Punjab Crime: गर्भ में पल रहे बच्चे का सौदा करने वाला गिरोह

Punjab Crime: पंजाब के लुधियाना में औरतों का एक ऐसा गिरोह पकड़ा गया है, जो नवजात बच्चों की तो खरीदफरोख्त करता ही था, गर्भ में पलने वाले बच्चे का भी सौदा कर लेता था.

फोन पर दूसरी ओर से बारबार यही आवाज आ रही थी कि जिस नंबर पर आप बात करना चाहते हैं, वह या तो कवरेज एरिया से बाहर है या बंद है. लेकिन शामलाल ने हिम्मत नहीं हारी और थोड़ीथोड़ी देर पर वह उस नंबर को मिलाते रहे. आखिर उन की मेहनत रंग लाई और दूसरी ओर घंटी बज उठी. उस समय शाम के साढ़े 4 बज रहे थे और तारीख थी 15 फरवरी, 2016. दूसरी ओर से फोन रिसीव किया गया तो शामलाल के कानों में किसी आदमी की भारी आवाज गूंजी, ‘‘हां जी बताइए, किस से बात करनी है, कहीं किसी गलत नंबर पर तो फोन नहीं मिला दिया? मैं तो आप को जानता नहीं.’’

‘‘नहीं जी, मैं ने एकदम सही नंबर मिलाया है. काफी देर से कोशिश कर रहा हूं, तब कहीं जा कर आप का फोन लगा है.’’ शामलाल ने कहा.

‘‘वह तो ठीक है, लेकिन आप बोल कौन रहे हैं? आप को किस से बात करनी है?’’ दूसरी ओर से अक्खड़ अंदाज में पूछा गया.

‘‘दरअसल, हमारी पहली बार बात हो रही है, इस से पहले हमारी कभी बात नहीं हुई. आप मिस्टर तेजवीर सिंह बोल रहे हैं न?’’

‘‘देखिए, पहले आप अपने बारे में बताइए. उस के बाद किस काम के लिए फोन किया है, यह बताइए. और हां, मेरा यह नंबर आप को कहां से मिला?’’ दूसरी ओर से उसी अक्खड़ अंदाज में पूछा गया.

‘‘आप का नंबर आप के एक खास दोस्त काला ने मुझे दिया है.’’

‘‘कहां रहता है यह काला?’’

‘‘यहीं लुधियाना में, उस का पता बताऊं?’’

‘‘तब तो आप भी लुधियाना से ही बोल रहे होंगे?’’ इस बार दूसरी ओर से थोड़ा नरमी से पूछा गया.

‘‘जी हां, मैं लुधियाना से ही बोल रहा हूं. वर्धमान चौक के पास मेरी कोठी है और घंटाघर के सामने वाली बिल्डिंग में मेरा औफिस है. यहां मुझे सब ठेकेदार शामलाल के नाम से जानते हैं. काला आप की बड़ी तारीफें कर रहा था. कह रहा था कि आप मेरा काम चुटकी बजा कर करवा देंगे.’’

‘‘बताइए, आप की परेशानी क्या है?’’

‘‘ऐसा है कि मेरी शादी हुए 5 साल से ज्यादा हो गए हैं, लेकिन अभी तक मैं बच्चे का मुंह देखने को तरस रहा हूं. मां न बन पाने की वजह से मेरी पत्नी भी डिप्रैशन का शिकार हो गई है. न कहीं आतीजाती है और न किसी से ज्यादा मिलतीजुलती है, गुमसुम सी अपने कमरे में पड़ी रहती है.’’

‘‘डाक्टर को नहीं दिखाया, आखिर बच्चा क्यों नहीं हो रहा?’’

‘‘बड़ेबड़े डाक्टरों को दिखा दिया है, लेकिन कहीं से कोई फायदा नहीं हुआ. अब यही सोच रहे हैं कि किसी और का बच्चा ले कर पाल लें.’’

‘‘तो किसी अनाथ आश्रम से बच्चा गोद ले लीजिए. इस में परेशानी क्या है?’’

‘‘आप की बात सही है, लेकिन मेरी पत्नी इस के लिए राजी नहीं है. क्योंकि ऐसा करने से उस पर बांझ की मोहर लग जाएगी. हमें तुरंत का जन्मा बच्चा चाहिए, जिस के बारे में मेरी पत्नी कह सके कि उसे उस ने पैदा किया है. इस बारे में मेरी काला से बात हुई तो उस ने कहा कि पैसा ले कर आप मेरा काम आसानी से कर देंगे.’’

‘‘आसानी से कैसे कर देंगे भाई? यह बहुत ही मुश्किल काम है. कई लोगों से संपर्क करना पड़ेगा. वैसे भी यह काम मैं सीधे नहीं कर सकता. जो भी करेंगी, डाक्टर साहब करेंगी. मैं उन से एक बार बात कर लेता हूं, उस के बाद आप को बताता हूं. और हां, काला ने आप को यह भी बताया ही होगा कि इस तरह के काम में काफी पैसा लगता है.’’

‘‘बताया है न. मैं ने उस से भी कहा था और आप से भी कह रहा हूं कि आप पैसों की जरा भी चिंता न करें. बस मेरा काम होना चाहिए. आप जितना भी पैसा मांगेंगे, मैं उस से ज्यादा दूंगा. पैसों की मेरे पास कोई कमी नहीं है. बस हां, बच्चा इस तरह का होना चाहिए कि देखने में अच्छे घर का लगे. खूबसूरत भी होना चाहिए.’’

‘‘वह तो ठीक है, लेकिन हम तो पेमेंट के हिसाब से बच्चा देते हैं. आप जैसा पेमेंट करेंगे, आप को वैसा ही बच्चा मिलेगा. मैं डाक्टर मैडम से बात करता हूं.’’ कह कर उस आदमी ने फोन काट दिया.

फरवरी, 2016 के दूसरे सप्ताह में लुधियाना के डीसीपी डा. नरेंद्र भार्गव को अपने किसी माध्यम से सूचना मिली थी कि शहर में कुछ महिलाओं का एक ऐसा गिरोह सक्रिय है, जो किसी गरीब महिला के गर्भवती होने पर उस के पेट में पल रहे बच्चे (भ्रूण) को अच्छेखासे दामों में बेच कर आपराधिक धंधा कर के अच्छीखासी कमाई कर रहा है. दरअसल, महिलाओं का यह गिरोह बिना औलाद वाली महिलाओं को नवजात बच्चा बेच कर उन से अच्छीखासी रकम वसूल करता था.

यही नहीं, इस गिरोह के सदस्य उन गरीब औरतों के बारे में पता लगाती रहती थीं, जिन के कई बच्चे पहले से ही होते थे, इस के बावजूद वे गर्भवती हो जाती थीं. ऐसी महिलाओं को गर्भ ठहरने की खुशी कम, समस्या ज्यादा प्रतीत होती थी. ऐसी ही महिलाओं को पैसों का लालच दे कर वे औरतें उस का बच्चा पैदा होते ही ले कर बेऔलाद अमीर महिलाओं को अच्छेखासे दामों में बेच देती थीं. नरेंद्र भार्गव ने इस गिरोह के बारे में पता लगाने के लिए एडिशनल डीसीपी (मुख्यालय) ध्रुव दहिया के नेतृत्व में एक टीम गठित की, जिस में सीआईए-2 के इंसपेक्टर जितेंद्र सिंह, उन के रीडर सुखपाल सिंह, एएसआई सतनाम सिंह, हवलदार कुलवंत सिंह, राजेश कुमार, सिपाही दलजीत सिंह, होमगार्ड के जवान जितेंद्र कुमार एवं महिला सिपाही सुरेंद्र कौर को शामिल किया गया.

टीम नवजात बच्चों का सौदा करने वाले गिरोह के बारे में पता लगाने के लिए भागदौड़ करने लगी. इसी के साथ इस टीम ने अपने मुखबिरों को भी सहेज दिया था. पुलिस टीम ने बहुत जल्दी इस गिरोह के बारे में पता कर लिया. उस में एक पुरुष भी शामिल था, जिस का नाम तेजवीर सिंह था. वही फोन पर ग्राहकों से बात कर के सौदा करता था. उस का मोबाइल नंबर भी पुलिस के हाथ लग गया था. इस के बाद एक आदमी को नकली ग्राहक बना कर नवजात बच्चा खरीदने के लिए तेजवीर सिंह को फोन किया गया. नकली ग्राहक ने अपना नाम रखा था- ठेकेदार शामलाल.

15 फरवरी, 2016 की शाम 4 बजे नकली ग्राहक ठेकेदार शामलाल की तेजवीर से बात हुई थी. 6 बजे तक कोई जवाब नहीं मिला तो शामलाल ने उसे दोबारा फोन किया. दूसरी ओर से तेजबीर ने छूटते ही कहा, ‘‘ऐसा है ठेकेदार साहब, मैं ने डाक्टर मैडम से बात कर ली है, उन्होंने आप के काम के लिए आगे की काररवाई शुरू कर दी है. मेरे सामने ही उन्होंने कई लोगों को फोन किए हैं.’’

‘‘आप को क्या लग रहा है, मेरा काम हो जाएगा न?’’ शामलाल ने उतावलेपन से पूछा.

‘‘बिलकुल हो जाएगा जी. बस आप हमें थोड़ा समय दीजिए. मेरे पास कुछ बच्चे हैं, लेकिन उन में आप जैसा बच्चा चाहते हैं, वैसा नहीं है. आप के लिए हम एकदम गोराचिट्टा और सेहतमंद बच्चा देख रहे हैं, जो पहली ही नजर में अमीर घर का लगे. क्योंकि उसे बनाना भी तो अमीर घर की औलाद है.’’

‘‘यह बात आप ने एकदम सही कही. सुन कर मन इतना खुश हुआ कि अगर आप सामने होते तो डील की रकम से अलग लाख रुपए अभी निकाल कर इनाम के रूप में आप के हाथ में रख देता.’’

‘‘कोई बात नहीं ठेकेदार साहब, हम आप से इनाम जरूर लेंगे. लेकिन पहले आप के आदेश के अनुसार काम कर दूं. आप को ऐसा खूबसूरत बच्चा ला कर देंगे कि आप और आप की मेमसाहब देखते रह जाएंगे.’’

‘‘अच्छा, अब यह बताओ कि बच्चा हमें कब मिल रहा है? मैं ने इस बारे में अपनी पत्नी को भी बता दिया है. इसलिए वह बारबार फोन कर के एक ही बात पूछ रही है कि बच्चा कब ला कर उस की गोद में डाल रहा हूं.’’

‘‘आप को ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा ठेकेदार साहब. जैसे ही बच्चा हमारे पास पहुंचेगा, हम तुरंत आप को फोन कर के बता देंगे और उसी समय आप के पास तक बच्चे को पहुंचाने चल देंगे. बस आप कैश तैयार रखिएगा. डील फाइनल होते ही मैं आप को पैसे के बारे में बता दूंगा.’’

‘‘मैं ने कहा न कि आप को पैसों की चिंता करने की जरूरत नहीं है. उम्मीद से कहीं ज्यादा पैसे मिलेंगे आप लोगों को.’’

फिलहाल बात यहीं खत्म हो गई.

इस के बाद उसी दिन रात 9 बजे तेजवीर सिंह का फोन आया. उस ने जल्दीजल्दी कहा, ‘‘निहायत खूबसूरत बच्चे की व्यवस्था हो गई है. हम उसे मारुति कार नंबर पीबी 10 एम 0685 से ले कर एक घंटे बाद यानी ठीक 10 बजे वर्धमान चौक पर पहुंच रहे हैं. इस के लिए आप को 5 लाख रुपए देने हैं, जो आप को कैश में लाना है. बच्चा अभी एक हफ्ते का भी नहीं हुआ है, उसे संभालने के लिए आप अपनी पत्नी को भी साथ ले आइएगा.’’

‘‘ठीक है, मैं रुपए ले कर 10 बजे से पहले ही वर्धमान चौक के बाईं ओर वाले फुटपाथ पर अपनी पत्नी के साथ खड़ा रहूंगा.’’ नकली ग्राहक बने ठेकेदार शामलाल ने कहा.  इस के बाद फोन कट गया.

तेजवीर सिंह से फोन पर यह बातचीत सीआईए के औफिस से ही हो रही थी. इस बात की जानकारी डीसीपी नरेंद्र भार्गव को दी गई तो उन्होंने कहा, ‘‘किसी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर के वर्धमान चौक के पास पूरी फोर्स के साथ तैनात हो जाओ. नकली ग्राहक को ब्रीफकेस दे कर फुटपाथ पर खड़ा कर दो. उन लोगों के आने पर वह उन से बातचीत करे. गिरोह के बारे में पता चलते ही वह अपने फोन से तुम्हारे फोन पर मिस्डकाल करे. उस के बाद तुम अपनी टीम के साथ उन्हें घेर कर गिरफ्तार कर लो. और हां, नकली ग्राहक इस बात का भी ध्यान रखे कि उस समय बच्चा उन के पास मौजूद होना चाहिए.’’

‘‘जी हां, ऐसा ही होगा.’’ जितेंद्र सिंह ने कहा.

इस के बाद उन्होंने मुखबिरी को आधार बना कर एएसआई सतनाम सिंह से तहरीर ले कर भादंवि की धारा 370 एवं ह्यूमन ट्रैफिकिंग एक्ट की धारा 2 के तहत थाना डिवीजन नंबर 7 में अपराध क्रमांक 30 पर रिपोर्ट दर्ज करवा दी. इस के बाद अपनी पुलिस टीम के साथ नकली ग्राहक बने कथित ठेकेदार शामलाल को साथ ले कर वर्धमान चौक पहुंच गए. अब उन्हें इंतजार था तेजवीर सिंह के अगले फोन का. नकली ग्राहक ठेकेदार शामलाल को एक खाली ब्रीफकेस दे कर चौक के बाईं ओर फुटपाथ पर खड़ा कर दिया गया था. बाकी पुलिस टीम वहीं एक जगह छिप कर खड़ी हो गई थी. अपनी सरकारी गाड़ी बोलेरो पीबी 10 बीयू 8036 को भी उन्होंने छिपा दिया था.

ठीक 10 बजे तेजवीर सिंह ने शामलाल को फोन किया, ‘‘हां जी ठेकेदार साहब, हम वर्धमान चौक से थोड़ा पीछे हैं. बस 2 मिनट में पहुंच जाएंगे. आप पैसा ले कर पहुंच गए हैं न?’’

‘‘जी हां, मैं बताई गई जगह पर पैसों से भरा ब्रीफकेस लिए आप का ही इंतजार कर रहा हूं.’’ शामलाल ने कहा.

‘‘ठीक है ठेकेदार साहब, बस 2 मिनट में हम भी पहुंच रहे हैं आप तक.’’ कह कर तेजवीर ने फोन काट दिया. शामलाल ने तुरंत इस बारे में जितेंद्र सिंह को उन के मोबाइल पर बता दिया, जिस से उन्होंने अपनी पुलिस टीम को सतर्क कर दिया. मुश्किल से 5 मिनट गुजरे होंगे कि सफेद रंग की मारुति कार नंबर पीबी 10 एम 0685 फुटपाथ के पास वहीं आ कर रुकी, जहां ब्रीफकेस लिए शामलाल खड़े थे. कार के रुकते ही शामलाल तेज कदमों से उस के पास पहुंच कर कार के अंदर देखा तो उस की ड्राइविंग सीट पर एक सरदार बैठा था और बगल वाली सीट पर एक औरत बैठी थी.

शामलाल को देखते ही सरदार ने खिड़की से सिर बाहर निकाल कर कहा, ‘‘आप ठेकेदार शामलाल हो न?’’

‘‘और आप तेजवीर सिंह?’’

‘‘जी, मैं ही तेजवीर हूं, मुझ से ही आप की फोन पर बात हुई थी. मैं ने आप की आवाज पहचान ली है. अच्छा, यह ब्रीफकेस मुझे दे दो, पूरे 5 लाख हैं न?’’

‘‘उस से ज्यादा हैं, लेकिन पहले बच्चा तो दो. उस के बाद ही पैसे मिलेंगे.’’

‘‘हां…हां, क्यों नहीं. पिछली सीट पर देखो, कितना प्यारा बच्चा है.’’ कह कर तेजवीर ने कार के अंदर की लाइट जला दी.

शामलाल ने कार की उस रोशनी में पिछली सीट पर देखा तो वहां 2 औरतें बैठी थीं, जिन में से एक ने अपनी गोद में पड़े कपड़े को हटाया तो उस की गोद में बहुत ही खूबसूरत बच्चा लेटा दिखाई दिया. शामलाल ने खुशी का इजहार करते हुए कहा, ‘‘बच्चा तो ठीक वैसा ही है, जैसा मैं चाहता था.’’

‘‘तो जल्दी से बच्चा उठाइए और पैसे मेरे हवाले कीजिए.’’ तेजवीर ने इधरउधर देखते हुए कहा.

‘‘भई ये पैसे तो मैं आप के लिए ही लाया हूं. बस मेरी मिसेज जरा आ जाएं.’’

‘‘वह कहां हैं? उन्हीं को तो संभालना है यह छोटा सा बच्चा.’’

‘‘वह अपनी बहन को लेने गई हैं. बस आती ही होंगी. आप कहें तो मैं फोन कर के पूछ लूं.’’

‘‘बिलकुल पूछ लो.’’ तेजवीर ने जल्दी से कहा.

शामलाल ने तुरंत इंसपेक्टर जितेंद्र सिंह का नंबर मिला दिया. लेकिन उन्होंने बात करने के बजाय मिस्डकाल कर के छोड़ दिया. इस के बाद तेजवीर से कहा, ‘‘फोन रिसीव करने के बजाय काट दिया. इस का मतलब वह पास में ही हैं.’’

‘‘चलो, कोई बात नहीं. थोड़ा इंतजार कर लेते हैं.’’ कह कर तेजवीर ने कार का इंजन बंद कर दिया.

तभी पुलिस टीम ने उन्हें चारों ओर से घेर लिया. तेजवीर को समझते देर नहीं लगी कि ठेकेदार शामलाल ने ग्राहक बन कर होशियारी से उसे फंसाया है. जितेंद्र सिंह ने बच्चे को एक महिला सिपाही के हवाले कर दिया और वहीं पूछताछ शुरू कर दी. सइस पूछताछ में तेजवीर ने जो बताया, उस के अनुसार, वह पंजाब के जिला मोगा के कस्बा धर्मकोट का रहने वाला था. उस की बगल वाली सीट पर उस की पत्नी रछपाल कौर बैठी थी. वह आरएमपी डाक्टर थी. कार की पिछली सीट पर जो 2 महिलाएं बैठी थीं, उन के नाम बलजिंदर कौर और गुरमीत कौर थे.

बलजिंदर कौर लुधियाना के शिमलापुरी के रहने वाले जागीर सिंह की पत्नी थी, जबकि गुरमीत कौर फरीदकोट के जैतो मंडी के रहने वाले हरभजन सिंह की पत्नी थी. उन्होंने वहीं स्वीकार कर लिया था कि वे सभी नवजात बच्चों की खरीदफरोख्त के अलावा गर्भ में पलने वाले बच्चों का भी सौदा करते थे. सीआईए केंद्र ला कर रात में पूछताछ करने के बजाय इन सभी के हवालात में बंद कर दिया गया था. अगले दिन चारों को लुधियाना के प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी अजयपाल सिंह की अदालत में पेश कर के विस्तार से पूछताछ के लिए 2 दिनों के कस्टडी रिमांड पर लिया गया. बच्चे को अदालत के आदेश पर एक धार्मिक संस्थान के बाल संरक्षण केंद्र के हवाले कर दिया गया.

रिमांड अवधि के दौरान पूछताछ में गिरफ्तार चारों अभियुक्तों ने जो बताया, उस से जो कहानी निकल कर सामने आई, वह हैरान करने वाली थी. ये लोग नवजात बच्चों की खरीदफरोख्त तो करते ही थे, ये गर्भ में पल रहे बच्चों तक का सौदा कर लेते थे. तेजवीर सिंह ड्राइवर था. वह टैक्सी के रूप में दूसरों की गाडि़यां चलाता था. अपनी कार खरीद कर उसे टैक्सी के रूप में चलाना उस का सपना था, जो अरसा बीत जाने के बाद भी पूरा नहीं हो रहा था. उस की पत्नी रछपाल कौर आरएमपी (रजिस्टर्ड मैडिकल प्रैक्टीशनर) डाक्टर थी. घर के एक कमरे में उस ने अपना क्लिनिक खोल रखा था, लेकिन उस के यहां मरीज नाममात्र के ही आते थे. लिहाजा उन का गुजारा बड़ी मुश्किल से होता था.

करीब 2 साल पहले की बात है. बगल के गांव की एक औरत रछपाल की क्लिनिक पर आई. वह गर्भवती थी. वह इस अजन्मे बच्चे से छुटकारा चाहती थी. यानी वह अपना गर्भपात कराना चाहती थी. इस काम के लिए रछपाल कौर को अच्छाखासा पैसा मिल सकता था, लेकिन यह सब करने का उसे अनुभव नहीं था. फिर यह गैरकानूनी भी था. इसलिए वह ऐसा करने से घबरा रही थी. लेकिन उस की क्लिनिक पर मुश्किल से यह मरीज आया था, इसलिए वह उसे खाली हाथ लौटाना भी नहीं चाहती थी.

उस के दिमाग में एक तरकीब आई. उस ने उस औरत को सुझाव दिया कि वह गर्भ गिराने के बजाय अपने इस बच्चे को जन्म दे कर उसे दे दे. वह उसे सर्टिफिकेट दे देगी कि उसे मरा हुआ बच्चा पैदा हुआ था. उस ने सोचा कि इस के बाद वह बच्चा किसी बेऔलाद दंपत्ति को दे देगी. इस से वह जीव हत्या से भी बच जाएगी और किसी उदास परिवार को खुशियां मिल जाएंगी. उस औरत को रछपाल की बात जंच गई. रछपाल ने उस से जो कहा था, वह उस के लिए तैयार हो गई.

