डेढ़ करोड़ का विश्वास

घटना 14 जुलाई, 2020 की है. उस रोज राम गोयल सो कर उठे तो घर का अस्तव्यस्त हाल देख कर उन के होश उड़ गए. कमरे में तिजोरी खुली पड़ी थी, जिस में रखी कई किलोग्राम सोनाचांदी व नकदी सब गायब थी. यह देख कर घर में हड़कंप मच गया.

राम गोयल को पता चला कि घर से 3 किलो सोने और चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान गायब है. इस के अलावा परिवार के साथ रह रही बेटी की नौकरानी अनुष्का, जो दिल्ली से आई थी, वह भी गायब थी. अनुष्का राम गोयल की बेटीदामाद की नौकरानी थी. वह उन के बच्चों की देखभाल करती थी.

जून, 2020 महीने में राम गोयल की बेटी एक समारोह में शामिल होने के लिए दिल्ली से राजगढ़ अपने पिता के यहां आई थी. बेटी के बच्चों की देखभाल के लिए अनुष्का भी उस के साथ आ गई थी. इसलिए पिछले एक महीने से वह राम गोयल के घर पर ही रह रही थी.

वह एक नेपाली लड़की थी. नेपाली अपनी बहादुरी और ईमानदारी के लिए बहुत प्रसिद्ध हैं. राम गोयल की भी अनुष्का के प्रति यही सोच थी. लेकिन कुछ ही समय में अनुष्का अपना असली रंग दिखा कर करोड़ों का माल साफ कर के भाग चुकी थी.

घटना की रात अनुष्का ने अपने हाथ से कढ़ी और खिचड़ी बना कर पूरे परिवार को खिलाई थी. खाने के बाद पूरा परिवार गहरी नींद में सो गया. जाहिर था, खाने में कोई नशीली चीज मिलाई गई थी, जिस के असर से घर में हलचल होने के बावजूद किसी सदस्य की आंख नहीं खुली.

इस बात की खबर मिलते ही थाना पचोर के टीआई डी.पी. लोहिया तुरंत पुलिस टीम के साथ राम गोयल के यहां पहुंचे तथा उन्होंने मौकामुआयना कर सारी घटना की जानकारी एसपी प्रदीप शर्मा को दी. कुछ ही देर में एसपी शर्मा भी मौके पर पहुंच गए.

घटनास्थल की जांच करने के बाद एसपी प्रदीप शर्मा ने आरोपियों को पकड़ने के लिए एडिशनल एसपी नवलसिंह सिसोदिया के निर्देशन में एक टीम गठित कर दी.

टीम में एसडीपीओ पदमसिंह बघेल, टीआई डी.पी. लोहिया, एसआई धर्मेंद्र शर्मा, शैलेंद्र सिंह, साइबर सैल टीम प्रभारी रामकुमार रघुवंशी, एसआई जितेंद्र अजनारे, आरक्षक मोइन खान, दिनेश किरार, शशांक यादव, रवि कुशवाह एवं आरक्षक राजकिशोर गुर्जर, राजवीर बघेल, दुबे अर्जुन राजपूत, अजय राजपूत, सुदामा, कैलाश और पल्लवी सोलंकी को शामिल किया गया.

इधर लौकडाउन के चलते पुलिस का एक काम आसान हो गया था. टीआई लोहिया जानते थे कि लौकडाउन के दिनों में ट्रेन, बस बंद हैं इसलिए लुटेरी नौकरानी अनुष्का ने पचोर से भागने के लिए किसी प्राइवेट वाहन का उपयोग किया होगा.

क्योंकि इतनी बड़ी चोरी एक अकेली लड़की नहीं कर सकती, इसलिए उस के कुछ साथी भी जरूर रहे होंगे. अनुष्का कुछ समय पहले ही दिल्ली से आई थी. टीआई लोहिया ने अनुष्का का मोबाइल नंबर हासिल कर उसे सर्विलांस पर लगा दिया. इस के अलावा उस के फोन की काल डिटेल्स भी निकलवाई.

काल डिटेल्स से पता चला कि अनुष्का एक फोन नंबर पर लगातार बातें करती थी और ताज्जुब की बात यह थी कि वारदात वाले दिन उस फोन नंबर की लोकेशन पचोर टावर क्षेत्र में थी. जाहिर था कि वह मोबाइल वाला व्यक्ति अनुष्का का कोई साथी रहा होगा, जो उस के बुलाने पर ही घटना को अंजाम देने राजगढ़ आया होगा.

एसपी प्रदीप शर्मा के निर्देश पर टीआई लोहिया की टीम पचोर क्षेत्र में हर चौराहे, हर पौइंट, हर क्रौसिंग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुट गई. इसी कवायद में एक संदिग्ध कार पुलिस की नजर में आई, जिस का रजिस्ट्रेशन नंबर यूपी-14एफ-टी2355 था.

टीआई लोहिया समझ गए कि चोर शायद इसी गाड़ी में सवार हो कर पचोर आए और घटना को अंजाम दे कर फरार हो गए. इसलिए पुलिस की एक टीम ने पचोर से व्यावह हो कर गुना और ग्वालियर तक के रास्ते में पड़ने वाले टोल नाकों के कैमरे चैक कर उस गाड़ी के आनेजाने का रूट पता कर लिया.

जांच में पता चला कि उक्त नंबर की कार दिल्ली के उत्तम नगर के रहने वाले मनोज कालरा के नाम से रजिस्टर्ड थी, इसलिए तुरंत एक टीम दिल्ली भेजी गई. टीम ने मनोज कालरा को तलाश कर उस से पूछताछ की तो उस ने बताया कि वह किराए पर गाडि़यां देने का काम करता है. उक्त नंबर की कार उस ने एक नौकर पवन उर्फ पद्म नेपाली के माध्यम से 12 जुलाई को इंदौर के लिए बुक की थी.

जबकि इस कार के ड्राइवर से पूछताछ की गई तो उस ने बताया कि 13 जुलाई, 2020 को 3 युवक उसे शादी में जाने की बात बोल कर पचोर ले गए थे. दिल्ली पहुंची पुलिस टीम सारी जानकारी एसपी प्रदीप शर्मा से शेयर कर रही थी. इस से एसपी प्रदीप शर्मा समझ गए कि उन की टीम सही दिशा में आगे बढ़ रही है.

लेकिन वे जल्द से जल्द चोरों को पकड़ना चाहते थे, क्योंकि उन्हें आशंका थी कि देर होने पर आरोपी माल सहित नेपाल भाग सकते हैं. ड्राइवर ने यह भी बताया कि वापसी में सभी लोगों को उस ने दिल्ली में बदरपुर बौर्डर पर बस स्टैंड के पास छोड़ा था.

अब पुलिस को जरूरत थी उन तीनों नेपाली लड़कों की पहचान कराने की, जो दिल्ली से गाड़ी ले कर पचोर आए थे.

इस के लिए पुलिस ने दिल्ली में रहने वाले सैकड़ों नेपाली परिवारों से संपर्क किया. शक के आधार पर 16 लोगों को हिरासत में ले कर पूछताछ की. जिस में एक नया नाम सामने आया बिलाल अहमद का, जो लोगों को घरेलू नौकर उपलब्ध कराने के लिए एशियन मेड सर्विस की एजेंसी चलाता था.

बिलाल ने पुलिस को बताया कि अनुष्का उस के पास आई थी, उस की सिफारिश सरिता पति नवराज शर्मा ने की थी. जिसे उस ने दिल्ली में एक बच्ची की देखभाल के लिए नौकरी पर लगवा दिया था.

जांच के दौरान पुलिस टीम को पवन थापा के बारे में जानकारी मिली. पता चला कि पवन ही वह आदमी है जो उन तीनों लोगों को दिल्ली से पचोर ले कर आया था. पवन भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया. उस ने पूछताछ में बताया कि उत्तम नगर के सम्राट उर्फ वीरामान ने टैक्सी बुक की थी, जिस के लिए उसे15 हजार रुपए एडवांस भी दिए थे.

इस से पुलिस को पूरा शक हो गया कि इस मामले में सम्राट की खास भूमिका हो सकती है. दूसरी बात यह पुलिस समझ चुकी थी कि इस बड़ी चोरी के सभी आरोपी उत्तम नगर के आसपास के हो सकते हैं. इसलिए न केवल पुलिस सतर्क हो गई, बल्कि अन्य आरोपियों की रैकी भी करने लगी.

आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदल रहे थे, इसलिए तकनीकी टीम के प्रभारी एसआई रामकुमार रघुवंशी और आरक्षक मोइन खान ने चाय व समोसे वाला बन कर उन की रैकी करनी शुरू कर दी, जिस से जल्द ही जानकारी हासिल कर सम्राट उर्फ वीरामान धामी को गिरफ्तार कर लिया गया.

पूछताछ में वीरामान पहले तो कुछ भी बताने की राजी नहीं था. लेकिन जब उस ने मुंह खोला तो चौंकाने वाला सच सामने आया.

वास्तव में वीरामान खुद वारदात करने के लिए पचोर जाने वाली टीम में शामिल था. अन्य 2 पुरुषों और महिला के बारे में पूछताछ की तो सम्राट ने बताया कि अनुष्का अपने प्रेमी तेज के साथ नई दिल्ली के बदरपुर इलाके में रहती है.

पुलिस ने बदरपुर इलाके में छापेमारी कर के दोनों को वहां से गिरफ्तार कर उन के पास से चोरी का माल बरामद कर लिया. यहां तेज रोक्यो और अनुष्का उर्फ आशु उर्फ कुशलता भूखेल के साथ उन का तीसरा साथी भरतलाल थापा भी पुलिस गिरफ्त में आ गए.

मौके पर की गई पूछताछ के बाद दिल्ली गई पुलिस टीम ने दिल्ली पुलिस की मदद से मामले के मुख्य आरोपी वीरामान उर्फ सम्राट मूल निवासी धनगढ़ी, नेपाल, अनुष्का उर्फ आशु उर्फ कुशलता भूखेल निवासी जनकपुर, तेज रोक्यो मूल निवासी जिला अछम, नेपाल, भरतलाल थापा को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की थी.

इस के अलावा आरोपियों को पचोर तक कार बुक करने वाला पवन थापा निवासी उत्तम नगर नई दिल्ली, बेहोशी की दवा उपलब्ध कराने वाला कमल सिंह ठाकुर निवासी जिला बजरा नेपाल, चोरी के जेवरात खरीदने वाला मोहम्मद हुसैन निवासी जैन कालोनी उत्तम नगर, जेवरात को गलाने में सहायता करने वाला विक्रांत निवासी उत्तम नगर भी पुलिस के हत्थे चढ़ गए.

अनुष्का को कंपनी में काम पर लगवाने वाली सरिता शर्मा निवासी किशनपुरा, नोएडा तथा अनुष्का को नौकरानी के काम पर लगाने वाला बिलाल अहमद उर्फ सोनू निवासी जामिया नगर, नई दिल्ली को गिरफ्तार कर के बरामद माल सहित पचोर लौट आई. जहां एसपी श्री शर्मा ने पत्रकार वार्ता में महज 7 दिनों के अंदर जिले में हुई चोरी की सब से बड़ी घटना का राज उजागर कर दिया.

