दगाबाज दोस्त, बेवफा पत्नी

रघुनाथ सिंह लोधी

दौलत व शोहरत की दौड़ में दबंगता के साथ आगे बढ़ते रहे मिक्की बख्शी को अपने अतीत पर ज्यादा रंज नहीं था. यह जरूर था कि वह ऐसा कोई काम नहीं करना चाहता था जिस से उसे फिर से जेल जाना पड़े. अपराध के क्षेत्र के जानेमाने चेहरे अब भी उस के नाम से खौफ खाते थे.

वह रसूखदार लोगों की महफिलों में शिरकत करने लगा था. उस ने साफसुथरी जिंदगी का नया सफर शुरू करने का संकल्प ले लिया था. अब वह पढ़ीलिखी बीवी व एकलौते बेटे को कामयाबी के शिखर पर देखना चाहता था.

उस ने बीवी के नाम न केवल घर कारोबार कर दिया था, बल्कि नई चमचमाती कार की चाबी भी सौंप दी थी. जिस बीवी के लिए उस ने इतना सब कुछ किया, वही उस के जिगरी दोस्त ऋषि खोसला के साथ मिल कर उस के सीने में छुरा घोंपेगी, उस ने कभी सोचा भी नहीं था.

नागपुर ही नहीं मध्यभारत में कूलर कारोबार में खोसला कूलर्स एक बड़ा नाम है. जानेमाने कूलर ब्रांड के संचालक ऋषि खोसला का भी अपना अलग ठाठ रहा है. हैंडसम, स्टाइलिश पर्सनैलिटी के तौर पर वह यारदोस्तों की महफिलों की शान हुआ करता था. कई छोटीमोटी फिल्मों में भी वह दांव आजमा चुका था. इन दिनों जमीन कारोबार में मंदी का दौर सा चल रहा है, लेकिन ऋषि मंदी के दौर में भी जमीन कारोबार में अच्छा कमा रहा था. लोग उसे बातों का धनी भी कहते थे. वह अपना कारोबार बढ़ाने की कला अच्छी तरह जानता था.

47 वर्षीय ऋषि नागपुर के जिस बैरामजी टाऊन परिसर में रहता था, उसे करोड़पतियों की बस्ती भी कहा जाता है. उस बस्ती में लग्जीरियस लाइफ स्टाइल के शख्स रहते थे. ऋषि का छोटा सा परिवार था. परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटा व एक बेटी थे. 18 वर्षीय बेटा विदेश में रह कर पढ़ाई कर रहा था, जो छुट्टी मनाने घर आया हुआ था.   20 अगस्त, 2019 की रात करीब 9 बजे की बात है. ऋषि का भाई मनीष और बेटा शिरडी में साईं बाबा के दर्शन कर घर लौट रहे थे. ऋषि अपने कारोबार के जरूरी काम निपटा कर समय से पहले ही घर पहुंच गया था. घर पर उस ने बेटे व भाई से मुलाकात की. भूख लगी थी सो पत्नी को खाना लगाने को कहा. इसी बीच ऋषि खोसला के पास मधु का फोन आया.

मधु उस की खास महिला मित्र थी. वह उस के अजीज दोस्त विक्की बख्शी की पत्नी थी. कारोबार में भी मधु ऋषि की मदद लिया करती थी. मधु ने उस से कहा कि कड़बी चौक के नजदीक उस की गाड़ी पंक्चर हो गई है. आप तुरंत आ जाइए.

‘‘तुम वहीं रहो, मैं 5 मिनट में पहुंचता हूं.’’ कह कर ऋषि बिना खाना खाए ही घर से निकल गया. मधु का घर कड़बी चौक के पास कश्मीरी गली में था. कश्मीरी गली को नागपुर की सब से प्रमुख पंजाबियों की बस्ती भी कहा जाता है. यहां बड़े कारोबारियों के बंगले हैं. कुछ देर में ऋषि मधु के पास पहुंच गया और मधु को घर पहुंचा आया. मधु को घर छोड़ने के बाद ऋषि अपनी कार नंबर पीबी08ए एक्स0909 से घर लौटने लगा.

ऋषि खोसला ने चुकाई भारी कीमत  रात के करीब 11 बजे होंगे. ऋषि किसी काम से कड़बी चौक पर खड़ा था, तभी वहां खड़ी उस की कार में एक आटोरिक्शा चालक ने टक्कर मार दी. ऋषि ने आटो चालक को फटकार लगाई तो आटो से उतर कर आए 3 युवक ऋषि से झगड़ा करने लगे. चौक पर वाहनों का आनाजाना चल रहा था. झगड़ा होता देख वहां लोग जमा होने लगे.

ऋषि की नजर आटोरिक्शा में बैठे एक शख्स पर गई. उसे देख कर ऋषि को यह समझने में देर नहीं लगी कि आटो में आए लोग संदिग्ध हैं और वे उस के साथ कुछ भी कर सकते हैं.

कई दिनों से उसे हमला होने का अंदेशा था. ऋषि ने चतुराई से काम लिया. वह उन लोगों से झगड़ने के बजाए कार ले कर सीधे घर की ओर चल पड़ा. वह काफी घबराया हुआ था. बैरामजी टाउन में ऋषि के घर से कुछ देरी पर गोंडवाना चौक है. ऋषि ने अचानक कार रोकी. उसे लग रहा था कि आटो वाले लोग उसे खोजते हुए उस के घर भी पहुंच सकते हैं.

वह अपने बचाव के लिए कहीं भाग जाना चाहता था. ऋषि कार से उतरा. भागने की फिराक में उस ने मोबाइल निकाल कर अपनी दोस्त मधु को जानकारी देने के लिए फोन किया. उस ने मधु को बताया कि उस के घर से लौटते समय कड़बी चौक में उस पर हमला होने वाला था.

वह इस के आगे कुछ कहता, इस से पहले ही आटो और बाइक पर आए लोगों ने ऋषि पर हमला कर दिया. फरसे के पहले ही वार में ऋषि की चीख निकल गई. मोबाइल उस के हाथ से छूट कर 10 फीट दूर जा कर गिरा.

इस के बाद भी उन लोगों ने ऋषि पर कई वार किए. अपना काम कर के हमलावर आटोरिक्शा से फरार हो गए. एक हमलावर वहां से ऋषि की कार ले गया ताकि कोई कार से उसे इलाज के लिए अस्पताल न ले जा सके. उस ने ऋषि की कार सदर क्षेत्र के एलबी होटल के पास ले जा कर खड़ी कर दी. हथियार भी उन्होंने वहीं आसपास डाल दिए थे.

ऋषि की फोन पर मधु से बात चल रही थी लेकिन जब अचानक बातचीत बंद हो गई तो वह घबरा गई. वह उसी समय गोंडवाना चौक पहुंच गई. उस समय वहां काफी लोग जमा थे. वहां पड़ी ऋषि की लाश को देख कर वह चीख पड़ी. इसी बीच किसी ने फोन से पुलिस को सूचना दे दी थी.

सूचना पा कर सदर पुलिस थाने की पुलिस वहां पहुंच गई. पुलिस उपायुक्त विनीता साहू भी वहां पहुंच गईं. मधु ने पुलिस को बताया कि ऋषि उस का प्रेमी था और उस की हत्या उस के पति मिक्की बख्शी व भाई सुनील भाटिया ने की है.

ऋषि को मेयो अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इधर पुलिस लोगों से पूछताछ कर ही रही थी कि तभी मधु आत्महत्या के लिए निकल पड़ी.

वह फुटाला तालाब की ओर जा रही थी. पुलिस उपायुक्त विनीता साहू समझ गईं कि वह कोई आत्मघाती कदम उठाने जा रही है, इसलिए उन्होंने उसे रोक कर समझाया. विनीता ने मधु को आश्वस्त किया कि मिक्की व सुनील को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा.

तब तक पुलिस आयुक्त डा. भूषण कुमार उपाध्याय भी वहां पहुंच गए थे. डीसीपी विनीता साहू ने उन्हें पूरी जानकारी से अवगत कराया. पुलिस कमिश्नर डा. उपाध्याय मिक्की की प्रवृत्ति से भलीभांति अवगत थे. क्योंकि वह आपराधिक प्रवृत्ति का था. उन्होंने उसी समय थाना सदर के प्रभारी को आदेश दिया कि मिक्की को इसी समय उठवा लो.

मिक्की बख्शी राजनगर में रहता था. थानाप्रभारी ने एक पुलिस टीम मिक्की के घर भेज दी. घटनास्थल की जरूरी काररवाई निपटाने के बाद थाना सदर पुलिस मधु को ले कर थाने लौट आई. मधु से कुछ जरूरी पूछताछ के बाद उसे घर भेज दिया.

उधर पुलिस टीम मिक्की बख्शी के घर पहुंची तो वह घर पर ही मिल गया. उसे हिरासत में ले कर पुलिस थाने ले आई. पुलिस ने मिक्की से ऋषि खोसला की हत्या के बारे में पूछताछ की तो वह कहता रहा कि ऋषि तो उस का दोस्त था, भला वह अपने दोस्त को क्यों मारेगा. उस की बात पर पुलिस को यकीन नहीं हो रहा था.

पुलिस जानती थी कि वह ढीठ किस्म का अपराधी है, इसलिए पुलिस ने उस से सख्ती से पूछताछ की तो उस ने सच उगल दिया. उस ने स्वीकार किया कि ऋषि खोसला की हत्या उस ने अपने जानकार लोगों से कराई थी. उस की हत्या कराने की उस ने जो कहानी बताई, वह काफी दिलचस्प थी—

मिक्की कैसे बना दबंग  रूपिंदर सिंह उर्फ मिक्की बख्शी नागपुर शहर का काफी चर्चित व्यक्ति था. करीब 2 दशक पहले शहर में प्रौपर्टी के कारोबार में उस का सिक्का चलता था. विवादित जमीनों से कब्जा खाली कराने के लिए उस के पास अच्छेबुरे हर किस्म के लोग आतेजाते थे.

शुरुआत में मिक्की ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में कांस्टेबल की नौकरी की थी. उस की तैनाती नक्सल प्रभावित क्षेत्र गढ़चिरौली के भामरागढ़ में थी. उसी दौरान निर्माण ठेकेदारों और सरकार के लोगों की फिक्सिंग का विरोध करते हुए उस ने नौकरी छोड़ दी थी. बाद में नागपुर में उस ने बीयरिंग बेचने का व्यवसाय किया.

मिक्की दबंग स्वभाव का तो था ही, जल्द ही उस के पास दबंग युवाओं की टीम तैयार हो गई. शहर ही नहीं, शहर के आसपास भी उस का नाम चर्चाओं में आ गया. वह कारोबारियों का मददगार होने का दावा करता था, लेकिन उस की पहचान वसूलीबाज अपराधी की भी बनने लगी थी.

बाद में मिक्की ने यूथ फोर्स नाम का संगठन तैयार किया. यूथ फोर्स के माध्यम से उस ने युवाओं की टीम का विस्तार किया गया. उस के संगठन में बाउंसर युवाओं की संख्या बढ़ने लगी. यही नहीं यूथ फोर्स के नाम पर मिक्की ने युवाओं के लिए प्रशिक्षण केंद्र भी शुरू कर दिया. बाद में उस ने यूथ फोर्स नाम की सिक्युरिटी एजेंसी खोल ली.

शहर में सब से महंगी व अच्छी सिक्युरिटी एजेंसी के तौर पर यूथ फोर्स की अलग पहचान बन गई. इस एजेंसी में अब भी करीब 3000 सिक्युरिटी गार्ड हैं. 2 दशक पहले शहर में ट्रक व्यवसाय को ले कर बड़ा विवाद हुआ था. कई ट्रक कारोबारी बातबात पर पुलिस व आरटीओ से उलझ पड़ते थे.  आरोप था कि ट्रक कारोबारियों को जानबूझ कर परेशान किया जा रहा है. उन से अंधाधुंध वसूली हो रही है. उस स्थिति में मिक्की ने उत्तर नागपुर के महेंद्रनगर में यूथ फोर्स संगठन का कार्यालय खोला. उस के कार्यालय में ट्रक कारोबारी फरियाद ले कर जाते थे. मिक्की ने अपने स्तर से कई मामले सुलझा दिए. दरअसल, पुलिस विभाग में मिक्की के कई दुश्मन थे तो कई दोस्त भी थे.

नाम चला तो पैसा भी आने लगा. मिक्की कारों के काफिले में घूमने लगा. 20-25 युवक उस की निजी सुरक्षा में रहते थे. सार्वजनिक जीवन में अपना नाम बढ़ाने का प्रयास करते हुए मिक्की ने एक साप्ताहिक समाचार पत्र का प्रकाशन भी किया.

राजनीति के क्षेत्र में भी उस ने पैर जमाने की कोशिश की. लगभग सभी प्रमुख पार्टियों के बड़े नेताओं से उस के करीबी संबंध बन गए थे. उन पर वह खुले हाथों से पैसे खर्च करता था. मिक्की ने भाजपा के वरिष्ठ नेता व केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के समर्थक के तौर पर पहचान बना रखी थी. वह गडकरी के जन्मदिन पर एक भंडारे का आयोजन करता था.

दोस्त ने ही जोड़ा था रिश्ता  सन 2002 की बात है. तब तक मिक्की की पहचान सेटलमेंट कराने के एवज में बड़ी वसूली करने वाले अपराधी के तौर पर हो गई थी. एक मामले में तत्कालीन पुलिस कमिश्नर एस.पी.एस. यादव ने मिक्की को गिरफ्तार करा कर सड़क पर घुमाया था. उस की आपराधिक छवि के कारण उस की शादी भी नहीं हो पा रही थी. शादी की उम्र निकलने लगी थी. उस के दोस्तों ने उस के लिए इधरउधर रिश्ते की बात छेड़ी. उस के दोस्तों में ऋषि खोसला व सुनील भाटिया प्रमुख थे.

तीनों ने शहर के हिस्लाप कालेज में साथसाथ पढ़ाई की थी. ऋषि खोसला मिक्की का दोस्त ही नहीं, बतौर कार्यकर्ता भी काम करता था. कई मामलों में वह मिक्की के लिए प्लानर की भूमिका निभाता था. हरदम साए की तरह उस के साथ लगा रहता था.

ऋषि को अभिनय का भी शौक था. उस ने कुछ फिल्मों में अभिनय भी किया. हिंदी फिल्म ‘आशा: द होप’ में उस ने मुख्य विलेन का किरदार निभाया था. उस फिल्म में अभिनेता शक्ति कपूर थे. शक्ति कपूर से ऋषि खोसला के पारिवारिक संबंध भी बन गए थे.

सुनील भाटिया मिक्की व ऋषि के साथ ज्यादा नहीं रहता था, लेकिन कम समय में उस ने सट्टा कारोबार में बड़ी पहचान बना ली थी. यह वही सुनील भाटिया था जो आईपीएल मैच स्पौट फिक्सिंग के मामले में दिल्ली में पकड़ा गया था. तब सुनील के गिरफ्तार होने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम के कुछ क्रिकेटर भी जांच की चपेट में आए थे.

बताते हैं कि सुनील भाटिया ने क्रिकेट सट्टा की बदौलत अंतरराष्ट्रीय स्तर पर करोड़ों की दौलत एकत्र की थी. वह आए दिन विदेश में रहता था. पिछले कुछ समय से वह स्वयं को साईंबाबा के भक्त के तौर पर स्थापित कर रहा था. उस ने नागपुर में कड़बी चौक परिसर में  साईं मंदिर भी बनवाया था. वहां हर गुरुवार को वह बड़ा भंडारा कराता था.

शिरडी साईंबाबा के दर्शन के लिए उस ने नागपुर से वातानुकूलित बस की नि:शुल्क सेवा उपलब्ध करा रखी थी. क्रिकेट और राजनीति के अलावा भाटिया के आपराधिक क्षेत्र में भी देशदुनिया के कई बड़े लोगों से सीधे संबंध थे.  मिक्की के लिए रिश्ते की बात चल रही थी. लेकिन सामान्य संभ्रांत परिवार से कोई रिश्ता नहीं आ रहा था. अपराधी के हाथ में कोई अपनी बेटी का हाथ देने को तैयार नहीं था. ऐसे में ऋषि खोसला को न जाने क्या सूझी, एक दिन उस ने दोस्तों की पार्टी में कह दिया कि मिक्की भाई के लिए चिंता करने की जरूरत नहीं है.

कहीं बात नहीं बन रही है तो हम कब काम आएंगे. शादी के लिए सुनील भाई की बहन मधु भी तो है. सुनील भाटिया की बहन मधु ने एमबीए कर रखा था. कहा गया कि वह मिक्की ही नहीं, उस के कारोबार को भी अच्छे से संभाल लेगी. बात व प्रस्ताव पर विचार हुआ.

उस समय सुनील भाटिया हत्या के एक मामले में जेल में था. मधु मिक्की से उम्र में 10 साल छोटी थी. इस के बावजूद वह मिक्की से शादी के लिए राजी हो गई. लिहाजा बड़ी धूमधाम से दोनों की शादी हुई. कई जानीमानी हस्तियां शादी समारोह में शरीक हुई थीं. मधु का मिजाज भी दबंग किस्म का था. शादी के कुछ दिनों बाद ही उस ने मिक्की के संगठन यूथ फोर्स के कारोबार में दखल देना शुरू कर दिया. वह सुरक्षा प्रशिक्षण अकादमी की संचालक बन गई.

मिक्की कारोबार की जिम्मेदारी से मुक्त हो कर अपनी नई दुनिया को संवारने लगा. राजनीति में भी उस का दबदबा कायम होने लगा. सन 2007 व 2012 के महानगर पालिका के चुनाव में मिक्की ने यूथ फोर्स का पैनल लड़ाया. पैनल के उम्मीदवार तो नहीं जीते लेकिन मिक्की की पहचान उभरते नेता के तौर पर बनने लगी थी.

हत्याकांड ने बदल दी जिंदगी  इस बीच एक ऐसा कांड हुआ, जिस ने मिक्की की जिंदगी के सुनहरे रंगों को ही छीन लिया. सन 2012 की बात है. कोराड़ी रोड पर जमीन विवाद के एक मामले में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता गणेश मते का अपहरण कर लिया गया. बाद में उन की हत्या कर लाश कलमना में रेलवे लाइन पर डाल दी गई. इस हत्या का सूत्रधार मिक्की ही था. मामला 2 करोड़ की वसूली का था. तब राज्य में कांग्रेस व राष्ट्रवादी कांग्रेस के नेतृत्व की सरकार थी. गृहमंत्री राष्ट्रवादी कांग्रेस के ही थे.

सत्ताधारी पार्टी के नेता की हत्या के मामले को स्थानीय से ले कर प्रदेश स्तर के नेताओं ने चुनौती के तौर पर लिया. मिक्की बचाव का प्रयास करता रह गया. उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था.

वह करीब 3 साल तक जेल में रहा. जेल से छूटा तो मिक्की के लिए सारा नजारा बदल सा गया था. उस की पत्नी मधु ने यूथ फोर्स सिक्युरिटी एजेंसी का कारोबार न केवल संभाल लिया था बल्कि अधिकृत तौर पर उसे अपने नाम कर लिया था. मिक्की के साथ साए की तरह रहने वाले ऋषि खोसला के व्यवहार में भी बदलाव आ गया था. ऋषि उस के बजाए उस की पत्नी मधु से ज्यादा लगाव दिखाने लगा था.

जेल में रहते मिक्की की सेहत में भी काफी बदलाव आ गया था. वह सेहत सुधारने के लिए सुबहशाम सदर स्थित जिम में जाया करता था. मधु अकसर ऋषि के साथ घर से गायब रहती थी. कभी किसी पार्टी में तो कभी क्लबों में वह ऋषि के साथ दिखती.

पहले तो मिक्की को लग रहा था कि पारिवारिक संबंध होने के कारण मधु ऋषि से अधिक घुलीमिली है. वैसे भी दोनों की शादी से पहले की पहचान थी, लेकिन संदेह हुआ तो एक दिन मिक्की ने मधु पर पाबंदी लगाने का प्रयास किया. मजाक में उस ने कह दिया कि ऋषि से ज्यादा चिपकना ठीक नहीं है. यहां कौन किस का सगा है, सब ने सब को ठगा है.

मिक्की की नसीहत का मधु पर कोई फर्क नहीं पड़ा. एक दिन जब मिक्की और मधु के बीच किसी बात को ले कर विवाद हुआ तो सब कुछ खुल कर सामने आ गया. मधु ने साफ कह दिया कि ऋषि से उस के प्रेम संबंध हैं. ऋषि से उसे वह सारी खुशी मिलती है, जिन की हर औरत को जरूरत होती है.

घूम गया मिक्की का दिमाग  यह सुनते ही मिक्की का दिमाग घूम गया. मधु ने यह भी बता दिया कि जब तुम जेल में थे, तब ऋषि कैसे काम आता था. कोर्टकचहरी के चक्कर लगाने से ले कर कई मामलों में ऋषि ने अपने घरपरिवार की जिम्मेदारी की परवाह तक नहीं की. उस समय ऋषि ही उस का एकमात्र सहारा था. अब वह किसी भी हालत में ऋषि को खोना नहीं चाहती.

मिक्की ने पत्नी को बहुत समझाया लेकिन वह नहीं मानी. तब मिक्की ने मधु के भाई सुनील भाटिया को सारी बात बता दी  सुनील की समाज में काफी इज्जत ही नहीं बल्कि रुतबा भी था, इसलिए उस ने भी बहन मधु को समझाने की कोशिश की पर मधु तो ऋषि खोसला की दीवानी हो चुकी थी, इसलिए उस ने अपने प्रेमी की खातिर पति और भाई की इज्जत को धूमिल करने में हिचक महसूस नहीं की. वह बराबर ऋषि से मिलती रही.

अपनी बहन मधु पर जब सुनील का कोई वश नहीं चला तो वह तैश में आ गया. उस ने न केवल ऋषि को धमकाया बल्कि उस की पत्नी को भी चेतावनी दी कि वह पति को समझा दे या फिर अपनी मांग का सिंदूर पोंछ ले. मधु और मिक्की के बीच विवाद बढ़ता गया तो मधु ने कश्मीरी गली वाला मिक्की का फ्लैट हड़प कर उस में रहना शुरू कर दिया. वह उसी फ्लैट में रह कर कारोबार संभालती रही.

समय का चक्र नया मोड़ ले आया. एक ऐसा मोड़ जहां शेर की तरह जीवन जीने वाले व्यक्ति को भी भीगी बिल्ली की तरह रहना पड़ रहा था. मिक्की बख्शी नाम के जिस शख्स का नाम सुन कर अच्छेअच्छे तुर्रम खां डर के मारे पानी मांगने लगते थे, वह खुद को एकदम लाचार, असहाय समझने लगा.

मिक्की ने बीवी को क्या कुछ नहीं दिया था. उस ने अपनी आधी से अधिक दौलत उस के नाम कर दी थी. अपने सैकड़ों समर्थकों व चेलों को उस के निर्देशों का गुलाम बना दिया था. वही बीवी अब निरंकुश हो गई थी.

मिक्की ने दोहरी पहचान के साथ इज्जत का महल खड़ा किया था. एक तरफ अपराध क्षेत्र के भाई लोग उस की चरण वंदना करते थे तो वहीं नामचीन व रुतबेदार लोगों के बीच भी उस का उठनाबैठना था.

बन गई योजना जब मधु ने ऋषि खोसला का साथ नहीं छोड़ा तो अंत में मिक्की और सुनील ने फैसला कर लिया कि ऋषि को ठिकाने लगाना ठीक रहेगा. मिक्की जब जेल में बंद था तो उस की जानपहचान गिरीश दासरवार नाम के 32 वर्षीय बदमाश से हो गई थी. मिक्की ने ऋषि खोसला को निपटाने के लिए गिरीश से बात की. इस के बदले में मिक्की ने उसे अपने एक धंधे में पार्टनर बनाने का औफर दिया. गिरीश इस के लिए तैयार हो गया.

सौदा पक्का हो जाने के बाद गिरीश ने ऋषि खोसला की हत्या करने के संबंध में अपने शागिर्दों राहुल उर्फ बबन राजू कलमकर, निवासी जीजामातानगर, कुणाल उर्फ चायना सुरेश हेमणे, निवासी बीड़गांव, आरिफ इनायत खान निवासी खरबी नंदनवन और अजीज अहमद उर्फ पांग्या अनीस अहमद निवासी हसनबाग से बात की.

ये सभी गिरीश का साथ देने को तैयार हो गए. इस के बाद ये सभी ऋषि खोसला की रेकी करने लगे. 20 अगस्त, 2019 को उन्हें यह मौका मिल गया, तब उन्होंने गोंडवाना चौक पर उस की फरसे से प्रहार कर हत्या कर दी.

मिक्की बख्शी से पूछताछ करने के बाद पुलिस ने गिरीश दासरवार को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ करने पर उस ने भी अपना जुर्म स्वीकार कर लिया. चूंकि इन दोनों से और पूछताछ करनी थी, इसलिए मिक्की व गिरीश को प्रथम श्रेणी न्याय दंडाधिकारी एस.डी. मेहता की अदालत में पेश कर 31 अगस्त तक पुलिस रिमांड मांगा. बचाव पक्ष के वकील प्रकाश नायडू ने पुलिस रिमांड का विरोध किया.

दोनों पक्षों की दलील सुनने के बाद अदालत ने दोनों को 25 अगस्त तक का पुलिस रिमांड दे दिया. घटना के 3 दिन बाद अन्य आरोपियों राहुल उर्फ बबन राजू कलमकर, कुणाल उर्फ चायना सुरेश हेमणे, आरिफ इनायत खान और अजीज अहमद उर्फ पांग्या अनीस अहमद को भी बाड़ी क्षेत्र के एक धार्मिक स्थल की इमारत की छत से गिरफ्तार कर लिया. इन आरोपियों पर हत्या, डकैती, सेंधमारी, अपहरण व मारपीट सहित अन्य मामले दर्ज थे.

हत्याकांड को अंजाम देने वाले गिरीश दासरवार पर हत्या के 4 मामले दर्ज थे. सन 2011 में गिरीश दासरवार ने अपने दोस्त जगदीश के साथ मिल कर दिनेश बुक्कावार नामक चर्चित प्रौपर्टी डीलर की हत्या कर दी थी. हत्या के बाद दिनेश के शव को उस ने अपने घर में ड्रम के अंदर छिपा कर रखा था.

आरोपियों में कुछ ओला कैब चलाते हैं. डीसीपी विनीता साहू के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम में एसीपी, पीआई महेश बंसोडे, अमोल देशमुख के अलावा विनोद तिवारी, सुशांत सालुंखे, सुधीर मडावी, संदीप पांडे, बालवीर मानमोडे शामिल थे. पुलिस ने सभी अभियुक्तों से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया.

डोसा किंग: तीसरी शादी पर बर्बादी

चेन्नई के वेल्लाचीरी के बहुचर्चित प्रिंस शांता कुमार हत्याकांड की गवाही पूरी हो चुकी थी. 29 मार्च, 2019 को सुप्रीम कोर्ट का फैसला भी आ गया. सुप्रीम कोर्ट ने चेन्नई हाईकोर्ट का फैसला बरकरार रखा. साथ ही आदेश दिया कि प्रिंस शांताकुमार के हत्यारे पी. राजगोपाल, डेनियल, कार्मेगन, हुसैन, काशी विश्वनाथन और पट्टू रंगन को 7 जुलाई, 2019 तक कोर्ट में सरेंडर करना होगा.दरअसल, 19 मार्च, 2009 को चेन्नई हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति बानुमति और जस्टिस पी.के. मिश्रा की बेंच ने प्रिंस शांताकुमार की हत्या और हत्या की साजिश करार देते हुए इस केस के सभी दोषियों को उम्रकैद में तब्दील कर दिया था. साथ ही हत्याकांड के मुख्य आरोपी और डोसा किंग के नाम से मशहूर पी. राजगोपाल पर 55 लाख रुपए का जुरमाना भी लगाया था, जिस में से 50 लाख रुपए मृतक की पत्नी जीवज्योति को दिए जाने थे. शेष रकम कोर्ट में जमा करानी थी.

हाईकोर्ट ने जब पी. राजगोपाल और उस के साथियों को उम्रकैद की सजा सुनाई तो पी. राजगोपाल ने इस के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अपील की. लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने उस की याचिका सिरे से खारिज कर दी और हाईकोर्ट की सजा को बरकरार रखते हुए 7 जुलाई, 2019 तक हाईकोर्ट, चेन्नई में सरेंडर करने का आदेश दिया था.

पी. राजगोपाल ने घाटघाट का पानी पी रखा था. उस ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश को ठेंगा दिखाते हुए एक चाल चली. सरेंडर करने की आखिरी तारीख से 3 दिन पहले यानी 4 जुलाई, 2019 को पी. राजगोपाल नाटकीय ढंग से तमिलनाडु के वाडापलानी स्थित विजया अस्पताल में जा कर भरती हो गया.

अस्पताल में उसे औक्सीजन मास्क लगा दी गई. समाचार पत्रों और इलैक्ट्रौनिक मीडिया को इस बात का पता तब चला जब उस की औक्सीजन मास्क लगी फोटो सामने आई. खबर थी कि प्रिंस शांताकुमार का हत्यारा डोसा किंग पी. राजगोपाल गंभीर रूप से बीमार होने की वजह से विजया अस्पताल में भरती है.

पी. राजगोपाल ने ये चाल जेल जाने से बचने के लिए चली थी ताकि कोर्ट को उस पर दया आ जाए और उसे जेल जाने से बचा ले. अस्पताल में भरती होने के 4 दिन बाद यानी 9 जुलाई, 2019 को वह मास्क लगाए एंबुलेंस से चेन्नई हाईकोर्ट में सरेंडर करने जा पहुंचा.

कोर्ट ने उसे 7 जुलाई तक की मोहलत दे रखी थी, लेकिन दिमाग का शातिर राजगोपाल कोर्ट के आदेशों की अवहेलना करते हुए जानबूझ कर 2 दिन बाद कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचा था, जबकि उस के पांचों साथियों डेनियल, कार्मेगन, हुसैन, काशी विश्वनाथन और पट्टू रंगन ने पहले ही सरेंडर कर दिया था.

पी. राजगोपाल के वकील ने उसे बचाने के लिए कोर्ट के सामने उस के गंभीर रूप से बीमार होने के दस्तावेज पेश किए. लेकिन हाईकोर्ट ने उस की एक नहीं सुनी. न्यायालय ने कहा कि सुनवाई के दौरान कोर्ट को उस के बीमार होने की कोई सूचना नहीं दी गई थी, इसलिए उसे जेल जाना होगा.

जेल से अस्पताल पहुंचा राजगोपाल  कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने पी. राजगोपाल को हिरासत में ले कर पुजहाल जेल भिजवा दिया. ऐसा करना कोर्ट की विवशता थी, क्योंकि सुप्रीम कोर्ट का आदेश था. जेल जाने के 10 दिनों बाद पी. राजगोपाल की तबीयत सचमुच बिगड़ गई.

18 जुलाई को उसे जेल से निकाल कर सरकारी अस्पताल स्टेनली मैडिकल कालेज, चेन्नई में भरती कराया गया. तबीयत में कोई सुधार न होता देख राजगोपाल के बेटे ने अधिकारियों से इजाजत ले कर उसे इलाज के लिए उसे एक निजी अस्पताल में भरती कराया. अगले दिन इलाज के दौरान सुबह करीब 10 बजे पी. राजगोपाल ने दम तोड़ दिया. राजगोपाल की मौत के साथ शांताकुमार के एक हत्यारे की कहानी का अंत हो गया.

