लूट फार एडवेंचर – भाग 2

जगन की योजना पर चौंक उठे मगन और छगन

“पहले पूरी योजना सुन लो फिर अपने सुझाव या आपत्ति देना.” जगन चिढ़ कर बोला.

“हांहां, यह ठीक है. योजना बताओ.” मगन हस्तक्षेप करते हुए बोला.

“इस इंप्रैशन से मैं एक डुप्लीकेट चाबी बनवाऊंगा और उस से व्हीकल को औपरेट करके देखूंगा. अगर ओके रही तो ठीक वरना तब तक बनवाता रहूंगा जब तक कि परफेक्ट न बन जाए.” जगन बोला.

“वह तो कोई मुश्किल काम नहीं है क्योंकि तुम्हारे पास फोटो भी है. कंप्यूटर से डुप्लीकेट चाबी आसानी से बन जाएगी.”

मगन बोला, “जिस दिन इस डुप्लीकेट चाबी से यह गाड़ी स्टार्ट हो जाएगी उसी दिन मैं अपना कमरा छोड़ कर दूसरी कालोनी में शिफ्ट हो जाऊंगा. दरअसल, मैं ने एक कमरा देख भी लिया है. उस का मालिक अनपढ़ है. उसे किसी भी तरह का कोई आइडेंटिटी प्रूफ की जरूरत भी नहीं है.” जगन ने रहस्योद्घाटन किया.

“चलो, यह भी सही है. गाड़ी स्टार्ट भी हो गई और तुम्हारी आइडेंटिटी भी गुप्त ही रही. अब आगे कैसे बढ़ेंगे? बैंक तो दिन में खुलती हैं और दिन में तो गाड़ी रहमत के पास रहेगी. तब हम इस का इस्तेमाल कैसे कर पाएंगे?” छगन ने पूछा.

“चाबी बनाना और गाड़ी स्टार्ट करना करना इस योजना का पहला चरण है,” जगन बोला, “रहमत अपनी पत्नी के साथ रहता है. उस के परिवार के बाकी लोग दूसरे शहर में रहते हैं. इस योजना का दूसरा चरण तब शुरू होगा, जब रहमत की गर्भवती बीवी अपनी पहली डिलीवरी के लिए अपने मायके जाएगी. शायद एक महीने बाद ही जाने वाली है. उस समय हम किसी रात को जा कर उस की गाड़ी का साइलेंसर चोक कर देंगे.

“गाड़ी जब स्टार्ट नहीं होगी तो रहमत इंजन तक चैक करेगा, मगर साइलेंसर चैक करने के बारे में सोचेगा भी नहीं. वह अपनी इस खराबी की सूचना अपने अधिकारियों को देगा और वह अधिकारी भी अपने उच्चाधिकारियों को सूचित करेगा और उन के निर्देशों के बाद ही गाड़ी मैकेनिक के पास जाएगी.

“इस पूरी प्रक्रिया में पूरा एक दिन लग ही जाएगा. बस वही दिन हमारी योजना को अंजाम देने का दिन होगा. क्योंकि इस दशा में रहमत को दूसरी गाड़ी पर सहायक के रूप में जाना होगा,” जगन बोला.

“लेकिन साइलैंसर को जाम कैसे किया जाएगा?” छगन ने पूछा.

“बहुत आसान है. एक कपड़े की लगभग 2 मीटर की लंबी चिंदी हम किसी पतली छड़ की सहायता से साइलेंसर के अंदर डाल देंगे और ऊपर से ट्रांसपेरेंट टेप से उस का मुंह बंद कर देंगे. जब रहमत औफिस चला जाएगा तब हम साइलैंसर से कपड़ा निकाल कर गाड़ी स्टार्ट कर सकेंगे,” जगन बोला.

“यहां तक तो समझ में आ रहा है कि कैश केयरिंग वैन होने के कारण इसे बैंक के सामने पार्क करने से कोई रोकेगा नहीं और लूट के बाद हम आसानी से कैश ले कर निकल भी सकेंगे,” छगन जगन की योजना का मर्म पकड़ते हुए बोला.

“हमारी योजना के मुताबिक काम होता है तो रनिंग काफी ज्यादा होगी. ऐसे में फ्यूल पर्याप्त मात्रा में होना जरूरी है.” मगन ने अपनी चिंता व्यक्त की.

“प्रत्येक रविवार की शाम को सभी मोबाइल वैन के फ्यूल टैंक फुल करवाए जाते है. अत: हम अपनी योजना को सिर्फ सोमवार के दिन ही क्रियान्वित करेंगे.” जगन ने योजना का अहम हिस्सा समझाया.

“जगन यहां तक तो योजना ठीक ही है. शक की संभावना न्यूनतम है और काफी हद तक सुरक्षित भी. आगे की काररवाई को अंजाम कैसे देंगे?” छगन ने पूछा.

“आगे की योजना की सफलता पूरी तौर पर हमारी स्पोट्र्समैन स्किल और प्रजेंस औफ माइंड पर निर्भर करेगी. ज्यादातर बैंकों में रखे सुरक्षा गार्ड वास्तव में एक खानापूर्ति ही हैं. कई बैंक तो सिर्फ एक सुरक्षा गार्ड के भरोसे ही रहती है. हमें बैंकों की इस कमी का ही फायदा उठाना पड़ेगा और वह भी तब जब बैंक बंद होने वाली हो. ऐसे समय में ग्राहकों की संख्या काफी कम होती है और स्टाफ भी अंतिम समय में कुछ लापरवाह हो जाता है. हमें इसी कमजोरी और मानव स्वभाव का लाभ उठाना है.” जगन बोलता रहा .

“एस, स्ट्राइक व्हाइल आयरन इज हौट.” मगन बोला.

“बिलकुल ठीक आब्जरवेशन है जगन. लेकिन बैंक में गार्ड के अलावा सेफ्टी अलार्म और कैमरे भी रहते हैं. सुना है कि स्ट्रांगरूम खोलने के लिए भी पासवर्ड होता है जो गलत डल जाने पर सीधे हैड औफिस से कनेक्ट हो जाता है.” छगन बोला.

“गुड छगन, गुड इनफार्मेशन. यह स्ट्रांगरूम के पासवर्ड वाली बात मेरे दिमाग से निकल ही गई थी,” जगन तारीफ करते हुए बोला.

“ठीक है, आगे की योजना बताओ और उस में इस पौइंट को भी इनक्लूड कर लो.” छगन बोला.

जगन ने बढ़ाया दोनों दोस्तों का जोश

“देखो, हम तीनों को अपने अपने खेलों में महारथ हासिल है. ये सभी खेल चंचलता और चपलता पर ही आधारित हैं. हमें इन का वैसे ही प्रयोग करना है, जैसे हम मैदान में प्रतिद्वंद्वी पर करते थे.

“गाड्र्स के पास जो राइफल रहती है, वह लौक रहती है और उसे कंधे से उतार कर पोजिशन लेने और लौक खोलने में कम से कम 20 सेकेंड्स तो लगते ही हैं. हमें गाड्र्स पर अटैक कर इन 20 सेकेंड्स में ही कंपलीट करना है. देरी का मतलब होगा औपरेशन का फेल्योर. इसलिए अपनी सारी स्किल्स का प्रयोग इन 20 सेकेंड्स में ही करना है.

“हमारे चेहरे कोरोना वाले नोज मास्क से कवर होंगे और सिर के ऊपर राजस्थानी साफा बंधा हुआ होगा. यह सेफ रेडीमेड होंगे और घटना को अंजाम देने के तुरंत बाद उतार कर वैन में ही रख दिए जाएंगे. ताकि रास्ते में कोई शक न कर सके.” जगन ने दोनों को समझाया.

“यह सब तो भूमिका हुई. असली गतिविधि कैसे संचालित होगी?” मगन ने पूछा.

“हां, असली एडवेंचर तो वही है. उस की प्लानिंग कैसे की है? अभी तक तो सब समझ में आ रहा है. अगर मोबाइल वैन ट्रेस होती भी है तब भी हम सेफ हैं, क्योंकि अभी तक हमारी आइडेंटिटी कहीं भी उजागर नहीं हो रही है.” छगन बोला.

“आगे भी नहीं होगी, अगर हम ने सावधानी रखी तो. इस पूरे मिशन के दौरान हमें मोबाइल का इस्तेमाल नहीं करना है बल्कि इस मोबाइल के कौंटेक्ट्स हमारे काम नहीं आएंगे. क्योंकि पता नहीं कौन सा कौंटेक्ट कब खतरनाक हो जाए. इस योजना की भनक तक नहीं लगनी चाहिए किसी को. जिस दिन इस योजना को अंजाम दिया जाएगा, उस के 2 घंटे पहले हम अपने मोबाइल स्विच औफ कर के गहरे पानी में फेंक देंगे.” जगन ने घटना के पहले की सावधानी का खाका पेश किया.

“बिलकुल ठीक. कई बार मोबाइल ही जी का जंजाल बन जाते हैं. अपने पास में जितना कम सामान रखेंगे, हम उतने ही अधिक सुरक्षित रहेंगे.” छगन भी जगन की बातों से सहमत था.

“भाई, अब तो लग रहा है यह एडवेंचर वाकई में लोगों को बरसों तक याद रहेगा और लोग जब भी याद करेंगे तो उन के रोंगटे खड़े हो जाएंगे.” मगन भी सहमत होते हुए बोला.

“अब उत्सुकता और मत बढ़ाओ, जल्दी से लाइन औफ ऐक्शन का खुलासा करो.” छगन बेताबी से बोला.

“निश्चित ही योजना का अंतिम हिस्सा सब से अहम है. इस को हमें बड़ी सावधानी से पूरा करना होगा. इस में जो सब से महत्त्वपूर्ण होगा, वह होगा हमारा त्वरित बौडी मूवमेंट और तुरंत निर्णय क्षमता.

“जैसा कि मैं ने पहले भी बताया कि बैंक में सिर्फ एक गार्ड ही होता है और उस के कंधों पर राइफल होती है. किसी भी संदेह की स्थिति में उसे कंधों से राइफल उतार कर पोजिशन लेने में कम से कम 20 सेकेंड तो लगेंगे ही. मतलब हमारे पास ऐक्शन लेने के लिए 20 सेकेंड से भी कम का समय है.

“क्योंकि हम तीनों के मुंह और नाक मास्क से और फोरहेड वाला पोर्शन साफे से कवर होगा. तीनों को एक साथ देख कर वह निश्चित ही शक करेगा. अत: बैंक में घुसते ही सब से पहला काम होगा गाड्र्स को अपने कंट्रोल में लेना. ऐसे में हमारी स्पोट्र्स स्किल ही काम आएगी.” जगन योजना को विस्तार से समझाता रहा.

“बिलकुल ठीक. यही वह समय होगा जब हमारी चैंपियनशिप की असली परीक्षा होगी,” मगन हस्तक्षेप करते हुए बोला.

एक लाश ने लिया प्रतिशोध – भाग 2

सचमुच मौसम ठीक नहीं था. स्लेड अपने दोस्त डा. मैथ्यू को कार तक पहुंचाने आया तो देखा जोरों से बारिश हो रही थी. हवा भी बड़ी तीखी चल रही थी. ठंड से उस की देह कांप उठी थी.

‘‘लगता है, रात को बर्फ गिरेगी.’’ कार स्टार्ट करते हुए डा. मैथ्यू ने कहा. इस के बाद नमस्कार कर के वह चला.

मौसम बेहद खराब था. मगर स्लेड को वह तूफानी रात बहुत अच्छी लग रही थी. वह बहुत खुश था. क्योंकि उस तूफानी रात में अगर बर्फ गिरती है तो कोई बाहर नहीं निकलेगा. ऐसे में स्पेल्डिंग की लाश ठिकाने लगाने में उसे आसानी रहेगी.

बैठक में आ कर स्लेड ने घड़ी पर निगाह डाली. अभी उस के पास पूरे एक घंटे का समय था. इस बीच वह अपनी योजना पर कायदे से सोचविचार सकता था.  उसे ज्वार (समुद्र के पानी चढ़ने) आने के समय की पक्की सूचना थी. कल सुबह ज्वार आने वाला था. यह भी कितना अच्छा था. आज रात को वह स्पेल्डिंग को मार कर समुद्र में फेंक देगा तो सुबह ज्वार उस की लाश को बहा ले जाएगा. आज बुधवार है, आधी रात की टे्रन से स्पेल्डिंग आएगा और उसी समय…

उस ने बैठक का दरवाजा खोला, बाहर की आहट ली. कोई आवाज नहीं आ रही थी. उस की मकान मालकिन डंबलटन सोने चली गई थीं. वैसे भी उन्हें कहां सुनाई देता था. उसे स्लेड के जाने का पता ही नहीं चलेगा. जब स्लेड स्पेल्डिंग की हत्या कर के लौटेगा, तब भी उसे कुछ नहीं पता चल पाएगा.