रछपाल ने औरत से बच्चे को जन्म देने के लिए कह तो दिया, लेकिन यह तय नहीं कर पाई थी कि वह उस बच्चे का करेगी क्या? इस के कुछ महीने बाद एक दिन रछपाल लुधियाना जा रही थी तो बस में उस की मुलाकात बलजिंदर कौर और गुरमीत कौर से हो गई. तीनों एक ही सीट पर अगलबगल बैठी थीं. बातचीत शुरू हुई तो रछपाल ने उन्हें अपने बारे में बता कर उस महिला का किस्सा कह सुनाया. इस पर बलजिंदर और गुरमीत ने कहा, ‘‘वह बच्चा हमें दे देना, उस के लिए हम आप को एक लाख रुपए देंगे.’’

रछपाल की तो जैसे लौटरी लग गई. समय पर उस ने उस महिला की डिलिवरी करा कर उस से 2 हजार रुपए ले कर सर्टीफिकेट बना दिया कि उसे मरा हुआ बच्चा पैदा हुआ था. इस के बाद रछपाल ने बच्चा बलजिंदर और गुरमीत को दे कर एक लाख रुपए ले लिए. दरअसल, बलजिंदर कौर और गुरमीत कौर का यही धंधा था. वे नवजात बच्चा खरीद कर उसे दोगुनीतिगुनी कीमत पर निस्संतान लोगों को बेच देती थीं. यही नहीं, वे गर्भवती गरीब औरतों को एडवांस दे कर उन के पेट में पल रहे बच्चों का भी सौदा कर लेती थीं.

उन के गिरोह में कई आशा वर्करों के अलावा 2 महिलाएं और शामिल थीं. उन में एक थी परमजीत कौर. वह लुधियाना के जमालपुर के रहने वाले देवेंद्र सिंह की पत्नी थी. दूसरी थी मधु वर्मा. वह लुधियाना के बसंतनगर के रहने वाले मंजीत सिंह की विधवा थी. इस के बाद बलजिंदर और गुरमीत ने रछपाल कौर को असलियत बता कर उसे भी अपने गिरोह में शामिल कर लिया. इस के बाद रछपाल ने अपने पति तेजवीर सिंह को एक पुरानी मारुति कार दिला कर उसे भी इसी धंधे से लगा दिया.

पुलिस पूछताछ में इन लोगों ने 7 नवजात बच्चों को बेचने और गर्भ में पल रहे कई बच्चों का सौदा करने की बात स्वीकार की थी. इसी पूछताछ में यह भी पता चला था कि गुरमीत कौर और बलजिंदर कौर एक बार इसी तरह के मामले में फरीदकोट पुलिस द्वारा पकड़ी गई थीं. दोनों जमानत पर छूटी थीं. फरीदकोट की अदालत में अभी भी उन पर मुकदमा चल रहा है. एक बार फिर तेजवीर सिंह, रछपाल, बलजिंदर कौर और गुरमीत कौर को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.

उसी दिन समरासा चौक से परमजीत कौर और मधु वर्मा को भी हिरासत में ले लिया गया. उन्हें भी 2 दिनों के कस्टडी रिमांड पर ले कर पूछताछ की गई. पूछताछ कर उन्हें भी अदालत के आदेश पर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. पुलिस के अनुसार, इस गिरोह ने पंजाब में अपना अच्छाखासा नैटवर्क बना रखा था. पुलिस इन से जुड़े तमाम लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही थी. इन लोगों ने जो बच्चा नकली ग्राहक शामलाल को बेचना चाहा था, उसे जिला फाजिल्का के गांव आरनीया के एक परिवार से ढाई लाख रुपए में खरीदा था.

लुधियाना पुलिस के वहां पहुंचने तक वह परिवार भूमिगत हो गया था. लुधियाना पुलिस इस मामले के पीछे हाथ धो कर पड़ी है. वह इस गिरोह से जुड़े हर आदमी को जल्दी से जल्दी गिरफ्तार करना चाहती है.

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित, ठेकेदार शामलाल बदला हुआ नाम है Punjab Crime

Bhopal Crime Story: आधी हकीकत आधा फसाना

Bhopal Crime Story: कुछ लोग प्राकृतिक रूप से किन्नर होते हैं, जबकि कुछ को किन्नर बनाया जाता है. अबरार उर्फ सारिका के साथ भी ऐसा ही कुछ था. फैशनेबल सारिका जब शहर की सड़कों पर निकलती थी तो मनचलों की तो छोडि़ए, कई शरीफजादों तक की नीयत डोल जाती थी. पुराने भोपाल के कैंची छोला इलाके की रहने वाली इस खूबसूरत लड़की के बारे में लोग ज्यादा कुछ नहीं जानते थे. अलबत्ता कुछ लोगों को यह जरूर पता था कि सारिका हकीकत में लड़की नहीं, लड़का है, जिस का असली नाम अबरार है.

अबरार उर्फ सारिका भी उन लाखों लोगों में से एक था, जिस का जन्म तो लड़के के रूप हुआ था, लेकिन उस की शक्ल, सूरत, नजाकत और अदाएं लड़कियों जैसी थीं. आम बोलचाल की भाषा में ऐसे लोगों को किन्नर कहा जाता है. सारिका मूलरूप से कहां की रहने वाली थी, उस के मांबाप कौन थे, इस की जानकारी जिन लोगों को थी, उन में से अधिकांश अब जेल में हैं. कुछ दिनों पहले किन्नरों की एक टोली जो शहर में मंजू एंड पार्टी के नाम से जानी जाती थी, ने सारिका से ताल्लुक बढ़ाने के बाद झांसा दिया कि वह उन लोगों के साथ रहे और उन की टोली में शामिल हो जाए. काम के नाम पर उसे बधाई के समय बस उन के साथ डांस करना है. इस के एवज में उसे रोज 3 हजार रुपए मिलेंगे.

पेशकश बुरी नहीं थी. एक दिन में 3 हजार रुपए कमाना बड़ी बात थी, इसलिए सारिका मना नहीं कर पाई. मंजू एंड पार्टी भी उसे बेवजह इतना पैसा नहीं दे रही थी. दरअसल सारिका के जलवे और अदाएं देख कर पार्टी के सदस्यों को लगा था कि अगर वह भी उन के साथ आ जाए तो कमाई बढ़ जाएगी. वजह यह, हूबहू लड़कियों जैसे दिखने वाले किन्नरों की खासी पूछ रहती है. लोग इन पर पैसा लुटाने से परहेज नहीं करते. बातचीत के बाद सारिका ने टोली के साथ नाचनागाना शुरू कर दिया. साथसाथ काम करते हुए अभी कुछ ही दिन ही गुजरे थे कि सारिका पर शारीरिक रूप से किन्नर बनने का दबाव पड़ने लगा.

लेकिन सारिका के अंदर बैठे अबरार को यह मंजूर नहीं था. लिहाजा उस ने पूरी तरह किन्नर बनने से इनकार कर दिया. फलस्वरूप कुछ दिनों बाद ही मंजू एंड पार्टी ने उस पर चोरी का इलजाम लगा दिया. लेकिन तब तक अच्छाखासा पैसा कमा चुकी सारिका पर इस इलजाम का कोई खास फर्क नहीं पड़ा. वह इस की वजह भी समझ रही थी. अपने अतीत को छिपाए रखने वाली सारिका बीती 9 फरवरी, 2016 को अचानक उस समय सुर्खियों में आई जब उस ने जहांगीराबाद थाने जा कर यह रिपोर्ट लिखाई कि आधा दरजन किन्नरों ने उसे अगवा कर के किन्नर बना दिया.

उस दिन बदहवास सी सारिका जब पुलिस मुख्यालय में एसपी अंशुमान सिंह के पास पहुंची तो धारीदार फुल शर्ट और काले रंग की हाफ पैंट पहने थी. उसे देख कर एसपी ने भी यही सोचा कि इस लड़की के साथ जरूर कोई ज्यादती हुई है. बाद में पूछताछ करने पर सारिका ने पुलिस वालों को जो कुछ बताया, वह न केवल दिलचस्प था, बल्कि चौंका देने वाला भी था. सारिका के मुताबिक करीब 5 दिन पहले 6 किन्नर उस के घर आए और उसे अगवा कर के सुरैया मुजरा किन्नर के घर ले गए.

सुरैया किन्नर समुदाय का मुखिया है, इसलिए भोपाल में उसे सभी जानते थे. वह विधानसभा का चुनाव भी लड़ चुका है. भोपाल का मंगलवारा इलाका किन्नरों की रिहाइश के लिए जाना जाता है. यहीं सुरैया मुजरा भी रहता है. सारिका ने आगे बताया कि किन्नर उसे मंगलवारा स्थित सुरैया के अड्डे पर ले गए और बेहोश कर दिया. 5 दिन बाद जब उसे होश आया तो उस का गुप्तांग गायब था. पूछने पर किन्नरों ने उसे बताया कि हम ने तुझे भी अपने जैसा बना दिया है.

सारिका उर्फ अबरार की जिंदगी में पहले से ही गमों की कमी नहीं थी, अब उसे यह बड़ा सदमा मिला था. वैसे किन्नर और उन की दुनिया उस के लिए नए और अनजाने नहीं थे. सच तो यह है कि धीरेधीरे उन की दुनिया उस की जिंदगी का हिस्सा बनती जा रही थी. ज्ञापन में उन्होंने बताया कि नकली किन्नरों के लीडर निम्मा और सुनील हैं. इन के ग्रुप में नैना, बुलबुल, तानिया, दिव्या, रूपाली, अलकिया, बिहारन, हिना, छमिया, बिल्लो, नेहा, रानी और सारिका शामिल हैं.

सारिका की बात सुन कर एसपी अंशुमान सिंह ने उसे रिपोर्ट लिखाने के लिए जहांगीराबाद थाने भेज दिया. जहां सारिका ने थाने में 6 किन्नरों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई. इन में सब से ऊपर जो नाम थे, उन में प्रमुख थे सुरैया मुजरा, खुशी और काजल. मामला पुलिस तक पहुंच गया था, इसलिए किन्नर गुटों के बीच भीतरी तौर पर तलवारें खिंचने लगी थीं.

सारिका के साथ जहां घटना घटी थी, वह इलाका मंगलवारा थानाक्षेत्र में आता था, इसलिए इस केस को मंगलवारा थाने में ट्रांसफर कर दिया गया. थाना पुलिस ने मैडिकल जांच के लिए सारिका को अस्पताल भेज दिया. इस दौरान सुरैया और उस के साथी किन्नर नेताओं, पत्रकारों, अफसरों और वकीलों के चक्कर काटते रहे. क्योंकि पुलिस ने आरोपी किन्नरों सुरैया, शिल्पा, सबा, नीतू और शबाब आदि के खिलाफ धारदार हथियार से जान लेने की कोशिश करने, बंधक बनाने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कर लिया था.

उसी दिन खुद को असली बताने वाले नगर के किन्नरों ने हल्ला मचाना शुरू कर दिया. उन का कहना था कि कुछ नकली किन्नर नाचगा कर पैसा वसूल रहे हैं, जिस से उन की छवि भी बिगड़ रही है और रोजीरोटी पर भी संकट खड़ा हो गया है. किन्नरों के एक गुट ने राजभवन जा कर राज्यपाल रामनरेश यादव के नाम एक ज्ञापन भी दिया था. सुरैया और उस के साथियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज हो गया तो गिरफ्तारी से बचने के लिए पांचों किन्नर फरार हो गए. लेकिन मुखबिर की सूचना पर सबा और नीतू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. उन का कहना था कि अबरार उर्फ सारिका अपनी मरजी से किन्नर बना है. पूछताछ के बाद गिरफ्तार हुए किन्नरों को जेल भेज दिया गया.

जो किन्नर फरार चल रहे थे, उन्होंने अपर सत्र न्यायाधीश दिनेश प्रसाद मिश्रा की अदालत में अग्रिम जमानत की अर्जी लगाई, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने उन की जमानत की अर्जी खारिज कर दी. आखिरकार 24 फरवरी, 2016 को पुलिस ने किन्नर वाली गली से सुरैया और सबा को भी धर दबोचा. दोनों को अदालत में पेश कर के उन का पुलिस कस्टडी रिमांड लिया गया, ताकि उन से विस्तृत पूछताछ की जा सके.

पूछताछ के बाद उन्हें अदालत में पेश कर के जेल भेज दिया गया. अब यह अदालत तय करेगी कि सारिका का गुप्तांग जबरन काटा था या इस में उस की कोई रजामंदी थी. और थी भी तो इस संबंध में कानून क्या कहता है. किन्नर जब इस तरह किसी का लिंग काट कर उसे किन्नर बनाते हैं तो कोई समारोह आयोजित नहीं करते और न ही पुलिस को सूचना देते हैं. असली किन्नर कौन और नकली किन्नर कौन, इस का कोई तयशुदा पैमाना नहीं है.

बहरहाल इस घटना से मध्य प्रदेश सरकार की किन्नरों को मुख्यधारा में जोड़ने की कोशिशों को झटका लगा है. पिछले साल किन्नर घरघर जा कर ताली बजाते सरकारी टैक्स वसूली करते नजर आए थे. इस साल उन्हें लोगों को हेलमेट पहनने के लिए जागरूक करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी. कुछ दूसरी सरकारी योजनाओं का भी प्रचारप्रसार उन से करवाया गया था. खास बात यह कि सरकार की ओर से बरकतउल्ला विश्वविद्यालय में उन के लिए अलग से स्टडी सेंटर खोलने की मंजूरी दी गई है.

इस लड़ाई के बाद किन्नरों का पुराना गुट तितरबितर हो गया है, जबकि एक नया गुट वजूद में आ रहा है. बहरहाल यह किन्नर वार कब, कैसे और कहां जा कर थमेगा, यह कह पाना मुश्किल है. Bhopal Crime Story

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

Gujarat Fraud Case: ऐसा कोई सगा नहीं जिसे इन्होने ठगा नहीं

Gujarat Fraud Case: संजय शर्मा ने अपने भाई और अन्य लोगों के साथ मिल कर ठगी की एक कंपनी बना रखी थी. जिस के माध्यम से उन्होंने न जाने कितने लोगों को तो ठगा ही, अपने रिश्तेदार नरेश शर्मा से भी 400 करोड़ लोन दिलाने के नाम पर साढ़े 12 करोड़ रुपए ठग लिए. लेकिन इस बार ऐसे फंसे कि…

गुजरात के कच्छ जिले के रहने वाले नरेश कुमार शर्मा का कोयले का बहुत बड़ा व्यापार है. कच्छ के ही गांधीधाम में उन की बालाजी कोक इंडस्ट्री प्रा.लि., श्री कोक मैन्युफैक्चरिंग कंपनी प्रा.लि. और तिरुपति फ्यूल्स प्रा.लि. नाम की कंपनियां हैं. इन कंपनियों को वह अपने भाई रमेश शर्मा के साथ देखते हैं. 200-250 करोड़ रुपए के टर्नओवर वाली तीनों कंपनियों में करीब 80-90 लोग काम करते हैं. नरेश शर्मा का कारोबार पहले तो अच्छा चल रहा था, लेकिन पिछले कई सालों से उन के कारोबार में अचानक गिरावट आने लगी थी, जिस की वजह से दोनों भाई परेशान रहने लगे थे.

कारोबार में उतारचढ़ाव आना स्वभाविक बात है, लेकिन ज्यादा दिनों तक गिरावट इंडस्ट्री के लिए ठीक नहीं रहती. इसलिए दोनों भाई परेशान रहने लगे थे. ऐसी हालत में उन्होंने स्थानीय बैंकों से लोन ले कर अपनी कंपनियों को पहले की स्थिति में लाने की कोशिश की. लेकिन काफी कोशिश के बावजूद भी उन की तीनों कंपनियों की दशा नहीं सुधर रही थी. उन की इंडस्ट्रीज में जो मशीनें लगी थीं, वे पुरानी हो चुकी थीं. वे उन का आधुनिकीकरण करना चाहते थे. इस के लिए भी पैसों की जरूरत थी, जो उन के पास नहीं था. वे चाह रहे थे कि अगर उन्हें कहीं से 400-500 करोड़ का लोन मिल जाए तो उन की कंपनियां फिर से लाइन पर आ जाएं. बैंकों से वह पहले ही लोन ले चुके थे, इसलिए वहां से लोन मिलने की उम्मीद उन्होंने छोड़ दी थी.

रमेश शर्मा संजय शर्मा भारद्वाज नाम के एक आदमी को जानता था. वह रमेश शर्मा के साले का बेटा था. वह पूर्वी मुंबई के कांदिवली इलाके में रहता था और कारपोरेट लोन दिलाने का काम करता था. रमेश शर्मा ने संजय शर्मा के बारे में अपने भाई नरेश शर्मा को बताया. चूंकि नरेश शर्मा को पैसों की जरूरत थी, इसलिए उन्होंने अपने भाई से कह दिया कि वह संजय शर्मा से इस बारे में बात कर लें. इस के बाद रमेश शर्मा ने फोन पर संजय शर्मा से बात की तो उस ने कहा, ‘‘फूफाजी, हमारी डेल्टा फिनलीज नाम की एक कंपनी है, जिस का औफिस दहिसर (पूर्वी), मुंबई में है. इस कंपनी द्वारा हम बड़ीबड़ी कंपनियों को लोन दिलाते हैं. लोन की राशि कम से कम 100 करोड़ रुपए होनी चाहिए.’’

संजय की बात सुन कर रमेश शर्मा खुश हुए, क्योंकि उन्हें 100 करोड़ से ज्यादा की जरूरत थी. इसलिए उन्होंने संजय शर्मा से कहा, ‘‘हमें 400 करोड़ के लोन की जरूरत है. यह तुम हमें दिलवा दो.’’

इस बातचीत के कुछ दिनों बाद ही संजय शर्मा की बहन के बच्चे का मुंडन था. उस की बहन दक्षिणी दिल्ली के ग्रेटर कैलाश इलाके में रहती थी. इस कार्यक्रम में संजय शर्मा के अलावा नरेश शर्मा के परिवार वालों को भी आमंत्रित किया गया था. नरेश शर्मा को चूंकि संजय शर्मा से लोन के बारे में बातचीत करनी थी, इसलिए वह भी अपने परिवार के साथ इस मुंडन में शामिल हुए.

वहीं पर नरेश शर्मा ने संजय शर्मा भारद्वाज से लोन के सिलसिले में डिटेल में बात की. उस समय संजय का भाई साकेत शर्मा भारद्वाज और उस के पिता ओमप्रकाश भारद्वाज भी मौजूद थे. संजय ने कहा, ‘‘फूफाजी, हमारी कंपनी का ग्लोबल फाइनैंशियल कारपोरेशन के नाम की कंपनी के साथ टाईअप है. यह कपंनी थाईलैंड के रहने वाले डेविड वेल्हम की है. भारत में इस कंपनी की फ्रेंचाइजी हमारे पास है. मैं आप की कंपनी के पदाधिकारियों के साथ मीटिंग करा दूंगा.’’

‘‘आप जल्द से जल्द हमारी उन से मीटिंग करा दें.’’ नरेश शर्मा ने कहा.

‘‘आप चिंता न करें. मैं डेविड वेल्हम से कहता हूं कि वह समय निकाल कर जल्द ही इंडिया आ कर मीटिंग कर लें.’’ संजय शर्मा भारद्वाज ने कहा.

संजय शर्मा ने डेविड से बात करने के बाद 3 मई, 2012 को मीटिंग का कार्यक्रम निश्चित कर लिया. मीटिंग के लिए दक्षिणी दिल्ली के ओखला स्थित पांच सितारा होटल क्राउन प्लाजा को चुना गया. निर्धारित समय पर नरेश शर्मा अपने भाई और कंपनी के महत्वपूर्ण कागजातों के साथ होटल क्राउन प्लाजा पहुंच गए. संजय शर्मा भारद्वाज और उस के भाई साकेत शर्मा भारद्वाज ने नरेश शर्मा और रमेश शर्मा की मुलाकात डेविड वेल्हम से कराई. डेविड वेल्हम के साथ और भी कई लोग थे. डेविड ने उन का परिचय राज मल्होत्रा, पूजा कक्कड़ और एडवोकेट नीरज गुप्ता के रूप में कराया.

डेविड ने बताया कि उन की कंपनी का कारोबार पूरे संसार में फैला है, जिसे कंपनी के 70 प्रबंधकीय सदस्य देख रहे हैं. दिल्ली में कंपनी का काम राज मल्होत्रा, पूजा कक्कड़ और एडवोकेट नीरज गुप्ता देख रहे हैं. डेविड की बात की पुष्टि संजय शर्मा भारद्वाज ने भी की. लोन के बारे में बात हुई तो एडवोकेट नीरज गुप्ता ने कहा कि आप जो 400 करोड़ का लोन लेना चाहते हैं, उस में 300 करोड़ रुपए पर साढ़े 9 प्रतिशत वार्षिक ब्याज और शेष 100 करोड़ रुपए पर 7 प्रतिशत वार्षिक ब्याज लगेगा. यह लोन उन्हें 9 साल के अंदर अदा करना होगा. लेकिन कंपनी के नियम के अनुसार, उन्हें 400 करोड़ रुपए से अधिक मूल्य की संपत्ति कंपनी के पास गिरवी रखनी होगी. लोन की साढ़े 3 प्रतिशत प्रौसेसिंग फीस उन्हें अलग से देनी होगी.

डील तय हो जाने के बाद डेविड वेल्हम ने कहा, ‘‘मिस्टर नरेश शर्मा, यह काररवाई आगे बढ़ने से पहले कुछ कागजी औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी. उस के लिए हमारे सीए वगैरह आप की कंपनी का दौरा कर के कुछ कागजों को देखेंगे. इसलिए हम चाहते हैं कि आप जल्द से जल्द यह काम करा दें, ताकि आप की फाइल आगे बढ़ सके.’’

नरेश शर्मा चाहते थे कि सारी औपचारिकताएं जल्दी पूरी हो जाएं, जिस से उन्हें जल्दी लोन मिल जाए. इसलिए उन्होंने कह दिया, ‘‘बेशक, आप को जो भी डाक्यूमेंट्स देखने हैं, देख लीजिए. हमारे सभी डाक्यूमेंट्स तैयार हैं.’’

