 2 पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए. पहली सितंबर, 2019 को अशोक रोहिल्ला को आईसीयू से जनरल वार्ड में शिफ्ट किया गया तो थानेदार दिलबर नेगी उस से पूछताछ करने इंदिरेश अस्पताल पहुंचे.

अब अशोक पूरी तरह खतरे से बाहर था. गोली उस के पेट को छूती हुई निकल गई थी. एसओ नेगी ने उस से घटना के बारे में पूछताछ की तो उस ने बताया कि 29 अगस्त की रात करीब साढ़े 11 बजे बुआ का बेटा रिंकू उर्फ अजय वर्मा उस से मिलने आया था. रिंकू अमन विहार, थाना रायपुर में रहता है. उस के साथ 2 और लोग थे.

रिंकू और उस के दोस्तों को ड्राइंगरूम में बैठा कर वह अंदर कमरे में चला गया. रिंकू के पानी मांगने पर वह किचन में पानी लेने चला गया. तभी रिंकू बैडरूम में गया और वहां 3 साल की बेटी के साथ सो रही कामना के सिर से रिवौल्वर सटा कर गोली मार दी.

गोली की आवाज सुन कर वह जैसे ही वहां पहुंचा तो रिंकू ने उस पर भी फायर झोंक दिया. गोली लगते ही वह जान बचा कर वहां से से भाग निकला और अस्पताल जा पहुंचा. उस के बाद क्या हुआ, उसे कुछ पता नहीं.

रिंकू वर्मा का नाम सुनते ही पुलिस के हाथपांव फूल गए. वह रायपुर थाने का हिस्ट्रीशीटर था. उस के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास के कई मुकदमे दर्ज थे. पुलिस के लिए वह वांछित अपराधी था. उसे पकड़ने के लिए उस पर बड़ा ईनाम रखा गया था.

रिंकू अपने पास मोबाइल नहीं रखता था, इसलिए पुलिस उस तक नहीं पहुंच पा रही थी. दोहरे हत्याकांड ने एक बार फिर पुलिस की नाक में दम कर दिया.

अशोक रोहिल्ला के बयान के आधार पर पुलिस ने कामना रोहिल्ला की हत्या और अशोक की हत्या के प्रयास की धारा के साथ रिंकू उर्फ अजय वर्मा को नामजद कर रिपोर्ट रोजनामचे में दर्ज कर ली. रिंकू के खिलाफ मुकदमा दर्ज होते ही पुलिस उसे पकड़ने के लिए सक्रिय हो गई. अशोक के बयान को ले कर पुलिस फिर उलझ गई थी.

पूछताछ के दौरान पुलिस को अशोक यह नहीं बता सका कि रिंकू ने कामना की हत्या और उसे मारने की कोशिश क्यों की? आखिर कामना से उस की क्या दुश्मनी थी? अशोक के बयान ने पुलिस को उस पर शक करने को मजबूर कर दिया.

पुलिस सच की तलाश में जुटी थी और गहराई में जाने के लिए उस ने कामना और अशोक के मोबाइल नंबरों की काल डिटेल्स खंगाली, जिस से यह पता लग सके कि घटना वाली रात दोनों ने किसकिस से बात की थी. इसी दरमियान मृतका कामना के भाई ने पुलिस को बहनोई अशोक के बारे में एक ऐसी चौंकाने वाली जानकारी दी, जिस ने जांच की दिशा ही बदल दी.

पुलिस ने जब अशोक के नंबर की काल डिटेल्स निकलवाई तो पता चला कि घटना वाली रात उस की आखिरी बात मेरठ के सरधना निवासी दीपक शर्मा से हुई थी. उधर रिंकू वर्मा को पकड़ने के लिए भी पुलिस की खोजबीन जारी थी.

इस प्रयास में पुलिस ने रिंकू के कुछ साथियों को पकड़ लिया. उन से रिंकू के बारे में सख्ती से पूछताछ की गई तो पता चला कि रिंकू सालों से नजर नहीं आया. किसी को भी उस का पता नहीं था.

रिंकू के साथियों से मिली जानकारी और कामना के भाई द्वारा बताई गई बातों से पुलिस को यकीन हो गया कि कामना की हत्या के पीछे उस के पति अशोक रोहिल्ला का ही हाथ है. पुलिस को अशोक के खिलाफ कई ठोस सबूत मिल गए थे. अब बस इंतजार था अशोक के स्वस्थ होने का.

2 दिनों बाद नेहरू कालोनी के थानेदार दिलबर नेगी सबूतों के साथ अस्पताल पहुंचे. अशोक आईसीयू से जनरल वार्ड में शिफ्ट हो चुका था. थानेदार नेगी बात घुमानेफिराने की बजाए सीधेसपाट शब्दों में बोले, ‘‘तुम्हारा खेल खत्म हुआ अशोक. अब हमें बता दो कि तुम ने अपनी पत्नी की हत्या क्यों कराई? तुम तो जानते हो कि कानून के हाथ कितने लंबे होते हैं. तुम्हारे तीनों कमीने नगीने कानून के फंदे में फंस गए हैं.’’

हत्यारा अशोक ही था   एसओ नेगी की बात सुन कर अशोक को सांप सूंघ गया. वह अवाक सा दिलबर नेगी का मुंह ताकता रह गया. नेगी ने आगे कहा, ‘‘तुम्हारे बचने के सारे रास्ते बंद हो चुके हैं. सारे सबूत तुम्हारे खिलाफ हैं. पुलिस को सच्चाई पता चल चुकी है.’’

अशोक को काटो तो खून नहीं, गरमी में भी चेहरा सर्द हो गया. वह समझ गया था कि पुलिस को सच्चाई का पता चल चुका है. झूठ बोलने से कोई फायदा नहीं था. अंतत: उस ने अपना जुर्म कबूल कर लिया कि उस ने ही 2 लाख की सुपारी दे कर अपनी पत्नी की हत्या कराई थी. उस ने इस की जो कहानी सुनाई, वह रोंगटे खड़े कर देने वाली थी.

स्वास्थ्य लाभ होने तक पुलिस आरोपी अशोक रोहिल्ला को गिरफ्तार नहीं कर सकी. लेकिन उसे हिरासत में ले कर उस के इर्दगिर्द पुलिस बल बढ़ा दिया गया ताकि वह भाग न सके. कामना रोहिल्ला हत्याकांड की कहानी कुछ इस तरह सामने आई—

35 वर्षीय अशोक रोहिल्ला मूलरूप से मेरठ के सरधना का रहने वाला था. वह देहरादून में रह कर ट्रांसपोर्ट का बिजनैस करता था. माल ढुलाई के लिए उस के पास कई निजी ट्रक थे. ट्रांसपोर्ट कारोबार में उसे अच्छी कमाई होती थी. अशोक के मांबाप और भाईबहन मेरठ में ही रहते थे. अपनी कमाई का बड़ा हिस्सा वह घर खर्च में लगा देता था. उस का भरापूरा समृद्धशाली परिवार था. रुपएपैसों से भी और मानसम्मान से भी.

अशोक भाईबहनों में दूसरे नंबर का था. बचपन से ही मेहनतकश इंसान. मेहनत के बलबूते पर ही उस ने इतनी कम उम्र में बुलंदियों को छुआ था. पैसा आने के बावजूद उस में अभिमान नाम की कोई चीज नहीं थी. बड़ा हो या छोटा, वह सभी का सम्मान करता था.

कारोबार के चलते अशोक रोहिल्ला का ज्यादातर समय देहरादून में बीतता था. बात 2009 की है. देहरादून के जिस इलाके में अशोक का ट्रांसपोर्ट का कारोबार था, उस के औफिस के ठीक सामने एक दुकान पर पीसीओ था.

दुकान पर कभी औसत कदकाठी और साधारण शक्लसूरत की लड़की रेखा बैठती थी, तो कभी उस का भाई सुरेश. अशोक को जब भी कहीं बात करनी होती थी तो वह सुरेश के पीसीओ से ही बात करता था.

वह उस वक्त बात करने जाता था, जब वहां रेखा होती थी. धीरेधीरे अशोक और सुरेश के बीच दोस्ती हो गई. अशोक ने सुरेश से दोस्ती रेखा का सान्निध्य पाने के लिए की थी.

अशोक जवान था और खूबसूरत भी. उम्र के जिस पायदान पर वह खड़ा था, वहां किसी लड़की का सान्निध्य पाने की चाहत स्वाभाविक थी. रेखा जवान हो चुकी थी. उस के अंगअंग से कौमार्य की खुशबू आती थी. रेखा के कौमार्य की खुशबू जब अशोक के दिलोदिमाग तक पहुंची तो वह सुधबुध खो बैठा.

रेखा ने अशोक के मनोभावों को पढ़ लिया था. वह खुद भी सजीले जवान अशोक से प्रभावित थी. प्रेम का बीज दोनों के मन में अंकुरित हो गया था. अभी अशोक और रेखा दिल की जमीन पर मोहब्बत की फसल उगा ही रहे थे कि दोनों के बीच चुपके से एक नई कहानी ने जन्म ले लिया.

एक स्थाई ग्राहक कामना रेखा के पीसीओ पर अकसर बात करने आया करती थी. वह बहुत ज्यादा खूबसूरत तो नहीं थी, लेकिन उस में ऐसा कुछ जरूर था कि लोग उस की ओर आकर्षित हो जाते थे.

अशोक ने जब से कामना को देखा था, वह रेखा को भूल कर उस पर लट्टू हो गया था. जबकि अशोक अच्छी तरह जानता था कि कामना उस के दोस्त सुरेश की प्रेमिका है, फिर भी वह उसे जुनून की हद तक चाहने लगा. अशोक ने उसे हर हाल में अपनी बनाने की सोच ली.