प्रिंस शांताकुमार कौन था? पी. राजगोपाल ने उस की हत्या क्यों की या करवाई, वह हत्यारा कैसे बना? इन सवालों से साइड बाई साइड निकली कहानी रोचक और रोमांचक है. प्याज उगाने वाले एक मामूली किसान का बेटा पी. राजगोपाल पिता की कर्मस्थली से भाग कर कैसे फर्श से अर्श तक पहुंचा, इस कहानी को जानने के लिए हमें पी. राजगोपाल के शुरुआती जीवन के पन्नों को पलटना होगा.

राजगोपाल मूलरूप से तमिलनाडु के तूतीकोरिन के पुन्नाइयादी का रहने वाला था. वह अपने मांबाप की एकलौती संतान था. उस के पिता प्याज की खेती करते थे. इस कहानी की शुरुआत होती है 1973 से. पिता की ख्वाहिश थी कि राजगोपाल खेती में उन का हाथ बंटाए ताकि प्याज का पुश्तैनी कारोबार चलता रहे. प्याज की पैदावार ही उन के परिवार के भरणपोषण का एकमात्र साधन थी.

राजगोपाल मांबाप का एकलौता बेटा था. उसे पिता के साथ खेती करना मंजूर नहीं था. वह गांव छोड़ कर चेन्नई (तब मद्रास) चला आया. चेन्नई के के.के. नगर में उस ने किराने की एक छोटी सी दुकान खोल ली.

करीब 8 साल तक उस ने किराने की दुकान चलाई. इसी दौरान उस की दुकान पर एक ज्योतिषी आया. ज्योतिषी ने बताया कि अगर वह किराने की दुकान के बजाए रेस्टोरेंट खोले तो ज्यादा मुनाफा होगा.

राजगोपाल ने ज्योतिषी की बात मान ली. उस ने किराने की दुकान बंद कर के उसी जगह पर छोटा सा रेस्टोरेंट खोल लिया. उस ने रेस्टोरेंट को नाम दिया— सर्वना भवन. अपने रेस्टोरेंट में उस ने डोसा, इडली, पूड़ी और वड़ा बेचना शुरू किया.

वह दौर ऐसा था, जब अधिकांश भारतीय बाहर खाने के बारे में सोचते तक नहीं थे, लेकिन राजगोपाल ने रिस्क लिया. उस ने डोसा, पूड़ी, वड़ा और इडली बनाने के लिए नारियल तेल का इस्तेमाल करना शुरू किया. साथ ही मसाले भी अच्छी क्वालिटी के लगाए.

कीमत रखी प्रति थाली सिर्फ 1 रुपया. नतीजा यह हुआ कि उसे एक महीने में 10 हजार रुपए का घाटा हो गया. लेकिन वह न तो कारोबार में हुए घाटे से पीछे हटा और न ही गुणवत्ता के मामले में कोई समझौता किया.

पी. राजगोपाल की मेहनत रंग लाई. बीतते वक्त के साथ कुछ ऐसा हुआ कि चेन्नई में अगर किसी का बाहर खाने का मन होता तो उस की पहली पसंद सर्वना भवन ही होती थी. उस के स्टाफ में जितने भी कर्मचारी थे, सब को अच्छी सैलरी देनी शुरू कर दी.

निचले स्तर के कर्मचारियों को उस ने मैडिकल की सुविधा भी देनी शुरू कर दी. नतीजा यह निकला कि उस का स्टाफ उसे अन्नाची (बड़ा भाई) कहने लगा. पी. राजगोपाल के अच्छे व्यवहार से उस के कर्मचारी उसे दिल से चाहते थे. अगर उसे छींक भी आ जाती तो वे तड़प उठते थे.

अरबपति बनने की राह पर  राजगोपाल की मेहनत और निष्ठा से उस का कारोबार चल निकला. नतीजा यह निकला कि राजगोपाल का ज्योतिषी पर भरोसा बढ़ गया. बहरहाल, जो भी हो वक्त के साथ कारोबार इतना बढ़ा कि राजगोपाल ने रेस्टोरेंट की चेन शुरू कर दी. धीरेधीरे लोग राजगोपाल का नाम भूल गए और उसे डोसा किंग के नाम से जानने लगे.

ज्योतिषी की सलाह पर राजगोपाल ने रंगीन कपड़े पहनने छोड़ दिए थे. वह झक सफेद पैंट और शर्ट पहनने लगा. साथ ही माथे पर चंदन का बड़ा टीका भी लगाता.

इतना ही नहीं, उस ने अपने रेस्टोरेंट में अपने ज्योतिषी की तसवीर भी लगवा दी. जीवन में आए इस बदलाव की वजह से उस ने ज्योतिषी को भगवान का दरजा दे दिया. ज्योतिषी जो कहता, राजगोपाल वही करता था.

20 साल के अंदर राजगोपाल का सर्वना भवन देश में ही नहीं, विदेशों में भी मशहूर हो गया. सिंगापुर, मलेशिया, थाइलैंड, हौंगकौंग, सऊदी अरब, ओमान, कतर, बहरीन, कुवैत, दक्षिण अफ्रीका, फ्रांस, जर्मनी, नीदरलैंड्स, बेल्जियम, स्वीडन, कनाडा, आयरलैंड, ब्रिटेन, अमेरिका, आस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, इटली और रोम में भी राजगोपाल के आउटलेट्स खुल गए.

डोसा किंग पी. राजगोपाल की किस्मत आसमान में तारे की तरह चमक रही थी. कारोबार में नोट बरस रहे थे. डोसे की कमाई से उस के पास इतने पैसे आ गए कि वह नोटों के बिस्तर पर सोने लगा. उसी दौरान पी. राजगोपाल ने एक नहीं, 2-2 शादियां कीं. लेकिन दोनों पत्नियां उस के साथ नहीं टिकीं और हमेशाहमेशा के लिए उस का साथ छोड़ कर चली गईं.

यह वह समय था जब अर्श तक पहुंचे राजगोपाल की बरबादी की कहानी लिखी जानी शुरू हो गई थी. राजगोपाल के पास अकूत संपत्ति तो थी, लेकिन वह घरगृहस्थी के सुख के लिए तरस रहा था.

हर काम ज्योतिषी से पूछ कर करने वाले राजगोपाल ने उसी ज्योतिषी से सलाह ली.

ज्योतिषी ने उसे तीसरी शादी का सुझाव दिया. राजगोपाल ने उस का सुझाव मान लिया. अब सवाल यह था कि तीसरी शादी किस से की जाए, क्योंकि तब तक राजगोपाल की आयु 50-55 बरस हो चुकी थी. इस उम्र में कोई उसे अपनी बेटी क्यों देता.

राजगोपाल की तीसरी शादी की बात बरबादी के रूप में आई. शादी के चक्कर में उस का टकराव जीवज्योति से हुआ. बात सन 2000 के शुरुआत की है. जीवज्योति पी. राजगोपाल से कुछ पैसे उधार लेने के लिए आई. वह उन्हीं की कंपनी में काम करने वाले असिस्टेंट मैनेजर रामास्वामी की बेटी थी.

जीवज्योति का पति शांता कुमार ट्रैवल एजेंसी शुरू करना चाहता था, जिस के लिए उसे मोटी रकम की जरूरत थी. इसीलिए पति के कहने पर वह राजगोपाल के पास गई. उस के पिता रामास्वामी बेटी को अकेला छोड़ कर थाइलैंड चले गए थे. वह होते तो यह रकम वह अपने पिता से ले सकती थी.

राजगोपाल ने जब बला की खूबसूरत जीवज्योति को पहली बार देखा तो वह देखता ही रह गया. उस की खूबसूरती आंखों के रास्ते दिल में उतर जाने वाली थी. उस समय जीवज्योति की उम्र 27-28 साल रही होगी. वह राजगोपाल के दिल में उतर गई. उस ने जीवज्योति को तीसरी पत्नी बनाने की ठान ली.

लेकिन यहां राजगोपाल गलत था, क्योंकि वह प्रिंस शांताकुमार की पत्नी थी. जीवज्योति ने शांताकुमार से बहुत पहले ही लव मैरिज कर ली थी. यह बात राजगोपाल को पता भी चल गई थी. फिर भी वह जीवज्योति की खूबसूरती पर मर मिटा.

दरअसल शांताकुमार प्रोफेसर था. वह रामास्वामी की बेटी जीवज्योति को मैथ्स पढ़ाने के लिए उस के घर आता था. वह स्मार्ट और गबरू जवान था, चेन्नई के वेल्लाचीरी का रहने वाला. पढ़ातेपढ़ाते शांताकुमार का दिल जीवज्योति के लिए धड़कने लगा. जीवज्योति का भी हाल कुछ ऐसा ही था.

दोनों को इस बात का अहसास तब होता था, जब ट्यूशन के बाद दोनों अलग होते थे. जीवज्योति ने अपने गुरु की आंखों में अपने प्रति पलते प्यार को देख लिया था. जीवज्योति का दिल भी शांताकुमार के लिए बेकरार था. अंतत: दोनों ने अपने प्यार का इजहार कर दिया. फिर दोनों ने चुपचाप मंदिर में जा कर शादी भी कर ली.

यह बात सन 1999 की है. जीवज्योति ने भले ही अपने प्यार और शादी के राज को दबाए रखा, लेकिन उस का यह राज उस के पिता रामास्वामी के सामने आ ही गया. रामास्वामी को जब यह राज पता चला तो उन्हें धक्का लगा. उन्हें यह शादी मंजूर नहीं थी, क्योंकि शांताकुमार क्रिश्चियन था और जीवज्योति ब्राह्मण.

तमाम विरोधों के बावजूद जीवज्योति और शांताकुमार ने अपनी राह चुन ली थी घर वालों ने इस शादी का घोर विरोध किया. परिवार वालों के विरोध के चलते जीवज्योति अपने मांबाप का घर छोड़ कर प्रेमी से पति बने शांताकुमार के घर चली गई. बेटी के इस कदम से आहत हो कर रामास्वामी थाइलैंड चले गए और वहीं बस गए.

शादी के कुछ समय बाद शांताकुमार की नौकरी छूट गई और वह बेरोजगार हो गया. उस ने अपना व्यवसाय करने के बारे में सोचा. जीवज्योति पी. राजगोपाल को जानती थी, क्योंकि उस के पिता की वजह से राजगोपाल उसे बेटी कहता था और मानता भी खूब था.

पति शांताकुमार ने ही जीवज्योति को सुझाया था कि वह राजगोपाल के पास जा कर कुछ रकम उधार मांगे. जब बिजनैस से पैसा आएगा, तो उस की रकम लौटा देंगे. पति के सुझाव पर जीवज्योति राजगोपाल के पास पैसा मांगने गई. पी. राजगोपाल ने जीवज्योति को उतनी रकम दे दी, जितनी उसे जरूरत थी. इस रकम से शांता कुमार ने ट्रैवलिंग एजेंसी शुरू भी कर दी.

लेकिन दूसरी ओर जीवज्योति को देख कर राजगोपाल की नीयत खराब हो गई थी. उसे जीवज्योति इतनी पसंद आई कि वह उस से तीसरी शादी करने की योजना बनाने लगा. इतना ही नहीं, उस ने जीवज्योति को महंगेमहंगे गिफ्ट भेजने भी शुरू कर दिए.

राजगोपाल की इस मेहरबानी को न तो जीवज्योति समझ पाई थी और न ही उस का पति शांताकुमार. लेकिन जल्द ही दोनों उस की नीयत को समझ गए कि उस के दिमाग में कितनी गंदगी भरी हुई है. तभी तो बेटी कहने वाला राजगोपाल उस पर नजर गड़ाए हुए था.

दरअसल, राजगोपाल ने एक दिन जीवज्योति को अपने औफिस बुलाया. औफिस में उस की खूब आवभगत की और उस के सामने अपने दिल की बात रख दी कि वह अपने पति शांताकुमार को छोड़ कर उस से शादी कर ले.

उस की बात सुन कर जीवज्योति बुरी तरह भड़क गई और उसे खूब खरीखोटी सुना कर घर लौट आई. इस के बाद राजगोपाल ने पतिपत्नी के बीच दूरी पैदा करने की कोशिश शुरू कर दी.

पी. राजगोपाल अपने बुरे इरादों में कामयाब नहीं हो पाया. फिर भी उस ने जीवज्योति को फोन करना और महंगे तोहफे भेजना बंद नहीं किया. जब से राजगोपाल ने जीवज्योति से शादी की बात की थी, तभी से वह राजगोपाल पर भड़की हुई थी. ऊपर से उस का रोज फोन आना और महंगे तोहफे भेजना, इस सब से वह परेशान हो गई थी. जब उस ने देखा कि पानी सिर से ऊपर बह रहा है तो वह उस के प्रति और सख्त हो गई.

पी. राजगोपाल के फोन करने और महंगे तोहफों से परेशान हो कर जीवज्योति ने उस की शिकायत पुलिस में करने की धमकी दी. लेकिन इस धमकी का उस पर कोई असर नहीं हुआ. इस के बावजूद वह जीवज्योति को रोज फोन करता और महंगे तोहफे भेजता.

जीवज्योति का पति शांताकुमार काफी समझदार था. वह जानता था कि पी. राजगोपाल रसूखदार इंसान है. उस की ऊपर तक पहुंच है. उस से पंगा लेना आसान नहीं होगा. काफी सोचविचार करने के बाद वह इस नतीजे पर पहुंचा कि इस शहर को ही छोड़ दिया जाए.

प्रिंस शांताराम और उस की पत्नी चेन्नई छोड़ पाते, उस से पहले ही 28 सितंबर, 2001 को पी. राजगोपाल अपने 5 साथियों के साथ उन के घर जा पहुंचा. उस ने जीवज्योति से धमकी भरे लहजे में कहा कि 2 दिन के अंदर वह अपने पति से रिश्ता तोड़ दे और उस से शादी कर ले नहीं तो इस का बहुत बुरा अंजाम होगा. जीवज्योति डरी नहीं, उस ने उस के मुंह पर ही कह दिया कि वह अपने पति से किसी भी तरह अलग नहीं हो सकती, चाहे वह जो भी कर ले.

जीवज्योति के मुंह से न सुनते ही पी. राजगोपाल आगबबूला हो उठा. वह न सुनने का आदी नहीं था. वह ऐसा शख्स था, जिस चीज पर उस का दिल आ जाता था, उसे साम, दाम, दंड, भेद चारों नीति अपना कर उसे हासिल कर लेता था, चाहे इस के लिए उसे भारी कीमत क्यों न चुकानी पड़े.

राजगोपाल को जीवज्योति पसंद आ गई थी. लेकिन उस ने उस के मुंह पर ही मना कर दिया था. उसे यह बात बहुत बुरी लगी, इसलिए उसे गुस्सा आ गया. वह उसे हासिल किए बिना इतनी आसानी से कैसे जाने देता.

जीवज्योति के मना करने के बाद राजगोपाल का इशारा पा कर उस के 5 साथियों डेनियल, कार्मेगन, हुसैन, काशी विश्वनाथन और पट्टू रंगन ने शांताकुमार को जबरन एक कार में बिठाया और राजगोपाल के के.के. नगर स्थित पुराने गोदाम में ले गए.

जीवज्योति की आंखों के सामने उस के पति का अपहरण हुआ था. वह इसे कैसे सहन कर सकती थी. उस ने के.के. नगर थाने में राजगोपाल और उस के 5 साथियों के खिलाफ शांताकुमार के अपहरण की नामजद तहरीर दी. लेकिन पुलिस ने उस का मुकदमा दर्ज नहीं किया.

जीवज्योति कई दिनों तक थाने के चक्कर काटती रही, लेकिन उस का मुकदमा दर्ज नहीं हुआ. इस बीच वह अपने स्तर पर पति का पता लगाती रही लेकिन उस का कहीं पता नहीं चला.

पति को ले कर जीवज्योति निराश हो गई थी. वह सोचती थी कि पता नहीं राजगोपाल के आदमियों ने शांताकुमार के साथ कैसा सुलूक किया होगा. उस ने पति के जीवित होने की आशा छोड़ दी थी. बस वह यही प्रार्थना करती थी कि वह जहां भी हो, सहीसलामत रहे.

अपहरण के 14वें दिन यानी 12 अक्तूबर, 2001 को शांताकुमार अपहर्ताओं के चंगुल से बच निकला और सीधे पुलिस कमिश्नर के औफिस पहुंच गया. उस ने अपनी आपबीती कमिश्नर को सुना दी.

पुलिस ने बात तो सुनी पर नहीं की ठोस काररवाई  शांताकुमार की पूरी बात सुन कर पुलिस कमिश्नर हतप्रभ रह गए. उन्होंने के.के. नगर थाने के थानेदार को जम कर फटकार लगाई और पीडि़त शांताकुमार का मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया. इस के बाद पुलिस को राजगोपाल के खिलाफ मुकदमा लिखना ही पड़ा.

पी. राजगोपाल और उस के 5 साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद शांताकुमार और जीवज्योति को यकीन हो गया था कि पुलिस दोषियों के खिलाफ कड़ी काररवाई करेगी. इस के बाद वे दोनों अपनी तरफ से यह सोच कर थोड़ा लापरवाह हो गए थे कि मुकदमा दर्ज हो जाने के बाद राजगोपाल की हेकड़ी कम हो जाएगी, वह दोबारा कोई ओछी हरकत नहीं करेगा.

लेकिन मुकदमा दर्ज होने के बाद पी. राजगोपाल और भी आक्रामक हो गया था. एक अदना सी औरत उस से टकराने की जुर्रत कर रही थी, यह उसे यह बरदाश्त नहीं था. उस ने सोच लिया कि जीवज्योति को इस की सजा मिलनी चाहिए.

2-4 दिन तक जब राजगोपाल की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई तो शांताकुमार और जीवज्योति को लगा कि अब मामला सुलझ जाएगा.

लेकिन यह उन का भ्रम था. 6 दिन बाद 18 अक्तूबर, 2001 को एक बार फिर से शांताकुमार का अपहरण हो गया. अपहरण राजगोपाल ने ही करवाया था.

शांताकुमार का अपहरण करवाने के बाद पी. राजगोपाल फिर से जीवज्योति पर शादी के लिए दबाव डालने लगा. उस ने फिर से फोन करना शुरू कर दिया. जीवज्योति ने भी साफ कह दिया कि वह मर जाएगी लेकिन शादी के लिए तैयार नहीं होगी.

14 दिनों बाद 31 अक्तूबर, 2001 को कोडैकनाल के टाइगर चोला जंगल में शांताकुमार की डेडबौडी मिली. पति की लाश बरामद होने के बाद जीवज्योति ने थाने जाने के बजाय अदालत की शरण लेना बेहतर समझा. उस का पुलिस से भरोसा उठ चुका था, इसलिए उस ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया. कोर्ट का फैसला जीवज्योति के पक्ष में आया और अदालत ने केस दर्ज करने का आदेश दे दिया.

कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने पी. राजगोपाल और उस के 5 साथियों डेनियल, कार्मेगन, हुसैन, काशी विश्वनाथन और पट्टू रंगन के खिलाफ अपहरण, हत्या की साजिश और हत्या का केस दर्ज कर लिया. मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस राजगोपाल की तलाश में जुट गई.

आखिर झुकना पड़ा कानून के सामन  अंतत 23 नवंबर, 2001 को राजगोपाल ने चेन्नई पुलिस के समने सरेंडर कर दिया. उस के सरेंडर करने से पहले पुलिस पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी. करीब डेढ़ साल तक जेल में रहने के बाद 15 जुलाई, 2003 को पी. राजगोपाल को जमानत मिल गई.

पी. राजगोपाल के जमानत पर बाहर आते ही जीवज्योति फिर से कोर्ट पहुंच गई. उस समय शांताकुमार का केस बहुचर्चित केस था, सो मामला स्पैशल कोर्ट में ट्रांसफर कर दिया गया.

सन 2004 में सेशन कोर्ट का फैसला आ गया. कोर्ट ने अपहरण, हत्या की कोशिश और हत्या के मामले में पी. राजगोपाल और 5 दूसरे लोगों डेनियल, कार्मेगन, हुसैन, काशी विश्वनाथन और पट्टू रंगन को 10-10 साल कैद की सजा सुनाई.

जीवज्योति इस सजा से खुश नहीं थी. उस ने हाईकोर्ट में अपील कर दी. करीब 5 साल तक मामला हाईकोर्ट में चलता रहा और फिर मार्च, 2009 में हाईकोर्ट का फैसला भी आ गया.

19 मार्च, 2009 को हाईकोर्ट के जस्टिस बानुमति और जस्टिस पी.के. मिश्रा की बेंच ने इसे हत्या और हत्या की साजिश का मामला करार देते हुए सभी दोषियों को मिली 10-10 साल की सजा को उम्रकैद में तब्दील कर दिया. साथ ही पी. राजगोपाल पर 55 लाख रुपए का जुरमाना भी लगाया, जिस में से 50 लाख रुपए जीवज्योति को दिए जाने थे.

जब पी. राजगोपाल और उस के साथियों को हाईकोर्ट ने उम्रकैद की सजा सुना दी तो पी. राजगोपाल ने इस के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अपील दायर की.  29 मार्च, 2019 को सुप्रीम कोर्ट ने भी अपना फैसला सुना दिया. सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट के फैसले को बरकरार रखते हुए आदेश दिया कि राजगोपाल को 7 जुलाई, 2019 तक सरेंडर करना होगा.

पी. राजगोपाल का पासा पलट गया था. अब उस का साथ न तो वक्त दे रहा था और न ही ज्योतिषी. सुप्रीम कोर्ट का आदेश आने के बाद राजगोपाल की आंखों के आगे अंधेरा सा छा गया. लेकिन वह इतनी आसानी से हार मानने वाला नहीं था.

उस ने नया पैंतरा चला. पी. राजगोपाल 4 जुलाई को अस्पताल में दाखिल हो गया. 7 जुलाई को सरेंडर करने की तारीख बीत गई तो उस ने 8 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट में अपील की. उस ने कहा कि वह गंभीर रूप से बीमार है. उसे थोड़ी और मोहलत दी जाए, लेकिन सुप्रीम कोर्ट पर उस की दलीलों का कोई असर नहीं हुआ.

जस्टिस एन.वी. रमन्ना की खंडपीठ ने कहा कि उसे हर हाल में कोर्ट में सरेंडर करना ही होगा. क्योंकि उस ने केस की सुनवाई के दौरान अपनी बीमारी का जिक्र नहीं किया था. इस के बाद 9 जुलाई, 2019 को वह मद्रास हाईकोर्ट पहुंचा. एक एंबुलेंस उसे कोर्ट ले कर गई थी. नाक में औक्सीजन मास्क लगा हुआ था. कोर्ट के आदेश पर पी. राजगोपाल को जेल भेज दिया गया. 10 दिन जेल में रह कर उस की हालत सचमुच बिगड़ गई. उसे सरकारी अस्पताल में भरती कराया गया, जहां 19 जुलाई, 2019 को पी. राजगोपाल का निधन हो गया. राजगोपाल के निधन के बाद केस की काररवाई बंद कर दी गई. बाकी पांचों आरोपी जेल में सजा काट रहे हैं.    —कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

शक्की पति की मजबूर पत्नी

देहरादून के ट्रांसपोर्टर अशोक रोहिल्ला का घर माता मंदिर रोड पर था, जो थाना नेहरू कालोनी क्षेत्र में आता था. रोहिल्ला परिवार में 3 ही सदस्य थे, खुद अशोक रोहिल्ला, उस की पत्नी कामना रोहिल्ला और 3 साल की बेटी जाह्नवी. कामना ने कालोनी में ही बुटीक खोल रखा था. जाह्नवी छोटी थी, इसलिए उसे वह दिन भर साथ रखती थी.

29 अगस्त, 2019 की बात है. रात गहराते ही अशोक और कामना खाना  खा कर सोने चले गए थे. जाह्नवी पहले ही सो चुकी थी. रात के 11 और 12 बजे के बीच अशोक के घर से 2 गोलियां चलने की आवाज आई. गोलियों की आवाज सुन कर पड़ोसी घबराए, उन्हें लगा कि लूटपाट के लिए अशोक के घर में बदमाश घुस आए हैं. अशोक या उस की पत्नी ने विरोध किया होगा, जिस की वजह से बदमाशों ने गोलियां चला दी होंगी.

हकीकत जानने के लिए एक पड़ोसी घर के बाहर निकला तो उस ने स्ट्रीट लाइट की रोशनी में देखा कि अशोक अपनी कार ड्राइव करते हुए कहीं जा रहा है. वह घबराया सा लग रहा था.

पासपड़ोस के लोग अशोक के घर के सामने एकत्र हो गए. उन की समझ में नहीं आ रहा था कि माजरा क्या है. हकीकत जानने की उत्सुकता सभी के मन में थी, इसलिए हिम्मत कर के कुछ अशोक के घर के अंदर घुस गए. अंदर सभी लाइटें जल रही थीं.

घर का सारा सामान यथावत था. ऐसा बिलकुल नहीं लग रहा था कि वहां कुछ हुआ है. उन लोगों ने अशोक के बैडरूम में झांका तो सन्न रह गए. बैड पर कामना की खून से लथपथ लाश पड़ी थी.

उस के सिर से बहता खून फर्श पर फैलता जा रहा था. कामना के पास ही उस की बेटी जाह्नवी सोई थी. उस वक्त सभी को लगा कि कामना की हत्या अशोक ने ही की होगी, इसीलिए वह भाग गया.

लाश देखते ही अंदर गए लोग कमरे से बाहर आ गए. उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम के 100 नंबर पर घटना की सूचना दे दी. थोड़ी देर बाद नेहरू कालोनी थाने के थानेदार दिलबर नेगी पुलिस टीम के साथ मौकाएवारदात पर आ गए. उस वक्त रात का डेढ़ बजा था.

थानेदार दिलबर नेगी ने मौकाएवारदात का निरीक्षण किया. कमरे की एकएक चीज अपनी जगह मौजूद थी. खास बात यह थी कि इस हादसे से अनभिज्ञ कामना की बेटी जाह्नवी मां की लाश के पास सोई थी. देखने से ऐसा कतई नहीं लग रहा था कि वारदात को लूट, चोरी या डकैती के लिए अंजाम दिया गया था. क्योंकि ऐसा होता तो घर की सभी चीजें यथास्थिति में नहीं होतीं.

पुलिस को पड़ोसियों से पूछने पर पता चला कि कामना का पति अशोक गोली चलने के बाद तेजी से कार ले कर कहीं भाग गया था, जिसे एक पड़ोसी ने देखा था.

चकरा गई पुलिस  एसओ दिलबर नेगी ने घटना की सूचना सीओ (डालनवाला) जया बलूनी, एसपी (सिटी) श्वेता चौबे और एसएसपी अरुण मोहन जोशी को दे दी. घटना की सूचना मिलने के आधे घंटे के भीतर सीओ जया बलूनी और एसपी सिटी श्वेता चौबे मौके पर पहुंच गईं. जिस कमरे में बैड पर कामना की लाश पड़ी थी, उस से करीब 5 मीटर दूर बड़ी मात्रा में ताजा खून पड़ा था.

पुलिस ने इस से अनुमान लगाया कि संभव है गोली अशोक को भी लगी हो या फिर उस ने पत्नी की हत्या कर के खुद को गोली मार ली हो. यह भी सोचा गया कि लूटपाट की नीयत से कमरे में घुसे बदमाशों से हाथापाई के बीच गोली चली हो, जिस से गोली लगने से कामना की मौत हो गई हो और अशोक को गोली लगी हो.

क्राइम सीन देख कर पुलिस का दिमाग चकरा गया था. स्पष्ट तौर पर यह बात समझ में नहीं आ रही थी कि मामला है क्या. अशोक के सामने आने पर ही असलियत सामने आ सकती थी. पुलिस अशोक का पता लगाने में जुटी थी.

पड़ोसियों से अशोक का मोबाइल नंबर मिल गया तो उसे फोन कर के उस की सही लोकेशन पूछी गई, उस ने बताया कि वह श्रीमंत इंदिरेश अस्पताल में भरती है. उस ने पुलिस को यह भी बताया कि लूट की नीयत से घर में घुसे बदमाशों ने पत्नी की हत्या कर के उसे भी पीठ में गोली मार दी थी.

अशोक रोहिल्ला की बातें पुलिस को हजम नहीं हुईं. पुलिस यह सोच कर परेशान थी कि बदमाशों ने गोली दोनों को मारी थी तो अशोक पत्नी को अस्पताल ले जाने के बजाए उसे घर पर ही छोड़ कर इलाज के लिए खुद अस्पताल क्यों चला गया?

मामला जरूर कुछ और था. जांचपड़ताल के बाद ही सच्चाई सामने आ सकती थी. रात में ही इस घटना की सूचना कामना के मायके वालों को दे कर उन्हें बुला लिया गया.

पुलिस अशोक की सच्चाई का पता लगाने के लिए श्रीमंत इंदिरेश अस्पताल पहुंची, जहां वह आईसीयू में भरती था. गोली लगने से उस के शरीर से काफी खून बह चुका था और उस की हालत गंभीर बनी हुई थी. अशोक ही एक ऐसा चश्मदीद था, जिस ने सब कुछ अपनी आंखों से देखा था.

मतलब उस ने हत्यारे को अपनी आंखों से देखा था. संभव था कि हत्यारे ने अपनी पहचान छिपाने के लिए अशोक पर भी यह सोच कर गोली चलाई हो कि उस की मौत के बाद पुलिस उस तक कभी नहीं पहुंच पाएगी.

अशोक रोहिल्ला जिंदा है, यह सोच कर पुलिस ने थोड़ी राहत की सांस ली. बहरहाल, मौके पर जांच में जुटी पुलिस ने एक बार फिर से कामना की लाश की पड़ताल की.

जांच के दौरान पता चला कि हत्यारे ने कामना को सिर के पीछे से गोली मारी थी. कमरे में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए थे, लेकिन डीवीआर मौके से नदारद थी. इस का मतलब था कि हत्यारा अपनी पहचान छिपाने के लिए डीवीआर भी साथ ले गया था ताकि पुलिस उस तक पहुंच न सके.

क्राइम सीन की पड़ताल से एक बात तो तय थी कि हत्यारा जो भी रहा हो, पेशेवर नहीं था. अगर वह पेशेवर होता तो अपना काम कर के भाग जाता, न कि डीवीआर साथ ले जाता. यानी हत्यारा जो भी था, रोहिल्ला परिवार को जानने वाला था.

दूसरे अगर वह कामना को गोली मारता तो सीधे उस के माथे पर जा कर लगती, लेकिन ऐसा नहीं हुआ था. इस का मतलब कामना, उस के पति और बच्चे के अलावा कोई और भी वहां था, जिस ने इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया था.

कामना की बेटी उसी की बगल में सोई हुई थी. हत्यारे ने उस नन्ही सी जान को छुआ तक नहीं था. उस का जो भी मकसद रहा हो, उस का निशाना कामना और अशोक ही थे. एक की उस ने जान ले ली थी और दूसरा अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा था.

बहरहाल, पुलिस ने कानूनी काररवाई पूरी की. मृतका का भाई रमेश आ चुका था. पुलिस ने 3 साल की जाह्नवी को उसे सौंप दिया. कामना की लाश पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दी गई.

कागजी काररवाई पूरी करतेकरते सुबह के करीब साढ़े 4 बज गए थे. यह घटनाक्रम 29/30 अगस्त, 2019 की रात का था. 31 अगस्त को कामना की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कामना को काफी नजदीक से गोली मारे जाने का उल्लेख था, लेकिन गोली उस के सिर में नहीं मिली थी. गोली दाईं आंख को चीरते हुए निकल गई थी, जबकि पुलिस को घटनास्थल से कोई गोली बरामद नहीं हुई थी.

अशोक का बयान जरूरी था  पुलिस अशोक के स्वास्थ्य की पलपल की जानकारी ले रही थी. उस के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा था. पुलिस को अशोक के आईसीयू से जनरल वार्ड में पहुंचने की प्रतीक्षा थी. पुलिस को आशंका थी कि हो सकता है हत्यारा उस पर दोबारा हमला करने की कोशिश करे. इसीलिए उस की सुरक्षा के लिए 24 घंटे 2 पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए. पहली सितंबर, 2019 को अशोक रोहिल्ला को आईसीयू से जनरल वार्ड में शिफ्ट किया गया तो थानेदार दिलबर नेगी उस से पूछताछ करने इंदिरेश अस्पताल पहुंचे.