स्लेड को लगा, घड़ी की सुइयां अब तेज चल रही हैं. उस के दिल की धड़कन तेज हो गई. उस ने लोहे की जंजीर और लोहे का वजनदार टुकड़ा कार की पिछली सीट पर रख कर अपने ओवरकोट से ढक दिया था.

अपनी मेज की दराज से स्लेड ने एक रस्सी का टुकड़ा निकाला, जो 18 इंच लंबा था. उस के दोनों सिरों पर 6-6 इंच लंबे लकड़ी के टुकड़े बंधे थे. रस्सी के बीच में एक गांठ लगी थी. उस ने सभी गांठों की जांच कर के रस्सी जेब में रख ली. उसे उस रस्सी के बारे में वे बातें याद आ गईं, जिन्हें उस ने एक किताब में पढ़ा था. वह किताब भारत के ठगों की कार्यप्रणाली पर थी. भारतीय ठग इसी तरह रूमाल या रस्सी में लगी गांठ से अपने शिकार का गला घोंट कर लूट लेते थे.

स्पेल्डिंग भी वकील था. स्लेड के खिलाफ वह एक ट्रस्ट का मुकदमा जीत गया था. इस के अलावा उस ने स्लेड की कुछ जालसाजियां भी पकड़ ली थीं. उसी के बल पर वह स्लेड को जेल भिजवा सकता था. यही नहीं, बार एसोसिएशन से उस का रजिस्ट्रेशन रद्द करवा कर उसे बदनाम और बेकार कर सकता था. इसीलिए स्लेड ने स्पेल्डिंग को खत्म करने की योजना बनाई थी.

स्लेड ने एक बार फिर घड़ी पर नजर डाली. घर से निकलने का समय हो गया था. उस ने बत्तियां बुझा दीं और दबे पांव चल कर मकान के बाहर आ गया. बड़ी सतर्कता से बिना कोई आवाज किए उस ने दरवाजा बंद किया.

हवा बहुत तेज थी. अब तक बर्फ गिरने लगी थी. लेकिन स्लेड को उस की कोई परवाह नहीं थी. क्योंकि उस समय उस के मन में उस से भी भयंकर और तेज आंधी चल रही थी. उस ने हाथों से कार को धकेल कर गैराज से बाहर निकाला. गैराज को धीरे से बंद कर के ताला लगा दिया. सड़क पर काफी दूर ले जा कर उस ने कार स्टार्ट की. सड़क बिलकुल सुनसान थी. स्ट्रीट लाइट बर्फ की वजह से मद्धिम हो गई थीं.

वह पुल पर पहुंचा. वहां से उसे रेलवे स्टेशन की रोशनी दिखाई दे रही थी. साढ़े 12 बजे वाली गाड़ी से स्पेल्डिंग को आना था. हर बुधवार को वह 60 किलोमीटर दूर अपने औफिस की ब्रांच में जाता था. वहां से वह रात साढ़े 12 बजे की गाड़ी से वापस आता था.

स्लेड स्पेल्डिंग के रास्ते में कार की बत्तियां बुझा कर उस के आने का इंतजार करने लगा. ट्रेन कुछ लेट थी. लगभग 15 मिनट बाद स्लेड को ट्रेन की लाइट नजर आई और फिर टे्रन धड़धड़ाती हुई स्टेशन पर आ कर खड़ी हो गई.

स्लेड ने स्टेशन की ओर ताका. यात्री निकलने लगे. स्पेल्डिंग के पास गाड़ी नहीं थी. अभी वह नया वकील था. उस की आमदनी ज्यादा नहीं थी. वह टैक्सी का खर्च भी बरदाश्त नहीं कर सकता था. स्लेड ने देखा, स्पेल्डिंग पैदल ही चला आ रहा था. तेज हवा की वजह से उस ने सिर झुका रखा था. वह अंधेरे में खड़ी स्लेड की कार को नहीं देख सका और आगे निकल गया.

कार में बैठे स्लेड ने कार स्टार्ट कर के बत्तियां जलाईं. वह शिकार के पीछेपीछे चल पड़ा. सामने सड़क पर चल रहा स्पेल्डिंग कार की लाइट में दिखाई दे रहा था. कार बगल में पहुंची तो उस ने खिड़की से सिर निकाल कर पूछा, ‘‘क्या आप मेरी कार से चलना चाहेंगे?’’

‘‘बहुत बहुत शुक्रिया. आज मौसम बहुत खराब है. 2 किलोमीटर चलना भी मुश्किल लग रहा है.’’

‘‘तो फिर आ जाइए.’’ कार रोक कर स्लेड ने कहा.

स्पेल्डिंग ने अंदर आ कर दरवाजा बंद कर लिया. स्लेड ने कार आगे बढ़ा दी.

‘‘संयोग से तुम्हारे ऊपर नजर पड़ गई. मैं मिसेज क्ले के घर गया था. लौटते हुए मुझे ट्रेन के आने की आवाज सुनाई दी तो तुम्हारी याद आ गई. मैं ने सोचा आज बुधवार है. तुम घर लौट रहे होगे.’’

‘‘बहुत बहुत शुक्रिया, स्लेड साहब.’’ स्पेल्डिंग ने कहा.

धीरेधीरे कार चलाते हुए स्लेड ने मतलब की बात पर आते हुए कहा, ‘‘सही बात तो यह है कि मैं ने यह काम बिना मतलब नहीं किया है. मैं तुम से मतलब की एक बात करना चाहता हूं.’’

‘‘यह समय मतलब की बात करने का नहीं है. आप उसे कल कीजिएगा.’’

‘‘नहीं, यह बात मिसेज क्ले के ट्रस्ट से संबंधित है.’’

‘‘मैं ने पिछले हफ्ते कोर्ट से आदेश भिजवा दिया था.’’

‘‘हां, वह तो मिला था. मगर मैं ने तो तुम से कहा था कि मेरे मुवक्किल के लिए यह परेशानी की बात है. उस का पति आजकल बाहर है.’’

‘‘मेरे खयाल से परेशानी की कोई बात नहीं है. उस के पति को इस सब से क्या लेनादेना? आप मिसेज क्ले से कह कर जल्दी से मामला निपटवा दीजिए.’’

स्पेल्डिंग के इतना कहते ही स्लेड ने कार सड़क के किनारे रोक दी और स्पेल्डिंग को घूरते हुए कहा, ‘‘देखो स्पेल्डिंग, मैं ने कभी तुम्हारा कोई एहसान लेने की जरूरत नहीं समझी. कुछ समय तक के लिए तुम वह आदेश रुकवा दो, सिर्फ 3 महीने के लिए.’’

crime thriller कहानी के अगले भाग में पढ़िए, कैसे एक लाश ने लिया प्रतिशोध…

कलेक्टर को हनीट्रैप में फंसाने की साजिश

गुजरात के जिला अहमदाबाद के वीरमगांव के देसाई पोल के रहने वाले वासुदेवभाई भट्ट (व्यास) की अखबारों की एजेंसी तो थी ही, साथ ही वह कर्मकांड यानी पूजापाठ भी कराते थे. उनके परिवार में पत्नी के अलावा 2 बेटे और 3 बेटियां थीं. उन का एक बेटा अमेरिका में रहता है तो दूसरा आणंद के पास विद्यानगर में. बेटियों में एक डाकोर में रहती है तो दूसरी अहमदाबाद में.

उन की तीसरी बेटी केतकी व्यास ने वीरमगांव के ही देसाई चंदूलाल मगनलाल आटïï्स एंड कामर्स कालेज से बीकौम किया था. वह पढऩे में ठीकठाक थी, इसलिए वह गुजरात पब्लिक सर्विस कमीशन (जीपीएससी) की परीक्षा देना चाहती थी. परिवार की स्थिति सामान्य थी, इसलिए कोचिंग वगैरह करना उस के लिए संभव नहीं था. तब वह वीरमगांव में ही एक अधिकारी के पास मार्गदर्शन के लिए जाने लगी थी. उस अधिकारी के मार्गदर्शन और अपनी मेहनत की बदौलत केतकी व्यास जीपीएससी की परीक्षा पास करने में सफल रही.

जीपीएससी की परीक्षा पास करने के बाद केतकी व्यास की पहली नियुक्ति नीलामी विभाग में चीफ अफसर के रूप में हुई. संयोग से उस समय नीलामी विभाग में पीएसआई के रूप में नौकरी करने वाले भास्कर व्यास से परिचय हुआ तो उस ने उन से विवाह कर लिया. केतकी व्यास को अपनी इस नौकरी से संतोष नहीं था, इसलिए वह लगातार मेहनत करती रही. परिणामस्वरूप उसने वर्ग-1 की परीक्षा पास कर ली, जिस से उस का कद और बढ़ गया.

अब केतकी व्यास बावणा में तहसीलदार हो गई. इस के बाद वह महेमदाबाद में स्टांप ड्यूटी में डिप्टी कलेक्टर बनी. पर उन की असली पहचान तो तब हुई, जब वह कडी में प्रांत अधिकारी बनी.

इतने दिनों से नौकरी करने वाली केतकी व्यास की जानपहचान अनेक राजनीतिक पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से हो गई थी. सरकारी काम से उन का गांधीनगर आनाजाना होता ही रहता था. उसी बीच उन की जानपहचान मुख्यमंत्री कार्यालय में काम करने वाले भारतीय जनता पार्टी के एक नेता से हो गई।

उस नेता के परिचय में आने के बाद तो केतकी व्यास का कद आश्चर्यजनक रूप से बढ़ गया.  अखबारों में अकसर समाचार आता रहता कि सरकार ने इतने अधिकारियों का तबादला कर दिया, जिसकी लंबी लिस्ट होती थी. यह एक सामान्य प्रक्रिया थी, पर अपवादस्वरूप कभी ऐसा भी होता है कि मात्र एक अधिकारी का ट्रांसफर होता थी. पर इस सिंगल ट्रांसफर के पीछे कोई बड़ी वजह होती है. यह ट्रांसफर या तो सजा के रूप में होता है या फिर किसी विशेष काम के लिए.

पर दिसंबर, 2021 में जब केतकी व्यास कडी में प्रांत अधिकारी थी तो उन का प्रमोशन के साथ सिंगल ट्रांसफर और्डर हुआ था. इस आर्डर के आते ही केतकी व्यास आणंद जिले की एडिशनल कलेक्टर बन गई थी. आणंद में पद संभालने के साथ ही केतकी का नाता विवादों से जुड़ गया.

सामान्य रूप से किसी अधिकारी का तात्कालिक रूप से ट्रांसफर होता है तो उसे सरकारी आवास मिलने में समय लगता है. ऐसे में ट्रांसफर पर आया अधिकारी जब तक सरकारी आवास नहीं मिलता, सर्किट हाउस में रहता है. उसी तरह आणंद आई केतकी व्यास भी सर्किट हाउस में ठहरीं.

एडिशनल कलेक्टर बनते ही घमंडी हो गई केतकी व्यास

नौकरी पूरी होने की वजह से एडिशनल कलेक्टर पी.सी. ठाकोर रिटायर हुए थे. उन्हीं की जगह केतकी व्यास ट्रांसफर हो कर आई थी. रिटायर होते ही पी.सी. ठाकोर ने सरकारी आवास खाली कर दिया था.  वही आवास केतकी व्यास को अलाट कर दिया गया था. सरकारी आवास मिल जाने के बावजूद केतकी व्यास सर्किट हाउस में ही रहती रहीं. जब इस बात के समाचार अखबारों छपे तब अधिकारियों ने उन से सॢकट हाउस खाली कराया था.

एडिशनल कलेक्टर बनते ही केतकी व्यास में कलेक्टर वाला रुतबा आ गया था। यह स्वाभाविक भी था. पर वह स्टाफ के साथ भी बदतमीजी से बात करने लगी थीं, जिस की वजह से स्टाफ ने हड़ताल कर दी थी. इस बात की भनक जब मुख्यमंत्री कार्यालय को लगी तो अधिकारियों ने बीच में आ कर मामला रफादफा कराया था.

आणंद आते ही केतकी व्यास मलाई काटने के लिए छटपटाने लगी थी. अपने स्वभाव के अनुसार उन की नजरें कलेक्टर औफिस पर जम गई थीं. उन की नजरें हमेशा इस बात पर रहने लगीं कि कलेक्टर औफिस में क्या चल रहा है, कलेक्टर साहब से कौन मिलनेजुलने आ रहा है? कोई हिसाबकिताब तो नहीं हो रहा है, यह जानने के  लिए वह हर वक्त बेचैन रहती थीं.

