77 पेज के सुसाइट नोट की दिल दहलाने वाली कहानी – भाग 1

रविवार 4 सितंबर, 2022 को रात 8-साढ़े 8 बजे का वक्त था. दिल्ली के रोहिणी स्थित बुद्ध विहार थाने के प्रभारी विपिन यादव अपने मातहतों के साथ दिन भर के कार्यों की समीक्षा में व्यस्त थे. तभी उन्हें सूचना मिली कि उन के इलाके के एक घर का दरवाजा लाख खटखटाए जाने के बावजूद नहीं खुल रहा है और भीतर से उठ रही सड़ांध से मोहल्ले के लोग परेशान हैं. थानाप्रभारी विपिन यादव इस सूचना की भयावहता को तुरंत भांप गए और तुरंत अपनी टीम ले कर घटनास्थल की ओर रवाना हो गए.

सूचना के अनुसार रोहिणी सेक्टर-24 के पौकेट 18 में वह जिस घर के बंद दरवाजे पर पहुंचे, वह श्रीनिवास पाल का 3 मंजिला मकान था. बिजली विभाग में कार्यरत रहे श्रीनिवास पाल को गुजरे तो 10 साल हो चुके थे. इस घर में उन की विधवा मिथिलेश पाल अपने इकलौते बेटे क्षितिज उर्फ सोनू के साथ रहती थीं. मगर मोहल्ले के लोगों ने कई दिनों से दोनों को देखा नहीं था.

घर के चारों ओर अजीब सी बदबू फैली हुई थी. यह बदबू किसी अनहोनी को बयां कर रही थी. विपिन यादव ने दरवाजे पर लगी घंटी बजाई, मगर दरवाजा नहीं खुला. वे काफी देर तक घंटी बजाते रहे, मगर भीतर से कोई प्रतिक्रिया देखने को नहीं मिली.

हार कर उन्होंने ऊपर की ओर देखा. मकान की पहली मंजिल कोई बहुत ज्यादा ऊंची नहीं थी. उन्होंने अपने सिपाही को घर की पहली मंजिल की बालकनी पर चढ़ने का आदेश दिया.

सिपाही बालकनी के रास्ते तुरंत ऊपर चढ़ गया. उस ने पहली मंजिल से नीचे जाने वाली सीढि़यों का दरवाजा तोड़ा और नीचे उतर कर मेन गेट खोल दिया. थानाप्रभारी विपिन यादव अपने सहयोगी इंसपेक्टर राम प्रताप सिंह और अन्य सिपाहियों के साथ जैसे ही अंदर पहुंचे, मारे बदबू के उन का सिर घूम गया.

पूरे घर में सड़ांध भरी हुई थी. सामने के दरवाजे पर एक कागज चिपका था, जिस पर लिखा था, ‘मेरी मां का शव इस दरवाजे के पीछे बाथरूम में है.’

थानाप्रभारी विपिन यादव तेजी से बाथरूम में घुसे. वहां का दृश्य देख कर उन के होश उड़ गए. जमीन पर सड़ीगली हालत में घर की मालकिन मिथिलेश पाल का शव पड़ा था. उन के शरीर पर कीड़े रेंग रहे थे. गरदन पर तेज धार वाली किसी वस्तु से काटे जाने का निशान था और शरीर का सारा खून बह कर बाथरूम के फर्श पर जम चुका था.

विपिन यादव के साथ आए सिपाही अन्य कमरों की पड़ताल करने लगे. दूसरे कमरे में उन्हें मिथिलेश पाल के 25 वर्षीय बेटे क्षितिज की लाश बैड पर पड़ी मिली. पुलिस यह देख कर हैरान रह गई कि बैड के दोनों तरफ पानी से भरी 2 बाल्टियां रखी थीं, जिन से क्षितिज ने अपने पैरों के अंगूठे बांधे हुए थे. उस की गरदन कटी हुई थी और पूरा पलंग उस के खून से सना हुआ था.

क्षितिज के सिरहाने की तरफ 2 मोबाइल फोन पड़े थे और बिजली के स्विच से कनेक्ट किया हुआ एक इलैक्ट्रिक कटर खून से सना हुआ नीचे जमीन पर पड़ा था. वहीं पास में एक बड़े साइज (250 पेज) का रजिस्टर भी मिला, जिस के शुरुआती पेजों पर कार्बन पेंसिल से अध्यात्म की बातें लिखी थीं.

गंधर्व विवाह और देव विवाह जैसी बातें भी उस में लिखी हुई थीं और उस के बाद के 77 पेजों में एक लंबाचौड़ा सुसाइड नोट था. यह सुसाइड नोट क्षितिज पाल द्वारा लिखा गया था.

थानाप्रभारी विपिन यादव को यह देख कर हैरत हुई कि ये पूरा रजिस्टर किसी पेन के बजाय कार्बन पेंसिल से लिखा गया था, जो आमतौर पर कम ही इस्तेमाल होती हैं. हालांकि 77 पेज के सुसाइड नोट के आखिर में क्षितिज ने स्याही से अपने दोनों हाथ के अंगूठे के निशान लगाए थे.

थानाप्रभारी विपिन यादव को यह समझते देर नहीं लगी कि पूरा मामला हत्या और आत्महत्या का है. क्षितिज ने पहले अपनी 60 वर्षीय मां मिथिलेश को मारा और फिर खुद आत्महत्या कर ली. लेकिन इलैक्ट्रिक कटर से हत्या और आत्महत्या का जो तरीका उस ने अपनाया, वह बेहद खौफनाक था.

विपिन यादव ने तुरंत फोरैंसिक जांच के लिए क्राइम टीम और एफएसएल टीम को बुलाया. आसपास के लोगों से पूछताछ में पता चला कि इस घर में मिथिलेश अपने इकलौते बेटे क्षितिज के साथ रहती थीं. अन्य कोई रिश्तेदार नहीं था, बस झांसी में मिथिलेश की छोटी बहन और जीजा थे, जो कभीकभार यहां आतेजाते थे.

लोगों ने यह भी बताया कि क्षितिज की मां बड़ी धार्मिक थीं और हर हफ्ते सत्संग भी जाया करती थीं. वहीं क्षितिज अकसर घर पर ही रहता था. मोहल्ले में उस का कोई दोस्तयार नहीं था और वह बहुत कम लोगों से मिलता था. लोग यह जान कर आश्चर्यचकित थे कि क्षितिज ने अपनी मां की हत्या कर खुद आत्महत्या कर ली.

आखिर क्षितिज ने ऐसा क्यों किया? अपनी उस मां को क्यों मार दिया, जिस से वह बेहद प्यार करता था? हत्या में इलैक्ट्रिक कटर का इस्तेमाल भी अचरज में डालने वाला था. लोगों को यह सवाल भी परेशान कर रहा था कि खुद की गरदन इलैक्ट्रिक कटर से काटने से पहले क्षितिज ने पानी से भरी बाल्टियों से अपने पैर के अंगूठे क्यों बांधे?

लेकिन इन सभी सवालों के जवाब सामने आए क्षितिज के 77 पेज के सुसाइड नोट से. उस रजिस्टर में क्षितिज ने न सिर्फ पूरी घटना के एकएक पल का ब्यौरा लिखा था, बल्कि अपनी पूरी जिंदगी की दास्तान उस में दर्ज कर दी थी.

पुलिस के मुताबिक क्षितिज 2 साल से खुद को मारने की उधेड़बुन में लगा था. हत्या और आत्महत्या के लिए क्या उपाय अपनाए जाएं, ये सब वह लंबे समय से गूगल पर सर्च कर रहा था.

यह वारदात भागतीदौड़ती दिल्ली के एक घर की चारदीवारी में घिरे अकेले पुरुष के अवसाद की कहानी है. क्षितिज, जिसे अपने नाम की तरह बचपन से ही क्षितिज को छूने की चाह थी, मगर उस के अकेलेपन ने उसे ऐसी मानसिक स्थिति में धकेल दिया कि वह जिंदगी की जेल से आजाद होने के लिए बेचैन हो उठा.

उसे अपने चारों ओर उदासी और नकारात्मकता ही दिखाई देने लगी. वह खुद को अकेला और हताश महसूस करने लगा और आखिर में जो कदम उठाया, उसे देख कर लोगों के रोंगटे खड़े हो गए.

हिमानी का याराना : पति का किया शिकार

24 वर्षीय सोनू अपनी पत्नी हिमानी के साथ बाहरी दिल्ली स्थित बादली गांव के सिसोदिया मोहल्ले में रहता था. वह और हिमानी घर की ऊपरी मंजिल पर रहते थे, जबकि उस के पिता माधव सिंह और बहन पिंकी ग्राउंड फ्लोर पर रहते थे.

सोनू पेशे से ड्राइवर था और एक टूरिस्ट कंपनी की कार चला कर पूरे परिवार की जीविका चलाता था. 7 सितंबर, 2019 की रात 11 बजे तक परिवार के सभी सदस्य खाना खा चुके थे. सोनू को नींद आ रही थी, इसलिए वह हिमानी और डेढ़ साल के बच्चे के साथ पहली मंजिल पर अपने बैडरूम की ओर बढ़ गया. बेटे और बहू के जाने के बाद घर के बाकी सदस्य भी सोने चले गए.

सुबह करीब 7 बजे भाभी हिमानी के चीखनेचिल्लाने की आवाजें सुन कर पिंकी उस के कमरे में गई तो हिमानी ने रोते हुए बताया कि रात को किसी बदमाश ने इन की हत्या कर दी है. अभी थोड़ी देर पहले जब नींद खुली तो देखा तो ये मरे पड़े थे.

बैड पर भाई सोनू की लाश देख कर पिंकी ने बदहवास हो कर रोना शुरू कर दिया. बेटी और बहू के रोने की आवाज सुन कर सोनू के मातापिता भी भागते हुए वहां पहुंच गए. सोनू की लाश देख कर चीखपुकार मच गई.

तभी पिंकी ने अपने मोबाइल से 100 नंबर पर पुलिस को फोन कर अपने भाई की हत्या की सूचना दे दी. थोड़ी देर बाद बादली थाने से एसआई मनीष कुमार वहां पहुंच गए. लाश को दख्ेने के बाद उन्होंने पाया कि सोनू के गले पर एक स्याह निशान बना हुआ था. चूंकि मामला हत्या का था, इसलिए उन्होंने इस मामले की सूचना थानाप्रभारी अक्षय कुमार को दे दी.

थोड़ी देर में थानाप्रभारी अक्षय कुमार थाने में मौजूद पुलिस स्टाफ के साथ सिसोदिया मोहल्ला स्थित माधव सिंह के घर जा पहुंचे. घर की पहली मंजिल पर पहुंच कर उन्होंने लाश का मुआयना किया तो मृतक के गले पर गहरा स्याह निशान मिला.