अब अशोक पूरी तरह खतरे से बाहर था. गोली उस के पेट को छूती हुई निकल गई थी. एसओ नेगी ने उस से घटना के बारे में पूछताछ की तो उस ने बताया कि 29 अगस्त की रात करीब साढ़े 11 बजे बुआ का बेटा रिंकू उर्फ अजय वर्मा उस से मिलने आया था. रिंकू अमन विहार, थाना रायपुर में रहता है. उस के साथ 2 और लोग थे.

रिंकू और उस के दोस्तों को ड्राइंगरूम में बैठा कर वह अंदर कमरे में चला गया. रिंकू के पानी मांगने पर वह किचन में पानी लेने चला गया. तभी रिंकू बैडरूम में गया और वहां 3 साल की बेटी के साथ सो रही कामना के सिर से रिवौल्वर सटा कर गोली मार दी.

गोली की आवाज सुन कर वह जैसे ही वहां पहुंचा तो रिंकू ने उस पर भी फायर झोंक दिया. गोली लगते ही वह जान बचा कर वहां से से भाग निकला और अस्पताल जा पहुंचा. उस के बाद क्या हुआ, उसे कुछ पता नहीं.

रिंकू वर्मा का नाम सुनते ही पुलिस के हाथपांव फूल गए. वह रायपुर थाने का हिस्ट्रीशीटर था. उस के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास के कई मुकदमे दर्ज थे. पुलिस के लिए वह वांछित अपराधी था. उसे पकड़ने के लिए उस पर बड़ा ईनाम रखा गया था.

रिंकू अपने पास मोबाइल नहीं रखता था, इसलिए पुलिस उस तक नहीं पहुंच पा रही थी. दोहरे हत्याकांड ने एक बार फिर पुलिस की नाक में दम कर दिया.

अशोक रोहिल्ला के बयान के आधार पर पुलिस ने कामना रोहिल्ला की हत्या और अशोक की हत्या के प्रयास की धारा के साथ रिंकू उर्फ अजय वर्मा को नामजद कर रिपोर्ट रोजनामचे में दर्ज कर ली. रिंकू के खिलाफ मुकदमा दर्ज होते ही पुलिस उसे पकड़ने के लिए सक्रिय हो गई. अशोक के बयान को ले कर पुलिस फिर उलझ गई थी.

पूछताछ के दौरान पुलिस को अशोक यह नहीं बता सका कि रिंकू ने कामना की हत्या और उसे मारने की कोशिश क्यों की? आखिर कामना से उस की क्या दुश्मनी थी? अशोक के बयान ने पुलिस को उस पर शक करने को मजबूर कर दिया.

पुलिस सच की तलाश में जुटी थी और गहराई में जाने के लिए उस ने कामना और अशोक के मोबाइल नंबरों की काल डिटेल्स खंगाली, जिस से यह पता लग सके कि घटना वाली रात दोनों ने किसकिस से बात की थी. इसी दरमियान मृतका कामना के भाई ने पुलिस को बहनोई अशोक के बारे में एक ऐसी चौंकाने वाली जानकारी दी, जिस ने जांच की दिशा ही बदल दी.

पुलिस ने जब अशोक के नंबर की काल डिटेल्स निकलवाई तो पता चला कि घटना वाली रात उस की आखिरी बात मेरठ के सरधना निवासी दीपक शर्मा से हुई थी. उधर रिंकू वर्मा को पकड़ने के लिए भी पुलिस की खोजबीन जारी थी.

इस प्रयास में पुलिस ने रिंकू के कुछ साथियों को पकड़ लिया. उन से रिंकू के बारे में सख्ती से पूछताछ की गई तो पता चला कि रिंकू सालों से नजर नहीं आया. किसी को भी उस का पता नहीं था.

रिंकू के साथियों से मिली जानकारी और कामना के भाई द्वारा बताई गई बातों से पुलिस को यकीन हो गया कि कामना की हत्या के पीछे उस के पति अशोक रोहिल्ला का ही हाथ है. पुलिस को अशोक के खिलाफ कई ठोस सबूत मिल गए थे. अब बस इंतजार था अशोक के स्वस्थ होने का.

2 दिनों बाद नेहरू कालोनी के थानेदार दिलबर नेगी सबूतों के साथ अस्पताल पहुंचे. अशोक आईसीयू से जनरल वार्ड में शिफ्ट हो चुका था. थानेदार नेगी बात घुमानेफिराने की बजाए सीधेसपाट शब्दों में बोले, ‘‘तुम्हारा खेल खत्म हुआ अशोक. अब हमें बता दो कि तुम ने अपनी पत्नी की हत्या क्यों कराई? तुम तो जानते हो कि कानून के हाथ कितने लंबे होते हैं. तुम्हारे तीनों कमीने नगीने कानून के फंदे में फंस गए हैं.’’

हत्यारा अशोक ही था   एसओ नेगी की बात सुन कर अशोक को सांप सूंघ गया. वह अवाक सा दिलबर नेगी का मुंह ताकता रह गया. नेगी ने आगे कहा, ‘‘तुम्हारे बचने के सारे रास्ते बंद हो चुके हैं. सारे सबूत तुम्हारे खिलाफ हैं. पुलिस को सच्चाई पता चल चुकी है.’’

अशोक को काटो तो खून नहीं, गरमी में भी चेहरा सर्द हो गया. वह समझ गया था कि पुलिस को सच्चाई का पता चल चुका है. झूठ बोलने से कोई फायदा नहीं था. अंतत: उस ने अपना जुर्म कबूल कर लिया कि उस ने ही 2 लाख की सुपारी दे कर अपनी पत्नी की हत्या कराई थी. उस ने इस की जो कहानी सुनाई, वह रोंगटे खड़े कर देने वाली थी.

स्वास्थ्य लाभ होने तक पुलिस आरोपी अशोक रोहिल्ला को गिरफ्तार नहीं कर सकी. लेकिन उसे हिरासत में ले कर उस के इर्दगिर्द पुलिस बल बढ़ा दिया गया ताकि वह भाग न सके. कामना रोहिल्ला हत्याकांड की कहानी कुछ इस तरह सामने आई—

35 वर्षीय अशोक रोहिल्ला मूलरूप से मेरठ के सरधना का रहने वाला था. वह देहरादून में रह कर ट्रांसपोर्ट का बिजनैस करता था. माल ढुलाई के लिए उस के पास कई निजी ट्रक थे. ट्रांसपोर्ट कारोबार में उसे अच्छी कमाई होती थी. अशोक के मांबाप और भाईबहन मेरठ में ही रहते थे. अपनी कमाई का बड़ा हिस्सा वह घर खर्च में लगा देता था. उस का भरापूरा समृद्धशाली परिवार था. रुपएपैसों से भी और मानसम्मान से भी.

अशोक भाईबहनों में दूसरे नंबर का था. बचपन से ही मेहनतकश इंसान. मेहनत के बलबूते पर ही उस ने इतनी कम उम्र में बुलंदियों को छुआ था. पैसा आने के बावजूद उस में अभिमान नाम की कोई चीज नहीं थी. बड़ा हो या छोटा, वह सभी का सम्मान करता था.

कारोबार के चलते अशोक रोहिल्ला का ज्यादातर समय देहरादून में बीतता था. बात 2009 की है. देहरादून के जिस इलाके में अशोक का ट्रांसपोर्ट का कारोबार था, उस के औफिस के ठीक सामने एक दुकान पर पीसीओ था.

दुकान पर कभी औसत कदकाठी और साधारण शक्लसूरत की लड़की रेखा बैठती थी, तो कभी उस का भाई सुरेश. अशोक को जब भी कहीं बात करनी होती थी तो वह सुरेश के पीसीओ से ही बात करता था.

वह उस वक्त बात करने जाता था, जब वहां रेखा होती थी. धीरेधीरे अशोक और सुरेश के बीच दोस्ती हो गई. अशोक ने सुरेश से दोस्ती रेखा का सान्निध्य पाने के लिए की थी.

अशोक जवान था और खूबसूरत भी. उम्र के जिस पायदान पर वह खड़ा था, वहां किसी लड़की का सान्निध्य पाने की चाहत स्वाभाविक थी. रेखा जवान हो चुकी थी. उस के अंगअंग से कौमार्य की खुशबू आती थी. रेखा के कौमार्य की खुशबू जब अशोक के दिलोदिमाग तक पहुंची तो वह सुधबुध खो बैठा.

रेखा ने अशोक के मनोभावों को पढ़ लिया था. वह खुद भी सजीले जवान अशोक से प्रभावित थी. प्रेम का बीज दोनों के मन में अंकुरित हो गया था. अभी अशोक और रेखा दिल की जमीन पर मोहब्बत की फसल उगा ही रहे थे कि दोनों के बीच चुपके से एक नई कहानी ने जन्म ले लिया.

एक स्थाई ग्राहक कामना रेखा के पीसीओ पर अकसर बात करने आया करती थी. वह बहुत ज्यादा खूबसूरत तो नहीं थी, लेकिन उस में ऐसा कुछ जरूर था कि लोग उस की ओर आकर्षित हो जाते थे.

अशोक ने जब से कामना को देखा था, वह रेखा को भूल कर उस पर लट्टू हो गया था. जबकि अशोक अच्छी तरह जानता था कि कामना उस के दोस्त सुरेश की प्रेमिका है, फिर भी वह उसे जुनून की हद तक चाहने लगा. अशोक ने उसे हर हाल में अपनी बनाने की सोच ली.

अशोक रोहिल्ला बिजनैसमैन था. उस ने बिजनैसमैन वाला दिमाग इस्तेमाल किया. धीरेधीरे उस ने कामना को अपनी ओर आकर्षित करने की कोशिश की तो वह इस में सफल हो गया.

अशोक ने कामना को बनाया जीवनसाथी  कामना के जिंदगी में आते ही अशोक ने रेखा से मुंह मोड़ लिया था. बहरहाल, अशोक कामना को और कामना उसे प्यार करने लगे. अशोक की बांहों में जाते ही कामना ने पहले प्रेमी सुरेश को अपनी जिंदगी से मक्खी की तरह निकाल दिया. प्रेमिका की बेवफाई को वह सहन न कर सका तो देहरादून छोड़ कर हमेशा के लिए कहीं और चला गया.

अशोक और कामना खुले आसमान में कुलांचे भरने लगे. मोहब्बत की डगर पर चलतेचलते दोनों ने एकदूसरे के बिना जीने की कल्पना ही छोड़ दी. 6 सालों तक लुकाछिपी का खेल खुल कर खेलने के बाद अशोक और कामना ने 2014 में कोर्टमैरिज कर ली.

अब दोनों प्रेमीप्रेमिका से पतिपत्नी बन गए. अदालती विवाह करने के बाद अशोक और कामना नेहरू कालोनी इलाके की पौश कालोनी कामना माता मंदिर रोड पर किराए का फ्लैट ले कर रहने लगे. बाद में दोनों के परिवार वालों ने उन्हें स्वीकार कर लिया और धूमधाम से दोनों की शादी संपन्न हुई.

अशोक का जमाजमाया कारोबार था. दिन में वह अपने काम पर चला जाता था. दूसरी ओर कामना अकेली घर में बोर हो जाती थी. कामना ने इस खाली वक्त का इस्तेमाल करने के लिए बुटीक खोलने का फैसला किया. इस बारे में उस ने अशोक से बात की तो उस ने भी हां कर दी और पैसा लगाने को भी तैयार हो गया.

बुटीक चलाने के लिए उसे जिस भी चीज की जरूरत होती, अशोक ला कर दे देता था. पति के सहयोग से कामना ने मोहल्ले में ही बुटीक खोल लिया. थोड़ी सी मेहनत के बाद उस का बुटीक चल निकला.

2 साल बाद कामना ने एक बेटी को जन्म दिया. दोनों ने बड़े लाड़प्यार से उस का नाम जाह्नवी रखा. जाह्नवी के आने से कामना की जिंदगी और व्यस्त हो गई थी. देखभाल के लिए बेटी को वह अपने साथ बुटीक ले आती थी.

अशोक और कामना की जिंदगी बड़े मजे से कट रही थी. पतिपत्नी दोनों कमा रहे थे. अशोक की बुआ का बेटा रिंकू उर्फ अजय वर्मा अकसर भाईभाभी से मिलने उन के घर आता था. इत्तफाक की बात यह थी कि वह जब भी आता था, उस की मुलाकात अशोक से नहीं हो पाती थी. क्योंकि वह काम के सिलसिले में घर से बाहर रहता था. देवर के रिश्ते को महत्त्व देते हुए कामना उस की खूब खातिरदारी करती थी.

जब अशोक को पता चला कि रिंकू उस की अनुपस्थिति में घर पर पत्नी से मिलने आता है, तो वह पत्नी पर भड़क गया. उस ने कामना से कहा कि जब भी वह घर आए तो उसे बैठाने के बजाए बाहर से ही विदा कर दिया करे. रिंकू अपराधी किस्म का इंसान है.

पुलिस ने उस पर बड़ा ईनाम रख रखा है. उस की वजह से हम भी मुसीबत में आ सकते  हैं. कामना ने पति की बात सुन तो ली लेकिन उस पर अमल नहीं कर पाई. इस के बावजूद अशोक ने खुद भी साफतौर पर रिंकू को घर आने से मना कर दिया.

दरअसल, 6 साल पहले रिंकू ने अपने 6 साथियों के साथ मिल कर एक व्यक्ति की हत्या कर दी थी. उस के बाद रिंकू ने पीछे मुड़ कर नहीं देखा. उस ने ताबड़तोड़ कई बड़े अपराध किए. जल्द ही वह अपराध की दुनिया में कुख्यात हो गया. पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए उस पर बड़ा ईनाम रख दिया.

रिंकू के अपराधी बन जाने के बाद उस के घर वालों ने भी उसे अपनी जिंदगी और संपत्ति से बेदखल कर दिया. जब घर वालों ने रिंकू का परित्याग कर दिया तो उस ने उधर मुड़ कर नहीं देखा. वह रायपुर थाने के शास्त्रीनगर कालोनी में किराए का कमरा ले कर छिपछिपा कर रहने लगा.

अशोक को पता था कि उस के मना करने के बावजूद रिंकू घर आता है और घंटों तक कामना के पास रहता है. यह बात उसे नागवार लगती थी. वह नहीं चाहता था कि रिंकू उस के घर आए और पत्नी से मिले.

इसी बीच अशोक को कहीं से भनक लगी कि कामना और रिंकू के बीच लंबे समय से अवैध संबंध हैं. इसी के चलते रिंकू कामना से मिलने घर आता है और उस के साथ लंबा समय बिताता है.

रिंकू को ले कर पतिपत्नी के बीच विवाद हो गया. कामना ने पति को लाख सफाई दी कि रिंकू के साथ उस का कोई अनैतिक संबंध नहीं है, लेकिन वह इस बात पर यकीन करने के लिए तैयार ही नहीं था. हकीकत भी यही थी कि कामना और रिंकू के बीच कोई अवैध संबंध नहीं था.

पहले रिंकू को लगाया ठिकाने  अशोक के मन में रिंकू नाम की शक की चिंगारी भड़की तो वह शोलों का रूप लेती गई. शक की आग में जलते अशोक ने एक खतरनाक फैसला ले लिया. यह फैसला था रिंकू को रास्ते से हटाने का. उस ने कामना को इस की भनक तक नहीं लगने दी.

योजना के अनुसार, 3 नवंबर, 2018 को अशोक ने रिंकू को अपने जन्मदिन की पार्टी में सहस्त्रधारा रोड स्थित एक मित्र के आवास पर बुलाया, जहां पर रात में पार्टी हुई. उस पार्टी में अशोक के दोस्त दीपक शर्मा, उस का छोटा भाई गौरव शर्मा और परवेज उर्फ बसरू निवासी सरधना, मेरठ शामिल थे.

इस पार्टी में कामना को नहीं बुलाया गया था. दीपक, गौरव और परवेज 4 नवंबर की सुबह रिंकू को नौकरी दिलाने के बहाने अपने साथ ले कर राजस्थान चले गए. जाने के लिए अशोक ने उन्हें कार बुक करा दी थी. रास्ते में परवेज ने धोखे से रिंकू को शराब में जहर दे दिया.  बाद में उसे गला दबा कर मारने के बाद तीनों ने उस की लाश चुरू की झाडि़यों में फेंक दी और देहरादून लौट आए. रिंकू चूंकि घर से बेदखल था, इसलिए किसी ने उसे ढूंढने की कोशिश नहीं की.

अशोक ने कामना के आसपास से भले ही रिंकू नाम के कांटे को सदा के लिए निकाल फेंका था, लेकिन वह अब भी शक की आग में जल रहा था. अशोक के शक करने की बीमारी से दोनों के बीच मतभेद गहरा गए थे. एक छत के नीचे रहते हुए भी उन में बहुत कम बात होती थी, सिर्फ जरूरत भर की.

इस बार अशोक को पता चला कि कामना का किसी फाइनेंसर के साथ चक्कर है. इसे ले कर उन के बीच जो बचेखुचे रिश्ते थे, वे भी खत्म हो गए. परिवार के टूटने से कामना बुरी तरह टूट गई थी. पति को उस ने लाख सफाई देनी चाही, लेकिन वह अपनी गृहस्थी बचाने में कामयाब नहीं हुई.

जो अशोक कभी उसे दिल की गहराइयों से चाहता था, उसी को कामना की सूरत से भी घृणा हो गई थी. बेइंतहा प्यार अब बेइंतहा नफरत में बदल गया था. 5 सालों के भीतर इश्क का आशियाना तिनकातिनका हो कर बिखर गया था. अकेलापन दूर करने के लिए अशोक के दिल में फिर से रेखा के लिए प्यार उमड़ आया. वह एक बार फिर रेखा की बांहों में जा गिरा. अशोक रेखा का पहला प्यार था, वह भी उसे भुला नहीं पाई थी. जब अशोक उस की पनाह में आया तो उस ने उसे दिल में जगह दे दी.

कामना से पति की यह बातें छिपी नहीं रह सकीं. जब उसे पति की सच्चाई पता चली तो घर में महाभारत छिड़ गया. गुस्से में आ कर अशोक ने यहां तक कह दिया कि जाह्नवी उस की बेटी नहीं है, बल्कि किसी और की नाजायज औलाद है. कामना को पति की यह बात दिल में चुभ गई. इस बात को ले कर दोनों के बीच खूब झगड़े हुए.

अशोक रोजरोज की चिकचिक से ऊब गया था और डिप्रेशन में रहने लगा था. अब कामना उसे फूटी आंख नहीं सुहाती थी. अंतत: उस ने पत्नी को रास्ते से हटाने की योजना बना डाली. उस ने 2 लाख में पत्नी की हत्या की सुपारी दे दी. यह काम मेरठ के कस्बा सरधना निवासी दीपक, गौरव और परवेज को करना था. योजना बनी कि घटना को अंजाम देने के बाद हत्या का दोष रिंकू के सिर मढ़ दिया जाएगा. पुलिस रिंकू की तलाश में मारीमारी फिरती रहेगी.

सब कुछ योजना के अनुसार चल रहा था. गौरव शर्मा ने बतौर पेशगी अशोक से एक लाख रुपए ले लिए थे. बाद में उस ने उस से 50 हजार रुपए और लिए. उन रुपयों में से उस ने 30 हजार रुपए का एक रिवौल्वर खरीदा. 28 अगस्त, 2019 की शाम गौरव अपने साथियों दीपक और परवेज को ले कर मेरठ से देहरादून पहुंचा, लेकिन उस दिन सही मौका न मिलने से ये लोग अपने मकसद में कामयाब नहीं हो सके.

29 अगस्त की रात कामना घर का कामकाज निपटा कर बेटी के साथ जल्द सो गई थी. अशोक भी जल्दी घर आ गया था. पत्नी के गहरी नींद में डूबते ही अशोक ने करीब 11 बजे गौरव को फोन कर घर बुला लिया.

गुमराह नहीं हो पाई पुलिस तीनों बदमाश एक होटल में कमरा ले कर ठहरे थे ताकि किसी को उन पर शक न हो. अशोक की ओर से हरी झंडी मिलते ही साढ़े 11 बजे दीपक शर्मा, गौरव शर्मा और परवेज अशोक के घर पहुंच गए. अशोक के घर में चारों ओर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए थे. गौरव ने देखा तो सहम गया. उस ने अशोक से कैमरे औफ करने के लिए कहा तो उस ने कैमरे बंद कर दिए.

खैर, अशोक ने तीनों को ड्राइंग रूम में बैठाया. गौरव ने उस से कामना के बारे में पूछा तो उस ने कमरे की ओर इशारा कर के बता दिया कि वह कमरे में सो रही है. उस के साथ बेटी भी सो रही है. उसे कुछ नहीं होना चाहिए. इशारे से अशोक ने उसे समझाया तो उस ने सिर हिला कर भरोसा दिया कि बच्ची को कुछ नहीं होगा.

तीनों बदमाश दबे पांव उस कमरे में पहुंचे, जहां कामना गहरी नींद में सो रही थी. गौरव ने कमर से पिस्टल निकाला और उस के सिर के पीछे सटा कर ट्रिगर दबा दिया. गोली उस की दाईं आंख को चीरती हुई पार हो गई और बैड में जा धंसी. कुछ पल के लिए कामना हिली, फिर शांत हो गई.

पुलिस को गुमराह करने के लिए अशोक ने गौरव से उस पर भी फायर करने के लिए कह दिया था ताकि लगे कि बदमाश लूट की नीयत से घर में घुसे थे. विरोध करने पर उन्होंने कामना और उस के पति को गोली मार दी, जिस में कामना की मौत हो गई और यह बच गया. अशोक के कहने पर गौरव ने उसे पीछे से गोली मारी. गोली अशोक की पीठ और पेट को चीरती हुई दीवार में धंसी.

उस के बाद गौरव, दीपक और परवेज सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर उखाड़ अपने साथ ले गए ताकि पुलिस उन तक किसी भी कीमत पर न पहुंच सके, लेकिन वे अपने मकसद में सफल नहीं हो सके. पुलिस काल डिटेल्स और सर्विलांस के जरिए कातिलों तक पहुंच ही गई. अशोक ने रिंकू को फंसा कर पुलिस को उलझाने की जो तरकीब निकाली थी, वह धरी की धरी रह गई.

पुलिस ने रिंकू और कामना की हत्या के लिए दीपक शर्मा, गौरव शर्मा, अशोक रोहिल्ला और परवेज के खिलाफ हत्या और आपराधिक षडयंत्र रचने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया. रिंकू की लाश का पता लगाने के लिए पुलिस तीनों आरोपियों दीपक, गौरव और परवेज को ले कर राजस्थान के चुरू गई,

लेकिन उस की लाश नहीं मिल सकी.  शक की बीमारी ने न जाने कितनी गृहस्थियां उजाड़ी हैं. अशोक के साथ यही हुआ. अगर उस ने विवेक से काम लिया होता तो कामना जिंदा होती और वह जेल के बाहर.

रेखा और सुरेश परिवर्तित नाम है. कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

मर कर भी न होंगे जुदा

उत्तर प्रदेश का एक शहर एवं जिला मुख्यालय है फिरोजाबाद. यह शहर कांच की चूडि़यों के लिए प्रसिद्ध है. इसी जिले के थाना बसई मोहम्मदपुर के गांव आलमपुर कनैटा में राजवीर सिंह लोधी अपने परिवार के साथ रहता था. उस की पत्नी की करीब 3 साल पहले मौत हो गई थी.

राजवीर की गांव में आटा चक्की थी. उस के 2 बेटे बलजीत व जितेंद्र के अलावा 2 बेटियां राधा, ललिता उर्फ लता थीं. वह एक बेटे और एक बेटी की शादी कर चुका था. छोटा बेटा जितेंद्र पिता के साथ चक्की के काम में हाथ बंटाता था जबकि ललिता उर्फ लता गांव के ही स्कूल में पढ़ रही थी.

इसी गांव में रामवीर सिंह लोधी भी अपने परिवार के साथ रहता था. वह निजी तौर पर पशुओं का इलाज करने का काम करता था. उस के 4 बेटों में अनिल कुमार सब से छोटा था. वह बीएससी कर चुका था और नौकरी की तलाश में था. अनिल का बड़ा भाई जितेंद्र दिल्ली के एक होटल में नौकरी करता था.

ललिता 11वीं कक्षा में पढ़ती थी. जब वह स्कूल जाती, तो रास्ते में अकसर उसे गांव का युवक अनिल मिल जाता था. वह उसे चाहत भरी नजरों से देखता था. उस की उम्र करीब 20 साल थी. लता ने भी उन्हीं दिनों जवानी की दहलीज पर कदम रखा था. अनिल लता की जाति का ही था. लता को भी अनिल अच्छा लगता था. उस का झुकाव भी अनिल की तरफ होने लगा. दोनों ही एकदूसरे को देख कर मुसकरा देते थे.

दोनों के बीच यह सिलसिला काफी दिनों तक चलता रहा. दोनों एकदूसरे से प्यार का इजहार करने में सकुचा रहे थे, क्योंकि उन का यह पहलापहला प्यार था. आखिर एक दिन अनिल ने हिम्मत कर के लता से पूछ ही लिया, ‘‘लता, तुम्हारी पढ़ाई कैसी चल रही है?’’

लता को तो जैसे इसी पल का ही इंतजार था. उस ने मुसकराते हुए कहा, ‘‘मेरी पढ़ाई तो ठीक चल रही है, पर तुम कैसे हो?’’

‘‘मैं अच्छा हूं,’’ अनिल ने जवाब दिया.  इस औपचारिक बातचीत के बाद दोनों ने एकदूसरे को अपनेअपने फोन नंबर भी दे दिए थे, जिस से उन के बीच फोन पर भी बातचीत होने लगी. रही बात मिलने की तो लता के स्कूल जातेआते समय अनिल पहुंच जाता था, जिस से वे एकदूसरे से मिल लेते थे.

धीरेधीरे उन का प्यार परवान चढ़ने लगा. कभीकभी लता सहेली के पास जाने की बात कह कर घर से निकल जाती और अनिल से एक निश्चित जगह पर मिल लेती थी. उन के प्रेम संबंध यहां तक पहुंच गए थे कि दोनों ने शादी करने का फैसला कर लिया था.

उस समय अनिल बेरोजगार था. उस ने लता से वादा किया कि शादी के लिए हम तब तक इंतजार करेेंगे, जब तक वह अपने पैरों पर खड़ा नहीं हो जाता. नौकरी लगने के बाद वह उसे अपने साथ ले जाएगा. यह बात सुन कर ललिता बहुत खुश हुई.

दोनों एक ही जाति के थे, इसलिए उन्हें पूरा विश्वास था कि दोनों के घर वालों को उन की शादी पर कोई ऐतराज नहीं होगा. पिछले डेढ़ साल से दोनों का प्रेम प्रसंग बिना किसी बाधा के चल रहा था.

मिलने और मोबाइल पर बात करने में दोनों पूरी सावधानी बरतते थे. लेकिन ऐसी बातें ज्यादा दिनों तक छिपी नहीं रहतीं. किसी तरह लता के परिजनों को उन के प्रेम संबंधों की भनक लग गई.

लिहाजा उन्होंने लता को समझाया कि वह अनिल से मिलना बंद कर दे. इस से परिवार की बदनामी ही हो रही है. लता ने उस समय तो उन से वादा कर दिया कि वह घर की मानमर्यादा का ध्यान रखेगी. उस के वादे से घर वाले निश्चिंत हो गए.

2-4 दिनों तक तो लता ने अनिल से बात नहीं की. लेकिन इस के बाद प्रेमी की यादें उसे विचलित करने लगीं. उधर अनिल भी परेशान रहने लगा. दोनों की यह बेचैनी ज्यादा दिनों तक कायम नहीं रह सकी.

दिल की लगी नहीं छूटी  घर वालों की बातों को दरकिनार कर के लता ने अनिल से फोन पर बतियाना शुरू कर दिया. लेकिन अब वह सावधानी बरतने लगी ताकि घर वालों को पता न चले.

लेकिन एक बार लता की मां ने रात में उसे मोबाइल पर बात करते देख लिया. उस ने यह बात पति राजवीर को बताई. उस ने जब लता का मोबाइल चैक किया तो पता चला कि वह अनिल से ही बात कर रही थी.

यह जान कर राजवीर का खून खौल उठा. उस ने लता को बहुत लताड़ा और उस पर पहरा लगा दिया. इतना ही नहीं, राजवीर ने इसकी शिकायत अनिल के पिता रामवीर सिंह से भी कर दी. रामवीर ने भी अनिल को बहुत डांटा.

अब दोनों पर ही पाबंदियां लग गई थीं, जिस से वे बेचैन रहने लगे. लता का फोन भी उस के घर वालों ने अपने पास रख लिया था. लता किसी भी तरह अनिल से बात करना चाहती थी. एक दिन लता को यह मौका मिल गया. घर पर उस की सहेली मिलने आई थी. लता ने उस के मोबाइल फोन से अनिल से बात की और कहा कि यह दूरियां अब उस से सही नहीं जा रही हैं.

तब अनिल ने उसे समझाते हुए कहा, ‘‘लता, कुछ दिनों के लिए मैं भाई के पास दिल्ली जा रहा हूं. जब मामला ठंडा पड़ जाएगा तो मैं गांव आ जाऊंगा.’’

लता को भी अनिल की बात सही लगी और उस ने न चाहते हुए भी दिल पर पत्थर रख कर उसे दिल्ली जाने की इजाजत दे दी. अनिल अपने भाई जितेंद्र के पास दिल्ली पहुंच गया. जितेंद्र ने अनिल की नौकरी एक निजी अस्पताल में लगवा दी.

दिल्ली जा कर अनिल के नौकरी करने की जानकारी लता के पिता राजवीर को हुई तो उस ने राहत की सांस ली. उस ने निर्णय लिया कि मौका अच्छा है, क्यों न लता के हाथ पीले कर दिए जाएं. लिहाजा आननफानन में उस ने लता के लिए लड़का तलाशना शुरू कर दिया गया.

यह तलाश जल्द ही पूरी हो गई. एटा जिले के जलेसर नगर में सुनील नाम का लड़का पसंद कर लिया गया. शादी की बात भी पक्की कर दी गई. दोनों पक्षों ने इसी साल नवंबर महीने में देवउठान के पर्व पर शादी करने की बात तय कर ली.

लता को जब अपनी शादी तय होने की बात पता चली, तो उस की नींद उड़ गई. क्योंकि वह तो अनिल की दुलहन बनने का सपना संजोए बैठी थी. लता ने अपनी शादी का विरोध किया लेकिन घर वालों के आगे उस की एक नहीं चली.

अनिल भी उस समय दिल्ली में था. लता ने उसे फोन कर के अपनी शादी तय होने की बात बता दी. यह बात सुन कर वह भी परेशान हो गया. उस की समझ में नहीं आ रहा था कि ऐसी स्थिति में क्या करे.

जुलाई के पहले सप्ताह में गोदभराई की रस्म संपन्न हो गई. लता गोदभराई के दिन चाह कर भी किसी से कुछ नहीं कह सकी. वह उदास थी. उस का दिल रो रहा था. वह अनिल से मिलने के लिए तड़प रही थी.

15 अगस्त को रक्षाबंधन था. लता को पता था कि रक्षाबंधन पर अनिल गांव जरूर आएगा. उस ने सोचा तभी अनिल से मिल कर अपने मन की बात कहेगी. इतना ही नहीं, लता ने निर्णय ले लिया था कि अनिल के गांव आने पर वह अपने घर वालों की मरजी के खिलाफ अनिल के साथ शादी कर लेगी, चाहे इस के लिए उसे अपना घर छोड़ कर भागना ही क्यों न पड़े.

