True Crime Story. प्रमोद ने संगीता के प्रेमी छोटू की हत्या उस के पति परमेश्वर से इसलिए कराई कि हत्या के आरोप में परमेश्वर जेल चला जाएगा तो उसे संगीता तक पहुंचने में आसानी हो जाएगी. लेकिन उस की यह चाहत पूरी नहीं हो सकी.
उत्तर प्रदेश के जनपद सीतापुर के थाना संदना का एक गांव है हरिहरपुर. रामप्रसाद का परिवार इसी गांव में रहता था. खेती किसानी करने वाले रामप्रसाद के परिवार में पत्नी सोमवती के अलावा 2 बेटियां और 2 बेटे थे. उन में संगीता सब से बड़ी थी. सांवले रंग की संगीता का कद थोड़ा लंबा था.
संगीता जवान हुई तो रामप्रसाद ने उस की शादी अपने ही इलाके के गांव रसूलपुर निवासी मुन्नीलाल के बेटे परमेश्वर के साथ कर दी. यह 6 साल पहले की बात थी.
परमेश्वर के पास 7 बीघा जमीन थी, जिस पर वह खेतीबाड़ी करता था. समय के साथ संगीता 3 बच्चों रजनी, मंजू और रजनीश की मां बनी. शादी के कुछ दिनों बाद ही परमेश्वर अपने घर वालों से अलग रहने लगा, इसलिए पत्नी और बच्चों के भरणपोषण और खेतीबाड़ी की पूरी जिम्मेदारी उसी पर आ गई थी.
परमेश्वर खेतों पर जी तोड़ मेहनत करता तो संगीता बच्चों और घर की जिम्मेदारी संभालती. घरगृहस्थी के चक्रव्यूह में फंस कर परमेश्वर यह भी भूल गया कि उस की पत्नी अभी जवान है और उस की कुछ शारीरिक जरूरतें भी हैं.
यह मानव स्वभाव में है कि जब उस की शारीरिक जरूरतें पूरी नहीं होतीं तो उस में चिड़चिड़ापन आ जाता है. ऐसा ही कुछ संगीता के साथ भी था. वह परमेश्वर से अपने मन की चाह के बारे में भले ही खुल कर बता नहीं पाती थी, लेकिन चिड़चिड़ेपन की वजह से लड़ जरूर लेती थी. इस तरह दोनों के बीच कहासुनी होना आम बात हो गई थी.
गांव में ही बाबूराम का भी परिवार रहता था. उस के परिवार में पत्नी, 2 बेटियां और 4 बेटे थे. इन में छोटू को छोड़ कर बाकी सभी भाईबहनों की शादियां हो चुकी थीं.
19 वर्षीय छोटू वैवाहिक समारोहों में स्टेज बनाने का काम करता था. जब काम न होता तो वह गांव में खाली घूमता रहता था. छोटू परमेश्वर को बड़े भाई की तरह मानता था, इसलिए उस का काफी सम्मान करता था.
एक दिन परमेश्वर खेत पर काम कर रहा था तो छोटू वहां पहुंच गया. उसे वहां आया देख परमेश्वर ने उसे अपने घर से खाना लाने भेज दिया. छोटू परमेश्वर के घर पहुंचा तो वहां उस की मुलाकात संगीता से हुई. संगीता उसे नहीं जानती थी. उस ने अपने बारे में बता कर संगीता से खाने का टिफिन लगा कर देने को कहा तो संगीता टिफिन में खाना लगाने लगी.
छोटू जवान हो चुका था. इस मुकाम पर महिलाओं के प्रति आकर्षण स्वाभाविक होता है. वह चोर निगाहों से संगीता के यौवन का जायजा लेने लगा. छोटू कुंवारा था, इसलिए नारी तन उस के लिए कौतूहल का विषय था. संगीता के यौवन को देख कर छोटू के तन में कामवासना की आग जलने लगी. वह मन ही मन सोचने लगा कि अगर संगीता का खूबसूरत बदन उस की बांहों में आ जाए तो मजा आ जाए.
संगीता का भी यही हाल था. उसे परमेश्वर से वह सब कुछ हासिल नहीं हो रहा था, जिस की उसे चाह थी. छोटू के बारे में ही सोचतेसोचते उस ने टिफिन में खाना लगा कर उसे थमा दिया. जब छोटू खाना ले कर जाने लगा तो संगीता भी ठीक वैसा ही सोचने लगी, जैसा थोड़ी देर पहले छोटू सोच रहा था. छोटू शारीरिक रूप से हट्टाकट्टा नौजवान ही नहीं था, बल्कि कुंवारा भी था. पहली ही नजर में वह संगीता को भा गया था.
दूसरी ओर छोटू का भी वही हाल था. वह दूसरे दिन का इंतजार करने लगा. परमेश्वर ने जब दूसरे दिन भी उस से खाना लाने को कहा तो वह तुरंत परमेश्वर के घर के लिए रवाना हो गया. वह उस के घर पहुंचा तो संगीता घर के बाहर ही बैठी थी. छोटू को देखते ही संगीता खुश हो गई. वह उसे प्यार से अंदर ले गई. जवान छोटू उसे एकटक निहार रहा था.
छोटू को अपनी ओर एकटक देखते पा कर संगीता ने उस का ध्यान भंग करते हुए कहा, ‘‘ऐसे एकटक क्या देख रहे हो, कभी जवान औरत को नहीं देखा क्या?’’
छोटू तपाक से बोला, ‘‘देखा तो है, पर तुम्हारी जैसी नहीं देखी.’’
संगीता शरमाने का नाटक करती हुई अंदर चली गई और वहीं से उस ने छोटू को आवाज लगाई, ‘‘अंदर आ जाओ, आज खाना लगाने में थोड़ी देर लगेगी.’’
उस के आदेश का पालन करते हुए छोटू अंदर आ गया. दोनों बैठ कर बातें करते हुए एकदूसरे के प्रति आकर्षित होते रहे. अब यही रोज का क्रम बन गया.
स्त्रीपुरुष एकदूसरे की तरफ आकर्षित होते हैं तो मतलब की बातों का सिलसिला खुदबखुद जुड़ जाता है. मौका देख एक दिन छोटू ने संगीता की दुखती रग को छेड़ दिया, ‘‘भाभी, तुम खुश नहीं लग रही हो. लगता है, भैया तुम्हारा ठीक से खयाल नहीं रखते?’’
‘‘खुश होने की वजह भी तो होनी चाहिए. तुम्हारे भैया तो सिर्फ खेतों के हो कर रह गए हैं, घर में जवान बीवी है, इस की उन्हें कोई परवाह ही नहीं है.’’
‘‘भैया से इस बारे में बात करतीं तो तुम्हारी समस्या जरूर दूर हो जाती.’’
‘‘मैं ने कई बार उन्हें इस बात का अहसास दिलाया, लेकिन वह अपनी इस जिम्मेदारी को समझने को तैयार ही नहीं हैं. उन्हें पूरे घर की जिम्मेदारी तो दिखती है, लेकिन मेरी कोई जिम्मेदारी नहीं दिखती.’’ संगीता ने बड़े ही निराश भाव से कहा.
मौका देख कर छोटू ने अपने मन की बात उस के सामने रख दी, ‘‘भाभी, निराश मत हों. अगर तुम चाहो तो मैं तुम्हें वह खुशियां दे सकता हूं, जो परमेश्वर भैया नहीं दे पा रहे हैं.’’
अपनी बात कह कर छोटू ने संगीता को चाहत भरी नजरों से देखा तो संगीता ने भी उस की आंखों में आंखें डाल दीं. उस की आंखों में जो जुनून था, वह उस की सुलगती कामनाओं को ठंडा करने के लिए काफी था. संगीता ने उस के हाथों में अपना हाथ दे दिया. छोटू उस की सहमति पा कर खुशी से झूम उठा. इस के बाद संगीता ने अपने तन की आग में सारी मर्यादाओं को जला कर राख कर दिया.
एक बार दोनों ने अपने नाजायज रिश्ते की इबारत लिखी तो वह बारबार दोहराई जाने लगी. इसी के साथ उन के रिश्ते में गहराई भी आती गई.
रसूलपुर में ही प्रमोद नाम का एक युवक रहता था. उस के पिता हरनाम भी खेतीकिसानी करते थे. 23 वर्षीय प्रमोद अविवाहित था. वह भी परमेश्वर की पत्नी संगीता पर फिदा था और उसे अपने जाल में फांसने का प्रयास करता रहता था.
एक दिन मौका देख कर उस ने संगीता से अपने दिल की बात कह दी. लेकिन संगीता ने उस से संबंध बनाने से साफ इनकार कर दिया. प्रमोद इस से निराश नहीं हुआ. उस ने अपनी तरफ से कोशिश जारी रखी. इसी बीच उसे संगीता के छोटू से बने नाजायज संबंधों के बारे में पता चल गया.
प्रमोद को यह बात बिलकुल पसंद नहीं आई कि संगीता उस के अलावा किसी और से संबंध रखे. उस ने परमेश्वर के सामने उन दोनों के नाजायज रिश्ते की पोल खोल दी. परमेश्वर को उस की बात पर विश्वास नहीं हुआ, लेकिन मन में शक जरूर पैदा हो गया.
अगले ही दिन परमेश्वर रोज की तरह छोटू से खाना लाने को कहा. छोटू खाना लाने चला गया तो परमेश्वर भी छिपतेछिपाते उस के पीछे घर की तरफ चल दिया. छोटू घर में जा कर संगीता के साथ रंगरलियां मनाने लगा. चूंकि दोपहर का समय था और किसी के आने का अंदेशा नहीं था, इसलिए दोनों बिना दरवाजा बंद किए ही एकदूसरे से गुंथ गए.
अभी कुछ पल ही बीते थे कि किसी ने भड़ाक से दरवाजा खोल दिया. अचानक दोनों ने घबरा कर दरवाजे की तरफ देखा तो सामने परमेश्वर खड़ा था. उस की आंखों से चिंगारियां फूट रही थीं. उस ने पास पड़ा डंडा उठाया तो छोटू वहां से भागा. लेकिन भागते समय परमेश्वर का डंडा उस की कमर पर पड़ गया. दर्द की एक तेज लहर उस के बदन में दौड़ गई, लेकिन वह रुका नहीं.
उस के जाने के बाद परमेश्वर ने संगीता की जम कर पिटाई की. संगीता ने परमेश्वर से किए की माफी मांग ली और आगे से कभी दोबारा ऐसा कदम न उठाने की कसम खाई. लेकिन एक बार विश्वास की दीवार में दरार आ जाए तो उसे किसी भी तरह भरा नहीं जा सकता.
ऐसे में परमेश्वर भला संगीता पर कैसे विश्वास करता? छोटू ने उस के परिवार की इज्जत से खेलने की जो हिमाकत की थी, उसे वह बरदाश्त नहीं कर पा रहा था. इस आग में घी डालने का काम किया प्रमोद ने. वह परमेश्वर को छोटू से बदला लेने के लिए उकसाने लगा.
दरअसल प्रमोद यह सब सोचीसमझी साजिश के तहत कर रहा था. उस ने सोचा था कि परमेश्वर छोटू की हत्या कर देगा तो वह छोटू के परिजनों से मिल कर परमेश्वर को जेल भिजवा देगा. इस से छोटू और परमेश्वर नाम के दोनों कांटे उस के रास्ते से हट जाएंगे. फिर संगीता को पाने से उसे कोई नहीं रोक पाएगा.
आखिर प्रमोद ने परमेश्वर को छोटू को मार कर बदला लेने के लिए मना ही लिया. परमेश्वर के कहने पर इस साजिश में वह भी शामिल हो गया. परमेश्वर के कहने पर संगीता को भी इस साजिश में शामिल होना पड़ा. क्योंकि इस के अलावा उस के सामने कोई चारा नहीं था.
24 मार्च की रात परमेश्वर ने संगीता से कह कर छोटू को अपने घर बुलाया. परमेश्वर और प्रमोद घर में ही छिप कर बैठे थे. छोटू घर आया तो संगीता उस के पास बैठ कर मीठीमीठी बातें करने लगी. देर रात होने पर परमेश्वर और प्रमोद चुपचाप बाहर निकले और पीछे से छोटू के गले में अंगौछे का फंदा बना कर डाल कर पूरी ताकत से कसने लगे.
छोटू छूटने के लिए छटपटाने लगा. इस से वह जमीन पर गिर पड़ा. छोटू के जमीन पर गिरते ही संगीता ने उस के पैर कस कर पकड़ लिए तो परमेश्वर व प्रमोद ने पूरी ताकत से अंगौछे से छोटू का गला कस दिया. कुछ ही देर में उस का शरीर शांत हो गया. उस की मौत हो गई.
प्रमोद ने छोटू की जेब से उस का मोबाइल निकाल लिया. इस के बाद परमेश्वर और प्रमोद लाश को एक बोरी में भर कर पास के गांव मेदपुर में मुन्ना सिंह के खेत में ले जा कर डाल आए. बोरी को उन्होंने सरकंडे और घासफूस से ढक दिया था.
दूसरे दिन छोटू दिखाई नहीं दिया तो घर वालों ने उस की तलाश शुरू की. लेकिन जब काफी कोशिशों के बाद भी उस का कुछ पता नहीं चला तो 26 मार्च, 2014 को उस के पिता बाबूराम ने थाना संदना में उस की गुमशुदगी लिखा दी.
28 मार्च को मेदपुर में गांव के कुछ लोगों ने मुन्ना सिंह के खेत में एक लाश पड़ी देखी तो यह खबर आसपास के गांवों तक फैल गई. बाबूराम को पता चला तो वह भी अपने घर वालों के साथ वहां पहुंच गया. वहां पड़ी लाश देख कर बिलखबिलख कर रोने लगे. लोगों द्वारा सांत्वना देने के बाद सभी किसी तरह शांत हुए तो लाश की सूचना थाना संदना पुलिस को दी गई.
सूचना पा कर थानाप्रभारी राजकुमार सरोज पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. मृतक छोटू के गले में अगौंछा पड़ा हुआ था. गले में उस के कसे जाने के निशान भी मौजूद थे. इस से यही लगा कि उसी अंगौछे से उस की गला घोंट कर हत्या की गई थी. प्राथमिक काररवाई के बाद पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय सीतापुर भिजवा दिया.
थाने लौट कर थानाप्रभारी राजकुमार सरोज ने बाबूराम की लिखित तहरीर पर परमेश्वर और संगीता के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करा दिया. दूसरी ओर इस की भनक लगते ही पकड़े जाने के डर से परमेश्वर संगीता के साथ फरार हो गया.
30 मार्च की सुबह 8 बजे थानाप्रभारी राजकुमार सरोज ने एक मुखबिर की सूचना पर संदना-मिसरिख रोड पर भरौना पुलिया के पास से परमेश्वर और संगीता को गिरफ्तार कर लिया. थाने ला कर जब पूछताछ की गई तो दोनों ने छोटू की हत्या की पूरी कहानी बयां कर दी.
31 मार्च को सुबह साढ़े 7 बजे पुलिस ने प्रमोद को भी गोपालपुर चौराहे से गिरफ्तार कर लिया. उस ने भी अपना अपराध स्वीकार कर लिया. पूछताछ के बाद पुलिस ने तीनों को सीजेएम की अदालत में पेश किया, जहां से सभी को जेल भेज दिया.
दरअसल, प्रमोद छोटू की हत्या करवाने के बाद छोटू के घर वालों से जा कर मिल गया था. उसी ने ही उन्हें बताया था कि छोटू और संगीता के नाजायज संबंध थे, जिस के बारे में परमेश्वर को पता चल गया था. इसी वजह से परमेश्वर ने संगीता के साथ मिल कर छोटू की हत्या की थी. प्रमोद ही लाश मिलने की जगह भी बाबूराम को ले गया था.
बाबूराम ने उसी की बातों के आधार पर परमेश्वर और संगीता के खिलाफ रिपोर्ट लिखाई थी. इतनी चालाकी के बावजूद भी प्रमोद खुद को कानून के शिकंजे से नहीं बचा सका और पकड़ा गया. True Crime Story
— इसके बाद अदालती कार्रवाई में क्या हुआ यह ज्ञात नहीं है.
Bareilly Murder Case. किसी को किसी से प्यार हो जाना गलत नहीं है. गलत तब होता है जब प्रेमीप्रेमिका अपने प्यार को मंजिल देने के लिए गुनाह के रास्ते पर उतर जाएं. पूजा और राकेश ने यही किया, जिस के लिए उन्हें जेल जाना पड़ा.
सौरभ रस्तोगी अपनी पत्नी शैली के साथ बरेली के फतेहगंज (पश्चिमी) थाना क्षेत्र के माली मोहल्ले में रहता था. उस का अपना मकान था, जिस के निचले तल पर उन की सोनेचांदी की ज्वैलरी की दुकान थी. ऊपरी तल पर उस का निवास था.
सौरभ का नौकर विनोद फतेहगंज से लगभग 2 किलोमीटर दूर खिरका गांव में रहता था. वह काम कर के रोजाना अपने घर चला जाता था. 3 मई की सुबह 9 बजे विनोद सौरभ रस्तोगी के घर पहुंचा और सड़क पर खड़े हो कर उस ने सौरभ को कई आवाज लगाई. लेकिन ऊपर कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई. जबकि रोजाना उस की आवाज सुनते ही सौरभ बाहर झांकता और उसे देख कर दुकान खोलने के लिए चाबियां नीचे फेंक देता.
दुकान के बराबर से ही ऊपर जाने के लिए सीढि़यां थीं, जिस में आगे की ओर चैनल लगा था और उस के पीछे शटर. शटर और चैनल दोनों हमेशा अंदर से बंद रहते थे. शटर को थोड़ा खुला देख विनोद आश्चर्य में पड़ गया. क्योंकि सौरभ अगर सामने की दुकान पर चाय पीने भी जाता था तो शटर लौक कर के जाता था.
विनोद ने सौरभ के बारे में पड़ोस में पूछा तो कुछ पता नहीं चला. उस ने संदेह वाली बात पड़ोसी को बताई तो उस ने ऊपर जा कर देखने को कहा. विनोद पूरा शटर खोल कर सीढि़यों के रास्ते प्रथम तल से होते हुए जब दूसरे तल पर पहुंचा तो सौरभ को हाथपैर बंधे हुए पड़े पाया. उसे उस हालत में देख कर ही लग रहा था कि वह जीवित नहीं है. विनोद घबरा कर उल्टे पैर वापस लौट आया.
नीचे आ कर उस ने पड़ोसी को पूरी बात बताई. उस की बात सुन कर जरा सी देर में पासपड़ोस के लोग एकत्र हो गए. पुलिस चौकी पास ही थी. विनोद ने इस मामले की सूचना पुलिस चौकी में दे दी. चौकी से अविलंब थाना फतेहगंज (पश्चिमी) को सूचना भेज दी गई.
15 मिनट में ही थाने के इंसपेक्टर देवेश सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए. पुलिस मकान के दूसरे तल पर पहुंची तो घर का सारा सामान बिखरा पड़ा मिला. सौरभ की हत्या कर दी गई थी और उस की लाश बेड पर पड़ी थी. उस की कनपटी पर गोली लगने का निशान था, साथ ही गरदन पर भी घाव था. लग रहा था, जैसे गोली कनपटी पर लगने के बाद गरदन से होती हुई बाहर निकली हो. गरदन पर किसी तेज धारदार चीज से काटे जाने का भी निशान था और गला कसे जाने के निशान भी साफ नजर आ रहे थे. इस का मतलब हत्यारे सौरभ को किसी भी हालत में जिंदा नहीं छोड़ना चाहते थे.
इंसपेक्टर देवेश सिंह ने घटना की सूचना अपने उच्चाधिकारियों को दे दी. सूचना पा कर कुछ ही देर में बरेली के एसएसपी जे. रविंद्र गौड़ और सीओ मीरगंज मनोज कुमार पांडेय भी फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट्स की टीम के साथ वहां पहुंच गए. एक्सपर्ट की टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लग गई. टीम द्वारा अपना काम कर लिए जाने के बाद अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया.
करीब 20 गज के प्लौट में बने उस मकान के प्रथम तल पर किचन और बाथरूम के अलावा एक दीवान पड़ा था. यहीं पर सौरभ की दुकान का लौकर था, जिस में वह ग्राहकों द्वारा गिरवी रखे जाने वाले गहने और पैसा रखता था. दूसरे तल पर बना कमरा सौरभ का बेडरूम था. जबकि तीसरे व अंतिम तल पर टौयलेट था.
जिस बेडरूम में सौरभ की हत्या की गई थी, वह काफी कम जगह में बना था. एक बेड और एक टेबल के अलावा वहां एक अलमारी रखी थी. इतने सामान से ही पूरा कमरा भरा था. कमरे में रखी अलमारी खुली पड़ी थी और उस का सामान बाहर निकला पड़ा था. अलमारी का लौकर खुला था और बिलकुल खाली था. अलमारी और लौकर के लौक टूटे हुए थे. कमरे में टूटी हुई चूडि़यां पड़ी थीं. कांच का गिलास भी मेज के पास टूटा पड़ा था. गिलास के कांच का एक टुकड़ा खून से सना हुआ था. सौरभ का गला शायद उसी कांच से काटा गया था. सीढि़यों पर चाबी के कई गुच्छे पड़े मिले थे.
इसी बीच सूचना पा कर बरेली से सौरभ के पिता सुनील रस्तोगी व अन्य घर वाले आ गए. उन से पूछताछ करने पर पता चला कि गत दिवस 2 मई को सौरभ अकेला था. उस की पत्नी शैली 2 मई की सुबह नोएडा चली गई थी. उस दिन शुक्रवार होने की वजह से बाजार की साप्ताहिक छुट्टी थी. सुबह पत्नी को टे्रन में बैठाने के बाद सौरभ अपनी नानी की अंत्येष्टि में बछला गया था. उस की नानी की मौत भी 2 मई की सुबह हुई थी. नानी की अंत्येष्टि में वह गया तो था, लेकिन घर वालों के रोकने के बावजूद जल्दी चला आया था.
घटनास्थल के मुआयने और पूछताछ के बाद यह नतीजा निकला कि इस घटना को पुख्ता योजना बना कर अंजाम दिया गया था. हत्यारों कोे यह बात अच्छी तरह पता थी कि सौरभ घर पर अकेला है, उस की पत्नी शैली बाहर गई हुई है. इसीलिए घटना को अंजाम देने के लिए 2 मई की रात चुनी गई.
हालात बता रहे थे कि घर के अंदर दाखिल होने वाले को सौरभ अच्छी तरह जानता था. क्योंकि कोई भी व्यक्ति बाहर से घर के अंदर तब तक प्रवेश नहीं कर सकता था, जब तक अंदर मौजूद शख्स ताला न खोले. बाहर से ताला खोलना किसी भी तरह संभव नहीं था. सीढि़यों के पास शटर लगा था, जिस में अंदर से ताला पड़ा हुआ था. फिर सीढि़यां चढ़ने के बाद एक दरवाजा था, वह भी अंदर से बंद रहता था.
अगर किसी ने दरवाजा तोड़ने का प्रयास किया होता तो निशान जरूर मिलते. दरवाजों पर लगी कुंडियां सहीसलामत थीं. इस का मतलब था कि सौरभ ने ही अपने किसी परिचित को देख कर दरवाजे खोले होंगे और उसे ऊपर ले गया होगा. रात 9 बजे सौरभ ने विनोद को फोन कर के बुलाया था, लेकिन मौसम खराब होने की वजह से वह नहीं आ सका था. इस के बाद ही किसी समय सौरभ की हत्या की गई थी.
पुलिस अधिकारियों ने गहन जांचपड़ताल करने के बाद करीब एक बजे सौरभ की लाश पोस्टमार्टम के लिए बरेली स्थित मोर्चरी भेज दी. मौके पर मिले सौरभ के मोबाइल को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया. घटनास्थल से पुलिस ने 2 बुलेट भी बरामद किए.
उधर सौरभ की पत्नी शैली को पति की मौत की खबर मिली तो वह देर शाम दिल्ली से वापस आ गई.
सौरभ के पिता सुनील रस्तोगी की लिखित तहरीर पर इंसपेक्टर देवेश सिंह ने अज्ञात लोगों के विरुद्ध भादंवि की धारा 394 और 302 के तहत मुकदमा दर्ज करा दिया.
पुलिस ने सौरभ के मोबाइल नंबर की काल डिटेल्स निकलवाई तो पता चला कि घटना वाली रात उस ने अंतिम काल अपनी पत्नी शैली को की थी. उस से पहले उस ने 9 बजे विनोद से बात की थी. इन दोनों काल से पहले सौरभ की बात एक अनजान नंबर पर भी हुई थी. उस नंबर पर उस दिन भी और उस के पहले दिन भी कईकई बार देर तक बातें की गई थीं.
इंसपेक्टर देवेश सिंह ने उस नंबर के बारे में विनोद से पूछताछ की तो उस ने बताया कि वह नंबर बरेली के थाना बहेड़ी के अंतर्गत आने वाले गांव जुआ जवाहरपुर की रहने वाली पूजा शर्मा का था. विनोद उस के बारे में इसलिए जानता था, क्योंकि सौरभ ने उसे भेज कर कई बार पूजा का मोबाइल रिचार्ज कराया था. इस से पुलिस को यह मामला अवैध संबंधों का लगा.
पुलिस ने पूजा के घर पर गिरफ्तारी के लिए दबिश दी, लेकिन वह नहीं मिली. पता चला कि वह 19 अप्रैल को अपने प्रेमी राकेश गंगवार के साथ भाग गई थी. राकेश पड़ोस के गांव मोहम्मदपुर का रहने वाला था.
राकेश और पूजा का एक साथ भागना और पूजा का सौरभ से बराबर बात करना, इस बात की ओर इशारा करता था कि संभवत: उन दोनों ने ही मिल कर सौरभ की हत्या कर के लूट को अंजाम दिया था.
पुलिस ने उन्हें शीघ्र गिरफ्तार करने के लिए मुखबिरों को सुरागरसी पर लगा दिया. 7 मई की दोपहर को एक मुखबिर से इंसपेक्टर देवेश सिंह को सूचना मिली कि पूजा अपने प्रेमी राकेश के साथ इज्जत नगर रेलवे स्टेशन पर खड़ी है. यह खबर मिलते ही उन्होंने तुरंत वहां जा कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया. दोनों को थाने ला कर कड़ाई से पूछताछ की गई तो उन्होंने सारा सच उगल दिया.
पूजा थाना बहेड़ी क्षेत्र के गांव जुआ जवाहरपुर निवासी रामवीर की बेटी थी. रामवीर खेतीकिसानी का काम करता था. उस का अपनी पत्नी कमला से अकसर वादविवाद होता रहता था, जोकि कभीकभी भयंकर रूप अख्तियार कर लेता था.
वादविवाद का कारण था कमला का महत्त्वाकांक्षी होना. उसे अपनी चादर के हिसाब से पैर पसारना नहीं आता था. उस के हाथ में जितना पैसा आता था, वह घर की जिम्मेदारियों के बजाय फिजूल के कामों में खर्च कर देती थी. 3 बच्चों की मां होने के बावजूद कमला को बनसंवर कर रहना पसंद था. इसी वजह से उस के खरचे ज्यादा बढ़े हुए थे. उस की फिजूलखर्ची को ले कर पतिपत्नी में प्राय: रोज झगड़ा होता था.
इस सब से तंग आ कर रामवीर ने कमला को तलाक दे दिया. तलाक के बाद वह अपने बच्चों के साथ अपने मायके बरेली के ही गांव मोहम्मदपुर आ गई. लेकिन जवान बेटी को घर में बैठे देख कुछ ही दिनों में मांबाप को चिंता होने लगी. उन्होंने किसी तरह दौड़भाग कर के उस की शादी जुआ जवाहरपुर के सेवानिवृत्त फौजी भूपराम शर्मा से कर दी. भूपराम सेवानिवृत्ति के बाद अपनी पुश्तैनी जमीन पर खेतीबाड़ी करते थे. शादी के बाद कमला बच्चों के साथ अपनी इस ससुराल में रहने लगी.
समय के साथ कमला की बेटी पूजा जवान हो गई. वह बरेली के विशाल कन्या डिग्री कालेज से बीए द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रही थी. पूजा अपनी मां कमला से इसलिए नाराज रहती थी, क्योंकि उस ने दूसरा विवाह कर लिया था. इसी बात को ले कर मांबेटी में अकसर झगड़ा हो जाता था. कमला अपनी झगड़ालू बेटी से कम ही बोलती थी. पूजा के उग्र स्वभाव से कमला काफी डरती थी.
पूजा भी अपनी मां पर गई थी. उस के भी काफी ऊंचे ख्वाब थे, जिन्हें पूरा करने के लिए वह सहीगलत के चक्कर में भी नहीं पड़ना चाहती थी. ऐसी बातों में उस का दिमाग भी काफी तेज दौड़ता था.
पूजा अपनी ननिहाल मोहम्मदपुर जाती रहती थी. एक दिन वहीं पर उस की मुलाकात राकेश कुमार गंगवार से हुई. राकेश के पिता होरीलाल भी किसान थे. उस की 2 बड़ी बहनों का विवाह हो चुका था. राकेश उन दिनों बरेली कालेज में बीए द्वितीय वर्ष (प्राइवेट) की पढ़ाई कर रहा था. इस के अलावा वह पार्ट टाइम नौकरी भी करता था. राकेश का पूजा की ननिहाल में आनाजाना था. दोनों ने बीए के फार्म भी साथसाथ भरे थे.
पूजा के ननिहाल में रहते राकेश का आनाजाना बढ़ गया था. जब भी वह आता, उस की नजरें पूजा पर ही टिकी रहतीं. पूजा नासमझ तो थी नहीं कि उस की नजरों को नहीं पढ़ पाती. वह उस के दिल की बात बखूबी समझती थी. मोहब्बत का बीज जब दोनों ओर अंकुरित हो जाए तो एकदूसरे के करीब आने में वक्त नहीं लगता. धीरेधीरे पूजा राकेश से खुलती चली गई. वक्त के साथ दोनों ने अपनेअपने प्यार का इजहार कर लिया. इस के बाद दोनों छिपछिपा कर एकदूसरे से मिलने लगे. जीवन भर एकदूसरे का साथ निभाने का सपना लिए दोनों ने जल्दी ही अपने बीच की सारी दूरियां भी मिटा दीं.
राकेश और पूजा जहां प्यार के रास्ते पर बेफिक्र हो कर तेजी से आगे बढ़ रहे थे, वहीं उन दोनों के प्यार की बात गांव वालों से छिपी न रह सकी. जल्दी ही इस बारे में दोनों के घर वालों को भी पता चल गया.
राकेश और पूजा के प्यार के किस्से सुनसुन कर दोनों के परिजन तंग आ गए थे. इसी के मद्देनजर राकेश के घर वालों ने उस का रिश्ता बरेली के नवाबगंज कस्बे के एक सभ्रांत परिवार में तय कर दिया. वहीं पूजा के पिता भूपराम ने भी बेटी की शादी मीरगंज थाना क्षेत्र के गांव धनेली में पक्की कर दी.
इस से पूजा को अपने अरमान और ख्वाब बिखरते नजर आए. वह राकेश पर गांव छोड़ कर भागने का दबाव बनाने लगी. लेकिन राकेश इस के लिए तैयार नहीं था. इस पर पूजा ने उसे बलात्कार के आरोप में जेल भिजवाने की धमकी दी, तो उसे पूजा की बात माननी पड़ी.
20 अप्रैल, 2014 को पूजा की शादी होनी थी. लेकिन उस से पहले ही 19 अप्रैल को वह राकेश के साथ गांव से भाग गई. राकेश पूजा को ले कर अपने मामा ओमप्रकाश के घर जा पहुंचा, जो बरेली के थाना देवरनिया क्षेत्र के गांव जमुनिया में रहते थे.
वहीं पर दोनों ने विवाह कर लिया. लेकिन विवाह के बाद की जिंदगी की अच्छी शुरुआत के लिए पैसों की जरूरत थी. पूजा ने इस के लिए पहले से ही एक योजना बना रखी थी. उस ने अपनी योजना राकेश को बताई तो उसे पूजा की योजना अच्छी लगी. उस ने पूजा से वादा किया कि वह इस योजना में उस का हर तरह से साथ निभाएगा.
सुनील रस्तोगी बरेली स्थित फतेहगंज (पश्चिमी) के माली मोहल्ले में अपने परिवार के साथ रहता था. उस के मकान के निचले तल पर उस की ज्वैलरी शौप थी. अच्छी जगह दुकान होने की वजह से ग्राहक भी खूब आते थे. ज्वैलरी बेचने के अलावा सुनील गिरवीगांठ का भी काम करता था. उस के यहां आने वाले ग्राहकों की कोई कमी नहीं थी.
सुनील के परिवार में उस की पत्नी सीमा, एक बेटा सौरभ और 2 बेटियां वर्षा और दीपिका थीं. उन्होंने बेटियों के विवाह कर दिए थे. चार साल पहले सौरभ का विवाह भी बरेली के कस्बा सिरौली के मोहल्ला सीपरी निवासी शैली से हो गया था. उन दिनों सौरभ पिता के साथ दुकान पर बैठता था.
