True Crime Stories : पछतावा

True Crime Stories : कबड्डी खेलते समय नासिर ने चौधरी आफताब की जो बेइज्जती की थी, उस का बदला लेने के लिए उस ने हैदर अली के साथ मिल कर नासिर के साथ ऐसा क्या किया कि उसे और हैदर अली को पछताना पड़ा. उन दिनों मैं जिला छंग के एक देहाती थाने में तैनात था. वह जगह दरिया के करीब थी. मई का महीना होने की वजह से अच्छीभली गरमी पड़ रही थी. अचानक एक दिन पास के गांव से एक वारदात की खबर आई.

कांस्टेबल सिकंदर अली ने बताया कि गुलाबपुर में एक गबरू जवान का बड़ी बेदर्दी से कत्ल कर दिया गया है, जिस की लाश खेतों में पड़ी है. गुलाबपुर मेरे थाने से करीब एक मील दूर था. वहां से फैय्याज और यूनुस खबर ले कर आए थे. वे दोनों खबर दे कर वापस जा चुके थे.

मैं ने पूछा, ‘‘मरने वाला कौन है?’’

‘‘उस का नाम नासिर है, वह कबड्डी का बहुत अच्छा और माहिर खिलाड़ी था.’’ सिकंदर अली ने बताया. मैं 2 सिपाहियों के साथ गुलाबपुर रवाना हो गया. हमारे घोड़े खेतों के बीच आड़ीतिरछी पगडंडी पर चल रहे थे. जिस खेत में लाश पड़ी थी, वह गांव से एक फर्लांग के फासले पर था. कुछ लोग हमें वहां तक ले गए. वहां एक अधूरा बना कमरा था, न दीवारें न छत. जरूर कभी वहां कोई इमारत रही होगी. नासिर की लाश कमरे के सामने पड़ी थी. लाश के पास 8-9 लोग खड़े थे, जो हमें देख कर पीछे हट गए थे.

मैं उकड़ूं बैठ कर बारीकी से लाश की जांच करने लगा. बेशक वह एक खूबसूरत गबरू जवान था. उस की उम्र 23-24 साल रही होगी. वह मजबूत और पहलवानी बदन का मालिक था, रंग गोरा था और बाल घुंघराले. लाश देख कर मैं इस नतीजे पर पहुंचा कि उस पर तेजधार हथियार या छुरे से हमला हुआ होगा. मारने वाले एक से ज्यादा लोग रहे होंगे. उस के हाथों के जख्म देख कर लगता था कि उस ने अपने बचाव की भरपूर कोशिश की थी. नासिर कबड्डी का अच्छा खिलाड़ी था, इसलिए गुलाबपुर के लोग उसे गांव की शान समझते थे. लाश पर चादर डाल कर मैं लोगों से पूछताछ करने लगा.

नासिर का 60 साल का बाप वहीं था, उस की हालत बड़ी खराब थी, आंखें आंसुओं से भरी थीं. उस का नाम बशीर था. मैं ने उस के कंधे पर हाथ रख कर उसे तसल्ली दी, ‘‘चाचा, आप फिकर न करो, आप के बेटे का कातिल पकड़ा जाएगा.’’

उस ने रोते हुए कहा, ‘‘साहब, मेरा बेटा तो चला गया. कातिल के पकड़े जाने से मेरा बेटा लौट कर तो नहीं आएगा.’’

बेटे के गम ने उस की सोचनेसमझने की ताकत खत्म कर दी थी. उसे बस एक ही बात याद थी कि उस का जवान बेटा कत्ल हो चुका है. मुझे उस पर बड़ा तरस आया. मैं ने उसे एक जगह बिठा दिया और अपनी काररवाई करने लगा. सब से पहले मैं ने घटनास्थल का नक्शा तैयार किया. इस कत्ल का मुझे कोई सुराग नहीं मिला था. यहां तक कि वह हथियार भी नहीं, जिस से उस का कत्ल किया गया था.  मैं ने वारदात की जगह पर मौजूद लोगों के बयान लिए. लेकिन सिवाय नासिर की तारीफ सुनने के कोई जानकारी नहीं मिली. मैं ने नासिर की लाश को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया.

मेरे दिमाग में एक सवाल घूम रहा था कि इतनी रात को नासिर इस सुनसान जगह पर क्या कर रहा था. मेरे अंदाज से कत्ल रात को हुआ था. मैं ने मौजूद लोगों से घुमाफिरा कर कई सवाल किए, पर काम की कोई बात पता नहीं चली. मैं ने यूनुस और फैयाज से भी पूछताछ की. पर कुछ खास पता नहीं चला. इलियास जिस ने सब से पहले लाश देखी थी, उस से भी पूछा, ‘‘इलियास, तुम सुबहसुबह कहां जा रहे थे?’’

‘‘साहबजी, मैं कुम्हार हूं. मैं मिट्टी के बरतन बनाता हूं. मैं रोजाना सुबह मिट्टी के लिए घर से निकलता हूं. मेरा कुत्ता मोती भी मेरे साथ होता है. वह मुझे इस तरफ ले आया, तभी लाश पर मेरी नजर पड़ी. लाश देख कर मैं ने ऊंची आवाज में चीखना शुरू कर दिया. उस वक्त खेतों में लोगों का आनाजाना शुरू हो गया था. कुछ लोग जमा हो गए. मौजूद लोगों से पता चला कि बशीर लोहार के बेटे नासिर का किसी ने कत्ल कर दिया है.’’

बशीर लोहार का घर गांव के बीच में था. उस का छोटा सा परिवार था. घर में नासिर के मांबाप के अलावा एक बहन थी. बशीर ने अपने घर के बरामदे में भट्ठी लगा रखी थी. वहीं पर वह लोहे का काम करता था. जब मैं उस के घर पहुंचा तो वह मुझे घर के अंदर ले गया. मैं ने उस से कहा, ‘‘चाचा बशीर, जो कुछ तुम्हारे साथ हुआ, बहुत अफसोसनाक है. मैं तुम्हारे गम में बराबर का शरीक हूं. मेरी पूरी कोशिश होगी कि जैसे भी हो, कातिल को कानून के हवाले करूं. लेकिन तुम्हें मेरी मदद करनी होगी. हर बात साफसाफ और खुल कर बतानी होगी.’’

उस की बीवी जुबैदा बोल उठी, ‘‘साहब, आप से कुछ भी नहीं छिपाएंगे. हमारी दुनिया तो अंधेरी हो ही गई है, लेकिन जिस जालिम ने मेरे बच्चे को मारा है, उसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए.’’

‘‘आप दोनों को किसी पर शक है?’’

‘‘साहब, हमें किसी पर शक नहीं है. मेरा बेटा तो पूरे गांव की आंख का तारा था. अभी पिछले महीने ही उस ने कबड्डी का टूर्नामेंट जीता था. इस मुकाबले में 4 गांवों की टीमों ने हिस्सा लिया था. गुलाबपुर की टीम में अगर नासिर न होता तो यह जीत नजीराबाद के हिस्से में जाती. सुल्तानपुर और चकब्यासी पहले दौर में आउट हो गए थे. असल मुकाबला गुलाबपुर ओर नजीराबाद में था. जीतने पर गांव वाले उसे कंधे पर उठाए घूमते रहे. बताइए, मैं किस पर शक करूं?’’ बशीर ने तफ्सील से बताया.

‘‘नासिर कबड्डी का इतना अच्छा खिलाड़ी था, जहां 10 दोस्त थे, वहां एकाध दुश्मन भी हो सकता है.’’ मैं ने कहा.

‘‘आप बिलकुल ठीक कह रहे हैं साहब, पर मुझे इस बारे में कुछ पता नहीं है.’’ बशीर ने बेबसी जाहिर की.

‘‘मुझे उस दसवें आदमी की तलाश है, जिस ने नासिर का बेदर्दी से कत्ल किया है. जरूर यह किसी दुश्मन का काम है. हो सकता है, गांव के बाहर का कोई दुश्मन हो?’’ मैं ने कहा.

‘‘बाहर का भी कोई दुश्मन नहीं है साहब.’’ उस की बीवी जुबैदा ने कहा तो मैं सोच में पड़ गया. अचानक बशीर बोल उठा, ‘‘वह तो सारा दिन मेरे साथ काम में लगा रहता था. शाम को अखाड़े में कसरत वगैरह करता था.’’

‘‘यह अखाड़ा कहां है?’’ मैं ने पूछा.

‘‘अखाड़ा ट्यूबवेल के पास है. उस टूटीफूटी इमारत के करीब, जहां यह वारदात हुई.’’ उस ने जवाब दिया.

‘‘मेरे अंदाज से कत्ल देर रात को हुआ है, इतनी रात को वह अखाड़े में क्या कर रहा था?’’ मैं ने पूछा.

‘‘यह बात हमारी भी समझ में नहीं आ रही है.’’ जुबैदा बोली.

‘‘रात को क्या वह रोजाना की तरह समय पर सोया था?’’

‘‘सोया तो रोजाना की तरह ही था.’’ कहतेकहते जुबैदा रुक गई.

‘‘मुझे खुल कर बताओ, क्या बात है?’’ मैं ने कहा तो वह बोली, ‘‘आप हमारे साथ ऊपर छत पर चलिए. आप खुद समझ जाएंगे.’’

हम छत पर पहुंचे तो जुबैदा कहने लगी, ‘‘मैं रोजाना नासिर को उठाने छत पर आती थी और वह 2 पुकार में उठ जाता था. लेकिन आज ऐसा नहीं हुआ. मैं ने आगे बढ़ कर चादर उठाई तो उस के नीचे एक तकिया रखा हुआ था, जिस पर चादर ओढ़ाई हुई थी. ऐसा लग रहा था, जैसे कोई सो रहा है.’’

मैं खामोश खड़ा रहा तो जुबैदा ने कहा, ‘‘इस का मतलब है कि पिछली रात नासिर अपनी मरजी से घर से निकला था. वह नहीं चाहता था कि किसी को उस के जाने के बारे में पता चले.’’ जुबैदा बोली.

‘‘नहीं जुबैदा, ऐसा नहीं है. वह पहले भी जाता रहा होगा, पर सुबह होने से पहले आ जाता रहा होगा. इसलिए तुम्हें पता नहीं चला. तुम्हारा बेटा रात के अंधेरे में कहीं जाता था और जल्द लौट आता रहा होगा, इसलिए तुम्हें खबर नहीं मिल सकी. मुझे तो किसी लड़की का चक्कर लगता है.’’ मैं ने कहा तो वे दोनों बेयकीनी से मुझे देखने लगे, ‘‘लड़की का चक्कर…’’

बशीर ने कहा, ‘‘साहब, नासिर ऐसा लड़का नहीं था. वह तो गुलाबपुर की लड़कियों और औरतों को बहनें समझता था. वह कभी किसी की तरफ आंख उठा कर भी नहीं देखता था.’’

‘‘मैं मान नहीं सकता कि लड़की का चक्कर नहीं था. पिछली रात वह लड़की से मुलाकात करने ही खेत में पहुंचा था. अगर आप लोग लड़की का नाम बता दो तो केस जल्द हल हो जाएगा. मैं कातिलों तक पहुंच जाऊंगा, क्योंकि वही लड़की बता सकती है कि खेत में क्या हुआ था?’’ मैं ने पूरे यकीन से कहा.

‘‘जनाब, हम बड़ी से बड़ी कसम खा कर कह रहे हैं कि हम ऐसी किसी लड़की को नहीं जानते.’’ दोनों ने एक साथ कहा.

‘‘मैं आप की बात का यकीन करता हूं, पर इश्क और मुश्क छिपाए नहीं छिपते. मैं कहीं न कहीं से इस का सुराग लगा ही लूंगा. आप यह बताएं कि गुलाबपुर में नासिर का सब से करीबी दोस्त कौन है?’’

‘‘जमील से उस की गहरी दोस्ती थी.’’ बशीर ने कहा.

‘‘ठीक है, अब मैं पता कर लूंगा. दोस्त दोस्त का राज जानते हैं. मुझे जमील से मिलना है. तुम उसे यहां बुला लो?’’ मैं ने कहा.

‘‘उस का घर पड़ोस में है, मैं अभी बुलाता हूं.’’ बशीर ने कहा. उस ने वापस लौट कर बताया कि जमील 2 दिनों से टोबा टेक सिंह गया हुआ है.

‘‘ठीक है, कल वह वापस आएगा तो उस से पूछ लूंगा. अभी उस के घर वालों से बात कर लेता हूं.’’ मैं ने कहा.

सामने ही उस की परचून की दुकान थी. उस का बाप वहीं मिल गया. मैं ने करीब 15 मिनट तक उस से बात की, पर कोई काम की बात पता नहीं चल सकी. वह भी कबड्डी की वजह से नासिर का बड़ा फैन था. उसे उस की मौत का बहुत गम था. मेरा दिमाग गहरी सोच में था. मुझे पक्का यकीन था कि जरूर लड़की का चक्कर है. जहां लाश मिली थी, वहां एक अधूरा कमरा था. रात में मुलाकात के लिए वह बेहतरीन जगह थी. मुझे ऐसी लड़की की तलाश थी, जो नासिर से मोहब्बत करती थी और नासिर उस के इश्क में पागल था.  वह जगह गुलाबपुर के करीब ही थी, इसलिए लड़की भी वहीं की होनी चाहिए थी.

मेरी सोच के हिसाब से कातिल इस राज से वाकिफ था कि लड़की और नासिर वहां छिपछिप कर मिलते हैं. उसे इस बात का भी यकीन रहा होगा कि नासिर वहां जरूर आएगा. निस्संदेह कातिल उन दोनों की मोहब्बत और मिलन से सख्त नाराज रहा होगा. उस ने वक्त और मौका देख कर नासिर को मौत के घाट उतार दिया होगा. मुझे उस लड़की को तलाश करना था. दोपहर के बाद मैं ने हमीदा को थाने बुलाया. वह कस्बे में घरघर जा कर क्रीमपाउडर और परांदे वगैरह बेचा करती थी. हर घर की लड़कियों को वह खूब जानती थी और कई की राजदार भी थी. पहले भी वह मेरे कई काम करा चुकी थी.

मैं उसे कुछ पैसे दे देता था तो वह खुश हो जाती थी. मैं ने उस से पूछा, ‘‘हमीदा, तुम गुलाबपुर के हर घर से वाकिफ हो. मुझे नासिर के बारे में जानकारी चाहिए. तुम जो जानती हो, बताओ.’’

‘‘साहब, वह तो गुलाबपुर का हीरो था. बच्चाबच्चा उस पर जान देता था.’’ उस ने दुखी हो कर कहा.

‘‘मुझे गुलाबपुर की उस हसीना का नाम बताओ, जो उस पर जान देती थी और नासिर भी उस का आशिक रहा हो.’’ मैं ने उस की आंखों में झांकते हुए पूछा.

‘‘ओह, तो कत्ल की इस वारदात का ताल्लुक नासिर की मोहब्बत की कहानी से जुड़ा हुआ है.’’ उस ने गहरी सांस ले कर कहा.

‘‘सौ फीसदी, उस के इश्क में ही कत्ल का राज छिपा है.’’ मैं ने पूरे यकीन से कहा.

हमीदा कुछ सोचती रही, फिर धीरे से बोली, ‘‘सच क्या है, यह तो नहीं कह सकती. पर मैं ने उड़तीउड़ती खबर सुनी थी कि रेशमा से उस का कुछ चक्कर चल रहा था. रेशमा शकूर जुलाहे की बेटी है.’’

मैं ने हमीदा को इनाम दे कर विदा किया. मैं पहले भी उस से मुखबिरी का काम ले चुका था. उस की खबरें पक्की हुआ करती थीं. अगले दिन गरमी कुछ कम थी. मैं खाने और नमाज से फारिग हो कर बैठा था कि जमील अपने बाप के साथ आ गया. मैं ने उस के बाप को वापस भेज कर जमील को सामने बिठा लिया. वह गोराचिट्टा, मजबूत जिस्म का जवान था. मैं ने उस से पूछा, ‘‘जमील, तुम्हें नासिर के साथ हुए हादसे का पता चल गया होगा?’’

मेरी बात सुन कर उस की आंखें भीग गईं. वह दुखी लहजे में बोला, ‘‘साहब, मैं ने अपना सब से प्यारा दोस्त खो दिया है. पता नहीं किस जालिम ने उसे कत्ल कर दिया.’’

‘‘तुम उस जालिम को सजा दिलवाना चाहते हो?’’

‘‘जरूर, साहब मैं दिल से यही चाहता हूं.’’

‘‘तुम्हारी मदद मुझे कातिल तक पहुंचा सकती है. जमील मुझे यकीन है कि बिस्तर पर तकिया रख कर वह पहली बार रात को घर से बाहर नहीं गया होगा. जरूर वह पहले भी जाता रहा होगा. यह खेल काफी दिनों से चल रहा था. तुम उस के दोस्त हो, राजदार हो, तुम्हें सब पता होगा. मैं सारी हकीकत समझ चुका हूं, पर तुम्हारे मुंह से सुनना चाहता हूं.’’

कुछ देर सोचने के बाद वह बोला, ‘‘आप का अंदाजा सही है, इस में एक लड़की है.’’

‘‘रेशमा नाम है न उस का?’’ मैं ने बात पूरी की तो वह हैरानी से मुझे देखने लगा. फिर बोला, ‘‘साहब, उस का नाम रेशमा ही है. दोनों एकदूसरे से मोहब्बत करते थे. धीरेधीरे उन की मुलाकातों का सिलसिला शुरू हो गया था. मैं उन का राजदार था या यूं कहिए मेरी वजह से ही ये मुलाकातें मुमकिन थीं. रेशमा हमारी दुकान पर सामान लेने आती थी. उसे पता था कि मैं कब दुकान पर रहता हूं. मैं ही रेशमा को बताया करता था कि उसे कब खेतों में पहुंचना है. नासिर उस की राह देखेगा, अगर वह आने को हां कह देती थी तो मैं नासिर को बता देता था. फिर वह उस जगह पहुंच जाता था. इस तरह उन दोनों की मुलाकात हो जाती थी.’’

‘‘क्या मुलाकात के वक्त तुम भी आसपास होते थे?’’

‘‘नहीं साहब, मैं कभी उस तरफ नहीं गया. हां, दूसरे दिन नासिर मुझे सब बता दिया करता था.’’

‘‘दोनों के बीच बात किस हद तक आगे बढ़ चुकी थी?’’

‘‘दोनों की मोहब्बत शादी तक पहुंच गई थी. रेशमा जल्दी शादी करने का इसरार कर रही थी. नासिर भी शादी करना चाहता था, लेकिन उसे इतनी जल्दी नहीं थी. जबकि रेशमा जल्दी रिश्ता तय करने की बात कर रही थी.’’

‘‘रेशमा की जल्दी के पीछे भी कोई वजह रही होगी?’’

‘‘हां, दरअसल रेशमा की मां सरदारा बी उस का रिश्ता अपनी बहन के लड़के से करना चाहती थी और उस का बाप उस का रिश्ता अपने भाई के लड़के से करना चाहता था. पर बात सरदारा बी की ही चलनी थी, क्योंकि वह काफी तेज है. वही सब फैसले करती है. रिश्ता खाला के बेटे से न तय हो जाए, इस डर से रेशमा नासिर को जल्दी रिश्ता लाने को कह रही थी.’’ जमील ने तफ्सील से बताया.

‘‘एक बात समझ में नहीं आई जमील, तुम्हारे मुताबिक उन की मुलाकातों के तुम अकेले राजदार थे. जबकि कत्ल वाले दिन के पहले से तुम गांव से बाहर थे. फिर उस दिन दोनों की मुलाकात किस ने तय कराई थी?’’ मैं ने पूछा.

‘‘साहब, जिस दिन मैं टोबा टेक सिंह गया था, उसी दिन मैं ने उन की दूसरे दिन की मुलाकात तय करा दी थी. नासिर ने दूसरे दिन मिलने को कहा था. मैं ने यह बात रेशमा को बता दी थी. उस के हां कहने पर मैं ने नासिर को भी प्रोग्राम पक्का होने के बारे में बता दिया था.’’

‘‘इस का मतलब प्रोग्राम के मुताबिक ही नासिर अगली रात रेशमा से मिलने खेतों में पहुंचा था. यकीनन वादे के मुताबिक रेशमा भी वहां आई होगी और उस रात नासिर के साथ जो खौफनाक हादसा हुआ, वह उस ने भी देखा होगा. उस का बयान कातिल तक पहुंचने में मदद कर सकता है. मुझे रेशमा का बयान लेना होगा.’’ मैं ने कहा.

‘‘साहब, मामला बहुत नाजुक है. नासिर तो अब मर चुका है, आप रेशमा से इस तरह मिलें कि बात फैले नहीं. नहीं तो बेवजह वह मासूम बदनाम हो जाएगी.’’

‘‘तुम इस की चिंता न करो, मैं उस से बहुत सोचसमझ कर इस तरह मिलूंगा कि किसी को पता भी नहीं चलेगा.’’ मैं ने उसे समझाया.

‘‘बहुतबहुत शुक्रिया जनाब, आप बहुत अच्छे इंसान हैं.’’

‘‘जमील, तुम एक बात का खयाल रखना, जो बातें हमारे बीच हुई हैं, उन का किसी से जिक्र मत करना.’’

जब मैं नासिर की लाश ले कर गुलाबपुर पहुंचा तो बशीर लोहार के घर तमाम लोग जमा थे. लाश देख कर एक बार फिर रोनापीटना शुरू हो गया. मौका देख कर मैं ने शकूर को एक तरफ ले जा कर कहा, ‘‘शकूर, मुझे नासिर के कत्ल के सिलसिले में तुम से कुछ पूछना है. यहां खड़े हो कर बात करने से बेहतर है तुम्हारे घर बैठ कर बात की जाए.’’

उस ने कोई आपत्ति नहीं की. मैं उस के साथ उस के घर चला आया. उस की बैठक में बैठा. उस की एक बेटी थी रेशमा और एक बेटा शमशाद. बेटा 12-13 साल का रहा होगा, जो उस वक्त बाहर खेल रहा था. थोड़ी बातचीत हुई थी कि सरदारा बी चाय की ट्रे ले कर आ गई. शकूर ने कहा, ‘‘थानेदार साहब, चाय पीएं और सवाल भी पूछते रहें. ये मेरी बीवी सरदारा बी है, इस से भी जो पूछना है पूछ लें.’’

उन की बातचीत से मैं ने अंदाजा लगाया कि उन्हें रेशमा के इश्क के बारे में कोई जानकारी नहीं थी. मैं ने उन से नासिर के बारे में कुछ सवाल पूछे, उन दोनों ने उस की बहुत तारीफें कीं. बातचीत के बाद मैं ने उन से पूछा, ‘‘आप की बेटी रेशमा कहां है?’’

‘‘वह घर में ही है जनाब, कल से उसे तेज बुखार है. हकीमजी से दवा ला कर दी, पर उस का कुछ असर नहीं हुआ.’’ सरदारा बी ने कहा.

‘‘रेखमा का बुखार हकीमजी की दवा से कम नहीं होगा. यह दूसरी तरह का बुखार है.’’ मैं ने कहा तो शकूर ने चौंक कर मेरी ओर देखा. मैं ने आगे कहा, ‘‘मैं सच कह रहा हूं, यह इश्क का बुखार है. नासिर की मौत ने रेशमा के दिलोदिमाग को झिंझोड़ कर रख दिया है.’’

दोनों उलझन भरी नजरों से मुझे देखने लगे, ‘‘हमारी तो कुछ समझ में नहीं आ रहा. यह सब क्या है?’’

‘‘मैं समझाता हूं. यही सच्चाई है. रेशमा और नासिर एकदूसरे से बहुत मोहब्बत करते थे. दोनों रातों को मिलते भी थे. रेशमा को उस की मौत से बहुत दुख पहुंचा है.’’ मैं ने एकएक शब्द पर जोर देते हुए कहा.

‘‘मुझे बिलकुल यकीन नहीं आ रहा है.’’ सरदारा बी बोली.

हकीकत जान कर वे दोनों परेशान थे. मैं ने कहा, ‘‘परेशान न हों, आप के घर की बात इस चारदीवारी से बाहर नहीं जाएगी. रेशमा मेरी बेटी की तरह है और बिलकुल बेगुनाह है. मुझे उस की इज्जत का पूरा खयाल है. आप मुझे उस के पास ले चलो, मैं उस से कुछ बातें करूंगा. इस बात की कानोंकान किसी को खबर नहीं हो पाएगी. आप को घबराने की जरूरत नहीं है.’’

उन्होंने मुझे रेशमा के पास पहुंचा दिया. मैं ने उन दोनों को बाहर भेज दिया. वे दरवाजे के पीछे जा कर खड़े हो गए. मैं ने रेशमा से नरम लहजे में कहा, ‘‘रेशमा, मैं तुम से कुछ सवाल पूछना चाहता हूं. दरअसल मैं तुम से नासिर के बारे में कुछ बातें जानना चाहता हूं. वैसे मैं सब जानता हूं, फिर भी तुम्हारे मुंह से सुनना चाहता हूं.’’

‘‘मैं जो जानती हूं, सब बताऊंगी.’’ उस ने बेबसी से कहा.

‘‘कत्ल की रात तुम खेतों में नासिर से मिलने गई थीं, मुझे यह बताओ कि उस पर हमला किस ने किया था?’’ मैं ने पूछा.

‘‘मैं उस रात नासिर से मिलने नहीं गई थी.’’ वह मजबूती से बोली. उस के लहजे में विश्वास और यकीन साफ झलक रहा था.

‘‘जमील ने मुझे बताया है कि तुम्हारी और नासिर की मुलाकात पहले से तय थी. यह बात इस से भी साबित होती है, क्योंकि नासिर तुम से मिलने खेतों में गया था.’’

‘‘यही बात तो मेरी समझ में नहीं आ रही है कि नासिर वहां क्यों गया था? जबकि उस ने खुद ही प्रोग्राम कैंसिल कर दिया था.’’ उस ने उलझन भरे लहजे में कहा.

‘‘प्रोग्राम कैंसिल कर दिया था, यह तुम क्या कह रही हो?’’ उस की बात सुन कर मैं बुरी तरह चौंका.

‘‘मैं बिलकुल सच कह रही हूं थानेदार साहब, मुझे नहीं पता प्रोग्राम कैंसिल करने के बाद नासिर वहां क्यों गया था. कल से मैं यही बात सोच रही हूं.’’ रेशमा ने सोचते हुए कहा.

‘‘एक मिनट, तुम दोनों के बीच खबर का आदानप्रदान जमील ही करता था न, पर जमील पिछले 2 दिनों से गुलाबपुर में नहीं था. फिर प्रोग्राम कैंसिल होने की खबर तुम्हें किस ने दी?’’ मैं ने उसे देखते हुए पूछा.

‘‘इम्तियाज ने.’’ उस ने एकदम से कहा.

‘‘इम्तियाज कौन है?’’

‘‘माजिद चाचा का बेटा.’’

‘‘क्या इम्तियाज को भी तुम दोनों के मोहब्बत की खबर थी?’’

‘‘नहीं जी, वह तो 8 साल का बच्चा है. हमारे पड़ोस में ही रहता है.’’

‘‘इम्तियाज ने तुम से क्या कहा था?’’

‘‘मुझे तो यह जान कर ही बड़ी हैरानी हुई थी कि नासिर ने इम्तियाज के हाथ यह पैगाम क्यों भिजवाया था कि मुझे वहां नहीं जाना है. मैं ने चेक करने के लिए उस से पूछा, कहां नहीं जाना है. इस पर उस ने कहा था कि वह इस से ज्यादा कुछ नहीं जानता. नासिर भाई ने कहा है कि रेशमा को कह दो कि आज नहीं आना है. कुछ जरूरी काम है.’’ उस ने रुकरुक कर आगे कहा, ‘‘मैं जमील की दुकान पर जा कर पता कर लेती, पर वह टोबा टेक सिंह चला गया था. इम्तियाज से कुछ पूछना बेकार था. बहरहाल मैं ने फैसला कर लिया था कि मैं नासिर से मिलने नहीं जाऊंगी.’’

‘‘इस का मतलब है कि नासिर को पूरी मंसूबाबंदी से साजिश के तहत कत्ल किया गया है. मुझे यकीन है कि इम्तियाज उस आदमी को पहचानता होगा, जिस ने नासिर के हवाले से तुम्हारे लिए संदेश भेजा था.’’ मैं ने सोचते हुए कहा.

‘‘आप यह बात इम्तियाज से पूछें. मेरी तबीयत बहुत बिगड़ रही है. चक्कर आ रहे हैं.’’ वह कमजोर लहजे में बोली.

‘‘तुम आराम करो रेशमा, पर इन बातों का किसी से जिक्र मत करना और परेशान मत होना.’’ मैं ने उसे समझाया. जब मैं कमरे से निकला तो उस के मांबाप ने मुझे घेर कर पूछा, ‘‘थानेदार साहब, कुछ पता चला?’’

‘‘कुछ नहीं, बल्कि सब कुछ पता चल गया है.’’

‘‘हमें भी तो कुछ बताइए न?’’ शकूर ने कहा.

‘‘पहले आप पड़ोस से इम्तियाज को बुलाएं.’’

थोड़ी देर में सरदारा बी इम्तियाज को बैठक में ले आई. वह 8 साल का मासूम सा बच्चा था. मैं ने उसे प्यार से अपने पास बिठा कर पूछा, ‘‘बेटा इम्तियाज, तुम जानते हो कि मैं कौन हूं?’’

‘‘हां, आप पुलिस हैं.’’ वह मुझे गौर से देखते हुए बोला.

इधरउधर की एकदो बातें करने के बाद मैं ने उस से कहा, ‘‘तुम स्कूल जाते हो, एक अच्छे बच्चे हो, सच बोलने वाले. यह बताओ, परसों शाम को तुम ने रेशमा बाजी से कहा था कि नासिर भाई ने कहा है कि आज नहीं आना है.’’ मैं ने उसे गौर से देखते हुए कहा, ‘‘ऐसा हुआ था न?’’

‘‘हां, ऐसा हुआ था साहब.’’ इम्तियाज बोला.

‘‘तुम बहुत अच्छे बच्चे हो. मैं तुम्हें टाफियां दूंगा. अब यह भी बता दो कि तुम ने रेशमा बाजी को कहां जाने से मना किया था?’’

‘‘यह मुझे नहीं पता.’’ वह मासूमियत से बोला, ‘‘आप को यकीन नहीं आ रहा है तो रब की कसम खाता हूं.’’

‘‘नहीं बेटा, कसम खाने की जरूरत नहीं है. मुझे तुम पर भरोसा है. तुम ने तो रेशमा बाजी से वही कहा था, जो नासिर भाई ने तुम से कहलवाया था, है न?’’

‘‘नहीं जी.’’ वह उलझन भरी नजरों से मुझे देखने लगा.

‘‘क्या नहीं?’’

‘‘यह बात मुझे नासिर भाई ने नहीं कही थी.’’

उस ने कहा तो मैं ने तपाक से सवाल किया, ‘‘फिर किस ने कही थी?’’

‘‘हैदर भाई ने.’’

‘‘तुम्हारा मतलब है हैदर अली? सरदारा बी का भांजा हैदर अली जुलेखा का बेटा.’’ मैं ने पूछा.

‘‘जी, जी वही हैदर भाई.’’ उस ने जल्दी से कहा.

सरदारा बी की बहन जुलेखा का घर भी गुलाबपुर में ही था. हैदर अली उसी का बेटा था और वह इसी हैदर से रेशमा की शादी करना चाहती थी. यह भी सुनने में आया था कि हैदर का दावा था कि रेशमा उस की बचपन की मंगेतर है. मैं सोचने लगा कि जब उसे रेशमा और नासिर की मोहब्बत का पता चला होगा तो उस ने अपने प्रतिद्वंदी को रास्ते से हटाने की कोशिश की होगी. मुझे लगा कि अब केस हल हो जाएगा. जैसे ही वह मेरे हत्थे चढ़ेगा, उसे डराधमका कर मैं उस की जुबान खुलवाने में कामयाब हो जाऊंगा. पर ऐसा नहीं हुआ.