प्रेमी के लिए तड़प रही थी लता  लेकिन लता के अरमानों पर उस समय बिजली गिर गई, जब रक्षाबंधन के दिन भी अनिल गांव नहीं आया, इस से वह बहुत निराश हुई. घर वालों ने लता को उस का मोबाइल फोन लौटा दिया था. लता ने अनिल को फोन किया तो उस ने बताया कि छुट्टी नहीं मिलने की वजह से वह इस बार घर नहीं आ सका. लेकिन अगले महीने गांव जरूर आएगा.

लता को अब तसल्ली नहीं हो रही थी. उस के घर वालों ने शादी की खरीदारी शुरू कर दी थी. उसे अपने ही घर में एकएक दिन काटना बड़ा मुश्किल हो रहा था. सारीसारी रात वह बिस्तर पर करवटें बदलती रहती. उस ने एक दिन रात में ही निर्णय लिया, जिस की भनक उस ने अपने परिजनों को नहीं लगने दी.

16-17 अगस्त, 2019 की रात को जब लता के घर वाले सोए हुए थे, सुबह 4 बजे वह घर से गायब हो गई. परिजन जब सो कर उठे तो ललिता घर में दिखाई नहीं दी. उन्होंने सोचा कि वह मंदिर गई होगी. जब काफी देर तक वह वापस नहीं आई तो उस की तलाश की गई. उस का मोबाइल भी बंद था.

बदनामी के डर से इस की सूचना पुलिस को भी नहीं दी गई. सुबह के समय गांव के कुछ लोगों ने ललिता को बाइक पर किसी युवक के साथ जाते देखा था. यह जानकारी राजवीर सिंह को मिली तो उस ने बदनामी की वजह से यह बात भी पुलिस तक को बताना ठीक नहीं समझा.

राजवीर व उस के परिवार वालों को शक था कि ललिता अनिल के पास दिल्ली चली गई होगी. राजवीर ने रामवीर से दिल्ली में रह रहे उस के बेटे अनिल का मोबाइल नंबर ले कर उस से बात की. अनिल ने बताया कि लता उस के पास नहीं आई है. इस के बाद घर वाले लगातार लता के मोबाइल पर फोन करते रहे, लेकिन उस का फोन बंद मिला. 17 अगस्त की दोपहर में राजवीर ने जब लता को फोन मिलाया तो उस से बात हो गई.

19 अगस्त, 2019 की सुबह थाना मटसेना के आकलपुर गांव की कुछ महिलाएं जंगल की तरफ गईं तो उन्होंने गांव के बाहर बेर की बगिया में एक पेड़ से फंदों पर 2 शव लटके देखे. इन में एक शव युवक का था और दूसरा युवती का.

यह देख कर महिलाएं भाग कर घर आईं और यह बात लोगों को बता दी. इस के बाद तो आकलपुर गांव में कोहराम मच गया. जिस ने सुना, वही बगिया की ओर दौड़ पड़ा.

सूरज की पौ फटतेफटते वहां सैकड़ों की भीड़ जुट गई. गांव के लोगों ने पेड़ पर शव लटके देख पुलिस को सूचना दे दी. सूचना मिलते ही थानप्रभारी मोहम्मद उमर फारुक पुलिस टीम के साथ मौकाएवारदात पर पहुंच गए.

पुलिस ने फोटो खींचने के बाद दोनों शव नीचे उतरवाए. उन की तलाशी ली तो दोनों के पास आधार कार्ड मिले. पुलिस को पता चला कि मृतक युवक आलमपुर कनैटा निवासी रामवीर का 20 वर्षीय बेटा अनिल कुमार था, जबकि मृतका उसी गांव के रहने वाले राजवीर की बेटी ललिता उर्फ लता थी.

थानाप्रभारी ने घटना की जानकारी अपने आला अधिकारियों के साथ ही युवकयुवती के घर वालों को भी दे दी. सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया. आकलपुर गांव आलमपुर गांव की सीमा से सटा हुआ था, इसलिए घर वाले रोतेबिलखते वहां पहुंच गए. इसी दौरान सीओ (सदर) बलदेव सिंह खनेड़ा व एसपी (ग्रामीण) राजेश कुमार सिंह भी घटनास्थल पर पहुंच गए. अपने बच्चों की लाशें देख कर दोनों के परिजनों का रोरो कर बुरा हाल था.

पुलिस को दोनों के पास से सुसाइड नोट भी मिले. अनिल का सुसाइड नोट उस की पैंट की जेब से जबकि ललिता ने सुसाइड नोट अपनी कलाई में बंधे कलावे से बांध रखा था. आधार कार्ड, सुसाइड नोट के अलावा दोनों के मोबाइल फोन पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिए. जरूरी काररवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिए.

पुलिस ने जब केस की जांच शुरू की तो पता चला कि अनिल और ललिता ने गांव लौटने का फैसला कर लिया था और यह बात घर वालों को बता दी थी. ऐसे में दोनों के शव पेड़ से लटके मिलने पर सवाल उठने लगे.

मिलन नहीं तो मौत ही सही  इस प्रेमी युगल की प्रेम कहानी की इबारत सुसाइड नोट में लिखी मिली. दोनों ने एक साथ जीनेमरने की कसम खाई और सुसाइड नोट लिखे. ललिता ने अपने सुसाइड नोट में अनिल के अलावा किसी और से शादी न करने की बात लिखी थी. एक पेज के सुसाइड नोट में उस ने लिखा था कि मैं अनिल के पास दिल्ली चली गई थी.

मेरे घर वालों ने मेरी शादी तय कर दी थी, जबकि मैं किसी दूसरे से शादी नहीं कर सकती थी. अनिल मुझ से घर वापस जाने के लिए कह रहा था, लेकिन मैं घर नहीं जाना चाहती थी. मैं अनिल के बिना नहीं रह सकती. इसलिए अपनी मरजी से आत्महत्या कर रही हूं. इस के लिए किसी को परेशान न किया जाए.

वहीं अनिल ने अपने सुसाइड नोट में लिखा कि ललिता मेरे पास दिल्ली आ गई थी. 18 अगस्त को वह उसे गांव छोड़ने आया था, लेकिन लता ने अपने घर जाने से इनकार कर दिया. उस ने लिखा कि मम्मीपापा मुझे माफ कर देना. मैं लता के बिना नहीं रह सकता. मैं अपनी मरजी से आत्महत्या कर रहा हूं.

पुलिस ने अनिल के घर मिले एक रजिस्टर से उस के सुसाइड नोट की राइटिंग का मिलान भी किया.

प्रेम विवाह को ले कर परिवार के लोगों ने दोनों के बीच में दीवारें खड़ी कर दीं तो प्रेमी युगल ने मरने का फैसला ले लिया. प्रेमी जोड़े ने इतना बड़ा कदम उठा लिया कि एक पेड़ पर एक ही दुपट्टे से एक ही फंदे पर लटक कर मौत को गले लगा लिया.

इस प्रेम कहानी का अंत लता के घर वालों की जिद के कारण हुआ. 16 अगस्त को जब लता अचानक गांव से गायब हो गई थी, तब वह सीधे दिल्ली में रह रहे अपने प्रेमी अनिल के पास पहुंची थी. 17 अगस्त को लता के पिता की उस से मोबाइल पर बात भी हुई.

लता ने परिजनों को सारी बात बताई और कहा कि उस ने अनिल के साथ शादी करने का फैसला कर लिया है. घर वालों ने इस रिश्ते को मानने से इनकार कर दिया और उसे ऊंचनीच समझाते हुए घर लौटने को कहा. इस के बाद प्रेमी युगल ने घर वालों से 18 अगस्त को गांव आने की बात कही थी. लेकिन 19 अगस्त को दोनों ने आत्महत्या कर ली.

चूंकि मृतकों के परिजनों ने पुलिस को कानूनी काररवाई करने की कोई तहरीर नहीं दी, इसलिए पुलिस ने कोई मामला दर्ज नहीं किया. इस के अलावा पोस्टमार्टम रिपोर्ट से भी स्पष्ट हो गया कि अनिल और लता ने आत्महत्या की थी. अत: पुलिस ने इस मामले की फाइल बंद कर दी.

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

 

गुनाहगार पति : नतीजों का मिला फल

उस दिन अक्तूबर 2019 की 14 तारीख थी. इटावा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनिलमणि त्रिपाठी अपने कार्यालय में बैठे थे. शाम करीब 4 बजे एक उम्रदराज व्यक्ति उन के पास आया. उस के चेहरे से भय व दुख साफ झलक रहा था. त्रिपाठी ने उसे सामने पड़ी कुरसी पर बैठने का इशारा किया फिर पूछा, ‘‘आप कुछ परेशान दिख रहे हैं. बताइए, क्या बात है?’’

‘‘सर, मेरा नाम प्रमोद कुमार मिश्रा है और मैं शहर के कटरा बलसिंह मोहल्ले में रहता हूं. मेरी बहू दिव्या मिश्रा की किसी ने हत्या कर दी है.’’ उस ने बताया.

शहर के बीचोंबीच स्थित मोहल्ले में दिनदहाड़े महिला की हत्या की बात सुन कर कोतवाल अनिलमणि त्रिपाठी चौंक पड़े. उन्होंने महिला की हत्या की सूचना अपने वरिष्ठ अधिकारियों को दी, फिर आवश्यक पुलिस के साथ कटरा बलसिंह मोहल्ला स्थित प्रमोद कुमार मिश्रा के मकान पर पहुंच गए.

उस समय घर के बाहर भीड़ जुटी थी. प्रमोद कुमार मिश्रा कोतवाल को तीसरी मंजिल पर स्थित उस कमरे में ले गए, जहां उन की बहू दिव्या की लाश पड़ी थी. लाश खून से लथपथ थी.

उस के सिर के पिछले भाग में चोट का गहरा निशान था. लाश के पास ही चीनी मिट्टी का बना फूलदान टूटा पड़ा था. संभवत: उसी गुलदस्ते से प्रहार कर उस की हत्या की गई थी. कमरे का सामान अस्तव्यस्त था. देखने से प्रतीत होता था कि दिव्या ने हत्यारे से संघर्ष किया था.

कोतवाल अनिलमणि त्रिपाठी अभी घटनास्थल का निरीक्षण कर ही रहे थे कि सूचना पा कर एएसपी (सिटी) डा. रामयश सिंह, एएसपी (ग्रामीण) रामबदन सिंह तथा सीओ चंद्रपाल सिंह वहां आ गए. पुलिस अधिकारियों ने फोरैंसिक तथा डौग स्क्वायड टीम को भी मौके पर बुला लिया.

पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया. इसी दौरान अधिकारियों ने मृतका की देह में कुछ हरकत महसूस की. जीवित होने की संभावना पर दिव्या को आननफानन में जिला अस्पताल भेजा गया, लेकिन डाक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया.

फोरैंसिक टीम ने जहां घटनास्थल की गहन जांच कर फिंगरप्रिंट लिए, वहीं खोजी कुत्ता घटनास्थल पर पड़े खून को सूंघ कर कमरे में चक्कर लगाता रहा फिर मकान के नीचे उतरा और लडैती भवन तक गया. उस के बाद वापस आ गया. खोजी कुत्ता मददगार साबित नहीं हुआ.

पुलिस अधिकारियों को पूछताछ से पता चला कि दिव्या मिश्रा, टीवी एंकर अजितेश मिश्रा की पत्नी थी. घटना के समय अजितेश मिश्रा नोएडा में था. पिता प्रमोद मिश्रा ने फोन कर के उसे दिव्या की मौत की सूचना दे दी.

प्रमोद ने दिव्या के मायके वालों को भी उस की मौत की खबर दे दी थी. खबर पा कर दिव्या का भाई, पिता, नानी आदि जिला अस्पताल पहुंच गए. सब दिव्या की मौत पर आंसू बहा रहे थे.

जिला अस्पताल में सिटी मजिस्ट्रैट सत्येंद्र नाथ पांडेय की उपस्थिति में दिव्या के शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. रात 10 बजे शव का पोस्टमार्टम डा. पल्लवी दीक्षित, डा. उदय प्रताप तथा डा. ऋषि यादव ने किया. लेकिन पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को नहीं सौंपा गया. क्योंकि पुलिस को अभी कुछ और जांच करनी थी. हालांकि शव लेने मृतका का पति अजितेश आ गया था.

दरअसल, उस दिन एसएसपी संतोष कुमार मिश्रा विभाग की लखनऊ में आयोजित की गई क्राइम मीटिंग में गए थे. वापस आने पर उन्हें हत्याकांड की जानकारी हुई तो वह रात 10 बजे घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने पुन: फोरैंसिक टीम को बुलाया और जांच कराई.

मिश्रा रात 2 बजे तक घटनास्थल पर रहे और एकएक बिंदु की बारीकी से जांच की. जांच प्रभावित न हो इसलिए दिव्या का शव परिजनों को नहीं सौंपा गया था. उन के द्वारा जांच कराए जाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.

शव का दाह संस्कार करने के बाद प्रमोद कुमार मिश्रा सिविल लाइंस कोतवाली पहुंचे और अज्ञात के खिलाफ बहू की हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई. एसएसपी ने इस हाईप्रोफाइल केस की जांच के लिए सीओ (सिटी) चंद्रपाल सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई. विशेष टीम में कोतवाल अनिलमणि त्रिपाठी, स्वाट टीम प्रभारी सत्येंद्र सिंह यादव के अलावा तेजतर्रार पुलिस अधिकारियों को शामिल किया गया.

पुलिस टीम ने सब से पहले घटनास्थल का एक बार फिर से निरीक्षण किया, फिर घर के मुखिया प्रमोद कुमार मिश्रा से पूछताछ की. उन्होंने बताया कि वह कर्वा खेड़ा जनता माध्यमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक थे, जहां से एक साल पहले सेवानिवृत्त हुए थे. घर में पत्नी के अलावा बहू दिव्या मिश्रा तथा बूढ़ी मां रहती थी. पत्नी कुछ दिन पहले बड़े बेटे के पास चली गई थी.

स्कूल से सेवानिवृत्त होने के बाद प्रमोद कुमार सामाजिक कार्यों में व्यस्त रहने लगे थे. वह सुबह 11 बजे नाश्ता कर के घर से निकलते, फिर डेढ़दो बजे तक घर वापस आते थे. शाम को फिर 5 बजे घर से निकलते और रात 8 बजे घर वापस आ जाते थे. उन के कमरे का दरवाजा बाहर की ओर खुलता था. उसी से वह आतेजाते थे. मकान के मुख्य दरवाजे से उन का ज्यादा वास्ता नहीं रहता था.

14 अक्तूबर, 2019 को वह 11 बजे नाश्ता कर के घर से कर्वा खेड़ा स्कूल जाने को निकले. स्कूल स्टाफ ने उन्हें किसी जरूरी काम के लिए बुलाया था. स्कूल का काम निपटा कर वह अपराह्न लगभग 2 बजे घर आए. उन्होंने खाना देने हेतु बहू दिव्या को आवाज लगाई, लेकिन बहू ने कोई जवाब नहीं दिया. फिर उन्होंने उस से मोबाइल पर बात करने की कोशिश की, लेकिन उस ने मोबाइल रिसीव नहीं किया. इस से उन्हें लगा कि शायद बहू सो गई है. वह भी आराम करने लगे.

लगभग 3 बजे उन की आंखें खुलीं तो निगाह मेनगेट पर चली गई, जो खुला हुआ था. वह समझ गए कि घर में किसी का आनाजाना हुआ है. घर में कौन आयागया, यह पता लगाने के लिए वह तीसरी मंजिल पर पहुंचे. बहू दिव्या का कमरा खुला था. उन्होंने आवाज लगाई. लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. तब उन्होंने कमरे में प्रवेश किया.

कमरे के अंदर का दृश्य बड़ा ही वीभत्स था. बहू दिव्या फर्श पर खून से लथपथ पड़ी थी. फूलदान टूटा हुआ था. चिल्लाते हुए वह बाहर आए और पड़ोसियों को जानकारी दी. उस के बाद वह थाने पहुंचे.

प्रमोद मिश्रा की बात सुनने के बाद सीओ चंद्रपाल सिंह ने पूछा, ‘‘आप को किसी पर शक है? या फिर आप के घर किसी विशेष व्यक्ति का आनाजाना था?’’

‘‘सर, दिव्या किसी अनजान व्यक्ति के लिए गेट नहीं खोलती थी. मेरी गैरमौजूदगी में अगर कोई आता भी था तो वह यह कह कर वापस कर देती थी कि पापा घर पर नहीं हैं.’’

‘‘हत्या कहीं लूट के इरादे से तो नहीं की गई?’’ सीओ चंद्रपाल सिंह ने उन से पूछा.

‘‘नहीं सर, घर में लूट नहीं हुई. घर का कीमती सामान, आभूषण तथा नकदी सब सुरक्षित है. मैं ने सब चैक कर लिया है.’’ प्रमोद मिश्रा ने बताया.

पति आया शक के दायरे में

घर में घटना के समय प्रमोद मिश्रा की वृद्ध मां मौजूद थीं. वह चलनेफिरने और बोलनेचालने में भी लाचार थीं. उन्हें दिखाई भी कम देता था. ऐसी स्थिति में पुलिस ने उन से पूछताछ करना उचित नहीं समझा.

पुलिस टीम ने प्रमोद मिश्रा के पड़ोसियों से भी पूछताछ की. लेकिन हत्या के संबंध में वह कोई जानकारी नहीं दे सके. टीम ने मृतका दिव्या के भाई सचिन कुमार तथा अन्य परिजनों से पूछताछ की, लेकिन वह भी कोई खास जानकारी नहीं दे पाए.

दिव्या का पति अजितेश मिश्रा पुलिस टीम को जांच में सहयोग नहीं कर रहा था. टीम के सदस्य जब भी उस से पूछताछ करने की कोशिश करते, वह बेहोश हो जाने का नाटक करता. उस के इस नाटक से पुलिस टीम को शक हुआ. वैसे भी पुलिस टीम को किसी करीबी पर ही शक था.

अत: पुलिस टीम ने कुछ सख्त रुख अपनाया. तब वह बोला, ‘‘सर, दिव्या को मैं बेहद प्यार करता था. वह भी मुझे बहुत चाहती थी. वह मेरे साथ नोएडा में ही रहती थी. कुछ दिनों पहले मेरी मां जब बड़े भाई के पास नासिक चली गईं, तब मैं ने ही दिव्या को अपनी दादी और पापा की देखभाल के लिए नोएडा से घर भेज दिया था. पता नहीं मैं ने किसी का क्या बिगाड़ा था, जो उन्होंने मेरी पत्नी को मुझ से छीन लिया. पत्नी के जाने के बाद मेरा तो जीवन ही बरबाद हो गया.’’

अब तक पुलिस टीम को दिव्या की पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी मिल गई थी. रिपोर्ट के मुताबिक दिव्या की मौत सिर में गंभीर चोट लगने से हुई थी. उस का गला भी कसा गया था. बलात्कार की पुष्टि नहीं हुई थी, फिर भी स्लाइड बना ली गई थी.

पुलिस टीम को मृतका के पति पर शक था. अत: पुलिस टीम ने अजितेश और दिव्या के मोबाइल फोन की काल डिटेल्स निकलवा कर गहनता से छानबीन की तो पता चला अजितेश 4 मोबाइल नंबरों पर ज्यादा बातें करता था, जिस में एक नंबर उस की पत्नी दिव्या का था, दूसरा उस के पिता प्रमोद मिश्रा का था. तीसरे और चौथे नंबर संदिग्ध थे.

इन संदिग्ध नंबरों के विषय में पूछने पर अजितेश ने बताया कि ये नंबर एफएम टीवी न्यूज चैनल में उस के साथ काम करने वाली भावना आर्या तथा दोस्त अखिल कुमार के हैं. इस में भावना आर्या के फोन पर अजितेश की लगभग हर रोज बातें होती थीं.

टीवी चैनल की मेकअप आर्टिस्ट से था चक्कर  कहीं भावना व अजितेश के बीच नाजायज संबंधों का मकड़जाल तो नहीं? इस की जानकारी करने पुलिस टीम 16 अक्तूबर, 2019 को एफएम टीवी न्यूज चैनल के सेक्टर-63 नोएडा स्थित औफिस पहुंची और कई लोगों से पूछताछ की. पता चला कि भावना आर्या और अजितेश के बीच कुछ ज्यादा ही गहरे प्रेम संबंध हैं.

इन संबंधों के कारण पतिपत्नी के बीच तनाव बढ़ गया था. अखिल दोनों के प्यार की धुरी बना हुआ था. यह जानकारी भी मिली कि अजितेश की पत्नी दिव्या अखिल को अपना मुंहबोला भाई मानती थी और उसे राखी बांधती थी.

यह पता चलते ही पुलिस टीम ने भावना आर्या और अखिल कुमार को उन के कार्यालय से हिरासत में ले लिया और उन्हें ले कर इटावा आ गई. पुलिस ने सिविल लाइंस कोतवाली में अजितेश को भी बुलवा लिया. अजितेश का सामना भावना आर्या और अखिल से हुआ तो उस का चेहरा फीका पड़ गया.

पुलिस टीम ने सब से पहले अखिल से पूछताछ की. अखिल पहले तो पुलिस टीम को बरगलाता रहा और कहता रहा कि दिव्या उस की मुंहबोली बहन थी. भला एक भाई अपनी बहन की हत्या कैसे कर सकता है.

लेकिन जब पुलिस टीम ने उस पर सख्ती की तो वह टूट गया. उस ने दिव्या की हत्या का जुर्म कबूल कर लिया. उस ने बताया कि हत्या का षडयंत्र अजितेश और उस की प्रेमिका भावना आर्या ने रचा था. पैसों का लालच दे कर उसे दिव्या की हत्या के लिए इटावा भेजा गया था. अखिल ने स्वीकार कर लिया कि दिव्या की हत्या उस ने ही की थी.

अखिल के बाद अजितेश और भावना ने भी जुर्म कबूल कर लिया. भावना ने बताया कि वह अजितेश से प्यार करती थी. दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन अजितेश की पत्नी दिव्या उस के प्यार में बाधक थी, इसलिए षडयंत्र रच कर उस को मरवा दिया.

अजितेश ने बताया कि उस की शादी को 3 वर्ष बीत चुके थे, लेकिन दिव्या संतान सुख नहीं दे पाई, जिस से वह उस से दूर भागने लगा. इसी बीच साथ काम करने वाली भावना से उस की दोस्ती हुई. दोस्ती प्यार में बदल गई और दोनों शादी करने को राजी हो गए. लेकिन इस में पत्नी दिव्या दीवार बन गई थी, इसलिए उसे रास्ते से हटा दिया गया.

न्यूज एंकर और उस की  प्रेमिका ने स्वीकारा जुर्म  पुलिस टीम ने दिव्या हत्याकांड का परदाफाश करने तथा कातिलों को पकड़ने की जानकारी एसएसपी संतोष कुमार मिश्रा को दे दी. मिश्राजी ने आननफानन में प्रैसवार्ता आयोजित कर अभियुक्तों को मीडिया के समक्ष पेश कर घटना का खुलासा कर दिया. प्रैसवार्ता में एसएसपी ने घटना का खुलासा करने वाली टीम को 15 हजार रुपए पुरस्कार देने की भी घोषणा की.

चूंकि कातिलों ने हत्या का जुर्म स्वीकार कर लिया था, अत: पुलिस ने भादंवि की धारा 302, 120बी के तहत अजितेश मिश्रा, भावना आर्या तथा अखिल कुमार सिंह को नामजद कर के उन्हें विधिसम्मत बंदी बना लिया. पुलिस जांच से पति द्वारा पत्नी की हत्या किए जाने की सनसनीखेज घटना प्रकाश में आई.

उत्तर प्रदेश के इटावा शहर के सिविल लाइंस थाना अंतर्गत एक मोहल्ला कटरा बलसिंह पड़ता है. शहर के बीचोंबीच स्थित इस मोहल्ले में प्रमोद कुमार मिश्रा अपने परिवार के साथ रहते थे.

उन के परिवार में पत्नी सुधा के अलावा 3 बेटे थे, जिस में अजितेश सब से छोटा था. प्रमोद कुमार मिश्रा कर्वा खेड़ा जनता माध्यमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक थे, किंतु अब रिटायर हो चुके थे. मोहल्ले में उन की अच्छी प्रतिष्ठा थी. उन का अपना 3 मंजिला मकान था. उन की आर्थिक स्थिति भी मजबूत थी.

प्रमोद कुमार मिश्रा स्वयं उच्चशिक्षा प्राप्त थे, अत: उन्होंने तीनों बेटों को उच्चशिक्षा दिलाई थी. उन के 2 बेटे पढ़लिख कर नासिक में नौकरी करने लगे थे. उन्होंने दोनों बेटों की शादी भी अच्छे घरानों में की थी. होली दीवाली जैसे बड़े त्यौहारों पर बेटेबहू इटावा आते थे और घर में खुशियां मनाते थे.

अजितेश अपने अन्य भाइयों की अपेक्षा ज्यादा स्मार्ट तथा तेजतर्रार था. अजितेश पढ़लिख कर एफएम टीवी न्यूज चैनल नोएडा में काम करने लगा था. वह वहां न्यूज एंकर था. अजितेश कमाने लगा तो प्रमोद मिश्रा ने उस की शादी इटावा की ही फ्रैंड्स कालोनी निवासी राजीव तिवारी की बेटी दिव्या से सन 2015 में कर दी. दिव्या एमए की पढ़ाई कर रही थी. दिव्या बेहद खूबसूरत थी.

खूबसूरत पत्नी पा कर जहां अजितेश खुश था, वहीं उस के मातापिता भी फूले नहीं समा रहे थे. दिव्या ने ससुराल आते ही घर संभाल लिया था. वह पति का तो खयाल रखती ही थी, सासससुर की सेवा में भी कोई कोरकसर नहीं छोड़ती थी. वह अपनी ददिया सास का भी पूरा खयाल रखती थी.

दिव्या कुछ महीने ससुराल में रही, उस के बाद नोएडा चली गई और पति अजितेश के साथ रहने लगी. दिव्या और अजितेश का वैवाहिक जीवन सुखमय बीतने लगा. अजितेश को जब समय मिलता, वह दिव्या को सैरसपाटे के लिए भी ले जाता था.

दिव्या अखिल को मानती थी भाई  दिव्या के नोएडा स्थित घर पर अखिल कुमार सिंह का आनाजाना लगा रहता था. अखिल कुमार दिव्या के पति अजितेश के साथ चैनल में काम करता था. दोनों के बीच गहरी दोस्ती थी.

अखिल दिव्या को बहन मानता था. दिव्या ने भी उसे मुंहबोला भाई बना लिया था. अखिल मूलरूप से अमर नगर, फरीदाबाद का रहने वाला था और अजनारा हाउस, ग्रेटर नोएडा में रहता था. दिव्या अखिल को अपना विश्वासपात्र मानती थी.

सुखमय जीवन व्यतीत करते 3 साल कब बीत गए, इस का अजितेश और दिव्या को पता ही नहीं चला. लेकिन इन 3 सालों में दिव्या मां नहीं बन सकी थी. जहां दिव्या के मन में गोद सूनी होने का दर्द था तो वहीं अजितेश के मन में भी मलाल था कि वह अभी तक बाप नहीं बन सका.

ऐसा नहीं था कि दिव्या ने अपना इलाज न कराया हो पर वह संतान सुख प्राप्त नहीं कर सकी थी. दिव्या जब भी ससुराल जाती तो सास उसे टोकती, ‘‘बहू, तू खुशखबरी कब देगी. खुशखबरी सुनने के लिए मेरे कान तरस रहे हैं.’’

दिव्या लजातेसकुचाते हुए सास को जवाब दे देती. धीरेधीरे अजितेश के मन में यह बात घर कर गई कि शायद दिव्या अब कभी मां नहीं बन पाएगी. इस टीस ने दोनों के प्यार में दरार पैदा कर दी. अब अजितेश दिव्या से दूर भागने लगा. मन ही मन वह उस से नफरत करने लगा.

अजितेश और भावना  इस तरह आए नजदीक  उन्हीं दिनों अजितेश की नजर खूबसूरत भावना आर्या पर पड़ी. भावना आर्या के पिता ललित नारायण आर्या नई दिल्ली स्थित नैशनल स्टेडियम में नौकरी करते थे. भावना आर्या उन की लाडली बेटी थी. वह पढ़ीलिखी और तेजतर्रार थी. भावना भी एमएम टीवी न्यूज चैनल में मेकअप आर्टिस्ट थी. अजितेश और भावना एकदूसरे को अच्छी तरह से जानते थे. अकसर दोनों के बीच बातें होती रहती थीं.

इन्हीं बातों के चलते अजितेश भावना को चाहने लगा. वैसे तो वह कई सालों से उसे देखता आ रहा था, लेकिन उस के मन में भावना के प्रति प्यार तब जागा, जब संतान न होने पर पत्नी से उस की दूरियां बढ़ीं.

टीवी चैनल में मेकअप आर्टिस्ट होने की वजह से भावना का रहनसहन और व्यवहार उसी तरह का हो गया था. वह बनसंवर कर घर से आती थी तो देर रात को ही घर लौटती.

भावना की खूबसूरती अजितेश को अपनी ओर आकर्षित करने लगी थी. दिल के हाथों मजबूर अजितेश भावना का सामीप्य पाने को बेचैन रहने लगा था. इस के लिए वह भावना से नजदीकियां बढ़ाने लगा था, लेकिन वह उस से दिल की बात कह नहीं पा रहा था.

लेकिन दिल तो दिल है, वह कब किस पर आ जाए, कोई नहीं जानता. जब अजितेश से रहा नहीं गया तो एक दिन उस ने भावना से दिल की बात कह दी, ‘‘भावना, मैं तुम से बहुत प्यार करता हूं. तुम्हारा प्यार पाने को मैं बेचैन हूं. तुम मेरे दिल में रचबस गई हो.’’

अजितेश की बात सुन कर भावना बोली, ‘‘अजितेश, तुम शादीशुदा हो. फिर मेरा प्यार क्यों पाना चाहते हो. रही बात प्यार की, वह मैं तुम्हें पहले से ही करती हूं.’’

‘‘दिव्या और मेरे प्यार के बीच दरार पड़ गई है. मैं उस से नफरत करने लगा हूं. दिव्या खूबसूरत जरूर है पर 3 साल बाद भी वह मां नहीं बन सकी.’’ वह बोला.

भावना आर्या अजितेश को पहले से ही प्यार करती थी. अत: जब उसे वजह पता चली तो उस ने उस का प्यार स्वीकार कर लिया. इस के बाद दोनों का प्यार परवान चढ़ने लगा. दोनों साथसाथ घूमने जाने लगे और लंच व डिनर साथ लेने लगे. जवानी के जोश में दोनों ने मर्यादा की दीवार भी गिरा दी. इतना ही नहीं, उन्होंने एक साथ रहने का भी फैसला कर लिया.

अजितेश और भावना के बीच नाजायज रिश्ता बना तो अजितेश घर में देरसवेर आने लगा. कभी वह पत्नी का बनाया हुआ खाना खाता तो कभी बिना खाए ही सो जाता. दिव्या कुछ कहती तो वह उस पर बरस पड़ता. दिव्या कहीं बाहर चल कर मूड फ्रैश करने को कहती तो मना कर देता.

अब उस ने दिव्या की फरमाइश पूरी करनी भी बंद कर दी थीं. दिव्या की समझ में नहीं आ रहा था कि आखिर अजितेश को हो क्या गया है.

एक दिन अखिल घर आया तो दिव्या ने उसे अजितेश के दुर्व्यवहार के संबंध में बताया और लेट घर आने के बारे में पूछा.

