Bollywood News: सितारों की हलचल

Bollywood News: दीपिका पादुकोण बौलीवुड की पहली पंक्ति की हीरोइनों में हैं. उन्हें ले कर फिल्म बनाने वाला कोई भी निर्माता उसी तरह खुद पर गर्व कर सकता है, जैसे शाहरुख, सलमान या आमिर खान के साथ काम करने पर गर्व करता है. दीपिका खूबसूरत ही नहीं, बहुत अच्छी अदाकारा भी हैं. ‘ओम शांति ओम’ के बाद उन्होंने अलगअलग नायकों के साथ आधा दरजन हिट और सुपरहिट फिल्में दी हैं. उन की हालिया रिलीज संजय लीला भंसाली की ‘बाजीराव मस्तानी’ भी हिट फिल्म में है, जिस में उन्होंने मस्तानी की भूमिका निभाई है.

इतनी बड़ी हीरोइन होते हुए भी दीपिका के पास फिल्में नहीं हैं तो इस का कारण वह खुद हैं. उन का कहना है कि कोई जरूरी नहीं कि आप फिल्मों में ही काम करते रहें. आखिर जिंदगी में और भी तो काम होते हैं. इंसान को व्यस्त रहना चाहिए, जो मैं हूं. वैसे इस की वजह यह भी है कि दीपिका बड़े प्रोजैक्ट में बड़े सितारों के साथ काम करना चाहती हैं, जबकि चोटी का कोई भी सितारा फिलहाल खाली नहीं है.

वैसे बौलीवुड में अटकलें लग रही हैं कि दीपिका प्रियंका चोपड़ा की तरह हौलीवुड का रुख करना चाहती हैं. चर्चा है कि वह हौलीवुड की फिल्म सीरीज ‘एक्सएक्सएक्स’ की अगली फिल्म में काम करने जा रही हैं. इस सीरीज की फिल्में हौलीवुड अभिनेता विन डीजल की एक्शन से भरपूर फिल्में होती हैं. वैसे बताते चलें कि इस सीरीज की फिल्मों को दोयम दरजे की माना जाता है.

दीपिका के इस कदम को बौलीवुड में हैरानी से देखा जा रहा है. कारण यह कि जिस बुलंदी पर वह हैं, वहां रहते उन्हें किसी भी बड़ी हौलीवुड फिल्म में आसानी से काम मिल सकता था. इस से पहले उन्हें ब्लौकबस्टर हौलीवुड फिल्म सीरीज ‘फास्ट ऐंड फ्यूरियस’ में काम करने का औफर भी मिला था. लेकिन डेट्स की प्रौब्लम की वजह से उन्होंने इनकार कर दिया था.

ज्ञातव्य हो बौलीवुड के कई सितारे हौलीवुड की फिल्मों में काम कर चुके हैं. हीरोइनों की बात करें तो नरगिस फाखरी ने हौलीवुड फिल्म ‘स्पाई’ में और प्रियंका चोपड़ा ने अमेरिकी धारावाहिक ‘क्वांटिको’ में काम किया है. जाहिर है, दीपिका को हौलीवुड में इस से भी बड़ा औफर मिल सकता था. लेकिन उन्होंने ऐसे किसी औफर का इंतजार न कर के ट्रिपल एक्स सीरीज की फिल्म में काम करना स्वीकार कर लिया, जो ताज्जुब की बात है. इस बात पर मुहर लगाने के लिए उन्होंने हाल ही में इंटरनेट पर विन डीजल के साथ अपनी एक तसवीर भी पोस्ट की है.

ट्रिपल एक्स सीरीज की फिल्में अकसर हीरो केंद्रित होती हैं, हीरोइन का इन में नाममात्र का रोल होता है. बेशक इस सीरीज की फिल्म में दीपिका का रोल बड़ा हो न हो, इतना जरूर कहा जा सकता है कि यह फिल्म बड़ी हिट होगी. क्योंकि विन डीजल की सभी हालिया फिल्मों ने बहुत अच्छा बिजनैस किया है. Bollywood News

 

 

 

 

 

 

Cyber Crime: एमबीए ठगों का जाल

Cyber Crime: रिहान के पास एमबीए की डिग्री थी. वह कोई अच्छी नौकरी या काम कर सकता था, लेकिन उस के फितरती दिमाग में इंटरनेट के जरिए लोगों को ठगने का ऐसा आइडिया आया, जिस ने उसे साथियों के साथ जेल पहुंचा दिया. समाज में ऐसे युवाओं की कमी नहीं है, जो आधुनिकता की चकाचौंध से प्रभावित हो कर बहुत कम समय में सफलताओं की इमारत खड़ी करने के सपने देखते हैं. वे सोचते हैं कि उन के पास सभी भौतिक सुविधाएं और ढेर सारी दौलत हो.

महत्त्वाकांक्षाओं की हवाएं जब उन के दिलोदिमाग में सनसनाती हैं तो सोच खुदबखुद इस की गुलाम हो जाती है. सोच की यह गुलामी उन्हें इसलिए बुरी भी नहीं लगती, क्योंकि इस से उन्हें ख्वाबों में कल्पनाओं के खूबसूरत महल नजर आने लगते हैं. रिहान भी कुछ ऐसी ही सोच का शिकार था.

एमबीए पास कंप्यूटर एक्सपर्ट रिहान का ख्वाब था कि किसी भी तरह उस के पास इतनी दौलत आ जाए कि जिंदगी ऐशोआराम से बीते. यह कैसे हो, इस के लिए वक्त के दरिया में तैराकी करते हुए वह दिनरात अपने दिमाग को दौड़ाता रहता था. कुछ विचार उसे सही नजर आए, मगर उन विचारों को क्रियान्वित करने के लिए पैसों की जरूरत थी, जो उस के पास नहीं थे. क्योंकि वह बेरोजगारी की गर्दिश झेल रहा था. लिहाजा उन विचारों का उस के लिए कोई महत्त्व नहीं रहा.

फिलहाल उस के सामने सब से बड़ी समस्या पैसों की थी, इसलिए वह अपने लिए सही नौकरी तलाशने लगा. इस के लिए उस ने कई जगह हाथपैर मारे, लेकिन जब उसे मन मुताबिक नौकरी नहीं मिली तो उस ने सन 2014 में एक फाइनैंस कंपनी में नौकरी कर ली. यह कंपनी लोगों को विभिन्न बैंकों से लोन दिलाने का काम करती थी. इस के बदले वह लोन लेने वालों से तयशुदा कमीशन लेती थी.

रिहान उत्तर प्रदेश के मेरठ शहर स्थित कोतवाली क्षेत्र की पुरानी तहसील मोहल्ले का रहने वाला था. उस के पिता अख्तर नवाज का कई सालों पहले इंतकाल हो गया था. पति की मौत के सदमे में मां का साया भी उस के सिर से उठ गया. रिहान उन का एकलौता बेटा था. बाद में उस के चाचा मजहर ने न सिर्फ उस की परवरिश की, बल्कि उन्होंने उसे बेहतर तालीम भी दिलाई. रिहान लंबातगड़ा, आकर्षक कदकाठी का युवक था. उस का लाइफस्टाइल भी आधुनिक था. वह जितना कमाता था, उस से उस के महंगे शौक भी मुश्किल से पूरे होते थे. महत्त्वाकांक्षी होने के साथसाथ वह तेजतर्रार भी था.

जिस फाइनैंस कंपनी में वह नौकरी कर रहा था, वहां काम करतेकरते उसे यह बात समझ में आ गई थी कि यह कंपनी पाकसाफ काम नहीं करती, बल्कि लोगों को सपनों में उलझा कर उन के साथ ठगी करती है. एक दिन औफिस में उस के सामने जो वाकया पेश आया, उस से इस बात की पुष्टि तो हो ही गई, साथ ही उसे भी कुछ ऐसा ही काम करने की प्रेरणा मिल गई. दरअसल, एक दिन औफिस में एक ग्राहक आ कर झगड़ने लगा. लोन पास कराने के लिए उस ने कंपनी को 25 हजार रुपए फाइल खर्च व अन्य खर्चों के नाम पर जमा कर दिए थे. इस के बावजूद भी कंपनी वाले उसे लोन नहीं दिला रहे थे. इस के लिए वह पहले भी कई बार औफिस के चक्कर लगा चुका था, लेकिन उस दिन वह गुस्से में दिखाई पड़ रहा था.

औफिस में आते ही वह रिसैप्शनिस्ट के सामने पड़ी कुरसी पर बैठ गया. फिर उस से मुखातिब होते हुए बोला, ‘‘आज तो मैं कुछ फैसला कर के ही जाऊंगा. पैसे लेने के बावजूद भी मुझे लोन नहीं दिलाया जा रहा, मेरा काम नहीं हो रहा है तो मेरे पैसे वापस करो.’’

उस के तीखे तेवर देख कर रिसैप्शनिस्ट ने उसे समझाने की नाकाम कोशिश की, ‘‘सर, हम कोशिश कर रहे हैं.’’

इस पर वह और भी भड़क गया, ‘‘कोशिश तो आप कई महीनों से कर रहे हैं. बताओ उस का क्या नतीजा निकला? आप को पता है मैं पंजाब से यहां आताजाता हूं. कितने पैसे तो मैं किराए में ही खर्च कर चुका हूं, लेकिन आप लोग मेरी बात को समझ ही नहीं रहे.’’

शोर सुन कर रिहान भी वहीं आ कर खड़ा हो गया था. ग्राहक को समझाते हुए रिसैप्शनिस्ट बोली, ‘‘सौरी सर, आज तो बौस यहां नहीं हैं.’’

यह सुन रिहान को झटका लगा, क्योंकि कंपनी का बौस तो उस समय औफिस में बने अपनी केबिन में ही था.

रिसैप्शनिस्ट की बात से नाराज ग्राहक सख्ती से बोला, ‘‘मैं आज यहां से जाने वाला नहीं हूं. आप उन्हें अभी फोन मिलाइए और पूछिए कि मेरे पैसे कब मिलेंगे?’’

‘‘ओके सर,’’ उस के अडि़यल रुख को देखते हुए रिसैप्शनिस्ट ने तुरंत ही टेबल पर रखे टेलीफोन का स्पीकर औन कर के एक नंबर डायल कर दिया. तभी दूसरी तरफ से आवाज आई, ‘उपभोक्ता का मोबाइल अभी स्विच औफ है. कृपया थोड़ी देर बाद डायल करें.’ इस के बाद रिसैप्शनिस्ट उस ग्राहक से शांत लहजे में बोली, ‘‘सर, आप फिर कभी आइए, अभी तो सर से बात नहीं हो पा रही है. मैं आप के सामने ही नंबर मिला रही हूं. उन का मोबाइल अभी बंद है.’’

‘‘ओजी ठीक है. मैं फिर आऊंगा और अब की बार अपने पैसे ले कर ही जाऊंगा.’’ खड़े होते हुए वह पंजाबी लहजे में बोला और गुस्से से पैर पटकता हुआ औफिस से निकल गया.

यह सब देख कर रिहान सोच में पड़ गया. इस की वजह भी थी क्योंकि कंपनी के बौस उस समय औफिस में ही थे और दूसरे उन का मोबाइल कभी बंद ही नहीं रहता था. इस बात को भी वह अच्छी तरह से जानता था. जिज्ञासावश उस ने रिसैप्शनिस्ट से पूछा, ‘‘मैडम, बौस का मोबाइल तो कभी बंद नहीं रहता, फिर यह सब…’’

उस की बात पर पहले वह खिलखिला कर हंसी, फिर रहस्यमय अंदाज में बोली, ‘‘रिहान अभी तुम नहीं समझोगे ये सब बातें.’’

‘‘मतलब… अब तो मैडम आप को बताना ही होगा.’’ रिहान ने जिद की.

उस की जिद पर रिसैप्शनिस्ट ने टेबल पर रखे फोन की तरफ इशारा करते हुए बताया, ‘‘रिहान, जब हम इस से बौस का नंबर डायल करते हैं तो हमेशा यही संदेश सुनने को मिलेगा. दरअसल बौस ने अपने मोबाइल में औटोमैटिक सौफ्टवेयर डाला हुआ है. ऐसे ग्राहकों से पीछा छुड़ाने के लिए यही तरीका अपनाना पड़ता है.’’

इन सब बातों से रिहान का दिमाग घूम गया. वह तुरंत एक फाइल के बहाने बौस के केबिन में दाखिल हुआ. उस समय बौस फोन से किसी से बातें कर रहे थे. अब उसे पक्का विश्वास हो गया कि रिसैप्शनिस्ट जो कह रही थी, बिलकुल सच था. उस दिन के बाद रिहान ने कंपनी के काम को और भी जिज्ञासा से समझना शुरू कर दिया. कुछ ही दिनों में पूरी तरह उस की समझ में आ गया कि कंपनी वास्तव में लोगों को लोन दिलाने का ख्वाब दिखा कर ठगी का धंधा करती है. उस के दिमाग में विचार आया कि जिस तरह से यह कंपनी लोगों को बेवकूफ बना कर पैसे ठग रही है, इसी तरह से वह भी लाखों रुपए कमा सकता है.

कंपनी जिस तरह से लोगों को झांसे में लेती थी, उस तरीके को वह यहां काम करते हुए अच्छी तरह से जान गया था. वह इस काम की बारीकियों को भी समझ चुका था. इस कंपनी में सैयद बिलाल उर्फ समी मलिक व अब्दुल बारी भी नौकरी करते थे. ये दोनों युवक भी मेरठ के ही रहने वाले थे. सैयद बिलाल तो उसी की तरह एमबीए पास था. रिहान के पास भी ऊंची तालीम थी. वह चाहता तो कोई अच्छी नौकरी या व्यवसाय कर सकता था, लेकिन उस का दिमाग गलत दिशा में दौड़ने लगा. उस ने मन ही मन सोच लिया कि वह भी अपनी खुद की ऐसी कंपनी खड़ी कर के करोड़ों रुपए कमाएगा.

इस मुद्दे पर रिहान अपने साथियों सैयद बिलाल और अब्दुल बारी से बात की तो वे भी उस का साथ देने के लिए तैयार हो गए. जल्दी ही ज्यादा पैसे कमाने के लालच में तीनों ने एक साथ उस फाइनैंस कंपनी से नौकरी छोड़ दी. लोगों को कंपनी के जाल में उलझाया जा सके, इस के लिए इंटरनेट वेबसाइट का रजिस्ट्रेशन जरूरी था. कंपनी को चूंकि धंधा ही ठगी का करना था, इसलिए वे रजिस्ट्रेशन अपने असली नाम से नहीं कराना चाहते थे.

रिहान ने आकाश शिंदे के नाम से फरजी प्रमाणपत्र बनवाए और उन के माध्यम से एडिशन कारपोरेशन फाइनैंस डौट काम नाम की वेबसाइट बनवाई. इस के बाद उन्होंने शहर के वैस्टर्न कचहरी मार्ग पर कंपनी का एक औफिस भी खोल लिया. औफिस में उन्होंने जरूरी स्टाफ भी रख लिया. यह जनवरी, 2015 की बात थी. उन्होंने वेबसाइट पर दावा किया कि कंपनी विभिन्न बैंकों से हर तरह के लोन दिलाती है. कंपनी का सब से आकर्षक औफर न्यूनतम 4 प्रतिशत ब्याज दर पर लोन दिलाने का था. समाज में ऐसे जरूरतमंद लोगों की कमी नहीं, जिन्हें लोन की जरूरत रहती है.

कंपनी की वेबसाइट पर फरजी नामों से लिए गए मोबाइल नंबर भी दिए गए थे. उन्होंने वेबसाइट पर योजनाबद्ध तरीके से प्रचार किया था. इस का नतीजा यह हुआ कि कुछ ही दिनों में उन के पास लोगों के फोन आने शुरू हो गए. फोनकर्त्ताओं से बेहद लुभावनी बातें की जातीं. उन से कहा जाता कि उन की कंपनी खुद भी लोन देती है और बैंकों से भी दिलाती है. चूंकि बैंकों के साथ उन का करार है, इसलिए उन के माध्यम से बैंक सस्ती ब्याज दरों पर लोन पास कर देती हैं. इन्हीं चिकनीचुपड़ी बातों में लोग फंसते गए. वे लोगों से फाइल चार्ज के नाम पर 5 से 25 हजार रुपए वसूलने लगे. लोगों को चूंकि बिना सख्त नियमों और आधेअधूरे कागजों के साथ मनचाहा लोन मिल जाने की उम्मीद होती थी, लिहाजा वह खुशीखुशी पैसे दे देते थे.

सपनों को बेचने का रिहान का यह धंधा ऐसा चमका कि उस की दुनिया ही बदल गई. फाइल चार्ज के नाम पर ही उन्होंने लाखों रुपए कमा लिए. इस के बाद उन्होंने धीरेधीरे कंपनी का नेटवर्क दूसरे राज्यों में फैलाना शुरू कर दिया. रिहान ने फरजी पहचानपत्रों के आधार पर बैंकों में भी खाते खुलवा लिए थे. उन्हीं खातों में वे लोगों से रकम जमा करवाते थे. उन्होंने जो वेबसाइट बनवाई थी, उस पर कंपनी का पता नहीं दिया था. वे फोन पर ही लोगों से बातें करते थे. उन की कोशिश यही होती थी कि पूरी काररवाई इंटरनेट के जरिए ही हो.

वे नजदीकी राज्यों के लोगों के बजाय उड़ीसा, राजस्थान, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, गुजरात, पंजाब, छत्तीसगढ़, आसाम, पश्चिमी बंगाल, आंध्र प्रदेश, बिहार आदि प्रदेशों के लोगों को ही अपने झांसे में लेने की कोशिश करते थे, ताकि ठगे जाने के बाद वे उन के औफिस के ज्यादा चक्कर न लगा सकें. जिस शख्स के ये पैसे ठगते, वह शख्स बारबार इन के पास फोन करता तो वे अपने फोन नंबर बदल देते थे. ठगी का अहसास होने के बावजूद कोई चाहते हुए भी इन के औफिस नहीं आ पाता था, क्योंकि औफिस उन के यहां से काफी दूर था और जो कोई इन के औफिस में कभी आ भी जाता तो उसे कोई न कोई बहाना बना कर चलता कर दिया जाता था. जो लोग इन के ऊपर ज्यादा दबाव बनाते थे, उन में से जिन लोगों के बैंक में दिए जाने वाले कागजात पूरे होते थे, उन का लोन पास करा देते थे.

धंधे में चमक आई तो उन्होंने समाचार पत्रों में भी विज्ञापन देने शुरू कर दिए. इस का भी उन्हें फायदा मिला. कंपनी का धंधा बढ़ने पर उन्होंने कई बैंकों में फरजी नामपतों पर एक दरजन से ज्यादा खाते खुलवा लिए. वे अलगअलग राज्यों के लोगों को पैसा जमा करने के लिए अलगअलग खाता नंबर देते थे. पैसे जमा होते ही वे तुरंत एटीएम कार्ड से निकाल लेते थे. ग्राहकों को उन के काम पर भरोसा रहे, इसलिए दिखावे के लिए वे अलगअलग राज्यों के स्टांप पेपर और बैंकों के फरजी चैक टेबल रखते थे. जिन्हें दिखा कर वे ग्राहकों को आश्वस्त करते थे कि कई ग्राहकों के चेक उन के यहां तैयार रखे हैं. औफिस को उन्होंने इस ढंग से सुसज्जित किया था, जिस से लगे कि यह कोई बड़ी लोन कंपनी का औफिस है.

इस बीच उन्होंने एक टेलीफोन कंपनी से सिम कार्ड बिक्री के लिए भी अनुबंध कर लिया. स्टाफ रखने में वे अधिकांश लड़कियों को प्राथमिकता देते थे, ताकि कोई ग्राहक उन से ज्यादा लड़ेझगड़े नहीं.

एक दिन 3 लोग कंपनी के औफिस पहुंचे. देखने और पहनावे से वे गुजराती लग रहे थे. रिसैप्शनिस्ट के पास पहुंचते ही एक ने कहा, ‘‘हमें प्रौपर्टी के लिए लोन चाहिए. हम लोग बहुत दूर से आए हैं.’’

‘‘आप लोग कहां से आए हैं?’’ रिसैप्शनिस्ट बोली.

‘‘जी गुजरात से.’’ उन में से एक आदमी बोला.

‘‘कितना लोन चाहिए आप को?’’ रिसैप्शनिस्ट ने पूछा.

‘‘5 करोड़.’’ उस शख्स ने कहा तो रिसैप्शनिस्ट थोड़ा चकरा गई.

‘‘इतना बड़ा लोन. इस का फाइल चार्ज भी काफी लगेगा.’’ वह बोली.

‘‘कोई बात नहीं मैडम, जो भी चार्ज होगा हम देने को तैयार हैं.’’ कहने के साथ ही उस शख्स ने जेब में हाथ डाल कर 50 हजार रुपए की गड्डी निकाल कर रिसैप्शनिस्ट के सामने रख दी.

तभी रिसैप्शनिस्ट बोली, ‘‘नहींनहीं, अभी रहने दीजिए, यह तो बाद में जमा करना होगा. आप रुकिए, मैं आप को बौस से मिलवाती हूं.’’ कह कर वह केबिन में चली गई.

इस के बाद उन तीनों गुजरातियों को भी बौस के औफिस में ले गई. उस केबिन में रिहान और बिलाल बैठे थे. उन दोनों को जब पता चला कि मोटे लोन के लिए वे लोग गुजरात से उन के पास आए हैं तो वे बहुत खुश हुए. लोन लेने के लिए जो लोग आए थे, उन्होंने यह भी बता दिया था कि उन के कुछ पेपर कम पड़ सकते हैं.

बिलाल को जब विश्वास हो गया कि पार्टी पक्की है तो वह बोला, ‘‘पेपरों की आप फिक्र न करें, उन्हें हम पूरे करा देंगे. लेकिन पेपर तैयार करने से पहले आप को फाइल चार्ज वगैरह के पैसे पहले जमा कराने होंगे.’’

‘‘ठीक है, आप जितना बोलेंगे हम कर जमा कर देंगे.’’ उन में से एक ने कहा.

बिलाल ने उन्हें एक सप्ताह के बाद अपने पेपरों के साथ आने को कहा. इस के बाद वे चले गए.

इसी बीच 2 नवंबर, 2015 को उन की कंपनी की वेबसाइट अचानक बंद हो गई. रिहान ने पहले इसे इंटरनेट व कंप्यूटर का कोई टैक्निकल फौल्ट समझा. कई घंटे बाद भी जब वह नहीं चली तो वे समझ गए कि यह वेब निर्माता कंपनी के स्तर से बंद हुई है. तब रिहान ने वेब निर्माता कंपनी के औफिस फोन किया. उन्होंने भी इसे टैक्निकल दिक्कत बताया. वेबसाइट चल पाती, उस से पहले ही 3 नवंबर को पुलिस वहां दनदनाती हुई पहुंच गई. पुलिस को देख कर औफिस में बैठे सभी लोगों के होश फाख्ता हो गए. पुलिस टीम में वे लोग भी शरीक थे, जो गुजराती क्लाइंट बन कर उन के पास आए थे. रिहान समझ गया कि उस का खेल खत्म हो चुका है.

पुलिस ने मौके से रिहान, बिलाल व अब्दुल बारी को गिरफ्तार कर लिया. औफिस की तलाशी ली गई तो वहां से 3 लैपटौप, 6 मोबाइल फोन, 2 लैंडलाइन फोन, 18 एटीएम कार्ड, 2 शौपिंग कार्ड, 6 पैन कार्ड, आधार कार्ड, 15 चैकबुक, विभिन्न राज्यों के लोगों के भरे हुए करीब साढ़े तीन सौ फार्म, 21 छोटीबड़ी मोहरें, कई राज्यों के स्टांप पेपर व अन्य कागजी सामग्री मिली. पुलिस आरोपियों को बरामद सामान के साथ थाना सिविल लाइंस ले आई और उन से पूछताछ की. पूछताछ के दौरान उन्होंने इंटरनेट के जरिए ठगी का अपना सारा खेल पुलिस को बता दिया. पुलिस ने बेहद चतुराई से उन पर शिकंजा कसा था.

दरअसल, भारतीय रिजर्व बैंक के एक पत्र के आधार पर उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय में तैनात पुलिस महानिरीक्षक (अपराध) मनोज कुमार झा ने मेरठ पुलिस को सितंबर महीने में इस संबंध में काररवाई करने के निर्देश दिए थे. एसएसपी डी.सी. दुबे ने मामले की जांच थाना सिविल लाइंस पुलिस को करने के निर्देश दिए, साथ ही उन्होंने साइबर यूनिट के प्रभारी कर्मवीर सिंह को भी इस काम में लगा दिया.