ऐसा लग रहा था मानो किसी ने रस्सी या चुन्नी से उस का गला घोंटा हो. कमरे का बारीकी से निरीक्षण करने पर उन्होंने पाया कि सभी सामान अपनी जगह पर था. घर से कोई सामान गायब नहीं था. मतलब हत्यारा जो भी रहा हो, उस की मंशा सिर्फ सोनू की हत्या करने की रही थी.

थानाप्रभारी ने फोरैंसिक टीम को बुला लिया. मृतक के पिता माधव सिंह से पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि रात के 12 बजे सोनू अपनी पत्नी हिमानी के साथ ग्राउंड फ्लोर से पहली मंजिल स्थित इस कमरे में आ गया था. इस के बाद सुबह 7 बजे हिमानी ने नीचे आ कर बताया कि सोनू की हत्या कर दी है.

यह सुन कर थानाप्रभारी अक्षय कुमार ने मृतक की पत्नी हिमानी से पूछताछ की. पति की मौत से बुरी तरह आहत हिमानी की स्थिति बहुत खराब थी. वह छाती पीटपीट कर लगातार रोए जा रही थी. उस ने बस इतना बताया कि वह डेढ़ साल की बेटी के साथ पति की बगल में सो रही थी. गरमी ज्यादा होने के कारण ये कमरे का दरवाजा खुला छोड़ कर सोते थे. पता नहीं रात में वहां कौन आया और इन की हत्या करने के बाद फरार हो गया.

थानाप्रभारी अक्षय कुमार ने उस वक्त हिमानी से ज्यादा पूछताछ करना उचित नहीं समझा. क्योंकि घर में सभी रोपीट रहे थे और माहौल गमगीन था. अलबत्ता उन्हें हिमानी पर शक हुआ.

फोरैंसिक एक्सपर्ट का काम निपट जाने के बाद उन्होंने एसआई मनीष कुमार तथा अन्य स्टाफ के साथ घर का मुआयना करना शुरू किया तो देखा बगल की छत उन की छत से मिली हुई थी. यह देख कर उन्होंने अनुमान लगाया कि हत्यारा संभवत: इसी रास्ते सोनू के कमरे तक पहुंचा होगा और वारदात को अंजाम देने के बाद चुपचाप इसी रास्ते फरार हो गया होगा. एसआई मनीष की भी यही सोच थी.

संदेह की हुई शुरुआत

मौकामुआयना करने के बाद पुलिस टीम ने सोनू की लाश पोस्टमार्टम के लिए बाबू जगजीवन राम अस्पताल, जहांगीरपुरी भेज दी. वहां की सारी काररवाई पूरी करने के बाद पुलिस टीम थाने लौट गई.

10 सितंबर को मृतक की बहन पिंकी की शिकायत पर थाने में सोनू की हत्या का मामला सागर उर्फ बलवा और राहुल के खिलाफ आईपीसी की धारा 302 के तहत दर्ज कर लिया गया.

मामले की जांच खुद थानाप्रभारी अक्षय कुमार कर रहे थे. उन्होंने एसआई मनीष को कुछ निर्देश दे कर दोबारा मृतक के परिजनों को टटोलने के लिए उन के घर भेजा. वहां सभी ने सोनू की हत्या में पड़ोस में रहने वाले बदमाश सागर उर्फ बलवा पर शक जताया. एफआईआर में भी सागर को ही नामजद किया गया था.

पूछताछ के दौरान एसआई मनीष ने मृतक की पत्नी हिमानी को बुला कर उस से एक बार फिर पूछताछ की तो उन्हें ऐसा लगा जैसे वह जानबूझ कर इस केस का रुख दूसरी दिशा में मोड़ना चाह रही हो. यह देख कर उन्होंने उस का मोबाइल नंबर नोट कर लिया.

थाने लौट कर उन्होंने हिमानी के मोबाइल फोन की काल डिटेल्स निकलवाई और उस का बारीकी से निरीक्षण करने लगे.

काल डिटेल्स की जांच के दौरान वह यह देख कर चौंके कि हिमानी लगातार एक मोबाइल नंबर के संपर्क में थी. वारदात वाली रात में भी हिमानी ने इस नंबर पर काफी देर बात की थी. मनीष कुमार ने यह बात थानाप्रभारी को बताई तो उन्होंने उस नंबर की काल डिटेल्स निकालने के आदेश दिए. मोबाइल नंबर की जांच की गई तो नंबर उसी सागर उर्फ बलवा का निकला, जिस पर मृतक के पिता एवं परिवार के अन्य लोगों ने सोनू की हत्या का आरोप लगाया था.

यह देख कर थानाप्रभारी और एसआई मनीष के चेहरों पर मुसकराहट दौड़ गई. उन्हें लगा कि हत्यारा अब उन की पकड़ से ज्यादा दूर नहीं है.

11 सितंबर की शाम को थानाप्रभारी अक्षय कुमार ने हिमानी को पूछताछ के लिए थाने बुलाया. पूछताछ के दौरान हिमानी मासूम बन कर चालाकी से पुलिस की जांच की दिशा भटकाने की कोशिश करती रही लेकिन जब उस के सामने उस की काल डिटेल्स दिखा कर उस के और सागर के रिश्तों के बारे में पूछा गया तो उस का हलक सूख गया.

आखिरकार उस ने स्वीकार कर लिया कि उस के और सागर उर्फ बलवा के बीच जिस्मानी रिश्ते हैं और उस ने सागर के साथ मिल कर 7-8 सितंबर के तड़के पति की हत्या की थी.

जुर्म स्वीकार कर लेने के बाद हिमानी को गिरफ्तार कर लिया गया. उसी शाम सागर के घर पर दबिश दे कर उसे भी दबोच लिया गया. पूछताछ के दौरान जब उसे बताया गया कि उस की माशूका हिमानी को गिरफ्तार कर लिया गया है, तो वह बुरी तरह चौंका.

जब उसे उस की काल डिटेल्स दिखाई गई तो उस ने भी अपना जुर्म स्वीकार कर लिया. बाद में दोनों की निशानदेही पर सोनू की हत्या में प्रयुक्त वह रस्सी भी बरामद कर ली, जिस से सोनू का गला घोंटा गया था. सोनू हत्याकांड के पीछे की जो कहानी उभर कर सामने आई, वह इस तरह है.

बाहरी दिल्ली जिले में एक गांव है बादली. माधव सिंह अपने परिवार के साथ यहीं रहते हैं. उन के परिवार में पत्नी अंजू (काल्पनिक नाम), 24 साल का बेटा सोनू, बेटी पिंकी थे. माधव सिंह की माली हालत बहुत अच्छी नहीं थी. वह एक होटल में काम करते थे. सोनू पेशे से ड्राइवर था, जबकि पिंकी एक बड़े अस्पताल में काम करती थी.

शादी के बाद खुश थे दोनों

सोनू की शादी करीब 3 साल पहले हिमानी के साथ हुई थी. हिमानी गोरे रंग, आकर्षक नैननक्श की खूबसूरत युवती थी. हंसमुख और मिलनसार स्वभाव की हिमानी को पत्नी के रूप में पा कर सोनू बहुत खुश था. हिमानी भी इस घर में आ कर खुश थी. पिंकी भाभी का पूरा खयाल रखती थी.

सोनू और हिमानी अपनी दुनिया में खुश रहते थे. सोनू का काम ऐसा था कि वह सुबह घर से निकलता था. इस के बाद उसे खुद भी पता नहीं रहता था कि वह घर कब लौटेगा.

हिमानी अपनी सास के साथ घर का कामकाज निबटाती और दिन का बाकी समय टीवी देखती या सो कर गुजारती थी. जब कभी उसे सोनू की याद सताती तो वह उस के मोबाइल पर फोन कर के उस का हालचाल पूछ लिया करती थी. सोनू भी खाली वक्त में फोन करता था. बेटी के जन्म से घर में सभी खुश थे.

हिमानी का कमरा घर की पहली मंजिल पर था. जब कभी उसे बोरियत महसूस होती तो वह अपना मन बहलाने के लिए बालकनी में आ कर खड़ी हो जाती थी. इसी दौरान एक दिन उस की निगाहें पड़ोस में रहने वाले युवक सागर की निगाहों से टकराईं तो उस के तनबदन में सिहरन सी दौड़ गई.

पहले भी उस ने गौर किया था कि वह किसी न किसी बहाने उस के घर के सामने आ कर उसे एकटक निहारता है. उस दिन तो उसे सागर का यूं अपनी ओर बेशरमी से देखना अच्छा नहीं लगा, लेकिन बाद में उसे लगा कि पति के अलावा पड़ोस के लड़के भी उसे पसंद करते हैं तो उस के चेहरे पर मुसकराहट तैरने लगी.

हौलेहौले चाहत भरी नजरों के इस खेल में उसे भी मजा आने लगा. उस ने भी सागर की नजरों से नजरें मिलानी शुरू कर दीं. बात बढ़ती गई और मामला बातचीत से शुरू हो कर मोबाइल नंबर के आदानप्रदान तक पहुंच गया.

सागर में घुलमिल गई हिमानी

सागर हिमानी को फोन कर के उस से मिलने की जिद करने लगा तो एक दिन जब वह घर में अकेली थी तो उस ने मौका देख कर सागर को अपने कमरे में बुला लिया. सागर बहुत बातूनी युवक था. उस ने हिमानी को अपनी मीठीमीठी बातों में ऐसा फंसाया कि वह उस की बांहों में अपनी सुधबुध खो बैठी.

हिमानी के बदन से खेलने के बाद सागर वहां से चला गया, लेकिन उस दिन के बाद जब कभी हिमानी को मौका मिलता, वह सागर को मिलने के लिए अपने घर में बुला लेती थी. कभीकभी वह खुद भी किसी काम के बहाने घर से निकल कर सागर की बताई हुई जगह पर पहुंच जाती थी.

शुरुआत में हिमानी और सागर के अवैध रिश्तों की जानकारी किसी को नहीं हुई, लेकिन यह बात ज्यादा दिनों तक छिपी नहीं रह सकी. एक दिन सोनू को उस के किसी दोस्त ने उस की बीवी की बेवफाई की दास्तान बताई तो उसे उस की बातों पर विश्वास नहीं हुआ. लेकिन जब लोगों ने सागर के साथ हिमानी का नाम जोड़ कर छेड़ना शुरू कर दिया तो उसे उन की बात पर विश्वास करना पड़ा.

सागर मोहल्ले का दबंग युवक था. लोग उस के सामने आने में कतराते थे. फिर भी सोनू ने उस से कहा कि वह हिमानी से मिलना छोड़ दे. सागर ने उस समय तो उस की बात मान ली लेकिन उस ने अपनी हरकतें जारी रखीं.

घटना के 4 दिन पहले सोनू और सागर के बीच बच्चों को ले कर जोरदार झगड़ा हुआ. इस दौरान सागर ने सोनू को 8 दिनों के अंदर जान से मारने की धमकी दी.