अखिल ने पहले तो बात टालने का प्रयास किया, लेकिन जब दिव्या ने कसम दिलाई तो अखिल ने सच्चाई बता दी, ‘‘दीदी, भैया आजकल न्यूज चैनल में मेकअप आर्टिस्ट भावना आर्या के प्यार में उलझे हैं. वह उसी के साथ आजकल मौजमस्ती करते हैं.’’

अखिल की बात सुन कर दिव्या अवाक रह गई. उसे अपना भविष्य अंधकारमय लगने लगा. क्योंकि कोई भी औरत भूख, गरीबी तो सह सकती है, लेकिन पति का बंटवारा सहन नहीं कर सकती. तो भला दिव्या यह सब कैसे सहन कर लेती.

इसलिए उस ने अजितेश और भावना के अवैध संबंधों का विरोध करना शुरू कर दिया. इस विरोध के कारण घर में कलह होने लगी. लेकिन दिव्या के विरोध के बावजूद अजितेश ने भावना का साथ नहीं छोड़ा.

दिव्या पढ़ीलिखी और संस्कारवान थी, इसलिए उस ने अजितेश को प्यार से समझाया और पिता की इज्जत का वास्ता दिया. साथ ही भावना को भी उस ने आड़े हाथों लिया. उस ने उसे खूब खरीखोटी सुनाई. दिव्या की खरीखोटी से भावना तिलमिला उठी. उस ने अजितेश से दिव्या की शिकायत की.

अक्तूबर के पहले सप्ताह में दिव्या नोएडा से अपनी ससुराल इटावा आ गई. दरअसल दिव्या की सास अपने बड़े बेटे के पास नासिक चली गई थी, अत: ससुर प्रमोद कुमार मिश्रा ने उसे घर की देखभाल के लिए बुलवा लिया था. घर में प्रमोद मिश्रा की बूढ़ी मां थीं, जिन की देखभाल के लिए दिव्या का वहां रहना जरूरी था.

दिव्या ससुराल जरूर आ गई थी, लेकिन वह अजितेश से मोबाइल पर संपर्क बनाए रखती थी. बातचीत के दौरान वह पति को भावना से दूर रहने की नसीहत देती रहती थी. अजितेश दिव्या को आश्वासन दे देता कि उस ने भावना से दूरी बना ली है. जबकि हकीकत इस के उलट थी. दोनों मस्ती में चूर थे.

7 अक्तूबर, 2019 की दोपहर दिव्या ने पति को फोन किया तो फोन भावना ने रिसीव किया. दिव्या समझ गई कि भावना और अजितेश एक साथ रूम में हैं, अत: उस का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया. दिव्या ने फोन पर ही भावना को खूब फटकारा और यहां तक कह दिया कि उस के शरीर में ज्यादा गरमी है तो कोठे पर क्यों नहीं बैठ जाती.

तीखी नोकझोंक के बाद दिव्या ने  फोन बंद कर दिया. चंद मिनट बाद ही दिव्या के पास अजितेश का फोन आ गया. उस ने दिव्या को फटकार लगाते हुए कहा कि उसे भावना से इस तरह बात नहीं करनी चाहिए थी.

दिव्या के व्यंग बाणों से भावना का दिल छलनी हो गया था. उस ने उसी दिन निश्चय कर लिया कि अब या तो दिव्या अजितेश के साथ रहेगी या फिर वह.

उस ने इस बारे में अजितेश से बात की, ‘‘देखो अजितेश, एक म्यान में दो तलवारें कभी नहीं रह सकतीं. दिव्या और मैं भी एक साथ नहीं रह सकते. इसलिए अब तुम्हें हम दोनों में से किसी एक को चुनना होगा. 2 दिन बाद तुम मुझे अपने निर्णय से अवगत करा देना.’’

अजितेश भावना के प्यार में आकंठ डूबा था. उस ने पत्नी के बजाए प्रेमिका को चुना. 2 दिन बाद भावना मिली तो उस ने उसे अपने निर्णय से अवगत करा दिया. इस के बाद अजितेश और भावना ने सिर से सिर जोड़ कर दिव्या की हत्या का षडयंत्र रचा.

इस षडयंत्र में अजितेश ने रुपयों का लालच दे कर दोस्त अखिल कुमार को भी शामिल कर लिया. दरअसल दिव्या अखिल को अपना मुंहबोला भाई मानती थी और उस पर विश्वास भी करती थी. इस नाते अखिल दिव्या तक आसानी से पहुंच सकता था.

योजना के तहत अजितेश ने एक नया सिम और मोबाइल खरीद कर अखिल कुमार को दे दिया. साथ ही इस नए मोबाइल पर ही बात करने को कहा. हत्या की पूरी योजना समझाने के बाद 14 अक्तूबर, 2019 की सुबह अजितेश ने अखिल को दिव्या की हत्या करने के लिए बस द्वारा इटावा भेज दिया.

लालच में अखिल हो गया हत्या करने को तैयार  लगभग 7 घंटे का सफर तय करने के बाद दोपहर 12 बजे अखिल कुमार इटावा पहुंच गया. इस बीच अजितेश अपनी पत्नी दिव्या और पिता प्रमोद से मोबाइल पर बात करता रहा ताकि दोनों की लोकेशन मिलती रहे. इस लोकेशन से अजितेश अखिल को भी अवगत कराता रहा.

लगभग एक बजे अखिल कुमार कटरा बलसिंह स्थित दिव्या के मकान पर पहुंचा और डोरबेल बजा दी. दिव्या ने तीसरी मंजिल से नीचे झांक कर देखा तो गेट पर उस का मुंहबोला भाई अखिल खड़ा था.

वह उसे देखते ही खुश हो गई और नीचे उतर आई. गेट खोल कर वह अखिल को अपने कमरे में ले आई. उस समय दिव्या के ससुर प्रमोद कुमार घर पर नहीं थे. वह स्कूल के कार्यक्रम में गए थे और बूढ़ी ददिया सास सो रही थीं.

दिव्या ने 2 कप चाय बनाई और अखिल के साथ चाय पीने लगी. इस बीच उस ने अपनी शादी का एलबम अखिल को दिखाया तथा अखिल से कहा कि वह अपने भाई को समझाए कि वह भावना के प्यार के जाल में न फंसे. लेकिन अखिल तो कुछ और ही सोच रहा था. उस की निगाह कमरे में रखे चीनी मिट्टी के फूलदान पर पड़ी. मौका पाते ही उस ने फूलदान उठाया और दिव्या के सिर पर दे मारा.

फूलदान के प्रहार से दिव्या का सिर फट गया. फिर दिव्या को समझते देर नहीं लगी कि अखिल को उस की हत्या के लिए भेजा गया है. इसलिए बचाव के लिए वह अखिल से भिड़ गई लेकिन अधिक खून बहने से वह बेहोश हो कर गिर पड़ी. इस बीच अखिल ने अजितेश को मैसेज भेजा कि दिव्या की सांसें चल रही हैं.

इस पर अजितेश ने मैसेज का जवाब दिया कि सांसें थाम दो. तब अखिल ने दिव्या का सिर जमीन पर पटकपटक कर सांसें थाम दीं. दिव्या की हत्या करने के बाद वह आराम से गेट खोल कर घर से निकल गया. बस स्टाप पहुंच कर वह नोएडा के लिए रवाना हो गया.

इधर 2 बजे प्रमोद कुमार मिश्रा घर आए. उन्होंने खाना देने के लिए दिव्या को आवाज दी तथा फोन भी लगाया. लेकिन कोई रिस्पौंस नहीं मिला. तब उन्हें लगा कि शायद बहू सो गई है. तब वह भी आराम करने के लिए बिस्तर पर लेट गए.

एक घंटे बाद वह जागे तो मेनगेट खुला था. वह समझ गए कि घर के अंदर कोई आयागया है. पता करने के लिए वह कमरे में पहुंचे तो बहू दिव्या खून से लथपथ पड़ी थी.

हत्यारोपी अजितेश मिश्रा, अखिल कुमार तथा भावना आर्या से पूछताछ करने के बाद पुलिस ने उन्हें 18 अक्तूबर, 2019 को इटावा कोर्ट में रिमांड मजिस्ट्रैट श्री जे.पी. शर्मा की अदालत में पेश किया, जहां से तीनों को जिला कारागार भेज दिया गया.

कथा संकलन तक उन की जमानत स्वीकृत नहीं हुई थी.

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

11 साल बाद

उस दिन अक्तूबर 2019 की 14 तारीख थी. इटावा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनिलमणि त्रिपाठी अपने कार्यालय में बैठे थे. शाम करीब 4 बजे एक उम्रदराज व्यक्ति उन के पास आया. उस के चेहरे से भय व दुख साफ झलक रहा था. त्रिपाठी ने उसे सामने पड़ी कुरसी पर बैठने का इशारा किया फिर पूछा, ‘‘आप कुछ परेशान दिख रहे हैं. बताइए, क्या बात है?’’

‘‘सर, मेरा नाम प्रमोद कुमार मिश्रा है और मैं शहर के कटरा बलसिंह मोहल्ले में रहता हूं. मेरी बहू दिव्या मिश्रा की किसी ने हत्या कर दी है.’’ उस ने बताया.

शहर के बीचोंबीच स्थित मोहल्ले में दिनदहाड़े महिला की हत्या की बात सुन कर कोतवाल अनिलमणि त्रिपाठी चौंक पड़े. उन्होंने महिला की हत्या की सूचना अपने वरिष्ठ अधिकारियों को दी, फिर आवश्यक पुलिस के साथ कटरा बलसिंह मोहल्ला स्थित प्रमोद कुमार मिश्रा के मकान पर पहुंच गए.

उस समय घर के बाहर भीड़ जुटी थी. प्रमोद कुमार मिश्रा कोतवाल को तीसरी मंजिल पर स्थित उस कमरे में ले गए, जहां उन की बहू दिव्या की लाश पड़ी थी. लाश खून से लथपथ थी.

उस के सिर के पिछले भाग में चोट का गहरा निशान था. लाश के पास ही चीनी मिट्टी का बना फूलदान टूटा पड़ा था. संभवत: उसी गुलदस्ते से प्रहार कर उस की हत्या की गई थी. कमरे का सामान अस्तव्यस्त था. देखने से प्रतीत होता था कि दिव्या ने हत्यारे से संघर्ष किया था.

कोतवाल अनिलमणि त्रिपाठी अभी घटनास्थल का निरीक्षण कर ही रहे थे कि सूचना पा कर एएसपी (सिटी) डा. रामयश सिंह, एएसपी (ग्रामीण) रामबदन सिंह तथा सीओ चंद्रपाल सिंह वहां आ गए. पुलिस अधिकारियों ने फोरैंसिक तथा डौग स्क्वायड टीम को भी मौके पर बुला लिया.

पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया. इसी दौरान अधिकारियों ने मृतका की देह में कुछ हरकत महसूस की. जीवित होने की संभावना पर दिव्या को आननफानन में जिला अस्पताल भेजा गया, लेकिन डाक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया.

फोरैंसिक टीम ने जहां घटनास्थल की गहन जांच कर फिंगरप्रिंट लिए, वहीं खोजी कुत्ता घटनास्थल पर पड़े खून को सूंघ कर कमरे में चक्कर लगाता रहा फिर मकान के नीचे उतरा और लडैती भवन तक गया. उस के बाद वापस आ गया. खोजी कुत्ता मददगार साबित नहीं हुआ.

पुलिस अधिकारियों को पूछताछ से पता चला कि दिव्या मिश्रा, टीवी एंकर अजितेश मिश्रा की पत्नी थी. घटना के समय अजितेश मिश्रा नोएडा में था. पिता प्रमोद मिश्रा ने फोन कर के उसे दिव्या की मौत की सूचना दे दी.

प्रमोद ने दिव्या के मायके वालों को भी उस की मौत की खबर दे दी थी. खबर पा कर दिव्या का भाई, पिता, नानी आदि जिला अस्पताल पहुंच गए. सब दिव्या की मौत पर आंसू बहा रहे थे.

जिला अस्पताल में सिटी मजिस्ट्रैट सत्येंद्र नाथ पांडेय की उपस्थिति में दिव्या के शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. रात 10 बजे शव का पोस्टमार्टम डा. पल्लवी दीक्षित, डा. उदय प्रताप तथा डा. ऋषि यादव ने किया. लेकिन पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को नहीं सौंपा गया. क्योंकि पुलिस को अभी कुछ और जांच करनी थी. हालांकि शव लेने मृतका का पति अजितेश आ गया था.

दरअसल, उस दिन एसएसपी संतोष कुमार मिश्रा विभाग की लखनऊ में आयोजित की गई क्राइम मीटिंग में गए थे. वापस आने पर उन्हें हत्याकांड की जानकारी हुई तो वह रात 10 बजे घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने पुन: फोरैंसिक टीम को बुलाया और जांच कराई.

मिश्रा रात 2 बजे तक घटनास्थल पर रहे और एकएक बिंदु की बारीकी से जांच की. जांच प्रभावित न हो इसलिए दिव्या का शव परिजनों को नहीं सौंपा गया था. उन के द्वारा जांच कराए जाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.

शव का दाह संस्कार करने के बाद प्रमोद कुमार मिश्रा सिविल लाइंस कोतवाली पहुंचे और अज्ञात के खिलाफ बहू की हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई. एसएसपी ने इस हाईप्रोफाइल केस की जांच के लिए सीओ (सिटी) चंद्रपाल सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई. विशेष टीम में कोतवाल अनिलमणि त्रिपाठी, स्वाट टीम प्रभारी सत्येंद्र सिंह यादव के अलावा तेजतर्रार पुलिस अधिकारियों को शामिल किया गया.

पुलिस टीम ने सब से पहले घटनास्थल का एक बार फिर से निरीक्षण किया, फिर घर के मुखिया प्रमोद कुमार मिश्रा से पूछताछ की. उन्होंने बताया कि वह कर्वा खेड़ा जनता माध्यमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक थे, जहां से एक साल पहले सेवानिवृत्त हुए थे. घर में पत्नी के अलावा बहू दिव्या मिश्रा तथा बूढ़ी मां रहती थी. पत्नी कुछ दिन पहले बड़े बेटे के पास चली गई थी.

स्कूल से सेवानिवृत्त होने के बाद प्रमोद कुमार सामाजिक कार्यों में व्यस्त रहने लगे थे. वह सुबह 11 बजे नाश्ता कर के घर से निकलते, फिर डेढ़दो बजे तक घर वापस आते थे. शाम को फिर 5 बजे घर से निकलते और रात 8 बजे घर वापस आ जाते थे. उन के कमरे का दरवाजा बाहर की ओर खुलता था. उसी से वह आतेजाते थे. मकान के मुख्य दरवाजे से उन का ज्यादा वास्ता नहीं रहता था.

14 अक्तूबर, 2019 को वह 11 बजे नाश्ता कर के घर से कर्वा खेड़ा स्कूल जाने को निकले. स्कूल स्टाफ ने उन्हें किसी जरूरी काम के लिए बुलाया था. स्कूल का काम निपटा कर वह अपराह्न लगभग 2 बजे घर आए. उन्होंने खाना देने हेतु बहू दिव्या को आवाज लगाई, लेकिन बहू ने कोई जवाब नहीं दिया. फिर उन्होंने उस से मोबाइल पर बात करने की कोशिश की, लेकिन उस ने मोबाइल रिसीव नहीं किया. इस से उन्हें लगा कि शायद बहू सो गई है. वह भी आराम करने लगे.

लगभग 3 बजे उन की आंखें खुलीं तो निगाह मेनगेट पर चली गई, जो खुला हुआ था. वह समझ गए कि घर में किसी का आनाजाना हुआ है. घर में कौन आयागया, यह पता लगाने के लिए वह तीसरी मंजिल पर पहुंचे. बहू दिव्या का कमरा खुला था. उन्होंने आवाज लगाई. लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. तब उन्होंने कमरे में प्रवेश किया.

कमरे के अंदर का दृश्य बड़ा ही वीभत्स था. बहू दिव्या फर्श पर खून से लथपथ पड़ी थी. फूलदान टूटा हुआ था. चिल्लाते हुए वह बाहर आए और पड़ोसियों को जानकारी दी. उस के बाद वह थाने पहुंचे.

प्रमोद मिश्रा की बात सुनने के बाद सीओ चंद्रपाल सिंह ने पूछा, ‘‘आप को किसी पर शक है? या फिर आप के घर किसी विशेष व्यक्ति का आनाजाना था?’’

‘‘सर, दिव्या किसी अनजान व्यक्ति के लिए गेट नहीं खोलती थी. मेरी गैरमौजूदगी में अगर कोई आता भी था तो वह यह कह कर वापस कर देती थी कि पापा घर पर नहीं हैं.’’

‘‘हत्या कहीं लूट के इरादे से तो नहीं की गई?’’ सीओ चंद्रपाल सिंह ने उन से पूछा. ‘‘नहीं सर, घर में लूट नहीं हुई. घर का कीमती सामान, आभूषण तथा नकदी सब सुरक्षित है. मैं ने सब चैक कर लिया है.’’ प्रमोद मिश्रा ने बताया.

पति आया शक के दायरे में  घर में घटना के समय प्रमोद मिश्रा की वृद्ध मां मौजूद थीं. वह चलनेफिरने और बोलनेचालने में भी लाचार थीं. उन्हें दिखाई भी कम देता था. ऐसी स्थिति में पुलिस ने उन से पूछताछ करना उचित नहीं समझा.

पुलिस टीम ने प्रमोद मिश्रा के पड़ोसियों से भी पूछताछ की. लेकिन हत्या के संबंध में वह कोई जानकारी नहीं दे सके. टीम ने मृतका दिव्या के भाई सचिन कुमार तथा अन्य परिजनों से पूछताछ की, लेकिन वह भी कोई खास जानकारी नहीं दे पाए.

दिव्या का पति अजितेश मिश्रा पुलिस टीम को जांच में सहयोग नहीं कर रहा था. टीम के सदस्य जब भी उस से पूछताछ करने की कोशिश करते, वह बेहोश हो जाने का नाटक करता. उस के इस नाटक से पुलिस टीम को शक हुआ. वैसे भी पुलिस टीम को किसी करीबी पर ही शक था.

अत: पुलिस टीम ने कुछ सख्त रुख अपनाया. तब वह बोला, ‘‘सर, दिव्या को मैं बेहद प्यार करता था. वह भी मुझे बहुत चाहती थी. वह मेरे साथ नोएडा में ही रहती थी. कुछ दिनों पहले मेरी मां जब बड़े भाई के पास नासिक चली गईं, तब मैं ने ही दिव्या को अपनी दादी और पापा की देखभाल के लिए नोएडा से घर भेज दिया था. पता नहीं मैं ने किसी का क्या बिगाड़ा था, जो उन्होंने मेरी पत्नी को मुझ से छीन लिया. पत्नी के जाने के बाद मेरा तो जीवन ही बरबाद हो गया.’’

अब तक पुलिस टीम को दिव्या की पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी मिल गई थी. रिपोर्ट के मुताबिक दिव्या की मौत सिर में गंभीर चोट लगने से हुई थी. उस का गला भी कसा गया था. बलात्कार की पुष्टि नहीं हुई थी, फिर भी स्लाइड बना ली गई थी.

पुलिस टीम को मृतका के पति पर शक था. अत: पुलिस टीम ने अजितेश और दिव्या के मोबाइल फोन की काल डिटेल्स निकलवा कर गहनता से छानबीन की तो पता चला अजितेश 4 मोबाइल नंबरों पर ज्यादा बातें करता था, जिस में एक नंबर उस की पत्नी दिव्या का था, दूसरा उस के पिता प्रमोद मिश्रा का था. तीसरे और चौथे नंबर संदिग्ध थे.

इन संदिग्ध नंबरों के विषय में पूछने पर अजितेश ने बताया कि ये नंबर एफएम टीवी न्यूज चैनल में उस के साथ काम करने वाली भावना आर्या तथा दोस्त अखिल कुमार के हैं. इस में भावना आर्या के फोन पर अजितेश की लगभग हर रोज बातें होती थीं.

टीवी चैनल की मेकअप आर्टिस्ट से था चक्कर कहीं भावना व अजितेश के बीच नाजायज संबंधों का मकड़जाल तो नहीं? इस की जानकारी करने पुलिस टीम 16 अक्तूबर, 2019 को एफएम टीवी न्यूज चैनल के सेक्टर-63 नोएडा स्थित औफिस पहुंची और कई लोगों से पूछताछ की. पता चला कि भावना आर्या और अजितेश के बीच कुछ ज्यादा ही गहरे प्रेम संबंध हैं.

इन संबंधों के कारण पतिपत्नी के बीच तनाव बढ़ गया था. अखिल दोनों के प्यार की धुरी बना हुआ था. यह जानकारी भी मिली कि अजितेश की पत्नी दिव्या अखिल को अपना मुंहबोला भाई मानती थी और उसे राखी बांधती थी.

यह पता चलते ही पुलिस टीम ने भावना आर्या और अखिल कुमार को उन के कार्यालय से हिरासत में ले लिया और उन्हें ले कर इटावा आ गई. पुलिस ने सिविल लाइंस कोतवाली में अजितेश को भी बुलवा लिया. अजितेश का सामना भावना आर्या और अखिल से हुआ तो उस का चेहरा फीका पड़ गया.

पुलिस टीम ने सब से पहले अखिल से पूछताछ की. अखिल पहले तो पुलिस टीम को बरगलाता रहा और कहता रहा कि दिव्या उस की मुंहबोली बहन थी. भला एक भाई अपनी बहन की हत्या कैसे कर सकता है.

लेकिन जब पुलिस टीम ने उस पर सख्ती की तो वह टूट गया. उस ने दिव्या की हत्या का जुर्म कबूल कर लिया. उस ने बताया कि हत्या का षडयंत्र अजितेश और उस की प्रेमिका भावना आर्या ने रचा था. पैसों का लालच दे कर उसे दिव्या की हत्या के लिए इटावा भेजा गया था. अखिल ने स्वीकार कर लिया कि दिव्या की हत्या उस ने ही की थी.

अखिल के बाद अजितेश और भावना ने भी जुर्म कबूल कर लिया. भावना ने बताया कि वह अजितेश से प्यार करती थी. दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन अजितेश की पत्नी दिव्या उस के प्यार में बाधक थी, इसलिए षडयंत्र रच कर उस को मरवा दिया.

अजितेश ने बताया कि उस की शादी को 3 वर्ष बीत चुके थे, लेकिन दिव्या संतान सुख नहीं दे पाई, जिस से वह उस से दूर भागने लगा. इसी बीच साथ काम करने वाली भावना से उस की दोस्ती हुई. दोस्ती प्यार में बदल गई और दोनों शादी करने को राजी हो गए. लेकिन इस में पत्नी दिव्या दीवार बन गई थी, इसलिए उसे रास्ते से हटा दिया गया.

न्यूज एंकर और उस की प्रेमिका ने स्वीकारा जुर्म  पुलिस टीम ने दिव्या हत्याकांड का परदाफाश करने तथा कातिलों को पकड़ने की जानकारी एसएसपी संतोष कुमार मिश्रा को दे दी. मिश्राजी ने आननफानन में प्रैसवार्ता आयोजित कर अभियुक्तों को मीडिया के समक्ष पेश कर घटना का खुलासा कर दिया. प्रैसवार्ता में एसएसपी ने घटना का खुलासा करने वाली टीम को 15 हजार रुपए पुरस्कार देने की भी घोषणा की.

चूंकि कातिलों ने हत्या का जुर्म स्वीकार कर लिया था, अत: पुलिस ने भादंवि की धारा 302, 120बी के तहत अजितेश मिश्रा, भावना आर्या तथा अखिल कुमार सिंह को नामजद कर के उन्हें विधिसम्मत बंदी बना लिया. पुलिस जांच से पति द्वारा पत्नी की हत्या किए जाने की सनसनीखेज घटना प्रकाश में आई.

उत्तर प्रदेश के इटावा शहर के सिविल लाइंस थाना अंतर्गत एक मोहल्ला कटरा बलसिंह पड़ता है. शहर के बीचोंबीच स्थित इस मोहल्ले में प्रमोद कुमार मिश्रा अपने परिवार के साथ रहते थे.

उन के परिवार में पत्नी सुधा के अलावा 3 बेटे थे, जिस में अजितेश सब से छोटा था. प्रमोद कुमार मिश्रा कर्वा खेड़ा जनता माध्यमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक थे, किंतु अब रिटायर हो चुके थे. मोहल्ले में उन की अच्छी प्रतिष्ठा थी. उन का अपना 3 मंजिला मकान था. उन की आर्थिक स्थिति भी मजबूत थी.

प्रमोद कुमार मिश्रा स्वयं उच्चशिक्षा प्राप्त थे, अत: उन्होंने तीनों बेटों को उच्चशिक्षा दिलाई थी. उन के 2 बेटे पढ़लिख कर नासिक में नौकरी करने लगे थे. उन्होंने दोनों बेटों की शादी भी अच्छे घरानों में की थी. होली दीवाली जैसे बड़े त्यौहारों पर बेटेबहू इटावा आते थे और घर में खुशियां मनाते थे.

अजितेश अपने अन्य भाइयों की अपेक्षा ज्यादा स्मार्ट तथा तेजतर्रार था. अजितेश पढ़लिख कर एफएम टीवी न्यूज चैनल नोएडा में काम करने लगा था. वह वहां न्यूज एंकर था. अजितेश कमाने लगा तो प्रमोद मिश्रा ने उस की शादी इटावा की ही फ्रैंड्स कालोनी निवासी राजीव तिवारी की बेटी दिव्या से सन 2015 में कर दी. दिव्या एमए की पढ़ाई कर रही थी. दिव्या बेहद खूबसूरत थी.

खूबसूरत पत्नी पा कर जहां अजितेश खुश था, वहीं उस के मातापिता भी फूले नहीं समा रहे थे. दिव्या ने ससुराल आते ही घर संभाल लिया था. वह पति का तो खयाल रखती ही थी, सासससुर की सेवा में भी कोई कोरकसर नहीं छोड़ती थी. वह अपनी ददिया सास का भी पूरा खयाल रखती थी.

दिव्या कुछ महीने ससुराल में रही, उस के बाद नोएडा चली गई और पति अजितेश के साथ रहने लगी. दिव्या और अजितेश का वैवाहिक जीवन सुखमय बीतने लगा. अजितेश को जब समय मिलता, वह दिव्या को सैरसपाटे के लिए भी ले जाता था.

दिव्या अखिल को मानती थी भाई  दिव्या के नोएडा स्थित घर पर अखिल कुमार सिंह का आनाजाना लगा रहता था. अखिल कुमार दिव्या के पति अजितेश के साथ चैनल में काम करता था. दोनों के बीच गहरी दोस्ती थी.

अखिल दिव्या को बहन मानता था. दिव्या ने भी उसे मुंहबोला भाई बना लिया था. अखिल मूलरूप से अमर नगर, फरीदाबाद का रहने वाला था और अजनारा हाउस, ग्रेटर नोएडा में रहता था. दिव्या अखिल को अपना विश्वासपात्र मानती थी.

सुखमय जीवन व्यतीत करते 3 साल कब बीत गए, इस का अजितेश और दिव्या को पता ही नहीं चला. लेकिन इन 3 सालों में दिव्या मां नहीं बन सकी थी. जहां दिव्या के मन में गोद सूनी होने का दर्द था तो वहीं अजितेश के मन में भी मलाल था कि वह अभी तक बाप नहीं बन सका.

ऐसा नहीं था कि दिव्या ने अपना इलाज न कराया हो पर वह संतान सुख प्राप्त नहीं कर सकी थी. दिव्या जब भी ससुराल जाती तो सास उसे टोकती, ‘‘बहू, तू खुशखबरी कब देगी. खुशखबरी सुनने के लिए मेरे कान तरस रहे हैं.’’

दिव्या लजातेसकुचाते हुए सास को जवाब दे देती. धीरेधीरे अजितेश के मन में यह बात घर कर गई कि शायद दिव्या अब कभी मां नहीं बन पाएगी. इस टीस ने दोनों के प्यार में दरार पैदा कर दी. अब अजितेश दिव्या से दूर भागने लगा. मन ही मन वह उस से नफरत करने लगा.

अजितेश और भावना  इस तरह आए नजदीक उन्हीं दिनों अजितेश की नजर खूबसूरत भावना आर्या पर पड़ी. भावना आर्या के पिता ललित नारायण आर्या नई दिल्ली स्थित नैशनल स्टेडियम में नौकरी करते थे. भावना आर्या उन की लाडली बेटी थी. वह पढ़ीलिखी और तेजतर्रार थी. भावना भी एमएम टीवी न्यूज चैनल में मेकअप आर्टिस्ट थी. अजितेश और भावना एकदूसरे को अच्छी तरह से जानते थे. अकसर दोनों के बीच बातें होती रहती थीं.

इन्हीं बातों के चलते अजितेश भावना को चाहने लगा. वैसे तो वह कई सालों से उसे देखता आ रहा था, लेकिन उस के मन में भावना के प्रति प्यार तब जागा, जब संतान न होने पर पत्नी से उस की दूरियां बढ़ीं.

टीवी चैनल में मेकअप आर्टिस्ट होने की वजह से भावना का रहनसहन और व्यवहार उसी तरह का हो गया था. वह बनसंवर कर घर से आती थी तो देर रात को ही घर लौटती.

भावना की खूबसूरती अजितेश को अपनी ओर आकर्षित करने लगी थी. दिल के हाथों मजबूर अजितेश भावना का सामीप्य पाने को बेचैन रहने लगा था. इस के लिए वह भावना से नजदीकियां बढ़ाने लगा था, लेकिन वह उस से दिल की बात कह नहीं पा रहा था.

लेकिन दिल तो दिल है, वह कब किस पर आ जाए, कोई नहीं जानता. जब अजितेश से रहा नहीं गया तो एक दिन उस ने भावना से दिल की बात कह दी, ‘‘भावना, मैं तुम से बहुत प्यार करता हूं. तुम्हारा प्यार पाने को मैं बेचैन हूं. तुम मेरे दिल में रचबस गई हो.’’

अजितेश की बात सुन कर भावना बोली, ‘‘अजितेश, तुम शादीशुदा हो. फिर मेरा प्यार क्यों पाना चाहते हो. रही बात प्यार की, वह मैं तुम्हें पहले से ही करती हूं.’’

‘‘दिव्या और मेरे प्यार के बीच दरार पड़ गई है. मैं उस से नफरत करने लगा हूं. दिव्या खूबसूरत जरूर है पर 3 साल बाद भी वह मां नहीं बन सकी.’’ वह बोला.

भावना आर्या अजितेश को पहले से ही प्यार करती थी. अत: जब उसे वजह पता चली तो उस ने उस का प्यार स्वीकार कर लिया. इस के बाद दोनों का प्यार परवान चढ़ने लगा. दोनों साथसाथ घूमने जाने लगे और लंच व डिनर साथ लेने लगे. जवानी के जोश में दोनों ने मर्यादा की दीवार भी गिरा दी. इतना ही नहीं, उन्होंने एक साथ रहने का भी फैसला कर लिया.

अजितेश और भावना के बीच नाजायज रिश्ता बना तो अजितेश घर में देरसवेर आने लगा. कभी वह पत्नी का बनाया हुआ खाना खाता तो कभी बिना खाए ही सो जाता. दिव्या कुछ कहती तो वह उस पर बरस पड़ता. दिव्या कहीं बाहर चल कर मूड फ्रैश करने को कहती तो मना कर देता.

अब उस ने दिव्या की फरमाइश पूरी करनी भी बंद कर दी थीं. दिव्या की समझ में नहीं आ रहा था कि आखिर अजितेश को हो क्या गया है.

एक दिन अखिल घर आया तो दिव्या ने उसे अजितेश के दुर्व्यवहार के संबंध में बताया और लेट घर आने के बारे में पूछा.

अखिल ने पहले तो बात टालने का प्रयास किया, लेकिन जब दिव्या ने कसम दिलाई तो अखिल ने सच्चाई बता दी, ‘‘दीदी, भैया आजकल न्यूज चैनल में मेकअप आर्टिस्ट भावना आर्या के प्यार में उलझे हैं. वह उसी के साथ आजकल मौजमस्ती करते हैं.’’