जांच में पता चला कि यह कंपनी वास्तव में लोगों के साथ ठगी का धंधा कर रही है. जो मोबाइल नंबर वेबसाइट पर दिए गए थे, जांच में वह भी फरजी आईडी प्रूफ पर लिए हुए पाए गए. जांचपड़ताल में वेबसाइट निर्माता कंपनी का पता भी लग गया. वह कंपनी मेरठ की ही थी. वेबसाइट रजिस्ट्रेशन के समय जो कागजात जमा किए थे, उन की जांच की तो वह भी फरजी पाए गए. वह कागजात आकाश शिंदे के नाम पर थे.

पुलिस को पता चल गया कि कंपनी का संचालन वैस्टर्न कचहरी रोड के एक कार्यालय से किया जा रहा है. जब साइबर युनिट प्रभारी कर्मवीर सिंह को विश्वास हो गया कि कंपनी की बुनियाद फरजीवाड़े पर टिकी है तो उन्होंने अपनी जांच से पुलिस अधीक्षक (अपराध) टी.एस. सिंह, पुलिस उपाधीक्षक एस. वीर कुमार को अवगत करा दिया. पुख्ता जानकारी मिलने के बाद एसएसपी डी.सी. दुबे ने ठगों की गिरफ्तारी के लिए एक पुलिस टीम का गठन किया. इस टीम में थाना सिविल लाइंस प्रभारी इकबाल अहमद कलीम, सबइंसपेक्टर महेश कुमार शर्मा, कर्मवीर सिंह, कांस्टेबल अरविंद कुमार, विजय कुमार, आनंद कुमार व उमेश वर्मा को शामिल किया गया.

एक दिन पुलिस टीम के 3 सदस्य छद्म गुजराती क्लाइंट बन कर उन के औफिस पहुंचे. सदस्यों ने औफिस में जो बात की, उस से पूरा विश्वास हो गया कि ये लोग लोन दिलाने के नाम पर बहुत बड़ी ठगी कर रहे हैं. इस के बाद पुलिस ने उन ठगों की वेबसाइट ब्लौक करा दी और अगले दिन उन के औफिस में छापा मार दिया. विस्तार से की गई पूछताछ में पता चला कि रिहान और उस के साथी लाखों रुपए की ठगी कर चुके हैं. अगले दिन पुलिस ने तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.

अच्छी डिग्री होने के बावजूद रिहान और उस के साथियों ने लोगों को ठगने की फितरती सोच बनाई थी, उसी सोच ने उन के भविष्य को चौपट कर दिया. कथा लिखे जाने तक किसी भी आरोपी की जमानत नहीं हो सकी थी. Cyber Crime

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

Suspense Hindi Story: पश्चताप की आग

Suspense Hindi Story: जिस सेठ गणपत राव की कंपनी से यशवंत राव 5 लाख रुपए गबन करना चाहता था, मरने से पहले उस ने अपनी पूरी संपत्ति उस के नाम कर दी थी.

औफिस में घुसते ही सेठ गणपत राव ने सामने कुरसी पर बैठे एकाउंटैंट यशवंत से पूछा,

‘‘कोई चैक है?’’

‘‘एक नहीं, कई हैं सर,’’ यशवंत ने मुसकरा कर कहा, ‘‘छोटीमोटी रकमों के कुल आधा दर्जन चेक हैं, एक तो काफी बड़ी रकम का है. आखिरकार चौहान ने पैसे दे ही दिए.’’

सेठ गणपत राव ने दोनों हाथों की अंगुलियों को आपस में उलझा कर हंसते हुए कहा, ‘‘चमत्कार हर युग में हुए हैं. उन्होंने पूरी रकम अदा कर दी है क्या?’’

‘‘जी, 50 लाख 59 हजार 6 सौ 40 रुपए का चेक है. पूरी रकम अदा कर दी है.’’

‘‘बहुत अच्छा, तब तो तुम बैंक जाने की तैयारी कर रहे होगे? बैंक जा रहे हो तो 20 लाख रुपए निकलवा लेना, मुझे गजेंद्र के यहां जाना है, वहां से लौट कर लोनावला वाली जमीन देखने जाऊंगा. हो सकता है, कुछ एडवांस देना पड़े. चेक पर तुम खुद ही दस्तखत कर लेना. तब तक मैं एक जरूरी काम निपटाए लेता हूं.’’

‘‘ठीक है, सर.’’

हमेशा से ऐसा ही होता आया था. उन दिनों से जब यशवंत नवयुवक था और यहां काम करने आया था. शुरूशुरू में इस कंपनी में केवल गणपत राव थे और सारा काम वह खुद ही देखते थे. जबकि इस समय उन की कंपनी में काफी लोग काम कर रहे थे. आजकल उन का कारोबार भी काफी अच्छा चल रहा था. वह जिस चीज में हाथ लगा देते थे, वह सोना हो जाती थी. यशवंत को उन के एकएक पैसे के बारे में पता था. सेठ गणपत राव के पास अरबों की दौलत थी. यशवंत इस बात से हैरान था कि इतनी दौलत का वह करेंगे क्या? दुनिया में उन का एक भी रिश्तेदार नहीं है. आखिर यह दौलत वह किस के लिए जमा कर रहे हैं?

सेठ गणपत राव को कामों से ही फुरसत नहीं थी. वह पैसा कब और कहां खर्च करते? वह तो बस काम करने और व्यस्त रहने के आदी थे. शायद इसीलिए यशवंत को यह कहने में जरा भी हिचक नहीं होती थी कि यह आदमी केवल काम करने के लिए जी रहा है. गणपत राव के जाते ही यशवंत ने मेज पर पड़े अखबार को उठाया तो उस की नजर सीधे आधे पृष्ठ के एक विज्ञापन पर जा कर ठहर गई, ‘‘द फ्लाइंग एज…’’

उस ने विज्ञापन की हैडिंग एक बार फिर से पढ़ी, ‘‘धूप में चमकते हिंद महासागर पर सुंदर उड़ान… मेडागास्कर की सुंदर धरती की यात्रा, जहां फूलों की सुगंध आप का स्वागत करती हैं, वहां जीवन एक नई छटा बिखेरता है.’’

विज्ञापन देख कर यशवंत के दिल में वर्षों से सोई एक चाहत अचानक अंगड़ाई ले कर जाग उठी. विदेश की अनोखी धरती की यात्रा उस की इच्छा ही नहीं थी, बल्कि जीवन का एक सपना था. लेकिन उसे गणपत राव के यहां जो वेतन मिलता था, उस में ऐसी जगहों का सिर्फ सपना ही देखा जा सकता था. इस वेतन से वह केवल शहर के ही मामूली मनोरंजन स्थलों तक जा सका था. शायद यही वजह थी कि विज्ञापन देख कर उस का मन मचल उठा था. वहां जाने की इच्छा तीव्र हो उठी थी. उस ने हमेशा की तरह इस बार भी इस इच्छा को दबाने की कोशिश की, लेकिन इस बार दबने के बजाय वह उभरती जा रही थी. शायद वह विद्रोह पर उतर आई थी.

वह उसे जितना दबाने की कोशिश कर रहा था, वह उतना ही उग्र होती जा रही थी. आखिर क्यों उस के दिमाग में यह विचार बारबार आ रहा था? क्या वह अपनी यह इच्छा पूरी नहीं कर सकता? उसे सेठ गणपत राव की ओर से चेक पर दस्तखत करने का अधिकार मिला हुआ था. बूढ़े सेठ को तो यह भी नहीं मालूम था कि उन के किस एकाउंट में कितना पैसा है. उन्होंने न जाने कितने समय से बैंक स्टेटमैंट भी नहीं देखा था. वह इधर सिर्फ तरहतरह की जायदादों में रुचि ले रहे थे या फिर निवेश के बारे में सोचते रहते थे.

यशवंत का मन ज्यादा बेचैन हुआ तो वह उठ कर टहलने लगा. उसे घूमने जाने के लिए जितने पैसों की जरूरत थी, वह उन्हें फितरत से पाना चाहता था, जिसे गबन कहा जाता है. लेकिन यह अपराध था. उस ने सोचा कि जैसे भी हो, उसे हर हालत में अपनी इस इच्छा का गला घोंट देना चाहिए. लेकिन लाख कोशिश के बावजूद वह ऐसा नहीं कर सका. इच्छा दबने के बजाय और बलवती होती जा रही थी, साथ ही पैसे हासिल करने का तरीका भी उस के दिमाग में आने लगा था. उसे लगा, जैसे कोई उस के कान में कह रहा है कि उसे घूमने जाने में परेशानी क्या है? उसे केवल एक चेक पर दस्तखत ही तो करने हैं और दस्तखत करने का अधिकार उसे सेठ गणपत राव ने दे ही दिया है.

उस ने सोचा कि मोटी रकम निकाल कर वह किसी अंजान शहर में जा कर कोई छोटामोटा कारोबार कर लेगा. इतना तो वह कमा ही लेगा, जितना सेठ गणपत राव देते हैं. उस के दिल ने कहा कि वह 3 सप्ताह की यात्रा पर जाने के लिए अगर कंपनी के एकाउंट से कुछ लाख रुपए निकाल लेता है तो परेशानी क्या है? लेकिन दिमाग ने कहा, ‘‘यह धोखेबाजी होगी. सेठ गणपत राव ने हमेशा उस से अच्छा व्यवहार किया है, आंख मूंद कर विश्वास किया है. उसी का नतीजा है कि चेक पर उसे हस्ताक्षर करने का अधिकार दिया है.’’

‘‘लेकिन गधों की तरह काम भी तो लेता है. उसे जितना वेतन मिलना चाहिए, वह भी तो नहीं देता.’’ दिल ने कहा.

‘‘फिर भी यह गलत है. अगर वह कम वेतन देता है तो उसे उस से कह देना चाहिए. उसे इस तरह चोरी नहीं करना चाहिए.’’

‘‘आखिर कुछ लाख रुपए ले लेने से उस का क्या बिगड़ जाएगा?’’

‘‘जब स्वाति बीमार हुई थी तो गणपत राव ने उस की कितनी मदद की थी.’’ दिमाग ने सलाह दी.

‘‘स्वाति? शायद वह भूल रहा है कि उस औरत की चीखों ने उसे कितना दुखी किया था. अच्छी बात यह है कि उस का कोई बच्चा नहीं है, वरना वह क्या करता? उसे इस मौके का फायदा उठा लेना चाहिए. स्वाति से भी पीछा छूट सकता है.’’ दिमाग ने तर्क किया.

यशवंत की नजरें मेज पर टिकी थीं. उस के दिल और दिमाग में द्वंद्व चल रहा था. लेकिन वह किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पा रहा था. आज उसे लग रहा था कि किसी ईमानदार आदमी के लिए किसी को धोखा देना कितना कठिन काम होता है. अगर सेठ गणपत राव की ओर से चेकों पर दस्तखत करने का अधिकार न मिला होता तो शायद वह उन के फरजी दस्तखत कर के रुपए निकलवा लेता. यही वजह थी कि वह उस के विश्वास की हत्या नहीं करना चाहता था.

मन था कि मान ही नहीं रहा था. उस के तर्क थे कि बस छोटे से खतरे की बात है. इच्छा पूरी करने के लिए छोटामोटा खतरा तो उठाना ही पड़ता है. लेकिन दिमाग का कहना था कि पता चलने पर गणपत राव पुलिस में रिपोर्ट कर देगा. यह भी हो सकता है कि अखबारों में विज्ञापन दे दे कि ‘तुम जहां कहीं भी हो वापस आ जाओ, तुम्हें कुछ नहीं कहा जाएगा.’

यशवंत ने पूरी ताकत से अपने मन में उठी इस इच्छा को दबाना चाहा, तब दिमाग ने कहा, ‘‘ठीक है, तुम ऐसा नहीं कर सकते तो कोई बात नहीं, कम से कम ट्रैवेल एजेंसी तक तो जा ही सकते हो. वहां से जो प्रचार सामग्री मिलेगी, उसे तो देख ही लोगे.’’

‘‘बहुत अच्छा,’’ यशवंत धीरे से बुदबुदाया, ‘‘मैं ऐसा ही करूंगा.’’

उस पूरे सप्ताह वह काफी खुश रहा. उस ने कई ट्रैवेल एजेंसियों के चक्कर लगाए और वहां से तमाम प्रचार सामग्री ले आया. उस ने उन्हें ध्यान से और इतनी बार देखा कि उन के एकएक फोटो उस की आंखों में बस गए. अब उन तसवीरों को देखते ही उसे लगता कि वह वहां घूम रहा है. एक दिन वह अपनी सीट पर बैठा सीटी बजाते हुए उन प्रचार सामग्री को पलट रहा था कि सेठ गणपत राव उस के सामने आ कर खड़े हो गए. वह एकदम से शांत हो गया. गणपत राव ने उस की पीठ पर हाथ रख कर कहा, ‘‘क्या बात है बेटा, आज बहुत खुश नजर आ रहे हो, कहीं से दौलत तो हाथ नहीं लग गई?’’

‘‘अभी तो कुछ हाथ नहीं लगा सेठजी.’’ यशवंत ने झेंपते हुए कहा.

‘‘लौटरी वगैरह के चक्कर में मत पड़ना,’’ सेठ गणपत राव ने कहा, ‘‘अगर तुम्हें दौलत ही चाहिए तो मेहनत से कमाना. सुकून मिलेगा. गलत रास्ते से आने वाली दौलत से कभी सुकून नहीं मिलता.’’

यशवंत के दिमाग में गणपत राव की ये बातें गूंजने लगीं. इन बातों से वह नर्वस होने लगा. गणपत राव यह बात अपने स्टाफ के हर आदमी से कह चुके थे. वह मेहनत पर विश्वास करते थे और दूसरों से भी मेहनत करने के लिए कहते थे.

यशवंत बड़बड़ाया, ‘यह आदमी न जाने किस मिट्टी का बना है. हमेशा काम की ही बातें करता है. आखिर कोई आदमी जीवन में कितना काम कर सकता है? इसे तो आदमी नहीं चींटी के रूप में जन्म लेना चाहिए था, जो हमेशा काम में लगी रहती है.’

सेठ गणपत राव के बारे में दिमाग में जैसे ही कड़वाहट पैदा हुई, मन ने कहा, ‘‘अरे चेक कैश कराने के बारे में क्या सोचा? मैं कब से समझा रहा हूं कि सीधी अंगुली घी नहीं निकलता.’’

‘‘अभी बहुत समय पड़ा है.’’ दिमाग ने कहा.

‘‘मूर्ख, तुम डर रहे हो, अभी एक चेक भरो और उस पर दस्तखत कर के बैंक से कैश करा लो. आखिर इस में बुराई क्या है?’’

‘‘ठीक है, यही करता हूं.’’ दिमाग ने हार मान ली.

यशवंत का दिमाग राजी हो गया तो वह उचित मौके की तलाश में लग गया. 2 दिनों बाद सेठ गणपत राव को अपने वकील से मिलने जाना पड़ा. यशवंत को लगा, वह इस मौके का फायदा उठा सकता है. उन के आने के पहले वह चैक तैयार कर के कैश करा सकता है. वह औफिस में नहीं रहेंगे तो कोई पूछेगा भी नहीं. किसी को शक भी नहीं होगा कि कुछ गलत हुआ है.

यशवंत ने चेक बुक निकाली. उस पर तारीख डाल कर ‘पे कैश’ लिखा. लेकिन इसी के साथ डर के मारे रीढ़ की हड्डी पर छिपकली सी रेंगती महसूस हुई. क्योंकि उस ने चेक पर पहले कभी यह शब्द नहीं लिखा था. उसे लगा, चेक पर लिखे शब्द उस की विवशता पर हंस रहे हैं. वह चेक मेज पर रख कर उठ खड़ा हुआ. शायद कोई बात उसे विचलित कर रही थी.

वह अपनी केबिन में टहलने लगा. उसे लगा, स्टाफ के लोग उसे घूर रहे हैं. तो क्या उन्हें उस की नीयत का पता चल गया है? उन लोगों को कैसे पता चला कि वह धोखेबाजी करने जा रहा है? उस ने सिर झटका और भ्रम को दूर किया. उस के माथे पर पसीने की बूंदें चुहचुहा आई थीं. एक बार उस ने फिर से चेक को देखा. वह सोचने लगा कि इस में कितनी रकम भरी जाए. ट्रैवेल एजेंसी से मिली प्रचार सामग्री से पता चल चुका था कि पसंदीदा जगहों पर घूमने के लिए उसे कम से कम 5 लाख रुपए की जरूरत पड़ेगी. उस ने तुरंत चेक में यह रकम भर दी.

‘‘लानत है मुझ पर.’’ उस ने खुद को कोसा, ‘‘मुझे 10 लाख रुपए लिखना चाहिए था, जब बेईमानी ही कर के घूमने जा रहा है तो मौज से घूमना चाहिए.’’

उसे हैरानी हो रही थी कि लोग लाखोंकरोड़ों का फ्रौड कैसे कर लेते हैं, जबकि वह केवल 10-5 लाख के बारे में ही सोच रहा है. उसे लगा कि अब उस ने जो रकम भर दी है, उसी में संतोष करना चाहिए. उस ने चेक पर दस्तखत किए और केबिन से बाहर आ गया.

‘‘मैं बैंक जा रहा हूं,’’ उस ने चलतेचलते साथियों से कहा. औफिस से बाहर आ कर वह पल भर के लिए रुका. बैंक पहुंचने में उसे ज्यादा समय नहीं लगता था, लेकिन आज वह सीधे बैंक जाने के बजाय इधरउधर घूमते हुए बैंक जा रहा था. वह पलटपलट कर देख भी रहा था कि कोई उसे देख तो नहीं रहा है.

उस ने किताबों की दुकान के सामने गाड़ी रोक दी और उस के ऊपर लगे बोर्ड को घूरने लगा. इस के बाद गाड़ी से उतर कर एक खोखे से सिगरेट खरीद कर सुलगाई और धीरेधीरे कश लगाते हुए गाड़ी आगे बढ़ा दी. लेकिन एक अनजान भय उसे घेरे था. उसे लग रहा था कि लोग उसे घूर रहे हैं. नजरों से ही उस की लानतमलामत कर रहे हैं. उस से कह रहे हैं कि ईमानदार होते हुए भी वह चोरी कर के बहुत बड़ा अपराध करने जा रहा है.

उस के दिमाग में आया कि उसे चेक कैश कराने में देर नहीं करनी चाहिए. जब तक वह चेक कैश नहीं करा लेता, तब तक उस के दिमाग में इसी तरह की बातें चलती रहेंगी. वह लपक कर बैंक पहुंचा. उस ने कैशियर के सामने चेक रख कर उसे नोट गिनते हुए देखने लगा. अचानक उस का दिल उछल कर हलक में आ गया. किसी ने नाम ले कर उसे पुकारा. बराबर वाले क्लर्क ने उस की ओर इशारा कर के कहा, ‘‘आप को मैनेजर साहब बुला रहे हैं.’’

यशवंत का पूरा शरीर पसीने से तर हो गया. एक बार तो उस का मन किया कि वह भाग निकले. लेकिन उसे लगा कि उस की टांगों में भागने की ताकत नहीं है. मैनेजर के केबिन की चंद गज की दूरी उसे बहुत लंबी लग रही थी. मन वहां जाने का नहीं हो रहा था. उसे लगा कि कहीं सेठ गणपत राव को वकील ने यहां किसी फाइल की जरूरत तो नहीं पड़ गई. वह अपना मोबाइल औफिस में ही छोड़ आया था. औफिस में फोन किया होगा तो उन्हें बताया गया होगा कि वह बैंक गया है.

हिम्मत कर के वह मैनेजर की केबिन में दाखिल हुआ. अब तक वह काफी हद तक संभल चुका था. अभी उस ने कैशियर से रुपए लिए नहीं थे, इसलिए वह अपराधी नहीं था. इस बात ने उस का हौसला बढ़ाया. उस के केबिन में दाखिल होते ही मैनेजर ने कहा, ‘‘वकील के औफिस में सेठ गणपत राव की तबीयत अचानक खराब हो गई है. आप तुरंत लीलावती अस्पताल पहुंचिए.’’

यशवंत जैसे एक भयानक सपने से जागा. उस ने कुछ कहना चाहा, लेकिन जुबान ने साथ नहीं दिया. वह खामोशी से घूमा और दरवाजे की ओर बढ़ा. तभी कैशियर ने कहा, ‘‘यशवंत, कैश तो लेते जाइए.’’

कैशियर की बात का जवाब दिए बगैर वह कार में जा बैठा. कार तेजी से अस्पताल की ओर चल पड़ी. अगला एक घंटा उस का बेचैनी से गुजरा. वह अस्पताल पहुंचा तो सेठ गणपत राव की मौत हो चुकी थी. वकील के औफिस में उन्हें हार्टअटैक आ गया था. अस्पताल से उसे वकील के औफिस जाना पड़ा. वहां वह काफी डरा हुआ था. उसे यही लग रहा था कि वकील उसे अर्थपूर्ण नजरों से देख रहा है.

अनायास ही उस का हाथ अपने हैंड बैग की ओर बढ़ा. उस ने इत्मीनान की सांस ली कि उस ने कैशियर से पैसे नहीं लिए थे. अचानक वकील की नजरें बदल गईं. वकील ने कहा, ‘‘तुम्हें पता है सेठ गणपत राव आज मेरे औफिस क्यों आए थे?’’

‘‘नहीं…’’ वह थूक निगल कर बोला.

‘‘वह यहां वसीयतनामे पर दस्तखत करने आए थे. जैसे ही उन्होंने दस्तखत किए, उन पर दिल का दौरा पड़ गया. वह अपनी तमाम जायदाद और धनदौलत तुम्हारे नाम कर गए हैं.’’

यशवंत को अपना दिल सीने से बाहर आता महसूस हुआ. वह फटीफटी नजरों से वकील को घूरता रह गया. वकील ने उस के कंधे पर हाथ रख कर कहा, ‘‘मुझे लगता है, तुम्हें उन की मौत का गहरा सदमा पहुंचा है. लेकिन होनी को कौन टाल सका है.’’

यशवंत ने सहमति में सिर हिलाया. वह दिल ही दिल में सोच रहा था कि उस ने बैंक से वे पांच लाख रुपए नहीं लिए, वरना शायद वह जीवन भर पश्चाताप की आग में जलता रहता. Suspense Hindi Story

Mumbai Crime Story: प्यार में उजड़ी गृहस्थी

Mumbai Crime Story: अगर कोई किसी पर सब से ज्यादा विश्वास करता है तो पहले नंबर पर आती है पत्नी और उस के बाद दोस्त. लेकिन कभीकभी ये दोनों भी दगा करने से नहीं चूकते.

मुंबई से सटे जिला थाणे की तहसील अंबरनाथ के गांव नेवाली आकृति चाल में रहने वाले कुछ लोग सुबह काम के लिए निकले तो गांव से कुछ दूरी पर घनी झाडि़यों के बीच उन्हें प्लास्टिक का एक सुंदर और बड़ा सा कैरीबैग पड़ा दिखाई दिया. तेज बारिश होने के बावजूद उस पर खून के धब्बे दिखाईं दे रहे थे. इसलिए लोगों को यही लगा कि इस में किसी की लाश भरी है. मामला गंभीर था, इसलिए थोड़ी ही देर में वहां भीड़ लग गई. किसी ने इस बात की जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम को दे दी. वह इलाका थाना हिल लाईन के अंतर्गत आता था, इसलिए पुलिस कंट्रोल रूम ने यह सूचना थाना हिल लाईन पुलिस को दे दी.

सूचना मिलने के बाद ड्यूटी पर तैनात असिस्टैंट इंसपेक्टर पढ़ार ने काररवाई करते हुए सच्चाई का पता लगाने के लिए नेवाली गांव स्थित पुलिस चौकी पर तैनात सबइंसपेक्टर दंगड़ू शिवराम अहिरे और पुलिस कांस्टेबल शेषराव वाघ को घटनास्थल पर भेज दिया. सबइंसपेक्टर दगड़ू शिवराम अहिरे और कांस्टेबल शेषराव वाघ गांव नेवाली पहुंचे तो गांव से कुछ दूरी पर उन्हें भीड़ लगी दिखाई दी. उन्हें समझते देर नहीं लगी कि लाश वहीं पर पड़ी है.

उन्होंने वहां जा कर सब से पहले तो उस कैरीबैग को झाडि़यों से बाहर निकलवाया. गांव वालों की मौजूदगी में जब उसे खोला गया तो उस में प्लास्टिक की मोटी थैली में एक युवक की लाश को तोड़मरोड़ कर भरा गया था. लाश बाहर निकाली गई. मृतक 27-28 साल का युवक था. किसी तेज धार वाले चाकू से उस का गला काट कर हत्या की गई थी. सांवले रंग का वह युवक शरीर से ठीकठाक था. इस का मतलब हत्या में एक से अधिक लोग शामिल रहे होंगे.

