Extramarital Afaair : 4 साल बाद मिले कंकाल ने बयां की इश्क की कहानी

Extramarital Afaair गाजियाबाद के थाना नंदग्राम के गांव सिकरोड का रहने वाला चंद्रवीर बहुत खुश था. क्योंकि उस ने अपनी पैतृक जमीन का छोटा सा टुकड़ा अच्छे दामों में एक बनिए को जो बेच डाला था. बनिया वहां अपनी दुकान बनाना चाहता था. अब बनिया वहां दुकान खोले या कुछ और बनवाए, चंद्रवीर को इस से कोई मतलब नहीं रह गया था. वह तो नोटों को अपने अंगौछे में बांध कर घर की ओर लौट पड़ा था. रास्ते से उस ने देशी दारू की बोतल भी खरीद कर अंटी में खोंस ली थी.

घर के पास पहुंच कर उस ने अपने पास वाले घर के दरवाजे पर जोर से आवाज लगाई, ‘‘अरुण…ओ अरुण.’’

कुछ ही देर में दरवाजा खोल कर दुबलापतला गोरे रंग का युवक सामने आया. चंद्रवीर के चेहरे की चमक और खुशी देख कर ही वह ताड़ गया कि चंद्रवीर ने बेकार पड़ा जमीन का वह टुकड़ा बेच डाला है, जिसे बेचने की वह पिछले एक महीने से कोशिश कर रहा था. फिर भी अरुण उर्फ अनिल ने पूछा, ‘‘क्या बात है भैया, काहे पुकार रहे थे मुझे? और इतने खुश काहे हो आप?’’

‘‘अरुण, मैं ने अपनी जमीन का बलुआ रेत वाला वह टुकड़ा बनिए को एक लाख रुपए में बेच डाला है. आज मैं बहुत खुश हूं.यह लो 2 सौ रुपए, दौड़ कर चिकन ले आओ. तुम्हारी भाभी से चिकन बनवाएंगे. जब तक चिकन पकेगा, हमारी महफिल में जाम छलकते रहेंगे, आज जी भर कर पीएंगे.’’

अरुण हंस पड़ा, ‘‘होश में रहने तक ही पीनी होगी भैया. ज्यादा पी ली तो भाभी बाहर चौराहे पर चारपाई लगा देंगी.’’

ही..ही..ही.. चंद्रवीर ने खींसें निपोरी, ‘‘होश में ही रहूंगा अरुण, तुम्हारी भाभी के गुस्से का शिकार थोड़े ही होना है. अब तुम देर मत करो, जल्दी चिकन खरीद लाओ.’’

‘‘यूं गया और यूं आया भैया.’’ अरुण ने हाथ नचा कर कहा और भीतर घुस गया.

कुछ ही देर में वह थैला ले कर बाहर आया, ‘‘भैया, आप पानी गिलास तैयार करिए, मैं दौड़ कर चिकन ले आता हूं.’’

अरुण तेजी से मुरगा मंडी की तरफ चला गया तो चंद्रवीर ने अपने घर में प्रवेश किया.

बैठक में पहुंच कर उस ने पत्नी को आवाज लगाई, ‘‘सविता…’’

नहाते समय देख लिया था सविता को

उस की पत्नी चुन्नी के पल्लू से हाथ पोंछती हुई बैठक में आ गई. वह सुंदर और गेहुंए रंग की थी. चेहरे पर अब उम्र की रेखाएं उभरने लगी थीं लेकिन उस के भरे हुए मांसल जिस्म की बनावट के कारण वह प्रौढ़ावस्था में भी जवान ही दिखाई पड़ती थी.

‘‘यह एक लाख रुपया है, संभाल लो. अपने लिए कान के झुमके बनवा लेना. एक अच्छा सा सूट, स्वेटर और शाल भी खरीद लाना. इस में से 500 रुपए मैं ने अपने शौक के लिए लिया है. अरुण को चिकन लेने बाजार भेजा है.’’

‘‘अरुण!’’ सविता ने मुंह बिगाड़ा, ‘‘उसे काहे भेजा बाजार?’’

‘‘भाई है मेरा, वो काम नहीं करेगा तो कौन करेगा?’’ चंद्रवीर ने कहा, ‘‘वैसे तुम काहे इस बात पर नाराज हो रही हो. कुछ कहा क्या उस ने?’’

‘‘आज…’’ सविता कुछ कहतेकहते रुक गई और पति की ओर देखने लगी.

‘‘क्या हुआ आज?’’ चंद्रवीर ने उस की ओर प्रश्नसूचक नजरों से देखा.

‘‘आज मैं ने बालों में डालने के लिए तेल की शीशी उठाई तो उस में तेल खत्म था. मैं ने अरुण को बुला कर तेल लाने के लिए कहा तो वह मना कर के चला गया. कह रहा था कि उसे नींद आ रही है.’’

चंद्रवीर हंस पड़ा, ‘‘अरे नींद आ ही रही होगी उसे, तभी तो मना कर दिया होगा. इस में नाराज क्या होना, जाओ यह रुपए बक्से में रख दो और ताला लगा देना. हां, मिर्चमसाला भी पीस लो, चिकन पकेगा आज.’’

सविता ने रुपए लिए और अंदर के हिस्से में बने उस बैडरूम में आ गई, जिस में वे लोग सोते थे. उस में एक संदूक रखा था. सविता ने रुपए संदूक में संभाल कर रख दिए. इस के बाद सविता किचन में आ गई. उस ने आज पति चंद्रवीर से झूठ बोला था, बात को वह बड़ी सफाई से घुमा गई थी जबकि मामला दूसरा ही था. बात यह थी कि आज जब वह दोपहर में घर के आंगन में लगे हैंडपंप पर नहाने बैठी थी तो उस ने अपने अंगवस्त्र तक उतार कर धोने के लिए डाल दिए थे. वह अपनी देह को मल रही थी. कड़क धूप में बाहर बैठ कर नहाना उसे अच्छा लगता था. उस की पीठ चारदीवारी के दरवाजे की तरफ थी.

उस का देवर अरुण न जाने कब आंगन में आ गया था और उसे बड़ी ललचाई नजरों से नहाते हुए देख रहा था. वह उस के नग्न जिस्म को घूर रहा था. सविता को इस की भनक तक नहीं लगी थी, नहाने के बाद वह तौलिया उठाने के लिए खड़ी हो कर घूमी तो उस की नजर अरुण पर चली गई. वह घबरा गई. उस ने जल्दी से तौलिया उठाया और शरीर पर लपेट कर कमरे की ओर भागी. अरुण उस की बदहवासी देख कर खिलखिला कर हंस पड़ा. सविता ने कमरे में आ कर किवाड़ बंद कर लिए. तौलिया उस के हाथों से नीचे गिर पड़ा. उस ने अपने बदन को देखा तो खुद ही लजा गई. उस की सांसें अभी भी धौंकनी की तरह चल रही थीं.

वह यह सोच कर ही शर्म से जमीन में गड़ी जा रही थी कि उस के इसी नग्न जिस्म को अरुण ने बड़ी बेशर्मी से देखा है. अरुण की आंखों में वासना और चेहरे पर वहशी चमक थी. सविता को उस समय लगा था कि यदि वह क्षण भर भी और आंगन में रह जाती तो अरुण लपक कर उसे बांहों में भर लेता. अरुण उर्फ अनिल था तो चचिया ससुर का लड़का, लेकिन था तो मर्द और यह सविता की जिंदगी का पहला वाकया था कि उस के पति चंद्रवीर के अलावा किसी दूसरे मर्द ने उस की नग्न देह को देखा था.

कमरे में वह काफी देर तक अपनी उखड़ी सांसों को दुरुस्त करती रही, उस के बाद अपने कपड़े पहन कर उस ने दरवाजा खोल कर बाहर झांका था. अरुण आंगन से जा चुका था. सविता ने राहत की सांस ली और बाहर आई थी. फिर वह अपने कपड़े धोने बैठ गई थी. सारा दिन यही सोच कर वह शरम महसूस करती रही कि अब अरुण से वह नजरें कैसे मिलाएगी.

कुसूर इस में अरुण का नहीं था. वह नहाने बैठी थी तो उसे दरवाजा अंदर से बंद कर लेना चाहिए था. अरुण अचानक आ गया तो इस में दोष उस का कैसे हुआ? हां, यदि वह नग्न नहा रही थी तो अरुण को तुरंत वापस चले जाना चाहिए था.

अरुण से नहीं मिलाना चाहती थी नजरें

सविता यह सोच कर सारा दिन पशोपेश में रही कि अरुण से वह नजरें कैसे मिलाएगी. कम से कम दोचार दिन वह अरुण के सामने नहीं जाएगी, सविता ने सोच कर दिल को समझा लिया था, लेकिन चंद्रवीर ने अरुण को शराब की दावत दे कर चिकन लाने बाजार भेज रखा था. अब अरुण घर जरूर आएगा, उस से उस का सामना भी होगा. उफ! सविता का वह दिल फिर तेजी से धड़कने लगा था, जिसे दोपहर में उस ने बड़ी कोशिश कर के काबू में किया था.

रसोई में आ कर वह काम तो कर रही थी, लेकिन सामान्य नहीं थी.

‘‘सविता…’’ उस के कानों में पति की आवाज पड़ी. चंद्रवीर उसे पुकार रहा था, इस का मतलब था अरुण चिकन ले आया था. सविता अरुण के सामने नहीं आना चाहती थी. सविता ने किचन से आवाज लगाई, ‘‘क्या है, क्यों आवाज लगा रहे हो?’’

‘‘अरुण चिकन ले आया है, ले जाओ.’’ चंद्रवीर ने बताया.

‘‘आप ही यहां ला दो, मैं ने मसाला तवे पर डाला है, जल जाएगा.’’

चंद्रवीर थैला ले कर आ गया. थैला रख कर उस ने 2 कांच के गिलास, पानी का लोटा व प्लेट उठाई और चला गया.

सविता ने जैसेतैसे खाना तैयार किया और चंद्रवीर को आवाज लगाई, ‘‘खाना बन गया है, मैं थाली लगा रही हूं. आ कर ले जाओ.’’

‘‘तुम ही ले आओ.’’ चंद्रवीर ने कहा तो सविता को थाली में भोजन रख कर खुद ही बैठक में लाना पड़ा. उस ने उस वक्त चुन्नी को अपने सिर पर इतना खींच लिया था कि अरुण की नजरें उस की नजरों से न मिल सकें.

थालियां पति और अरुण के सामने रखते हुए उस के हाथ कांप रहे थे, उस का दिल बुरी तरह धड़क रहा था और सांसें धौंकनी सी चल रही थीं. उस ने चोर नजरों से देखा. अरुण उसे देख कर बेशर्मी से मुसकरा रहा था.

खाना परोस कर वह तेजी से बैठक से बाहर आ गई. जैसेतैसे चंद्रवीर और अरुण की वह दावत रात के 10 बजे तक खत्म हुई. अरुण चला गया तो सविता की जान में जान आई. दूसरे दिन चंद्रवीर किसी काम से चला गया तो सविता ने कुछ सोच कर अरुण के घर की तरफ कदम बढ़ा दिए. वह रात को ही इस बात का फैसला कर चुकी थी कि अरुण से कल की बेशर्मी भरी हरकत पर सख्ती से बात करेगी. अगर वह चुप रहेगी तो अरुण फिर से वैसी हरकत कर सकता है.

अरुण का दरवाजा ढुलका हुआ था. सविता ने दरवाजा धकेला तो वह अंदर की तरफ खुल गया. सविता सीधा अरुण के कमरे में आ गई. अरुण उस वक्त बिस्तर में लेटा टीवी देख रहा था. आहट पा कर उस ने नजरें घुमाईं तो सविता को देख कर हड़बड़ा कर चारपाई पर उठ बैठा, ‘‘भाभी आप?’’ उस ने हैरानी से कहा.

‘‘हां, मैं.’’ सविता रूखे स्वर में बोली.

‘‘बैठो.’’ अरुण जल्दी से चारपाई से उतर गया.

‘‘मैं बैठने नहीं आई हूं. तुम से कुछ पूछने आई हूं.’’ सविता तीखे स्वर में बोली, ‘‘मुझे यह बताओ, तुम ने वह बेहूदा हरकत क्यों की थी?’’

‘‘कैसी बेहूदा हरकत भाभी?’’ अरुण ने खुद को संभाल कर संयत स्वर में पूछा.

‘‘कल मैं जब नहा रही थी तो तुम अंदर घुस आए और मुझे आंखें फाड़ कर देखते रहे… क्यों?’’

‘‘भाभी,’’ अरुण बेशरमी से मुसकराया, ‘‘आप हो ही इतनी हसीन कि मैं चाह कर भी अपनी नजरें नहीं हटा सका.’’

सविता उस की बात पर अचकचा गई. उसे कुछ नहीं सूझा कि वह क्या कहे.

अरुण अपनी ही धुन में बोलता चला गया, ‘‘भाभी, आप का गदराया यौवन है ही इतना हसीन कि उस पर से कोई मूर्ख ही अपनी नजरें हटाएगा. मैं बेवकूफ और मूर्ख नहीं हूं, कसम ले लो भाभी मैं ने आप की पीठ के तिल भी गिने हैं…’’

सविता शरम से जमीन में जैसे गड़ गई. उस के मुंह से धीरे से निकला, ‘‘चुप हो जाओ अरुण. प्लीज, अब आगे कुछ मत कहना.’’

अरुण ने गहरी सांस ली, ‘‘हकीकत बयां कर रहा हूं भाभी. भले ही आप की शादी हुए 14 साल हो गए, लेकिन आप की सुंदरता एक बेटी की मां बनने के बाद भी कम नहीं हुई है. आप रूप की देवी हो. चंद्रवीर भैया आप की पूजा नहीं करते होंगे. कसम ले लो यदि आप मेरी किस्मत में लिखी होती तो मैं आप को सिंहासन पर बिठा कर पूजता.’’