अशोक रोहिल्ला बिजनैसमैन था. उस ने बिजनैसमैन वाला दिमाग इस्तेमाल किया. धीरेधीरे उस ने कामना को अपनी ओर आकर्षित करने की कोशिश की तो वह इस में सफल हो गया.

अशोक ने कामना को बनाया जीवनसाथी  कामना के जिंदगी में आते ही अशोक ने रेखा से मुंह मोड़ लिया था. बहरहाल, अशोक कामना को और कामना उसे प्यार करने लगे. अशोक की बांहों में जाते ही कामना ने पहले प्रेमी सुरेश को अपनी जिंदगी से मक्खी की तरह निकाल दिया. प्रेमिका की बेवफाई को वह सहन न कर सका तो देहरादून छोड़ कर हमेशा के लिए कहीं और चला गया.

अशोक और कामना खुले आसमान में कुलांचे भरने लगे. मोहब्बत की डगर पर चलतेचलते दोनों ने एकदूसरे के बिना जीने की कल्पना ही छोड़ दी. 6 सालों तक लुकाछिपी का खेल खुल कर खेलने के बाद अशोक और कामना ने 2014 में कोर्टमैरिज कर ली.

अब दोनों प्रेमीप्रेमिका से पतिपत्नी बन गए. अदालती विवाह करने के बाद अशोक और कामना नेहरू कालोनी इलाके की पौश कालोनी कामना माता मंदिर रोड पर किराए का फ्लैट ले कर रहने लगे. बाद में दोनों के परिवार वालों ने उन्हें स्वीकार कर लिया और धूमधाम से दोनों की शादी संपन्न हुई.

अशोक का जमाजमाया कारोबार था. दिन में वह अपने काम पर चला जाता था. दूसरी ओर कामना अकेली घर में बोर हो जाती थी. कामना ने इस खाली वक्त का इस्तेमाल करने के लिए बुटीक खोलने का फैसला किया. इस बारे में उस ने अशोक से बात की तो उस ने भी हां कर दी और पैसा लगाने को भी तैयार हो गया.

बुटीक चलाने के लिए उसे जिस भी चीज की जरूरत होती, अशोक ला कर दे देता था. पति के सहयोग से कामना ने मोहल्ले में ही बुटीक खोल लिया. थोड़ी सी मेहनत के बाद उस का बुटीक चल निकला.

2 साल बाद कामना ने एक बेटी को जन्म दिया. दोनों ने बड़े लाड़प्यार से उस का नाम जाह्नवी रखा. जाह्नवी के आने से कामना की जिंदगी और व्यस्त हो गई थी. देखभाल के लिए बेटी को वह अपने साथ बुटीक ले आती थी.

अशोक और कामना की जिंदगी बड़े मजे से कट रही थी. पतिपत्नी दोनों कमा रहे थे. अशोक की बुआ का बेटा रिंकू उर्फ अजय वर्मा अकसर भाईभाभी से मिलने उन के घर आता था. इत्तफाक की बात यह थी कि वह जब भी आता था, उस की मुलाकात अशोक से नहीं हो पाती थी. क्योंकि वह काम के सिलसिले में घर से बाहर रहता था. देवर के रिश्ते को महत्त्व देते हुए कामना उस की खूब खातिरदारी करती थी.

जब अशोक को पता चला कि रिंकू उस की अनुपस्थिति में घर पर पत्नी से मिलने आता है, तो वह पत्नी पर भड़क गया. उस ने कामना से कहा कि जब भी वह घर आए तो उसे बैठाने के बजाए बाहर से ही विदा कर दिया करे. रिंकू अपराधी किस्म का इंसान है.

पुलिस ने उस पर बड़ा ईनाम रख रखा है. उस की वजह से हम भी मुसीबत में आ सकते  हैं. कामना ने पति की बात सुन तो ली लेकिन उस पर अमल नहीं कर पाई. इस के बावजूद अशोक ने खुद भी साफतौर पर रिंकू को घर आने से मना कर दिया.

दरअसल, 6 साल पहले रिंकू ने अपने 6 साथियों के साथ मिल कर एक व्यक्ति की हत्या कर दी थी. उस के बाद रिंकू ने पीछे मुड़ कर नहीं देखा. उस ने ताबड़तोड़ कई बड़े अपराध किए. जल्द ही वह अपराध की दुनिया में कुख्यात हो गया. पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए उस पर बड़ा ईनाम रख दिया.

रिंकू के अपराधी बन जाने के बाद उस के घर वालों ने भी उसे अपनी जिंदगी और संपत्ति से बेदखल कर दिया. जब घर वालों ने रिंकू का परित्याग कर दिया तो उस ने उधर मुड़ कर नहीं देखा. वह रायपुर थाने के शास्त्रीनगर कालोनी में किराए का कमरा ले कर छिपछिपा कर रहने लगा.

अशोक को पता था कि उस के मना करने के बावजूद रिंकू घर आता है और घंटों तक कामना के पास रहता है. यह बात उसे नागवार लगती थी. वह नहीं चाहता था कि रिंकू उस के घर आए और पत्नी से मिले.

इसी बीच अशोक को कहीं से भनक लगी कि कामना और रिंकू के बीच लंबे समय से अवैध संबंध हैं. इसी के चलते रिंकू कामना से मिलने घर आता है और उस के साथ लंबा समय बिताता है.

रिंकू को ले कर पतिपत्नी के बीच विवाद हो गया. कामना ने पति को लाख सफाई दी कि रिंकू के साथ उस का कोई अनैतिक संबंध नहीं है, लेकिन वह इस बात पर यकीन करने के लिए तैयार ही नहीं था. हकीकत भी यही थी कि कामना और रिंकू के बीच कोई अवैध संबंध नहीं था.

पहले रिंकू को लगाया ठिकाने  अशोक के मन में रिंकू नाम की शक की चिंगारी भड़की तो वह शोलों का रूप लेती गई. शक की आग में जलते अशोक ने एक खतरनाक फैसला ले लिया. यह फैसला था रिंकू को रास्ते से हटाने का. उस ने कामना को इस की भनक तक नहीं लगने दी.

योजना के अनुसार, 3 नवंबर, 2018 को अशोक ने रिंकू को अपने जन्मदिन की पार्टी में सहस्त्रधारा रोड स्थित एक मित्र के आवास पर बुलाया, जहां पर रात में पार्टी हुई. उस पार्टी में अशोक के दोस्त दीपक शर्मा, उस का छोटा भाई गौरव शर्मा और परवेज उर्फ बसरू निवासी सरधना, मेरठ शामिल थे.

इस पार्टी में कामना को नहीं बुलाया गया था. दीपक, गौरव और परवेज 4 नवंबर की सुबह रिंकू को नौकरी दिलाने के बहाने अपने साथ ले कर राजस्थान चले गए. जाने के लिए अशोक ने उन्हें कार बुक करा दी थी. रास्ते में परवेज ने धोखे से रिंकू को शराब में जहर दे दिया.  बाद में उसे गला दबा कर मारने के बाद तीनों ने उस की लाश चुरू की झाडि़यों में फेंक दी और देहरादून लौट आए. रिंकू चूंकि घर से बेदखल था, इसलिए किसी ने उसे ढूंढने की कोशिश नहीं की.

अशोक ने कामना के आसपास से भले ही रिंकू नाम के कांटे को सदा के लिए निकाल फेंका था, लेकिन वह अब भी शक की आग में जल रहा था. अशोक के शक करने की बीमारी से दोनों के बीच मतभेद गहरा गए थे. एक छत के नीचे रहते हुए भी उन में बहुत कम बात होती थी, सिर्फ जरूरत भर की.

इस बार अशोक को पता चला कि कामना का किसी फाइनेंसर के साथ चक्कर है. इसे ले कर उन के बीच जो बचेखुचे रिश्ते थे, वे भी खत्म हो गए. परिवार के टूटने से कामना बुरी तरह टूट गई थी. पति को उस ने लाख सफाई देनी चाही, लेकिन वह अपनी गृहस्थी बचाने में कामयाब नहीं हुई.

जो अशोक कभी उसे दिल की गहराइयों से चाहता था, उसी को कामना की सूरत से भी घृणा हो गई थी. बेइंतहा प्यार अब बेइंतहा नफरत में बदल गया था. 5 सालों के भीतर इश्क का आशियाना तिनकातिनका हो कर बिखर गया था. अकेलापन दूर करने के लिए अशोक के दिल में फिर से रेखा के लिए प्यार उमड़ आया. वह एक बार फिर रेखा की बांहों में जा गिरा. अशोक रेखा का पहला प्यार था, वह भी उसे भुला नहीं पाई थी. जब अशोक उस की पनाह में आया तो उस ने उसे दिल में जगह दे दी.

कामना से पति की यह बातें छिपी नहीं रह सकीं. जब उसे पति की सच्चाई पता चली तो घर में महाभारत छिड़ गया. गुस्से में आ कर अशोक ने यहां तक कह दिया कि जाह्नवी उस की बेटी नहीं है, बल्कि किसी और की नाजायज औलाद है. कामना को पति की यह बात दिल में चुभ गई. इस बात को ले कर दोनों के बीच खूब झगड़े हुए.

