Luxury Car Theft. दिल्ली पुलिस ने एक ऐसे शातिर कार चोर गिरोह का परदाफाश किया है, जो केवल उन्हीं गाडि़यों को चुराता था, जिन की डिमांड आती थी. लेटेस्ट तकनीक से लैस यह गिरोह चंद मिनटों में ही गाड़ी उड़ा लेता था.
पहली अप्रैल, 2017 की बात है. दिल्ली पुलिस के दक्षिणीपूर्वी जिले के इंचार्ज राजेंद्र कुमार अपने औफिस में सबइंसपेक्टर प्रवेश कसाना और अजय कटेवा से एक केस के बारे में विचारविमर्श कर रहे थे, तभी एक पुराना मुखबिर उन के पास आ पहुंचा. वह उन का विश्वसनीय मुखबिर था. वह जब भी आता था, कोई न कोई नई जानकारी लाता था. इसलिए उसे देखते ही इंसपेक्टर राजेंद्र कुमार ने उसे कुरसी पर बैठने का इशारा करते हुए पूछा, ‘‘कहिए, क्या नई खबर है?’’
‘‘सर, खबर इतनी दमदार है कि आप भी खुश हो जाएंगे.’’ उस ने कहा.
इतना सुनते ही इंसपेक्टर राजेंद्र कुमार और दोनों सबइंसपेक्टर उस के चेहरे की तरफ देखने लगे. इंसपेक्टर राजेंद्र कुमार ने कहा, ‘‘अब पहेलियां मत बुझाओ, जो भी हो सीधे बता दो.’’
‘‘ठीक है सर, बताता हूं.’’ कह कर उस ने बताना शुरू किया, ‘‘सर, सूचना ऐसे कार चोर गैंग की है, जो केवल औन डिमांड कारों को चुराता है. इस के अलावा इस गैंग की एक खास बात यह है कि वह कंप्यूटर, लेटेस्ट सौफ्टवेयर व अन्य हाईटेक उपकरणों से मिनटों में ही कार को ले उड़ता है. गैंग के सदस्य आज शाम 4-5 बजे के बीच सफेद रंग की वेरना कार से न्यू फ्रैंड्स कालोनी में आएंगे. उन का इरादा एस्कार्ट्स अस्पताल के आसपास से किसी कार पर हाथ साफ करना है.’’