किसी ने आ कर हिसाबकिताब कर लिया तो मलाई कलेक्टर साहब अकेले ही काट लेंगे और वह वंचित रह जाएंगी. इस के लिए उसे लगा कि अगर उस का कोई आदमी कलेक्टर औफिस में सेट हो जाए तो उन्हें अंदर की सारी जानकारी तो मिलती ही रहेगी, अपने कुछ काम करा कर वह भी कुछ कमाई कर सकेंगी.

फिर क्या था, केतकी व्यास ने जोड़तोड़ लगा कर अपने एक आदमी नायब तहसीलदार जे.डी. पटेल को कलेक्टर डी.एस. गढवी के औफिस में उन के पीए के रूप में रखवा दिया. इस के बाद कलेक्टर औफिस में चलने वाली तमाम गतिविधियों की जानकारी उन्हें होने लगी.

केतकी व्यास के अनुसार जब से वह ट्रांसफर हो कर आणंद आई थी, तभी से कलेक्टर डी.एस. गढवी उन से नजदीकी बनाने की कोशिश कर रहे थे. आतेजाते उन से मिलने, बाहर साथ घूमने चलने तथा साथ में कहीं बाहर खाने चलने के साथसाथ उन के व्यक्तिगत जीवन में रुचि लेने का प्रयास कर रहे थे. यही नहीं, उन के घर आने की भी बात करते थे. इस से केतकी व्यास को उन की रंगीनमिजाजी के बारे में पता चल गया. उन्हें लगा कि कलेक्टर साहब महिलाओं के शौकीन हैं.

पुलिस के अनुसार, कलेक्टर डी.एस. गढवी के स्वभाव से एडिशनल कलेक्टर केतकी व्यास परिचित हो गईं तो एक दिन उन्होंने नायब तहसीलदार जयेश पटेल को अपनी केबिन में बुला कर कहा, ”कलेक्टर मेरे पीछे पड़ा है. इस का मतलब कलेक्टर रंगीनमिजाज है. इसलिए औफिस में स्पाई कैमरा लगा कर किसी लड़की को बुला कर उसे उस के प्रेमजाल में फंसाओ.

इस के बाद उसे वीडियो दिखा कर वायरल करने तथा दुष्कर्म में फंसाने की धमकी दे कर विवादास्पद जमीनों की फाइलें क्लियर करा लो. जिन की जमीनें क्लियर होंगीं, उन से जो पैसा मिलेगा, उसे बराबर बराबर बांट लिया जाएगा. अगर कलेक्टर फाइल क्लियर करने से मना करेगा तो वीडियो वायरल कर दी जाएगी, जिस के बाद उस का ट्रांसफर हो जाएगा.’‘

एडिशनल कलेक्टर केतकी व्यास की यह योजना नायब तहसीलदार जयेश पटेल को भी पसंद आ गई. क्योंकि गुजरात में जमीनें अनमोल हैं. अगर योजना सफल हो जाती तो करोड़ो की कमाई हो सकती थी. इसलिए जयेश पटेल ने इस बातचीत के 10 दिन बाद अपने फोन के मारफत अपने दोस्त हरीश चावड़ा के नाम औनलाइन 3 जासूसी कैमरे मंगा लिए. इस की डिलीवरी के लिए गणेश दुग्धालय का पता दिया गया था.

3 जासूसी कैमरों का पार्सल हरीश चावड़ा ने रिसीव किया और उन्हें कलेक्टर औफिस में काम करने वाले जयेश पटेल तक पहुंचा दिया. इस के बाद जयेश पटेल ने कैमरों को एडिशनल कलेक्टर केतकी व्यास को दिखाया तो उनके पीए गौतम चौधरी ने कैमरों की जांच की.

कलेक्टर औफिस और चैंबर में लगवा दिए जासूसी कैमरे

इस तरह इस मंडली ने मिल कर तत्कालीन कलेक्टर डी.एस. गढवी को हनीट्रेप में फंसाने की पूरी तैयारी कर ली. जयेश पटेल के दोस्त हरीश चावड़ा की एक युवती से अच्छी दोस्ती थी. हरीश उसे अपनी स्कूटी पर बैठा कर कलेक्टर औफिस तक ले आया.

उस युवती को एक बार कलेक्टर औफिस जाने के लिए 5 हजार रुपए देने का लालच दिया गया. इस के अलावा उस से यह भी कहा गया था कि अगर उस के द्वारा कोई फाइल क्लियर होगी तो प्रत्येक फाइल पर उसे 25 हजार रुपए अलग से दिए जाएंगे.

उसी बीच जयेश पटेल ने कलेक्टर औफिस में कलेक्टर के चैंबर तथा एंटी चैंबर के स्विच बोर्ड में जासूसी कैमरे लगा दिए. हरीश चावडा द्वारा लाई गई युवती का परिचय जयेश पटेल ने कलेक्टर डीएस गढवी से एक वकील के रूप में कराया था. पहली ही मुलाकात में उस युवती को कलेक्टर के पास जमीनों की दोतीन फाइलें दे कर भेजा गया था.

एडिशनल कलेक्टर केतकी व्यास, जयेश पटेल और हरीश चावड़ा का इरादा उस युवती को भेज कर कलेक्टर डी.एस. गढवी से कुछ जमीनों की फाइलें क्लियर कराने का था. इन फाइलों में खडोल उमेटा गांव और करमसद गांव की फाइलें प्रमुख थीं. पुलिस के अनुसार, अगर ये फाइलें क्लियर हो जातीं तो सरकार को प्रीमियम का बहुत बड़ा नुकसान होता, शायद इसीलिए कलेक्टर गढवी ने उन फाइलों को क्लियर करने से मना कर दिया था.

जयेश पटेल द्वारा भेजी गई युवती कलेक्टर गढवी से 4-5 बार मिलने उन के चैंबर में गई थी. उसी बीच कलेक्टर गढवी और उस युवती के बीच काफी नजदीकी बढ़ गई थी. लेकिन केतकी व्यास, जयेश पटेल और हरीश चावड़ा को युवती और कलेक्टर गढवी की एक ही मुलाकात की फुटेज मिली थी, जिस में कलेक्टर डी.एस. गढवी उस युवती का हाथ पकड़ कर अपने एंटी चैंबर में ले जाते हुए दिखाई दे रहे थे. इन तीनों ने एंटी चैंबर में भी कैमरा लगाया था. परंतु एंटी चैंबर के इलेक्ट्रिक बोर्ड में किसी खराबी की वजह से वीडियो रिकौर्ड नहीं हो सकी थी.

पुलिस के अनुसार, फुटेज के आधार पर केतकी व्यास, जयेश पटेल और हरीश चावड़ा तत्कालीन कलेक्टर डी.एस. गढवी को ब्लैकमेल करने लगे थे. बदनामी से बचने के लिए डी.एस. गढवी तीनों से दबने ही लगे थे. इसी वजह से धीरेधीरे तत्कालीन कलेक्टर डी.एस. गढवी की पकड़ कलेक्टर औफिस पर कम होने लगी थी और कलेक्टर पर केतकी व्यास की पकड़ बढ़ती जा रही थी.

पुलिस के अनुसार, इन तीनों से तत्कालीन कलेक्टर डीएस गढवी इस हद तक दबने लगे थे कि कलेक्टर औफिस का कोई भी काम या फाइल होती, गढवी उसे केतकी व्यास के पास भेज देते थे. इस तरह आणंद कलेक्टर औफिस पर केतकी व्यास ने अपना लगभग आधिपत्य जमा लिया था.

किसी भी मामले में कलेक्टर के रूप में हस्ताक्षर भले ही डीएस गढवी के होते थे, पर उस पर नोट केतकी व्यास का होता था. चेहरा भले ही गढवी का होता था, पर परदे के पीछे खेल और आयोजन केतकी व्यास का होता था.

जैसा कि कहा जाता है कि लालच बुद्धि को भ्रष्ट कर देता है, वैसा ही कुछ केतकी व्यास के साथ भी हुआ. डी.एस. गढवी को पूरी तरह कब्जे में लेने के लिए दोबारा ट्रेप करने की कोशिश की गई. इस के लिए फिर से चैंबर के इलेक्ट्रिक बोर्ड में जासूसी कैमरा लगाया गया. इस बीच तत्कालीन कलेक्टर डी.एस. गढवी सूरत की अपनी एक महिला मित्र के साथ यौन गतिविधि करते जासूसी कैमरे में कैद हो गए.

केतकी व्यास, जयेश पटेल और हरीश चावडा ने ये सारी फुटेज कलेक्टर औफिस के कंप्यूटर औपरेटर के द्वारा निकलवा ली. इस के बाद इन फुटेज के आधार पर जयेश पटेल ने गढवी को बलात्कार का मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दे कर ब्लैकमेल करने की कोशिश की. जबकि यह फुटेज उन लोगों के द्वारा भेजी गई युवती की नहीं थी.

यह फुटेज गढवी की महिला मित्र के साथ की थी। इसलिए गढवी ने पलट कर परिणाम भुगतने की धमकी दे दी, ”तुम लोगों की जो इच्छा हो कर लो.’‘ क्योंकि उन्हें अपनी उस महिला मित्र पर भरोसा था कि वह उन के खिलाफ कभी कोई बयान नहीं देगी.

कलेक्टर के आचरण की न्यूज चैनलों पर प्रसारित हुई खबर

तत्कालीन कलेक्टर डीएस गढवी की इस धमकी के बाद केतकी व्यास, जयेश पटेल और हरीश चावडा ने डीएस गढवी को बदनाम करने की पूरी तैयारी कर ली. अब तक यह घटना काफी संवेदनशील बन चुकी थी.

इस के लिए उन्होंने 8 जीबी की 5 पेनड्राइव मंगाई. इन्हीं पांचों पेनड्राइव में केतकी व्यास ने सूरत वाली महिला की फुटेज कापी कराई और अपने पीए गौतम चौधरी से तत्कालीन कलेक्टर डी.एस. गढवी के खिलाफ बदनाम करने वाला पत्र लिखवा कर पेन ड्राइव के साथ अलगअलग आसमानी रंग के लिफाफे में भर कर हरीश चावड़ा को सौंप दिया. हरीश चावड़ा ने उन लिफाफों को अलगअलग 6 चैनलों को पोस्ट कर दिया. इस के बाद यह फुटेज कुछ चैनलों पर प्रसारित हो गई.

इस फुटेज के प्रसारित होते ही आईएएस लौबी में ही नहीं, सरकार में भी हड़कंप मच गया. ज्यादा कुछ बवाल होता, उस के पहले ही राज्य सरकार ने तत्काल प्रभाव से आईएएस डीएस गढवी को अखिल भारतीय सेवा (अनुशासन और अपील) नियम, 1969 के तहत कदाचार और नैतिक अधमता के गंभीर आरोप में निलंबन का आदेश दिया. इस के अलावा इस मुद्दे को देखने के लिए 5 महिलाओं की एक उच्च स्तरीय समिति भी बनाई गई.

राज्य सरकार ने इस मामले की जांच गुजरात पुलिस से कराने के बजाय सीधे गुजरात पुलिस के आतंकवाद निरोधी दस्ते एटीएस से कराने का निर्णय लिया. इस मामले की सच्चाई का पता लगाने की जिम्मेदारी एटीएस को सौंपी गई. जांच के बाद एटीएस ने कलेक्टर औफिस में काम करने वाली एडिशनल कलेक्टर केतकी व्यास, नायब तहसीलदार जयेश पटेल और आणंद जिला कलेक्टर औफिस में राजस्व संबंधी मामले देखने वाले हरीश चावड़ा के आरोपी होने की पुष्टि कर दी.

तब आणंद पुलिस ने औपचारिक रूप से एटीएस के इंसपेक्टर जे.पी. रोजिया की ओर से (आरएसी) रेजीडेंस एडिशनल कलेक्टर केतकी व्यास, नायब तहसीलदार जयेश पटेल और उस के दोस्त हरीश चावडा के खिलाफ आईपीसी की धारा 389, 354सी, आईटी अधिनियम 66ई और 120बी के तहत शिकायत दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

गिरफ्तार आरोपियों में केतकी व्यास के बारे में आप पहले जान ही चुके हैं. रही बात जयेश पटेल की तो वह आणंद के बाकरोल के पास रामभाई काका रोड पर स्थित एक सोसायटी के भव्य बंगले में रहता है. वर्ग 3 का अधिकारी होने के बावजूद उस के पास लगभग 5 करोड़ का बंगला है.