जब मैं जुलेखा के घर पहुंचा तो हैदर अली घर पर नहीं था. मैं ने जुलेखा से पूछा, ‘‘हैदर अली कहां गया है?’’

‘‘मुझे तो पता नहीं, बता कर नहीं गया है जी. वैसे आप हैदर को क्यों ढूंढ रहे हैं?’’ वह परेशान हो कर बोली.

उस की परेशानी स्वाभाविक थी. अगर पुलिस किसी के दरवाजे पर आए तो घर के लोग चिंता में पड़ जाते हैं. मैं जुलेखा को अंधेरे में नहीं रखना चाहता था. मैं ने ठहरे हुए लहजे में कहा, ‘‘तुम्हें यह पता है न कि गुलाबपुर में एक लड़के का कत्ल हो गया है?’’

‘‘जी…जी मालूम है, बशीर लोहार के जवान बेटे का कत्ल हो गया है. किसी जालिम ने उसे बड़ी बेरहमी से मारा है.’’ उस ने कहा.

‘‘किसी ने नहीं, एक खास बंदे ने जिस की तलाश में मैं यहां आया हूं. तुम्हारा लाडला हैदर अली.’’

‘‘नहींऽऽ.’’ उस ने एक चीख सी मारी, ‘‘मेरा बेटा कातिल नहीं हो सकता. आप को कोई गलतफहमी हुई है थानेदार साहब.’’ वह रोनी आवाज में बोली.

‘‘हर मां का यही खयाल होता है कि उस का बेटा मासूम है. पर मैं तफ्तीश कर के पक्के सुबूत के साथ यहां आया हूं.’’

‘‘कैसा सुबूत साहब?’’ वह परेशान हो कर बोली.

‘‘हैदर अली को मेरे हाथ लगने दो, उसी के मुंह से सुबूत भी जान लेना.’’ मैं ने तीखे लहजे में कहा.

काफी देर राह देखने के बाद मैं ने गांव में अपने 2 लोग उस की तलाश में भेजे. पर वह कहीं नहीं मिला. इस का मतलब था, वह गांव छोड़ कर कहीं भाग गया था. गुलाबपुर में भी किसी को उस के बारे में कुछ पता नहीं था. हैदर अली के गांव से गायब होने से पक्का यकीन हो गया कि वारदात में उसी का हाथ था. मैं काफी देर तक गुलाबपुर में रुका रहा. फिर जुलेखा से कहा, ‘‘जैसे ही हैदर घर आए, उसे थाने भेज देना.’’

एक बंदे को उस की टोह में लगा कर मैं थाने लौट आया. अगले रोज मैं सुबह की नमाज पढ़ कर उठा ही था कि किसी ने दरवाजा खटखटाया. दरवाजा खोला तो सामने कांस्टेबल न्याजू खड़ा था. पूछने पर बोला, ‘‘साहब, जिस सिपाही को हैदर के लिए गांव में छोड़ कर आए थे, उस ने खबर भेजी है कि वह देर रात घर लौट आया है.’’

‘‘न्याजू, तुम और हवलदार समद फौरन गुलाबपुर रवाना हो जाओ और हैदर अली को साथ ले कर आओ.’’ मैं ने उसे आदेश दिया.

तैयार हो कर मैं थाने पहुंचा तो थोड़ी देर बाद हवलदार समद हैदर को गिरफ्तार कर के ले आया. उस के साथ रोती, फरियाद करती जुलेखा भी थी. मैं ने कहा, ‘‘देखो जुलेखा, रोनेधोने की जरूरत नहीं है. यह थाना है शोर मत करो.’’

‘‘साहब, आप मेरे जवान बेटे को पकड़ कर ले आए हैं, मैं फरियाद भी न करूं.’’ वह रोते हुए बोली.

‘‘मैं ने तुम्हारे बेटे को पूछताछ के लिए थाने बुलाया है, फांसी पर चढ़ाने के लिए नहीं. अगर वह बेकुसूर है तो अभी थोड़ी देर में छूट जाएगा. यह मेरा वादा है तुम से.’’

‘‘अल्लाह करे, मेरा बेटा बेगुनाह निकले.’’

‘‘मेरी सलाह है, तुम घर चली जाओ. अगर हैदर बेकुसूर है तो शाम तक घर आ जाएगा.’’

हैदर को मैं ने अपने कमरे में बुलाया. हवलदार समद भी साथ था. मैं ने उसे गहरी नजर से देखा और तीखे लहजे में कहा, ‘‘हैदर, इसी कमरे में तुम्हारी जुबान खुल जाएगी या तुम्हें ड्राइंगरूम की सैर कराई जाए.’’

मेरी बात सुन कर उस के चेहरे का रंग उतर गया. वह गिड़गिड़ाया, ‘‘साहब, मैं ने ऐसा क्या किया है?’’

‘‘क्या के बच्चे, मैं बताता हूं तेरी काली करतूत. तूने नासिर का कत्ल किया है.’’

‘‘नहीं जी, मैं ने किसी का कत्ल नहीं किया.’’ वह घबरा उठा.

‘‘फिर नासिर का कातिल कौन है?’’ मैं ने उस की आंखों में देखते हुए कहा.

‘‘मुझे कुछ पता नहीं थानेदार साहब.’’ वह हकलाया.

‘‘तुम्हें यह तो पता है न कि रेशमा तुम्हारी बचपन की मंगेतर है.’’ मैं ने टटोलने वाले अंदाज में कहा.

‘‘जी, जी हां, यह सही है.’’ उस ने कहा.

‘‘और यह भी तुम्हें मालूम होगा कि मकतूल नासिर और तुम्हारी मंगेतर रेशमा में पिछले कुछ अरसे से इश्क का चक्कर चल रहा था?’’

‘‘यह आप क्या कह रहे हैं थानेदार साहब?’’ उस ने नकली हैरत दिखाते हुए कहा.

‘‘मैं जो कह रहा हूं, तुम अच्छी तरह समझ चुके हो. सीधी तरह से सच्चाई बता दो, वरना मुझे दूसरा तरीका अपनाना पड़ेगा.’’ मैं ने सख्त लहजे में कहा.

‘‘मैं बिलकुल सच कह रहा हूं, मैं ने नासिर का कत्ल नहीं किया.’’ वह नजरें चुराते हुए बोला.

‘‘नासिर के कत्ल वाली बात पहले हो चुकी है. अभी मेरे इस सवाल का जवाब दो कि तुम्हें रेशमा और नसिर के इश्क की खबर थी या नहीं? सच बोलो.’’ मैं ने पूछा.

‘‘नहीं साहब, मुझे इस बारे में कुछ पता नहीं था.’’

‘‘तो क्या तुम इम्तियाज को भी नहीं जानते?’’

‘‘कौन इम्तियाज?’’ वह टूटी हुई आवाज में बोला.

‘‘माजिल का बेटा, रेशमा का पड़ोसी बच्चा. याद आया कि नहीं?’’ मैं ने दांत पीसते हुए कहा.

‘‘अच्छाअच्छा, आप उस बच्चे की बात कर रहे हैं.’’

‘‘हां…हां, वही बच्चा, जिस के हाथ तुम ने रेशमा के लिए संदेह भेजा था कि नासिर भाई ने कहा है कि आज नहीं आना है.’’ मैंने एकएक शब्द पर जोर देते हुए कहा तो वह हैरानी से बोला, ‘‘मैं ने? मैं ने तो ऐसी कोई बात नहीं की…’’

‘‘तुम्हारे इस कारनामे के 2 गवाह मौजूद हैं. एक तो इम्तियाज, जिस के हाथ तुम ने संदेश भेजा था, दूसरी रेशमा, जिस के लिए तुम ने यह पैगाम भेजा था. अब बताओ, क्या कहते हो?’’

मेरी बात सुन कर वह हड़बड़ा गया. हवलदार समद ने कहा, ‘‘आप इस नालायक को मेरे हवाले कर दें, एक घंटे में फटाफट बोलने लगेगा.’’

मैं ने हैदर अली को हवलदार के हवाले कर दिया. थोड़ी देर में उस की चीखनेचिल्लाने की आवाजें आने लगीं. एक घंटे के पहले ही हवलदार ने खुशखबरी सुनाई.

‘‘हैदर अली ने जुर्म कुबूल लिया है. आप इस का बयान ले लें.’’

‘‘मतलब यह कि उस ने नासिर के कत्ल की बात मान ली है?’’ मैं ने पूछा.

‘‘जी नहीं, बात कुछ और ही है, आप उसी से सुनिए.’’

हैदर अली ने नासिर का कत्ल सीधेसीधे नहीं किया था. अलबत्ता वह एक अलग तरह से इस कत्ल से जुड़ा था. यह भी सच था कि नन्हे इम्तियाज से रेशमा को पैगाम उसी ने भिजवाया था. यह पैगाम उस ने चौधरी आफताब के कहने पर रेशमा को भिजवाया था, ताकि रेशमा वारदात की रात मुलाकात की जगह न पहुंच सके और नासिर को ठिकाने लगाने में किसी मुश्किल का सामना न करना पड़े. चौधरी आफताब नजीराबाद के चौधरी का बेटा था. वह भी कबड्डी का अच्छा खिलाड़ी था. हाल ही में खेले गए टूर्नामेंट में वह नजीराबाद से खेल रहा था. फाइनल मैच में नजीराबाद की बुरी तरह से हार हुई थी. कप और इनाम गुलाबपुर के हिस्से में आए. ढेरों तारीफ व जीत की खुशी भी नासिर के नाम लिखी गई.

एक कबड्डी का दांव नासिर और आफताब के बीच पड़ा था, जिस में नासिर ने चौधरी आफताब को इतनी बुरी तरह से रगड़ा था कि उस की नाक और मुंह से खून बहने लगा था. एक तो गांव की हार, ऊपर से अपनी दुर्गति पर उस का दिल गुस्से और बदले की आग से जलने लगा था. उस का वश चलता तो वह वहीं नासिर का सिर फोड़ देता. उस ने मन ही मन इरादा कर लिया कि नासिर से बदला जरूर लेगा. इस तरह उस का अपने सब से बड़े प्रतिद्वंदी से भी पीछा छूट जाएगा. आफताब से हैदर ने कह रखा था कि रेशमा उस की बचपन की मंगेतर है. किसी तरह उसे यह भी पता चल गया था कि नासिर और रेशमा के बीच मोहब्बत और मुलाकात का सिलसिला चल रहा है. इसलिए उस ने एक तीर से दो शिकार करने का खतरनाक मंसूबा बना लिया.

हैदर अली को रेशमा और नासिर के संबंध का शक तो था ही, पर जब आफताब ने इस बारे में उसे शर्मसार किया तो वह आपे से बाहर हो गया. चौधरी आफताब ने उसे समझाया कि जोश के बजाय होश और तरीके से काम लिया जाए तो सांप भी मर जाएगा और लाठी भी सलामत रहेगी. हैदर अली ने चौधरी आफताब का साथ देने का फैसला कर लिया. हैदर अली ने अपने हाथों से नासिर का कत्ल नहीं किया था, पर वह इस साजिश का एक हिस्सा था. जिस में चौधरी के भेजे हुए दो लोगों ने तेजधार चाकू की मदद से नासिर का बेदर्दी से कत्ल कर दिया था. जब कातिल उसे मौत के घाट उतार रहे थे तो हैदर अली थोड़ी दूर अंधेरे में खड़ा यह खूनी तमाशा देख रहा था.

हैदर अली के इकबालेजुर्म और गवाही पर मैं ने उसी रोज खुद नजीराबाद जा कर नासिर के कत्ल के सिलसिले में चौधरी आफताब को भी गिरफ्तार कर लिया था. आफताब गांव के चौधरी का बेटा था, इसलिए उस की गिरफ्तारी को रोकने के लिए मुझ पर काफी दबाव डाला गया था, पर मैं ने उस के असर व पैसे की परवाह न करते हुए चौधरी आफताब और उस की निशानदेही पर उन दोनों कातिलों को भी जेल की सलाखों के पीछे पहुंचा दिया था. अपनी हर कोशिश नाकाम होते देख चौधरी ने मुझे धमकी दी थी, ‘‘मलिक साहब, आप को मेरी ताकत का अंदाजा नहीं है. मैं अपने बेटे को अदालत से छुड़वा लूंगा.’’

मैं ने विश्वास से कहा, ‘‘चौधरी साहब, मैं सिर्फ खुदा की ताकत और कानून से डरता हूं. आप को जितना जोर लगाना है, लगा लो. आप का होनहार बेटा अदालत से सीधा जेल जाएगा.’’

मैं ने हैदर अली, चौधरी आफताब और नासिर के दोनों कातिलों के खिलाफ बहुत सख्त रिपोर्ट बनाई और उन्हें अदालत के हवाले कर दिया. दोनों कातिल अपने जुर्म का इकबाल कर चुके थे, इसलिए उन की बाकी जिंदगी जेल में ही गुजरनी थी. True Crime Stories

 

Short Hindi Story : दूल्हा एक दुलहन दो

Short Hindi Story : आज के महंगाई के दौर में एक पत्नी के साथ घर को चलाना आसान नहीं है तो वहीं ऐसे भी मामले सामने आए हैं, जहां सामान्य परिवार के युवकों ने एक साथ 2-2 लड़कियों से समाज और घर वालों की सहमति से शादी की. आखिर यह कैसे हुआ?

आज लोग एक शादी कर के परेशान रहते हैं. हां, राजारजवाड़ों के जमाने की बात अलग थी. उस समय जरूर लोग कईकई शादियां करते थे. जिस की जैसी सामर्थ्य होती थी, वह उसी हिसाब से शादी कर लेता था. राजाओं या जमींदारों की तो बात ही अलग थी. वे तो बुढ़ापे तक जवान लड़कियों से शादियां करते रहते थे. कहा जाता है कि पटियाला के महाराजा भूपिंदर सिंह की तो वैधअवैध मिला कर कुल 365 पत्नियां थीं. लेकिन अब समय बदल गया है. महंगाई के इस जमाने में एक पत्नी को ही संभालना लोगों के लिए मुश्किल हो रहा है तो 2 पत्नियों को भला कौन संभाल पाएगा. शादी भी अब एक से ज्यादा नहीं की जा सकती. हां, अगर पहली पत्नी ऐतराज न करे तो आदमी दूसरी शादी कर सकता है.

लेकिन ये शादियां एक साथ नहीं होतीं. किसी को बच्चा नहीं हुआ या पहली पत्नी को असाध्य बीमारी हो गई या फिर किसी से प्यार हो गया तो पहली पत्नी से स्वीकृति ले कर ही लोग दूसरी शादी कर सकते हैं.  जिस ने भी दूसरी शादी की है, उस ने इसी तरह की है. किसी दूसरी महिला के प्यार में पड़ कर भी बहुत लोगों ने धर्म बदल कर दूसरी शादी की है. लेकिन कोई एक ही मंडप में एक साथ 2 लड़कियों से शादी करे तो जान कर थोड़ी हैरानी तो होगी न. भला 2 लड़कियां एक साथ एक ही लड़के से एक ही मंडप में शादी करने को कैसे राजी हो गईं?

लेकिन इस में हैरान होने की बात नहीं है. जहां प्यार होता है, वहां कुछ भी संभव है. जिनजिन लोगों ने पहली पत्नी के रहते दूसरी शादी की है, उन में से ज्यादातर लोगों ने दूसरी शादी प्यार में ही पड़ कर की है. इसी तरह प्यार में ही पड़ कर जिला आदिलपुर के उन्नूर मंडल के गांव घनपुर के रहने वाले अर्जुन ने एक ही मंडप में एक साथ 14 जून, 2021 को 2 लड़कियों से एक साथ शादी की है. हुआ यह कि अर्जुन को पहले अपनी बुआ (पिता की बहन) की बेटी ऊषा रानी से प्यार हो गया. अर्जुन और ऊषा रानी की प्रेमकहानी चल ही रही थी कि अर्जुन को अपनी चाची की बेटी सुरेखा से भी प्यार हो गया.

कहा जाता है कि अर्जुन अपनी इन दोनों प्रेमिकाओं से 4 साल तक मिलताजुलता रहा और किसी और को तो क्या उस की प्रेमिकाओं को भी पता नहीं चला कि उन का प्रेमी एक नहीं, 2-2 लड़कियों से प्यार ही नहीं कर रहा, बल्कि मिलजुल भी रहा है. इस का पता तो तब चला, जब अर्जुन के मातापिता ने उस की शादी का निर्णय लिया. घर वालों ने जैसे ही अर्जुन की शादी की बात चलाई, दोनों लड़कियां आ कर सामने खड़ी हो गईं. दोनों ही लड़कियां उस से शादी को तैयार थीं. इस के लिए अर्जुन को न कोई दुविधा थी और न ही किसी तरह का ऐतराज. ऐतराज होता भी क्यों, उस ने तो दोनों से प्यार किया था.

चूंकि दोनों लड़कियों को भी मंजूर था और उन के घर वालों को भी किसी तरह की कोई आपत्ति नहीं थी, इसलिए अर्जुन की शादी ऊषा रानी और सुरेखा के साथ समुदाय के लोगों की मौजूदगी में धूमधाम से हो गई. आदिवासी समुदाय में जिस तरह के पारंपरिक कपड़े पहन कर विवाह होता है, उसी तरह के कपड़े पहन कर अर्जुन और दोनों लड़कियां आदिवासी समुदाय के रीतिरिवाजों के अनुसार रस्में पूरी कर विवाह बंधन में बंध गए. चूंकि आदिवासी समुदाय में इस तरह के विवाह की अनुमति है, इसलिए अर्जुन को 2 लड़कियों से एक साथ शादी करने में किसी तरह की कोई अड़चन नहीं आई.

अर्जुन के समुदाय में भले ही इस तरह की शादी की अनुमति है, लेकिन ऐसा पहली बार हुआ है, जब 2 दुलहनों ने एक साथ एक दूल्हे से विवाह किया है. आप सोच रहे होंगे कि 2 दुलहनों से एक साथ विवाह करने वाला अर्जुन अनपढ़ गंवार होगा, तभी तो उस ने इस तरह का अजीब काम किया है. ऐसी बात नहीं है. अर्जुन पढ़ालिखा है. उस ने बीएड किया है. लेकिन अभी उसे नौकरी नहीं मिली है. वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है. आदिवासी समुदाय के अर्जुन का विवाह भले ही अपने समुदाय में इस तरह का पहला विवाह है, जिस ने 2 लड़कियों के साथ एक साथ विवाह किया है, लेकिन इस के पहले 3 जनवरी, 2021 को छत्तीसगढ़ के जिला बस्तर के शहर से लगे गांव टिकरा लोहंगा का रहने वाला चंदू मौर्य एक ही मंडप में पूरे गांव के सामने 2 लड़कियों से विवाह कर चुका है.

दरअसल, चंदू मौर्य अपने ही गांव की हसीना बघेल और सुंदरी कश्यप से प्यार करता था. दोनों लड़कियां भी उसे इस हद तक प्यार करती थीं कि उस के बिना नहीं रह सकती थीं. जब चंदू की शादी की बात चली तो दोनों ही उस के साथ शादी करने को तैयार हो गईं. गांव में पंचायत बैठी. दोनों लड़कियां जिद पर अड़ी थीं. मजबूरन गांव वालों को फैसला लेना पड़ा कि चंदू चाहे तो दोनों लड़कियों के साथ शादी कर सकता है. चंदू भी दोनों लड़कियों के साथ शादी के लिए राजी था. गांव वालों की सहमति थी ही. इस के बाद गांव वालों की मौजूदगी में गाजेबाजे के साथ आदिवासी रीतिरिवाजों के साथ चंदू ने हसीना और सुंदरी के साथ 7 फेरे लिए.

वैसे तो हिंदुओं में कोई युवक 2 शादियां नहीं कर सकता. पर आदिवासी प्रथा के अनुसार पुरुष एक से अधिक शादी कर सकते हैं. फिर भी अर्जुन की ही तरह चंदू का यह पहला मामला है, जब किसी युवक ने एक ही मंडप में 2 लड़कियों के साथ विवाह किया है. हसीना और सुंदरी अपने पति चंदू के साथ हंसीखुशी से रह रही हैं. अर्जुन और चंदू की ही तरह 8 जुलाई, 2020 को मध्य प्रदेश के जिला बैतूल मुख्यालय से 40 किलोमीटर दूर ब्लौक घोड़ाडोंगरी के गांव कोयलारी के रहने वाले संदीप उइके ने भी एक ही मंडप में 2 लड़कियों से विवाह किया था. इन में एक दुलहन उन की प्रेमिका है तो दूसरी उस के मातापिता द्वारा पसंद की गई है.

हुआ यह कि संदीप जब भोपाल में पढ़ रहा था, तभी होशंगाबाद की रहने वाली एक लड़की से उसे प्यार हो गया. दोनों ने शादी का निर्णय कर लिया. वहीं दूसरी ओर घर वालों ने उस की शादी घोड़ाडोंगरी ब्लौक के गांव कोयलारी की रहने वाली एक लड़की से तय कर दी. घर वाले अपनी पसंद की लड़की से शादी करने लिए संदीप पर दबाव डाल रहे थे. दूसरी ओर प्रेमिका संदीप को छोड़ने को तैयार नहीं थी. मामला बढ़ा तो पंचायत बुलाई गई. पूरी बात सुन कर पंचायत ने कहा कि जब दोनों लड़कियां एक साथ रहने को तैयार हैं तो क्यों न दोनों ही लड़कियों की संदीप से शादी करा दी जाए.

दोनों लड़कियां इस बात पर सहमत थीं. उन के घर वालों ने भी ऐतराज नहीं किया. उस के बाद दोनों के घर वालों के अलावा गांव और बिरादरी वालों की मौजूदगी में उन के रीतिरिवाजों के अनुसार एक ही मंडप में संदीप की शादी दोनों लड़कियों से करा दी गई. इसी तरह उत्तर प्रदेश के प्रयागराज का रहने वाला एक युवक मंदिर में 2 लड़कियों की मांग भर कर एक साथ विवाह कर चुका है. दरअसल, हुआ यह था कि युवक एक लड़की से प्यार करता था. लड़की जब भी उस युवक से शादी के लिए कहती तो वह कोई न कोई बहाना बना कर टाल देता था. तब लड़की ने उस से कहा, ‘‘अगर तुम ने मेरे साथ शादी नहीं की, मुझे धोखा दिया तो मैं जहर खा कर जान दे दूंगी.’’

युवक ने लड़की को बहुत समझाया, पर लड़की अपनी जिद पर अड़ी रही. इस पर युवक को गुस्सा आ गया और उस ने लड़की को एक थप्पड़ मार दिया. वह लड़की वहां से सीधे थाना कर्नलगंज पहुंची और युवक के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज करा दिया. मुकदमा दर्ज करने के बाद थाना कर्नलगंज पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे जमानत मिल गई. युवक अपने ही मोहल्ले की एक अन्य  लड़की से पहले से ही प्रेम करता था. उस का और उस लड़की से कई सालों से प्रेम प्रसंग  चल रहा था. एक दिन दोनों यमुना बैंक पर घूम रहे थे तो उस की पहली प्रेमिका ने उन्हें देख लिया. दूसरी लड़की के साथ अपने प्रेमी को देख कर वह लड़की हंगामा करने लगी. आखिर किसी तरह मामला शांत हुआ.

अगले दिन वह युवक अपनी नई प्रेमिका के साथ मंदिर में शादी करने पहुंचा तो न जाने किस तरह सूचना पा कर युवक की पुरानी प्रेमिका भी वहां पहुंच गई. शादी को ले कर वह हंगामा करने लगी. दोनों ही लड़कियां उस युवक से शादी करना चाहती थीं. युवक दोनों को समझाता रहा, पर वे मानने को तैयार नहीं थीं. मजबूर हो कर युवक ने दोनों की मांग भर कर दोनों के साथ शादी कर ली. जिस का वीडियो वायरल हुआ तो लोगों को इस अनोखी शादी का पता चला.

Stories in Hindi : वो काली मनहूस रात

Stories in Hindi : युवा उद्योगपति रोहित अग्रवाल हर अमावस की रात को फाइवस्टार होटल से एक लड़की ले कर अपने बंगले पर लौटता था. फिर उस लड़की को निर्वस्त्र कर हाथपैर बांध कर घुटने के बल बैठा देता था. इस के बाद चाकू की नोक से उस की पीठ पर लिख देता था ‘बेवफा’. आखिर वह ऐसा क्यों करता था?

एक पेशेंट के चेहरे की ड्राफ्टिंग तैयार कर के मैं वार्ड में आया तो वार्डबौय विनोद ने मुझे एक लिफाफा ला कर दिया. यह डाक से मेरे नाम आया एक पत्र था. पत्र लंदन से भेजा गया था. मुझे बेहद हैरानी हुई, लंदन में मेरा कोई पहचान वाला नहीं रहता था. पत्र किस ने भेजा है? सोचते हुए मैं ने भेजने वाले का नाम पढ़ा तो खुशी के कारण मेरे मुंह से चीख निकल गई. वार्ड में मौजूद पेशेंट और स्टाफ के लोग मेरी चीख सुन कर मुझे आश्चर्य से देखने लगे तो मैं झेंप गया. मैं तुरंत वहां से अपने रेस्टरूम में आ गया. यह पत्र लंदन से रोहित ने भेजा था. रोहित अग्रवाल! मेरा दोस्त रोहित, जिसे मैं एक साल से पागलों की तरह तलाश कर रहा था.

रोहित मुंबई से अचानक ही गायब हो गया था. मैं ने उसे हर संभावित जगह पर ढूंढा था, उस के लिए मुंबई के हर छोटेबड़े अखबारों में उस की गुमशुदगी का इश्तहार छपवाए थे, लेकिन उस का कोई अतापता नहीं चला था. चलता भी कैसे, वह तो भारत से सैकड़ों मील दूर लंदन में बैठा हुआ था. आज उसे मेरी याद आई थी. मैं ने आराम कुरसी पर बैठने के बाद पत्र लिफाफे से बाहर निकाला और पढऩे लगा—

‘प्रिय दोस्त अभय! लंदन के होटल शार्क में एक हिंदुस्तानी व्यक्ति के पास मुंबई से निकलने वाले न्यूजपेपर ‘लोकमत’ में अपनी गुमशुदगी का इश्तहार देख कर दिल को बहुत सुकून मिला कि तुम आज भी मुझे अपना मानते हो. मेरी तलाश में भटक रहे हो और तुम ने मेरी दोस्ती को भुलाया नहीं है.

‘दोस्त, मैं भी तुम्हें नहीं भूला हूं. किसी मजबूरीवश मुझे अचानक मुंबई छोडऩी पड़ी थी. अब में लंदन में हूं. यहां मैं ने ‘अग्रवाल फेब्रिक इंडिया’ नाम से एक कंपनी खोल ली है. तुम्हें हर रोज याद करता हूं. तुम पत्र पाते ही तुरंत लंदन चले आओ, फिर बैठ कर ढेर सारी बातें करेंगे. आने से पहले मेरे मोबाइल पर सूचना देना, मेरा मोबाइल नंबर यह है 993333333 तुम्हारा दोस्त रोहित अग्रवाल.’

रोहित का पत्र पढ़ कर मैं उस की यादों में खो गया. रोहित मुंबई के मशहूर उद्योगपति धीरेन अग्रवाल का इकलौता बेटा था. धीरेन अग्रवाल की मुंबई में कपड़ा मिल थी, जिस में सैकड़ों मजदूर काम करते थे. धीरज अग्रवाल की पत्नी की असमय ही कैंसर से मृत्यु हो गई थी, उस वक्त रोहित 11 साल का था. धीरेन अग्रवाल ने मां और बाप की जिम्मेदारी निभाते हुए रोहित की परवरिश की थी. उन के पास धनदौलत की कोई कमी नहीं थी. उन के बाद सब कुछ रोहित का ही था, फिर भी उन्होंने रोहित को पढ़ानेलिखाने में कोई कंजूसी नहीं की.

रोहित की पहचान मुझ से सेंट पीटर्स स्कूल में हुई थी. यहां मैं दसवीं कक्षा में पढ़ रहा था. रोहित भी इसी स्कूल में मेरी क्लास का छात्र था. यहां ऊंचे घराने के बच्चे पढ़ते थे. चूंकि मेरे पापा का एक रोड एक्सीडेंट में निधन हो गया था, मैं अपने चाचाचाची के पास रह कर जीवनयापन कर रहा था. मेरे चाचाजी इसी स्कूल में चपरासी थे, उन्होंने स्कूल प्रशासन के हाथपैर जोड़ कर मेरा एडमिशन इस स्कूल में करवा दिया था. रोहित अमीर बाप का बेटा था, लेकिन उस में इस बात का जरा सा भी घमंड नहीं था. उस ने मुझे अपना दोस्त बनाया तो अपनी खानेपीने की चीजें मुझ से शेयर करने लगा. मेरी छोटीमोटी जरूरतों का वह पूरा खयाल रखने लगा था. हम ने हाईस्कूल इसी स्कूल से पास किया. बाद में रोहित ने अपना एडमिशन सोमैय्या आर्ट ऐंड कमर्शियल कालेज में करवा लिया था.

मेरी रुचि साइंस में थी, लेकिन इस की पढ़ाई के लिए मेरे चाचा के पास पैसे नहीं थे. रोहित ने मेरी इच्छा को देखते हुए मेरा एडमिशन सेंट जेवियर्स कालेज में अपने खर्चे से करवा दिया. उस दिन मैं रोहित के गले लग कर खूब रोया. रोहित मेरी पीठ सहलाता रहा, जब मैं ढेरों आंसू बहा लेने के बाद उस के कंधे से हटा तो रोहित ने मुसकरा कर कहा था, ”तुम बड़े डाक्टर बन कर मुंबई में अपना हौस्पिटल खोलो, मेरी यही इच्छा है अभय.’’

मैं ने सिर हिला कर उसे आश्वासन दिया कि तुम्हारी इच्छा का मैं खयाल रखूंगा मेरे दोस्त. यहां से हम दोस्त अलग हुए थे. रोहित अपने कालेज जाता, मैं अपने. यहां की पढ़ाई पूरी कर के मैं प्लास्टिक सर्जरी का कोर्स करने के लिए अमरीका चला गया. इस का भी पूरा खर्च रोहित ने ही उठाया था. अब हम दोनों के बीच बातचीत का जरिया फोन ही था. मैं रोहित का सपना साकार करने के लिए जी जान से मेहनत कर रहा था, अभी मेरे कोर्स का एक साल और बचा था कि रोहित के डैडी वीरेन अग्रवाल का हार्ट अटैक से देहांत हो गया. रोहित को अपना कालेज छोड़ कर डैडी का कारोबार संभालना पड़ा. वह मेरी मदद करने में तब भी पीछे नहीं हटा.

मैं अमरीका में था, रोहित मुंबई में. हमारे बीच फोन से बातें होती थीं. रोहित रोज शाम को मुझ से फोन पर बातें करता था. अचानक रोहित के फोन आने बंद हो गए. मैं ने बहुत कोशिश की थी कि किसी तरह रोहित से संपर्क हो जाए, लेकिन रोहित का नंबर नाट रिचेबल आता रहा. मैं रोहित के बगैर छटपटाता रहा. मजबूर था, मैं पढ़ाई छोड़ कर मुंबई नहीं लौट सकता था. एक साल बाद मैं प्लास्टिक सर्जन बन कर भारत लौटा. मुंबई एयरपोर्ट से मैं सीधा टैक्सी ले कर धीरेन अग्रवाल के बंगले पर गया तो मुझे जबरदस्त धक्का लगा. रोहित वह बंगला और अपना मिल मैनेजर को सौंप कर कहीं चला गया था. वह कहां गया, यह बात मैनेजर भी नहीं जानता था.

मैं समझ नहीं पाया कि अचानक रोहित को यह क्या सूझी कि वह अपने डैडी की जमीनजायदाद मैनेजर के हवाले कर के मुंबई से क्यों चला गया. ऐसी क्या समस्या आ गई उस के जीवन में. मैं ने उसे हर मुमकिन जगह तलाश किया. इस दौरान मैं ने स्मार्ट ब्यूटीकेयर हौस्पिटल में हैड प्लास्टिक सर्जन की जौब जौइन कर ली थी. रोहित को तलाश करने के लिए मैं ने अखबारों में इश्तहार भी छपवाए, लेकिन उस का कुछ पता नहीं चला. आज अचानक ही रोहित का मेरे नाम से पत्र आया तो मैं ने चैन की सांस ली. वह लंदन में था और मैं उस से मिलने लंदन जाने को उतावला हो उठा था. मैं ने हौस्पिटल से 15 दिन की छुट्टी ली और दूसरे दिन ही लंदन के लिए हवाई जहाज में बैठ गया.

लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट पर मैं सुबह उतरा तो पीली चटक धूप खिली हुई थी. मैं ने रोहित के मोबाइल पर लंदन आने की पहले ही सूचना दे दी थी. वह एयरपोर्ट पर मुझे लेने आया था. मुझे देख कर उस ने गैलरी से हाथ हिलाया तो मैं दौड़ कर उस के गले से जा लगा. उस वक्त उस में पहले जैसा ही जोश और उत्साह मैं ने महसूस किया. एकदूसरे के गले लग कर हम यूं मिले, जैसे बरसों से बिछुड़े हुए अब जुदा नहीं होंगे. हमारी आंखों में आंसू थे.

”तुम ने अचानक से मुंबई छोड़ दी रोहित और यहां इतनी दूर आ कर बसेरा कर लिया, जान सकता हूं तुम ने ऐसा क्यों किया?’’

”लंबी कहानी है अभय, वक्त आएगा तो बता दूंगा. आओ घर चलें.’’ एक हलकी सी मुसकराहट चेहरे पर ला कर रोहित बोला और मुझे ले कर कार पार्किंग में आ गया.

पार्किंग में उस की शानदार कार खड़ी थी. मुझे अपने पास सीट पर बिठा कर उस ने खुद ड्राइविंग सीट संभाल ली. हमारा सफर शुरू हुआ. भव्य ऊंची इमारतों को पीछे छोड़ती हुई कार उस ओर बढ़ी, जिधर वीरान जंगल और पहाड़ों की लंबी शृंखला फैली हुई थी. शहर से दूर पहाड़ों के बीच में एक अकेला बंगला खड़ा था. कार उसी बंगले के पोर्च में आ कर रुकी. एक बूढ़ा नौकर दौड़ कर कार के पास आ गया.

”यह डेविड अंकल हैं. मेरे साथ यहीं रहते हैं. हम इस बंगले में सिर्फ 2 ही लोग हैं अभय. अब तुम आ गए हो तो हम 3 हो गए.’’ रोहित ने हंसते हुए कहा और कार से नीचे उतर गया.

”मैं यहां हमेशा थोड़ी रहूंगा दोस्त, तुम्हारे लिए 15 दिन की छुट्टी ले कर आया हूं.’’ मैं ने कहा और अपना सूटकेस उठाने लगा.

”रहने दो, यह सूटकेस डेविड अंकल तुम्हारे कमरे में पहुंचा देंगे.’’

मैं रोहित के साथ अंदर ड्राइंगरूम में आया तो वह बोला, ”अभय, तुम फ्रेश हो जाओ. हम साथ में बैठ कर नाश्ता करेंगे.’’

फे्रश होने के बाद मैं ने रोहित के साथ बैठ कर नाश्ता किया. नाश्ते के दौरान रोहित ने बताया, ”मैं ने अचानक मुंबई छोड़ी थी अभय, उस वक्त तुम अमरीका में थे, मैं तुम से संपर्क नहीं कर पाया, यहां आने के बाद मैं काम में उलझ गया. एक दिन जब शार्क होटल में एक हिंदुस्तानी के पास ‘लोकमत’ न्यूजपेपर में अपनी गुमशुदगी का तुम्हारी ओर से छपवाया गया इश्तहार पढ़ा तो मुझे तुम्हारी याद हो आई.

”मुझे मालूम था तुम कोर्स पूरा कर के मुंबई लौट आए होगे और किसी बड़े हौस्पिटल में प्लास्टिक सर्जन का पद जौइन कर लिया होगा तो मैं ने मुंबई के हर बड़े हौस्पिटल में तुम्हारे बारे में मालूम किया. मुझे स्मार्ट ब्यूटी केयर हौस्पिटल में तुम्हारे बड़ा सर्जन होने की जानकारी मिली तो मैं ने तुम्हारे नाम पत्र लिखा. इस प्रकार आज फिर मैं अपने अजीज दोस्त से मिल पाया हूं. अच्छा अभय, तुम अपना हौस्पिटल कब खोलने वाले हो?’’ रोहित ने पूछा.

”बहुत जल्द रोहित, मैं उस के लिए पैसा इकट्ठा कर रहा हूं.’’ मैं ने मुसकरा कर बताया, ”और हां, मैं अपने हौस्पिटल का नाम ‘पार्थ ब्यूटी होम’ रखने वाला हूं.’’

”पार्थ क्यों?’’

”तुम्हारी बदौलत ही मैं इस मुकाम पर पहुंचा हूं दोस्त, तुम मेरे लिए सब कुछ हो और मैं तुम्हारा पार्थ यानी सेवक हूं.’’

मैं ने नाश्ता खत्म किया और डेविड अंकल के साथ एक रूम में चला आया. मेरा सामान डेविड ने इसी कमरे में ला कर रख दिया था. इस में बैडरूम कम स्टडीरूम जैसी सुविधा थी. मैं नर्म बिस्तर पर लेटा तो जल्दी ही मुझे नींद ने अपनी आगोश में ले लिया.

मेरी नींद खुली तो शाम ढलने को आ गई थी. मैं खूब सोया था. मुझे जगा देख कर डेविड मेरे लिए कड़क चाय और बिसकुट ले कर आए. मैं ने उन से रोहित के विषय में पूछा तो वह गंभीर स्वर में बोले, ”आज अमावस है न बेटा, रोहित हर अमावस को शहर जाता है.’’

”क्यों?’’ मैं ने हैरानी से पूछा.

”जाता होगा क्लबों और बार में, जब रात को लौटता है तो उस के साथ एक जवान और सुंदर लड़की होती है.’’

रोहित के विषय में यह जानकारी काफी चौंकाने वाली थी. मैं उसे अच्छे से जानता था, उसे न बार, क्लबों में जाने का शौक था, न कभी उस ने किसी लड़की के साथ दोस्ती की थी. वह लड़कियों से दस कदम दूर रहता था. फिर यहां लंदन में आ कर उस ने यह शौक कैसे पाल लिए. मेरी समझ में नहीं आ रहा था.

”मैं अपने मालिक के लिए झूठ क्यों बोलूंगा. फिर रोहित तो मेरे बेटे जैसा है, मैं उसे बदनाम क्यों करूंगा. मैं ने 3 अमावस की रातों को रोहित को नशे में लडख़ड़ाते देखा है. उस के साथ लड़की भी यहां आते देखी है. लेकिन…’’

”लेकिन क्या अंकल?’’

”जो लड़की रोहित के साथ यहां आईं, वह मैं ने वापस जाते नहीं देखीं. तलाश करने पर वह लड़की मुझे बंगले में नहीं मिली.’’

मैं चाय पी कर टहलने के इरादे से बंगले के लौन में आ गया. रोहित का एक नया रूप मेरे सामने उजागर हुआ था. मैं यह मानने को तैयार नहीं था कि मेरा दोस्त एक ऐसा नकाब पहने हुए है, जिस के पीछे एक बुरा इंसान छिपा हुआ है. मैं इस की असलियत खुद जानने को उत्सुक हो गया. लौन में रंगबिरंगे फूल लगे हुए थे. उन्हें निहारते हुए मैं लौन को पार कर के बंगले के पीछे निकल आया. पीछे एक बड़ा सा तालाब था. वह शांत दिखाई दे रहा था, लेकिन मैं जैसे ही उस तालाब के किनारे गया, उस में से बड़ीबड़ी मछलियां उछलती हुई किनारे पर आ गईं. शाम पूरी तरह ढल गई थी. मैं बंगले में लौट आया और अपने कमरे में आ कर लेट गया. रोहित अभी तक शहर से वापस नहीं लौटा था.

8 बजे डेविड अंकल ने मुझे आ कर बताया कि रोहित ने फोन कर के कहा है कि मैं खाना खा लूं, वह देर से लौटेगा. मैं ने डेविड अंकल से खाना अपने कमरे में ही मंगवा लिया. खाना खा लेने के बाद मैं फिर से बिस्तर पर लेटा तो मेरी आंख लग गई. अचानक मेरी नींद किसी आहट से टूटी. मैं ने देखा रात के 12 बज रहे थे. आहट मेरे दरवाजे पर हुई थी. मैं उठ कर दबेपांव दरवाजे पर आया और दरवाजे से कान लगा दिए. बाहर बरामदे में कोई खड़ा था. मैं ने कीहोल से आंख लगा कर देखा तो मुझे रोहित नजर आया. शायद मेरे दरवाजे पर मेरी स्थिति भांपने आया था.

कुछ क्षण बाद वह मेरे दरवाजे से हट कर बरामदे में जाता नजर आया तो मैं ने धीरे से दरवाजा खोल दिया. रोहित बंगले के पीछे के भाग की तरफ जा रहा था. कुछ सोच कर मैं दबे कदम रोहित के पीछे लग गया. रोहित गैलरी पार कर के बंगले के अंतिम छोर पर आ कर रुक गया, यहां से आगे रास्ता नहीं था, समतल दीवार थी. रोहित ने दीवार पर लगी एक खूंटी को पकड़ कर घुमाया तो दीवार में एक दरवाजा खुल गया. मैं हैरान रह गया. इस दीवार में बड़ी सफाई से चोर दरवाजा भी बनाया जा सकता है, यह आश्चर्य की बात थी. रोहित उस दरवाजे से अंदर चला गया तो दरवाजा बंद हो गया. मैं लपक कर वहां आया और मैं ने वही खूंटी घुमा कर दरवाजा खोल लिया और अंदर घुस गया. सामने शीशे का हाल था. उस हाल में नजर पड़ते ही मैं बुरी तरह चौंक गया.

हाल में एक खूबसूरत लड़की घुटने के बल बैठी हुई थी. उस लड़की के हाथपांव पीछे की तरफ रस्सियों से बांध दिए गए थे. उस के तन पर एक भी कपड़ा नहीं था. वह बेहद डरी हुई दिखाई दे रही थी. रोहित उस के सामने खड़ा था. चूंकि रोहित की पीठ मेरी तरफ थी, वह मुझे नहीं देख पाया था. रोहित के हाथ में चाकू था. वह क्या करने वाला था, मैं नहीं समझ पाया. मैं दम साधे देख रहा था. रोहित उस भय से सहमी लड़की से कुछ कह रहा था. क्या, यह मैं नहीं सुन सकता था. शायद शीशे का वह हाल साउंडप्रूफ था. मैं उस के बाहर था, इसलिए मुझे कोई भी आवाज सुनाई नहीं दे रही थी.

इस लड़की से कुछ कहने के बाद रोहित उस की तरफ बढ़ा तो मैं ने महसूस किया कि लड़की उस से दया की भीख मांग रही है, किंतु रोहित पूरा वहशी बना हुआ था. उस ने आगे बढ़ कर लड़की के बाल मुट्ठी में पकड़े और लड़की की पीठ पर चाकू से खुरचखुरच कर कुछ लिखने लगा. लड़की को मैं ने तड़पते और गला फाड़ कर चीखता महसूस किया तो मेरी आंखों में आंसू छलक आए. मेरा दोस्त, जिसे मैं क्या समझता था, आज मुझे किसी राक्षस से कम नहीं लग रहा था. लड़की असहनीय पीड़ा से चीखती हुई फर्श पर औंधी गिरी तो मैं ने पढ़ा, रोहित ने उस की पीठ पर चाकू से ‘बेवफा’ शब्द खुरचा था.

‘उफ!’ मैं ने आंखें बंद कर लीं. रोहित ने अब उस लड़की को सीधा कर के उस के सीने में चाकू उतार दिया था. लड़की बुरी तरह तड़प रही थी, उस के शरीर से खून निकल कर फर्श को लाल करने लगा था. रोहित ने उसे उसी हालत में उठाया और शीशे की दीवार के पास ले आया. वहां कोई लीवर था, उसे दबाने से शीशे में बड़ी सी खिड़की खुल गई. रोहित ने तड़पती हुई लड़की को उस खिड़की से बाहर उछाल दिया. अब मेरी समझ में आ गया था कि वह लड़की वापस क्यों नहीं जाती. रोहित उस का बेरहमी से कत्ल कर उस की लाश तालाब में फेंक देता है, मछलियां लड़की को चट कर हैं. मेरा मन रोहित के प्रति उस वक्त घृणा से भर गया. मैं चुपचाप वहां से बाहर निकला और भारी कदमों से अपने कमरे में आ गया. मुझे रात भर नींद नहीं आई. मैं बिस्तर पर पड़ा रोहित के विषय में सोचता रहा.

सुबह मैं फ्रेश हुआ तो डेविड अंकल ने आ कर कहा, ”मालिक तुम्हारा ब्रेकफास्ट के लिए इंतजार कर रहे हैं बेटा अभय.’’

”हां. चलता हूं अंकल.’’ मैं ने पैरों में स्लीपर पहनते हुए कहा.

मैं डेविड अंकल के साथ ड्राइंगरूम की तरफ बढ़ा तो रोहित ने मुसकरा कर मेरा स्वागत किया, ”माफ करना अभय, कल मुझे अचानक एक जरूरी काम से शहर जाना पड़ गया था. मैं तुम्हें पहाड़ पर नहीं ले जा सका. आज…’’

मैं ने बात काट दी, ”आज नहीं रोहित, फिर किसी रोज चलेंगे.’’

”जैसा तुम्हें ठीक लगे, हम बाद में चल लेंगे.’’ रोहित ने कहा और मेरे लिए टोस्ट पर मक्खन लगाने लगा.

”रोहित, मैं ने कल तुम से पूछा था कि तुम ने अचानक से मुंबई क्यों छोड़ दी? तुम ने कहा कि लंबी कहानी है, बाद में बताऊंगा. आज तुम्हें बताना होगा कि ऐसी क्या बात हुई कि तुम मुंबई छोड़ कर लंदन में आ बसे?’’

”तुम जानने की जिद कर रहे हो तो सुनो,’’ रोहित ने गहरी सांस ले कर बताना शुरू किया, ”तुम डाक्टरी कोर्स करने अमरीका चले गए तो मेरे साथ बहुत कुछ घटा. दिल का दौरा पडऩे से अचानक डैडी चल बसे. मुझे अपनी पढ़ाई बीच में छोड़ कर डैडी का कारोबार संभालना पड़ा. मैं अब रोज कंपनी के औफिस में जाने लगा था.

”एक दिन मेरे औफिस में एक लड़की आई. वह जवान और खूबसूरत थी. बहुत गरीब घर से थी. उस के बाप का साया सिर पर नहीं था, मां थी, लेकिन बीमार रहती थी. घर में

कोई कमाने वाला नहीं था. 12 क्लास पढ़ी हुई थी, उसे काम चाहिए था. मुझे उस पर न जाने क्यों तरस आ गया. मैं ने उसे स्टेनो के पद पर रख लिया.

”मैं धीरेधीरे उस की तरफ आकर्षित होने लगा. वक्तबेवक्त मैं उस की खुले मन से मदद करने लगा. वह मेरे दिल की आवाज को पहचान गई. उस ने मेरी तरफ दोस्ती का हाथ बढ़ाते हुए एक बात कही थी, ‘रोहित बाबू, मैं बेशक गरीब घर की हूं, लेकिन एक इज्जतदार बाप की बेटी हूं. मुझ से प्यार के नाम पर ऐसा छल मत करना कि मुझे शर्मिंदा हो कर किसी कुएंतालाब में जगह ढूंढनी पड़े.’

”मैं ने उसे विश्वास दिलाया कि मैं मर जाऊंगा, लेकिन तुम्हारे साथ कभी छल नहीं करूंगा.’’ एक क्षण को रोहित रुका, फिर कहने लगा, ”अभय, मैं ने उसे दिल से चाहा, वह यह मेरा पहला और आखिरी प्यार थी. उस के कहने पर मैं ने उस के साथ सात फेरे लेने का मन बना लिया था. इस के लिए मैं ने 15 मई का दिन तय किया.

”उस दिन अमावस थी. मुझे कुछ लोगों ने कहा कि अमावस की रात को दुलहन के साथ फेरे लेना शुभ नहीं होते, लेकिन मैं इन बातों पर विश्वास नहीं करता था. मैं ने लोगों से कहा कि मेरी होने वाली दुलहन पूनम का चांद है, उस की रोशनी से अमावस का अंधेरा भी जगमगा उठेगा.

”कार्ड छपे. शादी की तैयारियां जोरशोर से शुरू हुईं और फिर वह अमावस की रात भी आ गई, जिस दिन मुझे मेरी प्रियतमा के साथ अग्नि के सात फेरे लेने थे.

”मुंबई के वरसोवा वाले बंगले को दुलहन की तरह सजाया गया था. मुंबई शहर के जानेमाने उद्योगपति, मेरे मित्र और अन्य प्रतिष्ठित

व्यक्ति हमारी एंगेजमेंट और शादी में शामिल होने के लिए बंगले में आने शुरू हो गए थे. एंगेजमेट और शादी का समय रात 11 बजे रखा गया था.

”मैं दूल्हा बन कर मित्र मंडली में बैठा हंसीठिठोली कर रहा था. मेरी दुलहन, जिसे मैं पूनम के नाम से पुकार रहा हूं, वह भी एक कमरे में दुलहन के लिबास में सजसंवर रही होगी, मैं यही सोचे बैठा था, लेकिन मुहूर्त पर जब वह स्टेज पर नहीं आई तो मैं उसे बुलाने उस कमरे में गया, जहां वह मेकअप करवा रही थी. वह कमरा खाली था. मैं हैरानपरेशान पूनम को बंगले में तलाश करने लगा.

”मुझे टूटे हुए गजरे के फूल नीचे बेसमेंट में जाने वाली सीढिय़ों पर दिखाई दिए तो मैं बेसमेंट में उतर राया. उफ!’’ रोहित के मुंह से सर्द आह निकली. वह थके से स्वर में बोला, ”अभय, मेरी पूनम कपड़ा उद्योगपति पीयूष गिडवानी की बांहों में मुझे मिली तो मेरे सारे अरमान ताश के पत्तों की तरह बिखर गए. मैं पूनम की बेवफाई पर रो पड़ा. क्या नहीं था मेरे पास कि उस बेवफा ने मुझे पीयूष की नजरों में बौना बना दिया. उस ने मुझे धोखा दिया था अभय. मेरे दिल पर उस ने गहरी चोट की थी.’’ रोहित कहतेकहते बच्चों की तरह रोने लगा.

मुझे रोहित के ऊपर तरस हो आया, मैं ने रोहित का कंधा थपथपा कर उसे ढांढस बंधाने के बाद कहा, ”मुझे उस का सही नाम बताओ रोहित, मैं उस से मिलूंगा और…’’

”अब कोई जरूरत नहीं है अभय. मैं ने उस बेवफा को भुला दिया है. मेरे लिए वह उसी दिन मर गई थी, जब उस ने मुझ से शादी वाले दिन बेवफाई की थी. मैं ने उसे और मुंबई शहर को भुला देने के लिए वहां से दूरी बना ली. फिर मैं लंदन आ गया. अब मैं उसे याद नहीं करता.’’

मुझे रोहित के दिलोदिमाग से लड़की जात के प्रति पैदा हुई नफरत को समाप्त करना था. सब से पहले मुझे उस नागिन का पता लगाना था, जिस ने रोहित को डसा था और इस अंजाम तक पहुंचाया था. उस का पता मुझे रोहित के कमरे से चल सकता था. मैं रोहित के बैडरूम में घुस गया और उस की अलमारियों की तलाशी लेने लगा. मैं ने वहां रखे सामान को उलटपलट डाला. मेज की ड्राअर, सेफ आदि देख लेने के बाद मैं ने रोहित के पलंग का बिस्तर पलटा तो मुझे गद्दे के नीचे एक लड़की की तसवीर नजर आ गई. मैं ने जैसे ही वह तसवीर उठा कर देखी, मुझे जबरदस्त झटका लगा. यह तसवीर शालू की थी.

शालू, जो रजनी बन चुकी थी. वह अब मेरी प्रेमिका थी, मैं उसे बहुत प्यार करता था. मेरी आंखों के आगे शालू से हुई पहली मुलाकात का एकएक दृश्य उजागर होने लगा.

मैं ने अमरीका से लौट कर मुंबई में स्मार्ट ब्यूटीकेयर हौस्पिटल में प्लास्टिक सर्जन का पद जौइन कर लिया था और मुझे रहने के लिए हौस्पिटल की तरफ से एक फ्लैट मिल गया था. एक दिन मेरे फ्लैट पर एक लड़की साफसफाई का काम मांगने आई. मैं ने देखा उस ने अपना चेहरा दुपट्टे से छिपा रखा था. वह 2 दिन से भूखी थी, उस की आंखों में याचना थी, वह बहुत मायूस और मजबूर लगी मुझे. मैं ने उस पर तरस खा कर उसे काम पर रख लिया. 2-3 दिन में ही मैं ने पहचान लिया कि वह मेहनती है. मैं ने उस से 3 दिन बाद उस के बारे में पूछा तो उस ने बताया कि वह दुनिया में अकेली है. वह 2 वक्त की रोटी के लिए दरदर भटक रही थी, उस के सिर पर छत भी नहीं थी. आप के यहां मुझे काम मिला है तो अब मैं पेट भर कर खा लेती हूं और फ्लैट के बाहर सो जाती हूं.

”आज से तुम बाहर नहीं सोओगी, स्टोर रूम खाली है, उस में अपना बिस्तर लगा लो. और हां, तुम यह अपना चेहरा क्यों छिपा कर रखती हो?’’

उस ने गहरी सांस भर कर उदास स्वर में कहा, ”मेरी भी हसरतें जवान हुई थीं साहब, मैं ने भी एक स्मार्ट युवक से दिल लगा लिया था. वह अमीर घर से था, उस ने मुझे अपने दिल की रानी बना कर महलों में रखने की कसमें खाई थीं, लेकिन न जाने क्यों उस ने मुझे ‘बेवफा’ घोषित कर दिया और मेरे चेहरे पर तेजाब डाल कर इस शहर से ही गायब हो गया. अब मैं अपना झुलसा हुआ यह कुरूप चेहरा किसी को नहीं दिखा सकती, इसलिए ढक कर रखती हूं.’’

”ओह!’’ मैं ने तड़प कर कहा, ”मुझे अपना चेहरा दिखाओ, मैं प्लास्टिक सर्जन हूं, तुम्हारे चेहरे की कुरूपता खत्म कर सकता हूं.’’

उस ने अपना चेहरा मुझे दिखाया. उस के बाएं चेहरे को तेजाब ने बुरी तरह झुलसा दिया था. जख्म सूख चुका था, लेकिन जला हुआ वह हिस्सा इस लड़की को बहुत बदसूरत बना रहा था.

मैं ने उसे आश्वासन दिया कि मैं इस जले हुए चेहरे को नई सुंदरता दूंगा.

वादे के मुताबिक मैं ने शालू के चेहरे की प्लास्टिक सर्जरी की और उस के कहने पर उस को एक नया चेहरा और नया नाम दे दिया रजनी. रजनी मेरे अहसान तले दब गई थी, लेकिन मैं ने इस का कोई गलत फायदा नहीं उठाया. मैं उसे दिल की गहराई से प्यार करने लगा. वह भी मुझे चाहने लगी. हमारे प्यार में निर्मलता थी, पवित्रता थी. उस अमावस की मनहूस रात की सच्चाई क्या थी, मुझे अब यह मालूम करना था. इस के लिए मुझे मुंबई लौटना जरूरी था.

मैं ने अचानक अपना सामान पैक किया. रोहित औफिस से नहीं लौटा था. मैं ने डेविड अंकल से झूठ बोला कि मुंबई से काल आई है, मेरा एक पेशेंट बहुत सीरियस है, मुझे तुरंत बुलाया गया है. रोहित से मैं फोन पर बात कर लूंगा. मैं चुपचाप एयरपोर्ट आया और मुंबई जाने वाली फ्लाइट ले कर मुंबई के लिए रवाना हो गया.

मुंबई में आ कर मैं ने एक होटल में कमरा लिया. शालू से पहले मैं पीयूष गिडवानी को टटोलना चाहता था. शालू मेरे साथ एक साल से रह रही थी, मुझे उस के प्यार में कोई मदारी और फरेब जैसी बात देखने को नहीं मिली थी. एक कपड़ा उद्योगपति मेरा मित्र था. उस से मुझे पीयूष गिडवानी का पता मिल गया. मुझे मालूम हुआ कि रईस उद्योगपति पीयूष अब लोखंडवाला की झुग्गी बस्ती में रहता है. हैरानी की बात थी, मैं उसे ढूंढता हुआ लोखंडवाला की झुग्गी बस्ती में उस के पास पहुंच गया.

पिता हरीश गिडवानी की गिनती उद्योग जगत में रईसों में होती थी, उस का बेटा पीयूष एक छोटी सी झुग्गी में रह रहा था. उस ने मुझे हैरत भरी नजरों से देखा और बोला, ”यदि मैं भूला नहीं हूं तो आप रोहित अग्रवाल के दोस्त अभय वर्मा हैं.’’

”ठीक पहचान रहे हो पीयूष.’’ उस के पास स्टूल पर बैठते हुए मैं विषभरे स्वर में बोला, ”फिर तो तुम यह भी समझ गए होगे कि मैं तुम्हें तलाश करता हुआ इस झुग्गी तक क्यों आया हूं.’’

”आप बताइए, मैं भला बगैर बताए कैसे समझ सकता हूं?’’

”पीयूष, तुम ने रोहित और शालू की एंगेजमेट और मैरिज पार्टी में शालू के साथ जो हरकत की थी, क्या उस में शालू की रजामंदी थी?’’

”नहीं.’’ गहरी सांस भर कर पीयूष बोला, ”शालू बेचारी तो बिलकुल बेकुसूर थी. वह सिर्फ मेरी हरकत थी, उसी की सजा मैं आज भुगत रहा हूं. मैं ने पिता की मौत के बाद उन की सारी संपत्ति जुए और शराब की भेंट चढ़ा दी और मैं इस झुग्गी में आ गया. आज मैं किडनी रोगी हूं, जिंदगी की अंतिम घडिय़ां गिन रहा हूं. यह शालू के दिल से निकली बददुआ का असर हो सकता है. मैं ने ओछी हरकत कर के रोहित और शालू को जुदा कर दिया था. वह बेदाग और बेगुनाह थी. मैं आप को उस की बेगुनाही का सबूत देता हूं.’’

पीयूष उठा और कोने में रखे टूटे से संदूक में से एक कैसेट निकाल कर उस ने वह कैसेट मुझे दे दी.

”इस वीडियो कैसेट में मेरी वह तमाम हरकतें कैद हैं, जो उस अमावस की रात को पार्टी में मैं ने शालू के साथ की थीं.’’ पीयूष ने रुक कर लंबी सांस ली, ”मैं और रोहित एक ही बिजनैस कपड़ा उद्योग से जुड़े हुए थे, रोहित अकसर मुझ से आगे रहता था, इसलिए मैं उसे अपना प्रतिद्वंदी मानने लगा था. मैं ने उस से दोस्ती जरूर कर रखी थी, लेकिन मन ही मन में उस से जलता था.

”जब मुझे रोहित का एंगेजमेंट और मैरिज का कार्ड मिला तो मैं ने मन ही मन रोहित से बदला लेने का प्लान बना लिया. मैं ने पार्टी में पहुंच कर शालू को तलाश किया. वह तैयार हो कर कमरे से निकल रही थी. मैं ने उसे कोल्ड ड्रिंक औफर की. उस में मैं ने बेहोशी का पाउडर मिला दिया था. शालू ने वह ड्रिंक पी ली.

”वह बेहोश हो कर गिरने को हुई तो मैं उसे कमर से थाम कर बेसमेंट में ले आया. मैं ने एक वीडियोग्राफर को इस काम के लिए बुक कर रखा था कि वह मेरी और शालू की गंदी वीडियो बनाएगा. उस ने यह काम किया, लेकिन उस बेवकूफ ने वह दृश्य भी कैमरे में कैद कर लिए, जब मैं शालू के लिए कोल्ड ड्रिंक में बेहोशी का पाउडर डाल रहा था.

”मैं ने बेहोश शालू को बेसमेंट में लाने के बाद उस के साथ ऐसे पोज बनाया, जैसे शालू मुझे चिपक कर प्यार कर रही हो. मैं कोई हरकत करता कि शालू को तलाश करता हुआ रोहित बेसमेंट में आ गया. मैं वहां से भाग निकला. यदि कैसेट मेरे हिसाब से बनती तो मैं जिंदगी भर रोहित को ब्लैकमेल करता, लेकिन मेरा खेल बिगड़ गया था.’’ पीयूष खामोश हो कर हांफने लगा था. मैं ने अब वहां रुकना बेकार समझा. मैं वीडियो कैसेट ले कर उस की झुग्गी से बाहर निकल आया.

होटल छोड़ कर मैं अपने फ्लैट पर पहुंचा तो शालू उर्फ रजनी ने उठ कर मुझे अभिवादन किया. मैं ने उस के सामने बैठ कर बहुत गंभीर स्वर में कहा, ”रजनी, मैं 10 दिन बाद फिर लंदन जाऊंगा, इस बार तुम भी मेरे साथ चलोगी.’’

उस ने मुझे हैरानी से देखा और तरहतरह के सवाल करने लगी. मैं ने उस की किसी बात का उत्तर नहीं दिया. मैं उठ कर हौस्पिटल चला गया. दसवें दिन मैं ने रजनी को साथ लिया और रात को लंदन को लिए फ्लाइट पकड़ ली. दूसरे दिन जब मैं उसे ले कर एयरपोर्ट पर उतरा तो रजनी ने मेरी कलाई कस कर पकड़ ली और गंभीर स्वर में बोली, ”यदि आप मुझे रोहित के पास ले कर जा रहे हैं तो सुन लीजिए. मेरे मन में अब रोहित के लिए कोई जगह नहीं है, मैं अब आप से प्यार करती हूं. यदि आप मुझे सहारा नहीं दे सकते तो हाथ छुड़ा लीजिए. मैं यहां की भीड़ में खो जाऊंगी.’’

”ऐसा मत कहो रजनी, मुझ से पहले

तुम रोहित का प्यार थी, उसे आज तुम्हारी जरूरत है.’’

”रोहित कभी मेरा प्यार था डाक्टर बाबू, उस ने मुझ पर शक कर के अपने प्यार का अधिकार खो दिया है.’’

”रजनी, मेरी बात को समझो. रोहित उस रात धोखे का शिकार हुआ था, वह तुम्हें सच्चा प्यार करता था. तुम्हें पीयूष की बांहों में देख कर वह होश खो बैठा था, उस ने इसीलिए तुम्हारे चेहरे पर तेजाब फेंका था और मुंबई छोड़ कर यहां वीराने में आ बसा. अमावस की रात को वह शहर से एक लड़की बहलाफुसला कर लाता है और अपने बंगले में बड़ी बेरहमी से उस का कत्ल कर देता है. वह मानसिक रोगी बन चुका है रजनी. मैं उसे इस मानसिक विकृति से बाहर निकालना चाहता हूं, तुम मेरी मदद करोगी तो रोहित की जान बच जाएगी, वरना किसी दिन वह खुद अपनी जान ले लेगा.’’

शालू उर्फ रजनी ने गहरी सांस ली, ”अपने से जुदा करने के अलावा आप मुझ से जो कहेंगे, मैं करूंगी डाक्टर बाबू. कहिए, मुझे क्या करना है?’’

मैं ने रजनी को अपनी योजना समझा दी. मैं जो कुछ करने जा रहा था, वह बहुत जोखिम भरा था, लेकिन रोहित को मानसिक रोग से बाहर लाने के लिए इस के अलावा कोई दूसरी राह मुझे दिखाई नहीं दे रही थी.