दगड़ू शिवराम अहिरे और शेषराव वाघ ने इस बात की जानकारी सीनियर इंसपेक्टर मोहन बाघमारे को दी तो वह तुरंत इंसपेक्टर जितेंद्र आगरकर, असिस्टैंट इंसपेक्टर मनोज सिंह चौहान, महिला सबइंसपेक्टर वी.एस. शेलार, कांस्टेबल के.बी. जाधव, दिनेश कुभारे, जी.एस. मोरे और महिला कांस्टेबल पेड़वाजे को ले कर घटनास्थल के लिए रवाना हो गए.  उन के पहुंचने तक प्रैस फोटोग्राफर, डाग स्क्वायड, फिंगरप्रिंट ब्यूरो की टीम के अलावा एडीशनल पुलिस कमिश्नर बसंत जाधव और असिस्टैंट पुलिस कमिश्नर डी. जगताप वहां पहुंच चुके थे.

डाग स्क्वायड, प्रैस फोटोग्राफर और फिंगर प्रिंट ब्यूरो का काम खत्म हो गया तो घटनास्थल और लाश का निरीक्षण किया गया. इस के बाद लाश की शिनाख्त की बात आई तो भीड़ में मौजूद कुछ लोगों ने मृतक की शिनाख्त कर दी. मृतक का नाम संजय हजारे थे. वह अपनी पत्नी अनुभा, एक बच्ची और दोस्त दीपांकर पात्रा के साथ कुछ दिनों पहले ही वहां रहने आया था. मृतक की शिनाख्त होते ही मोहन बाघमारे ने एक सिपाही भेज कर मृतक की पत्नी अनुभा को घटनास्थल पर बुलवा लिया. अनुभा पति की लाश देखते ही फूटफूट कर रोने लगी. पुलिस ने उसे समझाबुझा कर शांत कराया और वहां की सारी औपचारिक काररवाई पूरी कर लाश को पोस्टमार्टम के लिए जिला मध्यवर्ती अस्पताल भिजवा दिया.

इस के बाद पुलिस थाने लौट आई थी. थाने लौट कर मोहन बाघमारे ने अपने स्टाफ के साथ सलाहमशविरा कर के हत्या के इस मामले की जांच इंसपेक्टर जितेंद्र आगरकर को सौंप दी. जितेंद्र आगरकर ने सहयोगियों के साथ जांच शुरू की तो उन्हें मृतक संजय हजारे की पत्नी अनुभा और साथ रहने वाले उस के दोस्त दीपांकर पात्रा पर शक हुआ. क्योंकि घटनास्थल पर जब अनुभा रो रही थी तो उन्होंने महसूस किया था कि पति की मौत पर कोई पत्नी जिस तरह रोती है, वैसा दर्द अनुभा के रोने में नहीं था. वह दिखावे के लिए रो रही थी. इसलिए उन्होंने जांच की शुरुआत अनुभा और दीपांकर से शुरू की.

उन्होंने दोनों को थाने बुला कर पूछताछ शुरू कर दी. पुलिस ने जब अनुभा से पूछा कि यह सब कैसे हुआ तो नजरें चुराते हुए उस ने कहा कि कल रात उन का अंडे खाने का मन हुआ तो वह अंडे लेने निकले. लेकिन वह गए तो लौट कर नहीं आए. मुझे लगा कि बारिश तेज हो रही है, इसलिए वह कहीं रुक गए होंगे. रात 12 बजे तक मैं ने उन का इंतजार किया. उतनी रात तक भी वह नहीं आए तो मैं बेटी के साथ सो गई. दीपांकर पात्रा के बारे में पूछा गया तो उस ने उसे अपना मुंहबोला भाई बताया. उस से भी पूछताछ की गई. उस ने अनभिज्ञता जाहिर करते हुए खुद को निर्दोष बताया.

अनुभा का बयान जितेंद्र आगरकर के गले नहीं उतर रहा था. जिस औरत का पति रात को घर न आए, भला वह निश्चिंत हो कर कैसे सो सकती है? इस के अलावा दीपांकर ने पूछताछ में जो बयान दिया था, वह अनुभा के बयान से एकदम अलग था. अनुभा ने उसे मुंहबोला भाई बताया था, जबकि दीपांकर ने खुद को उस का दूर का रिश्तेदार बताया. इसी वजह से अनुभा शक के घेरे में आ गई थी. पुलिस को लग रहा था कि किसी न किसी रूप में अनुभा पति की हत्या में शामिल है. लेकिन पुलिस के पास उस के खिलाफ कोई ठोस सबूत न होने की वजह से पुलिस उस पर सीधा आरोप नहीं लगा पा रही थी.

पुलिस सबूत जुटाने के लिए वहां पहुंची, जहां संजय अनुभा के साथ पहले रहता था. क्योंकि शिनाख्त के दौरान लोगों ने बताया था कि मृतक यहां कुछ दिनों पहले ही रहने आया था. अनुभा और दीपांकर ने पूछताछ में बताया था कि यहां आने से पहले वे अंधेरी (पूर्व) के गौतमनगर में रहते थे. जितेंद्र आगरकर ने अपने सहयोगियों को गौतमनगर भेज कर संजय और उस की पत्नी के बारे में पता किया तो वहां से पता चला कि संजय और उस की पत्नी अनुभा के बीच अकसर लड़ाईझगड़ा होता रहता था. झगड़े की वजह थी अनुभा के संजीव शिनारौय के साथ के अवैध संबंध.

संजीव पहले उन के साथ ही रहता था. बाद में उसे अलग कर दिया गया था. इस के बावजूद अनुभा उस से मिलती रहती थी. जांच टीम के लिए यह जानकारी महत्त्वपूर्ण थी. पुलिस ने तुरंत संजीव को हिरासत में ले लिया. थाने ला कर जब उस से पूछताछ की गई तो हर अभियुक्त की तरह उस ने भी पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस को पूरा विश्वास था कि हत्या इसी ने की है, इसलिए पुलिस ने उस से सच उगलवा ही लिया. इस के बाद अनुभा को भी गिरफ्तार कर लिया गया. पूछताछ में अनुभा और संजीव ने संजय की हत्या की जो कहानी सुनाई, वह कुछ इस तरह थी.

संजय हजारे पश्चिम बंगाल के जिला 24 परगना के वीरभूम का रहने वाला था. चूंकि उस के यहां सोनेचांदी के गहने बनाने और उन पर नक्काशी करने का काम होता आया था, इसलिए थोड़ीबहुत पढ़ाई कर के वह भी यही काम करने लगा था. गांव में उस की एक छोटी सी दुकान थी, जिस से इतनी आमदनी नहीं होती थी कि परिवार का गुजरबसर आराम से होता. मुंबई मेहनती और महत्त्वाकांक्षी युवकों के सपनों की नगरी है. संजय भी घर वालों से इजाजत ले कर सन 2005 में मुंबई आ गया था.

मुंबई में उस के गांव के कई लड़के पहले से ही रहते थे, इसलिए मुंबई में संजय को किसी तरह की परेशानी नहीं हुई. वह उन्हीं के साथ रह कर सोनेचांदी के गहने बनाने और उन पर नक्काशी का काम करने लगा. कुछ दिनों तक इधरउधर काम करने के बाद बोरीवली की एक बड़ी फर्म में उसे काम मिल गया. यहां उसे ठीकठाक पैसे मिलने लगे. ठीकठाक कमाई होने लगी तो पैसे इकट्ठा कर के उस ने अंधेरी (पूर्व) के गौतमनगर में एक मकान खरीद लिया.

वह अकेला ही रहता था, इसलिए दीपांकर और संजीव को भी उस ने अपने साथ रख लिया. संजीव उसी के गांव का रहने वाला था, जबकि दीपांकर पात्रा दूसरे गांव का रहने वाला था, बाद में दीपांकर ने ही उस की शादी अपनी दूर की रिश्तेदार अनुभा से करा दी. वह उस का रिश्तेदार हो गया. यह सन 2001 की बात है. चूंकि संजय के पास अपना मकान था, इसलिए शादी के बाद वह पत्नी अनुभा को मुंबई ले आया. उस के मकान में 2 कमरे थे. इसलिए अनुभा के आने के बाद भी उस के दोनों दोस्त भी उसी के साथ रहते रहे. साल भर बाद अनुभा ने एक बेटी को जन्म दिया. सभी उस बच्ची को खूब प्यार करते थे. उन के लिए वह खिलौने की तरह थी, इसलिए वे उसे खूब खेलाया करते थे.

कहा जाता है कि आदमी की नीयत कब बदल जाए, कहा नहीं जा सकता है. ऐसा ही संजीव के साथ हुआ. इस की नीयत अनुभा पर बिगड़ने लगी. उस की नीयत खराब हुई तो वह उस के नजदीक जाने की कोशिश करने लगा. देखने में भले ही सब कुछ पहले की तरह ठीकठाक लग रहा था, लेकिन ऐसा था नहीं. अब अनुभा को देखते ही संजीव का मन मचल उठता था. उसे संजय से ईर्ष्या होने लगी थी. जल्दी ही अनुभा को भी संजीव के दिल की बात का आभास हो गया. संजीव उस के ज्यादा से ज्यादा नजदीक आने की कोशिश में लगा था. सभी सुबह काम पर जाते तो शाम को ही आते. सब साथसाथ खाना खाते हंसीमजाक करते और फिर सो जाते.

2 कमरे के उस मकान में एक कमरे में संजय अपनी पत्नी के साथ सोता था तो दूसरे कमरे में दीपांकर और संजीव. संजीव संजय और अनुभा की बातें तथा हंसीठिठोली सुनता तो उस के सीने पर सांप लोटने लगता. उसे संजय से जलन होने लगती. वह सोचता कि काश संजय की जगह अनुभा उस की बांहों में होती. आखिर संजीव का यह सपना पूरा हो ही गया. अनुभा गर्भवती हुई थी तो संजय से ज्यादा संजीव उस का खयाल रखता था. जब कभी संजय काम अधिक होने की वजह से देर में आता तो संजीव समय पर घर आ कर घर के कामों में अनुभा की मदद ही नहीं करता, बल्कि उस के खानेपीने का भी ध्यान रखता.

उस की इस सेवा का अनुभा पर खासा असर पड़ा और न चाहते हुए भी वह उस की ओर खिंचती चली गई. बेटी पैदा होने के बाद कुछ ऐसा संयोग बना कि दोनों के बीच की मर्यादा की दीवार ही ढह गई. पहली बार मर्यादा की दीवार टूटी थी तो दोनों को अपने किए पर पछतावा हुआ था. लेकिन जो नहीं होना चाहिए था, वह हो चुका था. भले ही उन्हें अपने किए पर पछतावा हुआ था, लेकिन उन के कदम यहीं रुके नहीं. आगे भी अनुभा और संजीव को जब भी मौका मिला, वे संजय के साथ विश्वासघात करने से नहीं चूके.

अनुभा और संजीव जो भी करते थे, पूरे चौकस हो कर करते थे, लेकिन उन के ये संबंध ज्यादा दिनों तक छिपे नहीं रह सके. संजय को पत्नी और संजीव के संबंधों के बारे में पता चल ही गया. काम पर तो तीनों साथसाथ जाते थे, लेकिन कोई न कोई बहाना कर के संजीव बीच में आ जाता था. अनुभा के साथ मौजमस्ती कर के वह फिर काम पर पहुंच जाता. ऐसे में पड़ोसियों को शक हुआ तो उन्होंने यह बात संजय को बताई. संजय को उन की बात पर विश्वास नहीं हुआ, क्योंकि उसे अपने दोस्तों और पत्नी पर पूरा भरोसा था.

अनुभा और संजीव संजय के इसी विश्वास का फायदा 3 सालों तक उठाते रहे. आखिर एक दिन जब उस ने अपनी आंखों से दोनों को एकदूसरे की बांहों में देख लिया तो उसे अनुभा और संजीव की इस बेवफाई से गहरा आघात लगा. उस ने संजीव को खूब खरीखोटी सुनाई और उसी समय घर से निकाल दिया. पत्नी को भी उस ने खूब धिक्कारा. संजीव ने संजय का घर भले छोड़ दिया, लेकिन अनुभा को नहीं छोड़ा. अनुभा से अपने संबंध रखे रहा. मौका मिलते ही वह अनुभा के पास आ जाता और इच्छा पूरी कर के चला जाता. इस में अनुभा भी उस की मदद करती थी.

इस बात को ले कर संजय और अनुभा के बीच अकसर लड़ाईझगड़ा होता रहता था. बात बढ़ जाती तो संजय अनुभा की पिटाई भी कर देता था. लेकिन मारनेपीटने और समझाने का अनुभा पर कोई असर नहीं हुआ. तब संजय ने अनुभा को संजीव से अलग करने का दूसरा उपाय सोचा. परिचितों की मदद से उस ने अपना गौतमनगर वाला मकान बेच दिया और अंबरनाथ तहसील के नेवाली गांव की आकृति चाल में एक अच्छा सा मकान खरीद लिया. 12 नवंबर, 2015 को पूजापाठ करा कर वह पत्नी अनुभा, बेटी और दीपांकर के साथ उस में रहने आ गया.

नेवाली आने के बाद संजय को लगा कि अब संजीव अनुभा की जिंदगी से निकल जाएगा. अनुभा भी धीरेधीरे उसे भूल जाएगी. यह सोच कर संजय अपने काम में व्यस्त हो गया. लेकिन ऐसा हुआ नहीं. न तो संजीव अनुभा को भूल पाया और न अनुभा ही उसे दिल से निकाल पाई. अनुभा से अलग हुए संजीव को 10 दिन भी नहीं हुए थे कि वह उस के लिए तड़प उठा. यही हाल अनुभा का भी था. दीपावली का त्योहार नजदीक था, इसलिए काम ज्यादा था. संजय को रात में भी काम करना पड़ता था. इस बात की जानकारी संजीव को थी ही, इसलिए जब संजय रात को काम के लिए कंपनी में रुक जाता तो संजीव उस के घर पहुंच जाता.

एक रात तबीयत खराब होने पर संजय अचानक घर पहुंचा तो वहां संजीव को देख कर दंग रह गया. संजय को देख कर संजीव और अनुभा के जहां होश उड़ गए, वहीं संजय का चेहरा क्रोध से लाल हो उठा. उस के गुस्से को देख कर संजीव तो भाग गया, लेकिन अनुभा कहां जाती. संजय ने सारा गुस्सा उसी पर उतार दिया. उस ने उस दिन उस की जम कर पिटाई की. पत्नी को मारपीट कर वह घर से बाहर निकल गया. संजय के घर से बाहर जाने के बाद कुछ देर तक तो अनुभा रोती रही, उस के बाद उसे अपने और संजीव के बीच रोड़ा बनने वाले संजय से इस तरह नफरत हुई कि उस ने तुरंत एक खतरनाक फैसला ले लिया.

उस ने उसी समय संजीव को फोन कर के कहा, ‘‘संजीव, अब बहुत हो चुका. संजय को अपने रास्ते से हटाना ही होगा. हमारे संबंधों को ले कर जब देखो तब वह मुझे मारता रहता है. शहर से ले कर गांव तक मुझे बदनाम भी कर दिया है. मेरा जीना हराम हो गया है. उस ने मुझे कहीं का नहीं छोड़ा है. लोग मुझ पर थूक रहे हैं. इसलिए मैं चाहती हूं इस किस्से को ही खत्म कर दिए जाए.’’

अनुभा की बात सुन कर संजीव का दिमाग घूम गया. उस ने अनुभा को धीरज बंधाते हुए कहा, ‘‘ठीक है, मैं उस की व्यवस्था कर दूंगा.’’

‘‘तुम कल साढ़े 8 बजे आ जाना. मैं तुम्हारा इंतजार करूंगी.’’ अनुभा ने कहा और फोन काट दिया.

23 नवंबर, 2015 को संजीव ने बाजार जा कर एक तेज धार वाला चाकू खरीदा और ठीक समय पर संजय के घर पहुंच गया. संजय उस समय तक घर नहीं आया था. अनुभा ने उसे पीछे वाले कमरे में छिपा दिया और संजय के आने का इंतजार करने लगी. उस समय दीपांकर घर पर नहीं था. वह अपने एक दोस्त के यहां गया था. रात 10 बजे के करीब संजय घर आया तो अनुभा मुंह फुलाए बैठी थी. संजय ने उस से खाना मांगा तो खाना देने के बजाय वह उस से उलझ पड़ी और उसे कस कर पकड़ लिया. इस के बाद अंदर छिपा बैठा संजीव एकदम से बाहर आया और साथ लाए चाकू से उस के गले पर हमला कर दिया.

चाकू लगने से संजय चीखा और जमीन पर गिर पड़ा. दोनों ने उसे तब तक दबोचे रखा, जब तक वह मर नहीं गया. संजय मर गया तो वे उस की लाश को ठिकाने लगाने की तैयारी करने लगे. संयोग से उसी समय मौसम खराब हो गया और तेज बारिश होने लगी. बरसात की वजह से बस्ती के लोग अपनेअपने घरों में बंद हो गए तो उन्हें लाश को ठिकाने लगाने का अच्छा मौका मिल गया. दोनों ने लाश को एक प्लास्टिक की मोटी थैली में लपेट कर कैरीबैग में भरा और रात करीब 2 बजे उसी बारिश में ले जा कर बस्ती से लगभग 2 सौ मीटर की दूरी पर स्थित घनी झाडि़यों में फेंक दिया.

पूछताछ के बाद जितेंद्र आगरकर ने हत्या के इस मामले को अपराध संख्या 346/2015 पर दर्ज करा कर अनुभा और संजीव को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया. कथा लिखे जाने तक दोनों जेल में बंद थे. Mumbai Crime Story

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

 

Punjab National Bank Scam: पीएनबी घोटाला – मिलीभगत की असली कहानी

Punjab National Bank Scam: किसी हिंदी फिल्म की शुरुआत के लिए भी शायद यह अति नाटकीय सीन लगे और निर्देशक आंख में इतने धूलझोंकू सीन को फिल्माने से मना कर दे, जैसी हकीकत पंजाब नैशनल बैंक की मुंबई स्थित ब्रेडी हाउस ब्रांच घोटाले से सामने आई है. जैसा कि बैंक के एमडी सुनील मेहता बताते हैं, ‘यह सब 2011 से ही चल रहा था और 3 जनवरी 2018 को 11,360 करोड़ रुपए के घोटाले के रूप में सामने आया.’

अब सामने कैसे आया, जरा यह भी देख लीजिए. कई महीने पहले नीरव मोदी के कुछ अधिकारी पंजाब नैशनल बैंक की ब्रैंडी हाउस शाखा पहुंचे. उन्होंने बैंक के मैनेजर से कहा कि उन्हें हांगकांग से कुछ सामान मंगाना है. सामान मंगाने के लिए उन्होंने बैंक से एलओयू यानी लेटर औफ अंडरटेकिंग जारी करने को कहा. उन्होंने ये लेटर औफ अंडरटेकिंग हांगकांग में मौजूद इलाहाबाद बैंक और एक्सिस बैंक के नाम पर जारी करने की गुजारिश की.

भारत में लेटर औफ अंटरटेकिंग का मतलब यह होता है कि किसी अंतरराष्ट्रीय बैंक या किसी भारतीय बैंक की अंतरराष्ट्रीय शाखा कारोबारी का अपना बैंक का साखपत्र जारी करता है, जिस का मतलब यह होता है कि आप इन साहब को इन की बताई हुई पार्टी को इतनी रकम का भुगतान कर दें. ये यह रकम 90 दिनों या अधिकतम 180 दिनों में लौटा देंगे. अगर ऐसा नहीं होता तो इस की भरपाई हम (यानी एलओयू या साखपत्र जारी करने वाला वाला बैंक) कर देंगे. यह शौर्ट टर्म लोन होता है.

इस लेटर के आधार पर कोई भी कंपनी दुनिया के किसी भी हिस्से में राशि को निकाल सकती है. इन एलओयू का इस्तेमाल ज्यादातर आयात करने वाली कंपनियां, विदेशों में भुगतान के लिए करती हैं. लेटर औफ अंडरटेकिंग किसी भी कंपनी को लेटर औफ कंफर्ट के आधार पर दिया जाता है. लेटर औफ कंफर्ट का मतलब होता है कि उसे कंपनी के स्थानीय बैंक की ओर से जारी किया गया है,यह उस कारोबार के लिए होता है, जो हो रहा होता है. यहां पीएनबी से यह गारंटी देने को कहा गया कि वह हांगकांग स्थित उन बैंकों को दे दे जिन का नाम ऊपर लिखा गया है.

पीएनबी ने हांगकांग में मौजूद इलाहाबाद बैंक को 5 और एक्सिस बैंक को 3 लेटर औफ अंडरटेकिंग जारी कर दिए. हांगकांग से करीब 280 करोड़ रुपए का सामान इंपोर्ट किया गया. कुछ महीने गुजर गए यानी वह पीरियड निकल गया, जितने दिनों बाद एलओयू के आधार पर भुगतान होना था.

अब 18 जनवरी को नीरव मोदी के कुछ अधिकारियों के साथ जिन बैंकों को एलओयू जारी किया गया था, उन के कुछ लोग बैंक पहुंचते हैं. वे अपने इंपोर्ट दस्तावेज दिखाते हुए कहते हैं कि पैसों का भुगतान कर दिया जाए. लेकिन अब वह बैंक मैनेजर नहीं है, जो इन के जारी करने के समय था. अत: वह कहता है कि जितना भी पैसा विदेश में भेजना है, उतना नकद जमा करना पड़ेगा.

कंपनियों के अधिकारियों ने फिर लेटर औफ अंडरटेकिंग दिखाया और उस के आधार पर पेमेंट करने को कहा. बैंक ने जब इन एलओयू की जांच शुरू की तो उन के होश उड़ गए. क्योंकि बैंक के रिकौर्ड में तो इन 8 लेटर औफ अंडरटेकिंग का कहीं जिक्र ही नहीं था. मतलब बैंक ने बिना कोई गारंटी लिए, बिना कुछ गिरवी रखे लेटर औफ अंडरटेकिंग जारी कर दिए थे. संक्षेप में यही पीएनबी घोटाला है, जिसे हीरा व्यापारी नीरव मोदी और उस के मामा मेहुल चौकसी ने अंजाम दिया है.

हकीकत पता चली तो मालूम हुआ घोटाला अरबों का है

बहरहाल, इस हकीकत के उजागर होने के बाद पीएनबी को तात्कालिक रूप से 280 करोड़ और जब पूरे मामले को खंगाला गया तो पता चला कि 11,360 करोड़ रुपए की चपत लग चुकी थी. इस के पता चलते ही पीएनबी के एमडी के मुताबिक, तुरंत संबंधित जांच एजेंसियों को इस की जानकारी दी गई. मगर सवाल यह है कि जब एलओयू मुंहजुबानी वायदे पर नहीं जारी किए जाते, बल्कि इस के पीछे कोई मजबूत गारंटी होती है तो फिर नीरव मोदी के मामले में ऐसा कैसे हुआ? आखिर कौन है ये नीरव मोदी?

society

नीरव मोदी हीरे की ज्वैलरी का बहुत बड़ा कारोबारी है, जोकि इस खुलासे के पहले ही समझा जाता है कि 1 जनवरी 2018 को 4 बड़े बड़े सूटकेसों के साथ हिंदुस्तान छोड़ चुका है, जिस के बारे में भारत सरकार के अधिकारियों का कहना है कि उन्हें नहीं पता कि वह गया कहां या कहां है?

यह अलग बात है कि वह बैंक को लेटर भी लिख रहा है और धमकी भी दे रहा है. बहरहाल, ग्लैमर की दुनिया में भी इस 48 वर्षीय शख्स की खूब धाक थी. उस के नाम यानी ‘नीरव मोदी’ के नाम से हीरों का बड़ा ब्रांड है. कहा जाता है कि मेहमानों को लुभाने के लिए वह पेड़ों को भी हीरों से जड़ देता है. मौडल्स नीरव मोदी के करोड़ों के गहने पहन कर इतराती हैं. फिल्म एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा से ले कर सिद्धार्थ मल्होत्रा तक नीरव मोदी के लिए विज्ञापन कर चुके हैं.

48 साल के नीरव की तीन कंपनियां हैं, जिन में एक हीरों का कारोबार करने वाली ‘फायरस्टार डायमंड’और दूसरी खुद उसी के नाम की ‘नीरव मोदी’. इन्हीं 2 कंपनियों के जरिए ये घोटाला हुआ, जिस की तह में है महत्त्वाकांक्षा.