अनुष्का ने बताया कि राम गोयल का पूरा परिवार उस पर विश्वास करता था. इसलिए परिवार के अन्य लोगों की तरह अनुष्का भी घर में हर जगह आतीजाती थी. एक दिन उस के सामने घर की तिजोरी खोली गई तो उस में रखी ज्वैलरी और नकदी देख कर उस की आंखें चौंधिया गईं और उस के मन में लालच आ गया. यह बात जब उस ने दिल्ली में बैठे अपने प्रेमी तेज रोक्यो को बताई तो उसी ने उसे तिजोरी पर हाथ साफ करने की सलाह दी.

योजना को अंजाम देने के लिए उस का प्रेमी तेज रोक्यो ही दिल्ली से बेहोशी की दवा ले कर पचोर आया था. वह दवा उस ने रात में खिचड़ी में मिला कर पूरे परिवार को खिला दी. जिस से खिचड़ी खाते ही पूरा परिवार गहरी नींद में सो गया. तब अनुष्का अलमारी में भरा सारा माल ले कर पे्रमी के संग चंपत हो गई. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एक करोड़ 53 लाख रुपए का चोरी का सामान और नकदी बरामद कर ली.

पुलिस ने सभी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया. मामले की जांच टीआई डी.पी. लोहिया कर रहे थे.

बलात्कारियों को मिली अंतिम सांस तक उम्रकैद

31अगस्त, 2018 को चंडीगढ़ के अतिरिक्त जिला न्यायाधीश पूनम आर. जोशी की अदालत में कुछ ज्यादा ही गहमागहमी थी. अदालत की काररवाई शुरू होने से पहले ही वकील, कई सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, पत्रकार वगैरह कोर्टरूम में पहुंच चुके थे.

इस फास्टट्रैक कोर्ट में उस दिन एक ऐसे केस का फैसला सुनाया जाना था, जिस की चर्चा पंजाब में ही नहीं बल्कि पूरे देश में हुई थी. मामले के मीडिया में चर्चित बने रहने की वजह से केस की सुनवाई फास्टट्रैक कोर्ट में हुई थी. मात्र 122 दिनों में कोर्ट ने पूरी सुनवाई पूरी कर आरोपियों को 27 अगस्त को दोषी ठहरा कर 31 अगस्त को फैसला सुनाने का दिन मुकर्रर कर दिया था.

माननीय न्यायाधीश पूनम आर. जोशी निर्धारित समय पर कोर्ट में पहुंचीं. उन्होंने सब से पहले केस की फाइल पर नजर डाली. फिर सामने कटघरे की तरफ देखा. तीनों दोषी मोहम्मद इरफान, किस्मत अली और मोहम्मद गरीब कटघरे में मुंह लटकाए खड़े थे. उन्हें शायद इस बात का अंदेशा हो गया था कि अदालत उन्हें सख्त सजा ही सुनाएगी, इसलिए उन के चेहरों पर हवाइयां उड़ी हुई थीं.

अदालत का फैसला जानने से पहले उस मामले के बारे में जान लिया जाए तो बेहतर होगा, जिसे सौल्व करने के लिए पंजाब पुलिस ने रातदिन एक कर दिया था. चंडीगढ़ के विभिन्न थानों के तेजतर्रार पुलिस अधिकारियों के अलावा इस मामले के इनवैस्टीगेशन में क्राइम ब्रांच और साइबर सेल का भी सहयोग लिया गया था.

बात 17 नवंबर, 2017 की है. देहरादून निवासी 21 वर्षीय रमा शाम के करीब 7 बजे चंडीगढ़ के सेक्टर-37 स्थित कोचिंग सेंटर से अपनी कोचिंग क्लास खत्म कर के जैसे ही बाहर निकली, उस के घर वालों का देहरादून से फोन आ गया. वह फोन पर बातें करते हुए औटो पकड़ने के लिए मेनरोड पर स्थित बसस्टाप पर पहुंच गई.

फोन पर बात करते करते ही उस ने औटो रुकवाया. उस के बाद वह औटो में बैठ गई. औटो में पहले से ही 2 सवारियां बैठी हुई थीं, जिन की ओर रमा ने ध्यान नहीं दिया था. वह फोन पर बातें करने में व्यस्त थी.

रमा चंडीगढ़ की एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करती थी. नौकरी के अलावा उस ने सेक्टर-37 के एक कोचिंग सेंटर में कोचिंग लेनी भी शुरू की थी. उस का कोचिंग में वह तीसरा दिन था. कुछ दूर आगे चलने के बाद औटो ड्राइवर ने पैट्रोल भरवाने की बात कहते हुए औटो सेक्टर-42 की ओर मोड़ दिया.

रमा ने वहीं उतारने की बात कही तो औटो ड्राइवर ने अपनी बेटी की बीमारी की बात कह कर उसे औटो से न उतरने को कहा. फलस्वरूप वह औटो में ही बैठी रही. इस दौरान औटो ड्राइवर उसे बच्ची बच्ची कह कर अपनी बेटी और उस की बीमारी की कहानी सुना कर सांत्वना जुटाता रहा.

बाद में सेक्टर-42 स्थित पैट्रोल पंप के पास आ कर औटो रुक गया. औटो ड्राइवर और दोनों सवारियां औटो को धक्का मार कर अंदर ले गए थे, क्योंकि औटो में पैट्रोल खत्म हो गया था.

औटो में पैट्रोल भरवा कर ड्राइवर ने सेक्टर-43 से यू टर्न लिया. सेक्टर-53 पहुंच कर ड्राइवर ने औटो को स्लिप रोड पर ले लिया. कुछ दूर आगे जा कर ड्राइवर ने औटो खराब होने का नाटक करते हुए औटो रोक लिया.

ड्राइवर ने औटो खराब होने की बात कही, तो रमा औटो से उतर गई और ड्राइवर को पैसे देने लगी. वह कोई दूसरा औटो पकड़ कर जल्द जाना चाहती थी, क्योंकि पैट्रोल वगैरह के चक्कर में उस का काफी समय बरबाद हो चुका था और उसे घर जाने की जल्दी थी.

रमा औटो ड्राइवर को किराए के पैसे देने ही वाली थी कि पीछे बैठे दोनों युवकों ने उसे औटो के अंदर खींच लिया. यह देख ड्राइवर ने औटो दौड़ा दिया और एक सुनसान जगह पर ले गया. रमा ने विरोध करते हुए शोर मचाना चाहा तो युवकों ने उस का मुंह बंद कर दिया, जिस से वह शोर नहीं मचा सकी.

सुनसान जगह पर पहुंचने के बाद तीनों रमा को औटो से निकाल कर पास के जंगली एरिया में ले गए. वहां तीनों ने मिल कर उस के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया. दुष्कर्म के बाद उन्होंने रमा को चाकू दिखाते हुए चुप रहने की धमकी दी. इस से वह बुरी तरह डर गई.

वारदात को अंजाम देने के बाद वे तीनों रमा को छोड़ कर वहां से भाग निकले थे. साथ ही वे रमा का मोबाइल भी ले गए थे. रमा लड़खड़ाते कदमों से किसी तरह मेन रोड पर पहुंची और उस ने एक बाइक सवार को रोक कर अपनी आपबीती सुनाई. उस बाइक सवार की मदद से उस ने फोन द्वारा अपने साथ घटी घटना की सूचना पुलिस को दी.

सूचना मिलते ही सेक्टर-36 के एसएचओ इंसपेक्टर नसीब सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए. वह रमा को सेक्टर-16 के सरकारी अस्पताल ले गए. रमा गहरे सदमे में थी.

पुलिस हुई सक्रिय

मामला एक छात्रा से संबंधित था, इसलिए खबर मिलते ही डीएसपी (साउथ) और एसएसपी नीलांबरी विजय जगदले तुरंत अस्पताल पहुंच गईं.

डाक्टरों ने बताया कि रमा सदमे में तो है लेकिन उस की हालत खतरे से बाहर है. रमा के बयानों के आधार पर पुलिस ने 3 अज्ञात लोगों के खिलाफ सामूहिक दुराचार का मामला भादंवि की धारा 376(डी), 376(2) जी और 506 के अंतर्गत दर्ज कर लिया. देहरादून में मौजूद रमा के घर वालों को भी फोन से इस मामले की सूचना दे दी गई थी.

रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस ने तुरंत पूरे शहर में अलर्ट जारी कर दिया और चंडीगढ़ से बाहर जाने वाली हरियाणा-पंजाब और हिमाचल की सीमाओं को सील कर दिया गया. उसी रात रमा की निशानदेही पर उस पैट्रोल पंप की सीसीटीवी फुटेज निकाल कर चैक की गई और रमा को साथ ले कर पूरा क्राइम सीन रीक्रिएट किया गया.

दरअसल, रमा चंडीगढ़ में नई थी. उसे रास्तों की पूरी जानकारी भी नहीं थी, इसीलिए औटो ड्राइवर उसे बहका कर गलत रास्ते पर ले गया था. सीसीटीवी फुटेज से पुलिस को कुछ खास हाथ नहीं लगा. ऐसा लगता था जैसे अपराधियों ने इस घटना को योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया था.

औटो की आगेपीछे की नंबर प्लेट को 2 युवकों ने अपने हाथों से ढक रखा था. केवल एक युवक का ही अस्पष्ट चेहरा दिखाई दे रहा था. पुलिस ने उसी अस्पष्ट चेहरे को ले कर अपनी जांच आगे बढ़ानी शुरू कर दी.

अगले दिन इस घटना को ले कर पूरे शहर में हंगामा खड़ा हो गया. इस मामले को दिल्ली के निर्भया कांड से जोड़ कर देखा जाने लगा. स्कूलों कालेजों के छात्रछात्राएं, समाजसेवी संस्थाएं और राजनीतिक दल सड़कों पर उतर आए. आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सजा देने की मांग उठने लगी.

विधानसभा में भी पुलिस की नाकामी और इस घटना की निंदा की गई. विपक्ष ने जम कर हंगामा किया. उसी दिन यानी 18 नवंबर को सीआरपीसी की धारा 164 के तहत पीडि़ता रमा के अदालत में मजिस्ट्रैट के समक्ष बयान दर्ज करवाए गए.

रमा ने मजिस्ट्रैट को पूरा घटनाक्रम विस्तार से बता दिया. उस ने यह भी दरख्वास्त की कि मीडियाकर्मियों को उस से दूर रखा जाए. रमा की अपील पर मजिस्ट्रैट ने पुलिस को आदेश दिया कि इस मामले से जुड़ा कोई भी दस्तावेज लीक नहीं होना चाहिए.

एसएसपी नीलांबरी विजय जगदले ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए क्राइम ब्रांच, स्पैशल सेल और साइबर क्राइम सेल को अलर्ट करने के साथ सभी थानों के एसएचओ और पूरी फोर्स को इस काम पर लगा दिया.

चंडीगढ़ पुलिस का पूरा अमला लगा आरोपियों को ढूंढने में

उन्होंने यह भी आदेश दिया कि सभी अफसर अपने अपने एंगल से इस केस पर काम करते हुए आरोपियों तक पहुंचें. साथ ही उन्होंने थाना सेक्टर-36 के एसएचओ इंसपेक्टर नसीब सिंह व अन्य थानों के तेजतर्रार इंसपेक्टर रामरतन, इंसपेक्टर रंजीत सिंह, इंसपेक्टर बलदेव, इंसपेक्टर आर.आर. शर्मा के नेतृत्व में कई टीमें बना कर आरोपियों की तलाश शुरू करवा दी.