सुबह जब रोहित अपने औफिस के लिए चला गया, मैं उस के बंगले पर पहुंच गया. मुझे अचानक सामने देख कर डेविड अंकल हैरान रह गए, ”अरे तुम डाक्टर बेटा, तुम अचानक गए और आज अचानक से आ गए, सब ठीक तो है न?’’

मैं ने डेविड अंकल का प्यार से हाथ पकड़ कर कहा, ”आप मुझे बेटा मानते हैं न?’’

”हां,’’ डेविड अंकल ने आत्मीयता से कहा, ”जैसे रोहित मेरा बेटा है, वैसे तुम भी मेरे बेटे ही हो.’’

मैं ने डेविड अंकल को कुरसी पर बिठाया और वह सब कुछ सस्पेंस उन्हें बता दिया, जो मैं ने पिछली अमावस वाली रात को उस साउंडप्रूफ हाल में देखा था. मेरे कहने पर डेविड अंकल रोहित की इस मानसिक विकृति से उसे बाहर लाने के लिए मेरा साथ देने को तैयार हो गए थे.

उन की मदद से मैं ने साउंडप्रूफ हाल के कोने में एक एलईडी स्क्रीन लगा कर उस में एक पैन ड्राइव सैट कर दिया. मुंबई में ही मैं ने पीयूष से मिली विडियो कैसेट को पैनड्राइव में ट्रांसफर कर ली थी. यह काम कर के मैं शहर के लिए निकल गया. मैं ने शालू उर्फ रजनी को शहर के उस शार्क होटल में ठहरा दिया, जहां रोहित अपना शिकार तलाश करने हर अमावस की रात जाता था. कल अमावस की रात थी. मैं होटल पहुंच कर शालू से मिला और पूरी रात और दूसरे दिन शाम तक शालू के साथ कमरे में रहा. मैं उसे समझाता रहा कि उसे रोहित का सामना कैसे करना है और उसे कैसे अपनी मीठी बातों में फंसा कर उस के फ्लैट तक पहुंचना है.

शाम को शार्क होटल के बार ऐंड डांसिंग फ्लोर पर अमीर लोगों का आना शुरू हुआ. मैं ने शालू उर्फ रजनी को तैयार कर के नीचे भेज दिया. मैं खुद बड़ा सा हैट सिर पर रख कर अपने को छिपाता हुआ नीचे बार रूम में एक टेबल पर आ कर बैठ गया. शालू क्रिश्चियन परिवेश में थी. शार्ट टौप, जींस और सिर पर सफेद दुपट्टा. दुपट्टे से उस ने अपना आधा चेहरा ढक लिया था. वह इस ड्रेस में बड़ी आकर्षक लग रही थी. वह एक टेबल पर बैठ गई. 7 बजे जब बार की महफिल जवां हुई, रोहित ने बार में कदम रखा. उस ने पूरे हाल में नजरें दौड़ाईं. फिर अकेली बैठी शालू की तरफ बढ़ गया. शालू संभल कर बैठ गई.

”हैलो हसीना!’’ वह शालू के पास झुक कर मुसकराया, ”आप अकेली हैं, क्या मैं आप का पार्टनर बन सकता हूं?’’

”मैं आप जैसे हैंडसम साथी की तलाश में थी. बैठिए.’’ शालू अदा से मुसकरा कर उस की तरफ हाथ बढ़ाया.

रोहित ने जैसे ही उस का हाथ थामा तो वह एक क्षण को चौंका और शालू को देखने लगा.

”क्या हुआ?’’ शालू ने चौंक कर पूछा.

”मुझे ऐसा लगा जैसे यह हाथ मैं ने पहले भी थामा है.’’ रोहित डूबती आवाज में बोला. फिर सिर झटक कर उस ने शालू की कमर में हाथ डाल दिया, ”चलो.’’

वह शालू को ले कर बार से निकला तो मैं उस के पीछे झपटा. रोहित मुझे शालू के साथ अपनी कार में नजर आया. मैं ने एक टैक्सी रुकवाई और टैक्सी वाले को समझा दिया कि वह सावधानी से रेड रंग की उस कार का पीछा करे. आगे पीछे रोहित की कार और टैक्सी उस वीराने में स्थित फ्लैट तक पहुंच गई. मैं ने दूर ही टैक्सी रुकवा कर किराया दिया और पैदल ही फ्लैट तक पहुंच गया. आधी रात से पहले ही मैं डेविड अंकल को ले कर साउंडप्रूफ हाल में आ गया. रोहित ने शालू को उसी तरह रस्सियों से बांध कर घुटने के बल बिठा दिया था, जैसा वह दूसरी लड़कियों के साथ करता था.

मुझे ताज्जुब हुआ कि उस ने शालू को निर्वस्त्र नहीं किया था. शालू बुरी तरह डरी हुई थी. मैं ने पास पहुंच कर उस का गाल थपथपाया, ”हिम्मत रखो रजनी, तुम्हें मैं कुछ नहीं होने दूंगा. मैं और डेविड अंकल उधर एलईडी स्क्रीन के पीछे छिप रहे हैं.’’

शालू ने फीकी मुसकान के साथ सिर हिलाया. मैं डेविड अंकल को ले कर एलईडी स्क्रीन के पीछे छिप कर बैठ गया.

ठीक 12 बजे रोहित ने हाल में कदम रखा. मैं और डेविड अंकल सावधान हो गए. रोहित लडख़ड़ाती चाल से शालू की तरफ बढ़ा और उस के सामने आ कर रुक गया. वह शालू को घूरते हुए बोला, ”ऐ हसीन बला, तुम पहली लड़की हो, जिसे निर्वस्त्र करने में मेरे हाथों ने इंकार किया है. पता नहीं मुझे ऐसा क्यों लग रहा है कि तुम्हारी इन शरबती आंखों को मैं ने पहले भी कहीं देखा है, तुम्हारी दिल को मोह लेने वाली मधुर आवाज मेरे कानों ने पहले भी सुनी है. कौन हो तुम?’’

”मैं शालू हूं मिस्टर रोहित अग्रवाल.’’ शालू बड़ी लापरवाह अंदाज में बोली, ”वही शालू जिसे तुम बेइंतहा प्यार करते थे.’’

”नहींऽऽ’’ रोहित गला फाड़ कर गुस्से से चीख पड़ा, ”तुम शालू नहीं हो, उस बेवफा का तो मैं ने तेजाब से चेहरा बिगाड़ दिया था. यह चेहरा शालू का नहीं है.’’

”यह शालू का ही चेहरा है मिस्टर रोहित. डा. अभय ने तेजाब से जले इस चेहरे को नया लुक दिया है अब मैं शालू नहीं, रजनी बन गई हूं.’’ शालू शुष्क स्वर में बोली.

”ओह!’’ रोहित एकाएक हिंसक हो गया, ”अब मैं समझ गया, तुम शालू ही हो… तुम बेवफा हो. उस दिन मैं ने तुम्हारा चेहरा जलाया था. तुझे आज मैं तेरी बेवफाई की इतनी भयानक सजा दूंगा कि देखने वालों की रुह भी कांप जाएगी.’’ रोहित ने जेब से चमचमाता हुआ चाकू निकाला.

उस की आंखों में नफरत के शोले दहकने लगे. चेहरा क्रोध के कारण भयानक हो गया.

जैसे ही उस ने चाकू वाला हाथ ऊपर उठाया, मेरे इशारे पर डेविड अंकल ने हाल की बत्ती बुझा दी.

मैं ने तुरंत एलईडी स्क्रीन औन कर दी. स्क्रीन पर रोहित और शालू की एंगेजमेंट ऐंड मैरिज फंक्शन के दृश्य उभरने लगे. पार्टी इंजौय कर रहे मेहमानों से होता हुआ कैमरा उस दरवाजे पर आ कर रुका, जहां से शालू दुलहन के लिबास में सजीधजी बाहर निकल रही थी. फिर कैमरे में पीयूष गिडवानी नजर आया. वह एक कोल्ड ड्रिंक का गिलास टेबल पर रख कर उस में एक पुडिय़ा का पाउडर डाल रहा था. कोल्ड ड्रिंक चम्मच से हिला कर वह गिलास ले कर शालू के पास आता नजर आया, फिर उस ने मुसकरा कर कहा, ”हाय! शालूजी, आप बहुत खूबसूरत लग रही हैं, लीजिए मेरे हाथ से यह कोल्ड ड्रिंक पीएं, मुझे अच्छा लगेगा.’’

शालू ने मुसकरा कर कोल्ड ड्रिंक लिया और पीने लगी. कुछ ही देर बाद वह लडख़ड़ाती नजर आई. पीयूष गिडवानी ने उसे कमर से थाम लिया और बेसमेंट की तरफ बढ़ गया. बेसमेंट में ला कर उस ने उसे सोफे पर लिटा दिया और उस की साड़ी उतारने लगा. अद्र्धमूर्छित शालू उस का विरोध करती नजर आ रही थी. साड़ी उतारने के बाद उस ने शालू को जैसे ही बांहों में भरा, वहां रोहित आता दिखा. पीयूष उसे देख कर घबराया हुआ उठा और सीढिय़ों की तरफ भागा. इस के बाद स्क्रीन से वीडियो गायब हो गई.

”देख लिया रोहित शालू की बेगुनाही का सबूत.’’ मैं ने ऊंची आवाज में कहा और डेविड अंकल से बोला, ”लाइट्स जला दीजिए अंकल.’’

डेविड अंकल ने लाइट्स औन की तो हाल का दृश्य देख कर हमारे मुंह से चीखें निकल गईं. रोहित ने अपने दोनों कलाइयों की नसें काट ली थीं. वह बुत बना स्क्रीन को देख रहा था. उस की कलाइयों से निकले खून ने फर्श को रंग दिया था.

मैं घबरा कर रोहित की तरफ झपटा. डेविड ने शायद अंधेरे में ही शालू को बंधनमुक्त कर दिया था. वह भी रोहित की तरफ दौड़ी. डेविड अपनी जगह जड़ बना खड़ा रह गया था, उसे कुछ सूझ नहीं रहा था.

”यह तुम ने क्या किया रोहित?’’ रोहित को बाहों में ले कर मैं चीख पड़ा.

”अंकल एंबुलेंस बुलाओ.’’

”नहीं दोस्त.’’ रोहित हाथ उठा कर शुष्क स्वर में बोला, ”मैं ने अपने प्यार पर शक कर के उस का अपमान किया है. मुझे सजा मिलनी चाहिए. वैसे भी मैं शालू को बेवफा मान कर इतने गुनाह कर चुका हूं कि कानून मुझे मौत की ही सजा देगा.

मैं कानून और शालू का गुनहगार हूं. मेरे मरने से भी इन गुनाहों का प्रायश्चित नहीं हो सकता, मुझे माफ कर देना शालू.’’ रोहित की आवाज अब डूबने लगी थी. मैं डाक्टर था, किंतु उस वक्त बेबस था. रोहित को कटी हुई कलाइयों से तेजी से खून बह कर रोहित को मौत की तरफ धकेल रहा था. मैं रोने लगा.

”नहीं अभय, मेरे दोस्त, मुझे रो कर विदा मत कर. तू तो मेरा सब से अच्छा दोस्त है, मेरे मरने के बाद तू शालू से शादी कर लेना, मेरी प्रौपर्टी का तू नौमिनी है. इस में शालू को भी भागीदार बनाना. इस फ्लैट में डेविड अंकल रहेंगे. शालू, प्लीज मेरे दोस्त अभय का खयाल रखना…’’ अंतिम शब्द बहुत मुश्किल से कह पाया था रोहित. उस की गरदन एक तरफ लुढ़क गई. मैं और शालू फूटफूट कर रोने लगे. डेविड अंकल फर्श पर बैठ कर सुबकने लगे. सुबह तक हम तीनों रोहित की लाश के पास बैठ कर रोते रहे. हम ने सुबह बड़ी सावधानी से रोहित का अंतिम संस्कार कर दिया. मैं नहीं चाहता था कि रोहित मरने के बाद किसी कानूनी लफड़े में फंस कर इस बात के लिए बदनाम हो कि उस ने कई लड़कियों को मौत के घाट उतारा है.

दूसरे दिन डेविड अंकल से हम ने विदा ली. हम अपने साथ रोहित की अस्थियां ले कर मुंबई आए. यहां से हम ने हरिद्वार आ कर रोहित की अस्थियों को गंगा में प्रवाहित कर दिया. मैं ने एक महीने बाद शालू उर्फ रजनी के साथ शादी कर ली और रोहित की लंदन वाली संपत्ति बेच कर मुंबई में ‘पार्थ ब्यूटी केयर’ नाम से हौस्पिटल खोल लिया. डेविड अंकल उस वीराने में बने फ्लैट में रह कर रोहित की यादों के सहारे जी रहे थे. Stories in Hindi

 

 

Short Kahani in Hindi : कल्पना चावला के बाद सिरिशा बांदला ने अंतरिक्ष में रचा नया इतिहास

Short Kahani in Hindi : कल्पना चावला के बाद सिरिशा बांदला ने अंतरिक्ष में पहुंच कर न सिर्फ अपनी काबिलियत दिखाई है, बल्कि उन्होंने सिद्ध कर दिया है कि अच्छी शिक्षा और मार्गदर्शन से महिलाएं कुछ भी कर सकती हैं…

वर्जिन गैलेक्टेटिक स्पेसशिप ने 11 जुलाई, रविवार की शाम अंतरिक्ष की दुनिया में कदम रख दिया. इसी के साथ वर्जिन गैलेक्टेटिक के मालिक निजी स्पेसशिप से अंतरिक्ष की यात्रा करने वाले पहले उद्योगपति बन गए हैं. इस स्पेसशिप में उन के साथ जाने वाले 5 लोगों में भारतीय मूल की सिरिशा बांदला भी थीं. सिरिशा ने अंतरिक्ष की यह यात्रा कर के अपने परिवार का ही नहीं, एक तरह से देश का भी नाम रोशन किया है. एक कहावत है, ‘‘मेरे अंदर हौसला अभी जिंदा है, हम वो हैं जहां मुश्किलें भी शर्मिंदा हैं.’’ कल्पना चावला और सुनीता विलियम्स के बाद अब इस कहावत को चरितार्थ किया है सिरिशा बांदला ने.

पूरी दुनिया में भारत का लोहा मनवाने वाली और एक नया इतिहास रचने वाली सिरिशा आंध्र प्रदेश के गुंटूर की रहने वाली हैं. सिरिशा बांदला भारत की ओर से अंतरिक्ष में गई हैं. भारत की ओर से अंतरिक्ष में जाने वाली कल्पना चावला के बाद वह दूसरी महिला हैं और भारतीय मूल की चौथी. इन से पहले राकेश शर्मा, कल्पना चावला और सुनीता विलियम्स अंतरिक्ष की यात्रा कर चुकी हैं. अंतरिक्ष में जाने वाली सिरिशा बांदला का जन्म 1987 में आंध्र प्रदेश के जिला गुंटूर शहर में डा. मुरलीधर बांदला और अनुराधा बांदला के घर हुआ था. उन का एक भाई भी है गणेश बांदला. फिलहाल उन का परिवार अमेरिका में ह्यूस्टन, टेक्सास में रहता है.

उन का पालनपोषण और पढ़ाईलिखाई ह्यूस्टन टेक्सास में ही हुई थी. उन के पिता डा. मुरलीधर बांदला एक वैज्ञानिक हैं. वह अमेरिकी सरकार में सीनियर एग्जीक्यूटिव सर्विसेज के सदस्य भी हैं. पिता अमेरिका में रहते थे, इसलिए सिरिशा का बचपन अमेरिका में ही बीता. वैज्ञानिक बाप की बेटी होने की वजह से उन्होंने राकेट और स्पेसक्राफ्ट बहुत नजदीक से देखे थे. आसमान में राकेट को उड़ता देख कर उन के मन में स्पेस के बारे में जिज्ञासा होती थी. पर उस समय तो उन्हें यह सपना लगता था. उन्होंने तब नहीं सोचा था कि आगे चल कर उन का यह सपना पूरा भी होगा. सिरिशा ने पर्ड्यू यूनिवर्सिटी से एयरोनौटिकल इंजीनियरिंग में स्नातक किया और उस के बाद जार्जटाउन यूनिवर्सिटी से मास्टर औफ बिजनैस एडमिनिस्ट्रेशन (एमबीए) किया.

पढ़ाई पूरी होने के बाद वह एयरफोर्स में भरती हो कर पायलट बनना चाहती थीं. लेकिन आंख में कोई समस्या होने की वजह से उन का यह सपना अधूरा ही रह गया. तब किसी और की छोड़ो, उन्होंने भी नहीं सोचा था कि आगे चल कर वह मांबाप का ही नहीं, देश का भी नाम रोशन करेंगीं. वह एयरफोर्स में नहीं जा सकीं तो 2015 में टेक्सास की एक एयरस्पेस कंपनी वर्जिन गैलेक्टेटिक में इंजीनियर की नौकरी कर ली. उन्होंने कमर्शियल स्पेस फ्लाइट फेडरेशन में काम किया. बहुत ही कम समय में वह वर्जिन गैलेक्टेटिक कंपनी में सरकारी कामों की वाइस प्रेसिडेंट हो गईं. जल्दी ही उन्होंने 747 विमान का उपयोग कर के अंतरिक्ष में एक उपग्रह भी पहुंचाया.

अपनी प्रतिभा की ही बदौलत मात्र 6 साल की नौकरी में सीनियर पद हासिल कर आज उद्योगपति रिचर्ड ब्रैनसन की स्पेस कंपनी वर्जिन गैलेक्टेटिक के अंतरिक्ष यान वर्जिन और्बिट से 11 जुलाई को वह अंतरिक्ष की यात्रा कर आईं. रिचर्ड ब्रैनसन सहित 6 अंतरिक्ष यात्रियों में एक सिरिशा बांदला भी थीं. इस घोषणा के बाद सिरिशा बांदला ने ट्वीट किया था, ‘मुझे यूनिटी-22 क्रू और उस कंपनी का हिस्सा होने पर गर्व महसूस हो रहा है.’

फिलहाल वह वर्जिन और्बिट के वाशिंगटन औपरेशंस के पद को संभाल रही हैं. रिचर्ड ब्रैनसन ने पहली जुलाई को घोषणा की थी कि उन की अगली अंतरिक्ष यात्रा 11 जुलाई को होगी. तभी उन्होंने कहा था कि इस अंतरिक्ष यात्रा में उन्हें मिला कर कुल 6 लोग होंगे. उन का कहना था कि अंतरिक्ष में किसी बाहरी को भेजने के बजाय पहले वह अपनी कंपनी के कर्मचारियों को मौका देंगे. इस से उन की कंपनी द्वारा तैयार किए गए अंतरिक्ष यान की अच्छी तरह जांचपरख हो जाएगी. वर्जिन गैलेक्टेटिक कंपनी आम लोगों के लिए अंतरिक्ष यात्रा आसान बनाना चाहती है. वर्जिन और्बिट अंतरिक्ष यान को कैरियर प्लेन कास्मिक गर्ल द्वारा पृथ्वी से लगभग 35 हजार फुट की ऊंचाई पर ले जाया गया.

सिरिशा तेलुगू एसोसिएशन आफ नौर्थ अमेरिका (टीएएनए) की सदस्य भी हैं. यह उत्तरी अमेरिका का सब से बड़ा और पुराना इंडो अमेरिकन संगठन है. कुछ साल पहले ही इस संगठन ने सिरिशा को यूथ स्टार अवार्ड से नवाजा था. इस के अलावा सिरिशा अमेरिका एस्ट्रोनौटिकल सोसायटी एंड फ्यूचर स्पेस लीडर्स फाउंडेशन के बोर्ड औफ डायरेक्टर्स में भी शामिल हैं. इस के अलावा वह पर्ड्यू यूनिवर्सिटी के यंग प्रोफेशनल एडवाइजरी काउंसिल की भी सदस्य हैं.

सिरिशा बांदला मैक्सिको से विंग्ड राकेट शिप द्वारा अंतरिक्ष की यात्रा के लिए उड़ान भरेंगी. वह ह्यूमन टेंडेड रिसर्च एक्सपीरियंस की इंचार्ज भी थीं, जिस की वजह से उन्होंने अंतरिक्ष यात्रा के दौरान एस्ट्रोनौट पर होने वाले असर का अध्ययन भी किया. यह यात्रा पूरी करने के बाद सिरिशा बांदला की कंपनी के मालिक 71 साल के रिचर्ड ब्रैनसन ने अपना अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन की कंपनी वर्जिन गैलेक्टेटिक की टीम की यह 17 साल की मेहनत का परिणाम है. अंतरिक्ष में जाने वाले स्पेसशिप के उड़ान भरने से ले कर वापस आने में कुल एक घंटे का समय लगा. इस यात्रा पर जाने वाले सभी लोगों ने अंतरिक्ष में करीब 5 मिनट तक रुक कर भारहीनता का अनुभव किया.

अंतरिक्ष की यात्रा पर जाने वाला अंतरिक्ष यान साढ़े 8 मील यानी 13 किलोमीटर की ऊंचाई पर जा कर मूल विमान से अलग हो गया और करीब 88 किलोमीटर की ऊंचाई पर जा कर अंतरिक्ष के छोर पर पहुंच गया, जहां इस यात्रा पर सभी लोगों ने भारहीनता का अनुभव किया. Short Kahani in Hindi

Social Story in Hindi : ब्याज के कर्ज में फंसे डॉक्टर ने कर ली आत्महत्या

Social Story in Hindi : ज्यादातर सूदखोरों का धंधा अवैध रूप से और दबंगई के बूते पर चलता है. कोई व्यक्ति इन के चंगुल में फंस जाता है तो वह इन की ब्याजरूपी दलदल से मुश्किल से निकल पाता है. डा. सिद्धार्थ तिगनाथ भी इन के जाल में इस कदर उलझ गए थे कि करोड़ों रुपए अदा करने के बाद भी वह…

22 अप्रैल, 2021 की शाम लगभग 5 बजे की बात है. मध्य प्रदेश के जिला नरसिंहपुर शहर की कोतवाली के टीआई उमेश दुबे को सूचना मिली कि नरसिंहपुर-करेली रेलमार्ग पर स्थित टट्टा पुल के पास रेल पटरियों पर एक आदमी की लाश पड़ी है. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो रेल पटरियों के बीच में एक आदमी की लाश क्षतविक्षत हालत में पड़ी थी. लग रहा था जैसे उस ने जानबूझ कर आत्महत्या की हो. वह अचानक दुर्घटना का मामला नहीं लग रहा था. उस आदमी का चेहरा पहचानने में नहीं आ रहा था. पुलिस ने सब से पहले वह शव रेल लाइनों  के बीच से हटवा कर साइड में रखवा दिया ताकि उस लाइन पर ट्रेनों का आवागमन सुचारू रूप से हो सके.

इस के बाद उस के कपड़ों की तलाशी ली तो पैंट की जेब में एक मोबाइल फोन और एक चाबी मिली. तब तक कई लोग वहां इकट्ठे हो चुके थे. पुलिस ने उन से लाश की शिनाख्त करानी चाही, लेकिन कोई भी मृतक को नहीं पहचान सका. पुलिस जांच कर ही रही थी कि तभी किसी ने पुलिस को रेल लाइन के नजदीक  सड़क पर खड़ी एक लावारिस स्कूटी के बारे में जानकारी दी. जांच में वह स्कूटी वहां जमा भीड़ में से किसी की नहीं थी. एक पुलिसकर्मी ने स्कूटी की डिक्की खोली तो उस में शादी का निमंत्रण कार्ड मिला, जिस के आधार पर पता चला कि वह शादी का कार्ड डा. सिद्धार्थ तिगनाथ के नाम का था.

कोतवाली पुलिस ने लाश का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए वह जिला अस्पताल भेज दी. इस के बाद भादंवि की धारा 174 (संदिग्ध मृत्यु) का मामला दर्ज कर लिया. सिद्धार्थ तिगनाथ कोई मामूली इंसान नहीं थे. वह शहर के एक जानेमाने डाक्टर थे. इसलिए पुलिस ने मोबाइल फोन के जरिए डा. सिद्धार्थ तिगनाथ के घर वालों की सूचना दी. उस समय सिद्धार्थ के पिता डा. दीपक तिगनाथ अपने ही रेवाश्री हौस्पिटल में मरीजों का इलाज कर रहे थे. जैसे ही उन्हें सिद्धार्थ के रेल से कटने की सूचना मिली, वे अपना होश खो बैठे. आननफानन में अस्पताल का स्टाफ डा. दीपक तिगनाथ और घर वालों को ले कर जिला अस्पताल पहुंच गए.

अस्पताल में सिद्धार्थ का शव देख कर घर वालों का रोरो कर बुरा हाल हो रहा था. सिद्धार्थ की पत्नी अपने 5 साल के बेटे को सीने से चिपकाए बिलख रही थी. घर वालों को यह समझ नहीं आ रहा था कि आखिरकार सिद्धार्थ ने इस तरह का आत्मघाती कदम क्यों उठा लिया. डा. सिद्धार्थ तिगनाथ नगर के प्रतिष्ठित कांग्रेसी नेता एवं पेशे से दंत चिकित्सक थे. सोशल मीडिया पर यह खबर पूरे जिले में जब वायरल हुई तो किसी को यकीन ही नहीं हुआ कि एक हाईप्रोफाइल डाक्टर फैमिली का सदस्य आत्महत्या जैसा कदम उठा सकता है. लौकडाउन के बावजूद देखते ही देखते जिला अस्पताल में डा. तिगनाथ के रिश्तेदार और उन के प्रशंसकों की भीड़ जमा होने लगी.

सिद्धार्थ की एकलौती बहन गार्गी रीवा में थी. दूसरे दिन जब वह नरसिंहपुर पहुंची तो पोस्टमार्टम के बाद सिद्धार्थ का अंतिम संस्कार किया गया. जब 5 साल के बेटे ने डा. सिद्धार्थ की चिता को मुखाग्नि दी तो उपस्थित घर वालों एवं अन्य लोगों की आंखों से आंसुओं की झड़ी लग गई. प्रारंभिक जांच में पुलिस ने डा. सिद्धार्थ तिगनाथ के कुछ मित्र और परिजनों के बयान दर्ज किए. मामले की तहकीकात के लिए पुलिस ने सिद्धार्थ के पिता डा. दीपक तिगनाथ, मां ज्योति तिगनाथ, पत्नी नेहा के अलावा नरसिंहपुर के सुरेश नेमा, शेख रियाज, प्रसन्न तिगनाथ, घनश्याम पटेल कुंजीलाल गोविंद पटेल के बयान दर्ज किए. इस के बाद पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन नरसिंहपुर के स्टाफ के बयान दर्ज किए.

इस से पता चला कि डा. सिद्धार्थ ने ट्रेन से कट कर अपनी जीवनलीला समाप्त की थी. रेलवे स्टाफ ने पुलिस को बताया कि ट्रेन के ड्राइवर के हौर्न बजाने के बाद भी सिद्धार्थ रेल पटरियों से दूर नहीं हुए थे. मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर मुख्यालय में  रेवाश्री हौस्पिटल एक बड़ा प्राइवेट हौस्पिटल है, जिस के डायरेक्टर डा. दीपक तिगनाथ हैं.  मैडिसिन में एमडी डिग्रीधारी कार्डियोलौजिस्ट डा. दीपक तिगनाथ पिछले 4 दशकों से पूरे जिले में अपनी चिकित्सा सेवाएं दे रहे हैं. डा. दीपक तिगनाथ के परिवार में एक बेटा सिद्धार्थ और एक बेटी गार्गी है. गार्गी की  रीवा के रहने वाले अजय शुक्ला से शादी हो चुकी है. डा. दीपक तिगनाथ का बेटा सिद्धार्थ दंत चिकित्सक के रूप में रेवाश्री हौस्पिटल में ही अपने पिता की तरह लोगों का इलाज करते थे. परिवार में डा. सिद्धार्थ की पत्नी नेहा और उन का 5 साल का एक बेटा है.

सिद्धार्थ की शुरुआती शिक्षा रीवा के सैनिक स्कूल में हुई. उन के दादाजी गणित के शिक्षक थे, इसलिए गणित उन का पसंदीदा विषय था. क्रिकेट में भी उन की बेहद दिलचस्पी रहती थी. स्कूली पढ़ाई के बाद सिद्धार्थ बीडीएस की डिग्री ले कर दंत चिकित्सक बने, उन की इंटर्नशिप देख उन के सीनियर ने उन्हें सफल सर्जन बनने की सलाह दी. पिता भी एक सफल डाक्टर थे, वही सब अच्छे गुण विरासत में उन्हें भी मिले. राजनीति में भी सक्रिय थे डा. सिद्धार्थ चिकित्सा के साथ राजनीति को वह समाज सेवा का एक सफल माध्यम मानते थे. इसी कारण से वह राजनीति एवं प्रशासनिक की पढ़ाई के लिए पुणे स्थित पूर्व चुनाव आयुक्त टी.एन. शेषन के संस्थान में गए.

इसी संस्थान में पढ़ाई के दौरान ‘चिकित्सा पद्धति एवं उस का क्रियान्वयन कैसा हो’ विषय पर अपनी थीसिस के माध्यम से अपने विचार जब टी.एन. शेषन के सामने रखे तो शेषन डा. सिद्धार्थ से बहुत प्रभावित हुए. उन्होंने कहा था कि राष्ट्र को ऐसे ही परिपक्व और उत्कृष्टता दे सकने वाले तुम्हारे जैसे नौजवानों की जरूरत है. डा. सिद्धार्थ तिगनाथ एक समय जिले की राजनीति में कांग्रेसी नेता के रूप में सक्रिय रहे थे. सन 2011 में उन्हें प्रदेश के 2 बड़े नेता कमलनाथ और सुरेश पचौरी ने होशंगाबाद लोकसभा क्षेत्र के उपाध्यक्ष की कमान सौंपी थी. लोकसभा क्षेत्र में संगठन की मजबूती के लिए उन्होंने रातदिन काम किया.

किसान आंदोलन हो या उन की फसलों का मुआवजा, जहां प्रशासनिक व्यवस्था धराशाई हो जाती थी, वे किसानों को बातचीत के लिए तैयार करते. किसी कैंसर पेशेंट को क्या सहायता मिल सकती है, वह उसे पूरी मदद अपने माध्यमों से करते. चिलचिलाती गरमी में स्टेशन पर पानी के पाउच बांटते, ऐसी नेतागिरी वह अपने दम पर तन मन धन से करते थे. तिगनाथ फैमिली को पूरे इलाके में उन की दौलत और शोहरत के कारण जाना जाता था. हर किसी के सुखदुख में तिगनाथ फेमिली हमेशा साथ रहती. डा. सिद्धार्थ अपने व्यवहार एवं शैली के चलते थोड़े से समय में ही सब के चहेते बन चुके थे.

कहते हैं कि जीवन में यदि खुशियां हैं तो दुखों के पहाड़ भी आते हैं. कुछ लोग इन पहाड़ों को काट कर रास्ता बना लेते हैं तो कुछ लोग एक चट्टान के आगे अपनी हार मान कर निराश हो जाते हैं. डा. सिद्धार्थ ने भी 41 साल की उम्र में एक गलत फैसला ले कर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली और अपने भरेपूरे परिवार को यादों के सहारे छोड़ गए. डा. सिद्धार्थ सूदखोरों के बनाए चक्रव्यूह में इस कदर फंस चुके थे कि उस से बच कर  निकलना नामुमकिन था. उन के पिता भी अपनी दौलत बेटे के कर्ज की रकम चुकाने में कुरबान कर चुके थे, फिर भी सूदखोरों का कर्जा जस का तस बना हुआ था. क्यों जरूरत पड़ी कर्ज की डा. सिद्धार्थ की सोच थी कि जिले के नौजवानों को रोजगार के उचित अवसर नहीं मिलते.