नीरव अपने ब्रांड, नीरव मोदी को दुनिया का सब से बड़ा लग्जरी ब्रांड बनाना चाहता था. वह दुनिया की डायमंड कैपिटल कहे जाने वाले बेल्जियम के एंटवर्प शहर के मशहूर डायमंड ब्रोकर परिवार से ताल्लुक रखता है. एक वक्त ऐसा था कि वह खुद ज्वैलरी डिजाइन नहीं करना चाहता था, लेकिन पहली ज्वैलरी डिजाइन करने के बाद उस ने कभी पीछे मुड़ कर नहीं देखा.

नीरव मोदी भारत की उस एकमात्र भारतीय ज्वैलरी ब्रांड का मालिक है, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चित है. उस के डिजाइन किए गए गहने हौलीवुड की हस्तियों से ले कर देशी धनकुबेरों की पत्नियों तक की शोभा बढ़ाते रहे हैं. उस के द्वारा डिजाइन किया गया गोलकोंडा नेकलेस 2010 में नीलामी के जरिए 16.29 करोड़ में बिका था. जबकि 2014 में उस के द्वारा डिजायन किया एक हीरा 50 करोड़ रुपए में नीलाम हुआ था.

अपनी ज्वैलरी ब्रांड के दम पर ही वह फोर्ब्स की भारतीय धनकुबेरों की 2017 की सूची में 84वें नंबर पर मौजूद था. उस की माली हैसियत लगभग 12 हजार करोड़ रुपए की है, जबकि माना जा रहा है कि उस की निजी कंपनी 149 अरब रुपए के आसपास की है. दिल्ली में नीरव मोदी का शोरूम डिफेंस कालोनी में है.

इस धनकुबेर ने जो घोटाला किया, उस के संबंध में पंजाब नैशनल बैंक से जो हकीकत बाहर आई है, वह यह है कि बैंक ने एलओयू जारी नहीं किए, बल्कि बैंक के 2 कर्मचारियों ने चोरी से फरजी एलओयू बना कर दिए. इन कर्मचारियों के पास स्विफ्ट सिस्टम का कंट्रोल था, जो 200 देशों की बैंकिंग गतिविधियों के लिए आधिकारिक तकनीक है.

बैंकों की दुनिया का यह एक अति सीक्रेट अंतरराष्ट्रीय कम्युनिकेशन सिस्टम है. यह दुनिया के सभी बैंकों को आपस में जोड़ता है. इस स्विफ्ट सिस्टम से जो संदेश जाते हैं, वो उत्कृष्ट तकनीक का इस्तेमाल करते हुए कोड में भेजे जाते हैं. एलओयू भेजना, खोलना, उस में बदलाव करने का काम इसी सिस्टम के जरिए किया जाता है. इसी कारण से जब इस सिस्टम के जरिए किसी बैंक को संदेश मिलता है तो उस बैंक को पता होता है कि ये आधिकारिक और सही संदेश है.

लेकिन नीरव को भेजे गए दस्तावेजों में असल में बैंक का कोई दस्तावेज था ही नहीं यानी इस के साथ बैंक ने उस व्यापारी को कोई लिमिट नहीं दी थी, ब्रांच मैनेजर ने स्विफ्ट सिस्टम से इसे भेजने वाले को कोई कागज हस्ताक्षर कर के नहीं दिया कि इसे आगे भेजा जाए. उन्होंने चुपचाप एलओयू भेज दिया. जबकि इस माध्यम से आए किसी संदेश पर कभी कोई बैंक शक नहीं करता. लेकिन बात यह है कि किसी सिस्टम को संभालने वाला आखिर कोई न कोई व्यक्ति ही तो होता है.

सब कुछ हुआ बैंककर्मियों की मदद से

माना जा रहा है कि पीएनबी में इस काम को करने वाले 2 लोग थे, एक क्लर्क जो इस में डेटा डालता था और दूसरा अधिकारी जो इस जानकारी की आधिकारिक पुष्टि करता था. दोनों मिल कर नीरव के लिए काम करते थे. यही नहीं अब पता चला है कि ये दोनों कई सालों तक इसी डेस्क पर काम कर रहे थे, जोकि नहीं होना चाहिए था. इस पद पर काम करने वालों की अदलाबदली होती रहनी चाहिए.

एक और बात है कि स्विफ्ट सिस्टम कोर बैंकिंग से नहीं जुड़ा था. क्योंकि कोर बैंकिंग में पहले एलओयू बनाया जाता है और फिर वह स्विफ्ट के मैसेज से चला जाता है. इस कारण कोर बैंकिंग में एक कौन्ट्रा एंट्री बन जाती है कि अमुक दिन बैंक ने अमुक राशि का कर्ज देने की मंजूरी दी है तो अगले दिन जब बैंक का मैनेजर अपनी फाइलें यानी बैलेंसशीट देखता तो उसे पता चल जाता है कि बैंक ने बीते दिन कितने कर्जे की मंज़ूरी दी है.  लेकिन इस मामले में स्विफ्ट कोर बैंकिंग से जुड़ा हुआ नहीं था.

इन दोनों ने फरजी मैसेज को स्विफ्ट से भेजा, मैसेज भी गायब कर दिया और इस की कोर बैंकिंग में एंट्री नहीं की तो कुछ पता भी नहीं चला.  बैंक का पूरा सिस्टम कैसे बाईपास हो गया, अगर कोई चोर कोई निशान या सबूत ना छोड़े तो उसे पकड़ना बहुत मुश्किल होता है. खासकर तब जब कोई संदेह भी नहीं कर रहा है.

कोई संदेह करे तो इस मामले में जांच की जा सकती है, लेकिन ऐसा कुछ हुआ ही नहीं. वो एक बैंक से पैसे लेते रहे और दूसरे को चुकाते रहे. आज 50 मिलियन के एलओयू खोले, जब तक अगले साल इसे चुकाने की बारी आई तो उन्होंने तब तक 100 मिलियन के और करा लिए. अब उन्होंने पहले लिए गए 50 मिलियन चुका दिए और अगला कर्ज़ किसी और बैंक से ले लिया गया.  इस प्रकार से ये लेनदेन महीनों तक चलता रहा.

सवाल है कि इस पूरे खेल का माटरमाइंड कौन है? जैसेजैसे जांच आगे बढ़ रही है पता चल रहा है कि इस घोटाले का सूत्रधार नीरव मोदी नहीं बल्कि कोई और ही था. यह नीरव की अमेरिकन पत्नी एमी थी, जिस ने इस बड़े घोटाले की साजिश रची. यही नहीं, घोटाले का मास्टरमाइंड होने के साथ साथ नीरव के अमेरिका भागने के साजिश के पीछे भी एमी का ही दिमाग बताया जा रहा है.

माना जा रहा है कि यह बैंकिंग घोटाला हनीट्रैप के जरिए अंजाम दिया गया है. कुछ मौडल्स के जरिए बैंक के उच्च अधिकारियों को घोटाले में शामिल किया गया था. इन मौडल्स को हनीट्रैप के लिए कोऔर्डिनेट करने का काम एमी मोदी का था, जो नीरव मोदी और बौलीवुड के बीच एक कड़ी का काम कर रही थी.

वास्तव में पीएनबी की ब्रेडी फोर्ड ब्रांच के जिस पूर्व डिप्टी मैनेजर गोकुलनाथ शेट्टी को 17 फरवरी, 2018 को गिरफ्तार किया गया, 2013 में उस का ट्रांसफर इस ब्रांच से किया जाना था, जिसे रुकवा दिया गया. इस के बाद  2015 में 5 साल पूरे होने पर भी उस का ट्रांसफर ब्रांच से नहीं किया गया. सीबीआई अब ये पता लगाने की कोशिश कर रही है कि किस के इशारे पर शेट्टी का ट्रांसफर रोका गया.

वास्तव में गोकुलनाथ शेट्टी के ट्रांसफर को रुकवाने में भी मौडल्स और हनीट्रैप का इस्तेमाल हुआ. गोकुलनाथ शेट्टी ने एक बड़ा खुलासा किया है. उस के मुताबिक यह पूरा मामला पीएनबी के बड़े अधिकारियों की जानकारी में था. सीबीआई की तरफ से डायमंड किंग नीरव मोदी और गीतांजलि जेम्स के प्रमोटर मेहुल चौकसी के खिलाफ शिकायत के बाद एफआईआर दर्ज की गई है.

नीरव मोदी और मेहुल चौकसी इस घोटाले के मुख्य आरोपी हैं और उन्हें देखते ही पकड़ने के लिए लुकआउट नोटिस भी जारी किया जा चुका है. विदेश मंत्रालय ने नीरव मोदी और मेहुल चौकसी का पासपोर्ट निलंबित कर दिया है और इन के विदेशों के आउटलेट्स पर भी कारोबार न करने का आदेश दिया जा चुका है. रिजर्व बैंक ने स्पष्ट कर दिया है कि इस घोटाले में फंसी राशि का बोझ पीएनबी को खुद उठाना पड़ेगा.

सीबीआई जांच तो कर सकती है, पर पैसा नहीं ला सकती

यह मामला जनवरी में पकड़ा गया और 29 जनवरी, 2018 को इस की जांच सीबीआई से करवाने का अनुरोध किया गया. दूसरे सभी बैंकों ने सारी जिम्मेदारी पीएनबी पर ही डाली है कि उस की तरफ से जारी लेटर औफ अंडरटेकिंग (एलओयू) को सही मानते हुए नियमों के मुताबिक, संबंधित उद्योगपतियों की कंपनियों को फंड उपलब्ध कराए जा रहे थे. ऐसे में घाटा पूरी तरह से पीएनबी को उठाना पड़ेगा.

आरबीआई के सूत्रों का कहना है कि पीएनबी पर सख्ती दिखा कर देश के सभी बैंकों के सामने एक उदाहरण पेश करने की जरूरत है.

अगर यह मान भी लिया जाए कि दूसरे बैंक इस में शामिल थे, तब भी इस की शुरुआत पीएनबी की उस शाखा से हो रही थी, जहां से नीरव मोदी व अन्य रत्न व आभूषण कारोबारियों को नियमों की अनदेखी कर के हीरेमोती आयात करने के लिए लेटर औफ अंडरटेकिंग (एलओयू) जारी किए जा रहे थे. इसलिए यह घाटा पीएनबी को ही उठाना चाहिए. घोटाले की राशि 11,360 करोड़ रुपए की है, जो पीएनबी के पूरे बाजार पूंजीकरण का तकरीबन एक तिहाई है.

नीरव ने राजस्थान में बिखेरी हीरों की चमक

देश के सब से बड़े बैंकिंग घोटाले को अंजाम देने वाले नीरव मोदी का राजस्थान से गहरा नाता रहा है. नीरव मोदी की कंपनी गीतांजलि जेम्स की जयपुर में 3 फैक्ट्रियां हैं. इन में 2 फैक्ट्रियां जयपुर के सीतापुरा औद्योगिक क्षेत्र में और एक सीतापुरा सेज में है. इन में आभूषण बनाने का काम होता है.

इस कंपनी के प्रमोटर मेहुल चौकसी हैं. इन फैक्ट्रियों पर 15 फरवरी को ईडी ने छापे मारे. इस के अगले दिन जयपुर में 2 अन्य ठिकानों पर ईडी ने छापे मारे. इन पांचों जगहों से 10 करोड़ 44 लाख करोड़ रुपए के हीरे, रंगीन रत्न, जवाहरात और आभूषण जब्त किए गए. साथ ही महत्त्वपूर्ण दस्तावेज भी जब्त किए गए. कंपनी का एक बैंक खाता फ्रीज किया गया. इस खाते में एक करोड़ से ज्यादा की रकम जमा थी.

इस बैंकिंग घोटाले में भरतपुर की लक्ष्मण मंदिर शाखा के मुख्य प्रबंधन आर.के. जैन और सर्किल कार्यालय में कार्यरत अधिकारी पी.सी. सोनी को भी निलंबित कर दिया गया है. ये दोनों अधिकारी मुंबई की ब्रेडी हाउस शाखा में कार्यरत रहे थे. बैंक प्रबंधन उन सभी अधिकारियों पर काररवाई कर रहा है, जो 2011 से अब तक मुंबई की ब्रेडी हाउस शाखा में कार्यरत रहे हैं.

society

बैंक प्रबंधन को शक है कि इन में कोई अधिकारी भले ही घोटाले में शामिल न हो, लेकिन जांच को प्रभावित कर सकता है. आर.के. जैन ब्रेडी हाउस शाखा में सन 2012 से 2015 तक सेकंड इंचार्ज के रूप में कार्यरत रहे थे. वे भरतपुर की रणजीत नगर कालोनी के रहने वाले हैं. पी.सी. मीणा अप्रैल, 2011 से नवंबर 2011 तक मुंबई की इसी शाखा में कार्यरत थे. वहां वे कौन्ट्रैक्टर औडिटर के पद पर कार्यरत थे. ये दोनों अधिकारी स्केल 4 के थे.

हीरे के कारोबार में पूरी दुनिया में अपनी पहचान बनाने वाला नीरव मोदी भव्य पार्टियों व रईसों के साथ रहने का शौकीन है. उस ने करीब 2 साल पहले जोधपुर में अपने हीरों की चमक से लोगों को चकाचौंध कर दिया था. नीरव मोदी ने अपने ब्रांड के 5 साल पूरे होने पर मारवाड़ के ताज के रूप में मशहूर जोधपुर के उम्मेद भवन में देशविदेश की नामी हस्तियों के साथ 2 दिन के जश्न का आयोजन किया था.

इस आयोजन में फैशन डिजाइनर राघवेंद्र, कविता राठौड़, मनीष मल्होत्रा, योहानन, मिशेल पूनावाला, इशिता, राज, दीप्ति सालगांवकर, चिराग, तनाज जोशी, लीजा हेडन, निखिल व इलिना मेशवानी सहित देशविदेश की नामी मौडल्स ने भाग लिया था. इस जश्न में जोधपुर के पूर्व महाराजा गज सिंह भी खासतौर से शरीक हुए थे. नीरव मोदी ने इस मौके पर अपने ब्रांड के तहत तैयार किए गए हीरों के आभूषणों की प्रदर्शनी भी लगाई थी. इस प्रदर्शनी के दौरान देशविदेश की टौप मौडल्स ने नीरव के हीरे के आभूषण पहन कर कैटवाक किया था.

काश ! तभी चेत जाते

वैसे देश के बैंकिंग क्षेत्र को हिला देने वाले पीएनबी घोटाले की शुरुआत 2013 में इलाहाबाद बैंक की निदेशक मंडल की बैठक में ही हो गई थी. नई दिल्ली में हुई उस बैठक में गीतांजलि ज्वैलर्स के मालिक मेहुल चौकसी को 550 करोड़ रुपए देने को मंजूरी दी गई थी. मेहुल चौकसी रिश्ते में घोटालेबाज नीरव मोदी के मामा हैं.

बाद में मामाभांजे ने मिल कर बैकों को हजारों करोड़ का चूना लगाया. चौकसी को बैंक की हांगकांग शाखा से भुगतान किया गया था. इलाहाबाद बैंक पीएनबी सहित देश के 4 अन्य सरकारी बैंकों को लीड करता है. आभूषण कारोबारी नीरव मोदी और गीतांजलि, नक्षत्र और गिन्नी ज्वैलरी चेन चलाने वाले मेहुल चौकसी मूलत: गुजरात के हैं. दोनों मुंबई में रहते हैं.

नई दिल्ली के होटल रेडिसन में 14 सितंबर, 2013 को इलाहाबाद बैंक के निदेशक मंडल की बैठक हुई. इस में भारत सरकार की ओर से नियुक्त निदेशक दिनेश दुबे ने चौकसी को 550 करोड़ लोन देने का विरोध किया.

16 सितंबर को इस बैठक की जानकारी दुबे ने भारतीय रिजर्व बैंक के तत्कालीन डिप्टी गवर्नर के.सी. चक्रवर्ती को दी. इस के बाद बैंक अधिकारियों को तलब भी किया गया, लेकिन इस के बावजूद मेहुल चौकसी को बैंक की हांगकांग शाखा से भुगतान कर दिया गया.

सवाल है अब पीएनबी एक झटके में इस राशि को किस तरह से उठाएगा. पीएनबी को इस राशि को इसी तिमाही में अपनी बैलेंसशीट में दिखाना होगा. इस बारे में पीएनबी, वित्त मंत्रालय और आरबीआई के बीच विचारविमर्श शुरू हो चुका है.

सूत्रों के मुताबिक एक सीधा उपाय यह है कि फिलहाल सरकार की तरफ से पीएनबी को दी जाने वाली पूंजीकरण की राशि बढ़ा दी जाए. दूसरा रास्ता यह है कि केंद्रीय बैंक की तरफ से पीएनबी के लिए विशेष उपाय किए जाएं.

क्योंकि छापों से जो 5100 और इस के बाद 650 करोड़ पकडे़ जाने के दावे किए गए वे सब झूठे हैं. मुश्किल से 1000 करोड़ ही बरामद होंगे.

रोटोमैक कंपनी के मालिक विक्रम कोठारी भी आए सीबीआई के शिकंजे में

डायमंड कारोबारी नीरव मोदी और मेहुल चौकसी के बाद कानपुर की रोटोमैक कंपनी के मालिक विक्रम कोठारी भी अचानक सुर्खियों में आ गए. आरोप है कि उन्होंने कई बैंकों को अरबों रुपए का चूना लगाया था.

रोटोमैक एक जानीमानी कंपनी है. इस कंपनी के मालिक विक्रम कोठारी ने इलाहाबाद बैंक, यूनियन बैंक, बैंक औफ इंडिया सहित कई सरकारी बैंकों से करीब 2919 करोड़ रुपए का लोन लिया था. यह लोन लेने के बाद उन्होंने न तो इस का ब्याज चुकाया और न ही मूलधन. बल्कि वह खुद भी सामने आने से बचते रहे. पिछले कुछ दिनों से इस बात की भी खबरें आनी शुरू हो गई थीं कि विक्रम कोठारी देश छोड़ कर जा चुके हैं.

सूद और मूलधन न मिलने पर पिछले साल बैंक औफ बड़ौदा ने विक्रम कोठारी को विलफुल डिफाल्टर घोषित कर दिया था. जब विक्रम कोठारी को इस बात की जानकारी हुई तो वह इलाहाबाद हाईकोर्ट चले गए. हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस डी.बी. भोसले और जस्टिस यशवंत वर्मा की खंडपीठ ने उन की याचिका मंजूर कर ली.

इस याचिका पर सुनवाई करते हुए उन्होंने बैंक को आदेश दिया कि विक्रम कोठारी की कंपनी को विलफुल डिफाल्टर लिस्ट से बाहर किया जाए. बैंक को माननीय हाईकोर्ट का आदेश मानने के लिए बाध्य होना पड़ा.

विक्रम कोठारी के खिलाफ बैंक द्वारा सीबीआई में शिकायत दर्ज कराई जा चुकी थी. सीबीआई को कोठारी की तलाश थी. 18 फरवरी को विक्रम कोठारी कानपुर में एक वैवाहिक समारोह में शामिल होने के लिए आए थे. सीबीआई को पता चला तो उस ने 19 फरवरी की रात 1 बजे उन के घर पर छापा मार कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया.

2500 करोड़ का विलफुल डिफाल्टर चढ़ा सीबीआई के हत्थे

बैंकों से हजारों करोड़ रुपए का कर्ज लो और विदेश भाग जाओ. इस तरह की प्रवृत्ति वाले उद्योगपतियों की संख्या भारत में बढ़ती जा रही है. ऐसे उद्योगपति यह काम एक सोचीसमझी साजिश के तहत करते हैं. उन के फरार हो जाने के बाद बैंक और सरकार लकीर पीटती रह जाती हैं.

जिस तरह विजय माल्या बैंकों के 5600 करोड़ रुपए ले कर फरार हो गया, उसी तरह भारत के ही एक और उद्योगपति कैलाश अग्रवाल भी बैंकों से करीब ढाई हजार करोड़ रुपए का कर्ज ले कर फरार हो गए थे. देश के सब से बड़े विलफुल डिफाल्टर्स में से एक कैलाश अग्रवाल को सीबीआई ने 5 अगस्त, 2017 को गिरफ्तार किया था.

वरुण इंडस्ट्रीज के प्रमोटर्स कैलाश अग्रवाल और उन के पार्टनर किरण मेहता ने चेन्नै स्थित इंडियन बैंक से 330 करोड़ रुपए का कर्ज लिया था. इस के अलावा उन्होंने एक सोचीसमझी साजिश के तहत अन्य बैंकों से भी 1593 करोड़ रुपए कर्ज लिए. सन 2007 से 2012 के बीच इन्होंने कई बैंकों से वरुण इंडस्ट्रीज और इस की सहयोगी कंपनी वरुण जूल्स के नाम पर 10 सरकारी बैंकों से करीब 1242 करोड़ रुपए का कर्ज लिया.

कैलाश अग्रवाल और किरण मेहता ने सरकारी बैंकों के अलावा प्राइवेट बैंक्स, फाइनेंस कंपनियों से भी लोन लिया. शेयर्स के बदले बाजार से भी इन्होंने काफी पैसा उठा लिया. लोन की राशि उन्होंने नहीं चुकाई, जिस से सन 2013 में ये डिफाल्टर हो गए. बैंकों ने इन के पास कई नोटिस भेजे, पर ये दोनों यहां होते, तब तो मिलते. दोनों कभी के विदेश जा चुके थे. मार्च 2013 में इंडियन बैंक एंप्लाइज एसोसिएशन द्वारा तैयार की गई विलफुल डिफाल्टर्स की सूची में इन दोनों उद्योगपतियों का नाम भी शामिल था. इंडियन बैंक की शिकायत पर सीबीआई ने वरुण इंडस्ट्रीज के प्रमोटर कैलाश अग्रवाल और किरण मेहता के खिलाफ आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी और फरजीवाड़े का केस दर्ज कर लिया.

सीबीआई ने जांच की तो पता चला कि ये दोनों सब से बड़े विलफुल डिफाल्टर्स में से हैं. सब से बड़े विलफुल डिफाल्टर सूरत के डायमंड कारोबारी हैं, जिन पर 7 हजार करोड़ रुपए का कर्ज है. दूसरे नंबर पर लंदन भागे विजय माल्या का नाम आता है, जिन पर 5600 करोड़ रुपए का कर्ज है. कैलाश अग्रवाल भी अपने साथी किरण मेहता के साथ दुबई भाग गए थे. तब से सीबीआई इन के पीछे लगी थी. 5 अगस्त, 2017 को कैलाश अग्रवाल जब दुबई से भारत लौटे, तो सीबीआई ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया.

सरकार बैंकों को दे चुकी है ढाई लाख करोड़ से ज्यादा

कारपोरेट फ्रौड और बैड लोन की वजह से बैंकों की हालत दिनोंदिन खराब होती जा रही है. पब्लिक सेक्टर बैंकों को एनपीए से उबारने के लिए सरकार प्रयासरत है. सरकार पिछले 11 सालों में बैंकों को ढाई लाख करोड़ से ज्यादा दे चुकी है, इस के बावजूद बैंक एनपीए से उबर नहीं पा रहे हैं.

बजट बनाते समय वित्त मंत्रियों के सामने 2 बड़ी समस्याएं होती हैं. पहली खर्च की जरूरत पूरी करना जिस से सामाजिक क्षेत्र की योजनाओं को सुधारा जा सके और दूसरी  राजकोषीय घाटे को कम करना. क्योंकि टैक्स का कलेक्शन काफी नहीं होता. इन के अलावा हाल के सालों में वित्त मंत्रालय के सामने एक और नई चुनौती उभर कर सामने आई है और वह चुनौती है सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों को संभालने की.

पिछले 11 सालों में देश के 3 वित्तमंत्री प्रणब मुखर्जी, पी. चिदंबरम और अरुण जेटली पब्लिक सेक्टर बैंकों को एनपीए से उबारने के लिए 2.6 लाख करोड़ रुपए दे चुके हैं. यह राशि सरकार द्वारा इस साल ग्रामीण विकास के लिए आवंटित की गई राशि के दोगुने से ज्यादा है.

society

एसबीआई सहित अन्य सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक एनपीए के कारण पिछले 2 वित्त वर्ष से घाटे में हैं. बताया जाता है कि इस वित्त वर्ष में भी बैंकों के हालात सुधरते नहीं दिख रहे. भारतीय स्टेट बैंक ने पिछले 18 सालों में पहली बार तिमाही घाटा दर्ज किया.