हरीश चावडा का 2 मंजिला मकान था, जिस में नीचे की मंजिल में पर मातापिता रहते थे तो ऊपर वाली मंजिल में वह अपने परिवर के साथ रहता था. कलेक्टर हनीट्रेप में गिरफ्तारी के बाद अब इन तीनों की नौकरी खतरे में पड़ गई है.

एडिशनल कलेक्टर और गैंग के सदस्य हुए गिरफ्तार

केतकी व्यास के पीए के रूप में काम करने वाले गौतम चौधरी ने सीआरपीसी की धारा 164 के तहत अदालत में अर्जी दी है कि वह इस मामले में गवाह बनने को तैयार है. अगर गौतम चौधरी इस मामले में गवाह बन जाता है तो केतकी व्यास की तमाम व्यक्तिगत बातों का रहस्य उजागर हो सकता है.

आरोपियों को जब लगा कि अब वे इस मामले में खुद ही फंसने वाले हैं तो उन्होंने साक्ष्यों को नष्ट करने की कोशिश की थी, फिर भी तमाम साक्ष्य जांच अधिकारियों के हाथ लग चुके हैं.

एटीएस ने केतकी व्यास सहित 3 लोगों के खिलाफ आणंद के थाना टाउन में केस दर्ज कराया था. पता चला था कि आणंद के लांभवेल रोड पर स्थित निशाआटोमोबाइल गैरेज में हनीट्रेप में उपयोग में लाए गए जासूसी कैमरे जलाए गए थे. पुलिस ने एफएसएल की टीम के साथ छापा मार कर वहां से राख बरामद कर वैज्ञानिक परीक्षण के लिए भेज दी.

20 अगस्त, 2023 की रात केतकी व्यास से पूछताछ में खुलासा हुआ था कि 2 हार्डडिस्क एक प्लास्टिक की थैली में डाल कर उन्हें संदेशर नहर में फेंक दी थीं. अगले दिन पुलिस ने गोताखोरों की मदद से दोनों हार्डडिस्क बरामद कर ली थीं.

एडिशनल कलेक्टर केतकी व्यास, जयेश पटेल और हरीश चावड़ा द्वारा किए गए इस कार्य से अधिकारी जगत शर्मशार हुआ. खास कर आईएएस लौबी में भारी नाराजगी है. जिस की वजह से पुलिस को आरोपियों के खिलाफ सख्ती से काररवाई करने का आदेश दिया गया है.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तीनों अधिकारियों ने एक युवती को हथियार बना कर हनीट्रेप किया था, आगे चल कर इस घटना को इम्मोरल ट्रैफिकिंग के अंतर्गत दर्ज किया जा सकता है. इस के लिए जो युवती कलेक्टर से मिलने गई थी, उसे गवाह बनाया जाएगा.

इस के अलावा इस मामले में कलेक्टर डीएस गढवी को ब्लैकमेल कर के पैसे वसूलने का भी मामला बनता है. डी.एस. गढवी ने तो ऐसा कोई मामला दर्ज नहीं कराया, पर एटीएस ने अपनी ओर से ब्लैकमेल कर के पैसों की मांग करने का मामला दर्ज कराया है.

अब केतकी व्यास का कहना है कि कलेक्टर डी.एस. गढवी उन के व्यक्तिगत जीवन में दखल दे कर उन से नजदीकी बनाने की कोशिश कर रहे थे. उन से बचने के लिए उन्होंने यह सब किया था.

कलेक्टर को ब्लैकमेल करने के मामले में अभी भी ऐसे तमाम सवाल हैं, जिन के जवाब मिलना बाकी है. तत्कालीन कलेक्टर को कब से ब्लैकमेल किया जा रहा है, इस की कोई जानकारी नहीं है. जासूसी कैमरा कब लगाया गया, इस के बारे में भी कुछ पता नहीं चला है.

ब्लैकमेल कर के कितनी फाइलें क्लियर कराई गईं, पुलिस के पास इस की भी कोई जानकारी नहीं है. हाईप्रोफाइल मामला होने के बावजूद पुलिस ने तीनों आरोपियों को रिमांड पर नहीं लिया था. बहरहाल, तीनों आरोपी कथा लिखने तक जेल में थे.

मौडल नेहा का हनीट्रैप रैकेट – भाग 4

चैट करने के दौरान धीरेधीरे नेहा उर्फ मेहर सोशल मीडिया के दोस्तों से नजदीकियां बढ़ाने लगती थी. वह उन से अब खुल कर बातें करती, उन को यह जताने की कोशिश करती कि वह उन से दिल से प्यार करने लगी है. इस के बाद वह उन से खुल कर सैक्स चैट करने लग जाती थी. जब युवक उस के जाल में फंस जाते थे, तब वह उन्हें अपने घर बुलाने के लिए आमंत्रित करती थी.

जो युवक पूरी तरह से उस के जाल में फंस जाते थे तो नेहा के घर उस से मिलने आ जाते थे. इस के लिए नेहा उर्फ मेहर ने बंगलुरु में एक फ्लैट किराए पर ले रखा था. यहां पर उस ने हनीट्रैप में युवाओं को फंसाने के सारे इंतजाम कर रखे थे. जब युवक मेहर के घर पर आते थे तो वह बिकिनी पहन कर उन का जोरदार  स्वागत करती थी.

जैसे ही युवक आते, सब से पहले वह उन्हें अपने गले से लगा लेती थी. उस के बाद उन को किस करती थी. इसी दौरान कमरे में छिपे उस के अन्य साथी चुपके से उन दोनों की वीडियो बना लेते थे. वीडियो बना कर नेहा के साथी अचानक सामने आ जाते थे और युवकों को धमकाने लग जाते थे.

मौडल मेहर अब तक 12 पीडि़तों से कर चुकी है उगाही

पुलिस पूछताछ मैं नेहा उर्फ मेहर ने स्वीकार किया है कि उस का गिरोह अब तक 12 लोगों से जबरन वसूली कर चुका है. कर्नाटक पुलिस इस गिरोह के और भी अन्य मामलों में शामिल होने की आशंका जता रही है. पुलिस ने बताया कि इस गिरोह का एक अन्य आरोपी नदीम अभी तक फरार है, जिस को पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है.

कथा लिखी जाने तक कर्नाटक पुलिस गिरफ्तार चारों आरोपियों से पूछताछ कर के उन्हें जेल भेज चुकी थी.

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित कहानी में गोपाल कृष्णनन परिवर्तित नाम है.

हनीट्रैप क्या है? कैसे फंसते हैं इस में लोग?

असल में हनीट्रैप का इस्तेमाल हमारे देश में प्राचीन काल से ही होता रहा है. प्राचीन समय में राजा महाराजाओं के पास विषकन्याएं हुआ करती थीं, जो उन के सब से खतरनाक दुश्मन को मारने या कोई भेद निकालने के काम आती थीं. असल में ये सब वे बच्चियां होती थीं, जो अकसर राजाओं की अवैध संतानें होती थीं.

जैसे दासियों के साथ उन के संपर्क में आई संतानें अथवा गरीब बच्चियां कुछ दिनों बाद इन्हें जहरीली बनाने की प्रक्रिया शुरू की जाती थी. इन्हें कम उम्र में ही कम मात्रा में अलगअलग तरह का जहर देना शुरू कर दिया जाता था. फिर धीरेधीरे जहर की मात्रा बढ़ाई जाती थी. इस प्रक्रिया में, अधिकतर बच्चियां मर जाया करती थीं, कुछ विकलांग हो जाती थीं, मगर जो बच्चियां सहीसलामत रहतीं, उन्हें और भी अधिक घातक बनाया जाता था.

उस के बाद उन को नृत्य गीत, सजनेसंवरने और दूसरों को आकर्षित करने की कला में पारंगत बनाया जाता था ताकि वे किसी से भी बातचीत कर उन्हें अपने वश में कर सकें . युवा होतेहोते वे युवतियां इतनी घातक और जहरीली हो जाती थीं कि उन के शरीर का स्पर्श भी जानलेवा हो जाता था.

उस विषकन्या का पूरा शरीर यानी कि उन का थूक, पसीना और खून सब कुछ जहरीला हो चुका होता था, इसलिए इन से किसी भी प्रकार का शारीरिक संबंध जानलेवा साबित होता था. इन विषकन्याओं का इस्तेमाल दूसरे राजाओं, सेनापतियों को मारने या फिर जरूरी जानकारियों को हासिल करने के लिए किया जाता था.

आजकल यह भी प्रचलन में है कि दुश्मन देश की खूबसूरत महिला एजेंट्स सेना के अधिकारियों और सेना के जवानों को अपने हुस्न के जाल में फंसाती हैं. दुनिया का हर देश हर वक्त अपने दुश्मन को मात देने की कोशिशों में लगा रहता है. वर्तमान युग की जंग सीधी जंग नहीं होती और हर बार केवल जंग के मैदान में ही मात नहीं दी जाती, बल्कि खुफिया तरीकों से भी अब अपने दुश्मनों को मात देने का प्रचलन बढ़ता जा रहा है.

‘हनीट्रैप’ जैसा कि नाम से ही जाहिर है कि हनी यानी शहद और ट्रैप मतलब जाल, एक ऐसा मीठा जाल जिस में फंसने वाले को कभी अंदाजा भी नहीं हो पाता कि वह किस तरह इस में फंस गया है. दुश्मन देश की खूबसूरत एजेंट्स सेना के अधिकारियों व अन्य कर्मचारियों को अपने हुस्न के जाल में फंसा कर उन से महत्त्वपूर्ण जानकारियां हासिल कर लेती हैं. पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई भी अकसर भारतीय थल सेना, वायुसेना और नौसेना से जुड़े लोगों को हनीट्रैप में फंसाने की कोशिश करती रहती है.

आजकल कुछ युवतियां मोटी रकम वसूलने के लिए लोगों को हनीट्रैप में फांस रही हैं.

असली पुलिस पर भारी नकली पुलिस – भाग 1

शबाना परवीन सबइंसपेक्टर बनना चाहती थी, इसलिए बीए करने के बाद वह मन लगा कर सबइंसपेक्टर की परीक्षा की तैयारी करने लगी  थी. पिता असलम खान भी उस की हर तरह से मदद कर रहे थे.

मध्य प्रदेश पुलिस में सबइंसपेक्टर की जगह निकली तो शबाना परवीन ने आवेदन कर दिया. मेहनत कर के परवीन ने परीक्षा भी दी, लेकिन रिजल्ट आया तो शबाना परवीन का नाम नहीं था, जिस से उस का चेहरा उतर गया.

बेटी का उतरा चेहरा देख कर असलम ने उस की हौसलाअफजाई करते हुए फिर से परीक्षा की तैयारी करने को कहा. परवीन फिर से परीक्षा की तैयारी में लग गई. लेकिन अफसोस कि अगली बार भी वह सफल नहीं हुई.  लगातार 2 बार असफल होने से परवीन के सब्र का बांध टूट गया. पिता ने उसे बहुत समझाया और फिर से परीक्षा की तैयारी करने को कहा. लेकिन परवीन की हिम्मत नहीं पड़ी.

परवीन 20 साल से ऊपर की हो चुकी थी. आज नहीं तो कल उस की शादी करनी ही थी. नौकरी के भरोसे बैठे रहने पर उस की शादी की उम्र निकल सकती थी. रही बात नौकरी की तो शौहर के यहां रह कर भी वह तैयारी कर सकती थी.

इसलिए असलम खान परवीन के लिए लड़का देखने लगे. थोड़ी भागादौड़ी के बाद उन्हें राजस्थान के कोटा शहर में एक लड़का मिल गया. अफसर खान एक शरीफ खानदान से था और अपना बिजनैस करता था. असलम को लगा कि परवीन इस के साथ सुखचैन से रहेगी. इसलिए अफसर खान के घर वालों से बातचीत कर के असलम ने शबाना परवीन की शादी उस से कर दी.

शादी के बाद परवीन अपनी घरगृहस्थी में रम गई. एक साल बाद वह एक बेटे की मां भी बन गई. मां बनने के बाद उस की जिम्मेदारियां और बढ़ गईं. वह घरपरिवार में व्यस्त जरूर हो गई थी, लेकिन अभी भी पुलिस की वरदी पहनने की उस की तमन्ना खत्म नहीं हुई थी.

यही वजह थी कि अकसर वह इंदौर आतीजाती रहती थी. अफसर खान कभी पूछता तो वह कहती, ‘‘तुम्हें तो पता ही है कि मैं पुलिस सबइंसपेक्टर की तैयारी कर रही हूं. उसी के चक्कर में इंदौर आतीजाती हूं.’’