अखिल की बात सुन कर दिव्या अवाक रह गई. उसे अपना भविष्य अंधकारमय लगने लगा. क्योंकि कोई भी औरत भूख, गरीबी तो सह सकती है, लेकिन पति का बंटवारा सहन नहीं कर सकती. तो भला दिव्या यह सब कैसे सहन कर लेती.

इसलिए उस ने अजितेश और भावना के अवैध संबंधों का विरोध करना शुरू कर दिया. इस विरोध के कारण घर में कलह होने लगी. लेकिन दिव्या के विरोध के बावजूद अजितेश ने भावना का साथ नहीं छोड़ा.

दिव्या पढ़ीलिखी और संस्कारवान थी, इसलिए उस ने अजितेश को प्यार से समझाया और पिता की इज्जत का वास्ता दिया. साथ ही भावना को भी उस ने आड़े हाथों लिया. उस ने उसे खूब खरीखोटी सुनाई. दिव्या की खरीखोटी से भावना तिलमिला उठी. उस ने अजितेश से दिव्या की शिकायत की.

अक्तूबर के पहले सप्ताह में दिव्या नोएडा से अपनी ससुराल इटावा आ गई. दरअसल दिव्या की सास अपने बड़े बेटे के पास नासिक चली गई थी, अत: ससुर प्रमोद कुमार मिश्रा ने उसे घर की देखभाल के लिए बुलवा लिया था. घर में प्रमोद मिश्रा की बूढ़ी मां थीं, जिन की देखभाल के लिए दिव्या का वहां रहना जरूरी था.

दिव्या ससुराल जरूर आ गई थी, लेकिन वह अजितेश से मोबाइल पर संपर्क बनाए रखती थी. बातचीत के दौरान वह पति को भावना से दूर रहने की नसीहत देती रहती थी. अजितेश दिव्या को आश्वासन दे देता कि उस ने भावना से दूरी बना ली है. जबकि हकीकत इस के उलट थी. दोनों मस्ती में चूर थे.

7 अक्तूबर, 2019 की दोपहर दिव्या ने पति को फोन किया तो फोन भावना ने रिसीव किया. दिव्या समझ गई कि भावना और अजितेश एक साथ रूम में हैं, अत: उस का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया. दिव्या ने फोन पर ही भावना को खूब फटकारा और यहां तक कह दिया कि उस के शरीर में ज्यादा गरमी है तो कोठे पर क्यों नहीं बैठ जाती.

तीखी नोकझोंक के बाद दिव्या ने  फोन बंद कर दिया. चंद मिनट बाद ही दिव्या के पास अजितेश का फोन आ गया. उस ने दिव्या को फटकार लगाते हुए कहा कि उसे भावना से इस तरह बात नहीं करनी चाहिए थी.

दिव्या के व्यंग बाणों से भावना का दिल छलनी हो गया था. उस ने उसी दिन निश्चय कर लिया कि अब या तो दिव्या अजितेश के साथ रहेगी या फिर वह.

उस ने इस बारे में अजितेश से बात की, ‘‘देखो अजितेश, एक म्यान में दो तलवारें कभी नहीं रह सकतीं. दिव्या और मैं भी एक साथ नहीं रह सकते. इसलिए अब तुम्हें हम दोनों में से किसी एक को चुनना होगा. 2 दिन बाद तुम मुझे अपने निर्णय से अवगत करा देना.’’

अजितेश भावना के प्यार में आकंठ डूबा था. उस ने पत्नी के बजाए प्रेमिका को चुना. 2 दिन बाद भावना मिली तो उस ने उसे अपने निर्णय से अवगत करा दिया. इस के बाद अजितेश और भावना ने सिर से सिर जोड़ कर दिव्या की हत्या का षडयंत्र रचा.

इस षडयंत्र में अजितेश ने रुपयों का लालच दे कर दोस्त अखिल कुमार को भी शामिल कर लिया. दरअसल दिव्या अखिल को अपना मुंहबोला भाई मानती थी और उस पर विश्वास भी करती थी. इस नाते अखिल दिव्या तक आसानी से पहुंच सकता था.

योजना के तहत अजितेश ने एक नया सिम और मोबाइल खरीद कर अखिल कुमार को दे दिया. साथ ही इस नए मोबाइल पर ही बात करने को कहा. हत्या की पूरी योजना समझाने के बाद 14 अक्तूबर, 2019 की सुबह अजितेश ने अखिल को दिव्या की हत्या करने के लिए बस द्वारा इटावा भेज दिया.

लालच में अखिल हो गया हत्या करने को तैयार  लगभग 7 घंटे का सफर तय करने के बाद दोपहर 12 बजे अखिल कुमार इटावा पहुंच गया. इस बीच अजितेश अपनी पत्नी दिव्या और पिता प्रमोद से मोबाइल पर बात करता रहा ताकि दोनों की लोकेशन मिलती रहे. इस लोकेशन से अजितेश अखिल को भी अवगत कराता रहा.

लगभग एक बजे अखिल कुमार कटरा बलसिंह स्थित दिव्या के मकान पर पहुंचा और डोरबेल बजा दी. दिव्या ने तीसरी मंजिल से नीचे झांक कर देखा तो गेट पर उस का मुंहबोला भाई अखिल खड़ा था.

वह उसे देखते ही खुश हो गई और नीचे उतर आई. गेट खोल कर वह अखिल को अपने कमरे में ले आई. उस समय दिव्या के ससुर प्रमोद कुमार घर पर नहीं थे. वह स्कूल के कार्यक्रम में गए थे और बूढ़ी ददिया सास सो रही थीं.

दिव्या ने 2 कप चाय बनाई और अखिल के साथ चाय पीने लगी. इस बीच उस ने अपनी शादी का एलबम अखिल को दिखाया तथा अखिल से कहा कि वह अपने भाई को समझाए कि वह भावना के प्यार के जाल में न फंसे. लेकिन अखिल तो कुछ और ही सोच रहा था. उस की निगाह कमरे में रखे चीनी मिट्टी के फूलदान पर पड़ी. मौका पाते ही उस ने फूलदान उठाया और दिव्या के सिर पर दे मारा.

फूलदान के प्रहार से दिव्या का सिर फट गया. फिर दिव्या को समझते देर नहीं लगी कि अखिल को उस की हत्या के लिए भेजा गया है. इसलिए बचाव के लिए वह अखिल से भिड़ गई लेकिन अधिक खून बहने से वह बेहोश हो कर गिर पड़ी. इस बीच अखिल ने अजितेश को मैसेज भेजा कि दिव्या की सांसें चल रही हैं.

इस पर अजितेश ने मैसेज का जवाब दिया कि सांसें थाम दो. तब अखिल ने दिव्या का सिर जमीन पर पटकपटक कर सांसें थाम दीं. दिव्या की हत्या करने के बाद वह आराम से गेट खोल कर घर से निकल गया. बस स्टाप पहुंच कर वह नोएडा के लिए रवाना हो गया.

इधर 2 बजे प्रमोद कुमार मिश्रा घर आए. उन्होंने खाना देने के लिए दिव्या को आवाज दी तथा फोन भी लगाया. लेकिन कोई रिस्पौंस नहीं मिला. तब उन्हें लगा कि शायद बहू सो गई है. तब वह भी आराम करने के लिए बिस्तर पर लेट गए.

एक घंटे बाद वह जागे तो मेनगेट खुला था. वह समझ गए कि घर के अंदर कोई आयागया है. पता करने के लिए वह कमरे में पहुंचे तो बहू दिव्या खून से लथपथ पड़ी थी.

हत्यारोपी अजितेश मिश्रा, अखिल कुमार तथा भावना आर्या से पूछताछ करने के बाद पुलिस ने उन्हें 18 अक्तूबर, 2019 को इटावा कोर्ट में रिमांड मजिस्ट्रैट श्री जे.पी. शर्मा की अदालत में पेश किया, जहां से तीनों को जिला कारागार भेज दिया गया.

कथा संकलन तक उन की जमानत स्वीकृत नहीं हुई थी.

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

 

पूजा सिंह केस : ड्राइवर बना जान का दुश्मन

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के दक्षिण में स्थित केंपेगौड़ा इंटरनैशनल एयरपोर्ट के पास एक गांव है कडयारप्पनहल्ली. 31 जुलाई, 2019 की बात है. इस गांव के कुछ लोग सुबहसुबह जब जंगल की ओर जा रहे थे, तो रास्ते में उन्होंने एक युवती की लाश पड़ी देखी. उन लोगों ने इस बात की जानकारी कडयारप्पनहल्लीके सरपंच को दी. सरपंच ने बिना विलंब किए इस मामले की सूचना बेंगलुरु पुलिस कंट्रोल रूम को दे दी.

सरपंच और कंट्रोल रूम से खबर पाते ही बेंगलुरु सिटी पुलिस हरकत में आ गई.  थानाप्रभारी ने ड्यूटी पर तैनात अफसर को इस मामले की डायरी बनाने को कहा और पुलिस टीम के साथ घटनास्थल की ओर रवाना हो गए.

20 मिनट में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंच गई. उस समय तक इस घटना की खबर आसपास के गांवों में फैल गई थी. देखतेदेखते घटनास्थल पर काफी भीड़ एकत्र हो गई थी.

घटनास्थल पर पहुंच कर पुलिस टीम ने गांव के सरपंच से मामले की जानकारी ली और उसी के आधार पर जांच शुरू कर दी. सूचना मिलने पर बेंगलुरु (साउथ) के डीसीपी भीमाशंकर एस. गुलेड़ भी मौकाएवारदात पर आ गए. उन के साथ फोरैंसिक टीम भी थी.

फोरैंसिक टीम का काम खत्म होने के बाद डीसीपी भीमाशंकर एस. गुलेड़ ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया. मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने जांच टीम को आवश्यक दिशानिर्देश दिए.

डीसीपी साहब के चले जाने के बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया. मृतका की लाश के पास से पुलिस को आईडी कार्ड या मोबाइल फोन वगैरह कुछ नहीं मिला था, जिस से उस की शिनाख्त हो पाती. लेकिन स्वस्थ, सुंदर युवती के कपड़ों से लग रहा था कि वह किसी संपन्न और संभ्रांत परिवार से थी.

मृतका की कलाई में टाइटन की घड़ी थी. साथ ही वह ब्रांडेड कपड़े पहने हुए थी. उस की गरदन पर बना टैटू भी इस बात का संकेत था कि उस का संबंध किसी बड़े शहर से था. हत्यारे ने उस की बड़ी बेरहमी से हत्या की थी.

युवती के सीने और पेट पर चाकू के गहरे घाव थे. सिर पर किसी भारी चीज से प्रहार किया गया था. उस का चेहरा इतना विकृत कर दिया गया था ताकि उसे पहचाना न जा सके.

घटनास्थल का निरीक्षण कर के पुलिस ने युवती की लाश को पोस्टमार्टम के लिए बेंगलुरु सिटी अस्पताल भेज दिया.

घटनास्थल की सारी काररवाई पूरी कर के पुलिस टीम थाने लौट आई और हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया. इस के साथ ही पुलिस युवती की पहचान और हत्यारे की खोज में लग गई.

पुलिस की प्राथमिकता थी युवती की पहचान करना क्योंकि बिना शिनाख्त के जांच आगे बढ़ाना मुश्किल था. युवती की शिनाख्त के लिए पुलिस के पास युवती के ब्रांडेड कपड़ों और चप्पलों के अलावा कुछ नहीं था. पुलिस ने उस के ब्रांडेड कपड़ों और चप्पलों के बार कोड का सहारा लिया. बार कोड से पुलिस ने यह जानने की कोशिश की कि ऐसी मार्केट कहांकहां और किनकिन शहरों में हैं, जहां मृतका जैसे कपड़े और चप्पल मिलते हों.

पुलिस की मेहनत रंग लाई  गूगल पर सर्च करने के बाद पुलिस को जानकारी मिली कि ऐसी मार्केट दिल्ली और पश्चिम बंगाल के कोलकाता में अधिक हैं. यह पता चलते ही पुलिस ने दिल्ली और पश्चिम बंगाल की फेमस दुकानों की लिस्ट तैयार कर के उन से संपर्क साधा. पुलिस ने उन दुकानों से उन ग्राहकों की पिछले 2 सालों की लिस्ट मांगी, जिन्होंने औनलाइन या सीधे तौर पर खरीदारी की थी.

इस के साथ ही बेंगलुरु सिटी पुलिस ने उस युवती की लाश के फोटो और हुलिया दिल्ली और कोलकाता के सभी पुलिस थानों को भेज कर यह जानने की कोशिश की कि कहीं किसी पुलिस थाने में किसी युवती की गुमशुदगी तो दर्ज नहीं है. लेकिन इस का कोई नतीजा नहीं निकला. इस के बावजूद पुलिस निराश नहीं हुई.

पुलिस उच्चाधिकारियों के आदेश पर जांच के लिए पुलिस की 2 टीमें बनाई गईं. इन में से एक टीम को दिल्ली भेजा गया और दूसरी को कोलकाता. इस कोशिश में पुलिस को कामयाबी मिली.

पुलिस को जो जानकारी चाहिए थी, वह कोलकाता के थाना न्यू टाउन से मिली. मृत युवती की गुमशुदगी थाना न्यू टाउन में दर्ज थी. पुलिस को पता चला कि जिस युवती की लाश मिली थी, वह कोई आम युवती नहीं बल्कि सेलिब्रिटी थी, नाम था पूजा सिंह.

वह इंटरटेनमेंट चैनल स्टारप्लस के सीरियल ‘दीया और बाती हम’ का एक महत्त्वपूर्ण हिस्सा थी. उस ने और भी कई धारावाहिकों में महत्त्वूपर्ण भूमिकाएं निभाई थीं. साथ ही वह एक इवेंट मैनेजमेंट कंपनी की फ्रीलांस मौडल भी थी. पूजा सिंह अपने पति सुदीप डे के साथ कोलकाता के न्यू टाउन में रहती थी.

पता मिल गया तो बेंगलुरु पुलिस न्यू टाउन स्थित सुदीप डे के घर पहुंच गई. पता चला कि सुदीप डे और पूजा सिंह ने लव मैरिज की थी. सुदीप डे ने बताया कि पूजा 29 जुलाई, 2019 को इवेंट मैनेजमेंट कंपनी के बुलावे पर उन के एक प्रोग्राम में हिस्सा लेने बेंगलुरु गई थी. उसे 31 जुलाई की सुबह फ्लाइट ले कर कोलकाता आना था.

जब वह नहीं आई तो सुदीप ने उस के मोबाइल पर काल की, लेकिन पूजा का फोन बंद था. जहांजहां पूछताछ करना संभव था, उन्होंने फोन किया. लेकिन कहीं से भी संतोषजनक जवाब नहीं मिला. आखिर सारा दिन इंतजार करने के बाद उन्होंने थाना न्यू टाउन में पूजा की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करा दी.

पुलिस ने अपना काम किया भी, पर पूजा का कोई पता नहीं लग सका. वह खुद भी नातेरिश्तेदारों और दोस्तों से बात कर के पूजा का पता लगाते रहे.

हत्यारे ने खुद सुझाया रास्ता  इसी बीच सुदीप के मोबाइल पर एक चौंका देने वाला मैसेज आया. मैसेज पूजा सिंह के फोन से ही किया गया था. मैसेज में लिखा था कि वह हैदराबाद में है और पैसे के लिए परेशान है. इस मैसेज में एक बैंक एकाउंट नंबर दे कर उस में 5 लाख रुपए डालने को कहा गया था.

यह बात सुदीप डे को हजम नहीं हुई, क्योंकि यह संभव ही नहीं था कि पूजा सिंह पैसे के लिए परेशान हो और अगर ऐसा होता भी तो वह पति से सीधे बात कर सकती थी. जिस तरह टूटीफूटी अंगरेजी में मैसेज था, वह भी गले उतरने वाला नहीं था क्योंकि पूजा की इंग्लिश पर अच्छी पकड़ थी.

मतलब साफ था कि पूजा का मोबाइल किसी गलत व्यक्ति के हाथों में पड़ गया था. इस से भी महत्त्वपूर्ण बात यह थी कि हैदराबाद में पूजा का कोई प्रोग्राम था ही नहीं.

सुदीप ने पुलिस हेल्पलाइन से बैंक एकाउंट नंबर का पता लगाने की रिक्वेस्ट की तो पता चला कि वह एकाउंट नंबर बेंगलुरु के किसी नागेश नाम के व्यक्ति का था और पूरी तरह फ्रौड था.

सुदीप से मिली जानकारी से पुलिस जांच को दिशा मिल गई. सुदीप डे को साथ ले कर पुलिस टीम बेंगलुरु लौट आई. मृतका की शिनाख्त के बाद पूजा सिंह की लाश सुदीप को सौंप दी गई.

दूसरी ओर पुलिस ने नागेश का बायोडाटा एकत्र करना शुरू किया. पूजा सिंह के फोन की काल डिटेल्स से नागेश का फोन नंबर पता चल गया. कुछ जानकारियां उस के बैंक एकाउंट से भी मिलीं.

नागेश के मोबाइल की लोकेशन के सहारे 10 अगस्त, 2019 को उसे टैक्सी स्टैंड से गिरफ्तार कर लिया गया, वह टैक्सी ड्राइवर था. इस मामले में उस से पूछताछ डीसीपी भीमाशंकर एस. गुलेड़ ने खुद की.

शुरू में तो नागेश ने इमोशनल ड्रामा कर के डीसीपी साहब को घुमाने की कोशिश की लेकिन जब पुलिस ने अपने हथकंडे अपनाए तो वह मुंह खोलने को मजबूर हो गया. अंतत: उस ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया. उस ने टीवी एक्टर पूजा सिंह की हत्या की जो कहानी बताई, वह कुछ इस तरह थी—

साधारण परिवार का 22 वर्षीय एच.एम. नागेश बेंगलुरु के संजीवनी नगर, हेग्गनहल्ली का रहने वाला था. मातापिता की गरीबी की वजह से उस ने बचपन से ही काफी कष्ट उठाए थे. महत्त्वाकांक्षी स्वभाव के नागेश ने बड़ी मुश्किल से 10वीं पास की थी.

जवान होते ही उस ने टैक्सी चलाने का काम शुरू कर दिया था. नागेश की शादी हो चुकी थी और उस के 2 बच्चे भी थे. घरपरिवार को चलाने की पूरी जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी.

शुरू में काफी दिनों तक नागेश ने किराए की टैक्सी चलाई. बाद में उस ने यारदोस्तों की मदद और बैंक से लोन ले कर खुद की टैक्सी खरीद ली, जिसे उस ने ओला कैब में लगा दिया था. लेकिन इस से भी नागेश को ज्यादा कमाई नहीं होती थी, बस जैसेतैसे काम चल जाता था.

पूजा सिंह मौत का साया नहीं देख पाईं  जिन दिनों उस की मुलाकात टीवी स्टार पूजा सिंह से हुई, उन दिनों वह आर्थिक रूप से काफी परेशान था. दरअसल, उसे हर हफ्ते बैंक को किस्त देनी होती थी. लेकिन उस की टैक्सी के 2 हफ्ते बिना पेमेंट के छूट गए थे. 2 किस्तें भरने के लिए बैंक ने लेटर भेजा था.

29 जुलाई, 2019 को पूजा सिंह जब इवेंट मैनेजमेंट के प्रोग्राम के लिए बेंगलुरु आईं तो उस ने एयरपोर्ट से नागेश की ओला कैब हायर की. पूजा उस की कैब से वरपन्ना की अग्रहारा लौज गई थीं. उस के बातव्यवहार से पूजा सिंह कुछ इस तरह प्रभावित हुईं कि उन्होंने नागेश को अपने पूरे प्रोग्राम में साथ रखने का फैसला कर लिया. होटल में फ्रैश होने के बाद पूजा अपने कार्यक्रम के लिए निकलीं तो रात लगभग 12 बजे के आसपास वापस लौटीं.

नागेश को किराया देने के लिए पूजा सिंह ने अपना पर्स खोला और किराए के अलावा उसे अच्छी टिप दी. 31 जुलाई, 2019 की सुबह साढ़े 4 बजे पूजा को कोलकाता वापस लौटना था. इस के लिए उन्हें फ्लाइट पकड़नी थी, इसलिए उन्होंने नागेश को साढे़ 3 बजे एयरपोर्ट छोड़ने के लिए कहा. इस के लिए नागेश ने पूजा सिंह से 1200 रुपए मांगे, जिसे उन्होंने खुशीखुशी मान लिया. नागेश पूजा सिंह के व्यवहार से खुश था. लेकिन होनी को कौन रोक सकता है.

चूंकि सुबह 3 बजे नागेश को जल्दी आ कर पूजा सिंह को ले कर एयरपोर्ट छोड़ना था, इसलिए घर न जा कर उस ने टैक्सी होटल परिसर में ही पार्क कर दी और टैक्सी की सीट लंबी कर के सोने की कोशिश करने लगा.

लेकिन दिमागी परेशानी ने उसे आराम नहीं करने दिया. उसे बैंक की 3 हफ्ते की किस्तें देनी थीं. उसे घर के खर्च और बैंक की किस्तों की चिंता खाए जा रही थी.

पूजा सिंह ने नागेश को जब किराया और टिप दी थी तो उस की नजर नोटों से भरे पूजा के पर्स पर चली गई थी. जब उस के दिमाग में कई तरह के सवाल आ रहे थे, तब बारबार उस की आंखों के सामने पूजा सिंह का पर्स भी लहरा रहा था.

नागेश ने बनाई हत्या की योजना सोचतेसोचते नागेश के मन में एक खतरनाक योजना बन गई और उस ने उस पर अमल करने का फैसला कर लिया. पूजा सिंह को लूट कर वह अपनी परेशानियों से पीछा छुड़ाना चाहता था. उस ने सोचा कि पूजा सिंह दूसरे शहर की रहने वाली है, किसी को पता भी नहीं चलेगा.

मन ही मन योजना बनातेबनाते उसे नींद आ गई. उस की नींद तक टूटी जब होटल के स्टाफ का एक व्यक्ति पूजा सिंह का सामान ले कर उस के पास आया. टैक्सी में सामान रखवाने के बाद नागेश ने तरोताजा होने के लिए अपनी पानी की बोतल ले कर मुंह पर छींटे मारे. पूजा सिंह आ गईं तो उन्हें ले कर वह एयरपोर्ट की तरफ चल दिया.

जितनी तेजी से उस की टैक्सी भाग रही थी, उतनी ही तेजी से उस का दिमाग चल रहा था. काम में व्यस्त रहने के कारण पूजा ठीक से सो नहीं पाई थीं, जिस की वजह से कैब में बैठेबैठे उन्हें नींद आ गई. पूजा को नींद में देख नागेश के मन का शैतान रौद्र रूप लेने लगा. उस ने टैक्सी का रुख सुनसान निर्जन स्थान की तरफ कर दिया.

पूजा सिंह की नींद खुली तो कैब के आसपास सन्नाटा देख घबरा गईं. टैक्सी रुकवा कर वह नागेश से कुछ बात कर पातीं, इस से पहले ही नागेश ने जैक रौड से पूजा सिंह के सिर पर वार कर दिया, जिस से वह बेहोश हो कर गिर गईं.

नागेश पूजा सिंह का सारा सामान ले कर फरार हो पाता, इस के पहले ही पूजा सिंह को होश आ गया. वह अपने बचाव के लिए चीखतेचिल्लाते हुए कैब से उतर कर रोड की तरफ भागने लगीं. लेकिन वह अपनी मौत से भाग नहीं पाईं.

नागेश ने उन्हें पकड़ लिया और अपनी सुरक्षा के लिए रखे चाकू से पूजा सिंह को गोद कर मौत की नींद सुला दिया. बाद में वह पूजा सिंह के शव को वहीं छोड़ कर फरार हो गया.

पूजा सिंह को लूट कर वह निश्चिंत हो गया था, लेकिन उसे तब झटका लगा जब आशा के अनुरूप पूजा सिंह के पर्स से उस के हाथ कुछ नहीं लगा. जिस समस्या के लिए उस ने इतना बड़ा अपराध किया था, वह पूरी नहीं हो सकी. वह कैसे या क्या करे, यह बात उस की समझ में नहीं आ रही थी.

तभी पूजा सिंह का मोबाइल उस के लिए रोशनी की किरण बना. उस ने पूजा सिंह के मोबाइल से उन के पति सुदीप डे को अपना एकाउंट नंबर दे कर 5 लाख रुपए डालने का मैसेज भेज दिया. बस यही उस के गले की फांस बन गया.

एच.एम. नागेश से विस्तृत पूछताछ के बाद उसे महानगर मैट्रोपौलिटन मजिस्ट्रैट के सामने पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. पुलिस ने उस की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू, जैक रौड और टैक्सी पहले ही बरामद कर ली थी.

भतीजे का बैर : चाचा को उतारा मौत के घाट

11सितंबर, 2019 को सुबह के समय तिलोनिया गांव के कुछ लोग जब गांव के बाहर स्थित तालाब के पास पहुंचे तो उन्हें कीचड़ में फंसी एक कार दिखाई दी. यह गांव राजस्थान के अजमेर जिले के थाना बांदरसिंदरी के अंतर्गत आता था. कार किस की है और यहां कैसे फंस गई, यह सोचते हुए लोग जब कार के पास पहुंचे तो वह लावारिस निकली. कार के ड्राइवर या मालिक का कोई पता नहीं था.

कीचड़ से कार निकालना आसान नहीं था, इसलिए गांव वालों ने गांव से एक ट्रैक्टर ला कर कार को कीचड़ से बाहर निकाला. कार के शीशों पर खून के धब्बे लगे दिखे तो ग्रामीणों को किसी गड़बड़ी का अंदेशा हुआ. उन्होंने कार के शीशों से अंदर झांक कर देखा. सीट पर एक व्यक्ति की लाश पड़ी थी. आननफानन में फोन कर के यह सूचना थाना बांदरसिंदरी को दी गई.

कार में लाश मिलने की सूचना पा कर थानाप्रभारी मूलचंद वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए. तब तक लाश देखने के लिए आसपास के गांवों के तमाम लोग आ चुके थे. पुलिस ने जांच की तो मृतक का चेहरा किसी वजनदार चीज से कुचला हुआ मिला. इस के अलावा उस के शरीर पर भी कई जगह चोटों के निशान थे, शरीर कई जगह से गुदा हुआ था.

थानाप्रभारी ने लोगों से मृतक के बारे में पूछा तो तिलोनिया के एक व्यक्ति ने लाश पहचान ली. उस ने बताया कि यह लाश माला गांव के रहने वाले फौजी प्रधान गुर्जर की है, कार भी उसी की है. पुलिस ने किसी तरह मृतक के घर वालों का फोन नंबर हासिल कर उन्हें सूचना दे दी.

सूचना पा कर मृतक के पिता गोप गुर्जर अपने परिचितों के साथ मौके पर आ गए. माला गांव से आए गोप गुर्जर ने मृतक की शिनाख्त अपने 35 वर्षीय बेटे प्रधान गुर्जर के रूप में की.

प्रधान गुर्जर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) में था. इन दिनों उस की पोस्टिंग सिक्किम में थी. वह कुछ दिन पहले छुट्टी ले कर गांव आया था. गोप गुर्जर ने बताया कि प्रधान 10 सितंबर, 2019 की सुबह अजमेर जाने को कह कर करीब साढ़े 8 बजे घर से कार ले कर निकला था. उस के 2 छोटे भाई अजमेर के पास भूणाबाय स्थित एक डिफेंस एकेडमी में पढ़ रहे थे. प्रधान उन से ही मिलने गया था.

पुलिस को पता चला कि भाइयों से मिलने के बाद प्रधान जब गांव लौट रहा था. तब उस के साथ उस का रिश्ते का भतीजा जीतू उर्फ जीतराम गुर्जर और 2 अन्य लोग थे. पुलिस को यह जानकारी डिफेंस एकेडमी के संचालक शंकर थाकण ने दी थी. प्रधान गुर्जर और उस के तीनों साथी रात के करीब साढ़े 8 बजे एकेडमी से निकले थे, लेकिन घर नहीं पहुंचे थे.

बीएसएफ जवान की हत्या की वारदात से ग्रामीणों में रोष फैल गया. उन का कहना था कि प्रधान गुर्जर को तो मार ही डाला, साथ ही उस के भतीजे जीतू गुर्जर का भी कोई अतापता नहीं है. कहीं उस का भी तो मर्डर नहीं कर दिया गया.

गांव वालों के रोष को भांप कर थानाप्रभारी मूलचंद वर्मा ने घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे कर स्थिति से अवगत कराया. खबर मिलते ही सीओ (ग्रामीण) सतीश यादव घटनास्थल पर आ गए. उन्होंने आक्रोशित ग्रामीणों को समझाया कि पुलिस हत्यारों को जल्द गिरफ्तार कर लेगी.

डिफेंस एकेडमी से खबर मिलते ही मृतक के छोटे भाई भी घटनास्थल पर आ गए. घर वालों का रोरो कर बुरा हाल था. वे समझ नहीं पा रहे थे कि प्रधान की हत्या किस ने और क्यों की.

कार में एक डंडा भी पड़ा हुआ था, जिस पर खून लगा था. मृतक की पैंट उतरी हुई थी और उस की गुदा खून से सनी थी. इस से लगा कि हत्यारों ने वह डंडा मृतक की गुदा में डाला था. मतलब साफ था कि हत्यारा मृतक से बहुत ज्यादा नफरत करता था, तभी उस ने प्रधान की गुदा में लकड़ी का डंडा डालने के अलावा उस के शरीर को जगहजगह से गोद दिया था.

मौके की काररवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने दोपहर करीब सवा 12 बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए किशनगढ़ के राजकीय यज्ञ नारायण अस्पताल भेज दिया. सैकड़ों गांव वाले अस्पताल भी पहुंच गए.

दोपहर करीब 2 बजे ग्रामीणों की भीड़ अचानक बिफर गई. उन्होंने पोस्टमार्टम करने का विरोध किया. उन का कहना था कि मृतक का भतीजा जीतू गुर्जर भी लापता है. पुलिस उस का भी पता लगाए कि कहीं उस के साथ कोई अनहोनी तो नहीं हो गई.

भीड़ कोई हंगामा खड़ा न कर दे, इसलिए एडीशनल एसपी (ग्रामीण) किशन सिंह भाटी भी अस्पताल पहुंच गए. मृतक के घर वाले और अन्य लोग जीतू गुर्जर का पता लगाने तक पोस्टमार्टम न कराने की बात पर अड़े थे.

बीएसएफ जवान प्रधान गुर्जर की हत्या की सूचना मिलने पर क्षेत्रीय विधायक सुरेश टांक और सांसद भागीरथ चौधरी भी राजकीय यज्ञ नारायण अस्पताल पहुंचे. दोनों नेताओं ने मृतक के परिजनों को ढांढस बंधाया और पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली. सांसद भागीरथ चौधरी और विधायक सुरेश टांक के समझाने के बाद मृतक के परिजन और ग्रामीण पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए.

इस के बाद पुलिस ने डा. गुरुशरण चौधरी, डा. सुनील बैरवा और डा. श्यामसुंदर के मैडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम कराया. पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद प्रधान गुर्जर का शव परिजनों को सौंप दिया.

मामला बीएसएफ जवान की हत्या का था, इसलिए एसपी कुंवर राष्ट्रदीप ने इस केस के खुलासे के लिए एक पुलिस टीम का गठन किया. एडीशनल एसपी (ग्रामीण) किशन सिंह भाटी के निर्देशन और सीओ (ग्रामीण) सतीश यादव के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम में थाना बांदरसिंदरी के थानाप्रभारी मूलचंद वर्मा, थानाप्रभारी (अरांई) विक्रम सेवावत, एसआई इंद्र सिंह, एएसआई कुलदीप सिंह, हैडकांस्टेबल श्रवणलाल, भंवर सिंह, सिपाही जय सिंह, गोपाल, रामगोपाल जाट वगैरह शामिल थे.