2 साल पहले सौरभ की मां का देहांत हो गया तो कुछ ही महीने बाद सौरभ के पिता सुनील ने दूसरा विवाह करने की ठान ली. इस विवाह का सौरभ व शैली के अलावा अन्य घर वालों ने भी काफी विरोध किया, लेकिन सुनील नहीं माने.
उन्होंने अखबारों में विवाह हेतु विज्ञापन दे दिया. जल्द ही मीरजापुर जनपद से उन के लिए एक विधवा महिला का रिश्ता आ गया. उस का एक बच्चा भी था. तमाम विरोधों के बाद सुनील ने विवाह कर लिया और घर से अलग हो कर उस महिला के साथ बरेली शहर स्थित किला थाना क्षेत्र के कूंचा मोहल्ले में रहने लगे.
पिता के बरेली जाने के बाद दुकान की पूरी जिम्मेदारी सौरभ पर आ गई. कह सकते हैं कि वह दुकान उसी की हो गई. पूजा की दूर के रिश्ते की एक नानी थी, जो सौरभ की दुकान पर अकसर खरीदारी करने जाती रहती थी. वह चूंकि काफी पुरानी ग्राहक थी, इसलिए सौरभ उस का खास ख्याल रखता था. एक बार पूजा भी अपनी नानी के साथ सौरभ की दुकान पर गई. नानी ने उस का परिचय सौरभ से करा कर कहा कि कभी यह कुछ खरीदने आए तो उसे उचित दाम पर ही ज्वैलरी दे देना.
पहली ही मुलाकात में सौरभ पूजा के दिमाग में चढ़ गया. वह अकसर उस की दुकान पर जाने लगी. एक दिन वह शाम के वक्त सौरभ की दुकान पर पहुंची तो वह दुकान बंद कर रहा था. सौरभ उसे ऊपर अपने मकान में ले गया और अपनी पत्नी शैली से मिलवाया.
बेडरूम में बिठा कर उस ने शैली से अपनी ज्वैलरी पूजा को दिखाने को कहा, जो उस ने हाल में ही बनवाई थी. दरअसल सौरभ सोच रहा था कि शैली की ज्वैलरी देख कर शायद पूजा को डिजाइन पसंद आ जाएं और वह वैसे ही डिजाइन की ज्वैलरी बनवाने का मन बना ले.
शैली एक अजनबी लड़की के सामने अपनी अलमारी खोल कर ज्वैलरी नहीं दिखाना चाहती थी, लेकिन सौरभ के कहने पर उसे बात माननी पड़ी. शैली की ज्वैलरी देख कर पूजा की आंखें चुंधिया गईं. ज्वैलरी के वजन और कीमत की सोच कर उस के मन में लालच आ गया.
उस दिन पूजा वहां से वापस तो लौट आई, लेकिन उस की आंखों के सामने वहीं ज्वैलरी नाचती रही. इस के बाद उस ने सौरभ से मुलाकातें बढ़ा दीं. मुलाकातें बढ़ी तो दोनों ने एकदूसरे को अपने मोबाइल नंबर दे दिए. इस के बाद दोनों की बातें होने लगीं.
पूजा को अपनी तरफ खिंचता देख सौरभ खुश था. उस का भी मन बहक गया. धीरेधीरे स्थिति यह आ गई कि सौरभ अपने नौकर विनोद को भेज कर पूजा का मोबाइल भी रिचार्ज कराने लगा.
राकेश के साथ भागने और शादी करने के बाद जब अच्छी जिंदगी के लिए पैसे की जरूरत महसूस हुई तो पूजा ने राकेश के साथ मिल कर सौरभ को लूटने की योजना बना ली.
इस के लिए उस ने मर्दों की कमजोरी वाला रास्ता अख्तियार किया. वह सौरभ से खुल कर प्रेम भरी बातें करने लगी. एक साथ तन्हा समय बिताने की बात हुई तो सौरभ ने मौके की तलाश शुरू कर दी.
सौरभ की पत्नी शैली की बच्चेदानी पर कुछ चर्बी थी, जिस वजह से गर्भ नहीं ठहर पा रहा था. उस का इलाज नोएडा के नीलकंठ अस्पताल में चल रहा था. डाक्टर गर्भाशय की चर्बी औपरेशन के जरिए हटाने की बात कर रहे थे. शैली को उसी औपरेशन के लिए नोएडा जाना था.
सौरभ को पूजा से एकांत में मिलने के लिए यह सही मौका लगा. इस के लिए उसे ऐसा इंतजाम करना था कि उसे शैली के साथ न जाना पड़े. इस के लिए उस ने काम का बहाना बना कर शैली को अपने नौकर जंगबहादुर की पत्नी के साथ नोएडा जाने के लिए मना लिया.
25 अप्रैल को शैली के जाने की योजना बन गई. सौरभ ने पूजा को फोन कर के उस से घर पर मिलने की बात भी बता दी, लेकिन ऐन वक्त पर किसी वजह से उस दिन शैली का जाना स्थगित हो गया. इस वजह से उस दिन सौरभ और पूजा नहीं मिल पाए.
2 मई को सुबह सौरभ शैली को नौकर की पत्नी के साथ ले कर बरेली जंक्शन गया और साढ़े 6 बजे दिल्ली जाने वाली आला हजरत एक्सप्रेस से उसे दिल्ली भेज दिया, वहां से उसे नोएडा जाना था. पत्नी को भेजने के बाद सौरभ ने 8 बजे सुबह फोन कर के पूजा को मिलने के लिए बुला लिया.
उस दिन शुक्रवार था और शुक्रवार को मार्केट की साप्ताहिक छुट्टी रहती थी, इसलिए उस दिन दुकान खोलने की भी मजबूरी नहीं थी. प्रोग्राम के हिसाब से सब कुछ ठीक था, लेकिन तभी सौरभ को नानी की मौत का समाचार मिला. मजबूरी थी, इसलिए न चाहते हुए उसे बेमन से कछला जाना पड़ा, जहां उस की नानी की अंत्येष्टि होनी थी.
वहां पर भी पूजा ने उसे 3-4 बार फोन किया. पूजा से एकांत में मिलने की तमन्ना सौरभ के सिर चढ़ कर बोल रही थी. अंत्येष्टि के बाद जब वह जाने लगा तो घर वालों और रिश्तेदारों ने उसे रोकने की काफी कोशिश की, लेकिन वह नहीं रुका.
शाम लगभग साढ़े 6 बजे तक वह अपने घर पहुंच गया. उस ने घर पहुंचने की खबर पूजा को दे दी. इस के बाद पूजा राकेश के साथ बाइक पर बैठ कर सौरभ के घर के लिए चल दी. बाइक राकेश के मामा ओमप्रकाश की थी.
रात 8 बजे वह सौरभ के मकान से कुछ दूरी पर उतर गई और सौरभ के घर की तरफ चल दी. राकेश वहीं मार्केट में घूमने लगा. इसी बीच उस ने शराब पी और वहीं पास के एक बैंक्वेट हौल में हो रहे वैवाहिक समारोह में जा कर खाना खाया.
नशे की हालत में उस ने बाइक एक स्थानीय पत्रकार अनवार खान की बाइक से भिड़ा दी. इस पर दोनों में काफी बहस हुई. राकेश अपनी बाइक वहीं खड़ी कर के वहां से चला गया. पत्रकार अनवार खान ने फतेहगंज (पश्चिमी) थाने को सूचना दी, जिस के बाद थाने से सिपाही वहां पहुंचे और राकेश की क्षतिग्रस्त बाइक को उठवा कर थाने ले गए.
दूसरी ओर पूजा सौरभ के घर पहुंची तो सौरभ ने खुद आ कर शटर खोला और उसे अपने साथ दूसरी मंजिल पर बने अपने बेडरूम में ले गया. कुछ देर दोनों के बीच बातें होती रहीं.
फिर सौरभ 2 गिलास और फ्रिज से फू्रटी की बोतल निकाल कर ले लाया. उस ने फू्रटी मेज पर रख दी. पूजा फू्रटी की बोतल उठा कर दोनों गिलासों में पलटने लगी. इसी बीच सौरभ टौप फ्लोर पर टौयलेट चला गया. पूजा ने मौके का फायदा उठा कर अपने पर्स में रखे ‘एटीवान’ की 2 टैबलेट का पिसा पाउडर निकाला और सौरभ के गिलास में डाल कर मिला दिया.
जब सौरभ टौयलेट से वापस आया तो पूजा ने एक गिलास उसे दे कर दूसरा गिलास अपने होंठों से लगा लिया और सिप करने लगी. सौरभ फ्रूटी पीते हुए टीवी खोल कर उस पर प्रोग्राम सेट करने लगा. करीब 20 मिनट बाद सौरभ बेहोश हो कर बेड पर लुढ़क गया. सौरभ के बेहोश होते ही पूजा ने राकेश को फोन कर के आने को कह दिया.
लगभग 11 बजे राकेश आया तो पूजा उसे शटर उठा कर अंदर ले आई. आने के बाद राकेश सौरभ को होश में लाने की कोशिश करने लगा. वह होश में आया तो राकेश ने 315 बोर का तमंचा तान कर सौरभ को पेट के बल लेटने की हिदायत दी. डर कर सौरभ पेट के बल लेट गया.
पूजा ने सौरभ के हाथ पीठ की तरफ ला कर अपने दुपट्टे से बांध दिए. साथ ही उस ने सौरभ के पैर भी उस की शर्ट से बांध दिए. इस के बाद राकेश ने अलमारी की चाबी मांगी तो सौरभ ने देने से इनकार कर दिया. इस पर राकेश ने उसे डराने के लिए तमंचे से एक हवाई फायर किया. उस ने एक बार फिर चाबी मांगी, लेकिन सौरभ ने चाबी देने से फिर मना कर दिया.
इस पर राकेश को गुस्सा आ गया और उस ने सौरभ की कनपटी पर तमंचे की नाल रख कर गोली मार दी जो कि गर्दन के पार होते हुए बाहर निकल गई. सौरभ ने उठने की कोशिश की, लेकिन हाथपैर बंधे होने के कारण वह गिर पड़ा. जिस से मेज पर रखा फू्रटी का गिलास टूट गया. उसी गिलास के टूटे कांच से राकेश ने सौरभ की गर्दन काटी. उस के बाद उस ने बेल्ट से उस का गला कस दिया, जिस से सौरभ की मौत हो गई.
सौरभ को मौत के घाट उतार कर राकेश और पूजा ने अलमारी का लौक तोड़ा और उस के अंदर बनी छोटी तिजोरी का लौक भी तोड़ कर उस में रखी 650 ग्राम ज्वैलरी और लगभग 4 हजार रुपए निकाल लिए.
यह सब करतेकरते रात का एक बज गया था. काम हो गया तो दोनों वहां से निकल आए. राकेश ने बाहर आ कर अपनी बाइक ढूंढ़ी, लेकिन बाइक नहीं मिली. बाइक सिपाही थाने ले गए थे. राकेश ने बैंक्वेट हौल के बाहर खड़ी एक बाइक में अपनी चाबी लगाई तो वह स्टार्ट हो गई. उसी बाइक पर बैठ कर दोनों वहां से निकल गए.
राकेश के बहनबहनोई बरेली के भोजीपुरा थाने के चौपारा गांव में रहते थे. राकेश पूजा को साथ ले कर रात 3 बजे अपनी बहन के घर पहुंच गया. 2 दिन दोनों वहीं रुके. इसी बीच राकेश ने अपने घर जा कर लूटी गई ज्वैलरी और रुपए भैसों के बाड़े में चारा रखने वाली नांद के नीचे जमीन में छिपा दिए. लूट का माल ठिकाने लगा कर वह अपनी बहन के घर आ गया. फिर 5 मई को दोनों नैनीताल चले गए.
7 मई को दोनों वापस बरेली आए. इज्जतनगर रेलवे स्टेशन से वे बाहर आ कर खड़े ही हुए थे कि फतेहगंज (पश्चिमी) थाने के इंस्पेक्टर देवेश सिंह ने अपनी पुलिस टीम के साथ वहां पहुंच कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने राकेश की निशानदेही पर चुराई गई साढ़े 6 सौ ग्राम ज्वैलरी और 4 हजार रुपए भी बरामद कर लिए. हत्या में प्रयुक्त बाइक पुलिस पहले ही बरामद कर चुकी थी. आवश्यक लिखापढ़ी के बाद दोनों को सीजेएम की अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया.
पूजा और राकेश गंगवार एकदूसरे को प्यार करते थे, यह गलत नहीं था. दोनों ने घर से भाग कर शादी कर ली, इसे भी गलत नहीं कहा जा सकता. लेकिन अपने प्यार को मंजिल देने के लिए जब वे गुनाह के रास्ते पर उतर गए तो अंजाम बुरा ही होना था. Bareilly Murder Case
— इसके बाद अदालती कार्रवाई में क्या हुआ यह ज्ञात नहीं है.
Indore Kidnapping Case. लिवइन रिलेशन में साथ रह रहे जेसी और इशांत ने कमाई की जो योजना बनाई थी, उस का रास्ता जेल की ओर जाता था. फिर भी वे उस रास्ते पर चल पड़े.
5 मई, 2014 की बात है. ‘मेहराना’ नाम से होम इंटीरियर का कारोबार करने वाले अनिल राजगुरु अपने भतीजे अभिजीत की शादी में व्यस्त थे. शादी का कार्यक्रम एक मैरेज गार्डन में था. करीब साढ़े 3 बजे उन के मोबाइल की घंटी बजी तो उन्होंने स्क्रीन पर फोन करने वाले का नंबर देखा. फोन उन के बेटे आशीष का था. उन्होंने फोन रिसीव कर के पूछा, ‘‘हां बेटा, कहो क्या बात है?’’
लेकिन दूसरी तरफ से एक अपरिचित आवाज आई, ‘‘तुम्हारा बेटा आशीष हमारे कब्जे में है. अगर उसे छुड़ाना चाहते हो तो 2 करोड़ रुपए का इंतजाम कर लो, वरना उस की लाश भी नहीं मिलेगी. हम फिर फोन करेंगे.’’
दूसरी ओर से फोन काट दिया गया तो अनिल ने फिर से नंबर चेक किया. नंबर उन के बेटे आशीष का ही था. फोन करने वाले की बात सुन कर वह विचलित तो हुए, पर उन्होंने सोचा कि शायद कोई मजाक कर रहा होगा.
अनिल ने मजाक समझ कर बात को भले ही उतनी गंभीरता से नहीं लिया, पर आशीष की खोज शुरू कर दी. वह मैरेज गार्डन में कहीं नहीं था. जरा सी देर में यह बात वहां सब के बीच फैल गई. सभी आशीष को खोजने लगे. जब शाम 6 बजे तक आश्ीष की कोई खबर नहीं मिली तो अनिल अपने घर वालों के साथ क्षेत्रीय थाना राजेंद्रनगर पहुंचे. उन्होंने थानाप्रभारी को बेटे के अपहरण और फिरौती मांगने की बात बता कर रिपोर्ट लिखा दी.
मामला गंभीर था. अपहरण शहर के एक प्रतिष्ठित व्यापारी के बेटे का हुआ था. जरा सी देर में यह बात उच्चाधिकारियों तक पहुंच गई तो थाना पुलिस पर तुरंत ऐक्शन लेने का दबाव पड़ने लगा. पुलिस ने अनिल को समझा दिया था कि उन्हें क्या करना है.
पुलिस ने अपनी तरफ से सारी जरूरी तैयारी कर ली थी. इस के बाद फिरौती के लिए फोन आया तो पुलिस के बताए अनुसार अनिल ने फोन करने वाले को उलझाने के लिए लंबी बात करने की कोशिश की. उन्होंने कहा, ‘‘मैं इतनी बड़ी रकम का इंतजाम इतनी जल्दी नहीं कर सकता, इसलिए रकम कुछ कम करो.’’
इस पर फोन करने वाला बोला, ‘‘हम जानते हैं कि तुम्हारे पास बहुत पैसा है. आनाकानी करोगे तो तुम्हारे बेटे की अंगुलियां काट कर तुम्हारे पास भेज दूंगा. सुबूत मिल जाएगा तो तिजोरी खोलने में आसानी होगी.’’
अनिल ने बेटे को कुछ न कह कर बात को लंबी खींचने के लिए रकम कम करने की बारबार मिन्नत की तो अपहर्त्ता ने यह कह कर फोन काट दिया कि वह साथियों से बात कर के बताएगा. थोड़ी देर बाद उस का फिर फोन आ गया.
अनिल ने फिर उस से रकम कम करने की सौदेबाजी शुरू कर दी. फोन 4-5 बार आया और हर बार अनिल बात लंबी करने के लिए सौदेबाजी करते रहे. ये फोन उन के बेटे आशीष के मोबाइल से किए जा रहे थे. इस बीच पुलिस ने यह पता लगा लिया था कि फोन लसूडि़या थानाक्षेत्र के महालक्ष्मीनगर से कहीं से किए जा रहे थे. आईजी विपिन माहेश्वरी ने इस औपरेशन में 6 थानों के प्रभारियों और उन की पुलिस टीमों को लगा रखा था. बारबार फोन चूंकि महालक्ष्मीनगर से ही आ रहा था, इसलिए पुलिस ने पूरे क्षेत्र को सील कर दिया था.
अपहर्ता के इस तरह एक ही जगह से और एक ही नंबर से फोन करने से पुलिस समझ गई कि कोई नया खिलाड़ी है. पुलिस के लिए यह और भी अच्छा था.
बहरहाल पुलिस अपना काम कर रही थी और अनिल फोन पर सौदेबाजी में लगे थे. अंत में उन्होंने कहा कि उन के पास 10 लाख रुपए नकद और 3 लाख के जेवरात हैं. वह यह रकम और गहने ले कर उन के बेटे को छोड़ दे.
अनिल के बारबार मिन्नत करने पर अपहर्त्ता उन के बेटे को छोड़ने के लिए तैयार हो कर बोला, ‘‘ठीक है, तुम नकद रकम और गहने एक थैले में भर कर रात डेढ़ बजे महालक्ष्मी मंदिर आ जाना और थैला मंदिर के पास रख कर लौट जाना. याद रखना, तुम्हें अकेले ही आना है. अगर कोई चालाकी की तो तुम्हारा बेटा जान से जाएगा. मुझे कोई दिक्कत नहीं है, क्योंकि 20 लाख में तो मैं उस का गुर्दा ही बेच दूंगा.’’
अनिल ने कह दिया था कि वह तय समय पर सारी रकम और गहने थैले में भर कर मंदिर के पास रख देंगे. हालांकि अनिल घबरा रहे थे. लेकिन पुलिस अफसरों ने उन्हें समझाबुझा कर आश्वस्त कर दिया था कि उन के बेटे को कुछ नहीं होगा.
पुलिस के निर्देश पर अनिल ने रुपयों और गहनों का बैग बताई गई जगह पर रख दिया. पुलिस ने पहले ही चारों तरफ से घेराबंदी कर रखी थी. खुफिया विभाग की भी पूरी टीम लगी थी. पुलिस इंतजार करती रही, लेकिन अपहर्ता 2 घंटे तक थैला उठाने नहीं आया. उस ने आशीष का वह मोबाइल भी बंद कर दिया था, जिस से वह फोन कर रहा था.
सुबह 4 बजे अनिल के फोन पर अपहर्ता का फोन फिर से आया. उस ने अनिल को पैसा ले कर फिर उसी जगह पर बुलाया था. हिदायत भी वही कि अकेले आया और थैला मंदिर के पास रख दिया. पुलिस के इशारे पर अनिल ने उस से कहा, ‘‘मैं अकेले नहीं आ सकता, मेरे साथ एक हेल्पर भी होगा. क्योंकि मैं मंदिर की दीवार नहीं फांद सकता.’’
अपहर्त्ता ने इस के लिए इनकार नहीं किया. पुलिस और खुफिया विभाग की टीमों ने अपनीअपनी जगह संभाल ली. लेकिन अपहर्ता का कोई अतापता नहीं चला. सभी रात भर के जागे थे. अब सभी का धैर्य जवाब दे रहा था.
सुबह साढ़े 5 बजे एक कार धीरेधीरे मंदिर की तरफ आती दिखी तो सब चौकन्ने हो गए. कार को दाढ़ी वाला एक आदमी चला रहा था. वह चौकन्नी निगाह से इधरउधर देख रहा था. मंदिर से थोड़ा पीछे कार रोक कर वह पेशाब करने के बहाने नीचे उतरा.
इस के बाद चारों तरफ नजर डाल कर वह मंदिर की तरफ बढ़ा. चारों तरफ सन्नाटा था. पुलिस टीमें उस पर नजरें जमाए हुए थीं. उस ने जैसे ही बैग उठाया, पुलिस ने उसे दबोच लिया. तलाशी लेने पर उस के पास से आशीष का मोबाइल मिला. फोन का आखिरी नंबर डायल किया गया तो अनिल के फोन की घंटी बजने लगी यानी उस ने आखिरी फोन अनिल को ही किया था.
पकड़े गए दाढ़ी वाले युवक का नाम इशांत मिश्रा था और वह ललितपुर, उत्तर प्रदेश का रहने वाला था. इंदौर में वह वहीं पास ही आदिनाथ एवेन्यू, 99, चिकित्सानगर में रह रहा था. जिस घर से इशांत आया था, उसी कार में एक लड़की के साथ आशीष भी बैठा था. पूछने पर पता चला कि लड़की का नाम जेसी एंथनी था, जो इशांत के साथ इस अपहरण में शामिल थी.
इशांत के साथ सादी वरदी में पुलिस वालों को देख कर कार में बैठे आशीष को लगा कि ये इशांत के साथी हैं, वह डरने लगा तो थानाप्रभारी कुंवर नरेंद्र सिंह ने कहा, ‘‘बेटा, घबराने की जरूरत नहीं है. हम पुलिस वाले हैं.’’
पुलिस वालों को देख कर आशीष की जान में जान आई. पुलिस आशीष के साथ जेसी एंथनी और इशांत को ले कर थाना लसूडि़या आ गई. इसी के साथ ही अनिल को सूचना दे दी गई कि उन का बेटा सहीसलामत मिल गया है.
अनिल थाने पहुंचे तो बेटे को ठीकठाक देख कर उस से लिपट गए. आशीष ने उन्हें बताया कि उस ने कल से कुछ नहीं खाया है तो उन्होंने बाहर से तुरंत नाश्ता मंगा कर उसे कराया. इसी बीच अनिल का ड्राइवर मिठाई ले आया तो सब को मिठाई बांटी गई.
अनिल ने घोषणा कर रखी थी कि बेटे को सहीसलामत लाने वाली पुलिस टीम को एक लाख रुपए इनाम देंगे. उन्होंने उसी वक्त घर से एक लाख रुपए मंगा कर पुलिस को सौंप दिए. इस तरह अपहरण की यह गुत्थी मात्र 14 घंटे में सुलझ गई.
पुलिस पूछताछ में आशीष के अपहरण की जो कहानी सामने आई, वह कुछ इस तरह थी.
अनिल राजगुरुका इंदौर के विजयनगर में ‘मेहराना’ नाम से होम इंटीरियर का कारोबार था. जिस बिल्डिंग में उन का शोरूम था, उसी में दूसरी मंजिल पर मिलेनियम देवकान प्राइवेट लिमिटेड का भी औफिस था. जेसी एंथनी बतौर सेल्स एग्जीक्यूटिव देवकान में काम करती थी.
बिल्डिंग में आतेजाते जेसी और आशीष की मुलाकात हो जाती थी, जो धीरेधीरे जानपहचान में बदल गई. एक दिन आमनासामना हुआ तो जेसी ने बातों का सिलसिला जोड़ते हुए आशीष से कहा, ‘‘तुम्हें अगर प्लौट में रुचि हो तो मुझे बताना, मेरे पास फायदे का एक सौदा है.’’
जेसी मूलरूप से पूना की रहने वाली थी. उस की शादी हो चुकी थी. लेकिन उस की संदिग्ध गतिविधियों की वजह से उस का पति उस पर विश्वास नहीं करता था. फलस्वरूप दोनों में झगड़ा होने लगा. फिर बात इतनी बढ़ी कि दोनों का तलाक हो गया.
तलाक के बाद जेसी इंदौर आ कर किराए के मकान में रहने लगी. यहां उसे मिलेनियम देवकान में सेल्स एग्जीक्यूटिव की नौकरी मिल गई. आदिनाथ एवेन्यू में जहां वह रहती थी, वहीं इशांत मिश्रा भी रहता था. वह भी अकेला था. इशांत एमबीए कर चुका था और नौकरी के लिए हाथपैर मार रहा था. एक जगह रहने की वजह से दोनों में जानपहचान हो गई थी.
जेसी की नौकरी शुरू में तो ठीक चलती रही, लेकिन कुछ समय बाद उस की गतिविधियां देख कर कंपनी को उस पर शक होने लगा. फलस्वरूप कंपनी ने उसे टर्मिनेट कर दिया. इस के बाद वह भी इशांत मिश्रा की तरह बेरोजगार हो गई. बेरोजगारी की वजह से इशांत का हाथ तंग रहता था. जब जेसी की भी वही हालत हो गई तो दोनों लिव इन रिलेशनशिप में रहने लगे, ताकि खरचे कम हों.
जेसी इधरउधर धक्के खा कर काफी अनुभवी हो गई थी. आय का कोई साधन न बनते देख एक दिन उस ने इशांत से कहा, ‘‘अगर मैं अमीर लड़कों को प्रेमजाल में फांस कर लाऊं तो क्या उन्हें ब्लैकमेल करने में तुम मेरी मदद कर सकते हो? उन्हें ब्लैकमेल कर के हमें मोटी रकम मिल सकती है.’’
इशांत बिलकुल खाली हाथ था. भूखों मरने की नौबत आई हुई थी. उस ने हां कर दी. इस के बाद दोनों ने योजना बना डाली. इस के बाद योजना के अनुसार जेसी युवा लड़कों को फांस कर फ्लैट पर लाने लगी.
जब वह फांस कर लाए युवक के साथ प्रेमालाप में डूबी होती तो योजना के मुताबिक इशांत क्राइम ब्रांच का अफसर बन कर आ जाता. इस के बाद दोनों मिल कर उस युवक को ब्लैकमेल करते. इस तरह उन के पास अच्छेभले पैसे आने लगे. पैसे आए तो इशांत ने एक पुरानी हुंडई कार खरीद ली.
मिलेनियम देवकान में काम करते समय जेसी ने मेहराना शोरूम के मालिक अनिल राजगुरु के बेटे आशीष को भी अपने प्रेमजाल में फांस लिया था. वह उस के साथ महंगे होटलों में जाती थी. दोनों साथसाथ बीयर पीते और खाना खाते. बिल आशीष ही देता था.
एक दिन जेसी ने इशांत से कहा कि आए दिन अलगअलग युवकों को ब्लैकमेल करने के बजाय हम क्यों न कोई ऐसा बड़ा काम करें कि हमें मोटी रकम मिल जाए. एक बार मोटी रकम मिल जाए तो हम यह शहर छोड़ कर कहीं दूसरी जगह अपनी दुनिया बसा लेंगे.
इशांत के यह पूछने पर कि ऐसा कौन सा काम है तो जेसी बोली, ‘‘एक शिकार मेरी नजर में है, जिस का अपहरण कर लें तो फिरौती में कम से कम 2 करोड़ रुपए तो मिल ही जाएंगे.’’
2 करोड़ का नाम सुन कर इशांत खुश हो गया. वह जेसी का साथ देने को तैयार हो कर बोला, ‘‘अगर ऐसा हो जाए तो मुझे सारे कर्जों से मुक्ति मिल जाएगी.’’
जेसी ने कर्जों के बारे में पूछा तो उस ने बताया कि उस के पिता ने उसे लोन ले कर पढ़ाया है, जिस में एजुकेशन लोन भी है. उस के ऊपर कुल मिला कर 6-7 लाख रुपए का कर्ज है.
जेसी ने कहा कि अगर काम सहीसलामत हो गया तो मिलने वाली रकम को दोनों आधाआधा बांट लेंगे. इस से उस के सारे कर्जे भी उतर जाएंगे और भविष्य के लिए मोटी रकम भी बच जाएगी. इसी के साथ जेसी ने उसे अपनी पूरी योजना बता दी.
5 मई, 2014 को इंदौर के आलीशान मैरेज गार्डन में अनिल राजगुरु के भतीजे अभिजीत की शादी थी. समारोह चल रहा था. काफी धूमधाम थी. आयोजन काफी भव्य स्तर पर था. मेहमानों को लाने ले जाने के लिए दरजनों टैक्सियां हायर की गई थीं.
आशीष भी समारोह की तैयारियों में जुटा था. तभी दोपहर बाद उस के मोबाइल की घंटी बजी तो उस ने स्क्रीन पर नंबर देखा. फोन जेसी का था. उस का नंबर देख कर आशीष की बांछें खिल गईं. बातचीत हुई तो जेसी ने हंस कर कहा, ‘‘खानेपीने और मौजमस्ती का मूड हो तो मेरे फ्लैट पर आ जाओ.’’
बिना आगापीछा सोचे आशीष ने हां कर दी तो जेसी बोली, ‘‘बिलकुल अकेली हूं, अभी आ जाओ. और हां, बीयर साथ लेते आना.’’
मौजमस्ती का मौका मिल रहा था. शादी समारोह में मेहमानों के लिए टैक्सियां मंगाई गई थीं. उस ने उन्हीं में से एक टैक्सी ली और उसी वक्त जेसी के फ्लैट पर जाने के लिए महालक्ष्मीनगर के लिए रवाना हो गया. महालक्ष्मीनगर के पास उतर कर उस ने अंगरेजी शराब की दुकान से बीयर की 3 बोतलें खरीदीं और जेसी के फ्लैट पर जा पहुंचा.
आशीष द्वारा लाई 3 बोतलों में 2 बोतल बीयर जेसी ने पी और 1 आशीष ने. जब दोनों बीयर पी चुके तो किसी ने दरवाजा खटखटाया. जेसी ने अंदर से ही पूछा, ‘‘कौन?’’
बाहर से इशांत की आवाज आई, ‘‘पुलिस.’’
जेसी घबराने का नाटक करते हुए बोली, ‘‘आशीष, तुम दूसरे बेडरूम में चले जाओ. मैं देखती हूं क्या बात है?’’
इशांत दूसरे बेडरूम में चला गया तो जेसी ने दरवाजा खोल दिया. अंदर आ कर इशांत इस तरह गुर्राया, ताकि आशीष सुन ले, ‘‘क्या हो रहा है यहां, अंदर के कमरे में और कौन है?’’
योजना के अनुसार जेसी कुछ नहीं बोली. इशांत सीधे अंदर वाले बेडरूम में गया, जहां आशीष मौजूद था. उसे देख कर इशांत बोला, ‘‘तो यह नौटंकी चल रही है यहां. चलो, निकलो बाहर.’’
आश्ीष इशांत के साथ बाहर वाले कमरे में आ गया. वह बुरी तरह घबराया हुआ था. उसे देखते ही जेसी बोली, ‘‘अब नौटंकी बंद करो और इसे रस्सी से बांध दो.’’
रस्सी पहले से ही तैयार थी. दोनों ने मिल कर आशीष को बेड से बांध दिया और उस का मोबाइल छीन लिया. इस के बाद इशांत ने कहा, ‘‘तुम्हारा अपहरण हो चुका है, इसलिए चुपचाप अपने छूटने का इंतजार करो. तुम्हारा छूटना न छूटना तुम्हारे पिता के ऊपर निर्भर करता है.’’
देखा जाए तो आशीष ने खुद ही अपना अपहरण करा दिया था. अपहर्त्ताओं को बुलाने पर वह खुद ही खुशीखुशी चला गया था.
आशीष डिप्रेशन का शिकार था. उस का इलाज चल रहा था और उसे रेगुलर दवा लेनी होती थी. उस दिन उस ने दवा नहीं ली थी. इसलिए उस ने विनती की, ‘‘प्लीज, मुझे छोड़ दो, दवा लेनी है. अगर मैं ने दवा नहीं ली तो मैं मर जाऊंगा. तुम्हें जितना पैसा चाहिए, मैं दे दूंगा.’’
‘‘2 करोड़ दे सकते हो?’’ इशांत ने पूछा तो वह बोला, ‘‘इतना पैसा मैं कहां से लाऊंगा? हां, 2 लाख जरूर दे सकता हूं.’’
‘‘कोई बात नहीं, हम तुम्हारे बाप से वसूल लेंगे.’’ इशांत ने कहा तो आशीष जेसी की ओर देख कर बोला, ‘‘तुम ने मेरे साथ धोखा कर के अच्छा नहीं किया. जेसी, मैं सब कुछ पुलिस को बता दूंगा.’’
इस पर इशांत गुर्राया, ‘‘बताओगे तो तब, जब जिंदा रहोगे. यह सुन कर वह बुरी तरह डर गया. उस ने पूछा, ‘‘तो क्या तुम लोग मुझे मार दोगे?’’
‘‘नहीं, अगर तुम शांत रहोगे तो हम तुम्हें कुछ नहीं कहेंगे. तुम्हारे पिता से पैसे ले कर तुम्हें छोड़ देंगे. हां, तुम ने शोर मचाया तो मजबूरन हमें तुम्हें मार कर नाले में फेंकना पड़ेगा.’’