इस के बाद जून में ग्लोबल फाइनैंशियल कारपोरेशन की एक टीम नरेश शर्मा की कंपनियों की जांच के लिए कच्छ पहुंच गई. टीम में चार्टर्ड एकाउंटेंट्स और वकीलों के अलावा कुछ विशेषज्ञ भी शामिल थे. कंपनी ने उन की तीनों कंपनियों के स्टाक, इनकम टैक्स रिटर्न की फाइलों को देखा. टीम ने यह भी देखा कि मौजूदा समय में उन की तीनों कंपनियों की संपत्ति की वैल्यू क्या है. नरेश शर्मा लोन के एवज में जिस संपत्ति को गिरवी रख रहे थे, उस के कागजों की भी जांच की गई. इस के अलावा आसपास की बैंकों से भी यह जानने की कोशिश की गई कि उन कंपनियों पर कितना लोन बकाया है. सारी जांचें पूरी करने के बाद टीम ने अपनी रिपोर्ट कंपनी को दे दी.

टीम ने अपनी जो रिपोर्ट कंपनी को दी थी, उस में बताया गया था कि नरेश शर्मा की तीनों कंपनियों की स्थिति ज्यादा अच्छी नहीं है. इस के अलावा उन कंपनियों पर पहले से ही बैंकों का करोड़ों रुपए बकाया है. गिरवी के जो पेपर हैं, वे भी पूरे नहीं हैं. इस स्थिति में इन कंपनियों को 400 करोड़ रुपए का लोन नहीं दिया जा सकता. संजय शर्मा भारद्वाज ने यह खबर अपने फूफा नरेश शर्मा को दी तो वह परेशान हो गए. परेशान होने की बात भी थी, क्योंकि उन्हें संजय के ऊपर भरोसा था कि वह उन का लोन मंजूर करा देगा. लोन का पैसा किसकिस मद में कितना खर्च करना है, वह इस की योजना भी बना चुके थे. इसलिए उन्होंने संजय से कहा कि लोन के कागजात पूरे करने के लिए जो भी पैसे खर्च होंगे, वह खर्च करने को तैयार हैं. किसी भी तरह वह उन्हें लोन दिला दे.

‘‘फूफाजी, टीम ने जो रिपोर्ट दी है, उस में सब से ज्यादा महत्वपूर्ण गिरवी के कागजात हैं. बस वे कागज पूरे हो जाएं तो आगे की काररवाई मैं करा दूंगा. आप जो लोन ले रहे हैं, उस की प्रौसेसिंग फीस साढ़े 3 प्रतिशत के हिसाब से 14 करोड़ रुपए होती है. ऐसा कीजिए, आप उस में से एक करोड़ रुपए जमा करा दीजिए. गिरवी के कागजों के लिए मैं किसी और से बात करता हूं.’’ संजय शर्मा भारद्वाज ने कहा.

नरेश को प्रौसेसिंग फीस देनी ही थी, इसलिए उन्होंने संजय शर्मा के कहने पर एक करोड़ का चैक परवेज के नाम से काट दिया. परवेज फरीदाबाद में रहता था और संजय का साथी था. कुछ दिनों बाद संजय शर्मा ने कहा कि उस की नोएडा के धर्मजीत नाम के एक आदमी से बात हुई है, वह अपनी प्रौपर्टी के कागज आप के लोन के लिए गिरवी रख देगा. लेकिन इस में करीब 10 करोड़ रुपए खर्च होंगे. नरेश शर्मा तैयार हो गए. उन्होंने ओखला के उसी क्राउन प्लाजा होटल में फिर से संजय शर्मा, डेविड वेल्हम, राज मल्होत्रा, पूजा कक्कड़, नीरज गुप्ता आदि के साथ मीटिंग की और 10 करोड़ रुपए गिरवी पेपरों के एवज में दे दिए.

लोन की सारी औपचारिकताएं लगभग पूरी हो चुकी थीं. नरेश शर्मा को उम्मीद थी कि अब उन्हें लोन मिल जाएगा. संजय शर्मा ने उन से 2 करोड़ रुपए और ले लिए. साथ ही यह भी कहा कि प्रौसेसिंग फीस के जो 11 करोड़ रुपए बचे हैं, वे लोन मिलने के बाद दे देना. संजय की यह बात सुन कर नरेश शर्मा खुश हुए, क्योंकि हर एक कंपनी अपनी प्रौसेसिंग फीस पहले लेती है, लेकिन ग्लोबल फाइनैंशियल कारपोरेशन कंपनी उन से प्रौसेसिंग फीस केवल संजय शर्मा की वजह से बाद में लेने की बात कह रही थी. नरेश शर्मा इस के लिए संजय शर्मा को धन्यवाद दे रहे थे.

नरेश शर्मा का कोई मामला आस्ट्रेलिया के न्यायालय में चल रहा था. चूंकि डेविड वेल्हम का अपनी कंपनी के काम की वजह से अलगअलग देशों में जाना लगा रहता था, इसलिए डेविड से अपने आस्ट्रेलिया वाले मामले पर बात की. डेविड ने भरोसा दिया कि वह इस मामले को निपटवा देगा, लेकिन दूसरे पक्ष को तैयार करने के लिए कुछ खर्चा करना होगा. नरेश शर्मा आस्ट्रेलिया वाले मामले को निपटवाना चाहते थे. उन्होंने डेविड से बात कर के उसे 50 लाख रुपए दे दिए. वह इन लोगों को कुल मिला कर साढ़े 12 करोड़ रुपए दे चुके थे. उन की संजय और अन्य लोगों से फोन पर बातचीत होती रहती थी. संजय बताता रहता था कि लोन की फाइल पर किसकिस के हस्ताक्षर होने बाकी हैं, उन का यह काम जल्द हो जाएगा.

एक दिन संजय ने उन्हें फोन कर के उन का लोन मंजूर होने की जानकारी दी, साथ ही यह भी बता दिया कि बड़ौदा की किसी कंपनी ने उन की कंपनी से लोन ले रखा था, वह उस लोन के 50 करोड़ रुपए कैश के रूप में दे रही है. जैसे ही वहां से पैसे मिलेंगे, आप के पास पहुंचा दिए जाएंगे, बाकी के पैसे आप की बालाजी कोल इंडस्ट्री के बैंक खाते में पहुंच जाएंगे. यह खबर सुन कर नरेश शर्मा और रमेश शर्मा बेहद खुश हुए. उन्होंने अपनी इंडस्ट्री के आधुनिकीकरण की जो योजना बना रखी थी, उस के साकार होने की शुरुआत होने वाली थी. अब केवल उन्हें पैसे आने का इंतजार था. पैसे मिलते ही वह यह काम कराने को आतुर थे.

लोन मंजूर होने के करीब 15 दिनों बाद भी नरेश शर्मा की कंपनी के खाते में पैसे नहीं पहुंचे, वह नकदी भी नहीं आई, जो बड़ौदा से आनी थी. तब उन्होंने संजय शर्मा से फोन पर बात की. संजय शर्मा उन्हें कोई न कोई बहाना बना कर टालता रहा. इसी तरह कई महीने बीते गए. नरेश शर्मा समझ नहीं पा रहे थे कि जब उन का लोन मंजूर हो गया है तो उसे देने में देर क्यों की जा रही है. चूंकि संजय शर्मा उन का रिश्तेदार था, इसलिए वे उस से अपनी नाराजगी भी नहीं जता पा रहे थे. किसी तरह वे उस की बातों पर विश्वास करते रहे.

शक तो उन्हें तब हुआ, जब दिसंबर, 2013 में एक दिन उस का मोबाइल स्विच्ड औफ हो गया. फोन के लगातार स्विच्ड औफ होने पर रमेश शर्मा भी परेशान हुए, क्योंकि संजय उन के साले ओमप्रकाश भारद्वाज का बेटा था. उन्होंने ओमप्रकाश और उन के दूसरे बेटे साकेत शर्मा को फोन मिलाया तो उन के फोन भी बंद पाए गए. नरेश शर्मा ने संजय के साथियों के फोन पर बात करनी चाही तो उन के नंबर भी स्विच्ड औफ या पहुंच से दूर बताए गए. इस से उन्हें अपने साथ धोखाधड़ी होने का अहसास हुआ.

नरेश शर्मा उन लोगों को साढ़े 12 करोड़ रुपए से अधिक दे चुके थे. यह रकम कोई मामूली रकम नहीं थी, लिहाजा उन्होंने उन लोगों की पहले तो अपने स्तर से खोजबीन की, लेकिन जब उन्हें कोई सफलता नहीं मिली तो उन्होंने सन 2014 में दिल्ली पुलिस के संयुक्त आयुक्त सतीश गोलचा से मुलाकात कर अपने साथ की गई धोखाधड़ी की जानकारी विस्तार से दी.

संजय शर्मा भारद्वाज, सकेत शर्मा भारद्वाज, आदि के नाम सुन कर संयुक्त आयुक्त चौंके, क्योंकि इन्हीं लोगों के खिलाफ सन 2009 में विन पौवर मार्केटिंग प्रा.लि. और सिंधी केबल एंड कंडक्टर्स प्रा.लि. नाम की कंपनियों के निदेशक अशोक कुमार अग्रवाल ने आर्थिक अपराध शाखा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी. अशोक कुमार अग्रवाल का कहना था कि उन की कंपनी को पौवर ग्रिड कारपोरेशन औफ इंडिया, आसाम स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड, डिपार्टमेंट औफ पौवर नागालैंड की विभिन्न परियोजनाओं का कौन्ट्रैक्ट मिलना था.

इस कौन्ट्रैक्ट के लिए इन कंपनियों ने 33 करोड़ रुपए की बैंक गारंटी मांगी थी. यह गारंटी उन्हें 15 से 30 दिनों के अदंर देनी थी. इतनी जल्दी यह गारंटी उपलब्ध कराना उन के लिए आसान नहीं था. फिर भी वह किसी तरह से बैंक गारंटी उपलब्ध कराने की कोशिश करने लगे. उन्हीं दिनों 22 फरवरी, 2009 को उन्होंने अंगरेजी समाचार पत्र ‘द टाइम्स औफ इंडिया’ में एसएस कैपिटल एंड फाइनैंशियल सर्विस का एक विज्ञापन देखा, जिस में हर तरह के लोन, बैंक गारंटी आदि उपलब्ध कराने को कहा गया था. इस विज्ञापन में दिए गए पते पर अशोक कुमार अग्रवाल ने संपर्क किया तो उन की ओमप्रकाश भारद्वाज से बात हुई. उन्होंने ही अशोक कुमार अग्रवाल को कंपनी के औफिस में बात करने के लिए बुलाया.

इस कंपनी का औफिस दक्षिणपूर्व दिल्ली के खानपुर स्थित देवली रोड पर था. अशोक कुमार अग्रवाल औफिस पहुंचे तो वहां पर ओमप्रकाश भारद्वाज और उन के दोनों बेटे संजय शर्मा भारद्वाज और साकेत शर्मा भारद्वाज मिले. इन लोगों से उन्होंने बैंक गारंटी के संबंध में बात की तो उन लोगों ने बैंक गारंटी उपलब्ध कराने के नाम पर उन से 1,09,22,380 रुपए मांगे. रुपए मिलने के बाद उन्होंने विभिन्न 27 बैंकों की गारंटी के पेपर अशोक कुमार अग्रवाल को दे दिए.

जिन कंपनियों से अशोक कुमार अग्रवाल की कंपनी के लिए कौंट्रैक्ट की बात चल रही थी, वहां पर उन्होंने ओमप्रकाश भारद्वाज से मिले बैंक गांरटी के पेपर जमा करा दिए. बैंक गारंटी के पेपरों की जांच की गई तो वे फरजी पाए गए. उन्होंने शिकायत के लिए ओमप्रकाश भारद्वाज से संपर्क करना चाहा तो उन का और उन के बेटों का फोन बंद मिला, साथ ही खानपुर के औफिस पर भी ताला लग गया था. ठगी का अहसास होने पर अशोक कुमार अग्रवाल ने इस की शिकायत संयुक्त आयुक्त सतीश गोलचा से की. इस के बाद नामजद आरोपियों के खिलाफ भादंवि की धारा 406/420/467/468/471/120बी के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया और मामले की जांच सबइंसपेक्टर उमेश शर्मा को सौंप दी गई थी.

धोखाधड़ी का यह मामला भी संजय शर्मा भारद्वाज और उस के साथियों द्वारा अंजाम दिया गया था, इसलिए संयुक्त आयुक्त सतीश गोलचा ने नरेश शर्मा वाले मामले को भी आर्थिक अपराध शाखा को सौंप दिया. उन के आदेश पर 17 दिसंबर, 2014 को आर्थिक अपराध शाखा में संजय शर्मा भारद्वाज, साकेत शर्मा भारद्वाज, डेविड वेल्हम, नीरज गुप्ता, राज मल्होत्रा उर्फ अरुण शर्मा आदि के खिलाफ भादंवि की धारा 406/420/120बी के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया. इस मामले की भी जांच सबइंसपेक्टर उमेश शर्मा को सौंपी गई.

पुलिस आयुक्त ने इन की गिरफ्तारी पर 50 हजार का इनाम भी घोषित कर दिया था. आरोपियों ने बेहद शातिराना तरीके से करोड़ों रुपए की ठगी की थी, इसलिए जाहिर था कि वे शातिर दिमाग के थे. संयुक्त आयुक्त के निर्देश पर आर्थिक अपराध शाखा के डीसीपी मंगेश कश्यप ने इन धोखेबाजों की तलाश के लिए एसीपी एम.एस. शेखावत की देखरेख में एक पुलिस टीम बनाई, जिस में सबइंसपेक्टर उमेश शर्मा, अवधेश कुमार, एएसआई हरजीत सिंह, हैडकांस्टेबल रविंद्र त्यागी, बिट्टू तोमर, अजीब कुमार, कांस्टेबल संजय, धर्मेंद्र आदि को शामिल किया गया.

पुलिस टीम ने नामजद आरोपियों की तलाश शुरू की. उसी बीच पता चला कि संजय शर्मा भारद्वाज के खिलाफ मुंबई, मध्य प्रदेश, जयपुर में भी धोखाधड़ी के एक दर्जन से ज्यादा मामले दर्ज हैं. इन के बैंक खातों में जो पते दर्ज थे, पुलिस उन पतों पर गई तो वहां कोई नहीं मिला. इस के बाद पुलिस ने उन के फोन नंबरों को सर्विलांस पर लगा दिया. फोन के लोकेशन के आधार पर पुलिस ने 24 जून, 2015 को फरीदाबाद के सेक्टर-31 से राज मल्होत्रा उर्फ अरुण शर्मा और परवेज को गिरफ्तार कर लिया. अरुण शर्मा उर्फ राज मल्होत्रा वहां कोठी किराए पर ले कर रह रहा था.

पुलिस ने दोनों से संजय शर्मा भारद्वाज और अन्य लोगों के बारे में पता किया तो वे किसी के बारे में कुछ भी नहीं बता पाए. पुलिस ने उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया. बाकी अभियुक्तों को पुलिस तलाशती रही. इसी बीच 3 महीने बाद राज मल्होत्रा उर्फ अरुण शर्मा और परवेज जमानत पर छूट कर जेल से बाहर आ गए. पुलिस इन दोनों की गतिविधियों पर निगरानी रखने लगी. क्योंकि उसे उम्मीद थी कि गैंग के बाकी साथी इन लोगों से मिलने जरूर आएंगे. पुलिस सर्विलांस के जरिए संजय शर्मा भारद्वाज के फोन पर होने वाली बातों को सुन रही थी. उस का मोबाइल फोन उदयपुर के पास सुखेर कस्बे में ऐक्टिव था.

पुलिस टीम वहां पहुंची तो पता चला कि उस मोबाइल का उपयोग पवन नाम का एक ज्वैलर कर रहा था. पूछताछ में पवन ने बताया कि उस ने यह मोबाइल किसी से खरीदा था, जिस का नाम वह नहीं जानता, लेकिन वह 1-2 दिन बाद मार्केट में घूमता दिखाई दे जाता है. पुलिस के पास संजय का फोटो था ही, इसलिए टीम ने सुखेर कस्बे में डेरा डाल दिया. 10 सितंबर, 2015 को संजय अपनी एसेंट कार से बाजार आया तो कार में बैठे होने के बावजूद उसे पवन ज्वैलर ने पहचान लिया. पुलिस ने अपनी प्राइवेट गाड़ी उस की कार के पीछे लगा दी. कुछ देर बाद उस की कार सुखेर में ही कृष्णा अपार्टमेंट के आगे रुकी. जैसे ही वह कार से उतर कर अपने फ्लैट में घुसा, पुलिस ने उसे पकड़ लिया. वहां उस का कोई साथी नहीं मिला. पूछताछ में उस ने अपने किसी साथी का ठिकाना नहीं बताया.

पुलिस संजय शर्मा भारद्वाज को ले कर दिल्ली आ गई. अगले दिन उसे मुख्य महानगर दंडाधिकारी वीना रानी की अदालत में पेश कर के 4 दिनों के पुलिस रिमांड पर लिया गया. रिमांड अवधि के दौरान पुलिस उस से उस के अन्य साथियों के बारे में पता नहीं कर सकी. लिहाजा रिमांड खत्म होने पर उसे न्यायालय में पेश कर के जेल भेज दिया गया. कथा लिखे जाने तक पुलिस अन्य अभियुक्तों को गिरफ्तार नहीं कर सकी थी. Gujarat Fraud Case

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

 

Crime Kahani : कुख्यात बदमाश ने घात लगाकर दो पुलिस अधिकारियों की कर दी हत्या

Crime Kahani : फिरोजपुर निवासी कुख्यात बदमाश जयपाल भुल्लर ने जगराओं में 2 पुलिस अधिकारियों की हत्या कर अपने आतंक का रौब दिखाने की कोशिश की है. अब पंजाब सहित 8 राज्यों की पुलिस उस के पीछे पड़ी है. जगराओं की घटना ने पंजाब पुलिस के 4 सालों में 3300 से ज्यादा गैंगस्टरों को गिरफ्तार करने के दावे पर भी सवालिया निशान लगा दिया है.

पंजाब का लुधियाना शहर हौजरी और गर्म कपड़ों के थोक व्यापार के लिए पूरे भारत में जाना जाता है. लुधियाना और उस के आसपास गर्म कपड़े बनाने के सैकड़ों छोटेबड़े उद्योग हैं. हर साल सर्दियों की शुरुआत से पहले ही खरीदारी के लिए यहां देश भर के व्यापारी आते हैं. इसी लुधियाना शहर से करीब 45 किलोमीटर दूर एक शहर जगराओं है. इसी साल 15 मई की बात है. पुलिस के सीआईए स्टाफ के एएसआई दलविंदर सिंह और भगवान सिंह को शाम को करीब 6 बजे सूचना मिली कि जगराओं की नई दाना मंडी में एक ट्र्रक में नशे की बड़ी खेप आई है. इस सूचना पर दोनों एएसआई एक होमगार्ड जवान राजविंदर के साथ अपनी निजी स्विफ्ट कार से मौके पर रवाना हो गए.

नई दाना मंडी जगराओं में मोगा रोड पर है. एक आम आदमी की तरह कपड़े पहने हुए पुलिस के मुलाजिम 15-20 मिनट बाद जब वहां पहुंचे तो उन्होंने वहां एक कैंटर ट्र्रक खड़ा देखा. पुलिस वाले अपनी गाड़ी एक तरफ साइड में खड़ी कर उस ट्र्रक के पास पहुंचे और आसपास खड़े लोगों से पूछताछ करने लगे. वहां मौजूद लोगों से उन्हें कुछ पता नहीं चला, तो एएसआई भगवान सिंह ट्र्रक में आगे बने ड्राइवर केबिन में चढ़ गए. भगवान सिंह ने ट्र्रक में ड्राइविंग सीट पर बैठे शख्स को पहचान लिया. उसे देखते ही बोले, ‘‘ओय पुत्तर, तू तो जयपाल भुल्लर है. नामी गैंगस्टर.’’

वह शख्स भी भगवान सिंह की बात सुन कर समझ गया कि यह पुलिसवाला है. उस ने फुरती से अपने कपड़ों में से पिस्तौल निकाली और उस की कनपटी पर गोलियां मार दीं. गोलियां लगने से भगवान सिंह ट्र्रक से नीचे गिर गए. उन के सिर से खून बह निकला. गोली की आवाज सुन कर ट्र्रक के पास खड़े दूसरे एएसआई दलविंदर सिंह तेजी से ट्र्रक में चढ़ने लगे, तो पास में खड़ी एक आई-10 कार में सवार कुछ लोग बाहर निकल आए. वे लोग उन पुलिस वालों से मारपीट करने लगे. मारपीट के दौरान एक शख्स ने दलविंदर सिंह को भी गोली मार दी. गोली लगने से वह भी लहूलुहान हो गए. इस के बाद भी बदमाश नहीं रुके बल्कि दलविंदर और होमगार्ड जवान राजविंदर सिंह से मारपीट करते रहे. राजविंदर जैसेतैसे बदमाशों से अपनी जान बचा कर भाग निकला.

जब यह घटनाक्रम चल रहा था तो मंडी में कुछ युवक क्रिकेट खेल रहे थे. उन युवकों ने गोलियां चलने की आवाज सुनी तो वे वीडियो बनाने लगे और बदमाशों को पकड़ने के लिए दौड़े. इस पर बदमाशों ने गोलियां चला कर उन युवकों को धमकाया. उन युवकों के डर कर रुक जाने पर बदमाशों ने ट्र्रक से सामान निकाल कर अपनी आई-10 कार में रखा. इस के बाद बदमाशों ने वहां लहूलुहान पड़े पुलिस के दोनों मुलाजिमों की पिस्तौलें निकालीं और उस ट्र्रक व कार में सवार हो कर भाग गए. पुलिस के दोनों एएसआई गोलियां लगने से तड़प रहे थे. बदमाशों के भागने के बाद वहां लोगों की भीड़ जुट गई. पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ने घायल पड़े दोनों एएसआई को अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया.