हिमानी का दिल अपने पति सोनू से भर चुका था. उसे सोनू से सागर ज्यादा प्यारा था, इसलिए जब सागर ने सोनू की हत्या करने की बात उसे बताई तो वह उस का साथ देने के लिए तैयार हो गई.

योजना के अनुसार 8 सितंबर की रात हिमानी ने सोनू के खाने में नींद की गोलियां मिला दीं. आधी रात को जब वह हिमानी के साथ अपने बैडरूम में पहुंचा तो लेटते ही नींद की आगोश में चला गया.

रात के करीब ढाईतीन बजे के बीच जब सारा मोहल्ला चैन की नींद सो रहा था, तभी हिमानी ने फोन कर सागर को अपने कमरे में आने के लिए कहा. सागर को पहले से ही हिमानी के फोन का इंतजार था. जैसे ही हिमानी ने बुलाया, वह दबे पांव छत के रास्ते हिमानी के कमरे में पहुंचा और एक रस्सी से सोनू का गला घोंट दिया.

रात भर हिमानी अपने पति की लाश के साथ सोई रही. सुबह 7 बजे उठ कर उस ने अपने ससुर माधव सिंह तथा सास अंजू को पति की हत्या होने की जानकारी दी.

12 सितंबर, 2019 को थानाप्रभारी अक्षय कुमार ने सोनू हत्याकांड के दोनों आरोपियों हिमानी और सागर उर्फ बलवा को रोहिणी कोर्ट में पेश किया, जहां से दोनों को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.

इस हत्याकांड में दूसरे नामजद आरोपी राहुल का कोई हाथ न होने के कारण उस के खिलाफ काररवाई नहीं की गई. मामले की जांच थानाप्रभारी अक्षय कुमार कर रहे थे. – कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

भाई नहीं महबूबा चाहिए : परिवार बना कातिल

उत्तर प्रदेश के महानगर मुरादाबाद की विश्वपटल पर पीतल नगरी के नाम से पहचान बनी हुई है. मुरादाबाद के थाना  कटघर क्षेत्र में आने वाली वरबला खास मियां कालोनी में मुनव्वर अली अपने परिवार के साथ रहता था. उस के परिवार में पत्नी नूरजहां और 6 बच्चे थे, जिन में 2 बेटे आरिस व अरबाज के अलावा 4 बेटियां थीं.

मुनव्वर एक मैटल फर्म में काम करता था. उस ने अपने बड़े बेटे आरिस को एक टैंपो खरीद कर दे दिया था. उसी से वह बिल्डिंग मैटीरियल सप्लाई कर के अच्छीखासी कमाई कर लेता था. छोटे बेटे अरबाज को मुनव्वर ने एक मोटरसाइकिल मैकेनिक के पास काम सीखने के लिए लगा दिया था.

4 जुलाई, 2018 को अरबाज मोटरसाइकिल मैकेनिक की दुकान से रात 8 बजे घर पहुंचा. भाई को आया देख बड़ी बहन ने उसे पैसे दे कर पास की दुकान से दूध की थैली लाने के लिए भेज दिया.

उस ने दूध ला कर बहन को दे दिया. दूध दे कर वह बाहर जाने लगा, तो बहन ने टोका, ‘‘अब कहां जा रहा है, खाने का टाइम हो गया है. खाना तो खाता जा.’’

‘‘थोड़ी देर में आऊंगा, तभी खा लूंगा.’’ कह कर अरबाज घर से निकल गया.

अरबाज को गए हुए काफी देर हो गई लेकिन वह घर नहीं लौटा तो घर वाले परेशान हो गए. यह स्वाभाविक ही था, क्योंकि इस से पहले वह कभी घर से इतनी देर के लिए गायब नहीं हुआ था. घर वाले उसे ढूंढने के लिए निकल गए. उन्होंने पूरी कालोनी छान मारी लेकिन अरबाज नहीं मिला. उन्होंने उस के साथियों, दोस्तों से भी पूछा पर कोई जानकारी नहीं मिली. थकहार कर घर वाले रात 12 बजे घर लौट आए.

मुनव्वर का बड़ा बेटा आरिस बजरी ले कर कहीं गया हुआ था. वह भी घर नहीं लौटा था. उस का मोबाइल फोन भी बंद था. घर वालों ने समझा कि कहीं ऐसा तो नहीं कि अरबाज भी आरिस के साथ चला गया हो. यही सोच कर वे आरिस के लौटने का इंतजार करने लगे.

आरिस रात करीब डेढ़ बजे घर पहुंचा. अरबाज उस के साथ नहीं था. घर वालों ने आरिस से पूछा कि अरबाज तुम्हारे साथ तो नहीं गया था. इस पर आरिस ने कहा, ‘‘नहीं, वह मेरे साथ नहीं था. मैं तो अकेला ही गया था. उस की बात सुन कर सभी आश्चर्यभरी निराशा में डूब गए.’’

मुनव्वर ने बेटे से कहा, ‘‘बेटा, रात करीब साढ़े 8 बजे से अरबाज गायब है. पता नहीं कहां चला गया. हम ने सब जगह ढूंढ लिया.’’

अब्बू की बात सुन कर आरिस भी परेशान होते हुए बोला, ‘‘कहां गया होगा वह?’’ इस के बाद वह घर वालों के साथ 15 वर्षीय अरबाज को ढूंढने के लिए निकल पड़ा.

करीब एक घंटे बाद आरिस भी निराश हो कर घर लौट आया. घर वाले अरबाज की चिंता में रात भर ऐसे ही बैठे रहे. यह बात 3-4 जुलाई, 2018 की है.

अगले दिन सुबह करीब 6 बजे कालोनी के लोगों ने रेलवे क्रौसिंग के पास नवनिर्मित दुकान के अंदर अरबाज का शव पड़ा देखा तो इस की सूचना मुनव्वर अली को दी.

पूरा परिवार घटनास्थल पर पहुंच गया. अरबाज की लाश देख कर सब लोग बिलखबिलख कर रोने लगे. कुछ ही देर में वहां तमाम लोग जमा हो गए. इसी बीच किसी ने इस की सूचना पुलिस को दे दी. खबर मिलते ही थाना कटघर पुलिस मौके पर पहुंच गई. थानाप्रभारी संजय गर्ग ने घटनास्थल का निरीक्षण किया.

अरबाज की लाश औंधे मुंह पड़ी थी. उस के सिर व हाथपैरों पर गहरी चोटों के निशान थे. गले पर लगे निशानों से लग रहा था कि उस की गला दबा कर हत्या की गई थी और उस के सिर पर किसी भारी चीज से वार किया गया था. सीओ सुदेश कुमार भी वहां आ गए थे. डौग स्क्वायड टीम को भी बुलवा लिया गया.

खोजी कुत्ता निर्माणाधीन दुकान के अंदर गया और वहां से टूटी दीवार से निकल कर खाली प्लौट से होता हुआ सिद्दीकी कालोनी में पहुंच गया. करीब 200 मीटर चलने के बाद वह वापस आ गया.

मामला शहर की घनी आबादी के बीच का था, इसलिए वहां सैकड़ों की संख्या में लोग जमा हो गए. अरबाज की लहूलुहान लाश देख कर लोगों में गुस्सा बढ़ता जा रहा था. खबर मिलते ही एसपी (सिटी) अंकित मित्तल भी घटनास्थल पर पहुंच गए.

गुस्साए लोगों ने अरबाज की लाश अपने कब्जे में ले कर सड़क पर रख दी और वहीं बैठ गए. इस से मुरादाबाद लखनऊ राजमार्ग व मुरादाबाद रामनगर मार्ग पर लंबा जाम लग गया. भीड़ हत्यारों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग कर रही थी.

जाम की सूचना पर मुरादाबाद के एसएसपी जे. रविंद्र गौड़ भी घटनास्थल पर पहुंच गए. पुलिस अधिकारियों के समझाने पर करीब डेढ़ घंटे बाद लोगों ने जाम खोला. पुलिस ने फटाफट मौके की काररवाई पूरी कर के लाश पोस्टमार्टम के लिएभेज दी.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बताया गया कि अरबाज की हत्या गला घोंट कर की गई थी. उस के एक हाथ की हड्डी भी टूटी पाई गई. कातिलों ने अरबाज के सिर पर भारी डंडे या धातु की रौड से वार किए थे, जिस से सिर की हड्डियां भी टूट गई थीं.

डाक्टरी रिपोर्ट से यह बात साफ हो गई थी कि हत्यारे किसी भी सूरत में अरबाज की जान लेना चाहते थे.

मामले का जल्द खुलासा करने के लिए एसएसपी जे. रविंद्र गौड़ ने 3 टीमों का गठन किया, जिन का नेतृत्व सीओ सुदेश कुमार, थानाप्रभारी संजय गर्ग और एसएसआई दिनेश शर्मा को करना था. निर्देशन का काम एसपी (सिटी) अंकित मित्तल को सौंपा गया.

पुलिस ने इस बारे में अरबाज के घर वालों से पूछताछ की, तो मृतक के बड़े भाई आरिस ने शहर के ही 7 लोगों सफदर, अशरफ, मुर्सलीम, सद्दाम, आसिफ, वाजिद व बड़े मियां (रामपुर वाले) पर शक जताया.

तीनों टीमें अपनेअपने तरीके से केस की जांच में जुट गईं. कुछ पुलिसकर्मियों को घटनास्थल के आसपास सादे कपड़ों में तैनात कर दिया गया, जो पलपल की रिपोर्ट अधिकारियों को दे रहे थे.

आरिस ने जिन 7 लोगों पर शक जताया था. पुलिस टीम से उन के घर दबिश दी, तो वे सभी लोग अपनेअपने घरों से फरार मिले. पुलिस ने वरबला खास के संभ्रांत लोगों से नामजद आरोपियों के बारे में बात की तो उन्होंने बताया कि नामजद लोग बेहद गरीब हैं. उन का कोई आपराधिक रिकौर्ड भी नहीं है. उन्हें इस मामले में रंजिशन फंसाया जा रहा है.

इसी दौरान पुलिस को एक खास बात यह पता चली कि आरोपी मुर्सलीम की पत्नी अजरा से अरबाज के बड़े भाई आरिस के साथ अवैध संबंध थे. इस बात को ले कर दोनों पक्षों में आए दिन झगड़ा होता रहता था.

थानाप्रभारी संजय गर्ग ने महिला पुलिस को साथ ले कर नामजद अभियुक्त मुर्सलीम की पत्नी अजरा से भी पूछताछ की. अजरा ने स्वीकार किया कि उस के आरिस के साथ संबंध हैं. आरिस उसे इतना चाहता है कि उस से शादी करने को तैयार है. इतना ही नहीं, वह उसे भगा कर ले जाने की बात करता है.