सविता अपनी तारीफ सुन कर मंत्रमुग्ध हो गई थी. अरुण की एकएक बात उस के रोमरोम को पुलकित कर रही थी. उस के मन में अजीब सी हलचल मच गई थी. उसे अरुण की अंतिम बात ने रोमांच से भर दिया. उसे लगा अरुण उसे शिद्दत से प्यार करता है. उस के यौवन का वह प्यासा भंवरा है, तभी तो उस की चाहत शब्दों के रूप में उस के होंठों पर आ गई है.

शिकायत करतेकरते हो गई शिकार

वह अरुण को डांटने आई थी. अब उस की बातों ने उसे मोह में बांध लिया. सविता से कुछ कहते नहीं बना तो अरुण ने उस की कलाई पकड़ ली और हथेली अपने सीने पर रख कर दीवानों की तरह आह भरते हुए बोला, ‘‘इस सीने में जो दिल है भाभी, वह सिर्फ तुम्हें चाहता है. आज से नहीं बरसों से मैं तुम्हें मन ही मन प्यार करता आ रहा हूं.’’

‘‘तो कहा क्यों नहीं…’’ सविता आंखें बंद कर के धीरे से फुसफुसाई.

‘‘डरता था भाभी, कहीं तुम बुरा न मान जाओ. तुम चंद्रवीर भैया की अमानत हो. मैं अमानत में खयानत करना नहीं चाहता था.’’

‘‘अब क्या कर रहे हो?’’ सविता मदहोशी के आलम में बोली, ‘‘तुम मेरी हथेली सहला रहे हो, यह भी तो गुनाह है न.’’

‘‘आज हिम्मत बटोर ली है भाभी. देखता रहूंगा तो जी जलता रहेगा. आज तुम्हें संपूर्ण पा लेने की इच्छा है, तभी मन में ठंडक पड़ेगी.’’

सविता 35 वर्षीय अरुण की बातों और उस के प्यार भरे स्पर्श से अपना होश गंवा चुकी थी. उस ने आंखें बंद कर के फुसफुसा कर कहा, ‘‘लो कर लो अपने दिल की, तुम्हारे दिल में जो आग भड़क रही है, उसे शांत कर लो.’’

सविता की इजाजत मिली तो अरुण ने उसे बांहों में समेट लिया. देवरभाभी के पवित्र रिश्ते की दीवार को ढहने में फिर वक्त नहीं लगा. सविता जब अरुण के कमरे से निकली तो उस का गुस्सा कपूर की गंध की तरह उड़ चुका था. जिस अरुण ने उसे नहाते हुए नग्न हालत में देखा था, वही अरुण अब उस के तनमन पर छा गया था. सविता बहुत खुश थी. उस ने अपने पति चंद्रवीर के साथ देवर अरुण को भी दिल में जगह दे दी थी. यह बात सन 2017 की है.

42 वर्षीय चंद्रवीर को पैतृक संपत्ति का काफी बड़ा हिस्सा बंटवारे में मिला था. वह उसी संपत्ति का थोड़ाथोड़ा हिस्सा बेच कर अपने परिवार का गुजरबसर कर रहा था. परिवार में 3 ही प्राणी थे— वह, उस की पत्नी सविता और बेटी दीपा (काल्पनिक नाम). चंद्रवीर घर में  किसी चीज की कमी नहीं होने देता था. उस की गृहस्थी की गाड़ी बड़े आराम से चल रही थी.

28 सितंबर, 2018 को चंद्रवीर लापता हो गया. सविता के बताने के अनुसार चंद्रवीर अपने खेत का एक बड़ा हिस्सा बेचने के इरादे से घर से निकला था. शाम ढल गई और अंधेरा जमीन पर उतर आया तो सविता के माथे पर चिंता की लकीरें उभर आईं. उस ने अपनी बेटी दीपा को साथ लिया और पति चंद्रवीर को उन जगहों पर तलाश करने निकल गई, जहांजहां वह उठताबैठता था.

सविता और दीपा ने हर संभावित जगहों पर पति की तलाश की, उस के विषय में पूछताछ की लेकिन हर जगह से उन्हें निराशा मिली. चंद्रवीर आज उन जगहों पर नहीं आया था. दोनों घर आ गईं. जैसेतैसे रात गुजर गई. सुबह सविता ने अरुण को बुला कर बताया कि चंद्रवीर कल सुबह से घर से निकला है, अभी तक वापस नहीं लौटा है. उसे रिश्तेदारी में तलाश करो.

अचानक लापता हो गया चंद्रवीर

अरुण अपने साथ 2-3 लोगों को ले कर उन रिश्तेदारियों में गया, जहांजहां चंद्रवीर आनाजाना करता था. उस ने कितनी ही रिश्तेदारियों में मालूम किया, लेकिन चंद्रवीर कई दिनों से उन लोगों से मिलने नहीं आया था. 2 दिन की तलाश करने के बाद अरुण वापस आ गया. उसे मालूम हुआ कि 3 दिन बीत जाने पर भी चंद्रवीर घर नहीं लौटा है. उस ने सविता को बताया कि चंद्रवीर किसी रिश्तेदारी में भी नहीं पहुंचा है. सुन कर सविता दहाड़े मार कर रोने लगी.

अब तक पूरे गांव में यह बात फैल चुकी थी कि चंद्रवीर 3 दिनों से लापता है. गांव वाले चंद्रवीर की तलाश में सविता की मदद के लिए इकट्ठे हो गए. पूरे गांव में चंद्रवीर को ढूंढा जाने लगा. नदी तालाब, खेत खलिहान हर जगह चंद्रवीर को खोजा गया, लेकिन वह नहीं मिला. इन लोगों में चंद्रवीर का भाई भूरे भी था. भूरे से चंद्रवीर की बनती नहीं थी, वह चंद्रवीर के घर आताजाता नहीं था लेकिन चंद्रवीर था तो सगा भाई, इसलिए उस की तलाश में वह भी जान लड़ा रहा था.

चंद्रवीर जब 5 दिन की खोजखबर के बाद भी नहीं मिला तो 5 अक्तूबर, 2018 को भूरे ने गाजियाबाद के नंदग्राम थाने में चंद्रवीर के लापता होने की सूचना दर्ज करवा दी. नंदग्राम थाने के तत्कालीन एसएचओ पुलिस टीम के साथ सिकरोड गांव में स्थित सविता के घर पहुंच गए. सविता 5 दिनों से आंसू बहा रही थी. दीपा भी पिता की याद में सिसक रही थी. वह एकदम बेसुध और बेहाल सी नजर आ रही थी.

एसएचओ ने सविता के सामने पहुंच कर उसे ढांढस बंधाते हुए कहा, ‘‘देखो रोओ मत, चंद्रवीर की तलाश करने में हम लोग पूरी जान लड़ा देंगे. तुम हमें यह बताओ कि चंद्रवीर के घर से जाने से पहले तुम्हारा क्या चंद्रवीर से झगड़ा हुआ था?’’

‘‘नहीं, मैं उन से आज तक नहीं लड़ी, वह भी मुझ से नहीं लड़ते थे. वह दिल के बहुत अच्छे और नेक इंसान थे. मुझे और अपनी बेटी को बहुत प्यार करते थे.’’ सविता ने आंसू पोंछते हुए कहा.

‘‘चंद्रवीर ने जाने से पहले तुम्हें बताया था कि वह कहां और क्यों जा रहा है?’’ एसएचओ ने दूसरा प्रश्न किया.

‘‘कहां जा रहे हैं, यह भी नहीं बताया था. मेरे सामने वह घर से नहीं निकले थे साहब, वह अंधेरे में ही निकल कर चले गए थे. हम मांबेटी तब सोई हुई थीं.’’

‘‘तुम्हें किसी पर संदेह है?’’

‘‘मेरे पति का अपने भाई भूरे से संपत्ति विवाद रहता था. मुझे लगता है कि वो अंधेरे में घर से नहीं गए, बल्कि उन्हें अंधेरे में गायब कर दिया गया है. यह काम भूरे ने किया है साहब. उस ने शायद मेरे पति की हत्या कर दी है.’’

‘‘यह पक्का हो, ऐसा तो नहीं कह सकते. जांच के बाद ही पता चलेगा कि क्या भूरे ने संपत्ति विवाद के कारण चंद्रवीर को लापता करने की हिमाकत की है.’’ एसएचओ ने कहा और उठ कर उन्होंने एसआई को भूरे को पकड़ कर थाने लाने का आदेश दे दिया.

चंद्रवीर के भाई से की पूछताछ

आवश्यक जानकारी जुटा लेने के बाद एसएचओ अकेले ही थाने लौट आए. एसआई अपने साथ 2 कांस्टेबल ले कर भूरे को हिरासत में लेने के लिए निकल गए थे. थोड़ी देर में ही भूरे को ले कर एसआई और कांस्टेबल थाने आ गए. भूरे ने कभी थाना कचहरी नहीं देखा था. वह काफी डरा हुआ था. आते ही उस ने एसएचओ के पांव पकड़ लिए, ‘‘साहब, मुझे क्यों पकड़ा है आप ने? मैं ने ऐसा क्या अपराध किया है?’’

‘‘तुम ने अपने भाई चंद्रवीर को कहां लापता किया है भूरे?’’ एसएचओ ने उसे खुद से परे कर सख्त स्वर में पूछा.

‘‘मैं चंद्रवीर को कहां लापता करूंगा साहब, वह मेरा भाई है.’’

‘‘तुम्हारा अपने भाई से संपत्ति का विवाद था?’’

‘‘नहीं साहब,’’ भूरे तुरंत बोला, ‘‘हमारा आपस में संपत्ति का बंटवारा बहुत प्रेम से हुआ था. कौन कहता है कि हमारा संपत्ति का विवाद था?’’

‘‘सविता कह रही है,’’ एसएचओ ने भूरे को घूरते हुए कहा, ‘‘सविता का कहना है कि संपत्ति विवाद में तुम ने उस के पति को लापता किया है और उस की हत्या कर दी है.’’

यह सुनते ही भूरे ने सिर थाम लिया. कुछ देर तक वह स्तब्ध सा बैठा रहा फिर तैश में आ कर बोला, ‘‘सविता मुझ से जलती है साहब, वह मुझ पर झूठा आरोप लगा रही है. आप ही बताइए, मैं ने यह काम किया होता तो थाने में आ कर खुद उस की गुमशुदगी की रिपोर्ट क्यों लिखवाता?’’

‘‘रिपोर्ट लिखवाने से तुम निर्दोष थोड़ी हो गए. हम तुम्हारे घर की तलाशी लेंगे.’’

‘‘बेशक तलाशी लीजिए साहब, मैं अपने मांबाप की कसम खा कर कहता हूं कि मैं निर्दोष हूं. चंद्रवीर कहां गया, मैं नहीं जानता.’’

एसएचओ को लगा भूरे सच कह रहा है लेकिन वह पूरी तसल्ली कर लेना चाहते थे. उन्होंने भूरे को साथ लिया और उस के घर की तलाशी ली. उन्हें उस के घर में ऐसा कुछ भी नहीं मिला, जिस से यह साबित होता कि भूरे ने चंद्रवीर की हत्या की है या उसे लापता किया है. उन्होंने भूरे को छोड़ दिया. पुलिस कई दिनों तक चंद्रवीर को अपने तरीके से तलाश करती रही. सविता ने इस बीच यह शक भी व्यक्त किया कि उस के पति की हत्या कर के भूरे ने शव उस के घर में या अपने घर में गाड़ दिया है.

अपना शक दूर करने के लिए पुलिस ने भूरे और चंद्रवीर का आंगन और कमरों को खुदवा कर भी देख डाला लेकिन तब भी कोई ऐसा सूत्र नहीं हाथ आया, जिस से समझा जाता कि चंद्रवीर की हत्या कर के उस का शव जमीन में दबा दिया गया है. पुलिस ने चंद्रवीर के मामले में काफी माथापच्ची की, जब कोई सुराग हाथ नहीं आया तो पुलिस ने चंद्रवीर के लापता होने वाली फाइल वर्ष 2021 में बंद कर दी गई. सविता ने दिल पर पत्थर रख लिया. पहले चोरीछिपे अरुण से उस की आशनाई चलती थी अब तो अरुण का ज्यादा समय उसी के घर में बीतने लगा. सविता अपनी बेटी की गैरमौजूदगी में अरुण के साथ रास रचाती.

उस ने यह आसपड़ोस में जाहिर करना शुरू कर दिया था कि चंद्रवीर के बाद अरुण उस के परिवार का सच्चे मन से साथ दे रहा है. लोगों को क्या लेनादेना था. वैसे भी लोगों की नजर में अरुण सविता का चचेरा देवर था, कोई गैर नहीं था.

4 साल बाद फिर खुली फाइल

समय तेजी से सरकता रहा. चंद्रवीर को लापता हुए पूरे 4 साल बीत गए, तब 2021 में बंद हुई एकाएक उस की बंद धूल चाट रही फाइल दोबारा से खुल गई. दरअसल, 4 अप्रैल, 2022 को गाजियाबाद के नए नियुक्त हुए एसएसपी मुनिराज जी. ने वह तमाम फाइलें खुलवाईं, जिन के केस अनसुलझे थे. इन्हीं में एक फाइल चंद्रवीर की भी थी. एसएसपी मुनिराज जी. ने यह फाइल थाना नंदग्राम गेट से ले कर क्राइम ब्रांच की एसपी दीक्षा शर्मा के हवाले कर दी.