यही हाल बैंक औफ बड़ौदा का है. सरकारी बैंकों का मानना है कि मुद्रा समेत कई सरकारी योजनाओं के लिए कर्ज देना पड़ रहा है, इस से भी स्थिति बिगड़ी है. जबकि आम लोगों का मानना है कि जब करोड़ों रुपए कर्ज के बकाएदार बैंकों को कर्ज नहीं लौटाएंगे तो बैंकों की स्थिति दयनीय तो होगी ही. Punjab National Bank Scam

Serial Killer: खौफनाक इरादों वाले सीरियल किलर्स

Serial Killers: भारत के कुछ खौफनाक सीरियल किलर्स के अपराधों के तौर तरीके और उन के द्वारा अंजाम दी गई वारदातों के बारे में सुन कर आज भी रोंगटे खड़े हो जाते हैं. उन्होंने अपने शैतानी दिमाग से डर की जो दहशत फैलाई थी, उस से न केवल सामान्य लोगों की जिंदगी आतंक और भय से गुजरने लगी थी, बल्कि पुलिस महकमा भी सकते में आ गया था.

वैसे अपराधियों को कानूनी शिकस्त मिली, वे सलाखों के पीछे पहुंचा दिए गए. बावजूद इस के नए सिरे से अपराध की घटनाएं होती रहीं. वैसे खूंखार अपराधियों की बात करें तो उन में रमन राघव, चार्ल्स शोभराज, साइनाइड मोहन, देवेंद्र शर्मा, मोहिंदर सिंह पंढेर, एम. जयशंकर, डाक्टर डेथ और संतोष पोल के नाम प्रमुख हैं.

इन  में से कई अपराधियों पर फीचर फिल्में और टीवी सीरियल भी बन चुके हैं. जबकि एक सच्चाई तो यह भी है कि फिल्मों में उन के कुकर्मों और अपराधों को जितनी शिद्दत के साथ फिल्माया गया, वे उस से कहीं अधिक खूंखार और खौफनाक थे.

वैसे अपराधी देश के विभिन्न हिस्सों के रहे हैं. महानगर से ले कर छोटेमोटे कस्बाई इलाकों तक में उन का खौफ बना रहा है. उन में अधिकतर के अपराध सैक्स, हत्या और रेप जैसी वारदातों के रहे हैं.

रमन राघव : एक साइको किलर

मुंबई में 1960 के दशक का दौर था. तब बंबई नाम के इस महानगर में देश के कोनेकोने से लोग रोजगार की तलाश के लिए लगातार आ रहे थे. उन का वहां कोई ठौरठिकाना नहीं था, फिर भी उन के आने का सिलसिला बना हुआ था. वे महानगर में जहांतहां किसी तरह से रहने की जगह बनाते जा रहे थे, जहां सिर्फ सिर छिपाने की जगह थी. दैनिक क्रिया के लिए सार्वजनिक शौचालय थे. नहानेधोने के लिए भी वैसी खुले में कोई जगह थी. सोने के लिए सड़कों का फुटपाथ भी उन के लिए कम पड़ने लगा था.

रोजगार का इंतजाम हो जाने के बाद लोग जैसेतैसे चकाचौंध की जिंदगी में किसी तरह से गुजारा कर ले रहे थे. उन में अधिकतर गरीब और मजदूर किस्म के लोगों के छोटेछोटे परिवार थे. उन के नसीब में घरेलू परदा और सुरक्षा नाम मात्र की थी. वे कब किसी घटना या दुर्घटना के शिकार हो जाएं, कहना मुश्किल था. उन में या फिर उन से बाहर अपराधी किस्म के लोग भी थे, जिन की नजर भोलीभाली लड़कियों और अकेली औरतों पर रहती थी. ऐसा ही एक व्यक्ति रमन राघव था.

उस के बारे में बहुत अधिक रिकौर्ड तो नहीं है, सिवाय इस के कि उस ने कई जघन्य अपराध किए. हालांकि तब यह माना गया था कि वह दक्षिण भारत का रहने वाला था. 1965-66 के समय में मुंबई में फुटपाथ पर सोने वाले लोगों की हत्याओं की खबरों ने मुंबई पुलिस की नाक में दम कर रखा था. गरीब बस्तियों में उस के नाम का भय बना हुआ था. उस के ताबड़तोड़ अपराध ने सभी को सन्न कर दिया था. पुलिस उस के हुलिए तक से अनजान थी.

रात के अंधेरे में जब किसी बेसहारे की मौत हो जाती थी, तब पुलिस मरने वाले की शिनाख्त तो कर लेती थी, लेकिन उस हत्यारे तक नहीं पहुंच पाती थी. पुलिस को सभी कत्ल में एक जैसे तरीके के अलावा और कुछ नहीं मालूम हो पाया था. वह तरीका था लोगों के सिर पर किसी भारी चीज से हमला किया जाना. हत्यारा एक ही वार में व्यक्ति को मौत की नींद सुला देता था.

सिर्फ एक साल के अंदर ही करीब डेढ़ दरजन लोगों पर इस तरह के जानलेवा हमले हुए थे, जिन में 9 लोग मारे गए थे. इस अनजान हमलावर को पकड़ने में मुंबई पुलिस पूरी तरह से नाकाम थी. लोग शाम होते ही अपनेअपने घरों की ओर लौटने लगे थे. स्थिति यहां तक आ गई थी कि लोग अपनी सुरक्षा के लिए साथ में लकड़ी या डंडा रखने लगे थे. उस के बाद कुछ समय तक वारदातें नहीं हुईं.

पुलिस जांच में जुटी थी और कई घायलों की मदद से इस हमलावर का स्केच बनवाया गया, जिस के आधार पर मुंबई क्राइम ब्रांच पुलिस के 27 अगस्त, 1968 को इस खूंखार हत्यारे रमन राघव को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की. पुलिस पूछताछ में उस ने बताया कि 3 साल के अपने आपराधिक जीवन में करीब 40 लोगों को मौत के घाट उतार चुका था. जबकि पुलिस का मानना था कि यह आंकड़ा और भी ज्यादा हो सकता है. पुलिस ने पूछताछ में यह भी पाया कि रमन ने फुटपाथ पर सोए बुजुर्ग महिला, पुरुष, युवा और बच्चों सभी को अपना शिकार बनाया.

पूछताछ के दौरान पुलिस ने जब उस की मैडिकल जांच करवाई, तब डाक्टरों के पैनल ने उसे मानसिक रूप से विकृत बताया. फिर निचली अदालत ने लंबी सुनवाई के बाद उसे मौत की सजा सुना दी. इस सब के बीच रमन राघव ने सजा के खिलाफ कोई अपील भी नहीं की. हाईकोर्ट ने 3 मनोवैज्ञानिकों के पैनल से उस के मानसिक स्तर की फिर से जांच कराई.

मनोचिकित्सकों के पैनल द्वारा किए गए कई घंटों के इंटरव्यू के बाद निष्कर्ष निकला कि वह दिमागी रूप से बीमार है. ऐसे में उस की सजा को उम्रकैद में बदल दिया गया. इस के बाद उसे पुणे की यरवदा जेल में भेज दिया गया, जहां कई सालों तक उस का इलाज भी चला. साल 1995 में साइको किलर रमन राघव की किडनी की बीमारी के चलते सस्सून अस्पताल में मौत हो गई.

साल 2016 में उस की जीवनी पर एक हिंदी फिल्म ‘रमर 2.0’ भी बनी थी, जिस में मुख्य भूमिका रघुवीर यादव ने निभाई थी. फिल्म में नवाजुद्दीन सिद्दीकी भी एक अहम किरदार में थे.

डा. देवेंद्र शर्मा : बेरहमी से 100 जानें लेने वाला हैवान

सीरियल किलर डा. देवेंद्र शर्मा की हैवानियत को दिल्ली, गुड़गांव, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के लोग 2 दशक बाद भी याद कर सिहर जाते हैं. उस के खौफनाक किस्सों में किडनी रैकेट, फरजी गैस एजेंसी और कारों की चोरी के कारनामे आज भी सब की जुबान पर हैं. लोगों का कहना है कि उस ने 100 से ज्यादा लोगों को मौत के घाट उतार दिया था, जिन में कैब ड्राइवर और दूसरी गाडि़यों के ड्राइवर थे. उन की लाशों को यूपी की मगरमच्छों वाली नहर में फेंक दिया था.

साल 2002 और 2004 के बीच उस के कारनामे ज्यादा चर्चित हुए. वह कारें और दूसरे वाहनों को चुराया करता था. उस ने करीब 40 ड्राइवरों को मौत के घाट उतार दिया था. हैरानी की बात यह थी कि वह एक आयुर्वेदिक चिकित्सक था. अपने पेशे से अलग लगातार आय के अन्य साधनों पर नजर रखे हुए था. हत्याओं में से 50 को कुबूल करने के बाद उसे 2008 में मौत की सजा सुना दी गई थी. वह ऐसा सीरियल किलर था, जो 50 कत्ल करने के बाद उस की गिनती भूल गया था. बाद में उस ने माना कि वह 100 से ज्यादा लोगों की जान ले चुका है.

वह 2004 में पकड़ा गया था. फिर जेल में अच्छे बर्ताव के कारण उसे जनवरी 2020 में 20 दिन की पैरोल मिली थी. पैरोल खत्म होने के बाद भी वह जेल नहीं पहुंचा बल्कि वह दिल्ली के मोहन गार्डन में छिप कर रहने लगा. यहां वह एक बिजनसमैन को चूना लगाने वाला था, लेकिन पुलिस को उस के यहां होने की भनक लगी और आखिर में उसे पकड़ लिया गया. दिल्ली में पकड़े गए देवेंद्र को किडनी मामले का अपराधी करार दिया गया था.

देवेंद्र शर्मा डाक्टरी की पढ़ाई पूरी करने के बाद राजस्थान में निजी प्रैक्टिस करता था. उस में उतनी आमदनी नहीं हो पाती थी, जितने कि वह उम्मीद किए हुए था. साल 1984 में देवेंद्र शर्मा ने आयुर्वेदिक मेडिसिन में अपनी ग्रैजुएशन पूरी कर के राजस्थान में क्लीनिक खोला था. फिर 1994 में उस ने गैस एजेंसी के लिए एक कंपनी में 11 लाख रुपए का निवेश किया था. लेकिन कंपनी अचानक गायब हो गई, फिर नुकसान के बाद उस ने 1995 में फरजी गैस एजेंसी खोल ली.

उस के बाद शर्मा ने एक गैंग बनाया, जो एलपीजी सिलेंडर ले कर जाते ट्रकों को लूट लेता था. इस के लिए वे लोग ड्राइवर को मार देते और ट्रक को भी कहीं ठिकाने लगा देते. इस दौरान उस ने गैंग के साथ मिल कर करीब 24 मर्डर किए. वह अपने पेशे से ही जुड़ कर पैसा कमाने का काम करने लगा. उस के पास उन मरीजों की संख्या अच्छीखासी थी, जिन की किडनी खराब हो चुकी थी. उन्हें वह आयुर्वेदिक दवाइयां दिया करता था. उस ने उपचार करते हुए देखा कि बहुतों की दोनों किडनियां खराब हैं, जिसे ट्रांसप्लांट करने की जरूरत है.

फिर क्या था, देवेंद्र शर्मा किडनी ट्रांसप्लांट गिरोह में शामिल हो गया. वह किडनी डोनर का इंतजाम करने लगा. कार के ड्राइवर को इस का निशाना बनाया और उन्हें मार कर जरूरतमंदों को उस की किडनी बेच कर मोटा पैसा बनाने लगा. इस काम में उसे दोहरा लाभ हुआ. किडनी बेचने के साथसाथ देवेंद्र शर्मा ने लूटी हुई कारों से भी पैसे कमाए. उस ने 7 लाख रुपए प्रति ट्रांसप्लांट के हिसाब से 125 ट्रांसप्लांट करवाए. ड्राइवर की बौडी को नहर में फेंकने के बाद कैब को यूज्ड कार बता कर बेच देता.

वह फरजी गैस एजेंसी भी चलाने लगा. अपनी फरजी गैस एजेंसी के लिए जब उसे सिलेंडर चाहिए होते तो वह गैस डिलिवरी ट्रक को लूट लेता था और उस के ड्राइवर को मार देता था. देवेंद्र ने पूरी गैंग तैयार कर रखी थी. वे गाडि़यों की लूट से ले कर लाश को  ठिकाने लगाने के लिए उसे उत्तर प्रदेश में कासगंज स्थित हजारा नहर में फेंक दिया करता था. इस नहर में बड़ी संख्या में मगरमच्छ रहते हैं.

साइनाइड किलर मोहन : 20 महिलाओं की हत्या

सीरियल किलर मोहन कुमार को साइनाइड किलर के नाम से भी जाना जाता है. मोहन कुमार को 20 महिलाओं की हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया था. उन महिलाओं के साथ यौन संबंध बनाने के बाद, वह उन्हें गर्भनिरोधक गोलियां खिलाता था. दरअसल, वे गर्भनिरोधक गोलियां नहीं, बल्कि साइनाइड की गोलियां हुआ करती थीं. उस ने ये जुर्म साल 2005 से 2009 के बीच किए थे. उस के बारे में कहा जाता है कि वह कई बैंक धोखाधड़ी और वित्तीय घोटालों में भी शामिल था. उसे दिसंबर 2013 में मौत की सजा सुनाई गई थी.

मोहिंदर सिंह पंढेर : निठारी हत्याकांड

साल 2005 और 2006 के बीच दिल्ली के नोएडा इलाके में निठारी हत्याकांड काफी चर्चा में रहा था. इस खौफनाक घटना की पूरे देश में बहुत चर्चा हुई. मोहिंदर सिंह पंढेर और सुरिंदर कोली दोनों पर निठारी में 16 से अधिक बच्चों की हत्या और बलात्कार का आरोप था.मोहिंदर सिंह पंढेर दिल्ली के नोएडा का एक धनी व्यापारी था. 2005 से 2006 के बीच निठारी गांव के 16 लापता बच्चों की खोपड़ी उस के घर के पीछे एक नाले में मिली थी. उस इलाके के सभी लापता बच्चों की लाशें पंढेर के घर के पास ही मिली थीं.

पुलिस ने पंढेर और उस के नौकर सुरिंदर कोली को गिरफ्तार कर लिया. दोनों पर रेप, नरभक्षण और मानव अंगों की तस्करी का आरोप लगाया गया था. कुछ आरोप सही थे तो कई अफवाहें भी थीं. कोली और पंढेर दोनों को 2017 में मौत की सजा सुनाई गई थी.

एम. जयशंकर : रेप और मर्डर

एम. जयशंकर पर 30 महिलाओं से रेप और 15 महिलाओं की हत्या का आरोप था. उस ने 2008 से 2011 के बीच रेप और हत्या की घटनाओं को अंजाम दिया था. उस ने तामिलनाडु, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में 30 बलात्कार, 15 हत्याएं और कई डकैती की घटनाओं को अंजाम दिया था. गिरफ्तारी के बाद उसे बंगलुरु की एक जेल में बंद कर दिया गया था. हालांकि उसे  मानसिक रूप से बीमार भी बताया गया था. बाद में जेल से भागने के कई असफल प्रयासों के बाद एम. जयशंकर ने 2018 में आत्महत्या कर ली थी.

डाक्टर डेथ : महिलाओं को जिंदा दफनाने वाला

वैसे दुनिया भर में डाक्टर को प्राणरक्षक माना जाता है, लेकिन महाराष्ट्र के सातारा में एक ऐसा डाक्टर सामने आया, जिसे ‘डाक्टर डेथ’ का नाम दिया गया. इस डाक्टर की कहानी इतनी खौफनाक थी कि उस के कारनामे उजागर होते ही सभी चौंक पड़े थे. डाक्टर ने पुलिस को बताया कि उस ने 5 औरतों को जिंदा दफना दिया था उन की कब्रों के ऊपर नारियल के पेड़ भी लगा दिए थे.

डाक्टर डेथ के इस सनकी रवैए का खुलासा 2016 में तब हुआ, जब उसे पुलिस ने एक कत्ल के मामले में गिरफ्तार किया था. महाराष्ट्र के पुणे से करीब 120 किलोमीटर दूर सातारा में रहने वाले इस कातिल डाक्टर की पहचान संतोष पोल के रूप में की गई थी. कातिल डाक्टर ने पुलिस को अपने कुबूलनामे में बताया कि वह साल 2003 से ऐसी वारदातों को अंजाम देता आया है.

संतोष पोल पेशे से एलेक्ट्रोपैथ डाक्टर था और उस के पास बैचलर औफ इलैक्ट्रोहोमियोपैथी मैडिसिन एंड सर्जरी (बीईएमएस) की डिग्री थी. इस के अलावा उस ने मुंबई के घोटवडेकर अस्पताल में 8 साल तक नौकरी भी की थी. वहां काम करने वाले वरिष्ठ डाक्टरों का मानना था कि वह मैडिकली सर्टिफाइड नहीं था. संतोष खुद को डाक्टर बताने के साथसाथ समाजसेवी और आरटीआई एक्टिविस्ट भी बताता था.

साल 2016 में वेलम गांव की आंगनबाड़ी कार्यकत्री मंगला जेधे लापता हो गई. उस के परिजनों ने इस का आरोप संतोष पर लगा दिया था. शिकायत में नामजद होने के बाद पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए बुलाया, लेकिन सबूत नहीं होने की वजह से उसे छोड़ दिया गया. मामले की चल रही जांच में सामने आया कि मंगला के फोन की आखिरी लोकेशन संतोष पोल के फार्महाउस के पास दिखी और मंगला का फोन ज्योति नाम की नर्स के पास से बरामद किया गया.

इस के बाद पूछताछ में ज्योति ने बताया कि संतोष पोल ने ही मंगला जेधे की हत्या की और उस के शव को दफना दिया. उधर संतोष को जैसे ही यह सब पता चला तो वह मुंबई भाग गया. ज्योति के द्वारा बताई गई जगह पर खुदाई की गई, तो एक कंकाल बरामद हुआ और लैब रिपोर्ट्स में साबित हो गया कि वह कंकाल मंगला जेधे का ही था. गिरफ्तारी के बाद संतोष ने बताया कि उस ने 13 सालों में 5 महिलाओं और एक पुरुष की हत्या की है. इस के बाद पुलिस के जरिए चारों महिलाओं के कंकाल बरामद कर लिए गए, लेकिन एक पुरुष का कंकाल बरामद नहीं हुआ.

संतोष ने उस की लाश नदी में फेंक दी थी. उस ने बताया कि वह महिलाओं को नशे का इंजेक्शन देता था, फिर नशे की हालत में रहने के दौरान ही उन्हें फार्महाउस में दफना देता था. साथ ही लाशों के सड़ने की गंध छिपाने के लिए उस ने कुछ मुर्गियां भी पाल रखी थीं. पुलिस ने इस ‘डाक्टर डेथ’ के घर से नशीली दवाएं, इंजेक्शन, ईसीजी मशीन और आरटीआई से जुड़े कुछ दस्तावेज बरामद किए थे.

संतोष ने बताया था कि वह हर हत्या के बाद एक जेसीबी बुलाता था और नारियल के पेड़ों को लगाने के लिए गड्ढे खुदवाता था, लेकिन इन गड्ढों में लाशें दफना कर उन के ऊपर नारियल के पेड़ लगा दिया करता था. Serial Killer

Canada: प्यार पर कोई जोर नहीं

Canada: विदेश में रह रहे गुरजिंदर ने अगर भारतीय सभ्यता से इतर वेस्टर्न कल्चर अपना कर अपनी प्रेमिका मेपल को उसी नजरिए से देखा होता तो आज मेपल जिंदा होती और उसे जेल में उम्रकैद भी न काटनी पड़ती. लेकिन वह ऐसा नहीं कर पाया और…

रोज की तरह 28 सितंबर, 2011 को भी मेपल बटालिया सुबह यूनिवर्सिटी जाने के लिए तैयार हुई तो बड़ी बहन रोजलीन ने कहा, ‘‘आज मैं ने कार अच्छे से साफ कर दी है, कई दिनों से साफ नहीं हुई थी न. तू मेरा एमपी-3 प्लेयर भी ले जा. म्यूजिक सुनते हुए ड्राइविंग में बड़ा मजा आता है.’’

‘‘ठीक है दीदी, लेकिन मुझे यूनिवर्सिटी जल्दी पहुंचना है. क्लास से पहली स्टडी भी करनी है. मुझे म्यूजिक का ज्यादा शौक है नहीं, सिर्फ खाली समय में खुद को हल्का महसूस करने के लिए सुन लेती हूं.’’ मेपल ने कहा.

‘‘चल ठीक है, अब देर मत कर.’’ रोजलीन ने कहा.

मेपल किताबें और पर्स ले कर कार में बैठी और यूनिवर्सिटी चली गई. वह कनाडा के सुर्रे की साइमन फ्रेजर यूनिवर्सिटी में हेल्थ साइंस ग्रैजुएशन की प्रथम वर्ष की छात्रा थी.  मेपल ही नहीं, उस का पूरा परिवार कनाडा का नागरिक था. लेकिन वे मूलरूप से भारत के रहने वाले थे. मेपल भारत की आर्थिक राजधानी मुंबई में पैदा हुई थी. उस के परिवार में पति हरकीरत उर्फ हैरी बटालिया, मां सरबजीत, 2 बड़ी बहनें रोजलीन उर्फ रोजी और सिमरन थीं.

मुंबई में रहने के दौरान हरकीरत ड्राइवर की नौकरी कर के किसी तरह परिवार को पाल रहे थे. आर्थिक हालत अच्छी नहीं थी. मेपल 3 महीने की थी, तभी हरकीरत के किसी दोस्त ने उस से कहा कि यहां रह कर उस की आर्थिक स्थिति में कोई बदलाव नहीं होने वाला है. उस की 3 बेटियां हैं, उन्हें पढ़ानेलिखाने और शादी करने में ही उस की जिंदगी खप जाएगी. फिर भी वह पैसों के अभाव में न बेटियों को अच्छी शिक्षा दिला पाएगा और न अच्छे घरों में उन की शादियां कर पाएगा.

‘‘तो फिर क्या करूं?’’ हरकीरत ने पूछा था.

‘‘तू कनाडा चला जा. उसे तो मिनी पंजाब कहा जाता है. तुझे वहां कोई न कोई रोजगार मिल ही जाएगा. कुछ नहीं होगा तो टैक्सी चला कर अच्छी कमाई कर लेगा. वहां रह कर बेटियों को अच्छी तरह पढ़ा भी लेगा और अच्छे घरों में उन की शादियां भी कर देगा.’’ दोस्त ने कहा.

‘‘भाई, तू कह तो ठीक रहा है, मेरे कई रिश्तेदार वहां हैं. जब वे गए थे, खस्ताहाल थे, अब दौलत में खेल रहे हैं. मैं भी कोशिश करता हूं.’’ हरकीरत ने कहा.

और फिर किसी तरह कोशिश कर के हरकीरत परिवार सहित कनाडा चला गया. कुछ दिनों तक उस ने वहां टैक्सी चलाई, उस के बाद अपना रोजगार कर लिया. धीरेधीरे रोजगार बढ़ा तो आर्थिक स्थिति बेहतर होती गई. बेटियों का अच्छे स्कूल में एडमिशन करा दिया. उस की दोनों बड़ी बेटियां पढ़ाई में बस ठीकठाक कही जा सकती थीं. लेकिन सब से छोटी मेपल काफी तेज दिमाग की थी. वह स्कूल की हर तरह की गतिविधियों में भी बढ़चढ़ कर हिस्सा लेती थी. हरकीरत को अपनी इस बेटी से काफी उम्मीदें थीं. मेपल पढ़ाई में जितनी तेज थी, उतनी ही खूबसूरत भी थी. हंसमुख और खुले विचारों की भी थी.

अपनी दोनों बहनों के मुकाबले मेपल का हाथ भी ज्यादा खुला था. वह खुल कर खर्च करती थी. उस का कहना था कि जिंदगी खुल कर जीने के लिए है. एकएक पल ऐसा जीना चाहिए कि यादगार बन जाए. स्कूल में उस की दोस्ती लड़कियों से ही नहीं, तमाम लड़कों से भी थी. स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद मेपल ने डाक्टर बनने के लिए हेल्थ साइंस में एडमिशन लिया था. लेकिन वह सिर्फ स्टूडेंट ही नहीं थी, मौडल और अभिनेत्री भी थी. वह मौडलिंग तो कर ही रही थी, ‘डायरी औफ विंपी किड’ फिल्म में छोटी सी भूमिका भी की थी. सेंट्रल सिटी मौल द्वारा आयोजित मौडल खोज प्रतियोगिता में हिस्सा ले कर वह फाइनल राउंड तक पहुंच गई थी. उस का फाइनल होना अभी बाकी था.