कुल मिला कर आरिस उसे ले कर पागल बना हुआ था. अजरा ने बताया कि यह बात उस के पति मुर्सलीन को भी पता चल चुकी थी, जिस की वजह से मुर्सलीन और आरिस के बीच कई बार झगड़ा भी हुआ. अजरा ने बताया कि लड़ाई होना अलग बात है, लेकिन उस का पति और ससुराल वाले हत्या जैसा काम नहीं कर सकते.

यह बात थानाप्रभारी की भी समझ में आ गई. लेकिन यह उन की समझ में नहीं आ रही थी कि अजरा के पति मुर्सलीन और उस के घर वालों की दुश्मनी आरिस से थी तो उन्हें आरिस को मारना चाहिए था न कि अरबाज को.

अजरा से पूछताछ कर के थानाप्रभारी लौट आए. उधर आरिस पुलिस पर नामजद अभियुक्तों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने का दबाव बना रहा था. पुलिस जल्दबाजी में कोई कदम नहीं उठाना चाहती थी, इसलिए वह आरिस को यह समझाबुझा कर घर भेज देती थी कि आरोपियों की तलाश में जगहजगह दबिश दी जा रही हैं.

थानाप्रभारी संजय गर्ग ने एसएसआई दिनेश शर्मा, एसआई मुकेश शुक्ला, कांस्टेबल गौरव कुमार और सत्यवीर पहलवान को आरिस की गतिविधियां चैक करने पर लगा दिया. इस पुलिस टीम को आरिस की गतिविधियां संदिग्ध लगीं.

इस के बाद पुलिस ने आरिस के फोन की काल डिटेल्स निकलवाई तो उन्हें 2 फोन नंबर ऐसे मिले, जिन पर आरिस ने वारदात वाले दिन कई बार बात की थी. जिन नंबरों पर उस की बात हुई थी, उन की भी काल डिटेल्स निकलवाई गई तो उन नंबरों की लोकेशन घटनास्थल के पास पाई गई.

अब पुलिस के शक की सुई आरिस की तरफ घूम गई. जिन 2 नंबरों पर आरिस ने बात की थी, वह नंबर रामपुर दोराहा, बरवाला मझला निवासी सुलतान व जामा मसजिद निवासी जुनैद के निकले.

पुलिस ने उन दोनों को पूछताछ के लिए उठा लिया. उन से सख्ती से पूछताछ की गई तो उन्होंने सब कुछ बता दिया है. उन्होंने बताया कि अरबाज की हत्या में उस का बड़ा भाई आरिस भी शामिल था.

यह सुन कर एसपी अंकित मित्तल सहित सभी यह सोच कर सन्न रह गए कि प्रेमिका को पाने के लिए सगा भाई इस हद तक जा सकता है कि प्रेमिका के पति और उस के परिवार को हत्या में फंसाने के लिए षडयंत्र रच कर अपने सगे भाई की हत्या करवा दे.

अभियुक्त सुलतान व जुनैद द्वारा अपना अपराध स्वीकार करने के बाद पुलिस ने आरिस को भी गिरफ्तार कर लिया. पुलिस जब आरिस को गिरफ्तार कर थाने ला रही थी तो आरिस ने पुलिस से पूछा कि मुझे थाने क्यों ले जाया जा रहा है. इस पर थानाप्रभारी संजय गर्ग ने कहा कि तुम्हारे भाई के हत्यारे पकड़े जा चुके हैं. थाने चल कर देख लो, वह कौन है.

थाने पहुंच कर पुलिस ने आरिस का सामना अभियुक्त सुलतान व जुनैद से करवाया तो उस के होश उड़ गए. थानाप्रभारी को गुस्सा आया तो उन्होंने आरिस के गाल पर एक तमाचा जड़ते हुए कहा कि इतने दिनों से नाटक कर हमें बेवकूफ बना रहा था. उन्होंने आरिस से पूछताछ की तो उस ने बताया कि गांव के मुर्सलीन की पत्नी अजरा से उस के नाजायज संबंध हैं.

प्रेमिका के पति और उस के घर वालों ने उस के साथ कई बार मारपीट की थी. उन्हें सबक सिखाने के लिए ही उस ने अपने छोटे भाई अरबाज की हत्या कर के मुर्सलीन और उस के घर वालों को फंसाने की योजना बनाई थी.

यह काम करने के लिए उस ने अपने दोस्त सुलतान और जुनैद से बात की तो वे उस का साथ देने के लिए तैयार हो गए. 3 जुलाई, 2018 को अरबाज जब दूध की थैली लेने गया था तो बाहर उसे आरिस मिल गया. उस ने अरबाज से कहा कि दूध की थैली घर रख कर आ जाना. मुझे पार्टी से पैसे लेने के लिए जाना है. पैसे मिलेंगे तो तुझे भी दूंगा. और हां, घर पर कुछ मत बताना. भाई की बात मान कर अरबाज दूध की थैली घर रख कर तुरंत बड़े भाई के पास आ गया.

उस समय बिजली गुल थी. आरिस अरबाज को अपने साथ ले गया. घर से करीब 100 मीटर दूर ताजपुर रेलवे क्रौसिंग के पास उसे जुनैद और सुलतान मिल गए. वे तीनों 15 वर्षीय अरबाज को वहीं पास में एक निर्माणाधीन दुकान के अंदर ले गए. फिर तीनों ने अरबाज का गला घोंट कर हत्या कर दी. बाद में रौड से उस के सिर पर कई वार भी किए. इस से पहले अरबाज ने कहा भी था कि भाई मुझे क्यों मार रहे हो, मैं ने क्या बिगाड़ा है. उस ने भागने की कोशिश भी की थी. लेकिन सुलतान ने उसे नीचे गिरा दिया था. जुनैद ने पैर पकडे़ और आरिस ने खुद ही अपने छोटे भाई का गला घोंटा था.

तीनों आरोपियों से पूछताछ के बाद एसपी (सिटी) ने आरिस के मामा व मां नूरजहां को भी थाने बुलवा लिया. उन के सामने आरिस ने अपना गुनाह कबूल कर लिया. आरिस ने बताया कि उस ने यह सब इसलिए किया था कि अरबाज की हत्या के आरोप में मुर्सलीन व उस के घर वाले जेल चले जाएं. उन के जेल जाने के बाद वह अपनी प्रेमिका अजरा से बिना किसी डर के मिलता रहता और उस से निकाह कर लेता.

लेकिन एक तीर से दो शिकार करने का उस का मकसद सफल नहीं हो सका. इस में उस ने अपने भाई को तो खो ही दिया साथ ही उसे खुद भी जेल जाना पड़ा.

तीनों आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें मुरादाबाद जिला जेल भेज दिया गया.  ?

-कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

प्यार का दर्दनाक अंत : बेवफा पत्नी

5 फरवरी, 2019 मंगलवार की शाम लगभग 4 बजे का समय था. उसी समय आगरा जिले के थाना मनसुखपुरा में खून से सने हाथ और कपड़ों में एक युवक पहुंचा. पहरे की ड्यूटी पर तैनात सिपाही के पास जा कर वह बोला, ‘‘स…स…साहब, बड़े साहब कहां हैं, मुझे उन से कुछ बात कहनी है.’’

थानाप्रभारी ओमप्रकाश सिंह उस समय थाना प्रांगण में धूप में बैठे कामकाज निपटा रहे थे. उन्होंने उस युवक की बात सुन ली थी, नजरें उठा कर उन्होंने उस की ओर देखा और सिपाही से अपने पास लाने को कहा. सिपाही उस शख्स को थानाप्रभारी के पास ले गया. थानाप्रभारी ओमप्रकाश सिंह उस से कुछ पूछते, इस से पहले ही वह शख्स बोला, ‘‘साहब, मेरा नाम ऋषि तोमर है. मैं गांव बड़ापुरा में रहता हूं. मैं अपनी पत्नी और उस के प्रेमी की हत्या कर के आया हूं. दोनों की लाशें मेरे घर में पड़ी हुई हैं.’’

ऋषि तोमर के मुंह से 2 हत्याओं की बात सुन कर ओमप्रकाश सिंह दंग रह गए. युवक की बात सुन कर थानाप्रभारी के पैरों के नीचे से जैसे जमीन ही खिसक गई. वहां मौजूद सभी पुलिसकर्मी ऋषि को हैरानी से देखने लगे.

थानाप्रभारी के इशारे पर एक सिपाही ने उसे हिरासत में ले लिया. ओमप्रकाश सिंह ने टेबल पर रखे कागजों व डायरी को समेटा और ऋषि को अपनी जीप में बैठा कर मौकाएवारदात पर निकल गए.

हत्यारोपी ऋषि तोमर के साथ पुलिस जब मौके पर पहुंची तो वहां का मंजर देख होश उड़ गए. कमरे में घुसते ही फर्श पर एक युवती व एक युवक के रक्तरंजित शव पड़े दिखाई दिए. कमरे के अंदर ही चारपाई के पास फावड़ा पड़ा था.

दोनों मृतकों के सिर व गले पर कई घाव थे. लग रहा था कि उन के ऊपर उसी फावडे़ से प्रहार कर उन की हत्या की गई थी. कमरे का फर्श खून से लाल था. थानाप्रभारी ने अपने उच्चाधिकारियों को घटना से अवगत कराया.

डबल मर्डर की जानकारी मिलते ही मौके पर एसपी (पश्चिमी) अखिलेश नारायण सिंह, सीओ (पिनाहट) सत्यम कुमार पहुंच गए. उन्होंने थानाप्रभारी ओमप्रकाश सिंह से घटना की जानकारी ली. वहीं पुलिस द्वारा मृतक युवक दीपक के घर वालों को भी सूचना दी गई.

कुछ ही देर में दीपक के घर वाले रोतेबिलखते घटनास्थल पर आ गए थे. इस बीच मौके पर भीड़ एकत्र हो गई. ग्रामीणों को पुलिस के आने के बाद ही पता चला था कि घर में 2 मर्डर हो गए हैं. इस से गांव में सनसनी फैल गई. जिस ने भी घटना के बारे में सुना, दंग रह गया.

दोहरे हत्याकांड ने लोगों का दिल दहला दिया. पुलिस ने आला कत्ल फावड़ा और दोनों लाशों को कब्जे में लेने के बाद लाशें पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दीं. इस के बाद थानाप्रभारी ने हत्यारोपी ऋषि तोमर से पूछताछ की तो इस दोहरे हत्याकांड की जो कहानी सामने आई, इस प्रकार थी—

उत्तर प्रदेश के जिला आगरा के थाना मनसुखपुरा के गांव बड़ापुरा के रहने वाले ऋषि तोमर की शादी लक्ष्मी से हुई थी. लक्ष्मी से शादी कर के ऋषि तो खुश था, लेकिन लक्ष्मी उस से खुश नहीं थी. क्योंकि ऋषि उस की चाहत के अनुरूप नहीं था.