दीक्षा शर्मा ने इस केस की जांच इंसपेक्टर (क्राइम ब्रांच) अब्दुर रहमान सिद्दीकी को सौंप दी. क्राइम ब्रांच के इंसपेक्टर ने पूरी फाइल का गहराई से अध्ययन किया तो उन्हें लगा कि चंद्रवीर कोई बच्चा नहीं था जिसे चुपचाप गोद में उठा कर लापता कर दिया गया हो. यह काम 2 या उस से अधिक लोग कर सकते हैं. वह लोग जब चंद्रवीर के घर में आए होंगे तो कुछ शोरशराबा होना चाहिए था. चंद्रवीर को खामोशी से गायब नहीं किया जा सकता. अगर कुछ आहट वगैरह हुई तो सविता और उस की बेटी ने जरूर सुनी होगी. पूछताछ इन्हीं से शुरू की जाए तो कुछ सूत्र हाथ आ सकता है.

इंसपेक्टर अपने साथ पुलिस टीम को ले कर सविता के घर पहुंच गए.

तब सविता घर पर नहीं थी. उस की 16 वर्षीय बेटी दीपा घर में ही थी. इंसपेक्टर ने उस से ही पूछताछ शुरू की. दीपा को सामने बिठा कर उन्होंने गंभीरता से पूछा, ‘‘तुम्हारा नाम दीपा है न बेटी?’’

‘‘जी,’’ दीपा ने सिर हिलाया.

‘‘तुम्हारे पापा रात के अंधेरे में लापता हुए, क्या यह बात ठीक है?’’

‘‘सर…’’ दीपा गहरी सांस भर कर एकाएक रोने लगी.

इंसपेक्टर ने उस के सिर पर प्यार से हाथ फेरा, ‘‘मुझे इतना अनुभव तो है बेटी कि कोई बात तुम्हारे सीने में दफन है, जो बाहर आना चाहती है. लेकिन तुम्हारी हिचक उसे बाहर आने से रोक रही है. क्यों, मैं ठीक कह रहा हूं न दीपा?’’

दीपा ने आंसू पोंछे और सिर हिलाया, ‘‘हां सर, मेरे दिल में एक बात 4 साल से दबी पड़ी है. मैं बताती तो किसे, मां को बताने का मतलब होता मेरी भी मौत. चाचा को भी नहीं बता सकती थी, वह मां से मिले हुए हैं. आसपड़ोस में बताती तो मेरे पिता की बदनामी होती…’’

बेटी ने बयां कर दी हकीकत

इंसपेक्टर की आंखों में चमक आ गई. चंद्रवीर के लापता होने का राज दीपा के दिल में छिपा हुआ है, यह समझते ही वह पूरे उत्साह से भर गए. सहानुभूति से उन्होंने दीपा के सिर पर फिर हाथ घुमाया, ‘‘देखो दीपा, मैं चाहता हूं कि तुम्हारे पापा के साथ न्याय हो. मुझे बताओ तुम्हारे मन में कौन सी बात दबी हुई है. डरो मत, अब तुम्हारी सुरक्षा हम करेंगे.’’

‘‘सर, मेरे पिता की हत्या हो चुकी है. मेरी मां और चाचा अरुण ने उन्हें मारा है.’’ दीपा ने बताया, ‘‘यह हत्या मेरी मां के चाचा से अवैध संबंधों के कारण हुई है.’’

‘‘ओह, क्या तुम ने अपनी आंखों से देखा था पिता की हत्या होते हुए?’’ इंसपेक्टर ने पूछा.

‘‘जी हां, उस दिन 28 सितंबर, 2018 की रात थी. अरुण चाचा को मां ने आधी रात को घर बुलाया. पापा गहरी नींद में थे. अरुण चाचा ने साथ लाए तमंचे से मेरे पापा के सिर में गोली मार दी. मैं बहुत डर गई. मैं कंबल में दुबक गई. मुझे नहीं पता कि दोनों ने पापा की लाश का क्या किया. सुबह मां ने पापा के रात में कहीं चले जाने की बात उड़ा दी और उन्हें तलाश करने का नाटक करने लगी.’’

‘‘हूं, मैं तुम्हें सरकारी गवाह बनाऊंगा. तुम्हारी सुरक्षा अब हमारी जिम्मेदारी है बेटी.’’ इंसपेक्टर ने कहा और उठ कर खड़े हो गए.

उन्होंने यह बात तुरंत एसपी (क्राइम ब्रांच) दीक्षा शर्मा को बता कर उन से आदेश मांगा. एसपी दीक्षा शर्मा ने सविता और अरुण को गिरफ्तार करने के आदेश दे दिए. क्राइम ब्रांच टीम ने 13 नवंबर, 2022 को सविता को अरुण के घर से अरुण के साथ ही हिरासत में ले लिया. दोनों को क्राइम ब्रांच के औफिस में लाया गया और उन से सख्ती से पूछताछ की गई तो दोनों टूट गए. सविता ने अपने पति की हत्या अरुण के साथ मिल कर करने की बात कुबूल करते हुए बताया, ‘‘साहब, मेरे अपने देवर अरुण से अवैध संबंध हो गए थे. एक दिन चंद्रवीर ने हमें आपत्तिजनक हालत में देख लिया था. उसी दिन से वह मुझे बातबात पर गाली देता और मारता था.

‘‘मैं कब तक मार खाती. मैं ने अरुण को उकसाया तो उस ने चंद्रवीर की हत्या करने के लिए 28 सितंबर, 2018 का दिन तय किया. वह पहले अपने मांबाप को मेरठ में अपने दूसरे घर में छोड़ आया फिर उस ने अपने घर में गहरा गड्ढा खोदा.

‘‘28 सितंबर की रात को वह तमंचा ले कर मेरे इशारे पर घर में आया. चंद्रवीर तब खापी कर चारपाई पर गहरी नींद सो गया था. अरुण ने उस के सिर में गोली मार दी. मैं ने चंद्रवीर के सिर से निकलने वाले खून को एक बाल्टी में भरने के लिए चारपाई के नीचे बाल्टी रख दी. ऐसा इसलिए किया कि खून से फर्श खराब न हो.’’

‘‘तुम लोगों ने लाश क्या उसी गड्ढे में छिपाई है, जिसे अरुण ने खोद कर तैयार किया था?’’ इंसपेक्टर ने प्रश्न किया.

‘‘जी सर,’’ अरुण ने मुंह खोला, ‘‘मैं ने 7 फुट गहरा गड्ढा अपने घर में खोदा था. लाश और खून सना तकिया उसी में डाल कर मिट्टी भर दी, फिर उस पर पहले की तरह फर्श बनवा दिया.’’

पति की हत्या कर शव ठिकाने लगाने के बाद भी सविता नंदग्राम थाने में हर सप्ताह चक्कर लगा कर पति को ढूंढने की गुहार लगाती थी.

हत्या की बात कुबूल करने के बाद अरुण उर्फ अनिल और सविता को विधिवत हिरासत में ले कर उन पर भादंवि की धारा 302, 201 व 120बी के तहत केस दर्ज कर लिया गया.

पुलिस ने निकलवाया 4 साल पहले दफन किया शव

मजिस्ट्रैट, क्राइम ब्रांच की टीम और एसपी (क्राइम ब्रांच) दीक्षा शर्मा की मौजूदगी में अरुण के कमरे में गड्ढा खुदवाया गया तो उस में तकिया और चंद्रवीर की सड़ीगली लाश मिली गई, जिसे बाहर निकाल कर कब्जे में ले लिया गया. अरुण और सविता को न्यायालय में पेश कर के 2 दिन की पुलिस रिमांड पर ले लिया गया. क्राइम ब्रांच ने रिमांड अवधि के दौरान अरुण से तमंचा और एक कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली. वह बाल्टी भी कब्जे में ले ली गई, जिस में चंद्रवीर को गोली मारने के बार सिर से निकलने वाला खून इकट्ठा किया गया था.

खून बाथरूम में बहा कर पानी चला दिया गया था. बाल्टी का इस्तेमाल सविता ने नहीं किया था, उस ने बाल्टी धो कर कोलकी में रख दी थी. कुल्हाड़ी के बारे में पूछने पर अरुण ने बताया, ‘‘सर, चंद्रवीर के हाथ में चांदी का कड़ा था, जिस पर उस का नाम खुदा हुआ था. इस कुल्हाड़ी से मैं ने उस का हाथ काट कर कैमिकल फैक्ट्री के पीछे गड्ढा खोद कर दबा दिया था.’’

‘‘हाथ इसलिए काटा होगा कि कड़े से लाश पहचान ली जाती, क्यों?’’ इंसपेक्टर ने पूछा.

‘‘जी हां, अगर लाश पुलिस के हाथ आती तो तब तक वह सड़ चुकी होती लेकिन इस कड़े से यह पता चल जाता कि लाश चंद्रवीर की है.’’ अरुण ने कुबूल करते हुए बताया.

क्राइम ब्रांच की टीम अरुण को कैमिकल फैक्ट्री के पीछे ले कर गई. वहां अरुण ने एक जगह बताई, जहां पुलिस ने खुदाई कर के हाथ का पिंजर बरामद कर लिया. सभी चीजें सीलमोहर कर कब्जे में ले ली गईं. सविता और अरुण को 2 दिन बाद न्यायालय में पेश किया गया तो वहां से दोनों को जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाने का आदेश दे दिया. पुलिस टीम अब चंद्रवीर की लाश जो अस्थिपंजर के रूप में थी, का डीएनए टेस्ट करवाने के प्रयास में थी ताकि यह साबित किया जा सके कि 7 फुट गहरे गड्ढे से बरामद लाश चंद्रवीर की ही है.

जिस औरत की खुशियों के लिए चंद्रवीर हमेशा एक पांव पर खड़ा रहता था, उसी औरत ने क्षणिक सुख पाने के लिए अपने देवर पर खुद को न्यौछावर कर दिया और उसी के साथ मिल कर अपने पति चंद्रवीर की जघन्य हत्या कर दी.

दुलारी की साजिश : प्रियंका बनी हत्यारी – भाग 3

उन के रिश्ते के मामा राधा उरांव राजनीति के पुराने खिलाड़ी थे. राजनीति का ककहरा अनिल ने उसी मामा से सीखा और किस्मत आजमाने रामविलास पासवान के पास पहुंच गए. उन्होंने आशीर्वाद स्वरूप अपना हाथ अनिल के सिर पर रख दिया और उन्हें आदिवासी प्रकोष्ठ का प्रदेश अध्यक्ष बना दिया.

खद्दर का सफेद कुरता पायजामा पहन कर अनिल उरांव ताकतवर हो गए थे. यह घटना से 7 साल पहले की बात है.

अमीरों की तरह ठाठबाट थे प्रियंका के अनिल के पास अब पैसों के साथ साथ सत्ता की पावर थी और बड़ेबड़े माननीयों के बीच में उठनाबैठना भी. पहली बार अनिल ने सत्ता के गलियारे का मीठा स्वाद चखा था. माननीयों के सामने जब नौकरशाह सैल्यूट मारते थे, यह देख कर अनिल का दिल बागबाग हो जाता था.

यहीं से प्रियंका उर्फ दुलारी नाम की महिला अनिल उरांव की किस्मत में दुर्भाग्य की कुंडली मार कर बैठ गई थी. तब कोई नहीं जानता था कि यही प्रियंका एक दिन नागिन बन कर अनिल को डस लेगी.

36 वर्षीया प्रियंका हाट थानाक्षेत्र में स्थित केसी नगर कालोनी में दूसरे पति राजा के साथ रहती थी. पहला पति उसे बहुत पहले तलाक दे चुका था. उस के कोई संतान नहीं थी लेकिन दोनों बड़े ठाठबाट से रहते थे, अमीरों की तरह.

कई कमरों वाले उस के शानदार और आलीशान मकान में सुखसुविधाओं की सारी चीजें मौजूद थीं. घर में कमाने वाला सिर्फ उस का पति था. एक आदमी की कमाई में ऐसी शानोशौकत देख कर मोहल्ले वाले दंग रहते थे.

प्रियंका की शानोशौकत देख कर मोहल्ले वालों का दंग रहना जायज था. उस का पति राजा पूर्णिया विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर राजनाथ यादव का एक मामूली सा कार ड्राइवर था. उस की इतनी आमदनी भी नहीं थी कि वह घर खर्च के अलावा नवाबों जैसी जिंदगी जिए. ये ऐशोआराम तो प्रियंका की खूबसूरती की देन थी.

गोरीचिट्टी और तीखे नयननक्श वाली प्रियंका की मोहल्ले में बदनाम औरतों में गिनती होती थी. शहर के बड़ेबड़े धन्नासेठों, भूमाफियाओं और नेताओं का उस के घर पर उठनाबैठना था. उस में लोजपा का युवा नेता अनिल उरांव का नाम भी शामिल था.

शादीशुदा होते हुए भी अनिल उरांव प्रियंका की गोरी चमड़ी के इस कदर दीवाने हुए कि उसे देखे बिना रह नहीं पाते थे. लेकिन प्रियंका उन से तनिक भी प्यार नहीं करती थी. वह तो केवल उन की दौलत से प्यार करती थी. वह जानती थी कि अनिल एक एटीएम मशीन है. बस, उस से दौलत निकालते जाओ, निकालते जाओ और ऐश करते जाओ.

ये भी पढ़ें – सुख की चाह में संतोष बनी कातिल

प्रियंका ने बनाई योजना

अनिल उरांव जिस प्रियंका के प्यार में दीवाने थे, पूर्णिया का शूटर अंकित यादव उर्फ अनंत भी उसी प्रियंका को बेपनाह चाहता था. अनिल का उस की प्रेमिका प्रियंका की ओर आकर्षित होना, अंकित के सीने पर सांप लोटने जैसा था.