इस के अलावा कई डीएसपी और इंसपेक्टरों को भी इस केस पर लगाया गया. पुलिस हर एंगल से जांच कर रही थी. पुलिस ने सीसीटीवी में कैद एक आरोपी के चेहरे को लोकल टीवी, सोशल मीडिया पर दिखा कर उसे पकड़वाने में सहयोग की अपील की. साथ ही गली गली में उस के पोस्टर भी चिपकवा दिए गए, पर इतना कुछ करने के बावजूद घटना के 24 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली ही रहे.

पुलिस इस एंगल पर भी काम कर रही थी कि कहीं यह औटो ड्राइवरों का कोई गैंग तो नहीं जो मौका देख अकेली युवतियों को पकड़ कर उन से बलात्कार करता है. क्योंकि 12 सितंबर, 2016 को भी एक ऐसी ही वारदात हुई थी.

इस मामले में कालसेंटर में काम करने वाली युवती ने सेक्टर-34 से अपने घर जाने के लिए औटो लिया था. औटो में 2 लोग पहले से ही सवार थे. ड्राइवर सहित 3 लोगों ने उस युवती के साथ सामूहिक दुराचार किया था. इस केस में 6 दिन बाद औटो ड्राइवर तो पकड़ा गया था पर बाकी के 2 लोग अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर थे.

अगस्त, 2016 को ही मिस्र की रहने वाली एक युवती से औटो में दुष्कर्म का प्रयास हुआ था, जिस का आरोपी पकड़ा गया था. इसी तरह 24 मार्च, 2017 को एक युवती के साथ चलते औटो में दुष्कर्म का प्रयास किया गया था. उस युवती ने किसी तरह औटो से कूद कर अपनी जान और इज्जत बचाई थी. इस केस का दोषी भी अभी तक नहीं पकड़ा गया था. इन सब मामलों को देखते हुए पुलिस इस एंगल पर भी काम कर रही थी. सैकड़ों औटो ड्राइवरों से पूछताछ की गई.

इस के अलावा आसपास के हिस्ट्रीशीटरों से भी पूछताछ की गई पर नतीजा शून्य ही रहा. इस घटना के 4 दिन बीत जाने पर भी जब पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लगा तो चंडीगढ़ पुलिस ने 21 नवंबर को ईनाम के पोस्टर छपवा कर गली गली में चिपकवा दिए. पुलिस ने आरोपी औटो ड्राइवर के बारे में या इस केस से संबंधित कोई भी जानकारी देने वाले को एक लाख रुपए का ईनाम देने की घोषणा की थी.

देर से ही सही, मिल गई सफलता

दिनरात की भागदौड़ के बाद आखिर 7 दिन बाद पुलिस को इस मामले में सफलता मिली. सेक्टर-49 की थाना पुलिस ने जीरकपुर निवासी मोहम्मद इरफान को चंडीगढ़ से ही गिरफ्तार कर लिया. यह वही औटो ड्राइवर था, जिस के औटो में रमा बैठी थी.

इस के बाद पुलिस ने उस की निशानदेही पर 28 नवंबर, 2017 को अन्य दोनों अभियुक्तों मोहम्मद गरीब और किस्मत अली उर्फ पोपू को उत्तर प्रदेश स्थित उन के पैतृक घर अमेठी और फैजाबाद से गिरफ्तार किया. पुलिस उन के घर में इंश्योरेंस एजेंट बन कर पहुंची थी और उन की पहचान होने पर उन्हें उन के घर से ही धर दबोचा था.

25 नवंबर को पीडि़ता रमा ने मजिस्ट्रैट के सामने मुख्य अभियुक्त औटो ड्राइवर मोहम्मद इरफान की पहचान कर ली थी. पहचान हो जाने के बाद पुलिस इरफान को अदालत में पेश कर उसे रिमांड पर लेना चाहती थी. लेकिन उसी समय उस ने खिड़की का कांच तोड़ कर अपने पेट पर 3-4 वार कर आत्महत्या करने का प्रयास किया. नतीजतन उसे अस्पताल में भरती करवाया गया.

पुलिस ने मोहम्मद गरीब और किस्मत अली की भी शिनाख्त मजिस्ट्रैट के सामने करवाई. पीडि़ता ने उन्हें भी पहचान लिया. इस मामले में पुलिस ने अभियुक्तों की पहचान से ले कर डीएनए टेस्ट तक कराने के बाद अपनी सारी काररवाई पूरी कर तीनों अभियुक्तों को अदालत पर पेश कर जेल भेज दिया था. अभियुक्तों को जेल भेजने के बाद 21 फरवरी, 2018 को पुलिस ने तीनों अभियुक्तों के खिलाफ अदालत में चालान भी दाखिल कर दिया.

13 मार्च, 2018 को पुलिस ने रिमांड के दौरान हुई पूछताछ में मोहम्मद इरफान के अपराध स्वीकार करने के बाद दिसंबर 2016 को काल सेंटर में काम करने वाली एक युवती से गैंगरेप मामले में भी उसे आरोपी बनाया. 23 अप्रैल, 2018 को औटो गैंगरेप के तीनों दोषियों पर अदालत में आरोप तय किए गए और 2 मई, 2018 को इस केस का ट्रायल फास्टट्रैक कोर्ट में शुरू हुआ.

8 मई, 2018 को पीडि़ता रमा ने अदालत में अपना बयान दर्ज करवाया और तीनों अभियुक्तों के खिलाफ गवाही भी दी. 23 मई, 2018 को तीनों आरोपियों के डीएनए टेस्ट की सीएफएसएल रिपोर्ट अदालत में सौंपी गई. रिपोर्ट पौजिटिव थी. फिर पहली अगस्त, 2018 को तीनों दोषियों के सीआरपीसी की धारा 313 के तहत बयान दर्ज हुए.

फास्टट्रैक कोर्ट ने 122 दिनों में दिया फैसला

कोर्ट ने आरोपियों को अपनी बात रखने का मौका दिया. अदालत की काररवाई तेज गति से चल रही थी. 21 अगस्त, 2018 को इस केस की अंतिम बहस के बाद केस का ट्रायल पूरा हो गया था. अतिरिक्त जिला न्यायाधीश पूनम आर. जोशी ने 27 अगस्त, 2018 को तीनों आरोपियों को दोषी करार दिया और बताया कि इस केस का फैसला 31 अगस्त को सुनाया जाएगा.

फैसला जानने के लिए शहर के तमाम लोग 31 अगस्त, 2018 को अदालती काररवाई शुरू होने से पहले ही विशेष अदालत में पहुंच गए थे. जैसे ही माननीय जज एडीजे पूनम आर. जोशी अपनी सीट पर आ कर बैठीं तो कोर्टरूम में सन्नाटा छा गया. सभी की निगाहें माननीय जज पर ही लगी थीं. उन्होंने कहा कि दोषियों ने ऐसा अपराध किया है जिस की सजा इन्हें अवश्य मिलनी चाहिए.

तमाम गवाहों के बयान और सबूतों के आधार पर अदालत ने मोहम्मद इरफान, किस्मत अली और मोहम्मद गरीब को भादंवि की धारा 376(डी) सामूहिक दुराचार और 506 आपराधिक धमकी के तहत दोषी करार देते हुए अंतिम सांस तक आजीवन कारावास की सजा सुनाई.

विशेष अदालत ने 122 दिनों में ट्रायल समाप्त करते हुए सजा के अलावा तीनों मुजरिमों पर अलगअलग 2 लाख 5 हजार रुपए का जुरमाना भी लगाया. जुरमाना राशि में से 2-2 लाख यानी 6 लाख रुपए पीडि़ता को बतौर मुआवजा देने के आदेश दिए.

पुलिस ने मोहम्मद इरफान, मोहम्मद गरीब और किस्मत अली उर्फ पोपू के खिलाफ आईपीसी की धारा 376(डी), 376(2)जी और 506 के तहत केस दर्ज किया था. हालांकि बाद में पुलिस ने तीनों के खिलाफ चार्जशीट आईपीसी की धारा 376(डी) सामूहिक दुराचार और 506 आपराधिक धमकी देने के तहत दायर की थी. इन्हीं दोनों धाराओं में अदालत में ट्रायल चला था. इस केस में पुलिस की ओर से कुल 19 सरकारी गवाह पेश किए गए, जिन्होंने अदालत में अभियुक्तों के खिलाफ गवाही दी थी.

इस केस का ट्रायल फास्टट्रैक कोर्ट में 122 दिनों तक चला. शुक्र है कि यह फास्टट्रैक कोर्ट थी, जिस में इतनी जल्दी न्याय पाना आसान हुआ. अगर साधारण कोर्ट होती तो 122 दिनों की जगह 122 महीने या फिर साल भी लग सकते थे. आए दिन बच्चियों से ले कर वरिष्ठ महिला नागरिकों तक, हर उम्र हर तबके की औरतों का बलात्कार ब्रेकिंग न्यूज बनता है. मीडिया में आक्रोश बढ़ता है तब कहीं जा कर एकाध केस में फास्टट्रैक कोर्ट की घोषणा की जाती है.

जब हम अपने देश में बुलेट ट्रेन का संकल्प कर रहे हैं तो न्याय की बुलेट ट्रेन क्यों नहीं चल सकती. न्याय में देरी अपने आप में अन्याय है. इस घातक विलंब में कई मूल मसले कुचल दिए जाते हैं. अगर अपराधियों के खिलाफ त्वरित कानूनी काररवाई अमल में लाई जाए तो निश्चित ही अपराधियों में कानून का डर बैठेगा.

—मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पीडि़ता का नाम बदला गया है.

अंधविश्वासी वकील की बलि

प्रयागराज में गंगा नदी के किनारे साधु आशीष दीक्षित अपने शिष्य नीतीश सैनी के साथ धीमे कदमों से चला जा रहा था. सर्दी की सुबह थी. धूप निकल चुकी थी,

फिर भी दोनों गेरूआ चादर ओढ़े सर्दी से बचते हुए बढ़ रहे थे. ऐसा लग रहा था मानो उन्हें कोई जल्दबाजी नहीं थी.

आशीष के हाथ में स्मार्टफोन था. उस पर एक वीडियो चल रही थी, जिसे दोनों गौर से देख रहे थे. अचानक शिष्य बोल पड़ा, ‘‘गुरुजी, जब बर्बरीक इतना ताकतवर था तब उस ने महाभारत के युद्ध में हिस्सा क्यों नहीं लिया?’’

‘‘क्योंकि श्रीकृष्ण जानते थे कि वह शिव का अवतार है और उसे दिव्य शक्ति प्राप्त है. उस के एक बाण से युद्ध का अंत हो सकता है.’’ गुरु आशीष ने बताया.

‘‘तब तो और अच्छी बात थी. भीम का पोता था, पांडव की तरफ से ही युद्ध लड़ता. और उस की जीत तुरंत हो जाती,’’ शिष्य नीतीश बोला.