मेपल यूनिवर्सिटी पहुंची तो पार्किंग में ही उस की एक दोस्त मिल गई. दोनों पार्किंग की एक बैंच पर बैठ कर पढ़ाई कर करने लगीं. अचानक मेपल किताब ले कर उठी और टहलते हुए पढ़ने लगी. उसी बीच उस से कूछ दूरी पर एक कार आ कर रुकी. कार से 2 लड़के उतरे. कार चला रहे युवक ने इधरउधर देखा और स्वचालित आधुनिक रिवौल्वर से मेपल पर गोलियां चला दीं. गोलियों की गूंज से कैंपस गूंज उठा. गोलियों की आवाज सुन कर मेपल की सहेली दौड़ कर जब तक उस के पास पहुंचती, वह लहूलुहान हो जमीन पर गिर चुकी थी. गोलियां चलाने वाला लड़का अपने साथी के साथ कार से भाग गया था.

यूनिवर्सिटी स्टाफ, प्रोफेसर, स्टूडेंट एकत्रित हो गए. घटना की सूचना पुलिस को भी दे दी गई थी. सुर्रे सिटी के तमाम पुलिस अधिकारी कुछ ही मिनटों में वहां पहुंच गए थे. एंबुलैंस द्वारा मेपल को सिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मेपल के पिता हरकीरत को भी दे दी गई थी. वह पत्नी और बड़ी बेटी रोजलीन के साथ अस्पताल पहुंचे. इस के बाद लाश का पोस्टमार्टम कराया गया. उस के बाद लाश उन्हें सौंप दी गई. 8 अक्तूबर को उन्होंने डल्टास रिवर के किनारे उस का अंतिम संस्कार कर दिया. पूरा परिवार मेपल की मौत से काफी दुखी था.

पुलिस को मिली पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, गोलियां थोड़ी दूर से चलाई गई थीं. 2 गोलियां उस के दिल के करीब, एक पेट में, एक माथे पर तथा एक गरदन पर लगी थी. ये पांचों गोलियां एक ही रिवौल्वर से चलाई गई थीं. हमलावर कौन थे? यह किसी को पता नहीं था. उस समय यूनिवर्सिटी कैंपस स्थित पार्किंग में खास चहलपहल नहीं थी. 2-4 स्टूडेंट ही इधरउधर थे. क्योंकि उस समय यूनिवर्सिटी के क्लास शुरू होने में काफी देर थी. मेपल, उस की सहेली और जो अन्य स्टूडेंट थे, वे पढ़ने की गरज से समय से पहले आ गए थे. वहां के शांत वातावरण में ठीक से पढ़ाई हो जाती थी.

मेपल की सहेली बस इतना ही बता पाई थी कि पढ़तेपढ़ते अचानक मेपल उठी और टहलते हुए पढ़ने लगी. अचानक गोलियां चलने की आवाज से वह चौंकी. जब उसे लगा कि गोलियां उसी पर चलाई गई हैं तो वह उस की ओर भागी. जब उस ने पलट कर देखा तो हमलावर कार में बैठ रहे थे. इसलिए उस ने सिर्फ उन की पीठ देखी थी, शक्ल नहीं. करीब 50 पुलिस अधिकारी इस मामले की जांच में लगे थे. मेपल के दोस्त सायर से पूछताछ की गई. उस ने बताया, ‘‘मेपल समझदार और खुशमिजाज लड़की थी. सालों से उस का प्रेमसंबंध पंजाबी समुदाय के गुरजिंदर धालीवाल उर्फ गैरी से था, जो उस की हत्या के कुछ दिनों पहले ही टूटा था. गुरजिंदर उस का पहला प्रेम था.

प्रेमसंबंध टूटने के बाद दोनों के बीच तनाव चल रहा था. गुरजिंदर अकसर उस का पीछा करता था. हत्या से पहले 24 सितंबर, 2011 को मेपल ने सुर्रेटिम होर्टंस में गुरजिंदर धालीवाल पर हमले का आरोप लगाया था. उस ने अपने बयान में कहा था कि जिस समय वह अपने एक बौयफ्रैंड के साथ कौफी शौप में थी तो गुरजिंदर वहां पहुंच गया था. लड़ाईझगड़ा करते हुए वह मारपीट पर उतारू हो गया था. उस ने उसे देख लेने की धमकी भी दी. बाद में मेपल ने अपने बयान वापस ले लिए थे, जिस से गुरजिंदर पर कोई केस नहीं चला था.’’

हरकीरत ने भी गुरजिंदर पर शक जाहिर किया था. गुरजिंदर शक के दायरे में था. लेकिन उस से पूछताछ से पहले पुलिस यूनिवर्सिटी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देख लेना चाहती थी. फुटेज में यह तो दिख रहा था कि मेपल की हत्या में 2 युवकों का हाथ है, जो कार से वहां आए थे. लेकिन उस फुटेज से उन की पहचान करना आसान नहीं था.

पुलिस ने गुरजिंदर को हिरासत में ले लिया. उस से लंबी पूछताछ की गई, लेकिन उस के चेहरे के हावभाव और बातों से जरा भी नहीं लग रहा था कि उस ने किसी की हत्या की है. पुलिस के पास उस के खिलाफ कोई ठोस सबूत भी नहीं थे, इसलिए उसे छोड़ दिया गया. लेकिन पुलिस उस की चोरीछिपे निगरानी करती रही. पुलिस ने मेपल और गुरजिंदर के मोबाइल फोनों की काल डिटेल्स भी निकलवाई थी. इस से भी किसी खास आधार पर गुरजिंदर को दोषी करार नहीं दिया जा सकता था.

हालांकि कामयाबी नहीं मिल रही थी, फिर भी पुलिस हार मानने को तैयार नहीं थी. मेपल जिस मौडल खोज प्रतियोगिता में भाग ले रही थी, उस का फिनाले 15 अक्टूबर, 2011 को होना था. मेपल के विजेता बनने की संभावना थी. कहीं किसी प्रतिद्वंद्वी ने उस की हत्या न करा दी हो, पुलिस ने इस की भी जांच की. दूसरी ओर आयोजकों ने मेपल की हत्या से दुखी हो कर प्रतियोगिता को जनवरी तक के लिए टाल दिया था.

धीरेधीरे 5 महीने बीत गए, मेपल की हत्या की गुत्थी नहीं सुलझी. पुलिस ने तमाम अपराध करने वालों से भी पूछताछ कर ली थी, ड्रग्स रैकट से भी जोड़ कर छानबीन की गई थी, पर कोई तथ्य हाथ नहीं लगा था. न तो मेपल किसी तरह के ड्रग्स की आदी थी और न ही उस के किसी दोस्त के ड्रग्स गिरोह से किसी प्रकार के संबंध थे. कहीं ये सैक्स माफियाओं का काम न हो, इस दृष्टि से भी जांच की गई थी, लेकिन सारी कोशिशें बेकार गई थीं.

मेपल की हत्या को एक साल गुजर गया. 28 सितंबर, 2012 को उस की पहली बरसी थी. बरसी वाले दिन सुर्रे पार्क में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जिस में करीब 2 सौ लोगों ने भाग ले कर मेपल को श्रद्धांजलि दी. इस सभा में लोगों ने कामना की कि उस का हत्यारा जल्द से जल्द पकड़ा जाए, ताकि उस की आत्मा को शांति मिल सके.

इसी आयोजन में हरकीरत बटालिया ने बटालिया परिवार की ओर से मेपल स्कौलरशिप मेमोरियल फंड्स की स्थापना की घोषणा की. इस संस्था की ओर से साइमन फ्रेजर यूनिवर्सिटी, जिस में मेपल पढ़ती थी, में आर्ट्स और हेल्थ साईंस पढ़ने वाली आर्थिक रूप से कमजोर लड़कियों की अर्थिक मदद का ऐलान किया गया. बटालिया परिवार की ओर से इस संस्था में 50 हजार डालर की राशि दान स्वरूप दी गई. इस संस्था में सामाजिक कार्य करने वाले तथा व्यवसाई भी दान कर सकते थे.

इस के अलावा उन्होंने पुलिस से लिखित रूप से मेपल के हत्यारे को पकड़ने की अपील करने के साथ अब तक की गई कोशिशों के लिए धन्यवाद भी दिया. पुलिस के लिए मेपल हत्याकांड पहेली बना हुआ था. पुलिस ने हर तरकीब अपना ली थी, पर कोई सुराग नहीं मिला था. लेकिन उस के मुखबिर अब भी मुस्तैद थे और गुरजिंदर तथा उस के खास दोस्तों की अभी तक निगरानी रखी जा रही थी. आखिर पुलिस को एक दिन सफलता मिल ही गई. 1 दिसंबर की रात गुरजिंदर का 22 वर्षीय दोस्त गुरसिमर बेदी एक बार में दोस्तों के साथ शराब पी रहा था. तभी उस के मुंह से निकला, ‘‘देखो, एक साल पहले हम ने कितनी होशियारी से मेपल की हत्या की कि आज तक पुलिस कोई सुराग नहीं लगा पाई.’’

अगली ही टेबल पर बैठे पुलिस के मुखबिर ने यह बात सुन ली. उस ने तुरंत पुलिस को फोन कर के बुला लिया. मुखबिर के इशारे पर गुरसिमर को पकड़ लिया गया. खुद को पुलिस से घिरा देख वह घबरा गया और उस का सारा नशा उतर गया. उस की समझ में आ गया कि अब बचना मुश्किल है. उसे पुलिस स्टेशन लाया गया, जहां सीधे पूछा गया कि मेपल बटालिया की हत्या किस ने की और क्यों की?

बिना किसी लागलपेट के गुरसिमर ने सच बोल दिया, ‘‘मेपल की हत्या गुरजिंदर धालीवाल उर्फ गैरी ने की थी. उस के साथ मैं भी था. मैं ने ही उसे वह रिवौल्वर उपलब्ध कराई थी, जिस से मैपल को गोली मारी गई थी. उस ने यह हत्या क्यों की, यह मुझे मालूम नहीं. मैं तो उस का साथ दोस्ती की वजह से देने को तैयार हो गया था. मेरी समझ में अभी तक नहीं आया कि दोनों गहरे दोस्त थे, एकदूसरे को प्यार भी करते थे, इस के बावजूद उस ने मेपल की हत्या कर दी?’’

‘‘इस समय वह कहां मिलेगा?’’ पुलिस ने पूछा.

‘‘अपने घर पर.’’ गुरसिमर ने कहा.

गुरसिमर बेदी को साथ ले कर पुलिस ने गुरजिंदर के घर छापा मारा. उस समय रात के साढ़े 12 बज रहे थे. वह अपने बैडरूम में सो रहा था. उस के घर वालों से उस के बारे में पूछा गया तो उन्होंने पूछा, ‘‘आप लोग उसे क्यों पूछ रहे हैं?’’

‘‘एक साल पहले उस ने एक लड़की की हत्या की थी. उसी अपराध में उसे गिरफ्तार करना है.’’ एक पुलिस अधिकारी ने कहा.

‘‘वह ऐसा कतई नहीं कर सकता, आप को कोई गलतफहमी हुई है. वह एक होनहार और नेक चालचलन वाला लड़का है.’’ उस के पिता ने कहा.

घरवालों की लाख कोशिश के बावजूद पुलिस गुरजिंदर को गिरफ्तार कर के पुलिस स्टेशन ले आई. वह बारबार कहता रहा, ‘‘मैं ने मेपल की हत्या नहीं की. मैं तो उसे दिल की गहराई से प्यार करता था. भला मैं उस की हत्या कैसे कर सकता हूं.’’

गुरसिमर को उस के सामने बैठा कर एक पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘इस ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है और सबूत भी दे दिए हैं. तुम्हारे पास बचाव का अब कोई रास्ता नहीं है. सच्चाई स्वीकार करने में ही तुम्हारी भलाई है.’’

‘‘मैं ने किसी की हत्या नहीं की.’’ गुरजिंदर अपनी बात पर अड़ा रहा.

‘‘ठीक है, अब लाई डिटेक्टर से ही पता चलेगा कि तुम सच बोल रहे हो या झूठ?’’ पुलिस अधिकारी ने उस पर मनोवैज्ञानिक दबाव बनाया.

इस के बाद गुरजिंदर घबरा गया. झूठ के सहारे आगे चलना उसे कठिन लगा. ऐसे में उसे सच बोल देना ही ठीक लगा. उस ने कहा, ‘‘हां, मैं ने ही की है मेपल की हत्या. मैं उस की हत्या करना नहीं चाहता था. मैं तो उस के साथ सारी जिंदगी बिताना चाहता था, लेकिन उस ने काम ही ऐसा किया कि मजबूर हो कर मुझे उस की हत्या करनी पड़ी.’’

19 वर्षीया मेपल बटालिया जिस एंवर करिक सैकेंडरी स्कूल में पढ़ती थी, उसी में गुरजिंदर भी पढ़ता था. मेपल जब हाईस्कूल में पढ़ रही थी, तभी उस की मुलाकात गुरजिंदर से हुई थी. दोनों ने एकदूसरे को आकर्षित किया तो उन के बीच दोस्ती हो गई. बाद में उन्हें पता चला कि उन के परिवार एकदूसरे से परिचित हैं. इस से दोस्ती और भी गहरी हो गई. दोनों का एकदूसरे के घर भी आनाजाना होने लगा. दोनों की मम्मियां अकसर साथसाथ शौपिंग के लिए जाती थीं.

मेपल चंचल स्वभाव की थी, जबकि गुरजिंदर गंभीर और शर्मीला. विपरीत स्वभाव का होने के बावजूद दोनों में खूब पटती थी. मेपल सैकेंडरी में पहुंची तो दोनों का आकर्षण और बढ़ गया. गुरजिंदर यूनिवर्सिटी में पहुंच गया था. नजदीकी तो पहले से ही थी. अब दोनों इस दोस्ती को एक रिश्ते का नाम देना चाहते थे. गुरजिंदर शर्मीले स्वभाव की वजह से दिल की बात जुबान पर नहीं ला पाया. पर मेपल ने पहल करते हुए एक दिन प्रपोज कर दिया, ‘‘क्या मेरे साथ डेट पर चलोगे?’’

दोनों अकसर साथसाथ घूमते थे, पर डेट पर जाने का अर्थ दूसरा ही था. इसलिए मेपल के प्रस्ताव पर गुरजिंदर शरमा गया. उस ने मुसकरा कर सिर हिला दिया. छुट्टी के दिन दोनों ने डेट पर जाने का प्रोग्राम बनाया. गुरजिंदर अपनी कार से उसे डोनियाल पार्क ले गया, जहां वे एकांत में बैठ कर बातें करने लगे. अचानक मेपल ने पूछा, ‘‘क्या तुम मुझ से प्यार करते हो?’’

गुरजिंदर इधरउधर देखने लगा. उसे जवाब न देते देख मेपल ने अपना प्रश्न दोहराया. इस पर उस ने सिर्फ यही कहा, ‘‘क्या तुम…?’’

‘‘पहले तुम बताओ, सवाल पहले मैं ने किया है तो जवाब पहले तुम दोगे.’’ मेपल ने शरारती अंदाज में कहा.

‘‘अगर मैं हां कहूं तो.’’ गुरजिंदर ने कहा.

‘‘ऐसे नहीं, मुझे प्रपोज करो.’’ मेपल बोली.

‘‘मुझे प्रपोज करना नहीं आता.’’ गुरजिंदर अब भी शरमा रहा था.

‘‘अच्छा बाबा, मैं ही प्रपोज करती हूं, मैं तुम से बेहद बेहद प्यार करती हूं.’’ मेपल ने मुसकराते हुए कहा.

‘‘मैं भी तुम से प्यार करता हूं. साथ ही वादा करता हूं कि हमेशा इसी तरह प्यार करता रहूंगा.’’ गुरजिंदर ने कहा.

इस के बाद दोनों एकदूसरे से खुल गए. उन की बातचीत का अंदाज बदल गया. उन के होंठ भी कई बार आपस में टकराए, पर उन्होंने इस से आगे की हद पार नहीं की. इस के बाद मेपल और गुरजिंदर ज्यादा से ज्यादा एकदूसरे के करीब रहने लगे. उन के घर वालों को उन के प्यार का पता नहीं था. उन्हें तो सिर्फ यही मालूम था कि दोनों अच्छे दोस्त हैं.

मेपल ने सेकेंडरी पास कर के साइमन फ्रेजर यूनिवर्सिटी में हेल्थ साइंस में एडमिशन ले लिया. वहीं वह मौडलिंग भी करने लगी. वहीं से उसे लघु फिल्म ‘डायरी औफ विंपी किड’ में एक भूमिका मिल गई. इस से उस के हौसले और बढ़ गए. वह अकसर मौडलिंग प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने लगी. इस के बावजूद उस ने पढ़ाई को नजरअंदाज नहीं किया. वह पढ़ाई को भी पूरा समय देती थी. वहीं गुरजिंदर ग्रैजुएशन पूरा कर के पिता के व्यवसाय में हाथ बंटाने लगा था.

प्यार की नींव विश्वास पर टिकी होती है. दोनों के बीच विश्वास था भी पर गुरजिंदर का विश्वास उस दिन डगमगा गया, जब उस ने मेपल को एक अन्य युवक के साथ यूनिवर्सिटी में हाथ में हाथ डाले घूमते देख लिया. उस दिन वह मेपल से मिलने यूनिवर्सिटी गया था. यह उसे अच्छा नहीं लगा, इसलिए निराश मन से वह बिना मिले ही लौट गया. जब दोनों दूसरे दिन मिले तो गुरजिंदर ने पूछा, ‘‘कल तुम्हारे साथ कौन लड़का था?’’

‘‘क्लास में पढ़ता है. हम दोनों में अच्छी दोस्ती है. पर तुम्हें मेरा उस के साथ घूमना बुरा क्यों लगा, यह तो आम बात है.’’ मेपल ने कहा.

गुरजिंदर उस के जवाब से संतुष्ट नहीं था. उस ने कहा, ‘‘मुझे यह अच्छा नहीं लगता. मैं नहीं चाहता कि कोई तुम्हें छुए भी.’’

बात आईगई हो गई. कुछ दिनों बाद गुरजिंदर कौफी शौप में कुछ दोस्तों के साथ गया तो वहां एक प्राइवेट केबिन में उस की नजर चली गई. वहां मेपल किसी लड़के के साथ अश्लील मुद्रा में बैठी थी. यह देख कर वह गुस्से से कांपने लगा. उस ने उस केबिन में जा कर दोनों को भलाबुरा कहने के साथसाथ मेपल से अपना कौमार्य टेस्ट कराने को कहा. उस ने कहा कि उसे शक है कि उस के कई लड़कों से शारीरिक संबंध हैं.

इस पर मेपल खुद पर काबू नहीं रख पाई. वह गुस्से में बोली, ‘‘तुम कौन होते हो मुझ पर इस तरह का इल्जाम लगाने वाले. किस हक से तुम मुझे कुंवारेपन का टेस्ट कराने को कह रहे हो. हमारे बीच प्यार है, हम ने शादी नहीं की, जो तुम इस तरह हक जता रहे हो.’’

‘‘लेकिन मैं तो तुम्हारे साथ जिंदगी गुजारने की सोच बैठा हूं.’’ गुरजिंदर ने कहा.

‘‘यह तुम्हारी सोच है, जरूरी नहीं कि मेरी भी यही सोच हो. मैं जिंदगी को बांधना नहीं चाहती. मैं खुल कर जीने में विश्वास रखती हूं. तुम्हें अच्छा नहीं लगता तो तुम अपना रास्ता अलग कर सकते हो.’’ मेपल ने दो टूक जवाब दिया.

गंभीर स्वभाव का गुरजिंदर बौखला गया. पर उस ने खुद पर संयम रखा. 24 सितंबर, 2011 को उस ने मेपल को उसी लड़के के साथ फिर देखा तो खुद पर काबू नहीं रख पाया और दोनों से उलझ पड़ा. वह मारपीट तक पर उतारू हो गया. उस का यह रूप देख कर मेपल ने इस की शिकायत पुलिस से कर दी, पर दूसरे दिन उस ने अपनी शिकायत वापस ले ली. हां, उस ने गुरजिंदर को चेतावनी जरूर दी कि आइंदा वह उस की जिंदगी में दखल न दे, वरना परिणाम अच्छा नहीं होगा.

‘‘परिणाम किस का अच्छा होगा, किस का बुरा यह तो अब पता चलेगा.’’ गुरजिंदर बड़बड़ाया.

उस ने मेपल को सबक सिखाने की योजना बना कर अपने दोस्त गुरसिमर बेदी से बात की. गुरजिंदर ने उस से सहयोग मांगा तो वह तैयार हो गया. उस ने साथ देने का वादा तो किया ही, साथ ही उस के कहे अनुसार एक रिवौल्वर का इंतजाम भी कर दिया. इस के बाद उस ने मेपल पर नजर रखनी शुरू कर दी. 28 सितंबर, 2011 को मेपल यूनिवर्सिटी के लिए घर से निकली तो दोनों उस का पीछा करते हुए वहां पहुंच गए और मौका देख यूनिवर्सिटी कैंपस में कार रोक कर गुरजिंदर ने उस पर गोलियां चला दीं और भाग खड़े हुए. मेपल के मरने की खबर गुरजिंदर को अपने घर वालों से मिल चुकी थी, क्योंकि वे मेपल के अंतिम संस्कार में गए थे, पर वह मेपल के घर शोक जताने भी नहीं गया.

पुलिस ने शक के आधार पर उसे हिरासत में भी लिया, पर वह झूठ बोल कर शक के दायरे से निकल गया. अंत में साल भर बाद उस का गुनाह सामने आ गया और वह पकड़ा गया. गुरजिंदर और गुरसिमर को सुर्रे सिटी कोर्ट में पेश किया गया, वहां से उन्हें जेल भेज दिया गया. 17 सितंबर, 2012 को अगली पेशी पर गुरजिंदर के वकीलों ने उसे निर्दोष बताते हुए सबूत भी दिए, पर कोर्ट ने उन्हें खारिज कर दिया.

30 अप्रैल, 2013 को पुलिस ने दोनों के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट पेश कर दी. चार्जशीट, गवाह और सबूतों के आधार पर कोर्ट ने दोनों को दोषी करार दिया. यह संयोग ही था कि 28 सितंबर, 2011 को मेपल की हत्या हुई थी और 28 सितंबर, 2014 को कोर्ट ने अपना फैसला सुनाते हुए गुरजिंदर धालीवाल उर्फ गैरी को साजिश रचने व हत्या करने के आरोप में 19 साल की सश्रम कारावास की सजा तथा उस के साथी गुरसिमर बेदी को साजिश में शामिल होने और हथियार मुहैया कराने के आरोप में 8 साल की सजा सुनाई.

कथा लिखे जाने तक 15 नवंबर, 2015 को गुरजिंदर के वकील ने जमानत की अर्जी कोर्ट में लगाई थी, पर कोर्ट ने अपराध की गंभीरता को देखते हुए अर्जी खारिज कर दी थी. Canada

Delhi News: 2 बेटियों को मारकर मां ने की खुदकुशी

Delhi News: देश की राजधानी से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिस ने हर किसी को हैरान कर रख दिया है. जहां एक मां ने पहले अपनी 2 बेटियों की जान ले ली, इस के बाद खुद भी सुसाइड करने की कोशिश की. आखिर कौन थी वह मां, जिस ने यह कदम उठाया और क्या मजबूरी रही होगी. जिस से वह इतना खौफनाक कदम उठाने के लिए मजबूर हो गई? चलिए जानते हैं इस पूरी स्टोरी को विस्तार से, जो आप को होने वाली ऐसी घटनाओं से सावधान भी करेगी.

यह घटना दक्षिणी दिल्ली के मालवीय नगर से सामने आई है, जहां बड़ी बेटी राधिका और छोटी बेटी गुनिशा एक घर के अंदर मृत मिलीं. वहीं मां सुनीता एक कमरे में बेहोश मिली. इस घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई.

पुलिस के अनुसार, उन्हें सूचना मिली कि एक घर में कमरा काफी देर से बंद है और दरवाजा कोई खोल नहीं रहा है. इस के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि दरवाजा अंदर से बंद है. पुलिस ने दरवाजा खोला तो एक कमरे में एक युवती का शव पड़ा हुआ था, जिस के चेहरे पर एक तकिया भी रखा हुआ था. वहीं दूसरे कमरे में पुलिस को एक शव और मिला, जिस के गले पर निशान थे. बाद में दोनों की पहचान सगी बहनों के रूप में हुई. वहीं इन दोनों बहनों की मां सुनीता एक कमरे में बेहोश मिली. पुलिस ने तीनों को ट्रामा सेंटर में भरती करा दिया गया.