उस ने प्रियंका से कह दिया था ‘‘तू अपने आशिक से कह देना कि मेरी चीज पर नजर न डाले, वरना जिस दिन मेरा भेजा गरम हो गया तो उस की खोपड़ी में रिवौल्वर की सारी गोलियां डाल दूंगा.’’

फिर उस ने अपने प्रेमी अंकित को समझाया, ‘‘देखो अंकित, तुम ठहरे गरम खून के इंसान. जब देखो गोली, कट्टा और बंदूक की बातें करते हो, कभी ठंडे दिमाग से काम नहीं लेते. जिस दिन से ठंडे दिमाग से सोचना शुरू कर दोगे, उस दिन बिना गोली, कट्टे के सारे काम बन जाएंगे. क्यों बेवजह परेशान हो कर अपना ब्लड प्रैशर बढ़ाते हो. मैं क्या कहती हूं, उसे ध्यान से सुनो. मेरे पास एक नायाब तरीका है. जिस से सांप भी मर जाएगा और लाठी भी नहीं टूटेगी.’’

‘‘बता क्या कहना चाहती है तू.’’ अंकित ने पूछा.

‘‘यही कि अनिल उरांव का अपहरण कर लेते हैं और बदले में उस के घर वालों से फिरौती की एवज में मोटी रकम ऐंठ लेते हैं. नेताजी की जान के बदले उस के घर वालों के लिए 10-20 लाख देना कोई बहुत बड़ी बात

नहीं होगी. बोलो क्या कहते हो?’’ प्रियंका ने प्लान बनाया.

‘‘ठीक है जो करना हो, जल्दी करना. उस गैंडे को तेरे नजदीक देख कर मेरे तनबदन में आग सी लग जाती है, कहीं ऐसा न हो कि मैं अपना आपा खो दूं और तू भी स्वाहा हो जाए. जो करना है, जल्दी करना, समझी.’’ अंकित बोला.

‘‘ठीक है, बाबा ठीक है. क्यों बिना मतलब के अपना खून जलाते हो. समझो कि काम हो गया और तुम्हारी राह का कांटा भी हट गया.’’ प्रियंका ने कहा.

प्रियंका और अंकित ने मिल कर अनिल के अपहरण की योजना बना ली. योजना के मुताबिक, 29 अप्रैल, 2021 की सुबह प्रियंका ने अनिल उरांव को फोन कर के अपने घर आने को कहा. अनिल भतीजे राजन को साथ ले कर मोटरसाइकिल से निकले और बीच रास्ते में खुद मोटरसाइकिल से नीचे उतर कर कहा प्रियंका के यहां जा रहा हूं. जब फोन करूं तो बाइक ले कर चले आना.

फिरौती ले कर बदल गई नीयत

अनिल प्रियंका के यहां पहुंचे तो उस के घर पर पहले से शूटर अंकित यादव उर्फ अनंत, उस का भांजा मिट्ठू कुमार यादव उर्फ मिट्ठू, मोहम्मद सादिक उर्फ राहुल और चुनमुन झा उर्फ बटेसर मौजूद थे.

अंकित को देख कर अनिल घबरा गए और वापस लौटने लगे तो चारों ने लपक कर उन्हें पकड़ लिया. अनिल ने बदमाशों के चंगुल से बचने के लिए खूब संघर्ष किया. कब्जे में लेने के लिए बदमाशों ने अनिल को लातघूंसों से खूब मारा और कपड़े वाली मोटी रस्सी से उन के हाथपैर बांध कर उन्हें कमरे में बंद कर दिया और उन का फोन भी अपने कब्जे में ले लिया ताकि वह किसी से बात न कर सकें.

फिर उन्हीं के फोन से अंकित ने अनिल के घर वालों को फोन कर के अपहरण होने की जानकारी देते हुए फिरौती के 10 लाख रुपए की मांग की. उस के बाद मोबाइल फोन से सिम निकाल कर तोड़ कर फेंक दिया ताकि पुलिस उन तक पहुंच न पाए.

30 अप्रैल, 2021 को फिरौती की रकम मिलने के बाद बदमाशों की नीयत बदल गई. चारों ने प्रियंका के घर पर ही अनिल की गला दबा कर हत्या कर दी और पेचकस जैसे नुकीले हथियार से अंकित ने अनिल की दोनों आंखें फोड़ दीं.

फिर उसी रात अनिल की लाश के. नगर थाने के डंगराहा के एक खेत में गड्ढा खोद कर दफना दी. जल्दबाजी में लाश दफन करते समय मृतक का एक हाथ बाहर निकला रह गया और वे कानून के शिकंजे में फंस गए.

कथा लिखे जाने तक फरार चल रहा मुख्य आरोपी अंकित यादव उर्फ अनंत और उस का भांजा मिट्ठू कुमार यादव दोनों दरभंगा जिले से नाटकीय ढंग से गिरफ्तार कर लिए गए थे. दोनों आरोपियों ने लोजपा नेता अनिल उरांव के अपहरण और हत्या  करने का जुर्म स्वीकार लिया था.

जांचपड़ताल में प्रियंका के असम में करोड़ों रुपए संपत्ति का पता चला है, जो अपराध से कमाई गई थी. पुलिस ने संपत्ति जब्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी थी.

कथा लिखे जाने तक पुलिस पांचों आरोपियों प्रियंका उर्फ दुलारी, अंकित यादव, मिट्ठू कुमार यादव, मोहम्मद सादिक और चुनमुन झा के खिलाफ अदालत में आरोप पत्र दाखिल करने की तैयारी कर रही थी. पांचों आरोपी जेल की सलाखों के पीछे अपने किए की सजा भुगत रहे थे.

दुलारी की साजिश : प्रियंका बनी हत्यारी – भाग 2

‘‘तुम बहुत समझदार हो. बहुत जल्द मेरी बात समझ गई. रुपए का इंतजाम कर के रखना, जल्द ही फोन कर के बताऊंगा कि पैसे कब और कहां पहुंचाने हैं.’’ इस के बाद दूसरी ओर से फोन कट गया.

स्क्रीन पर जिस नंबर को देख कर पिंकी की आंखों में चमक जागी थी, वह नंबर उस के पति का था. बदमाशों ने अनिल के फोन से काल कर के फिरौती की रकम मांगी थी. ताकि पुलिस उन तक पहुंच न सके.

खैर, पति के अपहरण की जानकारी पिंकी ने जैसे ही घर वालों को दी, उस की बातें सुन कर सभी स्तब्ध रह गए. किंतु उन्हें इस बात से थोड़ी तसल्ली हुई थी कि अनिल जिंदा हैं और बदमाशों के कब्जे में हैं. अगर उन्हें फिरौती की रकम दे दी जाए तो उन की सहीसलामत वापसी हो सकती है.

अनिल उरांव की मिली लाश

बदमाशों की धमकी सुन कर पिंकी और उस की ससुराल वालों ने पुलिस को बिना कुछ बताए 10 लाख रुपए का इंतजाम कर लिया और शाम होतेहोते बदमाशों के बताए अड्डे पर फिरौती के 10 लाख रुपए पहुंचा दिए गए.

बदमाशों ने रुपए लेने के बाद देर रात तक अनिल को छोड़ देने का भरोसा दिया था. पूरी रात बीत गई, लेकिन अनिल उरांव लौट कर घर नहीं पहुंचे तो घर वाले परेशान हो गए.

अनिल उरांव के फोन पर घर वालों ने काल की तो वह बंद आ रहा था. जिन दूसरे नंबरों से बदमाशों ने 3 बार काल की थी, वे नंबर भी बंद आ रहे थे. इस का मतलब साफ था कि फिरौती की रकम वसूलने के बाद भी बदमाशों ने अनिल उरांव को छोड़ा नहीं था. बदमाशों ने उन के साथ गद्दारी की थी. यह सोच कर घर वाले परेशान थे.

ये भी पढ़ें – बेवफाई की लाश

बात 2 मई, 2021 की सुबह की है. के. नगर थाने के झुन्नी इस्तबरार के डंगराहा गांव की महिलाएं सुबहसुबह गांव के बाहर खेतों में आई थीं. तभी उन्होंने खेत में जो दृश्य देखा, वह दंग रह गईं. किसी आदमी का एक हाथ जमीन के बाहर झांक रहा था. जमीन के बाहर हाथ देख कर महिलाएं उलटे पांव गांव की ओर भागीं और गांव पहुंच कर पूरी बात गांव के लोगों को बताई.

खेत में लाश गड़ी होने की सूचना मिलते ही गांव वाले मौके पर पहुंच गए और इस की सूचना के. नगर थाने को दे दी.

सूचना मिलते ही थानाप्रभारी डंगराहा पहुंच गए और गड्ढे से लाश बाहर निकलवाई. शव का निरीक्षण करने पर पता चला कि हत्यारों ने मृतक के साथ मानवता की सारी हदें पार कर दी थीं. उन्होंने किसी नुकीली चीज से मृतक की दोनों आंखें फोड़ दी थीं और शरीर पर चोट के कई जगह निशान थे.

डंगराहा में एक अज्ञात शव मिलने की सूचना जैसे ही अनिल के घर वालों को मिली, वे भी मौके पर जा पहुंचे थे. उन्होंने लाश देखते ही पहचान ली. घर वाले चीखचीख कर प्रियंका उर्फ दुलारी के ऊपर हत्या का आरोप लगा रहे थे.

लोजपा नेता की लाश मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी. घर वालों का रोरो कर बुरा हाल था. अपहर्त्ताओं ने धोखा किया था. रुपए लेने के बाद भी उन्होंने हत्या कर दी थी.

जैसे ही नेताजी की हत्या की सूचना लोजपा कार्यकर्ताओं को मिली, वे उग्र हो गए और शहर के हर खास चौराहों को जाम कर आग के हवाले झोंक दिया तथा पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे. इधर पुलिस ने लाश अपने कब्जे में ले कर वह पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दी और आगे की काररवाई में जुट गए.

पुलिस ने मृतक के घर वालों के बयान के आधार पर उसी दिन दोपहर के समय मृतक की प्रेमिका प्रियंका उर्फ दुलारी को उस के घर से हिरासत में ले लिया और पूछताछ के लिए के. हाट थाने ले आई. प्रियंका ने पहले तो पुलिस को खूब इधरउधर घुमाया, किंतु जब उस की दाल नहीं गली तो उस ने पुलिस के सामने अपने घुटने टेक दिए.

प्रेमिका प्रियंका ने उगला हत्या का राज

अपना जुर्म कबूल करते हुए प्रियंका ने कहा, ‘‘इस कांड को अंजाम देने में मैं अकेली नहीं थी. 4 और लोग शामिल थे. घटना का मास्टरमांइड अंकित यादव है और उसी ने योजना के तहत इस घटना को अंजाम दिया था.’’

प्रियंका के बयान के बाद उस की निशानदेही पर पुलिस ने 2 बदमाशों मोहम्मद सादिक उर्फ राहुल और चुनमुन झा उर्फ बटेसर को धर दबोचा और थाने ले आई. घटना का मास्टरमाइंड अंकित यादव और उस का भांजा मिट्ठू कुमार यादव उर्फ मिट्ठू फरार थे.

आरोपी मोहम्मद सादिक और चुनमुन झा ने भी अपने जुर्म कबूल कर लिए थे. पुलिस ने अज्ञात हत्यारों के स्थान पर उपर्युक्त सभी को नामजद करते हुए भादंवि की धारा 302, 120बी, 364ए और एससी/एसटी ऐक्ट भी लगाया.

पुलिस ने गिरफ्तार तीनों आरोपियों प्रियंका उर्फ दुलारी, मोहम्मद सादिक उर्फ राहुल और चुनमुन झा उर्फ बटेसर को अदालत में पेश कर उन्हें जेल भेज दिया और फरार आरोपियों अंकित यादव और मिट्ठू कुमार यादव की तलाश में सरगर्मी से जुट गई थी. पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में आरोपितों के बयान के आधार पर कहानी कुछ ऐसे सामने आई—

35 वर्षीय अनिल उरांव मूलरूप से बिहार के पूर्णिया जिले के के. हाट थाना क्षेत्र स्थित जेपी नगर के रहने वाले थे. पिता जयप्रकाश उरांव के 2 बच्चे थे. बड़ी बेटी सीमा और छोटा बेटा अनिल. जयप्रकाश एक रिहायशी एस्टेट के मालिक थे.

ये भी पढ़ें – सुख की चाह में संतोष बनी कातिल

विरासत में मिली अरबों की संपत्ति

पुरखों की जमींदारी थी. उन्हें अरबों रुपए की यह चलअचल संपत्ति विरासत में मिली थी. आगे चल कर यही संपत्ति उन के बेटे अनिल उरांव के नाम हो गई थी. क्योंकि पिता के बाद वही इस संपत्ति का इकलौता वारिस था.

जयप्रकाश एक बड़ी प्रौपर्टी के मालिक थे. उन का समाज में बड़ा नाम था. उन के घर से कोई गरीब दुखिया कभी खाली हाथ नहीं जाता था. गरीब तबके की बेटियों की शादियों में वह दिल खोल कर दान करते थे.

गरीबों की दुआओं का असर था कि कभी घर में धन की कमी नहीं हुई. अगर यह कहें कि लक्ष्मी घर के कोनेकोने में वास करती थी तो गलत नहीं होगा.

यही नहीं, उन्होंने अपनी बिरादरी के लिए बहुत कुछ किया था, इसलिए लोग उन का सम्मान करते थे. बाद के दिनों में जब जयप्रकाश का स्वर्गवास हुआ तो उन्हीं के नाम पर उस कालोनी का नाम जेपी नगर रख दिया गया था.