अशोक रोजरोज की चिकचिक से ऊब गया था और डिप्रेशन में रहने लगा था. अब कामना उसे फूटी आंख नहीं सुहाती थी. अंतत: उस ने पत्नी को रास्ते से हटाने की योजना बना डाली. उस ने 2 लाख में पत्नी की हत्या की सुपारी दे दी. यह काम मेरठ के कस्बा सरधना निवासी दीपक, गौरव और परवेज को करना था. योजना बनी कि घटना को अंजाम देने के बाद हत्या का दोष रिंकू के सिर मढ़ दिया जाएगा. पुलिस रिंकू की तलाश में मारीमारी फिरती रहेगी.

सब कुछ योजना के अनुसार चल रहा था. गौरव शर्मा ने बतौर पेशगी अशोक से एक लाख रुपए ले लिए थे. बाद में उस ने उस से 50 हजार रुपए और लिए. उन रुपयों में से उस ने 30 हजार रुपए का एक रिवौल्वर खरीदा. 28 अगस्त, 2019 की शाम गौरव अपने साथियों दीपक और परवेज को ले कर मेरठ से देहरादून पहुंचा, लेकिन उस दिन सही मौका न मिलने से ये लोग अपने मकसद में कामयाब नहीं हो सके.

29 अगस्त की रात कामना घर का कामकाज निपटा कर बेटी के साथ जल्द सो गई थी. अशोक भी जल्दी घर आ गया था. पत्नी के गहरी नींद में डूबते ही अशोक ने करीब 11 बजे गौरव को फोन कर घर बुला लिया.

गुमराह नहीं हो पाई पुलिस तीनों बदमाश एक होटल में कमरा ले कर ठहरे थे ताकि किसी को उन पर शक न हो. अशोक की ओर से हरी झंडी मिलते ही साढ़े 11 बजे दीपक शर्मा, गौरव शर्मा और परवेज अशोक के घर पहुंच गए. अशोक के घर में चारों ओर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए थे. गौरव ने देखा तो सहम गया. उस ने अशोक से कैमरे औफ करने के लिए कहा तो उस ने कैमरे बंद कर दिए.

खैर, अशोक ने तीनों को ड्राइंग रूम में बैठाया. गौरव ने उस से कामना के बारे में पूछा तो उस ने कमरे की ओर इशारा कर के बता दिया कि वह कमरे में सो रही है. उस के साथ बेटी भी सो रही है. उसे कुछ नहीं होना चाहिए. इशारे से अशोक ने उसे समझाया तो उस ने सिर हिला कर भरोसा दिया कि बच्ची को कुछ नहीं होगा.

तीनों बदमाश दबे पांव उस कमरे में पहुंचे, जहां कामना गहरी नींद में सो रही थी. गौरव ने कमर से पिस्टल निकाला और उस के सिर के पीछे सटा कर ट्रिगर दबा दिया. गोली उस की दाईं आंख को चीरती हुई पार हो गई और बैड में जा धंसी. कुछ पल के लिए कामना हिली, फिर शांत हो गई.

पुलिस को गुमराह करने के लिए अशोक ने गौरव से उस पर भी फायर करने के लिए कह दिया था ताकि लगे कि बदमाश लूट की नीयत से घर में घुसे थे. विरोध करने पर उन्होंने कामना और उस के पति को गोली मार दी, जिस में कामना की मौत हो गई और यह बच गया. अशोक के कहने पर गौरव ने उसे पीछे से गोली मारी. गोली अशोक की पीठ और पेट को चीरती हुई दीवार में धंसी.

उस के बाद गौरव, दीपक और परवेज सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर उखाड़ अपने साथ ले गए ताकि पुलिस उन तक किसी भी कीमत पर न पहुंच सके, लेकिन वे अपने मकसद में सफल नहीं हो सके. पुलिस काल डिटेल्स और सर्विलांस के जरिए कातिलों तक पहुंच ही गई. अशोक ने रिंकू को फंसा कर पुलिस को उलझाने की जो तरकीब निकाली थी, वह धरी की धरी रह गई.

पुलिस ने रिंकू और कामना की हत्या के लिए दीपक शर्मा, गौरव शर्मा, अशोक रोहिल्ला और परवेज के खिलाफ हत्या और आपराधिक षडयंत्र रचने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया. रिंकू की लाश का पता लगाने के लिए पुलिस तीनों आरोपियों दीपक, गौरव और परवेज को ले कर राजस्थान के चुरू गई,

लेकिन उस की लाश नहीं मिल सकी.  शक की बीमारी ने न जाने कितनी गृहस्थियां उजाड़ी हैं. अशोक के साथ यही हुआ. अगर उस ने विवेक से काम लिया होता तो कामना जिंदा होती और वह जेल के बाहर.

रेखा और सुरेश परिवर्तित नाम है. कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

जिस्मफरोशी के नए अड्डे

इटावा के सिविल लाइंस क्षेत्र में रहने वाले उमेश शर्मा बैंक औफ बड़ौदा में सीनियर मैनेजर थे. वह 2 साल पहले रिटायर हो गए थे. रिटायर होने के बाद उन्होंने खुद को समाजसेवा में लगा दिया था. अपनी सेहत के प्रति वह सजग रहते थे, इसीलिए वाकिंग करने नियमित विक्टोरिया पार्क में जाते थे.

इटावा का विक्टोरिया पार्क वैसे भी पर्यटक स्थल के रूप में जाना जाता है. पहले यहां एक बहुत बड़ा पक्का तालाब था. ब्रिटिश शासनकाल में महारानी विक्टोरिया यहां आई थीं तो उन्होंने इस पक्के तालाब में नौका विहार किया था. इस के बाद यहां विक्टोरिया मैमोरियल की स्थापना हुई. अब यह पार्क एक रमणीक स्थल बन गया है.

एक दिन उमेश शर्मा विक्टोरिया पार्क गए तो वहां उन की मुलाकात देवेश कुमार से हुई जो उन का दोस्त था. उसे देख कर वह चौंक गए. क्योंकि 50-55 की उम्र में भी वह एकदम फिट था. उमेश शर्मा उस से 8-10 साल पहले तब मिले थे, जब देवेश कुमार की पत्नी का देहांत हुआ था.

वर्षों बाद दोनों मिले तो वे पार्क में एक बेंच पर बैठ कर बतियाने लगे. उमेश ने महसूस किया कि पत्नी के गुजर जाने के बाद देवेश पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा था, वह पहले से ज्यादा खुश दिखाई दे रहा था.

काफी देर तक दोनों इधरउधर की बातें करते रहे. उसी दौरान उमेश शर्मा ने पूछा, ‘‘देवेश यार, यह बताओ तुम्हारी सेहत का राज क्या है. लगता है भाभीजी के गुजर जाने के बाद

तुम्हारे ऊपर फिर से जवानी आई है. क्या खाते हो तुम, जो तुम्हारी उम्र ठहर गई है.’’

‘‘उमेश भाई, खानापीना तो कोई खास नहीं है. मैं भी वही 2 टाइम रोटी खाता हूं जो आप खाते हो. लेकिन मैं अपनी मसाज पर ज्यादा ध्यान देता हूं.’’ देवेश बोला.

‘‘मसाजऽऽ’’ उमेश शर्मा चौंके.

‘‘हां भई, मैं सप्ताह में 1-2 बार मसाज जरूर कराता हूं.’’

‘‘लगता है, मसाज किसी अच्छे मसाजिए से कराते हो?’’ उमेश शर्मा ने ठिठोली की.

‘‘सही कह रहे हैं आप, मैं जिन से मसाज कराता हूं वे सारे मसाजिए बहुत अनुभवी हैं. वे शरीर की नसनस खोल देते हैं. आप भी एक बार करा कर देखो, फिर आप को भी ऐसी आदत पड़ जाएगी कि शौकीन बन जाओगे.’’ देवेश ने कहा.

‘‘अरे भाई, आप ठहरे बड़े बिजनैसमैन और हम रिटायर्ड कर्मचारी, इसलिए हम भला आप की होड़ कैसे कर सकते हैं. सरकार से जो पेंशन मिलती है, उस से गुजारा हो जाए वही बहुत है. वैसे जानकारी के लिए यह तो बता दो कि मसाज कराते कहां हो?’’ उमेश शर्मा ने पूछा.

‘‘उमेश भाई, आप अभी तक सीधे ही रहे. मैं आप के सिविल लाइंस एरिया के ही ग्लैमर मसाज सेंटर पर जाता हूं. वहां पर लड़कियां जिस अंदाज में मसाज के साथ दूसरे तरह का जो मजा देती हैं, वह काबिलेतारीफ है. आप को तो पता ही है कि मैं शौकीनमिजाज हूं, लड़कियों का कद्रदान.’’ देवेश ने बताया.

‘‘देवेश, तुम इस उम्र में भी नहीं सुधरे.’’ उमेश शर्मा बोले.

‘‘देखो भाई, मेरा जिंदगी जीने का तरीका अलग है. मैं लाइफ में फुल एंजौय करता हूं. कमाई के साथ लाइफ में एंजौय भी जरूरी है. भाई उमेश, मैं अपने तजुर्बे की बात आप को बता रहा हूं. देखो, मैं ने कृष्णानगर के वेलकम स्पा सेंटर के अलावा अन्य कई होटलों में चल रहे मसाज सेंटरों की सेवाएं ली हैं, लेकिन जितना मजा मुझे ग्लैमर मसाज सेंटर में आता है, उतना कहीं और नहीं आया.

ग्लैमर मसाज सेंटर की संचालिका कविता स्कूल, कालेज गर्ल से ले कर हाउसवाइफ तक उपलब्ध कराने में माहिर है. मेरी बात मानो तो एक बार आप भी मेरे साथ चल कर जलवे देख लो.’’ देवेश ने उमेश शर्मा को उकसाया.