लोगों की बातों में कई पेंच थे एसपी कुंवर राष्ट्रदीप का आदेश पाते ही टीम जांच में जुट गई. मृतक के परिवार वालों से मृतक के अजमेर जाने और शाम को अजमेर से वापस आने की बात सामने आई. इस पर पुलिस ने गेगल और जीवी के टोल बूथों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले.

पुलिस टीम ने मृतक के मोबाइल फोन की काल डिटेल्स निकलवा कर यह पता करने की कोशिश कि वह आखिरी बार किस के साथ रहा और किस के संपर्क में था. प्रधान गुर्जर अजमेर के भूणाबाय स्थित जीत डिफेंस एकेडमी में पढ़ रहे अपने भाइयों से भी मिलने गया था. इस बारे में पुलिस ने एकेडमी संचालक शंकर थाकण से भी पूछताछ की.

शंकर थाकण ने बताया कि रात 8 बजे प्रधान गुर्जर के साथ 3 लोग कार से आए थे. इन में एक उन का भतीजा जीतू था. जीतू कार से नीचे उतरा था, जबकि 2 युवक कार में ही बैठे रहे. वे दोनों कार से नीचे नहीं उतरे थे. प्रधान ने शंकर थाकण से अपने भतीजे जीतू का परिचय कराया था.

शंकर ने पुलिस को बताया कि उस ने प्रधान गुर्जर और उस के साथियों को चाय पिलाई थी. कार में बैठे 2 लोगों के लिए चाय कार में ही भेजी गई थी. उन से एकेडमी में आ कर चाय पीने का आग्रह किया गया था, मगर वे कार से नहीं उतरे थे.

चाय पीते समय प्रधान गुर्जर के मोबाइल पर किसी का फोन आया था. उन्होंने फोन करने वाले से कहा था कि वह तुरंत किशनगढ़ जा कर मिलते हैं. इस के बाद वह उसी समय किशनगढ़ के लिए रवाना हो गए थे. तब तक रात के साढ़े 8 बज चुके थे.

जबकि प्रधान गुर्जर के पिता गोपी गुर्जर ने पुलिस को बताया कि प्रधान के मोबाइल पर फोन कर के उन्होंने ही उस के घर आने के बारे में पूछा था. तब उस ने बताया था कि वह अजमेर से निकल गया है और थोड़ी देर में घर पहुंच जाएगा. इस के बाद प्रधान का फोन बंद हो गया था.

इस पूछताछ एवं घटनाक्रम से पुलिस को लगा कि प्रधान गुर्जर के साथ जो लोग मौजूद थे, उन्होंने ही रास्ते में उस की हत्या की होगी.

मृतक प्रधान गुर्जर शादीशुदा था. उस के 2 बेटे भी थे, जिन की उम्र क्रमश: 3 साल और डेढ़ साल थी. ऐसे में किसी अवैध संबंध की गुंजाइश भी कम थी.

जांच में पुलिस को पता चला कि प्रधान गुर्जर 10 सितंबर, 2019 को अपने भतीजे जीतू उर्फ जितेंद्र गुर्जर निवासी माला गांव और उस के दोस्त रामअवतार व हनुमान निवासी किशनगढ़ के साथ अजमेर दरगाह और पुष्कर घूमने आया था. पुलिस ने तीनों की तलाश की तो वे अपनेअपने घरों से फरार मिले. पुलिस ने उन के फोन की कालडिटेल्स और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर आखिर उन्हें ढूंढ ही लिया.

पुलिस ने जीतू को जयपुर से और उस के दोनों दोस्तों रामअवतार और हनुमान को किशनगढ़ से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने प्रधान गुर्जर की हत्या के संबंध में उन तीनों से अलगअलग पूछताछ की. अंतत: उन्होंने अपना अपराध कबूल कर लिया.

पुलिस टीम ने रातदिन एक कर के 24 घंटे में प्रधान फौजी की हत्या के रहस्य से परदा उठा दिया. पूछताछ करने के बाद आरोपियों ने बीएसएफ जवान प्रधान गुर्जर की हत्या की जो कहानी बताई, वह इस प्रकार थी—

24 घंटे में आई पूरी कहानी सामने  अजमेर जिले के उपखंड किशनगढ़ के अंतर्गत एक गांव है माला. यह गांव गुर्जर बाहुल्य है. यहां के अधिकांश गुर्जर खेतीबाड़ी, पशुपालन एवं दूध का कारोबार करते हैं. गोपी गुर्जर परिवार के साथ इसी गांव में रहते थे. वह खेतीबाड़ी करते थे.

गोपी का बड़ा बेटा प्रधान गुर्जर हंसमुख स्वभाव का गबरू जवान था. पढ़ाई के दौरान ही वह बीएसएफ में कांस्टेबल के पद पर भरती हो गया था. बेटे की नौकरी से घर की आर्थिक स्थिति मजबूत हो गई थी. इस के बाद उन्होंने प्रधान की शादी रूपा से कर दी.

इस परिवार की गाड़ी हंसीखुशी से चल रही थी. प्रधान को जब भी छुट्टी मिलती, वह घर आ जाता था. प्रधान का एक भतीजा था जीतू उर्फ जितेंद्र गुर्जर. प्रधान गुर्जर और जीतू गुर्जर के परिवारों में काफी सालों से बोलचाल बंद थी. लेकिन प्रधान और जीतू की आपस में बोलचाल थी.

काफी पहले प्रधान गुर्जर और जीतू के परिवारों में काफी बड़ा फसाद हुआ था. उस झगड़े के बाद दोनों परिवार एकदूसरे को फूटी आंख नहीं सुहाते थे. लेकिन इस दुश्मनी के बावजूद जीतू का अपने चाचा प्रधान के यहां आनाजाना था.

प्रधान वैसे भी कम समय के लिए छुट्टी पर घर आता था, इसलिए वह दुश्मनी नहीं रखता था. प्रधान का कहना था कि भाइयों में अनबन हो सकती है, दुश्मनी नहीं पालनी चाहिए. जीतू की पत्नी बहुत खूबसूरत थी. वह रिश्ते के हिसाब से प्रधान की बहू लगती थी, मगर जीतू की शादी के बाद प्रधान जब छुट्टी पर गांव आया, तब उस ने जीतू की पत्नी को देखा था.

वह पहली नजर में ही उस पर फिदा हो गया था. वह इतनी खूबसूरत थी कि देखने वाला अपलक देखता रह जाता था. फौजी प्रधान गुर्जर भी उसे देखता रह गया था. जीतू की पत्नी पढ़ीलिखी थी और सोशल मीडिया पर ऐक्टिव रहती थी. प्रधान से पहली मुलाकात में ही जीतू की पत्नी खुल गई थी. एक बार बातचीत हुई तो अकसर फौजी उस के आगेपीछे घूमने लगा.

दोनों सोशल मीडिया पर भी एकदूसरे से जुड़े थे. उन दोनों की नजदीकियां देख कर जीतू को जलन होने लगी थी. वह चाहता था कि उस की पत्नी प्रधान से दूर रहे. जीतू ने पत्नी से कहा भी कि वह प्रधान से बात न किया करे, मगर पत्नी खुले विचारों की थी. उस का कहना था कि बात करना गलत नहीं है. गलत तो बुरी सोच होती है.

पत्नी ने जीतू से कहा कि प्रधान अच्छा आदमी है. वैसे भी वह गांव में रहता कितने दिन है. चंद दिनों के लिए फौज से छुट्टी पर घर आता है. जीतू को ऐसा लग रहा था कि प्रधान से उस की पत्नी के अवैध संबंध हैं, इसीलिए वह उस की बात नहीं मान रही है. पति के सामने ही वह फौजी की प्रशंसा कर रही थी. इस से जीतू को पत्नी पर शक हो गया.

एक बार शक का कीड़ा दिमाग में घुसा तो वह तब तक कुलबुलाता रहा, जब तक उस ने कहर नहीं ढा दिया. पत्नी की जिद और व्यवहार की वजह से जीतू ने पिछले डेढ़दो साल से अपनी पत्नी से बात तक बंद कर रखी थी. कुछ ही दिन पहले जीतू का पत्नी से राजीनामा हुआ था.

पत्नी ने भी सोचा कि पति के कहे मुताबिक चलना सही है, इसलिए उस ने पति को विश्वास दिलाया कि वह प्रधान से बात नहीं करेगी. साथ ही प्रधान से भी कह देगी कि वह उस से बात न करे. पत्नी के इस आश्वासन पर जीतू फिर से पत्नी से हंसनेबोलने लगा.

लेकिन पति से वादा करने के बावजूद जीतू की पत्नी ने प्रधान गुर्जर से बातचीत करना बंद नहीं किया. वह चोरीछिपे मोबाइल पर भी प्रधान से बात कर लेती थी. यह सब बातें जीतू से छिपी न रह सकीं. इस से उसे विश्वास हो गया कि उस की पत्नी जरूर प्रधान के प्यार में फंस गई है.

बस जीतू ने उसी दिन मन ही मन अंतिम निर्णय कर लिया कि अब वह अपने चाचा प्रधान गुर्जर को मौत के घाट उतार कर ही शांत होगा. क्योंकि वह पत्नी को समझासमझा कर वह थक चुका था.

संदेह के दायरे बड़े होते गए  सितंबर, 2019 के पहले हफ्ते में प्रधान गुर्जर शिलौंग से छुट्टी ले कर गांव आया. प्रधान जीतू की पत्नी से भी मिला. जीतू से यह सहन नहीं हो रहा था. हद तो तब हो गई, जब प्रधान जीतू की पत्नी को अजमेर से अपनी गाड़ी में गांव लाने लगा.

जीतू की पत्नी कोचिंग करने अजमेर जाती थी. प्रधान स्वयं कार ले कर अजमेर जाता और कोचिंग की छुट्टी होने पर जीतू की पत्नी को अपनी कार में बैठा कर गप्पें मारते हुए गांव आता.

जीतू ने यह देखा तो उस का खून खौल उठा. उस ने निर्णय कर लिया कि वह प्रधान गुर्जर को इस तरह योजना बना कर मारेगा कि उस पर किसी को शक तक नहीं होगा.

जीतू ने इस काम को आसान करने के लिए अपने अजीज दोस्तों रामअवतार और हनुमान निवासी किशनगढ़ को अपने साथ मिला लिया. इन लोगों ने फौजी की हत्या के लिए 10 सितंबर, 2019 का दिन चुना गया.

10 सितंबर, 2019 को प्रधान गुर्जर अकेला ही दरगाह जाने के लिए घर से निकला था. किशनगढ़ में उसे उस का भतीजा जीतू मिला. अजमेर दरगाह और पुष्कर दर्शन के लिए वह भी उस के साथ चल दिया. योजना के अनुसार जीतू ने रामअवतार और हनुमान को अजमेर भेज दिया था.

जब प्रधान और जीतू अजमेर पहुंचे तो जीतू के दोस्त रामअवतार और हनुमान उन के साथ हो लिए. जीतू ने प्रधान से कहा, ‘‘चाचा, ये मेरे दोस्त हैं. दोनों जिगरी यार हैं. मैं ने ही इन्हें अजमेर दरगाह और पुष्कर में दर्शन को कहा था.’’

‘‘कोई बात नहीं जीतू, एक से भले दो और दो से भले चार. गाड़ी पर वजन थोड़े ही पड़ेगा.’’ प्रधान ने हंस कर कहा.

प्रधान गुर्जर की कार से चारों पहले अजमेर दरगाह गए. दर्शन के बाद पुष्कर गए और पूजाअर्चना की. पुष्कर से अजमेर लौटने के दौरान सब ने शराब पी और एक होटल पर खाना खाया. इस के बाद प्रधान अपने छोटे भाइयों से मिलने डिफेंस एकेडमी गया.

जीतू तो उस के साथ डिफेंस एकेडमी में गया, लेकिन रामअवतार और हनुमान गाड़ी में ही बैठे रहे. उन्हें डर था कि कोई पहचान न ले. इसलिए दोनों गाड़ी से नहीं उतरे. उन दोनों ने एकेडमी संचालक द्वारा भेजी चाय भी गाड़ी में ही पी थी.

योजनानुसार सब कुछ ठीकठाक चल रहा था. डिफेंस एकेडमी से चारों गाड़ी में सवार हो कर गांव के लिए रवाना हो गए. रास्ते में उन्होंने फिर शराब पी. इस के बाद मंडावरिया के पास सुनसान जगह पर गाड़ी रोकी. चारों शराब के नशे में टल्ली थे. तेज आवाज में टेपरिकौर्डर चला कर सब ने जम कर डांस किया. इस के बाद जीतू ने फौजी प्रधान गुर्जर के चेहरे पर पीछे से बेसबाल बैट से हमला कर दिया. वह जमीन पर गिर कर बेहोश हो गया.

बेहोश फौजी की पैंट खोल कर इन लोगों ने उस की गुदा में डंडा चढ़ाया. फौजी तड़प कर रह गया. उस की गुदा से काफी खून भी निकला. इस के बाद इन लोगों ने फौजी को बुरी तरह मारापीटा और जमीन पर घसीटने के बाद गला दबा कर मौत के घाट उतार दिया.

फौजी की मौत के बाद इन लोगों ने उस की लाश गाड़ी में डाल दी. फिर फौजी की जेबों की तलाशी ली, कार की भी तलाशी ली गई ताकि कोई सबूत न छूट जाए. गाड़ी की आरसी जीतू ने जेब में रख ली. इस के बाद गाड़ी ले कर तिलोनिया की तरफ निकल गए.

हत्यारों की योजना थी कि लाश का चेहरा कुचल कर सुनसान जगह पर फेंक देंगे ताकि शव की शिनाख्त न हो सके. पहचान छिपाने के लिए ही मृतक का चेहरा कुचला गया था. फौजी की हत्या के बाद शव ठिकाने लगाने के बाद हत्यारे तिलोनिया से हरमाड़ा, सुरसुरा होते हुए नागौर और अन्य रास्तों से जयपुर की ओर जाने वाले थे.

आगे की योजना यह थी कि कहीं सुनसान जंगल में शव को ठिकाने लगा दिया जाएगा, लेकिन कार तिलोनिया के तालाब के पास कीचड़ में फंस गई. गाड़ी फंसने से मामला बिगड़ गया और वे सब प्रधान का शव और गाड़ी छोड़ कर चले गए. जातेजाते इन लोगों ने गाड़ी की चाबी, फौजी का मोबाइल फोन साथ ले लिया था.

तीनों अंधेरे में ही पैदल चल पड़े. रास्ते में इन्होंने गाड़ी की चाबी और आरसी फेंक दी. मोबाइल भी तोड़ कर फेंक दिया. 4-5 किलोमीटर साथ चलने के बाद जीतू जयपुर की तरफ चला गया, जबकि रामअवतार और हनुमान किशनगढ़ चले गए. तीनों अपने घर नहीं गए.

फेसबुक का जहर बना कारण  जीतू ने पुलिस को बताया कि उस की पत्नी और मृतक फौजी प्रधान गुर्जर के अवैध संबंध थे. प्रधान उस से सोशल मीडिया पर चैटिंग कर अश्लील वीडियो भेजने लगा था. इस की जानकारी हुई तो उस ने यह बातप्रधान गुर्जर की पत्नी रूपा गुर्जर को बता दी, लेकिन इस के बावजूद फौजी का रवैया नहीं सुधरा तो मजबूरी में फौजी को ठिकाने लगाना पड़ा.

पुलिस अधिकारियों ने अभियुक्तों से पूछताछ के बाद प्रैसवार्ता करने का निर्णय लिया. उस दिन एसपी आईजी कार्यालय में एक मीटिंग में व्यस्त थे. एडीशनल एसपी (ग्रामीण) किशन सिंह भाटी को शाम 4 बजे प्रैस कौन्फ्रैंस करनी थी, लेकिन इस से पहले ही सोशल मीडिया पर प्रैस नोट की प्रति आ गई. एसपी कुंवर राष्ट्रदीप को जब यह जानकारी मिली तो इस में सिपाही रामगोपाल का नाम सामने आया. उन्होंने रामगोपाल को निलंबित कर दिया.

दरअसल, इस केस को 24 घंटे के अंदर खोलने में सिपाही रामगोपाल का महत्त्वपूर्ण योगदान रहा था. इसलिए जैसे ही उस के हाथ इस मामले की प्रैस रिलीज की कौपी लगी तो उस ने वह सोशल साइट पर डाल दी जो वायरल होती हुई प्रैस कौन्फ्रैंस शुरू होने से पहले ही पत्रकारों के पास पहुंच गई थी. सिपाही रामगोपाल का अतिउत्साह उसी को महंगा पड़ गया.

पुलिस ने प्रधान गुर्जर की हत्या के आरोपियों जीतू गुर्जर, रामअवतार और हनुमान को 14 सितंबर, 2019 को अजमेर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें 3 दिन के पुलिस रिमांड पर जांच टीम को सौंप दिया गया.

रिमांड के दौरान पुलिस ने आरोपियों से विस्तृत पूछताछ करने के बाद अन्य सबूत जुटाए. आरोपियों ने बताया कि उन्होंने प्रधान गुर्जर की लाश और गाड़ी दोनों को ठिकाने लगाने की योजना बना रखी थी.

प्रधान की लाश को वे लोग गांव की किसी सुनसान जगह पर ठिकाने लगाना चाहते थे. वहीं गाड़ी को भी गहरी नाड़ी (तालाब) में डुबोने की योजना थी, ताकि वारदात का किसी को पता न चले, लेकिन उन की योजना पर पानी फिर गया.

उधर 16 सितंबर, 2019 को सीमा सुरक्षा बल के जवान प्रधान गुर्जर के परिवार को विभाग की ओर से सहायता राशि सौंप दी गई. बल की ओर से आए अधिकारी ने मृतक प्रधान गुर्जर की पत्नी रूपा गुर्जर को चैंक सौंपा.

17 सितंबर को पुलिस ने जीतराम, रामअवतार एवं हनुमान को न्यायालय में पेश कर 3 दिन का पुलिस रिमांड बढ़वाया. रिमांड अवधि पूरी होने के बाद तीनों आरोपियों को फिर से 19 सितंबर, 2019 को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया.

एक गुनाह मोहब्बत : क्यों बनी बेटी पिता की कातिल

मध्य प्रदेश के शहर ग्वालियर के थाना थाटीपुर के थानाप्रभारी आर.बी.एस. विमल 5 अगस्त की रात करीब 3 बजे इलाके की गश्त लगा कर थोड़ा सुस्ताने के मूड में थे. तभी उन के पास किसी महिला का फोन आया. महिला ने कहा, ‘‘सर, मैं तृप्तिनगर से बोल रही हूं. मेरे पति रविदत्त दूबे का मर्डर हो गया है. उन की गोली मार कर हत्या कर दी गई है,’’ इतना कहने के बाद महिला सिसकने लगी. अपना नाम तक नहीं बता पाई.

थानाप्रभारी ने उस से कहा भी, ‘‘आप कौन बोल रही हैं? घटनास्थल और आसपास की लोकेशन के बारे में कुछ बताइए. वहां पास में और कौन सी जगह है, कोई चर्चित दुकान, शोरूम या स्कूल आदि है तो उस का नाम बोलिए.’’

‘‘सर, मैं भारती दूबे हूं. तृंिप्तनगर के प्रवेश द्वार के पास ही लोक निर्माण इलाके में टाइमकीपर दूबेजी का मकान पूछने पर कोई भी बता देगा.’’

महिला बोली.  घटनास्थल का किसी भी तरह की छेड़छाड़ नहीं करने की सख्त हिदायत देने के कुछ समय बाद ही थानाप्रभारी पुलिस टीम के साथ घनी आबादी वाले उस इलाके में पहुंच गए. थानाप्रभारी आर.बी.एस. विमल और एसआई तुलाराम कुशवाह के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों को अल सुबह देख कर वहां के लोग चौंक गए.

लोगों से भारती दूबे का घर मालूम कर के वह वहां पहुंच गए. जब वह पहली मंजिल पर पहुंचे तो एक कमरे में भारती के पति रविदत्त दूबे की लाश पड़ी थी. पुलिस के पीछेपीछे कुछ और लोग भी वहां आ गए. उन में ज्यादातर परिवार के लोग ही थे.

थानाप्रभारी ने लाश का मुआयना किया तो बिस्तर पर जहां लाश पड़ी थी, वहां भारी मात्रा में खून भी निकला हुआ था. उन के पेट में गोली लगी थी.

मुंह से भी खून निकल रहा था, लाश की स्थिति को देख कर खुद गोली मार कर आत्महत्या का भी अनुमान लगाया गया, किंतु वहां हत्या का न कोई हथियार नजर आया और न ही सुसाइड नोट मिला.

घर वालों ने बताया कि उन्हें किसी ने सोते वक्त गोली मारी होगी. हालांकि इस बारे में सभी ने रात को किसी भी तरह का शोरगुल सुनने से इनकार कर दिया. थानाप्रभारी ने मौके पर फोरैंसिक टीम भी बुला ली.

पुलिस को यह बात गले नहीं उतरी. फिर भी थानाप्रभारी ने हत्या के सुराग के लिए कमरे का कोनाकोना छान मारा. उन्होंने घर का सारा कीमती सामान भी सुरक्षित पाया. इस का मतलब साफ था कि बाहर से कोई घर में नहीं आया था.

अब बड़ा सवाल यह था कि जब बाहर से से कोई आया ही नहीं, तो रविदत्त  को गोली किस ने मारी? फोरैंसिक एक्सपर्ट अखिलेश भार्गव ने रविदत्त के पेट में लगी गोली के घाव को देख कर नजदीक से गोली मारे जाने की पुष्टि की.

जांच के लिए खोजी कुत्ते की मदद ली गई. कुत्ता लाश सूंघने के बाद मकान की पहली मंजिल पर चक्कर लगाता हुआ नीचे बने कमरे से आ गया. वहां कुछ समय घूम कर बाहर सड़क तक गया, फिर वापस बैडरूम में लौट आया. बैड के इर्दगिर्द ही घूमता रहा. उस ने ऐसा 3 बार किया. फिगरपिं्रट एक्सपर्ट की टीम ने बैडरूम सहित अन्य स्थानों के सबूत इकट्ठे किए.

इन सारी काररवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. साथ ही भादंवि की धारा 302/34 के तहत अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया. पुलिस को दूबे परिवार के बारे में भारती दूबे से जो जानकारी मिली, वह इस प्रकार थी—

ग्वालियर के थाटीपुर के तृप्तिनगर निवासी 58 वर्षीय रविदत्त दूबे अपनी पत्नी भारती, 2 बेटियों और एक बेटे के साथ रहते थे. रविदत्त लोक निर्माण विभाग में टाइमकीपर की नौकरी करते थे. उन की नियुक्ति कलेक्टोरेट स्थित निर्वाचन शाखा में थी.

साल 2006 में पहली पत्नी आभा की बेटे के जन्म देते वक्त मौत हो गई थी. उस के बाद उन्होंने साल 2007 में केरल की रहने वाली भारती नाम की महिला से विवाह रचा लिया था. वह अहिंदी भाषी और भिन्न संस्कार समाज की होने के बावजूद दूबे परिवार में अच्छी तरह से घुलमिल गई थी.

दूबे ने भारती से कोर्टमैरिज की थी. शादी के बाद भारती ने दिवंगत आभा के तीनों बच्चों को अपनाने और उन की देखभाल में कोई कमी नहीं रहने दी थी. बड़ी बेटी कृतिका की शादी नयापुरा इटावा निवासी राममोहन शर्मा के साथ हो चुके थी, किंतु उस का ससुराल में विवाद चल रहा था, इस वजह से वह पिछले 3 सालों से अपने मायके में ही रह रही थी. छोटी बेटी सलोनी अविवाहित थी.

पुलिस ने इस हत्या की गुत्थी को सुलझाने के लिए कई बिंदुओं पर ध्यान दिया. मृतक की पत्नी भारती और बड़ी बेटी कृतिका समेत छोटी बेटी सलोनी ने पूछताछ में बताया कि 4-5 अगस्त की आधी रात को तेज बारिश होने कारण लाइट बारबार आजा रही थी.

रात तकरीबन 9 बजे खाना खाने के बाद वे अपने घर की पहली मंजिल पर बने बैडरूम में सोने के लिए चली गई थीं. घटना के समय परिवार के सभी बाकी सदस्य एक ही कमरे में सोए हुए थे.

भारती और बड़ी बेटी कृतिका को रात के ढाई बजे हलकी सी आवाज सुनाई दी थी तो उन्होंने हड़बड़ा कर उठ कर लाइट का स्विच औन किया. इधरउधर देखा. वहां सब कुछ ठीक लगा. वह तुरंत बगल में रविदत्त दूबे के कमरे में गई. देखा बैड पर वह खून से लथपथ पड़े थे. उन के पेट से खून निकल रहा था.

कृतिका और भारती ने उन्हें हिलायाडुलाया तब भी उन में कोई हरकत नहीं हुई. नाक के सामने हाथ ले जा कर देखा, उन की सांस भी नहीं चल रही थी. फिर भारती ने दूसरे रिश्तेदारों को सूचित करने के बाद पुलिस को सूचित कर दिया.

थानाप्रभारी को दूबे हत्याकांड से संबंधित कुछ और जानकारी मिल गई थी, फिर भी वह हत्यारे की तलाश के लिए महत्त्वपूर्ण सबूत की तलाश में जुटे हुए थे. घटनास्थल पर तहकीकात के दौरान एसआई तुलाराम कुशवाहा को दूबे की छोटी बेटी पर शक हुआ था.

कारण उस के चेहरे पर पिता के मौत से दुखी होने जैसे भाव की झलक नहीं दिखी थी. उन्होंने पाया कि सलोनी जबरन रोनेधोने का नाटक कर रही थी. उस की आंखों से एक बूंद आंसू तक नहीं निकले थे.

घर वालों के अलगअलग बयानों के कारण दूबे हत्याकांड की गुत्थी सुलझने के बजाय उलझती ही जा रही थी. उसे सुलझाने का एकमात्र रास्ता काल डिटेल्स को अपनाने की योजना बनी. मृतक और उस के सभी परिजनों के मोबाइल नंबर ले कर उन की काल डिटेल्स निकलवाई गई.

कब, किस ने, किस से बात की? उन के बीच क्याक्या बातें हुईं? उन में बाहरी सदस्य कितने थे, कितने परिवार वाले? वे कौन थे? इत्यादि काल डिटेल्स का अध्ययन किया गया. उन में एक नंबर ऐसा भी निकला, जिस पर हर रोज लंबी बातें होती थीं.

पुलिस को जल्द ही उस नंबर को इस्तेमाल करने वाले का भी पता चल गया. रविदत्त दूबे की छोटी बेटी सलोनी उस नंबर पर लगातार बातें करती थी. पुलिस ने उस फोन नंबर की जांच की तो वह नंबर परिवार के किसी सदस्य या रिश्तेदार का नहीं था बल्कि ग्वालियर में गल्ला कठोर के रहने वाले पुष्पेंद्र लोधी का निकला.

पुलिस इस जानकारी के साथ पुष्पेंद्र के घर जा धमकी. वह घर से गायब मिला. इस कारण उस पर पुलिस का शक और भी गहरा हो गया. फिर पुलिस ने 14 अगस्त की रात में उसे दबोच लिया.

उस से पूछताछ की. पहले तो उस ने पुलिस को बरगलाने की कोशिश की, लेकिन बाद में सख्ती होने पर उस ने दूबे की हत्या का राज खोल कर रख दिया.

साथ ही उस ने स्वीकार भी कर लिया कि रविदत्त दूबे की हत्या उस ने सलोनी के कहने पर की थी. उन्हें देशी तमंचे से गोली मारी थी. पुष्पेंद्र ने पुलिस को हत्या की जो वजह बताई, वह भी एक हैरत से कम नहीं थी. पुलिस सुन कर दंग रह गई कि कोई जरा सी बात पर अपने बाप की हत्या भी करवा सकता है.

बहरहाल, पुष्पेंद्र के अपराध स्वीकार किए जाने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उस की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल .315 बोर का तमंचा भी बरामद कर लिया. पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में पुष्पेंद्र लोधी ने बताया कि वह पिछले एक साल से सलोनी का सहपाठी रहा है. सलोनी के एक दूसरे सहपाठी करण राजौरिया से प्रेम संबंध थे. दोनों एकदूसरे को दिलोजान से चाहते थे. उस की तो सलोनी से केवल दोस्ती थी.

उस ने बताया कि एक बार करण के साथ सलोनी को रविदत्त दूबे ने घर पर ही एकदूसरे की बांहों में बांहें डाले देख लिया था.

अपनी बेटी को किसी युवक की बांहों में देखना रविदत्त को जरा भी गवारा नहीं लगा. उन्होंने उसी समय सलोनी के गाल पर तमाचा जड़ दिया. बताते हैं कि तमाचा खा कर सलोनी तिलमिला गई थी.

उस ने अपने गाल पर पिता के चांटे का जितना दर्द महसूस नहीं किया, उस से अधिक उस के दिल को चोट लगी. उस वक्त करण तो चुपचाप चला गया, लेकिन सलोनी बहुत दुखी हो गई. यह बात उस ने अपने दोस्त पुष्पेंद्र को फोन पर बताई.

फोन पर ही पुष्पेंद्र ने सलोनी को समझाने की काफी कोशिश की, लेकिन वह उस की सलाह सुनने को राजी नहीं हुई. करण के साथ पिता द्वारा किए गए दुर्व्यवहार और उस के सामने थप्पड़ खाने से बेहद अपमानित महसूस कर रही थी. अपनी पीड़ा दोस्त को सुना कर उस ने अपना मन थोड़ा हलका किया.

उस ने बताया कि उस घटना से करण भी बहुत दुखी हुआ था. उस के बाद से उस ने एक बार भी सलोनी से बात नहीं की, जिस से उसे कुछ भी अच्छा नहीं लग रहा था. सलोनी समझ रही थी कि उस के पिता उस की मोहब्बत के दुश्मन बन बैठे हैं.

इस तरह सलोनी लगातार फोन पर पुष्पेंद्र से अपने दिल की बातें बता कर करण तक उस की बात पहुंचाने का आग्रह करती रही. एक तरफ उसे प्रेमी द्वारा उपेक्षा किए जाने का गम था तो दूसरी तरफ पिता द्वारा अपमानित किए जाने की पीड़ा. सलोनी बदले की आग में झुलस रही थी. उस ने पिता को ही अपना दुश्मन समझ लिया था.

कुछ दिन गुजरने के बाद एक दिन पुष्पेंद्र की बदौलत सलोनी की करण से मुलाकात हो गई. उस ने मिलते ही करण से माफी मांगी, फिर कहा, ‘‘तुम अब भी दुखी हो?’’

‘‘मैं कर भी क्या सकता था उस वक्त?’’ करण झेंपते हुए बोला.

‘‘सारा दोष पापा का है, उन्होंने तुम्हें बहुत भलाबुरा कहा,’’ सलोनी बोली.

‘‘तुम्हें भी तो थप्पड़ जड़ दिया. कम से कम वह तुम्हारी राय तो जान लेते, एक बार…’’ करण बोला.

‘‘यही तकलीफ तो मुझे है. आव न देखा ताव, सीधे थप्पड़ जड़ दिया. मां रहती तो शायद यह सब नहीं होता. मां सब कुछ संभाल लेती.’’ कहती हुई सलोनी की आंखें नम हो गईं.

‘‘कोई बात नहीं, मैं उन से एक बार बात कर लूं?’’ करण ने सुझाव दिया.