परवीन का इंदौर आनाजाना कुछ ज्यादा ही हो गया तो एक दिन अफसर खान ने उसे समझाया, ‘‘तुम्हें नौकरी करने की क्या जरूरत है. अल्लाह का दिया हमारे पास क्या कुछ नहीं है. रुपए पैसे तो हैं ही, एक खूबसूरत बेटा भी है. इसी को संभालो और खुश रहो.’’

लेकिन परवीन इस में खुश नहीं थी. वह पुलिस की नौकरी के लिए अपनी जिद पर अड़ी थी. इसलिए घर में रोज किचकिच होने लगी. दोनों के बीच तनाव बढ़ने लगा. पति के लाख समझाने पर भी परवीन नहीं मानी. अफसर खान ज्यादा रोकटोक करने लगा तो एक दिन परवीन ने साफसाफ कह दिया, ‘‘अब हमारी और तुम्हारी कतई निभने वाली नहीं है. इसलिए तुम मुझे तलाक दे कर मुक्त कर दो.’’

अफसर खान अपनी बसीबसाई गृहस्थी बरबाद होते देख परेशान हो उठा. उसे कोई राह नहीं सूझी तो उस ने अपने ससुर को फोन किया. असलम खान ने भी कोटा जा कर बेटी को समझाया. लेकिन परवीन टस से मस नहीं हुई. मजबूर हो कर अफसर खान को तलाक देना ही पड़ा. तलाक के बाद परवीन अपने 5 साल के बेटे को ले कर अपने पिता के घर उज्जैन आ गई.

पिता के घर आने के बाद भी परवीन का वही हाल रहा. वह पिता के घर से भी सुबह इंदौर के लिए निकल जाती तो देर रात तक लौटती. ऐसा कई दिनों तक हुआ तो एक दिन असलम खान ने पूछा, ‘‘बेटी, तुम रोज सुबह निकल जाती हो तो देर रात तक लौट कर आती हो, इस बीच तुम कहां रहती हो?’’

‘‘आप को पता नहीं,’’ परवीन ने कहा, ‘‘अब्बू, मैं ने मध्य प्रदेश पुलिस की सबइंसपेक्टर की परीक्षा दे रखी है. जल्दी ही मुझे नौकरी मिलने वाली है.’’

‘‘सच…?’’ असलम खान ने हैरानी से पूछा.

‘‘हां अब्बू… अब जल्दी ही आप को मेरे सबइंसपेक्टर होने की खुशखबरी मिलने वाली है.’’ परवीन ने कहा.

और फिर कुछ दिनों बाद सचमुच परवीन ने घर वालों को खुशखबरी दी कि वह प्रदेश पुलिस की परीक्षा पास कर के सबइंसपेक्टर हो गई है. असलम खान को बेटी की बात पर भरोसा तो नहीं हुआ, फिर भी उन्होंने उस की बात मान ली. लेकिन जब एक दिन परवीन सब इंसपेक्टर की वरदी में घर पहुंची तो असलम खान परवीन को देखते ही रह गए. वह चहकते हुए अब्बू से बोली, ‘‘देखो अब्बू ,मैं दरोगा हो गई हूं. मेरे कंधे पर 2 सितारे चमक रहे हैं.’’

मारे खुशी के असलम खान की आंखों में आंसू आ गए. उन के मुंह से शब्द नहीं निकल रहे थे. वह कुछ कहते, उस के पहले ही साथ लाए मिठाई के डिब्बे से एक टुकड़ा मिठाई उस के मुंह में ठूंसते हुए परवीन ने कहा, ‘‘अब्बू, पुलिस वरदी में मै कैसी लग रही हूं?’’

असलम ने अल्लाह को सजदा करते हुए कहा, ‘‘अल्लाह ने हमारी तमन्ना पूरी कर दी. मेरी बेटी बहुत सुंदर लग रही है. तू बेटी नहीं बेटा है. लेकिन बेटा, इस समय तुम्हारी पोस्टिंग कहां है?’’

‘‘अभी तो मैं इंदौर के डीआरपी लाइन में हूं. जल्दी ही किसी थाने में पोस्टिंग हो जाएगी. एक साल तक मेरी ड्यूटी इंदौर में रहेगी. उस के बाद मेरा तबादला उज्जैन हो जाएगा. जब तक तबादला नहीं हो जाता, मुझे उज्जैन से इंदौर आनाजाना पड़ेगा. जरूरत पड़ने पर वहां रुकना भी पड़ सकता है.’’ परवीन ने कहा.

इस के बाद तो असलम खान ने पूरे मोहल्ले में मिठाई बंटवाई तो सभी को पता चल गया कि परवीन सबइंसपेक्टर हो गई है. लोग उस की मिसालें देने लगे. बात थी ही मिसाल देने वाली. एक साधारण घर की बेटी का दरोगा बन जाना छोटी बात नहीं थी, वह भी शादी और एक बेटे की मां बन जाने के बाद.

परवीन रोजाना बस से इंदौर जाती और देर रात तक वापस घर आ जाती थी. कभीकभार न आती तो फोन कर देती कि आज वह घर नहीं आ पाएगी. उस के सबइंसपेक्टर होते ही घर के सभी वाहनों पर पुलिस का लोगो चिपकवा दिया गया था, जिस से चैकिंग में कोई पुलिस वाला उन्हें परेशान न करे.

लूट फार एडवेंचर – भाग 1

तीनों बैंकों से कुल मिला कर लगभग 65 लाख की लूट हुई थी. किसी भी बैंक में 21 लाख से कम की रकम नहीं थी, जो इन तीनों दोस्तों की कल्पना के अनुरूप ही थी. तीनों लूट के बाद एकदूसरे से अनजान अलगअलग शहर में चले गए.

दूसरे दिन देश के सभी अखबारों और न्यूज चैनलों और सोशल मीडिया पर सिर्फ और सिर्फ इस दुस्साहसी घटनाओं का ही जिक्र था. पुलिस और प्रशासन अपनी नाकामी से हाथ मल रही थी. लंबे समय तक लोगों के होंठों पर इस घटना का बखान था.

“अब हम तीनों को लूट का पैसा वापस बैंकों को लौटाना है. मैं इस बोझ के साथ मरना नहीं चाहता कि हम ने अपने स्वार्थ के लिए जनता की गाढ़ी कमाई के पैसों को लूटा. आज हम तीनों स्थापित हैं और इस कंडीशन में हैं कि उन पैसों को बिना किसी आपत्ति के वापस लौटा सकते हैं.” जगन बोला.

20 दिनों के बाद तीनों दोस्त एक बार फिर गेलार्ड कैफे में पार्टी कर रहे थे. सभी न्यूजपेपर्स और चैनल्स पर उन के एडवेंचर की कहानियां सुनाई जा रही थीं.

जगन, छगन और मगन गहरे दोस्त थे. तीनों ही अच्छे खिलाड़ी थे. काफी दिनों बाद वे फुरसत में बैठे बातें कर रहे थे. उसी दौरान छगन बोला, “शहर में नया डेस्टिनेशन खुला है. जहां पर एडवेंचरस एक्टिविटीज करवाई जाती हैं. हम लोग भी चलें. काफी दिनों से कोई एडवेंचर किया भी नहीं है.”

“किस तरह की एक्टिविटीज करवाते हैं वहां पर?” मगन ने कौतूहल से पूछा.

“500 फीट ऊपर रोप क्लाइंबिंग, रौक क्लाइंबिंग, पैरासिलिंग, रिवर राफ्टिंग जैसी कई एक्टिविटीज इन्वौल्व हैं उस में.” छगन ने बताया.

“कितनी टिकट है उस की?” मगन ने फिर प्रश्न किया.

“वैसे तो एक हजार रुपए पर हैड है. लेकिन अगर हम तीनों चलते हैं तो मैं कहीं से जुगाड़ कर कुछ कम करवा सकता हूं,” छगन उत्साहित हो कर बोला.

“अरे मूर्खों, अगर अपनी जेब से पैसा खर्च कर के एडवेंचर किया तो क्या किया? एडवेंचर तो वह है, जो हम करें और उस के लिए दुनिया हमें याद करे और हमें पैसे भी मिलें.” जगन जो अब तक चुपचाप दोनों की बातें सुन रहा था, बीच में बोल पड़ा.

“क्या ऐसा हो सकता है? हमें हमारे एडवेंचर के बदले कौन मूर्ख पैसे देगा?” छगन उपहास से बोला.

“क्यों अपने आप को कमतर आंकें हम? याद रखो, हम तीनों के ही नाम के अंत में गन है. हम चाहें तो ऐसा फायर कर सकते हैं, जिस की तीव्रता की कल्पना सिर्फ सपनों में ही की जा सकती है. मैं खुद एक रेसलर हूं, मगन जूडो कराटे और छगन को ताइक्वांडो जैसे खेल में महारथ हासिल है. हम तीनों खिलाड़ी चाहें तो इतना बड़ा एडवेंचर कर सकते हैं कि दुनिया वाले दांतों तले अंगुली दबाने को मजबूर हो सकते है,” जगन बोला.

“सच है, जब हम में खुद में इतना हुनर है तो क्यों न ऐसा कोई एडवेंचर करें?” मगन बोला.

“मगर ऐसा एडवेंचर होगा क्या?” छगन ने पूछा.

“यह तो हम तीनों को मिल कर सोचना पड़ेगा,” जगन बोला.

“देखो, ऐसा कोई सा भी एडवेंचर जो खतरनाक की श्रेणी में आता हो, जिस में जान का जोखिम हो. पुलिस और प्रशासन की जानकारी के बगैर नहीं किया जा सकता है,” मगन ने जानकारी दी.

“जान हमारी है रिस्क हमारा है तो इस के लिए किसी भी अपने या पराए को जानकारी क्यों दी जाए? और जो कुछ भी होगा, इस के नतीजे के जवाबदेह भी हम ही होंगे. मजा तो तब है कि जब हम अपनी सोची हुई एडवेंचरस घटना को अंजाम दें और बरसों तक लोग उस घटना को घटना के नाम से याद करें न कि हमारे नाम से.” जगन बोला.

“तो क्या तूने ऐसा कोई कारनामा सोच रखा है, ऐसा कोई एडवेंचर करने का?” मगन ने पूछा.

“नहीं. अभी तक तो नहीं. यदि हम मिल कर सोचें तो शायद कुछ योजना बना सकें. यदि योजना सफल रही तो 50-60 लाख रुपए तो हासिल हो ही जाएंगे,” जगन बोला.

“यह कौन सा काम है? इस में लाइफ रिस्क कितना है?” छगन ने पूछा.

“अगर एडवेंचरस काम करने में जान का रिस्क न हो तो वह एडवेंचर ही कैसा? तुम लोग एडवेंचर के द्वारा ही पैसा बनाना चाहते हो न? तो मेरा आइडिया ही सब से उत्तम होगा.” जगन बोला.

“ऐसा कौन सा आइडिया सोचा है तुम ने?” मगन ने कौतूहल से पूछा.

“बिना खूनखराबा किए, बिना वास्तविक हथियार के बैंकों को लूटने का. और वह भी एक नहीं 3 बैंकों को लूटने का.” जगन बिना किसी रूपरेखा के सीधे और स्पष्ट बोला.

“क्याऽऽ.. यह कैसा एडवेंचर है? यह काम तो गैरकानूनी होगा.” मगन के चेहरे पर डर के भाव साफ दिखाई पड़ रहे थे.

एडवेंचर के बारे में जानने की बड़ी उत्सुकता

“अगर पकड़े गए तो जेल में बंद होंगे हम,” छगन भी मगन की बात से सहमत था.

“तुम लोगों का डर सही है. मगर एडवेंचर तो वही है जो लोगों को दांतों तले अंगुली दबाने को मजबूर कर दे. किसी और ने अगर वही काम तुम से पहले कर दिया तो उसे लीक पर चलना कहा जाएगा, एडवेंचर नहीं.”

“तुम्हें एडवेंचर की परिभाषा मालूम है? ऐसा कोई काम जिस में साहस, शौर्य और पराक्रम होने के साथ ही सर्वप्रथम किया हो. वही रियल एडवेंचर है.”

“हां, यह डर निश्चित ही जायज है कि अगर हम पकड़े गए तब क्या होगा. इस के परिणाम के बारे में ज्यादा सोचने की जरूरत नहीं है. उस समय केवल जेल ही हमारा घर होगा.