सरेआम दिनदहाड़े पुलिस के 2 अधिकारियों की गोलियां मार कर हत्या कर देने की घटना से पूरे शहर और आसपास के इलाकों में सनसनी फैल गई. अफसरों ने पहुंच कर मौकामुआयना किया. जांच शुरू कर दी गई. बदमाशों की तलाश में शहर के सभी रास्तों पर नाके लगा दिए. पूरे पंजाब में रेड अलर्ट जारी कर दिया गया. बदमाशों की तलाश में भागदौड़ कर रही पुलिस को कुछ ही देर बाद मोगा रोड पर एक ढाबे के बाहर वह ट्र्रक खड़ा मिल गया, जिसे बदमाश भगा ले गए थे. ट्र्रक में अफीम और चिट्टा बरामद हुआ. ट्र्रक के पिछले हिस्से में तलाशी के दौरान पुलिस को कई ब्रांडेड कपड़े मिले. इस से यह अंदाज लगाया गया कि ट्र्रक में कई लोग सवार थे. पुलिस ने वह ट्र्रक जब्त कर लिया.

ट्र्रक के नंबर की जांचपड़ताल की, तो वह फरजी निकला. यह नंबर फरीदकोट के एक जमींदार की मर्सिडीज कार का निकला. जांच में पता चला कि यह ट्र्रक मोगा के गांव धल्ले के रहने वाले एक शख्स के नाम पर था. उस ने ट्र्रक दूसरे को बेच दिया. इस के बाद भी यह ट्र्रक 2 बार आगे बिकता रहा. पुलिस अधिकारियों ने बदमाशों की चंगुल से जान बचा कर भागे होमगार्ड जवान राजविंदर सिंह से पूछताछ की, तो पता चला कि ड्रग्स की सूचना पर वे मौके पर गए थे. वहां ट्र्रक की चैकिंग के दौरान एएसआई भगवान सिंह ने जयपाल भुल्लर को पहचान लिया था. इस पर जयपाल ने उसे गोलियां मार दी थीं.

बाद में एएसआई दलविंदर आगे बढ़े तो जयपाल के साथी बदमाशों ने उन पर भी गोलियां चला दीं. होमगार्ड जवान राजविंदर सिंह के परचा बयान पर पुलिस ने जयपाल भुल्लर और उस के साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया. दूसरे दिन पुलिस ने दोनों शहीद एएसआई भगवान सिंह और दलविंदर सिंह के शवों का सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया. इस के बाद शव उन के घरवालों को सौंप दिए. दलविंदर का शव उन के घर वाले अपने पैतृक गांव तरनतारन ले गए. भगवान सिंह का अंतिम संस्कार जगराओं में शेरपुरा रोड पर राजकीय सम्मान से किया गया. उन के 11 साल के बेटे ने मुखाग्नि दी.

भगवान सिंह के अंतिम संस्कार में डीजीपी (रेलवे) संजीव कालड़ा, आईजी नौनिहाल सिंह, डीसी वरिंदर शर्मा, एसएसपी चरणजीत सिंह सोहल, कैप्टन संदीप संधु, विधायक सरबजीत सिंह मानूके आदि मौजूद रहे. डीजीपी ने ट्वीट कर दोनों शहीद पुलिसकर्मियों के परिवार वालों को एकएक करोड़ रुपए और आश्रित को नौकरी देने का ऐलान किया. पुलिस ने जांचपड़ताल के लिए मौके के आसपास और बदमाशों के भागने के रास्तों की सीसीटीवी फुटेज देखी. इन से साफ हो गया कि दोनों पुलिस मुलाजिमों की हत्या कुख्यात गैंगस्टर जयपाल भुल्लर और उस के साथियों ने की थी. पुलिस ने जयपाल के 3 साथियों की पहचान खरड़ निवासी जसप्रीत सिंह जस्सी, लुधियाना के सहोली निवासी दर्शन सिंह और मोगा के माहला खुर्द निवासी बलजिंदर सिंह उर्फ बब्बी के रूप में की.

जगराओं पुलिस ने इन चारों पर हत्या, इरादा कत्ल और असलाह ऐक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया. पुलिस ने इन चारों के पोस्टर जारी कर ईनाम भी घोषित कर दिया. पंजाब के डीजीपी दिनकर गुप्ता ने जयपाल पर 10 लाख रुपए, बलजिंदर सिंह उर्फ बब्बी पर 5 लाख रुपए, जसप्रीत सिंह उर्फ जस्सी और दर्शन सिंह पर 2-2 लाख रुपए का ईनाम घोषित किया. जयपाल भुल्लर का नाम पंजाब पुलिस के लिए नया नहीं है. पुलिस का हर नयापुराना मुलाजिम उस के नाम से परिचित है. जयपाल पर हत्या, अपहरण, डकैती, तसकरी, फिरौती आदि संगीन अपराधों के 45 से ज्यादा मामले दर्ज हैं. बलजिंदर उर्फ बब्बी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज है. जस्सी और दर्शन कुख्यात तसकर हैं. जयपाल पंजाब सहित कई राज्यों का मोस्टवांटेड अपराधी है.

जयपाल का दोनों एएसआई की हत्या की वारदात से 5 दिन पहले ही पुलिस से आमनासामना हुआ था. 10 मई को लुधियाना के दोराहा में जीटी रोड पर नाकेबंदी के दौरान पुलिस ने कार में सवार 2 युवकों को रोका था. चैकिंग के दौरान बहसबाजी होने पर दोनों युवकों ने वहां तैनात एएसआई सुखदेव सिंह और हवलदार सुखजीत सिंह को हमला कर घायल कर दिया था. बाद में दोनों युवक कार से भाग गए थे. भागते समय ये युवक एएसआई सुखदेव सिंह से पिस्तौल भी छीन ले गए थे. पुलिस वालों से मारपीट करने वाले दोनों युवक करीब 25-30 साल के पगड़ीधारी सिख थे. उन्होंने सफेद कुरतापायजामा पहन रखा था. हाथापाई के दौरान एक युवक का पर्स गिर गया था. इस पर्स में गुरप्रीत सिंह के नाम से ड्राइविंग लाइसैंस मिला था.

पुलिस को बाद में जांच में पता चला कि इस घटना में हमलावरों में एक युवक जयपाल था. पर्स भी उसी का गिरा था. पर्स में मिले ड्राइविंग लाइसैंस पर फोटो जयपाल की लगी थी, लेकिन फरजी नाम गुरप्रीत सिंह लिखा हुआ था. खास बात यह थी कि जगराओं में दोनों एएसआई की हत्या की वारदात के वक्त जयपाल क्लीन शेव था. यानी उस ने 5 दिन में ही अपना हुलिया बदल लिया था. वह बारबार हुलिया बदल कर ही पुलिस को चकमा देता रहता था. पुलिस ने जयपाल और उस के साथियों की तलाश में छापे मारे, तो पता चला कि गैंगस्टर जयपाल भुल्लर जोधां के गांव सहोली में अपने साथी कुख्यात तसकर दर्शन सिंह के खेतों में पिछले डेढ़ महीने से रहा था. दोराहा नाके पर हुई घटना से पहले वह केशधारी सरदार के रूप में रहता था. बाद में उस ने अपना रूप बदल कर चेहरा क्लीन शेव कर लिया.

जयपाल की तलाश में पुलिस ने सर्च अभियान शुरू किया. पुलिस को इनपुट मिले थे कि वारदात करने से पहले और बाद में जयपाल लुधियाना के आसपास के गांवों में आताजाता रहा है. इन गांवों में उस के ठिकाने हैं. इसे देखते हुए 17 मई को एडिशनल डीपीसी जसकिरणजीत सिंह तेजा, एसीपी जश्नदीप सिंह और डेहलो थानाप्रभारी सुखदेह सिंह बराड़ के नेतृत्व में पुलिस ने करीब डेढ़ दरजन गांवों में एकएक घर की तलाशी ली. इस दौरान किराएदारों का भी रिकौर्ड जुटाया गया और खासतौर से आई-10, आई-20, सियाज, फौरच्युनर और एंडेवर गाडि़यों की तलाशी ली गई.

दूसरी ओर, कुछ सूचनाओं के आधार पर लुधियाना और जगराओं पुलिस ने चंडीगढ़ में छापे मारे. इन छापों में कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया. इन लोगों से पता चला कि जयपाल फरजी ड्राइविंग लाइसैंस दिखा कर कई महीने तक चंडीगढ़ में एक एनआरआई के मकान में किराए पर भी रहा था. जयपाल के छिपने के ठिकानों का पता लगाने के लिए पुलिस की आर्गनाइज्ड क्राइम कंट्र्रोल यूनिट (ओक्कू) टीम ने उस के भाई अमृतपाल को बठिंडा जेल से प्रोडक्शन वारंट पर हासिल किया. उस से पूछताछ की, लेकिन कोई पते की बात मालूम नहीं हो सकी. बाद में पुलिस ने उसे वापस जेल भेज दिया.

बदमाशों की तलाश में पुलिस ने लुधियाना, अमृतसर और मालेरकोटला सहित कई शहरों में छापे मारे और कई लोगों से पूछताछ की. विभिन्न जेलों में बंद जयपाल के साथियों से भी पूछताछ की. इन में पता चला कि दोनों पुलिस मुलाजिमों की हत्या की वारदात तक जयपाल करीब 6 महीने से जगराओं के गांव कोठे बग्गू में किराए के मकान में रह रहा था. वह इसी मकान से नशीले पदार्थों की तसकरी का धंधा चला रहा था. यह किराए का मकान हाईवे से केवल 5 मिनट के रास्ते पर था. इस रास्ते पर कोई सीसीटीवी कैमरे भी नहीं लगे हुए थे. शायद इन्हीं सब बातों को देख कर जयपाल ने फरजी आईडी प्रूफ से इस गांव में किराए पर मकान लिया था. यह मकान कनाडा में रह रहे एनआरआई हरदीप सिंह का था.

पुलिस ने 19 मई, 2021 को जयपाल के साथी ईनामी बदमाश दर्शन सिंह के मकान की तलाशी ली. इस में जिम की एक किट बरामद हुई. इस किट में हथियार और 300 कारतूस मिले. इस के अलावा अलगअलग वाहनों की 8-10 आरसी भी मिलीं. ये आरसी उन वाहनों की थीं, जो हाईवे पर लूटे या चोरी किए गए थे. पुलिस ने दर्शन सिंह की पत्नी सतपाल कौर को हिरासत में ले कर उस से पूछताछ की. जयपाल ने छिपने के लिए पंजाब के अलावा राजस्थान में भी ठिकाने बना रखे थे. इसलिए पुलिस ने पंजाब और राजस्थान के उस के छिपने के संभावित ठिकानों पर भी छापे मारे. इस के अलावा ओक्कू टीम ने जयपाल के साथी गगनदीप जज को बठिंडा जेल से प्रोडक्शन वारंट पर हासिल किया.

गगन ने जयपाल के साथ मिल कर फरवरी 2020 में लुधियाना में एक कंपनी से 32 किलोग्राम सोना लूटा था. गगनदीप को जयपाल के लगभग हर राज पता थे. इसी उम्मीद में उस से पूछताछ की गई, लेकिन पुलिस उस से भी कुछ नहीं उगलवा सकी. गगन से मिली कुछ जानकारियों के आधार पर पुलिस ने जयपाल की तलाश में उत्तर प्रदेश और राजस्थान के 8-10 गांवों में छापे मारे, लेकिन कुछ हासिल नहीं हुआ. दर्शन सिंह के मकान पर दोबारा सर्च की गई. इस दौरान पुलिस को कुछ कारतूस और मिले. पुलिस ने 20 मई को दर्शन सिंह की पत्नी सतपाल कौर को गिरफ्तार कर लिया और मोगा के रहने वाले कैंटर मालिक गुरप्रीत सिंह लक्की को नामजद कर लिया.

2 पुलिसकर्मियों की हत्या की वारदात के एक सप्ताह बाद भी जयपाल और उस के साथियों का कोई सुराग नहीं मिलने पर पंजाब पुलिस ने अन्य राज्यों की पुलिस से संपर्क किया. इस के बाद 8 राज्यों की पुलिस की कोऔर्डिनेशन टीम बनाई गई. इस में पंजाब के अलावा हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के चुनिंदा पुलिस अफसरों को शामिल किया गया. जयपाल के साथ फरार उस के साथी खरड़ निवासी जसप्रीत सिंह उर्फ जस्सी की पत्नी लवप्रीत कौर को मोहाली की सोहाना थाना पुलिस ने 20 मई को गिरफ्तार कर लिया.

मोहाली में पूर्वा अपार्टमेंट में उस के फ्लैट से करीब 8 बैंकों की पासबुक और दूसरे अहम दस्तावेज मिले. पुलिस ने बैंकों से स्टेटमेंट निकलवाई, तो पता चला कि इन खातों में करोड़ों रुपए का लेनदेन हो रहा था. कहा जाता है कि लवप्रीत इस फ्लैट में अकेली रहती थी जबकि उस की ससुराल खरड़ गांव में है. लोगों को गुमराह करने के लिए जसप्रीत उस से अलग रहता था, लेकिन असल में उस का पत्नी लवप्रीत से लगातार संपर्क था. वह इसी फ्लैट में आ कर पत्नी से मिलता था. लगातार चल रहे तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने जयपाल को शरण देने और उस की मदद करने वाले 5 लोगों को 21 मई को गिरफ्तार कर लिया. इन से कई हथियार और कारतूसों के अलावा 29 वाहनों की फरजी आरसी, 8 खाली आरसी कार्ड, टेलीस्कोप, पंप एक्शन गन आदि भी बरामद हुए.

गिरफ्तार आरोपियों में कैंटर मालिक मोगा के गांव धल्ले का रहने वाला गुरुप्रीत सिंह उर्फ लक्की और उस की पत्नी रमनदीप कौर, दर्शन सिंह का दोस्त सहोली गांव निवासी गगनदीप सिंह, जगराओं के आत्मनगर का रहने वाला जसप्रीत सिंह और सहोली गांव के रहने वाले नानक चंद धोलू शामिल रहे. इन से पूछताछ में पता चला कि जयपाल और उस के साथी गाडि़यां लूटने और चोरी करने के बाद उन की फरजी आरसी और नंबर प्लेट तैयार करते थे. फरजी आरसी तैयार करने के लिए उन्होंने एक माइक्रो मशीन ले रखी थी. जयपाल गिरोह के बदमाश कोई भी वारदात करने से पहले गाड़ी लूटते या चोरी करते थे और उस की फरजी आरसी व नंबर प्लेट मशीन से तैयार कर खुद ही बदल लेते थे ताकि अगर किसी कारणवश गाड़ी रास्ते में छोड़नी पड़े, तो पुलिस नंबरों में उलझी रहे.

सहोली गांव का रहने वाला गिरफ्तार नानक चंद धोलू मोबाइल सिम उपलब्ध कराता था. आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि जयपाल का फरार साथी जसप्रीत सिंह उर्फ जस्सी गवाहों को अपने बयान बदलने के लिए धमकाता भी था. पूछताछ के बाद पुलिस ने जयपाल और जसप्रीत सिंह के सोशल मीडिया अकाउंट ब्लौक करवा दिए. पता चला था कि ये बदमाश अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए युवाओं को जोड़ते और गैंग में शामिल होने के लिए तैयार करते थे. फिरोजपुर निवासी जयपाल भुल्लर पंजाब ही नहीं कई राज्यों में खौफ का पर्यायवाची नाम है. जिस जयपाल के पीछे 8 राज्यों की पुलिस लगी हुई थी, उस जयपाल के पिता भूपिंदर सिंह पंजाब पुलिस में इंसपेक्टर थे.

कहा जाता है कि पिता के कारण ही जयपाल के पुलिस महकमे में कई मुलाजिम अच्छे जानकार हैं. इसलिए वह पुलिस की आंखों में धूल झोंकता रहता था. उस के खिलाफ पुलिस रिकौर्ड 45 से ज्यादा अपराध दर्ज हैं. जयपाल पंजाब के कुख्यात गैंगस्टर विक्की गौंडर का साथी रहा था. विक्की गौंडर और प्रेमा लाहौरिया की मौत के बाद जयपाल ने गैंग की कमान संभाल ली थी. जयपाल पर मुख्यरूप से फिरोजपुर के सेखों करमती सहित दोहरे हत्याकांड, तरनतारन और लुधियाना में हत्या, सुक्खा काहलवां हत्याकांड, लुधियाना में व्यवसाई पंकज अग्निहोत्री के घर से 60 लाख की लूट, राजस्थान के किशनगढ़ में 2 करोड़ के तांबे से लदे ट्र्रक की लूट, लुधियाना में चिराग अपहरण केस, एयरटेल शोरूम में डकैती आदि के मामले दर्ज हैं.

पिछले साल फरवरी के महीने में लुधियाना की आईआईएफएल गोल्ड लोन कंपनी में 32 किलोग्राम सोने की लूट हुई थी. यह वारदात जयपाल ने अपने साथियों के साथ मिल कर की थी. जयपाल ने यह वारदात केशधारी सिख के वेश में अपने सगे भाई अमृतपाल और सब से विश्वसनीय साथी गगनदीप जज के साथ मिल कर की थी. वारदात के बाद जयदीप चंडीगढ़ में पगड़ी बांध कर और दाढ़ी बढ़ा कर एक फ्लैट में छिपा रहा था. पुलिस उसे 11 साल पुरानी क्लीन शेव फोटो के आधार पर ढूंढ रही थी. बाद में पुलिस ने छापा मारा तो अमृतपाल और गगनदीप जज पकड़े गए लेकिन जयपाल भाग निकला था. इस लूट का 17 किलोग्राम सोना अब तक बरामद नहीं हुआ है.

नानकसर में वर्ष 2015 में पुलिस की वरदी में बदमाशों ने कैश वैन लूट ली थी. इस वारदात में भी जयपाल का हाथ होने की आशंका है. वारदात के 6 साल बाद भी पुलिस इस की पुष्टि नहीं कर सकी है. सितंबर 2020 में जयपाल का नाम तब भी सामने आया था, जब जगराओं के मशहूर ढाबा मालिक से विदेशी नंबर से फोन कर 25 लाख रुपए की फिरौती मांगी गई थी. बाद में पुलिस ने एक आरोपी राघव नागपाल को पकड़ा था, लेकिन जयपाल के बारे में पुलिस को कोई सुराग नहीं मिले थे. जयपाल के गैंग में अनेक कुख्यात बदमाश शामिल रहे हैं. गांव हवेलियां का रहने वाला तसकर गुरजंट भोलू जनवरी 2016 में पकड़ा गया तो उस ने बताया कि वह जयपाल के लिए नशीले पदार्थों की तसकरी करता था.

भोलू बाद में पटियाला जेल में सुपरिंटेंडेंट की मदद से कैदियों से फिरौती वसूलने लगा. उस ने मुजफ्फरनगर बालिका गृह रेप केस के मुख्य आरोपी ब्रजेश सिंह ठाकुर से भी 10 लाख रुपए की फिरौती वसूली थी. इस का खुलासा होने पर उसे अमृतसर जेल भेज दिया गया. जयपाल के साथी हथियार सप्लायर रणजीत डुपला को 4 करोड़ रुपए के विदेशी हथियारों के साथ फरीदकोट पुलिस ने पकड़ा और उस पर अनलाफुल ऐक्टिविटी ऐक्ट लगाया था. लेकिन उस ने मिलीभगत कर 82 दिन में ही यह ऐक्ट हटवा लिया और जमानत ले कर अमेरिका भाग गया. बाद में ओकू ने उस पर पिछले साल फिर से अनलाफुल ऐक्टिविटी ऐक्ट लगाया.

पंजाब के फिरोजपुर का रहने वाला चंदू गैंगस्टर जयपाल का शार्पशूटर है. वह किशनगढ़ डकैती में पकड़ा गया था, तब से जेल में है. नाभा जेल में रहते हुए वह बड़े ठेकों में दखल देता था और बड़े ठेकेदारों से वसूली करता था. सितंबर 2020 में नाभा जेल में उस के पास मोबाइल मिला था. अब वह बठिंडा जेल में है. जयपाल का दूसरा शार्पशूटर फरीदकोट निवासी तीर्थ ढिलवां 4 मार्च, 2018 को पकड़ा गया था. उस के खिलाफ अपहरण, लूटपाट व हत्या जैसे करीब 2 दरजन मामले दर्ज हैं. पहली मई 2016 को हिमाचल प्रदेश के परवाणु में हुई जसविंदर रौकी की हत्या में जयपाल के साथ उस का भी नाम आता है. रौकी फाजिल्का का नेता और गैंगस्टर था.

यह पंजाब पुलिस, ओकू और इंटेलिजेंस की नाकामयाबी रही कि मोस्टवांटेड गैंगस्टर लुधियाना के गांव भुट्टा में अमृतसर के एक व्यक्ति के नाम पर जमीन खरीद कर अपनी कोठी बनवा रहा था. यह भी पुलिस के लिए फेलियर रहने वाली बात रही कि 10 मई, 2021 को दोराहा नाके पर एक एएसआई और हवलदार पर हमला कर उन से हथियार छीन ले जाने की घटना के 5 दिन बाद तक पुलिस जयपाल का पता नहीं लगा सकी थी, जबकि जयपाल उस जगह से कुछ किलोमीटर दूर गांव कोठे बग्गू में रह रहा था. पुलिस को जांच में यह भी पता लग गया था कि इस वारदात में जयपाल और उस का साथी जस्सी शामिल था. इसी का नतीजा रहा कि जयपाल ने 5 दिन बाद ही 15 मई को जगराओं में 2 एएसआई को मौत की नींद सुला दिया.