‘‘ऐसा नहीं होता. उस की मां ने उस से वचन लिया था कि वह युद्ध में हमेशा कमजोर का साथ देगा. और उस वक्त कौरवों की सेना हार रही थी. इस कारण कृष्ण को पता था कि वह पांडवों की तरफ से युद्ध नहीं लड़ेगा.’’ गुरु ने समझाया.

‘‘फिर क्या हुआ गुरुजी?’’ नीतीश ने जिज्ञासावश पूछा.

‘‘वीडियो में देखो, सब पता चल जाएगा.’’

‘‘जी, गुरुजी.’’

उस के बाद दोनों ध्यान से वीडियो में महाभारत के बर्बरीक की कहानी देखने लगे. तब तक श्रीकृष्ण और बर्बरीक के बीच संवाद शुरू हो चुका था. वीडियो के खत्म होने के बाद आशीष ने कहा, ‘‘मुझे भी बर्बरीक की तरह दोबारा जिंदा होने की सिद्धि मिल चुकी है.’’

‘‘सच में गुरुजी?’’ नीतीश आश्चर्य से बोल पड़ा.

‘‘सच नहीं तो क्या मैं झूठ बोल रहा हूं. मैं यहां हरिद्वार में घरबार, ऐशोआराम छोड़ कर ऐसे ही बैठा हुआ हूं. मैं ने काफी तपस्या की है. दैवीय शक्ति हासिल करने के लिए तंत्रमंत्र की कठिन साधना की है, अनुष्ठान किए हैं.’’ गुरु आशीष ने बताया.

‘‘तब तो आप भी दोबारा जिंदा हो सकते हैं?’’ शिष्य नीतीश बोला.

‘‘हां, क्यों नहीं!’’

‘‘अच्छा..?’’ नीतीश का मुंह खुला का खुला रह गया.

यह बात 8 दिसंबर, 2022 की थी. आशीष ने शिष्य नीतीश को एक योजना समझाते हुए कहा कि उसे ऐसी सिद्धि प्राप्त हो चुकी है, जिस से वह उस के जीवन के सारे कष्टों को दूर कर देगा. उसे केवल उस के इशारे पर वह सब करना होगा, जो वह बताएगा.

नीतीश ने गुरु आशीष की बातें मान लीं और अपने गुरु के कहे अनुसार कार्य करने को तैयार हो गया.

गुरु आशीष द्वारा बनाए गए कार्यक्रम के मुताबिक दोनों उसी रोज 8 दिसंबर, 2022 को प्रयागराज से विंध्यवासिनी मां के दर्शन करने के लिए निकल पड़े. वहां से लौटते समय उन के सारे पैसे खत्म हो गए थे. अगले रोज वे 9 दिसंबर को पैदल ही प्रयागराज के लिए चल दिए.

जब वे करछना थानांतर्गत मर्दापुर गांव पहुंचे, तब आशीष ने नीतीश को बताया कि मां विंध्यवासिनी देवी की कृपा से देवी शक्ति प्राप्त हो गई है. उसे भीतर से शक्ति का एहसास भी होने लगा है. इसी के साथ उस ने एक बार फिर महाभारत के बर्बरीक की चर्चा छेड़ दी.

कहने लगा, ‘‘अब मैं अपनी ही बलि दे सकता हूं और मुझे देवी दोबारा जिंदा कर देंगी. उस के बाद मैं किसी के भी दुखतकलीफ और दूसरी समस्याओं को दूर कर सकता हूं. तुम्हारी आर्थिक समस्या भी मैं दूर का दूंगा.’’

‘‘मुझे क्या करना होगा गुरुदेव?’’ नीतीश पूछा.

‘‘तुम्हें ठीक वैसे ही करना होगा, जैसा मैं बताऊंगा. वह भी आज ही रात में हो जाना चाहिए.’’ यह कहते हुए आशीष ने नीतीश को तांत्रिक पूजा और बलि के अनुष्ठान का एक वीडियो दिखाया.

उसी रात को नीतीश ने अपने गुरु के बताए तरीके के मुताबिक ठीक वैसा ही किया, जैसा उस ने वीडियो में देखा और समझाया था. तंत्रमंत्र की साधना संपन्न हुई और यज्ञ की पूर्णाहुति के बाद नीतीश निश्चिंत भाव से अपने घर हरिद्वार लौट आया. इस से पहले उस ने पूजन सामग्री प्रयागराज गंगा में ही प्रवाहित कर दी थी.

आशीष के वादे के मुताबिक उसे अपने चेले नीतीश से प्रयागराज स्टेशन पर ही मिलना था. नीतीश के दिमाग में उथलपुथल मची हुई थी. तांत्रिक अनुष्ठान के बाद से ही मन में भय भी समाया हुआ था. देवी शक्ति के प्रभाव और चमत्कार के साथसाथ हत्या जैसे भय से वह परेशान हो गया था. हालांकि वह दोनों ही स्थितियों में अपने मन को समझाने की कोशिश कर रहा था.

यदि चमत्कार हुआ, तब गुरु के कहे मुताबिक उस के सारे दुखों का अंत हो जाना था और दैवीय चमत्कार नहीं हुआ तब भी उस का कोई अधिक नुकसान होने की बात नहीं थी. उस ने प्रयागराज जंक्शन पर अपने गुरु आशीष दीक्षित का 2 घंटे तक इंतजार किया, जब वह नहीं आया तब उस ने हरिद्वार की गाड़ी पकड़ ली.

यशपाल सैनी का पुत्र नीतीश सैनी हरिद्वार जनपद में लश्कर गांव का रहने वाला एक 22 वर्षीय युवक है. वह एक फाइनैंस कंपनी में काम करता था. जौब प्राइवेट थी, इस कारण वह अच्छी सरकारी नौकरी की तलाश में था. वह पैसा कमाना चाहता था, जो उसे इस प्राइवेट नौकरी में नहीं मिल पा रहा था.

उसे लगता था कि उस की जिंदगी में दैवीय शक्ति से आज नहीं तो कल जरूर चमत्कार होगा और तब उस की जिंदगी में बहार आ जाएगी. इसी चक्कर में एक दिन उस ने अपनी वह प्राइवेट नौकरी भी छोड़ दी.

नीतीश बन गया चेला

एक दिन यूं ही वह हरिद्वार में गंगा किनारे सीढि़यों पर उदास बैठा था. उस की मुलाकात आशीष दीक्षित से हो गई. वह साधु की वेशभूषा में था, लेकिन जब उस से बातों का सिलसिला शुरू हुआ तब उस ने पाया कि वह कोई साधारण साधु नहीं है.

साधु ने अपना नाम आशीष दीक्षित बताया और खुद को एक तपस्वी और तंत्रमंत्र साधक बताया. इसी के साथ उस ने कहा कि उसे उस जैसे ही एक नवयुवक की तलाश है, जो चेला बन कर उस के कामकाज और पूजापाठ के अनुष्ठानों में सहयोग कर सके. यदि वह इच्छुक हो तो उस के साथ रह सकता है.

नीतीश को साधु आशीष की बात पसंद आई और वह उस के साथ रहने को तैयार हो गया. किंतु उस ने अपनी मजबूरी बताई कि उस के पास पैसे नहीं हैं. वह बेरोजगार है. इस समस्या का समाधान भी आशीष ने ही निकाला और उस का सारा खर्च उठाने को तैयार हो गया.

यही नहीं, आशीष ने उसे अपना शिष्य बना लिया और उसे भरोसा दिया कि उस के तंत्रमंत्र से सारे कष्ट अवश्य दूर हो जाएंगे. घर की आर्थिक परिस्थितियों में भी सुधार हो जाएगा.

दोनों ने हरिद्वार में ही एक कमरा किराए पर ले लिया था. बहुत पूछने पर भी आशीष अपनी पिछली जिंदगी के बारे में उसे कुछ नहीं बताता था.

नीतीश 10 दिसंबर, 2022 को अपने घर हरिद्वार आ तो गया था, लेकिन वह भीतर से डरा था. वह एक अपराधबोध के द्वंद से भी जूझ रहा था. मन जब विचलित होने लगा, तब वह हरिद्वार से चल कर वाराणसी जा पहुंचा.

वहां भी ज्यादा समय तक नहीं रह पाया. उसी रोज कानपुर की राह पकड़ ली और फिर लखनऊ, आगरा होते हुए प्रयागराज में आ कर ठहर गया. इस का एक कारण यह भी था कि उस के गुरु आशीष ने उसे वहीं उस का इंतजार करने को कहा था.

आशीष तो नहीं आया, लेकिन हां उसे मोबाइल ट्रैकिंग के जरिए तलाशती हुई प्रयागराज पुलिस जरूर आ गई. प्रयागराज के  करछना थाने की पुलिस ने बगैर कुछ कहेसुने उसे दबोच लिया और उसे थाने ले आई.

इस तरह से पकड़े जाने पर नीतीश हक्काबक्का था, किंतु जब पता चला कि उस पर आशीष की हत्या का आरोप लगाया गया है तो वह बहुत डर गया.

दरअसल, नैनी के नंदन तालाब निवासी आशीष दीक्षित की सिरकटी लाश 10 दिसंबर को प्रयागराज-मिर्जापुर हाईवे पर मर्दापुर गांव के पास पाई गई थी. लाश तालाब के किनारे झाडि़यों में पड़ी थी.

रक्तरंजित लाश पहले दोपहर के समय उन लोगों ने देखी थी, जो मृत्युशैय्या बनाने के लिए बांस काटने के लिए लीलैंड सर्विस सेंटर के बगल में स्थित मर्दारपुर गांव के बंसवार में गए थे. उन्होंने जब लाश के करीब जा कर देखा तब भी वह उसे पहचान नहीं पाए थे. उस की गरदन कटी हुई थी और धड़ अलग पड़ा था. उन लोगों ने ही पुलिस कंट्रोलरूम के 112 नंबर पर काल कर जंगल में अज्ञात लाश होने की सूचना दी थी.

सूचना मिलते ही कुछ देर में 112 नंबर वैन में सवार सबइंसपेक्टर और सिपाही घटनास्थल पर पहुंच गए थे. उन्होंने इस सूचना को संबंधित थाना करछना को दे दी थी.

सूचना पा कर थाने से तुरंत इंसपेक्टर विश्वजीत सिंह दलबल के साथ पहुंच गए थे. करछना थानांतर्गत बंसवार में लाश मिलने की सूचना पूरे इलाके में फैल गई. देखते ही देखते तमाशबीनों की भीड़ जमा हो गई.

मृतक की शिनाख्त करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी. उस के कपड़ों की तलाशी ली तो उस की जेब से पर्स और आधार कार्ड मिल गया. उस से मृतक के निवास की जानकारी मिल गई.

इस सूचना को पा कर डीसीपी (यमुनापार) सौरभ दीक्षित के साथ दूसरे वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए. मौके पर फोरैंसिक और डौग स्क्वायड की टीम भी आ गई.

घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया गया, जहां लाश के पास शराब की खाली बोतल, मुरझाए फूल, माला, लौंग, सुपारी, काली पीली सरसों के दाने मिले. इन चीजों को देख कर जांच में जुटे पुलिस अधिकारियों को समझते देर नहीं लगी कि मामला तंत्रमंत्र साधना और बलि देने का हो सकता है.

