Cyber Crime. ब्यूटीफुल दुलहनियों के चक्कर में शादी को बेताब 7,693 लोग 1.11 करोड़ लुटा कर अपने को ठगा महसूस कर रहे हैं. छत्तीसगढ़ के रायगढ़ की अजब ठगी की गजब स्टोरी में जानें कि हजारों लोग शादी के चक्कर में रुपए खर्च करने के बाद भी कुंआरे कैसे रह गए?
काफी प्रयास के बाद भी विनीत की शादी नहीं हो पा रही थी. अच्छी नौकरी के साथ तनख्वाह भी ठीक थी. इस के बावजूद अब तक उसे कोई ढंग की लड़की नहीं मिली थी, जिसे वह अपनी जीवनसंगिनी बना सके. उस के एक दोस्त ने उसे सलाह दी कि वह मैट्रिमोनियल साइट पर ट्राई कर के देख ले. शायद कोई अच्छी लड़की मिल जाए.
अपने दोस्त का सुझाव विनीत को ठीक लगा. इस के बाद उस ने अच्छी मैट्रिमोनियल साइट की तलाश शुरू कर दी. शीघ्र ही उसे छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में लोक सेवा केंद्र निधि परिवहन सुविधा केंद्र के बारे में जानकारी मिली.
यह भी पता चला कि यह केंद्र लड़कों की शादी भी कराता है. उस ने केंद्र के नंबर पर संपर्क किया. दूसरी ओर से एक लड़की की मधुर आवाज आई. उस ने गुड मौर्निंग करते हुए फोन करने की बाबत पूछा.
इस पर विनीत ने बताया कि पता चला है कि आप की मैट्रिमोनियल साइट के जरिए शादी के लिए योग्य लड़कियों की जानकारी उपलब्ध कराई जाती है.
इस पर उस लड़की ने बताया, ''आप ने सही सुना है. हमारे पास शादी योग्य, सुंदर यानी हर तरह की लड़कियों की जानकारी है. हम लड़कियों को दिखाने के बाद पसंद आने पर उन के साथ मीटिंग भी कराते हैं. इस के लिए आप को सब से पहले हमारे केंद्र पर अपना रजिस्ट्रैशन कराना होगा.’’





