Fake Baba Case. लोग आज भी ढोंगी और पाखंडी बाबाओं के जाल में केवल इसलिए फंस जाते हैं, क्योंकि वे मानसिक तनाव, जीवन के दुखों का समाधान और तार्किक सोच की कमी से जूझ रहे होते हैं. एक डौक्टर की लाडली बेटी और आईटी कंपनी में मैनेजर मधु भी एक ऐसी ही युवती थी, जो 17 सालों तक एक ढोंगी बाबा के यौन उत्पीडऩ का शिकार होती रही. आखिर ऐसी कौन सी वजह रही जो वह उस ढोंगी बाबा के चंगुल से आजाद नहीं हो पा रही थी?
उस दिन मंगलवार था और तारीख थी 16 जून, 2026. पुणे के पूर्वी हिस्से में मूला मुथा नदी के तट पर बसा खराडी आज पुणे का एक प्रमुख आईटी और व्यावसायिक केंद्र बन गया है. स्थानीय इतिहास के अनुसार 'खराडी’ नाम इस क्षेत्र में पाई जाने वाली लालसर और खारयुक्त मिट्टी के कारण पड़ा.
रोजगार के नए अवसरों के कारण देश भर से कामकाजी पेशेवर यहां आ कर बसने लगे हैं. कभी यह महज 30 हजार की आबादी वाला एक गांव भर था, आज उस की आबादी तेजी से बढ़ कर 3 लाख से अधिक हो गई है.
https://youtube.com/shorts/SAgtgdg8e68?si=mig1MnnPzwclaD5E
विकास को गति देने के लिए इस खराडी क्षेत्र को पुणे नगर निगम के दायरे में लाया गया, जिस से यहां पर चमचमाती सड़कें, आधुनिक मौल, फाइव स्टार होटल और रिहायशी टावर बनने लगे. आज का खराडी अपनी पारंपरिक ग्रामीण जड़ों को पीछे छोड़ते हुए आधुनिक पुणे के सब से महंगे और विकसित इलाकों में से एक बन चुका है.
16 जून, 2026 की सुबह खराडी थाने के सीनियर इंसपेक्टर संजय चव्हाण अपने सहयोगियों से बातचीत कर उन्हें उचित दिशानिर्देश दे रहे थे, तभी गेट पर तैनात संतरी एक महिला को ले कर उन के औफिस में आ गया और सैल्यूट मार कर बोला, ''जय हिंद साहब, यह महिला काफी परेशानी में है और अपनी व्यथा आप से कहने के लिए गुहार लगा रही है.’’