‘‘नहीं देवेश, आप को तो पता है कि मैं इस तरह के कामों से बहुत दूर रहता हूं.’’ उमेश शर्मा ने कहा. कुछ देर बात करने के बाद दोनों अपनेअपने रास्ते चले गए.

देवेश से बातचीत में उमेश शर्मा को चौंकाने वाली जानकारी मिली थी. वह यह जान कर आश्चर्यचकित थे कि उन की कालोनी में मसाज सेंटर के नाम पर जिस्मफरोशी का धंधा चल रहा था और उन्हें जानकारी तक नहीं थी. इस धंधे में स्कूल कालेज की लड़कियों को फांस कर ये लोग उन की जिंदगी तबाह कर रहे थे. चूंकि उमेश शर्मा खुद समाजसेवी थे, इसलिए वह इस बात पर विचार करने लगे कि जिस्मफरोशी के अड्डों को कैसे बंद कराया जाए.

उमेश शर्मा का इटावा के एसएसपी संतोष कुमार मिश्रा से परिचय था. वह सामाजिक क्रियाकलापों को ले कर एसएसपी साहब से कई बार मुलाकात कर चुके थे. लिहाजा उन्होंने सोच लिया कि इस बारे में एसएसपी से मुलाकात करेंगे. और फिर एक दिन एसएसपी संतोष कुमार मिश्रा से मिल कर उमेश शर्मा ने उन्हें स्पा और मसाज सेंटरों की आड़ में चल रहे जिस्मफरोशी के धंधे की जानकारी दे दी.

एसएसपी ने इस सूचना को गंभीरता से लिया. जैसी उन्हें सूचना मिली, उस के अनुसार यह धंधा शहर की पौश कालोनियों के अलावा कुछ होटलों में भी चल रहा था. इसलिए उन्होंने  सूचना की पुष्टि के लिए अपने खास सिपहसालारों तथा मुखबिरों को लगा दिया और उन से एक सप्ताह के अंदर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा.

एक सप्ताह बाद मुखबिरों व सिपहसालारों ने जो रिपोर्ट एसएसपी संतोष कुमार मिश्र के समक्ष पेश की, वह चौंकाने वाली थी. उन्होंने बताया कि स्पा और मसाज सेंटरों में ही नहीं, बल्कि शहर के कई मोहल्लों में देहव्यापार जोरों से चल रहा है. उन्होंने कुछ ऐसे मकानों की भी जानकारी दी, जहां किराएदार बन कर रहने वाली महिलाएं देह व्यापार में संलग्न थीं.

रिपोर्ट मिलने के बाद एसएसपी ने एएसपी (सिटी) डा. रामयश सिंह, एएसपी (ग्रामीण) रामबदन सिंह, महिला थानाप्रभारी सुभद्रा कुमारी, क्राइम ब्रांच तथा 1090 वूमन हेल्पलाइन की प्रमुख मालती सिंह को बुला कर एक महत्त्वपूर्ण बैठक बुलाई.

बैठक में एसएसपी ने शहर में पनप रहे देह व्यापार के संबंध में चर्चा की तथा उन अड्डों पर छापा मारने की अतिगुप्त रूपरेखा तैयार की. इस का नाम उन्होंने ‘औपरेशन क्लीन’ रखा.

इस के लिए उन्होंने 4 टीमों का गठन किया. टीमों के निर्देशन की कमान एएसपी (सिटी) डा. रामयश तथा एएसपी (ग्रामीण) रामबदन सिंह को सौंपी गई.

योजना के अनुसार 22 सितंबर, 2019 की रात 8 बजे चारों टीमों ने सब से पहले सिविल लाइंस स्थित ग्लैमर मसाज सेंटर पर छापा मारा. छापा पड़ते ही मसाज सेंटर में अफरातफारी मच गई. यहां से पुलिस ने संचालिका सहित 4 महिलाओं तथा 3 पुरुषों को गिरफ्तार किया.

काउंटर पर बैठी महिला को छोड़ कर सभी महिलापुरुष अर्धनग्न अवस्था में पकड़े गए थे. इन में एक छात्रा भी थी. उस का स्कूल बैग भी बरामद हुआ.

मसाज सेंटर पर छापा मारने के बाद संयुक्त टीमों ने कृष्णानगर स्थित वेलकम स्पा सेंटर पर छापा मारा. यहां से पुलिस टीम ने नग्नावस्था में 2 पुरुष तथा 2 महिलाओं को पकड़ा. पकड़े जाने के बाद वे सभी छोड़ देने को गिड़गिड़ाते रहे, लेकिन पुलिस ने उन की एक नहीं सुनी.

इस के बाद पुलिस ने स्टेशन रोड स्थित एक मकान पर छापा मारा. पूछने पर पता चला कि पकड़ी गई महिला तथा पुरुष पतिपत्नी हैं. पति ही पत्नी की दलाली करता था. पत्नी के साथ एक ग्राहक भी पकड़ा गया. इस मकान से पुलिस ने 2 संदिग्ध महिलाओं को भी गिरफ्तार किया. लेकिन जब उन दोनों से पूछताछ की गई तो वे निर्दोष साबित हुईं. अत: उन दोनों को पुलिस ने छोड़ दिया.

पुलिस टीमों को सफलता पर सफलता मिलती जा रही थी. अत: टीमों का हौसला भी बढ़ता जा रहा था. इस के बाद पुलिस ने चंद्रनगर, शांतिनगर तथा सैफई रोड स्थित कुछ मकानों पर छापा मारा और वहां से 7 महिलाओं तथा 8 पुरुषों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया. पकड़ी गई युवतियों में 2 छात्राएं थीं जो कालेज जाने के बहाने घर से निकली थीं और देह व्यापार के अड्डे पर पहुंच गई थीं.

पुलिस टीम ने शहर के 2 होटलों तथा एक रेस्तरां पर भी छापा मारा लेकिन यहां से कोई नहीं पकड़ा गया. हालांकि होटल से 2 प्रेमी जोड़ों से पूछताछ की गई, पूछताछ में पता चला कि उन की शादी तय हो चुकी थी, इसलिए पुलिस ने उन्हें जाने दिया. रेस्तरां से पुलिस ने एक शादीशुदा जोड़े से भी पूछताछ की, जो रिलेशनशिप में रह रहे थे. वेरीफिकेशन के बाद पुलिस ने उन्हें भी जाने दिया.

छापे में पुलिस टीमों ने 14 कालगर्ल्स तथा 15 ग्राहकों को पकड़ा था. कालगर्ल्स को महिला थाना तथा पुरुषों को सिविल लाइंस थाने में बंद किया गया. महिला थानाप्रभारी सुभद्रा कुमारी वर्मा ने कालगर्ल्स से पूछताछ की.

पकड़ी कालगर्ल्स नेहा, माया, कविता, पूनम, गौरी, रिया, शमा, रीतू, साधना, शालू, अर्चना, दीपा, अमिता तथा मानसी थीं, वहीं जो ग्राहक गिरफ्तार हुए थे, उन के नाम पंकज, मनोज, अशोक, सुनील, अमन, आलोक, रमेश, पवन, रोहित, विक्की, उमेश, राजू, महेश, मनीष तथा प्रमोद थे. ये सभी इटावा, भरथना, इकदिल तथा बकेवर के रहने वाले थे.

अभियुक्तों की गिरफ्तारी की सूचना पर एसएसपी संतोष कुमार मिश्रा भी महिला थाने पहुंच गए. वहीं पर उन्होंने प्रैस कौन्फ्रैंस आयोजित कर पत्रकारों को विभिन्न जगहों से गिरफ्तार की गई कालगर्ल्स और ग्राहकों की जानकारी दी.

कहीं खुद पति पत्नी का दलाल तो कहीं मजबूर लड़कियां  पकड़ी गई कालगर्ल्स से विस्तृत पूछताछ की गई तो सभी ने इस धंधे में आने की अलगअलग कहानी बताई. नेहा मूलरूप से इटावा जिले के लखुना कस्बे की रहने वाली थी. 3 भाईबहनों में वह सब से बड़ी थी. उस के पिता एक ज्वैलर्स के यहां काम करते थे.

पिता को मामूली वेतन मिलता था, जिस से परिवार का भरणपोषण भी मुश्किल से होता था. भरणपोषण के लिए कभीकभी उन्हें कर्ज भी लेना पड़ जाता था. जब वह इस कर्ज को समय पर चुकता नहीं कर पाते थे, तो उन्हें बेइज्जत भी होना पड़ता था.

नेहा बेहद खूबसूरत थी. वह कस्बे के बाल भारती स्कूल में 10वीं की छात्रा थी. 16-17 साल की उम्र ही ऐसी होती है कि लड़कियां खुली आंखों से सपने देखने लगती हैं. नेहा भी इस का अपवाद नहीं थी. उम्र के तकाजे ने उस पर भी असर किया और वह इंटरमीडिएट में पढ़ने वाले अर्जुन से दिल लगा बैठी. दोनों का प्यार परवान चढ़ा तो उन के प्यार के चर्चे होने लगे.

पिता को जब नेहा के बहकते कदमों की जानकारी हुई तो वह चिंता में पड़ गए. नेहा उन की पीठ में इज्जत का छुरा घोंप कर कोई दूसरा कदम उठाए, उस के पहले ही उन्होंने उस की शादी करने का फैसला किया. दौड़धूप के बाद उन्होंने नेहा का विवाह इकदिल कस्बा निवासी गोपीनाथ के बेटे मनोज से कर दिया.

खूबसूरत नेहा से शादी कर के मनोज बहुत खुश हुआ. शादी के एक साल बाद नेहा एक बेटे की मां बन गई, जिस का नाम हर्ष रखा गया. बस इस के कुछ दिनों बाद से ही नेहा मनोज की नजरों से उतरनी शुरू हो गई.