“दूसरी तरफ अगर हम सफल होते हैं तो इतिहास में एक साहसी टीम के रूप में जाने जाएंगे और लोग हमारा उदाहरण देंगे. तुम लोगों को एक मशहूर विज्ञापन की टैग लाइन तो याद ही है न? डर के आगे सिर्फ जीत है. हमें अपनी योजना भी कुछ इसी तरह बनानी है कि हम अपने डर को अपने आत्मविश्वास से समाप्त कर देंगे.” जगन दोनों को समझाता हुआ बोला.

“हां, तो समझाओ जगन, योजना क्या है.” छगन बोला.

“योजना साहसिक और विस्फोटक है. हमें एक ही दिन में 3 बैंकों में लूट की वारदात को अंजाम देना है और वह भी बिना किसी वास्तविक हथियार के.” जगन बोला.

“क्या? 3 बैंकों में एक ही दिन में लूट? वह भी बिना किसी वास्तविक हथियार के?” छगन आश्चर्य से बोला.

“हां, यही तो एडवेंचर होगा हमारी योजना का. हमें सिर्फ एक जोरदार धमाका करने वाली एयरगन चाहिए होगी, जो दूर से असली जैसी लगे. इस के अलावा हमें 3 अच्छे और मजबूत किस्म के ताले और रुपए भरने के लिए बड़ी साइज के बैग्स.” जगन ने अपनी योजना के लिए प्रारंभिक जरूरत बतलाई.

“वहां तोता मैना जैसे पक्षी होंगे, जो एयरगन के धमाके से उड़ जाएंगे और हम रुपए थैलों में भर कर टहलते हुए निकल जाएंगे,” मगन मजाक करता हुआ बोला.

“तीन बैंकों को लूटना है तो कम से कम एक व्हीकल तो चाहिए ही. ऐसे कामों में हम अपना व्यक्तिगत व्हीकल तो इस्तेमाल कर ही नहीं सकते,” छगन बोला.

“बिलकुल सही है. हम अपना व्हीकल इस्तेमाल करेंगे भी नहीं, बल्कि हम तो बैंक का ही व्हीकल उपयोग करेंगे.” जगन शांत भाव से बोला.

“बैंक का व्हीकल? वो कैसे?” छगन के स्वर में अविश्वास था.

“हमारे पास में रहने वाले रहमत एक सीएमएस वैन के ड्राइवर हैं. वह रोज शाम को काम खत्म होने के बाद गाड़ी को अपने घर के सामने ही पार्क करता है. मेरी उस से अच्छी जानपहचान है. मैं ने पिछले 3 दिनों में 3 बार उस वैन से कालोनी के चक्कर लगाए है. कल तो चालाकी से उस की वैन की चाबी का इंप्रैशन एक नरम साबुन पर ले लिया है. मोबाइल में चाबी का फोटो भी रखा हुआ है.” जगन उत्साह से बोला.

“यह लो पहले कदम पर ही गलती. रहमत तो तुम्हें जानता ही है न? वारदात को अंजाम देने के बाद तफ्तीश में रहमत तो फंसेगा ही और वह तुम्हारा ही नाम लेगा.” छगन बोला.

एक लाश ने लिया प्रतिशोध – भाग 1

स्लेड ने तय कर लिया था कि उसे किसी भी तरह स्पेल्डिंग की हत्या करनी है. क्योंकि उसे पता था कि अगर उस ने स्पेल्डिंग की हत्या नहीं की तो वह उस का कैरियर बरबाद कर देगा. एक वकील होने के नाते उसे बचाव  के लिए दलीलें देनी तो आती थीं, लेकिन हत्या किस तरह की जाए कि न तो मैडिकल साइंस पकड़ सके और न कानून. क्योंकि जब हत्या साबित ही नहीं होगी तो वह पकड़ा ही नहीं जाएगा.

स्पेल्डिंग की हत्या कैसे की जाए, इस पर वह काफी दिनों तक सोचता रहा. इस की वजह यह थी कि वह नहीं चाहता था कि हत्या जैसे अपराध में फंस कर उस का कैरियर और जिंदगी बरबाद हो. क्योंकि कैरियर और जिंदगी बचाने के लिए ही तो वह हत्या जैसा जघन्य अपराध करने पर विचार कर रहा था. लेकिन उस की समझ में यह नहीं आ रहा था कि वह स्पेल्डिंग की हत्या कैसे करे कि कानून की नजरों से साफ बच जाए.

आज की तरह तब इंटरनेट तो था नहीं कि इंटरनेट पर सर्च कर के वह हत्या की तरकीब खोज निकालता. यह ऐसा काम था, जिस के लिए किसी से सीधे सलाह भी नहीं ली जा सकती थी. स्लेड को किसी भी तरह स्पेल्डिंग की हत्या करनी थी. जब उसे कोई उपाय नहीं सूझा तो उस ने अपने दोस्त डा. मैथ्यू से हत्याओं पर चर्चा कर के कोई तरीका निकालने का विचार किया.

इस के लिए उस ने उन्हें एक शाम खाने पर बुला लिया. खाना खाते हुए स्लेड ने कहा, ‘‘आजकल अपराध कुछ ज्यादा ही होने लगे हैं. खासकर हत्या जैसे अपराधों की तो जैसे बाढ़ सी आ गई है. लगता है, पुलिस हत्यारों को पकड़ नहीं पा रही है?’’

‘‘ऐसी बात नहीं है, हत्यारा कितनी भी होशियारी से हत्या करे, उस से कोई न कोई चूक हो ही जाती है. और फिर उसी चूक की वजह से वह पकड़ा जाता है. तब उस की कश्ती किनारे पर आ कर भी डूब जाती है. हत्या करने के बाद सब से कठिन काम है लाश को ठिकाने लगाना. लेकिन तुम्हें पता होना चाहिए कि मैं इस काम को बखूबी अंजाम दे सकता हूं.’’ डा. मैथ्यू ने कहा.

‘‘जी हां.’’ स्लेड ने कहा. लेकिन वह जानता था कि इस मामले में उसे डा. मैथ्यू से कहीं ज्यादा अनुभव है.

‘‘दरअसल यह बहुत ही खतरनाक और पेचीदा मसला है. यह इतना मुश्किल काम है कि मेरी समझ में यह नहीं आता कि लोग कत्ल करने जैसा गैरबुद्धि वाला काम करते ही क्यों हैं?’’

‘‘मेरा भी कुछ ऐसा ही खयाल है,’’ स्लेड ने कहा. लेकिन मन में वह कुछ और ही सोच रहा था. उस का खयाल था कि इस दुनिया में आदमी के लिए कोई भी काम कठिन नहीं है.

‘‘लोग सोचते हैं कि किसी को जहर दे कर मारना बहुत आसान है,’’ डा. मैथ्यू ने आगे कहा, ‘‘लेकिन उन्हें पता नहीं होता कि पोस्टमार्टम में जहर का पता लग जाता है. और जब हत्या का पता चल जाएगा तो हत्यारा पकड़ा ही जाएगा. मेरा तो काम ही जहर का पता लगाना है. मैं ही क्या, जाहिल से जाहिल डाक्टर भी जहर का पता लगा सकता है.’’

‘‘मैं आप की राय से पूरा इत्तफाक रखता हूं, डाक्टर.’’ स्लेड ने कहा.

चूंकि वह स्पेल्डिंग की हत्या के लिए जहर का इस्तेमाल करने की सोच ही नहीं रहा था, इसलिए उसे इस बारे में विचार ही नहीं करना था. उस ने तो कोई और ही उपाय सोच रखा था.

‘‘अगर तुम जहर दे कर हत्या नहीं करते तो लोग यही सोचेंगे कि वह अपनी मौत मरा होगा. हत्या करने के बाद अगर हत्यारा बचना चाहता है तो वह कुछ ऐसी तिकड़म करे कि लोगों को लगे कि मृत व्यक्ति ने खुदकुशी की है. मगर मेरी तरह तुम भी जानते हो कि यह काम इतना आसान नहीं है. वैसे भी खुदकुशी के मामले में बड़ी गहराई से जांच होती है. तुम खुद वकील हो, खुदकुशी के कितने मामलों को तुम ने निपटाए हैं. तुम्हें तो पता ही है कि ऐसे मामलों में कितनी परेशानी होती है. और फिर नतीजा क्या निकलता है?’’

‘‘आप ने सही कहा,’’ स्लेड ने कहा.

उस ने इस मामले पर काफी गहराई से विचार किया था. काफी सोचविचार कर वह इस नतीजे पर पहुंचा था कि इस तरह स्पेल्डिंग की हत्या कर लाश को गायब करेगा कि उसे कोई पकड़ नहीं पाएगा. अगर स्पेल्डिंग की लाश मिल भी गई तो पुलिस यही समझेगी कि उस ने आत्महत्या की है.

‘‘हां, तो मैं उसी मसले पर फिर आता हूं. हत्यारे के लिए लाश से पीछा छुड़ाना आसान नहीं है.’’ डा. मैथ्यू ने कहा.

‘‘जी हां,’’ स्लेड ने कहा, ‘‘आप बिलकुल सही कह रहे हैं.’’

लेकिन स्लेड को पूरा विश्वास था कि स्पेल्डिंग की लाश से वह आसानी से पीछा छुड़ा लेगा.

‘‘जानते ही हो, लाश को ठिकाने लगा कर उस से मुक्ति पाना बहुत ही कठिन काम है,’’ डा. मैथ्यू ने कहा, ‘‘कुछ लोग रासायनिक पदार्थों और तेजाब से लाश को जला गला देते हैं. लेकिन एक डाक्टर होने के नाते मैं इस तरकीब को पसंद नहीं करता.’’

‘‘वह क्यों?’’ स्लेड ने पूछा.

‘‘लाश कितनी भारी होती है. उसे उठाना, ढोना, संदूक, तहखाने या नदीनाले में छिपाते फिरना, कितना खतरनाक काम है.’’

‘‘आप ठीक कह रहे हैं. मैं ने इस के बारे में पहले कभी नहीं सोचा.’’ स्लेड ने कहा. जबकि उसे लग रहा था कि डाक्टर बिलकुल बेकार की बातें कर रहा है.

‘‘वैसे एक ऐसी तरकीब है, जिस में बचने की काफी गुंजाइश है. वकील होने के नाते तुम उस में जरूर दिलचस्पी लोगे, क्योंकि इस में एक कानूनी नुक्ता है.’’

‘‘कौन सा?’’ स्लेड ने अचकचा कर पूछा.

‘‘जब तक तुम किसी अभियुक्त को मुजरिम नहीं साबित कर देते, तब तक उसे सजा नहीं दिला सकते. और जब तक लाश नहीं मिल जाती, तब तक किसी अपराधी को पकड़ने या उस पर मुकदमा चलाने का सवाल ही नहीं उठता. किसी को हत्यारा साबित करने के लिए लाश का मिलना बहुत जरूरी है.’’

‘‘आप ने बिलकुल सही कहा. हैरानी की बात यह है कि इतनी बढि़या बात मेरे जेहन में पहले क्यों नहीं आई?’’ स्लेड ने कहा.

लेकिन अचानक उसे लगा कि उस के मुंह से यह बात निकल कैसे गई? उस ने तुरंत खुद को सहज बनाने की कोशिश की. उस ने अपने दिल की खुशी भी छिपाई, ताकि डाक्टर जान न सके कि उस के मन में क्या है.   जबकि डाक्टर ने उस की बात पर गौर ही नहीं किया था.

उस ने कहा, ‘‘मेरे खयाल से लाश को पूरी तरह से नष्ट करना आसान नहीं है. लेकिन अगर कोई अपराधी लाश गायब करने में सफल हो जाता है तो निश्चित ही वह पकड़ में नहीं आएगा. उस पर कितना भी जबरदस्त शक क्यों न हो. पुलिस बिना लाश बरामद किए उस के खिलाफ सुबूत नहीं जुटा पाएगी. इस तरह के कत्ल की कहानी सचमुच एक अनोखी कहानी होगी.’’

‘‘जरूर,’’ स्लेड ने हंसते हुए कहा. इस के बाद उस ने मन ही मन सोचा, ‘सचमुच स्पेल्डिंग के कत्ल की कोई कहानी नहीं बन सकेगी.’

‘‘अच्छा स्लेड, अब मैं चलूंगा. खाते खाते काफी बकबक कर ली. तुम्हारी इस शानदार दावत के लिए बहुत बहुत शुक्रिया. आज मौसम भी कुछ ठीक नजर नहीं आ रहा है. अब चल देना ही ठीक है.’’ डा. मैथ्यू ने उठते हुए कहा.

क्या स्लेड हत्या करने में कामयाब हो सकेगा ? जानने के लिए पढ़ें crime thriller story का अगला भाग..