बदमाश दर्शन सिंह कुख्यात तसकर है. उस के खिलाफ भी कई मामले दर्ज हैं. उस के नजदीकी रिश्तेदार पंजाब पुलिस में एसपी के पद पर हैं. दर्शन सिंह जेल भी जा चुका है. करीब 5 साल पहले हत्या के मामले में अच्छा चालचलन बता कर लुधियाना की ब्रोस्टल जेल से 2 साल 4 महीने की उस की सजा माफ कर दी गई थी. जेल से बाहर आने के बाद वह जयपाल के साथ मिल कर नशा तसकरी और लूटपाट की बड़ी वारदातें करने लगा. पंजाब पुलिस की ओकू टीम ने दोनों एएसआई की हत्या की वारदात में शामिल गैंगस्टर दर्शन सिंह और बलजिंदर सिंह उर्फ बब्बी को 29 मई, 2021 को मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले से गिरफ्तार कर लिया.

इन को पनाह देने वाले हरचरण सिंह को भी पकड़ लिया गया है. पुलिस को इन का सुराग इन के रिश्तेदारों के मोबाइल फोन टेप करने से लगा. जयपाल भले ही कितना भी छिप ले, कभी तो वह पकड़ा जाएगा. कथा लिखे जाने तक पुलिस उस की तलाश में जुटी हुई थी. जयपाल आजकल नशीले पदार्थों की तसकरी में लिप्त था. जयपाल ने अपने साथियों के साथ जगराओं में 2 पुलिसकर्मियों की हत्या की जो वारदात की है, उस ने पंजाब सरकार के उन दावों पर सवालिया निशान लगा दिए हैं कि 4 साल में 3300 से ज्यादा गैंगस्टर पकड़े गए हैं. जगराओं की वारदात से यह साफ हो गया है कि पंजाब में गैंगस्टर बेखौफ हैं. Crime Kahani

 

Delhi crime : दोस्त के पुत्र का अपहरण करके घोंट डाला गला

Delhi crime : संदीप कुमार को अपने मेडिकल स्टोर से अच्छीखासी कमाई हो रही थी. लेकिन जल्दी मोटा पैसा कमाने के चक्कर में वह क्रिकेट के आईपीएल मैचों पर सट्टा लगाने लगा. जिस में नुकसान होने से उस पर लाखों रुपए का कर्ज हो गया. उस कर्ज से छुटकारा पाने के लिए उस ने अपराध का रास्ता अपनाया. जिस की वजह से वह दोस्तों के साथ पहुंच गया जेल. जतिन उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी के माउंट एवरेस्ट स्कूल में पांचवीं में पढ़ता था. 21 सितंबर, 2013 को दोपहर बाद वह बुराड़ी में ही रहने वाले अपने एक दोस्त से कौपी लेने के लिए घर से 

निकलने लगा तो अपनी मां राज ढींगरा से बोला, ‘‘मम्मी कौपी ले कर मैं अभी थोड़ी देर में रहा हूं.’’ थोड़ी देर में आने के लिए कह कर गया जतिन जब काफी देर तक नहीं लौटा तो घरवाले परेशान होेने लगे. उन्हें यह भी पता नहीं था कि जतिन जिस दोस्त के यहां जाने को कह कर गया है, वह बुराड़ी के किस ब्लौक या गली में रहता है?

घर वालों की समझ में नहीं रहा था कि आखिर जतिन को ढूंढा कहां जाए. उन्होंने मौहल्ले में तलाशने के साथसाथ उस के दोस्तों से भी पता किया, लेकिन जतिन के बारे में कुछ पता नहीं चला. कई घंटे बीत जाने के बाद भी जतिन के बारे में कुछ पता नहीं चला तो उस के पिता किशनलाल ढींगरा ने थाना बुराड़ी की राह पकड़ी. थाना बुराड़ी के थानाप्रभारी शेरसिंह को किशनलाल ने बेटे के गायब होने की पूरी बात बताई तो उन्होंने 13 साल के जतिन ढींगरा की गुमशुदगी दर्ज करा कर उस के हुलिया की जानकारी दिल्ली के सभी थानों को वायरलैस द्वारा प्रसारित करा दी.

किशनलाल थाने से लौट कर अपने स्तर से बेटे को तलाश करने लगा. उस की समझ नहीं रहा था कि जतिन गया तो गया कहां. वह उसी की चिंता में डूबा था कि शाम सवा 5 बजे उस के मोबाइल पर एक फोन आया. नंबर अनजान था, फिर भी उस ने फोन रिसीव कर लिया. उस केहैलोकरते ही कहा गया, ‘‘तुम्हारा बेटा जतिन इस समय हमारे कब्जे में है. अगर उसे जिंदा वापस चाहते हो तो 40 लाख रुपए का इंतजाम कर लो. पैसे कहां पहुंचाने हैं, यह बाद में बता दिया जाएगा. और हां, एक बात का ध्यान रखना. अगर पुलिस के पास जाने की गलती की तो जिंदगी भर पछताओगे.’’

‘‘नहीं, मेरे बेटे को कुछ मत कहना. मैं किसी से कुछ नहीं बताऊंगा. मुझे मेरा बेटा चाहिए.’’ किशनलाल घबरा कर बोला. दूसरी ओर से फोन काट दिया गया. फोन पर हुई बात से किशनलाल समझ गया कि बेटे का किसी ने अपहरण कर लिया है. अपहर्त्ता ने उन्हें पुलिस के पास जाने से मना किया था. इसलिए वह असमंजस में था कि क्या करे? वह पुलिस के पास जाए या नहीं

पुलिस से शिकायत करने पर अपहर्त्ता बच्चे को नुकसान पहुंचा सकते थे, इसलिए राज ढींगरा ने भी पति को थाने जाने से मना किया. लेकिन फिरौती देने के बाद भी अपहर्त्ता जतिन को छोड़ देंगे, इस बात की क्या गारंटी थी? यह बात उस के मन में अचानक उठी. इस बारे में उस ने अपने परिचितों से बात की तो सब ने उसे थाने जाने की सलाह दी. किशनलाल ने थाने जा कर थानाप्रभारी शेरसिंह को फिरौती के लिए आए फोन के बारे में बताया तो उन्होंने किशनलाल से वह नंबर ले कर फोन किया. लेकिन वह नंबर बंद था. इस से थानाप्रभारी को यकीन हो गया कि जतिन का अपहरण हुआ है. उन्होंने किशनलाल को कुछ दिशानिर्देश दे कर घर भेज दिया और अज्ञात लोगों के खिलाफ जतिन के अपहरण का मामला दर्ज कर लिया.

बच्चे को सकुशल बरामद करने के लिए पुलिस अपहर्त्ताओं का सुराग लगाने लगी. इस के लिए तुरंत एक पुलिस टीम बनाई गई, जिस में इंसपेक्टर परमजीत सिंह, सबइंसपेक्टर राजेश कुमार, रोमिल सिंह, रवि कुमार, हेड कांस्टेबल एच.आर. रहमान, पवन कुमार आदि को शामिल किया गया. जानकारी मिलने पर उत्तरी जिला की डीसीपी सिंधू पिल्लै . ने स्पेशल स्टाफ के इंसपेक्टर नरेश कुमार को भी टीम में शामिल कर दिया. अपहर्त्ता ने जिस मोबाइल नंबर से फोन किया था, उस की लोकेशन और वह नंबर किस के नाम से लिया गया था, यह सब पता लगाने के लिए थानाप्रभारी शेरसिंह ने हेडकांस्टेबल पवन कुमार को उस कंपनी के औफिस भेजा, जिस कंपनी का वह नंबर था.

दूसरी ओर किशनलाल के घर पहुंचते ही पौने 6 बजे उस के मोबाइल पर अपहर्त्ता ने उसी नंबर से फिर फोन किया, ‘‘तुम्हें पुलिस के पास जाने से मना किया गया था, इस के बावजूद तुम थाने चले गए. लगता है, तुम्हें अपने बेटे से प्यार नहीं है.’’

‘‘मैं पुलिस के पास नहीं गया था. मैं तो तुम्हें देने वाले पैसों के इंतजाम में लगा हूं. मैं तुम्हें पूरे पैसे दूंगा, लेकिन बेटे को…’’ किशनलाल की बात पूरी होती, उस के पहले ही फोन कट गया. अपहर्त्ता के रुख से किशनलाल डर गया कि कहीं वे नाराज हो कर उस के बेटे को नुकसान पहुंचा दें. मन में यही चिंता लिए वह फिर से थानाप्रभारी के पास जा पहुंचा. किशनलाल की अपहर्त्ता से जो बात हुई थी, वह उस ने थानाप्रभारी को बता दी. थानाप्रभारी इस बात से हैरान थे कि अपहर्त्ता को किशनलाल के थाने जाने की बात कैसे पता लगी. यानी अपहर्त्ता का कोई आदमी ऐसा है जो किशनलाल के साथ रह कर उस की गतिविधियों पर नजर रखे हुए है.

अगले दिल पुलिस के पास अपहर्त्ता के नंबर की काल डिटेल्स गई, जिस से पता चला कि वह नंबर दक्षिणपूर्वी दिल्ली के तिगड़ी निवासी मनोज के नाम से था, जिसे कुछ दिनों पहले ही लिया गया था. इसी के साथ यह भी पता चला कि फिरौती के लिए जो फोन किए गए थे, वे दिल्ली के वजीराबाद इलाके से किए गए थे. दूसरी ओर बेटे के अपहरण से किशनलाल और उस की पत्नी का रोरो कर बुरा हाल था. दोनों इस बात को ले कर परेशान थे कि जतिन जाने किस हाल में है. पुलिस को मनोज का पता मिल गया था, इसलिए पुलिस टीम तिगड़ी स्थित मनोज के घर जा पहुंची. संयोग से मनोज घर पर ही मिल गया. घर पर पुलिस को देख कर वह चौंका. पुलिस ने उस से जतिन के अपहरण के बारे में पूछा तो उस ने कहा कि वह किसी जतिन को जानता और ही उसे किसी अपहरण के बारे में जानकारी है. बहरहाल पुलिस उसे साथ ले कर थाने गई.

थाने में मनोज से सख्ती से पूछताछ की गई तो वह पहले कही गई बातों को ही दोहराता रहा. उस की बातों से पुलिस को लगा कि वह सही बोल रहा है. उस का जतिन के अपहरण से कोई मतलब नही है. जिस नंबर से फिरौती के लिए फोन किए गए थे, वह उसी के नाम था. फार्म पर मनोज का फोटो लगा होने के साथ पता भी सही था. अब पुलिस के सामने सवाल यह था कि उस की आईडी और फोटो से वह नंबर लिया किस ने? पुलिस ने मनोज से पूछा कि उस ने कभी अपनी आईडी और फोटो किसी को दिए तो नहीं थे?

काफी देर सोचने के बाद मनोज ने कहा, ‘‘सर, जहांगीरपुरी में मेरा एक दोस्त गौतम जैन रहता है. वह एक फाइनेंस कंपनी में नौकरी करता है. सन 2009 में मैं ने नौकरी के लिए उसे अपनी आईडी और एक फोटोग्राफ दिया था.’’

पुलिस मनोज को साथ ले कर गौतम जैन के घर गई तो वह घर पर नहीं मिला. लेकिन घर से पुलिस को उस का फोन नंबर मिल गया. उसी नंबर के सहारे पुलिस ने 23 सितंबर, 2013 को जीटी करनाल रोड बस डिपो के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया. मनोज जैन से पूछताछ में पता चला कि उस के साथियों संदीप कुमार, मुकेश और संदीप उर्फ सन्नी ने जतिन का अपहरण किया था. इस कांड में उन के साथ वह भी शामिल था. पुलिस ने जब उस से अपहृत जतिन के बारे में पूछा तो उस ने बताया कि जतिन की हत्या कर के लाश नरेला से हो कर बहने वाले नाले में फेंक दी गई है

गौतम से पूछताछ के बाद पुलिस ने किशनलाल को थाने बुला लिया. जब उसे पता चला कि जतिन की हत्या कर दी गई है तो उस पर तो जैसे आसमान टूट पड़ा. थानाप्रभारी किशनलाल और गौतम को साथ ले कर वहां के लिए रवाना हो गए, जहां जतिन की लाश फेंकी गई थी. बाहरी दिल्ली में नरेला के पास एक गांव है नगली. वहीं एक बड़ा सा नाला है. गौतम ने वह जगह बताई जहां उस ने लाश फेंकी थी. लेकिन पुलिस को वहां लाश दिखाई नहीं दी. नाला गहरा था, इसलिए पुलिस ने जेसीबी मशीन मंगा कर नाले को खंगालना शुरू किया. आखिर थोड़ी मेहनत के बाद लाश मिल गई. बेटे की लाश देख कर किशनलाल फफक फफक कर रोने लगा. उस ने लाश की शिनाख्त अपने बेटे जतिन के रूप में कर दी. आवश्यक काररवाई के बाद पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया और गौतम को साथ ले कर थाने गए.

गौतम के अन्य साथी फरार थे, इसलिए उसे तीस हजारी न्यायालय में पेश कर के 3 दिनों के पुलिस रिमांड पर लिया गया. गौतम की निशानदेही पर पुलिस ने 27 सितंबर को मुकेश, संदीप कुमार और संदीप उर्फ सन्नी को उन की दुकानों से गिरफ्तार कर लिया. इन सभी से की गई पूछताछ में जतिन के अपहरण की जो कहानी सामने आई, वह कुछ इस तरह थी. देश के आजाद होने के बाद भारत और पाकिस्तान का बंटवारा हुआ तो पाकिस्तान के पेशावर के रहने वाले कालूराम ढींगरा पत्नी और बेटी हरकौर के साथ भारत गए थे. कालूराम एक पैर से विकलांग थे. उस समय वह उत्तर प्रदेश के जिला बदायूं में कर बस गए थे. वहीं पर उन्होंने परचून की दुकान खोली, जिस की आमदनी से परिवार का गुजरबसर होने लगा.

बदायूं मे ही उन की पत्नी ने 4 बच्चों को जन्म दिया, जिन में 2 बेटे और 2 बेटियां थीं. उन के नाम थे गोविंदराम, हरवंश कौर, रीतू कौर और किशनलाल. कालूराम का भरापूरा परिवार हो गया था, जिस से उन की जिंदगी हंसीखुशी से गुजर रही थी. उन्होंने अपने बच्चों की अपनी हैसियत से परिवरिश की. जैसेजैसे बच्चे सयाने होते गए, कालूराम उन की शादी करते गए. बड़ी बेटी हरकौर की शादी दिल्ली के लारेंस रोड पर अपनी ही बिरादरी के लड़के से कर दी थी. हरकौर की शादी दिल्ली में हो गई तो उसी के सहारे घर के बाकी लोगों का भी दिल्ली आनाजाना हो गया. इस के बाद हरवंश की शादी फरीदाबाद और रीतू की शादी उत्तरी दिल्ली के संतनगर (बुराड़ी) में हो गई. गोविंदराम की शादी उन्होंने वहीं एक गांव से कर दी थी. वह पिता के काम में हाथ बंटाता था.

किशनलाल बच्चों में सब से छोटा था. उस की 2 बहनों की दिल्ली में शादी हुई थी. जब वह 7 साल का था, रीतू के साथ दिल्ली गया था. बहन ने यहां उस का दाखिला एक स्कूल में करा दिया. घर वाले चाहते थे कि पढ़लिख कर वह कोई अच्छी नौकरी कर ले. लेकिन वह ज्यादा पढ़ नहीं सका. पढ़ाई छोड़ कर आटोरिक्शा चलाने लगा. कई सालों तक आटोरिक्शा चलाने के बाद जब उस के पास पैसे हो गए तो उस ने बुराड़ी की ही बंगाली कालोनी में एक प्लौट खरीद कर अपने लिए एक मकान बनवा लिया. इस के बाद उत्तरी दिल्ली की संत परमानंद कालोनी में रहने वाले हरिदर्शन सिंह की बेटी राज से उस की शादी हो गई

शादी के बाद उस के यहां गुरप्रीत, जतिन और हर्ष 3 बच्चे हुए. 3 बेटे होने के बाद जहां भरापूरा परिवार हो गया, वहीं घर का खर्च भी बढ़ गया. किशनलाल आटो चला कर जो कमाता था, उस से घर खर्च बड़ी मुश्किल से चलता था. वह आमदनी बढ़ाने के बारे में सोचने लगा. काफी सोचविचार कर उस ने आटो चलाने के बजाय प्रौपर्टी डीलिंग का काम शुरू किया. उस की तमाम लोगों से जानपहचान थी, इसलिए किशनलाल ने बुराड़ी में अच्छीखासी प्रौपर्टी खरीद ली. अब उस के पास पैसों की कमी नहीं रही. पैसे आए तो उस ने बच्चों का दाखिला अच्छे स्कूलों में करा दिया. बड़ा बेटा गुरप्रीत निरंकारी पब्लिक स्कूल में पढ़ रहा था तो जतिन माउंट एवरेस्ट पब्लिक स्कूल में.

किशनलाल का बुराड़ी के हरित विहार में औफिस था. उस के औफिस के पास ही संदीप कुमार की दवाओं की दुकान थी. जबकि उस का घर जहांगीरपुरी में था. बीए पास करने के बाद उस ने हरित विहार में मेडिकल स्टोर खोल लिया था. दुकान से उसे अच्छीखासी आमदनी हो जाती थी. इस के बावजूद वह चाहता था कि कहीं से उसे मोटी कमाई हो जाए, जिस से वह ऐशोआराम की जिंदगी जी सकेइसीलिए वह क्रिकेट के आइपीएल मैचों पर सट्टा लगाने लगा, जिस से उसे लाखों रुपए का नुकसान हुआ. इस के अलावा उस ने कुछ दुकानदारों के साथ चिट फंड कमेटी डाली, जिस का सारा पैसा एक दुकानदार ले कर भाग गया. इस से संदीप को काफी नुकसान हुआ.

इन सब की वजह से संदीप परेशान रहने लगा. उस के ऊपर लाखों का कर्ज था, जो दुकान की कमाई से अदा नहीं हो पा रहा था. जिन लोगों से उस ने पैसे उधार लिए थे, वे अपने पैसे वापस मांग रहे थे, जिस से वह परेशान रहने लगा था. संदीप की एक बंगाली डाक्टर से दोस्ती थी. उस ने अपनी परेशानी डा. बंगाली को बताई तो उस ने कर्ज उतारने के लिए उसे 5 लाख रुपए उधार दिए. इस के अलावा बंगाली कालोनी में ही रहने वाली निशा उर्फ नीतू से भी उस ने एक लाख रुपए कर्ज लिए. इस तरह 6 लाख रुपए देने के बाद भी उस पर कर्ज बाकी था. जिस दुकान में संदीप का मेडिकल स्टोर था. वह किराए पर थी. परेशानी की वजह से वह कई महीने से दुकान का किराया भी नहीं दे पा रहा था, जिस से दुकान के मालिक ने उस से दुकान खाली करने को कह दिया. संदीप अब सोचने लगा कि कहीं से उसे मोटी रकम मिल जाती तो वह सभी का कर्ज दे कर निजात पा जाता.

किशनलाल ने कुछ दिनों पहले ही अपना एक प्लौट बेचा था. इस बात की जानकारी संदीप को थी. वैसे भी संदीप को किशनलाल की हैसियत का पता था. क्योंकि वह उस के घर भी आताजाता रहता था. संदीप को जब पता चला कि किशनलाल ने प्लौट बेचा है तो उस के दिमाग में तुरंत आया कि अगर किशनलाल के बच्चे का अपहरण कर लिया जाए तो फिरौती में उस से मोटी रकम मिल सकती है. संदीप कुमार का एक दोस्त था मुकेश, जिस का बंगाली कालोनी की गली नंबर 16 में फोटो स्टूडियो था. चूंकि अपहरण जैसा काम संदीप के अकेले के बस का नहीं था, इसलिए उस ने मुकेश को लालच दे कर अपनी योजना में शामिल कर लिया.

अपहरण के लिए एक कार की जरूरत थी, इस के लिए संदीप कुमार ने अपने एक अन्य दोस्त संदीप उर्फ सन्नी से बात की. सन्नी का हरित विहार, बुराड़ी में ही सन्नी मेडिकल के नाम से दवाओं की दुकान थी. वह रहने वाला जहांगीरपुरी का था. मोटी रकम के लालच में सन्नी भी संदीप का साथ देने को तैयार हो गया था. तीनों ने बैठ कर किशनलाल के दूसरे नंबर के बेटे जतिन ढींगरा के अपहरण की योजना बनाई. वैसे तो वे उस के छोटे बेटे हर्ष को उठाना चाहते थे, लेकिन समस्या यह थी कि हर्ष स्कूल आनेजाने के अलावा घर से निकलता नहीं था. और जब स्कूल जाताआता था तो उस के साथ घर का कोई सदस्य होता था, जबकि 13 साल का जतिन अकेला भी घर के बाहर आताजाता रहता था.

योजना बन गई, तो उन्हें फिरौती मांगने के लिए ऐसे फोन नंबर की जरूरत थी, जो किसी दूसरे की आईडी पर लिया गया हो, जिस से वे फंस सकें. किसी दूसरे की आईडी उन तीनों में से किसी के पास थी नहीं. मेडिकल स्टोर खोलने से पहले सन्नी एक फाइनेंस कंपनी में काम करता था. उसी के साथ जहांगीर पुरी का ही रहने वाला गौतम जैन भी नौकरी करता था. सन्नी ने बातें ही बातों में गौतम जैन से पता किया कि उस के पास किसी की आईडी तो नहीं पड़ी है? गौतम जैन ने सन्नी से आईडी की जरूरत के बारे में पूछा तो सन्नी ने उसे सच्चाई बता दी. पैसों के चक्कर में गौतम जैन के मन में भी लालच गया. उस ने कहा कि वह आईडी और फोटो तो उपलब्ध करा देगा, लेकिन फिरौती की रकम में वह भी बराबर का हिस्सा लेगा.