पुलिस ने आशंका जताई है कि दोनों बेटियों की हत्या  सुनीता ने की, इस के बाद खुद आत्महत्या करने की कोशिश की थी.

पुलिस ने मौके पर ही क्राइम टीम और एफएसएल की टीम को भी बुला लिया, जिस से इन की जांच की जा रही है. घटना की जानकारी मिलते ही मालवीय नगर के विधायक सतीश कुमार भी मौके पर पहुंचे. पुलिस का कहना है कि बड़ी बेटी राधिका बीमार रहती थी, वहीं गुनिशा कानून की पढ़ाई कर रही थी. पुलिस पूरे मामले की विस्तार से जांच कर रही है. Delhi News

Love Crime: गर्लफ्रेंड का इंटरव्यू रोकने की साजिश – प्रेमी ने कंपनी को दी बम से उड़ाने की धमकी

Love Crime: एक ऐसा अनोखा मामला सामने आया, जो आप को भी हैरान कर देगा. जहां एक बौयफ्रेंड ने अपनी गर्लफ्रेंड का इंटरव्यू रुकवाने की ऐसी साजिश रची कि सभी हैरान रह गए. उस ने ईमेल के जरिए कंपनी को एक मैसेज भेजा और कहा कि वह बम से उड़ा देगा. चलिए जानते हैं इस लव और क्राइम की स्टोरी को विस्तार से, जो आप को होने वाले क्राइम से सचेत करेगी.

यह घटना हरियाणा के गुरुग्राम के सेक्टर 43 स्थित वन होराइजन सेंटर में एक निजी कंपनी से सामने आई है. जहां प्रेमी अनिकेत ने सुबह 9 बजे कंपनी को मेल भेज कर धमकी दी. यह मेल कंपनी के औफिशियल मेल आईडी पर भेजा गया था. आसपास इलाके में बम की धमकी से हड़कंप मच गया. पुलिस को सूचना दी गई और पुलिस मौके पर पहुंची. इसके बाद पुलिस ने स्निक डौग और मेटल डिटेक्टर की मदद से कंपनी का पूरा केबिन चेक किया.

पुलिस ने जांच की तो पता चला कि मेल फेक था और बम की सूचना भी फेक थी. एसीपी विकास कौशिक ने बताया कि डीएलएफ थाना साइबर की पूरी टीम ने कंपनी में सभी को खाली करवा कर तलाशी ली. कई घंटों तक जांच चली, लेकिन पुलिस को कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली.

जांच में खुलासा हुआ कि प्रेमी अनिकेत ने यह साजिश अपनी पूर्व गर्लफ्रेंड से रिश्ता सुधारने के लिए रची थी. अनिकेत ने यह वारदात इसलिए की ताकि गर्लफ्रेंड का इंटरव्यू स्थगित हो जाए और वह उस से फिर से संपर्क कर सके. आरोपी अनिकेत के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है. Love Crime

Crime News: कविता रैना हत्याकांड – कत्ल जो बन गया पहेली

Crime News: कविता रैना की हत्या पुलिस के लिए एक पहेली बन गई थी. इस पहेली को सुलझाने में 4 आईपीएस अधिकारी, 5 थानों की पुलिस, क्राइम ब्रांच और 200 पुलिस कर्मचारी लगे. आज तक का यह सब से महंगा और जटिल केस अब मध्य प्रदेश पुलिस अकादमी में पढ़ाया जाएगा.

कविता रैना की हत्या इंदौर पुलिस के लिए मिस्ट्री बन कर रह गई थी. एक ऐसा रहस्य, जिस का कोई भी सिरा ढूंढे नहीं मिल रहा था. सिरा मिला तो लेकिन 107 दिन बाद, वह भी तब जब 5 आईपीएस अफसरों सहित 200 पुलिस कर्मियों ने खानापीना भूल कर 20-20 घंटे काम किया. 177 लोगों से गहन पूछताछ की, डेढ़ लाख मोबाइल फोनों की काल डिटेल्स की छानबीन की गई.

20 से ज्यादा बार मर्डर का ट्रायल किया गया.  1500 से ज्यादा मकानों और लगभग 200 गोदामों का चप्पाचप्पा छाना गया. 117 बुलेट मोटरसाइकिलों और 150 कारों को जांचा परखा गया. 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई. 5 थानों की पुलिस के साथसाथ क्राइम ब्रांच को भी लगाया गया. यहां तक कि अजय देवगन, तब्बू स्टारर फिल्म ‘दृश्यम’ को कई बार इसलिए देखा गया कि कहीं हत्यारे ने फिल्म के नायक की तरह ही कोई दांव न खेला हो.

कविता रैना की हत्या की कहानी सुलझी तो लेकिन इंदौर पुलिस के लिए एक ऐसा इतिहास बन कर जो अब पुलिस अकादमी में पढ़ाया जाएगा. अपने पति संजय रैना, सास कांता रैना और 2 बच्चों बेटे ध्रुव और बेटी यशस्वी के साथ 81/2 सेक्टर-बी, मित्रबंधु नगर में रहती थीं कविता रैना. मित्रबंधु नगर इंदौर के कनाडि़या रोड पर है. कविता के पति संजय रैना एमिल फार्मास्युटिकल कंपनी में एरिया सेल्स मैनेजर थे. पहले कविता भी एक स्कूल में पढ़ाती थीं, लेकिन बच्चों की जिम्मेदारी बढ़ जाने की वजह से उन्होंने 2 साल पहले पढ़ाना छोड़ दिया था. फिलहाल वह घर में रह कर महिलाओं के ब्लाउज वगैरह सिलने का काम करती थीं. ब्लाउज सिलने में उन्हें एक्सपर्ट माना जाता था.

कविता के पति संजय रैना अधिकांशत: कंपनी के कामों में व्यस्त रहते थे. इसलिए घरबार के छोटेमोटे काम भी कविता को करने  होते थे. इस के लिए उन्होंने एक्टिवा स्कूटी ले रखी थी. कविता की बेटी यशस्वी एक कान्वेंट स्कूल में पहली क्लास में पढ़ती थी. वह रोजाना स्कूल बस से आतीजाती थी. बस स्टाप बहुत ज्यादा दूर नहीं था. कविता सुबह को बेटी को स्कूटी से ले जा कर बस में बैठा आती थीं और दोपहर को खुद ही बस स्टाप से ले आती थीं.

24 अगस्त, 2015 की दोपहर को डेढ़ बजे यशस्वी की बस मित्रबंधु नगर के शर्मा स्वीट्स के सामने वाले स्टाप पर आकर रुकी तो अन्य बच्चों के साथ यशस्वी भी उतर गई. सभी बच्चों की मां या घर का कोई सदस्य उन्हें लेने आए थे, लेकिन यशस्वी की मां कविता रैना वहां नहीं आई थीं.

पिछले 3 सालों में ऐसा कभी नहीं हुआ था कि मां यशस्वी को लेने स्टाप पर नहीं आई हों. मां को वहां न देख यशस्वी रुंआसी हो गई. कविता के पड़ोस में ही रहने वाली जया अपने बच्चे को लेने बस स्टाप पर आई थीं. उन्होंने यशस्वी को रुंआसी खड़ी देखा तो उसे समझाया, ‘‘हो सकता है तुम्हारी मां किसी काम में उलझ गई हों, चलो मैं तुम्हें घर छोड़ दूंगी.’’

जया आंटी पड़ोस में ही रहती थीं. यशस्वी उन्हें जानती थी, इसलिए वह उन के साथ घर आ गई. यशस्वी को अकेला आया देख दादी कांता रैना ने पूछा, ‘‘तेरी मां नहीं पहुंची स्टाप पर? यहां से तो वह एक दस पर ही निकल गई थी.’’

‘‘मां वहां नहीं थीं, मैं आंटी के साथ आ गई.’’ यशस्वी ने बताया तो दादी बोली, ‘‘चल कोई बात नहीं, हो सकता है किसी काम में उलझ गई हो.’’ कांता रैना पोती की ड्रैस वगैरह चेंज कराने में लग गईं. बात वहीं समाप्त हो गई.

चूंकि कविता घर के कामों से बाहर जाती रहती थीं, इसलिए कांता रैना ने तो यह बात आसानी से मान ली कि वह किसी काम में उलझ गई होगी, लेकिन यह बात यशस्वी के गले नहीं उतर रही थी. इस की वजह यह थी कि 3 सालों में ऐसा कभी नहीं हुआ था कि मां उसे लेने स्टाप पर न पहुंची हों. संजय रैना उस दिन एक मीटिंग के सिलसिले में सुबह ही घर से निकल गए थे. उन्होंने नाश्ता तक नहीं किया था. दोपहर को लंच करने वह घर आए तो यशस्वी ने उन्हें बताया कि मां उसे लेने न तो बसस्टाप पर पहुंचीं और न ही अभी तक लौटी हैं. यह जान कर संजय रैना हैरान रह गए. उन्होंने कविता के मोबाइल पर फोन किया तो पता चला उन का मोबाइल घर में ही है. तब तक कविता को गए 2 घंटे हो चुके थे.

संजय को चिंता हुई तो वह खाना छोड़ कर कविता को ढूंढने निकल पड़े. उन्होंने कविता को हर जगह ढूंढा, लेकिन उन का कोई पता नहीं चला. रिश्तेदारों और परिचितों को फोन भी किए पर कविता के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली. हर ओर से निराश हो कर उन्होंने थाना कनाडि़या में कविता की गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखा दी. पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट तो दर्ज कर ली, लेकिन संजय जानते थे कि हालफिलहाल कुछ होने वाला नहीं है. इसलिए वह रिश्तेदारों और मित्रों के साथ कविता को खोजते रहे. कविता को लापता हुए 2 दिन हो गए लेकिन उन का कहीं कोई पता न चला.

इस से सब ने अनुमान लगाया कि कविता के साथ कोई अनहोनी हो गई है. 26 अगस्त को देवास के पास एक युवती की जली हुई लाश मिली तो पुलिस ने शिनाख्त के लिए संजय रैना को भी बुलाया क्योंकि उन्होंने पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा रखी थी. लाश पहचानने की स्थिति में नहीं थी. कपड़े वगैरह भी नहीं थे. संजय ने अनुमान से ही कह दिया कि हो सकता है वह उन की पत्नी की लाश हो. पुलिस ने इसे सत्य मान कर उन से हस्ताक्षर भी करवा लिए. यह खबर सुन कर संजय के घर में कोहराम मच गया. पूरा परिवार रोनेधोने लगा. तभी खबर आई कि थाना भंवर कुआं क्षेत्र में 3 इमली चौराहे के पास वाले गंदे नाले में 2 बोरों में एक महिला की 6 टुकड़ों में कटी लाश मिली है.

दरअसल, कचरा बीनने वाले 2 लड़कों ने नाले में 2 बोरे पड़े देखे थे, जिन में से बदबू आ रही थी. उन्होंने यह बात लोगों को बताई और लोगों ने पुलिस को. सूचना मिलते ही थाना भंवरकुआं के थानाप्रभारी राजेंद्र सोनी पुलिस टीम के साथ वहां जा पहुंचे जहां बोरे पड़े थे. दोनों बोरों को नाले से निकाल कर खुलवाया गया तो उन में एक औरत की नग्न लाश निकली. आश्चर्यजनक बात यह थी कि लाश 6 टुकड़ों में कटी हुई थी. इस के अलावा मृतका के सीने पर चाकुओं के 2 निशान भी थे. साथ ही सिर पर भी एक घाव था. पुलिस ने लाश के टुकड़ों को जोड़ा ताकि मृतका की पहचान कराई जा सके.

पुलिस ने लाश को पहचानने के लिए संजय रैना को भी बुलाया. उन्होंने लाश के टुकड़े देखे तो हाथ पर गुदे टैटू और कंधे के तिल को देख कर बताया कि लाश उन की पत्नी कविता की है. पुलिस ने फोरेंसिक एक्सपर्ट सुधीर शर्मा को भी बुला रखा था. उन्होंने लाश को सूक्ष्म यत्रों से देख कर बताया कि मृतका की हत्या 24 अगस्त को ही कर दी गई थी. जबकि उस के शरीर को काफी बाद में इलेक्ट्रिक कटर से काटा गया था. यह बात लाश के कटने के निशानों और हड्डियों के काटने की शेप से पता चली.

प्राथमिक काररवाई के बाद लाश के टुकड़ों को पोस्टमार्टम के लिए एमवाई अस्पताल भेज दिया गया. इस के साथ ही थाना भंवरकुआं में अज्ञात लोगों के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज कर लिया गया. एक सीधीसादी पारिवारिक गृहणी के साथ इस तरह का पाशविक कृत्य किसी के गले नहीं उतर रहा था. मित्रबंधु नगर के निवासी इसे ले कर बहुत गुस्से में थे. उन का गुस्सा पुलिस पर भी था क्योंकि गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी उस ने कोई खास काररवाई नहीं की थी.

यही वजह थी कि पोस्टमार्टम के बाद जब कविता का शव मिल गया तो मित्रबंधु नगर के लागों ने शव को बंगाली चौराहे पर रख कर चक्का जाम कर दिया. इस पर डीआईजी संतोष कुमार, एसपी (पूर्व) ओ.पी. त्रिपाठी, एसपी (पश्चिम) डी. कल्याण चक्रवर्ती, एसपी (सिटी) शशिकांत कनकने और एडीशनल एसपी (क्राइम ब्रांच) विनयपाल ने बंगाली चौराहे पर आ कर लोगों को समझाया. साथ ही आश्वासन भी दिया कि जल्दी ही हत्यारों को पकड़ लिया जाएगा.

पुलिस के अनुरोध और आश्वासन पर लोगों ने धरना खत्म कर दिया. उसी दिन कविता का अंतिम संस्कार कर दिया गया. पुलिस का अनुमान था कि कविता रैना के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया होगा और उस के बाद उन की हत्या कर दी गई होगी. लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई तो पुलिस की यह धारणा गलत साबित हुई. कविता के साथ कोई दुष्कर्म नहीं हुआ था. उन की मौत सिर पर लगी गंभीर चोट और सीने पर हुए चाकू के वारों से हुई थी. रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि कविता की लाश के टुकड़े चाकू वगैरह से नहीं बल्कि इलेक्ट्रिक कटर से किए गए थे. अलबत्ता सीने पर चाकू के 2 निशान जरूर पाए गए.

इस से पुलिस को संदेह हुआ कि ऐसा काम कोई करीबी ही कर सकता था. इस की वजह यह थी कि कविता की हत्या और शरीर के टुकड़े किसी एकांत जगह पर ही किए जा सकते थे और ऐसी जगह वह किसी करीबी के साथ ही जा सकतीं थीं. यह किसी प्रेम प्रसंग का मामला भी हो सकता था और पतिपत्नी के झगड़ों का प्रतिफल भी. संभावना यही थी कि इस के पीछे कविता के पति संजय रैना का हाथ हो सकता है.

पुलिस की प्राथमिक पूछताछ में यह बात सामने आई कि घटना वाले दिन कविता अपनी बेटी यशस्वी को बस स्टाप से लाने के लिए 1 बज कर 10 मिनट पर घर से निकली थीं. यशस्वी की बस स्टाप पर 1 बज कर 40 मिनट पर आई थी. जब बस स्टाप पर पहुंची थी तब कविता वहां नहीं थीं. इस का मतलब कविता के गायब होने का रहस्य 1 बज कर 10 मिनट से 1 बज कर 40 मिनट के बीच ही छिपा था. घर से बस स्टाप के बीच ज्यादा दूरी नहीं थी. पुलिस ने इस सवा किलोमीटर के रास्ते पर तमाम लोगों से पूछताछ की, लेकिन किसी ने भी ऐसा कुछ नहीं बताया जिस से यह माना जाता कि कविता का अपहरण हुआ था.

पुलिस ने बस स्टाप के सामने वाली दुकान शर्मा स्वीट्स पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी देखी, लेकिन कविता कहीं नजर नहीं आईं. इस से अनुमान लगाया गया कि वह किसी परिचित के साथ ही गई होंगी, बाद में उसी ने उन का कत्ल कर दिया होगा. इसी के मद्देनजर पुलिस ने सब से पहले कविता के पति संजय रैना को शक के दायरे में रख कर पूछताछ करने का मन बनाया. इस की वजह यह थी कि संजय ने एक गलत लाश की पहचान अपनी पत्नी के रूप में कर दी थी.

पूछताछ से पहले संजय रैना की घटना वाले दिन की गतिविधियों के बारे में पता लगाया गया. साथ ही उन की काल डिटेल्स भी निकलवाई गई. पासपड़ोस के लोगों और उन के परिचितों से भी पूछताछ की गई. पूछताछ में संजय रैना की मां कांता रैना को भी शामिल किया गया. इस पूछताछ में पता चला कि कविता रैना घरेलू महिला थीं. उन के और संजय के बीच किसी बात को ले कर कोई मतभेद नहीं था. कविता की किसी से कोई दुश्मनी या झगड़ा भी नहीं था. वह मिलनसार महिला थीं. कांता रैना ने बताया कि कविता घर पर ब्लाउज सिलने का काम करती थीं.

घटना वाले दिन उन्हें 2 ब्लाउज सिल कर शाम तक देने थे, इसलिए यशस्वी को ले कर उन्हें जल्दी लौट आना चाहिए था, लेकिन वह नहीं लौटी थीं. इस पूछताछ में यह बात भी निकल कर आई कि संजय को कोई मनोरोग था, जिस के लिए वह खुद इंजेक्शन लिया करते थे. इस बारे में संजय रैना से बात की गई तो उन्होंने बताया कि उन्हें कुछ समय पहले मानसिक प्रौब्लम हुई थी. डाक्टर ने उन्हें इंजेक्शन लगाना सिखा कर घर पर ही इंजेक्शन लगाने को कहा था. उन्होंने डाक्टर के पेपर भी पुलिस को दिखाए. इस से पुलिस संतुष्ट हो गई.

संजय रैना की घटना वाले दिन की गतिविधियों और उन की काल डिटेल्स में पुलिस को कुछ संदिग्ध नहीं मिला. पुलिस ने संजय के 2 सहकर्मियों पीयूष और विक्रांत परमार से भी पूछताछ की, जो कभीकभी उन के घर आया करते थे. लेकिन इस का भी कोई नतीजा नहीं निकला. इस बीच बड़नगर से कविता के पिता रामनारायण जालवाल, मां तेजूबाई, दोनों भाई लखन व ठाकुर तथा दोनों बहनें सुनीता और सीमा भी आ चुके थे. पुलिस ने रामनारायण, तेजूबाई और उन के बेटों से अलग पूछताछ की. उन का कहना था कि संजय रैना से कविता को कोई शिकायत नहीं थी. दोनों के बीच खूब प्यार था. यह संभव नहीं है कि संजय ने कविता को कोई नुकसान पहुंचाया हो.

पुलिस ने बहन सीमा और उस के पति ओमप्रकाश कुमावत से भी अलग से पूछताछ की. ओमप्रकाश कुमावत का पालदा में एंब्रायडरी का काम था. ओमप्रकाश और सीमा को उन के घर पालदा भी ले जाया गया. लेकिन इस से कोई नतीजा नहीं निकला. जब कहीं से कोई बात न बनी तो डीआईजी संतोष कुमार ने एएसपी देवेंद्र पाटीदार, सीएसपी बिट्टू सहगल, सीएसपी पारुल बेलापुरकर, शशिकांत कनकने, एएसपी विनयपाल और इंसपेक्टर सोमा मलिक के नेतृत्व में पुलिस की 8 टीमें बनाईं. इन आठों  टीमों को अलगअलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं.

जांच के जो अहम बिंदू तय किए गए उन में मुख्य थे, उस सवा किलोमीटर रास्ते की हर नजरिए से गहन जांच करना जो कविता के घर और स्कूल बस के स्टाप के बीच था. क्योंकि कविता उसी रास्ते से लापता हुई थीं. साथ ही एक टीम को उस रास्ते में पड़ने वाली दुकानों या मकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी थीं.

एक टीम को संजय रैना और कविता के करीबियों से पूछताछ की जिम्मेदारी सौंपी गई तो एक को उन लोगों का पता लगाने की जिम्मेदारी दी गई जो कविता के संपर्क में रहते थे. एक टीम को कविता के चरित्र या किसी प्रेमप्रसंग वगैरह का भी पता लगाने को कहा गया. एक टीम इस काम पर भी लगाई गई कि वह कविता के बस स्टाप के बीच पड़ने वाले सभी मोबाइल टावरों के संपर्क में आने वाले मोबाइल फोनों के नंबर एकत्र करे और कालडिटेल्स से उन में संदिग्ध नंबर ढूंढे.

एक टीम को उस टीचर जो 2 साल पहले कविता के साथ पढ़ाती थी और उस स्कूल के संचालक से भी पूछताछ की जिम्मेदारी सौंपी गई, जिस के स्कूल में ये दोनों पढ़ाती थीं. दूसरी टीम को यशस्वी को बस स्टाप से लाने वाली महिला और उस महिला से पूछताछ की जिम्मेदारी सौंपी गई जिस ने कविता को बस स्टाप की ओर जाते देखा था. साथ ही उस महिला से भी पूछताछ करने को कहा गया जिस के ब्लाउजों का आर्डर कविता को उसी दिन शाम तक देना था.

पुलिस टीम ने पता लगाया तो जानकारी मिली कि कविता अपनी पड़ोसी निशा यादव के साथ रेहान अली के स्कूल में पढ़ाती थीं. वहां से पहले कविता ने पढ़ाना छोड़ा था और फिर एक साल बाद निशा ने. कविता के स्कूल की नौकरी छोड़ने की वजह यह थी कि एक तो उन की बेटी यशस्वी स्कूल जाने लगी थी और उसे बस स्टाप पर छोड़ने और लेने जाना होता था. दूसरे वह बहुत अच्छे ब्लाउज सिलना जानती थी और स्कूल के वेतन से ज्यादा पैसे घर पर ही कमा सकती थीं.

पुलिस ने निशा और स्कूल संचालक दोनों से पूछताछ की. उन दोनों ने बताया कि उन के बीच किसी तरह का कोई मतभेद या विवाद नहीं था. कविता ने अपनी मर्जी से नौकरी छोड़ी थी. नौकरी छोड़ने के बाद रेहान अली से उन का कोई संपर्क नहीं रहा था. निशा से भी कविता का किसी तरह का कोई मतभेद नहीं था. जिस महिला सुमित्रा यादव ने कविता को बसस्टाप की ओर जाते देखा था, उस का कहना था कि घर से स्टाप तक का ज्यादातर रास्ता सुनसान रहता था, उस ने कविता को वैभवनगर कौर्नर पर पीपल के पेड़ के पास देखा था.

पीपल के पेड़ के आगे बस स्टाप तक भीड़भाड़ रहती थी इसलिए उस से आगे कविता के अपहरण की कोई संभावना नहीं थी. यह बात बताने वाली सुमित्रा यादव निशा की सास थी. पुलिस उसे वैभव नगर के कौर्नर वाले पीपल के पेड़ के पास तक भी ले गई. पुलिस ने नंदिनी नागर नाम की उस महिला से भी पूछताछ की जिस के ब्लाउज के और्डर कविता को शाम तक देने थे. उस ने बताया कि वह कविता से केवल ब्लाउज सिलवाती थी, इस से अलावा उन से उस का कोई संबंध या संपर्क नहीं था. रक्षाबंधन पास था. इसलिए उस ने कविता से शाम तक ब्लाउज देने को कहा था.

संजय रैना ने बताया था कि जिस दिन कविता गायब हुई थी उस दिन एक काली स्कार्पियो उन के घर के सामने से गुजरी थी, थोड़ी देर बाद वह तेजी से वापस लौट गई थी. साथ ही उस दिन एक बोलेरो को भी कालोनी में घूमते देखा गया था. हो सकता है, उन गाडि़यों में बैठे लोग स्थित का जायजा लेने आए हों. इस पर पुलिस ने उस इलाके के मकानों के आगे लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखीं और उस स्कार्पियो व बोलेरो को पहचानने की कोशिश की.

इस के अलावा उस शर्मा स्वीट्स के कैमरे की फुटेज भी दोबारा देखी गई जिस के सामने स्कूल का बस स्टाप था. उस फुटेज में कविता तो कहीं नजर आईं अलबत्ता वहां 2 बाइकों पर सवार 4 युवक और एक संदिग्ध वैन जरूर खड़ी दिखाई दी. पुलिस ने उन मोटर साइकिल सवारों, वैन और स्कार्पियो की खोजबीन शुरू की. पुलिस ने उन टावरों के अंतर्गत आने वाले 7000 मोबाइल नंबरों की काल डिटेल्स की भी गहनता से जांच की जो कविता के घर से यशस्वी के बस स्टाप के बीच पड़ते थे. घटना वाले दिन कविता के मोबाइल पर महज 2 फोन काल आई थीं. इन में एक उन के पति संजय की थी और दूसरी एक बुटीक से आई थी.