15 शादियां करने वाला लुटेरा दूल्हा – भाग 4

उस ने बताया कि बचपन से ही उस की अपने मांबाप से नहीं बनती थी. इसलिए उस ने घर छोड़ दिया था. शक्लसूरत अच्छी थी, इसलिए उस ने सोचा कि चलो कन्नड़ फिल्मों में भाग्य आजमाते हैं. उस ने कन्नड़ फिल्मी दुनिया का रुख किया, पर वहां उसे कोई काम नहीं मिला. इस से महेश को बहुत बड़ा झटका लगा. क्योंकि वह ज्यादा पढ़ालिखा भी नहीं था कि उसे कोई ढंग की नौकरी मिल पाती. उस की समझ में नहीं आया कि अब वह क्या करे.

तभी उस ने किसी अखबार में समाचार पढ़ा कि कोई व्यक्ति मैट्रीमोनियल साइट से विवाह कर के पत्नी के लाखों रुपए ले कर फरार हो गया है. उस ठग की कहानी पढ़ कर उस के दिमाग में आइडिया आया कि इस तरह विवाह कर के भी पैसा कमाया जा सकता है. बस, उस ने सोच लिया अब वह भी इसी तरह विवाह कर के पैसे कमाएगा.

मन में यह विचार आते ही महेश ने मैट्रीमोनियल साइट पर अपनी फेक आईडी बनानी शुरू की. किसी में डाक्टर तो किसी में इंजीनियर तो किसी में सौफ्टवेयर इंजीनियर तो किसी में बिजनैसमैन तो किसी में सरकारी अफसर बन कर उस ने प्रोफाइल बना डालीं.

करीब 35 साल की महिलाओं को फांसता था महेश

मजे की बात यह थी कि वह साइट पर जा कर यह उन्हीं महिलाओं को चुनता था, जिन की उम्र 35 साल या उस से अधिक होती थी. अगर डिवोर्सी होती तो उसे और अधिक बेहतर लगती. लेकिन अमीर होनी चाहिए और देखने में ठीकठाक लगनी चाहिए.

जब शुरुआत हुई तो जैसा शुरू में बताया गया है, ठीक उसी तरह बात होती और फिर शादी की तारीख तय हो जाती. शुरू में ही महेश लडक़ी वालों से बता देता था कि उस के मांबाप नहीं हैं. परिवार में प्रौपर्टी के बंटवारे को ले कर झगड़ा चल रहा है, इसलिए परिवार का भी कोई सदस्य शादी में नहीं आएगा. बस, दोचार रिश्तेदार और दोस्त ही विवाह में आ सकते हैं.

इसलिए महेश के विवाह में उस की ओर से दसपांच लोग ही शामिल होते थे. लेकिन ये लोग भी न उस के रिश्तेदार होते थे और न दोस्त. ये लोग किराए के होते थे. इस तरह के लोगों को उसे ढूंढने भी नहीं जाना पड़ता था. क्योंकि उस ने कन्नड़ फिल्मों में काम करने के लिए खूब धक्के खाए थे, इसलिए तमाम जूनियर कलाकारों से उस की जानपहचान हो गई थी.

अपने विवाह पर वह इन्हीं लोगों को किसी को 3 हजार पर तो किसी को 5 हजार पर तो किसी को 10 हजार रुपए पर यानी हुलिए के हिसाब से फीस दे कर बाराती के रूप में ले आता था. उन्हें पैसे तो मिलते ही थे, अच्छे से अच्छे होटल में ठहरने के साथ में अच्छे से अच्छा खाना मिलता था और विदाई के समय कुछ न कुछ उपहार भी मिल जाते थे.

विवाह होते ही किराए के बाराती अपने घर चले जाते और महेश पत्नी को ले कर मैसूर आ जाता, जहां यह शादी होते ही किराए का एक घर ले लेता था. अपने घर के बारे में तो वह पहले ही बता देता था कि पुश्तैनी प्रौपर्टी को ले कर उस का झगड़ा चल रहा है.

इस के बाद वह किसी पत्नी से कहता कि उसे क्लीनिक खोलनी है तो किसी से कुछ और कह कर पैसे ले लेता था. जो न देतीं उन के पैसे और गहने चुरा कर किसी न किसी बहाने यह कह कर निकल जाता था. जाते समय वह यह भी कह जाता था कि वह उस के बारे में किसी को कुछ नहीं बताएगीं, पुलिस को भी नहीं, क्योंकि प्रौपर्टी के झगड़े में कुछ भी हो सकता है, उस की जान भी ली जा सकती है और पुलिस से भी पकड़वा कर जेल भिजवाया जा सकता है. क्योंकि करोड़ों की प्रौपर्टी का मामला है.

3 पत्नियों से उस के हैं 5 बच्चे

इसी तरह महेश ने एक डाक्टर से भी डाक्टर बन कर विवाह कर लिया था. शादी के बाद महेश डाक्टर पत्नी के साथ क्लीनिक भी गया और वहां एक डाक्टर के रूप में अपने तमाम फोटो खींच लिए थे. उन्हीं फोटो को उस ने एक डाक्टर के रूप में मैट्रीमोनियल साइट पर पोस्ट कर दिए थे.

इसी तरह कोई इंजीनियर या कोई और मिल जाती तो उस के औफिस में जा कर फोटो खींच पर मैट्रीमोनियल साइट पर पोस्ट कर देता. इसी तरह उस ने कर्नाटक, तमिलनाडु, महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश में कुल 15 शादियां कर डालीं. इन 15 शादियों में से 3 पत्नियों से उसे 5 बच्चे भी हुए. पर किसी भी पत्नी के साथ महेश एक महीने से अधिक नहीं रहा. इस के बाद वह किसी काम की बात कह कर निकल जाता.

जब महेश को गए ज्यादा समय हो जाता और दूसरी ओर उस के गहने और पैसे भी लुट गए होते, तब उन की समझ में आता कि उन के साथ धोखा हुआ है. पर वे अपना यह दर्द कहें किस से. क्योंकि वे अपना यह दर्द किसी से कहतीं तो जगहंसाई ही होती. इसलिए कोई भी महिला किसी से भी अपनी यह तकलीफ नहीं बताती थी. क्योंकि इस के लिए वह खुद को दोषी मानती थीं.

2013 में बेंगलुरु की एक महिला, जो इंजीनियर थी, उस ने भी महेश से विवाह किया था. 3 दिन बाद जब यह उसे छोड़ कर चला गया था और लौट कर नहीं आया था, तब उस ने उस के खिलाफ रिपोर्ट लिखाई थी. तब पुलिस ने उस की रिपोर्ट पर खास ध्यान नहीं दिया था.

अगर उसी समय पुलिस ने ऐक्शन लिया होता तो तमाम महिलाएं इस ठग लुटेरे दूल्हे का शिकार होने से बच जातीं. पुलिस की लापरवाही का ही नतीजा था कि महेश शादियों पर शादियां करता गया और उस ने 15 शादियां कर डालीं. इस के बाद जो जानकारी मिली थी, उस के अनुसार 9 महिलाएं उस से शादी करने की कतार में थीं. उसे 9 पत्नियां मिल चुकी थीं, जो अलगअलग पेशे वाली थीं. वह जल्दी ही 9 शादियां और करने वाला था, लेकिन इस से पहले ये 9 शादियां होतीं, पुलिस उस तक पहुंच गई और ये 9 महिलाएं बरबाद होने से बच गईं.

मजे की बात यह थी कि महेश ने जितनी भी शादियां कीं, इन में कोई भी महिला गांव देहात की अनपढ़ महिला नहीं थी. सब की सब उच्चशिक्षित थीं, कोई डाक्टर तो कोई इंजीनियर, यहां तक कि असिस्टेंट प्रोफेसर भी थीं. सभी उस के झांसे में आ गईं और शादी के बाद किसी ने उस के खिलाफ रिपोर्ट भी नहीं दर्ज कराई.

पूछताछ में महेश ने यह भी बताया कि कुछ लड़कियां तो विवाह करतेकरते रह गईं. इस की वजह यह थी कि महेश ज्यादा पढ़ालिखा तो था नहीं, इसलिए वह जो अंगरेजी बोलता था, उस में गलतियां बहुत होती थीं. वह अच्छी अंगरेजी बोल नहीं पाता था, इसलिए सामने वाली लड़कियों को शक हो गया कि एक डाक्टर हो कर यह इतनी गलत अंगरेजी बोल रहा है. इसलिए उन्होंने उस से शादी नहीं की थी.

महेश का कहना था कि अगर वह अच्छी अंगरेजी बोल लेता तो 15 ही नहीं, अब तक वह कम से कम सौ शादियां कर चुका होता. लोगों को दिखाने के लिए बेंगलुरु के तुमकुरु में उस ने अपना एक नकली क्लीनिक भी बना रखा था, जहां वह कभीकभी डाक्टर के रूप में बैठता भी था. लोगों को शक न हो, इस के लिए उस ने एक नर्स भी नौकरी पर रखी थी.

एसआई राधा एम के अनुसार महेश नायक ने 15 शादियां कर के अब तक करीब 3 करोड़ के गहनों और रुपयों की चोरी की है. संपत्ति के नाम पर उस के पास 2 कारें थीं, लेकिन कोई मकान आदि नहीं है. पत्नियों के पैसे और गहने चुरा कर वह विलासितापूर्ण जीवन जीता था. पत्नियों को छोड़ कर जाने के बाद वह होटलों में ठहरता था.

उस ने जब पहली शादी की थी, तब वह 24 साल का था. इन 19 सालों में उस ने 15 शादियां कर ली थीं. पुलिस ने आरोपी महेश केबी से पूछताछ के बाद उसे भादंवि की धारा 420 (धोखाधड़ी और बेईमानी), 406 (आपराधिक विश्वासघात), 506 (आपराधिक धमकी), 380 (चोरी) के तहत गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित. कथा में निशा बदला हुआ नाम है

मौडल नेहा का हनीट्रैप रैकेट – भाग 3

रोमांस हो गया छूमंतर

उन के कमरे में पहुंचते ही गोपाल के चेहरे से हवाइयां सी उडऩे लगी थीं. वे दोनों पुरुष पूर्णरूप से नग्न गोपाल के वीडियो बना रहे थे. उन्हें देख कर गोपाल ने नेहा से कहा, “नेहाजी, ये लोग कौन हैं और यहां पर कैसे आ गए?”

“देख भाई, हम नेहा के दोस्त हैं. अब तू हमें यह बता कि क्या तू भी नेहा से प्यार करता है?” उन में से एक आदमी बोला.

“हां, मैं नेहाजी से प्यार करता हूं. वह भी मुझे प्यार करती हैं. इसीलिए नेहाजी ने ही मुझे अपने रूम पर बुलाया था,” गोपाल ने कहा.

“देख गोपाल ,नेहा का नाम मेहर है. मेहर एक मुसलिम युवती है. उस के साथ तुझे निकाह करना होगा अपना धर्म बदल कर इसलाम धर्म स्वीकार करना पड़ेगा. बोल, अब यह सब तू कर पाएगा?” अब दूसरे आदमी ने गोपाल को धमकाते हुए कहा.

“देखो भाई, प्यार में धर्म या मजहब कोई मायने नहीं रखता. मैं हिंदू हूं और अगर नेहाजी मुसलिम भी हैं तो मैं उन्हें स्वीकार कर सकता हूं.” गोपाल ने कहा.

“अबे चूतिए, लगता है कि तुझे हमारी बात समझ में नहीं आ पा रही है. अब मैं तुझे समझाता हूं. थोड़ा ध्यान से सुन. तुझे नेहा उर्फ मेहर से निकाह करने के लिए अपना धर्म छोड़ कर इसलाम धर्म स्वीकार करना होगा. इस के लिए सब से पहले हम तेरा खतना करेंगे, उस के बाद तुझे मसजिद में ले जा कर मुसलिम धर्म स्वीकार करना होगा और तुझे मुसलिम बनना पड़ेगा. बोल, तुझे ये सब मंजूर है?” उन में से पहले आदमी ने गोपाल को धमकाते हुए कहा.

“देख भाई गोपाल, अगर तुझे इस मुसीबत से छुटकारा पाना है तो कुछ जेब ढीली करनी पड़ेगी.” नेहा उर्फ मेहर ने कहा.

“नेहाजी, मुझे आप से तो यह बिलकुल भी उम्मीद नहीं थी.” गोपाल ने कहा.