सन्नी ने यह बात मुकेश और संदीप कुमार को बताई तो मजबूरी में उन्होंने गौतम जैन को भी योजना में शामिल कर लिया. गौतम जैन को तिगड़ी के रहने वाले उस के दोस्त मनोज ने 2 साल पहले अपना फोटो और आईडी दी थी, ताकि वह उस की नौकरी लगवा सके. तब से मनोज के सारे कागज गौतम के पास ही रखे थे. मनोज की आईडी और फोटो से गौतम ने आइडिया कंपनी का नया सिम ले लिया. संदीप कुमार किशनलाल के घर भी आताजाता था, जिस से घर के सभी लोग उसे अच्छी तरह पहचानते थे. इसलिए उस ने साथियों के साथ पहले ही तय कर लिया था कि फिरौती मिलने के बाद जतिन को जिंदा नहीं छोड़ा जाएगा. सारी तैयारी हो गई तो वे मौके की तलाश में रहने लगे.

 21 सितंबर, 2013 को दोपहर के बाद जतिन बुराड़ी के ही अपने किसी दोस्त से कौपी लेने के लिए घर से निकला. जैसे ही वह मेन रोड पर पहुंचा, गिद्धदृष्टि जमाए संदीप और मुकेश उस के पास पहुंच गए. जतिन वीडियो गेम खेलने का शौकीन था. वीडियो गेम खेलने और खिलौने दिलाने के बहाने संदीप कुमार जतिन को अपने साथ ले गया. चूंकि जतिन संदीप को जातनापहचानता था, इसलिए वह उस के साथ चला गया.  वहां से कुछ दूर अपनी वैगनआर कार डीएल9सीएक्स1861 में बैठा सन्नी यह सब देख रहा था. संदीप का इशारा मिलते ही वह अपनी कार संदीप के पास ले आया. संदीप ने जतिन को कार में बैठने को कहा तो बैठ गया. कार सन्नी चला रहा था. वह जतिन को हरित विहार स्थित अपने मैडिकल स्टोर पर ले गया.

सन्नी ने दुकान में रखे फ्रिज से कोल्ड ड्रिंक की बोतल निकाल कर जतिन को दी तो वह पीने लगा. उस कोल्डड्रिंक में नशीली दवा पहले ही मिला रखी थी, इसलिए कोल्डड्रिंक पीने के थोड़ी देर बाद जतिन बेहोश हो गया. सन्नी की दुकान के बगल की दुकान बंद रहती थी, जिस की चाबी सन्नी के पास थी. बेहोश जतिन को उसी दुकान में रखना चाहते थे, लेकिन ऐन वक्त पर उन की यह योजना बदल गई. उस समय उन के साथ गौतम जैन नहीं था. उसे उन्होंने फोन पर सब बता दिया तो उस ने कहा कि वह उन्हें बुराड़ी चौक पर मिल जाएगाबेहोश जतिन को उन्होंने कार में डाला और नगली ऊना गांव की ओर चल पड़े. संदीप वहीं रहता था, इसलिए उसे वहां की अच्छीखासी जानकारी थी. रास्ते में बुराड़ी चौक के पास गौतम जैन मिला तो उसे भी उन्होंने कार में बैठा लिया. जतिन को होश जाता तो वह हंगामा कर सकता था. इसलिए उन्होंने कार में ही उस की गला दबा कर हत्या कर दी. उसे मार कर उस की लाश उन्होंने नगली के पास गहरे नाले में फेंक दी.

लाश ठिकाने लगा कर संदीप कुमार और मुकेश अपनीअपनी दुकानों पर चले गए. जबकि फिरौती के लिए फोन करने की जिम्मेदारी सन्नी और गौतम जैन को सौंपी गईदूसरे जतिन घर नहीं लौटा तो घरवाले परेशान हो उठे. उन्होंने मोहल्ले में और इधरउधर तलाश की. जब इस बात की जानकारी मुकेश को हुई तो सहानुभूति दिखाते हुए वह भी किशनलाल की मदद के लिए गया. सन्नी और गौतम ने दिल्ली के वजीराबाद इलाके में जा कर किशनलाल ढींगरा को फोन कर के 40 लाख रुपए की फिरौती मांगी. बेटे के अपहरण की खबर सुन कर किशनलाल के होश उड़ गए. वह किसी भी तरह रकम जुटा कर बेटे को सकुशल वापस पाना चाहता था, लेकिन परिचितों के कहने पर वह थाने चला गया. तब उसे क्या पता था कि अपहर्त्ताओं ने पहले ही उस के बेटे को मार दिया है.

पूछताछ के बाद पुलिस ने गौतम जैन को 27 सितंबर को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया. इस के बाद अन्य अभियुक्तों संदीप कुमार, मुकेश और सन्नी से घटनास्थल की तस्दीक करा कर 28 सितंबर को उन्हें भी न्यायालय में पेश किया गया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया. मामले की विवेचना इंसपेक्टर परमजीत सिंह कर रहे हैं.

   —कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित  

         

Gangster राजू ठेहठ : अपराध की दुनिया का बादशाह

आनंदपाल की मौत के बाद राजू ठेहठ के गैंग की ताकत बढ़ गई है. वह जेल से ही अपने गैंग को संचालित करता है. राजू यह बात अच्छी तरह जानता है कि कोई भी गैंगस्टर स्वाभाविक मौत नहीं मरता. या तो वह पुलिस की गोली का निशाना बनता है या फिर अपने दुश्मन की गोली का. इसलिए अब वह किसी तरह राजनीति में आने की कोशिश कर रहा है.

राजस्थान के सीकर जिले के ठेहठ गांव का रहने वाला राजेंद्र उर्फ राजू ठेहठ और बलबीर बानूड़ा में गहरी दोस्ती थी. दोनों पक्के दोस्त थे. वे साथ में शराब के ठेके लिया करते थे. दिनरात एकदूजे के साथ रहते थे. साथ में खाना तो होता ही था, दोनों एकदूसरे से कोई बात भी नहीं छिपाते थे. उन में गहरी छनती थी. राजू ठेहठ और बलबीर बानूड़ा शराब के ठेके ले कर अच्छा मुनाफा कमा रहे थे. कहते हैं न कि दोस्ती के बीच जब धन बेशुमार आने लगता है, तब दोस्ती में यह धन दरार पैदा करा देता है. यही बात इन दोनों में हुई. इन में मतभेद हुए तो ये शराब के ठेके अलगअलग लेने लगे.

ऐसे में दोनों के बीच होड़ लग गई कि कौन ज्यादा पैसे कमाए. वैसे तो दोनों ही व्यवहारिक थे लेकिन जब उन के पास मोटा पैसा आया तो वे अकड़ दिखाने लगे. उन के शराब ठेकों पर अकसर मारपीट होने लगी. यानी वह रौबरुतबा कायम करने लगे. उन की दोस्ती टूटने की भी एक वजह थी. दरअसल, बलबीर बानूड़ा का रिश्ते में साला लगता था विजयपाल. विजयपाल शराब के ठेके पर सेल्समैन था. सन 2005 की बात है. विजयपाल की किसी बात को ले कर राजू ठेहठ से अनबन हो गई. राजू ठेहठ ने अपने गुर्गों के साथ विजयपाल की जबरदस्त पिटाई की, जिस से विजयपाल की मौत हो गई.

बस, उसी दिन से राजू ठेहठ और बलबीर बानूड़ा की दोस्ती टूट गई. दोनों एकदूसरे के खून के प्यासे हो गए. उन्होंने अपनेअपने गैंग बना कर एकदूसरे पर हमले शुरू कर दिए. विजयपाल की हत्या का बदला लेने के लिए बलबीर बानूड़ा उतावला हो रहा था. बलबीर बानूड़ा के गैंग से उन्हीं दिनों आनंदपाल आ जुड़ा. बस फिर क्या था. वे राजू ठेहठ का काम तमाम करने का मौका तलाशने लगे.

राजू ठेहठ गैंग और बलबीर बानूड़ा गैंग के गुंडे आपस में जबतब टकराने लगे. जिस गैंग का व्यक्ति मारा जाता, उस गैंग के लोग बदला ले लेते. इस तरह दोनों गैंग के बीच खूनी खेल शुरू हो गया था. गैंगवार से पुलिस की नींद उड़ गई थी. पुलिस इन सभी के पीछे हाथ धो कर पड़ी थी. आनंदपाल, बलबीर बानूड़ा और राजू ठेहठ के ऊपर अलगअलग थानों में मुकदमे दर्ज होने लगे.

राजू ठेहठ पर विजयपाल की हत्या का मुकदमा चल रहा था. आनंदपाल ने अपने मित्र की मौत का बदला जीवनराम गोदारा की हत्या कर ले लिया. इस तरह कुख्यात अपराधी राजू ठेहठ और आनंदपाल की गहरी दुश्मनी हो गई. दोनों एकूसरे के खून के प्यासे बन गए थे. सन 2012 में पुलिस ने जयपुर से बलबीर बानूड़ा को गिरफ्तार कर लिया था. इस के 8 महीने बाद ही आनंदपाल को भी गिरफ्तार कर लिया गया. दोनों जेल में रह कर ही अपने गैंग का संचालन कर रहे थे.

आनंदपाल और राजू ठेहठ में हो गई दुश्मनी

इस के बाद सन 2013 में राजू ठेहठ भी पकड़ा गया. जेल में रहते हुए ही आनंदपाल और बलबीर बानूड़ा ने सुभाष को राजू ठेहठ की हत्या के लिए तैयार कर दिया. मौका मिलने पर सुभाष ने सीकर जेल में ही राजू ठेहठ को गोली मारी, जो उस के जबड़े में लगी लेकिन वह बच गया. इस के बाद राजू ठेहठ ने इस का बदला लेने के लिए बीकानेर जेल में बंद आनंदपाल पर अपने आदमियों से फायरिंग करवाई, जिस में आनंदपाल तो बच गया लेकिन बलबीर बानूड़ा चपेट में आ गया और जेल में ही उस की मौत हो गई.

इस वारदात को अंजाम देने वाले राजू ठेहठ के आदमी को उसी वक्त जेल में पीटपीट कर मार दिया गया था. राजू ठेहठ का भाई ओम ठेहठ भी गैंग से जुड़ा था और वह भाई राजू के कंधे से कंधा मिला कर गैंग चलाता था. इन शातिर गैंगस्टरों के एक इशारे पर धन्नासेठ लाखों रुपए दे देते थे. राजू ठेहठ और आनंदपाल का इतना खौफ था कि उन के आदमी फोन कर के सेठ लोगों को धमकी देते कि ‘सेठ जीना है तो 20 लाख शाम तक पहुंचा देना.’ सेठ की क्या मजाल कि वह इन्हें मना करे. मना करने वाले को ये लोग दूसरी दुनिया में भेज देते थे. इन की नागौर, सीकर, चुरू, बीकानेर, जयपुर, अजमेर आदि जिलों में तूती बोलती थी.

बाद में आनंदपाल पेशी के दौरान फरार हो गया और इस के बाद पुलिस द्वारा किए गए एक एनकाउंटर में वह मारा गया था. उस की मौत से राजू ठेहठ एकमात्र ऐसा गैंगस्टर था, जिस को सब से ज्यादा खुशी हुई. वह बलबीर बानूड़ा को पहले ही निपटा चुका था. अब पुलिस ने आनंदपाल को निपटा कर उसे दोहरी खुशी दे दी थी. सीकर जिले के रानोली गांव के विजयपाल हत्याकांड में आरोपी गैंगस्टर राजू ठेहठ और उस के साथी मोहन माडोता को कोर्ट ने सन 2018 में उम्रकैद की सजा सुनाई. 23 जून, 2005 को ठेहठ ने विजयपाल की हत्या कर दी थी. सीकर अपर सेशन न्यायाधीश सुरेंद्र पुरोहित ने यह सजा सुनाई.

सीकर और शेखावटी में बदमाशों के बीच गैंगवार शुरू होने के बाद थमने का नाम ही नहीं ले रही थी. राजू ठेहठ को उम्रकैद की सजा के बाद लगा था कि गैंग खत्म होगा, मगर ऐसा नहीं हो सका. पुलिस सूत्रों के अनुसार जेल से ही राजू और उस का भाई ओम ठेहठ गैंग को संचालित कर रहे थे. खैर, आनंदपाल गैंग के सब से बड़े दुश्मन राजू ठेहठ की जान को खतरा था. सीकर पुलिस को आशंका थी राजू ठेहठ के दुश्मन मौका मिलते ही उसे गोलियों से छलनी कर देंगे. यही वजह थी कि सीकर पुलिस राजू ठेहठ की कोर्ट में पेशी के दौरान भारी पुलिस सुरक्षा और बुलेटप्रूफ जैकेट पहना कर ले जाती थी.

कांवडि़ए के रूप में किया गिरफ्तार

उस के साथ जाने वाले पुलिसकर्मी भी बुलेटप्रूफ जैकेट व आधुनिक हथियार से लैस होते थे. राजू ठेहठ और उस का साथी मोहन मांडोता को विजयपाल की हत्या के आरोप में एटीएस ने 16 अगस्त, 2013 को झारखंड के देवघर से गिरफ्तार किया था. उस समय राजू ठेहठ और मोहन मांडोता पीले कपड़े पहन कर कांवड़ ला रहे थे. एटीएस ने पकड़ कर दोनों को रानोली थाना पुलिस को सौंप दिया था.

दोनों आरोपियों ने विजयपाल की हत्या के बाद असम, बंगाल, झारखंड, महाराष्ट्र सहित देश के अलगअलग स्थानों पर 8 साल तक फरारी काटी. आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ कर के न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया. आखिर जेल से ही वे पेशी पर आतेजाते रहे. उन्हें उम्रकैद की सजा होने के बाद पहले सीकर और फिर जयपुर जेल में रखा गया. मगर राजू ठेहठ ने वहीं जेल से गैंग को संचालित कर रखा था.

जमानत के बाद बनाया नया ठिकाना

राजू ठेहठ ने जयपुर जेल में उम्रकैद की सजा काटने के दौरान विवादित जमीनों और सट्टा कारोबार से जुड़े बदमाशों से संपर्क बढ़ाए. सीकर के बाद जयपुर में अपने कारोबार को बढ़ाने के लिए वह गैंग के लोगों को आदेश देता था. वह जयपुर को अपना नया ठिकाना बना रहा है. ऐसी जानकारी पुलिस को लगी. इसी दौरान करीब 8 साल बाद राजू ठेहठ को दिसंबर 2021 में जमानत मिली. विजयपाल की हत्या के बाद गिरफ्तार होने के दिन यानी 16 अगस्त, 2013 से राजू ठेहठ जेल में ही बंद था. उस की जमानत हुई तो वह बड़ी ठसक के साथ बाहर आया.

पुलिस उस पर कड़ी निगाह रखे थे कि वह क्या कुछ नया गुल खिलाता है. जमानत पर बाहर आ कर राजू ठेहठ ने जयपुर के महेशनगर स्थित स्वेज फार्म में बीजेपी नेता (पूर्व विधायक) प्रेम सिंह बाजोर के मकान को ठिकाना बनाया था. सुरक्षा के लिए घर पर 30 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगाए थे. 3 गनमैन भी राजू ठेहठ के साथ रहते थे. 6 फरवरी, 2022 को राजू ठेहठ ने गृह प्रवेश किया था. इस से पहले राजू ठेहठ ने कालोनी के गेट को गली के कोने से हटवा दिया था. यह गेट गैंगस्टर ठेहठ के जमानत पर आने के बाद से ही लौक कर दिया गया था. खास मेंबर की एंट्री के लिए ही यह गेट खोला जाता था. वहां पास के खाली प्लौट में गाडि़यां पार्क कराई जाती थीं.

सुरक्षा की दृष्टि से गेट के अलावा राजू ठेहठ ने कई तरह के और इंतजाम किए थे. मकान के चारों ओर निगाह रखने के लिए 30 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे. इस के जरिए आसपास की हर छोटीबड़ी गतिविधियों पर निगाह रखी जाती थी. बिना नंबर की सफेद फौर्च्युनर में बैठ कर ही राजू ठेहठ आताजाता था. राजू ने स्वेज फार्म को ठिकाना बनाया है. इस के बारे में जब लोगों को पता चला तो पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया. हमेशा गनमेन राजू ठेहठ के साथ घूमते रहते थे. इस की वजह से आसपास के लोग उधर से निकलने से कतराते थे. ज्यादातर समय राजू ठेहठ स्वेज फार्म में ही रहता था.

मानसरोवर के मांग्यावास पर बने फार्महाउस पर लोगों से मुलाकात करता था. राजू ठेहठ ने विवादित जमीन और सट्टा कारोबार पर ध्यान देना शुरू किया.

जमीनें कब्जाने पर देने लगा ध्यान

सीकर के बाद जयपुर में अपने कारोबार को बढ़ाने के लिए जमानत मिलने पर सीकर के बजाय जयपुर में ही रहने लगा. इन लोगों के साथ गैंग बनाने की योजना बनाने लगा. जमानत पर बाहर आते ही राजू ठेहठ गैंग को सक्रिय कर जमीनों पर कब्जे करने लगा था. मार्च 2022 के पहले हफ्ते में जयपुर के भांकरोटा थाने में मानसर खेड़ी बस्सी निवासी 57 वर्षीय रामचरण शर्मा ने एक मामला दर्ज कराया था. रिपोर्ट में बताया कि वह कालोनाइजर है. साल 2004 में रामचंदपुरा में 9 बीघा 17 बिस्वा जमीन खरीदी थी, जिस की देखभाल बनवारीलाल कर रहा था.

कुछ समय पहले मांगीलाल यादव ने जमीन के कुछ हिस्से पर कब्जा कर लिया. थाने में आरोपी मांगीलाल के खिलाफ मामला दर्ज कराया था. 24 फरवरी को बनवारी के मोबाइल पर के.के. यादव नाम के व्यक्ति ने काल कर राजू ठेहठ का आदमी बता कर मांगीलाल के खिलाफ बयान देने को ले कर धमकाया, जिस के बाद दोबारा फोन आया. फोन करने वाले ने अपना नाम राजू ठेहठ बताया. उस ने मांगीलाल से सेटलमेंट कर रुपए दिलवाने का दबाव बनाया. पीडि़त की शिकायत पर पुलिस ने मांगीलाल, के.के. यादव, जगदीश ढाका और राजू ठेहठ के खिलाफ मामला दर्ज किया.

इस के बाद राजू ठेहठ सहित 8 साथियों को शांति भंग करने के आरोप में महेशनगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर के कोर्ट में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.

लग्जरी लाइफ जीने का है शौकीन

स्वेज फार्म स्थित मकान में रहने के दौरान राजू ठेहठ से कई लोग मिलने आते थे. एडिशनल कमिश्नर अजयपाल लांबा का कहना है कि राजू ठेहठ से मिलने आए लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है.

जयपुर (साउथ) एसपी मृदुल कच्छावा के नेतृत्व में गठित टीम घर में लगे सीसीटीवी फुटेजों के आधार पर मिलने आए उन सभी लोगों की पहचान कर रही है, जिस के बाद सभी लोगों की भूमिका और गतिविधियों की जांच करेगी. गैंगस्टर राजू ठेहठ लग्जरी लाइफ जीने का शौकीन है. वह महंगी कार और बाइक पर काफिले के साथ घूमता था. गैंगस्टर राजू ठेहठ को सीकर बौस के नाम से बुलाया जाने लगा है. उसे जयपुर के स्वेज फार्म में जिस मकान से पकड़ा, उस की कीमत 3 करोड़ रुपए बताई जा रही है.

राजस्थान में गैंगस्टर्स आनंदपाल सिंह और राजू ठेहठ में करीब 2 दशक वर्चस्व की लड़ाई चली थी. आनंदपाल के एनकाउंटर के बाद राजू ठेहठ का वर्चस्व हो गया. जेल में बंद होने के दौरान भी राजू ठेहठ के रंगदारी वसूलने के कई मामले सामने आए थे. दिसंबर 2021 में राजू ठेहठ 8 साल बाद जमानत पर जेल से बाहर आया. जमानत पर बाहर आने के बाद वह गैंग को बढ़ाने में लग गया. उस ने अपना वर्चस्व तो बना लिया. लोगों में सक्रिय रहने के लिए वह रील बना कर सोशल मीडिया पर भी एक्टिव हो गया.

उस ने कभी अकेले बाइक राइडिंग के तो कभी नई लग्जरी कार चलाते हुए वीडियो शूट किए. अपने गनमैन और कारों के काफिले के साथ वीडियो बना कर सोशल मीडिया पर अपलोड किए. गैंगस्टर राजू ठेहठ बीजेपी नेता प्रेम सिंह बाजौर के जिस मकान में रह रहा था, वह महेशनगर थाने की चौकी से महज 100 मीटर की दूरी पर है. बीट प्रणाली की बात करें या संदिग्धों व बदमाशों को निगरानी की, महेशनगर थाना पुलिस फेल नजर आ रही है.

राजस्थान का एक बड़ा गैंगस्टर खुलेआम काफिले और अकेले रोड पर घूमता, लेकिन थाना पुलिस तो दूर सीएसटी और डीएसटी तक को पता नहीं चला. सोशल मीडिया पर सक्रिय राजू ठेहठ ने भरतपुर के जिला प्रमुख राजवीर, जयपुर के सांगानेर पंचायत समिति के ग्राम पंचायत पवालियां सरपंच रामराज चौधरी और चाकसू विधानसभा यूथ कांग्रेस अध्यक्ष कैलाश चौधरी के साथ फोटो शेयर कर रखी हैं.

माना जा रहा है कि राजू ठेहठ राजनीति में सक्रिय अपने परिचितों से संपर्क साध कर चर्चा करता रहता है और वह राजनीति में जल्द से जल्द सक्रिय होना चाहता है. उस के राजनीतिक लोगों के साथ मीटिंग के दौरान शूट किए गए फोटो भी चर्चा में बने रहते हैं. बदमाशों की टोली के साथ घूमने, खानेपीने की फोटो भी राजू ठेहठ ने शूट कर शेयर की हैं. राजस्थान के सीकर जिले के जीणमाता के पास स्थित अरावली शिक्षण संस्थान की फरजी कार्यकारिणी बनाने के मामले में गैंगस्टर राजू ठेहठ का मामला भी सामने आया.