इसलिए उन्होंने सन 2016 में ‘विश्वभावन पालीमर’ नाम की फैक्ट्री की शुरुआत की और बेरोजगार जरूरतमंद नौजवानों को उस में रोजगार दिया. इसी दौरान उन्होंने ‘रेवाश्री इंस्टीट्यूट औफ पैरामैडिकल साइंसेस’ कालेज की शुरुआत की, जिस में स्थानीय युवकयुवतियों को मैडिकल की पढ़ाई के साथसाथ रोजगार दे कर उन्हें पगार देनी शुरू की थी. अपने कारोबार को बढ़ाने के लिए वह पैसे की व्यवस्था में लग गए. 2016 की नोटबंदी से कोई अछूता नहीं बचा था. कारोबार में पैसे की जरूरत ने उन्हें स्थानीय सूदखोरों की तरफ धकेला. इसी दौरान सूदखोर आशीष नेमा से उन का संपर्क हुआ. आशीष नेमा अपने साथियों भागचंद यादव, राहुल जैन, धर्मेंद्र जाट, सुनील जाट, अजय जाट के साथ मिल कर सूदखोरी का काम करता था.

स्थानीय लोग बताते हैं कि जो भी जरूरतमंद इन के चंगुल में फंस जाता, उसे ये सूदखोर दिन दूना रात चौगुना ब्याज लगा कर तबाह कर देते. पैसे न देने पर घर में घुस कर परिवार की महिलाओं की बेइज्जती करते और जान से मारने की धमकी देते. नरसिंहपुर और आसपास के इलाके के न जाने कितने लोग इन के कर्ज में दब कर बरबाद हो चुके थे. इन सूदखोरों के पास कर्ज देने का कोई वैधानिक लाइसैंस नहीं था. ये तो केवल अपने रसूख और दबंगई के चलते यह धंधा कर रहे थे. इन सब बातों से अंजान डा. सिद्धार्थ अपने व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिए इन सूदखोरों से कर्ज लेने लगे. वे मानते थे कि बैंक से सस्ता लोन मिला है चुक जाएगा. लेकिन वे भूल कर बैठे कि वे उन ठगों के गिरोह की  गिरफ्त में आ गए हैं, जहां कितने ही हाथपैर मारो, दलदल में फंसते जाना है.

सूदखोरों को तो एक दुधारू गाय हाथ आ गई थी. सूदखोरों ने शुरुआत में उन्हें डेढ़दो प्रतिशत के ब्याज पर कर्जा दिया, बाद में यह ब्याज चक्रवृद्धि की तर्ज पर लगने लगा. एक समय ऐसा आया, जब डा. सिद्धार्थ से सूदखोर 120 फीसद तक ब्याज वसूलने लगे. कुछ अवसरों पर तो पैनल्टी की राशि 1 लाख रुपए प्रतिदिन तक हो गई थी. सिद्धार्थ को सूदखोरों के चंगुल से बचाने के लिए उन का पूरा परिवार मजबूती के साथ खड़ा तो हुआ लेकिन भ्रष्ट सिस्टम के आगे उन की एक न चली. सूदखोरों ने दोस्ती कर के फंसाया एक संभ्रांत परिवार का चिराग डा. सिद्धार्थ सूदखोरों के चंगुल में ऐसे फंसे कि उन के पास दुनिया छोड़ने का ही इकलौता विकल्प रह गया था. अपनी धनदौलत, मानसम्मान, जीवन सब कुछ गंवाने के बाद भी वह सूदखोरों के कर्जे तले दबते रहे.

खास बात यह है कि बरबादी के इस चक्रव्यूह की रचना आशीष नेमा नाम के उस शख्स ने की थी, जिस ने डा. सिद्धार्थ से अपनी जानपहचान को दोस्ती का रूप दिया, फिर उन्हें लुटवाने के लिए घाघ, माफिया सूदखोरों के पास ले गया. कोतवाली थाना पुलिस द्वारा इस मामले की विवेचना में यह बात सामने आई कि नरसिंहपुर शहर में लगभग 20 सूदखोरों से संबंध रखने वाला मास्टरमाइंड गुलाब चौराहा निवासी आशीष नेमा था. डा. सिद्धार्थ को सूदखोरों से मिलवाने का काम आशीष नेमा ने किया था. इस के पहले आशीष ने सिद्धार्थ से जानपहचान बढ़ा कर दोस्ती की. दोस्ती के चलते आशीष ने डा. सिद्धार्थ का दिल जीत लिया था. दरअसल आशीष को यह बात पता थी कि डा. सिद्धार्थ को पैसों की जरूरत है. इसी बात का फायदा उठा कर उस ने पहले छोटीमोटी रकम दे कर सिद्धार्थ का विश्वास हासिल कर लिया.

छोटीमोटी मदद के बाद आशीष और सौरभ रिछारिया ने शहर के नामीगिरामी सूदखोरों से मोटी रकम ब्याज पर उठवा दी. आशीष और सौरभ रिछारिया ने कर्जा तो दिला दिया, लेकिन ये सिद्धार्थ की मजबूरी का फायदा उठा कर उन्हें ब्लैकमेल करने लगे. अकसर दोनों सिद्धार्थ से ब्लैंक चैक साइन करवा के रख लेते थे और फिर उन के खिलाफ चैक बाउंस का मामला दर्ज कराने की धमकी दे कर उन से अनापशनाप तरीके से वसूली करने लगे. डा. सिद्धार्थ ने सेकेंडहैंड कारों को बेचने के लिए महिंद्रा फस्ट चौइस नाम से एक एजेंसी की शुरुआत की. इस के लिए उन्होंने 50 लाख रुपए का कर्जा आशीष के माध्यम से दूसरे सूदखोरों से लिया. इस सूदखोरी से मिलने वाली ब्याज की रकम में आशीष नेमा भी पार्टनर रहता. डा. सिद्धार्थ पर जब कर्जा बढ़ता गया तो आशीष नेमा भी अपने असली रंग में आ गया.

3 साल पहले की घटना से जुड़ीं कडि़यां डा. सिद्धार्थ की मजबूरी का फायदा उठा कर आशीष ब्याज पर ब्याज वसूलने का काम करने लगा. डा. सिद्धार्थ अपने क्लीनिक से होने वाली सारी आमदनी इन्ही सूदखोरों को देते रहे, मगर उन का कर्जा खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा था, क्योंकि सूदखोरों ने ब्याज की दर 20 से ले कर 120 फीसद तक कर दी थी. उन की एजेंसी की सभी कारें भी सूदखोरों ने हथिया लीं. पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच में लगी थी. पुलिस ने जब अपने थाने के रिकौर्ड की पड़ताल की तो एक अहम जानकारी हाथ लगी. करीब 3 साल पहले डा. तिगनाथ फैमिली द्वारा नरसिंहपुर के कुछ सूदखोरों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई थी.

6 मई, 2018 को तिगनाथ परिवार के सभी सदस्यों ने तत्कालीन एसपी को एक लिखित शिकायत दे कर बताया था कि नगर के कुछ सूदखोरों ने उन के घर में घुस कर गालीगलौज कर जान से मारने की धमकी दी थी. सबूत के तौर पर तिगनाथ फैमिली ने अपने घर पर लगे सीसीटीवी फुटेज, काल रिकौर्डिंग भी पुलिस को उपलब्ध कराई थी. इस मामले में 7 मई, 2018 को डा. सिद्धार्थ के अलावा उन के पिता डा. दीपक तिगनाथ, मां और पत्नी ने जबलपुर में तत्कालीन आईजी से मुलाकात कर उन्हें भी सूदखोरों की प्रताड़ना के सबूत दिए थे. 19 मई, 2018 को सिद्घार्थ तिगनाथ अपनी मां, पत्नी के साथ तत्कालीन एसपी मोनिका शुक्ला से मिले थे. उन्हें सूदखोरों के खिलाफ सारे सबूत और 8 लाख की लूट संबंधी प्रमाण भी दिए गए थे.

पुरानी फाइलों के पन्ने पलटने पर पुलिस का संदेह यकीन में बदल चुका था कि डा. सिद्धार्थ ने सूदखोरों की प्रताड़ना की वजह से ही यह आत्मघाती कदम उठाया है. पूरे मामले की जांच कर रहे एसआई जितेंद्र गढ़वाल को एक डायरी हाथ लगी, जिसे पढ़ कर मालूम हुआ कि सूदखोरों के चक्रव्यूह में बुरी तरह फंस चुके थे. डा. सिद्धार्थ की डायरी ने खोले अहम राज डा. सिद्धार्थ ने अपनी डायरी में मौत से पहले लिखा था, ‘मैं इस विश्वास के साथ दुनिया छोड़ रहा हूं कि मैं सच्चा और इज्जतदार था. बहुत बड़ा योगदान दे सकता था, पर मेरे जीवन में धूर्त लोगों का जमघट रहा है. पिछले 10 सालों से अब बहुत हुआ, इस संसार में रिस्की है अच्छा होना.

कमलनाथजी, मोदीजी अवैध सूदखोरी, चैक रख कर ब्लैकमेलिंग करने वालों के खिलाफ कानून जरूर बनाइएगा. शायद मेरी जिंदगी का एक अर्थ निकले. ‘मेरा ये लेटर मीडिया को जरूर देना. शायद इस दबाव में पुलिस कुछ काररवाई करे. जब जीवित रहते किसी ने उन की बात नहीं सुनी तो डायरी में ये सब कुछ लिख कर, अपने जीवन को ही सबूत के तौर पर भेंट चढ़ा दिया. इस विश्वास के साथ कि उन्हें न्याय मिलेगा और सरकार इन अपराधों को रोकने के लिए कुछ कानून बनाएगी, जिस से भविष्य में कोई इन सूदखोरों के चक्र में न फंसे.’ डायरी पढ़ कर पता लगा कि प्रतिदिन एक लाख रुपए तक की पैनल्टी लगा कर सूदखोरों ने सिद्धार्थ और उन के पूरे परिवार को जिस तरह से प्रताडि़त किया, उस की कहानी सुनने मात्र से रोंगटे खड़े हो जाते हैं.

10 से 20 फीसद के ब्याज से शुरू हुआ यह खेल आखिरकार 120 फीसद ब्याज की दर के कर्ज तक जा पहुंचा था. चंद लाख रुपए का कर्जा लेने वाले डा. सिद्धार्थ तिगनाथ ब्याज की अदायगी करतेकरते ही 5 करोड़ रुपए से अधिक की धनराशि सूदखोरों को दे चुके थे. बावजूद इस के सूदखोर कर्जा उतरने ही नहीं दे रहे थे. नतीजतन परिवार की चलअचल संपत्ति गंवा चुके डा. सिद्धार्थ तिगनाथ ने आखिरकार बीती 22 अप्रैल को दुनिया से अलविदा कह दिया. इस के पूर्व वह एक ऐसी डायरी लिख कर गए, जिस में अपनी मौत का जिम्मेदार सूदखोरों की प्रताड़ना को बताया. उन की डायरी के पन्नों में नरसिंहपुर के लगभग 20 से अधिक सूदखोरों के नाम और अभी तक उन को दिए गए पैसों का पूरा हिसाब था.

मरने से पहले डा. सिद्धार्थ सूदखोरों के चंगुल में फंसे अन्य लोगों को सूदखोरों से बचाने की मार्मिक अपील भी कर गए. चला जस्टिस फार डा. सिद्धार्थ अभियान डा. सिद्धार्थ की मौत के बाद उन के परिवार वाले, राजनैतिक हस्तियां और सामाजिक कार्यकर्ता नरसिंहपुर पुलिस पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबाव बनाने लगे. समाचार पत्रों में रोज ही सूदखोरों पर शिकंजा कसने के समाचार छप रहे थे. डा. सिद्धार्थ के बहनोई अजय शुक्ला ने फेसबुक पर ‘जस्टिस फार डा. सिद्धार्थ अभियान’ छेड़ दिया था. इस मुहिम का असर रहा कि युवक कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कुनाल चौधरी, जिला पंचायत नरसिंहपुर के पूर्व अध्यक्ष देवेंद्र पटेल ने भी डा. सिद्धार्थ को न्याय दिलाने के लिए मोर्चा खोल दिया.

उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से ले कर डीजीपी व एसपी नरसिंहपुर तक को शिकायत कर दोषी सूदखोरों को गिरफ्तार करने की मांग की. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी विपुल श्रीवास्तव ने व्यक्तिगत रुचि दिखा कर प्रकरण की जांच कराई. नतीजा यह रहा कि सिद्धार्थ की तेरहवीं के ठीक एक दिन पहले ही पुलिस ने 7 लोगों के खिलाफ आत्महत्या करने को विवश करने का मामला दर्ज कर लिया गया. लंबी पूछताछ के बाद पुलिस ने जिन 7 लोगों के खिलाफ भादंवि की धारा 306, 34 का अपराध दर्ज किया था. उन में सुनील जाट निवासी संजय वार्ड, अजय उर्फ पप्पू जाट, भागचंद उर्फ भग्गी यादव नरसिंहपुर को 6 मई 2021 को गिरफ्तार कर लिया गया.

वहीं 2 मुख्य आरोपी आशीष नेमा के कोविड पौजिटिव होने व सौरभ रिछारिया के घर में परिजन के संक्रमित होने पर ये गिरफ्तार नहीं किए गए थे. इन का जिले के बाहर इलाज चल रहा था. जबकि धर्मेंद्र जाट और राहुल जैन फरार हो गए, जिन की सरगरमी से पुलिस ने तलाश शुरू कर दी. खैरी गांव का पूर्व सरपंच धर्मेंद्र जाट अपने बीवीबच्चों को जिले से बाहर रिश्तेदारों के यहां भेज कर खुद भी भागने की फिराक में था, मगर पुलिस की सक्रियता से उसे सुबह तड़के खैरी गांव में बने उस के मकान से गिरफ्तार कर लिया. गुलाब चौराहा नरसिंहपुर निवासी राहुल जैन पुलिस को चकमा दे कर भाग गया.

30 मई, 2021 को एसआई जितेंद्र गढ़वाल को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली कि डा. सिद्धार्थ मामले का एक आरोपी राहुल जैन जबलपुर में छिपा हुआ है. एसआई जितेंद्र गढ़वाल, आरक्षक पंकज और आशीष की टीम वहां पहुंची तो पता चला कि वह तो जबलपुर के कछपुरा इलाके में दूध बेचने का धंधा कर रहा है. पुलिस टीम ने वहां से राहुल जैन को गिरफ्तार कर लिया .  यूं तो डा. सिद्धार्थ की डायरी में उन 20 सूदखोरों के नाम दर्ज थे जो उन से ब्याज के रूप में लाखों की रकम हड़प चुके थे, परंतु पुलिस की जांच में केवल 7 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. सिद्धार्थ के घर वाले इस बात को ले कर नाराज हैं.

उन का कहना है कि सभी सूदखोरों के खिलाफ कड़ी कानूनी काररवाई की जाए, जिस से अब कोई शख्स उन सूदखोरों के बनाए चक्रव्यूह में न फंस सके. कथा संकलन तक 2 मुख्य आरोपी आशीष नेमा और सौरभ रिछारिया को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पाई थी. Social Story in Hindi

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

 

Short Kahani in Hindi : संघर्षों से सफलता तक फ्लाइंग सिख मिल्खा सिंह की इंस्पायरिंग कहानी

Short Kahani in Hindi : कुछ लोग ऐसे होते हैं जो संसार में आते हैं तो किसी को भनक तक नहीं होती, लेकिन उन की मौत पर दुनिया को बेतहाशा दुख होता है. ऐसे ही महान इंसानों में मिल्खा सिंह को शामिल किया जा सकता है. जिन्होंने अपनी मेहनत और जज्बे की बदौलत सफलता की ऐसी दास्तान लिखी कि…

भारत के महान फर्राटा धावक मिल्खा सिंह पिछले महीने कोरोना संक्रमण से जूझने के बाद ठीक हो गए थे. लेकिन कुछ रोज पहले उन की तबीयत फिर से बिगड़ गई, जिस के बाद उन्हें चंडीगढ़ के पीजीआईएमईआर के आईसीयू में भरती कराया गया था. लेकिन दुनिया के बड़े से बडे़ धावकों को पछाड़ने वाले इस धावक को आखिर 18 जून, 2021 की रात साढे़ 11 बजे उन की बीमारी ने हरा दिया. मिल्खा सिंह की हालत 18 जून की शाम से ही खराब थी. बुखार के साथ उन की औक्सीजन भी कम हो गई थी. उन्हें पिछले महीने कोरोना हुआ था, लेकिन 2 दिन पहले उन की रिपोर्ट नेगेटिव आने के बावजूद तबियत में सुधार नहीं हो रहा था.

 

जिस कारण 2 दिन पहले उन्हें जनरल आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया था, वहां उन की हालत स्थिर बनी हुई थी. दुखद बात यह थी कि उन की पत्नी 85 वर्षीय निर्मल कौर का भी 5 दिन पहले एक निजी अस्पताल में कोरोना बीमारी के कारण निधन हो गया था. बीमारी से जूझ रहे मिल्खा सिंह को प्राण छोड़ते समय तक इस बात का मलाल था कि वह जीवन के कठिन संघर्षों में उन का साथ निभाने वाली जीवनसंगिनी के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सके थे. उन की पत्नी भारतीय वालीबाल टीम की पूर्व कप्तान रही थीं. मिल्खा सिंह के निधन की खबर से देश के खेल जगत से एक ऐसा सितारा टूट कर लुप्त हो गया है, जिस की भरपाई होना बेहद मुश्किल है.

मिल्खा सिंह के जन्म से ले कर उन के अवसान तक की कहानी किसी ऐतिहासिक फिल्म की कहानी की तरह है, जो युवाओं को प्रेरित करने वाली है. मिल्खा सिंह का जन्म 20 नवंबर, 1929 को गोविंदपुरा (जो अब पाकिस्तान का हिस्सा है) के एक सिख राठौर (राजपूत) परिवार में हुआ था. अपने मांबाप की कुल 15 संतानों में वह एक थे. उन्होंने अपनी पढ़ाई की शुरुआत वहां के एक स्कूल से की और करीब 5वीं कक्षा तक अपनी पढ़ाई की. उन का बचपन 2 कमरों के घर में रहने वाले परिवार के साथ गरीबी में बीता. इस में एक कमरा पशुओं के लिए था.

1947 में भारत पाकिस्तान विभाजन के बाद हुए सांप्रदायिक दंगों के दौरान उन्होंने अपने मातापिता को खो दिया. उस दौरान विभाजन के लिए हुए मजहबी दंगों में उन के कई भाईबहन समेत परिवार के कई रिश्तेदारों की उन की आंखों के सामने ही हत्या कर दी गई. मिल्खा के मनमस्तिष्क पर दंगों की वे स्मृतियां मरते दम तक जिंदा रहीं. मिल्खा अपने  जीवन में कई बार अपनी बचपन की यादों का जिक्र करते भावुक हुए थे, जब उस दौरान हुए दंगों और चारों तरफ फैले खूनखराबा तथा रक्तरंजित मंजर का जिक्र करते थे. मिल्खा शायद अपने जीवन में पहली बार उस दौरान ही रोए थे.

जब पाकिस्तान में उन के परिवार का नरसंहार हुआ, उस से 3 दिन पहले मिल्खा को मुलतान में अपने सब से बड़े भाई माखन सिंह की मदद के लिए भेजा गया था. माखन सिंह मुलतान में हवलदार तैनात थे. मुलतान जाने के लिए उन्होंने कोट अड्डू से ट्रेन पकड़ी. ट्रेन पहले की यात्रा से खून से सनी पड़ी थी. मिल्खा सिंह डर की वजह से महिलाओं के डिब्बे में एक सीट के नीचे छिप गए थे, क्योंकि उन्हें आक्रोशित भीड़ द्वारा खुद को मार दिए जाने की आशंका थी. जब मिल्खा अपने भाई माखन के साथ लौट कर कोट अड्डू पहुंचे, तब तक दंगाइयों ने उन के गांव को श्मशान घाट में बदल दिया था. मिल्खा के मातापिता, 2 भाइयों और उन की पत्नियों को इतनी बेरहमी के साथ मारा गया था कि उन के शवों को भी नहीं पहचाना जा सका.

जूतों पर करते थे पौलिश घटना के लगभग 4 या 5 दिनों के बाद माखन के कहने पर मिल्खा सिंह अपनी भाभी जीत कौर के साथ भारत के लिए सेना के एक ट्रक में सवार हो कर फिरोजपुर-हुसनीवाला क्षेत्र में आ गए. माखन वहां सेना में ही रहे. यहां आ कर मिल्खा ने काम ढूंढना शुरू किया. काम की तलाश में वह अकसर स्थानीय सेना के शिविरों का दौरा किया करते थे और कई बार भोजन पाने के लिए सेना के जवानों के जूते पौलिश करते थे. लेकिन यहां भी समस्या ने उन का साथ नहीं छोड़ा. फिरोजपुर से हो कर जो सतलुज नदी गुजरती है, अगस्त महीने में उस में बाढ़ आ गई जिस से छत पर चढ़ कर उन्हें जान बचानी पड़ी. घर का सारा सामान बह चुका था.

फिरोजपुर में तकलीफें झेल चुके मिल्खा ने दिल्ली का रुख करने का मन बनाया. सुना था कि वहां काम ढूंढना आसान होता है. उन की प्राथमिकता दिल्ली पहुंचने की थी लेकिन ट्रेन में इतनी भीड़ थी कि उस में घुसना भी मुश्किल था. किसी तरह उन्होंने भाभी को महिला डिब्बे में घुसा दिया और खुद ट्रेन की छत पर चढ़ गए. जिस ट्रेन से वह दिल्ली  गए थे, उस में भी कत्लेआम हुआ और दिल्ली पहुंचने पर उन्होंने उस ट्रेन में कई लाशें देखीं. पुरानी दिल्ली स्टेशन पर वह उन हजारों शरणार्थियों की तरह ही थे, जो प्लेटफार्म पर खड़े थे, जिन्हें यह नहीं पता था कि जाना कहां है. चूंकि दिल्ली में रहने के लिए कोई जगह नहीं थी, उन्होंने कुछ दिन पुरानी दिल्ली रेलवे प्लेटफार्म पर ही अराजकता से भरे दिन बिताए.

उन्होंने स्टेशन के बाहर जूते भी पौलिश किए. बाद में उन्हें पता चला कि उन की भाभी के मातापिता दिल्ली के शाहदरा इलाके में बस गए हैं. वह भाभी के मायके में चले तो गए, लेकिन उन्हें भाभी के घर पर रहने में घुटन महसूस हो रही थी, क्योंकि काफी समय यहां रहने पर वह खुद को एक बोझ सा समझने लगे थे. हालांकि उन के लिए एक राहत की बात यह थी कि जब उन्हें पता चला कि उन की एक बहन ईश्वर कौर पास के ही एक स्थानीय इलाके में रह रही हैं तो वह रहने के लिए उन के पास चले गए. जब वह उन के घर पहुंचे तो परिवार का पुनर्मिलन आंसुओं भरा और मर्मस्पर्शी था. लेकिन वहां भी मिल्खा को यह अहसास हो गया कि बहन के अलावा अन्य लोगों को उन का वहां रहना जरा भी नहीं भाता था.

चूंकि मिल्खा के पास काम करने के लिए कुछ नहीं था, उन्होंने अपना समय सड़कों पर बिताना शुरू कर दिया और इस प्रक्रिया में वह बुरी संगत में पड़ गए. उन्होंने फिल्में देखना और उन के टिकट खरीद कर बेचना शुरू कर दिया. साथ ही साथ अन्य लड़कों के साथ जुआ खेलना और चोरी करना भी शुरू कर दिया. उसी समय मिल्खा ने सुना कि उन के भाई माखन सिंह सेना की टुकड़ी के साथ भारत आ गए हैं. तब उन्हें उम्मीद जगी कि अब सारी चिंताएं दूर हो जाएंगी. पढ़ाई में नहीं लगा मन कुछ समय बाद उन के सब से बड़े भाई माखन सिंह को भारत के लाल किले में पोस्टिंग मिल गई. माखन सिंह मिल्खा को पास के एक स्कूल में ले गए और उन्हें 7वीं कक्षा में दाखिला करा दिया. परंतु अब उन्हें पढ़ाई करने में बिलकुल भी मन नहीं लग रहा था, जिस के कारण वह फिर से बुरी संगत में पड़ गए.

1949 में मिल्खा सिंह और उन के दोस्तों ने भारतीय सेना में शामिल होने के बारे में सोचा और लाल किले में हो रहे भरती कैंप में चले गए. हालांकि मिल्खा सिंह को रिजेक्ट कर दिया गया. उन्होंने 1950 में फिर से एक कोशिश की और फिर से उन्हें खारिज कर दिया गया. 2 बार अस्वीकार किए जाने के बाद उन्होंने एक मैकेनिक के रूप में काम करना शुरू कर दिया. बाद में उन्हें एक रबर फैक्ट्री में नौकरी मिल गई, जहां उन का वेतन 15 रुपए महीना था. लेकिन वह लंबे समय तक काम नहीं कर पाए, क्योंकि इस बीच उन्हें हीट स्ट्रोक आया और 2 महीने तक वह बिस्तर पर ही पड़े रहे.

1952 के नवंबर में उन्हें अपने भाई की मदद से आखिर सेना में नौकरी मिल ही गई और उन की पहली पोस्टिंग श्रीनगर में हुई. श्रीनगर से उन्हें सिकंदराबाद में भारतीय सेना की ईएमई (इलैक्ट्रिकल मैकेनिकल इंजीनियरिंग) इकाई में भेजा गया. वहां पर रहते हुए उन्होंने पहली बार जनवरी 1953 में 6 मील (लगभग 10 किमी) क्रौस कंट्री रेस में भाग लिया और 6ठे स्थान पर रहे. उस के बाद उन्होंने अपनी पहली 400 मीटर दौड़ 63 सेकंड में ब्रिगेड मीट में पूरी की और चौथे स्थान पर रहे. फिर उन्होंने पूर्व एथलीट गुरदेव सिंह से ट्रेनिंग लेनी शुरू कर दी. जीतने की धुन हुई सवार उस वक्त अकसर 400 मीटर दौड़ के अभ्यास के दौरान कभीकभी उन की नाक से खून निकलने लगता था. परंतु उन्हें जीतने की इतनी धुन सवार थी कि उन्हें इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता था.

समय बीतता गया और एक एथलीट के रूप में वह दिनबदिन निखरते गए. आज उन्होंने जो पाया है, यकीनन वह उस के हकदार हैं. एक एथलीट के रूप में सभी भारतीयों को उन पर गर्व है. बाद में सेना में एथलीट बनने के उन के ऐसे संघर्ष की शुरुआत हुई, जिस ने मिल्खा सिंह को खेल के आसमान में चमकने वाला ऐसा धु्रव तारा बना दिया, जिस का उदय अब शायद ही कभी होगा. नए कीर्तिमान किए स्थापित मिल्खा सिंह ने दौड़ के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा को पहचान लिया था. इस के बाद उन्होंने सेना में कड़ी मेहनत शुरू की और 200 मीटर और 400 मीटर प्रतिस्पर्धा में अपने आप को स्थापित किया. उन्होंने एक के बाद एक कई प्रतियोगिताओं में सफलता हासिल की.

उन्होंने सन 1956 के मेलबोर्न ओलिंपिक खेलों में 200 और 400 मीटर में भारत का प्रतिनिधित्व किया पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनुभव न होने के कारण सफल नहीं हो पाए. लेकिन 400 मीटर प्रतियोगिता के विजेता चार्ल्स जेंकिंस के साथ हुई मुलाकात ने उन्हें न सिर्फ प्रेरित किया, बल्कि ट्रेनिंग के नए तरीकों से अवगत भी कराया. इस के बाद सन 1958 में कटक में आयोजित राष्ट्रीय खेलों में उन्होंने 200 मीटर और 400 मीटर प्रतियोगिता में राष्ट्रीय कीर्तिमान स्थापित किए और एशियन खेलों में भी इन दोनों प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक हासिल किए. साल 1958 में उन्हें एक और महत्त्वपूर्ण सफलता मिली, जब उन्होंने ब्रिटिश राष्ट्रमंडल खेलों में 400 मीटर प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल किया.

इस प्रकार वह राष्ट्रमंडल खेलों के व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाले स्वतंत्र भारत के पहले खिलाड़ी बन गए. मिल्खा सिंह ने खेलों में उस समय सफलता प्राप्त की, जब खिलाडि़यों के लिए कोई सुविधाएं उपलब्ध नहीं थीं, न ही उन के लिए किसी ट्रेनिंग की व्यवस्था थी. आज इतने सालों बाद भी कोई एथलीट ओलंपिक में पदक पाने में कामयाब नहीं हो सका है. रोम ओलंपिक शुरू होने तक मिल्खा सिंह इतने लोकप्रिय हो गए थे कि जब वह स्टेडियम में घुसते थे तो दर्शक उन का जोशपूर्वक स्वागत करते थे. रोम ओलंपिक में हो गई बड़ी चूक दरअसल, मिल्खा सिंह की लोकप्रियता का एक अन्य कारण यह था कि रोम पहुंचने के पूर्व वह यूरोप के कई टूर में अनेक बड़े खिलाडियों को हरा चुके थे और उन के रोम पहुंचने से पहले उन की लोकप्रियता की चर्चा वहां पहुंच चुकी थी.

हालांकि वहां वह कोई टौप के खिलाड़ी नहीं थे, लेकिन श्रेष्ठ धावकों में उन का नाम अवश्य था. उन की लोकप्रियता का दूसरा कारण उन की बढ़ी हुई दाढ़ी व लंबे बाल थे. लोग उस वक्त सिख धर्म के बारे में अधिक नहीं जानते थे. लोगों को लगता था कि कोई साधु इतनी अच्छी दौड़ लगा रहा है. उस वक्त ‘पटखा’ का चलन भी नहीं था, अत: सिख सिर पर रुमाल बांध लेते थे. मिल्खा सिंह के जीवन में 2 घटनाएं सब से ज्यादा महत्त्व रखती हैं. पहली भारत पाकिस्तान का विभाजन जब उन के परिवार का पाकिस्तान में हुए कत्लेआम में खात्मा कर दिया गया, तब वह पहली बार रोए थे.  दूसरी घटना रोम ओलंपिक में उन का पदक पाने से चूक जाना था, जब वे दूसरी बार बिलखबिलख कर रोए.

रोम ओलिंपिक खेल शुरू होने से कुछ साल पहले से ही मिल्खा सिंह अपने खेल जीवन के सर्वश्रेष्ठ फौर्म में थे और ऐसा माना जा रहा था कि इन खेलों में मिल्खा पदक जरूर जीतेंगे. रोम में 1960 के ओलंपिक खेलों में मिल्खा भारत के सब से बड़े पदक लाने की उम्मीद वाले खिलाडि़यों में से एक थे और उन के शानदार प्रदर्शन को देख कर देश उन से उम्मीदों पर खरे उतरने की उम्मीद कर रहा था. लेकिन मिल्खा इस खेल में तीसरे स्थान पर भी नहीं रहे. दक्षिण अफ्रीका के मैल्कम स्पेंस ने ब्रोंज जीता था. हालांकि इस रेस में 250 मीटर तक मिल्खा पहले स्थान पर भाग रहे थे, लेकिन इस के बाद उन की गति कुछ धीमी हो गई और बाकी के धावक उन से आगे निकल गए थे.

खास बात यह है कि 400 मीटर की इस रेस में मिल्खा उसी एथलीट से हारे थे, जिसे उन्होंने 1958 कौमनवेल्थ गेम्स में हरा कर स्वर्ण पदक पर कब्जा किया था. दरअसल उन्होंने ऐसी भूल कर दी, जिस का पछतावा उन्हें मरते दम तक रहा. इस दौड़ के दौरान उन्हें लगा कि वह अपने आप को अंत तक उसी गति पर शायद नहीं रख पाएंगे और पीछे मुड़ कर अपने प्रतिद्वंदियों को देखने लगे, जिस का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ा और वह धावक जिस से स्वर्ण की आशा थी कांस्य भी नहीं जीत पाया. लेकिन 1960 के ओलंपिक में भले ही मिल्खा कांस्य पदक से चूक कर चौथे स्थान पर रहे. मगर उन का 45.73 सेकंड का ये रिकौर्ड अगले 40 साल तक नैशनल रिकौर्ड रहा.