“कभीकभी जिंदगी में ऐसे मोड़ भी आ जाते हैं, जिन से बच कर निकलना ही सेहत के लिए फायदेमंद होता है. मेरे आदमी तुम्हारा कोई और जुलूस वायरल कर दें, उस से पहले तुम्हें कुछ देना पड़ेगा.” नेहा ने कहा.

“नेहाजी, मेरे पास जो कुछ भी है, मैं दे दूंगा, बस आप अपने आदमियों से कहें कि मुझे कपड़े पहनने दें.” गोपाल ने गिड़गिड़ाते हुए कहा.

नेहा ने इशारा किया तो उन में से एक आदमी ने गोपाल के कपड़े उसे दे दिए. और गोपाल ने जब अपने कपड़े पहन लिए तो उन में से एक आदमी ने गोपाल के पर्स से सारे रुपए निकाल लिए. इस के अलावा उन्होंने गोपाल से 7 लाख रुपए औनलाइन भी ट्रांसफर करवा लिए थे.

गोपाल आटो में बैठ कर जब अपने घर आया तो उस ने हिसाब लगाया कि उस के पर्स और जेब में पूरे 50 हजार रुपए कैश था. उस के बाद उस के मोबाइल में उस का एक अकाउंट नंबर फीड था, जिस में से नेहा और उस के गिरोह ने उस के खाते से पूरे 7 लाख रुपए भी निकाल लिए थे.

वह यह सोच कर शुक्र मना रहा था कि साढ़े 7 लाख रुपए दे कर उस का पिंड छूट गया, मगर आज उसे एक फोन प्रकाश की ओर से आया और अब उस से 20 लाख रुपए की डिमांड की गई. वह अब अच्छी तरह से समझ चुका था कि वह एक मकडज़ाल में फंस गया है और उस से बाहर निकलने का एक ही रास्ता बचा है कि उसे पुलिस के पास जा कर सब कुछ सचसच बता देना चाहिए तभी उस का कुछ उद्धार हो सकता है.

गोपाल की रिपोर्ट पर हुई काररवाई

गोपाल कृष्णनन ने 2 दिन की छुट्टी ली और दूसरे दिन सुबहसुबह बेंगलुरु के डीसीपी (अपराध) बद्रीनाथ एस के कार्यालय पहुंच गया और अपनी पूरी आपबीती डीसीपी को सुना दी. चूंकि यह मामला बेंगलुरु के पुत्तेनहल्ली पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आता था. गोपाल कृष्णनन को पुत्तेनहल्ली थाने भेज दिया, जहां डीसीपी के आदेश पर उस की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई.

बी. दयानंद, आईपीएस, पुलिस आयुक्त बेंगलुरु ने तुरंत आवश्यक दिशानिर्देश जारी कर त्वरित काररवाई के लिए डी. देवराज, पुलिस उपायुक्त (उत्तर), डा. एस.डी. शरणप्पा, संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध), आर. श्रीनिवास गौड़ा, पुलिस उपायुक्त (केंद्रीय), बद्रीनाथ एस., पुलिस उपायुक्त (अपराध टू), डा. भीमशंकर एस. गुलेड, पुलिस उपायुक्त (पूर्व) और रमन गुप्ता, अपर पुलिस आयुक्त (प्रशासन प्रभारी) के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन कर दिया गया.

गठित टीमों द्वारा पहली अगस्त, 2023 को हनीट्रैप में लोगों को फंसाने और उन से उगाही करने वाले 3 लोगों को पुलिस ने बेंगलुरु से जाल बिछा कर गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार होने वाले अब्दुल खादर, शरण प्रकाश और यासीर थे. ये तीनों मैसूर के रहने वाले थे. ये तीनों आरोपी विभिन्न आपराधिक मामलों में केंद्रीय कारागार में बंद थे तो इन की जेल में ही आपस में दोस्ती हो गई थी.

इन के साथ इन का एक और साथी नदीम था, जो फिलहाल पुलिस की गिरफ्त में नहीं आया था. इन चारों ने बेंगलुरु की मशहूर मौडल नेहा उर्फ मेहर के साथ दोस्ती की और लोगों को हनीट्रैप में फंसा कर मोटी रकम वसूलने का लालच दिया, जिस के बाद नेहा उर्फ मेहर भी इन के गिरोह में शामिल हो गई थी.

तीनों अभियुक्तों से पुलिस ने कड़ी पूछताछ कर नेहा उर्फ मेहर के बारे में जानकारी ली तो पता चला कि नेहा मुंबई में भी मौडलिंग का काम करती थी जबकि हनीट्रैप का काम बेंगलुरु में किया जाता था. नेहा उर्फ मेहर को गिरफ्तार करने के लिए कर्नाटक पुलिस की एक विशेष टीम को मुंबई रवाना किया गया जहां से नेहा उर्फ मेहर को 16 अगस्त, 2023 को गिरफ्तार कर लिया गया.

खुद को मौडल बता कर करती थी अपना प्रचार

नेहा का असली नाम मेहर है. इस के सोशल मीडिया में नेहा नाम से अकाउंट्स बना रखे थे. अपने इन अकाउंट्स में उस ने अपनी मौडलिंग की तसवीरें लगा रखी थीं. सोशल मीडिया में वह हर समय ऐक्टिव रहा करती थी. वह कमउम्र के युवक, धनी लोगों, और अच्छी नौकरी करने वाले युवकों और पुरुषों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजती थी. उस की फ्रेंड रिक्वेस्ट एक्सेप्ट कर लेते थे तो वह फिर उन से दिल खोल कर चैट करने लगती थी.

15 शादियां करने वाला लुटेरा दूल्हा – भाग 3

महेश कर चुका था 15 शादियां

इस के बाद पुलिस ने उस महिला से यह जानना चाहा कि वह उस शातिर के जाल में फंसी कैसे? इस के बाद उस ने महेश के जाल में फंसने की जो कहानी सुनाई, वह निशा की कहानी से बिलकुल मिलती थी यानी उस ने भी महेश से शादी डौट कौम के जरिए ही शादी की थी.

शादी के एक सप्ताह बाद ही महेश उस से मुंबई किसी सर्जरी के लिए जाने की बात कह कर गया तो आज तक लौट कर नहीं आया. वह खुद को ही दोषी मान रही थी. शर्म और संकोच की वजह से वह अपनी व्यथा किसी से कह नहीं पा रही थी. अगर किसी से कहती तो लोग उस का ही मजाक उड़ाते और बदनामी ऊपर से होती. इसी बदनामी के डर से वह चुप थी. उस के भी गहने और रुपए महेश चुरा ले गया था.

उस महिला की कहानी सुन कर एसआई राधा एम को समझते देर नहीं लगी कि यह एक तरह का विवाह स्कैंडल है. इस के बाद वह उन अन्य महिलाओं से भी मिलीं, जिन्होंने अभी तक उन का सहयोग नहीं किया था. जब उन महिलाओं को भी शादी के वे फोटो दिखाए गए, तो सभी ने वही कहानी सुनाई कि महेश उन से भी यही कह कर गया था कि उस का प्रौपर्टी का झगड़ा है, इसलिए अगर पुलिस या कोई पूछने आए तो वह उस के बारे में कुछ बताएंगी नहीं, क्योंकि लोगों से उस की जान का खतरा तो है ही, पुलिस आ गई तो उसे पकड़ कर जेल में डाल सकती है. इसलिए किसी से उस के बारे में कुछ न बताएं.

एसआई राधा एम को लगा कि महेश ने जब एक ही बात सब से कही है तो अब इस आदमी का पकड़ा जाना बहुत जरूरी हो गया है. लेकिन वह उसे पकड़ें कैसे? क्योंकि उस के बारे में न तो उन महिलाओं को कुछ पता है, जो उस की पत्नियां थीं और न उन्हें ही उस के बारे में कुछ पता था. उन के पास सिर्फ एक नंबर था, जिस की काल डिटेल्स में केवल इनकमिंग काल थीं.

उन्होंने उस काल डिटेल्स रिपोर्ट को दोबारा खंगाला तो उस में 9 नंबर और मिले. उन्होंने जब उन 9 नंबरों पर फोन कर के पता किया कि वे इस आदमी को क्यों फोन कर रही हैं तो पता चला कि अभी उन की शादी नहीं हुई है. वह महेश से शादी करने के लिए लाइन में है यानी वेटिंग लिस्ट में हैं.

मजे की बात यह थी कि इन लोगों ने भी उस से शादी डौट कौम के माध्यम से ही संपर्क किया था. जबकि महेश किसी से डाक्टर तो किसी से इंजीनियर तो किसी से सीए या मैनेजिंग डायरेक्टर बन कर मिला था और शादी के तीसरे दिन सभी से कोई न कोई बहाना बना कर वही एक बात समझा कर घर से गया तो लौट कर नहीं आया था. आता भी कैसे, सारे गहने और रुपए वह साथ ले कर जो गया था.

यानी उस ने जिस से भी विवाह किया था, उस की इज्जत तो लूटी ही, उस के गहने और रुपए भी लूट लिए थे. अब पुलिस को समझते देर नहीं लगी कि यह कोई छोटा मोटा नहीं, बहुत बड़ा मामला है यानी महेश बहुत बड़ा ठग और लुटेरा है, जो महिलाओं को शादी के बहाने लूट और ठग रहा है.

एसआई राधा एम को विश्वास हो गया कि ये जो अन्य 9 महिलाएं हैं, महेश इन से विवाह कर के इन्हें भी लूटने वाला है. तब उन्होंने उन महिलाओं से बात की और उन्हें बताया कि आप लोग जिस आदमी से विवाह के लिए तैयार बैठी हैं, वह आदमी पहले ही 15 विवाह कर चुका है और उन सभी महिलाओं के गहने और रुपए चुरा कर गायब है. इसलिए आप लोग होशियार हो जाएं अन्यथा आप लोग भी उन 15 महिलाओं की तरह मुसीबत में फंस सकती हैं और अपना सब कुछ लुटा सकती हैं.

9 युवतियां और करने वाली थीं उस से शादी

राधा एम ने इन से यह बात इसलिए कही थी, क्योंकि इन 9 महिलाओं से भी उस का रिश्ता पक्का हो चुका था और कुछ ही महीनों में इन सब से वह बारीबारी से एक एक से विवाह करने वाला था. पुलिस के लिए इस आदमी को पकडऩा बहुत जरूरी हो गया था. पर उन की समझ में नहीं आ रहा था कि वह इस आदमी तक पहुंचे कैसे. क्योंकि वह न तो एक फोन यूज करता था और न एक सिम. उन्हें लगा कि वह मोबाइल नंबर से इस आदमी तक नहीं पहुंच सकती तो उन्होंने उस के घर वालों के बारे में पता किया.

महेश के घर वाले बेंगलुरु के बनशंकरी में रहते थे. पुलिस उस के घर पहुंची तो पता चला कि उस के मांबाप, भाईबहन सभी हैं. लेकिन उन्हें पता नहीं है कि महेश कहां है? क्योंकि वह सालों से घर नहीं आया था और न ही कभी किसी से संपर्क किया था.

जब कोई रास्ता नहीं सूझा तो राधा एम ने एक बार फिर उस के फोन की काल डिटेल्स पर नजर फेरनी शुरू की. इस बार उन्हें एक ऐसा नंबर मिला, जिस पर उस ने काल की थी. पुलिस ने इस नंबर के बारे में पता किया तो वह आदमी उन्हें मिल गया. वह फिल्मों काम करने वाला एक जूनियर कलाकार था, जो महेश की कई शादियों में दिखाई दिया था.

इसी आदमी के सहारे एसआई राधा एम महेश केबी नायक तक पहुंच गईं और बेंगलुरु के तुमकुरु स्थित उस के नकल क्लीनिक से उसे गिरफ्तार कर लिया. इस के बाद महेश से पूछताछ शुरू हुई. इस पूछताछ में पुलिस को पता चला कि उस का नाम महेश केबी नायक था, उम्र 35 साल और पढ़ाई के नाम पर वह केवल पांचवीं पास था. लेकिन वह अंगरेजी बड़े ही कौन्फिडेंस के साथ बोलता था. देखने में वह काफी हैंडसम था.

पूछताछ में पहले महेश नायक ने भी हर अपराधी की तरह पुलिस को गोलगोल घुमाने की कोशिश की थी. लेकिन राधा एम ने अब तक उस के खिलाफ इतने सबूत इकट्ठा कर लिए थे कि वह उस के चक्कर में आने वाली नहीं थीं. उन्होंने जब सारे सबूत उस के सामने रखे तो वह टूट गया और सच्चाई बताने को मजबूर हो गया.

क्या थी महेश की सच्चाई? जानेंगे कहानी के अगले भाग में…