इस के बाद डर कर आशीष ने चुप्पी साध ली तो इशांत आगे के मिशन की तैयारी में लग गया. उस ने आशीष के मोबाइल का सिम निकाल कर जेसी के फोन में डाला और उसी से साढ़े 5 बजे आशीष के पिता अनिल राजगुरु को फिरौती के लिए पहला फोन किया.
उधर अनिल राजगुरु द्वारा अपहरण की रिपोर्ट लिखवाए जाने के बाद पुलिस ने मैरेज गार्डन से ही जांच शुरू की. आशीष वहीं से किराए पर मंगाई गई टैक्सी ले कर गया था.
उस टैक्सी के ड्राइवर से पूछताछ की गई तो उस ने बताया कि आशीष को उस ने वहां से 65 किलोमीटर दूर महालक्ष्मीनगर के बड़े चौराहे पर उतारा था. वहां से वह कहां गया, उसे नहीं मालूम. वह वहीं से टैक्सी ले कर लौट आया था.
पुलिस महालक्ष्मीनगर चौराहे तक गई भी, पर आशीष के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी. टैक्सी चालक ने यह भी बताया था कि आशीष वहां उतर कर शराब की दुकान की ओर गया था. इसलिए शराब की दुकान पर भी पूछताछ की गई. वहां के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चैक की गई तो आशीष 3 बोतल बीयर ले कर जाते दिखाई दिया था.
वहां से वह पैदल ही महालक्ष्मीनगर की ओर गया था. बाद में जब महालक्ष्मीनगर की ही उस के मोबाइल फोन की लोकेशन मिली तो पुलिस ने उस क्षेत्र को सील कर दिया था.
पुलिस ने जब जेसी और इशांत से पूछताछ की तो जेसी ने सारा दोष इशांत पर मढ़ने की कोशिश की. लेकिन पुलिस पूछताछ में उसे सच उगलना ही पड़ा.
पुलिस ने जब इशांत से उस के पिता का पता और फोन नंबर पूछा तो वह गिड़गिड़ाने लगा, ‘‘मेरे पिता को बीच में मत लाइए, वरना वह मर जाएंगे. मुझ पर एजूकेशन लोन बकाया था. हमें 7 लाख चुकाने थे, इसलिए मैं ने ऐसा किया.’’
लेकिन इशांत को पुलिस को पिता का नंबर देना ही पड़ा.
थानाप्रभारी कुंवर नरेंद्र सिंह ने इशांत के पिता को फोन कर के उस की गिरफ्तारी की सूचना थी तो वह ललितपुर से इंदौर आए और बेटे को सलाखों में बंद देख कर सुधबुध खो बैठे. इशांत उन का एकलौता बेटा था.
पुलिस ने जेसी और इशांत को अदालत में पेश कर के एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया. दोनों का यह पहला जुर्म था. पुलिस रिकौर्ड में उन का पुराना कोई भी अपराध नहीं मिला. रिमांड अवधि समाप्त होने पर उन्हें पुन: अदालत में पेश किया गया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया. Indore Kidnapping Case
— इसके बाद अदालती कार्रवाई में क्या हुआ यह ज्ञात नहीं है.
Honeymoon Murder. एनी देवानी हनीमून पर साउथ अफ्रीका जाना चाहती थी, जबकि श्रीन उसे पश्चिम के किसी देश ले जाना चाहता था. पत्नी की जिद पर श्रीन उसे साउथ अफ्रीका ले तो गया, लेकिन…
सन 2009 के जुलाई महीने में एनी हिंडोचा अपनी कजिन स्नेहा से मिलने ल्यूटोन गई तो वहीं उस की मुलाकात श्रीन देवानी से हुई. श्रीन स्नेहा का पारिवारिक मित्र था. श्रीन देवानी हेल्थकेयर बिजनैस का एक जानामाना नाम था. मूलरूप से भारत का रहने वाला श्रीन देवानी का परिवार लंदन के ब्रिस्टल शहर में रहता था. सालों पहले उस के घर वाले यहां आ कर रहने लगे थे. उस के पिता पीएसपी हेल्थकेयर कंपनी चलाते थे. श्रीन देवानी का जन्म वहीं हुआ था.
यूनिवर्सिटी औफ मैनचेस्टर से इकोनौमिक्स में ग्रैजुएशन कर के श्रीन वहीं एक कंपनी में एकाउंटेंट की नौकरी करने लगा था. इसी नौकरी के दौरान स्नेहा से उस की दोस्ती हुई थी. नौकरी कर के श्रीन को जब अच्छाखासा अनुभव हो गया तो उस ने अपना पारिवारिक कारोबार संभाल लिया था. नौकरी उस ने भले छोड़ दी थी, लेकिन दोस्तों से वह पहले की ही तरह मिलताजुलता रहता था.
दोस्तों से ही मिलनेजुलने में श्रीन की मुलाकात स्नेहा की कजिन एनी हिंडोचा से हुई तो पहली ही मुलाकात में खूबसूरत एनी उसे कुछ इस तरह भायी कि एक बार उस के चेहरे पर उस की नजर पड़ी तो वह अपनी नजर को हटा नहीं सका.
एनी ने श्रीन देवानी के दिल में एक अजीब सी हलचल मचा दी थी. अब तक उस के संपर्क में तमाम लड़कियां आई थीं, लेकिन जो बात उस ने एनी में पाई थी, शायद वह उन में से किसी में नहीं दिखी थी. इसीलिए वह उस पर से नजर नहीं हटा सका था.
श्रीन एनी को एकटक देख रहा था. उसे इस बात की भी परवाह नहीं थी कि वह जो कर रहा है, वह अभद्रता है और उस की इस अभद्रता पर लोग उस के बारे में क्या सोचेंगे.
एनी को उस के मन की बात भांपते देर नहीं लगी थी. श्रीन भी कम आकर्षक नहीं था. सुखी और संपन्न तो था ही. एक लड़की को जिस तरह का मर्द चाहिए, वे सारे गुण उस में थे. इसलिए उस का एकटक ताकना एनी को बुरा लगने के बजाय अच्छा ही लगा था. कहा जाए तो उस का हाल भी श्रीन से कुछ अलग नहीं था.
जब दोनों के ही दिलों की हालत एक जैसी हो गई तो वे एकदूसरे की आंखों में डूब गए. तभी स्नेहा ने चुटकी लेते हुए कहा, ‘‘यहां तुम दोनों के अलावा भी तमाम लोग मौजूद हैं. उन लोगों की ओर भी देख लो.’’
श्रीन और एनी को अपनीअपनी गलती का अहसास हुआ. दोनों शरमा गए, इसलिए कुछ कह नहीं सके, सिर्फ मुसकरा कर रह गए. दोनों बातें भले ही अन्य लोगों से करते रहे, पर नजरें एकदूसरे को ही ताकती रहीं. इतना सब होने के बाद अब उन्हें एकदूसरे से यह कहने की जरूरत नहीं रह गई थी कि वे एकदूसरे के दिलों में बस चुके हैं. इस तरह उन के प्यार का इजहार नजरों से ही हो गया था.
वहां से विदा होने से पहले एनी और श्रीन ने एकदूसरे के नंबर ले लिए थे. इस के बाद उन की मोबाइल पर बात ही नहीं होने लगी, बल्कि दोनों ऐसी जगहों पर मिलने भी लगे, जहां सिर्फ वही दोनों होते थे. एकांत में मिल कर दोनों अपनेअपने दिलों की बात कह कर बेहद सुकून महसूस करते थे. ज्यादातर वे ब्रिस्टल और स्टाकहोम के बीच मिलते थे.
एकांत में एक दिन जब श्रीन ने एनी की ठोढ़ी उठा कर उस की आंखों में झांकते हुए कहा कि वह उसे बहुत प्यार करता है तो एनी उस की हथेली अपने हाथों में दबा कर बोली, ‘‘प्यार! मैं तुम्हें तुम से भी ज्यादा प्यार करती हूं. मेरी हर धड़कन, हर सांस अब तुम्हारे लिए है. तुम भले ही मुझ से दूर रहते हो, पर यादों की वजह से हर पल मेरे साथ होते हो.’’
‘‘एनी, सागर की गहराई को तो नापा जा सकता है, लेकिन दिल की गहराई को किसी भी तरह नहीं नापा जा सकता. वरना मैं भी दिखा देता कि मैं तुम्हें कितना प्यार करता हूं. तुम्हारे प्यार से इस जिंदगी को एक मकसद मिल गया है. अब इसे जीने में मजा आने लगा है. बाकी तो यह सूखी नदी जैसी थी.’’ श्रीन ने उसी तरह एनी की आंखों में झांकते हुए कहा.
‘‘तुम से प्यार करने के बाद ही मुझे भी पता चला है कि यह जिंदगी कितनी खूबसूरत होती है. तुम्हारे प्यार में बीतने वाला हर पल बहुत हसीन लगता है. मेरी जिंदगी में आ कर तुम ने इसे धन्य कर दिया. मैं तुम्हारा यह एहसान ताउम्र नहीं भूल सकती.’’ यह कहते हुए एनी भावुकता की गहराई में उतर गई.
‘‘एहसान तो तुम ने मुझ पर किया है, मेरी जिंदगी में आ कर. तुम्हारा यह प्यार मेरे लिए वह इबादत है, जो मैं मरते दम तक करता रहूंगा.’’ श्रीन ने कहा.
‘‘मुझे कभीकभी विश्वास ही नहीं होता कि मुझे तुम जैसा प्यार करने वाला मिला है. सचमुच तुम्हें पा कर मेरी जिंदगी बदल गई है.’’ एनी ने आंखें मूंद कर कहा.
प्यारमोहब्बत की बातों की कोई सीमा नहीं होती. इस के लिए तो कई जीवन भी कम पड़ जाएं. इसलिए श्रीन और एनी जब भी मिलते, इसी तरह की बातें करते रहते. मिलतेजुलते, ऐसी ही बातें करते डेढ़ साल कैसे गुजर गए, उन्हें पता ही नहीं चला.
गुजरे समय के साथ उन का प्यार गहरा होता गया. अब वे कईकई दिनों में कुछ घंटे के लिए मिलते तो उन का मन न भरता. वे चाहते थे कि उन का हर पल एकदूसरे की बांहों में गुजरे.
लेकिन इस के लिए एक बंधन की जरूरत थी. वह बंधन था शादी का और इस के लिए जरूरत थी दोनों के परिवारों की रजामंदी. दोनों भले ही पश्चिमी देशों में जन्मे और पलेबढ़े थे, लेकिन थे तो हिंदुस्तानी, जहां की संस्कृति आज भी उन के घर वालों पर हावी थी. शायद इसीलिए उन्होंने अपने प्यार को अभी तक घर वालों के सामने उजागर नहीं होने दिया था.
इसीलिए जब उन के मन में शादी का विचार आया तो एनी ने कहा, ‘‘श्रीन, शादी के लिए तुम अपने घर वालों से बात करो, क्योंकि मैं तो अपने घर वालों से कुछ कह नहीं सकती. लेकिन इतना जरूर जानती हूं कि तुम्हारे घर वाले मेरे घर रिश्ता ले कर आएंगे तो मेरे घर वाले मना नहीं करेंगे.’’
‘‘प्यार की पहल मैं ने की तो अब शादी की भी पहल मुझे ही करनी पड़ेगी.’’ श्रीन ने हंसते हुए कहा, ‘‘खैर, तुम्हारे लिए मैं यह भी करूंगा.’’
‘‘मुझ पर अधिकार पाना है तो तुम्हें यह भी करना होगा.’’
‘‘ठीक है, मैं जल्दी ही कुछ करता हूं, क्योंकि अब तुम से दूरी सहन नहीं हो रही है.’’ श्रीन ने कहा.
श्रीन ने एनी से वादा ही नहीं किया, बल्कि उस पर अमल भी किया. उस ने अपने घर वालों को अपने प्यार के बारे में बता कर एनी के घर जा कर रिश्ता मांगने के लिए कहा. उस के घर वालों को इस बात पर कोई ऐतराज नहीं था. वे बेटे की खुशी में खुश थे.
उन्हें सब से बड़ा संतोष इस बात का था कि एनी भारतीय मूल की थी. वह उन के परिवार में आराम से एडजस्ट हो जाएगी. लेकिन एनी के घर वालों से मिलने से पहले उन्होंने एनी और उस के घर वालों के बारे में पता करना जरूरी समझा.
एनी का जन्म स्वीडन के मेरिस्टाड शहर में हुआ था. इस के पहले उस का परिवार युगांडा में रहता था. लेकिन जब युगांडा में ईदी अमीन का शासन हुआ तो उस ने एशियाई लोगों को युगांडा छोड़ने पर मजबूर कर दिया था. सभी को स्वीडन के मेरिस्टाड शहर भेज दिया गया था. तभी एनी का परिवार भी वहां आ गया था. यहीं एनी इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर के नौकरी कर रही थी.
सारी जानकारी जुटा कर श्रीन के घर वाले एनी के घर रिश्ता मांगने पहुंचे तो उस के घर वालों को जैसे विश्वास ही नहीं हुआ. रिश्ता खुद उन के घर चल कर आया था. वे लोग भी उन्हीं की तरह भारतीय मूल के थे. आर्थिक स्थिति भी बेहतर थी.
लड़का सुंदर और सुशील होने के साथ व्यवसाय में लगा था. कोई ऐब भी नहीं था. इस सब के अलावा सब से बड़ी बात यह थी कि लड़का और लड़की एकदूसरे को प्यार करते थे. इसलिए न करने का सवाल ही नहीं था.
दोनों परिवारों की सहमति पर शादी तय हो गई. इस के बाद पेरिस के होटल रिट्ज में रिंग सेरेमनी हो गई. चूंकि दोनों परिवार भारतीय मूल के थे, उन के अधिकतर रिश्तेदार भारत में रहते थे, इसलिए तय हुआ कि शादी वे भारत में करेंगे. शादी का दिन और जगह भी तय कर ली गई.
29 अक्तूबर, 2010 को बाहरी मुंबई के लेक पोवई रिसौर्ट में हिंदू रीतिरिवाजों से श्रीन और एनी शादी के पवित्र बंधन में बंध गए. श्रीन के अरमानों की डोली में बैठ कर एनी लंदन आ गई. शादी की खुशी में यहां भी दोस्तों और परिचितों के लिए एक पार्टी आयोजित की गई.
एनी हिंडोचा अब एनी देवानी बन गई. एनी हनीमून मनाने साउथ अफ्रीका जाना चाहती थी, जबकि श्रीन पश्चिम के किसी देश जाना चाहता था. कई दिनों तक दोनों में इसी विषय पर चर्चा होती रही. लेकिन दोनों ही अपनी जिद पर अड़े थे.
एनी साउथ अफ्रीका घूमना चाहती थी, जबकि श्रीन इस के लिए तैयार नहीं था. वह यह जरूर कह रहा था कि फिर कभी वह उसे साउथ अफ्रीका घुमा लाएगा. लेकिन अचानक श्रीन का मन बदल गया. उस ने साउथ अफ्रीका जाने के लिए हां कर करते हुए कहा, ‘‘मैं तुम्हें इतना प्यार करता हूं कि इस छोटी सी बात के लिए तुम्हें निराश नहीं कर सकता. और फिर फर्क ही क्या पड़ता है, हनीमून पश्चिम के किसी देश में मनाया जाए या साउथ अफ्रीका में.’’
नवंबर के दूसरे सप्ताह में हनीमून पर जाने की तैयारी हो गई. 11 नवंबर को दोनों साउथ अफ्रीका के केपटाउन पहुंच गए. कमरे वगैरह पहले से ही बुक थे, इसलिए उन्हें कोई परेशानी नहीं हुई. अगले दिन सुबह तैयार हो कर श्रीन कहीं जाने लगा तो एनी ने कहा, ‘‘अकेलेअकेले कहां जा रहे हो?’’
‘‘पता करने जा रहा हूं कि यहां कौनकौन सी जगह घूमने लायक है. फिर टैक्सी का भी तो इंतजाम करना होगा. मैं सब पता कर के कुछ देर में आता हूं.’’ कह कर श्रीन चला गया. श्रीन ने लौट कर बताया कि कल सुबह ही टैक्सी आ जाएगी. टैक्सी ड्राइवर अच्छा मिल गया है. वही गाइड का भी काम करेगा. उसे अंगरेजी अच्छी आती है.
13 नवंबर, 2010 को 10 बजे के आसपास श्रीन एनी को ले कर होटल से निकला. टैक्सी गेट पर खड़ी थी. टैक्सी ड्राइवर था जोला टोंगो. वह वहीं का रहने वाला था.
पूरा दिन टोंगो श्रीन और एनी को घुमाता रहा. रात का खाना भी उन लोगों ने बाहर ही खाया. वे काफी दूर निकल गए थे. लौटते समय रात 11 बजे के करीब उन की टैक्सी केपटाउन से 5-6 किलोमीटर दूर टाउनशिप गुगुलेथू से गुजर रही थी तो 2 लोगों ने अचानक सामने आ कर टैक्सी रोक ली.
एनी ने जोला टोंगो से कहा भी कि इतनी रात को गाड़ी रोकना ठीक नहीं है. पता नहीं ये लोग कौन हैं. लेकिन उस ने उस की बात नहीं मानी और गाड़ी रोक दी.
टोंगो ने शीशा खोल कर जानना चाहा कि उन्होंने गाड़ी क्यों रुकवाई है तो दोनों में से एक व्यक्ति ने ड्राइवर टोंगो की कनपटी से रिवाल्वर सटा कर टैक्सी से नीचे आने को कहा. टोंगो चुपचाप नीचे आ गया. पीछे की सीट पर बैठे एनी और श्रीन हैरानपरेशान थे. डर के मारे एनी की तो आवाज ही नहीं निकल रही थी.
टोंगो के उतरने के बाद रिवाल्वर सटाने वाला आदमी ड्राइविंग सीट पर बैठ गया तो उस का साथी उस की बगल वाली सीट पर बैठ गया. दोनों ने अपनी भाषा में कुछ बात की और फिर ड्राइवर की बगल वाली सीट पर बैठे व्यक्ति ने एनी और श्रीन की ओर रिवाल्वर तान कर कहा, ‘‘चुपचाप बैठे रहना. अगर शोर मचाया तो गोली मार दूंगा.’’
एनी एवं श्रीन और ज्यादा डर गए. ड्राइवर जोला टोंगो को वहीं छोड़ कर टैक्सी चल पड़ी. टैक्सी हरारे पहुंची तो श्रीन को सड़क पर फेंक कर टैक्सी फिर आगे बढ़ गई. श्रीन किसी तरह नजदीकी पुलिस स्टेशन पर पहुंचा और एनी के अपहरण की सूचना दी.
पुलिस तुरंत हरकत में आ गई. 14 नवंबर, 2010 की सुबह टैक्सी वेस्ट लिंगेलिथ में लावारिस हालत में खड़ी मिली. टैक्सी की पिछली सीट पर एनी देवानी की लाश पड़ी थी. उस की गरदन में गोली मारी गई थी. सीने और जांघों पर खरोंच के निशान थे. ऊपर का कपड़ा कमर तक उठा हुआ था और अंडरवियर घुटनों के नीचे तक खिसकी हुई थी.
वेस्टर्न केप पुलिस ने अपहरण, डकैती और हत्या का मामला दर्ज कर लिया. मामला विदेशी पर्यटक से जुड़ा था, इसलिए वेस्टर्न के विनिस्टर एल्बर्ट फ्रिटज ने लोगों से अपील की कि अगर कोई इस हत्या के बारे में कोई जानकारी दे सकता है तो आगे आ कर पुलिस की मदद करे. पुलिस को भी त्वरित काररवाई के आदेश दिए गए थे.
मामला काफी संगीन था. पुलिस ने अपनी पूरी ताकत लगा दी. परिणामस्वरूप तीसरे दिन 16 नवंबर को पुलिस ने एक आदमी को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में उस ने खुद को निर्दोष बताते हुए 26 वर्षीय जोलाइल मंगेनी पर शक जाहिर किया. इस के बाद उस की निशानदेही पर 17 नवंबर को जोलाइल मंगेनी को गिरफ्तार कर लिया गया.
जोलाइल मंगेनी से पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो उस ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसी ने गोली चला कर एनी देवानी की हत्या की थी.
इस वारदात में टैक्सी ड्राइवर जोला टोंगो और मजिवामाडोडा क्वेब भी शामिल था. जोला टोंगो के कहने पर ही उस ने और मजिवामाडोडा क्वेब ने एनी की हत्या की थी. इस के लिए उन्हें मोटी रकम दी गई थी.
पुलिस ने 18 नवंबर, 2010 को जोलाइल मंगेनी को केपटाउन की अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया. इस के बाद पुलिस ने 20 नवंबर को मजिवामाडोडा क्वेब और जोला टोंगो को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में इन दोनों ने भी अपना अपराध स्वीकार कर लिया.
21 नवंबर को एनी देवानी का शव लंदन पहुंचा, जहां उस का अंतिम संस्कार कर दिया गया.
22 नवंबर को जोला टोंगो और मजिवामाडोडा को अदालत में पेश किया गया तो अदालत में टोंगो ने जो बयान दिया, वह चौंकाने वाला था. उस ने बताया कि एनी की हत्या की साजिश किसी और ने नहीं, उस के पति श्रीन देवानी ने रची थी. उसी ने पैसे दे कर एनी की हत्या कराई थी. इस हत्या के लिए उस ने 15 हजार रेंड दिए थे.
जोला टोंगो ने ही पैसे दे कर मजिवामाडोडा क्वेब और जोलाइल मंगेनी से एनी की हत्या कराई थी.
जोलाइल मंगेनी ने गोली मार कर एनी की हत्या की थी तो मजिवामाडोडा क्वेब ने एनी के शरीर से सारे गहने उतारे थे, जिन में व्हाइट गोल्ड की चेन, डायमंड ब्रेसलेट और एक जियार्जियो अरमानी की घड़ी थी.
एनी की हत्या उस के पति श्रीन देवानी ने कराई थी, यह खुलासा होने पर उस के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर लिया गया. श्रीन लंदन में था, इसलिए इस बात की जानकारी वहां की पुलिस को देने के साथ जरूरी दस्तावेज भी भिजवा दिए गए थे.
लंदन पुलिस ने श्रीन देवानी को गिरफ्तार कर लिया. जबकि उस का कहना था कि उसी की नवविवाहिता पत्नी की हत्या हुई है और उसे ही दोषी ठहराया जा रहा है. वह उसे दिल से प्यार करता था. उसी के कहने पर वह उसे साउथ अफ्रीका ले गया था.
श्रीन के घर वाले साउथ अफ्रीकी पुलिस पर सवाल उठा रहे थे कि वहां सुरक्षा के ठीक इंतजाम नहीं हैं. वहां के लोगों का ध्यान हटाने के लिए पुलिस ने ऐसा किया है, ताकि कोई वहां के सुरक्षा इंतजामों पर सवाल न खड़ा कर सके.
एनी की हत्या के जुर्म में गिरफ्तार होने के बाद श्रीन स्टे्रस और्डर की बीमारी से ग्रस्त हो गया. उस की मानसिक स्थिति बिगड़ गई थी.
4 मई, 2011 को अदालत में श्रीन देवानी के मामले की एक्स्ट्रा एडीशन सुनवाई हुई. 5 मई, 2011 को बेलमार्श के मजिस्ट्रेटों ने उसे सिस्सी क्राइम कह कर पुकारा और 18 जुलाई, 2011 तक के लिए सुनवाई स्थगित कर दी.
18 जुलाई को श्रीन देवानी को जज रिडल की अदालत में पेश किया गया. साइकियाट्रिक एक्सपर्ट ने अदालत को बताया कि अगर श्रीन देवानी को लगता है कि उसे परेशान किया जा रहा है तो वह स्वयं को खत्म कर सकता है. इसलिए उसे जेल न भेजा जाए. बहरहाल अदालत ने जमानत की सुनवाई के लिए अगली तारीख दे दी.
अगली तारीख यानी 10 अगस्त, 2011 को प्राप्त दस्तावेजों से अदालत ने मान लिया कि श्रीन देवानी ने ही अपनी पत्नी एनी देवानी की सुपारी दे कर हत्या कराई थी.
21 सितंबर, 2011 को श्रीन देवानी की जमानत की अरजी पर सुनवाई थी. इस सुनवाई पर साउथ अफ्रीका पुलिस ने बताया कि पकड़े गए तीनों आरोपियों ने स्वीकार किया है कि श्रीन देवानी ने ही जोला टोंगो के साथ साजिश रच कर एनी की हत्या की सुपारी दी थी. इसलिए उसे जमानत पर छोड़ना ठीक नहीं है.
दूसरी ओर 26 सितंबर 2011 को साउथ अफ्रीका के होम सेके्रटरी येरेसा ने श्रीन देवानी की अफ्रीका में एक्स्ट्राडिशन सुनवाई के और्डर पर हस्ताक्षर कर दिए थे, जिस से श्रीन देवानी के प्रत्यर्पण का रास्ता साफ हो गया था.
लेकिन 30 सितंबर को श्रीन देवानी के वकीलों ने उस के मानसिक रूप से बीमार होने का हवाला दे कर एक अपील दायर कर दी थी. 13 दिसंबर, 2011 को इस पर बहस के दौरान श्रीन देवानी के वकीलों ने कहा कि वह अपने बचाव के लिए मानसिक बीमारी का बहाना नहीं बना रहा है. वह वाकई में बीमार है. ऐसी स्थिति में उस के एक्स्ट्राडिशन और्डर रद्द कर दिए जाने चाहिए.
14 दिसंबर, 2011 को अदालत ने साउथ अफ्रीका पुलिस से पूछा कि श्रीन देवानी की सुनवाई साउथ अफ्रीका में ठीक से हो सकती है या नहीं? 16 दिसंबर को अदालत ने आगे की कार्यवाही के लिए 31 जुलाई, 2012 की तारीख तय कर दी. इस तारीख को अदालत ने प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर श्रीन देवानी के प्रत्यर्पण पर अस्थाई रोक लगा दी. दूसरी ओर साउथ अफ्रीका की अदालत ने 8 अगस्त, 2012 को अभियुक्त मजिवामाडोडा क्वेब को एनी देवानी की हत्या के मामले में दोषी मानते हुए 25 साल के कैद की सजा सुनाई.
श्रीन देवानी ने अदालत से प्रार्थना की थी कि उस के मानसिक रूप से बीमार रहने तक उस के साथ नरमी बरती जाए. डाक्टरों के अनुसार 32 वर्षीय श्रीन देवानी पोस्ट ट्रौमेटिक स्ट्रेस डिसौर्डर और डिप्रेशन का शिकार था. उस के साइकियाट्रिस्ट डा. पौल केट्रेल ने अदालत में कहा था कि उसे जमानत दे कर दिमागी तौर पर राहत दी जानी चाहिए. उसे जिस पुनर्वास वार्ड में रखा गया है, वहां उस का फ्लाइट रिस्न बढ़ सकता है.
जोलाइल मंगेनी ने कोर्ट में स्वीकार कर लिया था कि उसी ने एनी देवानी की गोली मार कर हत्या की थी, इसलिए उसे हत्या का दोषी करार देते हुए 5 दिसंबर, 2012 को उसे उम्रकैद की सजा सुनाई गई. उसी के साथ टैक्सी ड्राइवर जोला टोंगो को साजिश रचने के आरोप में 18 साल की कैद की सजा सुनाई गई थी.
जुलाई, 2013 को अदालत ने कहा था कि अगर श्रीन देवानी की दिमागी बीमारी ठीक हो गई है तो अदालत में पेश किया जाए. लेकिन श्रीन देवानी का मेंटल हेल्थ अस्पताल में इलाज चल रहा था, इसलिए उसे अदालत में पेशी से छूट मिल गई. फिर भी मुख्य मजिस्ट्रेट हावर्ड रिडल ने कहा कि उसे इसी महीने कोर्ट में पेश होना होगा.
तमाम सुनवाई के बाद आखिर 24 जुलाई, 2013 को अदालत ने आदेश दिया कि श्रीन देवानी को अपनी पत्नी एनी की हत्या के मामले में साउथ अफ्रीका की अदालत में सुनवाई के लिए पेश होना होगा. अदालत का कहना था कि श्रीन देवानी काफी समय से अपना इलाज करा रहा है. अब तक वह ठीक हो गया होगा, इसलिए अब इस मामले में देर करना ठीक नहीं होगा.
श्रीन देवानी बीमारी की वजह से भले ही साउथ अफ्रीका की अदालत में पेश नहीं हुआ था, लेकिन अदालत ने प्राप्त सुबूतों के आधार पर उसे एनी देवानी की हत्या की सुपारी देने और साजिश रचने का दोषी करार दे दिया था. अदालत का मानना था कि अब वह स्वस्थ हो चुका है, इसलिए यहां ला कर सजा सुनाने की कार्यवाही की जानी चाहिए.
अदालत श्रीन देवानी को क्या सजा देती है, यह तो उस के अदालत में पेश होने के बाद ही पता चलेगा. मजे की बात यह है कि हत्या के इस मामले में दोषियों को तो सजा मिल गई, लेकिन अभी तक यह पता नहीं चला है कि जिस पत्नी को श्रीन जान से ज्यादा प्यार करता था, उसी की जान लेने के लिए इतनी बड़ी साजिश क्यों रची?
श्रीन देवानी के कुछ दोस्तों का कहना है कि शादी के कुछ दिनों बाद ही वह एनी को ले कर अपसेट रहने लगा था. उस ने एनी के मोबाइल पर उस के किसी पुरुष मित्र का मैसेज पढ़ लिया था. शायद इसी वजह से वह परेशान था. चरित्र पर संदेह होने की वजह से ही वहां ले जा कर उस ने उस की हत्या करा दी थी.
बात कुछ भी हो, अब तो यह साबित ही हो चुका है कि एनी की हत्या उसी ने कराई थी. इसलिए अब वह ज्यादा दिनों तक सजा से बच नहीं पाएगा. इसी साल अप्रैल महीने में श्रीन का प्रत्यर्पण हो चुका है. अब इस मामले की सुनवाई साउथ अफ्रीका की अदालत में होगी. Honeymoon Murder
— इसके बाद अदालती कार्रवाई में क्या हुआ यह ज्ञात नहीं है.
Crime Story in Hindi. रमेश गायकवाड़ ने सोमनाथ सोलकर की पूरी की पूरी संपत्ति हड़पने के लिए साजिश तो बहुत बढि़या रची थी, लेकिन वकील नवीन करमाकर ने आखिर उस की साजिश का खुलासा कर ही दिया
म हाराष्ट्र सरकार के अटार्नी जनरल नण्वीन करमाकर की पत्नी अवंतिका ने रात का खाना तैयार कर के खाने को कहा तो उन्होंने टीवी पर से नजरें हटा कर कहा, ‘‘खाना हम थोड़ा देर से खाएंगे. अभी कुछ लोग आने वाले हैं.’’
‘‘कौन?’’ अवंतिका ने पूछा. ‘‘वही स्वाति और मनोज, जिन की इसी दिवाली पर तुम ने शादी कराई थी.’’
‘‘मैं किसी की शादी कराने वाली कौन होती हूं.’’ अवंतिका ने कहा, ‘‘मैं ने तो सिर्फ उन का परिचय कराया था, बाकी के सारे काम तो उन्होंने खुद किए थे. कुछ भी हो, दोनों हैं बहुत अच्छे.’’
‘‘अगर तुम कह रही हो तो अच्छे ही होंगे.’’ नवीन करमाकर ने मुसकराते हुए कहा, ‘‘तुम्हें यह सुन कर दुख होगा कि मनोज जैसे ही हनीमून से लौटा, उसे नौकरी से निकाल दिया गया. सोचो, उस के साथ कितना बड़ा अन्याय हुआ. शायद इसी बारे में वह हम से मिलने आ रहा है?’’
‘‘शायद वे लोग आ भी गए.’’ अवंतिका ने कहा.
इतना कह कर अवंतिका बाहर आई और कुछ पल बाद लौटी तो उस के साथ मनोज और स्वाति थे. स्वाति छरहरे बदन की काफी सुंदर युवती थी तो मनोज भी उसी की तरह लंबे कद का मजबूत कदकाठी वाला युवक था. उस की काली आंखों से ईमानदारी साफ झलक रही थी. यह एक ऐसा जोड़ा था, जिसे देख कर कोई भी आकर्षित हो सकता था. लेकिन उस समय दोनों के चेहरों पर परेशानी साफ झलक रही थी.
औपचारिक बातचीत के बाद मनोज ने कहा, ‘‘आप तो अटार्नी जनरल हैं. मैं आप के पास इसलिए आया हूं कि आप मुझे पुलिस के हाथों पकड़वा दें.’’
मेहमान की इस इच्छा पर नवीन करमाकर ने हैरानी से कहा, ‘‘इस की भी कोई वजह होगी. बेहतर होगा कि पहले आप वजह बताएं. उस के बाद जो उचित होगा, वह किया जाएगा.’’
‘‘मेरा पूरा नाम मनोज सोलकर है,’’ मनोज ने कहा, ‘‘कोलाबा में जो सोलकर इंस्टीटयूट है, उसे तो आप जानते ही हैं, क्योंकि आप ने वहां पढ़ाई की थी.’’