इस की वजह यह थी कि शादी के बाद भी नेहा मायके के प्रेमी अर्जुन को भुला नहीं पाई थी. वह नेहा से मिलने आताजाता रहता था. यह बात मनोज को भी पता चल गई थी.

वक्त गुजरता गया. वक्त के साथ मनोज के मन में यह शक भी बढ़ता गया कि हर्ष उस की नहीं बल्कि अर्जुन की औलाद है. हर्ष की पैदाइश को ले कर मनोज नेहा से कुछ कहता तो वह चिढ़ कर झगड़ा करने लगती. रोजरोज के झगड़े से तंग आ कर एक रोज उस ने पति को सलाह दी कि अगर तुम्हें लगता है कि अर्जुन से अब भी मेरे संबंध हैं तो यह घर छोड़ कर इटावा शहर में बस जाओ.

नेहा की यह बात मनोज को अच्छी लगी. मनोज का दोस्त अनुज इटावा शहर में ठेकेदारी करता था. उस ने इटावा जा कर अनुज से बात की. अनुज ने अपने स्तर से उसे अपने यहां काम पर लगा लिया और स्टेशन रोड स्थित एक मकान में किराए पर कमरा दिलवा दिया. मनोज अपने बीवीबच्चे को वहीं ले आया.

शहर आ कर मनोज ने चैन की सांस ली. उस के मन से अर्जुन को ले कर जो शक बैठ गया था, वह धीरेधीरे उतरने लगा. नेहा ने भी सुकून की सांस ली कि अब उस के घर में कलह बंद हो गई. दोनों के दिन हंसीखुशी से बीतने लगे.

पर खुशियों के दिन अधिक समय तक टिक न सके. दरअसल, इटावा शहर आ कर मनोज को भी शराब की लत लग गई थी. पहले वह बाहर से पी कर आता था, बाद में दोस्तों के साथ घर में ही शराब की महफिल जमाने लगा. रोज शराब पीने से एक ओर मनोज जहां कर्ज में डूबता जा रहा था, वहीं कुछ दिनों से नेहा ने महसूस किया कि पति के दोस्त शराब पीने के बहाने उस की सुंदरता की आंच में आंखें सेंकने आते हैं. ऐसे दोस्तों में एक अनुज भी था.

नेहा ने कई बार मनोज से कहा भी कि वह छिछोरे दोस्तों को घर न लाया करे, लेकिन वह नहीं माना. मनोज क्या करना चाहता है, नेहा समझ नहीं पा रही थी. जब तक वह समझी, तब तक बहुत देर हो चुकी थी.

एक शाम मनोज काम से कुछ जल्दी घर  आ गया. आते ही बोला, ‘‘नेहा, तुम सजसंवर लो. तुम्हें मेरे साथ चलना है. हम वहां नहीं गए तो वह बुरा मान जाएगा.’’

नेहा खुश हो गई. मुसकरा कर बोली, ‘‘आज बड़े मूड में लग रहे हो. वैसे यह तो बता दो कि जाना कहां है?’’

‘‘मेरे दोस्त अनुज को तुम जानती हो. आज उस ने हमें खाने पर बुलाया है.’’ मनोज ने कहा.

मनोज ने बीवी को ही झोंका धंधे में  अनुज का नाम सुनते ही नेहा के माथे पर शिकन पड़ गई, क्योंकि उस की नजर में अनुज अच्छा आदमी नहीं था. मनोज के साथ घर में बैठ कर वह कई बार शराब पी चुका था और नशे में उसे घूरघूर कर देखता रहता था. नेहा की इच्छा तो हुई कि वह साफ मना कर दे, लेकिन उस ने मना इसलिए नहीं किया कि मनोज का मूड खराब हो जाएगा. वह गालियां बकनी शुरू कर देगा और घर में कलह होगी.

नेहा नहाधो कर जाने को तैयार हो गई तो मनोज आटो ले आया. दोनों आटो से अनुज के घर की ओर चल पड़े. थोड़ी देर में आटो रुका तो नेहा समझ गई कि अनुज का घर आ गया है. मनोज ने दरवाजा थपथपाया तो दरवाजा अनुज ने ही खोला. मनोज के साथ नेहा को देख कर अनुज का चेहरा चमक उठा. उस ने हंस कर दोनों का स्वागत किया और उन्हें भीतर ले गया.

घर के भीतर सन्नाटा भांयभांय कर रहा था. सन्नाटा देख कर नेहा अनुज से पूछ बैठी, ‘‘आप की पत्नी नजर नहीं आ रहीं, कहां हैं?’’

‘‘वह बच्चों को ले कर मायके गई है.’’ अनुज ने हंस कर बताया.  नेहा ने पति को घूर कर देखा तो वह बोला, ‘‘थोड़ी देर की तो बात है, खापी कर हम घर लौट चलेंगे.’’

अनुज किचन से गिलास और नमकीन ले कर आ गया. पैग बने, चीयर्स के साथ जाम टकराए और दोनों दोस्त अपना हलक तर करने लगे. फिर तो ज्योंज्यों नशा चढ़ता गया, त्योंत्यों दोनों अश्लील हरकतें व भद्दा मजाक करने लगे. पीने के बाद तीनों ने एक साथ बैठ कर खाना खाया. खाना खाने के बाद मनोज पास पड़ी चारपाई पर जा कर लुढ़क गया.

इसी बीच अनुज ने नेहा को अपनी बांहों में जकड़ लिया और अश्लील हरकतें करने लगा. नेहा ने विरोध किया और इज्जत बचाने के लिए पति से गुहार लगाई. लेकिन मनोज उसे बचाने नहीं आया. अनुज ने उसे तभी छोड़ा जब अपनी हसरतें पूरी कर लीं.

उस के बाद दोनों घर आ गए. जैसेतैसे रात बीती. सुबह मनोज जब काम पर जाने लगा तो उस से बोला, ‘‘नेहा, तुम सजसंवर कर शाम को तैयार रहना. आज रात को भी हमें एक पार्टी में चलना है.’’

नेहा ने उसे सुलगती निगाहों से देखा, ‘‘आज फिर किसी दोस्त के घर पार्टी है…’’

मनोज मुसकराया, ‘‘बहुत समझदार हो.  मेरे बिना बताए ही समझ गई. जल्दी से अमीर बनने का यही रास्ता है.’’ मनोज ने जेब से 2 हजार रुपए निकाल कर नेहा को दिए, ‘‘यह देखो, अनुज ने दिए हैं. इस के अलावा एक हजार रुपए का कर्ज भी उस ने माफ कर दिया.’’

नेहा की आंखें आश्चर्य से फट रह गईं. मनोज ने उस से देह व्यापार कराना शुरू कर दिया था. कल कराया. आज के लिए उस ने ग्राहक तय कर के रखा हुआ था. शाम को मनोज ने नेहा को साथ चलने को कहा तो उस ने मना कर दिया. इस पर मनोज ने उसे लातघूंसों से पीटा और जबरदस्ती अपने साथ ले गया.

इस के बाद तो यह एक नियम सा बन गया. मनोज रात को रोजाना नेहा को आटो से कहीं ले जाता. वहां से दोनों कभी देर रात घर लौटते, तो कभी सुबह आते. कभी मनोज अकेला ही रात को घर आता, जबकि नेहा की वापसी सुबह होती. नेहा भी इस काम में पूरी तरह रम गई.

धीरेधीरे जब ग्राहकों की संख्या बढ़ी तो नेहा ग्राहकों को अपने घर पर ही बुलाने लगी. छापे वाले दिन मनोज ने जिस्मफरोशी के लिए 2 ग्राहक तैयार किए थे. पहला ग्राहक मौजमस्ती कर के चला गया था, दूसरा ग्राहक सुनील जब नेहा के साथ था, तभी पुलिस टीम ने छापा मारा और वे तीनों पकड़े गए.

पुलिस द्वारा पकड़ी गई पूनम इकदिल कस्बे में रहती थी. उस के मांबाप की मृत्यु हो चुकी थी. एक आवारा भाई था, जो शराब के नशे में डूबा रहता था. कम उम्र में ही पूनम को देह सुख का चस्का लग गया था. पहले वह देह सुख एवं आनंद के लिए युवकों से दोस्ती गांठती थी, फिर वह उन से अपनी फरमाइशें पूरी कराने लगी. यह सब करतेकरते वह कब देहजीवा बन गई, स्वयं उसे भी पता नहीं चला.

पूनम को भिन्नभिन्न यौन रुचि वाले पुरुष मिले तो वह सैक्स की हर विधा में निपुण हो गई. अमन नाम का युवक तो पूनम का मुरीद बन गया था. अमन शादीशुदा और 2 बच्चों का पिता था.

पूनम और अमन की जोड़ी उस की पत्नी साधारण रंगरूप की थी. वह कपड़े का व्यापार करता था और इटावा के सिविल लाइंस मोहल्ले में रहता था. अमन को जब भी जरूरत होती, वह पनूम को फोन कर होटल में बुला लेता.

एक रात अमन से पूनम बोली, ‘‘अमन क्यों न हम दोनों मिल कर स्पा खोल लें. मसाज की आड़ में वहां देहव्यापार कराएंगे. शौकीन अमीरों को नया अनुभव और उन्माद मिलेगा तो हमारे स्पा में ग्राहकों की भीड़ लगी रहेगी. थोड़े समय में हम दोनों लाखों में खेलने लगेंगे.’’