ऋषि मेहनती तो था, लेकिन उस में कमी यह थी कि वह सीधासादा युवक था. वह ज्यादा पढ़ालिखा भी नहीं था. बड़ापुरा में कोई अच्छा काम न मिलने पर वह दिल्ली जा कर नौकरी करने लगा.

करीब 2 साल पहले की बात है. ससुराल में ही लक्ष्मी की मुलाकात यहीं के रहने वाले दीपक से हो गई. दोनों की नजरें मिलीं तो उन्होंने एकदूसरे के दिलों में जगह बना ली.

पहली ही नजर में खूबसूरत लक्ष्मी पर दीपक मर मिटा था तो गबरू जवान दीपक को देख कर लक्ष्मी भी बेचैन हो उठी थी. एकदूसरे को पाने की चाहत में उन के मन में हिलोरें उठने लगीं. पर भीड़ के चलते वे आपस में कोई बात नहीं कर सके थे, लेकिन आंखों में झांक कर वे एकदूसरे के दिल की बातें जरूर जान गए थे.

बाजार में मुलाकातों का सिलसिला चलने लगा. मौका मिलने पर वे बात भी करने लगे. दीपक लक्ष्मी के पति ऋषि से स्मार्ट भी था और तेजतर्रार भी. बलिष्ठ शरीर का दीपक बातें भी मजेदार करता था. भले ही लक्ष्मी के 3 बच्चे हो गए थे, लेकिन शुरू से ही उस के मन में पति के प्रति कोई भावनात्मक लगाव पैदा नहीं हुआ था.

लक्ष्मी दीपक को चाहने लगी थी. दीपक हर हाल में उसे पाना चाहता था. लक्ष्मी ने दीपक को बता दिया था कि उस का पति दिल्ली में नौकरी करता है और वह बड़ापुरा में अपनी बेटी के साथ अकेली रहती है, जबकि उस के 2 बच्चे अपने दादादादी के पास रहते थे.

मौका मिलने पर लक्ष्मी ने एक दिन दीपक को फोन कर अपने गांव बुला लिया. वहां पहुंच कर इधरउधर की बातों और हंसीमजाक के बीच दीपक ने लक्ष्मी का हाथ अपने हाथ में ले लिया. लक्ष्मी ने इस का विरोध नहीं किया.

दीपक के हाथों का स्पर्श कुछ अलग था. लक्ष्मी का हाथ अपने हाथ में ले कर दीपक सुधबुध खो कर एकटक उस के चेहरे पर निगाहें टिकाए रहा. फिर लक्ष्मी भी सीमाएं लांघने लगी. इस के बाद दोनों ने मर्यादा की दीवार तोड़ डाली.

एक बार हसरतें पूरी होने के बाद उन की हिम्मत बढ़ गई. अब दीपक को जब भी मौका मिलता, उस के घर पहुंच जाता था. ऋषि के दिल्ली जाते ही लक्ष्मी उसे बुला लेती फिर दोनों ऐश करते. अवैध संबंधों का यह सिलसिला करीब 2 सालों तक ऐसे ही चलता रहा.

लेकिन उन का यह खेल ज्यादा दिनों तक लोगों की नजरों से छिप नहीं सका. किसी तरह पड़ोसियों को लक्ष्मी और दीपक के अवैध संबंधों की भनक लग गई. ऋषि के परिचितों ने कई बार उसे उस की पत्नी और दीपक के संबंधों की बात बताई.

लेकिन वह इतना सीधासादा था कि उस ने परिचितों की बातों पर ध्यान नहीं दिया. क्योंकि उसे अपनी पत्नी पर पूरा विश्वास था, जबकि सच्चाई यह थी कि लक्ष्मी पति की आंखों में धूल झोंक कर हसरतें पूरी कर रही थी.

4 फरवरी, 2019 को ऋषि जब दिल्ली से अपने गांव आया तो उस ने अपनी पत्नी और दीपक को ले कर लोगों से तरहतरह की बातें सुनीं. अब ऋषि का धैर्य जवाब देने लगा. अब उस से पत्नी की बेवफाई और बेहयाई बिलकुल बरदाश्त नहीं हो रही थी. उस ने तय कर लिया कि वह पत्नी की सच्चाई का पता लगा कर रहेगा.

ऋषि के दिल्ली जाने के बाद उस की बड़ी बेटी अपनी मां लक्ष्मी के साथ रहती थी और एक बेटा और एक बेटी दादादादी के पास गांव राजाखेड़ा, जिला धौलपुर, राजस्थान में रहते थे.

ऋषि के दिमाग में पत्नी के चरित्र को ले कर शक पूरी तरह बैठ गया था. वह इस बारे में लक्ष्मी से पूछता तो घर में क्लेश हो जाता था. पत्नी हर बार उस की कसम खा कर यह भरोसा दिला देती थी कि वह गलत नहीं है बल्कि लोग उसे बेवजह बदनाम कर रहे हैं.

घटना से एक दिन पूर्व 4 फरवरी, 2019 को ऋषि दिल्ली से गांव आया था. दूसरे दिन उस ने जरूरी काम से रिश्तेदारी में जाने तथा वहां 2 दिन रुक कर घर लौटने की बात लक्ष्मी से कही थी. बेटी स्कूल गई थी. इत्तफाक से ऋषि अपना मोबाइल घर भूल गया था, लेकिन लक्ष्मी को यह पता नहीं था. करीब 2 घंटे बाद मोबाइल लेने जब घर आया तो घर का दरवाजा अंदर से बंद था.

उस ने दरवाजा थपथपाया. पत्नी न तो दरवाजा खोलने के लिए आई और न ही उस ने अंदर से कोई जवाब दिया. तो ऋषि को गुस्सा आ गया और उस ने जोर से धक्का दिया तो कुंडी खुल गई.

जब वह कमरे के अंदर पहुंचा तो पत्नी और उस का प्रेमी दीपक आपत्तिजनक स्थिति में थे. यह देख कर उस का खून खौल उठा. पत्नी की बेवफाई पर ऋषि तड़प कर रह गया. वह अपना आपा खो बैठा. अचानक दरवाजा खुलने से प्रेमी दीपक सकपका गया था.

ऋषि ने सोच लिया कि वह आज दोनों को सबक सिखा कर ही रहेगा. गुस्से में आगबबूला हुए ऋषि कमरे से बाहर आया.

वहां रखा फावड़ा उठा कर उस ने दीपक पर ताबड़तोड़ प्रहार किए. पत्नी लक्ष्मी उसे बचाने के लिए आई तो फावड़े से प्रहार कर उस की भी हत्या कर दी. इस के बाद दोनों की लाशें कमरे में बंद कर वह थाने पहुंच गया.

ऋषि ने पुलिस को बताया कि उसे दोनों की हत्या पर कोई पछतावा नहीं है. यह कदम उसे बहुत पहले ही उठा लेना चाहिए था. पत्नी ने उस का भरोसा तोड़ा था. उस ने तो पत्नी पर कई साल भरोसा किया.

उधर दीपक के परिजन इस घटना को साजिश बता रहे थे. उन का आरोप था कि दीपक को फोन कर के ऋषि ने अपने यहां बहाने से बुलाया था. घर में बंधक बना कर उस की हत्या कर दी गई. उन्होंने शक जताया कि इस हत्याकांड में अकेला ऋषि शामिल नहीं है, उस के साथ अन्य लोग भी जरूर शामिल रहे होंगे.

मृतक दीपक के चाचा राजेंद्र ने ऋषि तोमर एवं अज्ञात के खिलाफ तहरीर दे कर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई.

पुलिस ने हत्यारोपी ऋषि से विस्तार से पूछताछ करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया.

उधर पोस्टमार्टम के बाद लक्ष्मी के शव को लेने उस के परिवार के लोग नहीं पहुंचे, जबकि दीपक के शव को उस के घर वाले ले गए.

हालांकि मृतका लक्ष्मी के परिजनों से पुलिस ने संपर्क भी किया, लेकिन उन्होंने अनसुनी कर दी. इस के बाद पुलिस ने लक्ष्मी के शव का अंतिम संस्कार कर दिया. थानाप्रभारी ओमप्रकाश सिंह मामले की तफ्तीश कर रहे थे.

   —कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

एक जुर्म से बड़ा दूसरा जुर्म : बहन का कातिल भाई

8 फरवरी, 2021 की बात है सुबह के करीब 10 बजे थे. नासिर नाम का एक कबाड़ी जोया रोड के किनारे हिल्टन कौन्वेंट स्कूल के पास से गुजर रहा था, तभी उस की नजर स्कूल के पास पड़े खाली प्लौट में चली गई.

प्लौट में एक युवती की लाश पड़ी थी. लाश देखते ही नासिर ने शोर मचा दिया. उस की आवाज सुन कर तमाम लोग जमा हो गए. नासिर ने फोन कर के इस की सूचना अमरोहा देहात थाने में दे दी.

युवती की लाश की सूचना मिलते ही थानाप्रभारी सुरेशचंद्र गौतम अपनी टीम के साथ घटनास्थल की ओर रवाना हो गए. वह जोया रोड स्थित हिल्टन कौन्वेंट स्कूल के पास पहुंचे तो वहां एक प्लौट में काफी लोग जमा थे.

वहीं पर युवती की लाश पड़ी थी, जो खून से लथपथ थी. उस का सिर और मुंह कुचला हुआ था. लाश के पास ही खून से सनी एक ईंट पड़ी थी. पुलिस ने अनुमान लगाया कि हत्यारे ने इसी ईंट से युवती की हत्या की होगी.

मृतका की उम्र लगभग 25 साल  थी. काले रंग की जींस, नारंगी टौप और सफेद जूते पहने वह युवती किसी अच्छे परिवार की लग रही थी. उस के गले पर भी चोट के निशान थे.

लाश के पास 2 मोबाइल फोन और 2 पर्स भी पड़े थे. पुलिस ने उस के पर्स की तलाशी ली तो उस में एक आधार कार्ड मिला. आधार कार्ड पर नाम नेहा चौधरी लिखा था.

आधार कार्ड के फोटो से इस बात की पुष्टि हो गई कि लाश नेहा चौधरी की ही है. कार्ड पर लिखे एड्रैस के अनुसार, नेहा अमरोहा देहात थाने के पचोखरा गांव निवासी दिनेश चौधरी की बेटी थी.

थानाप्रभारी ने एक कांस्टेबल को भेज कर यह खबर मृतका के घर तक पहुंचवा दी. सूचना पा कर एसपी सुनीति, एएसपी अजय प्रताप सिंह और सीओ विजय कुमार राणा भी घटनास्थल पर पहुंच गए. उन्होंने भी लाश और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की.

उधर खबर मिलते ही मृतका नेहा चौधरी की मां वीना चौधरी, छोटा भाई अंकित और  चाचा कमल सिंह गांव के कुछ लोगों के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए. लाश देखते ही वीना चौधरी ने उस की शिनाख्त अपनी बेटी नेहा के रूप में कर दी. घर के सभी लोगों का रोरो कर बुरा हाल था. गांव वाले उन्हें सांत्वना दे कर चुप कराने की कोशिश कर रहे थे.