मनोज के इतना कहते ही नवीन करमाकर को सोलकर इंस्टीटियूट याद आ गया. कोलाबा के उस वैभवशाली शिक्षा संस्थान और रिसर्च इंस्टीटयूट को सोमनाथ सोलकर ने सन 1970 में बनवाया था. वह खुद भी एक आविष्कारक थे. उन्हें नएनए आविष्कार करने में काफी दिलचस्पी रहती थी. उन्होंने काफी आविष्कार किए भी थे. इस संस्था की स्थापना उन्होंने विज्ञान और उद्योग के विकास के काम के लिए की थी.
‘‘मैं सोमनाथ सोलकर का पोता हूं.’’ मनोज सोलकर ने कहा तो नवीन करमाकर चौंके. वह कुछ कहते, उस के पहले ही मनोज ने कहा ‘‘लेकिन दुर्भाग्य से वह मेरे बारे में कुछ नहीं जानते. क्योंकि काफी समय पहले मेरे मातापिता से उन का झगड़ा हो गया था तो उन्होंने संबंध खत्म कर लिए थे.
मैं 4 साल का था, तभी प्लेन क्रैश में मेरे पिता की मौत हो गई थी. उन की मौत के बाद मेरे दादाजी का व्यवहार मेरे और मेरी मां के प्रति और ज्यादा कठोर हो गया था. उन्होंने हम दोनों से कभी कोई संबंध नहीं रखा. मेरी मां ने नौकरी कर के मुझे पढ़ायालिखाया. मां के प्रयास से ही किसी तरह मैं ने अच्छी शिक्षा प्राप्त की.’’
‘‘तुम ने मुझे बताया तो था कि तुम्हारी मां को शहरी जीवन से घबराहट होने लगी थी, इसलिए कई सालों पहले वह देहाती इलाके में रहने चली गई थीं.’’ अवंतिका ने कहा.
‘‘जी हां, उन्होंने लोनावाला में अपने लिए एक मकान खरीद लिया था? क्योंकि वह उन का पैतृक गांव था.’’ मनोज ने कहा, ‘‘तब तक मेरी पढ़ाई पूरी हो चुकी थी. उस के बाद मैं ने एक स्कूल में नौकरी कर ली थी. मुझे पढ़ने का शौक था. फिर बच्चों को पढ़ाने के लिए भी पढ़ना पड़ता था, इसलिए मैं किताबें लेने के लिए सोलकर इंस्टीटयूट की लाइब्रेरी जाता रहता था. पिछले साल दिसंबर में मैं लाइब्रेरी से लौट रहा था तो मेरी मुलाकात इंस्टीटयूट के डायरेक्टर रमेश गायकवाड़ से हो गई.’’
‘‘एक तरह से रमेश गायकवाड़ ही इंस्टीटयूट के मैनेजिंग डायरेक्टर हैं. इंस्टीटयूट का सारा काम वही देखते हैं. उन्होंने कई बार मुझे आतेजाते देखा था. उन्हें मेरे बारे में काफी कुछ पता था. वह मेरा नाम भी जानते थे. उस दिन मिलने पर उन्होंने मुझ से पूछा, ‘मुझे पता चला है कि तुम इस इंस्टीट्यूट के संस्थापक सोमनाथ सोलकर के पोते हो?’
‘‘जी मैं उन का पोता हूं.’’
‘‘तब तो आप को हमारे साथ काम करना चाहिए. सोलकर परिवार का सदस्य होने के नाते तुम्हारी जगह यहां है.’’
‘‘उस दिन हम दोनों के बीच काफी लंबी बातचीत हुई. मैं ने हामी भर दी कि स्कूल का कौंट्रैक्ट खत्म होने के बाद मैं यहां आ जाऊंगा. मैं बहुत खुश था, क्योंकि स्कूल में पढ़ाने का मुझे बहुत ज्यादा शौक नहीं था. इंस्टीटयूट के स्टाफ में शामिल के लिए मैं लालायित रहता था.’’
‘‘तो तुम्हें स्टाफ में शामिल कर लिया गया था?’’ नवीन करमाकर ने पूछा.
‘‘नहीं, रमेश गायकवाड़ ने मुझे अस्थाई नौकरी पर रखा था. उसी बीच मैं ने और स्वाति ने शादी का निर्णय लिया. मैं ने गायकवाड़ को बताया कि मैं शादी कर रहा हूं तो उस ने खुशी प्रकट करते हुए मुझे मुबारकबाद दी और हनीमून के लिए एक सप्ताह की छुट्टी भी दे दी. लेकिन हनीमून से लौट कर जब मैं इंस्टीट्यूट पहुंचा तो मुझे चोर कह कर नौकरी से निकाल दिया गया.’’
इतना कह कर मनोज ने एक लंबी सांस ली. इस के बाद कुछ देर सोचता रहा. फिर बोला, ‘‘हुआ यह कि जब मैं उसे अपनी शादी के बारे में बताने गया था तो उस ने अपने औफिस में मौजूद तिजोरी खोल कर उस में से 10 हजार रुपए निकाल कर बड़ी शान से कहा था, ‘हमारे यहां हर कर्मचारी को शादी के समय कुछ रकम तोहफे में देने की परंपरा है.’
‘‘रकम थमाते समय जैसे उसे कुछ याद आया हो इस तरह घड़ी देखते हुए उस ने कहा, ‘मुझे जरा कस्टोडियन से बात करनी है. मैं बात कर के अभी आया.
‘‘अब कह रहा है कि जो रकम जो उस ने मुझे उपहार में दी थी, वह मैं ने चोरी की थी. उस का कहना है कि जब वह कस्टोडियन से मिलने चला गया था तो मैं ने तिजोरी से वह रकम चुरा ली थी, क्योंकि भूल से वह तिजोरी खुली छोड़ गया था.’
‘‘आज उस ने मुझ से कहा कि मैं सोलकर परिवार का सदस्य हूं, इसलिए वह मेरे खिलाफ कानूनी काररवाई करना चाहता, लेकिन बदले में मुझे यह शहर छोड़ कर जाना होगा. क्योंकि अगर कभी बात खुल गई तो इस से मेरी बड़ी बदनामी होगी.’’
इतना कहतेकहते गुस्से की वजह से मनोज की आवाज थोड़ी ऊंची हो गई थी. उस ने आगे कहा, ‘‘लेकिन मैं अपना भविष्य बरबाद नहीं करना चाहता. चोरी का आरोप लगने के बाद मुझे कोई बढि़या नौकरी मिल नहीं पाएगी. फिर मैं खुद भी अपनी नजरों में गिरा रहूंगा. इस के अलावा वह मुझे ब्लैकमेल भी कर सकता है. इसलिए मैं यह साबित करना चाहता हूं कि मुझ पर चोरी का यह जो आरोप लगा है, वह झूठा है.’’
इतना कह कर जैसे ही मनोज चुप हुआ, स्वाति बोली, ‘‘मनोज ने अभी तक इस घटना के बारे में अपनी मां को भी कुछ नहीं बताया है. फिर इतनी शर्मनाक बात बताई भी कैसे जा सकती है.’’
‘‘तुम बता सकते हो कि रमेश ने तुम्हारे साथ ऐसा क्यों किया?’’ नवीन ने पूछा.
‘‘जी नहीं,’’ मनोज ने कहा, ‘‘मैं ने उस से पूछा तो था कि वह ऐसा क्यों हर रहा है? मैं चिल्लाया भी था कि अगर मैं चोर हूं तो वह पुलिस को बुलाए और रिपोर्ट लिखा कर मुझे जेल भिजवा दे. लेकिन उस ने जवाब देने के बजाय मुझे औफिस से निकाल दिया. वहां से आने के बाद मैं ने अपने एकाउंट से 10 हजार रुपए निकलवाए और एक आदमी के हाथों उस के पास भिजवा दिए. मैं इस मामले को किसी किनारे लगते देखना चाहता हूं, इसीलिए आप से कह रहा हूं कि आप मुझे गिरफ्तार करवा दीजिए. क्योंकि मेरी समझ में नहीं आ रहा है कि मुझे क्या करना चाहिए.’’
‘‘अभी तो अवंतिका के हाथ की बनी मिठाई खा कर कौफी पियो. कल रमेश गायकवाड़ से मिलते हैं. उस के बाद सोचते हैं कि इस मामले में हमें क्या करना चाहिए.’’ नवीन करमाकर ने कहा.
अगले दिन नवीन मनोज के साथ रमेश से मिलने सोलकर इंस्टीटयूट पहुंचे. नवीन ने अपने तौर पर फोन कर के रमेश से मुलाकात का समय ले लिया था. लेकिन जब दोनों रमेश के औफिस में दाखिल होने लगे तो गेटकीपर ने मनोज को रोक लिया, ‘‘डायरेक्टर साहब ने तुम्हें अंदर न जाने देने का आदेश दिया है. इसलिए तुम अंदर नहीं जा सकते.’’
अपने इस अपमान से मनोज का चेहरा गुस्से से सुर्ख पड़ गया, लेकिन वह कुछ बोला नहीं. वह वहीं बाहर ही बैठ गया. नवीन अंदर चले गए. रमेश ने बड़े ठंडे अंदाज से नवीन का स्वागत किया. उस की बगल में एक प्रभावशाली व्यक्तित्व वाला पक्की उम्र का आदमी बैठा था. रमेश ने नवीन से उस का परिचय कराया.
उस आदमी का नाम शशांक ठाकरे था और वह इंस्टीटयूट का कानूनी सलाहकार था. परिचय करने के बाद रमेश ने कहा, ‘‘शायद आप उस नौजवान चोर के बारे में बात करना चाहते हैं, जिसे मैं ने अंदर आने से रोकवा दिया है. कृपया संक्षेप में बात करिएगा, मेरे पास समय बहुत कम है.’’
‘‘समय मेरे पास भी ज्यादा नहीं है.’’ नवीन ने कड़वे लहजे में कहा, ‘‘मैं बहुत ही संक्षेप में एकदम सीधी बात करूंगा. आप ने मनोज का इंस्टीट्यूट में आना तो बंद ही करा दिया है, अब उसे इस शहर से बाहर भेजना चाहते हैं, इस की कोई विशेष वजह?’’
रमेश के कोई जवाब देने से पहले ही संस्था के कानूनी सलाहकार शशांक ठाकरे ने कहा, ‘‘लगता है, आप उस के बचाव में आए हैं?’’
‘‘वही समझ लो. मैं चाहता हूं कि आप लोग उस के खिलाफ बाकायदा चोरी का मुकदमा दर्ज करवाएं और अपना आरोप सिद्ध करें. वरना मैं उस नौजवान को सलाह दूंगा कि वह आप के खिलाफ मानहानि का दावा करे.’’ नवीन ने कहा.
‘‘अगर ऐसी कोई कोशिश की जाती है तो मैं यही समझूंगा कि आप यह सब पैसे के लिए कर रहे हैं. हम इस बात को लोगों के सामने लाने की कोशिश् करेंगे. बहरहाल अब आप जा सकते हैं.’’ शशांक ठाकरे ने कहा.
बाहर आने के बाद नवीन ने कहा, ‘‘अंदर हुई बातचीत से मुझे यही लग रहा है कि किसी वजह से तुम्हारा इंस्टीट्यूट में आनाजाना रमेश को परेशान कर रहा था. इसी वजह से उस ने ऐसा किया है. लेकिन वह चाहता तो तुम्हें किसी दूसरे तरीके से भी रोक सकता था.’’
‘‘लेकिन मुझे यहां आने से रोकने के लिए नौकरी देने और यह सब करने की क्या जरूरत थी?’’
‘‘एक नौकर पर आरोप लगाना आसान ही नहीं होता, बल्कि थोड़ी कोशिश के बाद उसे सिद्ध भी किया जा सकता है.’’ नवीन ने कहा.
‘‘रमेश की कोशिश का संबंध तुम्हारे इस संस्था के संस्थापक के पोते होने से भी हो सकता है.’’
‘‘मुझे भी यही लगता है,’’ मनोज ने कहा, ‘‘मेरे दादाजी कभी न कभी इस संस्था का दौरा करने तो आते ही होंगे. शायद रमेश नहीं चाहता कि उन से मेरी मुलाकात हो. आखिर वह मुझे उन से मिलने से रोकना क्यों चाहता था, उसे क्या डर था?’’
‘‘यह सब छोड़ो. मैं तुम्हारी ओर से मानहानि और तुम्हारे खिलाफ साजिश रचने का मुकदमा दायर करता हूं.’’ नवीन ने कहा.
मनोज ने सहमति जताई तो पूरी तैयारी कर के नवीन करमाकर ने उस की ओर से मनहानि की याचिका दायर कर दी. लेकिन उस याचिका पर जिस दिन सुनवाई होनी थी, उस दिन मनोज ने खुद आने के बजाय एक पत्र और उस के साथ चैक भेज दिया था.
फिर सुनवाई के समय नवीन ने वह पत्र और चैक अदालत को दिखाते हुए कहा, ‘‘योरऔनर, मनोज सोलकर की ओर से मानहानि और उस के खिलाफ साजिश रचने की मैं ने जो याचिका दायर की थी, उस के संबंध में आज सुबह मुझे यह पत्र और चैक मिला. पत्र में उस ने लिखा है कि वह यह याचिका वापस लेना चाहता है, क्योंक वह यह शहर छोड़ कर जा रहा है. उस ने मुझे कष्ट देने के लिए क्षमा मांगते हुए मेरी फीस के तौर पर कुछ रकम का यह चैक भेजा है. पत्र पाने के बाद मैं अपने मुवक्किल के फ्लैट पर पहुंचा तो वह पत्नी के साथ सचमुच जा चुका था.’’
‘‘इस का मतलब इस याचिका को खारिज कर दिया जाए?’’ जज ने पूछा.
‘‘जी नहीं,’’ नवीन ने कहा, ‘‘मुझे लगता है, यह पत्र दूसरे पक्ष ने उस पर कोई दबाव डाल कर लिखवाया है.’’
नवीन का इतना कहना था कि दूसरे पक्ष के वकील शशांक ठाकरे ने आगे बढ़ कर कहा, ‘‘योरऔनर यह आरोप सरासर गलत है. अगर याचिका दायर करने वाला याचिका वापस ले रहा है तो उस पर कार्यवाही कर के याचिका को खारिज कर देना चाहिए. जब याचिका दायर करने वाला ही नहीं है तो उस पर कार्यवाही क्या होगी?’’
‘‘वकील साहब, शायद आप भूल गए हैं कि दीवानी के दावे में दोनों पक्षों की मौजूदगी जरूरी नहीं है.’’ नवीन ने कहा.
नवीन की बात काटते हुए शशांक ने कहा, ‘‘बात दरअसल यह है कि मनोज के वकील ने ही उस पर दबाव डाल कर यह दावा कराया है. शायद इस तरह वह कुछ रकम कमाना चाहते थे. लेकिन जब मनोज को लगा कि इस मामले में कुछ नहीं होने वाला तो उस ने पीछे हट जाना ही मुनासिब समझा. इस मामले में मैं मनोज सोलकर के वकील से पूरी जिरह करना चाहता हूं.’’
अदालत में मौजूद सभी लोगों की नजरें नवीन पर जम गईं. सभी उन्हें शक की नजरों से देख रहे थे. नवीन के लिए अब यह मामला मनोज की ही नहीं, अपनी भी इज्जत का सवाल बन गया था. उस ने रमेश गायकवाड़ को कठघरे में बुला कर जिरह शुरू की, ‘‘क्या यह सही नहीं है कि मनोज सोलकर को इंस्टीटयूट में आतेजाते देख कर आप ने खुद नौकरी के लिए औफर दिया था? क्या आप इस वास्तविकता से परिचित नहीं थे कि वह संस्था के संस्थापक सोमनाथ सोलकर का पोता है?’’
‘‘जी हां, इसीलिए तो मैं ने औफर दी थी. किसी छोटेमोटे झगड़े की वजह से दादापोते एकदूसरे से दूर हो गए थे, इसलिए मैं ने सोचा कि यहां आने पर दोनों कभी मिल सकते हैं. लेकिन वह तो चोर निकला.’’
इस के बाद लंबी सांस ले कर उस ने घटना के बारे में बताना शुरू किया, ‘‘एक दिन मेरे पास आ कर उस ने कहा कि वह शादी कर रहा है. मैं ने उसे मुबारकबाद देने के साथ एक सप्ताह की छुट्टी दे दी. उसी बीच एक जरूरी काम से मैं औफिस से 1-2 मिनट के लिए बाहर जाना पड़ा. जरूरत के लिए कुछ रकम हमारे औफिस की तिजोरी में पड़ी रहती है. मैं वापस आया तो वह काफी घबराया हुआ लग रहा था.
उस समय मैं ने ध्यान नहीं दिया. लेकिन अगले दिन रकम गिनी तो उस में 10 हजार रुपए कम निकले. तब मेरा ध्यान मनोज पर गया. उस की घबराहट से मुझे लगा कि वह रकम उसी ने ली है, इसीलिए वह परेशान था.’’
‘‘तुम ने उसे चोरी में फंसाने के लिए तिजोरी खुली छोड़ी थी. जबकि 10 हजार रुपए तुम ने खुद उसे यह कह कर दिए थे कि संस्थान की परंपरा है कि कर्मचारी की शादी पर रुपए उपहार में देता है.’’
‘‘यह झूठ है,’’ रमेश ने थोड़ी ऊंची आवाज में कहा, ‘‘मनोज हनीमून से वापस आया तो मैं ने उसे बताया कि उस की चोरी पकड़ी जा चुकी है. अपनी हरकत की वजह से वह जेल जा सकता है. लेकिन अगर वह चोरी की गई रकम वापस कर दे तो मैं उस के खिलफ कोई कारर्रवाई नहीं करूंगा. उस ने भी यही बात कह कर बरगलाने की कोशिश की थी, जो आप कह रहे हैं. फिर भी उस ने 10 हजार रुपए भिजवा दिए. अब ऐसे आदमी को कौन नौकरी पर रखेगा, मैं ने भी उसे नौकरी से निकाल दिया.’’
‘‘योरऔनर, हकीकत यह थी कि इन लोगों को इस बात का डर सता रहा था कि कहीं दादा और पोते की मुलाकात हो गई और फिर उन में मेलजोल हो गया तो…?’’ नवीन ने कहा, ‘‘लेकिन इस डर का भी कोई न कोई आधार होगा? यह आदमी इंस्टीटयूट में सब से बड़े पद पर आसीन है और यह कालासफेद कुछ भी कर सकता है. मुझे लगता है कि इंस्टीटयूट में जरूर कोई गड़बड़ी हो रही है. इसलिए मैं दरख्वास्त करता हूं कि इंस्टीटयूट के आर्थिक और इंतीजामी मामलों की कायदे से जांच कराई जाए.’’
इस पर इंस्टीटयूट के कानूनी सलाहकार शशांक ठाकरे ने कहा, ‘‘माननीय अदालत को यह बताना जरूरी है कि हर साल इंस्टीटयूट का एकाउंटस सही समय पर आडिट कराया जाता है. इसी के साथ यह भी बता दूं कि पिछले कई सालों से रमेशजी इंस्टीटयूट को कायदे से चला रहे हैं. आज तक इन पर कोई दाग नहीं लगा है. इन का रहनसहन भी अपनी आमदनी के हिसाब से ही है.’’
इस जिरह से इस मुकदमे में जान तो पैदा हो गई थी, लेकिन न्यायाधीश ने यह कहते हुए इंस्टीटयूट के खातों की जांच कराने से मना कर दिया कि वह जरा से संदेह पर इंस्टीटयूट के एकाउंटस की जांच और उस के मामलों में दखल देने की इजाजत नहीं दे सकते.
बहरहाल, नवीन ने कुछ तर्क दे कर अगले दिन सुनवाई के लिए न्यायाधीश को तैयार कर लिया. उन्होंने वादा किया कि कल वह मनोज को अदालत में अवश्य पेश करेंगे. उन की पत्नी अवंतिका को पूरा विश्वास था कि मनोज लोनावाला में अपनी मां के पास गया होगा. अगर वहां नहीं हुआ तो उस की मां को जरूर मालूम होगा कि वह कहां है.
मनोज सचमुच मां के यहां ही था. नवीन और आवंतिका को वहां देख कर वह हैरान रह गया था. पहले तो उस का मन हुआ था कि वह उन से मिले ही न. लेकिन उसे लगा कि एक गलती तो उस ने पहले ही की है. अब उन से मुंह छिपा कर दोबारा गलती करना ठीक नहीं है. वह शर्मिंदा तो था ही, फिर भी मिला.
लेकिन नवीन और अवंतिका उस से जिस तरह मिले थे, उस से उस की सारी झिझक और शर्मिंदगी दूर हो गई थी. उन्हें अंदर ला कर उस ने अपनी मां का परिचय कराया. मां के बालों में भले ही सफेदी झलक रही थी, मगर वह अब भी एक आकर्षक व्यक्तित्व की स्वामिनी थीं. उन का नाम सावित्री सोलकर था.
स्वाति भी आ गई थी. सावित्री अभी तक मनोज के हालात से अनजान थीं. जब नवीन ने उन्हें सारी बात बताई तो लंबी सांस लेते हुए उन्होंने कहा, ‘‘इसे देख कर ही मुझे लग रहा था कि यह मुझ से कुछ छिपा रहा है.’’
इस के बाद नवीन ने मनोज की ओर देखते हुए कहा, ‘‘तुम्हारे चले आने के बावजूद मैं ने तुम्हारे पत्र के आधार पर अदालती काररवाई शुरू करा दी है, क्योंकि मुझे पूरा विश्वास है कि वह पत्र तुम ने अपनी मर्जी से नहीं लिखा था.’’
एक पल की खामोशी के बाद मनोज दबी आवाज में बोला, ‘‘कल शाम 7 बजे के आसपास रमेश ने मुझे फोन कर के कहा कि वह नहीं चाहता कि उस की वजह से उसे और उस की मां को तकलीफ पहुंचे. इस के बाद उस ने जो कुछ कहा, मैं उसी के शब्दों में आप को बता रहा हूं.
उस ने कहा था, ‘‘तुम्हारा बाप नंबर एक का बदमाश और जालसाज था. लेकिन उस की मृत्यु के बाद इस बात को दबा दिया गया था. अगर तुम चाहते हो कि यह बात अभी भी उसी तरह दबी रहे तो तुरंत किसी आदमी के हाथ अपने वकील को एक पत्र भेज कर उसे यह मुकदमा वापस लेने को कह दो और शहर छोड़ कर चले जाओ. अगर तुम ने ऐसा नहीं किया तो जहां तुम्हारी मां रहती है, उस पूरे इलाके में उन के बारे में बता कर उन्हें बदनाम कर दिया जाएगा. उस के बाद तुम्हारी मां की क्या हालत होगी, यह तुम जानते ही हो.’’
‘‘मैं ने और स्वाति ने इस बात पर गहराई से विचार किया. हम ने सोचा कि इस उम्र में मां को क्यों परेशान किया जाए. वह चैन से रह रही हैं तो उन्हें उसी तरह चैन से रहने दिया जाए. यही सोच कर हम यहां चले आए. लेकिन जब आप यह मुकदमा लड़ ही रहें हैं और मां को सच्चाई का पता चल ही गया है तो अब आप जो कहेंगे, हम वही करेंगे.’’
‘‘एक घंटे पहले रमेश का फोन यहां भी आया था. इत्तेफाक से फोन मैं ने रिसीव किया था. वह मनोज से बात करना चाहता था, स्वाति ने कहा लेकिन मैं ने डांट कर फोन काट दिया.’’
‘‘बहुत अच्छा किया,’’ सावित्री सोलकर ने कहा, ‘‘बेटा, यह तुम्हारा फर्ज था कि मेरे बारे में सोच कर तुम ने यह मुकदमा वापस लेने का निर्णय लिया. लेकिन जो गलत है, उस से भी भागना ठीक नहीं है. मैं अभी भी अपनी समस्याओं से निपटने की क्षमता रखती हूं. मुझे इस बात का दुख है कि तुम ने रमेश की बात पर विश्वास कर लिया कि वह तुम्हारे पिता के बारे में जो कहा, वह सही है.’’
‘‘पापा की जिंदगी पर सदैव रहस्य का परदा पड़ा रहा, शायद इसीलिए ऐसा हुआ.’’ मनोज ने सिर झुका कर कहा, ‘‘बहरहाल, मैं अपनी इस गलती पर शर्मिंदा हूं.’’
‘‘क्या आप मनोज के पिता के बारे में मुझे कुछ बताएंगी?’’ नवीन ने कहा.
‘‘क्यों नहीं,’’ सावित्री ने कहा. इस के बाद वह अतीत में खो गईं. थोड़ी देर बाद वह संभल कर बोलीं, ‘‘जब अनिल से मेरी शादी हुई, वह अपने पिता की ही कंपनी में काम करते थे, जिस में उन के पिता सोमनाथ सोलकर के आविष्कार किए हुए बिजली के सामान बनते थे. मेरे ससुर का सोचना था कि मैं ने उन के बेटे को बरबाद कर दिया है. मेरी वजह से वह निकम्मा हो गया है. जबकि सच्चाई यह थी कि अनिल को घूमनेफिरने और उन स्थानों के बारे में लिखने का शौक था. अपने इसी शौक की वजह से उन्होंने कंपनी छोड़ने का निर्णय लिया.
‘‘जबकि उन के इस निर्णय में मेरी कोई भूमिका नहीं थी. उन के निर्णय पर सोमनाथ सोलकर ने खूब हंगामा किया. उन का कहना था कि मेरी वजह से उन का एकलौता बेटा अपनी राह से भटक गया है. कंपनी से अलग हो कर अनिल ने एक हवाई जहाज खरीदा और इधरउधर की यात्रा करने लगे. ट्रैवल से संबंधित उन के अनेक लेख विभिन्न पत्रिकाओं में छपने लगे.
‘‘मनोज के जन्म के बाद मेरा उन के साथ जाना कम हो गया. अब वह अकसर अकेले ही जाने लगे थे. 1985 के अप्रैल में जयपुर से आगे रेगिस्तान में उड़ते समय अनिल का जहाज दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस दुर्घटना में केवल जहाज का मलबा मिला था, अनिल की लाश नहीं मिली थी.’’
पल भर की चुप्पी के बाद सावित्री सोलकर ने आगे कहा, ‘‘मुझे जो याद आता है, उस के हिसाब से रमेश गायकवाड़ का मेरे ससुर सोमनाथ सोलकर से दूर का कोई संबंध है. वह उन दिनों कंपनी में ही काम करता था. अनिल की मौत के बाद वह मेरे पास आया था. उस ने मुझ से कहा था कि अनिल के बारे में कुछ ऐसी सच्चाई सामने आई है, जिस का राज बना रहना ठीक है.
‘‘उस ने मुझे कुछ पैसे देते हुए कहा कि इन्हें मेरे ससुर ने भेजे हैं और उन्होंने कहा है कि भविष्य में वह मुझ से कोई संबंध नहीं रखना चाहते. मैं ने पैसे वापस करते हुए कहा था कि मैं वे बातें जरूर जानना चाहूंगी, जिन की वजह से मेरे ससुर मुझ से संबंध खत्म करना चाहते हैं. अनिल ने ऐसा क्या किया था, जिस से उन्हें शर्मिंदगी महसूस हो रही है.
‘‘मैं ने उन से संपर्क करने की कोशिश की, उन्हें पत्र लिखे, समय मांगा, फोन पर बात करने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली. मजबूर हो कर मैं शांत हो गई. अनिल की मौत के एक साल बाद मुझे पता चला कि मेरे ससुर ने कोई इंस्टीटयूट बनवाया है, जिस का डायरेक्टर रमेश गायकवाड़ को बनाया है. इस से मुझे लगा कि उस ने अनिल पर जो आरोप लगाए थे, वे किसी साजिश के तहत लगाए थे. अब मनोज को वह चोर बता रहा है तो इस के पीछे भी कोई साजिश है.’’
‘‘मुझे लगता है कि अपनी वकील शशांक ठाकरेके साथ मिल कर वह इंस्टीटयूट में कुछ गड़बड़ कर रहा है,’’ नवीन ने कहा, ‘‘लेकिन दोनों यह काम इस तरह कर रहे हैं कि पकड़ में नहीं आ रहे हैं. रमेश रहता भी बहुत साधारण तरीके से है. शायद वे गड़बड़ी इस तरह कर रहे हैं कि इस का लाभ उन्हें भविष्य में मिले. मेरी समझ में यह नहीं आता कि सोमनाथ सोलकर अपने इंस्टीटयूट को पूरी तरह कैसे भूल गए. उन्हें इंस्टीटयूट के बारे में सब से ज्यादा मालूम होगा, क्योंकि यह उन्हीं का बनवाया है. वह कभी नहीं चाहेंगे कि उन का इंस्टीटयूट बरबाद हो. अगर किसी तरह मि. सोमनाथ सोलकर से संपर्क हो जाए तो…?
‘‘अब वह काफी बूढ़े हो चुके हैं, इसलिए बहुत कम लोगों से मिलते हैं?’’ सावित्री ने कहा, ‘‘उन का फोन नंबर भी डायरेक्टरी में नहीं है. लेकिन संयोग से मेरे पास है.’’
नवीन ने वह नंबर डायल किया तो दूसरी ओर से एक कमजोर सी आवाज आई, ‘‘सोमनाथ सोलकर स्पीकिंग.’’
नवीन ने अपना नाम बताया तो उस आवाज में थोड़ी तेजी आई, ‘‘तुम यकीनन गवाह के तौर पर मुझे अदालत में बुलाना चाहते होगे?’’
‘‘जी हां,’’ नवीन ने कहा, ‘‘इस के अलावा मैं आप को इस केस के बारे में भी कुछ बताना चाहता हूं.’’
‘‘मुझे केस के बारे में सब पता है और तुम्हारे बारे में भी.’’ सोमनाथ सोलकर ने बेरुखी से कहा, ‘‘बहरहाल मैं कल सुबह अदालत पहुंच जाऊंगा.’’
इस का मतलब साफ था कि रमेश और शशांक पहले ही उन्हें अपने हिसाब से सब कुछ बता चुके थे. ऐसे में उन से कुछ अच्छी उम्मीद नहीं की जा सकती थी. दूसरी ओर से फोन कट चुका था. नवीन ने भी मायूसी से रिसीवर रख दिया.
‘‘गवाही देने सोमनाथ सोलकर अदालत आ रहे हैं, यह मीडिया वालों के लिए बे्रकिंग न्यूज थी. वह बर्फ की तरह सफेद बालों वाले लंबे कद के प्रभावशाली व्यक्तित्त्व के थे. मनोज सोलकर भी अदालत में मौजूद था. उस ने अदालत के सामने सच्चाई रख कर मुकदमा जारी रखने की दरख्वास्त की. सोमनाथ सोलकर ने काफी दिलचस्पी से उस का बयान सुना. रमेश के वकील ने उस के बयान को मनगढ़ंत कहानी बताया.’’
नवीन ने सोमनाथ सोलकर को जिरह के लिए कटघरे में बुलाया. गीता पर हाथ रख कर शपथ लेते समय वह बड़ी नागवारी से नवीन को देख रहे थे. नवीन ने बड़े सधे स्वर में कहा, ‘‘मैं ने समाचार पत्रों की सहायता से आप के बारे में कुछ जानकारियां जुटाई हैं. इस के अलावा कुछ सावित्री सोलकर ने बताया है. आप की उम्र 90 साल के करीब है.’’
‘‘मैं 90 का अंक पार कर चुका हूं,’’ सोमनाथ ने कहा, ‘‘तुम मेरी उम्र को छोड़ो और जो पूछना है, वह पूछो.’’
‘‘मैं पूछने चल रहा हूं,’’ नवीन ने संयम से कहा, ‘‘आप ने 1980 में अपनी कंपनी से रिटायरमेंट लिया और अपने नाम पर ंइस्टीटयूट स्थापित किया. क्या यह सही है?’’
‘‘सही है.’’ सोमनाथ ने कहा.
‘‘जहां तक आप के निजी जीवन का संबंध है, आप की पत्नी को मरे काफी अरसा गुजर चुका है और आप ने उस के बाद शादी नहीं की. आप का एकलौता बेटा अनिल 1981 में हवाई जहाज की दुर्घटना में मारा गया. उस के संबंध में सुनने में आया है कि वह जालसाज था. मैं इस तकलीफ भरे विषय पर बहस नहीं करना चाहता था. लेकिन मि. रमेश ने मुझे इस बारे में जानने के लिए विवश किया है. क्या मैं पूछ सकता हूं कि उन्होंने ऐसा क्या किया था, जिस से उन्हें जालसाज बताया जा रहा है?’’
‘‘मैं इस बारे में कोई बात नहीं करना चाहता.’’ सोमनाथ ने अपनी बात पर जोर देते हुए कहा.
‘‘आप का पोता आप के लिए अजनबी है, लेकिन आप ने दुनिया देखी है. आप उस की ओर देखें, वह आप को चोर और बेइमान नजर आता है,’’ नवीन ने पैंतरा बदला, ‘‘क्या आप को लगता है, वह झूठ बोल रहा है?’’
‘‘वकील अपने मुवक्किलों को तरहतरह की कहानियां रटा देते हैं.’’ सोमनाथ ने कहा.