पूनम का यह आइडिया अमन को पसंद आया. चूंकि वह स्वयं बाजारू औरतों का रसिया था, इसलिए जानता था कि देह व्यापार से अधिक मजेदार और कमाऊ धंधा कोई दूसरा नहीं. हालांकि इस धंधे में पुलिस द्वारा पकड़े जाने का अंदेशा बना रहता है, पर जोखिम लिए बिना पैसा भी तो छप्पर फाड़ कर नहीं बरसता.

आधा पैसा अमन ने लगाया, आधा पूनम ने. फिफ्टीफिफ्टी के पार्टनर बन कर दोनों ने कृष्णानगर स्थित किराए के मकान में वेलकम स्पा खोल लिया. यह लगभग एक साल पहले की बात है.

चूंकि पूनम खुद कालगर्ल थी, इसलिए अनेक देहजीवाओं से उस की दोस्ती थी. उन में से ही कुछ देहजीवाओं को उस ने मसाजर के तौर पर स्पा में रख लिया. वे केवल नाम की मसाजर थीं, वे तो केवल अंगुलियों के कमाल से कस्टमर की भावनाएं जगाने और बेकाबू होने की सीमा तक भड़काने में माहिर थीं. कस्टमर भी ऐसे आते थे, जिन्हें मसाज से कोई वास्ता नहीं था. कामपिपासा शांत करने के लिए उन्हें हसीन बदन चाहिए होता था.

चंद दिनों में ही स्पा की आड़ में देह व्यापार कराने का अमन और पूनम का यह धंधा चल निकला. स्पा के दरवाजे हर आदमी के लिए खुले रहते थे. शर्त केवल यह थी कि जेब में माल होना चाहिए.

बीच शहर में खुल्लमखुल्ला देह व्यापार होता रहे और पुलिस को खबर न हो, यह संभव नहीं होता.

वेलकम स्पा में होने वाले देह व्यापार की जानकारी स्थानीय थाना पुलिस को थी, पर किसी वजह से वह आंखें बंद किए थी. एसएसपी संतोष कुमार मिश्रा ने जब औपरेशन क्लीन चलाया, तब छापा पड़ा और स्पा से 2 पुरुष अमन, आलोक तथा 2 महिलाएं पूनम व माया देह व्यापार करते पकड़ी गईं.

पुलिस टीम द्वारा छापे में पकड़ी गई कविता बकेवर कस्बे की रहने वाली थी. उस के पिता कानपुर में पनकी स्थित एक प्लास्टिक फैक्ट्री में काम करते थे. लेकिन कुछ वर्ष पूर्व संदिग्ध परिस्थितियों में उन की मौत हो गई थी.

पति की मौत के बाद कविता की मां ने स्वयं को टूट कर बिखरने नहीं दिया. कभी स्वरोजगार तो कभी मेहनत मजदूरी कर के अपना और बेटी कविता की परवरिश करती रही. वक्त थोड़ा आगे बढ़ा.

कविता ने किशोरावस्था में प्रवेश किया. चेहरे पर लुनाई झलक मारने लगी. कच्ची कली मसलने के शौकीनों को यही तो चाहिए था. कविता को बड़ा लालच दे कर वे एकांत में उस के संग बड़ेबड़े काम करने लगे. कुछ ही समय बाद कविता कली से फूल बन गई. कविता को जो बुलाता, उस के साथ चली जाती.

जिस्मानी खेल में कविता को आनंद तो बहुत मिला पर बदनामी भी कम नहीं हुई. कस्बे में वह बदनाम लड़की के रूप में जानी जाने लगी. बेटी की करतूतें मां के कानों तक पहुंचीं तो उस ने सिर पीट लिया, ‘‘मुझ विधवा के पास एक इज्जत थी, वह भी इस लड़की ने लुटा दी. मैं तो हर तरह से कंगाल हो गई.’’

बेटी गलत राह पर चलने लगे तो हर मांबाप को उसे सुधारने की एक ही राह सूझती है शादी. कविता की मां ने भी उस का विवाह रोहित के साथ कर दिया. रोहित इटावा के सिविल लाइंस में रहता था और गल्लामंडी में काम करता था.

रोहित टूट कर चाहने वाला पति था. वह अपनी हैसियत के दायरे में कविता की फरमाइश भी पूरी करता था. इसलिए कविता रम गई. 3-4 साल मजे से गुजरे, उस के बाद कविता को रोहित बासी लगने लगा. पति से अरुचि हुई तो कविता का मन अतीत में खोने लगा.

इन्हीं दिनों कविता की मुलाकात स्पा संचालिका पूनम से हुई. उस ने कविता को मसाज पार्लर खोलने की सलाह दी. यही नहीं, पूनम ने कविता को मसाज पार्लर चलाने के गुर भी सिखाए. पूनम की सलाह पर पति के सहयोग से कविता ने सिविल लाइंस में ग्लैमर मसाज सेंटर खोला. कविता ने मसाज के लिए कुछ देहजीवाओं को भी रख लिया.

शुरूशुरू में उसे मसाज पार्लर में कमाई नहीं हुई. लेकिन जब उस ने मसाज की आड़ में देह व्यापार शुरू किया तो नोटों की बरसात होने लगी. औपरेशन क्लीन के तहत जब कविता के मसाज सेंटर पर छापा पड़ा तो यहां से 4 युवतियां कविता, गौरी, रिया तथा शमा और 3 पुरुष रोहित, उमेश व पवन पकड़े गए.

पुलिस छापे में पकड़ी गई अर्चना कच्ची बस्ती इटावा की रहने वाली थी. अर्चना को उस के पिता रामप्रसाद ने ही बरबाद कर दिया था. 30 वर्षीय अर्चना शादीशुदा थी. उस का विवाह जय सिंह के साथ हुआ था. जय सिंह में मर्दों वाली बात नहीं थी. सो अर्चना ससुराल छोड़ कर मायके में आ कर रहने लगी थी. उस ने पिता को साफ बता दिया था कि अब वह ससुराल नहीं जाएगी.

रामप्रसाद तनहा जिंदगी गुजार रहा था. उस की पत्नी की मौत हो चुकी थी और बड़ा बेटा अलग रहता था. जब अर्चना ससुराल छोड़ कर आ गई तो रामप्रसाद की रोटीपानी की दिक्कत खत्म हो गई. अर्चना ने पिता की देखभाल की जिम्मेदारी संभाल ली. अर्चना ने अपना बिस्तर पिता के कमरे में ही बिछा लिया.

रामप्रसाद हर रात अर्चना के खुले अंग देखता था. उन्हीं को देखतेदेखते उस के मन में पाप समाने लगा. वह भूल गया कि अर्चना उस की बेटी है. मन में नकारात्मक एवं गंदे विचार आने लगे. वह हवस पूरी करने का मौका देखने लगा.

एक रात अर्चना गहरी नींद सो रही थी, तभी रामप्रसाद उठा और अर्चना की गोरी, सुडौल और चिकनी पिंडलियों को सहलाने लगा. रामप्रसाद की अंगुलियों की हरकत से अर्चना हड़बड़ा कर उठ बैठी, ‘‘पिताजी यह क्या कर रहे हो?’’

रामप्रसाद ने घबराने के बजाए अर्चना को दबोच लिया और उस के कान में फुसफुसाया, ‘‘चुप रह, शोर मचाने की कोशिश की तो मुझ से बुरा कोई नहीं होगा.’’

अर्चना ने हवस में अंधे हो चुके पिता को दूर धकेलने की कोशिश की. उसे पवित्र रिश्ता याद दिलाया. मगर रामप्रसाद ने उसे अपनी हसरत पूरी करने के बाद ही छोड़ा. इस के बाद यह खेल हर रात शुरू हो गया. अर्चना को भी आनंद आने लगा. जब दोनों का स्वार्थ एक हो गया तो पवित्र रिश्ते की पुस्तक में पाप का एक अलिखित समझौता हो गया.

लगभग एक साल तक बापबेटी रिश्ते को कलंकित करते रहे. उस के बाद अर्चना का मन बूढ़े बाप से भर गया. अब वह मजबूत बांहों की तलाश में घर के बाहर ताकझांक करने लगी. एक रोज उस की मुलाकात एक कालगर्ल संचालिका से हो गई. उस ने उसे पैसों और देहसुख का लालच दे कर देह व्यापार के धंधे में उतार दिया.

छापे में पकड़ी गई रीतू, शालू और साधना (काल्पनिक नाम) हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की छात्राएं थीं. तीनों गरीब परिवार की थीं. उन्हें ऊंचे ख्वाब और महंगे शौक ने यह धंधा करने को मजबूर किया. देह व्यापार में लिप्त संचालिकाओं ने इन छात्राओं को सब्जबाग दिखाए. हाथ में महंगा मोबाइल तथा रुपए थमाए, फिर देहधंधे में उतार दिया.

ये छात्राएं स्कूलकालेज जाने की बात कह कर घर से निकलती थीं और देह व्यापार के अड्डे पर पहुंच जाती थीं. घर आने में कभी देर हो जाती तो वे एक्स्ट्रा क्लास का बहाना बना देतीं. पकड़े जाने पर जब पुलिस ने उन के घर वालों को जानकारी दी तो वह अवाक रह गए. उन का सिर शर्म से झुक गया.

कुछ कहानियां मजबूरी की  छापा पड़ने के दौरान पकड़ी गई अमिता, मानसी व काजल घरेलू महिलाएं थीं. आर्थिक तंगी के कारण इन्हें देह व्यापार का धंधा अपनाना पड़ा. अमिता नौकरी के बहाने घर से निकलती थी और देह व्यापार के अड्डे पर पहुंच जाती थी. मानसी का पति टीबी का मरीज था. दवा और घर खर्च के लिए उस ने यह धंधा अपनाया.