पुलिस ने मृतका के घर वालों से पूछा कि उन की किसी से कोई रंजिश वगैरह तो नहीं है. इस पर वीना चौधरी ने कहा कि हमारी गांव में क्या कहीं भी किसी से कोई रंजिश नहीं है.

मौके पर पहुंची फोरैंसिक टीम ने भी घटनास्थल से सुबूत जुटाए. इस के बाद पुलिस ने जरूरी लिखापढ़ी के बाद उस का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. एसपी सुनीति ने इस हत्याकांड को सुलझाने के लिए 3 पुलिस टीमों का गठन किया.

hindi-manohar-family-crime-story

पुलिस ने वीना चौधरी से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि नेहा मेरठ की सुभारती यूनिवर्सिटी से एमबीए  कर रही थी. इस साल वह फाइनल की छात्रा थी. इस के अलावा वह पिछले 4 साल से नोएडा स्थित एक निजी बैंक में नौकरी भी कर रही थी और दिल्ली के लक्ष्मी नगर में किराए के मकान में रहती थी.

7 फरवरी यानी कल वह घर अमरोहा लौटने वाली थी. उस ने नोएडा से चलने के बाद अपने चाचा कमल सिंह को फोन कर के बता दिया था कि वह शाम तक अमरोहा पहुंच जाएगी. लेकिन वह घर नहीं पहुंची.

पुलिस ने मृतका के चाचा कमल सिंह की तरफ से अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया. पोस्टमार्टम के बाद घर वाले लाश ले कर चले गए.

पुलिस की सभी टीमें जांच में जुट गईं. जिस जगह पर नेहा चौधरी की लाश मिली थी, पुलिस ने उस के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली.

एक फुटेज में 7 फरवरी को रात करीब 8 बजे नेहा चौधरी के साथ एक युवक भी दिखाई दिया. दूसरे दिन पुलिस ने वह फुटेज नेहा के घर वालों को दिखाई तो वीना चौधरी और देवर कमल सिंह ने युवक को पहचानते हुए बताया कि यह तो  नेहा का छोटा भाई अंकित है.

यह सुन कर पुलिस हतप्रभ रह गई. वीना चौधरी के साथ अंकित भी घटनास्थल पर आया था और फूटफूट कर रो रहा था, जबकि उस की हत्या से कुछ घंटे पहले तक वह उस के साथ था. सोचने वाली बात यह थी कि हत्या से पहले आखिर वह उस के साथ क्या कर रहा था.

अब पुलिस का मकसद अंकित से पूछताछ करना था, लेकिन वह घर से गायब था. पुलिस उस की तलाश में जुट गई. अगले दिन यानी 9 फरवरी की रात 9 बजे अंकित को पुलिस ने उस समय गिरफ्तार कर लिया, जब वह दिल्ली भागने की फिराक में था. थाने में पुलिस ने अंकित से सख्ती से पूछताछ की तो वह टूट गया.

अंकित ने स्वीकार कर लिया कि उस ने ही अपनी बड़ी बहन नेहा की हत्या की थी. आखिर छोटे भाई ने अपनी सगी बहन की  हत्या क्यों की, इस बारे में पुलिस ने जब अंकित से पूछा तो नेहा चौधरी की हत्या की जो कहानी सामने आई, वह चौंकाने वाली थी—

25 वर्षीय नेहा चौधरी उत्तर प्रदेश के जिला अमरोहा के गांव पचोखरा के रहने वाले दिनेश चौधरी की बेटी थी. पत्नी वीना चौधरी के अलावा दिनेश चौधरी के 2 बच्चे थे, बड़ी बेटी नेहा और छोटा अंकित चौधरी.

करीब 20 साल पहले दिनेश चौधरी अचानक गायब हो गए थे. उन्हें बहुत तलाशा गया, लेकिन कहीं पता नहीं चला. उस समय नेहा की उम्र 5 साल और अंकित की 3 साल थी.

पति के गायब हो जाने पर वीना चौधरी पर जैसे दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. दुख की इस घड़ी में उन का साथ दिया उन के देवर कमल सिंह ने. वह अमरोहा शहर के मोहल्ला पीरगढ़ में रहते थे.

भाई के गायब हो जाने के बाद वह अपनी भाभी और दोनों बच्चों को अपने साथ ले आए और अपने घर पर ही रख कर न सिर्फ उन की परवरिश की, बल्कि पढ़ाईलिखाई भी पूरी कराई.

अंकित चौधरी की ननिहाल अमरोहा जिले के ही गांव सलामतपुर में थी. वह अकसर अपनी ननिहाल जाता रहता था. बताया जाता है कि उस ने अपने ममेरे भाई अक्षय के साथ मिल कर अपनी ननिहाल के गांव की रहने वाली एक नाबालिग लड़की का अपहरण कर उस के साथ बलात्कार किया था.

लड़की के पिता ने 18 जनवरी, 2021 को थाना डिडौली में अंकित और अक्षय के खिलाफ भारतीय दंड विधान की धारा 363 376डी, 342, 516 पोक्सो ऐक्ट तथा एससी/एसटी ऐक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई.

अमरोहा की अदालत में नाबालिग लड़की के बयान भी दर्ज कराए गए. जिस में उस ने साफ कहा कि अंकित और अक्षय ने उस का अपहरण करने के बाद उस के साथ दुष्कर्म किया था.

इस केस से बचने के लिए अंकित चौधरी ने अमरोहा के कई बड़े वकीलों से राय ली. उन्होंने अंकित को बताया कि मामला बहुत गंभीर है. इस में तुम बच नहीं सकते, जेल तो जाना ही पड़ेगा. तब शातिर दिमाग अंकित चौधरी ने अपने आप को बचाने के लिए एक खौफनाक योजना तैयार की.

योजना यह थी कि वह अपनी बड़ी बहन नेहा चौधरी की हत्या करने के बाद इस का आरोप उस लड़की के पिता पर लगा देगा, जिस ने उस के खिलाफ बेटी के अपहरण व बलात्कार की रिपोर्ट दर्ज कराई थी.

ऐसा करने से क्रौस केस बन जाएगा. इस के बाद केस को रफादफा करने के लिए समझौते की बात चलेगी. समझौता हो जाने पर वह जेल जाने से बच जाएगा.

उसे बहन की हत्या कैसे करनी है, इस की भी उस ने पूरी योजना बना ली थी. योजना के अनुसार 7 फरवरी, 2021 को अंकित चौधरी ने अपनी बहन नेहा चौधरी को किसी परिचित के मोबाइल से फोन किया. उस समय नेहा नोएडा में अपनी ड्यूटी पर थी.

अंकित ने उस से  कहा कि बहन मेरे ऊपर जो मुकदमा चल रहा है उस में नाबालिग लड़की के पिता से बात हो गई है. वह फैसला करने को राजी है. लेकिन फैसले के समय तुम्हारा वहां रहना जरूरी है. इसलिए मैं अमरोहा से टैक्सी ले कर तुम्हें लेने के लिए नोएडा आ रहा हूं. नेहा ने सोचा कि एकलौता भाई है, फैसला हो जाए तो अच्छा है. यही सोच कर उस ने अमरोहा आने की हामी भर दी.

योजना के अनुसार 7 फरवरी, 2021 को अमरोहा के गांधी मूर्ति चौराहे के पास स्थित टैक्सी स्टैंड से एक गाड़ी बुक करा कर अंकित नोएडा के लिए रवाना हो गया. वह उस जगह पहुंच गया, जहां उस की बहन नेहा नौकरी करती थी. नेहा अंकित के साथ नोएडा से अमरोहा के लिए चल दी.

रास्ते में नेहा ने अपने चाचा कमल सिंह को फोन कर के बता दिया था कि वह अमरोहा आ रही है और शाम 6 बजे तक घर पहुंच जाएगी.

वापसी में अंकित टैक्सी ले कर अमरोहा से थोड़ा पहले स्थित जोया रोड पर पहुंचा तो उस ने अमरोहा ग्रीन से थोड़ा पहले टैक्सी रुकवा ली. नेहा ने टैक्सी रोकने की वजह पूछी तो अंकित ने बताया कि पुलिस मेरे पीछे पड़ी है. ऐसे में टैक्सी से घर जाना सही नहीं है. हम लोग यहां से किसी दूसरे रास्ते से चलेंगे. उस ने टैक्सी वाले को पैसे दे कर वहां से भेज दिया.

इस के बाद वह नेहा को हिल्टन कौन्वेंट स्कूल के पास खाली पड़े प्लौट की तरफ ले गया. नेहा ने उस से पूछा भी कि मुझे इस अनजान, सुनसान जगह से कहां ले जा रहे हो. तब अंकित ने कहा कि इधर से शौर्टकट रास्ता है. मेनरोड पर पुलिस मुझे पकड़ सकती है इसलिए मैं शौर्टकट से जा रहा हूं. नेहा ने भाई की बात पर विश्वास कर लिया और उस के साथ चलने लगी.

नेहा को क्या पता था कि जिस भाई की कलाई पर वह हर साल अपनी रक्षा के लिए राखी बांधती है, वही भाई उस की हत्या करने वाला है.

वह कुछ ही दूर चली थी कि अंकित रुक गया. वह नेहा से बोला कि मैं बाथरूम कर लूं, तुम पीछे मुंह कर के खड़ी हो जाओ.

जैसे ही नेहा पीछे मुंह कर के खड़ी हुई, अंकित ने अपनी जेब से एक फीता निकाला और बड़ी फुरती से नेहा के गले में डाल कर कस दिया. नेहा बस इतना ही कह पाई कि भाई यह तुम क्या कर रहे हो? इस के बाद वह मूर्छित हो कर जमीन पर गिर गई. तभी अंकित ने पास पड़ी ईंट से बहन के सिर व चेहरे पर तमाम वार किए और वह उसे ईंट से तब तक कूटता रहा, जब तक कि उस की मौत न हो गई.

अपनी सगी बहन की हत्या के बाद वह वहां से चला गया. वह सीधा अमरोहा की आवास विकास कालोनी में रहने वाले अपने एक रिश्तेदार के घर गया. फिर वहां से अगली सुबह 5 बजे उठ कर चला गया.

उस के कपड़ों, जूतों आदि पर खून लगा था. इसलिए उस ने अपने कपड़े, जैकेट, जूते, टोपा और गला घोंटने वाला फीता कल्याणपुर बाईपास के पास हमीदपुरा गांव के जंगल की झाडि़यों में छिपा दिए. इस के बाद वह अपने घर चला गया.

सुबह होने पर एक सिपाही जब नेहा की हत्या की खबर देने उस के घर गया, तब वह अपनी मां और चाचा के साथ घटनास्थल पर पहुंचा और वहां फूटफूट कर रोने का नाटक करने लगा.