बताया जाता है कि संस्थान की आईडी और पासवर्ड लेने के लिए राजू ठेहठ ने संचालक को अपने घर बुला कर धमकाया था. साथ ही आईडी पासवर्ड नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी थी. इस मामले में भी पुलिस को राजू की तलाश है. राजू ठेहठ की जान लेने के लिए उस के दुश्मन तैयार बैठे हैं. बलबीर बानूड़ा का बेटा और भतीजे भी मौके की तलाश में हैं.

चाचा की मौत का बदला लेने की फिराक में है पवन

इस कहानी की शुरुआत करीब साढ़े 8 साल पहले हुई थी. 14 साल का बच्चा था सुभाष. 10वीं की पढ़ाई कर रहा था. बौक्सिंग  में स्टेट चैंपियनशिप खेल चुका था. स्किल्स में और निखार लाने के लिए हिसार में बौक्सिंग की ट्रेनिंग ले रहा था. इसी तरह सुभाष का बड़ा भाई पवन इलाहाबाद बैंक में नौकरी कर रहा था. 6 महीने ही हुए थे नौकरी लगे. एक महीने पहले शादी हुई थी. जिंदगी में सब कुछ सही चल रहा था, लेकिन फिर आया 23 जुलाई, 2014 का वह खौफनाक दिन. बीकानेर जेल में गोलियां चलीं और दोनों भाइयों की जिंदगी हमेशा के लिए बदल दी.

दोनों भाइयों के नाम के आगे लगे बौक्सर और बैंकर शब्द हट गए. एक कालिख उन के नाम के साथ जुड़ गई. और दोनों भाई बन गए गैंगस्टर. इस के बाद वह अपराध के दलदल में ऐसे फंसे कि घर छूटा, सरकारी नौकरी चली गई. भूखा तक रहना पड़ा. अच्छीखासी जिंदगी बिखर गई. 23 जुलाई, 2014 को राजस्थान के बीकानेर जेल में 2 खूंखार गैंगस्टर आनंदपाल और बलबीर बानूड़ा पर अटैक हुआ था. बलबीर की गोली लगने से मौत हो गई थी. बलबीर बानूड़ा की मौत ने एक झटके में उस के परिवार के पैरों तले की जमीन खींच ली.

जयपुर से 135 किलोमीटर दूर सीकर में बानूड़ा गांव है. बानूड़ा गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर एक ढाणी में 4 घर बने हुए हैं. यहीं है बलबीर बानूड़ा का मकान. मनोहर कहानियां की टीम वहां पहुंची तो वहां बलबीर की मां और पत्नी मिलीं. जब उन से बात की तो बलबीर के घर वालों ने कहा कि परिवार ने बहुत दुख झेला है, जख्मों को कुरेदने से कोई फायदा नहीं है.

बलबीर बानूड़ा का बेटा सुभाष फरार है. पवन जोकि बलबीर का भतीजा है, वह भी अपने चाचा बलबीर की मौत का बदला राजू ठेहठ से लेना चाहता है. बलबीर का बेटा सुभाष बानूड़ा भी अपने पिता के हत्यारों राजू ठेहठ गैंग से बदला लेना चाहता है.

सुभाष के बड़े भाई पवन ने बताया, ‘‘काका बलबीर को बीकानेर जेल में मार दिया, तभी तय कर लिया था कि बदला लूंगा.’’

राजू ठेहठ राजनीति में कूदने को है लालायित

पवन का कहना है कि पुलिस ने उस पर कई झूठे मुकदमे लगा दिए हैं. 4 महीने पहले भी लड़ाईझगड़े में मुकदमा लगा दिया. इस की जांच चल रही है. कहीं कुछ भी होता है तो पवन का नाम लगा देते हैं. पवन को जेल से छूटे 21 महीने हो गए हैं. मनोज ओला पर फायरिंग की थी. जेल से आने के बाद 3 से 4 बार ही घर गया हूं. रात को घर जा कर सुबहसवेरे घर से निकलना पड़ता है. पवन के पिता प्रिंसिपल हैं. परिवार पूरी तरह से संपन्न है. खुद का भी काम ठीक चल रहा है. पवन के 2 बेटियां हैं और एक बड़ा भाई है. सुभाष का भाई विकास दुबई में रहता है. मांबाप काफी समझाते हैं, लेकिन अब क्या करें. अब तो काका की हत्या का बदला ले कर ही मानेंगे.

आनंदपाल और राजू ठेहठ गैंग में कट्टर दुश्मनी हो गई. शेखावटी में 2016 तक 15 से ज्यादा हत्याएं हो चुकी थीं. आनंदपाल और बलबीर बानूड़ा की मौत के बाद राजू ठेहठ का वर्चस्व बरकरार है. राजू ठेहठ जेल जाता है और बाहर आने के बाद फिर से गलत धंधे करता है. बस, पुलिस उसे फिर जेल में डाल देती है. राजू ठेहठ निकट भविष्य में राजनीति में आ सकता है. मगर राजू ठेहठ के इतने दुश्मन पैदा हो चुके हैं कि वे उस की जान लेने पर आमादा हैं.

गैंगस्टर का जीवन वैसे भी दुश्मन की गोली या फिर पुलिस की गोली से ही समाप्त होता है. ऐसा कोई विरला गैंगस्टर आज के युग में होगा कि वह अपनी मौत मरे.

राजू ठेहठ अपराध की दुनिया का चमकता गैंगस्टर बन कर कभी जेल तो कभी बाहर आ कर ऐशोआराम से जी रहा है. देखना होगा कि भविष्य में राजू ठेहठ क्या कुछ नया करता है. राजू ठेहठ पर ढाई दरजन से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं.

5 Crime Stories Inspired by Real-Life Mysteries

5 Crime Stories Inspired by Real-Life Mysteries  : अगर आप क्राइम स्टोरी पढ़ने के शौकीन हैं, तो इन 5 टॉप फैमिली क्राइम की सच्ची कहानियों को ज़रूर पढ़ें. ये कहानियां आपको रोमांचक मनोरंजन के साथ-साथ अपराध की  दुनिया की गहराई तक ले जाएंगी. यहां दी जा रही है रहस्य से भरपूर टॉप 5 क्राइम स्टोरीज.

30 साल की रंजिश ने ली चार लोगों की जान

5 Crime Stories Inspired by Real-Life Mysteries : 62 वर्षीय रामविलास साह जिला सीतामढ़ी के डुमरा थाना क्षेत्र में आने वाले गांव बनचौरी में अपने परिवार के साथ रहता था. उस के परिवार में दूसरी पत्नी सुनीता के अलावा 2 बेटे थे. पहली पत्नी मनतोरिया से उस के 6 बच्चे थे. लेकिन मनतोरिया अपने बच्चों के साथ दूसरे मकान में रहती थी. एक तरह से उस का पति रामविलास से कोई संबंध नहीं था. रामविलास के पास खेती की अच्छीखासी जमीन थी. डुमरा इलाके में वह बड़े काश्तकारों में शुमार था. रामविलास के दिन बड़ी खुशहाली में कट रहे थे.

पूरी कहानी पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

6 टुकड़े कर महिला को 10 फिट गड्डे में दफनाया

5 Crime Stories Inspired by Real-Life Mysteries : घटना राजस्थान के जोधपुर की है. जिस में एक महिला के 6 टुकड़े कर 10 फिट का गड्डा खोदा जाता है और उस महिला को उस में दफना दिया जाता है. इस घटना से गांव वाले और पुलिस वाले भी हैरान हैं. राजस्थान का एक ऐसा खूबसूरत शहर है जिस में हर साल लाखों लोग को घूमने आते हैं. वह लोगों के लिए एक पर्यटक का स्थल बन चुका है, आज उसी शहर में दर्दनाक घटना हुई है. इस शहर का नाम है जोधपुर जिसे सन सीटी के नाम से भी जाना जाता है. देश और विदेश से लोग यहाँ घूमने आते हैं, लेकिन आज इस शहर में एक ऐसी घटना हुई है जिस ने पूरे देश के लोगों को झकझोर दिया है.

पूरी कहानी पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

आशिकमिजाज पत्नी ने हैरो चोरी के इल्ज़ाम में पति को भेजा जेल

5 Crime Stories Inspired by Real-Life Mysteries : बात 26 जुलाई, 2018 की है. कुछ चरवाहे भोगपुर डैम के पास अपने जानवर चरा रहे थे. तभी उन की नजर डैम के मछली झाला क्षेत्र में पानी पर तैरती एक लाश पर पड़ी. चरवाहों ने डैम के किनारे जा कर देखा तो लाश किसी युवक की थी. एक चरवाहे ने इस की सूचना पुलिस को दे दी. चूंकि यह इलाका जसपुर थाना कोतवाली के अंतर्गत आता था, इसलिए पुलिस कंट्रोल रूम से जसपुर कोतवाली को सूचना दे दी गई. खबर मिलते ही थानाप्रभारी सुशील कुमार, परमापुर चौकी इंचार्ज वी.के. बिष्ट के साथ मौके पर पहुंच गए. पुलिस के पहुंचने तक अंधेरा घिर आया था, मौके पर कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं था. पुलिस ने लाश डैम के पानी से बाहर निकलवाई. लाश की जांच की तो उस के कपड़ों से पहचान की कोई चीज नहीं मिली. लाश एक युवक की थी. शिनाख्त न होने पर पुलिस ने जरूरी काररवाई कर के लाश पोस्टमार्टम के लिए काशीपुर भेज दी.

पूरी कहानी पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

देवर और भाभी ने मिलकर खोला देह व्यापार अड्डा

5 Crime Stories Inspired by Real-Life Mysteries : 27 जून, 2018 की सुबह काशीपुर स्टेशन के अधीक्षक ने थाना आईटीआई को फोन कर के बताया कि बाजपुर ट्रैक पर किसी की लाश पड़ी है. यह सूचना मिलते ही आईटीआई थानाप्रभारी कुलदीप सिंह अधिकारी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए. जब पुलिस वहां पहुंची, तब वहां कोई भी मौजूद नहीं था. वजह यह थी कि न तो वहां कोई आम रास्ता था और न ही कोई वहां से गुजरा था. घटनास्थल पर पहुंच कर पुलिस ने लाश और घटनास्थल का मुआयना किया. साथ ही जरूरी काररवाई भी की. मृतक के गले और छाती पर चोट के निशान थे.

पूरी कहानी पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

मां ने बेटे की हत्या कर आंगन में दफनाया

5 Crime Stories Inspired by Real-Life Mysteries : नशेड़ी निरमैल सिंह मां को मारतापीटता ही नहीं था, बल्कि सीधेसीधे कहता था कि उस के अपने ही किराएदार रविंद्र सिंह से नाजायज संबंध हैं. बेटे की इन्हीं हरकतों से एक ममतामयी मां मजबूर हो कर हत्यारिन बन गई पंजाब के जिला तरनतारन के थाना सरहाली का एक गांव है शेरों. इसी गांव की रहने वाली मनजीत कौर के पति बलवंत सिंह की मृत्यु बहुत पहले हो गई थी. बलवंत सिंह की गांव में खेती की थोड़ी सी जमीन और रहने का अपना मकान था. कुल इतनी जायदाद मनजीत कौर को पति से मिली थी. इस के अलावा वह उसे 2 बेटे और 1 बेटी भी दे गया था.

पूरी कहानी पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

 

आग बनी शोला : जब पति और बेटे बने जान के दुश्मन

उस दिन जून 2019 की 10 तारीख थी. रात के 10 बज रहे थे. कानपुर के थाना अनवरगंज के थानाप्रभारी रमाकांत  पचौरी क्षेत्र में गश्त पर थे. गश्त करते हुए जब वह डिप्टी पड़ाव चौराहा पहुंचे, तभी उन के मोबाइल पर एक काल आई.

उन्होंने काल रिसीव की तो दूसरी ओर से आवाज आई, ‘‘सर, मैं गुरुवतउल्ला पार्क के पास से पप्पू बोल रहा हूं. हमारे घर के सामने पूर्व सभासद नफीसा बाजी की बेटी शहला परवीन किराए के मकान में रहती है. उस के घर के बाहर तो ताला बंद है, लेकिन घर के अंदर से चीखने चिल्लाने की आवाजें आ रही हैं. लगता है, उस घर के अंदर किसी की जान खतरे में है. आप जल्दी आ जाइए.’’

डिप्टी पड़ाव से गुरुवतउल्ला पार्क की दूरी ज्यादा नहीं थी. अत: थानाप्रभारी रमाकांत पचौरी चंद मिनटों बाद ही बताई गई जगह पहुंच गए. वहां एक मकान के सामने भीड़ जुटी थी.

भीड़ में से एक व्यक्ति निकल कर बाहर आया और बोला, ‘‘सर, मेरा नाम पप्पू है और मैं ने ही आप को फोन किया था. अब घर के अंदर से चीखनेचिल्लाने की आवाजें आनी बंद हो चुकी हैं.’’

रमाकांत पचौरी ने सहयोगी पुलिसकर्मियों की मदद से उस मकान का ताला तोड़ा फिर घर के अंदर गए. कमरे में पहुंचते ही पचौरी सहम गए. क्योंकि कमरे के फर्श पर एक महिला की खून से लथपथ लाश पड़ी थी. पड़ोसियों ने बताया कि यह तो शहला परवीन है. इस की हत्या किस ने कर दी.

शव के पास ही खून सनी ईंट तथा एक मोबाइल फोन पड़ा था. लग रहा था कि उसी ईंट से सिर व मुंह पर प्रहार कर बड़ी बेरहमी से उस की हत्या की गई थी. शहला की उम्र यही कोई 35 साल के आसपास थी. पुलिस ने लाश के पास पड़ा फोन सबूत के तौर पर सुरक्षित कर लिया.

घनी आबादी वाले मुसलिम इलाके में पूर्व पार्षद नफीसा बाजी की बेटी शहला परवीन की हत्या की सूचना थानाप्रभारी ने पुलिस अधिकारियों को दी तो कुछ ही देर में एसएसपी अनंतदेव तिवारी, एसपी (क्राइम) राजेश कुमार, एसपी (पूर्वी) राजकुमार, सीओ (कलेक्टरगंज) श्वेता सिंह तथा सीओ (अनवरगंज) सैफुद्दीन भी घटनास्थल पर पहुंच गए.

एसएसपी अनंतदेव ने फारैंसिक टीम को भी बुलवा लिया. बढ़ती भीड़ तथा उपद्रव की आशंका को देखते हुए एसएसपी ने रायपुरवा, चमनगंज तथा बेकनगंज थाने की फोर्स भी बुलवा ली. पूरे क्षेत्र को उन्होंने छावनी में तब्दील कर दिया.

पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तो वह भी आश्चर्यचकित रह गए. शहला परवीन की हत्या बड़ी ही बेरहमी से की गई थी. उस के शरीर पर लगी चोटों के निशानों से स्पष्ट था कि हत्या से पहले शहला ने हत्यारों से अपने बचाव के लिए संघर्ष किया था.

कमरे के अंदर रखी अलमारी और बक्सा खुला पड़ा था, साथ ही सामान भी बिखरा हुआ था. देखने से ऐसा लग रहा था कि हत्या के बाद हत्यारों ने लूटपाट भी की थी. शहला का शव जिस कमरे में पड़ा था, उस का एक दरवाजा पीछे की ओर गली में भी खुलता था.

पुलिस अधिकारियों ने अनुमान लगाया कि वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारे पीछे वाले दरवाजे से ही फरार हुए होंगे और इसी रास्ते से अंदर आए होंगे. पुलिस अधिकारियों के मुआयने के बाद फोरैंसिक टीम ने भी जांच की और साक्ष्य जुटाए. टीम ने अलमारी, बक्सा, ईंट आदि से फिंगरप्रिंट भी उठाए.

भाई ने बताए हत्यारों के नाम

अब तक सूचना पा कर मृतका का भाई तारिक शादाब भी वहां आ गया था. बहन की लाश देख कर वह फफकफफक कर रोने लगा. थानाप्रभारी ने उसे धैर्य बंधाया फिर पूछताछ की. तारिक शादाब ने बताया कि उस की बहन की हत्या उस के पति मोहम्मद शाकिर और बेटों शाकिब व अर्सलान उर्फ कल्लू ने की है. उस ने कहा कि हत्या में शाकिर का बहनोई गुड्डू भी शामिल है, जो कुख्यात अपराधी है.

पुलिस अधिकारियों ने पड़ोसी पप्पू से पूछताछ की. उस ने भी बताया कि शहला के पति व बेटों को उस ने शहला के घर के आसपास देखा था. उस ने उन्हें टोका भी था. तब उन्होंने उसे धमकी दी थी कि टोकाटाकी करोगे तो परिणाम भुगतोगे.

उन की धमकी से वह डर गया था. पप्पू ने भी शहला के पति व बेटों पर शक जाहिर किया. कुछ अन्य लोगों ने बताया कि शहला का पति उस के चरित्र पर शक करता था. शायद अवैध संबंधों में ही उस के पति ने उसे हलाल कर दिया है.

अब तक हत्या को ले कर वहां मौजूद भीड़ उत्तेजित होने लगी थी. अत: पुलिस अधिकारियों ने आनन फानन में शहला परवीन के शव को पोस्टमार्टम के लिए लाला लाजपतराय चिकित्सालय भिजवा दिया. बवाल व तोड़फोड़ की आशंका को देखते हुए घटनास्थल के आसपास पुलिस तैनात कर दी.

चूंकि मृतका शहला परवीन के भाई तारिक शादाब ने अपने बहनोई व भांजे पर हत्या का शक जाहिर किया था, अत: थानाप्रभारी रमाकांत पचौरी ने तारिक शादाब की तरफ से भादंवि की धारा 302 के तहत मोहम्मद शाकिर, उस के दोनों बेटे शाकिब, अर्सलान तथा शाकिर के बहनोई गुड्डू हलवाई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली.

रिपोर्ट दर्ज होने के बाद हत्यारोपियों को पकड़ने के लिए एसएसपी अनंतदेव ने एसपी (क्राइम) राजेश कुमार की अगुवाई में एक पुलिस टीम गठित कर दी. टीम में थानाप्रभारी रमाकांत, सीओ (अनवरगंज) सैफुद्दीन, एसआई राम सिंह, देवप्रकाश, कांस्टेबल अतुल कुमार, दयाशंकर सिंह, राममूर्ति यादव, मोहम्मद असलम तथा अब्दुल रहमान को शामिल किया गया.

पुलिस टीम ने सब से पहले घटनास्थल का निरीक्षण किया फिर मृतका के भाई तारिक शादाब से विस्तृत जानकारी हासिल कर उस का बयान दर्ज किया. पुलिस ने मृतका के पड़ोसी पप्पू से भी कुछ अहम जानकारियां हासिल कीं. इस के बाद पुलिस टीम मृतका शहला परवीन की मां नफीसा बाजी (पूर्व पार्षद) के घर दलेलपुरवा पहुंची. नफीसा बाजी बीमार थीं. बेटी की हत्या की खबर सुन कर उन की तबीयत और बिगड़ गई. पुलिस ने जैसे तैसे कर के उन का बयान दर्ज किया.

चूंकि रिपोर्ट नामजद थी, इसलिए पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए उन के घर दबिश दी तो वह सब घर से फरार मिले. पुलिस टीम ने उन्हें तलाशने के लिए उन के संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी. लेकिन आरोपी पकड़ में नहीं आए. तब इंसपेक्टर रमाकांत पचौरी ने अपने कुछ खास मुखबिरों को आरोपियों की टोह में लगा दिया और खुद भी उन्हें तलाशने में लगे रहे.

12 जून, 2019 की दोपहर को मुखबिर ने थानाप्रभारी को आरोपियों के बारे में खास सूचना दी. मुखबिर की सूचना पर थानाप्रभारी पुलिस टीम के साथ तुरंत हमराज कौंप्लैक्स पहुंच गए.

जैसे ही उन की जीप रुकी तो वहां से 3 लोग चाचा नेहरू अस्पताल की ओर भागे, लेकिन पुलिस टीम ने उन को कुछ ही दूरी पर धर दबोचा. उन से पूछताछ की तो उन्होंने अपने नाम मोहम्मद शाकिर, शाकिब तथा अर्सलान उर्फ कल्लू बताए. इन में शाकिब तथा अर्सलान शाकिर के बेटे थे. पुलिस उन तीनों को थाने ले आई. उन की गिरफ्तारी की खबर सुन कर एसपी (क्राइम) राजेश कुमार और सीओ सैफुद्दीन भी थाने पहुंच गए.

थाने में एसपी (क्राइम) राजेश कुमार तथा सीओ सैफुद्दीन ने उन तीनों से शहला परवीन की हत्या के संबंध में सख्ती से पूछताछ की तो वे टूट गए और उन्होंने हत्या का जुर्म कबूल कर लिया.

मोहम्मद शाकिर ने बताया कि उस की पत्नी शहला परवीन चरित्रहीन थी. उस की बदलचलनी की वजह से समाज में उस की इज्जत खाक में मिल गई थी. हम ने उसे बहुत समझाया, नहीं मानी तो अंत में उस की हत्या करने के लिए मजबूर होना पड़ा. हम तो उस के आशिक रेहान को भी मार डालते, लेकिन वह बच कर भाग गया.

चूंकि मोहम्मद शाकिर तथा उस के बेटों ने हत्या का जुर्म कबूल कर लिया था. अत: पुलिस ने उन तीनों को हत्या के जुर्म में विधिसम्मत गिरफ्तार कर लिया. पुलिस जांच तथा अभियुक्तों के बयानों के आधार पर एक ऐसी औरत की कहानी सामने आई, जिस ने बदचलन हो कर न सिर्फ अपने शौहर से बेवफाई की बल्कि बेटों को भी समाज में शर्मसार किया.

उत्तर प्रदेश के कानपुर महानगर के अनवरगंज थानांतर्गत एक मोहल्ला है दलेलपुरवा. इसी मोहल्ले में हरी मसजिद के पास मोहम्मद याकूब अपने परिवार के साथ रहते थे. उन के परिवार में पत्नी नफीसा बाजी के अलावा 2 बेटे तारिक शादाब, असलम और एक बेटी शहला परवीन थी. मोहम्मद याकूब का कपड़े का व्यापार था. व्यापार से होने वाली आमदनी से वह अपने परिवार का भरणपोषण करते थे. व्यापार में उन के दोनों बेटे भी उन का सहयोग करते थे.