बहरहाल, अनिल को यह संपत्ति विरासत में मिली थी, इसलिए उस की कीमत वह नहीं समझ रहे थे. पुरखों की यह दौलत अपने दोनों हाथों से यारदोस्तों पर पानी की तरह बहाने में जरा भी नहीं हिचकिचाते थे.

समय के साथ अनिल की पिंकी के साथ शादी हो गई. गृहस्थी बसते ही वह 2 बच्चों प्रांजल और मोनू के पिता बने. अनिल की जिंदगी मजे से कट रही थी. खाने को अच्छा भोजन था, पहनने के लिए महंगे कपड़े थे और सिर ढकने के लिए शानदार और आलीशान मकान था.

कहते हैं, जब इंसान के पास बिना मेहनत किए दौलत आ जाए तो उस के पांव दलदल की ओर बढ़ने में देरी नहीं लगती है. अनिल के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ था.

जमींदार घर का वारिस तो थे ही वह. अरबों की अचल संपत्ति तो थी ही उन के पास. धीरेधीरे उन्होंने उन जमीनों को बेचना शुरू किया. बेशकीमती जमीनों के सौदों से उन के पास रुपए आते रहे. जब उन के पास रुपए आए तो राजनीति की चकाचौंध से आंखें चौधियां गई थीं.

दुलारी की साजिश : प्रियंका बनी हत्यारी – भाग 1

लोक जनशक्ति पार्टी के आदिवासी प्रकोष्ठ के युवा प्रदेश अध्यक्ष 35 वर्षीय अनिल उरांव रोजाना की तरह उस दिन भी नाश्ता कर के क्षेत्र में भ्रमण के लिए तैयार हो कर ड्राइंगरूम में बैठे अपने भतीजे के आने का इंतजार कर रहे थे. तभी उन के मोबाइल फोन की घंटी बजी. अपनी शर्ट की जेब से मोबाइल निकाल कर डिसप्ले पर उभर रहे नंबर पर नजर डाली तो वह नंबर जानापहचाना निकला.

स्क्रीन पर डिसप्ले हो रहे नंबर को देख कर अनिल उरांव का चेहरा खुशियों से खिल उठा था. उन्होंने काल रिसीव करते हुए कहा, ‘‘हैलो!’’

‘‘नेताजी, प्रणाम.’’ दूसरी ओर से एक महिला की मीठी सी आवाज अनिल उरांव के कानों से टकराई.

‘‘प्रणाम…प्रणाम.’’ उन्होंने जबाव दिया, ‘‘कैसी हो प्रियंकाजी?’’ उस महिला का नाम प्रियंका उर्फ दुलारी था.

‘‘ठीक हूं, नेताजी.’’ प्रियंका जबाव देते हुए बोली, ‘‘मैं क्या कह रही थी कि जनता की खैरियत पूछने जब क्षेत्र में निकलिएगा तो मेरे गरीबखाने पर जरूर पधारिएगा. मैं आप की राह तकूंगी.’’

‘‘सुबह….सुबह क्यों मेरी टांग खींच रही हैं प्रियंकाजी. कोई और नहीं मिला था क्या आप को टांग खींचने के लिए? आलीशान और शानदार महल कब से गरीबखाना बन गया?’’ अनिल ने कहा.

‘‘क्या नेताजी? क्यों मजाक उड़ा रहे हैं इस नाचीज का. काहे का शानदार महल. सिर ढंकने के लिए ईंटों की छत ही तो है. बहुत मजाक करते हैं आप मुझ से. अच्छा, अब मजाक छोडि़ए और सीरियस हो जाइए. ये बताइए कि दोपहर तक आ रहे हैं न मेरी कुटिया में, मुझ से मिलने. कुछ जरूरी मशविरा करना है आप से.’’ वह बोली.

‘‘ऐसा कभी हुआ है प्रियंकाजी कि आप बुलाएं और हम न आएं. फिर जब आप इतना प्रेशर मुझ पर बना ही रही हैं तो भला मैं कैसे कह दूं कि मैं आप की कुटिया पर नहीं पधारूंगा, मैं जरूर आऊंगा. मुझे तो सरकार के दरबार में हाजिरी लगानी ही होगी.’’

नेता अनिल उरांव की दिलचस्प बातें सुन कर प्रियंका खिलखिला कर हंस पड़ी तो वह भी अपनी हंसी रोक नहीं पाए और ठहाका मार कर हंसने लगे. उस के बाद दोनों के बीच कुछ देर तक हंसीमजाक होती रही. फिर प्रियंका ने अपनी ओर से फोन डिसकनेक्ट कर दिया तो अनिल उरांव ने भी मोबाइल वापस अपनी जेब के हवाले किया.

फिर भतीजे राजन के साथ मोटरसाइकिल पर सवार हो कर वह मनिहारी क्षेत्र की ओर निकल पड़े. वह खुद मोटरसाइकिल चला रहे थे और भतीजा पीछे बैठा था. यह 29 अप्रैल, 2021 की सुबह साढ़े 10 बजे की बात है.

अनिल उरांव को क्षेत्र भ्रमण में निकले तकरीबन 10 घंटे बीत चुके थे. वह अभी तक घर वापस नहीं लौटे थे और न ही उन का फोन ही लग रहा था. घर वालों ने साथ गए जब भतीजे से पूछा कि दोनों बाहर साथ निकले थे तो तुम उन्हें कहां छोड़ कर आए?

इस पर उस ने जबाव दिया, ‘‘चाचा को रेलवे लाइन के उस पार छोड़ कर आया था. उन्होंने कहा था कि वह प्रियंका के यहां जा रहे हैं, बुलाया है, मीटिंग करनी है. थोड़ी देर वहां रुक कर वापस घर लौट आऊंगा, तब मैं बाइक ले कर घर लौट आया था.’’

नेताजी अचानक हुए लापता

भतीजे राजन के बताए अनुसार अनिल प्रियंका से मिलने उस के घर गए थे. राजन उस के घर के पास छोड़ कर आया था तो फिर वह कहां चले गए? अनिल के घर वालों ने प्रियंका को फोन कर के अनिल के बारे में पूछा तो उस ने यह कहते हुए अपना पल्ला झाड़ लिया कि नेताजी तो उस के यहां आए ही नहीं.

यह सुन कर सभी के पैरों तले से जमीन खिसक गई थी. वह प्रियंका के यहां नहीं गए तो फिर कहां गए?

लोजपा नेता अनिल उरांव और प्रियंका काफी सालों से एकदूसरे को जानते थे. दोनों के बीच संबंध काफी मधुर थे. यह बात अनिल के घर वाले और प्रियंका के पति राजा भी जानते थे. बावजूद इस के किसी ने कभी कोई विरोध नहीं जताया था.

अनिल को ले कर घर वाले परेशान हो गए थे. उन के परिचितों के पास भी फोन कर के पता लगाया गया, लेकिन उन का कहीं पता नहीं चला. घर वालों को अंदेशा हुआ कि कहीं उन के साथ कोई अनहोनी तो नहीं हो गई.

उसी दिन रात में नेता अनिल उरांव की पत्नी पिंकी कुछ लोगों को साथ ले कर हाट थाने पहुंची और पति की गुमशुदगी की एक तहरीर थानाप्रभारी सुनील कुमार मंडल को सौंप दी. तहरीर लेने के बाद थानाप्रभारी सुनील कुमार ने पिंकी को भरोसा दिलाया कि पुलिस नेताजी को ढूंढने का हरसंभव प्रयास करेगी. आप निश्चिंत हो कर घर जाएं. उस के बाद पिंकी वापस घर लौट आई.

मामला हाईप्रोफाइल था. लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के आदिवासी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अनिल उरांव की गुमशुदगी से  जुड़ा हुआ मामला था. उन्होंने अनिल उरांव की गुमशुदगी की सूचना दर्ज कर ली और आवश्यक काररवाई में जुट गए. चूंकि यह मामला राज्य के एक बड़े नेता की गुमशुदगी से जुड़ा हुआ था, इसलिए उन्होंने इस बाबत एसपी दया शंकर को जानकारी दे दी थी.

वह जानते थे कि अनिल उरांव कोई छोटीमोटी हस्ती नहीं है. उन के गुम होने की जानकारी जैसे ही समर्थकों तक पहुंचेगी, वो कानून को अपने हाथ में लेने से कभी नहीं हिचकिचाएंगे. इस से शहर की कानूनव्यवस्था बिगड़ सकती है, इसलिए किसी भी स्थिति से निबटने के लिए उन्हें मुस्तैद रहना होगा.

इधर पति के घर लौटने की राह देखती पिंकी ने पूरी रात आंखों में काट दी थी. लेकिन अनिल घर नहीं लौटे. पति की चिंता में रोरो कर उस का हाल बुरा था. दोनों बेटे प्रांजल (7 साल) और मोनू (2 साल) भी मां को रोता देख रोते रहे. रोरो कर सभी की आंखें सूज गई थीं.

फिरौती की आई काल

बात अगले दिन यानी 30 अप्रैल की सुबह की है. पति की चिंता में रात भर की जागी पिंकी की आंखें कब लग गईं, उसे पता ही नहीं चला. उस की आंखें तब खुलीं जब उस के फोन की घंटी की आवाज कानों से टकराई.

स्क्रीन पर डिसप्ले हो रहे नंबर को देख कर हड़बड़ा कर वह नींद से उठ कर बैठ गई. क्योंकि वह फोन नंबर उस के पति का ही था. वह जल्दी से फोन रिसीव करते हुए बोली, ‘‘हैलो! कहां हो आप? एक फोन कर के बताना भी जरूरी नहीं समझा और पूरी रात बाहर बिता दी. जानते हो कि हम सब आप को ले कर कितने परेशान थे रात भर. और आप हैं कि…’’

पिंकी पति का नंबर देख कर एक सांस में बोले जा रही थी. तभी बीच में किसी ने उस की बात काट दी और रौबदार आवाज में बोला, ‘‘तू मेरी बात सुन. तेरा पति अनिल मेरे कब्जे में है. मैं ने उस का अपहरण कर लिया है.’’

‘‘अपहरण किया है?’’ चौंक कर पिंकी बोली.

‘‘तूने सुना नहीं, क्या कहा मैं ने? तेरे पति का अपहरण किया है, अपहरण.’’

‘‘तुम कौन हो भाई.’’ बिना घबराए, हिम्मत जुटा कर पिंकी आगे बोली, ‘‘तुम ने ऐसा क्यों किया? मेरे पति से तुम्हारी क्या दुश्मनी है, जो उन का अपहरण किया?’’

अपहर्त्ताओं को दिए 10 लाख रुपए

‘‘ज्यादा सवाल मत कर. जो मैं कहता हूं चुपचाप सुन. फिरौती के 10 लाख रुपयों का बंदोबस्त कर के रखना. मेरे दोबारा फोन का इंतजार करना. मैं दोबारा फोन करूंगा. रुपए कब और कहां पहुंचाने हैं, बताऊंगा. हां, ज्यादा चूंचपड़ करने या होशियारी दिखाने की कोशिश मत करना और न ही पुलिस को बताना. नहीं तो तेरे पति के टुकड़ेटुकड़े कर के कौओं को खिला दूंगा, समझी.’’ फोन करने वाले ने पिंकी को धमकाया.

‘‘नहीं…नहीं उन्हें कुछ मत करना.’’ पिंकी फोन पर गिड़गिड़ाने लगी, ‘‘तुम जो कहोगे, मैं वही करूंगी. मैं तुम्हारे आगे हाथ जोड़ती हूं. मैं पुलिस को कुछ नहीं बताऊंगी. प्लीज, उन्हें छोड़ दो. पैसे कहां पहुंचाने हैं, बता दो. तुम्हारे पैसे समय पर पहुंच जाएंगे.

मेडिकल छात्रा का प्यार बना गुनाहगार

शुभांगी जोगदंड नांदेड़ के राजकीय आयुर्वेदिक मैडिकल कालेज से बीएचएमएस (बैचलर औफ होमियोपैथिक मैडिसिन ऐंड सर्जरी) कर रही थी. वह तृतीय वर्ष की छात्रा थी. जनवरी 2023 का महीना था. इन दिनों वह अपने गांव पिंपरी महीपाल में थी. उस का गांव मुंबई से लगभग 600 किलोमीटर दूर नांदेड़ जिले में स्थित है.

गांव में आने पर भी शिवांगी अपने दोस्तों से बातें जरूर किया करती थी. पिछले 2-3 दिनों से उस के दोस्तों का शुभांगी से संपर्क नहीं हो पा रहा था. उस का मोबाइल भी लगातार स्विच्ड औफ चल रहा था. उन्होंने सोशल मीडिया के द्वारा शुभांगी से संपर्क साधने की बहुत कोशिश की, मगर फिर भी उन का संपर्क नहीं हुआ तो सभी परेशान हो गए.

इसी बीच 26 जनवरी, 2023 को किसी व्यक्ति ने शुभांगी के लापता होने की जानकारी नांदेड़ के लिंबगांव थाने में दे दी तो वहां मौजूद एसआई चंद्रकांत इस सूचना की तसदीक करने के लिए शिवांगी के गांव पिंपरी महीपाल निकल गए.

एसआई चंद्रकांत जब शुभांगी के घर पहुंचे तो वहां उस के पिता जनार्दन जोगदंड मौजूद थे. उन्होंने जब उन से शुभांगी के बारे में पूछताछ की तो वह गोलमोल जवाब देने लगे.

एसआई पूछताछ के लिए उसे थाने ले आए. थाने में जनार्दन जोगदंड से शुभांगी के बारे में सख्ती से पूछताछ की गई तो उस ने बड़ी ही आसानी से उस की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली.

उस के मुंह से बेटी की हत्या की बात सुन कर एसआई चंद्रकांत भी चौंक गए. उन्होंने पूछा, ‘‘उस की लाश कहां है?’’