उन की बात से यही लगा कि वह किसी भी स्थिति में नरम होने को तैयार नहीं हैं.
‘‘क्या आप को यह बात विचित्र नहीं लगती कि मि. रमेश ने आप को बगैर बताए आप के पोते को इंस्टीटयूट में नौकरी पर रख लिया था?’’
रमेश और शशांक उन्हें हर बात के लिए पहले से ही तैयार कर के लाए थे सोमनाथ ने कहा, ‘‘इस की नौबत ही नहीं आई. उस के पहले ही लड़के ने खुद को चोर साबित कर दिया. अच्छा हुआ कि रमेश ने मुझे हालात से आगाह कर दिया. अब इंस्टीटयूट में गड़बड़ी सिद्ध करने की कोशिशें की जा रही हैं, ताकि एक चालाक वकील कुछ रकम कमा सके.
‘‘मैं चाहता तो अदालत में आने से मना कर सकता था, लेकिन मैं इसलिए आया हूं कि इंस्टीटयूट के बारे में किसी तरह का स्कैंडल न खड़ा हो. इंसटीटयूट में इस तरह की व्यवस्था की गई है कि किसी भी तरह से गड़बड़ी संभव नहीं है. रमेश और शशांक मेरे पुराने, विश्वसनीय और ईमानदार साथी ही नहीं हैं, बल्कि रमेश तो हमारे दूर के रिश्तेदार भी हैं.’’
सोमनाथ सोलकर ने इंस्टीटयूट के संबंध में शुरुआती इन्वेस्टमेंट, उस के गठन और अन्य आर्थिक मामलों की जानकारी देने से मना कर दिया था. नवीन को मालूम था कि इंस्टीटयूट एक ट्रस्ट की देखरेख में काम कर रहा था. शहर में वकीलों की 4 ही ऐसी फर्में थीं, जो ट्रस्टों के गठन के लिए नियमावली आदि तैयार करती थीं. ऐसे में यह मालूम करना मुश्किल नहीं था कि किस फर्म ने इंस्टीटयूट के गठन की रूपरेखा तैयार की थी. इस के बाद उस फर्म से उस के कागजातों की कापी अदालत में पेश कराई जा सकती थी.
नवीन ने 2 घंटे के लिए जज से अदालती कार्यवाही स्थगित करा ली. रमेश ने बहुत शोर मचाया कि विपक्षी वकील विभिन्न बहानों से मुकदमे की कार्यवाही लंबी खींच रहा है. लेकिन जज ने मुकदमे के महत्त्व को देखते हुए नवीन की मांग मान ली थी.
दोबारा मुकदमे की कार्यवाही लंच के बाद शुरू हुई. अदालत में मौजूद लोगों के मन में एक अजीब सी बेचैनी थी कि पता नहीं क्या होने वाला है. नवीन ने ठाकुर ट्रस्ट कंपनी के अधिकारी को पेश कर के कहा, ‘‘इन्हीं की फर्म की देखरेख में इंस्टीटयूट चल रहा है. इन्हीं के पास इंस्टीटयूट में निवेश से संबंधित सारे कागजात हैं, जिन्हें अदालत में पेश करने या किसी वकील को निरीक्षण के लिए देने में मुझे कोई हर्ज नहीं लगता, क्योंकि यह कोई चोरी का काम नहीं है. ट्रस्ट एक तरह से जनता की संपत्ति होती है.’’
इस के बाद नवीन ने उस आदमी की फाइल से एक पेपर ले कर सोमनाथ सोलकर को दूर से दिखाते हुए कहा, ‘‘इस पेपर के अनुसार आप ने शुरू में निवेश के तौर पर ठाकुर ट्रस्ट कंपनी को 100 करोड़ रुपए दिए थे, ताकि इंस्टीटयूट को स्थापित किया जा सके.’’
नवीन ने देखा, वकील शशांक का चेहरा कुछ बदलाबदला सा लग रहा था, जिसे वह छिपाने की कोशिश कर रहा था. अब उस का प्रतिरोध भी कुछ कम हो रहा था. वह चिल्लाया, ‘‘मुझे आपत्ति है योरऔनर, मौजूदा केस से इस ट्रस्ट का कोई संबंध नहीं है.’’
‘‘अदालत इस बारे में बहस करने का आदेश दे चुकी है.’’ जज ने कहा.
नवीन ने उस कागज को पढ़ते हुए कहा, ‘‘इस में लिखा है कि निश्चित समय पर ट्रस्ट की आमदनी की रिपोर्ट मि. सोमनाथ सोलकर को दी जाती रहेगी. इस के अलावा इस से भी महत्त्वपूर्ण यह है कि सोमनाथ सोलकर जब भी चाहेंगे, किसी भरोसेमंद व्यक्ति के माध्यम से ट्रस्ट की शर्तों, प्रबंधन या इंस्टीटयूट को चलाने के तरीके के बारे में कोई भी बदलाव कर सकेंगे.’’
इस के बाद नवीन ने सोमनाथ सोलकर की ओर देखते हुए कहा, ‘‘क्या आप के वकील मि. शशांक ने इस बारे में कभी आप को कुछ बताया था?’’
‘‘यह मेरा आपस का मामला था’’ सोमनाथ सोलकर ने सख्ती से कहा.
अदलत में मौजूद हर आदमी उत्सुक था, जबकि नवीन को अपनी मेहनत बेकार जाती महसूस हो रही थी. उन्होंने महसूस किया कि सोमनाथ सोलकर पर उन के सवालों का कोई असर नहीं हो रहा है.
उन्होंने वह कागज हवा में लहराते हुए भावनात्मक लहजे में कहा, ‘‘मि. सोमनाथ, इंस्टीटयूट की स्थापना का निर्णय आप का एक महान कार्य था, इस के पीछे आप की नेक भावना थी. यही वजह थी, उस समय आप ने 100 करोड़ रुपए का निवेश किया. लेकिन जो लाइन मैं ने पढ़ी है, उस के शब्दों के महत्त्व का आप अंदाजा नहीं लगा सके. उस लाइन को स्वीकार कर के वास्तव में आप ने 2 साजिश करने वालों को अपनी नेक भावना से खेलने की इजाजत दे दी. आप को लगता नहीं कि आप से भी गलती हो सकती है, आप को भी तो कोई मूर्ख बना सकता है?’’
नवीन ने कागज सोमनाथ के सामने रख कर कहा, ‘‘एक बार फिर आप इसे ध्यान से पढि़ए और उस के अर्थ व उद्देश्य की तह तक पहुंचने की कोशिश कीजिए.’’
तभी शशांक ने उन के पास आ कर कहा, ‘‘विश्वास कीजिए मि. सोमनाथ, इस में चिंता की ऐसी कोई बात नहीं है, ये सभी बातें हम ने आपस में सलाह कर के तय की थीं.’’
सोमनाथ सोलकर के चेहरे के भाव बदल गया. उन्होंने अपने वकील को घूरते हुए कहा, ‘‘शायद तुम मुझे इसे पढ़ने से रोकने की कोशिश कर रहे हो?’’
उन्होंने बड़े ही ध्यान से उस लाइन को पढ़ा. इस के बाद नवीन की ओर देखते हुए थोड़ी नरमी से कहा, ‘‘मुझे तो बताया गया था कि ट्रस्ट को सही ढंग से चलाने के लिए यह लाइन बहुत जरूरी है. बहरहाल मैं ने कभी ऐसे किसी पेपर पर हस्ताक्षर नहीं किए, जिस से ट्रस्ट की शर्तों और नियमों या दूसरे मामलों में कोई भी परिवर्तन लाया जा सके.’’
‘‘हो सकता है, आप ने अनजाने में ऐसे किसी कागज पर हस्ताक्षर कर दिए हों.’’ नवीन ने कहा. उन का दिमाग तेजी से काम कर रहा था. उन्हें विश्वास था कि रमेश ओर शशांक के पास ऐसा कोई कागज जरूर मौजूद था, जिस का फायदा वे सोमनाथ सोलकर के जीवन में भले नहीं उठा सकते थे, लेकिन उन की मौत के बाद उन्हें फायदा हो सकता था. शायद इसीलिए वे उन की मौत का इंतजार कर रहे थे. अब वह कौन सा कागज हो सकता था.
‘‘क्या आप ने मि. शशांक से अपना कोई वसीयतनामा तैयार कराया है?’’ नवीन ने अचानक पूछा.
‘‘हां, मैं अपना मकान और कुछ रकम रमेश के नाम छोड़ना चाहता था. मेरे विचार से वह इस का अधिकारी भी है. वसीयतनामा शशांक ही तैयार कर के लाया था और वह उसी के पास रखा भी है. उस में वही कुछ लिखा है, जो मैं चाहता था.’’
‘‘आप को याद होगा कि वह वसीयत औपचारिक अंदाज में शुरू हुई होगी कि अगर कोई कर्ज हो तो उसे अदा कर दिया जाए, फलां नौकर को यह दे दिया जाए. इस तरह की छोटीछोटी और कम महत्त्व की बातें शुरू में लिखी गई होंगी?’’ नवीन ने पूछा.
‘‘हां, शायद कुछ इसी तरह लिखा था.’’ सोमनाथ सोलकर अपने दिमाग पर जोर डालते हुए बोले, ‘‘और मकान आदि रमेश के नाम करने का जिक्र अंत में था. लेकिन यह सब भी उसी पहले पेज पर था.’’
‘‘योरऔनर, अदालत को उस वसीयत को एक नजर जरूर देखना चाहिए.’’ नवीन ने कहा, ‘‘संभव है, वसीसयतनामे का पहला पेज बदल दिया गया हो. क्योंकि वसीयत करने वाले और गवाहों के हस्ताक्षर आमतौर पर अंतिम पेज पर होते हैं.’’
‘‘मुझे आपत्ति है, योरऔनर.’’ शशांक ने बैठीबैठी सी आवाज में कहा. उस का चेहरा सफेद पड़ चुका था. वह सोमनाथ सोलकर की ओर देख कर दयनीय स्वर में बोला, ‘‘मैं आप को विश्वास दिलाता हूं मि. सोमनाथ…’’
लेकिन सोमनाथ ने उस की बात को बीच में ही काट कर कहा, ‘‘मैं वह वसीयतनामा देखना चाहता हूं.’’
नवीन ने जल्दी से कहा, ‘‘मुझे पूरा विश्वास है कि वसीयतनामा का पहला पेज बदला जा चुका है. इसीलिए रमेश और शशांक मनोज सोलकर के इंस्टीटयूट में आनेजाने से डर गए थे, क्योंकि मि. सोमनाथ इंस्टीटयूट के मुआयने पर आते रहते थे. इन दोनों महानुभावों को लगा कि अगर कहीं दादापोते की मुलाकात हो गई और उन के संबंध सुधर गए तो मि. सोमनाथ सोलकर उसे अपनी वसीयत में शामिल करने के लिए वसीयत निकलवा सकते हैं. उस के बाद वह वसीयतनामा बेकार हो जाता और जिस जालसाजी के सहारे रमेश और शशांक जीवन गुजार रहे थे, वह किसी काम की न रहती. अब मैं मि. रमेश से कहूंगा कि वह उठ कर अदालत को असलियत बताएं.’’
रमेश अपने स्थान से उठा तो उस का चेहरा सफेद पड़ चुका था, जो बिना कहे ही सारी सच्चाई कह रहा था. वह मरियल सी आवाज में बोला, ‘‘मैं सम्मानित जज महोदय से अकेले में कुछ बात करना चाहता हूं, क्योंकि सब के सामने कहने लायक मेरे पास अब कुछ नहीं बचा है.’’
‘‘मुझ से कहनेसुनने से कुछ नहीं होगा. तुम लोगों ने जो साजिश रची है, उस से अब तुम्हें मि. सोमनाथ और मनोज ही बचा सकते हैं. इसलिए जो कुछ कहना है, उन्हीं से कहो.’’ जज ने कहा.
‘‘काम तो इन लोगों ने जेल भिजवाने वाला किया है, लेकिन रमेश ने मेरी बहुत सेवा की है. भले ही लालच में की है, लेकिन की तो है ही, इस के अलावा वह मेरा रिश्तेदार भी है. इसलिए इस के गुनाहों की सिर्फ यही सजा है कि यह अपने पद से इस्तीफा दे कर चुपचाप इंस्टीट्यूट छोड़ दे. उसी के साथ यह ठाकरे भी अपना इस्तीफा सौंप दे.’’ सोमनाथ सोलकर ने कहा.
अब कहनेसुनने को कुछ रह ही नहीं गया था, इसलिए इस के बाद अदालत उठ गई.
शाम को नवीन के घर पर एक प्रेस कांफे्रंस आयोजित की गई, जिस में सोमनाथ सोलकर बहू और पोते के साथ सोमनाथ सोलकर भी मौजूद थे. बहू और पोते के साथ वह काफी प्रसन्न नजर आ रहे थे. संवाददाताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘मुझे आज पता चला है कि अपने बेटे की मौत के बाद मैं ने उस की विधवा और अपने पोते के साथ कितना अत्याचार किया है. लेकिन रमेश ने मेरी आंखों पर ऐसी पट्टी बांध दी थी कि मैं असलियत देख ही नहीं पाया.
वह मेरी इलेक्ट्रिक कंपनी में कैशियर था. कुछ जाली चैक दिखा कर वह यह विश्वास दिलाने में सफल हो गया था कि अनिल वह जालसाजी अनिल द्वारा की गई थी. तब तक अनिल मर चुका था, इसलिए असलियत सामने नहीं आ सकी थी.
‘‘उस का सोचना था कि बेटे से विमुख होने के बाद मैं उसे अपना वारिस बना लूंगा. लेकिन जब उस ने देखा कि मैं ने अपनी ज्यादातर संपत्ति से इंस्टीटयूट स्थापित कर दिया है और उसे ट्रस्ट के अंतर्गत कर दिया है तो उस ने शशांक के साथ मिल कर इंस्टीटयूट को ही नहीं, मेरी मौत के बाद सारी चलअचल संपत्ति ही हड़प लेने की योजना बना डाली.
‘‘लेकिन संयोग से नवीन करमाकर, जिन्होंने अपनी इज्जत दांव पर लगा कर वीच आए तो न केवल इस साजिश का पर्दाफाश किया, बल्कि मुझे मेरी बहू और पोते से भी मिलवा दिया. अब मैं शायद उन ज्यादतियों की कुछ भरपाई कर सकूंगा, जो मैं ने इन के साथ की हैं.’’ Crime Story in Hindi
One Sided Love Crime. सरिता तोषनीवाल को एकतरफा प्यार करता था. जबकि सरिता की शादी डा. रोशन अग्रवाल से तय हो गई थी. इस के बावजूद दीपमणि ने न तो अपने एकतरफा प्यार की अपनी जिद छोड़ी और न इरादा. फलस्वरूप सरिता जान से गई और उसे जेल जाना पड़ा.
डिब्रूगढ़ का असम मैडिकल कालेज अस्पताल असम राज्य का जानामाना सरकारी मैडिकल कालेज और अस्पताल है. 24 वर्षीय डाक्टर सरिता तोषनीवाल इसी मैडिकल कालेज की अंतिम वर्ष की छात्रा थीं. अस्पताल के महिला रोग विभाग में बतौर जूनियर डाक्टर उन की अकसर ड्यूटी लगती रहती थी. 8 मई, 2014 की रात भी वह अपनी ड्यूटी पर थीं. उस रात उन्होंने महिला वार्ड में सुबह 4 बजे तक ड्यूटी की. इस के बाद वह डाक्टर विश्रामगृह में आराम करने चली गईं.
सुबह 7 बजे ड्यूटी पर आई एक नर्स को जब डा. सरिता तोषनीवाल दिखाई नहीं दीं, तो वह यह सोच कर डाक्टर विश्रामगृह में चली गई कि रात की थकीहारी डा. सरिता शायद गहरी नींद सो गई होंगी. उस समय महिला वार्ड में लेडी डाक्टर की जरूरत थी. डा. सरिता विश्रामगृह में बेड पर कंबल ओढ़े लेटी थीं. नर्स ने उन्हें उठाने के लिए कई आवाजें दीं, लेकिन उन के शरीर में कोई हलचल नहीं हुई.
संदेह हुआ तो नर्स ने डा. सरिता के शरीर पर पड़ा कंबल हटा कर देखा. कंबल हटाते ही उस के मुंह से चीख निकल गई. डा. सरिता का शरीर खून से लथपथ था और उन के गले में चाकू घुसा हुआ था. यह देख कर नर्स चीखते हुए बाहर भागी. वह बदहवासी की स्थिति में थी और रोनेचीखने के अलावा किसी को कुछ नहीं बता पा रही थी.
नर्स का इशारा समझ कर कई डाक्टर, नर्स, वार्डबौय और अन्य कर्मचारी दौड़ कर विश्राम गृह में पहुंचे. डा. सरिता की हालत देख कर सभी हतप्रभ रह गए. निस्संदेह उन की मौत हो चुकी थी. अस्पताल में हत्या जैसा बड़ा हादसा हुआ था, इसलिए तुरंत इस की सूचना स्थानीय थाने को दी गई.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई. डा. सरिता की हत्या औपरेशन में इस्तेमाल होने वाले सर्जिकल चाकू से की गई थी और हत्या के बाद चाकू को गले में ही छोड़ दिया गया था.
मृतका के शरीर के कपड़े उतारे गए थे, इस से लगा कि डा. सरिता के साथ दुष्कर्म करने की भी चेष्टा की गई थी. डैड बौडी और घटनास्थल का मुआयना करने के बाद पुलिस ने डा. सरिता का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. साथ ही रात्रि ड्यूटी पर मौजूद डाक्टरों, नर्सों और वार्डबौय से भी पूछताछ की गई. इस बीच इस घटना की सूचना डा. सरिता के घर वालों को भी दे दी गई थी.
डा. सरिता का परिवार डिबू्रगढ़ से 470 किलोमीटर दूर जिला शिवसागर के अमोला पट्टी में रहता था. उन के पिता किशनलाल तोषनीवाल का सेंट्रल मार्केट में अपना व्यवसाय था, जबकि मां कृष्णा तोषनीवाल गृहिणी थीं. यह परिवार मूलत: राजस्थान का रहने वाला था, जो सालों पहले असम जा कर बस गया था. घटना वाले दिन सरिता की मां कृष्णा राजस्थान गई हुई थीं, उन्हें वहीं सूचना दी गई.
डा. सरिता तोषनीवाल की उसी अस्पताल में हत्या कर दी गई थी, जहां वह काम करती थीं. अंगे्रजों के जमाने में बने असम मैडिकल कालेज अस्पताल की गिनती प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों में होती है. वहां के अस्पताल में एक डाक्टर की हत्या हो जाना कोई मामूली बात नहीं थी. इस घटना से राजधानी डिबू्रगढ़ में तहलका सा मच गया था.
असम मैडिकल कालेज अस्पताल का पूरा स्टाफ और स्टूडेंट घबराए हुए थे. स्थिति को देखते हुए क्षेत्रीय एसपी राणा भुईंया ने इस मामले की जांच की कमान खुद संभाली. उन्होंने अपनी टीम के साथ सब से पहले उन लोगों से पूछताछ करने का निर्णय लिया, जो उस रात ड्यूटी पर थे.
पुलिस टीम ने तत्काल पूरे स्टाफ को एकत्र कर लिया. जब सब लोगों से पूछताछ की जा रही थी तो एक पुलिस अफसर की निगाह वार्डबौय किरु मैक के चेहरे पर ठहर गई. उस के चेहरे पर किसी के नाखूनों के ताजा निशान थे. पुलिस अफसर को शक हुआ तो उस ने किरु मैक से तीखे स्वर में सीधा सवाल किया, ‘‘तुम ने डा. सरिता की हत्या क्यों की? बलात्कार करना चाहते थे क्या?’’
पल भर के लिए किरु के चेहरे पर हवाइयां उड़ने लगीं. उस की समझ में नहीं आया कि क्या जवाब दे. फिर भी वह जैसेतैसे खुद को संभालते हुए बोला, ‘‘सर, आप को गलतफहमी हो रही है, मैं ने कुछ नहीं किया. मैं तो ड्यूटी पर था, मुझे कुछ पता नहीं है.’’
‘‘ठीक है, थाने चल कर गलतफहमी दूर कर लेते हैं.’’ कह कर अफसर ने किरु का हाथ पकड़ा तो उस के शरीर की कंपकंपाहट अफसर से छिपी न रह सकी. अफसर ने एसपी राणा भुईंया को बता दिया कि हत्यारा किरु मैक है. पुलिस उसे साथ ले कर थाने लौट आई.
थाने में किरु मैक से सख्ती से पूछताछ की गई तो उस ने स्वीकार कर लिया कि डा. सरिता तोषनीवाल की हत्या उसी ने की थी, लेकिन अकेले नहीं. इस हत्या में डा. सरिता का बैचमेट डा. दीपमणि सैकिया भी शामिल था. डा. दीपमणि का नाम सामने आने से पुलिस भी हैरान रह गई.
किरु मैक से विस्तृत पूछताछ करने के बाद पुलिस ने उस के और डा. दीपमणि सैकिया के विरुद्ध भादंवि की धारा 302/34 और 120बी के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया. इस के साथ ही पुलिस ने मुर्दाघर में रखी डा. सरिता की डैडबौडी के नाखूनों के अंदर फंसी खाल के कण भी प्राप्त कर लिए, ताकि उन कणों का मिलान लेबोरेटरी में किरु मैक की स्किन से कराया जा सके.
एक ओर पुलिस ने डा. दीपमणि की खोजबीन शुरू की तो दूसरी ओर किरु मैक का सीआरपीसी की धारा 164 के तहत मजिस्ट्रेट के सामने इकबालिया बयान दर्ज कराया. इस के साथ ही उसे 4 दिनों के पुलिस रिमांड पर भी ले लिया गया.
डा. सरिता तोषनीवाल की हत्या को ले कर असम मैडिकल कालेज अस्पताल में ही नहीं, बल्कि पूरे डिब्रूगढ़ में असंतोष फैला हुआ था. लोग तुरंत डा. दीपमणि की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे. देर शाम तक डा. सरिता के घर वाले भी डिबू्रगढ़ पहुंच गए. बेटी की लाश देख कर वे होश खो बैठे. राजस्थान में होने की वजह से डा. सरिता की मां कृष्णा उस दिन डिब्रूगढ़ नहीं पहुंच पाई थीं.
पुलिस ने डा. दीपमणि को पकड़ने की काफी कोशिश की, लेकिन वह पुलिस के हाथ नहीं लगा. अगले दिन पोस्टमार्टम के बाद डा. सरिता की लाश उन के घर वालों के हवाले कर दी गई. मैडिकल कालेज और अस्पताल का पूरा स्टाफ ही नहीं, बल्कि डिब्रूगढ़ के हजारों लोग भी डा. सरिता के परिवार के साथ थे और हत्यारे डाक्टर को जल्दी से जल्दी गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे.
लोगों के विरोध प्रदर्शन के बाद भी जब डा. दीपमणि सैकिया को गिरफ्तार नहीं किया जा सका तो असम मैडिकल कालेज अस्पताल के डाक्टरों ने हड़ताल कर दी. उन्होंने ऐलान किया कि जब तक हत्यारा नहीं पकड़ा जाता और हकीकत सामने नहीं आती हड़ताल जारी रहेगी. डाक्टरों के दबाव की वजह से पुलिस डा. दीपमणि को गिरफ्तार करने की पूरी कोशिश कर रही थी.
डा. सरिता के घर वालों और सहकर्मियों से पता चला कि उन का और उन के बैचमेट डा. रोशन अग्रवाल का विवाह तय हो गया था. दोनों की शादी. 7 जुलाई, 2014 को होनी थी और इस के लिए दोनों परिवार तैयारियों में लगे थे. यह उन दोनों का प्रेमविवाह था, जो दोनों के परिवारों की सहमति से हो रहा था.
डा. सरिता और डा. रोशन के बीच पढ़ाई के दौरान ही प्यार हुआ था. 2013 में दोनों ने अपनी शादी की इच्छा अपनेअपने घर वालों से जाहिर कर दी थी. इस के बाद आपसी बातचीत कर के दोनों परिवार उन की शादी के लिए तैयार हो गए थे. लेकिन डा. सरिता की हत्या ने दोनों परिवारों की खुशियां लील लीं.
काफी भागदौड़ के बाद पुलिस ने आखिर 14 मई को डा. दीपमणि सैकिया को गिरफ्तार कर लिया. इस बीच वह समझ चुका था कि अब किसी तरह भी बचना संभव नहीं है. इसलिए पुलिस पूछताछ में उस ने डा. सरिता की हत्या की पूरी कहानी बता दी. हत्या की योजना डा. सैकिया की खुद की थी, जबकि किरु को उस ने लालच दे कर इस पाप में शामिल किया था.
दरअसल, सरिता, रोशन और दीपमणि असम मैडिकल कालेज में साथसाथ पढ़ रहे थे. हंसमुख स्वभाव की खूबसूरत सरिता सभी साथियों को पसंद थी. पढ़ाईलिखाई में भी वह होशियार थी. सरिता के दीपमणि से भी अच्छे संबंध थे और रोशन अग्रवाल से भी. तीनों के बीच खूब बातें होती थीं, आमनेसामने भी और फोन पर भी. इसी सब के चलते दीपमणि सैकिया सरिता से एकतरफा प्यार करने लगा था. अपने मन की बात वह सरिता से कह नहीं पाया, यह अलग बात थी.
डाक्टरी की पढ़ाई के आखिरी साल में सरिता और उन के बैचमेट्स डा. दीपमणि की ड्यूटी बतौर जूनियर डाक्टर असम मैडिकल कालेज के अस्पताल में लगा दी गई. सरिता और दीपमणि चूंकि महिला रोग चिकित्सक के रूप में ग्रैजुएशन कर रहे थे, इसलिए दोनों की ड्यूटी महिला रोग एवम प्रसूति विभाग में लगाई गई. जबकि डा. रोशन अग्रवाल का विषय अलग था, सो उन की ड्यूटी दूसरे विभाग में लगी.
डा. रोशन अग्रवाल और डा. सरिता तोषनीवाल पिछले 2 सालों से एकदूसरे को पसंद करते थे. इसी बीच दोनों में प्यार हुआ और दोनों के परिवारों की सहमति से शादी तय हो गई थी. डा. रोशन अग्रवाल नगांव कठिया तुली के रहने वाले थे.
डा. सरिता और डा. दीपमणि एक विभाग में तैनात होने की वजह से एकदूसरे से मोबाइल पर बात भी करते रहते थे और यदाकदा मैसेज भी भेजते रहते थे. डा. सरिता समझदार लड़की थीं. जब उन्होंने देखा कि डा. दीपमणि उन के साथ कुछ ज्यादा ही नजदीकियां बनाने की कोशिश कर रहा है तो उन्होंने उस से बात करना बंद कर दिया. इस की वजह यह थी कि उन की शादी तय हो चुकी थी और वह कतई नहीं चाहती थीं कि किसी के मन में कोई गलतफहमी पैदा हो.
एक लड़की के रूप में लिया गया उन का यह फैसला बिलकुल सही था. लेकिन डा. सरिता का बातचीत बंद करना डा. दीपमणि सैकिया को बहुत बुरा लगा. उस ने डा. सरिता को कई मैसेज भेजे, ताकि वह उस की भावनाओं को समझ सकें, लेकिन उन्होंने उस के किसी मैसेज का जवाब देने के बजाय उसे लताड़ दिया.
डा. दीपमणि को यह बात बहुत बुरी लगी और उस ने मन ही मन डा. सरिता को सबक सिखाने का फैसला कर लिया. यह काम चूंकि वह स्वयं नहीं कर सकता था, इसलिए उस ने वार्डबौय किरु मैक की मदद लेने का फैसला किया. किरु मैक डिब्रूगढ़ के गांव लाहोवाल का रहने वाला था. वह कई अपराधों में शामिल रह चुका था. इस के बावजूद किसी की सिफारिश पर उसे असम मैडिकल कालेज अस्पताल में अस्थाई वार्डबौय की नौकरी मिल गई थी.
डा. दीपमणि किरु मैक को पसंद करता था और उस की ड्यूटी अपनी ड्यूटी के समय ही लगवाता था. जब डा. सरिता ने डा. दीपमणि से बातें करना बंद कर दिया तो एक दिन उस ने किरु मैक से कहा, ‘‘अगर तुम एक काम में मेरी मदद करोगे तो मैं अस्पताल के अध्यक्ष महेंद्र पटवारी से कह कर तुम्हारी नौकरी स्थाई करा दूंगा. वह मेरे काफी करीबी हैं.’’
किरु लालच में आ गया तो डा. दीपमणि ने उसे बता दिया कि डा. सरिता को ठिकाने लगाना है. सुन कर पहले तो वह हिचका, लेकिन जब दीपमणि ने उसे लालच दे कर अपनी योजना समझाई तो वह मान गया. दोनों ने तय किया कि वे 24 अप्रैल को अपनी योजना को अंजाम देंगे. लेकिन 24 अप्रैल को मरीजों की संख्या अधिक थी, जिस की वजह से डा. सरिता की व्यस्तता बढ़ गई थी. फलस्वरूप उस दिन इन लोगों की योजना सफल नहीं हो सकी.
पहली नाकामयाबी के बाद इन दोनों ने अपनी योजना के लिए अगली तारीख 9 मई तय की. 8 मई की शाम को डा. सरिता समय पर अस्पताल आईं और अपनी ड्यूटी पर लग गईं. उस वक्त वह बहुत खुश थीं. डा. दीपमणि की भी उस दिन नाइट ड्यूटी थी, लेकिन उस ने अपनी तबीयत खराब बता कर छुट्टी ले ली थी. इस के बावजूद वह अस्पताल में ही छिप कर बैठ गया था. उस ने ड्यूटी पर तैनात किरु मैक से कह दिया था कि जब मौका मिले उसे बता दे. हर हालत में आज काम हो जाना चाहिए.
डा. सरिता ने रात भर ड्यूटी की और करीब 4 बजे डाक्टर विश्रामगृह में जा कर सो गईं. रात्रि ड्यूटी वाली एक नर्स वहां पहले ही सोई हुई थी. 9 मई की सुबह साढ़े 5 बजे वार्डबौय किरु मैक रोजाना की तरह अस्पताल का रजिस्टर वार्ड में जमा कराने जा रहा था, तभी ब्लड बैंक के पास छिपे डा. दीपमणि ने उस से पूछा कि रात की ड्यूटी वाली नर्स गई क्या? इस पर उस ने बताया कि नर्स अभी सो रही है. डा. दीपमणि ने उस से कहा, ‘‘उसे कहो कि ड्यूटी का समय खत्म हो चुका है, इसलिए अब घर जाए.’’
रजिस्टर जमा कराने के बाद किरु मैक विश्रामगृह में पहुंचा और नर्स को जगा कर कहा, ‘‘7 बज गए हैं, घर नहीं जाना क्या?’’
उस समय साढ़े 5 बजे थे. नर्स नींद में थी. उसे लगा किरु कह रहा है तो 7 ही बजे होंगे. वक्त पर ध्यान न दे कर वह बाहर निकल गई. उस के जाने के 10 मिनट बाद डा. दीपमणि और किरु मैक पिछले दरवाजे से आईसीयू के पास स्थित डाक्टर विश्रामगृह में जा पहुंचे.
डा. दीपमणि सैकिया पहले ही सोच कर आया था कि उसे क्या करना है. इस के लिए वह एक सर्जिकल चाकू और फिनाइल की बोतल साथ लाया था. उस ने हाथों में डाक्टरों द्वारा ड्यूटी के समय इस्तेमाल किए जाने वाले ग्लव्ज पहन रखे थे. ये तीनों चीजें उस ने अस्पताल से ही हासिल की थीं. विश्रामगृह में आ कर डा. दीपमणि ने दरवाजे की कुंडी अंदर से बंद कर दी.
डा. सरिता उस समय गहरी नींद में थीं. किरु और दीपमणि ने मिल कर सरिता का गला दबाना शुरू कर दिया. इस से उन की आंख खुल गईं और अपना बचाव करने के लिए उन्होंने हाथ बढ़ा कर किरु मैक का चेहरा पकड़ने की कोशिश की. इसी चक्कर में उस के गालों पर डा. सरिता के नाखूनों के निशान बन गए.
हालांकि गला दबाने से डा. सरिता अधमरी हो गई थीं, लेकिन डा. दीपमणि उन्हें किसी भी तरह जिंदा नहीं छोड़ना चाहता था. उस ने साथ लाई फिनाइल की बोतल खोल कर डा. सरिता के मुंह में उड़ेल दी. इतना सब करने के बाद भी दीपमणि को चैन नहीं मिला तो उस ने साथ लाए सर्जिकल चाकू से डा. सरिता के गले की नस काट कर चाकू गले में ही छोड़ दिया.
इस तरह डा. सरिता को ठिकाने लगा कर डा. दीपमणि और किरु मैक ने मिल कर डा. सरिता के कपड़े उतार दिए और उन की लाश पर कंबल डाल कर पिछले दरवाजे से अस्पताल के बाहर चले गए.