लाश की शिनाख्त के लिए वहां से बरामद आधार कार्ड से कई जानकारी मिल गईं. मृतक का नाम आशीष दीक्षित और उस का निवास स्थान प्रयागराज था.

पार्टी बनाने पर डूब गया कर्जे में

डीसीपी सौरभ दीक्षित ने इस केस को सुलझाने के लिए एक पुलिस टीम बनाई. टीम में इंसपेक्टर विश्वजीत सिंह, एसआई दिवाकर सिंह, अखिलेश कुमार राय, कांस्टेबल गब्बर, विजय बहादुर चौहान आदि को शामिल किया गया.

पुलिस टीम ने मृतक के पते पर जा कर उस के बारे में पता किया. वहां उन्हें मृतक के बारे में कई जानकारी मिलीं. पता चला कि आशीष दीक्षित कई साल पहले ही घरबार छोड़ चुका था.

आशीष के परिवार में उस के पिता संतोष दीक्षित, पत्नी सुमन देवी और भाई रवि दीक्षित मिले. उन से पूछताछ में पुलिस को कई अहम जानकारी मिली.

उन लोगों से पूछताछ से पता चला कि आशीष दीक्षित एक अतिमहत्त्वाकांक्षी इंसान था, लेकिन अंधविश्वास से भी भरा हुआ था. पेशे से वकील था. जीवन में सफलता की सीढि़यां चढ़ने के लिए स्थानीय राजनीतिक गतिविधियों में भी शामिल था. उस ने जनाधार शक्ति नामक पार्टी का गठन भी किया था.

इस राजनीतिक पार्टी के विस्तार के लिए उस ने लोगों से चंदा लेना शुरू कर दिया था. पहले तो उस ने पार्टी को चलाने के लिए कुछ लोगों से कर्ज लिया, जो करीब 40 लाख रुपए तक हो गया था.

कर्ज देने वालों में मुकेश पाल नाम का व्यक्ति भी था. करीब 6 महीने में ही कर्ज देने वाले कर्ज का पैसा वापस मांगने लगे. इस संबंध में लोगों का जब दबाव बढ़ गया, तब वह काफी परेशान हो गया. और फिर मई 2022 में अपने घर से गायब हो गया.

एक तरह से वह प्रयागराज से फरार हो कर हरिद्वार चला गया था. वहां वह हरि की पौड़ी में साधु के वेश में रहने लगा. वहां रहते हुए वह लोगों की समस्याओं का समाधान बताने लगा. यही उस की आमदनी का जरिया बन गया. उसी दौरान उस ने तंत्रमंत्र की कुछ जानकारी ले ली.

उन्हीं दिनों उस की मुलाकात नीतीश सैनी से हो गई थी और उसे भी उस ने अपने अंधविश्वास की चपेट में ले लिया था. नीतीश उसी का चेला बन कर उस के साथ ही रहने लगा था. साथ ही आशीष खुद अंधविश्वास और पुनर्जन्म की चपेट में आ गया था. खुद को दैवीय शक्ति के प्रभाव का खास व्यक्ति समझ बैठा था.

खुद कटवा ली अपनी गरदन

वह बारबार नीतीश को कहता था कि उस पर देवी की खास कृपा है. वह भी महाभारत के बर्बरीक की तरह मर कर दोबारा जिंदा हो सकता है. जब यह बात नीतीश को बताई, तब पहली बार में उसे भी विश्वास नहीं हुआ, लेकिन धीरेधीरे कर उस ने नीतीश को अपने रंग में रंग लिया.

उन्हीं दिनों परिस्थतियां कुछ ऐसी बनीं कि आशीष ने अपनी योजना के बारे में नीतीश को बताया और इस के लिए राजी भी कर लिया. तब उस ने नीतीश से कहा था, ‘‘मुझे मार दो, मैं जिंदा हो जाऊंगा और तुम से हरिद्वार में ही मिलूंगा.’’

उस के कहे अनुसार ही नीतीश ने किया. इस बारे में नीतीश ने पुलिस को बताया कि वह कैसे उस के साथ अंधविश्वास की धारा में बह गया था. उस के कहे अनुसार करता चला गया था.

उस ने कहा था कि ‘मुझे दैवीय सिद्धियां प्राप्त हैं, अगर तुम मुझे मार दोगे तो मैं फिर से जिंदा हो जाऊंगा. बस, मेरा गला काट कर महाशक्तियों के साथ छोड़ देना. जिस के बाद मैं पुनर्जीवित हो कर वापस उस से आ कर मिलूंगा. उस ने यह भी कहा था कि मेरा गला काटने के बाद सभी वस्तुओं को गंगाजी में प्रभावित कर के वह हरिद्वार चला जाए. मैं वहीं आ कर उसे मिलूंगा.’

अपनी योजना का पूरा खाका खींचते हुए आशीष ने नीतीश को समझाया कि पूजा कैसे करनी है? उस का गला किस तरह से काटना है? उस के बाद क्या करना है? नीतीश के मुताबिक आशीष ने कहा था कि पूजापाठ करने के बाद जब मैं जमीन पर लेट जाऊंगा, तब करीब एक घंटे बाद तुम मुझे हिलाडुला कर देखना. अगर मेरे शरीर में कोई हलचल नहीं हो तो फौरन चापड़ से मेरी गरदन धड़ से अलग कर देना और मेरे खून से अपने माथे पर आभिषेक लगा कर मंत्रोच्चार करना.

उस के बाद चापड़ और सभी पूजन सामग्री गंगा किनारे प्रवाहित कर देना. इस के बाद तुम प्रयागराज स्टेशन पर पहुंचना. अगर मैं वहां घंटे भर के भीतर नहीं आऊं, तब तुम वहां से हरिद्वार चले जाना. जीवित हो कर मैं हरिद्वार में ही मिलूंगा.

आशीष ने नीतीश को यह भी कहा था, ‘‘मैं मां कामाख्या देवी के पास जीवित हो कर दर्शन प्राप्त कर तुम से फिर मिलूंगा.’’

यह सब सुन कर पहले तो नीतीश डर गया, लेकिन बाद में जब उस ने चमात्कारी प्रभाव से भविष्य सुधरने की बात की, तब वह तैयार हो गया.

उस के दिमाग में यह बात भी आई कि आशीष मरने के बाद दोबारा जिंदा हो गया तब वह उस का भविष्य बदल देगा, अगर जिंदा नहीं हो पाया तब उसे उस के पैसे नहीं लौटाने पड़ेंगे. जब वह आशीष के साथ था, तब उस का खर्च उसी ने उठाया था, जो कर्ज के तौर पर था. थोड़े दिनों बाद ही उस से पैसे मांगने लगा था.

घटना की रात तालाब के किनारे बांस की झाडि़यों के बीच में नीतीश के सामने आशीष ने तंत्र साधना की, शराब और दवा का सेवन किया. उस के बाद शराब पी. एक पैग शराब नीतीश ने भी पी. आशीष दवा खाने के बाद अपनी जैकेट और टीशर्ट उतार कर जमीन पर लेट गया.

आशीष के कहे अनुसार नीतीश ने उसे झकझोर कर देखा. उस के शरीर में कोई हलचल नहीं हुई. उस के बाद नीतीश ने आशीष की गरदन पर चापड़ से वार कर दिया. उस की गरदन एक झटके में ही धड़ से अलग हो गई. आशीष ने जैसे मंत्र पढ़ने और रक्त का तिलक लगाने को कहा था, नीतीश ने ठीक वैसा ही किया.

पुलिस ने नीतीश के  कहे अनुसार, हत्या में इस्तेमाल चापड़ भी बरामद कर ली. इस पूरे मामले में मुख्य आरोपी नीतीश सैनी को बनाया गया. उसे भादंवि की धारा 302 के तहत सिविल कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जिला कारागार नैनी भेज दिया गया.      द्य

30 साल बाद लिया पत्रकार की हत्या का बदला

अजमेर छावनी बोर्ड के पार्षद रह चुके 70 वर्षीय सवाई सिंह अपने बेटे की शादी का निमंत्रण देने के लिए 7 जनवरी, 2023 को बंसेली गांव स्थित युवराज फोर्ट रिजार्ट गए थे. उस समय दिन का करीब एक बज चुका था. वहां उन के दोस्त राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड कर्मचारी संघ के पूर्व अध्यक्ष दिनेश तिवाड़ी (68) और खलील पुष्कर मौजूद थे.

तीनों एकदूसरे का हालसमाचार लेते हुए शादी के बारे में बातें कर रहे थे. सवाई सिंह के बेटे की 16 जनवरी को शादी थी. उस वक्त सब कुछ सामान्य था. चारों हलकेफुलके माहौल में परिवार समाज के साथसाथ प्रदेश, देश की राजनीति की भी चर्चा कर रहे थे. कुछ समय में ही अचानक कुछ बदमाश रिजार्ट में घुस आए और उन पर दनादन फायरिंग शुरू कर दी.

उन के निशाने पर कौन थे, कौन नहीं समझना मुश्किल था. तभी एक गोली सवाई सिंह के सिर में जा धंसी और वह वहीं गिर गए. उस धुआंधार फायरिंग में दिनेश तिवाड़ी को भी गोली लग गई. गोली चलने की आवाज सुन कर रिजार्ट के कर्मचारी और सुरक्षाकर्मी दौड़ते हुए उस ओर आ गए.

हमलावर उन्हें देख कर भागने लगे. वे 3 की संख्या में थे. उन में से 2 भागने में सफल हो गए, जबकि एक मौके पर ही दबोच लिया गया.

संयोग से खलील को गोली नहीं लगी थी, जबकि सवाई सिंह पूरी तरह से बेसुध जमीन पर गिरे हुए थे. उन के सिर से काफी खून रिस कर जमीन पर फैल गया था. तिवाड़ी भी पेट पकड़े वहीं जमीन पर गिरे हुए थे, किंतु वह होश में थे. सभी घायलों को तुरंत जेएलएन अस्पताल ले जाया गया.

साथ ही दिनदहाड़े हुई इस वारदात की सूचना भी पुष्कर थाने को दे दी गई. एसएचओ डा. रवीश सामरिया सूचना पाते ही दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए. वहां दबोचे गए एक आरोपी सूर्य प्रताप सिंह को हिरासत में ले लिया और आगे की तहकीकात के लिए एसएचओ अस्पताल जा पहुंचे.

तब तक घायलों में सवाई सिंह को डाक्टर मृत घोषित कर चुके थे, जबकि दिनेश तिवाड़ी का इलाज चल रहा था. वह होश में थे. गोली उन के पेट में लगी थी. उन के बयानों के आधार पर सूर्य प्रताप सिंह, धर्म प्रताप सिंह और अन्य एक अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया.

पूर्व पार्षद सवाई सिंह की मौत की खबर कुछ मिनटों में ही पूरे शहर में फैल गई. स्थानीय नेता और उन के परिवार के लोग भागेभागे अस्पताल पहुंच गए. इस वारदात के बारे में सीओ छवि शर्मा, अजमेर के एसपी चूनाराम जाट, एएसपी वैभव शर्मा, प्रशिक्षु आईपीएस सुमित मेहरड़ा समेत गंज के एसएचओ महावीर प्रसाद ने भी घटनास्थल और अस्पताल आ कर मामले का जायजा लिया. पुलिस को शुरुआती जानकारी घायल दिनेश तिवाड़ी से मिल गई थी.