‘‘सर, लाश खेत में जलाने के बाद उस की राख और अस्थियां नदी में बहा दीं. इस काम में उस के बेटे, भतीजे और साले ने सहायता की थी.’’ जनार्दन ने बताया.

मामला गंभीर था, इसलिए एसआई चंद्रकांत ने इस की सूचना विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी. फिर एसपी के निर्देश पर पुलिस टीम ने जनार्दन जोगदंड को साथ ले कर अन्य आरोपियों के यहां दबिश दे कर कृष्णा (19 वर्ष), गिरधारी (30 वर्ष), गोविंद (32 वर्ष) व केशव शिवाजी (37 वर्ष) को उन के घरों से गिरफ्तार कर लिया.

जनार्दन जोगदंड की निशानदेही पर पुलिस टीम उस के प्याज के खेत में पहुंची, जहां उस ने 22 जनवरी, 2023 की रात शिवांगी की लाश का दाह संस्कार किया था. बाद में उस नदी तक भी पहुंची, जहां उस की राख फेंकी गई थी.

पुलिस को बारीकी से तलाश करने पर वहां कुछ मानव अस्थियां बरामद हुईं, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में लिया. दोनों जगहों पर फोरैंसिक टीम ने कुछ नमूने भी एकत्रित किए. आरोपियों से पूछताछ करने के बाद शुभांगी के औनर किलिंग की जो कहानी सामने आई, वह प्यार में सराबोर निकली—

महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले के पिंपरी महीपाल गांव में जनार्दन जोगदंड अपने परिवार के साथ रहता था. यह जगह नांदेड़ के प्रसिद्ध तीर्थस्थल से लगभग एक घंटे की ड्राइव पर है. उस के परिवार में पत्नी के अलावा 2 बेटियां और एक बेटा था. वह खेतीकिसानी कर परिवार का पालनपोषण कर रहा था.

उस ने अपनी बड़ी बेटी की शादी गांव में ही कर दी थी. बेटा कृष्णा जोगदंड और बेटी शुभांगी अभी पढ़ रहे थे. शुभांगी जोगदंड पढ़ाई में शुरू से ही तेज थी. वह डाक्टर बनना चाहती थी. उस की मेहनत की वजह से उसे नांदेड के राजकीय आयुर्वेदिक मैडिकल कालेज में दाखिला मिल गया और वह वहां से बीएचएमएस की पढ़ाई कर रही थी. इस साल उस का 5वां सेमेस्टर था.

22 वर्षीय शुभांगी देखने में काफी खूबसूरत और हंसमुख स्वभाव की थी. घर में सभी उसे बहुत प्यार करते थे. वह मैडिकल की पढ़ाई कर रही थी, इसलिए घर वालों को उम्मीद थी कि डाक्टर बन कर वह घर का नाम रोशन करने के साथ घर की आमदनी बढ़ाने का जरिया भी बनेगी.

उधर शुभांगी जोगदंड अपने ही गांव के देव नाम के एक युवक को बहुत चाहती थी. देव भी उसे अपनी जान से बढ़ कर प्यार करता था. उन का प्यार धीरेधीरे परवान चढ़ने लगा. वह उस मुकाम पर पहुंच गया कि उन्होंने साथ में जीने और मरने की कसमें खाईं.

फिलहाल देव और शुभांगी के बीच सब कुछ ठीक चल रहा था. दोनों अपने भावी जीवन के सपने संजोने में मस्त थे. लेकिन ऐसी बातें अधिक दिनों तक कहां छिपती हैं. शुभांगी के घर वालों को भी इन के प्यार के बारे में पता चल गया. वे भड़क उठे.

यह सच था कि जनार्दन जोगदंड शुभांगी को बहुत प्यार करता था. मगर गांव के एक युवक के साथ प्यार की पींगें बढ़ाना उन्हें बहुत नागवार लगा.

शुभांगी के मातापिता ने खानदान की इज्जत और अपनी ममता की दुहाई दे कर बहुत समझाया तो शुभांगी घर की इज्जत की खातिर अपने प्रेमी को भूल पिता की पसंद के किसी लड़के से शादी करने के लिए तैयार हो गई. इस से जनार्दन जोगदंड बहुत खुश हुआ.

जल्द ही उस ने बेटी के लिए उचित लड़का तलाश कर लिया. उस युवक को भी शुभांगी पसंद आ गई तो जल्द ही उन की सगाई तय कर दी. उधर शुभांगी के सगाई हो जाने की भनक जब उस के प्रेमी देव को मिली तो उस के पैरों की जमीन जैसे खिसकती महसूस हुई.

सालों तक उस ने जिस शुभांगी के साथ अपनी पूरी जिंदगी गुजारने का सपना संजोया था, वह किसी और की होने वाली थी. देव शुभांगी के बिना अपने जीवन की कल्पना नहीं कर सकता था, इसलिए वह शिवांगी की सगाई तोड़ने की योजना में जुट गया.

वह चाहता था कि किसी भी तरह शुभांगी की सगाई टूट जाए और फिर वह और शुभांगी एक साथ जीवन गुजार सकें. उस के मोबाइल में शुभांगी के साथ बिताए हुए निजी पलों के बहुत सारे फोटो थे. अचानक उस के मन में विचार आया कि अगर वह इन फोटो को किसी तरह शुभांगी के होने वाले पति तक पहुंचा दे तो शुभांगी की सगाई टूट सकती है.

देव ने जो बात मन में सोची थी, उसे शिवांगी की सगाई की तारीख आने से कुछ दिन पहले अंजाम देने का निश्चय किया. उस ने शुभांगी के होने वाले पति को शुभांगी के साथ बिताए हुए अपने निजी पलों के फोटो सौंप दिए.

अपनी होने वाली पत्नी शुभांगी के अंतरंग पलों वाले फोटो किसी युवक के साथ देखते ही वह भड़क गया. इस का नतीजा यह हुआ कि होने वाले दामाद ने जनार्दन जोगदंड को उस की बेटी की काली करतूत बताते हुए बहुत बुराभला कहा और सगाई तोड़ दी. यानी शुभांगी की शादी उस के प्रेमी की वजह से टूट गई.

जनार्दन जोगदंड ने सपने में भी नहीं सोचा था कि जिस बेटी की शादी को ले कर वह और उस का परिवार बड़ेबड़े सपने देख रहा था, उसी बेटी के कारण समाज में अपना मुंह छिपाना पड़ेगा.

दरअसल, जैसे ही गांव में शुभांगी की सगाई टूटने की बात फैली तो गांव के लोग उन से मिलने से भी दूर भागने लगे. गांव में उस की खूब बेइज्जती हुई.

यह सब देख कर जनार्दन जोगदंड को शिवांगी पर बहुत गुस्सा आया. पत्नी को बताए बगैर उस ने अपने बेटे कृष्णा जोगदंड, भतीजे गिरधारी, चचेरे भाई गोविंद और साले केशव शिवाजी कदम के साथ मिल कर शिवांगी की हत्या की योजना तैयार की.

22 जनवरी, 2023 को जनार्दन जोगदंड ने किसी बहाने से अपनी पत्नी को मायके भेज दिया. शाम होने पर जब शिवांगी खाना खा कर सो गई तो जनार्दन जोगदंड और साजिश में शामिल अन्य लोग दबेपांव उस के बैड के पास पहुंचे और गहरी नींद में सो रही शुभांगी का गला घोट कर उसे मौत की नींद सुला दिया.

आधी रात को जब हर तरफ सन्नाटा था, पांचों आरोपी घर से खाद के बोरे में लाश ले कर कुछ दूरी पर स्थित अपने प्याज के खेत में पहुंचे. शिवांगी की लाश को खेत में रख कर ननिहाल से उस की मां को वहां बुला लिया गया.

जनार्दन ने अपनी पत्नी से झूठ बोलते हुए कहा कि शिवांगी की करंट लगने से मौत हो गई है. उन्होंने उसे शिवांगी की लाश का केवल चेहरा भर दिखाने के बाद लाश को आननफानन में जला दिया. वहां पर जो राख और अस्थियां बची थीं, वह समेट कर कुछ दूरी पर बह रही नदी में डाल आए.

जिस जगह पर शिवांगी की लाश जलाई गई थी, सबूत मिटाने के लिए अगले दिन वहां पर हल चलवा कर पानी से अच्छी तरह पटाया ताकि लोगों को वहां जलने या राख आदि के कोई अवशेष दिखाई न पड़े.

अगले दिन से जनार्दन जोगदंड के परिवार के लोग घर में ऐसे रहने लगे जैसे मानो कुछ हुआ ही न हो.

लेकिन नांदेड़ में शिवांगी के साथ पढ़ने वाले स्टूडेंट बारबार उस के मोबाइल पर फोन कर संपर्क करने की कोशिश कर रहे थे. जब 2-3 दिनों तक उन का शिवांगी से संपर्क नहीं हुआ तो उन्होंने 26 जनवरी, 2023 को पुलिस को इस बात की सूचना दे दी.

पांचों आरोपियों से पूछताछ करने के बाद पुलिस ने उन्हें स्थानीय अदालत में पेश किया, जहां से सभी को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.  द्य

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

प्रेमी ही था मां बेटी का हत्यारा

इसी साल 15 मार्च को रोजाना की तरह कुछ चरवाहे जब अपने पशुओं के साथ गोमती नदी के राजघाट से सटे देवगांव के जंगल में पहुंचे तो एक चरवाहे कि नजर जंगली झाडि़यों के बीच लहूलुहान पड़ी एक महिला और एक बच्ची पर चली गई. देखने से ही लग रहा था कि वे मर चुकी हैं. लाश देखते ही चरवाहा चीख पड़ा. उस ने आवाज दे कर अपने साथियों को बुलाया और उन्हें भी लाशें दिखाईं. लाशें देख कर सभी चरवाहे जंगल से बाहर आ गए और यह बात अन्य लोगों को बताई. उन्हीं में से किसी ने थाना कुमारगंज पुलिस को फोन कर के जंगल में लाशें पड़ी होने की सूचना दे दी.

उधर झाडि़यों में 2 लाशें पड़ी होने की खबर पा कर गांव के भी तमाम लोग पहुंच गए. जंगल में 2 लाशें पड़ी होने की सूचना मिलते ही थाना कुमारगंज के थानाप्रभारी सुनील कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए. लाशों के निरीक्षण में उन्होंने देखा कि महिला और बच्ची को चाकुओं से बुरी तरह गोद कर मारा गया था. जिस की वजह से दोनों लाशें बुरी तरह से लहूलुहान थीं. लाशों के आसपास भी काफी खून फैला था. महिला की उम्र 35 साल के आसपास थी, जबकि बच्ची करीब 5 साल की थी.

मौके के निरीक्षण में सुनील कुमार सिंह के हाथ ऐसा कुछ लहीं लगा, जिस से यह पता चलता कि मृतका और बच्ची कौन थीं, उन की हत्या किस ने और क्यों की?

उन्होंने घटना की सूचना अपने उच्चाधिकारियों को दे दी थी, साथ ही दोनों लाशों के फोटोग्राफ कराने के बाद उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भिजवाने की तैयारी शुरू कर दी. अब तक मौके पर एसएसपी अनंतदेव सहित अन्य पुलिस अधिकारी भी आ गए थे. उन्होंने मौके का निरीक्षण कर के इस मामले का जल्दी खुलासा करने का निर्देश दिया.

उच्चाधिकारियों के जाने के बाद लाशों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा कर सुनील कुमार सिंह भी थाने लौट आए. उन के लिए सब से बड़ी चुनौती थी दोनों लाशों की पहचान कराना. इस के लिए उन्होंने अपने खास मुखबिरों को मदद ली, साथ ही खुद भी अपने स्तर से जानकारी जुटाने लगे. उन का ध्यान बारबार बच्ची पर जा रहा था. उन की समझ में नहीं आ रहा था कि आखिर उस मासूम से हत्यारे की क्या दुश्मनी थी, जिस ने उसे भी नहीं छोड़ा.

सुनील कुमार सिंह दोनों लाशों की शिनाख्त को ले कर उलझे थे कि तभी एक बुजुर्ग थाने आया. उस ने अपना नाम मूसा खां बताते हुए कहा, ‘‘साहब, मैं ही वह अभागा हूं, जिस की बेटी इशरत जहां की लाश देवगांव के जंगल में पड़ी मिली थी.’’

इतना कह कर वह फफकफफक कर रोने लगा. थानाप्रभारी ने उसे ढांढस बंधाया तो उस ने सिसकते हुए कहा, ‘‘साहब, मेरी बेटी इशरत और उस की मासूम बच्ची को मुन्ना ने मारा है, उस ने उस की जिंदगी खराब कर दी थी. अल्लाह उसे कभी माफ नहीं करेगा…’’

सुनील कुमार सिंह ने उसे ढांढस बंधाते हुए कुर्सी पर बैठने का इशारा किया. इस के बाद पानी मंगा कर पिलाया. फिर उस की पूरी बात सुनने के बाद साफ हो गया कि देवगांव के जंगल में महिला और बच्ची की जो लाशें मिली थीं, वे मूसा खां की बेटी और नातिन की थीं, साथ यह भी कि उन्हें मारने वाला इशरत जहां का प्रेमी मुन्ना था.

दोनों लाशों की शिनाख्त हो जाने के बाद सुनील कुमार सिंह ने मूसा खां से विस्तार से पूछताछ की. इस के बाद मूसा खां से तहरीर ले कर मुन्ना के खिलाफ मांबेटी की हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच की जिम्मेदारी खुद संभाल ली.