विस्तृत पूछताछ के बाद पुलिस ने किरु मैक की निशानदेही पर उस के कमरे से डा. सरिता का मोबाइल बरामद कर लिया. उस की जांच से पता चला कि उन्होंने रात में आखिरी काल अपने मंगेतर डा. रोशन अग्रवाल को की थी. अपनी जांच में पुलिस ने डा. दीपमणि सैकिया और किरु मैक के मोबाइल नंबरों की काल डिटेल्स निकलवा कर उन की भी जांच की.
पता चला कि डा. सरिता ने पिछले एक महीने से डा. दीपमणि को न तो कोई फोन किया था और न कोई मैसेज भेजा था. अलबत्ता दीपमणि और किरु मैक के बीच बातें जरूर हुई थीं. पुलिस हिरासत में किरु मैक चिल्लाचिल्ला कर कह रहा था कि डा. सरिता की हत्या के लिए वह दोषी जरूर है, लेकिन उस से बड़ा गुनाहगार डा. दीपमणि सैकिया है. इसलिए फांसी की सजा दोनों को मिलनी चाहिए.
बहरहाल, विस्तृत पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया. वैसे इस मामले में डा. दीपमणि सैकिया के मातापिता का कहना है कि उन के बेटे को साजिशन फंसाया गया है. शेष सच विस्तृत जांच के बाद ही सामने आएगा. One Sided Love Crime
Noida Murder Case. समाजवादी पार्टी के युवा नेता अनिल यादव की सज्जनता का फायदा उठाते हुए शातिर और महत्त्वाकांक्षी हिना ने अपने गुनाह छिपा कर उस के घर तक पैठ बना ली. अनिल ने हर तरह से उस की मदद तो की ही, मांगने पर 6 लाख रुपए उधार भी दे दिए. लेकिन जब रुपए लौटाने की बात आई तो…
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुका देश की राजधानी दिल्ली से सटा उत्तरप्रदेश का जिला गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) जिस तेजी से विकास कर रहा है, उतनी ही तेजी से वहां अपराध का ग्राफ भी बढ़ रहा है. सच है, जहां पैसा होगा वहां अपराध भी होगा. क्योंकि ये दोनों साथसाथ चलते हैं. पुलिस के सजग रहने के बावजूद कब कौन किस तरह के अपराध का शिकार हो जाए, कोई नहीं जानता.
20 अप्रैल, 2014 को उत्तरप्रदेश में सत्तासीन समाजवादी पार्टी के युवा नेता और नगर के महासचिव अनिल यादव के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ. रात सवा 8 बजे के करीब उस की पत्नी सुनीता को हिना ने फोन कर के बताया, ‘‘अनिल की हत्या हो गई है और उन की लाश मेरे फ्लैट में पड़ी है.’’
हिना की बात सुन कर सुनीता के होश उड़ गए. वह हड़बड़ा कर बोली, ‘‘क…क्… क्या?’’
सुनीता कुछ और पूछ पाती, उस से पहले ही दूसरी ओर से फोन काट दिया गया. उस ने पलट कर फोन मिलाया, लेकिन दूसरी ओर से फोन नहीं उठाया गया. इस अनहोनी से सुनीता कांप उठी. कुछ देर पहले ही अनिल हिना के फ्लैट पर जाने की बात कह कर घर से निकला था. अनिल अपनी पत्नी और 2 बेटों, आर्यन तथा अवि के साथ सेक्टर-71 के एक अपार्टमेंट में रहता था.
सुनीता ने अपने देवर सुनील को फोन कर के यह बात बताई तो वह भी घबरा गया. सुनील अपने रिश्ते के भाई सुभाष को साथ ले कर थोड़ी ही देर में हिना के सेक्टर-71 स्थित डी-20/2 नंबर के फ्लैट पर पहुंच गया.
फ्लैट के दरवाजे पर बाहर से कुंडा लगा था. सुनील ने कुंडा खोला तो अंदर का नजारा देख कर उस के होश उड़ गए. अनिल फर्श पर सीधा अचेत पड़ा था. उस के बाएं हाथ की कलाई पर कटे के निशान थे. होंठ और चेहरा नीला पड़ा हुआ था. गले पर भी दबाने का निशान था. इस के अलावा फर्श पर खून के धब्बे भी थे.
सुनील ने सुभाष की मदद से अनिल को कार में डाला और सेक्टर-62 स्थित फोर्टिस अस्पताल ले गए. वहां के डाक्टरों ने अनिल को भरती करने से मना कर दिया तो वे उसे ले कर मेट्रो अस्पताल गए, जहां डाक्टरों ने चैक कर के उसे मृत घोषित कर दिया.
अनिल की मौत की खबर से उस के घर में कोहराम मच गया. घर वाले और नातेरिश्तेदार अस्पताल पहुंच गए. घटना की सूचना पा कर कोतवाली सेक्टर-58 के प्रभारी एस.के. यादव भी मौके पर जा पहुंचे.
मामला सत्तारूढ़ दल के युवा नेता से जुड़ा था, इसलिए पुलिस अधीक्षक योगेश सिंह, पुलिस उपाधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव भी मौके पहुंच गए थे. जिस फ्लैट में घटना घटी थी, उस का सामान बिखरा हुआ था. वहां शराब की 2 खाली बोतलें और कुछ गिलास रखे थे.
पीले रंग की एक चुन्नी बैड के ठीक ऊपर पंखे से लटक रही थी. चुन्नी में नीचे की ओर फंदा नहीं था. पहली ही नजर में लग रहा था कि हत्या को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई थी.
इस बीच पुलिस ने अनिल की लाश को अस्पताल से पोस्टमार्टम हाउस भिजवा दिया था. अनिल के घर वाले रिपोर्ट दर्ज कराने कोतवाली पहुंचे तो पुलिस ने सुबह आने को कहा. अगले दिन अनिल के घर वालों ने हिना और उस के साथियों के खिलाफ कोतवाली सेक्टर 58 में अनिल की हत्या का मुकदमा दर्ज करा दिया.
पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने अनिल की लाश को उस के घर वालों के हवाले कर दिया. कोतवाली प्रभारी एस.के. यादव की कार्यशैली से अनिल के घर वाले काफी नाराज थे, क्योंकि अभी तक वह उन से मिले तक नहीं थे.
अनिल की हत्या और कोतवाली प्रभारी की कार्यशैली से क्षुब्ध घर वालों ने कुछ लोगों के साथ मिल कर सड़क पर जाम लगा दिया और इंसपेक्टर के खिलाफ काररवाई कर के हत्यारों को गिरफ्तार करने की मांग करने लगे.
इस हंगामें की सूचना पुलिस अधिकारियों को मिली तो वे मौके पर पहुंच गए. उन्होंने जाम लगाने वालों को समझाबुझा कर जांच थाना सेक्टर-20 की थानाप्रभारी रीता यादव को सौंप दी.
पुलिस ने अनिल के घर वालों से पूछताछ की तो पता चला कि हिना अनिल की परिचित थी. उसे वह फ्लैट अनिल ने ही किराए पर दिलाया था. हिना पर उस के 6 लाख रुपए उधार थे. वह उन्हें लेने गया था, तभी उस की हत्या कर दी गई थी.
अनिल नोएडा से सटे गांव बहलोलपुर के रहने वाले छोटेलाल यादव का बेटा था. छोटेलाल के परिवार में पत्नी सरोज के अलावा 3 बेटियां कृष्णा, मोनिका, सोनी और 2 बेटे अनिल तथा सुनील थे.
छोटेलाल के पास ठीकठाक जमीन थी. नोएडा बसा तो उन की सारी जमीन प्राधिकरण ने ले ली. छोटेलाल सुलझे हुए व्यक्ति थे. उन्हें जमीन के मुआवजे के रूप में जो पैसा मिला, उस से उन्होंने प्रौपर्टी की खरीदफरोख्त का काम शुरू कर दिया था.
इस के लिए छोटेलाल ने नोएडा में अपना औफिस भी बना रखा था. प्रौपर्टी के काम में उन के बेटे भी उन का हाथ बंटाते थे. अनिल को राजनीति में रुचि थी, इसलिए बीए करने के बाद वह राजनीति में आ कर समाजवादी पार्टी से जुड़ गया. उस का युवाओं में खासा प्रभाव था, इसलिए पार्टी ने उसे महानगर इकाई का सचिव बना दिया था.
मामला गंभीर था. एसएसपी डा. प्रीतिंदर सिंह ने अपने अधीनस्थों को इस मामले को जल्द से जल्द सुलझाने का आदेश दिया. कोतवाली प्रभारी रीता यादव हिना की तलाश में जुट गईं. जानकारियों के आधार पर पुलिस ने उस के कई ठिकानों पर दबिश दी, परंतु वह हाथ नहीं लगी.
प्रौपर्टी डीलर जगदीप सिंह गिल को भी हिरासत में ले कर पूछताछ की गई, क्योंकि उसी के माध्यम से हिना को फ्लैट किराए पर दिलाया गया था. लेकिन उस से पूछताछ में पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंची.
इसी बीच पुलिस को खबर मिली कि हिना अदालत में आत्मसमर्पण की फिराक में है. उसे गिरफ्तार करने के लिए पुलिस ने 29 अप्रैल को अदालत के बाहर अपना जाल बिछाया, लेकिन पुलिस को चकमा दे कर वह बुर्के में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश हो गई. उसे न्यायिक हिरासत में लुक्सर स्थित जिला जेल भेज दिया गया.
अगले दिन कोतवाली प्रभारी रीता यादव ने जेल जा कर हिना से पूछताछ की. जेल में उस ने अनिल की हत्या में अपना हाथ होने से साफ मना कर दिया. जेल में हिना पर कोई दबाव नहीं बनाया जा सकता था. वैसे भी वह काफी तेजतर्रार लग रही थी, इसलिए रीता यादव ने अदालत में उस के रिमांड की अर्जी लगाई.
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सुनितचंद्र ने अर्जी मंजूर कर के 7 मई को हिना को 12 घंटे के पुलिस रिमांड पर दे दिया. हिना बहुत ही शातिर थी. पूछताछ में पहले तो वह पुलिस को बरगलाती रही, लेकिन जब उस ने देखा कि वह बचने वाली नहीं है तो वह फूटफूट कर रोने लगी.
पुलिस ने हिना को चुप करा कर लंबी पूछताछ की. इस पूछताछ में चौंकाने वाली जो कहानी निकल कर सामने आई, उस में अनिल ने अपनी सज्जनता और विश्वास की कीमत जान दे कर चुकाई थी.
हिना खान उर्फ रूबी कौसर मूलरूप से जिला मुरादाबाद के एक गांव के रहने वाले साबिद खान की बेटी थी. साबिद के परिवार में पत्नी शकीला के अलावा 5 बच्चे थे. हिना उन में सब से अधिक महत्वाकांक्षी थी. बचपन से ही वह ठाठबाट से रहने के सपने देखती आई थी.
साबिद की हैसियत ऐसी नहीं थी कि वह अपने बच्चों की हर ख्वाहिश पूरी कर पाता. आर्थिक तंगियों से जूझ कर उस ने किसी तरह बच्चों को बड़ा किया. बेटे काम से लग गए तो उस ने दोनों बड़ी बेटियों का निकाह कर दिया.
उसी बीच साबिद का इंतकाल हो गया तो परिवार की जिम्मेदारी बेटों पर आ गई. बाप के मरने के बाद हिना के दोनों भाई आपराधिक प्रवृत्ति के हो गए. तीसरी तक पढ़ी हिना अब तक जवान हो चुकी थी. वह काफी खूबसूरत थी.
भाइयों की वजह से पुलिस आए दिन घर पर दबिशें देने लगी तो परिवार में बिखराव की स्थिति बन गई. पुलिस जब बहुत ज्यादा परेशान करने लगी तो शकीला हिना और बेटों को ले कर दिल्ली आ गई और मौजपुर में रहने लगी.
दिल्ली बिलकुल हिना के सपनों जैसी थी. यहां के लोगों की चमकदमक वाली जीवनशैली, ऊंची इमारतें और उन के पास खड़ी महंगी कारें, इन सब ने हिना को खूब लुभाया. गांव में रह कर उस ने कभी सोचा भी नहीं था कि दुनिया इस तरह की भी है. हिना भले ही न के बराबर पढ़ी थी, लेकिन भाईबहनों में वह सब से ज्यादा तेजतर्रार थी.
गरीबी की वजह से हिना ने अपने जिन सपनों को कुचला था, दिल्ली आ कर वह उन्हें पूरा करना चाहती थी. खूबसूरत हिना को तमाम आंखें ताकती रहती थीं. इस से उसे जल्दी ही अपनी अहमियत का अंदाज हो गया.
हिना किसी भी तरह ऐशोआराम की जिंदगी हासिल करना चाहती थी. उसी बीच उस की दोस्ती आसिफ से हो गई. आसिफ हिना पर खूब पैसे खर्च करता था. वह उस के साथ दिल्ली के पार्कों और रेस्टोरेंटों में घूमती जरूर रही, लेकिन वह उस की मंजिल नहीं थी.
आसिफ को हिना की सच्चाई का पता तब चला, जब उस ने दरियागंज के रहने वाले एक अन्य युवक से दोस्ती कर ली. आसिफ को यह बात बेहद नागवार गुजरी. आखिर एक दिन संदिग्ध हालातों में उस ने आत्महत्या कर ली.
समय अपनी गति से चलता रहा और हिना उस के साथ खुले आकाश में पंख फैला कर उड़ने की कोशिश रहती रही.
दरियागंज के जिस युवक के साथ हिना ने दोस्ती और प्यार का सफर शुरू किया था, वक्त के साथ वह भी उसे छोटा मोहरा नजर आने लगा. लेकिन ऐसे लोग उसे बेहतरीन जिंदगी से रूबरू करा कर उस की अहमियत का अंदाजा जरूर कराते थे.
हिना ऐसे ही लोगों की बदौलत ऊंचाइयों को छूना चाहती थी. उस के संपर्क बढ़े तो उस ने उसे भी किनारे लगा दिया. उस युवक ने हिना के रवैए से आहत हो कर जहर खा लिया. लेकिन उस की किस्मत अच्छी थी कि समय पर इलाज मिल गया, जिस से वह बच गया.
अब तक हिना के सपनों को पंख लग चुके थे. वह पैसे वाले लोगों को इस्तेमाल करना भी सीख गई थी. उस की जिंदगी में इस तरह के लोग आतेजाते भी रहे. उधर शकीला उस का निकाह करना चाहती थी. हिना ने भी सोचा कि शायद निकाह से ही जिंदगी आराम से कट जाए, इसलिए उस ने निकाह कर लिया. निकाह के साल भर बाद उसे एक बेटी भी पैदा हुई.
हिना का पति उस की हसरतों को पूरी नहीं कर पा रहा, जिस से दोनों में अनबन रहने लगी. फिर जल्दी ही दोनों अलग हो गए. हिना बेटी को अपने साथ ले आई. वह कुछ ऐसा करना चाहती थी, जिस से जिंदगी आराम से कटे, क्योंकि उस का हर शौक महंगा था.
हिना की बहन मुमताज का भी पति से विवाद रहता था, जिस से वह भी मायके में ही रहती थी. जिंदगी को बेहतर बनाने के लिए दोनों बहनों ने गाजियाबाद की ओर रुख किया. उन्होंने दिल्ली बौर्डर पर स्थित पौश इलाके वसुंधरा के सेक्टर-4 में एक फ्लैट किराए पर लिया और कुछ लोगों से संपर्क कर के प्रौपर्टी का धंधा शुरू कर दिया.
हिना खूबसूरत तो थी ही, तेजतर्रार भी थी. उसे लोगों से काम निकालने का हुनर भी बखूबी आता था, जिस से वह ठीकठाक कमाई करने लगी थी. यह सन 2011 की बात है.
उसी दौरान हिना के तार नकली नोटों के कारोबारियों से जुड़ गए. उस का संपर्क रफीक, नुरैन व मोइनुद्दीन से हुआ. ये तीनों नेपाल से बंगलादेश के रास्ते नकली नोट ला कर भारत के अलगअलग हिस्सों में खपाते थे. ये नकली नोट पाकिस्तान से आते थे. रफीक बिहार के गोपालगंज जिले का रहने वाला था तो नुरैन और मोइनुद्दीन उत्तरप्रदेश के देवरिया के रहने वाले थे.
भारत में 1 लाख रुपए नकली नोट 35 हजार रुपए में दिए जाते थे. दिल्ली या उस के आसपास के इलाकों तक आतेआते इन की कीमत 50 हजार रुपए हो जाती थी. 15 हजार के फायदे के लिए लोग हिना से डील करने लगे.
दिल्ली और उस के आसपास के इलाकों में नकली नोटों की तस्करी की पूरी जिम्मेदारी हिना और मुमताज के हाथों में थी. उन के पास पैसा आने लगा तो रातोंरात उन के रंगढंग बदल गए. हिना के फ्लैट में सुखसुविधा की हर चीज आ गई. उस ने बढि़या कार भी खरीद ली.
दोनों बहनें प्रौपर्टी के बिजनैस की आड़ में नकली नोटों का धंधा कर रही थीं. राष्ट्रद्रोह का काम कर के वे ठाठ से रह रही थीं. बड़ेबड़े तस्कर उन से फोन पर संपर्क करते थे. उन तक नोट पहुंचाने का काम रफीक, नुरैन और मोइनुद्दीन करते थे. नकली नोट ट्रेन द्वारा ले जाए जाते थे, जबकि डील बसअड्डे पर होती थी. हिना के पास अब दौलत की कमी नहीं थी. अनापशनाप पैसा आया तो उसे शेखी बघारने का चस्का लग गया.
वेटर से ले कर दुकानदारों तक को वह हजार-पांच सौ का नोट देती तो बचे रुपए वापस नहीं लेती थी. लोग रुपए लौटाने लगते तो वह गर्व से कहती, ‘‘रख लीजिए, अगर हम ने बचे हुए रुपए वापस लिए तो यह हमारी तौहीन होगी.’’
दुकानदार या वेटर उसे ताकते रह जाते और उस की दरियादिली के कायल हो जाते. हिना का पर्स हमेशा नोटों से भरा रहता था. वह सौ, 2 सौ रुपए के सामान के भी हजार रुपए दे देती थी.
आखिर मुखबिरों के जरिए यह बात पुलिस तक पहुंच गई. थाना लिंक रोड पुलिस ने जांच की तो पता चला कि हिना और मुमताज नकली नोटों की तस्करी से जुड़ी हैं.
तत्कालीन एसएसपी नितिन तिवारी को जब इस बात की जानकारी हुई तो उन्होंने तुरंत काररवाई करने का आदेश दिया. पुलिस ने जानकारियां जुटा कर अपना जाल बिछाया और 23 अप्रैल, 2013 को कौशांबी बसअड्डे से हिना, उस की बहन मुमताज, रफीक, नुरैन और मोइनुद्दीन को उस समय गिरफ्तार कर लिया गया, जब वे नोटों का लेनदेन कर रहे थे.
पुलिस ने इन लोगों के कब्जे से 7 लाख रुपए के नकली नोट बरामद किए. इन नोटों में 5 लाख 100 के और बाकी 5 सौ के नोट थे. पूछताछ में पता चला कि अब तक ये लोग लाखों के नकली नोट खपा चुके थे. गाजियाबाद पुलिस द्वारा नकली नोटों की अब तक की यह सब से बड़ी बरामदगी थी.
इस की सूचना गृह मंत्रालय, खुफिया एजेंसियों एनआईए, आईबी और रा को भी दी गई. हिना से गहन पूछताछ की गई. उस के बाद सभी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें डासना जेल भेज दिया गया.
हिना के लिए जेल की जिंदगी गरीबी के दिनों से भी ज्यादा बदतर थी. वह बाहर आने के लिए छटपटा रही थी. लेकिन उस का कोई भी ऐसा अपना नहीं था, जो उस की जमानत कराता. जेल में ही उस की मुलाकात वर्षा से हुई. वर्षा भी किसी अपराध में जेल में बंद थी. एक ही बैरक में होने की वजह से उन में दोस्ती हो गई थी.
जेल में वर्षा से मिलने उस के तमाम परिचित आते रहते थे. जबकि हिना से मिलने कोई नहीं आता था. वर्षा से मिलने अनिल यादव भी आता था. अनिल को देखते ही हिना ताड़ गई थी कि वह न सिर्फ पैसे वाला है, बल्कि शरीफ भी है. उसी को ध्यान में रखते हुए हिना ने एक दिन वर्षा से कहा कि वह किसी भी तरह उस की जमानत करा दे.
‘‘लेकिन मैं तो खुद ही जेल में हूं. ऐसे में मैं तुम्हारी जमानत कैसे करा सकती हूं?’’ वर्षा ने कहा.
‘‘अगर तुम चाहो तो जेल में रहते हुए भी यह काम करा सकती हो.’’ ‘‘वह कैसे?’’ वर्षा ने पूछा.
‘‘वह जो तुम से मिलने आए थे, क्या नाम था उन का?’’ ‘‘अनिल यादव, वह बहुत अच्छे आदमी हैं.’’
‘‘वह तो देख कर ही लग रहा था. उन से कह कर मेरी जमानत करा दो. मम्मी कह रही थीं कि जमानती तो मिल गए हैं, लेकिन इतने पैसे नहीं हैं कि वह वकील कर लें.’’
‘‘ठीक है, इस बार आएंगे तो मैं बात कर के तुम्हारी मुलाकात करा दूंगी. हो सकता है, तुम्हारी जमानत करवा ही दें.’’
कुछ दिनों बाद अनिल वर्षा से मिलने गया तो उस ने हिना की मुलाकात उस से करा दी. हिना ने उस से इस तरह दुखड़ा रोया कि वह उस की बातों में आ गया.
हिना का भोलाभाला चेहरा देख कर अनिल को लगा कि यह मुसीबत की मारी है. मन में दया आ गई और उस ने उसे मदद का आश्वासन दे दिया. हिना ने मां का पता अनिल को दे दिया था. अनिल के मन में दूसरों के लिए कुछ करने का भाव था, इसलिए दिल्ली जा कर वह हिना की मां से मिला.
संतान कैसी भी हो, मांबाप के मन में उस के लिए हमेशा तड़प होती है. शकीला का भी यही हाल था. अनिल ने हिना की जमानत के लिए पैसे तो दिए ही, वकील का भी इंतजाम करा दिया. शकीला ने जमानती की व्यवस्था कर के उस की जमानत करा ली. इस के बाद हिना ने बाहर आ कर अपनी बहन मुमताज की भी जमानत करा ली.
जेल में रहते हुए हिना ने सोचा था कि अब वह कोई ऐसा काम नहीं करेगी, जिस से फिर उसे जेल जाना पड़े. लेकिन बाहर आते ही उस के इरादे बदल गए. उस ने अनिल से संपर्क बनाए रखा, क्योंकि उस से उस के कुछ सपने पूरे हो सकते थे.
सीधासादा अनिल आसानी से बातों में आ जाने वाला इंसान था. उस की इसी कमजोर नस को हिना ने पकड़ लिया था. जेल से आने के बाद वह मां के ही पास रह रही थी.
शकीला ने हिना को खूब समझाया. लेकिन वह पाईपाई के लिए मोहताज थी. उसे जिंदगी की शुरुआत फिर से करनी थी. अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए वह कुछ करने के बारे में सोचने लगी. उस की एक बहन शहनाज संभल कस्बे में ब्याही थी. उस के पति का इंतकाल हो चुका था. हिना उस के यहां गई और एक ज्वैलर्स की दुकान पर खरीद के बहाने गहनों पर हाथ साफ कर दिया. उस की बदकिस्मती थी कि वह रंगेहाथों पकड़ी गई. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर के जेल भेज दिया.
जिस परेशानी से हिना ने किसी तरह पीछा छुड़ाया था, वही फिर उस के गले पड़ गई इस के लिए वह खुद ही जिम्मेदार थी. उस ने सपने में भी नहीं सोचा था कि इतनी जल्दी उस की आजादी छिन जाएगी. मुरादाबाद में उस का कोई अपना नहीं था, इसलिए जमानत का भी इंतजाम नहीं हो सकता था.
लेकिन शातिर हिना ने इस का इंतजाम कर लिया. उसी जेल में जिला बिजनौर के कस्बा नजीबाबाद का हिस्ट्रीशीटर नाजिम बंद था. नजीबाबाद कोतवाली में उस की हिस्ट्रीशीट खुली हुई थी. जेल में भी वह दबंगई से रह रहा था. हिना को नाजिम काम का आदमी लगा तो उस ने उस पर निशाना साध दिया. नाजिम को भी हिना अच्छी लगी. उस ने उस से दोस्ती कर ली.
हिना ने नाजिम से दोस्ती अपना काम निकालने के लिए की थी. इस के अलावा उस जैसा आदमी प्रौपर्टी के धंधे में भी काम आ सकता था. हिना उस से मिल कर अपना दर्द बयां करने लगी.
लेकिन नाजिम भी कम चलाक नहीं था. हिना ने जब उस से कहा कि वह उसे पसंद करती है. अगर वह उस की जमानत करा देगा तो वह उस की अहसानमंद रहेगी. नाजिम ने उस की जमानत कराने का वादा करते हुए कहा, ‘‘हिना, तुम्हें पसंद तो मैं भी करता हूं और तुम्हारी जमानत भी करा दूंगा. लेकिन बाहर निकल कर तुम्हें मुझ से निकाह करना पड़ेगा.’’
हिना को जरूरत थी, इसलिए उस ने हामी भर दी. नाजिम हिना पर फिदा तो था ही, उस से निकाह कर के उसे पुलिस से बचने का एक नया ठिकाना भी मिल सकता था. इसलिए उस ने अपने लोगों और वकील से संपर्क कर के हिना की जमानत करा दी.
हिना की यह हकीकत जान कर शकीला काफी नाराज थी. घर आने पर उस ने हिना को डांटाफटकारा तो वह घर छोड़ कर चली गई. वह अनिल से मिली और उसे अपनी परेशानी बताते हुए कहा, ‘‘अनिल, मुझे तुम्हारा सहारा चाहिए. मां से लड़ाई हो गई है. मेरे पास रहने की भी कोई जगह नहीं है.’’
अनिल भला आदमी था. हिना को परेशान देख कर वह उसे अपने फ्लैट पर ले गया. मामला एक जवान लड़की का था, इसलिए घर वालों ने उस से हिना के बारे में पूछा. तब अनिल ने उसे अपने दोस्तों की दोस्त बता कर घर में ही रहने की व्यवस्था करा दी. हिना तेज तो थी ही, उस ने कुछ ही देर में लच्छेदार बातें कर के अनिल की पत्नी सुनीता को वश में कर लिया.
हिना अनिल के घर में परिवार के सदस्य की तरह रहने लगी. इस बीच रिश्तेदारी में जाने के बहाने वह नाजिम से मिलने जेल भी गई. दोबारा जेल जाने की बात हिना ने अनिल से छिपा ली थी. अनिल प्रौपर्टी का काम करता था. हिना को भी इस का अच्छा तजुर्बा था, इसलिए अनिल ने उस से ऐसा ही कुछ करने को कहा तो उस ने नोएडा विकास प्राधिकरण में अनिल के रसूख और अपनी सुंदरता के दम पर पकड़ बनानी शुरू कर दी.
किसी भी बाहरी लड़की को घर में रखना ठीक नहीं था. फिर हिना भी वहां नहीं रहना चाहती थी, इसलिए उस ने अनिल से कोई किराए का फ्लैट दिलाने को कहा. अनिल ने उसे प्रौपर्टी डीलर जगदीप सिंह गिल के माध्यम से सेक्टर-71 स्थित फ्लैट नंबर डी-20/2 साढ़े 5 हजार रुपए महीना किराए पर दिला दिया.
उस फ्लैट में अनिल ने जरूरी सामान की भी व्यवस्था करवा दी तो हिना उस में शिफ्ट हो गई. तब तक नाजिम की जमानत हो चुकी थी. दोनोें की फोन पर बातें होती ही रहती थीं, जब तब मिलते भी रहते थे. प्रौपर्टी के काम से हिना खर्च भर के लिए कमा लेती थी. एक दिन हिना अनिल के साथ बैठी थी तो उस ने कहा, ‘‘तुम ने मेरी बहुत मदद की है. बस एक मदद और कर दो.’’
‘‘क्या?’’ ‘‘मैं ब्यूटीपार्लर का काम जानती हूं. मैं अपना ब्यूटीपार्लर खोलना चाहती हूं. इस के लिए मुझे 6 लाख रुपए चाहिए. मैं तुम्हारे रुपए धीरेधीरे कर के लौटा दूंगी.’’ हिना ने कहा.
‘‘ठीक है, बड़ी रकम का मामला है, इसलिए थोड़ा सोचने का वक्त दो.’’
हिना को ले कर अनिल के परिवार में कोई मतभेद नहीं था. सभी उसे पसंद करते थे. घर में रुपयों का लेनदेन अनिल के पिता के हाथों में था. घर में किसी को भी पैसों की जरूरत होती थी तो वह उन्हीं से पैसे मांगता था.
अनिल ने हिना के पैसे मांगने की बात पिता को बताई तो वह उसे पैसे देने को तैयार हो गए. उन्होंने अनिल को 6 लाख रुपए दे दिए तो अनिल ने वे रुपए हिना को दे दिए.
पैसे मिलते ही हिना को एक बार फिर पंख लग गए. उस ने अपना दायरा बढ़ाना शुरू किया. वह प्राधिकरण में लोगों के अटके काम कराने के साथ ठेके दिलाने लगी. प्राधिकरण और प्रौपर्टी के धंधे से जुडे़ लोगों में हिना की एक अलग पहचान बन गई. उसी बीच उस की दोस्ती संदीप और रफीक से हो गई. ये दोनों गाजियाबाद के रहने वाले थे.
हिना अकेली ही रहती थी, इसलिए उस के दोस्तों का उस के फ्लैट पर आनाजाना शुरू हो गया. फ्लैट पर खानेपीने की पार्टियां भी होने लगीं. स्टेटस व दायरा बढ़ाने के लिए वह 3-3 मोबाइल फोनों का इस्तेमाल करती थी. महंगे शौकों की लत उसे पहले से ही थी. वह खूब बनसंवर कर रहती थी.
ब्यूटीपार्लर में हिना का एक बार का खर्च 10 से 20 हजार रुपए आता था. वह स्पा व मसाज थैरेपी भी लेती थी. उस ने अनिल से जो रुपए ब्यूटीपार्लर खोलने के लिए थे, उन्हें वह अपने रईसी शौकों में उड़ाने लगी.
बाहर आते ही नाजिम हिना से निकाह के लिए कहने लगा. दूसरी ओर अनिल की छोटी बहन मोनिका की शादी तय हो गई. 8 मई, 2014 को उस का विवाह होना था. हिना ने एक बार फिर अनिल की शराफत का फायदा उठाया. उस ने कहा कि वह एक लड़के से प्रेम करती है और उस से निकाह करना चाहती है.
अनिल को इस में भला क्या आपत्ति होती. सुनीता भी चाहती थी कि उस का घर बस जाए. उस ने हिना को निकाह का जोड़ा खरीदवाया.
जनवरी में बिजनौर जा कर उस ने नाजिम से निकाह कर लिया. अनिल भी उस के साथ था. उसे क्या पता था कि हिना खुद तो शातिर है ही, जिस से निकाह कर रही है वह भी हिस्ट्रीशिटर है. नाजिम ने उस से बताया था कि वह दिल्ली में नौकरी करता है.
निकाह के बाद नाजिम हिना के फ्लैट पर आनेजाने लगा. चूंकि नाजिम की नीयत साफ नहीं थी, इसलिए हिना के फ्लैट पर आनेजाने वाले उस के दोस्तों से उसे कोई दिक्कत नहीं थी. समय अपनी गति से चलता रहा.
अनिल की बहन की शादी थी, इसलिए उस ने हिना से अपने पैसे मांगे. ब्यूटीपार्लर तो मात्र बहाना था, हिना ने अनिल से रुपए ऐश की जिंदगी जीने के लिए लिए थे. उस ने सोचा था कि कहीं से अचानक पैसे मिलेंगे तो वह अनिल के रुपए लौटा देगी.
हिना अनिल को टालने लगी. लेकिन जब अनिल लगातार अपने पैसे मांगने लगा तो हिना को परेशानी होने लगी. उस के पास रुपए थे नहीं जो लौटा देती. टालने की एक सीमा होती है. हद पार हो गई तो अनिल ने एक दिन धमकी वाले अंदाज में कहा, ‘‘मेरी बहन की शादी है और मुझे हर हाल में रुपए चाहिए. मैं ने हर बुरे वक्त में तुम्हारी मदद की है, इसलिए मैं नहीं चाहता कि मुझ से तुम्हें कोई परेशानी हो.’’
‘‘मैं समझती हूं अनिल लेकिन…’’ ‘‘लेकिनवेकिन कुछ नहीं, तुम मेरे रुपए जल्दी लौटा दो, बस.’’
हिना जानती थी कि अनिल रसूखदार नेता है. अगर वह चाहे तो किसी भी हद तक जा सकता है. उस ने इस मुद्दे पर नाजिम से बात की तो उस ने अनिल को रास्ते से हटाने की खतरनाक सलाह दे डाली. हिना इस के लिए तैयार भी हो गई. उस ने यह भी नहीं सोचा कि अनिल ने उस की कितने बुरे वक्त पर मदद की थी. इस के बाद हिना ने अनिल को खत्म करने की जो योजना बनाई, उस में उस ने रफीक और संदीप को भी शामिल कर लिया.