मिल्खा को इस बात का अंत तक मलाल रहा. इस असफलता से वह इतने निराश हुए कि उन्होंने दौड़ से संन्यास लेने का मन बना लिया पर बहुत समझाने के बाद मैदान में फिर वापसी की. 1960 में पाकिस्तान में एक इंटरनैशनल एथलीट दौड़ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने जाने का न्यौता मिला,  लेकिन बचपन की घटनाओं की वजह से वह वहां जाने से हिचक रहे थे. लेकिन तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू के समझाने पर वह इस के लिए राजी हो गए, क्योंकि दोनों देशों की मित्रता के लिए हो रहे प्रयासों के बीच उन के पाकिस्तान नहीं जाने से राजनीतिक उथलपुथल का संदेश जा सकता था. इसलिए उन्होंने दौड़ने का न्यौता स्वीकार लिया.

बहरहाल, रोम ओलंपिक के बाद हुए  टोक्यो एशियाई खेलों में मिल्खा ने 200 और 400 मीटर की दौड़ जीत कर भारतीय एथलेटिक्स के लिए नए इतिहास की रचना की. जब उन्होंने पहले दिन 400 मीटर दौड़ में भाग लिया. उन्हें जीत का पहले से ही विश्वास था, क्योंकि एशियाई क्षेत्र में उन का बेहतरीन  कीर्तिमान था. शुरूशुरू में जो तनाव था, वह स्टार्टर की पिस्तौल की आवाज के साथ रफूचक्कर हो गया. उम्मीद के अनुसार उन्होंने सब से पहले फीते को छुआ और नया रिकौर्ड कायम किया. जापान के सम्राट ने जब उन के गले में स्वर्ण पदक पहनाया तो उस क्षण का रोमांच मिल्खा शब्दों में व्यक्त नहीं कर सके. इस के अगले दिन 200 मीटर की दौड़ थी. इस में मिल्खा का पाकिस्तान के अब्दुल खालिक के साथ कड़ा मुकाबला था.

खालिक 100 मीटर का विजेता था. दौड़ शुरू हुई और दोनों के कदम एक साथ पड़ रहे थे. फिनिशिंग टेप से 3 मीटर पहले मिल्खा की टांग की मांसपेशी खिंच गई और वह लड़खड़ा कर गिर पड़े. चूंकि वह फिनिशिंग लाइन पर ही गिरे थे इसलिए फोटो फिनिश रिव्यू में उन्हें विजेता घोषित किया गया और इस तरह मिल्खा एशिया के सर्वश्रेष्ठ एथलीट बन गए. जापान के सम्राट ने उस समय मिल्खा से जो शब्द कहे थे, वह मरते दम तक कभी नहीं भूले. उन्होंने उन से कहा था, ‘दौड़ना जारी रखोगे तो तुम्हें विश्व का सर्वश्रेष्ठ स्थान प्राप्त हो सकता है. बस, दौड़ना जारी रखो.’ पाकिस्तान में मिल्खा का मुकाबला एशिया के सब से तेज धावक माने जाने वाले अब्दुल खालिक से था.

यह मिल्खा की जिंदगी का सब से रोमांचक दबाव भरा और भावनाओं की उथलपुथल भरा मुकाबला था. लेकिन इस मुकाबले में जीत के लिए मिल्खा ने अपना सर्वस्व झोंक दिया. इस दौड़ में मिल्खा सिंह ने सरलता से अपने सभी प्रतिद्वंद्वियों को परास्त कर दिया और आसानी से जीत गए. इस मुकाबले में अधिकांशत: मुसलिम दर्शक इतने प्रभावित हुए कि पूरी तरह बुर्कानशीन औरतों ने भी इस महान धावक को गुजरते देखने के लिए अपने नकाब तक उतार दिए थे. मिला फ्लाइंग सिख का खिताब यही कारण रहा कि अब्दुल खालिक को हराने के बाद उस समय पाकिस्तान के तत्कालीन राष्ट्रपति अयूब खान ने मिल्खा सिंह से कहा था, ‘आज तुम दौड़े नहीं उड़े हो.

इसलिए हम तुम्हें फ्लाइंग सिख के खिताब से नवाजते हैं.’ इस के बाद से मिल्खा सिंह को पूरी दुनिया में ‘फ्लाइंग सिख’ के नाम से जाना जाने लगा. एक के बाद एक रेस जीतने और कई रिकौर्ड अपने नाम पर दर्ज करा चुके मिल्खा धीरेधीरे अपने करियर में आगे बढ़ते रहे. मिल्खा सिंह के करियर का मुख्य आकर्षण 1964 का एशियाई खेल था, जहां उन्होंने 400 मीटर और 4×400 मीटर रिले स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीते. टोक्यो में आयोजित हुए 1964 ओलंपिक में मिल्खा सिंह का प्रदर्शन यादगार नहीं था, जहां वह केवल एक ही इवेंट में भाग ले रहे थे, वह था 4×400 मीटर रिले दौड़ में मिल्खा सिंह के नेतृत्व वाली भारतीय टीम गरमी के कारण आगे बढ़ने में असमर्थ रही, जिस के बाद इस असफलता से निराश लंबे समय तक मिल्खा सिंह ने अपने दौड़ने वाले जूते लटका दिए थे.

कभीकभार जब मिल्खा सिंह से उन की 80 दौड़ों में से 77 में मिले अंतरराष्ट्रीय पदकों के बारे में पूछा जाता था तो वह कहते थे, ‘ये सब दिखाने की चीजें नहीं हैं, मैं जिन अनुभवों से गुजरा हूं, उन्हें देखते हुए वे मुझे अब भारत रत्न भी दे दें तो मेरे लिए उस का कोई महत्त्व नहीं है.’ बता दें कि आज की तारीख में भारत के पास बैडमिंटन से ले कर शूटिंग तक में वर्ल्ड चैंपियन हैं. बावजूद इस के ‘फ्लाइंग सिख’ मिल्खा सिंह की ख्वाहिश अधूरी है. वह दुनिया छोड़ने से पहले भारत को एथलेटिक्स में ओलंपिक मेडल जीतते देखना चाहते थे. 1958 के एशियाई खेलों में मिल्खा सिंह के बेहतरीन प्रदर्शन के बाद सेना ने मिल्खा सिंह को जूनियर कमीशंड औफिसर के तौर पर प्रमोशन कर सम्मानित किया था.

बाद में उन्हें पंजाब के शिक्षा विभाग में खेल निदेशक के पद पर नियुक्त किया गया और इसी पद से मिल्खा सिंह साल 1998 में रिटायर्ड हुए. पहली जुलाई, 2012 को उन्हें भारत का सब से सफल धावक माना गया, जिन्होंने ओलंपिक्स खेलों में लगभग 20 पदक अपने नाम किए हैं. यह अपने आप में ही एक रिकौर्ड है. मिल्खा सिंह ने अपने जीते गए सभी पदकों को देश के नाम समर्पित कर दिया था, पहले उन के मैडल्स को जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में रखा गया था, लेकिन फिर बाद में पटियाला के एक गेम्स म्यूजियम में मैडल्स ट्रांसफर कर दिए गए. Short Kahani in Hindi

 

Short Story : निखिल जैन संग शादी कर चर्चा में आई नुसरत जहां कौन हैं

Short Story : टौलीवुड की मशहूर अभिनेत्री और तृणमूल कांग्रेस की सांसद नुसरत जहां को शायद विवादों में रहना पसंद है. बिजनैसमैन निखिल जैन से शादी कर के जिस तरह वह चर्चा में आई थीं, उसी तरह उन के गर्भवती होने के बाद अब इस बात की लोगों में चर्चा है कि जब वह लंबे समय से पति से अलग रह रही थीं तो उन के गर्भ में पल रहा बच्चा किस का है?

वास्तविकता कभीकभी कल्पना की अपेक्षा बहुत ही मजेदार और विचित्र होती है. कभीकभी हमारे सामने कुछ ऐसे मामले आ जाते हैं, जिन के बारे में सुन कर, पढ़ कर या देख कर हमें ऐसा लगता है कि भला ऐसा कैसे हो सकता है. वे हमारे न कुछ लगते हैं और न हमारा उन से कुछ बनताबिगड़ता है, फिर भी हम उन में बहुत ज्यादा दिलचस्पी लेते हैं. नुसरत जहां और निखिल जैन के लव, मैरिज और डिवोर्स की बात भी कुछ ऐसी ही है. इस समय यह चर्चा का विषय बनी हुई है. नुसरत जहां खूबसूरत हैं, हीरोइन हैं, सांसद हैं, अमीर हैं और पहले से ही चर्चाओं में रही हैं. 8 जनवरी, 1990 को कोलकाता में जन्मी नुसरत जहां की प्रारंभिक शिक्षा अवर लेडी क्वीन औफ द मिशन स्कूल में हुई.

इस के बाद भवानीपुर कालेज से उन्होंने कौमर्स में स्नातक किया. 2010 में ‘मिस कोलकाता फेवर वन’ ब्यूटी कौंटैस्ट जीतने के बाद मौडलिंग में अपना कैरियर शुरू किया. इस के बाद ‘शोत्रू’ उन की पहली बांग्ला फिल्म आई. उस समय उन्होंने औडिशन में 50 लोगों के बीच अपनी जगह बनाई थी. एक साल बाद उन्होंने देव और सुभोश्री के साथ ‘खोका-420’ में काम किया. उसी साल वह अंकुश हजारा के साथ ‘वो खिलाड़ी’ में भी दिखाई दी थीं. फिर उन्होंने ‘ऐक्शन के चिकन तंदूरी’ और ‘के देशी छोरी’ में काम किया. उन की ये दोनों ही फिल्में हिट रही हैं.

नुसरत ने राहुल बोस के साथ ‘सीधे नमार आगे’ में भी काम किया था. 2015 में उन्होंने कौमेडी कार्यक्रम ‘जमाई-420’ में हिस्सा लिया, जिस में उन के साथ अंकुश हजारा, पायल सरकार, मिमी चक्रवर्ती, सोहम चक्रवर्ती और हिरन थे. जानीमानी अभिनेत्री हैं नुसरत नुसरत सेलिब्रिटी लीग थीम सांग का भी हिस्सा रह चुकी हैं. वर्ष 2015 में उन की ‘हरहर व्योमकेश’ फिल्म आई थी, जिस ने बौक्स औफिस पर बहुत बड़ी सफलता प्राप्त की थी. इस के बाद फिल्म ‘पावर’, कौमेडी फिल्म ‘कीर्ति’, ‘लव एक्सप्रेस’, ‘जुल्फिकार’, ‘हरीपड़ा बंडवाला’, ‘आमी जो तोमार’ और ‘बोलो दुग्गा माई की’ तथा ‘ओएसएस कोलाता’ आदि फिल्मों में काम किया है.

वह बांग्ला की जानीमानी हीरोइन हैं, पर इस समय वह पर्सनल लाइफ, प्रैग्नेंसी और एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर को ले कर सुर्खियों में हैं. नुसरत अकसर विवादों की ही वजह से सुर्खियों में आती हैं. इस बार भी जब उन के प्रैग्नेंट होने की खबर आई तो पता चला कि इस के बारे में उन के पति निखिल जैन को कुछ पता ही नहीं है. दोनों काफी दिनों से अलग रह रहे हैं. 2017 में उन की उम्मीदवारी की घोषणा के बाद उन पर अश्लील टिप्पणी करने के आरोप में बीजेपी के आईटी सेल के एक कार्यकर्ता को गिरफ्तार किया गया था. 30 सितंबर, 2016 को नुसरत के बौयफ्रैंड कादिर खान को घटना के 4 साल बाद सामूहिक दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार किया गया था.

नुसरत उस से शादी करने वाली थीं. उस समय नुसरत पर एक अपराधी को पनाह देने का आरोप लगा था. हालांकि नुसरत ने इस बात से इनकार किया था. पर कुछ वकीलों ने उन्हें पनाह देने के आरोप में उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की थी. बाद में नुसरत जहां ने भी कहा था कि कादिर खान ने उन्हें मानसिक क्षति पहुंचाई है. उस ने उन का मानसिक बलात्कार किया है. तुर्की में की थी शादी बशीरहाट से सांसद का चुनाव जीतने के बाद नुसरत जहां 17-18 जून, 2019 को सांसदों के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल नहीं हुई थीं. उस समय वह अपने पति निखिल जैन के साथ तुर्की में थीं. 18 नवंबर, 2019 को होने वाले शीतकालीन सत्र में वह पहुंच नहीं पाई थीं.

कहा गया था कि अस्वस्थता की वजह से वह अपोलो अस्पताल में भरती हैं. पर यह भी कहा जाता है कि वह बीमार नहीं थीं, बल्कि किसी और वजह से उन्हें परेशानी हुई थी. नुसरत अपनी बोल्ड तसवीरों की वजह से भी अकसर चर्चाओं में रहती हैं. इस के अलावा एक बार उन्होंने दुर्गा के रूप में तसवीरें खिंचवाई थीं, जिसे ले कर काफी विवाद हुआ था. उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई थी. नुसरत ने इस की शिकायत भी दर्ज कराई थी. शादी से लौटने के बाद संसद में चूडि़यां, मंगलसूत्र, सिंदूर और साड़ी पहन कर आने पर उन्हें सोशल मीडिया पर ट्रोलर्स का सामना करना पड़ा था. उन के लिपस्टिक के रंग, सनस्क्रीन, एक्सेसरीज और आउटफिट को ले कर काफी चर्चा हुई थी. उसी बीच वैवाहिक संबंधों की वैधता पवित्रता को ले कर काफी हलचल मची थी.

गैरमजहबी शादी पर उठे थे सवाल मुफ्ती मुकर्रम अहमद, शाही इमाम, फतेहपुरी मसजिद ने कहा था कि यह शादी नहीं दिखावा है. मुसलमान और जैन दोनों ही इस शादी को नहीं मानेंगे. वह अब न जैन हैं और न मुसलिम. उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए था. जैन से शादी कर के उन्होंने बहुत बड़ा अपराध किया है. दूसरी ओर नुसरत जहां ने उन सब का मुंह बंद करते हुए कहा था कि ‘मैं एक समादेशी भारत का प्रतिनिधित्व करती हूं, जो जाति, पंथ और धर्म से परे है. जब वह ऐक्ट्रैस से नेता बनी थीं, तब भी मुसलिम मौलवियों ने उन की काफी आलोचना की थी. अक्तूबर, 2020 में दुर्गा पूजा में जब उन्होंने ‘ढाक’ बजाया था, तब इतहास उलेमाएहिंद के उपाध्यक्ष मुफ्ती असद कासम ने नुसरत जहां को ‘हराम’ बताया था.

नुसरत के पति निखिल जैन मारवाड़ी व्यापारी हैं. वह भी हैंडसम और काफी धनवान हैं. वह नुसरत से तब मिले थे, जब नुसरत जहां ने उन की साड़ी के ब्रांड के लिए मौडलिंग की थी. जल्द ही दोनों में प्यार हो गया था और वे डेटिंग पर जाने लगे थे. उस के बाद उन्होंने सगाई की घोषणा की थी. सगाई के तुरंत बाद उन्होंने शादी की तारीख फिक्स कर दी थी. 4 जुलाई, 2019 को उन्होंने कोलकाता में एक भव्य रिसैप्शन की मेजबानी की थी, जिस में टौलीवुड ऐक्टर्स और बंगाल की राजनीतिक बिरादरी के तमाम लोग शामिल हुए थे. इन दोनों की प्रेम कहानी का जब खुलासा हुआ तो दोनों के धर्म को ले कर काफी बवाल मचा था. मुसलमान नुसरत जहां ने जैन निखिल के साथ शादी की तो बहुत सारे मुसलमानों ने नाराजगी व्यक्त की थी.

नुसरत पर एशिया के सब से बड़े इसलामिक स्कूल डर-उल-उलूम ने फतवा जारी किया था. उन्होंने नुसरत द्वारा निखिल जैन से शादी करने पर आपत्ति जताई थी. उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के देवबंद से भी नुसरत पर फतवा जारी किया गया था. वहां से कहा गया था कि नुसरत को केवल मुसलमान से शादी करनी चाहिए. सांसद बनने के बाद उन्होंने ‘नुसरत जहां रुहू जैन’ के नाम से ईश्वर को साक्षी मानते हुए शपथ ली थी. उस के बाद उन्होंने वंदे मातरम भी कहा था. यह बात देवबंद के उलेमा मुफ्ती असद काजमी को बहुत बुरी लगी थी. लोकसभा का चुनाव जीतने के बाद नुसरत जहां ने मांग में सिंदूर और गले में मंगलसूत्र पहन कर सांसद की शपथ ली थी. इस के बाद मुसलिम मौलानाओं ने उन के खिलाफ फतवा जारी किया था. उन से सवाल पूछा गया था कि उन्होंने मुसलिम धर्म का क्यों त्याग किया?

उस समय नुसरत जहां फिल्मी स्टाइल में कह रही थीं कि ‘जिसे जो कहना हो, वो वह कहे, जिसे जो करना हो, वो वह करे. जब प्यार किया है तो डरने की क्या बात है.’ जिस तरह फिल्मों में कहा जाता है कि प्यार करने वाले कभी डरते नहीं, उसी तरह नुसरत के भी कहने का मतलब था कि उस ने भी प्यार किया है तो वह भी किसी से नहीं डरतीं. निखिल नहीं हैं बच्चे का बाप लोग कहते थे कि नुसरत और निखिल की बहुत सुंदर जोड़ी है. दोनों का नाम भी ‘न’ से शुरू होता था और दोनों का सरनेम भी एक ही अक्षर ‘ज’ से शुरू होता है. रब ने बना दी जोड़ी. मुसलमान नुसरत जहां दुर्गा पूजा के समय माता के पंडाल में जा कर पूजा करती थीं और सर्वधर्म समभाव, प्रेम, भावनात्मकता और भाईचारे की बात करते नहीं थकती थीं.

लोगों का सोचना था कि नुसरत और निखिल की गाड़ी बढि़या चल रही है. लेकिन अचानक इस लव स्टोरी में फिल्मी ट्विस्ट आ गया. नुसरत जहां ने बड़े ही खराब तरीके से घोषित किया कि ‘मैं मां बनने वाली हूं.’ दूसरी ओर निखिल ने इस तरह का मैसेज दिया कि ‘मैं इस बच्चे का बाप नहीं हूं.’ इस के बाद नुसरत जहां के अन्य से प्रेम प्रकरण की बातें आने लगीं. फिर तो बात डिवोर्स तक पहुंच गई. अब नुसरत का कहना है कि ‘हमारी शादी ही कहां हुई थी, जो लोग डिवोर्स की बात कर रहे हैं.’

पर मीडिया ने खोज निकाला कि नुसरत जहां ने जब चुनाव लड़ा था, तब उन्होंने जो एफीडेविट दिया था, उस में उन्होंने अपना स्टेटस मैरिड लिखा था. उन्होंने निखिल के साथ तुर्की में की गई अपनी भव्य और खर्चीली मैरिज के फोटो भी डाले थे. अब सवाल यह उठता है कि यह शादी नहीं थी तो क्या था? अभी नुसरत जहां ने सोशल मीडिया से सभी फोटो हटा दिए हैं.

इस सब के बीच नुसरत जहां की कोख में जो बच्चा पल रहा है, उस के बारे में कोई नहीं सोचविचार रहा है. वह मासूम तो पैदा होने के पहले ही विवादों में आ गया. उस का भाग्य, उस की तकदीर, उस की डेस्टिनी तो प्रकृति जाने, पर जो बात सामने आई हैं, वह डीएनए टेस्ट तक जा रही हैं. हमारे यहां कहा जाता है कि हर कोई अपना नसीब ले कर पैदा होता है. शायद नुसरत का बच्चा अपने भाग्य में विवाद ले कर आया है. निखिल का कहना है कि हम दोनों तो दिसंबर, 2020 से अलग रह रहे हैं. अगस्त में एक फिल्म की शूटिंग के दौरान मेरी पत्नी का व्यवहार मेरे प्रति बदलने लगा था. हमारे बीच कोई संबंध नहीं है. यह कहना मुश्किल है कि नुसरत सचमुच प्रैग्नेंट हैं या यह बात भी फिल्मी है.

निखिल जैन ने न जाने कितनी बार नुसरत जहां से अपनी शादी का रजिस्ट्रैशन कराने के लिए कहा था, लेकिन नुसरत किसी न किसी बहाने रजिस्ट्रैशन कराने से मना करती रही. 5 नवंबर, 2020 को नुसरत अपने गहनों, रुपयों, कीमती सामान, कागजात और दस्तावेजों के साथ निखिल का फ्लैट छोड़ कर बल्लीगंज स्थित अपने फ्लैट में जा कर रहने लगी थीं. इस के बाद नुसरत और निखिल पतिपत्नी होने के बावजूद साथ नहीं रहते थे. कोर्ट में की शादी रद्द करने की अपील 8 मार्च, 2021 को निखिल ने स्वीकार किया किया था कि उन्होंने नुसरत के खिलाफ अपनी शादी को रद्द करने के लिए अलीपुर कोर्ट में ऐक दीवानी मुकदमा दायर किया है.

चूंकि मामला विचाराधीन है, इसलिए निखिल ज्यादा कुछ कहना नहीं चाहते हैं. पर इतना जरूर कहा कि उन के परिवार ने नुसरत को बहू के रूप में नहीं, एक बेटी के रूप में लिया. उसे एक बेटी के रूप में बहुत कुछ दिया. फिर भी उन सब को यह दिन देखना पड़ा. नुसरत और निखिल के बीच एक तीसरा व्यक्ति भी है यश दासगुप्ता. नुसरत और निखिल जैसेजैसे दूर होते गए, वैसेवैसे नुसरत जहां और यश दासगुप्ता नजदीक आते गए. यश दासगुप्ता भी ऐक्टर और भारतीय जनता पार्टी के नेता हैं. भाजपा ने उन्हें विधानसभा चुनाव में चंडीताल से टिकट भी दिया था. तृणमूल कांग्रेस की स्वाति खंडोलकर ने यश दासगुप्ता को 41,347 मतों से हराया था. यश दासगुप्ता हैं नजदीकी दोस्त यश और नुसरत पिछले कुछ समय से अलगअलग जगहों पर एक साथ दिखाई दे रहे हैं. नुसरत जहां पिछले कुछ समय से ‘एसओएस कोलकाता’ फिल्म में अपने कोस्टार रहे यश दासगुप्ता के काफी करीब आ गई हैं.

कहा तो यह भी जाता है कि वह यश के साथ रिलेशन में हैं. कुछ दिनों पहले दोनों राजस्थान ट्रिप पर गए थे. इन खबरों पर दोनों ने अपनी प्रतिक्रिया भी दी थी. इस से साफ पता चलता है कि दोनों का अफेयर चल रहा है. नुसरत जहां और निखिल जैन के विवाद में यश दासगुप्ता ने कहा था कि नुसरत की पर्सनल लाइफ में चल रहे विवाद के बारे में कोई जानकारी नहीं है. वह तो हर समय सड़क यात्राएं करता रहता है. इस बार वह राजस्थान गया था. उस के साथ कोई भी जा सकता है. अगर यश दासगुप्ता कुछ कहते हैं तो कोई नई बातें सामने आएंगी. 10 अक्तूबर, 1985 को कोलकाता में जन्मे यश दासगुप्ता के कामकाज की बात करें तो उन्होंने नैशनल टीवी से अपने करियर की शुरुआत की थी.

यश को हिंदी शो ‘कोई आने को है’, ‘बंदिनी’, ‘बसेरा’, ‘ना आना इस देश लाडो’, ‘अदालत’, ‘महिमा शनिदेव की’ में देखा जा चुका है. इस के अलावा बांग्ला धारावाहिक ‘बोझेना से बोझेना’ में भी काम कर चुके हैं. उन्होंने कुछ बांग्ला फिल्मों में भी काम किया है. सब से पहले वह 2016 में फिल्म ‘गैंगस्टर’ में नजर आए थे. इस के बाद उन्होंने ‘वन’, ‘टोटल दादागिरी’, ‘फिदा’, ‘मोन जाने न’ और ‘एसओएस कोलकाता’ में काम किया है. 31 साल की नुसरत की निखिल जैन से मुलाकात तब हुई थी, जब निखिल ने अपने ब्रांड के लिए उन से मौडलिंग करवाई थी. और उसी मुलाकात में दोनों एकदूसरे को दिल दे बैठे थे. निखिल जैन कोलकाता के एक प्रतिष्ठित परिवार से हैं.

उन का साडि़यों का पारिवारिक बिजनैस है. उन के ब्रांड का नाम है रंगोली. उन के पिता मोहन कुमार जैन ने टैक्सटाइल का यह बिजनैस शुरू किया था, जो आज कोलकाता के अलावा हैदराबाद चेन्नई, बंगलुरु और विजयवाड़ा तक फैला है. साड़ी का रंगोली ब्रांड बहुत लोकप्रिय है. निखिल जैन की गिनती रईसों में होती है. उन की मां हाउसवाइफ हैं. उन की 2 बहनें भी हैं. निखिल का जन्म कोलकाता में ही हुआ था. उन का बचपन यहीं बीता. उन्होंने एमपी बिड़ला से पढ़ाई की थी. यूनाइटेड किंगडम की बार्विक यूनिवर्सिटी से मैनेजमेंट की डिग्री ले कर पारिवारिक बिजनैस को संभाल लिया. उन्हें लग्जरी लाइफ जीना पसंद है. उन्हें एस्टन मार्टिन कार पसंद है. वह इंडियन फूड के दीवाने हैं.

3 साल की डेटिंग के बाद की थी शादी जैन होते हुए भी उन्होंने मुसलिम नुसरत जहां से शादी की. शादी से पहले 3 साल तक दोनों ने डेटिंग की थी. निखिल और नुसरत ने 19 जून, 2019 को डेस्टिनेशन शादी तो तुर्की में की थी, पर कोलकाता में बहुत ही भव्य रिसैप्शन दिया था, जिस में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी शामिल हुई थीं. 2010 में नुसरत जहां ने मिस कोलकाता का कौंटैस्ट जीता था. इसी के बाद मौडलिंग और फिर बांग्ला फिल्मों में उन का प्रवेश हुआ. बांग्ला में उन्होंने तमाम अच्छी फिल्में दीं. शादी के 3 महीने पहले ही तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी ने यह घोषणा कर के सब को चौंका दिया था कि फिल्म अभिनेत्री नुसरत जहां टीएमसी की उम्मीदवार के रूप में बशीरहाट सीट से चुनाव लड़ेंगीं.

लोकसभा के इस चुनाव में नुसरत जहां को कुल 7,82,078 मत मिले थे. उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी भाजपा के उम्मीदवार सयांतन बासु को 3,50,569 मतों से हराया था. चुनाव जीतने के कुछ दिनों बाद नुसरत जहां ने अपने प्रेम और विवाह की बात जाहिर की थी. नुसरत से अफेयर के पहले लोग निखिल को बहुत कम जानते थे. नुसरत के साथ नाम जुड़ने के बाद निखिल रातेंरात फेमस हो गए थे. अलबत्ता उन की पहचान नुसरत जहां के पति के रूप में बनी थी. दोनों ने शादी की थी तो लोगों ने यही कहा था कि ये दोनों ही अलगअलग दुनिया के आदमी हैं, इसलिए दोनों ज्यादा दिनों तक एक साथ नहीं चल पाएंगे.

नुसरत बहुत ज्यादा महत्त्वाकांक्षी हैं. राजनीति में आने के बाद उन के सपनों को पंख लग गए हैं. नुसरत को अब डिवोर्स की बात से छुटकारा चाहिए. वह तो निखिल के साथ के संबंध को लिवइन रिलेशन कहती हैं. नुसरत और निखिल का यह प्रकरण जल्दी समाप्त होने वाला नहीं है. यह लंबा चलने वाला है. क्योंकि इस में अभी बहुत कुछ बाहर आना बाकी है. दोनों के मामले में कोई फिल्म देख रहे हों या मजेदार कहानी पढ़ रहे हों, लोग इस तरह रुचि ले रहे हैं. सेलिब्रिटीज की जिंदगी अलग होती है. इन लोगों के संबंधों की व्याख्याएं भी एकदम अलग होती हैं. ऐसे मामलों में जजमेंटल बनने में बहुत खास नहीं होता. हर सेलिब्रिटी का किस्सा चर्चा में रहता है. फिल्मी दुनिया में तो यह सब चलता रहता है. इन लोगों की रियल लाइफ में भी शायद फिल्मी टर्न ऐंड ट्विस्ट न आए तो मजा नहीं आता. Short Story

 

Real Crime Stories in Hindi : महात्मा गांधी की परपोती धोखाधड़ी में पहुंची जेल

Real Crime Stories in Hindi : महात्मा गांधी ने दक्षिण अफ्रीका से निकलने वाले अपने अखबार की जिम्मेदारी अपने एक बेटे मणिलाल को सौंपी थी. बाद में मणिलाल वहीं जा कर बस गए थे. इन्हीं मणिलाल की पोती यानी महात्मा गांधी की परपोती आशीष लता रामगोबिन ने दक्षिण अफ्रीका में ऐसी जालसाजी की कि कोर्ट ने उन्हें 7 साल की सजा सुनाई. जानिए क्या है ये मामला…

दक्षिण अफ्रीका के डरबन की एक अदालत में 7 जून को एक अहम सुनवाई होनी थी. ज्यूरी के लोग पूरी तैयारी से अपनीअपनी जगहों पर आ चुके थे. कोर्ट में दोनों पक्षों के वकीलों, कोर्ट के कर्मचारियों और न्यायाधीश के अतिरिक्त मुकदमे के वादी, प्रतिवादी पक्षों के दरजनों लोग मौजूद थे. पूरी दुनिया में कोविड-19 की महामारी, वैक्सीनेशन, औक्सीजन और भारत में कहर बन कर टूटी कोरोना वायरस संक्रमण की हो रही चर्चा के बीच मीडिया में इस सुनवाई को ले कर भी जिज्ञासा बनी हुई थी. गहमागहमी का माहौल था.

अंतिम फैसले पर सब की नजरें टिकी थीं. इस की वजह यह थी कि मामले की जो आरोपी महिला थी, उस का संबंध महात्मा गांधी के परिवार और दक्षिण भारत की राजनीति में एक बड़े नाम के साथ जुड़ा था. पूरा मामला हाईप्रोफाइल होने के साथसाथ 6 साल पुराना कारोबारी धोखाधड़ी का था. यह आरोप एस.आर. महाराज नाम के एक बिजनैसमैन की शिकायत पर दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रीय अभियोजन प्राधिकरण (एनपीए) के द्वारा लगाया गया था. करीब 6 साल से जमानत पर चल रही 56 वर्षीया आरोपी महिला कठघरे में हाजिर हो चुकी थीं. अदालत की काररवाई शुरू होते ही अभियोजन पक्ष की तरफ से आरोपी के परिचय के साथसाथ न्यायाधीश के सामने उस पर लगे फरजीवाड़े के तमाम आरोप प्रस्तुत कर दिए गए थे.

प्रोसिक्यूटर द्वारा कहा गया कि धोखाधड़ी की आरोपी आशीष लता रामगोबिन ने अपनी पूर्व सांसद मां इला गांधी की इमेज और अपने परदादा महात्मा गांधी की वैश्विक कीर्ति का सहारा ले कर इस काम को अंजाम दिया था. इला गांधी भारत के राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पोती हैं. वह दक्षिण अफ्रीका में 9 साल तक सांसद रह चुकी हैं और भारत सरकार द्वारा पद्म विभूषण से भी नवाजी जा चुकी हैं. वह राजनीतिक रसूख वाली जानीमानी मानवाधिकार कार्यकर्ता हैं. अभियोजन पक्ष द्वारा पेश किए गए दस्तावेजों के जवाब में आरोपी आशीष लता की तरफ से वैसा कोई ठोस सबूत पेश नहीं किया जा सका, जिन से अगस्त 2015 में उद्योगपति एस.आर. महाराज के साथ धोखाधड़ी का लगा आरोप गलत साबित हो सकता था.

