Uttarakhand Crime: 2 बार राष्ट्रपति पदक से सम्मानित, उत्तराखंड और पूरे देश में इंस्टाग्राम अकाउंट पर 'सिंगर इन खाकी’ नाम से मशहूर सिंगर और उत्तराखंड होमगार्ड सेवा में निदेशक होमगार्ड (डिप्टी कमांडेंट जनरल) अमिताभ श्रीवास्तव पर वरदी घोटाले का गंभीर आरोप लगा है. आखिर कौन हैं अमिताभ श्रीवास्तव और क्या है उत्तराखंड का बहुचर्चित होमगार्ड वरदी घोटाला?
उत्तराखंड राज्य की पहचान के कुछ प्रमुख स्तंभ हैं. इसे आध्यात्मिक केंद्र भी कहा जाता है. यहां पर हिंदुओं के 4 प्रमुख धाम केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री स्थित हैं. उत्तराखंड अपनी ऊंची हिमालय चोटियों, ग्लेशियरों और फूलों की घाटी के लिए भी जाना जाता है. यहां का ऋषिकेश शहर विश्व की योग राजधानी के रूप में प्रसिद्ध है. उत्तराखंड भारत की नदियों गंगा और यमुना का उद्गम स्थल भी है. इन्हीं सभी विशेषताओं के लिए उत्तराखंड को मुख्यरूप से 'देवभूमि’ के रूप में भी जाना जाता है.
24 जनवरी, 2026 को जब प्रदेश के होमगार्ड एवं सिविल डिफेंस डिपार्टमेंट में होमगाड्र्स के लिए वरदी सामग्री की खरीद प्रक्रिया में 2 करोड़ रुपए के घोटाले की खबर सामने आई तो पूरे उत्तराखंड में हड़कंप सा मच गया था. यह बड़ा घोटाला वर्ष 2024-25 और 2025-26 के दौरान होमगाड्र्स की वरदी सामग्री की खरीद में अनियमितताओं से संबंधित था.
इस में तत्कालीन होमगाड्र्स एवं सिविल डिफेंस डिपार्टमेंट के निदेशक (डिप्टी कमांडेंट जनरल) अमिताभ श्रीवास्तव पर सीधासीधा आरोप लगाया गया था कि होमगार्ड की वरदी, जूते, जैकेट और डंडे जैसी सामग्रियों को बाजार दर से लगभग 3 गुना अधिक दाम पर खरीदा गया था, जिस से सरकारी खजाने को करीब 2 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ था. उत्तराखंड के गृह सचिव शैलेश बगौली के अनुसार, इस गंभीर मामले में 15 दिन पहले कमांडेंट जनरल होमगार्ड का पत्र उन्हें प्राप्त हुआ था, जिस में बताया गया था कि होमगार्ड के डिप्टी कमांडेंट जनरल अमिताभ श्रीवास्तव ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए कई गंभीर अनियमितताएं की थीं.