घटनास्थल पर मौजूद खलील ने भी हमले से संबंधित कई जानकारियां दीं. उन्होंने बताया कि सभी रिजार्ट के स्विमिंग पूल के पास बैठे चाय पी रहे थे. तभी 3 युवक हथियार ले कर अचानक वहां आ धमके थे. उन से कोई पूछताछ होती, इस का उन्होंने मौका ही नहीं दिया.

उन के बयान लेने के बाद सवाई सिंह का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. उसी रोज पोस्टमार्टम हो जाने के बाद शव परिजनों को भी सौंप दिया गया.

इस घटना में मारे गए सवाई सिंह इलाके के एक बहुचर्चित शख्स थे. वह 1990 के दशक में अजमेर छावनी बोर्ड के पार्षद थे. अपने दोस्त दिनेश तिवाड़ी को बेटे की शादी का कार्ड देने के लिए पुष्कर गए हुए थे. वहीं उन पर जानलेवा हमला हुआ था और उन की मौत हो गई थी.

वारदात की जांचपड़ताल के दरम्यान पुलिस को अधिक भागदौड़ नहीं करनी पड़ी, क्योंकि तीनों हमलावार पकड़े जा चुके थे, जिन में एक व्यक्ति हमले के बाद चिल्लाने लगा था, ‘‘मैं ने पिता की मौत का बदला ले लिया… आज मेरी कसम पूरी हुई.’’

जांच अधिकारी के सामने हमलावर सूर्यप्रताप सिंह खुद सब कुछ बताने को तैयार था कि उस ने सवाई सिंह को गोली क्यों मारी.

दरअसल, उस ने 30 साल पहले अपने पिता की हत्या का बदला लिया था. उस के पिता मदन सिंह एक स्थानीय पत्रकार थे, जिन की हत्या कर दी गई थी, उस वक्त वह बच्चा था.

इस तरह पुराने हत्याकांड की उलझी हुई गुत्थी भी इस से जुड़ गई थी, जिस के मुख्य आरोपी सवाई सिंह थे, किंतु वह दूसरे आरोपियों की तरह बरी कर दिए गए थे. उस हत्याकांड की कहानी से जुड़ी इस वारदात की कहानी इस प्रकार सामने आई—

बात अप्रैल-मई 1992 के महीने की है. उन दिनों अजमेर शहर में एक सैक्स स्कैंडल की चर्चा लोगों की जुबान पर थी. इस स्कैंडल में 100 से अधिक छात्राओं के साथ ब्लैकमेलिंग की चर्चा अखबारों की सुर्खियां बन गई थीं. वे अजमेर के एक नामी गर्ल्स हौस्टल की छात्राएं थीं, जो राजस्थान और दूसरे पड़ोसी प्रदेशों के विभिन्न इलाकों से आई थीं.

यौन शोषण की शिकार कुछ लड़कियां अपनी आपबीती पुलिस को भी सुना चुकी थीं. उस स्कैंडल में लिप्त लोगों के गिरेबान तक पुलिस के हाथ नहीं पहुंच पा रहे थे. इस मामले पर कुछ स्थानीय पत्रकार और अखबार भी नजर गड़ाए हुए थे. उन्हीं में एक पत्रकार मदन सिंह भी थे. वह एक स्थानीय अखबार ‘लहरों की बरखा’ के संपादक थे.

मदन सिंह ने इस अखबार में छात्राओं के सैक्स स्कैंडल की सीरीज छापनी शुरू कर दी थी. हर सीरीज में पुलिस, प्रशासन और दूसरे सफेदपोश राजनेताओं के इस में शामिल होने का खुलासा किया जाने लगा था. इस तरह की सीरीज 2-4 ही नहीं, बल्कि सितंबर 1992 के पहले सप्ताह तक कुल 76 सीरीज छापी गई थीं.

यह आखिरी सीरीज साबित हुई. कारण 4 सितंबर, 1992 को संपादक मदन सिंह पर रात के 10 बजे हमलावरों ने गोलियों की बौछार कर दी थी. उस वक्त वह अपने स्कूटर में पैट्रोल भरवाने घर से निकले ही थे. हमलावर श्रीनगर रोड पर अंबेसडर कार में सवार थे. हमले से घायल होने पर मदन सिंह ने बचाव के लिए पास के नाले में छलांग लगा दी थी, हमलावर उन्हें मरा समझ फरार हो गए थे. उन्हें जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में भरती करवाया गया.

मदन सिंह को बचा लिया गया था. कई दिनों तक उन का इलाज चलता रहा. वे धीरेधीरे स्वस्थ हो रहे थे. तभी 11 सितंबर को अस्पताल के वार्ड में ही रात के अंधेरे में मौका देख कर हथियारों से लैस 4-5 हमलावर फिर आ धमके. वे कंबल से अपना चेहरा ढंके हुए थे.

आते ही उन्होंने सो रहे मदन सिंह पर फायरिंग कर दी और फरार हो गए. इस हमले में उन्हें 5 गोलियां लगी थीं. तब उन्हें बचाया नहीं जा सका. उन की 3 दिन बाद ही मौत हो गई.

इस हमले की एकमात्र चश्मदीद उन की मां घीसी कंवर थीं. उन की रिपोर्ट के आधार पर कांग्रेस के पूर्व विधायक डा. राजकुमार जायसवाल, पूर्व पार्षद सवाई सिंह, नरेंद्र सिंह समेत अन्य लोगों के खिलाफ भादंवि की धारा 302 के तहत मामला दर्ज किया गया था.

मामला एक पत्रकार की हत्या का था, इस कारण पुलिस और प्रशासन पर काफी दबाव था. फिर भी आरोपी पकड़े जाने के बावजूद तुरंत जमानत पर छूटते रहे. जिन की अदालत में पेशी हुई और सबूत के अभाव में वे बरी होते चले गए.

मदन सिंह के परिवार में उन की पत्नी और 2 बेटे धर्मप्रताप 8 साल का और सूर्यप्रताप 7 साल के थे. उन्होंने अपने पिता पर हमला भले ही नहीं देखा था, लेकिन उन की अस्पताल में दर्दनाक मौत को जरूर महसूस किया था. तभी से उन के मन में बदले की भावना भर गई थी.

दूसरी तरफ पुलिस की लापरवाही और गवाहों के लगातार बदलने से आरोपियों पर कानूनी शिकंजा कमजोर पड़ गया था. समय बीतने के साथ सूर्यप्रताप किशोरावस्था पार कर 18 साल का नवयुवक बन गया था. इसी के साथ उस के मन में दबी पिता के हत्यारे से बदले की भावना भी मजबूत हो गई थी.

गर्म खून के जोश में आ कर उस ने अपने मन की बात एक साल छोटे भाई को बताई. उस ने बड़े भाई की इच्छा के साथ अपनी सहमति जता दी. उन्हें एक दिन मौका भी मिल गया और उन्होंने एक आरोपी शिवहरे को घात लगा कर दबोच लिया. उस की लातघूंसे से जम कर पिटाई कर दी. उस के हाथपैर तोड़ डाले.

इस हमले से शिवहरे बुरी तरह से घायल हो गया था. उस का अस्पताल में इलाज चला जरूर, लेकिन वह बच नहीं पाया. तब बात आईगई हो गई. इस से दोनों भाइयों के कलेजे में थोड़ी ठंडक महसूस हुई, फिर भी बदले की चिंगारी सुलगती रही.

दोनों ने पूरे 10 साल तक अपने सीने में सुलगती चिंगारी को दबाए रखा. इस बीच वे मुख्य आरोपियों में डा. राजकुमार जायसवाल और सवाई सिंह को निशाना बनाए रहे. आखिरकार एक दिन उन्हें मौका मिल ही गया.

अजमेर के रीजनल कालेज के सामने एक रेस्टोरेंट में उन नेताओं पर दोनों भाइयों ने ठीक उसी तरह से हमला कर दिया, जिस तरह से उस के पिता पर हुआ था.

इस बार दोनों भाइयों की किस्मत ने साथ नहीं दिया. जायसवाल और सिंह का इस हमले में बाल भी बांका नहीं हुआ, उल्टे दोनों भाई जानलेवा हमले के आरोप में गिरफ्तार कर लिए गए. हालांकि वे जल्द ही जमानत पर छूट भी गए.

जहां तक मदन सिंह की हत्या की बात है तो उस मामले में कई तरह ही अड़चनें थीं. उस हत्याकांड से जुड़े वकील अजय प्रताप वर्मा के अनुसार मदन सिंह पर 2 बार जानलेवा हमले हुए थे. पहली बार बाजार के हमले की रिपोर्ट अलवर गेट थाने में दर्ज हुई थी, जबकि दूसरी बार उन पर हमला अस्पताल में हुआ था. उस की रिपोर्ट सदर कोतवाली (अब कोतवाली) में दर्ज की गई थी. बाद में दोनों मामलों को जोड़ कर जांच की गई थी.

मदन सिंह के अस्पताल में इलाज चलने संबंधी बातें और उन की मां के बयानों के आधार जांच की प्रक्रिया बहुत आगे तक नहीं बढ़ पाई थी. अदालत में उसे ले कर कई विरोधाभास पैदा हो गए थे.

मामला हाईकोर्ट तक जा पहुंचा था, लेकिन उस के द्वारा वारदात को रीक्रिएट करने के बाद तैयार की गई रिपोर्ट से चश्मदीद गवाहों के बयान मेल नहीं खाने के कारण आरोपी 2004 में बरी हो गए थे. उस दौरान सुनवाई फास्टट्रैक कोर्ट में की गई थी. हालांकि बरी होने के आदेश के खिलाफ हाईकोर्ट में अपील की जा चुकी है, जो  लिखे जाने तक लंबित थी.

सवाई सिंह और दूसरे रसूख वाले आरोपी यह मान कर चल रहे थे कि उन्हें मदन सिंह हत्याकांड से छुटकारा मिल गया है. सवाई सिंह के बेटे सूर्यदेव सिंह तंवर की 15 जनवरी, 2023 को शादी होनी थी, जिस का उन्होंने स्नेह भोज 16 जनवरी को रखा था.

सवाई सिंह की मौत से दिवंगत पत्रकार मदन सिंह के बेटे खुश हैं कि उन्होंने अपने पिता के हत्यारे को मौत के घाट उतार दिया. यहां तक कि उस की पत्नी नीमा शेखावत ने भी मीडिया के सामने इस बाबत खुशी जताई.

पुलिस जांच के बाद अजमेर एसपी चूनाराम जाट ने बताया कि सवाई सिंह से बदला लेने के लिए सूर्यप्रताप ने इलाके के नामी बदमाश आकाश सोनी से शूटर्स मांगे थे.

उस के बाद उन्होंने अपनी योजना में भरतपुर के शूटर कपिल और विकास को शामिल कर लिया था. सूर्यप्रताप ने उन्हें अजमेर में ठहराया था. उस के बाद उस ने अपने भाई धर्मप्रताप और विनय प्रताप सिंह के साथ मिल कर सवाई सिंह के बारे में जानकारी दी. उस की तसवीरें दिखा कर पहचान करवाई. पूरी तैयारी के बाद सूर्यप्रताप, धर्मप्रताप और विनय प्रताप ने दोनों शूटर्स को रिजार्ट में ले जा कर हमला बोल दिया.