नतीजा कुछ समय में ही दक्षिण अफ्रीकी कानून के मुताबिक आशीष लता को अफ्रीकी मुद्रा में 62 लाख रैंड ( करीब 3 करोड़ 22 लाख रुपए) की धोखाधड़ी, जालसाजी का दोषी ठहराते हुए 7 साल जेल की सजा सुना दी गई. महाराज ने उन्हें कथित तौर पर भारत से ऐसी खेप के आयात और सीमा शुल्क कर के समाशोधन के लिए 62 लाख रैंड दिए थे, जिस का कोई अस्तित्व ही नहीं था. इस में आशीष लता की तरफ से लाभ का एक हिस्सा देने का वादा भी किया गया था. समाजसेविका के रूप में पहचान थी आशीष लता की वर्ष 2015 में जब इस संबंध में उन के खिलाफ सुनवाई शुरू हुई थी, तब एनपीए के ब्रिगेडियर हंगवानी मूलौदजी ने कहा था कि उन्होंने संभावित निवेशक को यकीन दिलाने के लिए कथित रूप से फरजी चालान और दस्तावेज दिए थे. उस में भारत से लिनेन के 3 कंटेनर आने की जानकारी दी गई थी.

आशीष लता इंटरनैशनल सेंटर फौर नौन वायलेंस नामक एक गैरसरकारी संगठन के एक प्रोग्राम की संस्थापक और कार्यकारी निदेशक रह चुकी थीं. हालांकि उन के खिलाफ लगे आरोपों में फरजीवाड़े की रकम भारतीय बैंकों को करीब 23 हजार करोड़ रुपए का चूना लगाने वाले विजय माल्या, मेहुल चौकसी और नीरव मोदी की तुलना में बहुत ही कम है. फिर भी हर भारतीय को आशीष लता का कारनामा क्षुब्ध कर गया है. कारण वह उस बापू की परपोती हैं, जिन्होंने जीवन भर सत्य को अपनाया, सत्य का प्रयोग किया, सत्य की रक्षा के लिए संघर्ष किया और सत्य के लिए जिया.

आज जब भी किसी को अपनी सत्यता का हवाला देना होता है तो वह बापू के अपनाए गए तरीके से प्रदर्शन करता है. लोग अंतर्द्वंद्व और आत्मग्लानि के मौकों पर बापू की प्रतिमा के आगे मौन धारण कर आत्मशुद्धि के लिए बैठ जाते हैं. इस अनुसार यह कहा जा सकता है कि आशीष लता ने न केवल इस सत्यनिष्ठा को आंच पहुंचाई, बल्कि बापू की वैश्विक कीर्ति पर ही कालिख पोतने का काम किया. यह बात हैरानी के साथसाथ अफसोस करने जैसी है. बात करीब 6 साल पहले उस समय की है, जब एक दिन उद्योगपति एस.आर. महाराज अपनी लग्जरी गाड़ी की पिछली सीट पर बैठे औफिस जा रहे थे. उसी दौरान लैपटौप में अपने बैंक के बैलेंसशीट पर एक नजर डालने के बाद वह मेल चैक करने लगे थे.

पहले उन्होंने अपने एग्जीक्यूटिव्स के रोजमर्रा के मेल चैक किए. उन्हें जरूरी जवाब दिए, फिर वैसे मेल चैक करने लगे, जो पहली बार आए थे. एक मेल को देख कर चौंकते हुए उन की नजर ठहर गई. कारण वह सामान्य हो कर भी खास मेल था. उस में फाइनैंस की रिक्वेस्ट थी, जिस से थोड़े समय में ही अच्छी आमदनी का वादा किया गया था. हालांकि उन के पास आए दिन इस तरह के मेल आते रहते थे, जिसे वे खुद विस्तार से पढ़ने के बजाय उस की डिटेल से जानकारी के लिए अपने सेक्रेटरी को फारवर्ड कर दिया करते थे. महाराज की बढ़ी रुचि लेकिन उस मेल में महाराज को जिज्ञासा भेजने वाले को ले कर भी हुई थी. उन्होंने तुरंत जवाब टाइप कर दिया, ‘‘आई नोटिस्ड योर रिक्वेस्ट, विल रिप्लाई सून!’’ यह बात साल 2015 के मई महीने की थी.

थोड़ी देर में महाराज दक्षिण अफ्रीका के डरबन स्थित अपनी कंपनी के औफिस ‘न्यू अफ्रीका अलायंस फुटवेयर डिस्ट्रीब्यूटर्स’ के चैंबर में पहुंच गए. वह इस कंपनी के निदेशक हैं. कंपनी जूतेचप्पल, कपड़े और लिनेन के आयात, बिक्री एवं निर्माण का काम करती है. कंपनी का एक और काम प्रौफिट और मार्जिन के तहत दूसरी कंपनियों की आर्थिक मदद भी करना है. एस.आर. महाराज ने अपने सेक्रेटरी को बुला कर कहा, ‘‘मिस्टर सुथार, आज ही मुझे उस मेल की तुरंत डिटेल्स दो, जिस में फाइनैंस की रिक्वेस्ट की गई है.’’

‘‘कौन सा मेल… जिसे समाजसेवी महिला आशीष लता रामगोबिन ने भेजा है?’’

‘‘हांहां वही. वह कोई आम महिला नहीं हैं. उन्होंने अपने परिचय में जो लिखा है, शायद तुम ने उस पर गौर नहीं किया.’’ उन्होंने कहा.

‘‘सर, मैं कुछ ज्यादा नहीं समझ पाया.’’ सेक्रेटरी बोला.

‘‘उस ने जिस के लिए काम की बात कही है वह एक विश्वसनीय परिवार से ताल्लुक रखता है. वह भरोसे के लायक है. उस परिवार ने भारत में सामाजिक उत्थान के लिए कई बेमिसाल काम किए हैं. उन के साथ भारत के राष्ट्रपिता का दरजा हासिल कर चुके महात्मा गांधी का नाम जुड़ा है. उन के साथ जल्द ही मीटिंग की डेट फिक्स कर दो.’’

ऐसे हुआ आशीष लता पर विश्वास उद्योगपति महाराज का यह मजबूत आत्मविश्वास बनने की वजहें भी कम नहीं थीं. उस बारे में वे कई बातें पहले से जानते थे और कुछ जानकारी बाद में मालूम कर ली थीं. फाइनैंस की रिक्वेस्ट महात्मा गांधी की परपोती आशीष लता रामगोबिन ने भेजी थी. उन्होंने अपने परिचय में दक्षिण अफ्रीका की राजनीति में सक्रिय महिला इला गांधी की बेटी लिखा था, जिन्होंने रंगभेद के खिलाफ काम किया था. तत्कालीन सरकार से सीधी टक्कर ली थी. उन्होंने निर्वासन की यातना झेली थी. उस के खात्मे के बाद सन 1994 से 2003 तक अफ्रीकन नैशनल कांग्रेस की सदस्य के रूप में सांसद रह कर लोकहित में कई कार्य किए थे. उन के पति का नाम स्व.

मेवा रामगोबिन है. वह महात्मा गांधी और कस्तूरबा गांधी के 4 बेटों हरिलाल, मणिलाल, रामदास और देवदास में दूसरे बेटे मणिलाल मोहनदास गांधी की बेटी हैं. मणिलाल पहली बार 1897 में दक्षिण अफ्रीका गए थे. महात्मा गांधी ने 1904 में डरबन के पास ‘द फीनिक्स सेटलमेंट’ नामक एक जगह की स्थापना की थी. वहीं उन्होंने एक ग्रामसंस्था भी स्थापित की थी और सत्याग्रह के साथ अपने अनूठे क्रांतिकारी प्रयोग किए थे. इस दौरान मणिलाल 1906 से 1914 के बीच क्वाजुलु नटाल और ग्वाटेंग में रहे. फिर वापस भारत आ गए. जबकि महात्मा गांधी ने डरबन से अपना साप्ताहिक अखबार अंगरेजी और गुजराती में ‘इंडियन ओपिनियन’ भी छापना शुरू कर दिया था. इस की शुरुआत 1903 में ही हुई थी.

बाद में महात्मा गांधी ने उस अखबार के विशेष रूप से गुजराती खंड प्रकाशन में सहायता के लिए मणिलाल को दक्षिण अफ्रीका भेज दिया था. वहां मणिलाल सन 1920 में उस के संपादक बन गए और लंबे समय तक इस की जिम्मेदारी संभाली. उन्होंने सन 1927 में सुशीला मशरूवाला से शादी की थी, जो बाद में उन की प्रिंटिंग प्रैस की पार्टनर बन गईं. उन से 3 संतानें सीता, अरुण और इला हुए. ये सभी दक्षिण अफ्रीका के ही नागरिक बन गए. आशीष लता की मां इला का नाम दक्षिण अफ्रीका की राजनीति में बड़ा नाम है. उन का जन्म वहां के क्वाजुलु नटाल में सन 1940 में हुआ था. उन्होंने हर तरह की हिंसा के खिलाफ संघर्ष किया. इस के लिए उन्होंने गांधी डेवलपमेंट ट्रस्ट बनाया, जो अहिंसा के लिए काम करता है. साथ ही महात्मा गांधी के नाम एक मार्च कमेटी भी बनाई गई है.

विभिन्न सामाजिक कार्यों को देखते हुए सन 2002 में वह ‘कम्युनिटी आफ क्राइस्ट इंटरनैशनल पीस अवार्ड’ से सम्मानित की जा चुकी हैं. भारत सरकार ने भी वर्ष 2007 में उन्हें पद्म भूषण से सम्मानित किया था. दक्षिण अफ्रीका में रह रहे महात्मा गांधी परिवार के कई सदस्यों में कीर्ति मेनन, स्वर्गीय सतीश धुपेलिया, उमा धुपेलिया मेस्त्री, इला गांधी और आशीष लता रामगोबिन शामिल हैं. 3 दिसंबर, 1965 को जन्म लेने वाली आशीष लता रामगोबिन का रहनसहन हिंदू रीतिरिवाज पर आधारित है एवं प्रोफेशनल पहचान सामाजिक कार्यकर्ता और उद्यमिता के रूप में है. वैसे उन की नागरिकता दक्षिण अफ्रीका की है.

उन के 4 छोटे भाईबहनों में आशा और आरती बहनें हैं, जबकि किदार और खुश भाई हैं. उन की फेसबुक अकाउंट के अनुसार उन्होंने सन 1988 में उरबन के ग्लेनहैवेन सकेंडरी स्कूल से सेकेंडरी तक पढ़ाई पूरी कर क्वाजुलु नटाल यूनिवर्सिटी से ग्रैजुएशन किया है. फिर दक्षिण अफ्रीका की यूनिवर्सिटी से पब्लिक एडमिनिस्ट्रैशन से पोस्ट ग्रैजुएट तक की पढ़ाई की. बाद में प्रोफ्रेशनल ट्रेनिंग और कोचिंग इंडस्ट्री के गुर सीखे. स्वयंसेवी संस्थाओं के लिए सरकारी प्रोजेक्ट, गवर्नेंस की बारीक जानकारियां, पं्रोजेक्ट एवं प्रोग्राम का मूल्यांकन, प्रोजेक्ट ड्राफ्ंिटग और एंटरप्रेन्योरशिप में महारत हासिल कर ली.

आशीष लता की शादी एक कारोबारी मार्क चूनू से हुई थी. उन से तलाक हो चुका है, लेकिन अपनी 2 संतानों बेटा और बेटी के साथ रहती हैं. वे अभी किशोर उम्र के हैं. उन का करियर स्वयंसेवी संस्था इंटरनैशनल सेंटर नान वायलेंस से जुड़ा है, जिस की वह संस्थापक और ओनर हैं. वह उस की कार्यकारी निदेशक भी हैं. उन की पहचान राजनीतिज्ञ और पर्यावरण कार्यकर्ता की भी है. न्यूजएंडजिप वेब पोर्टल के अनुसार, उन्होंने 29 जनवरी, 2000 को महात्मा गांधी के नक्शेकदम पर चलते हुए एक नान वायलेंस संस्था स्थापित की थी. साथ ही उन्होंने 2016 से 5 साल तक यूनाइटेड ट्रेड सोल्यूशन के मैनेजिंग डायरेक्टर की जिम्मेदारी निभाई.

इस तरह उन्होंने स्वयंसेवी संस्था के लिए डोनेशन जुटाने का काम करने के साथसाथ बिजनैस करते हुए अच्छी पूंजी अर्जित कर ली है. लग गई धोखाधड़ी की कालिख आशीष लता के बारे में कई वैसी बातें भी हैं, जो उन्हें खास बनाने के लिए काफी हैं. जैसे उन्होंने अपने परदादा महात्मा गांधी और मां इला गांधी के कदमों पर चलने की निर्णय लिया है. उन्होंने अपने एनजीओ के माध्यम से घरेलू हिंसा की शिकार औरतों और बच्चों की मदद की है. वह दक्षिण अफ्रीका के समारोहों में अपने परिवार के साथ शामिल होती रही हैं. आशीष लता रामगोबिन की उद्योगपति एस.आर. महाराज से मुलाकात सन 2015 में ही हो गई थी. दोनों की पहली मीटिंग के दौरान महाराज ने फाइनैंस की जरूरत के बारे में पूछा, ‘‘आप को पैसा क्यों चाहिए?’’

‘‘दरसअल, हम ने भारत से लिनेन के 3 कंटेनर मंगवाए हैं, जो बंदरगाह पर पड़े हैं. आयात लागत और सीमा शुल्क पेमेंट करने में दिक्कत आ गई है. माल को साउथ अफ्रीकन हौस्पिटल ग्रुप नेट केयर को डिलीवर करना है.’’ लता ने सिलसिलेवार ढंग से जवाब दिया.

‘‘पैसे की वापसी का भरोसा क्या है?’’ महाराज के फाइनैंस एडवाइजर ने पूछा.

‘‘ये रहे नेट केयर कंपनी और हमारे साथ एग्रीमेंट बनाने के डाक्युमेंट्स. इस में सारी बातें लिखी हैं.’’ आशीष लता ने कहा.

‘‘कितना फाइनैंस करना होगा?’’ उन्होंने पूछा.

‘‘6.2 मिलियन रैंड की जरूरत है. उस की डिटेल्स की मूल कौपी दे रही हूं. आयात किए गए माल के खरीद की रसीद यह रही.’’ लता ने आश्वासन दिया.

‘‘इस में मेरा प्रौफिट क्या होगा?’’ महाराज ने पूछा.

‘‘उस बारे में भी फाइनैंस की रिक्वेस्ट डिटेल्स के साथ दी गई है.’’ लता ने साथ लाए डाक्युमेंट्स के पन्ने पलट कर दिखाए. उन के द्वारा सौंपे गए डाक्युमेंट्स पर महाराज ने एक सरसरी निगाह दौड़ाई और अपने फाइनैंस एडवाइजर को सौंपते हुए उस का बारीकी से अध्ययन करने का निर्देश दिया.

‘‘थोड़ा वक्त दीजिए. वैसे मुझे आप पर और आप की पहचान के साथसाथ पारिवारिक इमेज पर पूरा भरोसा है. डाक्युमेंट्स की जांचपरख तो महज औपचारिकता भर है. जल्द ही फाइनैंस संबंधी सारी प्रक्रिया पूरी करवा दूंगा.’’ एस.आर. महाराज बोले.

‘‘बहुतबहुत धन्यवाद, जितना जल्द हो सके फाइनैंस करवा दें तो अच्छा रहेगा.’’ लता ने आभार जताते हुए आग्रह किया.

‘‘…लेकिन हां, मेरे प्रौफिट की हिस्सेदारी में देरी नहीं होनी चाहिए. इस मामले में हमारी कंपनी काफी सख्त है.’’ महाराज ने साफसाफ कहा.

इसी बीच कंपनी के फाइनैंस एडवाइजर ने आशंका जताई, ‘‘सर, इस में कुछ डाक्युमेंट्स कम हैं.’’

‘‘कोई बात नहीं, बता दो. जितनी जल्द हो सके, लताजी उसे जमा करवा देंगी. बैंक अकाउंट स्टेटमेंट और रिटर्न की डिटेल्स भी मंगवा लेना.’’

‘‘हांहां, क्यों नहीं, बाकी के सारे डाक्युमेंट्स एक हफ्ते में आप को मिल जाएंगे.’’ लता ने कहते हुए एक बार फिर महाराज को धन्यवाद दिया. इस तरह दोनों की पहली मीटिंग संभावनाओं से भरी रही. बहुत जल्द ही एक महीने के भीतर ही 3 मीटिंग्स और हुईं और आशीष लता को जरूरत के मुताबिक फाइनैंस मिल गया. उस के बाद मुनाफे के साथ रकम वापसी की एक महीने बाद की एक डेडलाइन तय हो गई. कहते हैं कि बिजनैसमैन एस.आर. महाराज की कंपनी ने जिस तरह से फाइनैंस करने में जितनी तत्परता दिखाई, उतनी ही सुस्ती आशीष लता की तरफ से बरती गई.

समय पर नहीं लौटाई रकम  महाराज की कंपनी को समय पर भुगतान नहीं मिलने पर उन्होंने कंपनी के नियम और शर्तों के मुताबिक आशीष लता को नोटिस भेज दिया. नोटिस का सही जवाब नहीं मिलने पर कंपनी ने लता द्वारा जमा करवाए गए डाक्यूमेंट्स की जांच करवाई. जांच में लता द्वारा किए गए कई दावे गलत साबित हुए. जिस में माल की खरीद के हस्ताक्षरित खरीद का आदेश और नेटकेयर बैंक खाते में भुगतान से संबंधित था. कंपनी ने पाया कि उन के द्वारा जमा किए गए डाक्युमेंट्स जाली थे और उन के साथ नेटकेयर ने कभी कोई व्यवस्था ही नहीं की थी. यहां तक कि लिनेन के कंटेनर बंदरगाह पर पहुंचे ही नहीं थे.

इस फरजीवाड़े का पता चलते ही कंपनी के डायरेक्टर एस.आर. महाराज ने आशीष लता के खिलाफ कोर्ट में केस कर दिया. 2015 में लता के खिलाफ कोर्ट में सुनवाई शुरू हुई. सुनवाई के दौरान एनपीए के ब्रिगेडियर हंगवानी मूलौदजी ने कहा कि लता ने इनवैस्टर को यकीन दिलाने के लिए फरजी दस्तावेज और चालान दिखाए थे. भारत से लिनेन का कोई कंटेनर दक्षिण अफ्रीका आया ही नहीं था. हालांकि सुनवाई के दौरान लता ने सबूत पेश करने के लिए समय मांगा और जमानत की अरजी दाखिल की. लता की पारिवारिक इमेज को ध्यान में रखते हुए अक्तूबर 2015 में 50 हजार रैंड (करीब 2.68 लाख रुपए) की जमानत राशि पर पर उन्हें छोड़ दिया गया.

जमानत पर रिहा हुई आशीष लता ने कुल 6 साल तक राहत की सांस ली, किंतु उन के कारनामे दिनप्रतिदिन और मजबूत होते चले गए और 7 जून, 2021 को डरबन की अदालत ने आशीष लता रामगोबिन को धोखाधड़ी और

का दोष सिद्ध करते हुए 7 साल की सजा सुनाई. कथा लिखे जाने तक वह दक्षिण अफ्रीका की जेल में थीं.

 

Hindi Suspense Stories : ओलंपिक सुशिल कुमार का खूनी दंगल

Hindi Suspense Stories : छत्रसाल स्टेडियम से अपने कुश्ती के करियर की शुरुआत करने वाले सुशील पहलवान ने अपनी मेहनत के बूते विश्व भर में अपनी पहचान बनाई. देश ने भी उन्हें अपार मानसम्मान दिया. लेकिन जिस स्टेडियम ने उन्हें फर्श से अर्श तक पहुंचाया, उसी स्टेडियम में सुशील पहलवान ने अपनी ताकत और गुरूर का ऐसा नंगा नाच किया कि…

कहते हैं कि शोहरत ऐसा नशा है जो सिर चढ़ कर बोलता है. क्योंकि शोहरत से ताकत और पैसा दोनों मिलता है. जिस इंसान के पास पैसा और ताकत दोनों हों तो स्वाभाविक है कि ताकत का नशा उस के सिर चढ़ कर बोलने लगता है. आमतौर पर कुश्ती लड़ने वाले ऐसे पहलवान जो शोहरत की बुलंदियों को छू लेते हैं, उन के सिर पर ताकत का ऐसा ही नशा सवार हो जाता है. सुशील पहलवान ऐसा नाम है, जो किसी परिचय का मोहताज नहीं है. दुनिया का यह नामचीन पहलवान भी ताकत के इसी नशे का शिकार हो गया. वैसे तो पूरी दुनिया सुशील पहलवान के बारे में जानती है लेकिन कहानी शुरू करने से पहले थोड़ा सुशील पहलवान के बारे में जान लेना जरूरी है.

दिल्ली के नजफगढ़ इलाके के बपरोला गांव में 26 मई, 1983 को दीवान सिंह और कमला देवी के सब से बड़े बेटे के रूप में सुशील कुमार का जन्म हुआ. साधारण परिवार में जन्मे सुशील 3 भाइयों के परिवार में सब से बड़े हैं. सुशील के पिता दिल्ली परिवहन निगम में एक बस ड्राइवर के रूप में कार्यरत थे और अपने विभाग में कुश्ती खेलते थे. इसीलिए बचपन से सुशील को भी कुश्ती के खेल का शौक ऐसा लगा कि किशोर उम्र तक आतेआते न सिर्फ कुश्ती लड़ने लगे, बल्कि ओलंपिक में पदक जीतना जिंदगी का लक्ष्य बन गया. सुशील जब 14 साल के थे तो उत्तर पश्चिम दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में स्थित ‘अखाड़ा’ या कुश्ती अकादमी में एक पहलवान के रूप में उन्होंने दाखिला ले लिया.

जहां प्रसिद्ध पहलवान महाबली सतपाल उन के प्रशिक्षक थे. सुशील ने बपरोला के स्कूल से प्रारंभिक शिक्षा हासिल करने के बाद जब दिल्ली विश्वविद्यालय में एडमिशन ले कर स्नातक की पढ़ाई शुरू की तो वे पूरी तरह दिल्ली के हो कर रह गए. पद्मश्री उपाधि प्राप्त जानेमाने पहलवान महाबली सतपाल की संगत में सुशील को पहलवानी के नए गुर सीखने को मिले और सुशील जल्द ही एक कुशल पहलवान बनने की तरफ तेजी से बढ़ने लगे.  सुशील पहलवानी के क्षेत्र में नाम कमाने के लिए दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में प्रतिदिन सुबह 5 बजे से कुश्ती के दांवपेच सीखते और जम कर पसीना बहाते. कई राजकीय व राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपनी पहलवानी का लोहा मनवाने के बाद सुशील कुमार ने जूनियर स्तर में प्रतिस्पर्धा शुरू की और सन 1998 में उन्होंने अपना पहला टूर्नामेंट जीता जब वे विश्व कैडेट खेलों में स्वर्ण पदक विजेता के रूप में उभरे.

पहली बार सन 2006 में दोहा एशियाई खेलों में सिलवर पदक जीता तो सब ने उन की प्रतिभा को लोहा मानना शुरू कर दिया. इस के बाद सुशील की सफलता की कहानी शुरू हुई तो उन्होंने देश का नाम कई बार रोशन किया. कनाडा में आयोजित राष्ट्रमंडल कुश्ती प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल किया तो उन की शोहरत का डंका बजने लगा. सन 2008 के बीजिंग ओलंपिक में उन्होंने कांस्य पदक जीता. सन 2010 में मास्को में आयोजित विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में सुशील कुमार ने इतिहास रचा, जब वे कुश्ती में विश्व खिताब जीतने वाले पहले भारतीय बने. उसी वर्ष उन्होंने दिल्ली में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों में 66 किलोग्राम फ्रीस्टाइल वर्ग में स्वर्ण पदक जीता.

2012 में उन्होंने एक बार फिर इतिहास रचा, जब उन्होंने लंदन ओलंपिक में 66 किलोग्राम फ्रीस्टाइल वर्ग में रजत पदक जीता और व्यक्तिगत ओलंपिक पदक वापस जीतने वाले पहले भारतीय बने. 2014 में सुशील कुमार ने स्कौटलैंड के ग्लासगो में हुए राष्ट्रमंडल खेलों में 74 किलोग्राम फ्रीस्टाइल वर्ग में स्वर्ण पदक जीता. सुशील कुमार को सरकार ने रेलवे में खेल कोटे से नौकरी दी, जहां वे इन दिनों कार्यरत भी हैं. 2015 में उन्होंने टीवी शो एमटीवी रोडीज में सह जज के रूप में भी काम किया. सरकार ने भी किया सम्मानित सुशील के गले में बढ़ती चांदी, कांस्य और सोने के मैडलों की संख्या के साथ हरियाणा व दिल्ली सरकार के साथ केंद्र सरकार की तरफ से उन के ऊपर लाखोंकरोड़ों रुपए के पुरस्कारों की बरसात भी होने लगी.

सरकार ने देश का नाम रोशन करने के लिए सुशील कुमार को सन 2005 में अर्जुन पुरस्कार से, सन 2008 में भारत में सर्वोच्च खेल सम्मान, राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया और सन 2011 में उन्हें भारत के चौथे सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार पद्मश्री से भी सम्मानित किया गया. 18 फरवरी, 2011 को जानेमाने पहलवान गुरु सतपाल की बेटी सावी सोलंकी से सुशील ने शादी की थी, जिन से साल 2014 में इस दंपति को जुड़वा बेटे पैदा हुए. ये थी सुशील पहलवान के शोहरत की कहानी जिस के कारण उन पर करोड़ों रुपए की बरसात हुई और उन्होंने लाखोंकरोड़ों की संपत्ति अर्जित की तथा देश और दुनिया के नामचीन लोगों से उन के संबध बने.

लेकिन 4 मई, 2021 की आधी रात को सुबह दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में जो कुछ हुआ, उस ने एक क्षण में शोहरत की बुलंदियां छूने वाले पहलवान सुशील कुमार के नाम को अर्श से फर्श पर ला दिया. दरअसल, पुलिस को 4 मई, 2021 को आधी रात करीब डेढ़ बजे छत्रसाल स्टेडियम में गोलियां चलने की सूचना मिली. पुलिस कंट्रोल रूम से मिली इस सूचना पर उत्तर पश्चिम जिले के इस स्टेडियम के अधीन पड़ने वाले मौडल टाउन थाने में रात की ड्यूटी पर तैनात इमरजेंसी अफसर एएसआई जितेंद्र सिंह अपने साथ पुलिस स्टाफ ले कर छत्रसाल स्टेडियम पहुंचे तो वहां पार्किंग में मारुति अल्टो, स्कौर्पियो, होंडा सिटी, फौरच्युचनर तथा ब्रेजा कारें तो खड़ी मिलीं, लेकिन ऐसा कोई आदमी नहीं मिला, जो घटना के चश्मदीद के तौर पर जानकारी दे पाता.

लेकिन इतना जरूर पता चला कि उन के आने से पहले पीसीआर की गाड़ी 3 ऐसे जख्मी व खून से लथपथ लोगों, जिन्हें शायद बुरी तरह पीटा गया था, को लेकर बाबू जगजीवनराम अस्पताल गई है. सुशील पहलवान का नाम आया सामने हालात जानने के बाद एएसआई जितेंद्र सिंह ने कुछ स्टाफ को सुरक्षा और निगरानी के लिए वहीं छोड़ा और खुद बाकी स्टाफ के साथ बाबू जगजीवन राम अस्पताल पहुंच गए. वहां पहुंचने पर पता चला कि जिन 3 लोगों को घायलावस्था में वहां लाया गया था, उन को इलाज के लिए निजी अस्पतालों के लिए रेफर कर दिया गया है क्योंकि उन्हें गंभीर चोटें थीं.

घायलों के परिजन भी मौके पर आ चुके थे लिहाजा वे उन्हें दूसरे अस्पताल ले गए. घायल तो नहीं मिले अलबत्ता उन की पहचान सोनू (37) पुत्र सतवीर निवासी एमसीडी कालोनी दिल्ली, सागर (23) पुत्र अशोक निवासी एम 2 /1 मौडल टाउन (तृतीय), दिल्ली  और अमित कुमार (27) पुत्र महेंद्र निवासी अदरेती चावला, रोहतक (हरियाणा) के रूप में हुई. पुलिस ने तीनों घायलों के परिजनों के फोन नंबर व दस्तावेज हासिल कर लिए और आगे की काररवाई के लिए एएसआई जितेंद्र फिर से छत्रसाल स्टेडियम पहुंच गए. उन्होंने क्राइम इनवैस्टीगेशन टीम को मौके पर बुलवा लिया ताकि घटनास्थलल पर हुए झगड़े और मारपीट के साक्ष्य एकत्र किए जा सकें. एएसआई जितेंद्र सिंह ने पार्किंग में खड़ी पांचों गाडि़यों की एकएक कर तलाशी लेने का काम शुरू कर दिया.

जिस के बाद स्कौर्पियो कार की पिछली सीट पर एक दोनाली बंदूक व 3 जिंदा कारतूस मिले, जिन्हें पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया. इस के अलावा पुलिस को लकड़ी के कुछ डंडे भी मिले, जिन पर खून के धब्बे लगे थे. तब तक पुलिस को कुछ लोगों से पूछताछ के बाद इस बात की भनक लग चुकी थी कि सोनू, सागर व अमित नाम के जिन युवकों को चोट लगने के कारण अस्पताल पहुंचाया गया था, उन की छत्रसाल स्टेडियम के ओएसडी (खेल) और जानेमाने पहलवान सुशील कुमार ने अपने साथियों के साथ मिल कर पिटाई की थी. चूंकि यह वारदात दिल्ली में चल रहे लौकडाउन के दौरान उस का उल्लंघन कर के हुई थी, इसलिए सूचना मिलते ही मौडल टाउन थाने के थानाप्रभारी दिनेश कुमार इंसपेक्टर (इनवैस्टीगेशन) प्रभांशु कुमार, इंसपेक्टर (एटीओ ) अमित कुमार तथा एसीपी (मौडल टाउन) विपुल बिहारी महिपाल भी घटनास्थल पर आ चुके थे.

घायल सागर पहलवान ने तोड़ा दम घटनास्थल पर जांच और लोगों से पूछताछ करने की औपचारिकता में भोर का उजाला हो चला था, जिस के बाद पुलिस ने पीसीआर को मिली काल व घटनास्थल पर की गई जांच के आधार पर मौडल टाउन थाने में भादंसं की धारा 308 (गैरइरादतन हत्या का प्रयास), 365 (अपहरण), 323 (मारपीट), 325 (गंभीर चोट पहुंचाना), 341 (रास्ता रोकना), 506 (जान से मारने की धमकी देना),188 (सरकारी आदेश का उल्लंघन), 269 (महामारी में जीवन को संकट में डालना), 120बी (आपराधिक साजिश), 34 (समान आशय) और शस्त्र अधिनियम की धारा 25 /54 /59 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर लिया, जिस की जांच का जिम्मा इंसपेक्टर (इनवैस्टीगेशन) प्रभांशु कुमार के सुपुर्द कर दिया गया.

अभी तक पुलिस की समझ में पूरा मामला आया भी नहीं था और जांच ठीक से शुरू भी नहीं हुई थी और यह भी पता नहीं चला था कि इस मामले में विवाद क्या था और असली गुनहगार कौन थे. तब तक पुलिस को सूचना मिली कि इस मामले में घायल एक युवक सागर धनखड़ (23) ने अस्पताल में दम तोड़ दिया है. मारपीट का यह मामला अचानक हत्या के मामले में तब्दील होते ही दिल्ली पुलिस के अधिकारी सक्रिय हो गए. मुकदमे में हत्या की धारा 302 भी जोड़ दी गई. उभरता हुआ पहलवान था सागर चूंकि सुशील कुमार देश के नामी पहलवान और ओलंपिक पदक विजेता होने के साथ पद्मश्री अवार्ड से भी सम्मानित हैं.