अंकित से पूछताछ करने के बाद पुलिस ने उस की निशानदेही पर हमीदपुरा गांव के जंगल की झाडि़यों में छिपा कर रखे गए कपड़े, जैकेट, जूते, टोपा और फीता बरामद कर लिया.

अंकित चौधरी की गिरफ्तारी के बाद सारे सबूत पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिए. 10 फरवरी, 2021 को अमरोहा की एसपी सुनीति ने प्रैस कौन्फ्रैंस कर इस हत्याकांड का खुलासा कर दिया. इस पूरे मामले में एसपी सुनीति को डिडौली थाने के दरोगा मुजम्मिल की लापरवाही नजर आई. मुजम्मिल ने नाबालिग लड़की के अपहरण और बलात्कार के आरोपी अंकित और उस के ममेरे भाई अक्षय को गिरफ्तार करने में लापरवाही दिखाई थी.

यदि वह इन दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लेते तो शायद नेहा की हत्या नहीं होती. इसलिए एसपी सुनीति ने लापरवाही के आरोप में एसआई मुजम्मिल को लाइन हाजिर कर दिया. अंकित चौधरी से विस्तार से पूछताछ करने के बाद पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

लव ट्रायंगल की लाइफ : पति का किया किनारा – भाग 3

एक दिन उस ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाने की सोची. फिर बीवी और अपनी बदनामी के डर से चुप रहा. उसे विश्वास था कि सुधा को उस का प्रेम एक न एक दिन खींच लाएगा.

इसी उधेड़बुन में चौथे दिन उसे सागर के भोपाल में ही नए ठिकाने का पता चल गया. वह तुरंत उस के किराए के मकान में गया. सागर मिल गया. सुधा और बच्चे को देखने की इच्छा जताई. उस वक्त सुधा और बच्चे घर में नहीं थे. शायद उन्हें सागर ने कहीं और छिपा रखा था.

सागर ने उस से मिलवाने से साफसाफ इनकार कर दिया. उस ने सख्ती से कहा, अब सुधा उस की बीवी बनने वाली है. शादी से पहले उस का परिचय और मुलाकात किसी से नहीं करवाएगा.

सागर की इस सख्ती वाले तेवर से अक्षय सहम गया. वह नरमी के साथ सागर से विनती करने लगा. उस के सामने गिड़गिड़ाया. हाथ जोड़े. यहां तक कि उस के पैर तक छू कर सुधा और बच्चे को मिलवाने के लिए कहा. फिर भी उसे उस की स्थिति पर तरस नहीं आया.

अक्षय निराशहताश अपने टीटी नगर स्थित कमरे पर लौट आया. करीब 2 हफ्ते बीतने को आए. सागर ड्यूटी पर नहीं आता था. उस ने समझ लिया कि सागर जरूर सुधा के साथ शादी करने के लिए गांव चला गया होगा.

इस बीच सागर के नए ठिकाने पर भी गया. वहां ताला लगा था. अक्षय अब बेहद टूट चुका था. शरीर से भी काफी कमजोर हो गया था.

उस दिन गुरुवार का दिन था. तारीख 21 अक्तूबर 2021 थी. अक्षय का सुबह से ही किसी भी काम में मन नहीं लग रहा था. उस के मन में बहुत कुछ उलटपलट हो रहा था. विचारों का ऐसा घालमेल हो गया था कि जबरदस्त भूख होने के बावजूद कुछ भी खाने की इच्छा नहीं हो रही थी.

सुधा की बेवफाई और उस के द्वारा शादी के समय लिए साथसाथ जीने के कसमेवादे को ध्यान कर वह बेहद तिलमिला गया था. उस रोज वह ड्यूटी पर भी नहीं गया था. सुधा और बच्चे के बारे में सोचतेसोचते उस की कब आंखें लग गईं, पता ही नहीं चला.

शाम को करीब 8 बजे जब उस की नींद खुली, तब उस ने खुद को बेहद कमजोर महसूस किया. किसी तरह से फिर अपने लिए सुबह की पकाई खिचड़ी खा ली, जो कुकर में सुबह से ही बंद थी. सुबह उस ने खिचड़ी पकाई जरूर थी, लेकिन वह ज्यों की त्यों पड़ी थी.

सुबह टीटी नगर की पुलिस को अक्षय के फांसी पर झूलने की सूचना मिली, जो उस के पड़ोसी ने दी थी. पड़ोस के ही एक बच्चे ने खिड़की से अक्षय को फांसी पर झूलते तब देखा था, जब वह बाजार जा रहा था.

दरअसल, अक्षय ने उसे कह रखा था कि वह जब भी सुबह में दूध लाने बाजार जाए, तब उस के लिए भी दूध लाने के लिए मिल ले. इस कारण वह लड़का सुबह अक्षय के घर आया था. कुछ समय तक पीटने पर भी दरवाजा नहीं खुला, तब उस ने खिड़की के पास जा कर आवाज लगाई.

उस का भी कोई जवाब नहीं मिलने पर उस ने भिड़े हुए खिड़की के दरवाजे को धकेल दिया था. तभी उस की नजर फांसी पर लटके अक्षय पर गई थी और भाग कर इस की जानकारी उस ने अपने पिता को दी. उस के पिता ने तुरंत पुलिस को इस की सूचना दे दी.

पुलिस टीम घटनास्थल पर आ गई. उस ने देखा कि अक्षय ने साड़ी का फंदा बना कर फांसी लगा ली थी. तुरंत उस के घर वालों को भी इस की जानकारी दी गई. उस की मां कुसुम बाई और उस के भाई निलेश पड़ोसियों की मदद से उसे जेपी अस्पताल ले कर गए. लेकिन डाक्टर ने अक्षय को मृत घोषित कर दिया.

अक्षय की मौत की खबर तेजी से फैल गई. लोकल चैनल पर उस की मौत की खबर प्रसारित होने लगी. उस के जरिए सुधा और सागर को भी अक्षय के आत्महत्या की जानकारी मिल गई. सुधा भाग कर अक्षय के घर जा पहुंची. घर पर कोई नहीं था. आसपास सन्नाटा पसरा था. सभी अक्षय की लाश को ले कर अस्पताल जा चुके थे.

सुधा विचलित हो गई थी. उस ने फटाफट पास खड़ी मोटरसाइकिल से पैट्रोल निकाला और कमरे में जा कर खुद पर उड़ेल लिया. तुरंत उस ने खुद को आग लगा दी. इसी बीच बच्चा ‘मम्मीमम्मी’ पुकारता कमरे में आया और उसे पकड़ना चाहा, लेकिन बच्चा डर कर भाग गया.

आग के तेजी से फैले धुएं को देख कर पासपड़ोस के लोग आए. उन्होंने किसी तरह से आग बुझाई, लेकिन तब तक वह काफी जल चुकी थी. उसे भी जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उस की मौत हो गई.

अक्षय की मौत को ले कर उस के भाई निलेश ने पुलिस से सागर पर मुकदमा चलाने के लिए कहा. उस का कहना था कि सागर ने अक्षय को धोखा दिया था.

उस ने उस की पत्नी सुधा को प्रेम जाल में फंसाया. और फिर सुधा अक्षय को छोड़ कर उसी दोस्त के साथ उस के घर पर रहने लगी. साथ में बेटे को भी ले गई. इस बात से अक्षय बहुत दुखी था.

पुलिस को अक्षय के पास से सुसाइड नोट बरामद हुआ है. इस सुसाइड नोट में उस ने लिखा है कि पत्नीबच्चे से मिलाने के लिए सागर के पैर तक छुए, लेकिन उस ने पत्नीबेटे से मिलने नहीं दिया. सागर ने मेरा जीवन तबाह कर दिया. मैं पत्नी और सागर की वजह से जान दे रहा हूं.

पुलिस ने सागर को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया. सुधा के बहके कदमों ने उसी के हंसतेखेलते परिवार को उजाड़ दिया.

लव ट्रायंगल की लाइफ : पति का किया किनारा – भाग 2

अक्षय को उस रोज झटके पर झटके लग रहे थे. वह कभी सुधा के गिरगिट की तरह बदलते रंग को समझने की कोशिश कर रहा था तो कभी पत्नी और दोस्त द्वारा एकदूसरे का नाम ले कर की जा रही बातचीत पर हैरान हो रहा था.

इस से पहले दोनों कभी भी इस तरह से एकदूसरे का नाम नहीं लेते थे. सागर हमेशा सुधा को भाभीजी और सुधा सागर को भाईसाहब कह कर बुलाती थी.

उस रोज सागर, सुधा और अक्षय ने साथ चाय पी. चाय पीते हुए सागर ने पब्लिक स्कूल में बच्चे का नाम लिखवाने के बारे में बातें कीं. इस पर अक्षय ने मायूसी से कहा कि उस के पास फीस, किताबों और स्कूल ड्रैस के लायक पैसे नहीं हैं. इस पर सुधा ने ताना दे डाला था, ‘‘तो बच्चा पैदा क्यों किया? शादी ही नहीं करते?’’

यह बात अक्षय को काफी तकलीफ दे गई. लेकिन दोस्त के सामने कुछ कह नहीं पाया. उस दिन अक्षय और सुधा के बीच जो तकरार की शुरुआत हुई, उस का सिलसिला बढ़ता ही चला गया.

अक्षय अपनी पत्नी के बदलते रंगढंग से परेशान रहने लगा था. वह समझ नहीं पा रहा था कि सुधा के व्यवहार में इस तरह से बदलाव क्यों आ गए. उस ने सुधा के साथ 2014 में प्रेम विवाह किया था. इस के लिए उसे अपने मातापिता की काफी मिन्नतें करनी पड़ी थीं.

वही सुधा उस के साथ प्रेम की सारी बातें भूल चुकी थी. अक्षय से हमेशा झगड़ने के मूड में रहती थी. बातबात पर ताने मारती रहती थी. किंतु सागर की तारीफ के पुल बांधने से भी पीछे नहीं हटती थी.

सुधा की जुबान से सागर की तारीफ ऐसे निकलती थी, मानो उस के सामने उस की कोई औकात ही नहीं थी. एक तो कोरोना लौकडाउन की वजह से वह पहले ही परेशान हो गया था. काम के दौरान उस की थोड़ी ऊपरी कमाई थी, वह एकदम से बंद हो चुकी थी.

सागर अब अक्षय की गैरमौजूदगी में सुधा से मिलने उस के घर आने लगा था. वह अक्षय से भी काफी कटाकटा रहता था. उन की दोस्ती सिर्फ दुआसलाम तक ही थी. घर आने पर अक्षय को हमेशा सुधा के मुंह से सागर की बातें ही सुनने को मिलती थीं.