योजना बना कर 20 अप्रैल, 2014 की शाम हिना ने अनिल को फोन किया कि वह आ कर अपने रुपए ले जाए. अनिल साढ़े 8 बजे के करीब स्कूटी से हिना के फ्लैट पर पहुंचा. तो वहां शराब की महफिल सजी थी. महफिल में नाजिम, रफीक और संदीप शामिल थे. यह सब देख कर अनिल को गुस्सा आ गया. उस ने हिना को बुराभला कह कर अपने रुपए मांगे.
अनिल की हिना और वहां मौजूद लोगों से बहस हो गई. वे तो वहां उसे मारने की योजना बना कर ही बैठे थे. अनिल के साथ वहां जो होने वाला था, उस के बारे में उस ने सपने में भी नहीं सोचा था. सभी एकदम से अनिल पर टूट पड़े.
अनिल ने खुद को छुड़ाना चाहा तो पीछे की ओर गिर गया. इस से उस के सिर में चोट लग गई. सब ने अनिल की हत्या का इरादा बना रखा था, इसलिए उस का गला दबा कर उसे मार दिया. इस के बाद उन्होंने उस के बाएं हाथ की कलाई काट दी.
धक्कामुक्की में मेज का शीशा टूट गया था. हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए उन्होंने बैड के ऊपर लगे पंखे से चुन्नी लटका दी. लेकिन जल्दबाजी में ऐसा कर नहीं पाए. अपना काम कर के नाजिम, संदीप और रफीक चले गए. इस के बाद हिना ने अनिल की पत्नी सुनीता को फोन कर के फ्लैट में लाश पड़ी होने की सूचना दे दी.
अनिल का भाई जब वहां पहुंचा तो हिना भी फरार हो चुकी थी. पुलिस ने दबाव बनाया तब उस ने वकील की मदद से 29 अप्रैल को अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया था.
पुलिस ने हिना की निशानदेही पर वह चाकू भी बरामद कर लिया था, जिस से अनिल के हाथ को काटा गया था. रिमांड अवधि खत्म होने पर कोतवाली प्रभारी रीता यादव ने हिना को अदालत में पेश किया, जहां से उसे पुन: जेल भेज दिया गया.
कथा लिखे जाने तक पुलिस अन्य अभियुक्तों को गिरफ्तार नहीं कर सकी थी. उन की सरगर्मी से तलाश की जा रही थी. अनिल ने हिना को पहचानने में भूल कर दी, यही उस के लिए मुसीबत बन गया. Noida Murder Case
Obsessive Love Crime. घनश्याम नामदेव ने अपनी छोटी सी नौकरी के बावजूद एकलौती बेटी जयश्री को पढ़ालिखा कर डाक्टर बनाया था. उन से भूल यह हुई कि उन्होंने अपने सगे भांजे अनुराग को अपने घर पर रख लिया. अनुराग अपनी फुफेरी बहन डा. जयश्री से एकतरफा प्यार करने लगा और उसी जुनून में उस ने…
‘‘मैं जया को बेइंतहा चाहता था, बहुत प्यार करता था उस से. इतना प्यार कि मैं पागल हो गया था उस के लिए.
अपने जीतेजी मैं उसे किसी और की जागीर बनते नहीं देख सकता था. इसलिए मैं ने उसे मौत के घाट उतार दिया.’’ कहतेकहते अनुराग पलभर के लिए रुका, फिर आगे बोला, ‘‘अब ज्यादा से ज्यादा क्या होगा, फांसी हो जाएगी. मुझे फांसी भी मंजूर है. कम से कम एक बार में ही मौत तो आ जाएगी. वह किसी और की हो जाती तो मुझे रोजरोज मरना पड़ता.’’
पुलिस हिरासत में यह सब कहते हुए अनुराग नामदेव अपना गुनाह कुबूल कर रहा था या फिर अपनी मोहब्बत की दास्तां सुना कर दिल की भड़ास निकाल रहा था, समझ पाना मुश्किल था. उस की ये बातें सुन कर वहां मौजूद पुलिसकर्मी भी हैरान थे. वजह यह कि इस कातिल के चेहरे पर शर्मिंदगी या पछतावा तो दूर की बात, किसी भी तरह का डर नहीं था.
पुलिस हिरासत में अच्छेअच्छे अपराधियों के कसबल ढीले पड़ जाते हैं, पर अनुराग का आत्मविश्वास वाकई अनूठा था. उस की हर बात जया से अपनी मोहब्बत के इर्दगिर्द घूम रही थी. मानों दुनिया में उस के लिए जया और उस के प्यार के अलावा और कुछ था ही नहीं.
लालघाटी क्षेत्र भोपाल का वह हिस्सा है, जहां शहर खत्म हो जाता है और उपनगर बैरागढ़ शुरू होता है. लालघाटी का चौराहा और रास्ता दोनों भोपाल-इंदौर मार्ग पर पड़ते हैं, जहां चौबीसों घंटे आवाजाही रहती है. एयरपोर्ट भी इसी रास्ते पर है और शहर का चर्चित वीआईपी रोड भी इसी चौराहे पर आ कर खत्म होता है.
पिछले 15 सालों में लालघाटी चौराहे और बैरागढ़ के बीच करीब 2 दर्जन छोटेबड़े मैरिज गार्डन बन गए हैं. इन्हीं में एक है सुंदरवन मैरिज गार्डन. शादियों के मौसम में यह इलाका काफी गुलजार हो उठता है. रास्ते के दोनों तरफ बारातें ही बारातें दिखती हैं. घोड़ी पर सवार दूल्हे, उन के आगे नाचतेगाते बाराती और आसमान छूती रंगबिरंगी आतिशबाजी. नजारा वाकई देखने वाला होता है. शादियों के चलते इस रास्ते पर टै्रफिक जाम की समस्या आम बात है.
8 मई को सुंदरवन मैरिज गार्डन में रोजाना के मुकाबले कुछ ज्यादा रौनक और चहलपहल थी. रात 8 बजे से ही मेहमानों के आने का सिलसिला शुरू हो गया था. इस मैरिज गार्डन में डा. जयश्री नामदेव और डा. रोहित नामदेव की शादी होनी थी. वरवधू दोनों ही भोपाल के हमीदिया अस्पताल में कार्यरत थे. डा. जयश्री बाल रोग विभाग में थीं और डा. रोहित सर्जरी डिपार्टमेंट में कार्यरत थे.
जयश्री और रोहित की शादी एक तरह से अरेंज मैरिज थी. जयश्री नामदेव 4 साल पहले ही जबलपुर मेडिकल कालेज से पीजी की डिग्री ले कर भोपाल के हमीदिया अस्पताल में बाल रोग विशेषज्ञ के पद पर तैनात हुई थीं. जयश्री के आने से पहले हमीदिया अस्पताल में एक ही डाक्टर नामदेव थे डा. रोहित. अब दूसरी नामदेव डा. जयश्री आ गई थीं. डा. जयश्री स्वभाव से बेहद हंसमुख और मिलनसार थीं. अस्पताल में स्वाभाविक तौर पर उन की खूबसूरती की चरचा भी होती रहती थी.
अस्पताल में नामदेव सरनेम वाले 2 डाक्टर थे और दोनों कुंवारे. अगर दोनों शादी कर लें तो कितना अच्छा रहेगा. जयश्री और रोहित को ले कर अस्पताल में अकसर इस तरह का हंसीमजाक होता रहता था. डा. जयश्री के पिता घनश्याम नामदेव को जब पता चला कि उन्हीं की जाति का एक लड़का हमीदिया अस्पताल में डाक्टर है तो उन्होंने अपने स्तर पर पता लगा कर जयश्री की शादी की बातचीत चलाई.
रोहित के पिता रघुनंदन नामदेव जिला हरसूद के गांव छनेरा के रहने वाले थे और सिंचाई विभाग में कार्यरत थे. जयश्री और रोहित की शादी की बात चली तो रोहित के घर वाले भी तैयार हो गए. दोनों ही परिवारों के लिए यह खुशी की बात थी, क्योंकि नामदेव समाज में गिनती के ही लड़केलड़कियां डाक्टर हैं.
घनश्याम नामदेव मध्यप्रदेश विद्युत मंडल के कर्मचारी थे, जो रिटायरमेंट के बाद भोपाल के करोंद इलाके में बस गए थे. करोंद में उन्होंने खुद का मकान बनवा लिया था. उन की पत्नी लक्ष्मी घरेलू लेकिन जिम्मेदार महिला थीं. नामदेव दंपति की एक ही बेटी थी जयश्री. होनहार और मेधावी जयश्री ने 2003 में प्री मेडिकल परीक्षा पास करने के बाद भोपाल के गांधी मैडिकल कालेज से एमबीबीएस किया था और फिर जबलपुर मैडिकल कालेज से पोस्ट ग्रेजुएट.
बहरहाल, डा. रोहित और डा. जयश्री की शादी तय हो गई. 3 फरवरी, 2014 को पुराने भोपाल के एक होटल में रोहित और जयश्री की सगाई की रस्म पूरी की गई. सगाई के बाद दोनों पक्ष शादी की तैयारियों में लग गए.
घनश्याम की छोटी बहन अंगूरीबाई का विवाह सागर जिले के गढ़ाकोटा कस्बे में हुआ था. अब से डेढ़ साल पहले उस के पति कल्लूराम की कैंसर से मौत हो गई थी. बहनोई के अंतिम संस्कार का सारा खर्च घनश्याम ने ही उठाया था. अंगूरीबाई के 2 बेटे थे अनुराग नामदेव और अंबर नामदेव. अंबर अभी पढ़ रहा था.
इस परिवार का खरचा कपड़ों के पुश्तैनी व्यापार से चलता था. लेकिन उन का यह व्यापार मामूली स्तर का था, जिसे कल्लूराम के छोटे भाई उमाशंकर नामदेव संभालते थे.
पति की मृत्यु के बाद अंगूरी की सारी दुनिया अपने दोनों बेटों के इर्दगिर्द सिमट कर रह गई थी, क्योंकि वह खुद भी कैंसर की चपेट में आ गई थी. बहन की वजह से घनश्याम उस के और उस के बच्चों को ले कर चिंतित रहते थे. समयसमय पर वह उन की हर मुमकिन मदद भी करते रहते थे.
जब कल्लूराम जीवित थे तो एक दफा उन्होंने घनश्याम से अनुराग की नौकरी के लिए बात छेड़ी थी. इस पर उन्होंने उसे भोपाल आ कर बैंकिंग की कोचिंग लेने को कहा था. अनुराग को सहूलियत यह थी कि रहने और खानेपीने के लिए मामा का घर था. घनश्याम ने कोचिंग की फीस देने के लिए भी कह दिया था. यह सन 2005 की बात है. तब जयश्री एमबीबीएस के दूसरे साल में थी.
मामा से बातचीत के बाद अनुराग भोपाल आ गया और सबधाणी कोचिंग इंस्टीट्यूट में पढ़ाई करने लगा. मामामामी और ममेरी बहन जयश्री उस का पूरा खयाल रखती थी. सभी को उस के घर के हालात की वजह से सहानुभूति थी. कोचिंग के दौरान एक बार अनुराग गंभीर रूप से बीमार पड़ा तो जयश्री और उस के मामामामी ने उसे हमीदिया अस्पताल में भरती करवाया. उस की देखभाल से ले कर उस के इलाज का सारा खर्च भी उन्होेंने ही उठाया. मामा के यहां रहते हुए अनुराग जयश्री को एकतरफा प्यार करने लगा था.
कोचिंग के बाद अनुराग का चयन एचडीएफसी बैंक में पीओ के पद पर हो गया. उसे पोस्टिंग मिली सागर में. नौकरी जौइन करने के बाद वह सागर के पौश इलाके सिविल लाइंस में किराए का मकान ले कर रहने लगा.
लेकिन सागर जाने के बाद भी भोपाल से उस का नाता नहीं टूटा. अनुराग जयश्री को प्यार से जया कहता था, लेकिन उस का यह प्यार एक भाई का नहीं, बल्कि एक ऐसे आशिक का था, जिसे न तो रिश्तेनातों का लिहाज था और न मानमर्यादाओं की परवाह.
दरअसल अनुराग मन ही मन जयश्री को चाहने लगा था और यह मान कर चल रहा था कि वह भी उसे चाहती है. नजदीकी रिश्तों में इस उम्र में दैहिक आकर्षण स्वाभाविक बात है, पर समझ आने के बाद वह खुदबखुद खत्म हो जाता है. लेकिन अनुराग यह बात समझने को तैयार नहीं था कि हिंदू सभ्यता में सामाजिक रूप से भी और कानूनी रूप से भी ऐसे रिश्तों में प्यार, सैक्स और शादी सब कुछ वर्जित है.
अनुराग ने जब अपना प्यार जयश्री पर जाहिर किया तो वह सकते में आ गई. अनुराग उस का फुफेरा भाई था और जयश्री को सपने में भी उस से ऐसी उम्मीद नहीं थी. जयश्री ने अपने स्तर पर ही अनुराग को समझाने की कोशिश की. लेकिन अनुराग आसानी से समझने वालों में नहीं था. जब भी मौका मिलता, वह उस से अपने प्यार की दुहाई दे कर शादी की बात कहता रहता. जब अनुराग जयश्री पर बराबर दबाव बनाने की कोशिश करने लगा तो मजबूरी में उस ने यह बात अपने मातापिता को बता दी.
हकीकत जान कर लक्ष्मी और घनश्याम के पैरों तले से जमीन खिसक गई. फिर भी उन्होंने बेटी को सब्र और समझदारी से काम लेने की सलाह दी और जल्दी ही इस परेशानी का हल निकालने का भरोसा दिलाया. निकट की रिश्तेदारी का मामला था. ऐसे में इस का एक ही रास्ता था कि अंगूरी से बात की जाए, ताकि संबंध खराब न हों. बात की भी गई. बड़े भाई के उपकारों तले दबी अंगूरी ने उन्हें आश्वस्त किया कि वह अनुराग को समझाएगी.
लेकिन अनुराग के तथाकथित प्यार का पागलपन समझने समझाने की हदें पार कर चुका था. मां के समझाने पर वह मान भी गया, पर दिखावे और कुछ दिनों के लिए. वक्त गुजरता रहा, लेकिन अनुराग के दिलोदिमाग से ममेरी बहन जयश्री की प्रेमिका की छवि नहीं मिट सकी. मायूस हो कर वह लुटेपिटे आशिकों की तरह दर्द भरे गानों और शेरोशायरी में अपने बीमार दिल की दवा ढूंढने लगा. लेकिन इस से उस का दर्द बढ़ता ही गया.
3 फरवरी को जयश्री और रोहित की सगाई थी. जयश्री के पिता घनश्याम ने इस की भनक अनुराग को नहीं लगने दी. लेकिन रोहित ने सगाई के 2 दिनों बाद 5 फरवरी को अपनी सगाई के फोटो फेसबुक पर शेयर किए तो उन्हें देख कर अनुराग बिफर उठा. उसे ऐसा लगा जैसे किसी ने उस के जख्मों पर नमक छिड़क दिया हो.
उस ने बगैर वक्त गंवाए घनश्याम और जयश्री से संपर्क कर के न केवल शादी की अपनी बेहूदी ख्वाहिश जाहिर की, बल्कि न मानने पर उन्हें देख लेने की धमकी भी दे डाली. उस की बात सुन कर घनश्याम चिंता में पड़ गए. उन की समझ में नहीं आ रहा था कि क्या करें, क्योंकि कोई कानूनी काररवाई करते तो बदनामी का डर था. वैसे भी एक तो सगी बहन के लड़के का मामला था, दूसरे ऐसे मामलों में बात उछलने पर बदनामी लड़की की ही होती है.
डा. जयश्री इसलिए ज्यादा चिंतित नहीं थी, क्योंकि उन्होंने अपने मंगेतर डा. रोहित को अनुराग के बारे में सब कुछ बता दिया था. यह एक पढ़ीलिखी युवती का अपने भविष्य और दांपत्य के मद्देनजर समझदारी भरा कदम था.
उधर फेसबुक पर जयश्री और राहुल की सगाई के फोटो देखदेख कर अनुराग का जुनून और बढ़ता जा रहा था. धमकी के बावजूद घनश्याम और जयश्री पर कोई असर न होता देख वह और भी बौखला गया था. उसे लग रहा था कि अब जयश्री उसे नहीं मिल पाएगी.
दूसरी ओर भोपाल में शादी की तैयारियों में लगे घनश्याम चिंतित थे कि कहीं अनुराग कोई बखेड़ा न खड़ा कर दे. उस की बेहूदी हरकतों के बारे में सोचसोच कर कभीकभी वह यह सोच कर गुस्से से भी भर उठते थे कि जिस भांजे को बेटे की तरह रखा, वही आस्तीन का सांप निकला. उन के दिमाग में अनुराग की यह धमकी बारबार कौंध जाती थी कि अगर मेरी बात नहीं मानी तो अंजाम भुगतने को तैयार रहना.
उन के डर की एक वजह यह भी थी कि वह अनुराग के स्वभाव को जानते थे. लेकिन जवान बेटी का बाप होने की बेबसी उन्हें कोई कदम नहीं उठाने दे रही थी. इसलिए शादी के कुछ दिनों पहले उन्होंने अपने भतीजे शैलेंद्र नामदेव से इस बारे में सलाहमशविरा किया तो उस ने फोन पर अनुराग को ऊंचनीच समझाने की कोशिश की. इस पर अनुराग का एसएमएस आया कि तू अपनी दोनों बेटियों का खयाल रख, उन्हें अभी बहुत जीना है.
आखिरकार डरतेसहमते 8 मई आ गई. उस दिन जयश्री और रोहित की शादी थी. रात के करीब 8 बजे रोहित और जयश्री स्टेज पर बैठे थे. परिचित और रिश्तेदार आने शुरू हुए तो 9 बजे तक मैरिज गार्डन में काफी भीड़ जमा हो गई. हर कोई खुश था. खासतौर से दोनों के घर वाले और हमीदिया अस्पताल के बाल रोग विभाग और शल्य चिकित्सा विभाग के डाक्टर्स और कर्मचारी.
खाने के पहले या बाद में लोग स्टेज पर जा कर वरवधू को शुभकामनाएं और आशीर्वाद दे रहे थे. घनश्याम और लक्ष्मी भी लोगों की शुभकामनाएं लेते यहां वहां घूम रहे थे. उन की जिंदगी का वह शुभ समय नजदीक आ रहा था, जब उन्हें एकलौती बेटी के कन्यादान की जिम्मेदारी निभानी थी.
तभी अचानक भीड़ में अनुराग को देख कर लक्ष्मी के चेहरे पर हवाइयां उड़ने लगीं तो वह पति को ढूंढने लगी. घनश्याम नहीं दिखे तो कुछ सोच कर वह एकांत में जा कर खड़ी हो गईं. उसे इस तरह खड़ा देख, उस की एक पड़ोसन ने आ कर पूछा भी कि क्या हुआ जो इस तरह घबराई हुई हो. इस पर लक्ष्मी ने इशारा कर के पड़ोसन को दरवाजे के पास खड़े अनुराग के बारे में बताया.
अनुराग एकदम सामान्य नजर आ रहा था और मेहमानों की तरह ही घूम रहा था. उस के गले में सफेद रंग का गमछा लटका था. तब तक रात के 10 बज चुके थे और भीड़ छटने लगी थी. इस के बावजूद स्टेज के पास वरवधू के साथ फोटो खिंचवाने वालों की लाइन लगी हुई थी. दूसरी ओर अनुराग की निगाहें स्टेज पर ही जमी थीं.
अचानक अनुराग स्टेज की तरफ बढ़ा और पास जा कर रोहित को बधाई दी. इस से पहले कि डा. रोहित उसे धन्यवाद दे पाते, अनुराग ने फुरती से रिवाल्वर निकाला और जयश्री की तरफ तान कर 2 फायर कर दिए. दोनों गोलियां जयश्री के सीने में धंस गईं. कोई कुछ समझ पाता, इस के पहले ही डा. जयश्री स्टेज पर गिर पड़ीं. इसी बीच अनुराग ने अविलंब रोहित को निशाने पर ले लिया, लेकिन तब तक वह संभल चुके थे. नतीजतन गोली स्टेज के पीछे जा कर लगी, जिस के कुछ छर्रे रोहित के दोस्त कचरू सिसोदिया के पैर में लगे.
करीब 2 मिनट सकते में रहने के बाद जब लोगों को समझ में आया कि दुलहन पर गोली चली है तो उन्होंने गोली चलाने वाले अनुराग को पकड़ कर उस की धुनाई शुरू कर दी. उधर स्टेज पर रोहित जयश्री को संभाल रहे थे. इस बीच वहां मौजूद लेगों में से किसी ने पुलिस और अस्पताल में खबर कर दी थी.
जयश्री को तुरंत अस्पताल ले जाया गया. लेकिन डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. फायर से भगदड़ मच गई थी. डर कर कई लोग वहां से भाग भी गए थे. जहां कुछ देर पहले तक हंसीमजाक चल रहा था, रौनक थी, वहां अब सन्नाटा पसर गया था. स्टेज पर रखे तोहफे और गुलदस्ते डा. जयश्री के खून से सन गए थे.
गुस्साई भीड़ ने अनुराग की जम कर धुनाई की थी, जिस से वह बेहोश हो कर गिर गया था. पुलिस आई तो पता चला कि वह जिंदा है. उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. अब तक किसी को यह नहीं मालूम था कि अनुराग दुलहन का ममेरा भाई है. दूसरे दिन जिस ने भी सुना, स्तब्ध रह गया. अपनी ममेरी बहन को माशूका मानने वाले इस सिरफिरे आशिक की चलाई 2 गोलियों की गूंज भोपाल में ही नहीं, पूरे देश भर में सुनाई दी.
जब जयश्री की मौत की पुष्टि हो गई तो रात 2 बजे रोहित और उस के पिता बारात वापस ले कर अपने गांव छनेरा चले गए. एक ऐसी बारात, जिस के साथ दुल्हन नहीं थी.
बाद में पता चला कि वारदात के दिन अनुराग सागर से अपने एक दोस्त की मोटरसाइकिल मांग कर लाया था और देसी रिवाल्वर उस ने कुलदीप नाम के एक दलाल से 17 हजार रुपए में खरीदी थी. कत्ल की सारी तैयारियां उस ने पहले ही कर ली थीं. सुंदरवन मैरिज गार्डन में प्रवेश के पहले ही वह पूरी रिहर्सल कर चुका था. उसे इंतजार बस मौका मिलने का था, जो उस वक्त मिल गया जब डा. रोहित और जयश्री स्टेज पर लोगों की शुभकामनाएं ले रहे थे.
पुलिस हिरासत में अनुराग ने बताया कि जैसे ही जयश्री ने राहुल के गले में माला डाली, मैं ने अपना आपा खो दिया था. मुझे नहीं मालूम कि लोगों ने मुझे मारा भी था. मैं तो खुद को भी गोली मारने वाला था, लेकिन मौका नहीं मिला.
घायल अनुराग को हमीदिया अस्पताल के बजाय दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया गया था. दरअसल पुलिस को डर था कि कहीं अस्पताल के लोग उसे मार न डालें. क्योंकि जयश्री वहां काम करती थी. इस बीच कोहेफिजा थाना पुलिस ने उस के खिलाफ जयश्री की हत्या का मामला दर्ज कर लिया था.
दूसरे दिन पोस्टमार्टम के बाद जब जयश्री की अर्थी उठी तो नामदेव दंपत्ति का दुख देख सारा मोहल्ला रो उठा. लक्ष्मी और घनश्याम रहरह कर बेटी की अर्थी पर सिर पटक रहे थे. हमीदिया अस्पताल में भी मातम छाया था.
एकतरफा प्यार में डूबा अनुराग दरअसल मनोरोगी बन गया था. जिस जुनून में उस ने वारदात को अंजाम दिया था, उसे इरोटोमेनिया भी कहते हैं और डिल्यूजन औफ लव भी. इस रोग में मरीज अपनी बनाई मिथ्या धारणा को ही सच मान कर चलता है और किसी के समझाने पर भी नहीं मानता. ऐसा मरीज बेहद शातिर और खतरनाक होता है.
जयश्री और अनुराग के बीच में क्या कभी प्रेमिल संबंध रहे थे, जैसा कि अनुराग कह रहा है, इस बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता. बहरहाल सच जो भी रहा हो, जयश्री के साथ चला गया. घनश्याम नामदेव ने बदनामी से बचने की जो कोशिश की थी, वह उन्हें काफी महंगी पड़ी. अगर वह वक्त रहते भांजे के खिलाफ कानूनी काररवाई करते तो जयश्री बच सकती थी. Obsessive Love Crime
Insurance Fraud. सुरेंद्र सिंह ने अपने मित्र साहब सिंह के साथ मिल कर पैसे के लिए एक ऐसी साजिश रची जिस की कल्पना भी नहीं की जा सकती थी. इस साजिश में फंस कर 2 निर्दोष लोग तो मारे ही गए, उसे भी कुछ नहीं मिला.
सुरेंद्र सिंह अच्छा ट्रैक्टर मैकेनिक था और अमृतसर के बसअड्डे के पास उस का अपना वर्कशौप था. उस का कामधाम भी ठीक था और कमाई भी बढि़या थी. वर्कशाप से इतनी आमदनी हो जाती थी कि वह अपने परिवार का गुजरबसर आराम से कर रहा था. लेकिन वह अपनी स्थिति से संतुष्ट नहीं था.
दरअसल, सुरेंद्र सिंह शातिर और खुराफाती दिमाग वाला था. यही वजह थी कि वह ढेर सारी दौलत हासिल कर के बहुत जल्दी अमीर बनने के सपने देखता था. अपनी इस लालसा को पूरी करने के लिए शातिर दिमाग वाला सुरेंद्र सिंह कुछ भी करने को तैयार था. वह जानता था कि वर्कशौप की कमाई से वह कभी भी अमीर नहीं बन सकता. क्योंकि वह जो कमाता था, वह सारा का सारा खर्च हो जाता था. इसीलिए वह अमीर बनने के लिए कोई शार्टकट रास्ता ढूंढ़ने लगा था.
सुरेंद्र सिंह के 3 बेटे थे. बड़े बेटे सुखचैन सिंह की शादी हो चुकी थी. वह उस के साथ ही रहता था. बाकी के 2 बेटे मुख्तयार सिंह और सुखवंत सिंह विदेश में रहते थे. समयसमय पर वे परिवार से मिलने भारत आते रहते थे.
मुख्तयार सिंह और सुखवंत सिंह जब भी घर आते, वहां के बहुत से किस्से सुनाते. अमीर बनने का सपना देखने वाला सुरेंद्र सिंह उन्हीं किस्सों को सुन कर अमीर बनने के लिए तरहतरह की योजनाएं बनाने लगा.
मुख्तयार सिंह और सुखवंत सिंह ने एक बार बातचीत में बताया था कि अमेरिका और इंग्लैंड में शातिर और चालाक किस्म के लोग खुद को मरा साबित कर के बीमा कंपनियों से मोटी रकम ऐंठ लेते हैं और पूरी उम्र ऐश करते हैं.
बेटों ने तो मजा लेने के लिए यह किस्सा सुनाया था. लेकिन उन की कही बात सुरेंद्र सिंह के शैतानी दिमाग में गहरे तक बैठ गई थी. वह सोचने लगा कि जब अमेरिका और इंग्लैंड में बीमा कंपनियों से पैसा ऐंठा जा सकता है तो भारत में क्यों नहीं? उसे लगा कि बीमा कंपनियां उस के अमीर बनने का जरिया बन सकती हैं.
इस के बाद सुरेंद्र सिंह का शैतानी दिमाग बीमा कंपनियों से पैसा ऐंठने की योजना बनाने लगा. जल्दी ही योजना का पूरा खाका तैयार कर के वह उस पर काम करने लगा. उस ने जो योजना बनाई थी, उस में परिवार के बाकी सदस्यों का सहयोग जरूरी था.
सुरेंद्र सिंह ने पूरी योजना घर वालों को तो बताई ही, विदेश में रहने वाले दोनों बेटों को भी समझा दी. वह बीमा कंपनियों को धोखा दे कर लाखों नहीं, बल्कि करोड़ों रुपए ऐंठना चाहता था. उस के इरादे पर बीमा कंपनियों को शक न हो, इस के लिए उस ने अपने एक बहुत ही करीबी साहब सिंह को अपनी योजना में शामिल कर लिया.
साहब सिंह उस की इस योजना में शामिल तो नहीं होना चाहता था, लेकिन मजबूरीवश शामिल हो गया था. क्योंकि उस की 2 बेटियां थीं और उस की माली हालत ठीक नहीं थी. पैसों की सख्त जरूरत होने की वजह से वह सुरेंद्र सिंह की योजना में शामिल हो गया था.
सुरेंद्र सिंह ने साहब सिंह को भरोसा दिलाया था कि योजना के सफल होने पर बीमा कंपनियों से जो पैसे मिलेंगे, उस में से एक बड़ा हिस्सा वह उसे भी देगा.
अपने परिवार और साहब सिंह को योजना में शामिल करने के बाद सुरेंद्र सिंह ने अलगअलग बीमा कंपनियों में अपने और साहब सिंह के नाम से लगभग डेढ़ करोड़ रुपए का बीमा करवा डाला. उस ने साहब सिंह का जो बीमा करवाया था, उस की किश्तें भी उसी ने अपने पास से जमा कराई थीं.
सुरेंद्र सिंह ने अपने घर वालों को तो अपनी योजना के बारे में बता दिया था, लेकिन साहब सिंह ने ऐसा कुछ नहीं किया था. उसे आशंका थी कि उस की पत्नी सुनंदा इस गलत काम में उस का साथ नहीं देगी. इसलिए इस योजना को उस ने अपने तक ही सीमित रखा था.
सुरेंद्र सिंह बीमा पालिसियों की किश्तें सही समय पर चुकाने के साथ अपनी योजना को अंजाम देने की तैयारी भी करता रहा.
जब सुरेंद्र सिंह ने देखा कि अब योजना को अंजाम देने का समय आ गया है तो उस ने एक नई कार खरीद ली. 21 जनवरी, 2014 को वह उसी कार से साहब सिंह के साथ निकला. वह क्या करने जा रहा है, यह उस ने साहब सिंह को भी नहीं बताया था. लेकिन जब साहब सिंह बारबार पूछने लगा तो उस ने खतरनाक मुसकराहट के साथ कहा, ‘‘हमें अपनी योजना को अंजाम तक पहुंचाने के लिए 2 शिकार ढूंढने हैं.’’
‘‘शिकार का मतलब?’’ साहब सिंह ने पूछा. ‘‘शिकार का मतलब है, ऐसे 2 आदमी जो हमें बीमा कंपनियों से करोड़ों रुपए दिलाएंगे.’’
बात साहब सिंह की समझ में आ गई. उस ने हैरानी से कहा, ‘‘इस का मतलब रुपयों के लिए हमें 2 बेगुनाहों की हत्या करनी पड़ेगी?’’
‘‘इस के अलावा हमारे पास कोई दूसरा उपाय भी नहीं है. अगर करोड़ों रुपए पाने हैं तो पहले हम दोनों को मरना पडे़गा. लेकिन हम सचमुच में मरने नहीं जा रहे हैं. हम दोनों जिंदा ही रहेंगे, हमारी जगह किसी दूसरे को मरना होगा. हम उन्हीं की तलाश में चल रहे हैं.’’
सुरेंद्र सिंह ने कुछ आगे जा कर अमृतसर की सब्जीमंडी के पास एक जगह अपनी कार रोक दी. सुबह का समय था, इसलिए दिहाड़ी पर काम करने वाले कुछ आप्रवासी मजदूर काम की तलाश में सड़क के किनारे खड़े थे. कार में से उतर कर सुरेंद्र सिंह मजदूरों के पास पहुंचा तो कुछ मजदूरों ने उसे घेर लिया.
कुछ ही देर में 2 मजदूरों को साथ ले कर सुरेंद्र सिंह वापस आ गया. काम मिलने की वजह से दोनों मजदूर काफी खुश नजर आ रहे थे. उन्हें कार में बैठा कर सुरेंद्र सिंह अपने वर्कशौप पर पहुंचा. काम का तो बहाना था. दोनों मजदूरों को शाम तक रोकना था, इसलिए वह उन से छोटेमोटे काम कराता रहा.
शाम को मजदूरों के जाने का समय हुआ तो सुरेंद्र सिंह ने शराब की बोतल खोल दी. साहब सिंह साथ ही था. शराब देख कर मजदूरों के मन में लालच आ गया. सुरेंद्र सिंह ने इस बात को भांप लिया. उस ने उन से भी शराब पीने को कहा. सुरेंद्र सिंह के इरादों से बेखबर दोनों मजदूर पीने बैठ गए.
दोनों मजदूरों ने शराब पीनी शुरू की तो पीते ही चले गए. सुरेंद्र सिंह उन्हें ज्यादा से ज्यादा शराब पिलाना चाहता था. इसलिए बोतल खत्म हुई तो उस ने दूसरी मंगा ली. क्योंकि यही शराब उस के काम को आसान बना सकती थी.
