Kashipur Blind Murder Case. कांति बेशक विकास से प्यार करती थी, लेकिन जब उस की दोस्ती मौडल जौनी से हुई तो वह भी मौडल बनने के सपने देखने लगी. तब उस ने विकास से दूरी बना ली. जबकि कांति की मम्मी विकास से ही शादी करने का दबाव उस पर डालने लगी. इस दबाव से नाराज हो कर एक दिन कांति ने अपना घर छोड़ दिया. इस के बाद जो हुआ...
दिन भर की भीषण गरमी के बाद उस कालोनी के अधिकांश लोग राहत पाने के लिए अपनीअपनी छतों पर टहलने के लिए चले गए थे, लेकिन इतनी गरमी में खाना बनाना कांति की मजबूरी थी.
उस वक्त लाइट भी गुल थी, जिस की वजह से कांति हवा खाने के लिए घर के दरवाजे पर जा खड़ी हुई. चारों ओर घोर अंधेरा छाया था. मौका पाते ही विकास उस के पास आ कर खड़ा हो गया. वह बोला, ''कांति, मैं तेरा बहुत देर से इंतजार कर रहा था, लेकिन तू मुझे कहीं भी दिखाई नहीं दी.’’
''विकास, मैं ने तुम से कितनी बार कहा कि तुम इस तरह से मुझ से मत मिला करो. मेरा तुम्हारे साथ कोई रिश्ता नहीं रह गया.’’ कहते हुए कांति ने विकास से कन्नी काटनी चाही, लेकिन विकास फिर भी उस के पीछे पड़ा हुआ था.
तभी कांति की मम्मी बिदुली भी घर से निकल कर बाहर आ गई थीं. वह बोली, ''क्या हुआ बेटा, तुम बाहर क्यों खड़ी हो? आओ, अंदर आओ. मुझे तुम से कुछ जरूरी बात करनी थी.’’
मम्मी की बात सुनते ही कांति कमरे में आ गई. उस के पीछेपीछे विकास भी घर के अंदर आ गया था. कमरे में आते ही विकास ने बिदुली से कहा, ''आंटी, इस कांति को अचानक क्या हो गया. इस से पहले यह हर वक्त मेरे लिए पलक बिछाए बैठी रहती थी, लेकिन अब यह न तो मुझ से कोई बात ही करना चाहती है और न ही मेरी तरफ एक फूटी आंख देखने को ही तैयार है. आखिरकार इस पर कौन सा भूत सवार हो गया, जो यह मुझे अपना दुश्मन समझने लगी?’’