2 बच्चों की मां काजल की उस के पति से नहीं बनती थी, इसलिए वह पति से अलग रहती थी. घर खर्च, बच्चों की पढ़ाई तथा मकान के किराए के लिए उसे यह धंधा अपनाना पड़ा.

पुलिस द्वारा पकड़े गए अय्याशों में 3 महेश, मनीष और राजू दोस्त थे. तीनों चंद्रनगर में रहते थे और एक ही फैक्ट्री में काम करते थे. विक्की, रमेश और पंकज ठेकेदारों के साथ काम करते थे और कृष्णानगर में रहते थे. उमेश और अशोक प्राइवेट नौकरी करते थे. ये भरथना के रहने वाले थे.

पुलिस ने थाना सिविललाइंस में आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार अधिनियम 1956 की धारा 3, 4, 5, 6, 7, 8 और 9 के तहत केस दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया.        —कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित, कथा में कुछ पात्रों के नाम काल्पनिक हैं.

दोस्ती की कमजोर छत

सुरेशचंद्र रोहरा   

छत्तीसगढ़ के जिला महासमुंद के गांव किशनपुर में मनहरण उर्फ मोनो और दुर्गेश उर्फ पुस्तम की दोस्ती एक मिसाल बन चुकी थी. लोग उन की दोस्ती की नजीर दिया करते थे. दोनों का ही एकदूसरे के घर खूब आनाजाना था.

करीब 6 महीने पहले मनहरण की शादी आरती से हुई थी. दोनों की गृहस्थी ठीक चल रही थी. दुर्गेश को पिथौरा में आरटीओ एजेंट से काम था. उस ने सोचा कि पहले मनहरण के घर जाएगा, वहां से उसे साथ ले कर एजेंट के पास चला जाएगा. यही सोच कर वह सुबह 8 बजे मनहरण के घर चला गया. मनहरण की पत्नी आरती नहाने के बाद नाश्ता तैयार करने के लिए किचन में जा रही थी, तभी दरवाजे पर दस्तक हुई. आरती ने दरवाजा खोला तो दुर्गेश को आया देख कर मुसकराई. वह बोली, ‘‘भैया आप? आओ, अंदर आओ.’’

उस समय आरती बेहद खूबसूरत लग रही थी. दुर्गेश उसे निहारता रह गया. आरती उसे कमरे में ले गई. मनहरण उस समय सो रहा था. आरती दुर्गेश को बैठा कर चाय बनाने लगी. दुर्गेश आरती के खयालों में खो सा गया. कुछ ही देर में वह दुर्गेश के लिए चाय बना कर ले आई. आरती उसे खोया देख बोली, ‘‘क्या बात है भैया, कहां खो गए? लो, चाय पी लो.’’

‘‘कुछ नहीं भाभी, बस यूं ही… मनहरण कहां है, दिखाई नहीं दे रहा.’’ दुर्गेश ने पूछा.

‘‘अभी सो रहे हैं. मैं उठाती हूं.’’ कह कर वह पति को जगाने चली गई.  दुर्गेश के आने की बात सुन कर मनहरण ने बिस्तर छोड़ दिया. वह दुर्गेश के पास पहुंच कर बोला, ‘‘अरे यार, तुम बैठो मैं तुरंत तैयार होता हूं. बस 5 मिनट में…’’

इस बीच आरती दुर्गेश के पास बैठी बतियाती रही. उस दौरान दुर्गेश उसे चाहत की नजरों से देखता रहा. इस बात को आरती ने महसूस किया तो उस ने दुर्गेश को टोका, ‘‘क्या बात है दुर्गेश भैया, ऐसा क्या है जो मुझे इतनी गौर से देखे जा रहे हो?’’

दुर्गेश ने साहस कर के कहा, ‘‘भाभी, मैं देख रहा हूं कि आप कितनी खूबसूरत हैं. आप की मिसाल तो पूरी दुनिया में नहीं मिलेगी. मेरा दोस्त कितना भाग्यशाली है, जो आप उसे मिली हैं.’’ चाय की चुस्कियां लेते हुए दुर्गेश बोला.

‘‘तुम जरूर झूठी तारीफ कर रहे हो. कुछ लोग दोस्त की पत्नी की झूठी तारीफ इसलिए करते हैं कि समय पर चायनाश्ता मिलता रहे.’’ कह कर आरती रसोई की ओर जाने लगी तो दुर्गेश ने कहा, ‘‘भाभी, एक बात कहूं.’’

आरती ने ठिठकते हुए रुक कर उस की ओर देखा तो वह बोला, ‘‘मैं जो भी कह रहा हूं सौ फीसदी सही है. आप इसे दिल बहलाने वाली बात मत समझना. आप वाकई…’’

आरती ने हंस कर कहा, ‘‘अच्छा भैया, तुम्हारी पत्नी खूबसूरत नहीं है क्या, बताओ तो. मैं आज ही तुम्हारे यहां आ धमकूंगी और सब कुछ बता दूंगी.’’

यह सुन कर दुर्गेश ने साहस के साथ कहा, ‘‘ऐसा है तो आप आज शाम को ही हमारे यहां आ जाओ. आप का स्वागत है. और हां, मेरी बात सही हुई तो मुझे क्या दोगी?’’

‘‘मैं भला तुम्हें क्या दूंगी? मगर मैं इतना जरूर जानती हूं कि तुम बिलावजह मेरी प्रशंसा कर रहे हो. तुम्हारी पत्नी रेशमा को मैं ने देखा है, समझे न.’’ आरती मुसकराते हुए बोली.

आरती कमरे से फिर जाने को हुई तो दुर्गेश ने रुकने का अनुरोध किया लेकिन वह उस की बातें अनसुनी कर के किचन में चली गई.

दोस्त की बीवी पर गंदी नजर

थोड़ी देर में मनहरण नहा कर बाहर आया और नाश्ता कर दुर्गेश के साथ चला गया.

इस के बाद दुर्गेश किसी न किसी बहाने मनहरण के घर आनेजाने लगा. दुर्गेश की आंखों के आगे बस आरती घूमती रहती थी. अब वह उसे पाने के उपाय खोजने लगा था. वह यह भी भूल गया था कि आरती उस के जिगरी दोस्त मनहरण की जीवनसंगिनी है.

पति की गैरमौजूदगी में भी दुर्गेश आरती से मिलता तो वह उसे पूरा सम्मान देती थी. लेकिन उस की नजरों की भाषा को समझते हुए वह खुद संयम से रहती थी.

एक दिन जब मनहरण घर पर नहीं था, तो दुर्गेश आ धमका और आरती से अधिकारपूर्वक बोला, ‘‘भाभी, आज मेरे सिर में बड़ा दर्द हो रहा है. मैं ने सोचा कि आप के हाथों की चाय पी लूं तो शायद सिरदर्द गायब हो जाए.’’

आरती ने स्वाभाविक रूप से उस का स्वागत किया और कहा, ‘‘बैठिए, मैं चाय बना कर लाती हूं. लेकिन भैया, यह तो बताओ कि मेरी बनाई चाय में ऐसा क्या जादू है, जो तुम ठीक हो जाओगे. और हां, रेशमा की चाय में ऐसा क्या नहीं है, जो तुम्हारा सिरदर्द ठीक नहीं होगा.’’ कह कर आरती हंसने लगी.

‘‘भाभी, मेरा यह मर्ज आप नहीं समझोगी.’’ वह बोला.

‘‘क्यों…क्यों नहीं समझूंगी. मुझे समझाओ मैं कोशिश करूंगी.’’ आरती ने भोलेपन से कहा.

‘‘भाभी, एक गाना है न ‘तुम्हीं ने दर्द दिया है, तुम्हीं दवा देना’ तो यह समझो कि दर्द तुम्हारा ही दिया हुआ है इसलिए यह तुम्हारी ही दवाई से ठीक भी होगा. इसलिए जल्द से चाय बना कर पिला दो.’’

आरती समझ रही थी कि दुर्गेश कुछ ज्यादा ही बहकने लगा है, इसलिए एक दिन उस ने पति को दुर्गेश की हरकतों का हवाला देते हुए सारी बातें विस्तार से बता दीं.

पति की गैरमौजूदगी में दुर्गेश के आनेजाने का मतलब आरती समझ रही थी. वह पति का दोस्त था, इसलिए वह उसे घर आने को मना भी नहीं कर सकती थी. उस का आदरसत्कार करना उस की मजबूरी थी. लेकिन दुर्गेश के वहां आने का मकसद कुछ और ही था.

एक दिन दुर्गेश आरती के यहां पहुंचा तो आरती उस के लिए चाय बना कर लाई. चाय पीते समय आरती बोली, ‘‘दुर्गेश भैया, मैं बहुत दिनों से आप से एक सवाल पूछना चाहती थी. सचसच बताओगे?’’

सुन कर दुर्गेश खिल उठा. उसे लगा कि बस उस की बात बन गई. आरती कुछ ऐसा कहेगी कि उस की मनोकामना पूरी हो जाने का रास्ता खुल जाएगा.

‘‘भाभी, आप एक क्या 2 बातें पूछो.’’ दुर्गेश खुश हो कर बोला.

‘‘भैया, पिछले साल एक मर्डर हुआ था, जिस में तुम्हारे बड़े भाई जेल में हैं, वो क्या मामला था?’’ आरती बोली.