मोहम्मद याकूब जहां व्यापारी थे, वहीं उन की पत्नी नफीसा बाजी की राजनीति में दिलचस्पी थी. वह समाजवादी पार्टी की सक्रिय सदस्य थीं. दलेलपुरवा क्षेत्र से उन्होंने 2 बार पार्षद का चुनाव लड़ा, पर हार गई थीं. लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी. वह पार्टी के साथसाथ समाजसेवा में जुटी रहीं. तीसरी बार जब उन्हें पार्टी से टिकट मिला तो वह पार्षद का चुनाव लड़ीं. इस बार वह जीत कर दलेलपुरवा क्षेत्र की पार्षद बन गईं.

नफीसा बाजी की बेटी शहला परवीन भी उन्हीं की तरह तेजतर्रार थी. वैसे तो शहला बचपन से ही खूबसूरत थी, लेकिन जब वह जवान हुई तो वह पहले से ज्यादा खूबसूरत दिखने लगी थी. जब वह बनसंवर कर घर से निकलती तो देखने वाले देखते ही रह जाते. शहला पढ़ने में भी तेज थी. उस ने फातिमा स्कूल से हाईस्कूल तथा जुबली गर्ल्स इंटर कालेज से इंटरमीडिएट की परीक्षा पास कर ली थी.

शहला शादी लायक हो चुकी थी, मोहम्मद याकूब उस का निकाह कर उसे मानमर्यादा के साथ ससुराल भेजना चाहते थे. एक दिन मोहम्मद याकूब ने अपने पड़ोसी जावेद खां से बेटी के रिश्ते के बारे में बात की तो वह उत्साह में भर कर बोला, ‘‘याकूब भाई, मेरी जानपहचान में एक अच्छा लड़का है मोहम्मद शाकिर. वह चमनगंज में रहता है और कपड़े का व्यवसाय करता है. जिस दिन फुरसत में हो, मेरे साथ चमनगंज चल कर उसे देख लेना. सब कुछ ठीक लगे तो बात आगे बढ़ाएंगे.’’

शाकिर से हो गया निकाह

एक सप्ताह बाद मोहम्मद याकूब जावेद के साथ चमनगंज गए. मोहम्मद शाकिर साधारण शक्ल वाला हंसमुख युवक था. उस में आकर्षण जैसी कोई बात नहीं थी. परंतु वह कमाऊ था, उस का परिवार भी संपन्न था. इस के विपरीत शहला परवीन चंचल व खूबसूरत थी.

कहीं बेटी गलत रास्ते पर न चल पड़े, सोचते हुए मोहम्मद याकूब ने शाकिर को अपनी बेटी शहला परवीन के लिए पसंद कर लिया. इस बारे में उन्होंने बेटी की राय लेनी भी जरूरी नहीं समझी. इस के बाद आगे की बातचीत शुरू हो गई. बातचीत के बाद दोनों पक्षों की सहमति से रिश्ता पक्का हो गया.

तय तारीख को मोहम्मद शाकिर की बारात आई, निकाह हुआ और शहला परवीन शाकिर के साथ विदा कर दी गई. यह सन 1998 की बात है.

सुहागरात को शहला परवीन ने अपने शौहर शाकिर को देखा तो उस के अरमानों पर पानी फिर गया. पति मोहमद शाकिर किसी भी तरह से उसे पसंद नहीं था. उस रात वह दिखावे के तौर पर खुश थी, पर मन ही मन कुढ़ रही थी.

सप्ताह भर बाद शहला का भाई तारिक उसे लेने आ पहुंचा. तभी मौका देख कर शाकिर ने शहला से कहा, ‘‘दुलहन का मायके जाना रिवाज है. रिवाज के मुताबिक तुम्हें मायके भेजना ही पड़ेगा. खैर तुम जाओ. तुम्हारे बिना किसी तरह हफ्ता 10 दिन रह लूंगा.’’

शहला परवीन ने शौहर को घूर कर देखा और कर्कश स्वर में बोली, ‘‘अपनी यह मनहूस सूरत ले कर मेरे मायके मत आना. नहीं तो तुम्हें देख कर मेरी सहेलियां हंसेंगी. कहेंगी देखो शहला जैसी हूर का लंगूर शौहर आया है.’’

यह सुन कर शाकिर को लगा, जैसे किसी ने उस के कानों में गरम शीशा उड़ेल दिया हो. वह पत्नी को देखता रहा और वह भाई के साथ मायके चली गई. 8-10 दिन बाद जब शहला को विदा कर लाने की तैयारी शुरू हुई तो शाकिर ने घर वालों के साथ ससुराल जाने से इनकार कर दिया. तब घर वाले ही शहला को विदा करा लाए.

शाकिर को विश्वास था कि ससुराल आ कर शहला शिकायत करेगी कि सब आए पर तुम नहीं आए. लेकिन ऐसा कुछ कहने के बजाए शहला ने उलटा शौहर की छाती में शब्दों का भाला घोंप दिया, ‘‘अच्छा हुआ तुम नहीं आए, वरना तमाशा बन जाते और शर्मिंदा मुझे होना पड़ता.’’

छाती में शब्दों के शूल चुभने के बावजूद शाकिर चुप रहा. उस का विचार था कि वह अपने प्रेम से शहला का दिल जीत लेगा और खुदबखुद सब ठीक हो जाएगा. शहला को उस की जो शक्ल बुरी लगती है, वह अच्छी लगने लगेगी.

शाकिर ने की दिल जीतने की कोशिश

शाकिर पत्नी को प्यार से जीतने की कोशिश करता रहा और शहला उसे दुत्कारती रही. इस तरह प्यार और नफरत के बीच उन की गृहस्थी की गाड़ी ऐसे ही चलती रही.

समय बीतता गया और शहला 2 बेटों शाकिब व अर्सलान की मां बन गई. शाकिर को विश्वास था कि बच्चों के जन्म के बाद शहला के व्यवहार में कुछ बदलाव जरूर आएगा, पर ऐसा कुछ नहीं हुआ. उस का बर्ताव पहले जैसा ही रहा.

वह बच्चों की परवरिश पर भी ज्यादा ध्यान नहीं देती थी और अपनी ही दुनिया में खोई रहती थी. उसे घर में कैद रहना पसंद न था, इसलिए वह अकसर या तो मायके या फिर बाजार घूमने निकल जाती थी. शाकिर रोकटोक करता तो वह उस से उलझ जाती और अपने भाग्य को कोसती.

शहला परवीन की अपने शौहर से नहीं पटती थी. इसलिए दोनों के बीच दूरियां बनी रहती थीं. शहला का मन पुरुष सुख प्राप्त करने के लिए भटकता रहता था, लेकिन उसे कोई रास्ता नहीं सूझ रहा था.

उन्हीं दिनों शहला के जीवन में मुबीन ने प्रवेश किया. मुबीन अपराधी प्रवृत्ति का था. अनवरगंज क्षेत्र में उस की तूती बोलती थी. व्यापारी वर्ग तो उस के साए से भी डरता था.

वह व्यापारियों से हफ्ता वसूली करता था. शाकिर का कपड़े का व्यवसाय था. मुबीन शाकिर से भी रुपए वसूलता था. शहला परवीन मुबीन को अच्छी तरह जानती थी लेकिन शौहर के रहते वह उस के सामने नहीं आती थी.

एक रोज शहला घर में अकेली थी, तभी मुबीन उस के घर में बेधड़क दाखिल हुआ और दबे पांव जा कर शहला के पीछे खड़ा हो गया. शहला किसी काम में ऐसी व्यस्त थी कि उसे भनक तक नहीं लगी कि कोई उस के पीछे आ खड़ा हुआ है. शहला तब चौंकी जब मुबीन ने कहा, ‘‘शहला भाभी नमस्ते.’’

शहला फौरन पलटी. मुबीन को देख कर उस का चेहरा फूल की तरह खिल गया. वह अपने चेहरे पर मुसकान बिखरते हुए बोली, ‘‘नमस्ते मुबीन भाई, तुम कब आए, मुझे पता ही नहीं चला. बताओ, कैसे आना हुआ? तुम्हारे भैया तो घर पर हैं नहीं.’’

‘‘भैया नहीं हैं तो क्या हुआ. क्या भाभी से मिलने नहीं आ सकता?’’ मुबीन भी हंसते हुए बोला.

‘‘क्यों नहीं?’’ कहते हुए शहला उस के पास बैठ कर बतियाने लगी. बातों ही बातों में मुबीन बोला, ‘‘भाभी, एक बात कहूं, बुरा तो नहीं मानोगी.’’

‘‘एक नहीं चार कहो, मैं बिलकुल बुरा नहीं मानूंगी.’’ शहला ने कहा.

‘‘भाभी, कसम से तुम इतनी खूबसूरत हो कि कितना भी देखूं, जी नहीं भरता.’’ वह॒ बोला.

‘‘धत…’’ कहते हुए शहला के गालों पर लाली उतर आई. कुछ देर बतियाने के बाद मुबीन वहां से चला गया.

इस के बाद मुबीन का शहला के घर आनेजाने लगा. दोनों एकदूसरे की बातों में रमने लगे. शहला और मुबीन हमउम्र थे, जबकि शहला का पति शाकिर उम्र में उस से 6-7 साल बड़ा था. मुबीन शरीर से हृष्टपुष्ट तथा स्मार्ट था. क्षेत्र में उस की हनक भी थी, सो शहला उस से प्यार करने लगी. वह सोचने लगी कि काश उसे मुबीन जैसा छबीला पति मिलता.

मुबीन भी शहला को चाहने लगा था. आते जाते मुबीन ने शहला से हंसीमजाक के माध्यम से अपना मन खोलना शुरू किया तो शहला भी खुलने लगी. आखिर एक दिन दोनों के बीच नाजायज संबंध बन गए. इस के बाद जब भी मौका मिलता, दोनों शारीरिक भूख मिटा लेते. शहला को अब पति की कमी नहीं खलती थी.

शहला और मुबीन के नाजायज रिश्ते ने रफ्तार पकड़ी तो पड़ोसियों के कान खड़े हो गए. एक आदमी ने शाकिर को टोका, ‘‘शाकिर भाई, तुम दिनरात कमाई में लगे रहते हो. घर की तरफ भी ध्यान दिया करो.’’

‘‘क्यों, मेरे घर को क्या हुआ? साफ साफ बताओ न.’’ शाकिर ने पूछा.

‘‘साफ साफ सुनना चाहते हो तो सुनो. तुम्हारे घर पर बदमाश मुबीन का आना जाना है. तुम्हारी लुगाई से उस का चक्कर चल रहा है.’’ उस ने सब बता दिया.

उस की बात सुन कर शाकिर का माथा ठनका. जरूर कोई चक्कर है. अफवाहें यूं ही नहीं उड़तीं. उन में कुछ न कुछ सच्चाई जरूर होती है.

शाम को शाकिर जब घर लौटा तो उस ने पत्नी से पूछा, ‘‘शहला, मैं ने सुना है मुबीन तुम से मिलने घर आता है. वह भी मेरी गैरमौजूदगी में.’’

शहला न डरी न घबराई बल्कि बेधड़क बोली, ‘‘मुबीन आता है पर मुझ से नहीं तुम से मिलने आता है. तुम नहीं मिलते तो चला जाता है.’’

‘‘तुम उसे मना कर दो कि वह घर न आया करे. उस के आने से मोहल्ले में हमारी बदनामी होती है.’’

‘‘मुझ से क्यों कहते हो, तुम खुद ही उसे क्यों नहीं मना कर देते.’’

‘‘ठीक है, मना कर दूंगा.’’

इस के बाद शाकिर मुबीन से मिला और उस ने उस से कह दिया कि वह उस की गैरमौजूदगी में उस के घर न जाया करे.

शाकिर की बात सुनते ही मुबीन उखड़ गया. उस ने उसे खूब खरीखोटी सुनाई. शाकिर डर गया और अपनी जुबान बंद कर ली. मुबीन बिना रोकटोक उस के घर आता रहा और शहला के साथ मौजमस्ती करता रहा.

मुबीन ने जब शाकिर का सुखचैन छीन लिया तब उस ने अपने रिश्तेदारों को घर बुलाया और इस समस्या से निजात पाने के लिए विचार विमर्श किया. आखिर में तय हुआ कि इज्जत तभी बच सकती है, जब मुबीन को ठिकाने लगा दिया जाए.

इस के बाद शाकिर के भाई, शहला के भाई और मामा ने मिल कर दिनदहाड़े खलवा में मुबीन की हत्या कर दी. हत्या के आरोप में सभी को जेल जाना पड़ा. यह बात सन 2012 की है.

इस घटना के बाद करीब 4 साल तक घर में शांति रही. शहला का शौहर के प्रति व्यवहार भी सामान्य रहा. अब तक शहला के दोनों बेटे शाकिब और अर्सलान भी जवान हो गए थे. बापबेटे रोजाना सुबह 10 बजे घर से निकलते तो फिर देर शाम ही घर लौटते थे. कपड़ों की बिक्री का हिसाब किताब लगा कर, खाना खा कर वे सो जाते थे.

शहला परवीन न शौहर के प्रति वफादार थी और न ही उसे बेटों से कोई लगाव था. वह तो खुद में ही मस्त रहती थी. बनसंवर कर रहना और घूमना फिरना उस की दिनचर्या में शामिल था. उस का बनाव शृंगार देख कर कोई कह नहीं सकता था कि वह 2 जवान बच्चों की मां है.

शहला को घर में सभी सुख सुविधाएं हासिल थीं पर शौहर की बांहों का सुख प्राप्त नहीं हो पाता था. शाकिर अपने धंधे में लगा रहता था. काम की वजह से बीवी से भी दूरियां बनी रहती थीं. दूसरी ओर शहला उसे पसंद भी नहीं करती थी. वह तो किसी नए प्रेमी की तलाश में थी. हालांकि इस खेल में उसे शौहर तथा जवान बच्चों का डर लग रहा था.

उसी दौरान उस की नजर रेहान पर पड़ी. रेहान गम्मू खां के अहाते में रहता था और प्रौपर्टी डीलिंग का काम करता था. वह उस का दूर का रिश्तेदार भी था. उस का जब तब शहला के यहां आनाजाना लगा रहा था. वह हैंडसम था.

शहला परवीन का दिल रेहान पर आया तो वह उसे खुला आमंत्रण देने लगी, आंखों के तीरों से उसे घायल करने लगी. खुला आमंत्रण पा कर रेहान भी उस की ओर आकर्षित होने लगा. जब भी उसे मौका मिलता, शहला के साथ हंसीमजाक और छेड़छाड़ कर लेता. शहला उस की हंसीमजाक का जरा भी बुरा नहीं मानती थी. दोनों के पास एकदूसरे का मोबाइल नंबर था. जल्दी ही दोनों की मोबाइल पर प्यारभरी बातें होने लगीं.

आदमी हो या औरत, मोहब्बत होते ही उस का मन कल्पना की ऊंची उड़ान भरने लगता है. रेहान और शहला का भी यही हाल था. दोनों मोहब्बत की ऊंची उड़ान भरने लगे थे. आखिर एक रोज रेहान ने चाहत का इजहार किया तो शहला ने इकरार करने में जरा भी देर नहीं लगाई. इतना ही नहीं, शहला ने उसी समय अपनी बांहों का हार रेहान के गले में डाल दिया.

इस के बाद दोनों के बीच शारीरिक रिश्ता बनते देर नहीं लगी. एक बार अवैध रिश्ता बना तो उस का दायरा बढ़ता गया. शहला अब पति की कमी प्रेमी से पूरी करने लगी. उसे जब भी मौका दिखता, फोन कर रेहान को अपने यहां बुला लेती और दोनों रंगरलियां मनाते.

कभी कभी रेहान शहला को होटल में भी ले जाता था, जहां वे मौजमस्ती करते. शहला परवीन रेहान के साथ घूमने फिरने भी जाने लगी. रेहान उसे कभी बाहर पार्क में ले जाता तो कभी तुलसी उपवन. वहां दोनों खूब बतियाते.

पर एक दिन शाकिर ने शहला और रेहान को अपने ही घर में आपत्तिजनक अवस्था में देख लिया. वे दोनों एकदूसरे की बांहों में इस कदर मस्त थे कि उन्हें खबर ही नहीं हुई कि दरवाजे पर खड़ा शाकिर उन की कामलीला देख रहा है.

घर में अनाचार होते देख शाकिर का खून खौल उठा. उस ने दोनों को ललकारा तो रेहान सिर पर पैर रख कर भाग गया लेकिन शहला कहां जाती. शाकिर ने सारा गुस्सा उसी पर उतारा. उस ने पीट पीट कर पत्नी को अधमरा कर दिया.

शाकिर ने शहला को रंगे हाथों पकड़ने की जानकारी अपने दोनों बेटों को दी तो बेटों ने भी मां को खूब लताड़ा. शौहर और बेटों ने शहला को जलील किया. इस के बावजूद उस ने रेहान का साथ नहीं छोड़ा.

कुछ दिनों बाद ही वह घर से बाहर रेहान से मिलने लगी. चोरी छिपे मिलने की जानकारी शाकिर को हुई तो उस ने फिर से शहला की पिटाई की. इस के बाद तो यह सिलसिला ही चल पड़ा.

जब भी शाकिर को दोनों के मिलने की जानकारी होती, उस दिन शहला की शामत आ जाती. लेकिन पिटाई के बावजूद जब शहला ने रेहान का साथ नहीं छोड़ा तो आजिज आ कर शाकिर ने शहला को तलाक दे दिया. तलाक के मामले में बेटों ने बाप का ही साथ दिया. यह बात जनवरी, 2018 की है.

शौहर से तलाक मिलने के बाद शहला कुछ महीने मायके दलेलपुरवा में रही. उस के बाद उस ने अनवरगंज थाना क्षेत्र के डिप्टी पड़ाव में गुरुवतउल्ला पार्क के पास किराए पर मकान ले लिया और उसी में रहने लगी. इस मकान में उस का प्रेमी रेहान भी आने लगा. शहला को अब कोई रोकने टोकने वाला नहीं था, सो वह प्रेमी के साथ खुल कर मौज लेने लगी.

रेहान के पास पैसों की कमी नहीं थी, सो वह शहला पर दिल खोल कर खर्च करता था. पे्रमी के आनेजाने की जानकारी पड़ोसियों को न हो, इस के लिए वह मकान के आगे वाले गेट पर ताला लगाए रखती थी और पीछे के दरवाजे से आती जाती थी. इसी पीछे वाले दरवाजे से उस का प्रेमी रेहान भी आता था.

शहला और रेहान के अवैध संबंधों की जानकारी शाकिर के घर वालों व नाते रिश्तेदारों को भी थी. इस से पूरी बिरादरी में उस की बदनामी हो रही थी. उस के दोनों बेटे शादी योग्य थे. पर मां शहला की चरित्रहीनता के कारण बेटों का रिश्ता नहीं हो पा रहा था. आखिर आजिज आ कर शाकिर ने शहला और रेहान को सबक सिखाने की योजना बनाई. अपनी इस योजना में शाकिर ने अपने बहनोई गुड्डू हलवाई तथा दोनों बेटों को भी शामिल कर लिया.

बन गई हत्या की योजना

10 जून, 2019 की रात 8 बजे शाकिर को एक रिश्तेदार के माध्यम से पता चला कि शहला के घर में रेहान मौजूद है और वह आज रात को वहीं रुकेगा. यह खबर मिलने के बाद शाकिर ने अपने बहनोई गुड्डू हलवाई को बुला लिया. फिर बहनोई व बेटों के साथ शाकिर शहला के घर जा पहुंचा. घर के बाहर गेट पर ताला लगा था. वे लोग पीछे के दरवाजे से घर के अंदर दाखिल हुए.

घर के अंदर कमरे में रेहान और शहला आपत्तिजनक अवस्था में थे. शाकिर ने उन दोनों को ललकारा और सब मिल कर रेहान को पीटने लगे. प्रेमी को पिटता देख शहला बीच में आ गई. वह प्रेमी को बचाने के लिए पति और बेटों से भिड़ गई. दोनों बेटे मां को पीटने लगे. इसी बीच मौका पा कर रेहान वहां से भाग निकला.

रेहान को भगाने में शहला ने मदद की थी, सो वे सब मिल कर शहला को लात घूंसो से पीटने लगे. इसी समय शाकिर की निगाह वहीं पड़ी ईंट पर चली गई. उस ने लपक कर ईंट उठा ली और उस से शहला के सिर व मुंह पर ताबड़तोड़ प्रहार किए. जिस से शहला का सिर फट गया और खून बहने लगा.

कुछ देर तड़पने के बाद शहला ने दम तोड़ दिया. हत्या के बाद उन सब ने मिल कर अलमारी व बक्से के ताले खोले और उस में रखी नकदी तथा जेवर निकाल लिए तथा सामान बिखेर दिया. फिर पीछे के रास्ते से ही फरार हो गए.

इधर पड़ोसी पप्पू ने शहला के घर चीखनेचिल्लाने की आवाज सुनी तो उस ने थाना अनवरगंज पुलिस को सूचना दे दी. सूचना पाते ही इंसपेक्टर रमाकांत पचौरी घटनास्थल पर आए और शव को कब्जे में ले कर जांच शुरू की. जांच में अवैध रिश्तों में हुई हत्या का परदाफाश हुआ और कातिल पकड़े गए.

13 जून, 2019 को पुलिस ने अभियुक्त मोहम्मद शाकिर, उस के बेटों शाकिब और अर्सलान को कानपुर कोर्ट में रिमांड मजिस्ट्रैट के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जिला कारागार भेज दिया गया.

कथा संकलन तक उन की जमानत नहीं हुई थी. एक अन्य अभियुक्त गुड्डू हलवाई फरार था. पुलिस उसे पकड़ने का प्रयास कर रही थी.

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

प्रेमिका के लिए पत्नी का कत्ल