इस तरह से इस हमले में 5 लोगों को आरोपी बनाया गया है. कथा लिखे जाने तक सभी आरोपियों के खिलाफ काररवाई पूरी नहीं हो पाई थी.     द्य

बाबाओं के वेश में ठग

पश्चिमी राजस्थान के जैसलमेर, बाड़मेर, जोधपुर, बीकानेर, नागौर व पाली जिलों में भगवा कपड़े पहने बाबा दानदक्षिणा लेते दिख जाएंगे. पश्चिमी जिलों के हजारों गांवढाणियों में अकसर ऊपर वाले या दुखदर्द दूर करने के नाम पर ये भगवाधारी ठगी करते फिरते हैं.

4-5 के समूह में ये बाबा गांवकसबों में घूम कर लोगों के हाथ देख कर उन की किस्मत चमकाने के नाम पर मनका या अंगूठी देते हैं और बदले में 2-3 हजार रुपए तक ऐंठ लेते हैं. गांवदेहात के लोग इन बाबाओं की मीठीमीठी बातों में आ कर ठगे जा रहे हैं.

अचलवंशी कालोनी, जैसलमेर में रहने वाले दिनेश के पास नवरात्र में 4-5 बाबा पहुंचे. उन बाबाओं ने दुकानदार दिनेश को चारों तरफ से घेर लिया. एक बाबा दिनेश का हाथ पकड़ कर देखने लगा. उस बाबा ने हाथ की लकीरों को पढ़ते हुए कहा, ‘‘बच्चा, किस्मत वाला है तू. मगर कुछ पूजापाठ करनी होगी. पूजापाठ कराने से धंधे में जो फायदा नहीं हो रहा, वह बाधा दूर हो जाएगी. तुम देखना कि पूजापाठ के बाद किस्मत बदल जाएगी.’’

बाबा एक सांस में यह सब कह गया. दिनेश कुछ बोलता, उस से पहले ही दूसरे बाबा ने फोटो का अलबम आगे बढ़ाते हुए कहा, ‘‘बेटा, ये फोटो देख. ये पुलिस सुपरिंटैंडैंट और कलक्टर हैं. ये हमारे चेले हैं. अब तो तुम मान ही गए होगे कि हम ऐरेगैरे भिखारी नहीं हैं.’’

दिनेश ने अलबम देखा, तो उस की आंखें फटी रह गईं. उन फोटो में वे बाबा पुलिस अफसरों, नेताओं व दूसरे बड़े सरकारी अफसरों के साथ खड़े थे. बाबा उन्हें अपना चेला बता रहे थे.

दिनेश का धंधा चल नहीं रहा था. इस वजह से वह ठग बाबाओं की बातों में आ गया.

उन बाबाओं ने 25 सौ रुपए नकद, 5 किलो देशी घी, 10 किलो शक्कर, 5 किलो तेल, 5 किलो नारियल और अगरबत्ती, धूप, कपूर, सिंदूर, मौली व चांदी के 5 सिक्के पूजा के नाम पर लिए और तकरीबन 8 हजार रुपए का चूना लगा कर चलते बने.

दिनेश अब पछता रहा है कि उस ने क्यों उन ठग बाबाओं पर भरोसा किया. छोटी सी दुकान से महीनेभर में जो मुनाफा होता था, वह बाबा ले गए. अब दिनेश औरों से कह रहा है कि वे बाबाओं के चंगुल में न फंसें.

दिनेश की तरह महेंद्र भी बाबाओं की ठगी के शिकार हो चुके हैं. वे पोखरण में अपनी पत्नी सुनीता के साथ रहते हैं. उन की शादी को 10 साल हो चुके हैं, मगर उन्हें अब तक औलाद का सुख नहीं मिला है. दोनों ने खूब मंदिरों के चक्कर काटे और तांत्रिकओझाओं की शरण में गए, मगर कहीं से उन्हें औलाद का सुख नहीं मिला.

ऐसे में एक दिन जब बाबा उन के पास पहुंचे और महेंद्र से कहा कि उन की किस्मत में औलाद का सुख तो है, मगर कुछ पूर्वजों की आत्माएं इस में रोड़ा अटका रही हैं. उन आत्माओं की शांति के लिए पूजा करनी होगी.

महेंद्र अपने जानने वालों और आसपड़ोस के लोगों के तानों से परेशान थे. बाबाओं ने मोबाइल फोन में बड़े अफसरों व मंत्रियों के साथ अपने फोटो दिखाए, तो महेंद्र को लगा कि जब इतने बड़े अफसर इन बाबाओं के चेले हैं, तो जरूर ये बाबा पहुंचे हुए हैं.

महेंद्र बाबा से बोला, ‘‘मैं मंदिरों के चक्कर में लाखों रुपए उड़ा चुका हूं. आप लोगों पर मुझे भरोसा है. मुझे पूजापाठ के लिए कितना खर्च करना होगा?’’

तब एक बाबा ने कहा, ‘‘आप हमें 11 हजार रुपए दे दें. इन रुपयों से हम पूजापाठ का सामान खरीद कर पूजा कर देंगे. अगली बार जब हम आएंगे, तो तुम औलाद होने की खुशी में हमें 51 हजार रुपए दोगे. यह हमारा वादा है.’’

बस, उस बाबा की बातों में आ कर महेंद्र 11 हजार रुपए गंवा बैठे. ऐसे बाबाओं की ठगी के हजारों किस्से हर रोज होते हैं. बाड़मेर जिले की पचपदरा थाना पुलिस ने ऐसे ही 6 ठग बाबाओं को 18-19 सितंबर, 2017 को पचपदरा कसबे से अपनी गिरफ्त में लिया. किसी ने फोन कर के थाने में सूचना दी थी कि बाबाओं ने लोगों को ठगने का धंधा चला रखा है. ये लोग पीडि़तों को झूठे आश्वासन दे कर उन से जबरदस्ती रुपए ऐंठ रहे हैं.

पचपदरा थानाधिकारी देवेंद्र कविया ने पुलिस टीम के साथ दबिश दे कर 6 बाबाओं को पकड़ लिया. उन ठग बाबाओं को थाने ला कर पूछताछ की गई. जो बात सामने आई, उसे सुन कर हर कोई हैरान रह गया.

दरअसल, वे लोग नागा बाबा के वेश में दिनभर लोगों को नौकरी दिलाने, घरों में सुखशांति, औलाद का सुख हासिल करने के साथ ही कई तरह के झांसे दे कर नगीने, अंगूठी व मनका वगैरह बेच कर ठगी करते थे. कई लोगों के हाथ देख कर उन्हें किस्मत बताते थे. दिन में लोगों से ठगी कर के जो रकम ऐंठते थे, रात में उसे शराब पार्टी, नाचगाने में उड़ाते थे.

पचपदरा पुलिस ने जिन 6 ठग बाबाओं को गिरफ्तार किया, वे सभी सीकरीगोविंदगढ़ के रहने वाले सिख परिवार से थे.

पूछताछ में ठग बाबाओं ने पुलिस को बताया कि सीकरीगोविंदगढ़ के तकरीबन ढाई सौ परिवार इसी तरह साधुसंत बन कर ठगी का काम करते हैं. अलगअलग जगहों पर घूम कर ये बड़े अफसरों को धार्मिक बातों में उलझा कर उन के साथ फोटो खिंचवाते हैं और फिर वे इन फोटो को दिखा कर गांव वालों को बताते हैं कि ये सब उन के भक्त हैं और इस तरह भोलेभाले लोगों को ठग कर रुपए ऐंठ लेते थे. शाम को वे शराब पार्टियां करते थे.

पुलिस ने उन बाबाओं के कब्जे से मोबाइल फोन बरामद किए, जिन में कई बेहूदा नाचगाने और शराब पार्टी के फोटो थे. साथ ही, कई अश्लील क्लिपें भी बरामद हुईं.

इन बाबाओं ने खुद को गुजरात में जूना अखाड़े का साधु बताया. थानाधिकारी देवेंद्र कविया ने कवाना मठ के महंत परशुरामगिरी महाराज, जो जूना अखाड़ा में पदाधिकारी भी हैं, को थाने बुलवा कर इन गिरफ्तार बाबाओं के बारे में पूछा, तो इन बाबाओं के फर्जीवाड़े की पोल खुल गई.

इस के बाद बाबाओं ने मुकरते हुए कहा कि वे तो उदासीन अखाड़े से हैं. इस पर महंत परशुरामगिरी ने बाबाओं से उदासीन अखाड़े के बारे में पूछताछ की, तो वे जवाब न दे सके. इस के बाद पुलिस ने इन्हें हिरासत में ले लिया.

ये ठग बाबा पूरे राजस्थान में घूमते थे और लोगों को झांसे में ले कर शिकार बनाते थे. महंगी गाडि़यों और शानदार महंगे कपड़ों में इन बाबाओं के फोटो देख कर पुलिस भी हैरान रह गई.

ये सब बाबा इतने अमीर हैं. इन के घर पक्के हैं. इन के पास गाडि़यां भी हैं. इन को बगैर कोई काम किए लोगों के अंधविश्वास के चलते लाखों रुपए की महीने में कमाई हो जाती थी.

पचपदरा थानाधिकारी देवेंद्र कविया ने इन ठग बाबाओं के बारे में कहा, ‘‘इन के बरताव से पता चला कि ये फर्जी पाखंडी संत हैं. ऐसे लोगों से बच कर रहना चाहिए.’’

ठग बिल्डरों को बचाने वाले कानून के रखवाले

जमीनों पर जबरन कब्जा करने वाले दबंगों, अपराधियों और धोखेबाज बिल्डरों का साथ देने वाले पुलिस वालों के सिर पर कानून की तलवार लटक गई है. पटना के सभी ठग बिल्डरों, प्रोपर्टी डीलरों और जमीन माफिया का कच्चाचिट्ठा तैयार किया जा रहा है.

पटना के थानों में दर्ज जमीनों पर जबरन कब्जा करने वाले बिल्डरों, अपराधियों और उन का साथ देने वाले भ्रष्ट पुलिस वालों की फाइल तैयार करने की कवायद शुरू की गई है.

पुलिस के पास लगातार ऐसी शिकायतें आ रही थीं कि कुछ पुलिस वाले दबंगों के साथ मिल कर कीमती जमीनों पर गैरकानूनी तरीके से कब्जा कर रहे हैं.

दबंग अपराधी किसी भी जमीन पर अपना खूंटा गाड़ देते हैं और जमीन मालिक को औनेपौने भाव में जमीन बेचने का दबाव बनाते हैं. कई बिल्डर और प्रोपर्टी डीलर तो ग्राहकों के लाखों रुपए ठग कर फ्लैट देने में भी आनाकानी कर रहे हैं.

जब कोई पीडि़त ग्राहक या जमीन मालिक पुलिस से गुहार लगाता है, तो दबंगों पर कार्यवाही करने के बजाय भ्रष्ट पुलिस वाले उलटे जमीन मालिक को ही समझातेधमकाते हैं कि जो पैसा मिल रहा है, उतने में ही जमीन बेच दो, वरना अपराधी जबरन कब्जा कर लेंगे और जमीन के एवज में कुछ भी नहीं मिलेगा.