आरती की बातें सुन कर दुर्गेश मानो आसमान से जमीन पर आ गिरा. वह सोचने लगा कि भाई द्वारा मर्डर करने की बात आरती को पता है. उस ने तत्काल बातों को घुमाया और कहने लगा, ‘‘कुछ नहीं भाभी, मेरे भैया को झूठा फंसाया गया था. भैया तो देवता समान आदमी हैं, वे भला किसी का मर्डर क्यों करेंगे. मैं तुम को सब कुछ बता दूंगा कि सच्चाई क्या है, मगर फिर किसी दिन…’’ दुर्गेश ने आरती की आंखों में डूबते हुए कहा.

‘‘ठीक है, बता देना.’’ कह कर आरती कमरे से निकलने को हुई कि तभी दुर्गेश ने पीछे से आ कर उसे बांहों में भर लिया. आरती ने किसी तरह उस के चंगुल से छूट कर कहा, ‘‘दुर्गेश भैया, यह तुम क्या कर रहे हो. शर्म आनी चाहिए तुम्हें. मैं तुम्हें जो सम्मान देती हूं, उस का तुम यह सिला दे रहे हो. अपनी मर्यादा में रहो. आइंदा अगर तुम ने ऐसी हरकत की तो अच्छा नहीं होगा.’’

इसी बीच मनहरण भी आ गया. उस ने पत्नी की सारी बातें सुन ली थीं लेकिन अपने हावभाव से उस ने यह बात दुर्गेश को महसूस नहीं होने दी. कुछ देर तक दुर्गेश और मनहरण इधरउधर की बातें करते रहे. इस के बाद दुर्गेश वहां से चला गया.

मनहरण हकीकत जान गया था  उस रात आरती ने पति को दुर्गेश के क्रियाकलापों से अवगत कराया. उस ने कहा कि वह अपने दोस्त को समझाने की कोशिश करे. मनहरण ने पत्नी की ओर उचटती निगाह डालते हुए कहा, ‘‘मैं ने उस की हरकतें देख ली हैं और तुम्हारी बातें भी सुन ली हैं. सच कहूं, मुझे तुम पर गर्व है.’’

यह सुन कर आरती के चेहरे पर मुसकान तैरने लगी. वह बोली, ‘‘मैं ने आज उसे सही तरह से डांट दिया है और तुम भी आ गए थे. अब वह दोबारा गलत हरकत नहीं करेगा.’’

‘‘और अगर करेगा तो मैं उसे हमेशा के लिए सही कर दूंगा.’’ मनहरण के स्वर में कठोरता थी.

‘‘यह आप क्या कह रहे हो?’’ आरती घबराते हुए बोली, ‘‘क्या मतलब है तुम्हारा?’’

‘‘कुछ नहीं, मैं उसे अच्छी तरह समझा दूंगा. वह सोचता है कि उस के भाई फूल सिंह ने 4 मर्डर किए हैं तो उस की वजह से मैं डर जाऊंगा. वह बेवकूफ है. फूल सिंह अपनी करनी का फल जेल में भोग रहा है. देखना यह भी भोगेगा.’’ वह गुस्से में बोला.

‘‘देखो जी, वह तुम्हारा दोस्त है, उसे प्रेम से समझा कर मामला खत्म करना है. हमें बात का बतंगड़ नहीं बनाना है, समझे. वादा करो मुझ से…’’ आरती ने कहा.

‘‘ठीक है, चलो अब सो जाओ. मुझे नींद आ रही है.’’ कह कर मनहरण ने करवट बदल कर सोने का अभिनय किया. मगर सच तो यह था कि उस की आंखों की नींद उड़ चुकी थी.

7 सितंबर, 2019 की शाम को जब मनहरण और दुर्गेश मिले तो दोनों एकदम सामान्य थे. ऐसे जैसे उन के बीच कुछ हुआ ही न हो. मनहरण ने कहा, ‘‘यार, मैं ने देशी माल बनवाया है.’’

मनहरण दुर्गेश को किशनपुर के पास स्थित गांव रामपुर ले गया, जहां मनहरण के लिए पहले से ही देशी शराब तैयार थी. उसे ले कर दोनों कटरा नाले के पास बैठ गए. उसी समय दुर्गेश का एक दोस्त सूरज वहां आ टपका. तीनों ने एक साथ शराब पीनी शुरू की.

मनहरण ने उस दिन पहले से ही मन ही मन एक योजना बना ली थी. उसी के तहत उस ने खुद कम शराब पी. दुर्गेश और सूरज को ज्यादा पिलाता चला गया. जब दोनों मदहोश हुए तो अपनेअपने घर जाने को तैयार हो गए, मगर दुर्गेश और सूरज ने इतनी ज्यादा पी ली थी कि दोनों के पैर लड़खड़ाने लगे.

सूरज अभी 16 साल का ही था. वह चलतेचलते साइकिल सहित सड़क पर गिर गया. उधर मनहरण दोनों की गतिविधियों पर नजर रखे हुए था. जब दुर्गेश पर शराब का नशा चढ़ा तो वह भी एक खेत के पास गिर गया.

शराब पिला कर मार डाला  मनहरण इसी मौके की तलाश में था. वह दुर्गेश के पास बैठा सोचता रहा कि आखिर सोचीसमझी योजना को मूर्तरूप कैसे दिया जाए. तभी दुर्गेश को हलका होश सा आने लगा तो वह उठ बैठा.

‘‘तुम तो शेर हो यार, तुम ढेर कैसे हो गए.’’ मनहरण ने व्यंग्य बुझा तीर चलाया.

‘‘नहींनहीं, मैं ठीक हूं. चलो.’’ दुर्गेश बोला.

‘‘कहां जाओगे, पहले मेरी बात तो सुन लो. तुम कमीने हो, नीच आदमी हो, तुम ने मेरी बीवी का हाथ पकड़ कर उसे छेड़ा. तुम से मुझे ऐसी उम्मीद नहीं थी.’’ मनहरण गुस्से में कहता चला गया, ‘‘मैं ने बहुत बरदाश्त किया, लेकिन तुम दोस्ती के लायक नहीं निकले.’’

दुर्गेश पर ज्यादा नशा सवार था. नशे में मनहरण की ओर देख कर बोला, ‘‘यार, तू इतनी छोटी सी बात पर गुस्सा हो रहा है. दोस्ती में यह सब तो चलता है भाई. एक रोटी को मिलबांट कर खाना चाहिए.’’

मनहरण को गुस्सा आ गया. वह बोला, ‘‘तुम नीच सोच के आदमी निकले, इसलिए आज मैं तुम्हें मौत की सजा दूंगा. और सुनो, बोल कर मार रहा हूं.’’

यह कह कर मनहरण दुर्गेश पर टूट पड़ा और उसे लातघूंसों से मारता रहा. शराब के नशे में दुर्गेश विरोध भी नहीं कर सका. मनहरण ने लस्तपस्त पड़े दुर्गेश को अंतत: गला दबा कर मार डाला और गालियां देते हुए अपने घर चला गया.

जब रात को दुर्गेश घर नहीं पहुंचा, तो उस के घर वालों को चिंता हुई. पिता कन्हैया यादव उसे ढूंढने निकले. सुबह जब उन की मुलाकात मनहरण से हुई तो मनहरण ने दुर्गेश से कई दिनों से मुलाकात न होने की बात कही.

8 सितंबर तक दुर्गेश का कहीं पता नहीं चला. परिवार के लोग यह सोचते रहे कि दुर्गेश कहीं बाहर तो नहीं चला गया, मगर 9 सितंबर को सुबह रामपुर गांव का तीरथराम जब अपने खेत पर पहुंचा तो वहां एक आदमी की लाश पड़ी देख उस के होश उड़ गए.

उस ने कोटवार (चौकीदार) समयलाल और सरपंच को घटना की जानकारी दी. कोटवार ने पिथौरा के थानाप्रभारी दीपेश जायसवाल को घटना की सूचना मिली तो वह घटनास्थल पर पहुंच गए.

वहां मौजूद लोगों ने मृतक की शिनाख्त दुर्गेश उर्फ पुस्तम के रूप में की. थानाप्रभारी ने जरूरी काररवाई कर के लाश पोस्टमार्टम के लिए भेज दी.

जांच अधिकारी दीपेश जायसवाल को जानकारी मिली कि दुर्गेश मनहरण का जिगरी दोस्त था. पुलिस ने मनहरण को यह सोच कर पूछताछ के लिए थाने बुलाया कि शायद उस से हत्यारे के बारे में कोई सुराग मिल जाए.

लेकिन मनहरण ने इस मामले से पल्ला झाड़ लिया. तभी पुलिस सूरज को हिरासत में ले कर थाने लौट आई.

दरअसल, पुलिस को जानकारी मिली थी कि मृतक दुर्गेश, मनहरण और सूरज ने कल शाम एक साथ बैठ कर शराब पी थी. सूरज को आया देख कर मनहरण समझ गया कि अब उस का झूठ नहीं चल सकता, इसलिए वह टूट गया.

मनहरण ने पुलिस के सामने स्वीकार कर लिया कि पत्नी आरती के साथ छेड़छाड़ की वजह से उस ने अपने दोस्त दुर्गेश की हत्या की थी. उस से पूछताछ के बाद पुलिस ने मनहरण उर्फ मोनो को दुर्गेश उर्फ पुस्तम की हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया. जबकि सूरज को बेकसूर पाए जाने पर थाने से घर भेज दिया.

दोस्ती एक ऐसा रिश्ता है, जो कभीकभी सगे भाई से भी बेहतर साबित होता है. लेकिन जब यह रिश्ता वासनामय हो कर दोस्त की पत्नी का दामन छूने लगे तो अंजाम भयानक ही होता है. अगर समाज में आप को रिश्ते बनाए रखने हैं तो रिश्तों की मर्यादा को समझिए और उन का सम्मान बनाए रखिए.