मजदूर शराब पीते गए और सुरेंद्र सिंह उन्हें पिलाता गया. शराब पीतेपीते मजदूर इस हालत में पहुंच गए कि उन का खुद पर नियंत्रण नहीं रह गया. एक तरह से वे बेहोशी वाली हालत में पहुंच गए. जब सुरेंद्र सिंह ने देखा कि अब मजदूर विरोध करने की स्थिति में नहीं रह गए हैं तो उस ने साहब सिंह के साथ मिल कर उन की गला दबा कर हत्या कर दी.
उन की हत्या करने के बाद सुरेंद्र सिंह ने अपने घर वालों को इस बात की सूचना दे कर समझाया कि अब आगे वह क्या करेगा और उस के बाद उन लोगों को क्या करना है.
आधी रात के बाद सुरेंद्र सिंह ने साहब सिंह के साथ मिल कर दोनों मजदूरों की लाशों को कार में डाला और जालंधर जाने वाले राजमार्ग पर चल पड़ा. दोनों लाशों को ज्यादा दूर ले जाना ठीक नहीं था. क्योंकि अगर कहीं पुलिस चैकिंग मिल जाती तो वे पकड़े जा सकते थे.
लगभग 8-10 किलामीटर दूर जा कर सुरेंद्र ने कस्बा मानावालां के पास एक सुनसान जगह पर कार रोक दी. उस समय हलकीहलकी बरसात हो रही थी.
सुरेंद्र सिंह और साहब सिंह ने अपने शरीर से कुछ चीजें उतार कर मजदूरों को पहना दीं, जिस से शिनाख्त में पता चले कि वे लाशें सुरेंद्र सिंह और साहब सिंह की थीं. इस के बाद कार की डिकी से मिट्टी के तेल से भरा डिब्बा निकाल कर दोनों ने कार के अंदर और बाहर डाल कर आग लगा दी.
कार के साथसाथ 2 बेगुनाहों की लाशें धूधू कर के जलने लगीं. उस समय हो रही बरसात को देख कर यही लग रहा था कि सुरेंद्र और साहिब सिंह के इस गुनाह पर आसमान रो रहा है.
22 जनवरी की सुबह कुछ लोगों ने मानावालां कस्बे के पास सड़क किनारे एक कार को जली हुई हालत में देखा तो इस की जानकारी पुलिस को दी. सूचना मिलने पर पुलिस वहां पहुंची तो देखा, कार लगभग पूरी तरह से जल चुकी थी. गौर से देखने पर पता चला, कार के साथ 2 आदमी भी जल गए थे.
बड़ा ही खौफनाक मंजर था. कार भले ही पूरी तरह जल गई थी, लेकिन उस की नंबर प्लेट काफी हद तक सुरक्षित थी. कार के नंबर से पुलिस ने जली कार के मालिक का पता लगा लिया. पुलिस को पता चल गया कि कार बसअड्डे के पास ट्रैक्टर का वर्कशौप चलाने वाले सुरेंद्र सिंह की थी.
पुलिस ने तत्काल इस की सूचना सुरेंद्र सिंह के घर वालों को दी. इस के बाद पहले से लिखी गई स्क्रिप्ट के अनुसार नाटक शुरू हुआ. जली हुई कार और उस के साथ जले लोगों की शिनाख्त के लिए सुरेंद्र सिंह का भाई अवतार सिंह, अपने भांजे रंजीत सिंह के साथ घटनास्थल पर पहुंच गया. जली हुई कार और लाशें देख कर दोनों फूटफूट कर रोने लगे. उन्होंने लाशों की शिनाख्त सुरेंद्र सिंह और उस के साथी साहब सिंह के रूप में कर दी.
इस के बाद मृतक सुरेंद्र सिंह के भाई अवतार सिंह ने पुलिस को बताया कि सुरेंद्र सिंह पिछले कुछ दिनों से बीमार रहता था. उस ने स्थानीय डाक्टरों से काफी इलाज कराया, लेकिन यहां के डाक्टर उस की बीमारी को समझ नहीं सके. इसलिए चंडीगढ़ स्थित पीजीआई में दिखाने के लिए वह 22 जनवरी की सुबह 4 बजे के करीब अपने दोस्त साहब सिंह के साथ घर से निकला था.
अवतार सिंह ने पुलिस को यह भी बताया था कि सुरेंद्र सिंह ने जो नई कार खरीदी थी, उस में ईंधन रिस रहा था. कई बार डीलर से इस की शिकायत भी की गई थी. यह बताने का उन का मकसद था कि पुलिस इस हादसे को कार की तकनीकी खराबी की वजह से हुआ हादसा समझे.
कार से बरामद लाशों की हालत इतनी बुरी थी कि किसी भी हालत में पहचाना नहीं जा सकता था, इसलिए पुलिस ने सुरेंद्र सिंह के भाई और भांजे की बात मान ली. पुलिस ने तकनीकी खराबी की वजह से कार में आग लगने और उस में सुरेंद्र सिंह और साहब सिंह के जल कर मरने की बात को हादसा मानते हुए रिपोर्ट तैयार कर के फाइल बंद कर दी.
दूसरी ओर सुरेंद्र सिंह और साहब सिंह के घर वालों ने सब के सामने ऐसा नाटक किया, जैसे दोनों सचमुच मर गए हैं. उन के मरने के बाद की सारी रस्में पूरी की गईं. उन की आत्मा की शांति के लिए अखंड पाठ करवा कर भोग भी डाला गया. यह सब होने के बाद सुरेंद्र सिंह और साहब सिंह की मौत को ले कर किसी भी तरह के शक की गुंजाइश नहीं रह गई.
दूसरी ओर सुरेंद्र सिंह और साहब सिंह अपना हुलिया बदल कर अलगअलग ठिकानों पर छिप कर रहे रहे थे. सुरेंद्र सिंह लगातार घर वालों के संपर्क में था. वह चाहता था कि जल्दी से जल्दी बीमा की रकम घर वालों को मिल जाए तो वह हमेशा के लिए अमृतसर छोड़ कर किसी दूसरे शहर में बस जाए. बीमा की रकम 2 करोड़ के आसपास थी.
2 हत्याएं करने के बाद भी सुरेंद्र सिंह पूरी तरह निश्चिंत था. अब उसे केवल बीमा कंपनियों से मिलने वाले पैसे की चिंता थी. उस का दुस्साहस ही था कि जिस शहर (अमृतसर) के लोगों की नजरों में वह और उस का साथी साहब सिंह मर चुका था, उसी शहर के शराबखानों में बैठ कर दोनों शराब पीते थे. बदले हुलिए की वजह से उन्हें भ्रम था कि कोई भी उन्हें पहचान नहीं पाएगा.
लेकिन ऐसा नहीं था. कुछ लोगों ने बदले हुए हुलिए के बावजूद सुरेंद्र सिंह को पहचान लिया था. सुरेंद्र सिंह और साहब सिंह के कार में जल कर मरने की कहानी उन लोगों को पता थी. जब उन लोगों ने दोनों को जिंदा देखा तो उन्हें हैरानी हुई. धीरेधीरे उन के जिंदा होने की अफवाह फैलने लगी. जबकि दूसरी ओर सुरेंद्र सिंह छिप कर अपने घर वालों के माध्यम से बीमा कंपनियों से रुपए ऐंठने की कागजी काररवाई करवाने में लगा था.
साहब सिंह के प्रति भी सुरेंद्र सिंह की नीयत ठीक नहीं थी. उस ने उस का जो बीमा करवाया था, उस रकम को वह पूरा का पूरा हड़प जाना चाहता था. साहब सिंह के नाम से 40 लाख की पालिसी थी. कायदे से साहब सिंह के मरने के बाद वह रकम उस की पत्नी सुनंदा को मिलनी चाहिए थी. जबकि सुनंदा को इस बात की कोई जानकारी ही नहीं थी.
यही वजह थी कि साहब सिंह के नाम जो 40 लाख की पालिसी थी, उस रकम को लेने के लिए सुरेंद्र सिंह के घर वालों ने किसी दूसरी औरत को सुनंदा बना कर बीमा कंपनी के अधिकारियों के सामने पेश कर दिया. बाद में उस की यह धोखेबाजी उसी के लिए घातक साबित हुई.
40 लाख की रकम कोई मामूली रकम तो थी नहीं, इसलिए बीमा कंपनी रकम अदा करने से पहले हर तरह का संदेह दूर कर लेना चाहती थी. इस की जांच के लिए बीमा कंपनी की एक टीम मुंबई से अमृतसर आई. जब यह टीम साहब सिंह के घर पहुंची और सुनंदा से बात की तो पता चला कि उसे तो इस बीमा पालिसी के बारे में कुछ पता ही नहीं था.
साहब सिंह की पत्नी सुनंदा ने जब इस मामले में अनभिज्ञता जाहिर की तो जांच करने आए बीमा कंपनी के अधिकारियों को लगा कि किसी साजिश के तहत बीमा कंपनी से ठगी की कोशिश की जा रही थी. इस के बाद उन्होंने इस मामले की जानकारी पुलिस को देने का फैसला किया.
दूसरी ओर अब तक सुरेंद्र सिंह और साहब सिंह के जिंदा होने की खबरें काफी जोर पकड़ चुकी थीं. किसी ने यह जानकारी पंजाब ह्यूमन राइट्स आर्गेनाइजेशन के अध्यक्ष अजीत सिंह बैंस, जो पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के जस्टिस भी रह चुके थे, को दी तो उन्हें यह सारा मामला रहस्यमय लगा. उन्होंने आर्गेनाइजेशन के मुख्य जांच अधिकारी सरबजीत सिंह को सच्चाई का पता लगाने को कहा.
सरबजीत सिंह कई लोगों से तो मिले ही, साथ ही सुरेंद्र सिंह के घर वालों की गतिविधियों पर भी नजर रखनी शुरू कर दी. इस से जल्दी ही उन्हें पता चल गया कि सुरेंद्र सिंह और साहब सिंह मरे नहीं, जिंदा हैं. जब उन्होंने यह बात अजीत सिंह बैंस को बताई तो उन्हें यह मामला काफी गंभीर लगा, क्योंकि अगर सुरेंद्र सिंह और साहब सिंह जिंदा थे तो कार में जल कर मरने वाले 2 लोग कौन थे?
अब इस मामले की जानकारी पुलिस को देनी जरूरी था. कार मानावालां कस्बे के पास जली थी. यह इलाका अमृतसर देहात के अंतर्गत आता था. अजीत सिंह बैंस ने इस पूरे मामले की जानकारी अमृतसर (देहात) के एसएसपी गुरप्रीत सिंह गिल को दी तो उन्हें यह मामला सनसनीखेज और बेहद संगीन लगा. उन्होंने तत्काल इस की जांच कराने की जिम्मेदारी एसपी (डिटेक्टिव) राजेश्वर सिंह को सौंप दी.
एसपी राजेश्वर सिंह ने इस मामले की जांच की जिम्मेदारी इंसपेक्टर रछपाल सिंह को सौंपी. उन्होंने जांच शुरू की तो साजिश की परतें एकएक कर के खुलने लगीं. जांच शुरू करते ही उन्हें पता चल गया कि इस खौफनाक साजिश में कई लोग शामिल थे, लेकिन पुलिस पहले इस साजिश के सूत्रधार सुरेंद्र सिंह और उस के साथी साहब सिंह को दबोचना चाहती थी, जो मर कर भी जिंदा घूम रहे थे.
इंसपेक्टर रछपाल सिंह ने सुरेंद्र सिंह और साहब सिंह की गिरफ्तारी के लिए जगहजगह छापे मारने शुरू कर दिए. इस से सुरेंद्र सिंह को पुलिस काररवाई की भनक लग गई. पुलिस उस तक पहुंचती, उस के पहले ही वह गायब हो गया. लेकिन साहब सिंह पुलिस के हाथ लग गया. पुलिस ने उसे गग्गोबुआ गांव से उस के भांजे रंजीत सिंह के घर से पकड़ा था.
साहब सिंह को थाने ला कर सख्ती से पूछताछ की गई तो उस ने रोंगटे खड़े कर देने वाली खौफनाक साजिश का खुलासा कर दिया. इस के बाद पुलिस ने भादंवि की धाराओं 302, 364, 420, 436, 115, 120बी और 201 के तहत मुकदमा दर्ज कर के सुरेंद्र सिंह और साहब सिंह के अलावा अन्य लोगों को नामजद किया. ये लोग थे सुरेंद्र सिंह की पत्नी जसबीर कौर, तीनों बेटे मुख्तयार सिंह, सुखचैन सिंह और सुखवंत सिंह, बहू सरबजीत कौर, भाई अवतार सिंह, भांजा रंजीत सिंह और सुरेंद्र सिंह का साला सुरेंद्र सिंह.
सुरेंद्र सिंह की पत्नी जसबीर कौर, बेटे सुखचैन सिंह और सरबजीत कौर को पुलिस ने 16 मार्च को ही गिरफ्तार कर लिया था. इस के बाद पुलिस ने सुरेंद्र सिंह और साहब सिंह को पनाह देने वाले निशान सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया.
कथा लिखे जाने तक नामजद लोगों में से 7 लोग गिरफ्तार हो चुके थे. मुख्य अभियुक्त सुरेंद्र सिंह अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर था. साजिश में शामिल सुरेंद्र सिंह के 2 बेटे मुख्तयार सिंह और सुखवंत सिंह आस्ट्रेलिया में थे. पुलिस ने उन्हें भारत लाने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी थी.
पुलिस को उम्मीद है कि एक न एक दिन सभी अभियुक्त पकड़े जाएंगे. लेकिन उन के पकड़े जाने पर भी उन दोनों बेगुनाहों के बारे में पता नहीं चल पाएगा कि वे कौन थे और कहां से आए थे, जो बेमौत मारे गए. जबकि उन के घर वाले उन के आने की राह देख रहे होंगे. Insurance Fraud
— इसके बाद अदालती कार्रवाई में क्या हुआ यह ज्ञात नहीं है.
Luxury Car Scam. लार्ड मुकुल पौल तनेजा एक उच्चशिक्षित लेखक ही नहीं था, बल्कि मैनेजमेंट गुरु और फिल्म प्रोड्यूसर भी था. इन सब के बावजूद उस के हालात ऐसे हो गए कि वह एक ठग बन गया.
इंग्लैंड में रहने वाली एनआरआई महिला निशा करावद्रा भारत आई हुई थीं. घर पर बैठी वह एक दैनिक अखबार पढ़ रही थीं, तभी उन की नजर अखबार में छपे एक विज्ञापन पर गई. वह विज्ञापन एक कार का था, रेनोल्ट डस्टर नाम की उस एसयूवी कार का नंबर वीआईपी था. निशा को भारत में एक लग्जरी कार की जरूरी थी. उन्हें वीआईपी नंबर की वह कार पसंद आ गई. विज्ञापन में जो फोन नंबर दिया हुआ था, निशा ने उस नंबर पर बात की.
दूसरी तरफ से बोलने वाले व्यक्ति ने अपना नाम लार्ड मुकुल पौल तनेजा बताते हुए खुद को यूके का नामी शख्स बताया. उस ने निशा को बताया, ‘‘मैडम, नई दिल्ली के हौजखास इलाके में अगस्त क्रांति मार्ग पर, मेफेयर गार्डन में बी-20 नंबर का मेरा बंगला है. आप बंगले पर आ कर कार देख सकती हैं.’’
निशा उसी दिन उस बंगले पर पहुंच गईं. उस बंगले में औडी सहित अन्य कई महंगी गाडि़यां खड़ी थीं. यह सब देख कर उन्हें यकीन हो गया कि मुकुल पौल तनेजा ने अपने बारे में उसे जो बताया था, वह सही होगा. निशा ने वह कार वीआईपी नंबर की वजह से खरीदने का मूड बनाया था. उस का नंबर था—यूके07एएक्स-0999. काले रंग की वह कार उन्हें अच्छी कंडीशन में दिखी.
कार को चकाचक हालत में देख कर उन्होंने उसे खरीदने का फैसला कर लिया. उन्होंने मुकुल पौल तनेजा से जब कार खरीदने के बारे में बात की तो साढ़े 10 लाख रुपए में उस का सौदा हो गया. बाद में कुछ फौरमैलिटी पूरी करने के बाद निशा ने मुकुल पौल तनेजा को साढ़े 10 लाख रुपए दे दिए.
अब केवल रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (आरसी) ट्रांसफर करने का काम बचा था. मुकुल पौल तनेजा ने उन्हें आश्वासन दिया कि हफ्ता भर में आरसी ट्रांसफर हो जाने के बाद गाड़ी उन्हें सौंप देगा. हफ्ते भर बाद कार सौंपने की बात पर निशा को भी कोई ऐतराज नहीं था.
निशा ने भी सोचा कि अब केवल आरटीओ औफिस से कागज ट्रांसफर होने रह गए हैं. यह काम होते ही गाड़ी उन्हें मिल जाएगी. हफ्ते भर बाद भी जब उन्हें कार की आरसी नहीं मिली तो उन्होंने मुकुल पौल तनेजा से फोन पर फिर बात की. तब उस ने बताया कि देहरादून आरटीओ औफिस में कागज ट्रांसफर होने की प्रक्रिया चल रही है, जैसे ही यह काम हो जाएगा, गाड़ी उन्हें सौंप देगा.
इसी तरह कई महीने बीत गए, लेकिन न तो उन्हें खरीदी गई कार के कागजात मिले और न ही कार. जब वह कुछ कहतीं तो तनेजा कोई न कोई बहाना बना कर टाल देता. बारबार टालने पर उन्हें मुकुल की बातों पर शक होने लगा. तब उन्होंने देहरादून के आरटीओ औफिस में संपर्क किया.
वहां से उन्हें पता चला कि जो कार उन्होंने मुकुल पौल से खरीदी है, वह पंजाब नैशनल बैंक, मोतीबाग, नई दिल्ली से फाइनैंस कराई गई थी. फाइनैंस कराने के बाद कार की किस्तें जमा नहीं की गई थीं. इसलिए वह कार लोन चुकाए बिना किसी और के नाम नहीं की जा सकती. यानी बैंक से एनओसी लिए बिना कार की आरसी किसी दूसरे के नाम ट्रांसफर नहीं हो सकती थी.
यह जानकारी मिलते ही निशा के जैसे होश उड़ गए. क्योंकि तनेजा ने उन से यह बात नहीं बताई थी. निशा ने इस बारे में मुकुल पौल से बात की तो उस ने कहा, ‘‘बैंक का जो भी लोन था, मैं ने चुका दिया है. बैंक से एनओसी ले कर मैं अथौरिटी में जमा करा दूंगा. अब तक मैं किसी दूसरे काम में बिजी था, जिस की वजह से लेट हो गया. अब आप चिंता न करें, जल्द ही कागज तैयार करा दूंगा.’’
निशा को लग रहा था कि मुकुल उन्हें बेवकूफ बनाने की कोशिश कर रहा है. फिर भी उन्होंने उस पर एक बार फिर से विश्वास कर लिया. काफी दिन बीत जाने के बावजूद भी निशा को आरसी नहीं मिली. अब निशा को लगने लगा कि मुकुल चीटर है. वह बारबार टाल कर उन्हें बेवकूफ बना रहा है. लिहाजा उन्होंने उस से अपने साढ़े 10 लाख रुपए वापस मांगे. तब उस ने पैसे लौटाने से मना कर दिया.
इतनी मोटी रकम भला वह कैसे छोड़ सकती थीं, इसलिए वह सख्त हो गईं. तब मुकुल पौल ने अपने राजनैतिक संबंधों का हवाला देते हुए उन्हें धमकाने की कोशिश की.
निशा चुप रहने वालों में नहीं थीं. उन्होंने ठान लिया कि वह धोखाधड़ी करने वाले इस शख्स को सबक जरूर सिखाएंगी. इंग्लैंड के एक सांसद जिन से निशा के अच्छे संबंध थे, से उन्होंने बात की और अपने साथ हुई धोखाधड़ी के बारे में बताया. उस सांसद ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर से बात कर निशा करावद्रा की हेल्प करने की गुजारिश की.
इस के बाद निशा दिल्ली पुलिस कमिश्नर बी.एस. बस्सी से मिलीं और धोखाधड़ी करने वाले लार्ड मुकुल पौल तनेजा के खिलाफ कानूनी काररवाई करने की मांग की. कमिश्नर ने इस मामले की जांच क्राइम ब्रांच से कराने के आदेश दिए.
क्राइम ब्रांच के संयुक्त आयुक्त रविंद्र यादव ने धोखाधड़ी के इस मामले की जांच के लिए एंटी एक्सटोर्शन सेल के एसीपी होशियार सिंह के निर्देशन में एक पुलिस टीम बनाई. टीम में तेजतर्रार सबइंसपेक्टर विनय त्यागी, अतुल त्यागी, हेडकांस्टेबल राजकुमार, संजीव, जुगनू त्यागी, नरेश पाल, कांस्टेबल राजीव सहरावत, विपिन कुमार आदि को शामिल किया.
पुलिस टीम आरोपी लार्ड मुकुल पौल तनेजा की तलाश में जुट गई. पुलिस को दिल्ली में हौजखास के अलावा उस के देहरादून स्थित बंगले का पता भी मिल गया. दोनों ही जगहों पर पुलिस ने दबिश डाली. लेकिन वह नहीं मिला. शायद उसे पुलिस काररवाई की भनक लग गई थी, इसलिए वह इधरउधर घूमता रहा.
अपने सूत्रों से पुलिस ने यह पता लगा लिया था कि मुकुल पौल एक ठग है. इस दौरान वह किसी और को अपना शिकार न बना ले, यह आशंका पुलिस को हो रही थी. उस का सुराग लगाने के लिए टीम ने अपने मुखबिरों को भी लगा दिया. इस का नतीजा जल्द ही सामने आ गया. एक मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आखिरकार 1 मई, 2014 को उसे दिल्ली की मुनीरका मार्र्केट के पास से हिरासत में ले लिया.
हिरासत में लिए जाने पर मुकुल पौल बौखला कर बोला, ‘‘लगता है, आप लोगों को कोई गलतफहमी हुई है. मैं ने किसी के साथ कोई चीटिंग नहीं की है. मैं एक हाईसोसायटी से हूं. मेरा संबंध राजनीति में रसूख रखने वाले लोगों से है, इसलिए आप लोग मुझे छोड़ दीजिए, वरना परेशानी में पड़ सकते हो.’’
पुलिस धमकी में न आ कर उसे पूछताछ के लिए अपने दफ्तर ले आई. 50 वर्षीय लार्ड मुकुल पौल तनेजा से जब क्राइम ब्रांच औफिस में पूछताछ शुरू हुई तो वह खुद को बेकुसूर बताता रहा.
लेकिन पुलिस के पास इस बात के सुबूत थे कि उस ने निशा से साढ़े 10 लाख रुपए हड़प लिए थे. उन सुबूतों के आधार पर जब मुकुल पौल से पूछताछ की गई तो आखिर उसे निशा के साथ चीटिंग करने की बात स्वीकारनी पड़ी.
लार्ड मुकुल पौल तनेजा वास्तव में कोई आम आदमी नहीं था. पता चला कि वह एक उच्चशिक्षित लेखक, मैनेजमेंट गुरु और फिल्म प्रोड्यूसर था. उस से की गई पूछताछ के बाद ठगी का कारनामा करने की जो कहानी सामने आई, वह इस प्रकार थी.
मुकुल पौल तनेजा दक्षिणी दिल्ली के हौजखास इलाके में मेफेयर गार्डन के रहने वाले अर्जुन कुमार तनेजा का बेटा था. अर्जुन कुमार एक निजी कंपनी में उच्च पद पर नौकरी करते थे.
मुकुल पौल की मां निर्मल तनेजा अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में निदेशक थीं, जो 1989 में रिटायर हो चुकी थीं. मुकुल पौल ने सन 1983 में वसंतकुंज के मौडर्न स्कूल से 12वीं कक्षा पास की थी. इस के बाद उस ने दिल्ली के ही शेख सराय स्थित कालेज औफ वोकेशनल स्टडीज से सन 1987 में मार्केटिंग में बीबीए किया.
मुकुल पौल पढ़ाई में बहुत होशियार था. पढ़ाई में अव्वल होने की वजह से उसे स्कौलरशिप मिलती रही. जिस से उस ने विश्व के कई देशों में जा कर पढ़ाई की. सन 1989 में उस ने लंदन के कार्डिफ बिजनैस स्कूल से एमबीए किया और उस के बाद एलएलएम की डिग्री हासिल की.
इस के बाद उस ने भारत और ब्रिटेन के विभिन्न प्रतिष्ठित स्कूल, कालेज और विश्वविद्यालयों में एमबीए में लेक्चर देने शुरू कर दिए. उस के लेक्चर पसंद किए जाने लगे. जिस के बाद उसे मैनेजमेंट गुरु के नाम से जाना जाने लगा.
बताया जाता है कि उस ने मैनेजमेंट पर कई किताबें भी लिखीं. उस की काबिलियत को देखते हुए ब्रिटिश सरकार ने उसे लार्ड की उपाधि से सम्मानित किया.
मैनेजमेंट गुरु के रूप में लार्ड मुकुल पौल तनेजा की अब अच्छी पहचान बन चुकी थी. इसी बीच 1992 में वह भारत आ गया. यहां आ कर उसे जयप्रकाश ग्रुप औफ इंडस्ट्रीज में नौकरी मिल गई. सन 1992 से 1995 तक उस ने इस ग्रुप में नौकरी की. नौकरी में उसे एक निश्चित पगार मिलती थी, जबकि उस की चाहत उस से कहीं ज्यादा थी. इसलिए उस ने नौकरी छोड़ने का फैसला कर लिया.
वह अपना कोई ऐसा बिजनैस करना चाहता था, जिस में उसे अच्छी आमदनी हो. एक साल बाद उस ने गारमेंट्स एक्सपोर्ट के बिजनैस में हाथ आजमाया. एमजीए एक्सपोर्ट नाम से उस ने एक एक्सपोर्ट फर्म खोली. इसी दौरान 1998 में राजस्थान के धौलपुर जिले के एक अमीर घराने की लड़की के साथ उस ने शादी कर ली.
लार्ड मुकुल पौल ने गारमेंट्स एक्सपोर्ट का जो बिजनैस शुरू किया था, उस में जब उसे घाटा होने लगा तो उस ने वह बिजनैस बंद कर दिया. फिर उस ने जम्मूकश्मीर विकास प्राधिकरण के साथ मिल कर होटल और रेस्तरां का बिजनैस शुरू किया. यह उस की बड़ी सोच थी. पूरे भारत में होटल और रेस्तरां खोलने की उस की योजना थी. लेकिन इस धंधे में भी उसे घाटा उठाना पड़ा तो उस ने सन 2001 में यह बिजनैस भी बंद कर दिया.
मुकुल पौल एक हाईक्लास फैमिली से ताल्लुक रखता था, उस का रहनसहन शानोशौकत वाला था. जबकि आमदनी उस की जरूरत से कम थी. बताया जाता है कि होटल का बिजनैस करते समय उसे जब जम्मूकश्मीर में रहना पड़ा तो उसी दौरान उसे आतंकी संगठन जेकेएलएफ की तरफ से धमकियां भी मिली थीं.
इस के बाद मुकुल पौल ने कमोडिटी ट्रेडिंग के क्षेत्र में हाथ आजमाया. उस ने यह धंधा बड़े पैमाने पर शुरू किया. इस के लिए उस ने नई दिल्ली के हौजखास और इंग्लैंड में औफिस खोले.
जब बिजनैस बड़े पैमाने पर शुरू किया तो उसे इस में मोटी रकम भी इनवैस्ट करनी पड़ी. कुछ दिनों बाद इस बिजनैस का भी वही हाल हुआ जो उस के दूसरे बिजनैसों का हुआ था. यानी इस में भी उसे मोटा घाटा हुआ.
लार्ड मुकुल पौल जिस बिजनैस में भी हाथ डाल रहा था, उसी में उसे घाटा उठाना पड़ रहा था. इस की एक वजह शायद यह थी कि काम शुरू करने से पहले उसे उन कामों की नालेज नहीं था. जिस का खामियाजा उसे बिजनैस के घाटे के रूप में देखने को मिल रहा था. लगातार घाटे से उबरने का उसे कोई उपाय नहीं सूझ रहा था.
बौलीवुड की कई हस्तियों से उस के अच्छे संबंध थे. मोटी कमाई के लिए उस ने बौलीवुड की कई आर्ट फिल्मों में पैसा लगाया. फिल्म फाइनैंस करने के अलावा उस ने फिल्में भी बनाईं, लेकिन फिल्में फ्लौप हो जाने से उसे बहुत इस में भी उठाना पड़ा. जिस से उस ने इस क्षेत्र में बढ़ाए अपने कदम भी खींच लिए. लेकिन अभिनेता शाहिद कपूर की मां नीलिमा अजीम से कानूनी विवाद होने की वजह से मुकुल पौल की फिल्म ‘नवाब नौटंकी’ पूरी नहीं हो सकी. नीलिमा अजीम ने भी मुकुल पौल को ठग बताया.
अपना सामाजिक स्तर बनाए रखने और शानोशौकत दिखाने के लिए मुकुल पौल ने औडी ए-6, सुजुकी किजाशी, फोक्सवैगन पोलो, फोर्ड इको स्पोर्ट्स, स्विफ्ट डिजायर, रेनोल्ट डस्टर आदि कारें खरीद रखी थीं. इन में से अधिकांश कारें विभिन्न बैंकों से लोन पर खरीदी गई थीं.
उस की शानोशौकत देख कर कोई नहीं कह सकता था कि वह कितना कर्जदार है. बल्कि उस के व्यक्तित्व को देख कर उस से पहली बार मिलने वाला व्यक्ति उस से प्रभावित हो जाता था.
गाडि़यों पर ही नहीं, उस ने अपने बंगले पर भी 70 लाख का लोन ले रखा था. उस ने विभिन्न बैंकों से लोन तो ले लिया था, लेकिन आमदनी का कोई जरिया न होने की वजह से वह लोन की किस्तें भी नहीं चुका पा रहा था.
दिल्ली के मोतीबाग स्थित पंजाब नैशनल बैंक की शाखा से उस ने रेनोल्ट डस्टर और सुजुकी किजाशी कारें खरीदने के लिए लगभग 20 लाख रुपए का लोन लिया था. लोन की अदायगी न करने पर बैंक ने लार्ड मुकुल पौल तनेजा को डिफाल्टर घोषित कर कर के इस का विज्ञापन विभिन्न अखबारों में भी छपवा दिया था.
मुकुल पौल की इनकम बंद थी और उस के खर्चे जस के तस थे. उस ने कई बैंकों से पहले ही मोटा कर्ज ले रखा था, किस्त अदायगी न होने की वजह से पंजाब नैशनल बैंक उसे डिफाल्टर घोषित कर चुकी थी, जिस की वजह से बैंकों से कर्ज लेना उस के लिए अब आसान नहीं था. कोई दूसरा धंधा शुरू करने के लिए उस के पास पैसे नहीं थे. पैसे कमाने के लिए वह क्या करे, यही सोच कर वह परेशान रहने लगा.
उस के पास जो लग्जरी कारें थीं, वे वीआईपी रजिस्टे्रशन नंबरों की थीं. उस ने उन्हीं लग्जरी कारों के जरिए धोखाधड़ी करने की योजना बनाई. उस ने विभिन्न अखबारों में वीआईपी नंबरों की लग्जरी कारों को बेचने के विज्ञापन देने शुरू कर दिए.
कोई व्यक्ति जब उस से कार खरीदने की बात करता तो वह गाड़ी का सौदा करने के बाद रकम ले लेता और गाड़ी व उस के रजिस्टे्रशन के कागज बाद में देने को कह देता.
कुछ दिनों बाद भी जब रजिस्टे्रशन सर्टिफिकेट उस व्यक्ति के नाम ट्रांसफर नहीं हो पाता तो वह व्यक्ति मुकुल पौल से शिकायत करता. मुकुल पौल उस व्यक्ति को कोई न कोई बहाना बना कर टालता रहता. फिर अंत में परेशान हो कर वह व्यक्ति मुकुल से अपने पैसे लौटाने की बात करता तो वह अपनी ऊंची राजनैतिक पहुंच होने की धमकी दे कर उसे चुप करा देता.
एनआरआई महिला निशा करावद्रा के साथ भी मुकुल पौल ने ऐसा ही किया. लेकिन निशा भी ऊंची पहुंच वाली महिला थीं, इसलिए वह उस की धमकी में नहीं आईं और ऐसे धोखेबाज आदमी को सबक सिखाने के लिए पुलिस का सहारा लिया. इस का नतीजा यह निकला कि लार्ड मुकुल पौल तनेजा पुलिस के हत्थे चढ़ गया.
लार्ड मुकुल पौल तनेजा से पूछताछ के बाद पुलिस ने उस की वीआईपी नंबर की रेनोल्ट डस्टर कार भी बरामद कर ली. फिर उसे 2 मई, 2014 को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया. अब मामले की जांच सबइंसपेक्टर विनय त्यागी कर रहे हैं.
— इसके बाद अदालती कार्रवाई में क्या हुआ यह ज्ञात नहीं है.