डीआईजी शालीन के आदेश पर सभी थानों के दागी पुलिस वालों की पहचान शुरू कर दी गई है.

मिसाल के तौर पर कंकड़बाग महल्ले के एक रिटायर्ड अफसर ने मकान बनवाया था और उन के बच्चे बिहार से बाहर नौकरी करते थे. एक दबंग ने उन से मकान बेचने को कहा. जब उन्होंने मकान नहीं बेचा, तो उस दबंग ने अपने गुरगों के साथ उन के घर पर धावा बोल दिया और घर में रखा सामान उठा कर बाहर फेंकने लगा.

उस रिटायर्ड अफसर ने पुलिस के पास गुहार लगाई, पर एफआईआर दर्ज करने के बजाय पुलिस वालों ने उन से कहा कि जितना रुपया मिल रहा है, उतने में मकान बेच दो. ज्यादा जिद और थानाकचहरी करोगे, तो आप को कुछ भी नहीं मिलेगा.

पिछले साल ऐसे मामलों में शामिल तकरीबन 6 पुलिस वालों को सस्पैंड किया गया था, इस के बाद भी पुलिस वालों ने कोई सबक नहीं सीखा है.  राजीव नगर थाना, सचिवालय थाना, गांधी मैदान थाना समेत कई थानों के पुलिस वाले ऐसे केसों में शामिल पाए गए हैं.

पिछले साल राजीव नगर थाने के तब के थाना इंचार्ज सिंधुशेखर पर कानूनी कार्यवाही की गई थी. इसी तरह दीदारगंज थाने के इंस्पैक्टर मुखलाल पासवान को सस्पैंड किया गया था. दोनों पर आरोप था कि उन्होंने जबरन जमीन बिकवाने के लिए दबंगों का साथ दिया था.

मोकामा के विधायक के बौडीगार्ड रह चुके विपिन सिंह को अपहरण के मामले में शामिल रहने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था. वहीं सचिवालय थाने के सिपाही दीपक कुमार को अपहरण के मामले में शामिल रहने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था. जक्कनपुर थाने के एक सिपाही को खुलेआम रंगदारी मांगने के आरोप में सस्पैंड किया गया था.

पुलिस सूत्रों की मानें, तो पटना और दूसरे कई शहरों में कई धोखेबाज और ठग बिल्डरों पर नकेल कसने के लिए बिल्डरों के केसों की समीक्षा, वारंट जारी होने, गिरफ्तारी के हालात पैदा होने, बेल बौंड का सत्यापन कराए जाने को ले कर बिल्डरों में हड़कंप मचा हुआ है. इन से बचने के लिए कई बिल्डर पुलिस वालों की मदद ले रहे हैं.

इन केसों की समीक्षा में डीआईजी शालीन को थाना लैवल पर ही मामलों को दबाने, जमीन माफिया और ठग बिल्डरों से मिलीभगत के संकेत मिल थे.

ठग बिल्डरों के बेल बौंड के सत्यापन का काम शुरू कर दिया गया है. जांच में यह पता करने की कोशिश की जा रही है कि किनकिन लोगों ने झूठे कागजात लगा कर कोर्ट को गुमराह कर जमानत हासिल की थी. पता चलने पर ऐसे लोगों पर केस दर्ज होगा.

बिल्डर अनिल सिंह के केस में फर्जी कागजात सामने आने पर डीआईजी ने कुल 30 केसों में आरोपित पटना के बिल्डरों के बेल बौंड की समीक्षा करने का आदेश जारी किया है.

जमीन पर जबरन कब्जे को ले कर रक्सौल में हुई गोलीबारी के तार पटना के बेऊर जेल से जुड़ने लगे हैं. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गोलीबारी करने वाले गिरोह का सरगना कई मामलों में जेल में बंद है. उस के इशारे पर ही रक्सौल में जमीन कब्जाने की कोशिश की गई थी. इस मामले में फिलहाल 12 लोगों को पकड़ा गया है. गिरफ्तार अपराधियों ने ही बेऊर जेल में बंद सरगना का नाम लिया है.

पुलिस सूत्रों की मानें, तो अपराधियों के लिए रक्सौल में एक होटल बुक कराने का काम पटना पुलिस के ही एक सिपाही ने किया था. उस सिपाही ने अपने आई कार्ड की फोटोकौपी होटल में जमा करा कर 3 कमरे बुक किए थे. पुलिस इस मामले में सिपाही के शामिल होने की जांच कर रही है.

पटना सैंट्रल के डीआईजी शालीन ने बताया कि सभी थानों से ऐसे पुलिस वालों की लिस्ट मांगी गई है, जो माफिआ से सांठगांठ कर उन की मदद करते रहे हैं. आरोप साबित होने पर उन पर कानूनी कार्यवाही की जाएगी. अगर किसी जमीन मालिक को जमीन के मामले में कोई पुलिस वाला धमकी दे या किसी के खिलाफ एफआईआर न लिखे, तो सीधे डीआईजी से शिकायत की जा सकती है.

पुलिस ने उन बिल्डरों, प्रोपर्टी डीलरों और जमीन माफिया पर नकेल कसने की कवायद शुरू की है, जो फ्लैट, मकान या जमीन देने के नाम पर ग्राहकों से मोटी रकम वसूल चुके हैं, इस के बाद भी ग्राहकों को फ्लैट या जमीन नहीं दे रहे हैं.

कई बिल्डर तो ग्राहकों के साथ मारपीट कर रहे हैं और धमका रहे हैं. ग्राहक जब पुलिस थाने में केस करता है, तो बिल्डर मामले की जांच कर रहे अफसर की मुट्ठी गरम कर केस दबा रहे हैं.

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हर थाने में ऐसे 10-12 मामले हैं, जिन पर पुलिस ने कार्यवाही नहीं की है. अब हर थाने से रिपोर्ट मांगी गई है कि किसकिस बिल्डर, प्रोपर्टी डीलर और जमीन माफिया पर केस दर्ज हैं? किसकिस के खिलाफ अदालत से वारंट जारी हुआ है? किसकिस थाने में कितनों के खिलाफ मामले दर्ज हैं और उस का केस नंबर क्या है? किस तारीख को किनकिन धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है?

एक ताजा मामले में बिल्डर अब्दुल खालिद के खिलाफ कोर्ट से जारी गिरफ्तारी वारंट को 6 महीने तक दबा कर रखने के आरोप में पटना के शास्त्री नगर थाने में तैनात दारोगा पर पुलिस महकमे ने कार्यवाही शुरू कर दी है. डीआईजी शालीन ने एसएसपी को आदेश दिया है कि उस दारोगा पर तुरंत कार्यवाही की जाए.

इस मामले का खुलासा तब हुआ, जब 2 औरतें दारोगा के खिलाफ शिकायत ले कर डीआईजी के पास पहुंची थीं. उन औरतों ने कहा कि फ्लैट देने के नाम पर बिल्डर अब्दुल खालिद ने उस से लाखों रुपए ले लिए हैं, पर पिछले कई महीनों से वह फ्लैट देने में टालमटोल कर रहा है.

पुलिस ने जांच की, तो पता चला कि उस बिल्डर के खिलाफ पिछले 6 महीने से कोर्ट से वारंट निकला हुआ था, पर दारोगा उसे दबा कर बैठा रहा.

पटना में जिन बिल्डरों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं, उन की समीक्षा की गई. दर्ज मामलों में अगर कोई बिल्डर जमानत पर है, तो उस के बेलर की जांच की जाएगी. बिल्डर अनिल सिंह का मामला सामने आने के बाद सभी बिल्डरों पर दर्ज मामलों की लिस्ट तैयार की जा रही है.

29 मामले ऐसे सामने आए हैं, जिन की पड़ताल की जा रही है. जांच में अगर पाया गया कि किसी ने फर्जी बेलर के जरीए जमानत ली है, तो बिल्डर के खिलाफ धोखाधड़ी का नया केस भी दर्ज किया जाएगा. बेलर के खिलाफ भी गलत जानकारी देने का केस दर्ज होगा.

28 अप्रैल, 2016 को एक्जिबिशन रोड पर एक जमीन को ले कर पैदा हुए विवाद में अनिल सिंह और लोकल लोगों के खिलाफ जम कर मारपीट और आगजनी हुई थी. वारदात के बाद बिल्डर और उस के गुरगों के खिलाफ गांधी मैदान थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी. वारदात के बाद ही अनिल सिंह फरार हो गया था, पर उस के पिछले रिकौर्ड की जांच में पुलिस ने पाया कि पिछले 2 मामलों में उस के बेलर ने गलत जानकारी दी थी.

गांधी मैदान थाने में दर्ज केस नंबर 331/2014 में जमानत पर चल रहे अनिल सिंह के बेलर नरेंद्र उर्फ नरेश कुमार चौधरी की खोज शुरू हुई. बेल बौंड में नरेश का पता आकाशवाणी रोड, आशियाना मोड़, राजीव नगर, पटना लिखा हुआ है. पुलिस ने जब उस पते पर नरेश कुमार की खोज की, तो उस नाम का कोई आदमी ही नहीं मिला.

इसी तरह आलमगंज थाने में दर्ज केस नंबर 211/2013 के मामले में भी अनिल सिंह ने फर्जी तरीके से जमानत ली है. कोर्ट को गुमराह करने और फर्जी तरीके से जमानत लेने के मामले में अनिल सिंह पर स्पीडी ट्रायल चलेगा.

यह केस हत्या की कोशिश, मारपीट और आर्म्स ऐक्ट के तहत दर्ज किया गया था.

सांसद मनोज तिवारी भी फंसे?

भारतीय जनता पार्टी के सांसद और भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार मनोज तिवारी पर रियल ऐस्टेट कंपनी का गलत प्रचार करने के आरोप में पटना के गांधी मैदान थाने में केस दर्ज किया गया है. मनोज तिवारी समेत रियल ऐस्टेट कंपनी के मैनेजिंग डायरैक्टर और डायरैक्टर समेत 9 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज हुआ है.

मनोज तिवारी इस कंपनी के ब्रांड अंबैसडर हैं. यह केस पटना हाईकोर्ट के वकील चंद्रभूषण वर्मा की बीवी मीना रानी सिन्हा ने दर्ज कराया है. उन्होंने बताया कि कंपनी ने बिना खरीदे ही जमीन बेच डाली. जब वे अपनी जमीन पर कब्जा करने मनेर गईं, तो पता चला कि वह जमीन कंपनी की नहीं है. कंपनी ने वादा किया था कि जमीन नहीं देने की हालत में वह सूद के साथ पूरी रकम वापस करेगी. वे कंपनी से पिछले कई महीनों से अपनी मूल रकम 6 लाख, 58 हजार वापस मांग रही हैं, पर कंपनी रकम नहीं दे रही है.

इस बारे में मनोज तिवारी ने बताया कि वे पिछले 10 सालों से इस कंपनी के ब्रांड अंबैसडर हैं. अगर किसी की शिकायत सही है, तो वे समस्या का निबटारा करते हैं. एक शिकायतकर्ता का पैसा वापस करने के लिए चैक तैयार किया गया है और किसी की कोई शिकायत होगी, तो उस का भी निबटारा किया जाएगा