अक्षय समझ गया था कि सुधा और सागर के बीच प्रेम संबंध बन चुके हैं. इस का उसे सबूत सागर द्वारा दिए गए गिफ्ट से मिल गया था. अक्षय ने जब इस बारे में सुधा को टोका था तब उस ने भी खुल कर कह दिया था कि वह सागर से प्यार करती है. उस रोज भी सुधा और अक्षय के बीच काफी तकरार हुई थी.

अगले रोज जब अक्षय ड्यूटी से घर आया, तब उस ने कमरे के दरवाजे पर ताला लगा पाया. वह चौंक गया. उसी वक्त पड़ोस से एक लड़का भागता हुआ आया और उसे चाबी पकड़ा कर चला गया.

अक्षय ताला खोल कर कमरे में दाखिल हुआ. कमरे की हालत देख कर वह हैरान रह गया. बिछावन पर कागज, रस्सियां और पौलीथिन की थैलियों का कूड़ा बिखरा हुआ था. सामने नजर उठा कर देखा, 3 में से 2 बक्से गायब थे. उन में सुधा के कपड़े थे. सामने अलगनी पर सुधा और उस के बच्चे का कोई कपड़ा नहीं था.

अक्षय समझ गया कि सुधा उसे छोड़ कर बच्चे के साथ बगैर बताए कहीं चली गई है. वह रसोई के पास पानी पीने के लिए गया. वहां एक परची गिलास के नीचे रखी थी. उस पर 2 पंक्तियां लिखी थीं, ‘मुझे ढूंढने की कोशिश मत करना. मैं बच्चे के साथ सागर के पास जा रही हूं. अब वहीं मेरा और बच्चे का भविष्य है.’

अक्षय के लिए यह बहुत बड़ा झटका था. उस ने सुधा को फोन मिलाया. किंतु उस ओर से कोई जवाब नहीं आया. सुधा के फोन में खराबी थी. उसे ठीक करवाने के लिए भी सुधा कई दिनों से रट लगाए हुए थी.

फोन नहीं मिलने पर अक्षय को खुद पर बहुत कोफ्त हुई. मन में सोचा कि अगर उस ने फोन ठीक करा दिया होता तो आज उस की फोन पर बात तो हो ही जाती.

खैर, अक्षय ने तुरंत सागर को फोन किया. उस का फोन स्विच्ड औफ था. तुरंत भागाभागा सागर के कमरे पर गया. वहां मालूम हुआ कि उस ने अपना कमरा बदल लिया है. उस के नए किराए के कमरे के बारे में पासपड़ोस वाले भी नहीं बता पाए.

सागर से मुलाकात वल्लभ भवन में हो सकती थी. अगले दिन रविवार की छुट्टी थी, इसलिए अक्षय ने सागर से मिलने के लिए सोमवार तक काफी बेचैनी से इंतजार किया. बगैर कुछ खाएपिए वह सो गया.

रविवार को भी जैसेतैसे बच्चे और सुधा की याद में खोया रहा. भूख तेज लगने लगी, तब किसी तरह से उस ने खिचड़ी बना कर खा ली.

सोमवार को अक्षय समय से पहले ही औफिस पहुंच गया. पहले वहां गया, जिस सेक्शन में सागर की ड्यूटी थी. सागर ड्यूटी पर नहीं आया था. उस के साथ काम करने वाले ने बताया कि उस ने 2 हफ्ते की छुट्टी ले रखी है. किसी ने बताया कि वह शादी में अपने गांव जाने वाला था.

शादी की बात सुन कर अक्षय के पैरों तले जमीन खिसकती नजर आई. वह समझ गया हो न हो, वह सुधा को ले कर गांव चला गया हो. उस से शादी करने वाला हो. वैसे भी उस की शादी की उम्र निकल चुकी थी.

वह काफी गुस्से में आ गया था, लेकिन क्या करता. किस पर अपना गुस्सा निकाले, समझ नहीं पा रहा था. नाराजगी सागर पर थी, लेकिन सुधा की बेवफाई से भी वह आहत हो चुका था.

जैसेतैसे कर 3 दिन बीत गए. सागर के बारे में पता लगाता रहा. हाटबाजार में बेवजह घूमता रहा कि शायद सुधा या सागर दिख जाएं.

लव ट्रायंगल की लाइफ : पति का किया किनारा – भाग 1

भोपाल के रहने वाले अक्षय सोमकुंवर की शादी करीब 8 साल पहले सुधा से हुई थी. दोनों एकदूसरे की पसंद थे. उन्होंने प्रेम किया था. सुधा और उस के परिवार के सभी सदस्य इस शादी से बेहद खुश थे, क्योंकि अक्षय सरकारी नौकरी करता था. नौकरी भले ही साधारण थी, लेकिन वह जहां काम करता था, उस जगह का नाम सुनते ही लोग सुधा को काफी मानसम्मान देते थे. सुधा भी अक्षय के कारण मिलने वाली इज्जत पा कर खुश हो जाती थी.

दरअसल, अक्षय भोपाल में मध्य प्रदेश सरकार के एक मंत्रालय में काम करता था. वह वल्लभ भवन में लिफ्टमैन था. अक्षय को आए दिन लिफ्ट में बड़ेबड़े राजनेता, मंत्री, मुख्यमंत्री और विभागों के बड़ेबड़े अधिकारियों से आमनेसामने होने का मौका मिलता था.

लिफ्ट में उन से उस की कोई बात नहीं हो पाती थी, लेकिन वह इतना जानता था कि जरूरत पड़ने पर किसी भी वीआईपी के पास आसानी जा सकता है.

इस कारण अक्षय के कई दोस्त बन गए थे. वे उसे गाहेबगाहे मदद भी करते रहते थे. उन्हीं में एक खास दोस्त सागर भी था. वह फोर्थ ग्रेड का कर्मचारी था और उसी बिल्डिंग में काम करता था. उस के संबंध दूसरे कई विभाग के अधिकारियों से थे. वह वहां का कोई भी काम चुटकी में निकलवा लिया करता था.

अक्षय और सागर से अच्छी दोस्ती होने के चलते दोनों फुरसत में अकसर साथ बैठते थे. एकदूसरे के सुखदुख की बातें करते थे. भविष्य की योजनाएं बनाते थे. परिवार की खुशहाली की बातें करते थे. पारिवारिक समस्याओं का समाधान निकाला करते थे.

इस सिलसिले में कई बार अक्षय की पीड़ा आंखों से छलक आती थी. जब वह मायूस हो जाता था, तब सागर उसे समझाता हुआ हिम्मत बंधाया करता था.

अक्षय के बुलावे पर सागर उस के घर भी आनेजाने लगा था. सुधा उसे कभी भी बगैर चाय पिलाए वापस नहीं जाने देती थी. अक्षय की तरह सुधा भी उस से पारिवारिक बातें किया करती थी.

घरेलू सुविधाओं और अच्छे रहनसहन की कमियों को दूर करने को ले कर चर्चा करती. उन का 4 साल का बेटा भी सागर से काफी घुलमिल गया था.

देखते ही देखते सागर अक्षय और सुधा के परिवार का एक अहम सदस्य की तरह बन गया. जब वह 2 दिनों तक घर नहीं आता, तब सुधा अक्षय से उस का हालचाल पूछ लिया करती थी. इसी के साथ सुधा को बेटे की पढ़ाई शुरू करने की चिंता भी सताने लगी थी.

कालोनी में रहने वाली औरतों के साथ जब उठतीबैठती थी, तब सभी अपनेअपने बच्चों की प्राइवेट स्कूल में एडमिशन की बातें करती थीं. पढ़ाई पर आने वाले खर्च की जब बात होती, तब वह चुप लगा जाती थी. सुधा को पता था कि वह महंगे प्राइवेट स्कूल में बच्चे का नाम नहीं लिखवा सकती है. इसे ले कर वह अक्षय से भी शिकायत करती थी.

कई बार आर्थिक तंगी को ले कर पति के साथ उस की नोकझोंक भी हो जाती थी. एक दिन की बात है. शाम के वक्त अक्षय ड्यूटी खत्म कर लौटा था. उस के आते ही सुधा उस पर ऐसे बरस पड़ी, मानो पहले से तैयार बैठी हो.

‘‘तुम्हारा घर पर कोई ध्यान है या नहीं?’’ सुधा के नाराजगी भरे तेवर देख कर अक्षय ने पूछा, ‘‘क्यों, क्या बात हुई? रसोई का कुछ सामान लाना है क्या?’’

‘‘सामान क्या लाना है? वह तो मैं सागर से मंगवा चुकी हूं,’’ सुधा बोली.

‘‘सागर आया था, कब? मुझे तो बताया नहीं था,’’ अक्षय चौंकते हुए बोला.

‘‘तुम, कब आया… बताया नहीं, ऐसे ही करते रहना. स्कूल में नाम लिखवाने का फार्म दे गया है. किसी से भरवा लेना. पैसे का इंतजाम भी कर लेना.’’

यह कहती हुई सुधा ने पास में बक्से पर रखे कुछ पन्ने का फार्म अक्षय को पकड़ा दिया. और पैर पटकती हुई कमरे में ही एक दीवार के साथ बनी रसोई से बरतनों को समेटने लगी. अक्षय ने पीने को पानी मांगा तो सुधा गुस्से में बोली, ‘‘खुद ले कर पी लो.’’

इसी बीच किसी ने दरवाजा खटखटाया. अक्षय ने पूछा, ‘‘कौन है?’’

‘‘मैं हूं सागर,’’

दोस्त की आवाज सुन कर अक्षय बोल पड़ा, ‘‘अरे आ जाओ.’’

कुछ सेकेंड में सागर उस के पास था. उस ने अपनी जेब से एक लंबा सा चौकलेट बार निकाल कर पास खेल रहे बच्चे को दे दिया. बच्चे ने झट चौकलेट लेने के लिए हाथ बढ़ा दिया, लेकिन अक्षय ने उसे डपटते हुए कहा, ‘‘झट से चौकलेट के लिए हाथ बढ़ा दिया. यह नहीं कि अंकल के लिए पानी ले कर आओ.’’

‘‘वह छोटा बच्चा है, पानी गिरा देगा. सागर, यह लो पानी.’’ सुधा सागर के सामने खड़ी मुसकरा रही थी.

hindi-manohar-family-crime-story

उस के तेवर बदले हुए थे. चेहरे पर खुशी की चमक उभर आई थी. यह देख कर सोच में पड़ गया कि कुछ समय पहले सुधा जिस तरह उस से झगड़े के मूड में थी, उस के चेहरे पर आई अचानक मुसकान की क्या वजह हो सकती है. यह उस के लिए दूसरा झटका था.

‘‘मम्मी, पापा को भी पानी दो,’’ बच्चा बोल पड़ा.

‘‘हांहां लाती हूं, वह कौन गेस्ट हैं. चाय पीओगे सागर?’’

‘‘जरूर सुधा, तुम्हारे हाथ की बनी चाय कैसे छोड़ सकता हूं,’’ सागर तपाक से बोल पड़ा.