पूछताछ में संजय ने बताया कि उस दिन वह काम के सिलसिले में सुबह ही घर से निकल गए थे, इसलिए उन्होंने फोन कर के पत्नी से कहा था कि दोपहर का खाना घर आ कर ही खाएंगे. जिस शृंगार बुटिक से फोन आया था, वह मीना नाम की महिला का था, जो वैभवनगर बस स्टाप के निकट था. पूछताछ में उस ने बताया कि कविता ने एक सूट सिलने को दिया था, उसी के लिए उसे फोन किया गया था.

कविता के घर के सामने ही एक यादव का घर था, जो शादियों में शामियाने वगैरह लगाने का काम करता था, उस के पास उत्तर प्रदेश और बिहार के दर्जन भर से ज्यादा लड़के काम करते थे. पुलिस ने संदेह के आधार पर उन सभी लड़कों को हिरासत में ले कर पूछताछ की और उन के मोबाइल चेक किए. लेकिन वे सब निर्दोष थे.

इस के अलावा कविता से मिलने वालों, गैस सिलेंडर सप्लाई करने वाले, प्लंबर, इलेक्ट्रिशियन, कूड़ा उठाने वाले, दूध वाले, सब्जी वाले, फेरी वालों और इलाके के धोबी तक से पूछताछ की गई. संजय रैना का परिवार पहले भागीरथपुरा में किराए के मकान में रहता था. 4 साल पहले यह परिवार मित्रबंधु नगर में अपने मकान में शिफ्ट हो गया था. पुलिस ने भागीरथपुरा से मित्रबंधु नगर तक कविता के जानपहचान वालों को खोजखोज कर पूछताछ की.

जांच में यह बात भी सामने आई कि कविता पिछले एक साल में 177 लोगों से मिली थीं, जिन में परिचित व रिश्तेदार भी थे और ऐसे लोग भी, जिन से कविता का कोई काम पड़ा था. इन सभी 177 लोगों से पूछताछ के बाद भी पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगा. पूछताछ में यह भी पता चला कि 28 जुलाई को कविता जब अपनी सास और बेटी के साथ एक्टिवा से पलासिया चौराहे के पास से गुजर रही थीं तो एक बुलेट मोटरसाइकिल वाले ने पीछे से आ कर उन की एक्टिवा को टक्कर मार दी थी. कविता ने उसे खूब खरीखोटी सुनाई. उस वक्त बात वहीं समाप्त हो गई.

लेकिन कविता जब पत्रकार कालोनी के चौराहे पर पहुंचीं तो उसी बाइक वाले ने फिर से उन की एक्टिवा में टक्कर मार दी. इस बार कविता, उन की सास कांता और बेटी यशस्वी गिर गई. बाइक सवार शराब पिए हुए था. कविता को गुस्सा आया तो उन्होंने उस की चप्पल से पिटाई कर दी. लोगों ने भी इस मामले में उन का ही साथ दिया. यह बात सामने आई तो पुलिस ने सोचा कि कहीं उस मोटरसाइकिल वाले ने ही रंजिशन उन का अपहरण कर के उन की हत्या न कर दी हो. इस के बाद पुलिस ने शहर के 117 बुलेट मोटरसाइकिल चलाने वालों की जांच की. लेकिन उन में कोई भी संदिग्ध नहीं निकला.

अभी कारों और बुलेट मोटरसाइकिलों की जांच चल ही रही थी कि 30 अगस्त को कविता की एक्टिवा एमपी09एस एएस5271 पुलिस को मिल गई. यह  एक्टिवा पिछले 7 दिन से नौलखा बस स्टैंड की पार्किंग में खड़ी थी. पुलिस ने पार्किंग की देखभाल करने वाले से पूछताछ की तो उस ने बताया कि स्कूटी को 24 अगस्त को रात साढ़े 8 बजे राजू नाम का एक व्यक्ति खड़ा कर गया था. पर्ची लेते वक्त उस ने 30 रुपए दे कर तीसरे दिन आने को कहा था, लेकिन वह लौट कर नहीं आया.

पार्किंग के केयरटेकर ने बताया कि उस ने राजू से स्कूटी लौक न करने को कहा था ताकि जरूरत होने पर उसे दूसरी जगह खड़ा किया जा सके. लेकिन राजू नहीं माना और स्कूटी को लौक कर के चाबी अपने साथ ले गया. पार्किंग में बाहर की ओर सीसीटीवी कैमरा लगा था. उम्मीद थी कि उस की सीसीटीवी  फुटेज में राजू का चेहरा दिखाई दे सकता है. लेकिन यहां भी पुलिस को मात खानी पड़ी. सीसीटीवी कैमरे के सामने एक लाइट लगी थी, जिस की वजह से राजू का फोटो नहीं आ पाया था. अलबत्ता पार्किंग के केयरटेकर से पूछ कर उस का स्केच जरूर बनवाया जा सकता था. पुलिस ने यही काम कर लेना बेहतर समझा.

इस काम में टेक्नीकल और साइंटिफिक टीमें भी लगी थीं. उन्होंने जब एक्टिवा की जांच की तो उस पर खून के धब्बे पाए गए. इस से अनुमान लगाया गया कि कविता की लाश के टुकड़े उसी की एक्टिवा पर रख कर नाले में फेंके गए होंगे. लेकिन पुलिस की समझ में यह बात नहीं आ रही थी कि हत्यारे को कविता की एक्टिवा को इस तरह सुरक्षित रखने की क्या जरूरत थी? क्योंकि वह चाहता तो काम हो जाने के बाद कविता के कपड़ों और जेवरों की तरह एक्टिवा को भी गायब कर सकता था या फिर उसे कहीं दूर दूसरी जगह खड़ा कर सकता था.

इस से अनुमान लगाया गया कि हत्यारे ने बसस्टैंड पर एक्टिवा यह सोच कर खड़ी की होगी कि पुलिस यह सोचे कि कविता बस में बैठ कर कहीं गई होंगी. लेकिन कविता की लाश मिलने से पुलिस की यह सोच न बन सकी. कविता की लाश के टुकड़े नग्नावस्था में मिले थे. जबकि घर से जाते समय वह पीले रंग की साड़ी ब्लाउज और कुछ गहने पहने हुए थीं.

इस से अनुमान लगाया गया कि हत्यारे ने उन के कपड़े जला दिए होंगे और गहने अपने पास रख लिए होंगे. एक्टिवा को सुरक्षित जगह खड़ा करना भी हत्यारे की मानसिकता को दर्शा रहा था. यानी वह कविता के गहनों और एक्टिवा का मोह पाले हुए था. इस से पुलिस को एक बार फिर कविता के करीबियों पर शक हुआ. इस के लिए गोपनीय और खुले दोनों ही रूप से कविता के कई करीबी लोगों की जांच की गई. लेकिन परिणाम कुछ नहीं निकला.

इस बीच पुलिस टीमें 6 पीएसटीएन (पब्लिक स्विच्ड टेलीफोन नेटवर्क) के माध्यम से डेढ़ लाख से ज्यादा मोबाइल फोनों का डाटा खंगाल चुकी थी. केवल इतना ही नहीं बल्कि हत्यास्थल की तलाश में इमली चौराहे से ले कर नेमावर रोड तक 6 किलोमीटर के दायरे में सारे मकान और गोदाम भी छान लिए गए थे.

अधिकारी गूगल पर एक एक मकान या गोदाम को टिक करते और पुलिस टीम उस जगह की जांच करती. इस तरह पुलिस ने 1500 मकान और 200 गोदाम छाने. लेकिन कहीं से कुछ नहीं मिला. लाश के टुकड़े जिन बोरियों में मिले थे, उन का प्रिंट तो धुंधला था लेकिन यह पता चल गया था कि उन में से एक बोरी चाय की पत्ती की थी और दूसरी कैमिकल की. इस बात को ध्यान में रख कर पालदा औद्योगिक क्षेत्र की फैक्ट्रियों और गोदामों की सर्चिंग की गई.

इन्वेस्टीगेशन के दौरान ही पुलिस की निगाह महेश बैरागी पर जम गई. महेश बैरागी  उस मीनाबाई का पति था, जिसे कविता ने 18 जुलाई 2015 को अपना सूट सिलने के लिए दिया था. महेश बैरागी अपनी पत्नी मीनाबाई और 2 बच्चों तनिष्क और तेजस के साथ मूसाखेड़ी क्षेत्र के आलोकनगर में रहता था. साथ में उस की साली पूजा भी रहती थी. महेश के बारे में पता चला कि पहले मूसाखेड़ी चौराहे पर उस की मोबाइल रिचार्ज की दुकान थी. बाद में उस ने मोबाइल रिचार्ज की दुकान बंद कर दी थी.

मीनाबाई ने वैभवनगर मेन रोड पर शृंगार बुटिक के नाम से लेडीज कपडे़ सिलने की दुकान खोल रखी थी. कभीकभी वहां महेश भी बैठा करता था. बाद में 20 अगस्त से उस ने वहीं पास में साडि़यों की दुकान खोल ली थी. ताज्जुब की बात यह थी कि 28 अगस्त को उस ने वह दुकान बंद कर दी थी. घटना वाले दिन कविता के फोन पर शृंगार बुटिक से ही फोन किया गया था. हालांकि पुलिस ने मीनाबाई और महेश बैरागी से पहले भी पूछताछ की थी. इतना ही नहीं महेश बैरागी हर धरनेप्रदर्शन में भी शामिल हुआ था और एक 2 बार कविता के घर शोक जताने भी गया था. कई बार वह कविता के घर वालों के साथ थाने भी आया था.

पुलिस ने जब मीना से पूछा कि घटना वाले दिन वह 12 बजे से 2 बजे के बीच कहां थी, तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाई. कविता को उस ने कब फोन किया था, यह भी वह ठीक से नहीं बता पाई. इस से पुलिस को महेश बैरागी पर शक हुआ. वैसे भी उस का पिछला रिकौर्ड कुछ ठीक नहीं था. संदेह हुआ तो पुलिस ने महेश बैरागी को थाने बुला कर पूछताछ की. उस से लगातार 20-22 दिन तक पूछताछ की जाती रही. लेकिन वह पुलिस के सवालों के सही जवाब देता रहा. वैसे भी उसे किडनी की बीमारी थी, जिस से वह परेशान हो जाता था. इसलिए पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर सकी.

पुलिस की टीमें कविता की हत्या के मामले में लगातार 107 दिन तक पूछताछ करती रही. पुलिस ने कोई भी ऐसा एंगल नहीं छोड़ा, जहां जरा सी भी संभावना रही हो. 177 लोगों से गहन पूछताछ की गई. करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गईं. 1500 मकान और 200 गोदाम छाने गए, लेकिन नतीजा कोई नहीं निकला.

कहते हैं, पाप सिर चढ़ कर बोलता है. अपराधी चाहे कितना भी शातिर क्यों न हो कोई न कोई गलती कर ही बैठता है. इस मामले में भी ऐसा ही हुआ. कविता के मर्डर के 107 दिन बाद पुलिस को एक लीड मिली. एक किराना व्यापारी ने पुलिस को बताया कि उस ने अपनी दुकान के बाहर सीसीटीवी कैमरा लगवा रखा है. महेश बैरागी उस के पास आया था और 24 अगस्त की फुटेज मांग रहा था. यह पता चलते ही 9 दिसंबर, 2015 को पुलिस ने महेश बैरागी को उस के मूसाखेड़ी क्षेत्र के आलोक नगर से उठा लिया. थाने ला कर उस से सख्ती से पूछताछ की गई तो उस ने मान लिया कि कविता का कत्ल उस ने ही किया था.

महेश बैरागी ने बताया कि कविता रैना के घर से 400 मीटर की दूरी पर उस की पत्नी मीना का बुटिक था. कविता पर उस की निगाहें कई महीने से जमी थीं. उसे उम्मीद तब बंधी जब 18 जुलाई को कविता ने उस की पत्नी मीनाबाई के बुटिक पर अपनी नेट की साड़ी से सूट सिलवाने को दिया था. इस के बाद कविता सूट के चक्कर में बुटिक पर आने लगी थी. वह तभी आती थीं जब बेटी को लेने बस स्टाप पर आती थीं. महेश बैरागी कोशिश करता था कि जब वह आएं तो बुटिक पर मौजूद रहे. मीना को वह किसी न किसी बहाने वहां से भेज देता था. इस तरह महेश कविता को एक महीने तक टालता रहा. उस ने उन्हें डिलीवरी के लिए 18 अगस्त की डेट दी थी.

महेश बैरागी कई महीने से कविता को देख रहा था और उन पर उस का दिल आ गया था. कविता से उस की जो बातें हुई थीं, उस से उसे पता चला कि वह सूट कम और साड़ी ज्यादा पहनती थीं. इसी बात को ध्यान में रख कर उस ने 20 अगस्त को पत्नी के बुटिक के पास ही साड़ी की दुकान खोल ली. उसे उम्मीद थी कि कविता साड़ी देखने के लिए उस की दुकान पर जरूर आएगी. लेकिन ऐसा नहीं हुआ.

महेश बैरागी यह जानता था कि कविता दोपहर में अपनी बेटी को लेने बस स्टाप पर आती हैं. उसी समय वह मीनाबाई के बुटिक पर भी आती हैं. उस ने कविता को 18 अगस्त की सूट की डिलीवरी डेट थी. इसलिए बहाने से उस ने अपनी पत्नी मीनाबाई को घर भेज दिया और खुद बुटिक पर बैठ गया. उस दिन करीब एक बज कर 20 मिनट पर कविता आईं तो उस ने कह दिया, ‘‘आप का सूट अभी तैयार नहीं हुआ है, सिलने के लिए कारीगर के पास गया हुआ है. 2-4 दिन में सिल जाएगा तो हम आप को फोन कर देंगे.’’

इसी बहाने उस ने कविता का मोबाइल नंबर भी ले लिया. उस दिन कविता लौट कर बस स्टाप पर चली गईं. बाद में वह बेटी को ले कर घर चली गईं. 24 अगस्त को महेश बैरागी ने अपनी साड़ी की दुकान नहीं खोली. इस की जगह वह बुटिक पर बैठ गया. वहां 2 लोगों का कोई काम नहीं था, इसलिए मीनाबाई घर चली गई. उस के जाते ही महेश ने कविता के मोबाइल पर काल कर के कहा, ‘‘आप का सूट तैयार है, आ कर ले लीजिएगा.’’

सूट के चक्कर में ही कविता घर से 10 मिनट पहले निकलीं. उन्होंने सोचा था कि पहले सूट लेंगी और फिर बस स्टाप से बेटी को. इसलिए पहले वह मीनाबाई के बुटिक पर पहुंची. वहां महेश बैरागी बैठा था. कविता ने सूट के बारे में पूछा तो वह बोला, ‘‘आप का सूट तो तैयार है, लेकिन आप को मेरे साथ आईडीए कालोनी चलना पड़ेगा. सूट कारीगर के पास है.’’

सूट सिलने के लिए दिए हुए एक महीने से ज्यादा हो गया था. कैसा बना है, यह देखने की भी उत्सुकता थी. यशस्वी की बस के आने में थोड़ा समय था. इसलिए कविता ने चलने के लिए हां कर दी. कविता की स्वीकृति मिलते ही महेश ने अपनी मोटरसाइकिल उठा ली. कविता के पास स्कूटी थी ही. दरअसल, महेश ने पहले ही पूरी तैयारी कर रखी थी. आजादनगर की आईडीए कालोनी में उस के एक दोस्त टीकम देवड़ा का फ्लैट था. इस फ्लैट की एक चाबी महेश बैरागी के पास रहती थी.

आईडीए कालोनी के फ्लैट नंबर एफ-20 के पास पहुंच कर महेश बैरागी ने अपनी मोटर साइकिल खड़ी कर दी. कविता ने भी स्कूटी स्टैंड पर लगा दी. इस के बाद महेश कविता को फ्लैट नंबर एफ-20 में ले गया. फ्लैट में जरूरत का सारा सामान था. महेश ने कविता से कहा, ‘‘आप बैठिए, मैं कारीगर को बुलाता हूं.’’

कविता सोफे पर बैठ गईं तो महेश ने दरवाजे की कुंडी बंद कर दी और कविता के पास आ कर घुटनों के बल बैठते हुए बोला, ‘‘मैं आप को बहुत चाहने लगा हूं. आप की खूबसूरती ने मेरी रातों की नींद उड़ा दी है. प्लीज एक बार मेरी इच्छा पूरी कर दो. जिंदगी भर आप की सेवा करूंगा.’’

यह सुनते ही कविता आगबबूला हो गईं. इस के बावजूद महेश बैरागी ने उन के साथ हाथापाई और छेड़छाड़ करने की कोशिश की. लेकिन जब कविता ने काबू न दिया तो महेश बैरागी ने कमरे में पड़ा लोहे का पाइप उठा कर उन के सिर पर दे मारा. वार जोरदार था. कविता के सिर से खून निकलने लगा और वह वहीं ढेर हो गईं. अब स्थिति करो या मरो की हो गई थी. अपनी जान बचाने के लिए कविता को ठिकाने लगाना जरूरी था. इस के लिए महेश बैरागी ने पहले से तैयार चाकू से उन के सीने पर 2 वार किए. फलस्वरूप कविता की इहलीला खत्म हो गई.

कविता मर चुकी थीं. बैरागी जानता था कि कविता के घर न पहुंचने पर खोजबीन भी होगी और बात पुलिस तक भी पहुंचेगी. इसलिए उस ने वहां से अपनी मोटरसाइकिल हटाना जरूरी समझा. फ्लैट का ताला बंद कर के उस ने कविता की एक्टिवा ओट में खड़ी कर दी और अपनी बाइक ले कर दुकान पर चला गया.

महेश बैरागी ने कविता का कत्ल तो कर दिया, लेकिन उस की समझ में यह नहीं आ रहा था कि लाश को कैसे ठिकाने लगाए. शाम तक वह इसी मुद्दे पर सोचता रहा. सोचविचार कर उस ने एक इलेक्ट्रिक कटर का इंतजाम किया. 24 की रात को टीकमदेवड़ा के फ्लैट पर पहुंच कर सब से पहले उस ने कविता के सारे कपड़े उतार कर जलाए और उन की राख टायलेट पौट में डाल कर फ्लश कर दी. जेवर उस ने अपने पास रख लिए.

इस के बाद उस ने घर से साथ लाए इलेक्ट्रिक कटर से कविता की लाश के 6 टुकड़े किए और फ्लैट में पड़ी 2 बोरियों में भर दिए. तत्पश्चात वह दोनों बोरों को बारीबारी से कविता की स्कूटी पर रख कर इमली चौराहे के पास वाले नाले में फेंक आया. फ्लैट से खून वगैरह उस ने साफ कर दिया था. 24 अगस्त की रात साढ़े 8 बजे महेश बैरागी कविता की स्कूटी ले कर नौलखा बस स्टैंड पहुंचा और अपना नाम राजू बता कर 3 दिन के लिए स्कूटी पार्किंग में खड़ी कर दी. पार्किंग के केयरटेकर के कहने के बावजूद उस ने स्कूटी की चाबी अपने पास ही रखी. ऐसा उस ने इसलिए किया ताकि बाद में पता चलने पर पुलिस यही समझे कि कविता स्कूटी वहां खड़ी कर के किसी के साथ बस में बैठ कर कहीं चली गई होंगी.

2 दिन बाद यानी 26 अगस्त को जब कविता की लाश के टुकड़े मिल गए और लोगों ने बंगाली चौराहे पर धरनाप्रदर्शन किया तो वह उस में भी शामिल हुआ. इतना ही नहीं बल्कि वह कविता के घर और उन के घर वालों के साथ थाने भी गया. जब महेश बैरागी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया तो पुलिस ने उसे 10 दिसंबर, 2015 को जिला न्यायालय के कोर्ट नंबर 14 में न्यायाधीश संजय श्रीवास्तव की अदालत पर पेश कर के 15 दिसंबर तक के पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया ताकि उस से विस्तृत पूछताछ की जा सके. इस के साथ ही इस साजिश में शामिल महेश बैरागी की पत्नी मीनाबाई और दोस्त टीकम देवड़ा को भी गिरफ्तार कर लिया. उन दोनों पर साक्ष्य छिपाने का आरोप था.

महेश बैरागी की निशानदेही पर उस के घर से कविता का वह सूट, जिस की वजह से उन की जान गई थी, भी बरामद हो गया. साथ ही वह लोहे का पाइप और चाकू भी बरामद कर लिया गया, जिस से कविता की हत्या की गई थी. लाश के टुकड़े करने वाला इलेक्ट्रिक कटर भी बरामद हो गया. पुलिस ने टीकम के फ्लैट से खून के नमूने भी उठाए. साथ ही महेश का खून ले कर डीएनए जांच के लिए भी भेजा. इस के अलावा उस से 3 सिम भी बरामद हुए.

टीकम देवड़ा के बारे में पता चला कि जिस फ्लैट में कविता की हत्या की गई थी, उस में वह पिछले 2 सालों से किराए पर रह रहा था. वह सुबह को चोईथराम सब्जीमंडी में और शाम को मूसाखेड़ी सब्जीमंडी में पौलीथिन सप्लाई करने का काम करता था. दोपहर में वह घर में ही रहता था. उस के घर कोई नहीं आताजाता था. इसी से अनुमान लगाया गया कि वह इस अपराध में बराबर का भागीदार रहा होगा. जबकि मीनाबाई को हत्या से जुड़ी सूचनाएं छुपाने का अपराधी माना गया.

महेश बैरागी के बारे में पता चला कि उस की पत्नी मीना उस की सगी मौसी की बेटी थी. उस से उस ने प्रेमविवाह किया था. यह जानकारी भी मिली कि वह अय्याश तबीयत का था और क्रिमनल माइंडेड भी. उस की दूसरी मौसी की बेटी रेखा, जो बेटमा की रहने वाली थी, 2009 में उस के घर से गायब हो गई थी. रेखा अपने पति हेमंत उर्फ बबलू के साथ महेश के घर रह रही थी. उन दोनों को महेश ने ही बुला कर अपने साथ रखा था. रेखा की गुमशुदगी संयोगितागंज थाने में दर्ज हुई थी. पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार उस वक्त महेश ने पुलिस को मिठाई के डिब्बे पर लिखा एक पत्र सौंपा था. उस ने बताया था कि वह रेखा का लिखा पत्र है. इस पत्र में लिखा था कि वह अपनी मर्जी से वसीम के साथ जा रही है.

बाद में जब पुलिस ने वसीम से इस सिलसिले में बात की तो उस ने बताया कि रेखा से उस का कोई संबंध नहीं था. अलबत्ता रेखा के पति बबलू ने महेश पर संदेह जाहिर करते हुए कहा था कि रेखा ने उसे सुहागरात को ही बता दिया था कि महेश के साथ उस के पुराने संबंध हैं. जिस दिन रेखा गायब हुई थी उस दिन महेश बबलू को चायपत्ती बेचने के काम के सिलसिले में बागली (देवास) ले गया था. बहाना बना कर वह स्वयं घर लौट आया था. जबकि बबलू को उस ने रात को वहीं रुकने को कहा था. उस समय महेश बैरागी की पत्नी मीना ने भी अपने पति पर शक जाहिर किया था, लेकिन बाद में वह पलट गई थी और वसीम का नाम ले दिया था. अब पुलिस एक बार फिर रेखा के गायब होने वाली फाइल खोलने की सोच रही है. रेखा की मां माया को अब भी महेश बैरागी पर ही शक है.

महेश बैरागी पर शर्मा नाम के एक व्यक्ति का मकान हड़पने का भी आरोप है. यह आलोक नगर का वही मकान है, जिस में वह पत्नी और बच्चों के साथ रहता था. यह मकान उस ने किराए पर लिया था और बाद में फर्जी दस्तावेज बनवा कर मकान पर कब्जा कर लिया था. मकान मालिक को उस ने मारपीट कर भगा दिया था. अब पुलिस उस के खिलाफ मकान पर जबरन कब्जा करने का भी केस दर्ज करेगी. सन 2012 में संयोगितागंज थाने की पुलिस ने उस के आलोकनगर वाले घर से उसे अश्लील सीडी बनाते हुए भी पकड़ा था. बाद में 2013 में वह एक महिला से अश्लील बात करने के आरोप में भी पकड़ा गया था.

बहरहाल, जितना जटिल कविता मर्डर केस था, उतना ही जटिल महेश बैरागी का करेक्टर भी है. उस की पूरी हकीकत विस्तृत जांच के बाद ही सामने आएगी. Crime News