‘‘अरे, कोई फायदा नहीं होने वाला, दीदी को ले कर वह हमेशा गुस्से में रहते हैं. दीदी की मरजी से शादी नहीं हुई थी. नतीजा देखो, उस का घर नहीं बस पाया. न पति अच्छा मिला और न ससुराल. 3 साल से मायके में हमारे साथ बैठी है.’’ सलोनी बिफरती हुई बोली.

‘‘तुम्हारी भी शादी अपनी मरजी से करवाना चाहते हैं क्या?’’ करण ने पूछा.

‘‘ऐसा करने से पहले ही मैं उन को हमेशा के लिए शांत कर दूंगी,’’ सलोनी गुस्से में बोली. ‘‘क्या मतलब है तुम्हारा?’’ करण ने पूछा.

‘‘मेरा मतलब एकदम साफ है. बस, तुम को साथ देना होगा. उन के जीते जी हम लोग एक नहीं हो पाएंगे. हमारा विवाह नहीं हो पाएगा.’’ सलोनी बोली.  ‘‘मैं इस में क्या मदद कर सकता हूं?’’ करण ने पूछा.

इस पर सलोनी उस के कान के पास मुंह ले जा कर धीमे से जो कुछ कहा उसे सुन कर करण चौंक गया, अचानक मुंह से आवाज निकल पड़ी, ‘‘क्या? यह क्या कह रही हो तुम?’’

‘‘हां, मैं बिलकुल सही कह रही हूं, पापा को रास्ते से हटाए बगैर कुछ नहीं होगा. और हां, यह काम तुम्हें ही करना होगा.’’ सलोनी बोली.

‘‘नहींनहीं. मैं नहीं कर सकता हत्या जैसा घिनौना काम.’’ करण ने एक झटके में सलोनी के प्रस्ताव पर पानी फेर दिया. उस ने नसीहत देते हुए उसे भी ऐसा करने से मना किया.

सलोनी से दोटूक शब्दों में उस ने कहा कि भले ही वह उस से किनारा कर ले, मगर ऐसा वह भी कतई न करे. उस के बाद करण अपने गांव चला गया. उस ने अपना मोबाइल भी बंद कर लिया. करण से उस का एक तरह से संबंध खत्म हो चुका था. यह बात उस ने पुष्पेंद्र को बताई.

पुष्पेंद्र से सलोनी बोली कि करण के जाने के बाद उस का दुनिया में उस के सिवाय और कोई नहीं है, इसलिए दोस्त होने के नाते वह उस की मदद करे.

उस ने तर्क दिया कि अगर उस ने साथ नहीं दिया तो उस का हाल भी उस की बड़ी बहन जैसा हो जाएगा. एक तरह से सलोनी ने पुष्पेंद्र से हमदर्दी की उम्मीद लगा ली थी.

पुष्पेंद्र सलोनी की बातों में आ गया. वह उस की लच्छेदार बातों और उस के कमसिन हुस्न के प्रति मोहित हो गया था. मोबाइल पर घंटों बातें करते हुए सलोनी ने एक बार कह दिया था वह उसे करण की जगह देखती है. उस से प्रेम करती है.

करण तो बुजदिल और मतलबी निकला, लेकिन उसे उस पर भरोसा है. यदि वह उस का काम कर दे तो दोनों की जिंदगी संवर जाएगी. उस ने पुष्पेंद्र को हत्या के एवज में एक लाख रुपए भी देने का वादा किया.

पुष्पेंद्र पैसे का लालची था. उस ने सलोनी की बात मान ली और फिर योजनाबद्ध तरीके से 4 अगस्त, 2021 की रात को तकरीबन 10 बजे उस के घर चला गया. सलोनी ने उसे परिवार के लोगों की नजरों से बचा कर नीचे के कमरे में छिपा दिया, जबकि परिवार के लोग पहली मंजिल पर थे.

कुछ देर बाद जब घर के सभी सदस्य गहरी नींद में सो गए तो रात के ढाई बजे सलोनी नीचे आई और पुष्पेंद्र को अपने साथ पिता के उस कमरे में ले गई, जहां वह सो रहे थे.

रविदत्त अकेले गहरी नींद में पीठ के बल सो रहे थे. पुष्पेंद्र ने तुरंत तमंचे से रविदत्त के पास जा कर गोली मारी और तेजी से भाग कर अपने घर आ गया.

पुलिस के सामने पुष्पेंद्र द्वारा हत्या का आरोप कुबूलने के बाद उसे हिरासत में ले लिया गया. सलोनी को भी तुरंत थाने बुलाया गया. उस से जैसे ही थानाप्रभारी ने उस के पिता की हत्या के बारे में पूछा, तो वह नाराज होती हुई बोली, ‘‘सर, मेरे पिता की हत्या हुई है और आप मुझ से ही सवालजवाब कर रहे हैं.’’

यहां तक कि सलोनी ने परेशान करने की शिकायत गृहमंत्री तक से करने की धमकी भी दी.

थानाप्रभारी बी.एस. विमल ने जब पुष्पेंद्र लोधी से मोबाइल पर पिता की हत्या से पहले और बाद की बातचीत का हवाला दिया, तब सलोनी के चेहरे का रंग उतर गया. तब थानाप्रभारी विमल ने पुष्पेंद्र द्वारा दिए गए बयान की रिकौर्डिंग उसे सुना दी.

फिर क्या था, उस के बाद सलोनी अब झूठ नहीं बोल सकती थी. अंतत: सलोनी ने भी कुबूल कर लिया कि पिताजी की हत्या उस ने ही कराई थी.

पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को रविदत्त दूबे की हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया. वहां से उन्हें हिरासत में ले कर जेल भेज दया गया.

10 दिन का खूनी खेल : जौनी ने क्यों किये इतने अपराध

अपराध चाहे जैसा भी हो, अपराध ही होता है, सामाजिक समन्वय के विरुद्ध उठाया हुआ कदम. मानवीयता पर प्रहार. हर अपराध की सजा होती है. एक दिन से ले कर आजीवन तक. कालकोठरी से ले कर फांसी तक. वैसे यह भी सही है कि कुछ अपराधी कानून के बारीक छिद्रों का सहारा ले कर बच निकलते हैं और कई अपने दांवपेंचों से कानून की चौखट तक जाते ही नहीं. अश्विनी उर्फ जौनी ऐसा तो नहीं था, लेकिन उस की सोच जरूर कुछ ऐसी ही थी अपने बारे में.

अश्विनी उर्फ जौनी जिला बिजनौर के कस्बा बढ़ापुर का रहने वाला था. पढ़ालिखा, स्वस्थ सुंदर युवक. पिता सुभाष धामपुर की गन्ना सहकारी समिति में नौकरी करते थे. शिक्षा के महत्त्व को समझने वाले सुभाष ने अश्विनी को एमकौम तक पढ़ाया था. उस ने इंटरमीडिएट श्योहारा के स्कूल से किया. आगे की पढ़ाई के लिए उस के पिता सुभाष ने जौनी को उस के मामा हर्ष के घर दौलताबाद भेज दिया था. वहीं रह कर जौनी ने नजीबाबाद के कालेज से बीकौम और एमकौम की डिग्रियां हासिल कीं.

इस के अलावा मामा के घर रह कर उस ने कई डिप्लोमा भी किए, ताकि मौका मिलने पर किसी अच्छी नौकरी में निकल जाए. पढ़ाई के दौरान ही निकिता से उस की घनिष्ठता बढ़ी. निकिता दौलताबाद की रहने वाली थी. मतलब उस के मामा के गांव की. जौनी और निकिता की निकटता कई सालों तक बनी रही. बाद में यह बात भी सामने आई कि जौनी ने निकिता को प्रपोज किया था, लेकिन उस ने मना कर दिया था.

करीब 4-5 साल पहले की बात है, जब जौनी को कोई अच्छी नौकरी नहीं मिली तो वह दिल्ली से सटी औद्योगिक नगरी नोएडा चला गया था. वहां उसे एक बिल्डर के यहां नौकरी मिल गई. अगले 4 साल उस ने नोएडा में ही गुजारे. बीचबीच में घर भी चला जाता था. इस बीच निकिता को एयरहोस्टेस की नौकरी मिल गई थी और वह दुबई चली गई. कहते हैं जौनी और निकिता की फोन पर बराबर बातें होती थीं.

अश्विनी उर्फ जौनी दादा बीचबीच में बढ़ापुर स्थित अपने घर आता रहता था. करीब डेढ़ साल पहले अश्विनी जब घर आया हुआ था, तो उस के साथ एक बड़ा पंगा हो गया था. दरअसल, बढ़ापुर के ही मोहल्ला नोमी में भाजपा नेता भीमसेन का घर था. नेता होने के नाते भीमसेन की इलाके में तो दबंगई तो चलती ही थी, पुलिस विभाग में भी अच्छी पैठ थी.

भीमसेन के बेटे राहुल ने एक अनुसूचित जाति की लड़की से प्रेम विवाह किया था. जौनी और राहुल हमउम्र थे. साथसाथ उठनेबैठने और खानेपीने वाले. जौनी कभीकभी मजाक में राहुल की शादी को ले कर कमेंट कर देता था, जो गलत था. यह बात राहुल को बुरी लगती थी. इसी बात को ले कर एक दिन दोनों में विवाद हो गया.

बात बढ़ी तो राहुल और उस का चचेरा भाई कृष्णा जौनी से उलझ गए. दोनों ओर से मारपीट हुई. एक तरफ 2 भाई थे, दूसरी तरफ अकेला जौनी. इस के बावजूद जौनी दोनों पर भारी पड़ा तो भीमसेन के परिवार के लोग भी झगड़े में कूद पड़े और अश्विनी को नंगा कर के पिटाई कर दी.

बात थाने तक गई. पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज न कर के दोनों पार्टियों को थाने बुलाया. यहां भीमसेन की नेतागिरी काम आई. पुलिस ने नेताजी के साथ आए लोगों, उन के बेटे राहुल और भतीजे कृष्णा को सम्मानपूर्वक कुरसियों पर बैठाया, जबकि अश्विनी को न केवल फर्श पर बैठाया गया, बल्कि 2-4 पुलिसिया हाथ भी जमाए गए. बातचीत के बाद पुलिस ने दोनों पार्टियों का लिखित समझौता करा दिया. इतना ही नहीं, पुलिस ने अश्विनी से नेताजी के पैर छू कर माफी भी मंगवाई.

अश्विनी को इस बेइज्जती से गहरी चोट पहुंची. उसे लगा कि इस बेइज्जती को ले कर वह गांव में नहीं रह पाएगा. इसलिए अपनी बेइज्जती का बोझ उठाए वह अपनी नौकरी पर नोएडा चला गया. नोएडा में फिर से काम शुरू करते हुए अश्विनी ने तय किया था कि गालों पर पड़े बेइज्जती के थप्पड़ को वहअपनी मेहनत के बोझ के नीचे दबा देगा.

अश्विनी कालेज टाइम से ही निकिता से प्यार करता था. हो सकता है यह उस का एकतरफा प्यार रहा हो लेकिन यह भी सच है कि उस की उम्मीद टूटी नहीं थी. वजह यह कि निकिता उस से बराबर बात करती थी. दोनों की बातचीत तब भी चलती रही, जब वह एयरहोस्टेस बन कर दुबई चली गई.

अश्विनी को अपनी मां से बहुत प्यार था. वह मां की हर बात मानता था. इसी साल जून में जब अश्विनी की मां का निधन हो गया तो उसे गांव आना पड़ा. मां की मृत्यु के बाद अश्विनी को लगने लगा था कि वह अनाथ हो गया है. यही वजह थी कि घर में उस का मन नहीं लगता था.

कभी वह कस्बा श्योहारा चला जाता, कभी नजीबाबाद तो कभी नगीना. या फिर वह गांव के हमउम्र लड़कों के साथ उठताबैठता. इस बीच उस ने उन राहुल और कृष्णा से भी दोस्ती गांठ ली थी, जिन की वजह से उस की बेइज्जती हुई थी और वह गांव छोड़ कर नोएडा चला गया था. अश्विनी को जब भी राहुल और कृष्ण मिलते तो वह उन से घुलमिल कर बातें करता, उन्हें नोएडा और दिल्ली की कहानियां सुनाता.

अश्विनी को घर आए 3 महीने हो गए थे. इस बीच उस ने निकिता को कई बार फोन किया, लेकिन उस ने फोन नहीं उठाया. निकिता दौलताबाद की थी. उस की जानकारी रखने के लिए अश्विनी ने उसी गांव की एक लड़की को बहन बना रखा था.

जब निकिता ने बात नहीं की तो अश्विनी ने अपनी तथाकथित बहन से उस के बारे में पूछताछ की. पता चला कि वह कई महीने पहले दुबई से लौट आई है. उसे यह भी जानकारी मिली कि निकिता की शादी मुरादाबाद के एक लड़के से तय हो गई है.

जौनी के खतरनाक इरादे  इस जानकारी से अश्विनी के दिल को गहरी चोट लगी. उस ने मन ही मन फैसला किया कि निकिता की शादी से पहले उस से एक बार मिलेगा जरूर. 26 सितंबर, 2019 को अश्विनी और कृष्णा की मुलाकात हुई तो उस ने कृष्णा से कहा, ‘‘मैं पुरानी बातें भूल चुका हूं, तुम भी भूल जाओ. शाम को पीनेपिलाने की महफिल जमाते हैं. राहुल को भी बुला लो.’’

‘‘पार्टी होगी कहां?’’ कृष्णा ने पूछा तो अश्विनी बोला, ‘‘उस की जिम्मेदारी मुझ पर छोड़ दो. खानेपीने और जगह का इंतजाम मैं खुद कर लूंगा. बस तुम लोग पहुंच जाना. जगह के बारे में मैं फोन कर के बता दूंगा.’’

बातचीत के बाद कृष्णा चला गया. उस ने राहुल से मिल कर कहा, ‘‘जौनी काफी पैसे कमा कर लौटा है. पुरानी बातें भुला देना चाहता है. शाम को पार्टी देने की बात कर रहा था. क्यों न हम भी सब भूलभाल कर उस की पार्टी में शामिल हों, चलेगा न?’’

‘‘ठीक है, पुरानी बातों को भुला देना ही बेहतर है. बता देना, कब कहां चलना है.’’ राहुल ने उस की बातों पर मुहर लगा दी.

शाम को अश्विनी ने फोन कर के कृष्णा को जगह बता दी, साथ ही कह दिया कि उस ने खानेपीने का सारा इंतजाम कर लिया है. अश्विनी ने जो जगह बताई थी, वह बढ़ापुर-जाखरी मार्ग किनारे के जंगल में थी.

नशा सिर चढ़ कर बोला कृष्णा और राहुल अपने चाचाताऊ के लड़कों दीपक और रवि को ले कर अश्विनी की बताई जगह पर पहुंच गए. अश्वनी उन सब को मुख्यमार्ग से करीब 200 मीटर अंदर जंगल में ले गया. वहां शराब, बीयर और खानेपीने की चीजों का पूरा इंतजाम था.

थोड़ी देर में पीनापिलाना शुरू हो गया. सब ने जम कर नशा किया. इस बीच छोटीछोटी बातों को ले कर अश्विनी और राहुल में झगड़ा होने लगा. धीरेधीरे बात इतनी बढ़ी कि नौबत मारपिटाई की आ गई. दोनों ओर के लोग बीयर की बोतलें तोड़ कर खूनखराबे पर उतर आए.

यह देख कृष्णा और राहुल को छोड़ कर बाकी युवक भाग खड़े हुए. ज्यादा नशे की वजह से राहुल और कृष्णा के पैर लड़खड़ा रहे थे. इसी बीच अश्विनी ने कमर से पिस्तौल निकाल कर पहले राहुल को 4 गोलियां मारीं, जिन में से 2 गोलियां उस के सिर में, एक सीने में और 1 पेट में लगी. फिर उस ने 3 गोलियां कृष्णा को मारीं, जो उस के सिर, सीने और पेट में लगीं. कृष्णा और राहुल को मौत के घाट उतार कर अश्विनी वहां से भाग गया.

खूनखराबे में लिपटी इस घटना की जानकारी दीपक ने पुलिस और कृष्णा राहुल के घर वालों को दी. सूचना मिलते ही थाना बढ़ापुर की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई. घटनास्थल पर पड़ी शराब, बीयर की बोतलों, 2 लाशों और बिखरे खून से अनुमान लगाया जा सकता था कि वहां क्या और कैसे हुआ होगा.

घटना की सूचना मिलने पर नगीना की सीओ अर्चना सिंह और बिजनौर के एसपी (देहात) विश्वजीत श्रीवास्तव भी घटनास्थल पर पहुंच गए. घटनास्थल की भयावहता को देख कर उन्होंने कई थानों की पुलिस को जंगल में अश्विनी उर्फ जौनी को तलाशने का काम सौंपा.

प्राथमिक काररवाई से निपटने के बाद पुलिस ने राहुल और कृष्णा की लाशें पोस्टमार्टम के लिए भेज दी. इस बीच भीमसेन ने थाना बढ़ापुर में राहुल और कृष्णा की हत्या का केस दर्ज कराया, जिस में अश्विनी उर्फ जौनी, उस के भाई रंजीत, पिता सुभाष, जौनी के चचेरे भाई रवि और मुरादाबाद निवासी बहनोई को नामजद किया गया.

घटना के अगले दिन बिजनौर के एसएसपी संजीव त्यागी और मुरादाबाद रेंज के आईजी रमित शर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. जिस जगह हत्याएं हुई थीं, उस से पुलिस अधिकारियों ने अनुमान लगाया कि हर जगह पुलिस तैनाती की वजह से अश्विनी भाग नहीं पाया होगा. संभावना थी कि वह कहीं जंगल में छिपा होगा.

आईजी के निर्देश पर बिजनौर के 20 थानों की पुलिस को अश्विनी को खोजने के लिए लगा दिया गया. जंगल को खंगालने के लिए ड्रोन कैमरे का भी सहारा लिया गया. लेकिन घरपरिवार और रिश्तेदारियों में कहीं भी अश्विनी का कोई सुराग नहीं मिला. दरअसल दिनदहाड़े हुए इस हत्याकांड ने बिजनौर के पुलिस महकमे को हिला दिया था. ऊपर से दोनों मृतक भाजपा नेता के सगेसंबंधी थे, जिस से धरनेप्रदर्शनों का डर था.

पुलिस ने अश्विनी को पकड़ने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी थी, लेकिन इस कवायद से हासिल कुछ नहीं हुआ. अश्विनी एक तरह से पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था. पुलिस ने शराब पार्टी में शामिल दीपक से भी हर तरह से पूछताछ की लेकिन वह कुछ नहीं बता पाया.

जौनी ने निकिता को उतारा मौत के घाट  पुलिस हर तरह की कोशिशों में लगी थी. इस बीच 5 दिन बीत गए. 30 सितंबर को अश्विनी श्योहारा के निकटवर्ती गांव दौलताबाद पहुंचा और एयरहोस्टेस निकिता के घर में घुस गया. निकिता उस वक्त घर में बैठी टीवी देख रही थी. अंदर जा कर अश्विनी ने निकिता को गोलियों से भून डाला.

निकिता सोच भी नहीं सकती थी कि अश्विनी ऐसा कुछ कर सकता है. गोलियां चलाते समय उस ने सिर्फ इतना ही कहा कि तू मेरी नहीं हो सकती तो किसी और की भी नहीं बनने दूंगा. अश्विनी के पिस्तौल की 7 गोलियां लगने के बाद निकिता दूसरे गेट की ओर भागी, लेकिन गिर पड़ी. जातेजाते उस ने धमकी दी कि वह पूरे परिवार को खत्म कर देगा.

निकिता पर गोलियां बरसाने के बाद अश्विनी दूसरे गेट से बाहर निकल कर पास ही सड़क पर जाते हुए एक बैटरी रिक्शा में बैठ गया. थोड़ा आगे जा कर वह उतरा और गन्ने के खेत में घुस गया.

निकिता 2 महीने पहले ही शादी के लिए दुबई से घर लौटी थी. उस की शादी मुरादाबाद के मोहल्ला कांशीराम नगर में रहने वाले नीतीश कुमार से तय हुई थी. नीतीश सीआईएसएफ में सबइंसपेक्टर हैं और विशाखापट्टनम में तैनात हैं. नीतीश के कहने पर निकिता ने अपनी नौकरी से भी इस्तीफा दे दिया था.

निकिता के पिता हरिओम शर्मा श्योहारा के विदुर ग्रामीण बैंक में नौकरी करते थे. घर वालों ने  इस घटना की सूचना हरिओम शर्मा को दी. शर्माजी की बैंक के पास ही थाना था. उन्होंने थाने जा कर यह बात थानाप्रभारी उदय प्रताप को बताई. उदय प्रताप उसी समय पुलिस टीम के साथ दौलताबाद के लिए रवाना हो गए.

बुरी तरह घायल निकिता को श्योहारा के एक प्राइवेट डाक्टर को दिखाया गया. उस डाक्टर ने निकिता को तुरंत बड़े अस्पताल ले जाने की राय दी. इस के बाद उसे मुरादाबाद के मशहूर कौसमोस अस्पताल ले जाया गया.

भरती होने के बाद अस्पताल के मशहूर डाक्टर अनुराग अग्रवाल ने निकिता का इलाज शुरू किया. उसे 7 गोलियां लगी थीं, जिन में गले में फंसी एक गोली घातक थी. बहरहाल, डा. अनुराग अग्रवाल के तमाम प्रयासों के बावजूद रात 9 बजे निकिता ने दम तोड़ दिया.

दूसरी ओर पुलिस ने ईरिक्शा के ड्राइवर द्वारा बताए गए गन्ने के खेत के साथसाथ आसपास के सभी गन्ने के खेतों में कौंबिंग की. लेकिन अश्विनी का कोई पता नहीं चला. उसी दिन आईजी (मुरादाबाद जोन) रमित शर्मा ने अश्विनी उर्फ जौनी को पकड़ने या पकड़वाने पर 50 हजार रुपए का ईनाम घोषित कर दिया.

पुलिस ने आसपास के शहरों के बसअड्डों, रेलवे स्टेशनों के अलावा अन्य तमाम जगहों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखीं. लेकिन नतीजा कुछ नहीं निकला.

जब 2 दिन और बीत गए तो मुरादाबाद, बरेली परिक्षेत्र के एडीजे अविनाश चंद्र ने अश्विनी पर ईनाम राशि 50 हजार से बढ़ा कर एक लाख कर दी. इस के बाद पुलिस ने जौनी से जुड़ी छोटी से छोटी जानकारियां जुटानी शुरू कर दीं. उस के फोन की लोकेशन का पता लगाने की कोशिश की गई. लेकिन उस का फोन 26 सितंबर से ही बंद था.

जब पुलिस की सभी कोशिशें बेकार गईं तो बिजनौर के एसएसपी संजीव त्यागी ने जिले के सभी पुलिस अफसरों के साथ मीटिंग की, जिस में तय हुआ कि बसअड्डों, रेलवे स्टेशनों और आटोरिक्शा, ईरिक्शा के अड्डों पर विशेष रूप से नजर रखी जाए. इस अभियान में संजीव त्यागी खुद भी शामिल हुए.

3 अक्तूबर को किसी मुखबिर ने पुलिस को सूचना दी कि अश्विनी उर्फ जौनी को नगीना के तुलाराम हलवाई की दुकान पर रसगुल्ले खाते देखा गया है. तुलाराम के रसगुल्ले जिला भर में मशहूर हैं.

सूचना मिलते ही पुलिस चौराहे के पास स्थित तुलाराम की दुकान पर पहुंच गई, लेकिन तब तक जौनी वहां से जा चुका था. पूछताछ में पता चला कि जौनी ने वहां बैठ कर 8 रसगुल्ले खाए थे. बाद में वह बराबर में स्थित मोहन रेस्टोरेंट में भी गया था, जहां वह काफी देर बैठा रहा.

पुलिस ने रात में ही तुलाराम हलवाई की दुकान के आसपास के सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखीं. इस से यह जानकारी मिली कि चौराहे से जौनी हरिद्वार जाने वाली बस में सवार हुआ था. पुलिस ने हरिद्वार वाली बस को रुकवा कर चैक किया.

साथ ही पूरे नगीना को भी छान मारा. लेकिन अश्विनी का कोई सुराग नहीं मिला. वह एक बार फिर पुलिस को चकमा दे गया था. अश्विनी को पकड़ने के लिए बिजनौर पुलिस जो भी कर सकती थी, उस ने किया. फिर भी रही खाली हाथ ही.

5/6 अक्तूबर की रात को बढ़ापुर के थानाप्रभारी कृपाशंकर सक्सेना ने बढ़ापुर की ओर आने वाले वाहनों की चैकिंग के लिए बैरिकेड लगा रखे थे. रात करीब 12 बजे पुलिस ने दिल्ली से आ रही एक बस को रोका. ड्राइवर ने बस सड़क किनारे लगा दी. बस में करीब एक दरजन यात्री थे.

10 दिन के खेल के बाद

कृपाशंकर सक्सेना ने 2 सिपाहियों मोनू यादव और बादल पंवार से बस की चैकिंग करने को कहा. चैकिंग के दौरान यात्री अलर्ट हो कर बैठ गए. कंडक्टर के आगे वाली सीट पर एक व्यक्ति मुंह पर कपड़ा लपेटे बैठा था. बस के किसी यात्री, यहां तक कि पुलिस ने भी नहीं सोचा था कि वह एक लाख का ईनामी अश्विनी उर्फ जौनी हो सकता है.

मुंह पर कपड़ा लपेटे बैठा युवक नींद में था, नींद में उस का सिर एक ओर को झुका हुआ था. सिपाही मोनू और बादल ने उस के कंधे पर हाथ रख कर मुंह से कपड़ा हटाया तो वह चौंक कर जागा. वह अश्विनी ही था.

सामने पुलिस को देख अश्विनी को लगा कि उस का खेल खत्म हो गया है. उस ने बिना देर किए कमर से पिस्तौल निकाली और दाईं कनपटी पर रख कर ट्रिगर दबा दिया. एक धमाके के साथ खून का फव्वारा छूटा और वह एक ओर को लुढ़क गया. पुलिस वाले समझ गए कि वह अश्विनी उर्फ जौनी ही था.

आंखों के सामने एक युवक को सुसाइड करते देख पूरी बस के यात्री सन्न थे. वैसे असलियत यह थी कि अगर अश्विनी के चेहरे पर कपड़ा न होता तो निस्संदेह पुलिस वाले उसे पहचान ही नहीं पाते. वजह यह कि वह पिछले 10 दिनों से छिपताछिपाता घूम रहा था, न खानापीना और न आराम. नहानाधोना तो दूर की बात थी.

बहरहाल, बस खाली करा कर पुलिस ने कंडक्टर से पूछताछ की. उस ने बताया कि जौनी नगीना रेलवे फाटक पर पैट्रोलपंप चौराहे से बस में सवार हुआ था. वह कंडक्टर से आगे वाली सीट पर बैठ गया. उस के पास केवल एक छोटा सा बैग था. कंडक्टर से टिकट लेते समय उस ने कहा था कि उसे बढ़ापुर से पहले उतरना है. इस पर कंडक्टर ने कहा, ‘‘जहां उतरना हो, उतर जाना लेकिन टिकट बढ़ापुर का ही लगेगा.’’

कंडक्टर से टिकट लेने के बाद उस ने मुंह पर सफेद कपड़ा लपेट लिया था.  पुलिस ने जौनी की लाश की तलाशी ली तो उस के पास यूएस मेड पिस्तौल के अलावा एक बैग मिला. उस के बैग में जैकेट व एक जोड़ी कपड़े थे. साथ ही सैमसंग का मोबाइल, 67 रुपए, 16 कारतूस, आधार कार्ड, पैन कार्ड और इनकम टैक्स का एक सर्टिफिकेट भी बैग में मिले.

दरअसल, जौनी कहीं से पिस्तौल हासिल कर के अकेला ही अपने दुश्मनों को खत्म करने निकला था. लेकिन उस के सामने 2 दिन में ही कई समस्याएं आ खड़ी हुई थीं. न उस के पास खाना खाने को पैसा था और न सोनेछिपने की जगह. किसी से उसे कोई मदद भी नहीं मिल पा रही थी. 26 सितंबर के बाद से उस ने अपना मोबाइल फोन भी इस्तेमाल नहीं किया था. कह सकते हैं कि वह किसी के भी संपर्क में नहीं था.

बहरहाल, जौनी की मौत के बाद पुलिस ने चैन की सांस ली. यह रहस्य ही रहा कि जौनी ने अपनी बेइज्जती के मामले को इतनी लंबी अवधि तक क्यों पाले रखा. जाहिर है जरूर कोई ऐसी बात रही होगी जो उस के दिल में कांटे की तरह नहीं चुभी, बल्कि छुरी बन कर दिल में उतरी होगी. वरना उच्चशिक्षा प्राप्त जौनी इतना बड़ा खूनी खेल नहीं खेलता.

जो भी हो, जौनी ने 3 कत्ल किए थे. पकड़ा जाता तो निस्संदेह या तो उस की पूरी जिंदगी जेल में बीतती या फिर उस के गले में फांसी का फंदा पड़ता.

लगता है कि इस बात को जौनी अच्छी तरह समझता था और उस ने अपनी मौत की राह पहले ही तय कर ली थी.

जौनी के 2 पत्र

26 सितंबर को राहुल और कृष्णा की हत्या के बाद भीमसेन कश्यप की शिकायत पर पुलिस ने अश्विनी उर्फ जौनी के अलावा उस के पिता, भाई और अन्य को भले ही केस में शामिल कर लिया था, लेकिन हकीकत यह थी कि जौनी खुद अपने घर वालों के व्यवहार से आहत था.

पुलिस को जौनी के लिखे 2 पत्र मिले थे, जिन में से एक उस की पैंट की जेब से मिला था और दूसरा उस के घर से. घर से मिले पत्र में यह बात साफ हो गई कि घर वाले उसे पसंद नहीं करते थे. उसे इस बात का दुख था कि घर वालों ने भी उस की भावनाओं को नहीं समझा.

घर से मिले पत्र में जौनी ने लिखा, ‘मेरी बहन को एक युवक ने छेड़ा तो मैं ने उसे सबक सिखाया. डांस करते हुए बहन की वीडियो बना ली गई तो मैं वीडियो बनाने वाले से भिड़ गया. बहन की शादी में जो बाइक दी गई, वह मैं ने अपने पैसों से, अपने नाम से खरीदी थी. बहन ने दूसरी जगह शादी की तब भी मैं ने पूरी तरह उस का साथ दिया. इस के बावजूद बहन ने मुझे गलत ठहराया.’

इस पत्र में जौनी ने और भी कई मामलों का जिक्र करते हुए घर वालों के गिलेशिकवों का जिक्र किया था. जबकि वह शुरू से ही उन की मदद करता आया था. जौनी की जेब से जो पत्र मिला, उस पत्र को वह पुलिस थाने तक पहुंचाना चाहता था. इस पत्र में उस ने लिखा कि वह जानता है कि उस ने 3 हत्याएं की हैं. लेकिन इस अपराध के लिए वह सरेंडर करना चाहता है.

उस ने आगे लिखा, बढ़ापुर थाने के कुछ पुलिसकर्मी बहुत अच्छे हैं. उन की वह इज्जत करता है. वह सरेंडर करना चाहता है, लेकिन उस के साथ मारपीट न हो, बेइज्जत न किया जाए. पुलिस अच्छा काम कर रही है, मुझे ढूंढ रही है. मैं सरेंडर करने को तैयार हूं.

लेकिन वह अपने इस पत्र को पुलिस तक पहुंचा नहीं पाया. हो सकता है, सुसाइड वाली रात वह सरेंडर करने के लिए ही बढ़ापुर जा रहा हो.

जो भी हो, मामला पत्रों का हो या फेसबुक का, अश्विनी उर्फ जौनी ने स्वयं को पीडि़त साबित करने की कोशिश की. लेकिन पीडि़त होने का मतलब यह नहीं है कि अपराधों की राह पर उतर जाओ.