सुनील कुमार सिंह ने इस मामले की जांच शुरू की तो पता चला कि इशरत की हत्या प्रेमसंबंधों के चलते हुई थी. जिस मुन्ना से वह प्रेम करती थी, वह उसी के पड़ोस में रहता था. लेकिन घटना के बाद से वह नजर नहीं आ रहा था. सुनील कुमार सिंह का सारा ध्यान मुन्ना पर था, क्योंकि उसी के पकड़े जाने पर इस अपराध से परदा उठ सकता था.

16 अप्रैल, 2017 को मुन्ना पुलिस के हाथ लग गया. मुखबिर ने थानाप्रभारी को सूचना दी थी कि इशरत और उस की बेटी का हत्यारा मुन्ना भेलसर में मौजूद है. यह जानकारी मिलते ही सुनील कुमार सिंह बिना देर किए अपनी टीम के साथ भेलसर पहुंच गए और मुन्ना को गिरफ्तार कर लिया.

भेलसर इलाका फैजाबाद जिले के रुदौली कोतवाली के अंतर्गत आता था. पुलिस टीम मुन्ना को गिरफ्तार कर थाना कुमारगंज ले आई. पूछताछ में पहले तो मुन्ना खुद को पाकसाफ बताता रहा. उस ने इशरत की हत्या पर दुखी होने का नाटक भी किया. लेकिन पुलिस की सख्ती के आगे उस का यह नाटक ज्यादा देर तक नहीं चल सका.

कुछ ही देर में सवालोंजवाबों में वह इस कदर उलझ गया कि उस के पास इशरत की हत्या का अपना अपराध स्वीकार करने के अलावा कोई चारा ही नहीं बचा. अपना अपराध स्वीकार कर के उस ने इशरत जहां और उस की मासूम बेटी की हत्या की जो कहानी सुनाई, उसे सुन कर सभी का कलेजा दहल उठा.

उत्तर प्रदेश के जनपद अमेठी के थाना शुक्ला बाजार का एक गांव है किशनी. सभी जातियों की मिश्रित आबादी वाले इस गांव में मुसलिमों की आबादी कुछ ज्यादा है. इसी गांव के रहने वाले मूसा खां के परिवार में पत्नी सहित 5 लोग थे. जैसेतैसे उन्होंने सभी बच्चों का घर बसा दिया था. केवल इशरत जहां ही बची थी, जिस के लिए वह रिश्ता ढूंढ रहा था.

मूसा खां के पड़ोस में ही मुन्ना का घर था. पड़ोसी होने के नाते दोनों परिवारों का एकदूसरे के घरों में आनाजाना था. मुन्ना दरी बुनाई का काम करता था. इशरत भी दरी बुनाई करने जाती थी. इसी के चलते दोनों के बीच प्रेम का बीज अंकुरित हुआ.

पहले दोनों एकदूसरे को देख कर केवल हंस कर रह जाया करते थे. लेकिन धीरेधीरे यही हंसी प्यार में बदलने लगी. संयोग से एक दिन मुन्ना काम से घर लौट रहा था तो पीछेपीछे इशरत भी आ रही थी.

सुनसान जगह देख कर मुन्ना ने अपने कदमों की रफ्तार कम कर दी. फिर जैसे ही इशरत उस के करीब आई, उस ने इधरउधर देख कर इशरत का हाथ पकड़ लिया और बिना कुछ सोचेसमझे कहा, ‘‘इशरत, मैं तुम से प्यार करता हूं. अगर तुम मुझे नहीं मिली तो मैं अपनी जान दे दूंगा. बोलो, क्या तुम भी मुझ से प्यार करती हो?’’

मुन्ना के मुंह से ये बातें सुन कर इशरत कुछ कहने के बजाय अपना हाथ छुड़ा कर ‘हां’ में सिर हिला कर तेजी से अपने घर की ओर चली गई. मुन्ना इतने से ही उस के मन की बात समझ गया. वह समझ गया कि इशरत भी उसे चाहती है. लेकिन जुबान नहीं खोलना चाह रही.

उस दिन शाम ढले मुन्ना किसी बहाने से इशरत के घर पहुंच गया और मौका देख कर उस ने इशरत को अपनी बांहों में भर कर चूम लिया. मुन्ना के अचानक इस व्यवहार से इशरत सहमी तो जरूर, मगर हिली नहीं. वह बस इतना ही बोली, ‘‘धत, कोई देख लेगा तो कयामत आ जाएगी.’’

यह सुन कर मुन्ना ने इशरत को बांहों से आजाद कर दिया और अपने घर चला गया. उस दिन दोनों की आंखों से नींद कोसों दूर थी. किसी तरह रात कटी और सुबह हुई तो मुन्ना उस दिन काम पर रोज से पहले ही पहुंच गया. उस की नजरें इशरत को ही ढूंढ रही थीं. इशरत आई तो वह खुशी से झूम उठा. उस दिन दोनों का ही मन काम में नहीं लग रहा था.

जल्दीजल्दी काम निपटा कर जब इशरत घर जाने को तैयार हुई तो मुन्ना भी उस के पीछेपीछे चल पड़ा. कुछ दूर जाने के बाद एकांत मिलने पर मुन्ना ने इशरत का हाथ पकड़ कर बैठा लिया. वहां बैठ कर दोनों काफी देर तक बातें करते रहे. मुन्ना बारबार अपने प्रेम की दुहाई देते हुए एक साथ जीनेमरने की कसमें खाता रहा.

मुन्ना की बातें सुन कर इशरत खुद को रोक नहीं पाई. उस ने कहा, ‘‘मैं भी तुम्हारे बिना नहीं रह सकती. अब तुम्हारे बगैर एक भी पल काटना मुश्किल होने लगा है. तुम जल्दी से अपने घर वालों से बात कर के उन्हें मेरे अब्बू के पास मेरा हाथ मांगने के लिए भेजो, ताकि जल्दी से हमारा निकाह हो सके.’’

उस दिन के बाद दोनों का मिलनाजुलना कुछ ज्यादा ही बढ़ गया. शादी की बात आने पर मुन्ना आजकल कह कर टाल जाता. इशरत मुन्ना के फरेब को भांप नहीं पा रही थी और अपने भावी खुशनुमा जीवन के तानाबाना बुनने में लगी थी. दोनों में प्रेम बढ़ा तो शारीरिक संबंध भी बन गए.

यह इस घटना से 6-7 साल पहले की बात है. पहले तो प्यार समझ कर इशरत मुन्ना को अपना तन समर्पित करती रही. लेकिन धीरेधीरे उसे लगने लगा कि मुन्ना उस से नहीं, बल्कि उस के शरीर से प्यार करता है, वह उस से निकाह नहीं करना चाहता. वह मुन्ना पर निकाह के लिए जोर देने लगी.

लेकिन मुन्ना का तो इशरत से मन भर चुका था. उस ने चुपके से संजीदा खातून से निकाह कर लिया और रुदौली में जा कर रहने लगा. संयोग से सन 2012 में इशरत गर्भवती हो गई. उस के घर वालों को इस बात का पता चला तो उन के पैरों तले से जमीन खिसक गई.

बहरहाल, कोई चारा न देख इशरत के घर वालों ने मुन्ना पर शादी के लिए दबाव बनाना शुरू किया. लेकिन वह अपने और इशरत के संबंधों से साफ मुकर गया. ऐसे में कोई चारा न देख इशरत के अब्बा मूसा खां ने मुन्ना के खिलाफ 3 सितंबर, 2012 को भादंवि की धारा 376, 504, 506 के तहत थाना शुक्ला बाजार में मुकदमा दर्ज करा दिया, जिस में मुन्ना को जेल हो गई.

इधर मुन्ना जेल गया, उधर इशरत जहां ने एक बच्ची को जन्म दिया. मुन्ना जमानत पर जेल से बाहर आ गया. उस का मुकदमा चल रहा था. उस की अगली तारीख 23 मार्च, 2017 को थी. फिर से जेल जाने के डर से पहले तो मुन्ना ने इशरत के अब्बा के सामने पैसा ले कर सुलह कर लेने का प्रस्ताव रखा. लेकिन मूसा खां ने उस के इस प्रस्ताव को सिरे से खारिज करते हुए कहा, ‘‘तुम इशरत और अपने बीच के संबंधों को स्वीकार करते हुए बच्ची महलका को अपनी औलाद के रूप में स्वीकार करो, तभी हम मुकदमे में सुलह करने पर विचार कर सकते हैं.’

लेकिन मुन्ना संजीदा खातून से शादी कर चुका था, इसलिए उस ने मूसा की शर्त को स्वीकार तो नहीं किया, विचार करने की बात कह कर टाल गया और इशरत को झांसे में ले कर उस से पुन: संबंध बना लिए. इशरत मुन्ना के इस फरेब को समझ नहीं पाई और उसे विश्वास था कि मुन्ना उसे अपना लेगा.

इधर मुकदमे की तारीख करीब आती जा रही थी. उसी दिन फैसला होना था. ऐसे में एक सोचीसमझी साजिश के तहत 15 मार्च को मुन्ना इशरत को यह कह कर अपने साथ ले गया कि चलो हम सुलह कर लेते हैं और दिल्ली चल कर निकाह कर वहीं कमरा ले कर रहते हैं. मुन्ना के मुंह से सुलह की बात सुन कर इशरत खुशी से झूम उठी और तपाक से बोली, ‘‘चलो, कहां चलें?’’

इशरत की हां से खुश हो कर मुन्ना बोला, ‘‘पहले हम दोनों किसी सुनसान स्थान पर चल कर बैठ कर बातें करेंगे, उस के बाद आगे की सोचेेंगे.’’

मुन्ना इशरत को साथ ले कर गोमती नदी के राजघाट होते हुए देवगांव की ओर चल पड़ा. थोड़ी दूर चलने के बाद उस ने इशरत से कहा, ‘‘इशरत, तुम इस जंगल के रास्ते चलो, मैं गाड़ी ले कर रोड के रास्ते से आ रहा हूं.’’

इशरत अपनी 5 साल की बेटी महलका को साथ ले कर पूरी तरह से बेपरवाह हो कर जंगल के रास्ते से चल पड़ी. वह तेजी से कदम बढ़ाते हुए चली जा रही थी कि तभी कुछ दूरी पर मुन्ना बाइक खड़ी कर के हाथ में चाकू लिए इशरत जहां के करीब आया और पीछे से उस की गर्दन पर धड़ाधड़ वार करने शुरू कर दिए.

चाकू के वार से इशरत निढाल हो कर गिर पड़ी. अचानक हुए हमले से उसे कुछ सोचनेसमझने का समय तक नहीं मिल पाया. उस की मासूम बेटी महलका ने मां को जमीन पर गिरते देखा तो मुन्ना के पैर पकड़ कर रोने लगी.

इंसान से हैवान बन चुके मुन्ना को उस मासूम पर भी रहम नहीं आया. उस ने सोचा कि इसे ले कर कहां जाऊंगा. उस ने उस मासूम का भी गला काट कर उसे मौत की नींद सुला दिया. फिर दोनों लाशों को वहीं झाडि़यों में छिपा कर खून से सनी अपनी शर्ट और चाकू को भी वहीं छिपा दिया.

इस के बाद अपनी मोटरसाइकिल यूपी 44 एस 9123 से वहां से भाग निकला. यह तो संयोग था कि घटना के कुछ ही देर बाद चरवाहों की नजर मांबेटी की लाशों पर पड़ गई और उन्होंने पुलिस को सूचना दे दी अन्यथा वे दोनों जंगली जानवरों का निवाला बन जातीं तो शायद यह राज ही दफन हो कर रह जाता.

पुलिस के अनुसार, घटना के एक दिन पहले ही मुन्ना की बीवी संजीदा खातून ने एक बच्ची को जन्म दिया था. इधर इस मामले में जब उस का नाम प्रकाश में आया तो पुलिस उस के पीछे पड़ गई. यह देख कर वह अपने घर से फरार हो गया. पुलिस ने उस के घर सहित अन्य संभावित स्थानों पर कई बार दबिश दी, लेकिन वह पुलिस को चमका देता रहा.

16 अप्रैल को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे रुदौली कोतवाली के भेलसर स्थित एक प्राइवेट नर्सिंगहोम के पास की एक चाय की दुकान से गिरफ्तार कर लिया था, जहां उस की बीवी संजीदा खातून भरती थी. पुलिस को देख कर मुन्ना भागने लगा था, लेकिन पुलिस टीम ने उसे घेराबंदी कर के पकड़ लिया था.

उस की तलाशी ली गई तो उस के पास से आधार कार्ड और 250 रुपए नकद मिले थे. बाद में पुलिस ने उस की निशानदेही पर घटनास्थल के पास से खून से सनी उस की शर्ट और चाकू बरामद कर लिया था. उसे मीडिया के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां उस ने मांबेटी की हत्या का अपना अपराध स्वीकार करते हुए पूरी कहानी सुनाई थी. इस के बाद उसे सक्षम न्यायालय में पेश किया गया,जहां से उसे जेल भेज दिया गया.

– कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

तुम सिर्फ मेरी हो : प्यार और तकरार की कहानी

14 मई, 2017 की रात देवरिया जिले के थाना तलकुलहवा के गांव बघड़ा महुआरी का रहने वाला 42 साल का शरीफ अंसारी खाना खा कर लेटा था कि उस के मोबाइल फोन की घंटी बज उठी. उस ने मोबाइल उठा कर देखा तो नंबर जानापहचाना था. उस ने फोन रिसीव कर के बात की. उस के बाद उठ कर पत्नी से कहा, ‘‘मैं थोड़ी देर में आता हूं.’’

इतना कह कर शरीफ जिन कपड़ों में था, उन्हीं में घर से बाहर निकल गया. उस के जाने के बाद पीछेपीछे पत्नी जसीमा भी निकल गई. घर से निकलते समय जसीमा ने छोटे बेटे अजहरुद्दीन से वही कहा था, जो शरीफ ने घर से निकलते समय कहा था.