इस वारदात में उन का नाम सामने आते ही यह खबर जंगल की आग की तरह फैल गई कि छत्रसाल स्टेडियम में कुछ पहलवानों के बीच गैंगवार हुआ है. उत्तर पश्चिम जिला पुलिस की डीसीपी उषा रंगनानी व अतिरिक्त उपायुक्तडा. गुर इकबाल सिंह सिद्धू भी जयपुर गोल्डन अस्पताल पहुंचे, जहां सागर भरती था. हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला सागर धनखड़ देश का एक उभरता हुआ कुश्ती खिलाडी था. कुश्ती के गुर सीखने के लिए उस ने 14 साल की उम्र में ही दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में अभ्यास करना शुरू कर दिया था. 23 साल का सागर जूनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप जीत चुका था. अस्पताल में मौजूद सागर के चाचा नरेंद्र ने बताया कि 5 बार ताइवान, चीन थाईलैंड जैसे देशों में जा कर सागर ने पदक भी जीते हैं.

उस का सपना ओलंपिक में देश के लिए पदक जीतने का था. 4 दिन पहले ही वह घर से लौट कर आया था. लेकिन उस ने ऐसी कोई बात नहीं की थी, जिस से पता चल पता चले कि कोई झगड़ा है. परिवार वालों को उस ने बताया था कि वह कुछ दोस्तों के साथ मौडल टाउन (तृतीय) में किराए के फ्लैट में रह रहा था. सागर के पिता दिल्ली पुलिस में ही हैडकांस्टेबल के तौर पर काम कर रहे हैं. जबकि भाई पिछले 3 साल से आस्ट्रेलिया में पढ़ाई कर रहा है. इस हादसे में घायल दूसरे पहलवान सोनू ने सुबह सागर के पिता को फोन कर वारदात की जानकारी दी थी. सागर के परिवार वालों के बयान लेने और उस का शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाने के बाद पुलिस ने प्राइवेट अस्पताल में दाखिल सोनू व अमित के भी बयान लिए.

दोनों ने इस वारदात के लिए पहलवान सुशील को जिम्मेदार ठहराया. उन्होंने पुलिस को वह वजह भी बता दी जिस कारण सुशील व उस के साथी पहलवानों ने उन्हें मारापीटा और सागर की इस हमले में जान चल गई. पुलिस की दरजनों पुलिस टीमें जुटीं इस वारदात में ओलंपिक पदक विजेता पहलवान सुशील कुमार के शामिल होने के कारण मामला काफी हाईप्रोफाइल हो गया था. इसलिए डीसीपी उषा रंगनानी को विशेष टीमें गठित कर आरोपियों की धरपकड़ करने के निर्देश दे कर पुलिस कमिश्नर एस.एन. श्रीवास्तव ने क्राइम ब्रांच की टीमों को सुशील की गिरफ्तारी का जिम्मा सौंप दिया.

पूरे घटनाक्रम की कडि़यां जोड़ कर पुलिस ने वारदात में शामिल आरोपी पहलवानों और बदमाशों की सूची बनानी शुरू कर दी और सभी के मोबाइल फोन नंबरों की काल डिटेल्स खंगाली जाने लगी तो पता कि दोपहर तक सुशील दिल्ली में ही मौजूद था. लेकिन दोपहर बाद उस के मोबाइल की लोकेशन पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दिखाई दे रही थी. लोकेशन के आधार पर स्पैशल सेल व क्राइम ब्रांच की टीमें मेरठ, मुजफ्फरनगर व हरिद्वार में छापेमारी करने के लिए भेज दी गईं. वारदात में शामिल ज्यादातर पहलवानों के मोबाइल फोन पुलिस को स्विच्ड औफ मिल रहे थे. उत्तर पश्चिम जिले के स्पैशल स्टाफ के साथ मौडल टाउन थाने की पुलिस ने सुशील के आवास पर छापा मारा और उस की पत्नी के अलावा ससुर सतपाल पहलवान तथा साले लव सहरावत समेत 20 से अधिक लोगों से पूछताछ की, लेकिन सुशील का कहीं पता नहीं चला.

इसीलिए पुलिस ने सुशील के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी कर दिया, ताकि वह देश छोड़ कर भाग नहीं सके. मौडल टाउन थाना पुलिस ने सुशील समेत उस के खास सहयोगी जिन का नाम इस वारदात में सामने आया था अजय, मोहित, डौली, भूपेंद्र सहित 7 आरोपितों के खिलाफ रोहिणी कोर्ट से गैरजमानती वारंट भी हासिल कर लिए. कई पहलवान हुए गिरफ्तार पुलिस ने इस मामले में सब से पहले हरियाणा के आसोदा गांव निवासी प्रिंस दलाल को गिरफ्तार किया. उस के पास से एक दोनाली बंदूक और कारतूस भी बरामद हुए हैं. वारदात के तीसरे दिन मौडल टाउन थाना पुलिस ने 3 और आरोपित पहलवानों को गिरफ्तार किया.

पकडे़ गए आरोपियों में एक भूरा पहलवान है, उसे सोनीपत से गिरफ्तार किया गया है. पूछताछ में पता चला है कि भूरा पहलवान को मुख्य आरोपित ओलंपियन सुशील पहलवान ने वारदात के बाद फोन कर के बुलाया था और हरिद्वार में बाबा रामदेव के पतंजलि आश्रम तक छोड़ने के लिए उस से कहा था. भूरा सुशील को वहां छोड़ कर वापस हरियाणा चला गया, जहां से पुलिस ने उसे दबोच लिया था. उस के अलावा 2 अन्य आरोपियों भूपेंद्र पहलवान और अजय पहलवान को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. अजय के पिता सुरेश बक्करवाला मौडल टाउन इलाके से कांग्रेस के निगम पार्षद हैं. सुरेश पहलवान (बक्करवाला) दिल्ली पुलिस का बरखास्त सिपाही है. सुरेश बक्करवाला को 1993 में 49 लाख रुपए लूटने के मामले में करोलबाग पुलिस ने गिरफ्तार किया था.

इस मामले में सुरेश के अलावा दिल्ली पुलिस के ही बरखास्त सिपाही जगवीर उर्फ जग्गा को भी गिरफ्तार किया गया था. एक अन्य मामले में सुरेश सजायाफ्ता अपराधी है. सुरेश के पास से 1993 में चोरी का माल बरामद हुआ था. जबकि गिरफ्तार चौथे आरोपी भूपेंद्र के खिलाफ फरीदाबाद के थानों में उगाही और आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं. पुलिस ने इस मामले में पहले ही दिन 5 वाहन जब्त कर लिए थे. इस के बाद 4 अन्य वाहन बरामद करने के बाद अब तक 9 वाहन जब्त किए जा चुके हैं. पुलिस ने वारदात के बाद छत्रसाल स्टेडियम व उस के आसपास से सीसीटीवी की फुटेज बरामद की है, जिस में सुशील अपने साथियों के साथ सागर को पीटते नजर आ रहे हैं. उस के 3 साथियों सोनू, भगत सिंह और अमित की भी स्टेडियम की पार्किंग में पिटाई की जा रही थी. इन सभी ने अपने बयानों में पहलवान सुशील कुमार को ही मुख्य आरोपी बताया था.

सुशील आदि के पकड़े जाने के बाद ही  पता चलेगा कि असल में किस बात या मामले को ले कर पहलवानों के बीच यह खूनी गैंगवार हुई. लेकिन अभी तक पीडि़तों के बयान, पकड़े गए आरोपियों के बयान तथा पुलिस की जांच में सामने आया है कि छत्रसाल स्टेडियम में 4 मई की रात को पहलवानों के बीच जो खूनी दंगल हुआ था, उस की जड़ में एक विवादित प्रौपर्टी है, जिस पर कब्जा करने के लिए ओलंपिक पदक विजेता सुशील कुमार ने इस खूनी खेल को अंजाम दिया था. हालांकि यह बात तो पूरी तरह तभी साफ हो पाएगी कि इस दंगल के कितने पहलवान और अपराधी शामिल थे, लेकिन यह बात साफ है कि इस वारदात के बाद दिल्ली में अखाड़ों के पहलवानों का पेशेवर अपराधियों के साथ गठजोड़ और पैसा कमाने के लिए अपनी ताकत का गलत इस्तेमाल करने का खेल पूरी तरह सामने आ गया है.

करोड़ों की संपत्ति बनी विवाद की जड़ जांच में पता चला कि मौडल टाउन थर्ड में (एम 2/1) नंबर पर करोड़ों रुपए की एक संपत्ति है. इस संपत्ति का मालिक कौन है, यह तो पुलिस को भी अभी तक नहीं पता. लेकिन बताते हैं कि सुशील ने हरियाणा के कुख्यात बदमाश काला जठेड़ी की मदद से इस फ्लैट में रहने वाले लोगों को भगा कर इस पर कब्जा कर लिया था. इस के बाद इस फ्लैट के कागज तैयार कर के महंगे दामों पर बेचने तक काला जठेड़ी के एक साथी पहलवान सोनू महाल और पहलवान सागर आदि को उन के 1-2 साथियों के साथ वहां रहने के लिए छोड़ दिया.

बताते हैं कि सुशील ने अब इस मकान के लिए खरीदार तैयार कर लिए थे और वह सोनू तथा सागर से इस संपत्ति को खाली कराना चाहता था. लेकिन सोनू महाल ने काला जठेड़ी के इशारे पर संपत्ति खाली करने से इंकार कर दिया. इस बात को ले कर सुशील का उन से कुछ दिन पहले भी झगड़ा हुआ था. काला जठेड़ी ने उस समय समझौता करा दिया और सुशील से कह दिया कि संपत्ति बेच कर हिस्सा आपस में बांट लेंगे. इस फ्लैट में आने से पहले सागर धनखड़ स्टेडियम में ही रहता था. इधर सोनू महाल के साथ रहने के कारण सागर धनखड़ भी सुशील के कहने से बाहर हो गया था और सोनू की भाषा बोलता था. सुशील ने जब सोनू व सागर से फ्लैट खाली करने को कहा तो सागर ने सुशील से कह दिया कि फ्लैट कौन सा तुम्हारा खरीदा हुआ है.

जैसे तुम ने कब्जा किया वैसे ही अब हम ने कर लिया. और सागर व सोनू ने फ्लैट खाली करने से इंकार कर दिया. इस बात को जब काफी वक्त गुजर गया और समझाने पर भी सागर ने फ्लैट खाली नहीं किया तो सुशील ने 4 मई, 2021 की रात को अपने गुट के साथी पहलवानों व साथियों के साथ उस फ्लैट पर धावा बोल दिया, जहां सागर ने कब्जा कर रखा था. 4 मई की रात को सुशील अपने चेले पहलवानों और गुंडों के साथ उस संपत्ति पर गया. वहां से सोनू, सागर और अमित आदि को हथियार के बल पर उठा कर गाडि़यों में डाल कर स्टेडियम में ले गए. वहां पर इन सब को फावड़े के हत्थे से पीटा गया. इस दौरान गोलियां भी चलाई गईं.

बदमाश स्टेडियम में लेते थे शरण बताया जाता है कि काला जठेड़ी का काफी समय से स्टेडियम में आनाजाना रहता था. जांच में पता चला कि सुशील के साथ हरियाणा के कुख्यात काला जठेड़ी गिरोह के कई बदमाशों का उठनाबैठना था. स्टेडियम से जुड़े सूत्रों का तो यहां तक कहना है कि फरारी के दौरान पुलिस से बचने के लिए ये बदमाश स्टेडियम में शरण लेते रहते हैं. बदले में पहलवान उन्हें रंगदारी, टेंडर और जमीन जायदाद के कब्जों को छुड़ाने के लिए इस्तेमाल करता था. दिलचस्प बात यह थी कि जिस रात ये वारदात हुई, दिल्ली में लौकडाउन लगा हुआ था. उस के बावजूद 5 गाडि़यों में सवार हथियारबंद पहलवान पहले मौडल टाउन गए, वहां से अपने शिकार को हथियारों की नोंक पर गाडि़यों में बैठाया और फिर छत्रसाल स्टेडियम पहुंच गए.

पुलिस ने स्टेडियम के अंदर और बाहर की सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो उसे पूरी घटना का पता चला और यह भी साफ हो गया कि सुशील कुमार घटनास्थल पर ही मौजूद था और खुद पीडि़तों की पिटाई कर रहा था. सुशील पहलवान के मोबाइल फोन के रिकौर्ड से यह भी पता चला है कि उस के किसकिस बदमाश या संदिग्ध लोगों से संबंध हैं और वारदात वाली रात उस के साथ कौनकौन लोग थे. वैसे इस स्टेडियम से बदमाशों का पुराना नाता है. 2 दशक पहले की बात है कि एक बार ढिचाऊं गांव के कुख्यात बदमाश कृष्ण पहलवान को जबरन वसूली के मामले में पुलिस तलाश कर रही थी. उस दौरान कृष्ण स्टेडियम में आयोजित समारोह में सतपाल पहलवान के साथ पुरस्कार बांट रहा था. यह किस्सा मीडिया की सुर्खी बना था.

दरअसल सतपाल पहलवान उन दिनों दिल्ली सरकार में खेल निदेशक के पद पर तैनात थे. लेकिन नामी पहलवान होने के कारण उन के खिलाफ कोई काररवाई नहीं की गई. उन्हीं सतपाल पहलवान का दामाद सुशील पहलवान हालांकि मूलरूप से रेलवे का अधिकारी है, लेकिन रेलवे से पहले वह उत्तरी दिल्ली नगर निगम में प्रतिनियुक्ति पर गया और उस के बाद वह दिल्ली सरकार में प्रतिनियक्ति पर चला गया और 5 साल पहले छत्रसाल स्टेडियम के ओएसडी (खेल) पद पर विराजमान हो गया. यानी प्रतिनियुक्ति से प्रतिनियुक्ति पर जाना साबित करता है कि सुशील कुमार का रसूख कितना बड़ा था. तभी से वह छत्रसाल स्टेडियम में ओएसडी के पद पर है. इस से यह भी साबित होती है कि रसूखदार पहलवानों के सामने कानून कितना बौना हो जाता है.

प्रतिनियुक्ति पर तैनाती 3 साल से अधिक नहीं की जा सकती, लेकिन इस मामले में इस नियम को भी नजरअंदाज कर दिया गया. दिल्ली पुलिस को अपने मुखबिर तंत्र से अकसर ऐसी सूचना मिलती रही कि छत्रसाल स्टेडियम अपराधियों की शरणगाह बना हुआ है. यूपी पुलिस ने तो कुछ समय पहले नोएडा के बदमाश सुंदर भाटी के छत्रसाल स्टेडियम में आनेजाने और सुशील पहलवान से उस के संबंधों की पड़ताल भी की थी. इस स्टेडियम में अपराधियों का कितना हस्तक्षेप है, इस बात का पता इस से चलता है कि एक बार स्टेडियम की महिला डिप्टी डायरेक्टर के बारे में इस स्टेडियम में उन के औफिस की दीवार पर अश्लील टिप्पणी लिखी गई थी, लेकिन शिकायत के बावजूद पुलिस किसी दोषी को नहीं पकड़ सकी.

बताते हैं कि स्टेडियम में चलने वाली गैरकानूनी गतिविधियां और अपराधियों की आवाजाही किसी की नजर में न आए, इसलिए स्टेडियम के अंदर सीसीटीवी कैमरे नहीं लगवाए गए हैं. अगर स्टेडियम में सभी जगह कैमरे लगे होते तो इस से पहले होने वाली कई वारदातों का भी खुलासा हो जाता. कई नामी पहलवानों ने छोड़ दिया था स्टेडियम पुलिस को अब यह भी पता चल रहा है कि सुशील पहलवान और उस के चेलों के दुर्व्यवहार और गुंडागर्दी का इतना आतंक छत्रसाल स्टेडियम में था कि अपराधी गुट तथा सीधीसादी जिंदगी बसर करने वाले कोच तथा पहलवान यहां ज्यादा दिन टिक नहीं पाते थे.

द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित कोच रामफल और कई पहलवान तो इसी दुर्व्यवहार से तंग आ कर ओलंपिक पदक विजेता योगेश्वर दत्त की अकेडमी में चले गए हैं. जबकि एक अन्य कोच वीरेंद्र ने नरेला में अपनी अकेडमी खोल ली. पहलवान बजरंग पूनिया भी इसी कारण छत्रसाल स्टेडियम छोड़ कर योगेश्वर के पास चला गया था. योगेश्वर दत्त ने भी इसी वजह से इस अखाड़े को छोड़ा था. पुलिस की जांच में अब यह भी खुलासा हो रहा है कि स्टेडियम में पहलवानों की संदिग्ध गतिविधियां सालों से जारी रहने के पीछे दिल्ली सरकार के मंत्रियों से ले कर खेल मंत्रालय के अधिकारियों की मिलीभगत है. पुलिस को सुशील के मोबाइल की काल डिटेल्स मिल चुकी हैं. सूत्रों का कहना है कि सुशील ने वारदात के बाद हरियाणा के बदमाश काला जठेड़ी से भी संपर्क किया. सुशील ने काला से कहा कि उस से गलती हो गई.

वह तो सोनू आदि को इसलिए उठा कर लाया था कि थप्पड़ व चांटे मार कर व  धमका कर उस से संपत्ति खाली करा लेगा. बताया जा रहा है कि इस संपत्ति के कब्जाने में काला जठेड़ी का भी हाथ है. सुशील के कारण अब इस संपत्ति का विवाद सार्वजनिक होने व नुकसान के कारण वह सुशील से काफी नाराज बताया जाता है. इधर पुलिस ने जांच के दौरान सागर की मौत के बाद घायल सोनू व अमित के जो बयान दर्ज किए हैं, उस में उन्होेंने सुशील के खिलाफ बयान दिया है. सोनू काला जठेड़ी का खास साथी है. वह हत्या के कई मामलों में आरोपी रह चुका है. इसी कारण आशंका है कि सुशील पहलवान और काला जठेड़ी के बीच आने वाले दिनों में गैंगवार हो सकती है.

इधर सुशील के खिलाफ काला जठेड़ी के अलावा सुंदर भाटी, नीरज बवानिया समेत अनेक कुख्यात बदमाशों से संबध रखने के आरोप पहले भी लगते रहे हैं. देश के एक नामचीन खिलाड़ी होने के कारण पुलिस हमेशा उस पर हाथ डालने से कतराती रही. लेकिन सुशील पहलवानों तथा अपराधियों के नेटवर्क के साथ मिल कर टोल टैक्स, अवैध कब्जा और विवादित संपत्ति का धंधा चला रहा है, इस का सार्वजनिक खुलासा पहली बार हुआ है. फिलहाल, पुलिस पहलवान सुशील कुमार की गिरफ्तारी के लिए देशव्यापी स्तर पर छापेमारी कर रही है. पुलिस ने उस की गिरफ्तारी पर एक लाख रुपए का ईनाम रख दिया है और उस के खिलाफ अरेस्ट वारंट भी हासिल कर लिया है.

इस ओलंपिक पदक विजेता पहलवान को एक ही गलत दांव ने चित कर दिया है. उस की गिरफ्तारी के बाद सागर धनखड़ हत्याकांड में कई नए खुलासे होने की संभावना है. बहरहाल, जिस छत्रसाल स्टेडियम के अखाड़े ने सुशील का नाम बुलंदियों पर पहुंचाने में योगदान दिया था, उसी स्टेडियम में घटी घटना ने उसे अर्श से फर्श पर पटक दिया है. पुलिस की कई टीमें सुशील की तलाश के लिए संभावित स्थानों पर दबिशें डालती रहीं. सुशील भी पुलिस से आंखमिचौली खेलता रहा. आखिर दिल्ली पुलिस की स्पैशल सेल ने 23 मई, 2021 की सुबह पहलवान सुशील कुमार को गिरफ्तार कर लिया.

इस के बाद छत्रसाल स्टेडियम के फिजिकल एजुकेशन टीचर अजय कुमार को भी दिल्ली के मुंडका क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया. अजय पर 50 हजार का ईनाम था. कथा लिखने तक पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही थी. Hindi Suspense Stories

—कथा मीडिया रिपोर्ट, पीडि़तों के बयान और पुलिस की जांच पर आधारित

 

Short Kahani in Hindi : पिता की मौत के बाद अखबार बेचने वाली अरीना खान उर्फ पारो को राष्ट्रपति ने किया सम्मानित

Short Kahani in Hindi : पिता की मौत के बाद अरीना खान उर्फ पारो ने 9 साल की उम्र से ही अखबार बांटने शुरू कर दिए. यह काम करते हुए उन्होंने जिस तरह की समाजसेवा की, उस की बदौलत उन्हें राष्ट्रपति द्वारा भी सम्मानित किया गया..

अगर इंसान चाह ले तो उस के लिए कुछ भी असंभव नहीं है. चाहे वह महिला हो या पुरुष. आज महिलाएं वे सारे काम बखूबी कर रही हैं, जिन पर कभी केवल पुरुष अपना अधिकार समझता था. जमीन से ले कर आसमान तक महिलाएं पुरुषों को मात दे रही हैं. ऐसा ही काम जयपुर की अरीना खान उर्फ पारो ने भी किया है. उन्होंने जो काम किया है, उस की बदौलत आज वह भारत की पहली महिला हौकर मानी जा रही है. जिस समय पूरा शहर मस्ती भरी नींद में सो रहा होता था, उसी समय सर्दी हो या गरमी या फिर बरसात, 9 साल की अरीना खान उर्फ पारो सुबह के 4 बजे उठ जाती और फिर अपने नन्हेनन्हे पैरों से साइकिल के बड़ेबड़े पैडल मारते हुए राजस्थान के शहर जयपुर के गुलाब बाग सेंटर पर पहुंच जाती थी.

गुलाब बाग के सेंटर से अखबार ले कर वह बांटने के लिए निकल जाती. पिछले 20 सालों से उस का यह सिलसिला जारी है. 9 साल की उम्र में पारो ने भले ही यह काम मजबूरी में शुरू किया था, पर आज इसी काम की वजह से वह देश में ही नहीं, पूरी दुनिया में जानी जाती है. एक तरह से यह काम आज उस की पहचान बन गया है. अपने इसी काम की बदौलत आज वह देश की पहली महिला हाकर बन गई है. पारो जिन  लोगों तक अखबार पहुंचाती है, उन में जयपुर का राज परिवार भी शामिल है. अरीना खान की 7 बहनें और 2 भाई हैं. मातापिता को ले कर कुल 11 लोगों का परिवार था. इतने बड़े परिवार की जिम्मेदारी उस के पिता सलीम खान उठाते थे.

इस के लिए वह सुबह 4 बजे ही उठ जाते थे. जयपुर के गुलाब बाग स्थित सेंटर पर जा कर अखबार उठाते और जयपुर के बड़ी चौपड़, चौड़ा रास्ता, सिटी पैलेस, चांद पुल, दिलीप चौक, जौहरी बाजार और तिरपौलिया बाजार में घूमघूम कर अखबार बांटते थे. इस के बाद दूसरा काम करते थे. 12 से 14 घंटे काम कर के किसी तरह वह परिवार के लिए दो जून की रोटी और तन के कपड़ों की व्यवस्था कर रहे थे. अरीना उस समय 9 साल की थी, जब उस के पिता की तबीयत खराब हुई. दरअसल उन्हें बुखार आ रहा था. बुखार आता तो वह मैडिकल स्टोर से दवा ले कर खा लेते और अपने काम के लिए निकल जाते. उन के पास इतना पैसा नहीं था कि वह अपना इलाज किसी अच्छे डाक्टर से कराते.

इस का नतीजा यह निकला कि बीमारी उन पर हावी होती गई. वह साधारण बुखार टाइफाइड बन गया. एक तो बीमारी, दूसरे मेहनत ज्यादा और तीसरे खानेपीने की ठीक से व्यवस्था न होने की वजह से उन का शरीर कमजोर होता गया. एक दिन ऐसा भी आया जब सलीम खान को चलनेफिरने में परेशानी होने लगी. अगर सलीम काम पर न जाते तो परिवार के भूखों मरने की नौबत आ जाती. उन्हें अपनी नहीं, अपने छोटेछोटे बच्चों की चिंता थी. वह अपनी दवा कराए या बच्चों का पेट भरे. जब वह चलनेफिरने से भी मजबूर हो गए तो 9 साल की अरीना अपने अब्बू के साथ अखबार बंटवाने में उन की मदद के लिए जाने लगी. वह पिता की साइकिल में पीछे से धक्का लगाती और अखबार बंटवाने में उन की मदद करती.

किसी तरह घर की गाड़ी चल रही थी कि अचानक एक दिन अरीना के परिवार पर मुसीबत का पहाड़ टूट पड़ा. बीमारी की वजह से उस के पिता सलीम खान की मौत हो गई. अब कमाने वाला कोई नहीं था. ऐसी कोई जमापूंजी भी नहीं थी कि उसी से काम चलता. ऐसे में सहानुभूति जताने वाले तो बहुत होते हैं, लेकिन मदद करने वाले कम ही होते हैं. फिर किसी की मदद से कितने दिन घर चलता. पिता के मरते ही मात्र 9 साल की नन्ही अरीना समझदार हो गई. उस ने पूरे परिवार की जिम्मेदारी संभाल ली. इस की वजह यह थी कि उसे अपने पिता के अखबार बांटने वाले काम की थोड़ीबहुत जानकारी थी. इस के अलावा वह और कुछ न तो करने के लायक थी और न ही कुछ कर सकती थी.

पारो को पता था कि कहां से अखबार उठाना है और किसकिस घर में देना है. फिर क्या था अरीना उर्फ पारो भाई के साथ गुलाब बाग जा कर पेपर उठाती और घरघर जा कर पहुंचाती. इस के लिए उसे सुबह 4 बजे उठना पड़ता था. घरघर अखबार पहुंचा कर उसे घर लौटने में 9, साढ़े 9 बज जाते थे. अरीना जयपुर के गुलाब बाग से अखबार उठा कर चौपड़, चौड़ा रास्ता, सिटी पैलेस, चांद पुल, दिलीप चौक, जौहरी बाजार, तिरपौलिया बाजार इलाके में घरघर जा कर अखबार पहुंचाती थी. इस तरह उसे लगभग 7 किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ता था. वह करीब सौ घरों में अखबार पहुंचाती थी.

शुरूशुरू में अरीना को इस काम में काफी परेशानी हुई. क्योंकि वह 9 साल की बच्ची ही तो थी. उतनी दूर चल कर वह थक तो जाती ही थी, साथ ही उसे यह भी याद नहीं रहता था कि उसे किसकिस घर में अखबार डालना है. यही नहीं, वह रास्ता भी भूल जाती थी. इस के अलावा उसे इस बात पर भी बुरा लगता था, जब छोटी बच्ची होने की वजह से कोई उसे दया की दृष्टि से देखता था. बुरे दिनों में मदद करने वाले कम ही लोग होते हैं. फिर भी अरीना के पिता को जानने वाले कुछ लोगों ने उस की मदद जरूर की. इसलिए अरीना सुबह जब अखबार लेने गुलाब बाग जाती तो उसे लाइन नहीं लगानी पड़ती थी. उसे सब से पहले अखबार मिल जाता था. इस के बावजूद उसे परेशान तो होना ही पड़ता था.

क्योंकि अखबार बांटने के बाद उसे स्कूल भी जाना होता था. स्कूल जाने में उसे अकसर देर हो जाती थी. क्योंकि वह अखबार बांट कर 9, साढ़े 9 बजे तो घर ही लौटती थी. उस के स्कूल पहुंचतेपहुंचते एकदो पीरियड निकल जाते थे. उस का पढ़ाई का नुकसान तो होता ही, लगभग रोज ही प्रिंसिपल और क्लास टीचर की डांट भी सुननी पड़ती थी. उस समय अरीना 5वीं में पढ़ती थी. जब इसी तरह सालों तक चलता रहा तो नाराज हो कर प्रिंसिपल ने उस का नाम काट दिया. इस के बाद अरीना एक साल तक अपने लिए स्कूल ढूंढती रही, जहां वह अपना काम निपटाने के बाद पढ़ने जा सके. वह इस तरह का स्कूल ढूंढ रही थी कि अगर वह देर से भी स्कूल पहुंचे तो उसे क्लास में बैठने दिया जाए.

आखिर रहमानी मौडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने उस की शर्त पर अपने यहां एडमिशन दे दिया. इस तरह एक बार फिर उस की पढ़ाई शुरू हो गई. अखबार बांटने के बाद वह एक बजे तक अपनी पढ़ाई करती. स्कूल में अरीना की जो क्लास छूट जाती, उस की पढ़ाई अरीना को खुद ही करनी पड़ती. जिस समय अरीना 9वीं क्लास में थी तो एक बार फिर उस की और उस की छोटी बहन की पढ़ाई में रुकावट आ गई. इस की वजह थी उस की आर्थिक स्थिति. अखबार बांटने से उस की इतनी कमाई नहीं हो रही थी कि उस का अपना घर खर्च आराम से चल पाता. जब घर का खर्च ही पूरा नहीं होता था तो पढ़ाई का खर्च कहां से निकालती. खर्च पूरे करने के लिए उस ने एक नर्सिंगहोम में पार्टटाइम नौकरी कर ली.

अब वह सुबह उठ कर अखबार बांटती, फिर स्कूल जाती, उस के बाद नर्सिंगहोम में नौकरी करती. नर्सिंगहोम में वह शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक काम करती थी. रात को घर आ कर उसे फिर अपनी पढ़ाई करनी पड़ती. इस तरह उसे हाड़तोड़ मेहनत करनी पड़ रही थी. अरीना जब बड़ी हो रही थी, सुबह उसे अकेली पा कर लड़के उस से छेड़छाड़ करने लगे थे. पर अरीना इस से जरा भी नहीं घबराई. अगर कोई लड़का ज्यादा पीछे पड़ता या परेशान करता तो अरीना उसे धमका देती. अगर इस पर भी वह नहीं मानता तो अरीना उस की पिटाई कर देती. अब वह किसी से नहीं डरती थी. परिस्थितियां सचमुच इंसान को निडर बना देती हैं.

अरीना अखबार बांटने के साथसाथ पार्टटाइम नौकरी करते हुए पढ़ भी रही थी. कड़ी मेहनत करते हुए उस ने 12वीं पास कर ली. इतने पर भी वह नहीं रुकी. उस ने महारानी कालेज से ग्रैजुएशन किया, साथ ही वह कंप्यूटर भी सीखती रही. कंप्यूटर सीखने के बाद उसे एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी मिल गई. लेकिन उस ने अखबार बांटना नहीं बंद किया. सुबह उठ कर वह अखबार बांटती है, उस के बाद लौट कर नहाधो कर तैयार हो कर नौकरी पर जाती है. इतना ही नहीं, बाकी बचे समय में वह गरीब बच्चों को पढ़ने के लिए प्रोत्साहित ही नहीं करती, बल्कि पढ़ाती भी थी. इस के अलावा कई संगठनों के साथ मिल कर गरीब बच्चों के लिए काम भी करना शुरू कर दिया.

अरीना के समाज सेवा के इन कामों को देखते हुए उसे कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार भी मिल चुके हैं. यही वजह है कि देश की पहली महिला हाकर होने के साथसाथ समाज सेवा करने वाली अरीना को राष्ट्रपति ने भी सम्मानित किया है. अरीना को जब पता चला कि उस की मेहनत को राष्ट्रपति सम्मानित करने वाले हैं तो उसे बड़ी खुशी हुई. जिसे बयां करने के लिए उस के पास शब्द नहीं थे. उस के पैर मानो जमीन पर नहीं पड़ रहे थे. पैर जमीन पर पड़ते भी कैसे, छोटी सी उम्र से अब तक उस के द्वारा किया गया संघर्ष सम्मानित जो किया जा रहा था.

अरीना की जो कल तक आलोचना करते थे, आज उसे सम्मान की नजरों से देखते हैं. शायद यह उस के संघर्ष का फल है. लोग आज अपने बच्चों को उस की मिसाल देते हैं. आज अरीना एक तरह से सेलिब्रिटी बन चुकी है. वह जहां भी जाती है, लोग उसे पहचान लेते हैं और उस के साथ सेल्फी लेते हैं. अरीना ने जो काम कभी मजबूरी में शुरू किया था, आज वही काम उस की पहचान बन चुका है. शायद इसीलिए उस ने अपना अखबार बांटने का काम आज भी बंद नहीं किया है. अरीना की स्थिति को देखते हुए साफ लगता है कि कोई भी काम छोटा या बड़ा नहीं होता. लड़कियां भी अगर चाह लें तो कोई भी काम कर सकती हैं.