थोड़ी देर में लौट कर आने को कह कर गए पतिपत्नी पूरी रात लौट कर नहीं आए तो अब्बू की चिंता में अजहरुद्दीन और उस की पत्नी हसीना ने किसी तरह रात बिताई. सवेरा होते ही अजहरुद्दीन अब्बू की तलाश में निकल पड़ा. 8 बजे के करीब गांव से एक किलोमीटर दूर शाहपुर पुरैना नहर के पास शरीफ अंसारी की सिरकटी लाश मिली. इस के बाद बघड़ा गांव के दक्षिणी गंडक नदी के पास जसीमा की सिरकटी लाश मिली.

खबर पा कर अजहरुद्दीन शाहपुर पुरैना नहर पर पहुंचा तो वहां काफी भीड़ जमा थी. हत्यारों ने बड़ी बेरहमी से शरीफ की हत्या की थी. सिर काटने के साथ उस के दोनों हाथ भी काट कर अलग कर दिए थे. शरीफ की लाश से करीब 1 किलोमीटर दूर जसीमा की लाश पड़ी थी.

हत्यारे ने उस का भी सिर धड़ से अलग करने के साथ, उस का बायां हाथ, बायां वक्षस्थल और स्त्री अंग पर धारदार हथियार से वार किए थे. थोड़ी ही देर में इस हत्याकांड की खबर जंगल की आग की तरह पूरे इलाके में फैल गई थी.

जिस तरह से पतिपत्नी की हत्याएं की गई थीं, उस से साफ लग रहा था कि हत्यारे को मृतकों से काफी नफरत थी. सूचना पा कर शरीफ के सासससुर भी आ गए थे. दिल दहला देने वाली इस घटना की सूचना थाना तरकुलहवा के थानाप्रभारी राजाराम यादव को भी मिल चुकी थी.

सूचना मिलते ही वह भी सहयोगियों एसआई शैलेंद्र कुमार, भूपेंद्र सिंह, गुफरान अंसारी, वीरबहादुर सिंह, सिपाही राहुल सिंह, मनीष दुबे, प्रद्युम्न जायसवाल, रविशंकर श्रीवास्तव, कैलाशचंद्र यादव, दुर्गेश चौरसिया, श्यामनारायण पांडेय, देवव्रत यादव और अनुराग यादव के साथ घटनास्थल पर आ पहुंचे थे.

crime

चलने से पहले उन्होंने इस घटना की सूचना एसपी का कार्यभार देख रहे एडीशनल एसपी चिरंजीवनाथ सिन्हा और सीओ (नगर) अजय सिंह को दे दी थी, इसलिए थोड़ी ही देर में ये अधिकारी भी घटनास्थल पर आ गए थे. जब इस बात की जानकारी गोरखपुर जोन के आईजी मोहित अग्रवाल और डीआईजी नीलाब्जा चौधरी को हुई तो ये अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए.

घटनास्थल के निरीक्षण के बाद पुलिस इस नतीजे पर पहुंची कि घटना को कम से कम 3 लोगों ने मिल कर अंजाम दिया होगा. लेकिन अहम सवाल यह था कि हत्यारों ने इस तरह जघन्य तरीके से ये हत्याएं क्यों की थीं? आखिर हत्यारों से मृतकों की ऐसी क्या दुश्मनी थी?

पुलिस ने मृतकों के बेटे अजहरुद्दीन से उस की किसी से दुश्मनी के बारे में पूछा तो उस ने किसी से दुश्मनी होने से साफ मना कर दिया. पुलिस ने घटनास्थल की काररवाई कर दोनों लाशों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया.

इस के बाद थाने लौट कर राजाराम यादव ने मृतकों के छोटे बेटे अजहरुद्दीन की ओर से अपराध संख्या 106/2017 पर भादंवि की धरा 302 एवं 4/32 आर्म्स एक्ट के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी.

हत्यारों को पकड़ने के लिए चिरंजीवनाथ सिन्हा ने पुलिस की 3 टीमें गठित कीं. एक टीम की कमान उन्होंने खुद संभाली तो दूसरी टीम की कमान राजाराम यादव को सौंपी. तीसरी टीम क्राइम ब्रांच की थी. उसी शाम देवरिया के एसपी के रूप में राजीव मल्होत्रा को भेजा गया.

पूछताछ में अजहरुद्दीन ने बताया था कि रात 12 बजे के करीब किसी का फोन आया था. फोन पर बात करने के बाद अब्बू थोड़ी देर में लौट आने की बात कह कर घर से निकल गए थे. अम्मी भी अब्बू के पीछेपीछे चली गई थीं. वह पूरी रात दोनों का इंतजार करता रहा, पर वे लौट कर नहीं आए. सुबह वह अम्मीअब्बू की तलाश में निकला तो उन की लाशें मिलीं.

फोन आने की जानकारी पा कर पुलिस ने मृतक शरीफ के फोन नंबर की काल डिटेल्स निकलवाई. घटना वाली रात 12 बजे के करीब उस के मोबाइल पर जो आखिरी फोन आया था, उस पर शरीफ की फोन करने वाले से करीब 1 मिनट बात हुई थी. पुलिस ने उस नंबर के बारे में पता किया तो वह नंबर उसी गांव के रहने वाले अरविंद प्रसाद का निकला.

पूछताछ में पता चला कि अरविंद और शरीफ दोनों गहरे मित्र थे. जंगल में लकड़ी काटने दोनों एक साथ जाया करते थे. इस के अलावा अरविंद गांव के बाहर अंडे की दुकान लगाता था. अरविंद और उस के छोटे भाई का शरीफ के घर काफी आनाजाना था. इस का मतलब था, दोनों परिवारों में संबंध काफी मधुर थे.

पुलिस को अरविंद पर शक हुआ तो संदेह के आधार पर पुलिस उसे और उस के छोटे भाई को हिरासत में ले कर पूछताछ के लिए थाना तरकुलहवा ले आई. राजाराम यादव ने दोनों भाइयों से अलगअलग सख्ती से पूछताछ की. इस पूछताछ में अरविंद के भाई ने बताया कि अरविंद रात से ही काफी परेशान और बेचैन था. शायद उसी ने शरीफ और उस की पत्नी जसीमा की हत्या की है.

इस के बाद पुलिस और सख्त हो गई. इस के बावजूद अरविंद पुलिस को दाएंबाएं घुमाता रहा. लेकिन जब अरविंद को लगा कि पुलिस उसे छोड़ने वाली नहीं है तो उस ने शरीफ और उस की पत्नी जसीमा खातून की हत्या का अपना अपराध स्वीकार कर लिया. इस के बाद उस ने पुलिस को दोनों हत्याओं की जो कहानी सुनाई, वह इस प्रकार थी—

करीब 35 साल का अरविंद प्रसाद जिला देवरिया के थाना तरकुलहवा के गांव बघड़ा महुआरी में रहता था. उस के पिता रामदास प्रसाद उर्फ गेंदा प्राइवेट नौकरी करते थे. भाईबहनों में अरविंद सब से बड़ा था. उसे कोई नौकरी नहीं मिली तो उस ने गांव के बाहर अंडे की दुकान खोल ली. इस से उस का खर्च आसानी से निकल जाता था.

अरविंद की गांव के ही रहने वाले शरीफ अंसारी से खूब पटती थी. शरीफ मेहनतमजदूरी कर के परिवार को पाल रहा था. शरीफ और अरविंद रात में जंगल से चोरी से लकडि़यां काट कर भी बेचते थे. अरविंद की यारी शरीफ से हुई तो यह यारी घर की दहलीज लांघ कर कमरे के अंदर तक पहुंच गई.

अरविंद शरीफ के घर बेरोकटोक आताजाता था. इसी आनेजाने में अरविंद का दिल शरीफ की पत्नी जसीमा खातून पर आ गया. शरीफ के कहीं चल जाने पर अरविंद घंटों उस के घर बैठ कर जसीमा से बातें करने के साथ हंसीमजाक भी किया करता था. जसीमा को यह सब बहुत अच्छा लगता था. इसी का नतीजा था कि 4 बच्चों की मां होने के बावजूद जसीमा उस के प्यार में कैद हो गई.

इस के बाद अरविंद अपनी कमाई जसीमा पर लुटाने लगा. दोनों अपने इस संबंध से खुश थे, लेकिन उन के इस अवैध संबंधों की खुशबू गांव में फैली तो बात शरीफ अंसारी तक पहुंच गई. शरीफ को यह बात बड़ी बुरी लगी. अरविंद उस का दोस्त था. लेकिन उस ने दोस्ती में दगा की थी. उस ने पत्नी को ही नहीं, अरविंद को भी आड़े हाथों लिया. इतना ही नहीं, गुस्से में उस ने अरविंद को कई थप्पड़ जड़ कर पत्नी से दूर रहने को कहा.

इस के बाद अरविंद शरीफ के घर जाने की कौन कहे, उधर देखना भी बंद कर दिया. इसी तरह 6-7 महीने बीत गए. इस बीच अरविंद न शरीफ से मिला और न ही उस के घर गया. लेकिन परपुरुष की आदी हो चुकी जसीमा के गांव के अन्य पुरुषों से नाजायज संबंध बन गए. अरविंद से यह बात छिपी नहीं रही. जसीमा की इस बेवफाई से अरविंद चिढ़ गया.

एक दिन अरविंद शरीफ की नजरें बचा कर जसीमा से उस के घर जा कर मिला. उस ने उसे समझाया कि वह जो कर रही है, ठीक नहीं कर रही है. वह सिर्फ उस की है. उसे कोई देखे या छुए, उसे अच्छा नहीं लगता. पर जसीमा ने उस की एक नहीं सुनी और उसे खुद से दूर रहने को कहा. यही नहीं, उस ने कहा कि अगर उस ने उस की बात नहीं मानी तो वह उस की पति से शिकायत कर देगी.

फिर क्या था, अरविंद और चिढ़ गया. उस ने जसीमा से बदला लेने का निश्चय कर लिया. इस के लिए उस ने उस के पति शरीफ को विश्वास में लिया और अपनी गलती के लिए माफी मांग ली. शरीफ ने सारे गिलेशिकवे भुला दिए और उसे माफ कर दिया.

इस के बाद दोनों पहले जैसे दोस्त बन गए. अरविंद के मन में क्या चल रहा है, शरीफ को पता नहीं था. एक तीर से 2 निशाने साधने वाली बात सोच कर अरविंद ने शरीफ से उस की पत्नी के गैरमर्दों से संबंध वाली बात बता दी.

पहले तो शरीफ ने उस की बात पर ध्यान नहीं दिया, लेकिन जल्दी ही जसीमा की सच्चाई उस के सामने आ गई. फिर तो उस ने जसीमा की जम कर खबर ली. लेकिन इस के बाद भी अरविंद अपने मकसद में कामयाब नहीं हुआ. उस ने दिल की बात जसीमा से कही तो उस ने उसे झिड़क कर भगा दिया.

crime

जसीमा का जवाब सुन कर अरविंद ठगा सा रह गया. उस के मना करने से अरविंद का दिल टूट गया. अब वह ईर्ष्या की आग में जलने लगा. इसी ईर्ष्या ने उस के दिल में नफरत के बीज बो दिए. इस का नतीजा यह निकला कि उस ने शरीफ और उस की पत्नी को सजा देने का मन बना लिया.

इस की वजह यह थी कि शरीफ द्वारा की गई बेइज्जती वह अभी तक भुला नहीं पाया था. जसीमा से तो वह नाराज था ही. नफरत की आग में जल रहे अरविंद ने दोनों को रास्ते से हटाने का फैसला कर लिया.

अरविंद ने दोनों को सबक सिखाने की जो योजना बनाई, उस के अनुसार उस ने 14 मई, 2017 की रात 12 बजे शरीफ को फोन कर के शाहपुर पुरैना के जंगल में लकड़ी काटने के लिए बुलाया. शरीफ अजहरुद्दीन से थोड़ी देर में लौटने को कह कर घर से निकल गया.

अरविंद पूरी तैयारी के साथ आया था. उस के पास लकड़ी काटने वाला तेज धार वाला दाब था. थोड़ी देर में शरीफ उस के पास पहुंचा तो अरविंद ने उसे लकड़ी काटने के लिए पेड़ पर चढ़ने को कहा. शरीफ जैसे ही पेड़ पर चढ़ने के लिए आगे बढ़ा, पीछे से अरविंद ने पूरी ताकत से उस की गरदन पर दाब का वार कर दिया.

वार इतना जोरदार था कि उसी एक वार में शरीफ का सिर धड़ से कट कर अलग हो गया. बेइज्जती का बदला लेने के लिए अरविंद ने उस के दोनों हाथ और पैर काट कर अलग कर दिए. संयोग से तभी पति के पीछेपीछे जसीमा भी वहां पहुंच गई.

उसे देख कर अरविंद घबरा गया. पकड़े जाने के डर से उस ने उसी दाब से उसे भी मौत के घाट उतार दिया. इस के बाद पहचान छिपाने के लिए उस ने उस का भी सिर धड़ से काट कर 1 किलोमीटर दूर गंडक नदी में ले जा कर फेंक दिया. साक्ष्य मिटाने के लिए जसीमा की लाश को उस ने ले जा कर पुरैना नहर के पास फेंका. इस के बाद गंडक नदी में खून साफ कर के घर लौट आया.

पूछताछ के बाद पुलिस ने अरविंद को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया. प्रेम और क्रोध में अंधे अरविंद ने जो किया, वह गलत था. अब उसे अपने किए पर पश्चाताप हो रहा है. लेकिन अब पछताने से क्या होगा? उस ने 2 लोगों की जान तो ले ही ली. अब उसे इस की सजा अवश्य मिलेगी.

– कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित